प्रिय लूसीलियस
मैं तुम्हारे बारे में जानकारी लेता रहा हूँ। जब भी तुम्हारे इलाके से कोई व्यक्ति यहाँ से होकर आता है, मैं उससे पूछता हूँ कि तुम क्या कर रहे हो। अपना समय कहाँ बिताते हो और किन लोगों के साथ रहते हो। तुम मुझे धोखा नहीं दे सकते! मैं मानो हर समय तुम्हारे साथ ही हूँ। ऐसे जियो मानो मुझे तुम्हारे हर कार्य के बारे में सुनने को मिलने वाला हो... नहीं, मानो उसे अपनी आँखों से देखने वाला हूँ!
क्या तुम सोचते हो कि तुम्हारे बारे में जो कुछ मैं सुनता हूँ, उसमें मुझे सबसे अधिक प्रसन्नता किस बात से होती है? यह कि मुझे तुम्हारे बारे में कुछ भी सुनने को नहीं मिलता। जिन अधिकांश लोगों से मैं पूछताछ करता हूँ, वे यह नहीं जानते कि तुम कैसे हो। यह तुम्हारे लिए लाभदायक है कि तुम्हारा उन लोगों से कोई संबंध नहीं है जो तुमसे भिन्न हैं और जिनकी इच्छाएँ तुम्हारी इच्छाओं से अलग हैं। वास्तव में, मुझे पूरा विश्वास है कि तुम्हें तुम्हारे मार्ग से विचलित नहीं किया जा सकता और तुम अपने संकल्प पर दृढ़ रहोगे, चाहे तुम्हारे चारों ओर परेशान करने वाले लोगों की कितनी ही भीड़ क्यों न जमा हो जाए।
तो फिर समस्या क्या है? मुझे यह भय नहीं है कि वे तुम्हें बदल देंगे बल्कि यह भय है कि वे तुम्हारी प्रगति में बाधा डालेंगे। जो व्यक्ति तुम्हें केवल विलंबित ही कर देता है, वह भी बहुत बड़ा नुकसान पहुँचाता है, विशेषकर इसलिए कि जीवन इतना छोटा है। हम अपनी अस्थिरता के कारण इसे और भी छोटा बना देते हैं, जब हम बार-बार नई शुरुआत करते रहते हैं। हम अपने जीवन को टुकड़ों में बाँट देते हैं। उसके चिथड़े-चिथड़े कर डालते हैं।
इसलिए, प्रिय लूसीलियस! शीघ्रता करो और सोचो कि यदि कोई शत्रु तुम्हारा पीछा कर रहा होता तो तुम कितनी अधिक गति से आगे बढ़ते। यदि तुम देखते कि घुड़सवार तुम्हारे पीछे-पीछे आ रहे हैं और तुम्हारे पीछे हटने के मार्ग को बाधित कर रहे हैं तो तुम कितनी तेजी दिखाते। वास्तव में, यही हो रहा है। तुम्हारा पीछा किया जा रहा है। अपनी गति बढ़ाओ! निकल भागो। स्वयं को सुरक्षित स्थान तक पहुँचा लो। बार-बार अपने आप को स्मरण दिलाओ कि मरने से पहले जीवन की सर्वोच्च अवस्था तक पहुँच जाना कितना अद्भुत है और फिर शेष समय को शांति से बिताना केवल अपने ऊपर निर्भर रहते हुए। क्योंकि जब कोई सच्चा सुख प्राप्त कर लेता है तो समय की अधिक अवधि उसे और अधिक सुखी नहीं बना सकती। आह! वह दिन कब आएगा जब तुम्हें यह अनुभव होगा कि समय का तुम्हारे लिए कोई महत्त्व नहीं रह गया है और तुम पूर्ण शांति में रहोगे। भविष्य की कोई चिंता किए बिना जो कुछ तुम हो और जो कुछ तुम्हारे पास है, उसी में पूरी तरह संतुष्ट? क्या तुम जानना चाहते हो कि लोगों को भविष्य के प्रति इतना लालची क्या बनाता है? यह कि उनमें से कोई भी अभी तक वास्तव में स्वयं का स्वामी नहीं बना है।
तुम्हारे माता-पिता ने तुम्हारे लिए और भी बहुत-सी चीज़ों की कामना की थी। लेकिन मेरी कामना यह है कि तुम उनकी उन सभी उदार इच्छाओं को तुच्छ समझो। उनकी प्रार्थनाओं में, तुम्हें समृद्ध बनाने के लिए बहुत-से लोगों से कुछ न कुछ छीन लिया जाता है। जो कुछ वे तुम्हें दिलाना चाहते हैं, वह किसी और से लेकर ही तुम्हें दिया जा सकता है। मेरी कामना यह है कि तुम स्वयं अपने स्वामी बनो। तुम्हारा मन, जो अभी अपनी चिंताओं के कारण इधर-उधर भटकता फिरता है, अंततः ठहर जाए और अपने भीतर ही निश्चिंत तथा संतुष्ट हो जाए। तुम उन सच्ची अच्छाइयों को पहचानो जो वास्तव में तुम्हारी अपनी हैं। उन्हें समझते ही अपना बना लो ताकि फिर तुम्हें अतिरिक्त वर्षों की कोई आवश्यकता न महसूस हो। आवश्यकताओं से ऊपर उठने, मुक्ति पाने और वास्तव में स्वतंत्र होने के लिए मनुष्य को ऐसा जीवन जीना चाहिए जो पहले से ही पूर्ण हो।
No comments:
Post a Comment