Friday, 11 September 2026

The War Against Sleep: The Philosophy of Gurdjieff का हिंदी अनुवाद (अध्याय पाँच: साहस का जागरण)

 

अध्याय 5 - साहस का जागरण

आप सोचते हैं कि आप जानते हैं कि आप कौन हैं और क्या हैं, लेकिन आप यह नहीं जानते कि इस समय आप कितने गुलाम हैं और न ही यह जानते हैं कि आप कितने स्वतंत्र हो सकते हैं। मनुष्य कुछ नहीं कर सकता। वह एक मशीन है, जिसे बाहरी प्रभाव नियंत्रित करते हैं, उसकी अपनी इच्छा नहीं क्योंकि जिसे वह अपनी इच्छा समझता है, वह एक भ्रम है। वह सोया हुआ है। उसके भीतर कोई स्थायी स्व नहीं है, जिसे वह ‘मैं’ कह सके। क्योंकि वह एक नहीं बल्कि अनेक है। उसके मनोभाव, उसकी आवेग-प्रवृत्तियाँ, यहाँ तक कि अपने अस्तित्व का उसका बोध भी निरंतर बदलता रहने वाला एक प्रवाह मात्र है। आपको मेरी बात पर विश्वास करने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन यदि आप स्वयं का निरीक्षण करेंगे तो इसकी सच्चाई की पुष्टि कर सकेंगे। स्वयं अपने अस्तित्व को याद रखने का प्रयोग कीजिए और आप पाएँगे कि आप दो मिनट तक भी स्वयं को याद नहीं रख सकते। जो मनुष्य यह तक याद नहीं रख सकता कि वह कौन है और क्या है, जो उन शक्तियों को नहीं जानता जो उसे कार्य करने के लिए प्रेरित करती हैं, वह यह दावा कैसे कर सकता है कि वह कुछ भी कर सकता है? नहीं, सबसे पहली सच्चाई जिसे समझना आवश्यक है, वह यह है कि आप और मैं और सभी मनुष्य केवल मशीनों के अतिरिक्त कुछ नहीं हैं। मनुष्य को अपने निजी मामलों को अपने अनुसार संचालित करने की कोई शक्ति नहीं है और अपने सामाजिक तथा राजनीतिक जीवन में भी वह उतना ही असहाय है।


By Fabrizio Cassetta

यही वह सिद्धांत था जिसे 1922 में उस्पेन्स्की लंदन के 38 वारविक गार्डन्स स्थित एक फ्लैट में पढ़ाया करते थे। एक नाराज़ श्रोता, ‘ऑकल्टिस्ट’ ए. ई. वेट, खड़ा हुआ और उसने कहा, ‘श्री उस्पेन्स्की, आपकी प्रणाली में प्रेम नहीं है’ और यह कहकर कमरे से बाहर चला गया। लेकिन वह अपवाद था। उस्पेन्स्की के बाकी श्रोता, जिनमें अनेक पेशेवर डॉक्टर, मनोचिकित्सक और लेखक शामिल थे... उनके सिद्धांतों को चौंकाने वाला, मौलिक और अत्यंत आकर्षक पाते थे।

रूसी निर्वासित होने के नाते उस्पेन्स्की के लिए लंदन में अपने लिए जगह बना पाना सौभाग्य की बात थी।  गुर्जिएफ़ ने भी हैम्पस्टेड में अपना संस्थान स्थापित करने की कोशिश की, लेकिन आवश्यक वीज़ा प्राप्त नहीं कर सके। इससे कोई फर्क नहीं पड़ा। वे पहले ही तय कर चुके थे कि पेरिस उनके लिए अधिक उपयुक्त रहेगा। (जर्मनी में अपना केंद्र स्थापित करने की उनकी पहले की योजना उस समय छोड़ दी गई, जब उन्हें लगा कि वहाँ की राजनीतिक स्थिति भी रूस या तुर्की जितनी ही अस्थिर है।)

लंदन छोड़ने से पहले गुर्जिएफ़ ने कई असाधारण व्याख्यान दिए। बेनेट इनमें से कुछ में उपस्थित थे और उसने नोट्स लिए, जिन्हें वह अपनी पुस्तक ‘गुर्जिएफ़: मेकिंग ए न्यू वर्ल्ड’ (Gurdjieff, Making a New World) में उद्धृत करते हैं। एक बार फिर ये व्याख्यान गुर्जिएफ़ की अंतर्दृष्टियों की असाधारण वैज्ञानिक सटीकता को सामने लाते हैं। गुर्जिएफ़ अपनी सबसे बुनियादी अवधारणाओं में से एक पर बोल रहे थे, ‘व्यक्तित्व’ (personality) और ‘सार’ (essence) के बीच का अंतर। जब कोई बच्चा जन्म लेता है तो उसके पास केवल ‘सार’ होता है अर्थात संसार के प्रति उसकी मूलभूत और स्वाभाविक प्रतिक्रिया। लगभग छह या सात वर्ष की आयु में बच्चा ‘व्यक्तित्व’ विकसित करना शुरू करता है अर्थात दूसरे लोगों के बीच अपने आपको एक व्यक्ति के रूप में पहचानना और दूसरों के अनुसार स्वयं को ढालना शुरू करता है। गुर्जिएफ़ के अनुसार, ऐसा होते ही अक्सर ‘सार’ का विकास पूरी तरह रुक जाता है। व्यक्तित्व उसका स्थान ले लेता है। कुछ लोग बाहर से अत्यंत प्रभावशाली और जीवंत व्यक्तित्व वाले दिखाई देते हैं, लेकिन भीतर से वास्तव में खाली होते हैं। बचपन में ही उनका ‘सार’ विकसित होना बंद हो गया था।

‘इन सर्च ओग द मिरैक्युलस’ (In Search of the Miraculous) में उस्पेन्स्की गुर्जिएफ़ द्वारा किए गए एक असाधारण प्रयोग का वर्णन करते हैं, जिसका उद्देश्य अपने विद्यार्थियों को ‘सार’ और ‘व्यक्तित्व’ के बीच का अंतर दिखाना था। इस प्रयोग के लिए दो व्यक्तियों को चुना गया था। एक अधेड़ उम्र का प्रतिष्ठित व्यक्ति था, जो किसी महत्वपूर्ण पद पर था। दूसरा अपेक्षाकृत बिखरा हुआ और अस्थिर-सा युवक था, जिसकी बातचीत प्रायः बहुत शब्दाडंबरपूर्ण और उलझी हुई होती थी। किसी तरह या तो सम्मोहन द्वारा या किसी औषधि के माध्यम से (उस्पेन्स्की ने जान-बूझकर यह स्पष्ट नहीं किया) दोनों को अर्ध-तंद्रा जैसी अवस्था में पहुँचा दिया गया, जिसमें उनका ‘व्यक्तित्व’ गायब हो गया। बड़ा व्यक्ति पूरी तरह निष्क्रिय हो गया। उससे युद्ध के बारे में पूछा गया, जिसके विषय में कुछ ही क्षण पहले वह अत्यंत उत्तेजित होकर अपने विचार व्यक्त कर रहा था। लेकिन उसने कहा कि युद्ध में उसकी कोई रुचि नहीं है। इसके विपरीत, युवा व्यक्ति गंभीरता और सरलता से बात करने लगा और उसकी बातें पूरी तरह सार्थक थीं। गुर्जिएफ़ ने समझाया कि उस युवक का ‘सार’ अपेक्षाकृत अच्छी तरह विकसित था, लेकिन उसके ऊपर एक अटपटा व्यवहार और दूसरे लोगों की प्रतिक्रियाओं को जरूरत से ज्यादा महत्व देने की प्रवृत्ति चढ़ गई थी। इसी कारण वह एक घबराए हुए मूर्ख जैसा दिखाई देता था। उस अधेड़ व्यक्ति में ‘सार’ बहुत कम बचा था। उसने एक आडंबरपूर्ण और अपने विचारों को ही अंतिम मानने वाला व्यक्तित्व विकसित कर लिया था। लेकिन उसके भीतर उसके नीचे कुछ भी नहीं था।

लंदन के व्याख्यानों के अंत में गुर्जिएफ़ ने ‘सार’ और ‘व्यक्तित्व’ की इस अवधारणा को और विकसित किया, ‘जिसे आप अपने भीतर “इच्छा” कहते हैं, वह केवल व्यक्तित्व से आती है। उसका वास्तविक इच्छा से कोई संबंध नहीं है। कोई चीज़ व्यक्तित्व को छूती है और वह कहता है, “मैं चाहता हूँ” या “मैं नहीं चाहता”... और समझता है कि यही इच्छा है। यह कुछ भी नहीं है। यह निष्क्रिय है। वास्तविक इच्छा केवल सार में हो सकती है।’

गुर्जिएफ़ ने समझाया कि सार में आलोचनात्मक मन (critical mind) नहीं होता:

‘वह विश्वास करने वाला होता है, लेकिन क्योंकि वह नहीं जानता, इसलिए आशंकित भी रहता है। आप तार्किक तर्क देकर सार को प्रभावित नहीं कर सकते और न ही उसे किसी बात के लिए समझा सकते हैं। जब तक सार स्वयं अनुभव करना शुरू नहीं करता, तब तक वह वैसा ही बना रहता है जैसा वह हमेशा से था। कभी-कभी ऐसी परिस्थितियाँ उत्पन्न होती हैं, जिनमें व्यक्तित्व प्रतिक्रिया नहीं दे पाता और सार को प्रतिक्रिया करनी पड़ती है। तब यह दिखाई देता है कि किसी व्यक्ति के सार में कितना कुछ मौजूद है। हो सकता है कि वह केवल एक बच्चा हो और उसे पता ही न हो कि कैसे व्यवहार करना चाहिए। उसे अलग ढंग से व्यवहार करने के लिए कहना व्यर्थ है, क्योंकि वह आपकी भाषा को समझेगा ही नहीं।’

सार और व्यक्तित्व पर दिए गए इस व्याख्यान में शायद सबसे महत्त्वपूर्ण कथन यह है, ‘सार और व्यक्तित्व मस्तिष्क के अलग-अलग हिस्सों में भी स्थित होते हैं।’ जब गुर्जिएफ़ ने यह कथन दिया था, तब उनके श्रोताओं में बैठे डॉक्टरों और मनोवैज्ञानिकों के लिए भी इसका शायद बहुत कम अर्थ रहा होगा, जब तक कि उन्हें तंत्रिका-विज्ञानी हगलिंग्स जैक्सन का यह कथन याद न आया हो, ‘अभिव्यक्ति बाईं ओर, पहचान दाईं ओर।’ उनका आशय यह था कि मानव मस्तिष्क दो हिस्सों में बँटा हुआ प्रतीत होता है। मस्तिष्क का बायाँ गोलार्द्ध भाषा और तर्क से संबंधित है, जबकि दायाँ गोलार्द्ध पहचानने की क्षमता (जैसे चेहरों को पहचानना) और अंतर्ज्ञान से संबंधित है। गुर्जिएफ़ की मृत्यु के काफी समय बाद तक इस बात की वैज्ञानिक रूप से जाँच नहीं हुई। फिर अमेरिकी वैज्ञानिक आर. डब्ल्यू. स्पेरी ने मस्तिष्क के दोनों हिस्सों को जोड़ने वाले तंत्रिका-तंतुओं के पुल को काटने का प्रयोग किया और एक चौंकाने वाली खोज की। हमारे सिर के भीतर सचमुच दो अलग-अलग व्यक्ति मौजूद होते हैं। यदि ‘विभाजित मस्तिष्क’ वाले किसी व्यक्ति को केवल उसकी बाईं आँख से कोई वस्तु दिखाई जाए (जो किसी विचित्र कारण से मस्तिष्क के दाएँ हिस्से से जुड़ी होती है) और उससे पूछा जाए कि उसे क्या दिखाया गया है तो वह उत्तर नहीं दे सकता। लेकिन यदि उससे कहा जाए कि उसने जो देखा है, उसे बाएँ हाथ से लिखे, तो वह बिना किसी कठिनाई के उसका नाम लिख सकता है। यदि उसे बाईं आँख से एक संतरा और दाईं आँख से एक सेब दिखाया जाए और उससे पूछा जाए कि उसने अभी क्या देखा तो वह उत्तर देता है, ‘एक सेब।’ लेकिन जब उससे कहा जाता है कि उसने जो देखा है, उसे बाएँ हाथ से लिखे तो वह लिखता है, ‘एक संतरा।’ फिर उससे पूछा जाए कि उसने अभी क्या लिखा है, तो वह उत्तर देता है,‘एक सेब।’ यदि उसे केवल बाईं आँख से कोई अश्लील चित्र दिखाया जाए तो वह शरमा जाएगा। लेकिन जब उससे पूछा जाएगा कि वह क्यों शरमा रहा है तो वह सचमुच उत्तर देगा, ‘मुझे नहीं पता।’

अर्थात ‘मैं’ मस्तिष्क के बाएँ हिस्से में निवास करता है। उस हिस्से में जो भाषा और तर्क से जुड़ा है। उससे कुछ ही सेंटीमीटर दूर एक और ‘मैं’ मौजूद है। एक ऐसा ‘मैं’ जिसकी कोई आवाज़ नहीं है और जिसके अस्तित्व से बायाँ हिस्सा पूरी तरह अनजान प्रतीत होता है।

मनोवैज्ञानिक अभी भी सम्मोहन की प्रकृति से पूरी तरह अनजान हैं। आखिर ऐसा कैसे होता है कि किसी व्यक्ति को सम्मोहन की तंद्रा में ले जाया जा सकता है और फिर उससे ऐसे काम करवाए जा सकते हैं, जिन्हें वह सामान्य चेतन अवस्था में नहीं कर सकता जैसे, धूम्रपान छोड़ देना, मस्सों को गायब कर देना, यहाँ तक कि दो कुर्सियों के बीच बिल्कुल अकड़कर लेट जाना, जबकि कोई भारी-भरकम आदमी उसके पेट पर खड़ा हो? सम्मोहन की अवस्था में चेतन अहम सो जाता है, जबकि हमारे आंतरिक अस्तित्व का कोई हिस्सा पूरी तरह जागा रहता है। (सम्मोहित व्यक्ति के मस्तिष्क की तरंगें वैसी ही होती हैं जैसी पूरी तरह जाग्रत व्यक्ति की होती हैं।) इससे यह संकेत मिलता है कि सम्मोहन के दौरान मस्तिष्क का बायाँ हिस्सा सो जाता है, जबकि दायाँ हिस्सा जागा रहता है। और जब आलोचनात्मक, चेतन अहम सोया हुआ होता है, तब हमारी प्राकृतिक शक्तियाँ बिना किसी रोक-टोक के स्वयं को व्यक्त कर सकती हैं। (हम सभी जानते हैं कि अत्यधिक आत्म-सचेतता हमें अनाड़ी और कम प्रभावी बना देती है।)

सामान्य आत्म-निरीक्षण द्वारा कोई भी व्यक्ति इन दो ‘स्व’ के बारे में बहुत कुछ सीख सकता है। उदाहरण के लिए, यह स्पष्ट है कि मस्तिष्क का बायाँ हिस्सा हमारी सामान्य इच्छा-क्रियाओं का स्रोत है, ‘मैं’ कुछ करने का निर्णय लेता हूँ। लेकिन ऐसा लगता है कि दायाँ मस्तिष्क हमारी ऊर्जा के भंडार के लिए उत्तरदायी है। जब ‘मैं’ थक जाता हूँ और निढाल महसूस करता हूँ, तब यदि मैं अपने अहम को भूल पाऊँ और किसी ऐसी चीज़ में पूरी तरह डूब जाऊँ जो ‘मुझे स्वयं से बाहर ले जाए’ तो मैं बहुत जल्दी अपनी ऊर्जा फिर से प्राप्त कर सकता हूँ। स्पष्टतः यह एक ऐसी युक्ति थी जिसे गुर्जिएफ़ समझते थे और यही बताती है कि थके हुए फ्रिट्ज़ पीटर्स को ‘पुनः ऊर्जित’ करने के बाद वे इतनी जल्दी अपनी ऊर्जा कैसे वापस प्राप्त कर लेते थे।

संक्षेप में, आत्म-निरीक्षण इस बात की पुष्टि करता हुआ प्रतीत होता है कि हम दो अलग-अलग ‘स्व’ से बने हैं और ये दोनों गुर्जिएफ़ के ‘सार’ और ‘व्यक्तित्व’ के अनुरूप हैं। सबसे आश्चर्यजनक बात यह है कि गुर्जिएफ़ जानते थे कि इन्हें मस्तिष्क के अलग-अलग हिस्सों में स्थित किया जा सकता है, जबकि ऐसा लगता है कि उन्हें मस्तिष्क की शरीर-क्रियाविज्ञान (brain physiology) के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।  एक बार फिर हमें इस निष्कर्ष पर पहुँचना पड़ता है कि शायद गुर्जिएफ़ सच कह रहे थे, जब वे दावा करते थे कि उनकी प्रणाली किसी ऐसे प्राचीन वैज्ञानिक ज्ञान पर आधारित थी, जिसे मानव जाति का अधिकांश हिस्सा बहुत पहले भूल चुका था।

फ्रांस में गुर्जिएफ़ को जल्द ही अपना संस्थान स्थापित करने के लिए एक ऐसा घर मिल गया, जो उन्हें आदर्श लगा: फॉन्टेनब्लो के निकट शातो द प्रीएरे (Chateau du Prieuré), जो कभी लुई चौदहवें की दूसरी पत्नी मैडम द मेंतेनॉं का निवास था। इसके विशाल और दूर-दूर तक फैले हुए परिसर थे, जो ‘कार्य’ करने के लिए भरपूर अवसर प्रदान करते थे। गुर्जिएफ़ ने इसे एक वर्ष के लिए किराए पर लिया और बाद में खरीदने का विकल्प भी रखा। लेकिन इस सौदे ने उन्हें लगभग पूरी तरह निर्धन कर दिया। एक बार फिर उन्हें बड़ी मात्रा में धन कमाने के तरीके खोजने पड़े। उन्होंने पेरिस में दो रेस्तराँ शुरू किए और तेल के कारोबार में भी प्रवेश किया। उन्होंने फिर से मनोचिकित्सक के रूप में काम शुरू किया और शराब तथा नशीली दवाओं की लत से लोगों को मुक्त करने की पेशकश की। इस क्षेत्र में उनकी सफलता कथित रूप से असाधारण थी, हालाँकि आज हमारे पास उनकी उपचार-पद्धतियों का कोई प्रकाशित विवरण उपलब्ध नहीं है। इन सब कामों में अत्यधिक मेहनत करनी पड़ती थी और अपनी जीवन-ऊर्जा को उसकी सीमा तक खींचना पड़ता था। वे बताते हैं कि एक रात प्रीएरे लौटते समय, अत्यधिक थकान की अवस्था में, वे गाड़ी चलाते-चलाते सो गए। लेकिन किसी तरह उन्होंने गाड़ी को सड़क के किनारे रोक दिया। अगली सुबह एक किसान की गाड़ी वहाँ से निकलने की कोशिश कर रही थी, तब उनकी नींद खुली। इसके परिणामस्वरूप उन्हें तेज़ सर्दी लग गई, जिसके प्रभाव लंबे समय तक बने रहे।

उनकी एक शिष्या, ग्लेडिस अलेक्ज़ेंडर, ने लिखा:

‘[प्रीएरे में] जीवन को अत्यंत तीव्र गति दे दी गई थी। उसमें पुराने ढंग की रसोई और बर्तन माँजने के भारी काम से लेकर घर और कपड़े धोने के काम तक, फूलों और सब्ज़ियों के बगीचों की देखभाल से लेकर घोड़ों, गधागाड़ी, भेड़ और बकरियों, गायों और बछड़ों, मुर्गियों, सूअरों और कुत्तों की देखभाल तक, सब कुछ शामिल था। पूरा जीवन ऐसी खौलती हुई गति और तनाव, उत्साह और ऊँची आशाओं के वातावरण में जिया जाता था।’

गुर्जिएफ़ को काम का मूल रहस्य उनके मित्र पोगोसियन ने बताया था। पोगोसियन कभी विश्राम नहीं करते थे। वे हमेशा अपनी बाँहों को लयबद्ध ढंग से चलाते रहते और अपने पैरों से ताल देते रहते थे। उन्होंने समझाया था कि उनका उद्देश्य अपने स्वभाव को काम से प्रेम करने का अभ्यस्त बनाना और उसकी स्वाभाविक आलस्य की प्रवृत्ति पर विजय पाना था। अब गुर्जिएफ़ ने यही शिक्षा अपने शिष्यों पर लागू की।

लेकिन प्रीएरे में किए जाने वाले इस शारीरिक कठोर श्रम का यही एकमात्र उद्देश्य नहीं था। इसके पीछे गुर्जिएफ़ की यह समझ भी थी कि ‘व्यक्तित्व’ आत्म-साक्षात्कार की सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। व्यक्तित्व मूर्ख होता है। वह जरूरत से ज्यादा प्रतिक्रिया करता है, स्वयं पर विश्वास नहीं करता और निराशा की ओर आसानी से झुक जाता है। हम यह उस युवक के मामले में देख सकते हैं, जिसका ‘सार’ उसके व्यक्तित्व की तुलना में कहीं अधिक विवेकपूर्ण और संयमित था, जबकि उसका व्यक्तित्व एक विदूषक की तरह व्यवहार करता था। यदि जीवन में कोई गंभीर उद्देश्य और लक्ष्य न हो तो समस्या और भी दुगुनी कठिन हो जाती है। कठिन श्रम और गंभीर उद्देश्य बहुत जल्दी व्यक्तित्व को चुप रहना और शांत रहना सिखा देते हैं। गुर्जिएफ़ के बहुत-से शिष्य धनी लोग थे, जिन्होंने जीवन में कभी एक दिन भी कठिन परिश्रम नहीं किया था। इसलिए कठिन श्रम उनके भीतर के संतुलन को फिर से व्यवस्थित करने की दिशा में पहला आवश्यक कदम था। शारीरिक श्रम का एक और बहुत बड़ा लाभ है। जब शरीर थक जाता है तो वह शिथिल हो जाता है। ‘व्यक्तित्व’ भी इससे संकेत लेता है और स्वयं को पीछे कर लेता है। उदाहरण के लिए, यही बताता है कि जब आप शारीरिक रूप से थके हुए होते हैं, तब संगीत या कविता में ‘डूब जाना’ अधिक आसान क्यों होता है। व्यक्तित्व अब कोई बाधा, कोई अवरोध खड़ा नहीं करता। वह लगातार बोलना और बीच में हस्तक्षेप करना बंद कर देता है। इसलिए श्रोता के ‘सार’ और संगीत या कविता के ‘सार’ के बीच संपर्क अधिक तात्कालिक और सीधा हो जाता है। और गुर्जिएफ़ के ‘सार’ तथा उनके शिष्यों के ‘सार’ के बीच का संपर्क भी अधिक सीधा हो जाता।

स्वाभाविक रूप से, इससे बहुत-सी गलतफहमियाँ और आलोचनाएँ पैदा हुईं। रोम लांडाउ अपनी 1935 में प्रकाशित पुस्तक ‘गोल्ड इज़ माय एडवेंचर’ (God Is My Adventure) में लिखते हैं, ‘कुछ शिष्य कभी-कभी शिकायत करते थे कि वे गुर्जिएफ़ के हिंसक क्रोध, पैसे के प्रति उनकी दिखाई देने वाली लालसा या उनके निजी जीवन की विलासिता को अब और सहन नहीं कर सकते।’ अंतिम बात शायद गुर्जिएफ़ की अपनी महिला शिष्यों को बहकाने की प्रसिद्धि की ओर एक परोक्ष संकेत है। (1960 में प्रोविडेंस, रोड आइलैंड में मुझे एक व्यक्ति के बारे में बताया गया कि वह गुर्जिएफ़ की अवैध संतान में से एक था। जिस प्रोफेसर ने मुझे यह बताया, उसने यह भी विश्वासपूर्वक कहा कि गुर्जिएफ़ ने पूरे अमेरिका में बहुत-सी संतानें छोड़ी थीं।) एक रूसी युवती, आइरीन रेवलियोटी, जो क्षय रोग से पीड़ित थी और जिसे उसके प्रेमी ल्यूक डिट्रिख ने ‘कार्य’ से परिचित कराया था, को गुर्जिएफ़ ने रात के भोजन पर बुलाया। उन्होंने उससे (रूसी भाषा में) कहा कि दूसरे मेहमानों के चले जाने के बाद वह वापस आए। उसे विश्वास हो गया कि गुर्जिएफ़ उसे बहकाने का इरादा रखते हैं। इसलिए उसने उन्हें फोन करके कहा कि उसकी माँ घर पर उसकी प्रतीक्षा कर रही है। ‘तब गुर्जिएफ़ ने उसे इस तरह अपमानित किया कि उसके इरादे को लेकर उसके मन में कोई संदेह नहीं रह गया,’ लुई पॉवेल्स गुर्जिएफ़ पर अपनी पुस्तक में लिखते हैं। जब उसने इस घटना के बारे में एक दूसरे शिष्य को बताया तो उसने उसके मुँह पर थप्पड़ मार दिया। कुछ दिनों बाद उसकी (महिला शिष्या) हृदयाघात से मृत्यु हो गई।

लेकिन गुर्जिएफ़ के विरुद्ध सबसे अधिक बार लगाया जाने वाला आरोप यह था कि वे अत्यधिक काम करवाकर अपने शिष्यों को स्वचालित यंत्रों (automata) में बदल देते थे। एक महिला शिष्या ने खून की उल्टी की और डॉक्टर ने पेट में फोड़ा फटने (burst ulcer) का निदान किया। गुर्जिएफ़ ने कहा कि वह खून नहीं था और उन्होंने कोई दूसरा निदान बताया। लेकिन ऑपरेशन से यह साबित हो गया कि डॉक्टर सही था। यह धारणा कि गुर्जिएफ़ अपने विद्यार्थियों के साथ किसी निर्दयी ड्रिल सार्जेंट की तरह व्यवहार करते थे, कैथरीन मैन्सफ़ील्ड की मृत्यु के बाद फैली कहानियों से और मजबूत हुई। न्यूज़ीलैंड की यह लेखिका पहले ही तपेदिक से मृत्यु के निकट थी, जब उसने अक्टूबर 1922 में गुर्जिएफ़ से पूछा कि क्या वह प्रीएरे आ सकती है। पहले छह सप्ताह तक उसे केवल एक पर्यवेक्षक के रूप में वहाँ रहने की अनुमति थी। इसके बाद उससे भी ‘कार्य’ में शामिल होने और रसोई में भोजन तैयार करने की अपेक्षा की गई। गुर्जिएफ़ ने तय किया कि उसके स्वास्थ्य में सुधार के लिए उसे गायों की साँस की आवश्यकता है और उन्होंने वास्तव में अस्तबल में गायों के ऊपर एक सोफ़ा रखवा दिया, जहाँ वह बैठकर उनकी साँसों को अंदर ले सकती थी। लेकिन इसका कोई लाभ नहीं हुआ और उसके वहाँ आने के दस सप्ताह बाद, जनवरी में, रक्तस्राव के कारण उनकी मृत्यु हो गई। अपने पति मिडलटन मरी को लिखे उनके पत्रों से स्पष्ट है कि उन्हें जरूरत से ज्यादा काम करवाने का कोई प्रयास नहीं किया गया था। फिर भी उनकी मृत्यु ने गुर्जिएफ़ के संस्थान की एक भयावह प्रतिष्ठा बना दी।

फिर भी यह स्पष्ट है कि कठोर श्रम खतरनाक हो सकता था। बेनेट न केवल पेचिश और अत्यधिक काम के हमले से बच गए बल्कि उन्हें उनसे लाभ भी हुआ। जिन लोगों का मानसिक बल कम था या जिनमें दृढ़ता कम थी, वे संभवतः थकावट के कारण पूरी तरह टूट सकते थे। लुई पॉवेल्स लिखते हैं, ‘दो वर्षों के “कार्य” के बाद... मैंने स्वयं को अस्पताल में पाया। बिल्कुल एक कमजोर बिल्ली के बच्चे की तरह, एक आँख लगभग चली गई थी, आत्महत्या के कगार पर था और रात के तीन बजे बेताब होकर सहायता के लिए पुकार रहा था।’ और वे दो अमेरिकी लड़कियों के बारे में बताते हैं, जिन्होंने मैडम द एस. (संभवतः जीन द साल्ज़मन) द्वारा संचालित एक समूह में दो वर्ष बिताए थे, ‘वे अपनी आखिरी साँस पर थीं, मृत्यु में छलाँग लगाने के लिए तैयार, वास्तव में उसके ऊपर झुक चुकी थीं और उससे सम्मोहित थीं।’ उन्होंने उन्हें सलाह दी कि वे इस ‘शिक्षा’ से अलग हो जाएँ और समुद्र-तट के किसी स्वास्थ्य-स्थल पर जाकर विश्राम करें।

और यह सब हमें गुर्जिएफ़ की समस्या के मूल केंद्र तक ले आता है। एक युवा व्यक्ति के रूप में जैसा कि हम देख चुके हैं, गुर्जिएफ़ अपनी ‘भूलने’ की असमर्थता को नियंत्रित न कर पाने की भावना से लगभग पागल हो गए थे। क्योंकि यही मनुष्य की केंद्रीय समस्या है। सामान्य भूलने की आदत जैसे, किसी चीज़ को लेने के लिए कमरे में जाना और वहाँ पहुँचकर यह भूल जाना कि आप वहाँ क्यों आए थे। जब हमें कोई ऐसी चीज़ मिलती है जिसकी हमें बहुत तीव्र इच्छा थी या जब हम किसी दुख या संकट से अचानक बहुत बड़ी राहत का अनुभव करते हैं तो हमें लगता है कि हम इस सुख को कभी नहीं भूलेंगे। लेकिन चौबीस घंटे बाद उस अनुभव की केवल एक धुँधली-सी प्रतिलिपि बची रहती है और हम फिर से पूरी तरह तुच्छ बातों में डूब जाते हैं। यदि हम ‘भूलना नहीं’ सीखने का कोई प्रशिक्षण ले सकें तो स्पष्टतः हमारा जीवन पूरी तरह बदल जाएगा। और आखिरकार, कोई भी बुद्धिमान व्यक्ति स्वयं को कम भुलक्कड़ बनने का प्रशिक्षण दे सकता है। यह बात अविश्वसनीय लगती है कि केवल थोड़ी-सी असावधानी ही हमारे और वर्तमान जीवन से दस गुना अधिक संतोषजनक जीवन के बीच खड़ी है। जो भी व्यक्ति इस बात को समझ लेता है, वह गुर्जिएफ़ की उस जबरदस्त निराशा को महसूस करता है और ‘आर-पार निकल जाने’ (break through) के लिए अत्यंत थका देने वाले प्रयास करने को तैयार हो जाता है।

और यहीं समस्या पैदा होती है क्योंकि थकावट चीज़ों को दस गुना अधिक खराब कर देती है। जब हम स्वस्थ और पूरी तरह जाग्रत होते हैं, तब हमें बार-बार अचानक उस शुद्ध ‘बेतुके आनंद’ (absurd delight) की झलक मिलती रहती है, जो हमारे भीतर अर्थ और उद्देश्य की भावना को फिर से जगा देती है। लेकिन थकावट हर चीज़ को मृत और निर्जीव बना देती है, जिससे कोई भी प्रयास करने योग्य नहीं लगता। दुनिया ‘बासी, सपाट और निरर्थक’ हो जाती है। यदि हम इस दिखाई देने वाली निरर्थकता को सच मान बैठते हैं, तो यह अत्यंत खतरनाक स्थिति है। तब अवसाद और थकान का एक दुष्चक्र बन जाता है। उद्देश्य की भावना के बिना मनुष्य उस नाविक की तरह है, जिसके पास दिशा बताने वाला कोई कम्पास नहीं है।

उस्पेन्स्की और बेनेट जैसे लोगों के लिए यह खतरा मौजूद नहीं था। गुर्जिएफ़ से मिलने से बहुत पहले ही वे किसी-न-किसी प्रकार के ज्ञान की खोज में वर्षों बिता चुके थे। इसलिए थकान की कोई भी मात्रा शायद उन्हें हिम्मत हारने की स्थिति तक नहीं पहुँचा सकती थी अर्थात उन्हें निरर्थकता की भावना के बहकावे में नहीं ला सकती थी। कैथरीन मैन्सफ़ील्ड जैसी व्यक्ति की स्थिति अलग थी। यहाँ तक कि जॉन कार्सवेल की उनके बारे में लिखी सहानुभूतिपूर्ण पुस्तक से भी यह स्पष्ट हो जाता है कि वह भावनात्मक रूप से एक सतही और अस्थिर व्यक्ति थीं, जिन्हें अहंकार और ऊब के मिले-जुले भाव प्रेरित करते थे। यदि प्रीएरे में उनका स्वास्थ्य ठीक हो गया होता तो बहुत संभव है कि वह वहाँ के पूरे अनुभव पर एक व्यंग्यात्मक लघुकथा लिखकर चली जातीं और गुर्जिएफ़ को एक ढोंगी के रूप में चित्रित करतीं। असंतोषजनक शिष्यों से छुटकारा पाने के गुर्जिएफ़ के तरीके के लिए उनकी बहुत आलोचना हुई जैसे, ज़ाखारोफ़ को, जिसे उन्होंने एस्सेन्टुकी से वापस पेत्रोग्राद भेज दिया था, लेकिन ऐसा स्पष्ट प्रतीत होता है कि इस प्रकार की छँटाई करने में उन्होंने पर्याप्त कठोरता नहीं दिखाई।

फॉन्टेनब्लो संस्थान की स्थापना के बारे में गुर्जिएफ़ के अपने विवरण से जो बात स्पष्ट रूप से सामने आती है, वह यह है कि उस समय का अधिकांश हिस्सा वे शारीरिक रूप से अत्यधिक थकान की अवस्था में रहे और धन को लेकर लगातार चिंतित रहे। यदि वे अपने शिष्यों को सहनशक्ति की सीमा तक धकेलते थे तो स्वयं को भी उसी सीमा तक धकेलते थे। और, जैसा कि बेनेट स्वीकार करते हैं, यह काम करता था।

इन तमाम बाधाओं के बावजूद, नवंबर 1922 से दिसंबर 1923 के बीच गुर्जिएफ़ ने ऐसा कुछ कर दिखाया, जैसा यूरोप में इससे पहले कभी देखने को नहीं मिला था। उन्होंने ऐसे कार्य-परिस्थितियों का निर्माण किया, जिनसे दर्जनों लोगों को स्वयं यह जाँचने का अवसर मिला कि हर मनुष्य के भीतर परिवर्तन की जो संभावना सुप्त अवस्था में मौजूद है, वह वास्तव में विकसित की जा सकती है। मूल पद्धति सरल थी। शिष्यों को अपने शारीरिक शरीर की काम करने की क्षमता, ध्यान लगाने की क्षमता, विभिन्न कौशल सीखने की क्षमता और मानसिक-आंतरिक ऊर्जा उत्पन्न करने की क्षमता को उसकी सीमा तक खींचने का अवसर और साधन दिया जाता था... लेकिन प्रीएरे के बाहरी जीवन का कोई भी वर्णन इस बात का पर्याप्त अनुमान नहीं दे सकता कि लोगों के भीतर क्या घट रहा था। वे स्वयं देख सकते थे कि चमत्कार संभव हैं और उनकी आँखों के सामने घटित हो रहे हैं। वातावरण प्रसन्न और जीवन्त था, उदास या मठ-जैसा नहीं।

लेकिन केवल इस काम पर ज़ोर देना पूरी बात को समझने से चूक जाना होगा। एक बुनियादी अर्थ में, यह काम अपने आप में बिल्कुल महत्वपूर्ण नहीं था। इसे स्पष्ट करने वाली दो घटनाएँ हैं। बेनेट बताते हैं कि एक दिन गुर्जिएफ़ ने घोषणा की कि सामान्य शारीरिक श्रम पर्याप्त नहीं है। अब उन सबको तरह-तरह के हुनर भी सीखने होंगे—जूते बनाना, इंजीनियरिंग, टोकरी बुनना आदि। उन्होंने स्वयंसेवकों को आगे आने के लिए कहा और हर व्यक्ति ने हाथ उठा दिया। लेकिन वास्तव में इन कामों की शिक्षा कभी शुरू ही नहीं हुई। फिर भी बेनेट एक दिलचस्प बात कहते हैं कि इस अतिरिक्त काम की संभावना मात्र ने सबको भीतर से सक्रिय कर दिया और वे अधिक ऊर्जावान हो गए।

फ्रिट्ज़ पीटर्स को हर चार दिन में एक बार घास काटने का काम दिया गया था। जब उसने यह काम पूरा करना सीख लिया तो गुर्जिएफ़ ने उसकी प्रशंसा करने के बजाय उससे कहा कि अब उसे यह पूरा काम एक ही दिन में करना होगा। पीटर्स की निराशा और हताशा देखकर वे उसे पास के एक खेत में ले गए, जहाँ बहुत ऊँची घास थी और कहा कि जब वह एक दिन में लॉन की सारी घास काटना सीख जाएगा, तब उसे इस खेत में भेजा जाएगा, जहाँ उसे एक दिन में दरांती से सारी घास काटनी होगी। (उस समय पीटर्स की उम्र केवल ग्यारह वर्ष थी और उसका कद भी काफी छोटा था।) स्वाभाविक रूप से, इस संभावना से पीटर्स का मन बैठ गया। फिर भी उसने प्रयास जारी रखा और एक ही दिन में सारे लॉन की घास काटने में सफल हो गया। उसने पाया कि काम करते-करते उसका आत्म-दया और रोष गायब हो गया था। अंततः जब उसने गुर्जिएफ़ से पूछा कि उसे उस खेत की घास दरांती से कब काटनी होगी तो गुर्जिएफ़ ने एक विचित्र उत्तर दिया, “ज़रूरत नहीं। तुम वह काम पहले ही कर चुके हो।” अर्थात उससे कहीं अधिक कठिन काम उस खेत की घास को दरांती से काटने की संभावना ने पीटर्स को अपने लॉन काटने की समस्या को एक मामूली काम समझकर करने में सक्षम बना दिया था। गुर्जिएफ़ की दिलचस्पी इसी चीज़ में थी जिसे “साहस का जागरण” कहा जा सकता है।

1924 की शुरुआत में गुर्जिएफ़ की अस्थिर आर्थिक स्थिति ने उन्हें यह निर्णय लेने के लिए मजबूर किया कि अमेरिका जाकर अपने खाली होते धन-भंडार को फिर से भरने का प्रयास किया जाए। दिसंबर 1923 में थिएत्र दे शाँज़-एलीज़े में उनके नृत्यों का प्रदर्शन काफी सफल रहा था और संभव है कि इसी सफलता से गुर्जिएफ़ को अटलांटिक पार जाकर धन कमाने का विचार आया हो। उस्पेन्स्की ने उनकी सहायता की और उन्हें क्लोद ब्रैग्डन से मिलवाया, जिन्होंने ‘टरटियम ओरगेनम’ (Tertium Organum) का अनुवाद किया था। ए. आर. ओरेज, जिन्होंने ‘न्यू ऐज’ (New Age) का संपादन छोड़कर गुर्जिएफ़ के साथ काम करना शुरू कर दिया था, पहले ही अमेरिका भेज दिए गए ताकि वहाँ की परिस्थितियाँ तैयार कर सकें। (अंततः ओरेज न्यूयॉर्क में ही रह गए।) गुर्जिएफ़ और उनका दल जनवरी 1924 में अमेरिका पहुँचा। कुल चालीस लोग थे और 23 जनवरी को लेस्लीज़ बॉलरूम में प्रदर्शन किया।

शिष्यों ने पूर्वी संगीत और ढोल की ताल के साथ अपने “मूवमेंट्स” प्रस्तुत किए और फिर “चुंबकत्व, दूरदृष्टि और मन-पठन” का प्रदर्शन किया। दर्शकों से कहा गया कि वे अपने पास की कोई व्यक्तिगत वस्तु किसी शिष्य को दिखाएँ। मंच पर मौजूद शिष्य फिर उस वस्तु का सटीक वर्णन करते। दर्शक किसी ओपेरा का नाम सुझाते और दर्शकों के बीच बैठे शिष्य उस सूचना को मंच पर मौजूद थॉमस दे हार्टमैन तक “पहुँचाते”, जो फिर उस ओपेरा का कोई अंश बजाते। इसी तरह दर्शकों में बैठे शिष्य जीवित जानवरों के नाम “प्रेषित” करते और मंच पर मौजूद एक कलाकार उन्हें बड़े सफेद कागज़ों पर बना देता। मन-पठन का यह प्रदर्शन अत्यंत प्रभावशाली था। दर्शकों में कम-से-कम एक व्यक्ति, ए. एस. नॉट, जो बाद में ‘टीचिंग ऑफ गुर्जिएफ़: द जर्नल ऑफ ए प्यूपिल’ (Teachings of Gurdjieff: The Journal of a Pupil) के लेखक बने, इस प्रदर्शन से चकित और गहरे प्रभावित हुए। एक अन्य दर्शक, विलियम सीब्रुक, इसे महज़ हाथ की सफाई या जादू की चाल समझकर खारिज करने के इच्छुक थे। (ओरेज ने दर्शकों से कहा था कि प्रदर्शन में “करतब, आधे-करतब और वास्तविक अलौकिक घटनाएँ” होंगी और दर्शकों को स्वयं अनुमान लगाना होगा कि इनमें से कौन-सी चीज़ क्या है।) सीब्रुक ने लिखा:

“जिस चीज़ ने मुझे सबसे अधिक उत्साहित और आकर्षित किया, वह थी शिष्यों की अद्भुत, चमकदार, स्वचालित-सी, अमानवीय, लगभग अविश्वसनीय आज्ञाकारिता और रोबोट जैसी अनुशासनबद्धता। वे पूरी तरह प्रशिक्षित ज़ॉम्बियों के किसी समूह जैसे थे या सर्कस के जानवरों जैसे...

इस समूह में युवा और कुछ अपेक्षाकृत अधिक उम्र की महिलाएँ थीं, जिनमें से अधिकांश सुंदर थीं और कुछ अत्यंत खूबसूरत। पुरुषों में से ऐसा लगता था कि वे और शायद अधिकांश वास्तव में, ब्रिटेन तथा यूरोप के श्रेष्ठ परिवारों और विश्वविद्यालयों से आए थे। मैं इनमें से कुछ शिष्यों से मिला और लगभग बिना किसी अपवाद के वे संस्कारी, सुसंस्कृत और बुद्धिमान लोग थे... और चाहे वह प्रदर्शन असाधारण मानसिक शक्तियों का था या नहीं, उसमें कोई बनावट नहीं थी क्योंकि यदि उन्होंने सर्वोच्च स्तर का शारीरिक समन्वय नहीं सीखा होता तो उन करतबों में उनके हाथ-पैर और शायद गर्दन तक टूट सकती थी। लेकिन मुझे लगा कि इन प्रदर्शनों ने उनके अपने ऊपर नियंत्रण से भी अधिक जिस चीज़ को दिखाया, वह थी गुर्जिएफ़, उस गुरु का उन पर भयानक प्रभुत्व। उसके आदेश पर वे मंच के एक छोर से दूसरे छोर तक पूरी गति से दौड़ पड़ते। उसके एक धीमे से आदेश पर उसी दौड़ती हुई अवस्था में ऐसे जम जाते, मानो किसी रेस-ट्रैक कैमरे ने उन्हें उसी क्षण स्थिर कर दिया हो...

गुर्जिएफ़ स्वयं उन दिनों शांत, साँड़ जैसे शरीर वाला व्यक्ति थे, जिसकी मांसपेशियाँ इस्पात की तरह कठोर थीं। वे बेदाग़ डिनर-सूट पहने रहते, उनका सिर प्रशियन अधिकारी की तरह मुंडा हुआ था, काली, घनी, हैंडलबार जैसी मूँछें थीं और वह प्रायः महँगी मिस्री सिगरेट पीते थे। वे दर्शकों के बीच या पियानो के पास एक ओर खड़े रहते... उन्होंने कभी चिल्लाकर आदेश नहीं दिया। वे हमेशा सहज और शांत दिखाई देते। फिर भी हर समय उनका पूर्ण नियंत्रण रहता। ऐसा लगता था मानो वे किसी दासों के मालिक या जंगली जानवरों को वश में करने वाले प्रशिक्षक की तरह हों, जिसके हाथ में अदृश्य कोड़े की फटकार हवा में बिना आवाज़ के चल रही हो। उनके दूसरे गुणों के अलावा, वे एक महान रंगमंचीय कलाकार भी थे। एक रात प्रदर्शन का चरम ऐसा आया कि पहली पंक्ति के दर्शक सचमुच अपनी सीटों से उछल पड़े। दल को मंच के बिल्कुल पीछे, दर्शकों की ओर मुँह करके खड़ा किया गया था। गुर्जिएफ़ के आदेश पर वे पूरी गति से मंच के सामने की ओर दौड़े। हमें लगा कि अब वे अपनी गति को अचानक रोकने का शानदार प्रदर्शन करेंगे। लेकिन इसके बजाय गुर्जिएफ़ ने शांत भाव से अपनी पीठ उनकी ओर कर ली और सिगरेट जलाने लगे। अगले ही क्षण मनुष्यों का एक हवाई हिमस्खलन हवा में उड़ता हुआ ऑर्केस्ट्रा के ऊपर से निकल गया और खाली कुर्सियों के बीच फर्श पर जा गिरा। शरीर एक-दूसरे के ऊपर उलझे हुए पड़े थे। बाँहें और टाँगें अजीब मुद्राओं में बाहर निकली थीं और वे उसी अवस्था में पूरी तरह स्थिर और निःशब्द पड़े रहे।

घटना घट जाने के बाद ही गुर्जिएफ़ ने मुड़कर उनकी ओर देखा, जबकि वे अब भी बिल्कुल स्थिर पड़े थे। कुछ देर बाद जब उसकी अनुमति से वे उठे और यह स्पष्ट हो गया कि किसी की बाँह, टाँग या गर्दन नहीं टूटी थी, किसी को खरोंच या चोट तक नहीं लगी थी तो तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कुछ विरोध की आवाज़ें भी सुनाई दीं। यह लगभग हद से अधिक हो गया था।”

ल्यूवेलिन पॉविस ने ‘द वर्डिक्ट ऑफ़ ब्रिडलगूज़’ (The Verdict of Bridlegoose) में गुर्जिएफ़ के दल का एक संक्षिप्त वर्णन भी दिया है:

“[गुरजिएफ़] का सिर ऊँचा और गंजा था तथा आँखें तीखी और काली थीं। उनका पूरा व्यक्तित्व किसी घुड़सवारी के प्रशिक्षक की याद दिलाता था, हालाँकि उनकी उपस्थिति में कुछ ऐसा था जो व्यक्ति की नसों पर विचित्र प्रभाव डालता था। यह प्रभाव विशेष रूप से तब महसूस होता था जब उसके शिष्य मंच पर आते और किसी जादू के उस्ताद की निगाह के सामने पिंजरे में रखे सम्मोहित खरगोशों के समूह की तरह प्रदर्शन करने लगते।”

बहुत-से अनुकूल प्रचार के बावजूद, न्यूयॉर्क में दर्शकों की संख्या लगातार घटती गई। जैज़ युग के बीच न्यूयॉर्क के लोगों की पूर्वी नृत्यों में विशेष रुचि नहीं थी। ‘दल’ वास्तव में दूसरे काम की तलाश कर रहा था, तभी दियागिलेव बैले के पूर्व सदस्य एडॉल्फ़ बोल्म ने उन्हें शिकागो आने का निमंत्रण दिया। वहाँ उनके प्रदर्शन सफल रहे और कार्नेगी हॉल में हुआ अंतिम प्रदर्शन भी सफल रहा। लेकिन अमेरिका की यात्रा से गुर्जिएफ़ को उतना धन नहीं मिल पाया, जितनी उन्हें आशा थी।

इस दौर के गुर्जिएफ़ से जुड़ी एक विशिष्ट घटना ओल्गा दे हार्टमैन ने बताई है। गुर्जिएफ़ ने उनसे कहा कि वे अकेली पेरिस लौट जाएँ क्योंकि उनके पति को कुछ समय और न्यूयॉर्क में उनके साथ रहना आवश्यक था। उन्होंने साफ़ इनकार कर दिया। गुर्जिएफ़ नाराज़ हुए, लेकिन वे जानते थे कि ओल्गा अपना निर्णय बदलने वाली नहीं हैं। इसलिए वे और उनके पति गुर्जिएफ़ के बिना पेरिस लौट गए। जब ओल्गा ने जहाज़ के टिकट खरीद लिए, तब उन्हें पता चला कि उनके पास अब कोई पैसा नहीं बचा है। इसलिए उन्होंने अपनी एक अंगूठी गिरवी रख दी। वह अंगूठी उन्हें विशेष रूप से प्रिय थी और उन्होंने अपने भाई के लिए संदेश छोड़ दिया जो न्यूयॉर्क में ही था कि वह उस अंगूठी को छुड़ा ले। लेकिन वास्तव में गुर्जिएफ़ को इस बात का पता चल गया और उन्होंने स्वयं वह अंगूठी छुड़ा ली। जब वे प्रीएरे लौटे तो उन्होंने वह अंगूठी ओल्गा को वापस दे दी। वे पुराने वैर या नाराज़गी को मन में रखने वाले व्यक्ति नहीं थे।

फॉन्टेनब्लो लौटने के बाद काम पहले की तरह चलता रहा। 5 जुलाई 1924 को गुर्जिएफ़ ने पूरा दिन पेरिस में बिताया। उनकी कार के स्टीयरिंग-व्हील में कुछ खराबी थी, इसलिए उन्होंने कार को एक गैराज में छोड़ दिया। उन्होंने ओल्गा दे हार्टमैन से कहा कि वे पेरिस स्थित उनके फ्लैट में कुछ दफ़्तरी काम कर लें और फिर ट्रेन से प्रीएरे लौट जाएँ। ओल्गा को यह बात खली क्योंकि उस दिन बहुत गर्मी थी और सामान्यतः वे गुर्जिएफ़ के साथ कार में वापस लौटती थीं। गुर्जिएफ़ के फ्लैट में काम करते-करते उन्हें नींद आ गई और अचानक उनकी आवाज़ पुकारते हुए सुनाई दी। लेकिन गुर्जिएफ़ वहाँ कहीं दिखाई नहीं दे रहे थे।

वास्तव में गुर्जिएफ़ की कार एक पेड़ से टकरा गई थी। संभवतः ख़राब स्टीयरिंग-व्यवस्था के कारण और जिस समय ओल्गा ने उनकी आवाज़ सुनी, उस समय वे बुरी तरह घायल होकर बेहोश पड़े थे।

The War Against Sleep: The Philosophy of Gurdjieff का हिंदी अनुवाद (अध्याय चार: जलप्रलय और उसके बाद)

 

अध्याय 4 — जलप्रलय और उसके बाद

1915 में भी, जब उनकी मुलाकात उस्पेन्स्की से हुई, गुर्जिएफ़ को यह अवश्य एहसास हो गया होगा कि संस्थान स्थापित करने की उनकी योजनाएँ विफल होने के खतरे में हैं। सौभाग्य से, वे ऐसे व्यक्ति नहीं थे जो इन बातों को दिल पर लेते। सुख-सुविधा और सुरक्षा अनिश्चितता की तुलना में कहीं अधिक खतरनाक हो सकती हैं क्योंकि अनिश्चितता का एक लाभ यह है कि वह मन को सतर्क बनाए रखती है। वह विभिन्न समूहों के साथ अपना काम जारी रखते रहे, लेकिन समय आने पर आगे बढ़ जाने की तैयारी भी करते रहे। युद्ध हमेशा उनके ऊपर मंडराता रहता था। उस्पेन्स्की विशेष रूप से उस दृश्य से प्रभावित हुए जिसमें बैसाखियों से लदा हुआ एक ट्रक एक सैन्य अस्पताल की ओर जा रहा था। उन अंगों के लिए बैसाखियाँ, जो अभी तक बम से उड़ाए भी नहीं गए थे। प्रतिद्वंद्वी सेनाएँ देशभक्ति और आक्रोश जैसी पूरी तरह यांत्रिक भावनाओं पर प्रतिक्रिया कर रही थीं और कोई भी चीज़ उन्हें एक-दूसरे का कत्लेआम करने से रोक नहीं सकती थी। सेंट पीटर्सबर्ग में उस्पेन्स्की का समूह अक्सर नूह की नाव (Noah’s Ark) के विचार पर चर्चा करता था। ऐसा जहाज़ जो आने वाली घटनाओं के जलप्रलय से बच सके और अपने बनाने वालों को सुरक्षित स्थान तक पहुँचा सके।

By Joe Michelli 

इस समय गुर्जिएफ़ मॉस्को में अपना काम जारी रखे हुए थे। उस्पेन्स्की के समूह के सदस्य कभी-कभी वहाँ जाते और गुर्जिएफ़ के नवीनतम व्याख्यानों के नोट्स लेकर लौटते। ‘कार्य’ (the work) मूलतः आत्म-निरीक्षण पर आधारित था, जो गुर्जिएफ़ की ‘केन्द्रों’ (centres) संबंधी शिक्षा पर आधारित था। मूलभूत समस्या यह थी कि ‘स्वयं को कैसे याद रखा जाए,’ अर्थात ‘self-remembering’ कैसे किया जाए। हमारी सामान्य चेतना की अवस्था में कोई केंद्रीय ‘मैं’ नहीं होता। जब मैं सुबह अपनी आँखें खोलता हूँ तो चीज़ें ‘दिखाई देती हैं’, लेकिन उन्हें देखने वाला ‘मैं’ नहीं होता। उन्हें ‘मशीन’, अर्थात रोबोट देख रहा होता है। उस्पेन्स्की ने इस विचार को एक सुविधाजनक चित्र के माध्यम से समझाया। जब मैं बाहरी दुनिया पर ध्यान देता हूँ तो मैं ऐसा हूँ जैसे बाहर की ओर संकेत करता हुआ एक तीर। जब मैं अपनी आँखें बंद करता हूँ और ‘अपने भीतर’ उतरता हूँ तो मेरा ध्यान भीतर की ओर संकेत करता हुआ तीर बन जाता है। अब यदि मैं दोनों काम एक साथ करने की कोशिश करूँ अर्थात उस ‘तीर’ को एक ही समय में भीतर और बाहर दोनों ओर संकेत करने दूँ तो मुझे तुरंत पता चलता है कि यह कितना अविश्वसनीय रूप से कठिन है। एक-दो सेकंड बाद ही या तो मैं बाहरी दुनिया को भूलकर दिवास्वप्न में डूब जाता हूँ या फिर ‘अपने आप’ को भूलकर उस वस्तु में पूरी तरह डूब जाता हूँ जिसे मैं देख रहा हूँ। लेकिन गुर्जिएफ़ के अनुसार, स्वयं को याद रखने के ये क्षण जब तीर एक ही समय में दोनों दिशाओं में संकेत करता है, हमारे जीवन के सबसे महत्वपूर्ण क्षण होते हैं। गहरे सुख के सभी क्षणों में हमें एक ऐसा अनुभव होता है जिसे इस प्रकार व्यक्त किया जा सकता है, ‘क्या! मैं... यहाँ?’ मुझे केवल इस बात की चेतना नहीं होती कि मेरे साथ क्या घट रहा है बल्कि इस बात की भी चेतना होती है कि यह मेरे साथ घट रहा है। मॉस्को के दिनों में गुर्जिएफ़ के सबसे मूलभूत अभ्यासों में से एक यह था कि किसी वस्तु, मान लीजिए एक घड़ी को देखने का प्रयास किया जाए और उसी समय स्वयं को यह देखने के प्रति भी सचेत किया जाए कि ‘मैं उसे देख रहा हूँ’। उनके शिष्यों को शीघ्र ही यह एहसास होने लगा कि स्वयं को याद रखना (कितना) अत्यंत कठिन है।

गुर्जिएफ़ ने कहा, यह स्पष्ट है कि वर्तमान अवस्था में मनुष्य के भीतर कुछ बहुत बुनियादी रूप से गलत है। हम इतना कुछ अनुभव क्यों करें, केवल इसलिए कि उसके तुरंत बाद उसे भूल जाएँ? हमारे अनुभवों का आधा हिस्सा तो ऐसे हमसे फिसल जाता है जैसे पानी बत्तख की पीठ से फिसल जाता है। फिर भी अनुभव भोजन है और उसका उद्देश्य हमें विकसित होने में सक्षम बनाना है।

उस्पेन्स्की ने शीघ्र ही यह अनुभव कर लिया कि इस दृष्टि से स्वयं को याद रखने के प्रयास अत्यंत मूल्यवान हो सकते हैं।

उदाहरण के लिए, उन दिनों मुझे रात में सेंट पीटर्सबर्ग की गलियों में घूमना और वहाँ के मकानों तथा सड़कों को ‘महसूस’ करना बहुत पसंद था। सेंट पीटर्सबर्ग ऐसे विचित्र संवेदनों से भरा हुआ है। मकान, विशेषकर पुराने मकान, बिल्कुल जीवित प्रतीत होते थे। ऐसा लगता था कि मैं उनसे लगभग बात कर सकता हूँ। इसमें ‘कल्पना’ जैसी कोई बात नहीं थी। मैं किसी चीज़ के बारे में सोचता नहीं था। मैं केवल चलता रहता था, स्वयं को याद रखने का प्रयास करता था और अपने आस-पास देखता था। वे संवेदनाएँ अपने आप उत्पन्न होती थीं।

उस्पेन्स्की उस नियंत्रण-बोध की शुरुआत का अनुभव कर रहे थे, जिसे बाद में फॉन्टेनब्लो में बेनेट ने अनुभव किया था।

उस्पेन्स्की स्वयं को याद रखने के एक असफल प्रयास की एक मज़ेदार कहानी भी सुनाते हैं।

“एक बार मैं लितेनी मार्ग से नेव्स्की की ओर जा रहा था और अपनी पूरी कोशिश के बावजूद अपना ध्यान स्वयं को याद रखने पर टिकाए रखने में असमर्थ था। शोर, लोगों की आवाजाही... हर चीज़ मेरा ध्यान भटका रही थी। हर मिनट मैं अपने ध्यान की कड़ी खो देता, फिर उसे वापस पा लेता और फिर दोबारा खो देता। अंततः मुझे अपने ऊपर एक तरह की हास्यास्पद झुंझलाहट महसूस हुई और मैं बाईं ओर की एक गली में मुड़ गया। मैंने दृढ़ निश्चय कर लिया कि कम-से-कम कुछ समय तक अपना ध्यान इस बात पर बनाए रखूँगा कि मुझे स्वयं को याद रखना है। मैं नेदेझ्दिन्स्काया पहुँच गया और इस दौरान ध्यान की वह कड़ी लगभग नहीं खोई, सिवाय शायद कुछ छोटे-छोटे क्षणों के। फिर मैं दोबारा नेव्स्की की ओर मुड़ा। मुझे लगा कि शांत गलियों में विचार की इस कड़ी को बनाए रखना आसान है, इसलिए मैं स्वयं को अधिक शोर वाली गलियों में परखना चाहता था। मैं नेव्स्की तक पहुँच गया और तब भी स्वयं को याद रखे हुए था। अब मुझे उस विचित्र भावनात्मक अवस्था का अनुभव होने लगा था जो इस तरह के बड़े प्रयास के बाद आती है... भीतर की शांति और आत्मविश्वास की अवस्था। ठीक मोड़ के पास एक तंबाकू की दुकान थी, जहाँ मेरे लिए सिगरेट बनाई जाती थीं। स्वयं को याद रखते हुए मैंने सोचा कि वहाँ जाकर कुछ सिगरेट मँगवा लूँ। दो घंटे बाद मेरी आँखें तावरीचेस्काया में खुलीं अर्थात वहाँ से बहुत दूर। जागने का वह अनुभव असाधारण रूप से तीव्र था। मैं लगभग कह सकता हूँ कि मैं सचमुच होश में आया। मुझे सब कुछ एक साथ याद आ गया। मैं कैसे नेदेझ्दिन्स्काया मार्ग पर चल रहा था, कैसे स्वयं को याद रख रहा था, कैसे मैंने सिगरेट के बारे में सोचा था और कैसे उसी विचार के आते ही ऐसा लगा था कि मैं अचानक गिर पड़ा और गहरी नींद में विलीन हो गया। और फिर भी, इस नींद में डूबे रहने के दौरान मैं लगातार उचित और उद्देश्यपूर्ण ढंग से काम करता रहा था। ...तावरीचेस्काया से होकर गाड़ी में जाते समय मुझे एक अजीब बेचैनी महसूस होने लगी, मानो मैं कुछ भूल गया हूँ। और अचानक मुझे याद आया कि मैं स्वयं को याद रखना भूल गया था।”

यह प्रसंग कई महत्वपूर्ण बातों को स्पष्ट करता है। सबसे पहले, स्वयं को याद रखने के साथ आने वाली गहरी संतुष्टि और नियंत्रण की वह विचित्र अनुभूति, जिसकी तुलना लगभग यौन संतुष्टि से की जा सकती है। एक गहरी और व्यापक चेतना के जन्म जैसी होती है। फिर यह ध्यान देने योग्य है कि सिगरेट का विचार ही उसे ‘नींद’ में ले गया था। इससे समझ में आता है कि गुर्जिएफ़ को कुछ पुरानी आदतों को जान-बूझकर छोड़ना इतना महत्वपूर्ण क्यों लगता था ताकि उससे पैदा होने वाला तनाव एक ‘अलार्म घड़ी’ की तरह काम करे। यदि उस्पेन्स्की ने धूम्रपान छोड़ने का संकल्प किया होता तो तंबाकू का विचार स्वयं उसके उद्देश्य को बनाए रखने के लिए एक अतिरिक्त ‘झटका’ बन जाता, ऑक्टेव के उस कमजोर बिंदु को मजबूत करने वाला झटका।

अंत में, यह भी ध्यान देने योग्य है कि यह एहसास होना कि वह स्वयं को याद रखना भूल गया था, वास्तव में जागने जैसा था। गुर्जिएफ़ का यह कथन कि सामान्य चेतना नींद का एक रूप है, केवल एक रूपक के रूप में नहीं समझा जाना चाहिए। इसे शाब्दिक अर्थ में लेना चाहिए। एक अन्य अवसर पर उस्पेन्स्की बताते हैं कि उन्होंने स्वयं को याद रखने की इतनी तीव्र अवस्था प्राप्त कर ली थी कि सड़क पर चलते हुए वह वास्तव में देख सकते थे कि लोग सोए हुए हैं और उनके सिर किसी प्रकार के स्वप्नों के बादल में लिपटे हुए दिखाई देते थे। फिर से, इसे केवल एक रूपक नहीं समझना चाहिए। ऐसा लगता है कि स्वयं को याद रखने से एक विचित्र प्रकार की ‘टेलीपैथी’ उत्पन्न होती है, जिसमें चेतना वास्तविकता के कहीं अधिक व्यापक क्षेत्र के प्रति जागरूक हो जाती है। संभावना है कि एक अर्थ में उस्पेन्स्की सचमुच ‘उनके सिरों के भीतर’ देख सकते थे।

1916 की सर्दी जैसे-जैसे लंबी खिंचती गई, उस्पेन्स्की के लिए यह स्पष्ट होता गया कि उनका ‘Ark’ उन्हें अपने चारों ओर फैल रही अराजकता से बचाने वाला नहीं था। उस वर्ष क्रिसमस के ठीक बाद ज़ारिना का प्रिय रासपुतिन गायब हो गया। उसने भविष्यवाणी की थी कि यदि उसकी हत्या किसानों द्वारा की गई तो रूस सैकड़ों वर्षों तक समृद्ध बना रहेगा, लेकिन यदि उसकी हत्या अभिजात वर्ग के किसी व्यक्ति ने की तो राजपरिवार का विनाश निश्चित होगा और रूस में कोई भी कुलीन व्यक्ति जीवित नहीं बचेगा। उसकी हत्या प्रिंस फ़ेलिक्स युसुपोव ने की और कुछ सप्ताह बाद उसका शव नेवा नदी से बरामद हुआ।

गुर्जिएफ़ अपने गृह नगर अलेक्ज़ान्द्रोपोल लौट गए और उन्होंने उस्पेन्स्की को वहाँ आने के लिए तार भेजा। उस्पेन्स्की गुर्जिएफ़ की पृष्ठभूमि की इस झलक से बहुत उत्सुक हुए, विशेषकर एक ऐसी बड़ी की गई तस्वीर को देखकर जिसमें गुर्जिएफ़ को युवावस्था में फ्रॉक-कोट पहने दिखाया गया था। उस्पेन्स्की के अनुसार, इस तस्वीर से उन्होंने अनुमान लगा लिया कि उस समय गुर्जिएफ़ का पेशा क्या था, लेकिन उन्होंने उस रहस्य को अपने तक ही रखने का निश्चय किया। यह, निश्चित रूप से, वही ‘हिप्नोटिस्ट’ वाली तस्वीर थी जिसे बेनेट ने ‘गुर्जिएफ़: मेकिंग ए न्यू वर्ल्ड’ (Gurdjieff: Making a New World) में प्रकाशित किया है।

उस्पेन्स्की उलझन में थे। गुर्जिएफ़ अपना काम अच्छी तरह करते हुए और ऐतिहासिक घटनाओं से अप्रभावित दिखाई देते थे। उन्होंने उस्पेन्स्की से कहा कि उन्हें लगता है कि परिस्थितियाँ जल्द ही शांत हो जाएँगी और वे रूस में अपना काम जारी रख सकेंगे। (यदि वे सचमुच गंभीर थे और गुर्जिएफ़ के मामले में यह कभी निश्चित नहीं कहा जा सकता तो वे असाधारण रूप से दूरदृष्टिहीन थे।) फिर भी, गुर्जिएफ़ स्पष्ट रूप से किसी गहरे विचार में डूबा हुए थे। किस बात पर? संभवतः इस भावना पर कि उनकी ‘विधि’ अभी भी संतोषजनक नहीं थी और किसी नई चीज़ की आवश्यकता थी... कुछ अधिक व्यावहारिक। लोग नई धारणाओं को आराम से आत्मसात कर सकते हैं और फिर वापस सो सकते हैं। उसे लोगों को जागृत रखने के लिए नए तरीके खोजने थे।

उस्पेन्स्की सेंट पीटर्सबर्ग लौट गए। गुर्जिएफ़ ने उनसे कहा कि उनका इरादा किस्लोवोद्स्क जाकर एक नया कार्य-समूह स्थापित करने का है और उन्होंने उस्पेन्स्की तथा अन्य इच्छुक लोगों को वहाँ उनके साथ आने की सलाह दी। वास्तव में, गुर्जिएफ़ काकेशस के एस्सेन्तुकी चले गए। उन्होंने एक विला किराये पर लिया और गाँव के किनारे एक मकान भी लिया। वहाँ छह सप्ताह तक उनके शिष्यों ने एक नई तरह की तीव्रता के साथ काम किया। सबसे पहले गुर्जिएफ़ ने विभिन्न अभ्यास और तकनीकें शुरू कराईं। कुछ अभ्यासों में मांसपेशियों पर जोर देना या उन्हें ढीला करना शामिल था और आज के किसी योग-विद्यार्थी को वे परिचित लग सकते हैं। दूसरे अभ्यास अधिक जटिल थे। यहीं गुर्जिएफ़ ने अपने सबसे चौंकाने वाले और प्रभावशाली अभ्यासों में से एक शुरू कराया। ‘Stop’ यानी ‘रुक जाओ’ का अभ्यास। जब वे ‘Stop!’ कहते तो हर व्यक्ति को उसी क्षण जो कुछ भी वह कर रहा था, उसे बिल्कुल तुरंत रोक देना होता था। भले ही वह अपना एक कदम बीच में ही उठा रहा हो या मुँह में रखा भोजन निगलने वाला ही क्यों न हो। उसका कहना था कि इसका उद्देश्य लोगों को अपने काम करने के ढंग के प्रति जागरूक करना था। अपनी शारीरिक मुद्रा और मांसपेशियों की प्रतिक्रिया के प्रति बिल्कुल सटीक जागरूकता पैदा करना। बाद के वर्षों में प्रीएरे में वह आधी रात को छात्रावास में आ सकते थे और उँगलियाँ चटका सकते थे। तब हर व्यक्ति को कुछ ही सेकंड के भीतर बिस्तर से बाहर निकलकर किसी जटिल शारीरिक मुद्रा में खड़ा हो जाना पड़ता था। वह पूर्ण सतर्कता विकसित करने का प्रयास कर रहे थे।

गुर्जिएफ़ ने समझाया कि वह उन्हें ‘अति-प्रयास’ (super-effort) के सिद्धांत से परिचित करा रहे हैं। यदि कोई व्यक्ति खराब मौसम में पच्चीस मील पैदल चलता है और ठंडा तथा भूखा घर पहुँचता है और फिर घर के भीतर जाने से पहले दो मील और चलने का निर्णय करता है तो यह ‘अति-प्रयास’ है।

लेकिन मुझे लगता है कि यहाँ गुर्जिएफ़ किसी महत्वपूर्ण बात को समझाने में असफल रहे। महत्वपूर्ण स्वयं ‘अति-प्रयास’ नहीं है बल्कि वह ऊर्जा है जिसे हम उस अति-प्रयास का सामना करने के लिए अपने भीतर से बुलाते हैं। गुर्जिएफ़ की ‘प्रणाली’ का पूरा उद्देश्य और न तो उनकी अपनी पुस्तकों में और न ही उनके बारे में लिखी गई पुस्तकों में इस बात पर पर्याप्त जोर दिया गया है। इस मूल धारणा पर आधारित है कि मनुष्य के भीतर उसकी कल्पना से कहीं अधिक ऊर्जा मौजूद है, ‘जीवनी-शक्ति के भंडार’ (vital reserves) की एक विशाल झील। जो चीज़ हमें इन भंडारों से काट देती है, वह आलस्य की भावना या अधिक सही ढंग से कहें तो अनिच्छा है। हम किसी प्रयास के बारे में सोचते हैं और कहते हैं, ‘ओह, कितना उबाऊ काम है।’ और यह ऊब की भावना तुरंत हमारी जीवन-शक्ति को कम कर देती है। यदि मैं किसी अति-प्रयास जैसे, उन अतिरिक्त दो मील चलने को आत्म-दया से कराहते हुए करूँ तो उसका कोई लाभ नहीं होगा। लेकिन यदि कोई अचानक आया संकट या अचानक मिली कोई अच्छी खबर (जैसे कि कोई प्रिय व्यक्ति दो मील दूर मेरा इंतज़ार कर रहा है) मुझे वे दो मील चलने का निर्णय करने के लिए प्रेरित कर दे तो मैं उन्हें फुर्तीले कदमों से चलूँगा और आवश्यकता पड़ने पर दस गुना अधिक दूरी तय करने के लिए भी तैयार रहूँगा। यही, इसलिए, इस अभ्यास का वास्तविक उद्देश्य है। उस आशावादी अवस्था और आंतरिक उद्देश्य-बोध को अपने भीतर जगाना, जो अति-प्रयास को आसान बना देता है। फ्रिट्ज़ पीटर्स की कहानी इसका प्रमाण है (देखिए अध्याय 1) कि गुर्जिएफ़ ने इन ‘जीवनी-शक्ति के भंडारों’ का उपयोग करने और अपनी ‘अनिच्छा’ को दबाकर उसके ऊपर विजय पाने की कला में महारत हासिल कर ली थी।

लेकिन गुर्जिएफ़ के ‘असाधारण प्रयास’ (super-effort) के सिद्धांत का व्यावहारिक महत्त्व यह था कि उनका मानना था कि इससे ‘कार्य’ (work) को एक नया आधार मिल सकता है। सेंट पीटर्सबर्ग या मॉस्को में अब तक ‘कार्य’, एक अर्थ में, पूरी तरह आंतरिक था। लेकिन अब गुर्जिएफ़ जान-बूझकर ऐसी कठिनाइयाँ खोज रहे थे, जिनके सामने वे अपने अनुयायियों को खड़ा कर सकें ताकि वे आवश्यक ऊर्जा और ध्यान को ‘एकत्रित’ करने के लिए बाध्य हों। मसलन, जब उनके शिष्य थॉमस द हार्टमैन, जो पहले सेना में अधिकारी रह चुके थे अपनी पत्नी के साथ वहाँ पहुँचे तो गुर्जिएफ़ ने ज़खारोफ़ नामक एक अनुयायी से समोवर में चाय बनाने को कहा। इसमें समोवर के नीचे लकड़ी और कोयले के बहुत छोटे-छोटे टुकड़े जलाने की एक कठिन प्रक्रिया शामिल थी। वे बड़ी मुश्किल से जलते थे और यदि ज़खारोफ़ एक क्षण के लिए भी दूसरी ओर देख लेता तो आग बुझ जाती और उसे पूरी प्रक्रिया फिर से शुरू करनी पड़ती। ऐसा लगता है कि अपने शेष जीवन में गुर्जिएफ़ को जान-बूझकर परेशानी और उलझन पैदा करने में बहुत आनंद आने लगा था। एक समय तो फ्रिट्ज़ पीटर्स ने क्रोध में आकर उनसे संबंध ही तोड़ लिया था। इसका उद्देश्य अपने शिष्यों को ‘असाधारण प्रयास’ करने के लिए मजबूर करना था। गुर्जिएफ़ हार्टमैन और उनकी पत्नी को गाँव में केक खरीदने के लिए ले गए और लौटते समय अपनी चाल इतनी तेज़ कर दी कि वे लगभग दौड़ने लगे। यह भी अपने शिष्यों को असाधारण प्रयास का अभ्यस्त बनाने का एक तरीका था।

थॉमस द हार्टमैन की पुस्तक ‘आर लाइफ विद मि. गुर्जिएफ़’ (Our Life with Mr Gurdjieff) शायद एक व्यक्ति के रूप में गुर्जिएफ़ के बारे में लिखे गए सभी विवरणों में सबसे अधिक रोचक और रहस्योद्घाटन करने वाली पुस्तकों में से एक है। इसमें वे गुर्जिएफ़ की जान-बूझकर की गई एक और ‘चाल’ का वर्णन करते हैं।  एस्सेंटुकी में गुर्जिएफ़ ने घोषणा की कि उनका इरादा फ़ारस (Persia) जाने का है। इससे उनके अनुयायियों में तत्काल चिंता और भ्रम पैदा हो गया। हार्टमैन स्वयं अभी भी सेना के अधिकारी थे और बिना अत्यंत गहरे अंतरात्मिक संघर्ष के भगोड़ा सैनिक नहीं बन सकते थे। लेकिन जिस दिन उनके प्रस्थान की घोषणा की गई थी, उसी दिन गुर्जिएफ़ ने कहा कि वे केवल तुआप्से (Tuapse) तक जा रहे हैं, जो काला सागर के निकट था और जो भी उनके साथ जाना चाहे, उसका स्वागत है। हार्टमैन दंपति और कुछ अन्य लोगों ने उनके साथ जाने का निर्णय किया। लेकिन तुआप्से पहुँचने पर उन्होंने गुर्जिएफ़ को बिस्तर पर लेटे हुए पाया। वे मानो निर्णय न कर पाने की स्थिति में थे। वहाँ ‘एक ऐसा भारी वातावरण था जो उस समय मनुष्य को अभिभूत कर देता है, जब उसे पता नहीं होता कि क्या करना है।’ और हार्टमैन बहुत सूक्ष्म ढंग से जोड़ते हैं, ‘श्री गुर्जिएफ़ निश्चित रूप से ऐसा वातावरण पैदा करना जानते थे।’ दूसरे शब्दों में, गुर्जिएफ़ को यह एहसास हो गया था कि उनके अनुयायी अब उनके अपने दृढ़ उद्देश्य-बोध पर निर्भर होने लगे हैं और वे चाहते थे कि यह आदत मजबूत होकर स्थायी रूप धारण करने से पहले ही उन्हें इससे बाहर झकझोर दें।

इसके बाद जो हुआ, वह भी गुर्जिएफ़ के व्यवहार का विशिष्ट उदाहरण है। उन्होंने एक गाड़ी खरीदी और घोषणा की कि अब वे वहाँ से चलेंगे। गुर्जिएफ़ गाड़ी और सामान लेकर आगे निकल गए और हार्टमैन दंपति से कहा कि वे पहाड़ों के ऊपर से पैदल चलकर कुछ मील दूर उनसे आ मिलें। वह यात्रा लंबी, कठिन और गर्म थी। अंततः उन्हें एक सराय मिली, जहाँ वे प्रतीक्षा कर सकते थे। आखिरकार अँधेरा होने के बाद गुर्जिएफ़ वहाँ पहुँचे। लेकिन उन्होंने उन्हें सोने जाने देने के बजाय प्रस्ताव रखा कि यात्रा को चाँदनी में आगे जारी रखा जाए। वे धीरे-धीरे आगे बढ़ते रहे। मैडम द हार्टमैन ऊँची एड़ी के जूते पहने हुए थीं और रात के दो बजे तक चलते रहे। तभी बारिश शुरू हो गई। गुर्जिएफ़ ने उनसे आग जलाने को कहा और फिर कहा कि अब वे सोएँगे, सिवाय हार्टमैन के, जिन्हें पहरे पर जागते रहने का आदेश दिया गया।

अगले दिन हार्टमैन थकान से चक्कर खा रहे थे। गुर्जिएफ़ ने उनसे कहा कि वे गाड़ी पर रखे सामान के ऊपर चढ़ जाएँ। लेकिन हार्टमैन ने पाया कि जैसे ही वे आँखें बंद करते, वे गाड़ी से नीचे गिरने लगते। इसलिए उन्हें नींद से लड़ते हुए जागते रहना पड़ा। वास्तव में गुर्जिएफ़ उद्देश्य भी यही था। उनका विश्वास था कि तीव्र प्रयासों के माध्यम से एक विशेष प्रकार की ऊर्जा उत्पन्न होती है। वही ऊर्जा जिसकी मनुष्य को स्वयं को रूपांतरित करने के लिए आवश्यकता होती है। इस ऊर्जा के बिना मनुष्य आत्म-परिवर्तन के बारे में सोच सकता है, यहाँ तक कि उसकी तीव्र इच्छा भी कर सकता है, लेकिन उसे वास्तव में प्राप्त नहीं कर सकता।

और इस प्रकार यात्रा चलती रही। कम-से-कम हार्टमैन अब उसके पीछे छिपे उद्देश्य को समझ चुके थे। वे लिखते हैं, ‘फ़ारस जाने की बात करके और हर प्रकार की भावनात्मक तथा शारीरिक कठिनाइयाँ पैदा करके, वह अपरिचित परिस्थितियों में हमारे सामने बाधाओं की एक ऐसी सीढ़ी बना रहे थे, जिसे पार करके हमें अपने भीतर के एक निश्चित छोटे-से “प्रयास” (थोड़ा-सा और करो) तक पहुँचना था। हमारे समग्र विकास के पैमाने में मौजूद उस “थोड़ा-सा और करो” तक।’

आउच-दारी (Outch-Dary) नामक एक स्थान पर गुर्जिएफ़ की सलाह के विरुद्ध पेड़ से बेर खाने के बाद हार्टमैन गंभीर रूप से बीमार पड़ गए और मृत्यु के बहुत निकट पहुँच गए। प्रलाप की अवस्था में उन्होंने अपनी पत्नी को मारने की कोशिश तक की। जब गुर्जिएफ़ भीतर आए तो हार्टमैन उन्मत्त अवस्था में उन पर झपट पड़े। लेकिन जब गुर्जिएफ़ ने अपना हाथ उनके माथे पर रखा तो उन्हें गहरी शांति का अनुभव हुआ और उनका शरीर शिथिल हो गया। गुर्जिएफ़ के पास अब भी उनकी ‘जादुई’ शक्तियाँ थीं। अंततः हार्टमैन स्वस्थ हो गए और वे एस्सेंटुकी लौट आए। लगता है कि यह पूरी यात्रा ही हार्टमैन दंपति को असामान्य मानसिक और शारीरिक तनाव की स्थिति में डालने के उद्देश्य से बनाई गई थी।

यही बात एक रेस्तराँ से जुड़ी एक मनोरंजक घटना में भी दिखाई देती है। हार्टमैन का मन एक सामाजिक क्लब में जाने का हुआ और गुर्जिएफ़ ने ऐसा दिखाया मानो वे और उनके एक डॉक्टर मित्र रात के भोजन के लिए आमंत्रित किए गए हों। महँगाई उस समय एक गंभीर समस्या थी और हार्टमैन की कोई नियमित आय नहीं थी। फिर भी वे उन दोनों को रेस्तराँ ले गए। गुर्जिएफ़ ने वहाँ उपलब्ध सबसे महँगा भोजन मँगवा लिया। हार्टमैन को वेटर को कुछ अतिरिक्त पैसे देकर अपनी पत्नी के पास जाकर और 500 रूबल लाने के लिए कहना पड़ा। लेकिन अगले दिन गुर्जिएफ़ ने वह पैसा हार्टमैन को लौटा दिया और समझाया कि यह सब उन्होंने उसके अपने भले के लिए किया था। हार्टमैन अभी भी एक वयस्क व्यक्ति की तरह व्यवहार नहीं कर रहे थे जैसा कि उस भोजन को लेकर उनकी परेशानी और शर्मिंदगी से स्पष्ट था। उनके भीतर का बालसुलभ हिस्सा ही था, जिसे इस पूरी परिस्थिति में बेचैनी और संकोच का अनुभव कराया जा रहा था।

अब रूस की स्थिति गंभीर हो चुकी थी। बोल्शेविक क्रांति हो चुकी थी। अस्थायी केरेन्स्की सरकार को उखाड़ फेंका गया था और रूस गृहयुद्ध से फट पड़ा था। हार्टमैन जैसे विद्यार्थी और अन्य पूर्व सैन्य अधिकारी खतरे में थे। लेकिन उस समय तक बोल्शेविक केवल काकेशस की उत्तरी ढलानों तक ही आगे बढ़े थे। दक्षिण में मेन्शेविक अर्थात वे उदारवादी समाजवादी जो बोल्शेविकवाद का विरोध करते थे... अभी भी सत्ता में थे। दुर्भाग्य से, गुर्जिएफ़ और उनके विद्यार्थी बोल्शेविक क्षेत्र में थे। गुर्जिएफ़ ने सबसे पहले स्थानीय बोल्शेविकों के साथ अच्छे संबंध स्थापित करने की कोशिश की। उन्होंने अपने एक विद्यार्थी, जो श्वेत रूसी वकील था, से कहा कि वह जाकर उन्हें अपनी कानूनी सेवाएँ देने की पेशकश करे। उस वकील ने प्रूधों और फूरिए[1] के बारे में एक जोशीला भाषण देकर उन्हें विश्वास दिला दिया कि वह एक कट्टर क्रांतिकारी है और उसे तुरंत स्वीकार कर लिया गया।

गुर्जिएफ़ ने उस वकील से यह भी कहा कि वह एस्सेंटुकी सोवियत को एक औपचारिक पत्र लिखे, जिसमें काकेशस के माउंट इंदुए (Mount Indue) के लिए एक वैज्ञानिक अभियान आयोजित करने की अनुमति माँगी जाए। उन्होंने समझाया कि इस अभियान में वहाँ खड़े हुए पत्थरों, डोल्मेन की खोज की जाएगी और साथ ही सोने की भी तलाश की जाएगी। गुर्जिएफ़ ने बड़ी चतुराई से प्यातिगोर्स्क के एक समाचार-पत्र में एक लेख भी प्रकाशित करवाया। प्यातिगोर्स्क उस क्षेत्र की उच्च सोवियत का मुख्यालय था। उस लेख में अभियान और उसके उद्देश्यों के महत्त्व का वर्णन किया गया था। अनुमति मिल गई। गुर्जिएफ़ ने बोल्शेविकों को ‘सोना धोने’ के लिए बड़ी मात्रा में शुद्ध शराब उपलब्ध कराने के लिए भी मना लिया। बाद में उसे अपने पीने के लिए पतला कर लिया गया। (उस समय किसी भी प्रकार की शराब मिलना लगभग असंभव था।) वह वकील, जो अब तक पासपोर्ट कार्यालय का प्रभारी बन चुका था, उन सभी के लिए सोवियत पासपोर्ट जारी कर देता था।

हार्टमैन यह देखकर हैरान होते थे कि गुर्जिएफ़ घोड़ों के पेट पर उन्हें पीटते थे और उन्हें गुस्से तथा भय में पिछले पैरों पर खड़ा होने के लिए मजबूर करते थे। बाद में जब सैनिक घोड़ों को जब्त करने आए और दो घंटे बाद उन्हें वापस ले आए, यह कहते हुए कि वे खतरनाक हैं, तब हार्टमैन समझ गए कि गुर्जिएफ़ ऐसा क्यों कर रहे थे। अंततः बोल्शेविकों ने उस ‘अभियान’ के लिए एक रेलगाड़ी भी उपलब्ध करा दी, जो उन्हें बोल्शेविक क्षेत्र की सीमा पर स्थित माइकोप (Maikop) तक ले गई। उनके एस्सेंटुकी छोड़ने के दो सप्ताह बाद ही आतंक का शासन शुरू हो गया और सभी पूर्व सैन्य अधिकारियों को गोली मार दी गई।

माइकोप पर श्वेत रूसी सेनाओं का कब्ज़ा हो गया। अब और पासपोर्ट हासिल करना आवश्यक हो गया और श्वेत रूसी अधिकारी बहुत कठिनाई पैदा कर रहे थे। लेकिन गुर्जिएफ़ का भाग्य फिर साथ दे गया। समूह के एक सदस्य का एक पुराना मित्र, जो एक एडमिरल था, वहाँ आ पहुँचा और उसने सारी व्यवस्था कर दी। गुर्जिएफ़ और उनका दल माइकोप से निकलने के अगले ही दिन उस पर फिर से बोल्शेविकों का कब्ज़ा हो गया। लेकिन तब तक वे दक्षिण की ओर जा चुके थे। तिफ़्लिस की यात्रा कठिन और खतरनाक थी। एक जगह हार्टमैन और उनके साथियों को डाकुओं ने रोक लिया और लूट लिया। (गुर्जिएफ़ अपने विशिष्ट सौभाग्य के कारण इस समय आगे निकल चुके थे और उन्हें किसी कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा।) सौभाग्य से, हार्टमैन की पत्नी ने डाकुओं को उनका कुछ आवश्यक सामान ले जाने से मना लिया। वे बिना किसी शारीरिक नुकसान के बच निकले, यह उनका सौभाग्य था। इसी रास्ते पर दूसरे यात्रियों की हत्या की जा चुकी थी।

गुर्जिएफ़ ने जो यह घोषणा की थी कि वे खड़े हुए पत्थरों की खोज करेंगे, वह पूरी तरह काल्पनिक नहीं थी। एक पहाड़ी गाँव में जब उन्हें पता चला कि उस क्षेत्र में डोल्मेन मौजूद हैं तो उन्होंने वहाँ ले जाने के लिए कहा। जिस डोल्मेन के पास उन्हें ले जाया गया, वह ढक्कन वाले एक विशाल पत्थर के संदूक जैसा था। जब उनसे पूछा गया कि ऐसे पत्थरों का क्या उद्देश्य होता है तो गुर्जिएफ़ ने उत्तर दिया कि वे ‘रास्ते के संकेत’ हैं, जो दीक्षा (initiation) के स्थानों तक पहुँचने का मार्ग दिखाते हैं। यह उत्तर बताता है कि इन पत्थरों और उनके उद्देश्य के बारे में उन्हें कुछ गूढ़ ज्ञान था। इसकी पुष्टि आगे हुई। गुर्जिएफ़ ने अपने मार्गदर्शकों से पूछा कि क्या उस इलाके में और भी डोल्मेन हैं। उन्होंने कहा, नहीं। इसके बाद गुर्जिएफ़ ने कुछ माप और गणनाएँ कीं और उन्हें घने जंगलों के बीच से ले चले। रास्ता बनाने के लिए हाथ की कुल्हाड़ियों से झाड़ियाँ और पेड़ काटने पड़े। वे दल को दो और डोल्मेन तक ले गए, जो दोनों घनी वनस्पतियों से पूरी तरह ढँके हुए थे और स्थानीय लोगों के लिए भी अज्ञात थे। उनके मार्गदर्शक आश्चर्यचकित रह गए। अपनी यात्रा के विवरण में गुर्जिएफ़ ने एक रहस्यमय टिप्पणी की है कि उनके विद्यार्थियों में इंजीनियरिंग, खगोलशास्त्र और पुरातत्त्व के विभिन्न विशेषज्ञों ने उन्हें ‘डोल्मेन की समस्या को हल करने’ में सहायता की। यह अफ़सोस की बात है कि उनके इस ‘समाधान’ का कोई विवरण उपलब्ध नहीं लगता।

अंततः वे जॉर्जिया की राजधानी तिफ़्लिस पहुँचे, जो अभी भी मेन्शेविकों के अधिकार में थी। गुर्जिएफ़ को न केवल अपने अनुयायियों की देखभाल करनी थी बल्कि अट्ठाईस रिश्तेदारों का भी भार था, जो आगे बढ़ते तुर्कों के कारण अलेक्ज़ान्द्रोपोल छोड़कर वहाँ आ गए थे। (गुर्जिएफ़ के पिता की हत्या हो चुकी थी।) गुर्जिएफ़ स्वयं भी उस बीमारी से अभी पूरी तरह उबर नहीं पाए थे, जो यात्रा के दौरान उन्हें लगी थी, लेकिन अपनी विशिष्ट दृढ़ता के साथ उन्होंने फिर से पैसा कमाने का काम शुरू कर दिया। उनके कुछ विद्यार्थियों को आस-पास के इलाकों में भेजा गया, जहाँ वे बहुत सस्ते दामों पर पुराने कालीन खरीदते थे। दूसरे विद्यार्थी उन्हें धोकर और उनकी मरम्मत करके तैयार करते थे। फिर वे कालीन बेच दिए जाते थे। कुछ ही सप्ताहों में यह व्यवसाय खूब चल निकला और उनके पास अपनी सभी आवश्यकताओं के लिए पर्याप्त से भी अधिक धन हो गया। यह गुर्जिएफ़ के उस मूल दावे का एक और उदाहरण था कि जो लोग ‘कार्य’ में अच्छे होते हैं, वे जीवित रहने के व्यावहारिक व्यवसाय में भी अच्छे होंगे।

तिफ़्लिस में गुरजिएफ़ ने एक बार फिर अपना संस्थान स्थापित किया और उसे सरकार से भी कुछ सहायता मिली। वे धीरे-धीरे अपनी ‘पद्धति’ को अधिक परिष्कृत और विकसित कर रहे थे। एस्सेंटुकी छोड़ने से पहले उन्होंने ‘मूवमेंट्स’ या पवित्र नृत्यों को ‘चलित केंद्र’ (moving centre) के एक मूल अनुशासन के रूप में शुरू किया था। इसका उद्देश्य शरीर को अपनी एक अलग प्रकार की ‘चेतना’ प्रदान करना था। अब उन्होंने एक विवरण-पुस्तिका (prospectus) तैयार की, जिसमें उन्होंने लिखा कि वहाँ ‘इच्छाशक्ति, स्मृति, ध्यान, श्रवण, चिंतन, भावना और सहज-प्रवृत्ति के विकास के लिए अभ्यास’ कराए जाएँगे। लेकिन स्थिति अस्थिर थी। जॉर्जियाई सरकार ब्रिटिश सैन्य उपस्थिति के सहारे टिकी हुई थी। जब अंग्रेज़ों ने वहाँ से हटने का निर्णय लिया तो यह केवल समय की बात थी कि बोल्शेविक सत्ता पर कब्ज़ा कर लें।

कॉन्स्टेंटिनोपल में ब्रिटिश सैन्य गुप्तचर विभाग का प्रमुख जॉन बेनेट नामक एक युवा ब्रिटिश अधिकारी था। गुर्जिएफ़ की तरह वह भी दरवेशों और उनके समारोहों से बहुत प्रभावित था। उसने एक वृद्ध दरवेश को पीठ के बल लेटे देखा था, जिसके शरीर पर एक बेहद तेज़ धार वाली तलवार रखी हुई थी और एक आदमी उस तलवार पर खड़ा था। फिर भी उस वृद्ध दरवेश के शरीर पर एक खरोंच तक नहीं आई थी। बेनेट को विश्वास हो गया था कि हमारी मानवीय सीमाओं के रहस्य का उत्तर ‘पाँचवें आयाम’ (fifth dimension) की अवधारणा में छिपा है।

बेनेट की कॉन्स्टेंटिनोपल में उस समय तक उस्पेन्स्की से मुलाकात हो चुकी थी। इस समय तक उस्पेन्स्की ने गुर्जिएफ़ से अलग होने का निर्णय कर लिया था। ‘इन सर्च ऑफ द मिरैक्युलस’ (In Search of the Miraculous) में वे इसका कारण यह बताते हैं कि उन्हें लगा कि गुर्जिएफ़ का कार्य धीरे-धीरे धर्म की दिशा में अधिकाधिक झुकता जा रहा था। लेकिन लगभग निश्चित रूप से वास्तविक कारण यह था कि उस्पेन्स्की का मन इतना प्रभावशाली और मौलिक था कि वे लंबे समय तक किसी के ‘शिष्य’ बने नहीं रह सकते थे। साथ ही, गुर्जिएफ़ का रहस्यमय व्यक्तित्व उन्हें अत्यधिक चालाक और पूर्वी (oriental) ढंग का लगता था, जिसे उनका पश्चिमी सोच से ढला हुआ मन पूरी तरह समझ नहीं पाता था। कॉन्स्टेंटिनोपल में दोनों ने अपने-अपने रास्ते चुन लिए। उस्पेन्स्की की पहली पुस्तक ‘टरटियम ऑरगेनम’ (Tertium Organum) का हाल ही में अंग्रेज़ी में अनुवाद हुआ था और वह कुछ हद तक बहुत लोकप्रिय हो गई थी। इसी के कारण लेडी रोदरमेयर ने उस्पेन्स्की को लंदन आने का निमंत्रण दिया था। बेनेट उस्पेन्स्की के विचारों से प्रभावित नहीं हुआ। और जब उसे पता चला कि गुरजिएफ़ कॉन्स्टेंटिनोपल में मौजूद हैं तो उसकी पहली प्रतिक्रिया संदेह की थी। उसे एक सरकारी संदेश मिला था जिसमें चेतावनी दी गई थी कि गुर्जिएफ़ बोल्शेविक एजेंट हैं।

लेकिन गुर्जिएफ़ से पहली मुलाकात ने उसके सारे संदेह दूर कर दिए। उस व्यक्ति की ‘आँखें ऐसी थीं, जैसी मैंने पहले कभी नहीं देखी थीं।’ और यह स्पष्ट था कि उसके पास उन विषयों का अत्यंत व्यापक और सटीक ज्ञान था, जिनके बारे में बेनेट अभी केवल शुरुआती स्तर पर ही जानता था। बेनेट को गुर्जिएफ़ के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत उनके पवित्र ‘मूवमेंट्स’ देखने के लिए आमंत्रित किया गया और वह उनसे गहराई से प्रभावित हुआ। यह आकर्षण जीवन भर बना रहा।

सितंबर 1921 तक, लगभग एक वर्ष तक, गुर्जिएफ़ ने कॉन्स्टेंटिनोपल से अपना संस्थान चलाया। वहाँ उन्होंने कुछ विचित्र ढंग से एक मनोचिकित्सक के रूप में भी काम शुरू कर दिया था। इसी भूमिका में उन्होंने एक युवा यूनानी को नशीली दवाओं की लत और शराब की लत से मुक्त किया। इसके बदले उसे एक ऐसे जहाज़ में आधा हिस्सा मिला, जिसे ब्रिटिश नौसेना ने अपने कब्ज़े में ले लिया था। बेनेट की सहायता से गुर्जिएफ़ उस जहाज़ को छुड़वाने और बेचने में सफल हो गए। उस जहाज़ में उनके हिस्से से उन्हें इतनी धनराशि मिल गई कि उनकी वह पुरानी महत्वाकांक्षा पूरी हो सके, जो कॉन्स्टेंटिनोपल पहुँचने के बाद से उनके मन में थी... अपने संस्थान को यूरोप ले जाना।


लेखक: कॉलिन विल्सन 

[1] Proudhon and Fourier दो 19वीं सदी के प्रसिद्ध फ्रांसीसी सामाजिक विचारक थे, जिनका संबंध समाजवाद और सामाजिक सुधार के शुरुआती विचारों से है। Pierre-Joseph Proudhon (पियेर-जोसेफ़ प्रूधों, 1809–1865) — फ्रांसीसी समाजवादी और अराजकतावादी विचारक। उनकी प्रसिद्ध उक्ति थी: “Property is theft” — “संपत्ति चोरी है।” वे केंद्रीकृत राज्य और निजी संपत्ति की आलोचना करते थे। Charles Fourier (शार्ल फ़ूरिए, 1772–1837) — फ्रांसीसी समाजवादी विचारक और यूटोपियाई समाजवाद (utopian socialism) के प्रमुख प्रवर्तकों में से एक। उन्होंने ऐसे सामुदायिक समाज की कल्पना की जिसमें लोग अपनी रुचि और स्वाभाविक इच्छाओं के अनुसार काम करें। उनके आदर्श सामुदायिक समूह को फालांस्तेर (phalanstère) कहा जाता था।

 

खलील जिब्रान (Khalil Gibran) की प्रसिद्ध पुस्तक द प्रोफेट (The Prophet) का हिंदी अनुवाद (संपूर्ण पुस्तक)

  द प्रोफेट जहाज़ का आगमन   अलमुस्तफ़ा, चुना हुआ और प्रिय, जो अपने ही युग के लिए प्रभात के समान था , बारह वर्षों से   नगर में उस जहाज़...