Showing posts with label God. Show all posts
Showing posts with label God. Show all posts

Tuesday, 4 August 2026

बुद्धिमान व्यक्तियों के व्यवहार के बारे में -- पत्र - 107 (एक स्टोइक के पत्र/सेनेका के पत्रों का हिन्दी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


तुम यह जानना चाहते हो कि क्या एक बुद्धिमान व्यक्ति दूसरे बुद्धिमान व्यक्ति की सहायता कर सकता है। हम कहते हैं कि बुद्धिमान वह है जो समस्त सद्गुणों से परिपूर्ण है और जिसने परम श्रेष्ठता के शिखर को प्राप्त कर लिया है। तब प्रश्न उठता है जो व्यक्ति पहले ही परम कल्याण को प्राप्त कर चुका है, उसकी सहायता करना कैसे संभव है?



    सज्जन व्यक्ति एक-दूसरे के लिए सहायक होते हैं क्योंकि उनमें से प्रत्येक दूसरे के सद्गुणों का अभ्यास कराता है और उसकी प्रज्ञा को उसके अनुरूप स्थिति में बनाए रखता है। प्रत्येक बुद्धिमान व्यक्ति को किसी ऐसे साथी की आवश्यकता होती है जिसके साथ वह विचारों की तुलना कर सके और उनकी गहराई से जाँच-पड़ताल कर सके। जैसे कुशल पहलवानों का प्रशिक्षण अभ्यास से होता है। संगीतज्ञ अपने समान दक्ष संगीतज्ञों की संगति से प्रेरित होते हैं, उसी प्रकार बुद्धिमान व्यक्ति को भी अपने सद्गुणों को सक्रिय बनाए रखने की आवश्यकता होती है। जिस प्रकार वह स्वयं अपने सद्गुणों को सक्रिय रखता है, उसी प्रकार दूसरा बुद्धिमान व्यक्ति भी उन्हें सक्रिय बनाए रखने में उसकी सहायता करता है। अब प्रश्न यह है कि एक बुद्धिमान दूसरे की सहायता कैसे करेगा? वह उसे प्रेरित करेगा और सम्माननीय (सदाचारपूर्ण) कर्मों के अवसरों की ओर उसका ध्यान आकर्षित करेगा। इसके अतिरिक्त, बुद्धिमान व्यक्ति अपने कुछ विचारों को व्यक्त करेगा और दूसरे को अपनी खोजों से सीखने का अवसर देगा क्योंकि स्वयं उसके लिए भी सदैव कुछ-न-कुछ नया खोजने और अपने चिंतन का विस्तार करने की संभावना बनी रहती है। 

    दुष्ट व्यक्ति दूसरे दुष्ट व्यक्ति को हानि पहुँचाता है और उसके क्रोध को भड़काकर, उसके विषाद का समर्थन करके तथा उसकी इन्द्रिय-भोग की प्रवृत्तियों की प्रशंसा करके उसे और भी अधिक दुष्ट बना देता है। जब दुष्ट लोग अपनी-अपनी बुराइयों को एक साथ जोड़ देते हैं, तब वे अपनी सबसे निकृष्ट अवस्था में पहुँच जाते हैं और अनेक अपराध मिलकर एक बड़े दुष्कर्म का रूप ले लेते हैं। इसके विपरीत, एक सज्जन व्यक्ति दूसरे सज्जन व्यक्ति की सहायता करता है। 

   "पर कैसे?" तुम पूछते हो। वह उसे प्रसन्नता प्रदान करेगा और उसके आत्मविश्वास को दृढ़ करेगा। उनकी पारस्परिक शान्ति को देखकर दोनों का आनन्द और भी बढ़ेगा। इसके अतिरिक्त, वे एक-दूसरे को कुछ विषयों का ज्ञान भी देंगे क्योंकि बुद्धिमान व्यक्ति भी सब कुछ नहीं जानता। यदि वह सब कुछ जानता भी हो, तब भी कोई दूसरा व्यक्ति किसी तथ्य तक पहुँचने का अधिक संक्षिप्त मार्ग खोज सकता है और उसे बता सकता है, जिससे सम्पूर्ण विषय को समझना अधिक सरल हो जाए। एक बुद्धिमान व्यक्ति दूसरे बुद्धिमान की सहायता केवल अपनी शक्ति से ही नहीं करेगा। यह तो स्वाभाविक है, बल्कि उस व्यक्ति की अपनी शक्ति का भी उपयोग करेगा जिसकी वह सहायता कर रहा है। निस्सन्देह, दूसरा व्यक्ति अकेला छोड़ दिए जाने पर भी अपनी क्षमताओं का पूर्ण विकास कर सकता है जैसे, धावक की गति उसकी अपनी होती है। फिर भी, उत्साहवर्धन मिलने पर उसे सहायता अवश्य मिलती है। 

    "वास्तव में एक बुद्धिमान दूसरे की सहायता नहीं करता। प्रत्येक अपनी ही सहायता करता है। यदि तुम इसे समझना चाहते हो तो उनमें से किसी एक की विशिष्ट क्षमता को हटा दो। तब दूसरे के पास सक्रिय करने के लिए कुछ भी नहीं बचेगा।" यदि तुम इस प्रकार तर्क करते हो तो तुम्हें यह भी कहना पड़ेगा कि मधु में कोई मिठास नहीं होती। सोचो, कोई व्यक्ति मधु खाने की इच्छा करता है। वह उसके स्वाद से इसलिए आकर्षित होता है क्योंकि उसकी जिह्वा और तालु उस स्वाद के अनुरूप हैं। पर यदि वे उस अवस्था में न हों तो वही मधु उसे अप्रिय लगेगा। वास्तव में, कुछ लोग रोग के कारण मधु को भी कड़वा अनुभव करते हैं। इसी प्रकार, दोनों बुद्धिमानों का समुचित अवस्था में होना आवश्यक है, एक इस योग्य हो कि सहायता कर सके और दूसरा इस योग्य कि सहायता ग्रहण कर सके। 

    "परन्तु जिस वस्तु में पहले से ही अत्यधिक ऊष्मा हो, उसे और गरम करना व्यर्थ है, उसी प्रकार जो व्यक्ति परम कल्याण को प्राप्त कर चुका है, उसकी सहायता करना भी निरर्थक है। क्या एक ऐसा किसान, जिसके पास खेती के सभी उपकरण पहले से उपलब्ध हैं, किसी दूसरे से उपकरण माँगता है? क्या अग्रिम पंक्ति के लिए पर्याप्त रूप से शस्त्र-सज्जित सैनिक को और हथियारों की आवश्यकता होती है? उसी प्रकार बुद्धिमान व्यक्ति को किसी वस्तु की आवश्यकता नहीं होती। वह जीवन के लिए पर्याप्त रूप से सुसज्जित और सशस्त्र है।" इन आपत्तियों का मेरा उत्तर यह है: जिस वस्तु में अत्यधिक ऊष्मा हो, उसे भी उस तापमान को बनाए रखने के लिए ऊष्मा की निरन्तर आपूर्ति की आवश्यकता होती है। 

     "किन्तु ऊष्मा तो अपने स्वभाव से ही उष्ण होती है।" सबसे पहले, तुम ऐसी वस्तुओं की तुलना कर रहे हो जो एक-दूसरे से अत्यन्त भिन्न हैं। ऊष्मा एक ही प्रकार की वस्तु है जबकि सहायता अनेक प्रकार की हो सकती है। दूसरे, ऊष्मा को उष्ण बने रहने के लिए किसी अतिरिक्त ऊष्मा की आवश्यकता नहीं होती। परन्तु बुद्धिमान व्यक्ति अपने मन की उचित अवस्था को बनाए नहीं रख सकता, जब तक कि वह अपने समान बुद्धिमान व्यक्तियों को अपना मित्र न बनाए ताकि वह उनके साथ अपने सद्गुणों को साझा कर सके। इसके अतिरिक्त, यह भी ध्यान रखना चाहिए कि सभी सद्गुणों के बीच परस्पर मैत्री होती है। इसलिए एक बुद्धिमान व्यक्ति दूसरे बुद्धिमान की सहायता इस प्रकार करता है कि वह अपने समान व्यक्ति के सद्गुणों से प्रेम करता है और बदले में अपने सद्गुणों को भी उसके प्रेम के योग्य बनाता है। समान गुण वाली वस्तुएँ परस्पर आनन्द प्रदान करती हैं, विशेषकर जब वे सम्माननीय (सदाचारपूर्ण) हों और उन्हें ग्रहण करने वाले लोग एक-दूसरे की श्रेष्ठता का पारस्परिक सम्मान और अनुमोदन करना जानते हों। 

    फिर, बुद्धिमान व्यक्ति की बुद्धि को पूर्ण दक्षता के साथ केवल दूसरा बुद्धिमान व्यक्ति ही सक्रिय कर सकता है, ठीक वैसे ही जैसे केवल एक मनुष्य ही दूसरे मनुष्य की बुद्धि को विवेकपूर्ण ढंग से सक्रिय कर सकता है। अतः जैसे बुद्धि को प्रेरित करने के लिए बुद्धि की आवश्यकता होती है, वैसे ही पूर्ण बुद्धि को सक्रिय करने के लिए पूर्ण बुद्धि की ही आवश्यकता होती है।

     'सहायता' शब्द का प्रयोग उस स्थिति में भी किया जाता है जब लोग हमें मध्यम श्रेणी की वस्तुएँ उपलब्ध कराते हैं जैसे, धन-संपत्ति, प्रभाव, सुरक्षा तथा जीवन में उपयोगी या वांछनीय अन्य साधन। इन बातों के सम्बन्ध में बुद्धिमान व्यक्ति को मूर्ख से भी सहायता मिल सकती है। किन्तु वास्तविक सहायता वह है जो किसी व्यक्ति के मन को प्रकृति के अनुरूप सक्रिय करे। ऐसी सहायता जो सहायता करने वाले के अपने सद्गुण तथा उस व्यक्ति के सद्गुण, जिसकी सहायता की जा रही है, दोनों के माध्यम से सम्पन्न हो। ऐसा कभी नहीं हो सकता कि इससे सहायता करने वाले को भी लाभ न पहुँचे क्योंकि जब कोई दूसरे के सद्गुण को सक्रिय करता है, तब वह अनिवार्य रूप से अपने ही सद्गुण को भी सक्रिय करता है। 

    परन्तु यदि तुम परम कल्याण और उसे उत्पन्न करने वाली वस्तुओं को भी एक ओर रख दो, तब भी बुद्धिमान व्यक्ति एक-दूसरे की सहायता कर सकते हैं। क्योंकि एक बुद्धिमान के लिए दूसरे बुद्धिमान को प्राप्त करना स्वयं में ही चयन के योग्य है। प्रत्येक सद्गुणी व्यक्ति स्वभावतः प्रत्येक अन्य सद्गुणी व्यक्ति को प्रिय होता है। इसलिए उनमें से प्रत्येक एक सद्गुणी व्यक्ति से उतना ही स्नेह रखता है जितना स्वयं अपने प्रति। अपने इस कथन को सिद्ध करने के लिए मुझे इस विषय को छोड़कर एक दूसरे प्रश्न पर आना होगा। क्या बुद्धिमान व्यक्ति केवल अपने ही विचार से निर्णय करेगा या वह किसी दूसरे से भी परामर्श लेगा? सामान्य सार्वजनिक और निजी कार्यों में अर्थात जिसे हम मानवीय जीवन की सामान्य परिस्थितियाँ कह सकते हैं, उसे दूसरे का परामर्श लेना ही पड़ता है। इन विषयों में उसे अन्य लोगों की सलाह की आवश्यकता होती है, ठीक वैसे ही जैसे डॉक्टर, नाविक, विधिवेत्ता और न्यायाधीश को भी कभी-कभी दूसरों की सलाह लेनी पड़ती है। इसलिए एक बुद्धिमान व्यक्ति दूसरे बुद्धिमान की सहायता उसे उचित कार्य-पद्धति का सुझाव देकर करता है। जैसा कि मैंने कहा है, उच्च तथा गंभीर विषयों में भी वह सम्माननीय (सदाचारपूर्ण) बातों पर अपने विचार साझा करके तथा अपने चिंतन और मनन का योगदान देकर उपयोगी सिद्ध होता है। इतना ही नहीं, प्रकृति के अनुरूप तो यह भी है कि मनुष्य अपने मित्रों को अपनाए और उनकी उन्नति में उतना ही आनन्द अनुभव करे जितना अपनी स्वयं की उन्नति में करता है। वास्तव में, यदि हम ऐसा नहीं करेंगे तो सद्गुण हमारे भीतर अधिक समय तक टिक नहीं सकेगा क्योंकि सद्गुण हमारे भावों और सद्भावनाओं के सक्रिय अभ्यास से ही पुष्ट और विकसित होता है।

    प्रत्येक सद्गुण हमें यह आदेश देता है कि हम अपनी वर्तमान परिस्थितियों का सर्वोत्तम उपयोग करें। भविष्य के बारे में विचार करें। सोच-विचार करके निर्णय लें और अपने मन को एकाग्र रखें। एकाग्रता और कार्यकुशलता किसी सहायक साथी के होने से और अधिक सुदृढ़ हो जाती है। इसी कारण सद्गुणी व्यक्ति ऐसे मनुष्य की खोज करेगा जो या तो पहले से ही पूर्ण बुद्धिमान हो अथवा पूर्णता के अत्यन्त निकट पहुँच चुका हो। ऐसे पूर्ण व्यक्ति से उसे जो सहायता प्राप्त होगी, वह यह है कि उसकी योजनाएँ उस साझा प्रज्ञा के द्वारा अधिक समर्थ बन जाएँगी जो दोनों में समान रूप से विद्यमान है। कहा जाता है कि लोग दूसरों के मामलों में अपनी अपेक्षा अधिक सूझ-बूझ रखते हैं। यह बात उन लोगों पर लागू होती है जो आत्म-प्रेम के कारण अंधे हो जाते हैं या संकट के समय भय से इतने व्याकुल हो उठते हैं कि अपना ही हित नहीं देख पाते। जब मनुष्य चिंता से मुक्त और भय से परे हो जाता है, तभी वह वास्तव में बुद्धिमान बनता है। फिर भी कुछ बातें ऐसी होती हैं जिन्हें बुद्धिमान व्यक्ति भी अपने मामलों की अपेक्षा दूसरों के मामलों में अधिक स्पष्टता से देख पाता है। इसके अतिरिक्त, वे एक-दूसरे को वह अत्यन्त मधुर और सम्माननीय उपहार भी देते हैं—“एक जैसी इच्छाएँ और एक जैसे द्वेष।” साथ मिलकर कार्य करने पर वे उत्कृष्ट परिणाम उत्पन्न करते हैं। 

    मैंने तुम्हारी इस जिज्ञासा का समाधान कर दिया है। हालाँकि इसका उचित स्थान उन विषयों में था जिनकी चर्चा मैं अपने नीतिशास्त्र संबंधी ग्रंथों में कर रहा हूँ। जैसा कि मैं तुम्हें बार-बार बताता हूँ। यह समझो कि ऐसे प्रश्नों के माध्यम से हम केवल अपनी बुद्धि का अभ्यास कर रहे हैं। किन्तु मेरा मन बार-बार यही सोचता है। इस विषय से मुझे क्या लाभ होगा? यह मुझे अधिक साहसी, अधिक न्यायप्रिय और अधिक संयमी कैसे बनाएगा? मैं अभी कर्म के लिए तैयार नहीं हूँ। मुझे अभी भी वैद्य की आवश्यकता है। तुम मुझसे ऐसे ज्ञान की माँग क्यों करते हो जिसका कोई वास्तविक उपयोग नहीं है? तुमने मुझसे बड़े-बड़े वचन दिए थे। लेकिन जो परिणाम मुझे दिखाई देते हैं, वे अत्यन्त अल्प हैं। तुमने कहा था कि यदि चारों ओर तलवारें चमक रही हों, यदि तलवार की धार मेरे गले पर रख दी जाए, तब भी मैं निर्भय रहूँगा। तुमने कहा था कि यदि चारों ओर अग्नि धधक रही हो या यदि अचानक उठी हुई प्रचण्ड आँधी मेरी नाव को समुद्र में इधर-उधर उछाल रही हो, तब भी मैं सुरक्षित रहूँगा। इसलिए मुझे ऐसी साधना सिखाओ जिससे मैं सुख-भोग और यश, दोनों का तिरस्कार कर सकूँ। उसके बाद तुम मुझे जटिल प्रश्नों का समाधान करना, दुरूह बातों को स्पष्ट करना और गूढ़ विषयों का भेदन करना सिखाना। अभी तो मुझे वही सिखाओ जो अनिवार्य है।


अभी के लिए विदा 

Wednesday, 15 July 2026

ईश्वर, तत्व एवं रचना के संदर्भ में -- पत्र - 65 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

प्रिय लूसीलियस 


कल मैंने अपना दिन बीमारी के साथ बिताया। उसने सुबह का समय पूरी तरह अपने अधिकार में रखा। लेकिन दोपहर मुझे लौटा दी। सबसे पहले मैंने थोड़ा-सा पढ़कर अपनी श्वास-शक्ति की परीक्षा ली। जब वह उसके योग्य सिद्ध हुई, तब मैंने उससे कुछ अधिक काम लिया या यूँ कहूँ कि उसे थोड़ी अधिक छूट दी। फिर मैंने लिखना शुरू किया। वास्तव में, मैं सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक एकाग्रता और तीव्रता से लिखता रहा क्योंकि विषय कठिन था और मैं उसके सामने पराजित नहीं होना चाहता था। अंत में कुछ मित्र आ गए। वे मुझे बलपूर्वक रोकने के लिए आए थे, जैसे किसी हठी रोगी को रोका जाता है। लेखन का स्थान बातचीत ने ले लिया। उस बातचीत का जो भाग अभी भी विवाद का विषय बना हुआ है, वही मैं तुम्हें सुनाऊँगा। इस विवाद के निर्णय के लिए हमने तुम्हें ही न्यायाधीश नियुक्त किया है।


शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार 

    यह मामला जितना तुम समझते हो, उससे कहीं अधिक जटिल है क्योंकि इसमें तीन पक्ष हैं। जैसा कि तुम जानते हो, हमारे स्टोइक मत के अनुसार प्रकृति में दो तत्त्व ऐसे हैं जिनसे समस्त वस्तुओं की उत्पत्ति होती है— कारण और पदार्थ। पदार्थ स्वयं जड़ और निष्क्रिय होता है। उसमें हर प्रकार की संभावना निहित रहती है परंतु जब तक कोई दूसरा उसे गति नहीं देता, वह निष्क्रिय ही बना रहता है। दूसरी ओर, कारण अर्थात बुद्धि या विवेक, पदार्थ को आकार देता है, उसे अपनी इच्छा के अनुसार विभिन्न दिशाओं में रूपांतरित करता है और उससे अनेक प्रकार की वस्तुओं की रचना करता है। इसलिए प्रत्येक वस्तु के लिए दो बातों का होना आवश्यक है। एक वह जिससे वह बनाई जाती है और दूसरी वह जिसके द्वारा बनाई जाती है। इनमें दूसरा कारण है और पहला पदार्थ।

    प्रत्येक कला प्रकृति का अनुकरण करती है। इसलिए जो बात मैं समस्त वस्तुओं के संबंध में कह रहा था, उसे उन वस्तुओं पर भी लागू करो जिन्हें मनुष्य बनाता है। उदाहरण के लिए, एक मूर्ति के निर्माण में दो बातें आवश्यक होती हैं— एक वह पदार्थ जिस पर शिल्पकार काम करता है और दूसरा स्वयं शिल्पकार, जो उस पदार्थ को एक निश्चित रूप और स्वरूप प्रदान करता है। अतः मूर्ति के संदर्भ में कांसा उसका पदार्थ है और शिल्पकार उसका कारण। यही सिद्धांत सभी निर्मित वस्तुओं पर लागू होता है। वे उस वस्तु से मिलकर बनती हैं जिससे उन्हें बनाया जाता है और उस कर्ता से जो उन्हें बनाता है।

    स्टोइक दार्शनिकों का मत है कि कारण केवल एक ही होता है। वही जो क्रिया करता है। परंतु अरस्तू का विचार है कि 'कारण' शब्द का प्रयोग तीन प्रकार से किया जाता है। वह कहता है, "पहला कारण स्वयं पदार्थ है, जिसके बिना किसी वस्तु की रचना नहीं हो सकती। दूसरा कारण शिल्पकार है। तीसरा वह रूप है जो प्रत्येक कृति पर आरोपित किया जाता है, जैसे किसी मूर्ति पर।" इसी रूप को अरस्तू एइदोस (eidos) कहता है। इसके अतिरिक्त, वह एक चौथे कारण का भी उल्लेख करता है, अर्थात संपूर्ण कृति का उद्देश्य।

    मैं इसका अर्थ स्पष्ट करता हूँ। मूर्ति का पहला कारण कांसा है क्योंकि यदि वह पदार्थ ही न होता जिससे उसे ढाला या गढ़ा गया तो मूर्ति का निर्माण कभी नहीं हो सकता था। दूसरा कारण शिल्पकार है क्योंकि यदि उसके कुशल हाथ उस कांसे को आकार न देते तो वह मूर्ति का रूप नहीं ले सकती थी। तीसरा कारण उसका रूप है क्योंकि यदि उस पर कोई विशेष आकृति आरोपित न की जाती तो उसे 'भाला धारण करने वाला' या 'सिर पर बंधी पट्टी बाँधता हुआ युवक' नहीं कहा जा सकता था। चौथा कारण उसका उद्देश्य है क्योंकि यदि उसे बनाने का कोई प्रयोजन ही न होता तो उसका निर्माण भी न किया जाता।

    उद्देश्य क्या है? वही प्रेरणा जिसने शिल्पकार को उसे बनाने के लिए प्रेरित किया। वही जिसे प्राप्त करने की इच्छा से उसने उसे बनाया। यदि उसने उसे बेचने के लिए बनाया तो उसका उद्देश्य धन कमाना था। यदि उसने अपनी ख्याति स्थापित करने के लिए बनाया तो उद्देश्य यश प्राप्त करना था। यदि उसने किसी मंदिर में भेंट चढ़ाने के लिए उसे गढ़ा तो उसका उद्देश्य श्रद्धा अर्पित करना था। इसलिए यह उद्देश्य भी उसके निर्माण का एक कारण है। या क्या तुम यह नहीं मानते कि जिसके बिना कोई वस्तु बन ही नहीं सकती थी, उसे उसके कारणों में गिना जाना चाहिए?

    इन कारणों में प्लेटो पाँचवाँ कारण भी जोड़ता है, जिसे वह आदर्श प्रतिरूप (Idea) कहता है। यही वह प्रतिरूप है जिसे सामने रखकर शिल्पकार उस वस्तु का निर्माण करता है जिसे वह बनाना चाहता है। इससे कोई अंतर नहीं पड़ता कि वह प्रतिरूप बाहर उपस्थित हो, जिस पर वह अपनी दृष्टि डाल सके या वह उसके अपने मन में कल्पित और स्थापित हो। ईश्वर समस्त वस्तुओं के ऐसे आदर्श प्रतिरूप अपने भीतर धारण किए हुए है। वह अपने मन में उन सभी वस्तुओं की संख्याओं, अनुपातों और मापों को समेटे रहता है जिन्हें सृजित किया जाना है। उसका मन उन रूपों से परिपूर्ण है जिन्हें प्लेटो आइडिया (Ideas) कहता है, जो अमर हैं, अपरिवर्तनीय हैं और कभी क्षीण नहीं होते। इसी कारण मनुष्य तो नश्वर है और नष्ट हो जाता है किंतु मनुष्यता, जिसके आदर्श के अनुसार प्रत्येक मनुष्य का निर्माण होता है, सदैव बनी रहती है। इसलिए, यद्यपि व्यक्तिगत मनुष्य कष्ट सहते हैं और मृत्यु को प्राप्त होते हैं, फिर भी मनुष्यता स्वयं इन सबसे अप्रभावित रहती है।

    इस प्रकार प्लेटो के अनुसार पाँच कारण होते हैं। वह जिससे, वह जिसके द्वारा, वह जिसमें, वह जिसके अनुसार, और वह जिसके लिए कोई वस्तु बनाई जाती है। इन सबके बाद छठी चीज़ आती है। वह वस्तु जो इन सभी कारणों के परिणामस्वरूप अस्तित्व में आती है। उदाहरण के लिए, पहले की तरह यदि मूर्ति को लें तो वह जिससे वह बनती है, कांसा है।  वह जिसके द्वारा बनती है, शिल्पकार है। वह जिसमें उसका रूप विद्यमान है, वही आरोपित आकृति है। वह जिसके अनुसार वह बनाई जाती है, वह आदर्श प्रतिरूप है जिसका शिल्पकार अनुकरण करता है। वह जिसके लिए वह बनाई जाती है, शिल्पकार का उद्देश्य है और इन सबका परिणाम स्वयं मूर्ति है। प्लेटो के अनुसार विश्व में भी ये सभी कारण विद्यमान हैं। उसका निर्माता ईश्वर है। वह जिससे विश्व बना है। वह पदार्थ है। उसका रूप वह व्यवस्था और संरचना है जिसे हम इस जगत में देखते हैं। उसका आदर्श प्रतिरूप वह है जिसके अनुसार ईश्वर ने इस विशाल और परम सुंदर सृष्टि का निर्माण किया और उसका उद्देश्य वह है जिसे सामने रखकर उसने इसकी रचना की।  तुम पूछोगे, ईश्वर का उद्देश्य क्या था? भलाई। प्लेटो निश्चित रूप से यही कहता है—“ईश्वर ने संसार की रचना किस कारण की? क्योंकि वह स्वयं भला है। जो वास्तव में भला होता है, वह अपनी भलाई बाँटने में कृपण नहीं होता। इसलिए उसने संसार को जितना श्रेष्ठ बना सकता था, उतना श्रेष्ठ बनाया।”

    अब तुम ही इस विवाद के न्यायाधीश बनो और अपना निर्णय सुनाओ। तुम्हें किसका मत सत्य के अधिक निकट प्रतीत होता है? मैं यह नहीं पूछ रहा कि किसने पूर्ण सत्य कहा है क्योंकि वह तो हमारी पहुँच से उतना ही परे है जितना स्वयं सत्य।

    अरस्तू और प्लेटो द्वारा प्रतिपादित कारणों की यह पूरी सूची या तो आवश्यकता से अधिक बातें समेट लेती है या फिर आवश्यकता से कम। यदि उनका यह मत है कि जिस किसी वस्तु के अभाव में कोई कार्य संपन्न नहीं हो सकता, उसे उस कार्य का कारण माना जाना चाहिए तो उन्होंने कारणों की संख्या बहुत कम बताई है। उन्हें समय को भी कारणों में गिनना चाहिए क्योंकि समय के बिना कोई भी वस्तु निर्मित नहीं हो सकती। उन्हें स्थान को भी कारण मानना चाहिए क्योंकि यदि किसी वस्तु के बनने का कोई स्थान ही न हो तो उसका निर्माण भी नहीं हो सकता। उन्हें गति को भी कारणों में सम्मिलित करना चाहिए क्योंकि गति के बिना न कोई वस्तु उत्पन्न होती है, न नष्ट होती है। गति के बिना न कोई शिल्पकला संभव है और न ही किसी प्रकार का परिवर्तन।

    लेकिन हम यहाँ उस प्राथमिक और सार्वभौमिक कारण की खोज कर रहे हैं। वह कारण सरल होना चाहिए क्योंकि पदार्थ भी सरल है। क्या हम यह पूछ रहे हैं कि वह कारण क्या है? निस्संदेह, वह सृजनशील बुद्धि है अर्थात ईश्वर। तुमने जिन सभी बातों का उल्लेख किया है, वे अलग-अलग स्वतंत्र कारण नहीं हैं बल्कि वे सब उसी एक कारण पर निर्भर हैं जो सृजन करता है। तुम कहते हो कि रूप कारण है। परंतु रूप तो वह है जिसे शिल्पकार अपनी कृति पर आरोपित करता है। वह कारण का एक अंग है, स्वयं कारण नहीं। इसी प्रकार आदर्श विचार भी कारण नहीं है बल्कि कारण का एक आवश्यक साधन है। शिल्पकार के लिए आदर्श विचार उतना ही आवश्यक है जितनी छेनी और घिसाई का पत्थर। इनके बिना उसका शिल्प आगे नहीं बढ़ सकता किंतु वे न तो शिल्पकला के अंग हैं और न ही उसके कारण। कोई कह सकता है, “शिल्पकार का उद्देश्य जिस प्रयोजन से उसने किसी वस्तु का निर्माण किया, वही उसका कारण है।” मान लो कि उसे कारण स्वीकार भी कर लिया जाए तब भी वह कार्य-कारक कारण नहीं बल्कि केवल सहायक या अनुषंगी कारण है। और ऐसे कारणों की संख्या असंख्य हो सकती है। जबकि हम तो उस सार्वभौमिक कारण की खोज कर रहे हैं। जहाँ तक इस मत का प्रश्न है कि समस्त विश्व अपनी संपूर्णता में स्वयं एक कारण है, वहाँ वे अपनी सामान्य सूक्ष्मता से कम परिष्कृत प्रतीत होते हैं। क्योंकि किसी कृति और उस कृति के कारण के बीच बहुत बड़ा अंतर होता है।

    या तो अपना निर्णय सुना दो अथवा इस प्रकार के मामलों में जो अधिक सरल होता है, वही करो। यह कह दो कि तुम्हें कोई स्पष्ट समाधान नहीं दिखाई देता और हमें अपने-अपने घर लौट जाने के लिए कह दो।

    “तुम्हें इन बातों में अपना समय नष्ट करने से क्या लाभ मिलता है? ये न तो तुम्हारे किसी विकार को दूर करती हैं और न ही किसी इच्छा का उन्मूलन करती हैं।”

वास्तव में, मैं उन अधिक महत्त्वपूर्ण विषयों का भी अनुसरण करता हूँ। मैं उन अध्ययनों में लगा रहता हूँ जिनसे मन को शांति प्राप्त होती है। सबसे पहले मैं अपना परीक्षण करता हूँ, और उसके बाद इस समस्त विश्व का।

    तुम जैसा समझते हो, वैसा नहीं है कि मैं अभी अपना समय व्यर्थ कर रहा हूँ। क्योंकि जब तक ऐसे अध्ययन अत्यधिक तर्क-वितर्क और निरर्थक विद्वत्ता के चक्रव्यूह में फँसकर अपना वास्तविक उद्देश्य नहीं खो देते, तब तक वे मन को ऊँचा उठाते हैं। वे उस बोझ को हल्का करते हैं जिसके नीचे मन दबा हुआ है और जिससे मुक्त होकर अपने मूल स्रोत की ओर लौटने की उसकी आकांक्षा रहती है। यह शरीर मन के लिए एक भार और दंड के समान है। जब तक दर्शन उसकी सहायता के लिए नहीं आता और उसे प्रकृति के स्वरूप का दर्शन करने के लिए प्रेरित नहीं करता, तब तक वह इस शरीर में बँधा रहता है। दर्शन उसे संसार की प्रकृति का अवलोकन करने को कहता है, जिससे वह सांसारिक बंधनों से ऊपर उठकर दिव्य लोक की ओर उन्मुख हो सके। यही उसकी स्वतंत्रता है, यही उसका विश्राम। वह कुछ समय के लिए उस कारागार से बाहर निकल आता है जिसमें वह कैद है और आकाश की विशालता में नवीन शक्ति प्राप्त करता है।

    जिस प्रकार कोई शिल्पकार, जब किसी अत्यंत सूक्ष्म कार्य में लंबे समय तक आँखों पर ज़ोर डालता है और मंद तथा अपर्याप्त प्रकाश में काम करता है तो बाहर निकलकर खुले स्थान में जाता है और दिन के मुक्त प्रकाश में अपनी आँखों को विश्राम देता है उसी प्रकार यह मन भी, जो इस अंधकारमय और संकुचित शरीर में सीमित है, जब भी अवसर पाता है, बाहर निकलकर समस्त ब्रह्मांड के चिंतन में विश्राम और आनंद प्राप्त करता है। ज्ञानी मनुष्य, और वह भी जो ज्ञान की खोज में लगा है, शरीर में रहते हुए भी अपने श्रेष्ठ अंश से उससे परे रहता है। उसके विचार सदा ऊर्ध्वलोक की ओर लगे रहते हैं। जैसे कोई सैनिक शपथ लेकर सेवा में नियुक्त होता है, वैसे ही वह केवल जीवित रहने को ही पर्याप्त प्रतिफल मानता है। अपने अभ्यास के कारण वह न तो जीवन से विशेष मोह रखता है और न उससे घृणा करता है। वह इस नश्वर जीवन को धैर्यपूर्वक बिताता है क्योंकि उसे ज्ञात है कि इसके आगे कहीं अधिक महान और समृद्ध जीवन उसकी प्रतीक्षा कर रहा है।

    क्या तुम मुझे इस ब्रह्मांड का दर्शन करने से रोकते हो? क्या तुम मुझे समग्र से हटाकर केवल उसके एक छोटे-से अंश तक सीमित कर देना चाहते हो? क्या मुझे यह पूछने का अधिकार नहीं कि समस्त वस्तुओं का आदि क्या है? वह कौन है जिसके हाथों ने इस विश्व की रचना की? जब सब कुछ एक ही रूप में निष्क्रिय पदार्थ में मिला हुआ था, तब किसने उन्हें अलग-अलग किया? क्या मुझे यह जानने का अधिकार नहीं कि स्वयं इस विश्व का शिल्पकार कौन है? किस योजना के अनुसार इस असीम विस्तार को व्यवस्थित और नियंत्रित किया गया? किसने बिखरी हुई वस्तुओं को एकत्र किया, मिली-जुली चीज़ों को अलग किया और उस विशाल, निराकार पिंड में निहित प्रत्येक वस्तु को उसका दृश्य रूप प्रदान किया? उस महान प्रकाश का स्रोत क्या है जो हम पर फैलता है? क्या वह केवल अग्नि है या अग्नि से भी अधिक उज्ज्वल कोई सत्ता? क्या मुझे ये प्रश्न नहीं पूछने चाहिए? क्या मुझे यह जानने का अधिकार नहीं कि मैं कहाँ से आया हूँ? क्या मैं इस संसार को केवल एक ही बार देखूँगा या बार-बार जन्म लूँगा? इस जीवन से विदा होने पर मैं कहाँ जाऊँगा? जब मेरी आत्मा मानव जीवन की दासता से मुक्त होगी, तब उसके लिए कौन-से लोक प्रतीक्षा कर रहे होंगे? क्या तुम मुझे स्वर्ग में अपने हिस्से से भी वंचित करना चाहते हो? दूसरे शब्दों में, क्या तुम चाहते हो कि मैं सदा अपनी दृष्टि नीचे झुकाए हुए ही जीवन बिताऊँ?

    मैं अपने शरीर का दास बनने के लिए अत्यंत महान हूँ। जिस उद्देश्य के लिए मेरा जन्म हुआ है, वह इससे कहीं अधिक महान है। मैं इस शरीर को अपनी स्वतंत्रता पर डाली गई एक बेड़ी से अधिक कुछ नहीं मानता। इसलिए मैं इसे भाग्य के आघातों के सामने एक अवरोध के रूप में रख देता हूँ और किसी भी पीड़ा को इसके माध्यम से अपने वास्तविक अस्तित्व तक पहुँचने नहीं देता। मुझमें केवल यही एक वस्तु है जो आहत हो सकती है। मेरा स्वतंत्र मन इसी नश्वर और आघात-सहने वाले आवरण में निवास करता है। यह शरीर मुझे कभी कायर बनने के लिए विवश नहीं कर सकेगा। न ही किसी सज्जन मनुष्य के लिए अनुचित दिखावे करने के लिए। केवल इस तुच्छ शरीर की रक्षा या सम्मान के लिए मैं कभी असत्य नहीं बोलूँगा। जब मुझे उचित लगेगा, तब मैं इससे अपना संबंध तोड़ दूँगा। अभी भी, जबकि हम दोनों साथ हैं, यह संबंध समान स्तर का नहीं है। मन अपने सभी विशेषाधिकार अपने पास ही रखेगा। अपने शरीर के प्रति अनासक्ति ही वास्तविक मुक्ति का निश्चित मार्ग है।

    पर अब मैं अपने मूल उद्देश्य पर लौटता हूँ। जिस स्वतंत्रता की मैं बात कर रहा हूँ, उसे उस चिंतन से बहुत सहायता मिलती है जिसके बारे में अभी हम चर्चा कर रहे थे। बात यह है कि इस ब्रह्मांड की सभी वस्तुएँ दो तत्त्वों से बनी हैं— पदार्थ और ईश्वर। ईश्वर उन सब पर नियंत्रण रखता है। वे उसकी अनुयायी हैं, उसके चारों ओर अपने शासक और मार्गदर्शक के रूप में व्यवस्थित हैं। परंतु जो सृजन करता है अर्थात ईश्वर— वह उस पदार्थ से कहीं अधिक शक्तिशाली और मूल्यवान है, जिस पर वह क्रिया करता है।

    जिस प्रकार विश्व में ईश्वर की भूमिका है, उसी प्रकार मनुष्य में मन की भूमिका है। जिस प्रकार विश्व में पदार्थ है, उसी प्रकार हमारे भीतर शरीर है। इसलिए निम्नतर को श्रेष्ठतर की सेवा करनी चाहिए। हमें भाग्य के आघातों के सामने साहसी बने रहना चाहिए। अपमान, घाव, बंधन या अभाव से भयभीत नहीं होना चाहिए।

    मृत्यु क्या है? या तो वह अंत है या फिर एक स्थान से दूसरे स्थान की यात्रा। मुझे अंत से भय नहीं है क्योंकि वह उसी के समान है जैसे कभी आरंभ ही न हुआ हो। न ही मुझे उस पार जाने से भय है क्योंकि जहाँ भी मैं जाऊँगा, वहाँ मैं उतना संकुचित और बँधा हुआ नहीं रहूँगा जितना यहाँ हूँ।


अभी के लिए विदा 

Tuesday, 14 July 2026

महान दार्शनिकों के सदर्भ में -- पत्र - 64 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


कल तुम हमारे साथ थे। अब यदि वास्तव में शिकायत करने का कोई कारण होता तो वह तभी होता जब तुम हमारे साथ केवल कल ही रहे होते। इसलिए मैंने कहा, 'हमारे साथ थे', क्योंकि तुम तो आज भी मेरे साथ हो। कल कुछ मित्र मेरे घर आए थे, इसलिए मेरे घर की रसोई से थोड़ा-सा धुआँ उठ रहा था। वैसा नहीं जैसा अमीरों और फैशनपरस्त लोगों की विशाल रसोइयों से उठता है, जिसे देखकर अग्निशमन दल तक सचेत हो जाए बल्कि केवल इतना-सा धुआँ, जो यह संकेत दे रहा था कि घर में अतिथि आए हुए हैं। भोजन के समय हमारी बातचीत अनेक विषयों पर घूमती रही। जैसा प्रायः भोज-सभा में होता है, हम किसी एक विषय को अंत तक नहीं ले गए बल्कि एक बात से दूसरी बात पर सहज ही चले जाते रहे। फिर एक पुस्तक का पाठ किया गया। वह क्विंटस सेक्स्टियस वरिष्ठ की रचना थी। निश्चय ही वे एक महान व्यक्ति थे और यद्यपि वे स्वयं इससे इनकार करते थे, फिर भी वे वास्तव में एक स्टोइक दार्शनिक थे। ईश्वर की शपथ! उस व्यक्ति में कितना अद्भुत ओज है, कितना प्राणबल है! ऐसा गुण हर दार्शनिक में नहीं मिलता। कुछ दार्शनिक अत्यंत प्रसिद्ध हैं किन्तु उनका लेखन नीरस और निर्जीव है। वे तर्क प्रस्तुत करते हैं, वाद-विवाद करते हैं, आपत्तियाँ उठाते हैं, पर पाठक के भीतर कोई उत्साह नहीं जगा पाते क्योंकि उनके अपने शब्दों में ही जीवन का अभाव होता है। किन्तु जब तुम सेक्स्टियस को पढ़ोगे तो तुम्हारे मुँह से अनायास निकलेगा, “यह व्यक्ति सचमुच जीवित है। यह ऊर्जावान है, स्वतंत्र है। यह सामान्य मनुष्यों से कहीं ऊपर उड़ता है। इसे पढ़कर मैं अपार आत्मविश्वास और महान उत्साह से भर उठता हूँ।”



    मैं तुम्हें बताता हूँ कि उन्हें पढ़ते समय मेरी अपनी मनःस्थिति कैसी हो जाती है। मेरा मन हर प्रकार के दुर्भाग्य को ललकारने के लिए व्याकुल हो उठता है। मैं मानो ऊँचे स्वर में पुकारना चाहता हूँ, “हे भाग्य! क्यों रुक गया है? अपना पूरा प्रहार कर। देख, मैं तैयार हूँ!” उस समय मैं अपने भीतर उसी मनुष्य का साहस अनुभव करता हूँ, जो स्वयं अपने लिए परीक्षा-भूमि खोजता है। ऐसा अवसर, जहाँ वह अपने धैर्य और वीरता का प्रमाण दे सके —

वह विनती करता है कि शांत झुंडों के बीच, उसे किसी झाग उड़ाते हुए जंगली वराह का सामना हो या फिर पर्वत-शिखर से उतरते हुए किसी सुनहरे सिंह का।

मेरा मन ऐसी किसी चुनौती की खोज करता है, जिस पर मैं विजय प्राप्त कर सकूँ। ऐसी किसी कठिनाई की, जिसे मैं अपने आत्म-प्रशिक्षण का भाग बनाकर धैर्यपूर्वक सह सकूँ। सेक्स्टियस की यही एक और विलक्षण विशेषता है। वे तुम्हें सच्चे सुख की महानता का दर्शन तो कराते हैं पर उसे प्राप्त करने की आशा तुमसे कभी नहीं छीनते। तुम्हें यह अवश्य अनुभव होता है कि वह आदर्श अभी तुमसे बहुत ऊँचा है फिर भी यह विश्वास बना रहता है कि जो व्यक्ति सच्चे मन से चाहे, वह उस ऊँचाई तक पहुँच सकता है।

    यही भावना स्वयं सद्गुण भी उत्पन्न करती है। तुम उसका आदर और प्रशंसा करते हो और साथ ही यह आशा भी रखते हो कि एक दिन तुम स्वयं भी उसे प्राप्त कर सकोगे। जहाँ तक मेरा प्रश्न है, प्रज्ञा का चिंतन ही मेरे समय का बहुत बड़ा भाग अपने में समेट लेता है। उसे निहारते हुए मैं उतना ही विस्मित होता हूँ, जितना कभी-कभी आकाश को देखकर होता हूँ। उस आकाश को भी, जिसे मैं अनेक बार ऐसे देखता हूँ मानो पहली बार देख रहा हूँ।

    इसी कारण मैं दर्शन के उन महान आविष्कारों का भी आदर करता हूँ और उन महापुरुषों का भी, जिन्होंने उन्हें खोजा। यह सोचकर मेरा हृदय आनंद से भर उठता है कि मानो मुझे अनेक पूर्वजों की छोड़ी हुई एक महान विरासत प्राप्त हुई है। उन्होंने जो कुछ एकत्र किया, जिस ज्ञान के लिए उन्होंने अथक परिश्रम किया, वह सब मेरे लिए है। पर हमें भी एक योग्य गृहस्वामी की भाँति आचरण करना चाहिए। जैसे वह अपनी पैतृक संपत्ति में वृद्धि करता है, वैसे ही हमें भी इस बौद्धिक और आध्यात्मिक विरासत को समृद्ध करना चाहिए। जब यह धरोहर मुझसे आगे आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचे तो वह पहले से अधिक समृद्ध हो। अभी भी बहुत-सा कार्य किया जाना शेष है। सदा शेष रहेगा। कोई भी बात उन लोगों को, जो आज से हजारों पीढ़ियों बाद जन्म लेंगे, इस महान कार्य में अपना योगदान देने से नहीं रोक सकती। 

    किन्तु यदि यह मान भी लिया जाए कि प्राचीनों ने सब कुछ खोज लिया था, तब भी एक कार्य ऐसा है जो सदैव नया बना रहेगा। दूसरों द्वारा की गई खोजों को व्यवहार में लाना, उन्हें ठीक प्रकार से समझना और व्यवस्थित रूप देना। मान लो, आँखों के उपचार के लिए आवश्यक सभी औषधियाँ हमें पहले से ही विरासत में मिल गई हों। तब मुझे नई दवाएँ खोजने की आवश्यकता नहीं होगी, परंतु मुझे उनका उपयोग रोग और परिस्थिति के अनुसार करना तो सीखना ही होगा। एक औषधि आँख की सूजन दूर करती है, दूसरी पलक की सूजन कम करती है, तीसरी अचानक होने वाले दर्द और आँसू बहने को रोकती है और चौथी दृष्टि को बेहतर बनाती है। किंतु इन सबका लाभ तभी मिलता है, जब तुम स्वयं भी अपना कर्तव्य निभाओ। औषधि को उचित मात्रा में तैयार करो और रोगी की अवस्था के अनुसार सही समय तथा सही विधि से उसका प्रयोग करो। मन के रोगों की औषधियाँ भी प्राचीन मनीषियों ने खोज ली थीं। पर उन्हें कब, कैसे और किस परिस्थिति में प्रयोग करना है। यह पता लगाना हमारा कार्य है। हमारे पूर्वजों ने निस्संदेह बहुत महान कार्य किए हैं, पर उनका कार्य अभी भी पूर्ण नहीं हुआ है।

    फिर भी हमें उन सबका आदर करना चाहिए बल्कि उनका सम्मान उसी श्रद्धा से करना चाहिए, जैसी हम देवताओं के प्रति रखते हैं। आखिर मैं उन महान पुरुषों की प्रतिमाएँ अपने पास क्यों न रखूँ ताकि वे मेरे मन को सत्कर्म के लिए प्रेरित करती रहें? मैं उनके जन्मदिवस क्यों न मनाऊँ? प्रत्येक अवसर पर सम्मानपूर्वक उनका नाम लेकर उन्हें श्रद्धांजलि क्यों न अर्पित करूँ? जितना सम्मान मैं अपने गुरुओं का करता हूँ, उतना ही सम्मान मुझे समस्त मानवजाति के उन महान आचार्यों का भी करना चाहिए, जिनसे हमें इतना महान कल्याण प्राप्त हुआ है।

    यदि मेरे सामने कोई कौंसुल या प्रेटर आ जाए तो मैं उसके पद का सम्मान करते हुए वही सब करूँगा जो प्रथा के अनुसार उचित है। घोड़े से उतरूँगा, अपना सिर अनावृत करूँगा और उसे मार्ग दूँगा। तो फिर बताओ, क्या मुझे मार्कस कैटो (ज्येष्ठ और कनिष्ठ), बुद्धिमान लेलियस, सुकरात, प्लेटो, ज़ेनो और क्लीन्थीस जैसे महापुरुषों का इससे भी अधिक सम्मानपूर्वक स्वागत नहीं करना चाहिए? निस्संदेह, मैं इन महान व्यक्तियों के प्रति गहरी श्रद्धा रखता हूँ। जब भी उनके महान नामों का उच्चारण होता है, मैं आदरवश खड़ा हो जाता हूँ।


अभी के लिए विदा 

शोक के संदर्भ में -- पत्र - 63 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


मुझे इस बात का दुःख है कि तुम्हारे मित्र फ्लैकस का निधन हो गया है। पर मैं चाहता हूँ कि तुम इस शोक में आवश्यकता से अधिक दुःखी न हो।


शगाल द्वारा  

    मैं तुमसे यह तो नहीं कहूँगा कि बिल्कुल भी शोक मत करो। यद्यपि मैं जानता हूँ कि वही सबसे अच्छा होता। पर ऐसी अडिग मानसिक दृढ़ता केवल उसी व्यक्ति में होती है, जो दुर्भाग्य से बहुत ऊपर उठ चुका हो। वह भी ऐसी घटना से क्षणभर के लिए अवश्य व्यथित होगा, पर केवल क्षणभर के लिए। जहाँ तक हमारी बात है, यदि हमारे आँसू अधिक न हों और हम शीघ्र ही स्वयं पर फिर से नियंत्रण पा लें तो हमारे आँसू क्षम्य हैं। मित्र के वियोग में तुम्हारी आँखें बिल्कुल सूखी भी न रहें, पर वे आँसुओं में डूब भी न जाएँ। रोओ, पर विलाप मत करो।

    क्या तुम्हें मेरा यह नियम कठोर प्रतीत होता है? फिर भी यूनान के महानतम कवि ने भी शोक मनाने के लिए केवल एक दिन को ही उचित माना है। वह तो यहाँ तक कहता है कि नायोबी ने भी अंततः भोजन करने का विचार किया।

    क्या तुम पूछते हो कि विलाप कहाँ से उत्पन्न होता है अथवा असीमित रुदन का स्रोत क्या है? अपने आँसुओं के द्वारा हम अपने दुःख को सिद्ध करने का प्रयास करते हैं। हम इसलिए नहीं रोते कि शोक हमें विवश करता है बल्कि इसलिए कि हम दूसरों के सामने अपना शोक प्रदर्शित करना चाहते हैं। लोग केवल अपने लिए दुःखी नहीं होते। कैसी दुर्भाग्यपूर्ण मूर्खता है! शोक में भी मानो एक प्रकार की प्रतिस्पर्धा होती है।

    “तो फिर?” तुम पूछते हो, “क्या मैं अपने मित्र को भूल जाऊँ?” यदि तुम्हारी स्मृति केवल उतने समय तक ही बनी रहती है, जितने समय तक तुम्हारा शोक रहता है तो यह स्मरण बहुत अल्पकालिक है। वह समय शीघ्र ही आने वाला है जब कोई आकस्मिक बात तुम्हारे चेहरे पर फिर से मुस्कान ले आएगी। मैं कहता हूँ, बहुत जल्द तुम्हारी पीड़ा, चाहे वह कितनी ही तीव्र क्यों न हो शांत पड़ जाएगी और वियोग की प्रत्येक वेदना कम हो जाएगी। जैसे ही तुम अपने शोक का प्रदर्शन करना छोड़ दोगे, तुम्हारे चेहरे की उदासी भी समाप्त हो जाएगी। अभी तो तुम अपने शोक की मानो रक्षा कर रहे हो, फिर भी वह धीरे-धीरे तुमसे दूर होता जा रहा है। शोक जितना अधिक तीव्र होता है, उतनी ही जल्दी उसका अंत भी हो जाता है।

    आओ, हम यह प्रयास करें कि जो लोग इस संसार से जा चुके हैं, उनकी स्मृति हमारे लिए सुखद बन जाए। यदि उनकी याद केवल पीड़ा ही दे तो कोई भी स्वेच्छा से उसे बार-बार स्मरण नहीं करना चाहेगा। इसलिए स्वाभाविक है कि प्रियजनों का नाम आते ही हमारे हृदय में एक कसक उठे। किंतु उस कसक में भी अपना एक विशेष आनंद छिपा होता है। हमारे मित्र एटालस कहा करते थ, “दिवंगत मित्रों की स्मृति वैसा ही आनंद देती है, जैसा हल्की खटास और मिठास से भरे सेबों का स्वाद या फिर पुराने मदिरा की मनभावन खटास। समय बीतने पर जो कुछ हमें पीड़ा देता है, वह सब मिट जाता है और केवल आनंद ही शेष रह जाता है।”

    यदि हम उनकी बात मानें तो जीवित और सकुशल मित्रों का स्मरण करना मानो मधुर पकवानों और शहद का स्वाद लेने जैसा है। जबकि जो मित्र इस संसार से चले गए हैं, उनका स्मरण एक ऐसी अनुभूति है जिसमें मिठास और कड़वाहट दोनों साथ-साथ होती हैं। फिर भी कौन इस बात से इनकार करेगा कि कभी-कभी तीखे और कड़वे स्वाद भी हमें प्रिय लगते हैं?

    मेरा अनुभव इससे भिन्न है। मेरे लिए दिवंगत मित्रों का स्मरण मधुर और सांत्वनादायक होता है। क्योंकि जब वे मेरे साथ थे, तब भी मैं उन्हें इस भावना के साथ चाहता था कि एक दिन उनसे बिछुड़ना पड़ सकता है।  और अब, जब वे इस संसार में नहीं हैं, तब भी मैं उन्हें इस भाव से स्मरण करता हूँ मानो वे आज भी मेरे साथ हों।

    इसलिए, प्रिय लूसीलियस, वही करो जो न्याय और विवेक के अनुकूल हो। भाग्य ने तुम्हारे साथ जो किया है, उसका गलत अर्थ लगाना छोड़ दो। भाग्य ने तुमसे एक चीज़ अवश्य छीन ली है, पर यह भी मत भूलो कि वही भाग्य उसे तुम्हें देकर भी गया था।

    चूँकि हमें यह निश्चित रूप से कभी ज्ञात नहीं होता कि हमारे मित्र कितने समय तक हमारे साथ रहेंगे, इसलिए जब तक वे हमारे पास हैं, तब तक हमें उनके सान्निध्य का भरपूर आनंद लेना चाहिए। यह भी सोचो कि कितनी ही बार हम लंबी यात्राओं पर गए और उन्हें पीछे छोड़ आए। कितनी ही बार एक ही नगर में रहते हुए भी उनसे मिल न सके। तब हमें समझ में आएगा कि उनके जीवित रहते हुए ही हमने उनके साथ बिताने योग्य कितना समय खो दिया था। कुछ लोग अपने मित्रों के रहते हुए उनकी उपेक्षा करते हैं। जब वे इस संसार से चले जाते हैं, तब उनके लिए अत्यधिक शोक करते हैं। क्या ऐसी प्रवृत्ति को स्वीकार किया जा सकता है? उन्हें अपने मित्रों से प्रेम तभी होता है, जब वे उन्हें खो चुके होते हैं! उन्हें यह भय सताता है कि कहीं लोगों को उनके प्रेम पर संदेह न हो जाए। इसलिए वे अपने शोक का और भी अधिक प्रदर्शन करते हैं। मानो वे अपने स्नेह का प्रमाण बहुत देर से खोजने का प्रयास कर रहे हों।

    यदि हमारे अन्य मित्र भी हैं तो हम उनके साथ अन्याय करते हैं और उनके सम्मान के योग्य भी नहीं रहते, यदि हम उन्हें उस मित्र के वियोग में कोई मूल्यवान सांत्वना देने योग्य नहीं समझते जो अब इस संसार में नहीं रहा। यदि हमारे पास कोई दूसरा मित्र ही नहीं है तो हम अपने साथ भाग्य से भी अधिक अन्याय कर रहे हैं। भाग्य ने हमसे केवल एक व्यक्ति को छीना है जबकि हम स्वयं उन सभी लोगों को अपने से दूर कर रहे हैं जिन्हें हम अपना मित्र बना सकते थे। इसके अतिरिक्त, जो व्यक्ति एक से अधिक लोगों के साथ मित्रता नहीं कर सकता, वह वास्तव में उस एक से भी बहुत गहरा प्रेम नहीं करता। मान लो किसी व्यक्ति का एकमात्र वस्त्र खो जाए और वह दूसरा वस्त्र खोजकर अपने शरीर को ढकने और ठंड से बचने के बजाय केवल रोता-बिलखता रहे तो क्या तुम उसे मूर्ख नहीं कहोगे? जिस व्यक्ति से तुम प्रेम करते थे, वह अब इस संसार में नहीं है। इसलिए किसी और को अपना स्नेह दो। नए मित्र बनाना और प्रेम का संबंध स्थापित करना, शोक में डूबे रहने से कहीं अधिक श्रेष्ठ है।

    मैं जानता हूँ कि जो बात मैं अब कहने जा रहा हूँ, वह बहुत पुरानी और बार-बार दोहराई गई उक्ति है। फिर भी केवल इसलिए कि उसे सभी कह चुके हैं, मैं उसे छोड़ने वाला नहीं हूँ।

    समय स्वयं शोक का अंत कर देता है —

भले ही तुम स्वयं उसे समाप्त करने का निर्णय न लो। अंततः मनुष्य शोक करते-करते थक जाता है। किंतु एक विवेकशील व्यक्ति को यह सोचकर लज्जा होनी चाहिए कि उसके शोक का उपचार केवल समय के कारण हुआ। इससे कहीं बेहतर है कि तुम स्वयं अपने शोक का त्याग करो न कि शोक तुम्हारा साथ छोड़ दे। जब यह निश्चित है कि तुम चाहकर भी बहुत लंबे समय तक शोक नहीं कर सकते तो फिर जितनी जल्दी संभव हो, उतनी जल्दी उसे छोड़ देना ही उचित है।

    हमारे पूर्वजों ने स्त्रियों के लिए शोक की अवधि एक वर्ष निर्धारित की थी। इसका अर्थ यह नहीं था कि उन्हें पूरे एक वर्ष तक शोक करना चाहिए बल्कि यह था कि वे उससे अधिक समय तक शोक न करें। पुरुषों के लिए तो शोक की कोई कानूनी अवधि निर्धारित ही नहीं की गई क्योंकि उनके लिए किसी भी अवधि तक शोक करते रहना सम्मानजनक नहीं माना गया। फिर भी उन स्त्रियों में भी जो मृतक की अर्थी से बड़ी कठिनाई से हटाई जाती हैं, जिन्हें शव से अलग करना पड़ता है, ऐसी एक भी स्त्री दिखाना कठिन है जिसके आँसू पूरे एक महीने तक लगातार बहते रहे हों। शोक से अधिक शीघ्र घृणित कोई और चीज़ नहीं बनती। जब वह नया होता है, तब लोगों की सहानुभूति और सांत्वना प्राप्त करता है। पर जब वह लंबा खिंच जाता है, तब वह केवल उपहास का विषय बन जाता है। यह उचित भी है क्योंकि उस समय तक वह या तो मूर्खता बन चुका होता है या मात्र दिखावा।

    और ये बातें मैं तुम्हें वही व्यक्ति लिख रहा हूँ, जिसने अपने प्रिय अनेयुस सेरेनस के निधन पर इतना असंयमित होकर विलाप किया था कि स्वयं मुझे ही अपनी इच्छा के विरुद्ध शोक से पराजित मनुष्य का उदाहरण बनना पड़ता है। किन्तु आज मैं अपने उस व्यवहार की स्वयं आलोचना करता हूँ। अब मैं समझता हूँ कि मेरे इतने गहरे शोक का मुख्य कारण यह था कि मैंने कभी यह सोचा ही नहीं था कि उसकी मृत्यु मेरी मृत्यु से पहले भी हो सकती है। मेरे मन में केवल यही बात थी कि वह मुझसे छोटा है, बहुत छोटा। मानो जन्म का क्रम ही हमारे भाग्य और मृत्यु का समय निर्धारित करता हो!

    इसलिए हमें चाहिए कि हम अपनी और अपने प्रियजनों, दोनों की मरणशीलता को सदैव स्मरण रखें। उस समय मुझे अपने आप से यह कहना चाहिए था, “मेरा प्रिय सेरेनस मुझसे आयु में छोटा है, पर इससे क्या अंतर पड़ता है? उचित तो यही है कि उसकी मृत्यु मेरे बाद हो किन्तु ऐसा भी हो सकता है कि वह मुझसे पहले ही मर जाए।” चूँकि मैंने ऐसा नहीं सोचा, इसलिए भाग्य ने मुझे अचानक और पूरी तरह अप्रस्तुत अवस्था में आ घेरा। अब मैं यह बात सदा ध्यान में रखता हूँ कि केवल इतना ही नहीं कि प्रत्येक मनुष्य और प्रत्येक वस्तु को एक दिन नष्ट होना है बल्कि यह भी कि मृत्यु किसी निश्चित नियम या क्रम का पालन नहीं करती। जो कभी भी हो सकता है, वह आज भी हो सकता है।

    इसलिए, प्रिय लूसीलियस, हमें यह स्मरण रखना चाहिए कि हम भी शीघ्र ही उसी स्थान पर जाने वाले हैं, जहाँ वह पहुँच चुका है जिसके लिए हम शोक कर रहे हैं। यदि दार्शनिकों की यह बात सत्य हो कि मृत्यु के बाद कोई ऐसा लोक है जो हमें अपने भीतर स्थान देता है तो जिस व्यक्ति को हम खोया हुआ समझते हैं, वह वास्तव में नष्ट नहीं हुआ है वह तो केवल हमसे पहले वहाँ पहुँच गया है।


अभी के लिए विदा 

इच्छा और मृत्यु के संदर्भ में -- पत्र - 61 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


आओ, अब उन वस्तुओं की इच्छा करना छोड़ दें, जिनकी हम पहले किया करते थे। मैं तो वास्तव में यही कर रहा हूँ। अब जब मैं वृद्ध हो गया हूँ तो मैंने उन इच्छाओं का त्याग कर दिया है, जिन्हें मैं बच्चा रहते हुए करता था। मेरा एकमात्र प्रयत्न, मेरा दिन-रात का एकमात्र विचार यही है कि अपने पुराने दोषों और दुर्बलताओं का अंत कर दूँ। मैं प्रयास करता हूँ कि मेरा एक-एक दिन पूरे जीवन के बराबर मूल्यवान बन जाए। ऐसा नहीं है कि मैं प्रत्येक दिन को अपना अंतिम दिन समझकर उससे चिपका रहता हूँ... बिल्कुल नहीं। फिर भी मैं उसे इस प्रकार देखता हूँ, मानो वह वास्तव में मेरा अंतिम दिन हो सकता है। मैं तुम्हें यह पत्र भी उसी भावना से लिख रहा हूँ, मानो लिखते-लिखते ही मृत्यु मुझे बुलाने वाली हो। मैं जाने के लिए तैयार हूँ। जीवन का आनंद मैं इसलिए ले पाता हूँ कि मुझे इस बात की अधिक चिंता नहीं रहती कि यह सब कितने समय तक चलेगा।


By Maria Popova 

    वृद्धावस्था से पहले मेरी चिंता अच्छी तरह जीने की थी। वृद्धावस्था में मेरी चिंता अच्छी तरह मरने की है। अच्छी तरह मरने का अर्थ है— स्वेच्छा से मृत्यु को स्वीकार करना। प्रयास करो कि तुम कभी भी अपनी इच्छा के विरुद्ध कोई कार्य न करो। जिस कार्य को तुम विरोध करने पर करने के लिए विवश हो जाओगे, वही कार्य यदि अपनी इच्छा से करो तो वह विवशता नहीं रह जाती। मेरा आशय यह है कि जो व्यक्ति प्रसन्नतापूर्वक आदेश का पालन करता है, वह दासता के सबसे कटु पक्ष से बच जाता है। अर्थात वह काम करने से, जिसे वह करना नहीं चाहता। मनुष्य को दुःखी आदेश का पालन करना नहीं बनाता बल्कि अपनी इच्छा के विरुद्ध कार्य करना उसे दुःखी बनाता है।

    इसलिए हमें अपने मन को इस प्रकार तैयार करना चाहिए कि परिस्थितियाँ हमसे जो कुछ चाहें, वही हमारी भी इच्छा बन जाए। सबसे बढ़कर, हमें अपने अंत के विषय में बिना किसी शोक के विचार करना सीखना चाहिए। हमें जीवन की तैयारी करने से पहले ही मृत्यु की तैयारी कर लेनी चाहिए। जीवन के लिए हमारे पास पर्याप्त साधन हैं। फिर भी हम जीवन की सुविधाओं के लिए लालची बने रहते हैं। हमें हमेशा लगता है कि हमारे पास कुछ न कुछ कमी है। यह भावना बनी ही रहती है। जीवन से तृप्ति न तो दिनों की संख्या से मिलती है और न वर्षों की लंबाई से। वह केवल मन की अवस्था से प्राप्त होती है। प्रिय लूसीलियस, मैंने अपना जीवन पूरी तरह पर्याप्त जिया है। अब मैं पूर्ण संतोष के साथ अपनी मृत्यु की प्रतीक्षा कर रहा हूँ।


अभी के लिए विदा 

मनुष्य की अतृप्ति के संदर्भ में -- पत्र - 60 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


मैं तुमसे असंतुष्ट हूँ, तुमसे असहमति रखता हूँ, तुम पर क्रोधित हूँ। क्या तुम अब भी उन्हीं वस्तुओं की कामना करते हो, जिनकी तुम्हारे लिए तुम्हारी धाय, तुम्हारे शिक्षक या तुम्हारी माँ कामना किया करते थे? क्या तुम्हें अब भी यह समझ में नहीं आया कि जिन बातों की वे तुम्हारे लिए इच्छा करते थे, उनमें से कितनी वास्तव में हानिकारक थीं? अरे, हमारे अपने सबसे निकट और प्रिय लोगों की प्रार्थनाएँ भी कितनी बार हमारे लिए अहितकारी सिद्ध होती हैं! और जब वे प्रार्थनाएँ सचमुच पूरी हो जाती हैं, तब तो वे और भी अधिक अनिष्टकारी बन जाती हैं। अब मुझे यह आश्चर्य नहीं होता कि बचपन से ही हम इतने प्रकार के कष्टों से घिरे रहते हैं क्योंकि हम अपने माता-पिता की ऐसी ही अहितकारी कामनाओं के बीच बड़े होते हैं। ईश्वर करे कि हम अपने लिए ऐसी प्रार्थना करें, जिसे पूरा करने में कुछ भी मूल्य न चुकाना पड़े।



    हम कब तक देवताओं से कुछ-न-कुछ माँगते रहेंगे? क्या हम अब भी अपना पेट स्वयं भरने में समर्थ नहीं हुए हैं? हमारे बोए हुए खेत इतने विशाल क्षेत्र में फैले हैं कि उनमें बड़े-बड़े नगर बस सकते हैं। कब तक? कब तक हमारी फसल काटने के लिए पूरी की पूरी आबादी लगी रहेगी? और एक ही भोजन की मेज़ सजाने के लिए कितने जहाज़ों को और एक से अधिक समुद्रों को पार करना पड़ेगा? एक बैल कुछ ही एकड़ चरागाह से तृप्त हो जाता है। एक ही वन एक से अधिक हाथियों के लिए पर्याप्त होता है। पर मनुष्य भूमि और समुद्र— दोनों का उपभोग करता है। ऐसा क्यों है? क्या प्रकृति ने हमें इतनी अतृप्त भूख दी है कि शरीर तो हमें छोटा-सा मिला है, फिर भी हम भोजन की लालसा में सबसे बड़े और सबसे अधिक खाने वाले पशुओं से भी आगे निकल जाएँ? ऐसा बिल्कुल नहीं है। हमारी प्राकृतिक आवश्यकताएँ तो बहुत थोड़ी हैं। प्रकृति की माँगों को पूरा करने के लिए बहुत कम ही पर्याप्त होता है। हमारे व्यय का कारण शरीर की भूख नहीं, बल्कि हमारी महत्त्वाकांक्षा है। इसलिए, जैसा कि सालुस्त  ने कहा है, "जो लोग केवल अपने पेट की ही चिंता करते हैं, उन्हें मनुष्यों की अपेक्षा पशुओं की जाति का सदस्य समझना चाहिए।"

    वास्तव में कुछ लोगों को तो हमें जीवित प्राणियों की श्रेणी में भी नहीं गिनना चाहिए बल्कि उन्हें चलते-फिरते शव समझना चाहिए। मनुष्य तभी वास्तव में जीवित होता है, जब वह बहुत-से लोगों के लिए उपयोगी हो। तब भी जीवित होता है, जब वह स्वयं अपने लिए उपयोगी हो। जो लोग आलस्य में डूबे घरों में छिपे रहते हैं, वे मानो कब्र में ही पड़े हों। चाहो तो उनके द्वार के ऊपर संगमरमर पर यह लिखवा दो —

“इनकी मृत्यु
इनसे पहले ही
हो चुकी थी।”


अभी के लिए विराम 

आनंद के संदर्भ में -- पत्र - 59 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


आपका पत्र पढ़कर मुझे अत्यन्त प्रसन्नता हुई। यद्यपि आपको मुझे सामान्य बोलचाल की भाषा का प्रयोग करने की अनुमति देनी होगी। मेरे शब्दों को उनके स्टोइक अर्थों में मत लीजिए। हमारे सिद्धांत के अनुसार 'सुख' (Pleasure) एक दोष है। फिर भी, जैसा भी हो, 'सुख' वह शब्द है जिसका प्रयोग हम सामान्यतः मन की प्रसन्न अवस्था के लिए करते हैं।



    मैं जानता हूँ कि यदि हम शब्दों को अपने दार्शनिक नियमों के अनुसार ही बाँध दें तो 'सुख' निंदनीय है। जबकि 'आनंद' केवल बुद्धिमान व्यक्ति का गुण है क्योंकि आनंद उस मन की उन्नत अवस्था है जो वास्तविक और अपने स्वाभाविक शुभ की ओर उन्मुख होता है। फिर भी, सामान्य व्यवहार में हम अक्सर कहते हैं कि अमुक व्यक्ति के कौंसल (Consul) चुने जाने पर हमें बहुत आनंद हुआ या किसी के विवाह पर या उसकी पत्नी के पुत्र-जन्म देने पर। जबकि ये घटनाएँ आनंद का कारण होने से बहुत दूर, प्रायः भविष्य के दुःख का आरंभ सिद्ध होती हैं। क्योंकि आनंद का स्वभाव ही ऐसा है कि वह कभी समाप्त नहीं होता और न ही अपने विपरीत में परिवर्तित होता है। इसलिए जब हमारे कवि वर्जिल कहते हैं, 'मन के दुष्ट आनंद' तो उन्होंने यह बात साहित्यिक दृष्टि से तो अत्यन्त सुंदर कही है, पर दार्शनिक दृष्टि से यह शुद्ध नहीं है क्योंकि कोई भी वास्तविक आनंद दुष्ट नहीं हो सकता। उन्होंने यहाँ 'आनंद' शब्द का प्रयोग वास्तव में 'सुख-भोग' के अर्थ में किया है। इसी प्रकार अपना आशय व्यक्त किया है क्योंकि जिन लोगों की वे बात कर रहे हैं, वे उन वस्तुओं से प्रसन्न होते हैं जो वास्तव में उनके लिए अहितकर होती हैं।

    फिर भी, यह कहने में मैं गलत नहीं था कि आपका पत्र पढ़कर मुझे अत्यन्त प्रसन्नता हुई। क्योंकि यदि कोई अविवेकी व्यक्ति किसी सम्मानजनक कारण से भी प्रसन्न होता है, तब भी मैं उसकी उस भावना को 'सुख' ही कहूँगा। क्योंकि वह अस्थिर होती है, शीघ्र ही अपने विपरीत रूप में बदल जाती है। किसी मिथ्या शुभ में विश्वास के कारण उत्पन्न होती है। इसलिए वह अपने ऊपर नियंत्रण नहीं रख पाती और सीमा का अतिक्रमण कर बैठती है।

    लेकिन अब मैं अपने मूल विषय पर लौटता हूँ और तुम्हें बताता हूँ कि तुम्हारे पत्र में मुझे सबसे अधिक क्या अच्छा लगा। तुम्हारा अपनी भाषा पर पूरा नियंत्रण है। तुम अपनी वाक्पटुता के प्रवाह में बह नहीं जाते और न ही उसे अपनी इच्छित सीमा से अधिक बढ़ने देते हो। बहुत-से लोग किसी आकर्षक वाक्यांश के मोह में पड़कर उस विषय से भटक जाते हैं, जिस पर वे लिखना शुरू करते हैं। तुम्हारे साथ ऐसा नहीं होता। तुम्हारा प्रत्येक वाक्य संक्षिप्त है और विषय के बिल्कुल अनुकूल है। तुम उतना ही कहते हो जितना कहना चाहते हो, किंतु तुम्हारे शब्दों का अर्थ उनसे कहीं अधिक व्यक्त कर देता है। यह एक और भी महत्त्वपूर्ण बात का संकेत है। यह दर्शाता है कि तुम्हारा मन भी किसी अनावश्यक या अतिशयोक्तिपूर्ण विचार से भरा हुआ नहीं है।

    हाँ, मुझे कुछ रूपक अवश्य मिले, पर वे ऐसे नहीं थे जो अत्यधिक साहसिक या जोखिमपूर्ण हों बल्कि वे पहले से प्रचलित और स्वीकृत रूपक थे। मुझे बिंबों का भी प्रयोग मिला। यदि कोई यह कहे कि बिंबों का प्रयोग नहीं करना चाहिए और उन्हें केवल कवियों के लिए ही उचित माने तो मैं समझूँगा कि उसने हमारे प्राचीन लेखकों को एक बार भी नहीं पढ़ा है। वे ऐसे समय के लेखक थे, जब शैलीगत आडंबर को निरंतर लक्ष्य नहीं बनाया जाता था। वे सरलता से लिखते थे और इस प्रकार अपनी बात कहते थे कि उसका आशय स्पष्ट रूप से समझ में आ जाए। उनकी रचनाएँ उपमाओं से परिपूर्ण हैं। मेरे विचार में उपमाएँ आवश्यक हैं। इसलिए नहीं कि कवि उनका प्रयोग करते हैं बल्कि इसलिए कि वे हमारी बौद्धिक दुर्बलता का सहारा बनती हैं तथा विषय को वक्ता और श्रोता, दोनों के लिए अधिक स्पष्ट और सजीव बना देती हैं।

    संयोग से, मैं अभी-अभी सेक्स्टियस को पढ़ रहा था। एक कठोर और दृढ़ स्वभाव का व्यक्ति। उसके दर्शन के शब्द भले ही यूनानी हों पर उसके आदर्श और मूल्य पूरी तरह रोमन हैं। उसके द्वारा दी गई एक उपमा ने मुझे विशेष रूप से प्रभावित किया। वह उस सेना का उदाहरण देता है जो वर्गाकार (चौकोर) व्यूह में आगे बढ़ती है और युद्ध के लिए हर समय तैयार रहती है क्योंकि यह आशंका रहती है कि शत्रु किसी भी दिशा से आक्रमण कर सकता है। वह कहता है, “बुद्धिमान व्यक्ति को भी यही करना चाहिए। उसे अपने सद्गुणों को चारों ओर इस प्रकार तैनात रखना चाहिए कि जब भी कोई विपत्ति आए, उसका पूरा सुरक्षा-दल तत्पर रहे और अपने सेनापति के केवल एक संकेत पर बिना किसी अव्यवस्था के तुरंत कार्य करने लगे।” हम किसी महान सेनापति की सेना में देखते हैं कि उसके आदेश का पालन सभी सैनिक एक साथ करते हैं। सेना की व्यवस्था ऐसी होती है कि एक व्यक्ति द्वारा दिया गया संकेत एक ही समय में घुड़सवारों और पैदल सैनिकों, दोनों तक पहुँच जाता है। सेक्स्टियस कहता है कि हमें भी अपने भीतर ऐसी ही तत्परता चाहिए बल्कि हमें इसकी उससे भी अधिक आवश्यकता है। सेनाएँ अनेक बार बिना किसी वास्तविक कारण के ही शत्रु से भयभीत हो जाती हैं। जिस मार्ग को वे सबसे अधिक संकटपूर्ण समझती हैं, वही प्रायः सबसे सुरक्षित निकलता है। परंतु मूर्खता के लिए कहीं भी सुरक्षा का क्षेत्र नहीं होता। उसे ऊपर से भी भय रहता है, नीचे से भी। दाएँ-बाएँ दोनों ओर से, आगे से भी और पीछे से भी। वह हर वस्तु से काँपती रहती है। इसलिए किसी भी परिस्थिति के लिए तैयार नहीं होती। जो उसकी सहायता करने आते हैं, उनसे भी डर जाती है। इसके विपरीत, बुद्धिमान व्यक्ति हर प्रकार के आक्रमण के विरुद्ध सुदृढ़ और सुरक्षित रहता है। उसका संकल्प अटल होता है। वह न निर्धनता, न शोक, न अपयश और न ही पीड़ा के आक्रमण के सामने पीछे हटता है। वह बिना विचलित हुए उनका सामना करता है और आवश्यकता पड़ने पर उनके बीच भी निर्भीक होकर आगे बढ़ जाता है।

    जहाँ तक हमारी बात है, हमें बाँधने वाली बहुत-सी चीज़ें हैं और हमारी शक्ति को क्षीण करने वाले भी अनेक कारण हैं। हम बहुत लंबे समय से अपने दोषों में पड़े हुए हैं। इसलिए उनसे आसानी से मुक्त नहीं हो सकते। बात केवल इतनी नहीं है कि हम उनसे दूषित हो गए हैं बल्कि हम तो उनमें पूरी तरह डूब चुके हैं। पर अब एक रूपक से दूसरे रूपक की ओर बढ़ने के बजाय, मैं एक प्रश्न उठाना चाहता हूँ, जिस पर मैं अक्सर विचार करता हूँ। मूर्खता का हम पर इतना गहरा अधिकार क्यों है? पहला कारण यह है कि हम उसका साहसपूर्वक प्रतिरोध नहीं करते। हम अपनी समस्त शक्ति लगाकर अपने उपचार का प्रयास नहीं करते। दूसरा कारण यह है कि बुद्धिमानों द्वारा खोजे गए सत्यों पर हमारा पर्याप्त विश्वास नहीं होता। हम उन्हें अपने हृदय में स्थान नहीं देते। इतने महान उद्देश्य के लिए भी हम बहुत कम परिश्रम करते हैं। जो व्यक्ति अपने अधिकांश समय अपने ही दोषों को बढ़ाने में लगाता है और केवल बचा-खुचा समय उन्हें दूर करने की शिक्षा पाने में देता है, वह अपने अवगुणों से लड़ने के लिए आवश्यक ज्ञान कैसे प्राप्त कर सकता है? हममें से कोई भी किसी विषय में गहराई तक नहीं उतरता। हम केवल ऊपरी बातें जानकर ही संतुष्ट हो जाते हैं और समझते हैं कि दर्शन के लिए कुछ क्षण दे देना ही व्यस्त लोगों के लिए पर्याप्त ही नहीं बल्कि उससे भी अधिक है।

    सबसे बड़ी बाधा यह है कि हम बहुत जल्दी अपने आप से संतुष्ट हो जाते हैं। यदि कोई हमें अच्छा, विवेकशील और चरित्रवान कहने को तैयार मिल जाए तो हम तुरंत उस वर्णन को स्वीकार कर लेते हैं। थोड़ी-सी प्रशंसा से भी हमारा मन नहीं भरता। निर्लज्ज चापलूसी हमारे ऊपर जितनी भी प्रशंसा का ढेर लगा दे, हम उसे अपना उचित अधिकार समझकर स्वीकार कर लेते हैं। जब लोग हमें श्रेष्ठ, यहाँ तक कि अत्यंत बुद्धिमान बताते हैं तो हम उनकी बात मान लेते हैं जबकि हम अच्छी तरह जानते हैं कि वे अक्सर और खुलकर झूठ बोलते हैं। हम अपने प्रति इतने पक्षपाती हो जाते हैं कि जिन गुणों का हमारे आचरण से दूर-दूर तक संबंध नहीं होता, उनके लिए भी प्रशंसा सुनकर प्रसन्न हो उठते हैं। कोई व्यक्ति कठोर दंड देते समय भी स्वयं को 'सबसे दयालु' कहलाते हुए सुनता है। चोरी करते हुए भी 'सबसे उदार' और मद्यपान तथा व्यभिचार में लिप्त रहते हुए भी 'सबसे संयमी' कहलाता है। परिणामस्वरूप, हमारे भीतर बदलने की कोई इच्छा ही नहीं बचती क्योंकि हम पहले से ही यह मान बैठे होते हैं कि हम उत्कृष्टता की पराकाष्ठा पर पहुँच चुके हैं।

    एक बार, जब सिकंदर भारत में इधर-उधर घूमते हुए उन जातियों को लूट रहा था, जो अपने पड़ोसी लोगों तक के लिए भी लगभग अपरिचित थीं, तभी उसे एक तीर आ लगा। यह उस समय की बात है जब वह एक नगर की घेराबंदी किए हुए उसकी प्राचीरों के चारों ओर घूम-घूमकर उनकी कमजोर जगहों का पता लगा रहा था। वह लंबे समय तक अपने आरंभ किए हुए कार्य को पूरा करने के दृढ़ निश्चय के साथ डटा रहा। किंतु जब रक्तस्राव रुक गया और घाव पर पपड़ी जम गई, तब पीड़ा और बढ़ गई। घोड़े पर सवार होने पर उसके पैर की संवेदना भी जाती रही। अंततः उसे युद्ध छोड़ना पड़ा। तब उसने कहा, “सब लोग शपथ लेकर कहते हैं कि मैं बृहस्पति का पुत्र हूँ लेकिन यह घाव पुकार-पुकारकर बता रहा है कि मैं एक मनुष्य हूँ।” हमें भी यही करना चाहिए। चापलूसी हमारे पद और प्रतिष्ठा के अनुसार हम सबको मूर्ख बना देती है। इसलिए हमें चापलूसों से कहना चाहिए, “तुम मुझे बुद्धिमान कहते हो लेकिन मैं स्वयं देखता हूँ कि मैं कितनी ऐसी वस्तुओं की इच्छा करता हूँ जो बिल्कुल निरर्थक हैं। कितनी ऐसी चीज़ों की लालसा रखता हूँ जो मेरे लिए हानिकारक हैं। मुझे तो आज तक यह भी नहीं मालूम कि भोजन और पेय में कहाँ रुकना चाहिए जबकि पशु भी तृप्ति का अनुभव होते ही अपनी सीमा पहचान लेते हैं। आज तक मैं अपने ही पेट की क्षमता नहीं जान पाया हूँ।”

    अब मैं तुम्हें बताता हूँ कि तुम कैसे पहचान सकते हो कि तुम अभी बुद्धिमान नहीं बने हो। बुद्धिमान व्यक्ति आनंद से परिपूर्ण होता है। वह प्रसन्न, शांत और निर्भय रहता है। वह देवताओं के समान आत्मविश्वास और संतुलन के साथ जीवन जीता है। अब स्वयं को देखो। यदि तुम कभी निराश नहीं होते, यदि भविष्य की किसी आशा या चिंता से तुम्हारा मन विचलित नहीं होता, यदि तुम्हारी मानसिक अवस्था दिन-रात समान, स्थिर, सीधी और अपने आप में संतुष्ट रहती है, तब निश्चय ही तुमने मनुष्य जीवन के सर्वोच्च कल्याण को प्राप्त कर लिया है। लेकिन यदि तुम हर दिशा में और हर प्रकार के सुख की खोज करते फिरते हो तो समझ लो कि तुम बुद्धिमत्ता से उतने ही दूर हो, जितने आनंद से। तुम्हारा लक्ष्य तो आनंद है, पर तुम गलत मार्ग पर चल रहे हो। तुम सोचते हो कि धन, वैभव और सम्मान के बीच तुम्हें आनंद मिल जाएगा। अर्थात् तुम चिंता के बीच आनंद खोज रहे हो। जिन वस्तुओं के पीछे तुम इसलिए भागते हो कि वे तुम्हें सुख और प्रसन्नता देंगी, वास्तव में वही दुःख और क्लेश का कारण बन जाती हैं।

    हर व्यक्ति जिसे तुम देखते हो, आनंद की खोज में लगा हुआ है। लेकिन कोई यह नहीं जानता कि महान और स्थायी आनंद कहाँ प्राप्त होता है। कोई उसे दावतों और भोग-विलास में खोजता है। कोई चुनावों और समर्थकों की भीड़ में। कोई अपनी प्रेमिका में और कोई ऐसे निरर्थक विद्या-प्रदर्शन तथा साहित्य-अध्ययन में, जो मन की वास्तविक व्याधि का उपचार नहीं कर सकते। ये सभी लोग आकर्षक प्रतीत होने वाले, परंतु क्षणिक प्रलोभनों से धोखा खा जाते हैं। यह ठीक मद्यपान के समान है, जो एक घंटे के उन्मत्त उल्लास का मूल्य लंबे समय तक रहने वाले सिरदर्द और पीड़ा से वसूल करता है। या फिर बड़ी भीड़ की तालियों और जय-जयकार के समान है, जिसे प्राप्त करने और बनाए रखने के लिए भारी चिंता और व्याकुलता का मूल्य चुकाना पड़ता है।

    अतः इस बात पर गंभीरता से विचार करो कि बुद्धिमत्ता का फल स्थिर और अडिग आनंद है। बुद्धिमान का मन चंद्रलोक के ऊपर स्थित आकाश के समान होता है— सदैव निर्मल, शांत और अविचल। इसलिए यदि बुद्धिमत्ता के साथ सदा आनंद जुड़ा रहता है तो तुम्हारे पास उसे पाने की प्रबल इच्छा रखने का पर्याप्त कारण है। किंतु यह आनंद केवल एक ही स्रोत से उत्पन्न होता है— अपने सद्गुणों के प्रति सजग और आश्वस्त चेतना से। जो व्यक्ति साहसी नहीं है, जो न्यायप्रिय नहीं है और जो संयमी नहीं है, वह सच्चे आनंद का अनुभव करने में सक्षम नहीं हो सकता।

    तुम पूछते हो, “क्या कहना चाहते हो? क्या मूर्ख लोग भी आनंदित नहीं होते?” होते तो हैं, पर उनका आनंद उतना ही वास्तविक होता है जितना शिकार पकड़ लेने पर सिंह का। जब लोग मदिरा और वासना में स्वयं को पूरी तरह थका डालते हैं, जब उनके दुर्गुण रात समाप्त होने पर भी उनका साथ नहीं छोड़ते और जब शरीर की स्वाभाविक सीमा से अधिक भोगे गए सुख सड़ने लगते हैं और पीड़ा का कारण बन जाते हैं, तब वे दुःख में डूबकर वर्जिल की वह प्रसिद्ध पंक्ति दोहराते हैं —

“तुम जानते हो कि हमने वह अंतिम रात छलपूर्ण सुखों के बीच कैसे बिताई थी।”

    वास्तव में, भोग-विलास में डूबे लोग तो मानो हर रात ऐसे ही छलपूर्ण सुखों के बीच बिताते हैं, जैसे वह सचमुच उनकी अंतिम रात हो।

     परंतु जो आनंद देवताओं को प्राप्त है और उन लोगों को भी, जो देवताओं के समान जीवन जीने का प्रयास करते हैं, उसमें न कोई विराम होता है और न ही उसका कोई अंत। यदि उसका स्रोत बाहर की किसी वस्तु में होता तो उसका अंत भी संभव होता। किंतु उसका स्रोत किसी दूसरे के हाथ में नहीं है। इसलिए न कोई दूसरा उसे दे सकता है और न ही उससे छीन सकता है। जिसे भाग्य ने दिया ही नहीं, उसे भाग्य छीन भी नहीं सकता।


विदा 

Saturday, 1 April 2017

मृत्यु (कहानी)


लोटी गारिनों द्वारा चित्रित 

अपने कपड़ों में लगे रक्त की गंध से वह भागने का प्रयास कर रहे थे। इसी प्रयत्न में वे बहुत देर से चले जा रहे थे। उन्हें स्वयं भी नहीं पता था कि उनके पग किस डगर और पथ पर हैं। जहां मस्तिष्क कहता वे वहीं पग बढ़ा देते।
    वातावरण में तेज़ धूप थी और गरम लू सौगात के रूप में हर जगह फैली हुई थी। गर्मी अपने चरम पर थी। सूर्य मानों कुपित होकर आग उगल रहे थे। आसपास की सुखी हुई और बेजान घास एक चिंगारी की प्रतीक्षा में बैठी हुई थी। आकाश का सूनापन अपने में विशाल हो चला था। दृष्टि आसमान की ओर देख नहीं सकती थी। और तो और कहीं भी बादल का एक छींटा तक नहीं था।
खगों का भी न तो अता था और न ही पता। कदापि किन्हीं तरूओं की शीतल छाया में किन्हीं ओट में वे अपने जीवन की इस भीषण गर्मी से रक्षा कर रहे थे।
    कुछ क्षणों के लिए उन्होंने इस माहौल में अपने दायें हाथ की ओट माथे पर बनाई और चारों ओर देखा। निर्जल और निर्जन भूमि दूर प्रदेश तक फैली हुई थी। वे भली प्रकार से परिचित थे कि ये युद्ध का परिणाम है। इसी के चलते आवरण में इस प्रकार की स्थिति बन पड़ी है। पर वे तो घर की ओर लौट रहे हैं। वे इन सब के बारे में पुनः नहीं सोचना चाहते। उनके ईश्वर मन ने कहा, “ये आप किस प्रकार के स्मृति चित्र में उलझ गए? ये आपका कार्य नहीं। आप ईश्वर हैं। अतः ईश्वर के समान ही व्यवहार करें।”
    मानव मन कुछ न बोल सका। वे क्षत विक्षत था। युद्ध के कारण उसकी मानवता पर गहरा आघात पहुंचा था। वह विषाद की खाई के गुप्प अंधेरे में घुट रहा था।
पर इतना तय था कि ये ‘अवतार’ मन की अकुलाहट के कारण अस्थिर था। वह सूर्य को आदेश देना चाहते थे कि अपना सूर्यताप कम करे ताकि सभी को आराम मिले। पर न जाने क्या सोचकर आदेश नहीं दिया। तीन चार लंबी लंबी सांसें लेने के पश्चात आगे बढ़ गए।
उनकी पीली और चमकदार पवित्र धोती पर रक्त के धब्बे अब तक सूर्य ताप के कारण सुखकर काले बन गए थे और एक तीव्र गंध लेकर उनके साथ-साथ चल रहे थे। बहुमूल्य आभूषण और मोतियों की मालायें उनको अब सहन नहीं हो रही थीं। माथे के ऊपर रखा स्वर्ण मुकुट जिसमें कि मोहक मोर पंख लगा था, वह भी कदापि युद्ध भूमि में कहीं गिर चुका था। इस बात की उनको खबर भी नहीं थी।
    नमकीन बहते स्वेद से उनकी श्याम वर्ण पर चमकीली देह छिल गई थी। उनके चलने पर हिलते डुलते आभूषण त्वचा की छिलन पर भयंकर पीड़ा छोड़ रहे थे। थोड़ी देर बाद वे उकता गए और मालाओं को तीव्रता से खींच कर नीचे फेंक दिया। जहां-जहां वे मालाएँ गिरीं तहां तहां हरी घास उग आई और जहां मुकुट गिरा वहाँ हरा भरा किसी प्रकार का पेड़ यकायक उग आया। विचित्र बात थी कि ईश्वर के इस अवतार ने अपनी दिव्यता के प्रमाण को धीरे धीरे अपने से अलग कर दिया था। कदापि वे अवतार की वेषभूषा से अलग होना चाह रहे थे। यह चमत्कार था। पर दिव्यता अलग की जा रही थी।  
    पर उद्विग्न मन ने उन्हें पस्त कर दिया था। थोड़ी देर जब उन्होंने कानों को टिका कर रखा तो एक संवाद की भिनभिनाहट सुनाई पड़ी। कानों को दायें और बाएँ घुमाया। पर उन्हें आवाज़ का पता नहीं चला। ध्यान लगाया। नेत्रों को बंद किया तो पता चला कि उनके अंतर में ही संवाद गूंज रहे थे।
मनुष्य मन और दिव्य मन के मध्य। देव मन ने कहा, “आप ऐसा बिलकुल नहीं कर सकते। लोग क्या कहेंगे कि उनके ईश्वर को क्या हो गया है! आप ईश्वर हैं। सर्वशक्तिमान। सर्वज्ञ। सर्वव्यापी। समस्त सृष्टि के पालनकर्ता होने के पश्चात भी आप इस व्यवहार में जकड़ गए हैं। अपनी बनाई सृष्टि की चिंता करना ठीक नहीं। मत सोचिए कुछ भी। युद्ध तो होना निश्चित था ही। याद रखिये, आप एक ईश्वर हैं। लोगों की कामना पूरी करने वाले। एक देवता अवतार।”
    मनुष्य मन के नेत्र अधखुले थे। वह देव मन की बातों को सुनकर कुछ न बोल सका। क्या कहता? ईश्वर मन तो महान होता है। उसे कौन काट सकता है! पर इतना निश्चित था कि जो भीषण युद्ध अभी कुछ समय पहले हुआ उसके विषाद के दल दल में वे धँसे चले जा रहे थे।
इस क्षण के बाद उन्होंने पग फिर आगे बढ़ा दिये। इस बार उनकी चेष्टा में बहुत ऊर्जा थी। युद्ध के शस्त्रों के प्रयोग का परिणाम मानव और पृथ्वी पर समान रूप से पड़ा था। पृथ्वी ने मानों अपने पिता के मरने पर मुंडन करवा लिया है। इस मुंडन में उसने अपने समस्त संसाधनों को खो दिया। कुछ भी नहीं बचा उसके पास। उसके नेत्र भी सुख गए थे।
    बहुत देर से चलने के कारण उन्हें सिर चकराने और मितली की स्थिति को देखना पड़ा। आँखें चौंधियाँ गईं। दो पल अनुभव हुआ कि वे गिर जाएंगे।
...और ऐसा हुआ भी।
    देवता भूमि पर गिरे या वह मनुष्य। ये पता नहीं चला। पर उनमें से कोई एक गिर गया था। निर्जीव और मूर्छित होकर।
    अब तक अंधेरा होना आरंभ हो गया था। समय की बेल जब आगे बढ़ी तब सांझ के मुस्काते अंधेरे तले दोनों में से किसी एक को होश आया। नेत्र खोल कर देखा तो उन्होंने अपने आप को हरी हरी पत्तियों से लदे एक वृक्ष के नीचे पाया।
    थोड़ा कमर पर बल लगाकर धड़ को उठाया और पीछे पड़े काले पत्थर पर टेक लगा ली। सिर को हौले हौले इधर से उधर घुमाया। कुछ न देख, सुन, सूंघ और अनुभव कर पाने पर नेत्रों को बंद कर लिया।
    इस अंतराल को बीतते हुए देरी न लगी और उषा ने दिन के द्वार पर दस्तक दे दी।
आँखें खुली तो उनकी थकान हल्की कम हो गई थी। पल को सोचा कि दाऊ भईया को ये संदेश भेज दूँ कि मैं तनिक भी उचित अनुभव नहीं कर रहा। कोई रथ भिजवा दें तो मैं द्वारका आ जाऊँ। पर इस बीहड़ स्थान से कैसे और किससे संदेश भिजवाया जाये, जैसे ही वे इतना सोचने बैठे ही थे कि सिर फिर चकरा उठा। कई तीव्र और भयानक प्रहार उनके मस्तिष्क पर होने लगे। वो तड़प उठे। चक्करों के साथ उनको उल्टी भी होने लगी।
    उन्हें इस क्षण यशोदा मैया की स्मृतियों ने घेर लिया। जब वे बाल रूप में थे तभी से लोगों ने उन्हें भगवान कहना शुरू कर दिया था। वो कहाँ कहलाना चाहते थे। मैया उन्हें कतई ईश्वर नहीं मानती थीं। वे तो केवल उन्हें अपना कन्हैया मानती थीं। किसी भी प्रकार विकट समय में घंटों उनके पास बैठी रहती थीं। माँ अपने बच्चों को कभी भी अकेला नहीं रहने देती। दुख या विपत्ति के समय में तो सबसे पहले आगे खड़ी रहती है। यदि आज यहाँ यशोदा मैया होती तो नजाने उनकी कन्हैया को देख कर क्या दशा होती।
    उन्होंने स्वयं अपने को किसी प्रकार संभाला और ये निर्णय किया कि वे मैया के पास जरूर जाएंगे। वहीं उनका आराम है। वहीं उनका चैन है। वे द्वारकाधीश नहीं बनेंगे। वापस नंदगांव जाएंगे।
इसी सोच में कुछ क्षणों के लिए उन्होंने अपने सृष्टि नयनों को बंद किया। इस मन की चंचलता में वे फंस गए थे। फिर सोचने लगे कि यहाँ उनको कौन लाया या वो किस प्रकार यहाँ आ पहुंचे? क्योंकि वे तो मूर्छित हो गए थे। इधर उधर आवाज़ें सुनने का प्रयास किया। किन्तु महीन आवाज़ों में भी किसी मनुष्य और जन्तु की उन्हें बू तक न मिली।
    उन्हें हल्की हवा में बहुत आराम मिल रहा था। निकट ही बहते हुए झरने की ध्वनि को अभी तक उनके चंचल मन ने सुनने नहीं दिया था। वे हर्षित हो कर अपनी जग मुस्कान फैलाने लगे। अपने दर्द को सहते हुए उठे और झरने की ओर चल दिये।
    हाथों की कटोरी से उन्होंने कई बार अपने मुख को धोया। उन्हें इस अवस्था में देखकर कौन कहेगा कि ये महान अवतार हैं। वे बिलकुल मनुष्य बन बैठे थे। वे सोच रहे थे। वे भटक गए थे। वे स्मृति मोह में फंस गए थे। लाखों लोगों की मृत्यु को अपने कंधे पर लेकर चल रहे थे। आत्मग्लानि से पूर्ण थे। वे गीता उपदेशक नहीं थे। वे तो मनुष्य थे।
    हाथों की अंजुली से ही उन्होंने जलपान किया। उनका मन शांत हुआ। गीले हाथों से ही सिर को कई बार धोया। स्वेद से छलनी हो चुकी त्वचा पर शीतल जल डालने पर संतुष्टि मिली। नजाने इन दोनों में से किसको आराम मिल रहा था। ईश्वर को या मनुष्य को। ईश्वर तो इन सब से ऊपर है।
ईश्वर, वह क्या है, कैसा है, किस स्वाद का है, उसकी भूख क्या है, उसकी जिह्वा क्या है,.. कोई नहीं जानता। किसने उसकी रचना की अथवा उसने अपनी रचना कैसे की ये भी कहानियों में तो लिखा है पर उन कहानियों में कितनी कल्पना है और कितना यर्थाथ है, किसे पता?
    पर यहाँ इस व्यक्ति पर भगवान के अवतार होने का आरोप है। उसे तो लोग ईश्वर ही मानते हैं। इनके कई नाम हैं। ये ज्ञान की राशि है। पर उनके इस अवतार में एक मनुष्य भी बसता है। शायद इसलिए वह इस दशा में यहाँ उपस्थित हैं। शरीर के कष्ट एक यर्थाथ के समान हैं। उसका दर्द मन का बहका देता है।
    जल की शीतलता का प्रभाव इस गर्मी में अधिक समय नहीं रह सका। ताप की तीव्रता से वे फिर मूर्छित दशा की तरफ जाने लगे। उन्हें अपने सिर में कई चलचित्र चलते हुए दिखाई देने लगे। चित्र में रक्त रंजीत शव दिखे। वह भय युक्त हो गए। इतने अधिक शव। किसी का धड़ है तो मुंडी नहीं, किसी का हस्त नहीं है, किसी का पैर नहीं। हृदय भेदी क्रंदन मानो ध्वनियों का गुच्छा बनाकर उनसे टकरा रहा था।  इस प्रकार के चित्र से वे भागने लगे। उन सब में एक समानता थी कि वे सब एक मामूली मानव थे। इनका युद्ध में संहार हुआ था।
    अब वे संभलकर उन चित्रों को ध्यानपूर्वक देखने लगे। सदैव आभामंडित रहने वाला मुख इन चित्रों को देखने के कारण स्वेदयुक्त हो चला। हर शव को यह पीतवस्त्रधारी व्यक्ति सूक्ष्म दृष्टि से देखने लगा। कौन पांडव सैनिक हैं और कौन कौरव सैनिक हैं इसका बिलकुल पता नहीं चला। उनका धर्म वध हुआ था अथवा उनकी अधर्म हत्या की गई थी, इस प्रश्न ने उनके आगे आकर अंधेरा आच्छादित कर दिया।
    ये तो निर्जीव शव थे। फिर भी इन चित्रों में वे शव उनसे उठ कर सवाल कर रहे थे।
ये शव व्यर्थ में भगवान के मस्तिष्क को अपने प्रहार से घायल कर रहे थे। उसी चित्र में एक भुने हुए गेंहू के रंग का व्यक्ति अपने दायें हाथ में एक कटा हुआ लहूलुहान शीश लेकर उनके आगे आकर खड़ा हो गया। उसने सफ़ेद मैली धोती पहनी थी। रक्त के कुछ धब्बे उसकी धोती पर पड़ गए थे। वे गर्मी से तो व्याकुल नहीं था पर उस शीश को देखकर अपने अश्रुओं को बहा रहा था।
शीश उनके पास लाते हुए बोला, “आप ही माधव हैं?”
    उनके उत्तर से पूर्व वह पुनः शीश की ओर देखते हुए बोला, “हाँ। मुझे विदित है कि आप ही माधव हैं। आपके कभी दर्शन नहीं हुए। पर आपकी इतनी ख्याति है कि आपको कौन नहीं पहचान लेगा। आज आप से मिलने का अवसर मिला है। इससे पूर्व आपके कभी दर्शन नहीं हुए थे। पर आज मुझे आपके दर्शन का दिव्य अवसर मिल गया।”
    वे अभी तक उसे सुन रहे थे। सुनकर बोले, “मैं माधव नहीं हूँ। देखो! मेरी दशा। मैं तो तुम्हारे समान ही एक साधारण मानुष हूँ।”
    व्यक्ति सिर हिलाते हुए बोला, “नहीं कृष्ण, ऐसे न कहिए। आप मोरपंख मुकुट धारी हो। आप पीताम्बर हो। सुदर्शनधारी हो। देखिये मेरे हस्त में ये जो शीश है, ये मेरा छोटा भाई था। इसकी पांडव कौरव युद्ध में मृत्यु हो गई। ये अधर्मी नहीं था। ये तो केवल अपने राजा की आज्ञा का पालन कर रहा था। न करता तो कहाँ जाता। आपकी सेना में शामिल नहीं किया गया। इस छोटे से सैनिक को धर्मराज युधिष्ठिर से मिलने ही नहीं दिया गया। अब इसके परिवार को देखने वाला कोई नहीं। इसे जीवित कर दीजिये प्रभु। जीवित कर दीजिये।”
    वे बोले, “मैं कैसे जीवित कर सकता हूँ? और वैसे भी ये विधि का विधान है कि जो जीवित है वह तो मरेगा ही। यही सृष्टि का नियम है।”
    वह व्यक्ति बिलख पड़ा। बोला, “क्या मेरा भाई अभिमन्यु और उत्तरा के गर्भ पुत्र परीक्षित से भिन्न है? उसे भी तो आपने जीवित किया था। वह जीवित हुआ, तो मेरा भाई भी क्यों नहीं हो सकता? दया कीजिये प्रभु।” वह ऐसा कह अपने घुटनों के बल गिर कर बैठ गया।
वे चुप हो गए।
    माधव ने अपनी आंखे बंद कर ली।... फिर लंबी सांसें और कुछ भी नहीं।
पर...वे चिल्ला उठे। चलते हुए चलचित्र तुरंत अदृश्य हो गए। उनके पैर के तले पर एक विषैला बाण लगा। वे बिलख गए।
    इस बाण के चालक ने जब उनके सम्मुख आकर देखा तब वह द्रवित हो उनके चरणों में गिर पड़ा।
    अपने इस कृत्य की क्षमा मांगते हुए बोला, “मुझे क्षमा कीजिये प्रभु। अपनी त्रुटिवश आप पर बाण चला बैठा।”
    वे व्यथित पीढ़ा से कहराते हुए बिना देखे ही बोले, “क्षमा मत मांगो। तुमने तो मेरा उद्धार किया है। मुझे जीवन से मुक्ति दिला दी। मैं अपने मनुष्य अंतर मन में चल रहे विचित्र संवादों से त्रस्त था। प्रश्नों का उत्तर भी नहीं दे पा रहा था। जीवन के कृत्यों के फलों को भुगत रहा था। मैं भी एक साधारण व्यक्ति था। मेरी भी एक माँ थी, एक प्रेमिका, सखा थे, भाई थे। मैं द्रवित हूँ। मनुष्य योनि में हूँ। पश्चाताप में हूँ। मैं वैसा ही था जैसे सब थे।...
    परंतु लोगों ने भगवान बना दिया। और यहाँ तक पहुंचा दिया।” इतना कहने के बाद वे हल्का मुस्कुराए और अपने प्राण त्याग दिये।    
    इतने में सोये हुए मुरली पर किसी के नरम हाथों का स्पर्श पड़ा तो वह जाग उठा। बोला, “माँ आप!
    कितना बजा है?”
    माँ ने चादर संभालते हुए कहा, “9... फिर वही सपना देख रहा था?”

    मुरली ने हाँ में सिर हिलाया। और छत की तरफ़ देखकर उठ कर चला गया। माँ उसे जाते हुए उसके सपने के बारे में सोचने लगी।  

खलील जिब्रान (Khalil Gibran) की प्रसिद्ध पुस्तक द प्रोफेट (The Prophet) का हिंदी अनुवाद (संपूर्ण पुस्तक)

  द प्रोफेट जहाज़ का आगमन   अलमुस्तफ़ा, चुना हुआ और प्रिय, जो अपने ही युग के लिए प्रभात के समान था , बारह वर्षों से   नगर में उस जहाज़...