Showing posts with label Virtues. Show all posts
Showing posts with label Virtues. Show all posts

Tuesday, 4 August 2026

बुद्धिमान व्यक्तियों के व्यवहार के बारे में -- पत्र - 107 (एक स्टोइक के पत्र/सेनेका के पत्रों का हिन्दी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


तुम यह जानना चाहते हो कि क्या एक बुद्धिमान व्यक्ति दूसरे बुद्धिमान व्यक्ति की सहायता कर सकता है। हम कहते हैं कि बुद्धिमान वह है जो समस्त सद्गुणों से परिपूर्ण है और जिसने परम श्रेष्ठता के शिखर को प्राप्त कर लिया है। तब प्रश्न उठता है जो व्यक्ति पहले ही परम कल्याण को प्राप्त कर चुका है, उसकी सहायता करना कैसे संभव है?



    सज्जन व्यक्ति एक-दूसरे के लिए सहायक होते हैं क्योंकि उनमें से प्रत्येक दूसरे के सद्गुणों का अभ्यास कराता है और उसकी प्रज्ञा को उसके अनुरूप स्थिति में बनाए रखता है। प्रत्येक बुद्धिमान व्यक्ति को किसी ऐसे साथी की आवश्यकता होती है जिसके साथ वह विचारों की तुलना कर सके और उनकी गहराई से जाँच-पड़ताल कर सके। जैसे कुशल पहलवानों का प्रशिक्षण अभ्यास से होता है। संगीतज्ञ अपने समान दक्ष संगीतज्ञों की संगति से प्रेरित होते हैं, उसी प्रकार बुद्धिमान व्यक्ति को भी अपने सद्गुणों को सक्रिय बनाए रखने की आवश्यकता होती है। जिस प्रकार वह स्वयं अपने सद्गुणों को सक्रिय रखता है, उसी प्रकार दूसरा बुद्धिमान व्यक्ति भी उन्हें सक्रिय बनाए रखने में उसकी सहायता करता है। अब प्रश्न यह है कि एक बुद्धिमान दूसरे की सहायता कैसे करेगा? वह उसे प्रेरित करेगा और सम्माननीय (सदाचारपूर्ण) कर्मों के अवसरों की ओर उसका ध्यान आकर्षित करेगा। इसके अतिरिक्त, बुद्धिमान व्यक्ति अपने कुछ विचारों को व्यक्त करेगा और दूसरे को अपनी खोजों से सीखने का अवसर देगा क्योंकि स्वयं उसके लिए भी सदैव कुछ-न-कुछ नया खोजने और अपने चिंतन का विस्तार करने की संभावना बनी रहती है। 

    दुष्ट व्यक्ति दूसरे दुष्ट व्यक्ति को हानि पहुँचाता है और उसके क्रोध को भड़काकर, उसके विषाद का समर्थन करके तथा उसकी इन्द्रिय-भोग की प्रवृत्तियों की प्रशंसा करके उसे और भी अधिक दुष्ट बना देता है। जब दुष्ट लोग अपनी-अपनी बुराइयों को एक साथ जोड़ देते हैं, तब वे अपनी सबसे निकृष्ट अवस्था में पहुँच जाते हैं और अनेक अपराध मिलकर एक बड़े दुष्कर्म का रूप ले लेते हैं। इसके विपरीत, एक सज्जन व्यक्ति दूसरे सज्जन व्यक्ति की सहायता करता है। 

   "पर कैसे?" तुम पूछते हो। वह उसे प्रसन्नता प्रदान करेगा और उसके आत्मविश्वास को दृढ़ करेगा। उनकी पारस्परिक शान्ति को देखकर दोनों का आनन्द और भी बढ़ेगा। इसके अतिरिक्त, वे एक-दूसरे को कुछ विषयों का ज्ञान भी देंगे क्योंकि बुद्धिमान व्यक्ति भी सब कुछ नहीं जानता। यदि वह सब कुछ जानता भी हो, तब भी कोई दूसरा व्यक्ति किसी तथ्य तक पहुँचने का अधिक संक्षिप्त मार्ग खोज सकता है और उसे बता सकता है, जिससे सम्पूर्ण विषय को समझना अधिक सरल हो जाए। एक बुद्धिमान व्यक्ति दूसरे बुद्धिमान की सहायता केवल अपनी शक्ति से ही नहीं करेगा। यह तो स्वाभाविक है, बल्कि उस व्यक्ति की अपनी शक्ति का भी उपयोग करेगा जिसकी वह सहायता कर रहा है। निस्सन्देह, दूसरा व्यक्ति अकेला छोड़ दिए जाने पर भी अपनी क्षमताओं का पूर्ण विकास कर सकता है जैसे, धावक की गति उसकी अपनी होती है। फिर भी, उत्साहवर्धन मिलने पर उसे सहायता अवश्य मिलती है। 

    "वास्तव में एक बुद्धिमान दूसरे की सहायता नहीं करता। प्रत्येक अपनी ही सहायता करता है। यदि तुम इसे समझना चाहते हो तो उनमें से किसी एक की विशिष्ट क्षमता को हटा दो। तब दूसरे के पास सक्रिय करने के लिए कुछ भी नहीं बचेगा।" यदि तुम इस प्रकार तर्क करते हो तो तुम्हें यह भी कहना पड़ेगा कि मधु में कोई मिठास नहीं होती। सोचो, कोई व्यक्ति मधु खाने की इच्छा करता है। वह उसके स्वाद से इसलिए आकर्षित होता है क्योंकि उसकी जिह्वा और तालु उस स्वाद के अनुरूप हैं। पर यदि वे उस अवस्था में न हों तो वही मधु उसे अप्रिय लगेगा। वास्तव में, कुछ लोग रोग के कारण मधु को भी कड़वा अनुभव करते हैं। इसी प्रकार, दोनों बुद्धिमानों का समुचित अवस्था में होना आवश्यक है, एक इस योग्य हो कि सहायता कर सके और दूसरा इस योग्य कि सहायता ग्रहण कर सके। 

    "परन्तु जिस वस्तु में पहले से ही अत्यधिक ऊष्मा हो, उसे और गरम करना व्यर्थ है, उसी प्रकार जो व्यक्ति परम कल्याण को प्राप्त कर चुका है, उसकी सहायता करना भी निरर्थक है। क्या एक ऐसा किसान, जिसके पास खेती के सभी उपकरण पहले से उपलब्ध हैं, किसी दूसरे से उपकरण माँगता है? क्या अग्रिम पंक्ति के लिए पर्याप्त रूप से शस्त्र-सज्जित सैनिक को और हथियारों की आवश्यकता होती है? उसी प्रकार बुद्धिमान व्यक्ति को किसी वस्तु की आवश्यकता नहीं होती। वह जीवन के लिए पर्याप्त रूप से सुसज्जित और सशस्त्र है।" इन आपत्तियों का मेरा उत्तर यह है: जिस वस्तु में अत्यधिक ऊष्मा हो, उसे भी उस तापमान को बनाए रखने के लिए ऊष्मा की निरन्तर आपूर्ति की आवश्यकता होती है। 

     "किन्तु ऊष्मा तो अपने स्वभाव से ही उष्ण होती है।" सबसे पहले, तुम ऐसी वस्तुओं की तुलना कर रहे हो जो एक-दूसरे से अत्यन्त भिन्न हैं। ऊष्मा एक ही प्रकार की वस्तु है जबकि सहायता अनेक प्रकार की हो सकती है। दूसरे, ऊष्मा को उष्ण बने रहने के लिए किसी अतिरिक्त ऊष्मा की आवश्यकता नहीं होती। परन्तु बुद्धिमान व्यक्ति अपने मन की उचित अवस्था को बनाए नहीं रख सकता, जब तक कि वह अपने समान बुद्धिमान व्यक्तियों को अपना मित्र न बनाए ताकि वह उनके साथ अपने सद्गुणों को साझा कर सके। इसके अतिरिक्त, यह भी ध्यान रखना चाहिए कि सभी सद्गुणों के बीच परस्पर मैत्री होती है। इसलिए एक बुद्धिमान व्यक्ति दूसरे बुद्धिमान की सहायता इस प्रकार करता है कि वह अपने समान व्यक्ति के सद्गुणों से प्रेम करता है और बदले में अपने सद्गुणों को भी उसके प्रेम के योग्य बनाता है। समान गुण वाली वस्तुएँ परस्पर आनन्द प्रदान करती हैं, विशेषकर जब वे सम्माननीय (सदाचारपूर्ण) हों और उन्हें ग्रहण करने वाले लोग एक-दूसरे की श्रेष्ठता का पारस्परिक सम्मान और अनुमोदन करना जानते हों। 

    फिर, बुद्धिमान व्यक्ति की बुद्धि को पूर्ण दक्षता के साथ केवल दूसरा बुद्धिमान व्यक्ति ही सक्रिय कर सकता है, ठीक वैसे ही जैसे केवल एक मनुष्य ही दूसरे मनुष्य की बुद्धि को विवेकपूर्ण ढंग से सक्रिय कर सकता है। अतः जैसे बुद्धि को प्रेरित करने के लिए बुद्धि की आवश्यकता होती है, वैसे ही पूर्ण बुद्धि को सक्रिय करने के लिए पूर्ण बुद्धि की ही आवश्यकता होती है।

     'सहायता' शब्द का प्रयोग उस स्थिति में भी किया जाता है जब लोग हमें मध्यम श्रेणी की वस्तुएँ उपलब्ध कराते हैं जैसे, धन-संपत्ति, प्रभाव, सुरक्षा तथा जीवन में उपयोगी या वांछनीय अन्य साधन। इन बातों के सम्बन्ध में बुद्धिमान व्यक्ति को मूर्ख से भी सहायता मिल सकती है। किन्तु वास्तविक सहायता वह है जो किसी व्यक्ति के मन को प्रकृति के अनुरूप सक्रिय करे। ऐसी सहायता जो सहायता करने वाले के अपने सद्गुण तथा उस व्यक्ति के सद्गुण, जिसकी सहायता की जा रही है, दोनों के माध्यम से सम्पन्न हो। ऐसा कभी नहीं हो सकता कि इससे सहायता करने वाले को भी लाभ न पहुँचे क्योंकि जब कोई दूसरे के सद्गुण को सक्रिय करता है, तब वह अनिवार्य रूप से अपने ही सद्गुण को भी सक्रिय करता है। 

    परन्तु यदि तुम परम कल्याण और उसे उत्पन्न करने वाली वस्तुओं को भी एक ओर रख दो, तब भी बुद्धिमान व्यक्ति एक-दूसरे की सहायता कर सकते हैं। क्योंकि एक बुद्धिमान के लिए दूसरे बुद्धिमान को प्राप्त करना स्वयं में ही चयन के योग्य है। प्रत्येक सद्गुणी व्यक्ति स्वभावतः प्रत्येक अन्य सद्गुणी व्यक्ति को प्रिय होता है। इसलिए उनमें से प्रत्येक एक सद्गुणी व्यक्ति से उतना ही स्नेह रखता है जितना स्वयं अपने प्रति। अपने इस कथन को सिद्ध करने के लिए मुझे इस विषय को छोड़कर एक दूसरे प्रश्न पर आना होगा। क्या बुद्धिमान व्यक्ति केवल अपने ही विचार से निर्णय करेगा या वह किसी दूसरे से भी परामर्श लेगा? सामान्य सार्वजनिक और निजी कार्यों में अर्थात जिसे हम मानवीय जीवन की सामान्य परिस्थितियाँ कह सकते हैं, उसे दूसरे का परामर्श लेना ही पड़ता है। इन विषयों में उसे अन्य लोगों की सलाह की आवश्यकता होती है, ठीक वैसे ही जैसे डॉक्टर, नाविक, विधिवेत्ता और न्यायाधीश को भी कभी-कभी दूसरों की सलाह लेनी पड़ती है। इसलिए एक बुद्धिमान व्यक्ति दूसरे बुद्धिमान की सहायता उसे उचित कार्य-पद्धति का सुझाव देकर करता है। जैसा कि मैंने कहा है, उच्च तथा गंभीर विषयों में भी वह सम्माननीय (सदाचारपूर्ण) बातों पर अपने विचार साझा करके तथा अपने चिंतन और मनन का योगदान देकर उपयोगी सिद्ध होता है। इतना ही नहीं, प्रकृति के अनुरूप तो यह भी है कि मनुष्य अपने मित्रों को अपनाए और उनकी उन्नति में उतना ही आनन्द अनुभव करे जितना अपनी स्वयं की उन्नति में करता है। वास्तव में, यदि हम ऐसा नहीं करेंगे तो सद्गुण हमारे भीतर अधिक समय तक टिक नहीं सकेगा क्योंकि सद्गुण हमारे भावों और सद्भावनाओं के सक्रिय अभ्यास से ही पुष्ट और विकसित होता है।

    प्रत्येक सद्गुण हमें यह आदेश देता है कि हम अपनी वर्तमान परिस्थितियों का सर्वोत्तम उपयोग करें। भविष्य के बारे में विचार करें। सोच-विचार करके निर्णय लें और अपने मन को एकाग्र रखें। एकाग्रता और कार्यकुशलता किसी सहायक साथी के होने से और अधिक सुदृढ़ हो जाती है। इसी कारण सद्गुणी व्यक्ति ऐसे मनुष्य की खोज करेगा जो या तो पहले से ही पूर्ण बुद्धिमान हो अथवा पूर्णता के अत्यन्त निकट पहुँच चुका हो। ऐसे पूर्ण व्यक्ति से उसे जो सहायता प्राप्त होगी, वह यह है कि उसकी योजनाएँ उस साझा प्रज्ञा के द्वारा अधिक समर्थ बन जाएँगी जो दोनों में समान रूप से विद्यमान है। कहा जाता है कि लोग दूसरों के मामलों में अपनी अपेक्षा अधिक सूझ-बूझ रखते हैं। यह बात उन लोगों पर लागू होती है जो आत्म-प्रेम के कारण अंधे हो जाते हैं या संकट के समय भय से इतने व्याकुल हो उठते हैं कि अपना ही हित नहीं देख पाते। जब मनुष्य चिंता से मुक्त और भय से परे हो जाता है, तभी वह वास्तव में बुद्धिमान बनता है। फिर भी कुछ बातें ऐसी होती हैं जिन्हें बुद्धिमान व्यक्ति भी अपने मामलों की अपेक्षा दूसरों के मामलों में अधिक स्पष्टता से देख पाता है। इसके अतिरिक्त, वे एक-दूसरे को वह अत्यन्त मधुर और सम्माननीय उपहार भी देते हैं—“एक जैसी इच्छाएँ और एक जैसे द्वेष।” साथ मिलकर कार्य करने पर वे उत्कृष्ट परिणाम उत्पन्न करते हैं। 

    मैंने तुम्हारी इस जिज्ञासा का समाधान कर दिया है। हालाँकि इसका उचित स्थान उन विषयों में था जिनकी चर्चा मैं अपने नीतिशास्त्र संबंधी ग्रंथों में कर रहा हूँ। जैसा कि मैं तुम्हें बार-बार बताता हूँ। यह समझो कि ऐसे प्रश्नों के माध्यम से हम केवल अपनी बुद्धि का अभ्यास कर रहे हैं। किन्तु मेरा मन बार-बार यही सोचता है। इस विषय से मुझे क्या लाभ होगा? यह मुझे अधिक साहसी, अधिक न्यायप्रिय और अधिक संयमी कैसे बनाएगा? मैं अभी कर्म के लिए तैयार नहीं हूँ। मुझे अभी भी वैद्य की आवश्यकता है। तुम मुझसे ऐसे ज्ञान की माँग क्यों करते हो जिसका कोई वास्तविक उपयोग नहीं है? तुमने मुझसे बड़े-बड़े वचन दिए थे। लेकिन जो परिणाम मुझे दिखाई देते हैं, वे अत्यन्त अल्प हैं। तुमने कहा था कि यदि चारों ओर तलवारें चमक रही हों, यदि तलवार की धार मेरे गले पर रख दी जाए, तब भी मैं निर्भय रहूँगा। तुमने कहा था कि यदि चारों ओर अग्नि धधक रही हो या यदि अचानक उठी हुई प्रचण्ड आँधी मेरी नाव को समुद्र में इधर-उधर उछाल रही हो, तब भी मैं सुरक्षित रहूँगा। इसलिए मुझे ऐसी साधना सिखाओ जिससे मैं सुख-भोग और यश, दोनों का तिरस्कार कर सकूँ। उसके बाद तुम मुझे जटिल प्रश्नों का समाधान करना, दुरूह बातों को स्पष्ट करना और गूढ़ विषयों का भेदन करना सिखाना। अभी तो मुझे वही सिखाओ जो अनिवार्य है।


अभी के लिए विदा 

Thursday, 16 July 2026

सद्गगुणों के संदर्भ में - पत्र - 66 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


कई वर्षों के अंतराल के बाद आज मेरी मुलाकात क्लैरानस (Claranus) से हुई। वह मेरा सहपाठी रहा है। जैसा कि तुमने अब तक समझ ही लिया होगा, अब वह वृद्ध हो चुका है। लेकिन उसकी आत्मा आज भी युवा और उत्साह से भरी हुई है जबकि वह अपने दुर्बल और तुच्छ शरीर के साथ निरंतर संघर्ष कर रहा है। प्रकृति ने उसके जैसे महान मन को इतना कमजोर शरीर देकर मानो उसके साथ न्याय नहीं किया। या शायद प्रकृति का उद्देश्य ही यह दिखाना था कि बाहरी रूप चाहे जैसा भी हो, उसके भीतर अत्यंत साहसी और श्रेष्ठ आत्मा निवास कर सकती है। फिर भी उसने हर बाधा पर विजय प्राप्त कर ली है। अपने शरीर की चिंता न करके उसने यह सीख लिया है कि दूसरों की राय या उनके निर्णयों की भी चिंता नहीं करनी चाहिए। मुझे लगता है कि कवि ने यह कहकर भूल की थी, 'सुंदर शरीर में होने पर सद्गुण और भी अधिक प्रशंसनीय हो जाता है।' वास्तव में सद्गुण को महान बनाने के लिए किसी बाहरी शोभा की आवश्यकता नहीं होती। वही स्वयं अपना सबसे बड़ा आभूषण है और जिस शरीर में वह निवास करता है, उसे भी पवित्र बना देता है।


Faith

    निश्चय ही अब मैं अपने मित्र क्लैरानस को एक नई दृष्टि से देखने लगा हूँ। वह मुझे अत्यंत सुंदर प्रतीत होता है। उसकी आत्मा जितनी सीधी, दृढ़ और उदात्त है, उसका व्यक्तित्व भी उतना ही ऊँचा और गौरवपूर्ण लगता है। जैसे किसी साधारण झोंपड़ी से कोई महान व्यक्ति निकल सकता है, वैसे ही किसी साधारण और विकृत शरीर में भी एक महान और सुंदर मन निवास कर सकता है। मुझे लगता है कि प्रकृति ने कुछ लोगों को जान-बूझकर ऐसा बनाया है ताकि यह सिद्ध हो सके कि सद्गुण का जन्म किसी भी स्थान पर हो सकता है। यदि वह बिना शरीर के ही मन की रचना कर सकती तो शायद ऐसा ही करती। लेकिन उसने इससे भी श्रेष्ठ कार्य किया है। वह ऐसे लोगों को जन्म देती है जिनका शरीर उनकी राह में बाधा बनता है। फिर भी वे उन सभी बाधाओं को पार कर जाते हैं। मेरे विचार से क्लैरानस का जन्म ही इस बात का उदाहरण प्रस्तुत करने के लिए हुआ था कि विकृत शरीर मन को कुरूप नहीं बना सकता बल्कि सुंदर मन ही शरीर को शोभायमान बना देता है। खैर, यद्यपि हम दोनों ने साथ बहुत कम दिन बिताए। फिर भी हमारे बीच अनेक वार्तालाप हुए। अब मैं उन्हें लिखकर तुम्हें भेजूँगा।

    पहले दिन हमारी चर्चा का विषय यह था कि यदि सभी अच्छे गुण या शुभ वस्तुएँ तीन अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित हैं तो वे एक-दूसरे के समान कैसे हो सकती हैं? हमारे दर्शन का मत है कि कुछ शुभ वस्तुएँ सर्वोच्च श्रेणी की होती हैं जैसे, आनंद, मन की शांति और अपने देश की सुरक्षा। कुछ दूसरी श्रेणी की होती हैं, जो प्रतिकूल परिस्थितियों में प्रकट होती हैं जैसे, यातना सहते हुए धैर्य बनाए रखना या गंभीर बीमारी में आत्मसंयम रखना। पहली श्रेणी की वस्तुओं को हम बिना किसी शर्त के अपनाना चाहते हैं जबकि दूसरी श्रेणी की वस्तुओं को तभी स्वीकार करते हैं जब परिस्थितियाँ उन्हें आवश्यक बना दें। इसके अतिरिक्त तीसरी श्रेणी भी है, जिसमें संयमित चाल, शांत और गरिमापूर्ण मुखमुद्रा तथा बुद्धिमान व्यक्ति के अनुरूप आचरण और हाव-भाव आते हैं। फिर प्रश्न यह उठता है कि जब इनमें से कुछ वस्तुएँ स्वाभाविक रूप से अपनाने योग्य हैं और कुछ ऐसी हैं जिनसे सामान्यतः बचना चाहिए तो वे सभी एक-दूसरे के समान कैसे कही जा सकती हैं?

Charity

    यदि हम इस प्रश्न का समाधान करना चाहते हैं, तो हमें सबसे पहले परम शुभ की ओर लौटना चाहिए और यह विचार करना चाहिए कि उसका वास्तविक स्वरूप क्या है।

वह मन, जो सत्य का दर्शन करता है, जो यह जानता है कि किसका अनुसरण करना चाहिए और किससे बचना चाहिए, जो वस्तुओं का मूल्य लोकमत के आधार पर नहीं बल्कि प्रकृति के अनुरूप निर्धारित करता है, जो स्वयं को समस्त ब्रह्मांड का अंग मानकर उसके प्रत्येक कार्य-व्यापार का चिंतन करता है, जो विचार और कर्म— दोनों पर समान रूप से ध्यान देता है, जो महान और शक्तिशाली है, जो न विपत्तियों से पराजित होता है और न ही समृद्धि के प्रलोभनों से मोहित, जो स्वयं को न किसी सुख के हवाले करता है और न किसी दुःख के बल्कि प्रत्येक संयोग और दुर्घटना से ऊपर उठ जाता है, जो सौंदर्य और शक्ति— दोनों से पूर्ण है, जो स्वस्थ, संयमी, शांत और निर्भय है, जिसे न कोई शक्ति वश में कर सकती है और न कोई आकस्मिक घटना उसे कभी ऊँचा उठा सकती है या गिरा सकती है, ऐसा ही मन सद्गुण है। जब सद्गुण एक साथ अपने संपूर्ण स्वरूप में प्रकट होता है, तब उसका रूप यही होता है। किंतु उसके अनेक रूप दिखाई देते हैं क्योंकि जीवन की प्रत्येक परिस्थिति और प्रत्येक कर्म में वह अलग-अलग प्रकार से व्यक्त होता है। फिर भी स्वयं सद्गुण न कभी घटता है और न बढ़ता है। वह सदा अपने पूर्ण रूप में ही बना रहता है।

    परम शुभ न तो कभी घट सकता है और न ही सद्गुण अपने स्थान से पीछे हट सकता है। वह केवल परिस्थितियों के अनुसार अपना रूप बदलता है और जिस कार्य को करने जा रहा होता है, उसके अनुरूप स्वयं को ढाल लेता है।जिस किसी वस्तु को वह स्पर्श करता है, उसे अपने ही स्वरूप और रंग में रंग देता है। वह कर्मों को, मित्रताओं को, और कभी-कभी पूरे परिवार को जिसमें वह प्रवेश कर उसे सुव्यवस्थित कर देता है, शोभायमान बना देता है। वह जिस किसी का भी स्पर्श करता है, उसे प्रिय, विशिष्ट और प्रशंसनीय बना देता है। उसकी शक्ति और उसकी महानता में अब कोई वृद्धि नहीं हो सकती क्योंकि जो सबसे महान है, उससे आगे कुछ नहीं बढ़ सकता। जैसे जो वस्तु सही है, उससे अधिक सही कुछ नहीं हो सकता। जो सत्य है, उससे अधिक सत्य कुछ नहीं हो सकता। जो संयमित है, उससे अधिक संयमित भी कुछ नहीं हो सकता। प्रत्येक सद्गुण अपनी पूर्ण सीमा पर स्थित होता है। प्रत्येक सीमा का एक निश्चित माप होता है। जैसे स्थिरता, आत्मविश्वास, सत्यनिष्ठा और निष्ठा अपनी पूर्णता से आगे नहीं बढ़ सकते, वैसे ही सद्गुण भी अपनी पूर्णता से आगे नहीं जा सकता। यदि कोई वस्तु पूर्ण है तो उसमें और क्या जोड़ा जा सकता है? कुछ भी नहीं। यदि उसमें कुछ जोड़ा जा सकता है तो इसका अर्थ है कि वह पहले पूर्ण नहीं थी। इसलिए सद्गुण में भी कुछ जोड़ा नहीं जा सकता। यदि उसमें वृद्धि संभव हो तो इसका अर्थ होगा कि उसमें पहले कोई कमी थी।

    प्रत्येक शुभ वस्तु इन्हीं सिद्धांतों के अधीन होती है। व्यक्तिगत हित, सार्वजनिक हित से जुड़ा हुआ है। ठीक उसी प्रकार जैसे जो प्रशंसनीय है, उसे उस वस्तु से अलग नहीं किया जा सकता जिसका अनुसरण करना हमारा कर्तव्य है। इसी कारण सभी सद्गुण एक-दूसरे के समान हैं। इसी प्रकार सद्गुणपूर्ण कर्म और वे सभी व्यक्ति भी समान हैं जिनमें सद्गुण विद्यमान है। किन्तु पौधों और पशुओं के विषय में ऐसा नहीं है। चूँकि वे स्वयं नश्वर हैं इसलिए उनके गुण भी नष्ट हो जाने वाले, क्षणभंगुर और अनिश्चित होते हैं। वे कभी बढ़ते हैं, कभी घटते हैं इसलिए उनका मूल्य समान नहीं माना जाता। मानव के सद्गुण एक ही नियम के अधीन होते हैं क्योंकि सम्यक् विवेक स्वयं एक समान होता है। दिव्य से अधिक दिव्य कुछ नहीं होता और आकाशीय से अधिक आकाशीय भी कुछ नहीं होता।

    नश्वर वस्तुएँ कभी ऊपर उठती हैं और कभी नीचे गिरती हैं। कभी घटती हैं और कभी बढ़ती हैं। कभी रिक्त होती हैं और कभी भर जाती हैं। इसी कारण वे उतनी ही असमान होती हैं जितना कि उनका भाग्य अस्थिर होता है। किन्तु जो वस्तुएँ दिव्य हैं, उनका स्वभाव केवल एक ही होता है। सम्यक् बुद्धि तो दिव्य सत्ता का ही एक अंश है, जो मानव शरीर में समाहित है। यदि विवेक दिव्य है और विवेक के बिना कोई शुभ नहीं हो सकता तो प्रत्येक शुभ भी दिव्य है। फिर, जब दिव्य वस्तुओं में कोई भेद नहीं है तो शुभ वस्तुओं में भी कोई भेद नहीं हो सकता। इसलिए एक ओर आनंद और दूसरी ओर यातना को दृढ़तापूर्वक सहने की क्षमता— दोनों समान हैं क्योंकि दोनों में आत्मा की महानता समान रूप से विद्यमान है। अंतर केवल इतना है कि पहले में वह शांत और प्रसन्न होकर प्रकट होती है जबकि दूसरे में वह संकेंद्रित और संघर्षशील रूप में दिखाई देती है। ऐसा क्यों न माना जाए? क्या तुम्हें लगता है कि जो व्यक्ति शत्रु के दुर्ग पर साहसपूर्वक आक्रमण करता है, उसका साहस उस व्यक्ति के साहस के बराबर नहीं है, जो उसी आक्रमण को अद्भुत धैर्य के साथ सहता है? क्या तुम्हें लगता है कि स्किपियो की महानता जिसने नुमांशिया का घेराव किया और उन अजेय हाथों को स्वयं अपना विनाश करने के लिए विवश कर दिया। उन घिरे हुए लोगों की महानता के बराबर नहीं थी जो यह जानते थे कि जब तक मृत्यु का मार्ग खुला है, तब तक कोई वास्तव में घिरा हुआ नहीं होता क्योंकि वह स्वतंत्रता की गोद में प्राण त्याग सकता है?


Hope
Artist Italian Umbrian Painter 

    "तुम्हारा क्या अभिप्राय है? क्या आनंद और पीड़ा को अडिग होकर सहने में कोई अंतर नहीं है?" सद्गुणों की दृष्टि से तो कोई अंतर नहीं है। हाँ, उनके प्रकट होने के ढंग में अवश्य बहुत अंतर है। एक स्थिति में मन स्वाभाविक रूप से प्रसन्न, सहज और विस्तृत होता है जबकि दूसरी स्थिति में उसे पीड़ा का सामना करना पड़ता है, जो प्रकृति के प्रतिकूल है। इसी कारण ये परिस्थितियाँ जिनमें इतना बड़ा अंतर दिखाई देता है, केवल मध्यवर्ती अवस्थाएँ हैं। किंतु उनमें विद्यमान सद्गुण समान रहता है। परिस्थितियाँ सद्गुण को नहीं बदलतीं। कठिन परिस्थितियाँ उसे कमतर नहीं बनातीं और सुखद एवं अनुकूल परिस्थितियाँ उसे अधिक श्रेष्ठ नहीं बनातीं। इसलिए दोनों में विद्यमान सद्गुण अनिवार्य रूप से समान है। क्योंकि दोनों ही अवस्थाओं में जो कुछ किया जाता है, वह समान रूप से उचित, समान रूप से बुद्धिमत्तापूर्ण और समान रूप से सम्माननीय होता है इसलिए उनसे प्राप्त शुभ भी समान हैं। न तो आनंद की स्थिति में कोई व्यक्ति इससे अधिक उत्तम आचरण कर सकता है और न ही यातना की स्थिति में दूसरा व्यक्ति। और जो दो वस्तुएँ किसी भी प्रकार से और अधिक श्रेष्ठ नहीं बनाई जा सकतीं, वे एक-दूसरे के समान ही होती हैं। इसी प्रकार अन्य सभी शुभ गुण भी एक-दूसरे के समान हैं जैसे, मन की शांति, स्पष्टवादिता, उदारता, दृढ़ता, प्रसन्नचित्त शांति और धैर्य। क्योंकि इन सभी का आधार एक ही है— सद्गुण, जो मनुष्य को सीधा, अडिग और अचल मन प्रदान करता है।

    यदि सद्गुण के बाहर की वस्तुएँ उसे घटा या बढ़ा सकती हैं तो सम्माननीय (नैतिक रूप से श्रेष्ठ) ही एकमात्र शुभ नहीं रह जाता। यदि तुम यह मान लेते हो तो सम्माननीय का अस्तित्व ही समाप्त हो जाता है। ऐसा क्यों? मैं बताता हूँ। कोई भी कर्म तब सम्माननीय नहीं हो सकता जब वह अनिच्छा से या किसी दबाव में किया जाए। जो कुछ भी सम्माननीय है, वह स्वेच्छा से किया जाता है। यदि उसमें अनिच्छा, शिकायत, पश्चाताप, संकोच या भय का कोई भी अंश मिला दिया जाए तो वह अपना सबसे बड़ा गुण खो देता है। वह अब स्वयं की स्वतंत्र इच्छा से किया गया कर्म नहीं रह जाता। भय दासता का सूचक है। जो स्वतंत्र नहीं है, वह सम्माननीय भी नहीं हो सकता। जो कुछ भी सम्माननीय है, वह चिंता से मुक्त और शांत होता है। यदि कोई व्यक्ति किसी कार्य से कतराता है, उसकी शिकायत करता है या उसे बुरा समझता है तो उसका मन विचलित हो जाता है और वह गहरे आंतरिक संघर्ष में पड़ जाता है। एक ओर नैतिकता उसे पुकारती है और सही मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती है, दूसरी ओर संभावित हानि का भय उसे पीछे हटने के लिए उकसाता है।

    मैं जानता हूँ कि इस पर कोई यह आपत्ति कर सकता है, "क्या तुम हमें यह विश्वास दिलाना चाहते हो कि आनंद का अनुभव करने और यातना-चक्र पर बँधे रहकर तब तक पीड़ा सहने में, जब तक यातना देने वाला ही थक न जाए, कोई अंतर नहीं है?" 

    इसके उत्तर में मैं यह कह सकता था, एपिक्यूरस भी कहता है कि यदि कोई ज्ञानी फालारिस के पीतल के बैल (प्राचीन यातना देने की प्रथा) में जीवित भून दिया जाए, तब भी वह कहेगा, यह सुखद है। इससे मुझे तनिक भी कष्ट नहीं है। फिर यदि मैं यह कहता हूँ कि भोज पर आराम से बैठे व्यक्ति और यातना सहते हुए अडिग खड़े व्यक्ति— दोनों के शुभ समान हैं तो इसमें तुम्हें आश्चर्य क्यों होता है। जबकि स्वयं एपिक्यूरस तो इससे भी अधिक अविश्वसनीय बात कहता है कि यातना सहना भी सुखद होता है?

    किन्तु मैं इसका उत्तर इस प्रकार देता हूँ। "निस्संदेह आनंद और पीड़ा में बहुत बड़ा अंतर है। यदि मुझे इनमें से किसी एक को चुनना हो तो मैं आनंद को ग्रहण करूँगा और पीड़ा से बचूँगा क्योंकि एक प्रकृति के अनुकूल है और दूसरा उसके प्रतिकूल। जब तक उनका मूल्यांकन इस आधार पर किया जाता है, तब तक दोनों में बहुत अधिक अंतर है। किन्तु जहाँ सद्गुण का प्रश्न है, वहाँ दोनों समान हैं; एक ही सद्गुण अनुकूल परिस्थितियों में प्रकट होता है और वही सद्गुण प्रतिकूल परिस्थितियों में भी अपना स्वरूप बनाए रखता है। क्लेश, पीड़ा और जो कुछ भी कष्टदायक है, उसका अपने आप में कोई महत्व नहीं है; क्योंकि सद्गुण उन सब पर विजय प्राप्त कर लेता है। जिस प्रकार सूर्य का प्रखर प्रकाश हमारे छोटे-छोटे दीपकों की ज्योति को फीका कर देता है, उसी प्रकार सद्गुण की महानता सभी पीड़ाओं, कष्टों और दुखों को ढँक देती है। जहाँ कहीं भी सद्गुण अपना प्रकाश बिखेरता है, वहाँ उसके अभाव में जो कुछ महत्त्वपूर्ण प्रतीत होता था, वह सब उसके तेज के सामने लुप्त हो जाता है। जब हमारे दुःख, कष्ट और असुविधाएँ सद्गुण के संपर्क में आती हैं तो उनका प्रभाव उतना ही नगण्य रह जाता है, जितना महासागर में गिरने वाली वर्षा की कुछ बूँदों का।

    इसी से तुम जान सकते हो कि यह बात सत्य है। यदि कोई कर्म श्रेष्ठ और सम्माननीय है तो एक सज्जन व्यक्ति उसे बिना किसी हिचकिचाहट के करेगा। चाहे उसके सामने जल्लाद खड़ा हो, यातना देने वाला हो या अग्नि प्रज्वलित हो, फिर भी वह अपने संकल्प पर अडिग रहेगा। उसकी दृष्टि इस पर नहीं होगी कि उसे क्या सहना पड़ेगा बल्कि इस पर होगी कि उसे क्या करना है। वह उस सम्माननीय कर्म पर उसी प्रकार विश्वास करेगा जैसे किसी श्रेष्ठ व्यक्ति पर करता है। उसे अपने लिए उपयोगी, सुरक्षित तथा लाभकारी समझेगा। जो कर्म सम्माननीय है, चाहे वह कितना ही कठोर और कष्टसाध्य क्यों न हो, उसका स्थान उसकी दृष्टि में वैसा ही होगा जैसा किसी अच्छे मनुष्य का, चाहे वह निर्धन हो, निर्वासित हो, या दुर्बल और पीला दिखाई देता हो। 

    अब मान लो कि एक ओर एक श्रेष्ठ मनुष्य है जिसके पास अपार धन-संपत्ति है, और दूसरी ओर एक ऐसा श्रेष्ठ मनुष्य है जिसके पास स्वयं के अतिरिक्त कुछ भी नहीं है किन्तु अपने भीतर ही वह सब कुछ रखता है। दोनों समान रूप से श्रेष्ठ हैं, यद्यपि भाग्य ने उन्हें बिल्कुल भिन्न परिस्थितियाँ प्रदान की हैं। मैं फिर कहता हूँ, जिस प्रकार हम व्यक्तियों का मूल्यांकन करते हैं, ठीक उसी प्रकार उनकी परिस्थितियों का भी मूल्यांकन करना चाहिए।

    सद्गुण उतना ही प्रशंसनीय होता है जब वह किसी स्वस्थ और स्वतंत्र शरीर में पाया जाता है, जितना कि तब जब वह किसी रोगग्रस्त और बेड़ियों में जकड़े हुए शरीर में विद्यमान हो। इसलिए यदि भाग्य ने तुम्हारे सद्गुण को एक स्वस्थ और पूर्ण शरीर प्रदान किया है तो उसके कारण उसे अधिक मूल्यवान मत समझो, जितना कि तब समझते यदि उसका शरीर किसी प्रकार से विकृत होता। ऐसा करना वैसा ही होगा जैसे किसी स्वामी का मूल्य उसके दासों के वस्त्रों के आधार पर आँकना। क्योंकि ये सभी वस्तुएँ, जो भाग्य के अधीन हैं। धन, शरीर और यश— सिर्फ सेवक हैं। वे दुर्बल, क्षणभंगुर, नश्वर और अस्थिर हैं; उनका स्वामित्व कभी स्थायी नहीं रहता। इसके विपरीत, सद्गुण के कार्य स्वतंत्र और अजेय होते हैं। वे इस कारण अधिक वरणीय नहीं हो जाते कि भाग्य उनके प्रति अनुकूल है। न ही इस कारण कम वरणीय हो जाते हैं कि परिस्थितियाँ उनके प्रतिकूल हैं।

    जीवन की परिस्थितियों में चयन का वही स्थान है, जो मनुष्यों के बीच मित्रता का होता है। यदि तुम्हारा मित्र एक श्रेष्ठ व्यक्ति है तो क्या तुम उसे इस कारण अधिक प्रेम करोगे कि वह निर्धन होने के बजाय धनी है या इसलिए कि उसका शरीर दुर्बल और कृश होने के बजाय बलवान और सुदृढ़ है? निश्चय ही नहीं। ठीक उसी प्रकार, अपनी जीवन-परिस्थितियों में भी तुम किसी अवस्था को केवल इसलिए अधिक नहीं अपनाओगे या उससे अधिक प्रेम नहीं करोगे कि वह सुखद और शांतिपूर्ण है, बजाय उस अवस्था के जो चिंताओं और कठिन परिश्रम से भरी हुई है। यदि तुम ऐसा करते हो तो फिर दो समान रूप से श्रेष्ठ व्यक्तियों में भी तुम उस व्यक्ति को अधिक प्रिय मानोगे जिसने अभी-अभी स्नान किया हो और शरीर पर तेल-मालिश करवाई हो, बजाय उस व्यक्ति के जो धूल से लथपथ हो और जिसे दाढ़ी बनाने की आवश्यकता हो। फिर धीरे-धीरे तुम यहाँ तक पहुँच जाओगे कि जिस व्यक्ति का शरीर पूर्णतः स्वस्थ और अक्षुण्ण हो, उससे उस व्यक्ति की अपेक्षा अधिक स्नेह करोगे जो लँगड़ा हो या जिसकी एक आँख न हो।अंततः तुम्हारी रुचि इतनी नखरे वाली हो जाएगी कि दो समान रूप से सम्माननीय और बुद्धिमान व्यक्तियों में भी तुम उसी को चुनोगे जिसके लंबे और घुँघराले बाल हों! किन्तु जब दोनों में सद्गुण समान है, तब अन्य बातों की असमानता का कोई महत्व नहीं रह जाता। क्योंकि वे अन्य सभी विशेषताएँ उनके वास्तविक व्यक्तित्व का हिस्सा नहीं हैं बल्कि केवल बाहरी और आकस्मिक जोड़ हैं।

    क्या किसी परिवार में कोई माता या पिता इतना अन्यायपूर्ण भेदभाव करता है कि वह स्वस्थ संतान को बीमार संतान की अपेक्षा अधिक प्रेम करे या लंबे और सुंदर पुत्र को छोटे या सामान्य कद वाले पुत्र से अधिक स्नेह दे? जंगली पशु भी अपने बच्चों में ऐसा भेद नहीं करते। जब वे उन्हें दूध पिलाने के लिए लेटते हैं तो सभी शावकों को समान रूप से दूध पिलाते हैं। पक्षी भी अपने घोंसले के सभी बच्चों में भोजन समान रूप से बाँटते हैं। जिस प्रकार ओडीसियस अपनी पथरीली और साधारण इथाका लौटने के लिए उतना ही उत्सुक है, जितना अगामेम्नोन अपनी भव्य मायसीनी की विशाल प्राचीरों के पास लौटने के लिए। कोई भी व्यक्ति अपनी मातृभूमि से इसलिए प्रेम नहीं करता कि वह महान या समृद्ध है। वह उससे केवल इसलिए प्रेम करता है क्योंकि वह उसकी अपनी मातृभूमि है।

    इन उपमाओं का उद्देश्य क्या है? यह दिखाना कि सद्गुण अपनी सभी कृतियों को अपनी ही संतान के समान निष्पक्ष दृष्टि से देखता है और उन सब पर समान रूप से अपना स्नेह रखता है। हाँ, यदि कोई अंतर होता भी है तो वह यह कि जो कर्म अधिक कठिनाइयों और संकटों में पड़े होते हैं, उनकी ओर उसका ध्यान और भी अधिक होता है। जिस प्रकार माता-पिता का स्नेह उस संतान की ओर कुछ अधिक झुक जाता है जो दया और सहारे की अधिक आवश्यकता रखती है, उसी प्रकार सद्गुण भी अपने उन कर्मों से अधिक प्रेम नहीं करता जो संकट या कष्ट में दिखाई देते हैं बल्कि एक अच्छे माता-पिता की तरह उन पर अधिक ध्यान देता है और उनका अधिक पालन-पोषण करता है।

    एक शुभ दूसरे शुभ से बड़ा क्यों नहीं होता? क्योंकि जो वस्तु उचित है, उससे अधिक उचित कुछ नहीं हो सकता। जो समतल है, उससे अधिक समतल भी कुछ नहीं हो सकता। जब दो वस्तुएँ समान हों, तब यह नहीं कहा जा सकता कि उनमें से कोई एक दूसरी से अधिक समान है। इसी प्रकार, जो सम्माननीय है, उससे अधिक सम्माननीय भी कुछ नहीं हो सकता। यदि सभी सद्गुणों का स्वभाव समान है तो शुभ की तीनों श्रेणियाँ भी समान हैं। मेरा आशय यह है कि संयमपूर्वक आनंदित होना और संयमपूर्वक दुःख सहना— दोनों समान हैं। वहाँ का हर्ष यहाँ की उस दृढ़चित्तता से बढ़कर नहीं है, जो यातना देने वाले के सामने भी अपनी पीड़ा की चीखों को रोक लेती है। वे शुभ वरणीय हैं और ये प्रशंसनीय। फिर भी दोनों समान हैं क्योंकि श्रेष्ठ शुभ की शक्ति इतनी पर्याप्त होती है कि वह उससे जुड़ी किसी भी असुविधा का सामना कर सकती है। जो व्यक्ति इन्हें असमान समझता है, वह स्वयं सद्गुणों से अपनी दृष्टि हटाकर बाहरी वस्तुओं की ओर देखने लगता है। वास्तविक शुभों का भार भी समान होता है और उनका महत्व भी समान होता है। झूठे शुभ भीतर से प्रायः खोखले होते हैं। वे देखने में बड़े और आकर्षक प्रतीत होते हैं किन्तु जब उन्हें तराजू पर तौला जाता है, तब उनका छल प्रकट हो जाता है। इसलिए, प्रिय लूसीलियस, जिस वस्तु की प्रशंसा युक्तिसंगत विवेक करता है, वही दृढ़ और स्थायी होती है। वह मन को सुदृढ़ बनाती है और उसे ऊँचाइयों तक उठाती है, जहाँ वह सदा के लिए स्थित रहता है। इसके विपरीत, जिन वस्तुओं की बिना उचित कारण के प्रशंसा की जाती है और जिन्हें केवल जनसामान्य शुभ मानते हैं, वे हमें केवल व्यर्थ के गर्व से भर देती हैं और तुच्छ वस्तुओं में आनंद लेने के लिए प्रेरित करती हैं। इसी प्रकार, जिन वस्तुओं को लोग अनिष्ट समझकर उनसे भयभीत होते हैं, वे भी हमारे मन को उसी प्रकार आतंकित करती हैं, जैसे पशु केवल भयावह दिखाई देकर लोगों को डरा देते हैं। अतः दोनों ही स्थितियों में हमारा मन बिना किसी उचित कारण के प्रभावित होता है। पहली स्थिति में वह व्यर्थ ही फूल जाता है और दूसरी स्थिति में व्यर्थ ही चिंता और भय से ग्रस्त हो जाता है। न पहली प्रकार की वस्तुएँ वास्तव में आनंद के योग्य हैं और न दूसरी प्रकार की भय के।

    केवल विवेक ही अपने निर्णय में अपरिवर्तनीय और अडिग रहता है क्योंकि वह इंद्रियों का दास नहीं बल्कि उनका स्वामी होता है। जैसे एक सही विवेक दूसरे सही विवेक के समान होता है, वैसे ही एक सही बात दूसरी सही बात के समान होती है। इसलिए सद्गुण भी सद्गुण के समान होता है क्योंकि सद्गुण और कुछ नहीं बल्कि सम्यक् विवेक ही है। सभी सद्गुण विवेक की कार्यप्रणालियाँ हैं। यदि वे सम्यक् हैं तो वे विवेक की कार्यप्रणालियाँ हैं। यदि वे सम्यक् हैं तो वे एक-दूसरे के समान भी हैं। जैसा विवेक होता है, वैसे ही विवेक से उत्पन्न कर्म भी होते हैं इसलिए वे भी सभी समान हैं। क्योंकि वे विवेक के अनुरूप होते हैं इसलिए वे एक-दूसरे के भी अनुरूप और समान होते हैं।

    मेरा कहना यह है कि कर्म एक-दूसरे के समान हैं, जहाँ तक वे सम्माननीय और उचित हैं। फिर भी उनके बीच उनके विषय या परिस्थितियों के कारण बड़े अंतर हो सकते हैं। किसी कर्म का क्षेत्र कभी व्यापक होता है, कभी सीमित, कभी वह उच्च पद या प्रतिष्ठा से संबंधित होता है तो कभी साधारण होता है। कभी उसका संबंध बहुत-से लोगों से होता है, तो कभी केवल कुछ ही लोगों से। फिर भी इन सभी कर्मों में जो सर्वोत्तम तत्व है, वह समान है क्योंकि वे सभी सम्माननीय हैं। ठीक यही बात श्रेष्ठ मनुष्यों पर भी लागू होती है। जहाँ तक उनके श्रेष्ठ होने का प्रश्न है, वे सभी समान हैं। किन्तु उनमें आयु का अंतर हो सकता है। कोई बड़ा है, कोई छोटा। शरीर का अंतर हो सकता है। कोई सुंदर है, कोई कुरूप भाग्य का भी अंतर हो सकता है। कोई धनी है, कोई निर्धन, कोई प्रभावशाली, सामर्थ्यवान और नगरों तथा जनसमुदायों में प्रसिद्ध है जबकि दूसरा सामान्यतः अपरिचित और गुमनाम है। फिर भी जहाँ तक उनकी श्रेष्ठता का संबंध है, वे सभी समान हैं।

    इंद्रियाँ शुभ और अशुभ के विषय में कोई निर्णय नहीं करतीं। वे यह नहीं जानतीं कि क्या उपयोगी है और क्या अनुपयोगी। जब तक कोई वस्तु उनके सामने उपस्थित न हो, वे उसके विषय में कोई मत नहीं बना सकतीं। उनमें न भविष्य को पहले से देखने की क्षमता होती है और न अतीत को स्मरण रखने की। वे तर्कसंगत संबंधों को भी नहीं समझतीं। जबकि यही तर्कसंगत संबंध समय की संपूर्ण श्रृंखला को और उस जीवन की एकता को, जिसे सीधे मार्ग पर चलना है, परस्पर जोड़ते हैं। इसलिए शुभ और अशुभ का निर्णय करने वाला विवेक है। विवेक उन सभी वस्तुओं को, जो बाहरी हैं और उसकी अपनी नहीं हैं, तुच्छ समझता है। उसके विचार में जो वस्तुएँ न शुभ हैं और न अशुभ, वे अत्यंत छोटी और नगण्य बाहरी जोड़ मात्र हैं क्योंकि विवेक की दृष्टि में प्रत्येक वास्तविक शुभ मन के भीतर ही स्थित होता है। किन्तु विवेक कुछ शुभों को प्रधान मानता है, जिनकी ओर वह जान-बूझकर अग्रसर होता है जैसे, विजय, योग्य संतान और मातृभूमि का कल्याण। कुछ शुभ द्वितीय श्रेणी के हैं, जो केवल प्रतिकूल परिस्थितियों में प्रकट होते हैं जैसे, रोग, अग्नि या निर्वासन को समभाव से सहना। कुछ अन्य मध्यवर्ती हैं, जो न प्रकृति के अधिक अनुकूल हैं और न उसके प्रतिकूल जैसे, विवेकपूर्ण ढंग से चलना या शांत भाव से बैठना। क्योंकि बैठना प्रकृति के अधिक अनुकूल नहीं है, जितना कि खड़ा होना या चलना। शुभ की पहली दो श्रेणियाँ एक-दूसरे से भिन्न हैं। पहली श्रेणी के शुभ प्रकृति के अनुकूल होते हैं, जैसे अपनी संतान की भक्ति और स्नेह से आनंदित होना या अपनी मातृभूमि की सुरक्षा से प्रसन्न होना। दूसरी श्रेणी के शुभ प्रकृति के प्रतिकूल परिस्थितियों में प्रकट होते हैं जैसे, यातना के सामने साहसपूर्वक अडिग रहना और रोग से शरीर के भीतर के अंग सूख जाने पर भी प्यास को धैर्यपूर्वक सहना।

    "यह क्या? क्या प्रकृति के प्रतिकूल कोई वस्तु भी शुभ हो सकती है?" नहीं, किन्तु कभी-कभी वह परिस्थिति जिसमें शुभ प्रकट होता है, प्रकृति के प्रतिकूल होती है। घायल होना, धीमी आग पर जलाया जाना या रोग से पीड़ित होना, ये सभी प्रकृति के प्रतिकूल हैं। किन्तु ऐसी विपत्तियों के बीच भी अटूट और अडिग मनोबल बनाए रखना प्रकृति के अनुकूल है। संक्षेप में कहें तो, शुभ जिस परिस्थिति में प्रकट होता है, वह कभी-कभी प्रकृति के प्रतिकूल हो सकती है। परन्तु स्वयं शुभ कभी भी प्रकृति के प्रतिकूल नहीं होता क्योंकि विवेक के बिना कोई शुभ नहीं है। विवेक सदैव प्रकृति का अनुसरण करता है।

    तो फिर विवेक क्या है? वह प्रकृति का अनुकरण है। मनुष्य का परम शुभ क्या है? वही आचरण करना जैसा, प्रकृति ने उसके लिए निर्धारित किया है।

    "इसमें कोई संदेह नहीं कि वह शांति, जिसे कभी संघर्ष का सामना ही न करना पड़ा हो, उस शांति की अपेक्षा अधिक सौभाग्यशाली है जो बहुत अधिक रक्तपात के बाद प्राप्त हुई हो। इसमें भी कोई संदेह नहीं कि वह स्वास्थ्य, जो कभी बाधित न हुआ हो, उस स्वास्थ्य की अपेक्षा अधिक सौभाग्यशाली है जो गंभीर और प्राणघातक रोगों से संघर्ष तथा धैर्य के बल पर पुनः प्राप्त किया गया हो। उसी प्रकार, इसमें भी कोई संदेह नहीं कि आनंद उस मन की अपेक्षा अधिक श्रेष्ठ शुभ है, जो घावों और अग्नि की यातनाओं को सहने के लिए स्वयं को दृढ़ बनाए रखता है।" नहीं। क्योंकि ये सब आकस्मिक परिस्थितियाँ हैं जिनमें बहुत अधिक भिन्नता हो सकती है। उनका मूल्यांकन उन लोगों के लिए उनकी उपयोगिता के आधार पर किया जाता है जो उनका सामना करते हैं। परंतु उन सभी में जो शुभ विद्यमान है, वह प्रकृति के अनुरूप रहने का दृढ़ संकल्प है, और यह सभी में समान होता है। जब हम सीनेट में किसी प्रस्ताव के पक्ष में मतदान करते हैं तो यह नहीं कहा जा सकता कि एक सीनेटर दूसरे की अपेक्षा अधिक सहमत था। सभी ने समान रूप से समर्थन किया। मैं सद्गुणों के विषय में भी यही कहता हूँ। वे सभी प्रकृति के अनुरूप हैं। और शुभों के विषय में भी यही कहता हूँ। वे सभी प्रकृति के अनुकूल हैं। एक व्यक्ति युवावस्था में मर जाता है, दूसरा वृद्धावस्था में और तीसरा जन्म लेते ही, जीवन की केवल एक झलक देखकर। फिर भी वे सभी समान रूप से नश्वर थे, चाहे मृत्यु ने किसी को अधिक समय तक जीने दिया हो, किसी को युवावस्था में ही रोक दिया हो और किसी के जीवन का आरंभ ही समाप्त कर दिया हो।

    एक व्यक्ति भोजन करते-करते ही गिरकर मर जाता है। दूसरा नींद से फिर कभी नहीं जागता और तीसरे की मृत्यु संभोग के समय हो जाती है। अब इनकी तुलना उन लोगों से करो जो तलवार से मारे जाते हैं, साँप के डसने से प्राण खो देते हैं, भवन के गिरने से दबकर मर जाते हैं या जिनकी नसों को धीरे-धीरे मरोड़कर और कसकर उन्हें यातनापूर्वक मृत्यु के घाट उतार दिया जाता है। इनमें से कुछ की मृत्यु को अपेक्षाकृत बेहतर और कुछ की मृत्यु को अधिक कष्टदायक कहा जा सकता है। किन्तु वास्तव में उनकी मृत्यु समान है। उन्होंने मृत्यु तक पहुँचने का मार्ग भिन्न-भिन्न प्रकार से तय किया, पर जहाँ वे पहुँचे, वह एक ही स्थान था। कोई मृत्यु बड़ी या छोटी नहीं होती क्योंकि हर मृत्यु की एक ही सीमा होती है— जीवन का अंत। मैं शुभों के विषय में भी तुमसे यही कहता हूँ। एक शुभ पूर्णतः सुखद परिस्थितियों के बीच प्राप्त होता है। दूसरा कटु एवं कष्टपूर्ण परीक्षाओं के बीच। एक को भाग्य की उदारता का संयमपूर्वक उपयोग करना पड़ता है जबकि दूसरे को भाग्य की कठोरता पर विजय पानी पड़ती है। फिर भी दोनों समान रूप से शुभ हैं, यद्यपि एक ने समतल और सुगम मार्ग पर यात्रा की है और दूसरे ने पथरीले तथा कठिन मार्ग पर। क्योंकि उन सबका लक्ष्य एक ही है—वे शुभ हैं, प्रशंसनीय हैं और सद्गुण तथा विवेक के सहचर हैं। सद्गुण उन सभी वस्तुओं को जिन्हें वह शुभ के रूप में पहचानता है, समान मानता है।

    तुम्हें हमारे इस सिद्धांत पर आश्चर्य क्यों होना चाहिए? एपिक्यूरस के दर्शन में भी दो शुभ हैं जो उसके अनुसार परम और सर्वाधिक सुखमय जीवन के आधार हैं— एक, शरीर पीड़ा से मुक्त हो। दूसरा, मन अशांति से मुक्त हो। जब ये दोनों पूर्ण रूप से प्राप्त हो जाते हैं, तब इनमें कोई वृद्धि नहीं हो सकती। जो पहले ही पूर्ण है, उसमें और क्या बढ़ाया जा सकता है? यदि शरीर पीड़ा से मुक्त है तो इस पीड़ारहित अवस्था में और क्या जोड़ा जा सकता है? यदि मन स्वयं से संतुष्ट और शांत है तो उस शांति में और क्या वृद्धि हो सकती है? जिस प्रकार निर्मल और बादलरहित आकाश, जो एक छोर से दूसरे छोर तक स्वच्छ प्रकाश से भरा हो, उससे अधिक निर्मल नहीं हो सकता, उसी प्रकार जब कोई व्यक्ति अपने शरीर और मन— दोनों की समुचित देखभाल करता है और इन्हीं दोनों के आधार पर अपना कल्याण निर्मित करता है, तब उसकी अवस्था पूर्ण हो जाती है। यदि उसके मन में कोई अशांति नहीं है और उसके शरीर में कोई पीड़ा नहीं है तो उसकी इच्छा पूरी तरह पूर्ण हो चुकी है। इसके बाद यदि उसे और भी सुखद अनुभव प्राप्त हों तो वे उसके परम शुभ में कोई वृद्धि नहीं करते। वे केवल मानो उसमें थोड़ा-सा रस और माधुर्य जोड़ देते हैं।

    मैं तुम्हें एपिक्यूरस के यहाँ शुभों का एक ऐसा विभाजन दिखाऊँगा जो हमारे इस विभाजन से बहुत मिलता-जुलता है। उसकी रचनाओं में कुछ ऐसी अवस्थाएँ हैं जिन्हें वह अपने लिए घटित होते देखना चाहता है जैसे, शरीर को प्रत्येक प्रकार की पीड़ा से मुक्त विश्राम मिलना और मन का अपने ही शुभों का चिंतन करते हुए आनंदपूर्वक शांत रहना। इसके अतिरिक्त कुछ ऐसी अवस्थाएँ भी हैं जिन्हें वह अपने ऊपर आना तो नहीं चाहता किन्तु यदि वे आ जाएँ तो भी उनकी प्रशंसा करता है और उन्हें सम्मान की दृष्टि से देखता है। इनमें वही बातें आती हैं जिनका मैंने अभी कुछ पहले उल्लेख किया था— रोग और अत्यंत तीव्र पीड़ा को धैर्यपूर्वक सहना। ऐसा अनुभव स्वयं एपिक्यूरस ने अपने जीवन के 'अंतिम और परम धन्य दिन' में किया था। उसने लिखा कि मूत्राशय की पीड़ा और पेट के घावों से उसे ऐसी यातनाएँ हो रही थीं जिनमें पीड़ा की और कोई वृद्धि संभव नहीं थी। फिर भी वह दिन उसके लिए 'धन्य' था। किन्तु कोई व्यक्ति उस दिन को धन्य नहीं कह सकता, जब तक कि वह परम शुभ का अधिकारी न हो। इस प्रकार, स्वयं एपिक्यूरस के दर्शन में भी ऐसे शुभ हैं जिन्हें मनुष्य सामान्यतः अपने जीवन में नहीं चाहता। किन्तु यदि वे आ जाएँ तो उन्हें स्वीकार करना चाहिए, उनकी प्रशंसा करनी चाहिए और उन्हें सर्वोत्तम शुभों के समान मानना चाहिए। यह स्वीकार करने से इनकार नहीं किया जा सकता कि ऐसा शुभ भी महानतम शुभों के समान था क्योंकि उसी ने एपिक्यूरस के धन्य जीवन का समापन किया और उसी के लिए उसने अपने अंतिम श्वास तक कृतज्ञता व्यक्त की। क्योंकि मनुष्य-स्वभाव का परम शुभ शरीर और मन— दोनों की शांति तक ही सीमित है।

    प्रिय लूसीलियस, मुझे इससे भी अधिक साहसपूर्ण बात कहने की अनुमति दो। यदि वास्तव में कुछ शुभ अन्य शुभों से बड़े हो सकते तो मैं सुखद और विलासपूर्ण शुभों की अपेक्षा उन कठोर और कठिन शुभों को अधिक महत्व देता। क्योंकि कठिनाइयों पर विजय प्राप्त करना, सुख-सुविधाओं पर नियंत्रण रखने से अधिक महान है। निस्संदेह, जिस कारण कोई व्यक्ति समृद्धि का उचित ढंग से उपयोग करता है, उसी कारण वह विपत्ति का भी साहसपूर्वक सामना करता है। जो सैनिक शत्रु के आक्रमण न होने के कारण शिविर के बाहर निश्चिंत होकर विश्राम कर रहा है, वह भी उतना ही साहसी हो सकता है जितना वह सैनिक, जिसकी जाँघ की नसें कट जाने पर भी वह घुटनों के बल सीधा खड़ा रहता है और अपने हथियार हाथ से नहीं गिरने देता। फिर भी 'शाबाश, वीरों!' का जयघोष तो उन्हीं के लिए सुनाई देता है जो युद्धभूमि से रक्तरंजित होकर लौटते हैं। इसलिए यदि मुझे किसी शुभ की विशेष प्रशंसा करनी हो, तो मैं उन्हीं शुभों की प्रशंसा करूँगा, जो साहस से भरे हों, जो कठिन परीक्षाओं में परखे गए हों और जिन्होंने भाग्य की प्रतिकूलताओं से संघर्ष करके विजय प्राप्त की हो।

    क्या मैं म्यूशियस (Mucias) के उस झुलसे हुए और विकलांग हाथ की प्रशंसा किसी दूसरे साहसी व्यक्ति के अक्षत हाथ से अधिक करने में संकोच करूँगा? वह शत्रुओं से घिरा खड़ा था, चारों ओर अग्नि जल रही थी। फिर भी उसने उनकी तनिक भी परवाह नहीं की। वह अपने ही हाथ को शत्रु की अग्नि पर धीरे-धीरे जलते हुए देखता रहा, यहाँ तक कि पोर्सेना (Porsenna) जिसके दंड को वह स्वयं अपनी अडिगता से अर्थहीन बना रहा था, उसकी कीर्ति से ईर्ष्या करने लगा और उसने उसकी इच्छा के विरुद्ध आग हटाने का आदेश दे दिया। मैं इस घटना को प्रमुख शुभों में क्यों न गिनूँ? मैं इसे उन निश्चिंत और भाग्य की किसी परीक्षा से न गुज़रे शुभों से अधिक महान क्यों न मानूँ? क्योंकि बिना हाथ के शत्रु पर विजय प्राप्त करना, हाथ में तलवार लेकर विजय पाने की अपेक्षा जितना अधिक दुर्लभ है, उतना ही अधिक महान भी है।

    "क्या कहा?" तुम पूछते हो। "क्या तुम स्वयं अपने लिए ऐसे शुभ का चयन करोगे?" क्यों नहीं? यदि ऐसे कर्म का चयन ही नहीं किया जा सकता। हाँ, यदि उसे सचमुच चुनना ही संभव न हो तो फिर उसे किया भी नहीं जा सकता। तो क्या मैं इसके बजाय यह चुनूँ कि अपने हाथ किसी दास-प्रिय (कैटामाइट) से अपनी उँगलियों के जोड़ दबवाने के लिए बढ़ाऊँ या किसी गणिका, अथवा वेश्यावृत्ति करने वाले पुरुष से अपनी उँगलियों का स्पर्श और मालिश करवाऊँ? मैं म्यूशियस को अधिक सौभाग्यशाली क्यों न मानूँ? उसने अपना हाथ अग्नि को छूने के लिए उसी सहजता से आगे बढ़ाया जैसे, कोई व्यक्ति मालिश कराने के लिए अपना हाथ बढ़ाता है। उसने अपनी भूल का प्रायश्चित कर लिया; निःशस्त्र और एक हाथ से विकलांग हो जाने पर भी उसने अपना युद्ध जीत लिया। अपने उसी झुलसे और विकृत हाथ के बल पर उसने दो राजाओं पर विजय प्राप्त की।


अभी के लिए विदा 

Tuesday, 14 July 2026

महान दार्शनिकों के सदर्भ में -- पत्र - 64 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


कल तुम हमारे साथ थे। अब यदि वास्तव में शिकायत करने का कोई कारण होता तो वह तभी होता जब तुम हमारे साथ केवल कल ही रहे होते। इसलिए मैंने कहा, 'हमारे साथ थे', क्योंकि तुम तो आज भी मेरे साथ हो। कल कुछ मित्र मेरे घर आए थे, इसलिए मेरे घर की रसोई से थोड़ा-सा धुआँ उठ रहा था। वैसा नहीं जैसा अमीरों और फैशनपरस्त लोगों की विशाल रसोइयों से उठता है, जिसे देखकर अग्निशमन दल तक सचेत हो जाए बल्कि केवल इतना-सा धुआँ, जो यह संकेत दे रहा था कि घर में अतिथि आए हुए हैं। भोजन के समय हमारी बातचीत अनेक विषयों पर घूमती रही। जैसा प्रायः भोज-सभा में होता है, हम किसी एक विषय को अंत तक नहीं ले गए बल्कि एक बात से दूसरी बात पर सहज ही चले जाते रहे। फिर एक पुस्तक का पाठ किया गया। वह क्विंटस सेक्स्टियस वरिष्ठ की रचना थी। निश्चय ही वे एक महान व्यक्ति थे और यद्यपि वे स्वयं इससे इनकार करते थे, फिर भी वे वास्तव में एक स्टोइक दार्शनिक थे। ईश्वर की शपथ! उस व्यक्ति में कितना अद्भुत ओज है, कितना प्राणबल है! ऐसा गुण हर दार्शनिक में नहीं मिलता। कुछ दार्शनिक अत्यंत प्रसिद्ध हैं किन्तु उनका लेखन नीरस और निर्जीव है। वे तर्क प्रस्तुत करते हैं, वाद-विवाद करते हैं, आपत्तियाँ उठाते हैं, पर पाठक के भीतर कोई उत्साह नहीं जगा पाते क्योंकि उनके अपने शब्दों में ही जीवन का अभाव होता है। किन्तु जब तुम सेक्स्टियस को पढ़ोगे तो तुम्हारे मुँह से अनायास निकलेगा, “यह व्यक्ति सचमुच जीवित है। यह ऊर्जावान है, स्वतंत्र है। यह सामान्य मनुष्यों से कहीं ऊपर उड़ता है। इसे पढ़कर मैं अपार आत्मविश्वास और महान उत्साह से भर उठता हूँ।”



    मैं तुम्हें बताता हूँ कि उन्हें पढ़ते समय मेरी अपनी मनःस्थिति कैसी हो जाती है। मेरा मन हर प्रकार के दुर्भाग्य को ललकारने के लिए व्याकुल हो उठता है। मैं मानो ऊँचे स्वर में पुकारना चाहता हूँ, “हे भाग्य! क्यों रुक गया है? अपना पूरा प्रहार कर। देख, मैं तैयार हूँ!” उस समय मैं अपने भीतर उसी मनुष्य का साहस अनुभव करता हूँ, जो स्वयं अपने लिए परीक्षा-भूमि खोजता है। ऐसा अवसर, जहाँ वह अपने धैर्य और वीरता का प्रमाण दे सके —

वह विनती करता है कि शांत झुंडों के बीच, उसे किसी झाग उड़ाते हुए जंगली वराह का सामना हो या फिर पर्वत-शिखर से उतरते हुए किसी सुनहरे सिंह का।

मेरा मन ऐसी किसी चुनौती की खोज करता है, जिस पर मैं विजय प्राप्त कर सकूँ। ऐसी किसी कठिनाई की, जिसे मैं अपने आत्म-प्रशिक्षण का भाग बनाकर धैर्यपूर्वक सह सकूँ। सेक्स्टियस की यही एक और विलक्षण विशेषता है। वे तुम्हें सच्चे सुख की महानता का दर्शन तो कराते हैं पर उसे प्राप्त करने की आशा तुमसे कभी नहीं छीनते। तुम्हें यह अवश्य अनुभव होता है कि वह आदर्श अभी तुमसे बहुत ऊँचा है फिर भी यह विश्वास बना रहता है कि जो व्यक्ति सच्चे मन से चाहे, वह उस ऊँचाई तक पहुँच सकता है।

    यही भावना स्वयं सद्गुण भी उत्पन्न करती है। तुम उसका आदर और प्रशंसा करते हो और साथ ही यह आशा भी रखते हो कि एक दिन तुम स्वयं भी उसे प्राप्त कर सकोगे। जहाँ तक मेरा प्रश्न है, प्रज्ञा का चिंतन ही मेरे समय का बहुत बड़ा भाग अपने में समेट लेता है। उसे निहारते हुए मैं उतना ही विस्मित होता हूँ, जितना कभी-कभी आकाश को देखकर होता हूँ। उस आकाश को भी, जिसे मैं अनेक बार ऐसे देखता हूँ मानो पहली बार देख रहा हूँ।

    इसी कारण मैं दर्शन के उन महान आविष्कारों का भी आदर करता हूँ और उन महापुरुषों का भी, जिन्होंने उन्हें खोजा। यह सोचकर मेरा हृदय आनंद से भर उठता है कि मानो मुझे अनेक पूर्वजों की छोड़ी हुई एक महान विरासत प्राप्त हुई है। उन्होंने जो कुछ एकत्र किया, जिस ज्ञान के लिए उन्होंने अथक परिश्रम किया, वह सब मेरे लिए है। पर हमें भी एक योग्य गृहस्वामी की भाँति आचरण करना चाहिए। जैसे वह अपनी पैतृक संपत्ति में वृद्धि करता है, वैसे ही हमें भी इस बौद्धिक और आध्यात्मिक विरासत को समृद्ध करना चाहिए। जब यह धरोहर मुझसे आगे आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचे तो वह पहले से अधिक समृद्ध हो। अभी भी बहुत-सा कार्य किया जाना शेष है। सदा शेष रहेगा। कोई भी बात उन लोगों को, जो आज से हजारों पीढ़ियों बाद जन्म लेंगे, इस महान कार्य में अपना योगदान देने से नहीं रोक सकती। 

    किन्तु यदि यह मान भी लिया जाए कि प्राचीनों ने सब कुछ खोज लिया था, तब भी एक कार्य ऐसा है जो सदैव नया बना रहेगा। दूसरों द्वारा की गई खोजों को व्यवहार में लाना, उन्हें ठीक प्रकार से समझना और व्यवस्थित रूप देना। मान लो, आँखों के उपचार के लिए आवश्यक सभी औषधियाँ हमें पहले से ही विरासत में मिल गई हों। तब मुझे नई दवाएँ खोजने की आवश्यकता नहीं होगी, परंतु मुझे उनका उपयोग रोग और परिस्थिति के अनुसार करना तो सीखना ही होगा। एक औषधि आँख की सूजन दूर करती है, दूसरी पलक की सूजन कम करती है, तीसरी अचानक होने वाले दर्द और आँसू बहने को रोकती है और चौथी दृष्टि को बेहतर बनाती है। किंतु इन सबका लाभ तभी मिलता है, जब तुम स्वयं भी अपना कर्तव्य निभाओ। औषधि को उचित मात्रा में तैयार करो और रोगी की अवस्था के अनुसार सही समय तथा सही विधि से उसका प्रयोग करो। मन के रोगों की औषधियाँ भी प्राचीन मनीषियों ने खोज ली थीं। पर उन्हें कब, कैसे और किस परिस्थिति में प्रयोग करना है। यह पता लगाना हमारा कार्य है। हमारे पूर्वजों ने निस्संदेह बहुत महान कार्य किए हैं, पर उनका कार्य अभी भी पूर्ण नहीं हुआ है।

    फिर भी हमें उन सबका आदर करना चाहिए बल्कि उनका सम्मान उसी श्रद्धा से करना चाहिए, जैसी हम देवताओं के प्रति रखते हैं। आखिर मैं उन महान पुरुषों की प्रतिमाएँ अपने पास क्यों न रखूँ ताकि वे मेरे मन को सत्कर्म के लिए प्रेरित करती रहें? मैं उनके जन्मदिवस क्यों न मनाऊँ? प्रत्येक अवसर पर सम्मानपूर्वक उनका नाम लेकर उन्हें श्रद्धांजलि क्यों न अर्पित करूँ? जितना सम्मान मैं अपने गुरुओं का करता हूँ, उतना ही सम्मान मुझे समस्त मानवजाति के उन महान आचार्यों का भी करना चाहिए, जिनसे हमें इतना महान कल्याण प्राप्त हुआ है।

    यदि मेरे सामने कोई कौंसुल या प्रेटर आ जाए तो मैं उसके पद का सम्मान करते हुए वही सब करूँगा जो प्रथा के अनुसार उचित है। घोड़े से उतरूँगा, अपना सिर अनावृत करूँगा और उसे मार्ग दूँगा। तो फिर बताओ, क्या मुझे मार्कस कैटो (ज्येष्ठ और कनिष्ठ), बुद्धिमान लेलियस, सुकरात, प्लेटो, ज़ेनो और क्लीन्थीस जैसे महापुरुषों का इससे भी अधिक सम्मानपूर्वक स्वागत नहीं करना चाहिए? निस्संदेह, मैं इन महान व्यक्तियों के प्रति गहरी श्रद्धा रखता हूँ। जब भी उनके महान नामों का उच्चारण होता है, मैं आदरवश खड़ा हो जाता हूँ।


अभी के लिए विदा 

शोक के संदर्भ में -- पत्र - 63 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


मुझे इस बात का दुःख है कि तुम्हारे मित्र फ्लैकस का निधन हो गया है। पर मैं चाहता हूँ कि तुम इस शोक में आवश्यकता से अधिक दुःखी न हो।


शगाल द्वारा  

    मैं तुमसे यह तो नहीं कहूँगा कि बिल्कुल भी शोक मत करो। यद्यपि मैं जानता हूँ कि वही सबसे अच्छा होता। पर ऐसी अडिग मानसिक दृढ़ता केवल उसी व्यक्ति में होती है, जो दुर्भाग्य से बहुत ऊपर उठ चुका हो। वह भी ऐसी घटना से क्षणभर के लिए अवश्य व्यथित होगा, पर केवल क्षणभर के लिए। जहाँ तक हमारी बात है, यदि हमारे आँसू अधिक न हों और हम शीघ्र ही स्वयं पर फिर से नियंत्रण पा लें तो हमारे आँसू क्षम्य हैं। मित्र के वियोग में तुम्हारी आँखें बिल्कुल सूखी भी न रहें, पर वे आँसुओं में डूब भी न जाएँ। रोओ, पर विलाप मत करो।

    क्या तुम्हें मेरा यह नियम कठोर प्रतीत होता है? फिर भी यूनान के महानतम कवि ने भी शोक मनाने के लिए केवल एक दिन को ही उचित माना है। वह तो यहाँ तक कहता है कि नायोबी ने भी अंततः भोजन करने का विचार किया।

    क्या तुम पूछते हो कि विलाप कहाँ से उत्पन्न होता है अथवा असीमित रुदन का स्रोत क्या है? अपने आँसुओं के द्वारा हम अपने दुःख को सिद्ध करने का प्रयास करते हैं। हम इसलिए नहीं रोते कि शोक हमें विवश करता है बल्कि इसलिए कि हम दूसरों के सामने अपना शोक प्रदर्शित करना चाहते हैं। लोग केवल अपने लिए दुःखी नहीं होते। कैसी दुर्भाग्यपूर्ण मूर्खता है! शोक में भी मानो एक प्रकार की प्रतिस्पर्धा होती है।

    “तो फिर?” तुम पूछते हो, “क्या मैं अपने मित्र को भूल जाऊँ?” यदि तुम्हारी स्मृति केवल उतने समय तक ही बनी रहती है, जितने समय तक तुम्हारा शोक रहता है तो यह स्मरण बहुत अल्पकालिक है। वह समय शीघ्र ही आने वाला है जब कोई आकस्मिक बात तुम्हारे चेहरे पर फिर से मुस्कान ले आएगी। मैं कहता हूँ, बहुत जल्द तुम्हारी पीड़ा, चाहे वह कितनी ही तीव्र क्यों न हो शांत पड़ जाएगी और वियोग की प्रत्येक वेदना कम हो जाएगी। जैसे ही तुम अपने शोक का प्रदर्शन करना छोड़ दोगे, तुम्हारे चेहरे की उदासी भी समाप्त हो जाएगी। अभी तो तुम अपने शोक की मानो रक्षा कर रहे हो, फिर भी वह धीरे-धीरे तुमसे दूर होता जा रहा है। शोक जितना अधिक तीव्र होता है, उतनी ही जल्दी उसका अंत भी हो जाता है।

    आओ, हम यह प्रयास करें कि जो लोग इस संसार से जा चुके हैं, उनकी स्मृति हमारे लिए सुखद बन जाए। यदि उनकी याद केवल पीड़ा ही दे तो कोई भी स्वेच्छा से उसे बार-बार स्मरण नहीं करना चाहेगा। इसलिए स्वाभाविक है कि प्रियजनों का नाम आते ही हमारे हृदय में एक कसक उठे। किंतु उस कसक में भी अपना एक विशेष आनंद छिपा होता है। हमारे मित्र एटालस कहा करते थ, “दिवंगत मित्रों की स्मृति वैसा ही आनंद देती है, जैसा हल्की खटास और मिठास से भरे सेबों का स्वाद या फिर पुराने मदिरा की मनभावन खटास। समय बीतने पर जो कुछ हमें पीड़ा देता है, वह सब मिट जाता है और केवल आनंद ही शेष रह जाता है।”

    यदि हम उनकी बात मानें तो जीवित और सकुशल मित्रों का स्मरण करना मानो मधुर पकवानों और शहद का स्वाद लेने जैसा है। जबकि जो मित्र इस संसार से चले गए हैं, उनका स्मरण एक ऐसी अनुभूति है जिसमें मिठास और कड़वाहट दोनों साथ-साथ होती हैं। फिर भी कौन इस बात से इनकार करेगा कि कभी-कभी तीखे और कड़वे स्वाद भी हमें प्रिय लगते हैं?

    मेरा अनुभव इससे भिन्न है। मेरे लिए दिवंगत मित्रों का स्मरण मधुर और सांत्वनादायक होता है। क्योंकि जब वे मेरे साथ थे, तब भी मैं उन्हें इस भावना के साथ चाहता था कि एक दिन उनसे बिछुड़ना पड़ सकता है।  और अब, जब वे इस संसार में नहीं हैं, तब भी मैं उन्हें इस भाव से स्मरण करता हूँ मानो वे आज भी मेरे साथ हों।

    इसलिए, प्रिय लूसीलियस, वही करो जो न्याय और विवेक के अनुकूल हो। भाग्य ने तुम्हारे साथ जो किया है, उसका गलत अर्थ लगाना छोड़ दो। भाग्य ने तुमसे एक चीज़ अवश्य छीन ली है, पर यह भी मत भूलो कि वही भाग्य उसे तुम्हें देकर भी गया था।

    चूँकि हमें यह निश्चित रूप से कभी ज्ञात नहीं होता कि हमारे मित्र कितने समय तक हमारे साथ रहेंगे, इसलिए जब तक वे हमारे पास हैं, तब तक हमें उनके सान्निध्य का भरपूर आनंद लेना चाहिए। यह भी सोचो कि कितनी ही बार हम लंबी यात्राओं पर गए और उन्हें पीछे छोड़ आए। कितनी ही बार एक ही नगर में रहते हुए भी उनसे मिल न सके। तब हमें समझ में आएगा कि उनके जीवित रहते हुए ही हमने उनके साथ बिताने योग्य कितना समय खो दिया था। कुछ लोग अपने मित्रों के रहते हुए उनकी उपेक्षा करते हैं। जब वे इस संसार से चले जाते हैं, तब उनके लिए अत्यधिक शोक करते हैं। क्या ऐसी प्रवृत्ति को स्वीकार किया जा सकता है? उन्हें अपने मित्रों से प्रेम तभी होता है, जब वे उन्हें खो चुके होते हैं! उन्हें यह भय सताता है कि कहीं लोगों को उनके प्रेम पर संदेह न हो जाए। इसलिए वे अपने शोक का और भी अधिक प्रदर्शन करते हैं। मानो वे अपने स्नेह का प्रमाण बहुत देर से खोजने का प्रयास कर रहे हों।

    यदि हमारे अन्य मित्र भी हैं तो हम उनके साथ अन्याय करते हैं और उनके सम्मान के योग्य भी नहीं रहते, यदि हम उन्हें उस मित्र के वियोग में कोई मूल्यवान सांत्वना देने योग्य नहीं समझते जो अब इस संसार में नहीं रहा। यदि हमारे पास कोई दूसरा मित्र ही नहीं है तो हम अपने साथ भाग्य से भी अधिक अन्याय कर रहे हैं। भाग्य ने हमसे केवल एक व्यक्ति को छीना है जबकि हम स्वयं उन सभी लोगों को अपने से दूर कर रहे हैं जिन्हें हम अपना मित्र बना सकते थे। इसके अतिरिक्त, जो व्यक्ति एक से अधिक लोगों के साथ मित्रता नहीं कर सकता, वह वास्तव में उस एक से भी बहुत गहरा प्रेम नहीं करता। मान लो किसी व्यक्ति का एकमात्र वस्त्र खो जाए और वह दूसरा वस्त्र खोजकर अपने शरीर को ढकने और ठंड से बचने के बजाय केवल रोता-बिलखता रहे तो क्या तुम उसे मूर्ख नहीं कहोगे? जिस व्यक्ति से तुम प्रेम करते थे, वह अब इस संसार में नहीं है। इसलिए किसी और को अपना स्नेह दो। नए मित्र बनाना और प्रेम का संबंध स्थापित करना, शोक में डूबे रहने से कहीं अधिक श्रेष्ठ है।

    मैं जानता हूँ कि जो बात मैं अब कहने जा रहा हूँ, वह बहुत पुरानी और बार-बार दोहराई गई उक्ति है। फिर भी केवल इसलिए कि उसे सभी कह चुके हैं, मैं उसे छोड़ने वाला नहीं हूँ।

    समय स्वयं शोक का अंत कर देता है —

भले ही तुम स्वयं उसे समाप्त करने का निर्णय न लो। अंततः मनुष्य शोक करते-करते थक जाता है। किंतु एक विवेकशील व्यक्ति को यह सोचकर लज्जा होनी चाहिए कि उसके शोक का उपचार केवल समय के कारण हुआ। इससे कहीं बेहतर है कि तुम स्वयं अपने शोक का त्याग करो न कि शोक तुम्हारा साथ छोड़ दे। जब यह निश्चित है कि तुम चाहकर भी बहुत लंबे समय तक शोक नहीं कर सकते तो फिर जितनी जल्दी संभव हो, उतनी जल्दी उसे छोड़ देना ही उचित है।

    हमारे पूर्वजों ने स्त्रियों के लिए शोक की अवधि एक वर्ष निर्धारित की थी। इसका अर्थ यह नहीं था कि उन्हें पूरे एक वर्ष तक शोक करना चाहिए बल्कि यह था कि वे उससे अधिक समय तक शोक न करें। पुरुषों के लिए तो शोक की कोई कानूनी अवधि निर्धारित ही नहीं की गई क्योंकि उनके लिए किसी भी अवधि तक शोक करते रहना सम्मानजनक नहीं माना गया। फिर भी उन स्त्रियों में भी जो मृतक की अर्थी से बड़ी कठिनाई से हटाई जाती हैं, जिन्हें शव से अलग करना पड़ता है, ऐसी एक भी स्त्री दिखाना कठिन है जिसके आँसू पूरे एक महीने तक लगातार बहते रहे हों। शोक से अधिक शीघ्र घृणित कोई और चीज़ नहीं बनती। जब वह नया होता है, तब लोगों की सहानुभूति और सांत्वना प्राप्त करता है। पर जब वह लंबा खिंच जाता है, तब वह केवल उपहास का विषय बन जाता है। यह उचित भी है क्योंकि उस समय तक वह या तो मूर्खता बन चुका होता है या मात्र दिखावा।

    और ये बातें मैं तुम्हें वही व्यक्ति लिख रहा हूँ, जिसने अपने प्रिय अनेयुस सेरेनस के निधन पर इतना असंयमित होकर विलाप किया था कि स्वयं मुझे ही अपनी इच्छा के विरुद्ध शोक से पराजित मनुष्य का उदाहरण बनना पड़ता है। किन्तु आज मैं अपने उस व्यवहार की स्वयं आलोचना करता हूँ। अब मैं समझता हूँ कि मेरे इतने गहरे शोक का मुख्य कारण यह था कि मैंने कभी यह सोचा ही नहीं था कि उसकी मृत्यु मेरी मृत्यु से पहले भी हो सकती है। मेरे मन में केवल यही बात थी कि वह मुझसे छोटा है, बहुत छोटा। मानो जन्म का क्रम ही हमारे भाग्य और मृत्यु का समय निर्धारित करता हो!

    इसलिए हमें चाहिए कि हम अपनी और अपने प्रियजनों, दोनों की मरणशीलता को सदैव स्मरण रखें। उस समय मुझे अपने आप से यह कहना चाहिए था, “मेरा प्रिय सेरेनस मुझसे आयु में छोटा है, पर इससे क्या अंतर पड़ता है? उचित तो यही है कि उसकी मृत्यु मेरे बाद हो किन्तु ऐसा भी हो सकता है कि वह मुझसे पहले ही मर जाए।” चूँकि मैंने ऐसा नहीं सोचा, इसलिए भाग्य ने मुझे अचानक और पूरी तरह अप्रस्तुत अवस्था में आ घेरा। अब मैं यह बात सदा ध्यान में रखता हूँ कि केवल इतना ही नहीं कि प्रत्येक मनुष्य और प्रत्येक वस्तु को एक दिन नष्ट होना है बल्कि यह भी कि मृत्यु किसी निश्चित नियम या क्रम का पालन नहीं करती। जो कभी भी हो सकता है, वह आज भी हो सकता है।

    इसलिए, प्रिय लूसीलियस, हमें यह स्मरण रखना चाहिए कि हम भी शीघ्र ही उसी स्थान पर जाने वाले हैं, जहाँ वह पहुँच चुका है जिसके लिए हम शोक कर रहे हैं। यदि दार्शनिकों की यह बात सत्य हो कि मृत्यु के बाद कोई ऐसा लोक है जो हमें अपने भीतर स्थान देता है तो जिस व्यक्ति को हम खोया हुआ समझते हैं, वह वास्तव में नष्ट नहीं हुआ है वह तो केवल हमसे पहले वहाँ पहुँच गया है।


अभी के लिए विदा 

इच्छा और मृत्यु के संदर्भ में -- पत्र - 61 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


आओ, अब उन वस्तुओं की इच्छा करना छोड़ दें, जिनकी हम पहले किया करते थे। मैं तो वास्तव में यही कर रहा हूँ। अब जब मैं वृद्ध हो गया हूँ तो मैंने उन इच्छाओं का त्याग कर दिया है, जिन्हें मैं बच्चा रहते हुए करता था। मेरा एकमात्र प्रयत्न, मेरा दिन-रात का एकमात्र विचार यही है कि अपने पुराने दोषों और दुर्बलताओं का अंत कर दूँ। मैं प्रयास करता हूँ कि मेरा एक-एक दिन पूरे जीवन के बराबर मूल्यवान बन जाए। ऐसा नहीं है कि मैं प्रत्येक दिन को अपना अंतिम दिन समझकर उससे चिपका रहता हूँ... बिल्कुल नहीं। फिर भी मैं उसे इस प्रकार देखता हूँ, मानो वह वास्तव में मेरा अंतिम दिन हो सकता है। मैं तुम्हें यह पत्र भी उसी भावना से लिख रहा हूँ, मानो लिखते-लिखते ही मृत्यु मुझे बुलाने वाली हो। मैं जाने के लिए तैयार हूँ। जीवन का आनंद मैं इसलिए ले पाता हूँ कि मुझे इस बात की अधिक चिंता नहीं रहती कि यह सब कितने समय तक चलेगा।


By Maria Popova 

    वृद्धावस्था से पहले मेरी चिंता अच्छी तरह जीने की थी। वृद्धावस्था में मेरी चिंता अच्छी तरह मरने की है। अच्छी तरह मरने का अर्थ है— स्वेच्छा से मृत्यु को स्वीकार करना। प्रयास करो कि तुम कभी भी अपनी इच्छा के विरुद्ध कोई कार्य न करो। जिस कार्य को तुम विरोध करने पर करने के लिए विवश हो जाओगे, वही कार्य यदि अपनी इच्छा से करो तो वह विवशता नहीं रह जाती। मेरा आशय यह है कि जो व्यक्ति प्रसन्नतापूर्वक आदेश का पालन करता है, वह दासता के सबसे कटु पक्ष से बच जाता है। अर्थात वह काम करने से, जिसे वह करना नहीं चाहता। मनुष्य को दुःखी आदेश का पालन करना नहीं बनाता बल्कि अपनी इच्छा के विरुद्ध कार्य करना उसे दुःखी बनाता है।

    इसलिए हमें अपने मन को इस प्रकार तैयार करना चाहिए कि परिस्थितियाँ हमसे जो कुछ चाहें, वही हमारी भी इच्छा बन जाए। सबसे बढ़कर, हमें अपने अंत के विषय में बिना किसी शोक के विचार करना सीखना चाहिए। हमें जीवन की तैयारी करने से पहले ही मृत्यु की तैयारी कर लेनी चाहिए। जीवन के लिए हमारे पास पर्याप्त साधन हैं। फिर भी हम जीवन की सुविधाओं के लिए लालची बने रहते हैं। हमें हमेशा लगता है कि हमारे पास कुछ न कुछ कमी है। यह भावना बनी ही रहती है। जीवन से तृप्ति न तो दिनों की संख्या से मिलती है और न वर्षों की लंबाई से। वह केवल मन की अवस्था से प्राप्त होती है। प्रिय लूसीलियस, मैंने अपना जीवन पूरी तरह पर्याप्त जिया है। अब मैं पूर्ण संतोष के साथ अपनी मृत्यु की प्रतीक्षा कर रहा हूँ।


अभी के लिए विदा 

मनुष्य की अतृप्ति के संदर्भ में -- पत्र - 60 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


मैं तुमसे असंतुष्ट हूँ, तुमसे असहमति रखता हूँ, तुम पर क्रोधित हूँ। क्या तुम अब भी उन्हीं वस्तुओं की कामना करते हो, जिनकी तुम्हारे लिए तुम्हारी धाय, तुम्हारे शिक्षक या तुम्हारी माँ कामना किया करते थे? क्या तुम्हें अब भी यह समझ में नहीं आया कि जिन बातों की वे तुम्हारे लिए इच्छा करते थे, उनमें से कितनी वास्तव में हानिकारक थीं? अरे, हमारे अपने सबसे निकट और प्रिय लोगों की प्रार्थनाएँ भी कितनी बार हमारे लिए अहितकारी सिद्ध होती हैं! और जब वे प्रार्थनाएँ सचमुच पूरी हो जाती हैं, तब तो वे और भी अधिक अनिष्टकारी बन जाती हैं। अब मुझे यह आश्चर्य नहीं होता कि बचपन से ही हम इतने प्रकार के कष्टों से घिरे रहते हैं क्योंकि हम अपने माता-पिता की ऐसी ही अहितकारी कामनाओं के बीच बड़े होते हैं। ईश्वर करे कि हम अपने लिए ऐसी प्रार्थना करें, जिसे पूरा करने में कुछ भी मूल्य न चुकाना पड़े।



    हम कब तक देवताओं से कुछ-न-कुछ माँगते रहेंगे? क्या हम अब भी अपना पेट स्वयं भरने में समर्थ नहीं हुए हैं? हमारे बोए हुए खेत इतने विशाल क्षेत्र में फैले हैं कि उनमें बड़े-बड़े नगर बस सकते हैं। कब तक? कब तक हमारी फसल काटने के लिए पूरी की पूरी आबादी लगी रहेगी? और एक ही भोजन की मेज़ सजाने के लिए कितने जहाज़ों को और एक से अधिक समुद्रों को पार करना पड़ेगा? एक बैल कुछ ही एकड़ चरागाह से तृप्त हो जाता है। एक ही वन एक से अधिक हाथियों के लिए पर्याप्त होता है। पर मनुष्य भूमि और समुद्र— दोनों का उपभोग करता है। ऐसा क्यों है? क्या प्रकृति ने हमें इतनी अतृप्त भूख दी है कि शरीर तो हमें छोटा-सा मिला है, फिर भी हम भोजन की लालसा में सबसे बड़े और सबसे अधिक खाने वाले पशुओं से भी आगे निकल जाएँ? ऐसा बिल्कुल नहीं है। हमारी प्राकृतिक आवश्यकताएँ तो बहुत थोड़ी हैं। प्रकृति की माँगों को पूरा करने के लिए बहुत कम ही पर्याप्त होता है। हमारे व्यय का कारण शरीर की भूख नहीं, बल्कि हमारी महत्त्वाकांक्षा है। इसलिए, जैसा कि सालुस्त  ने कहा है, "जो लोग केवल अपने पेट की ही चिंता करते हैं, उन्हें मनुष्यों की अपेक्षा पशुओं की जाति का सदस्य समझना चाहिए।"

    वास्तव में कुछ लोगों को तो हमें जीवित प्राणियों की श्रेणी में भी नहीं गिनना चाहिए बल्कि उन्हें चलते-फिरते शव समझना चाहिए। मनुष्य तभी वास्तव में जीवित होता है, जब वह बहुत-से लोगों के लिए उपयोगी हो। तब भी जीवित होता है, जब वह स्वयं अपने लिए उपयोगी हो। जो लोग आलस्य में डूबे घरों में छिपे रहते हैं, वे मानो कब्र में ही पड़े हों। चाहो तो उनके द्वार के ऊपर संगमरमर पर यह लिखवा दो —

“इनकी मृत्यु
इनसे पहले ही
हो चुकी थी।”


अभी के लिए विराम 

आनंद के संदर्भ में -- पत्र - 59 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


आपका पत्र पढ़कर मुझे अत्यन्त प्रसन्नता हुई। यद्यपि आपको मुझे सामान्य बोलचाल की भाषा का प्रयोग करने की अनुमति देनी होगी। मेरे शब्दों को उनके स्टोइक अर्थों में मत लीजिए। हमारे सिद्धांत के अनुसार 'सुख' (Pleasure) एक दोष है। फिर भी, जैसा भी हो, 'सुख' वह शब्द है जिसका प्रयोग हम सामान्यतः मन की प्रसन्न अवस्था के लिए करते हैं।



    मैं जानता हूँ कि यदि हम शब्दों को अपने दार्शनिक नियमों के अनुसार ही बाँध दें तो 'सुख' निंदनीय है। जबकि 'आनंद' केवल बुद्धिमान व्यक्ति का गुण है क्योंकि आनंद उस मन की उन्नत अवस्था है जो वास्तविक और अपने स्वाभाविक शुभ की ओर उन्मुख होता है। फिर भी, सामान्य व्यवहार में हम अक्सर कहते हैं कि अमुक व्यक्ति के कौंसल (Consul) चुने जाने पर हमें बहुत आनंद हुआ या किसी के विवाह पर या उसकी पत्नी के पुत्र-जन्म देने पर। जबकि ये घटनाएँ आनंद का कारण होने से बहुत दूर, प्रायः भविष्य के दुःख का आरंभ सिद्ध होती हैं। क्योंकि आनंद का स्वभाव ही ऐसा है कि वह कभी समाप्त नहीं होता और न ही अपने विपरीत में परिवर्तित होता है। इसलिए जब हमारे कवि वर्जिल कहते हैं, 'मन के दुष्ट आनंद' तो उन्होंने यह बात साहित्यिक दृष्टि से तो अत्यन्त सुंदर कही है, पर दार्शनिक दृष्टि से यह शुद्ध नहीं है क्योंकि कोई भी वास्तविक आनंद दुष्ट नहीं हो सकता। उन्होंने यहाँ 'आनंद' शब्द का प्रयोग वास्तव में 'सुख-भोग' के अर्थ में किया है। इसी प्रकार अपना आशय व्यक्त किया है क्योंकि जिन लोगों की वे बात कर रहे हैं, वे उन वस्तुओं से प्रसन्न होते हैं जो वास्तव में उनके लिए अहितकर होती हैं।

    फिर भी, यह कहने में मैं गलत नहीं था कि आपका पत्र पढ़कर मुझे अत्यन्त प्रसन्नता हुई। क्योंकि यदि कोई अविवेकी व्यक्ति किसी सम्मानजनक कारण से भी प्रसन्न होता है, तब भी मैं उसकी उस भावना को 'सुख' ही कहूँगा। क्योंकि वह अस्थिर होती है, शीघ्र ही अपने विपरीत रूप में बदल जाती है। किसी मिथ्या शुभ में विश्वास के कारण उत्पन्न होती है। इसलिए वह अपने ऊपर नियंत्रण नहीं रख पाती और सीमा का अतिक्रमण कर बैठती है।

    लेकिन अब मैं अपने मूल विषय पर लौटता हूँ और तुम्हें बताता हूँ कि तुम्हारे पत्र में मुझे सबसे अधिक क्या अच्छा लगा। तुम्हारा अपनी भाषा पर पूरा नियंत्रण है। तुम अपनी वाक्पटुता के प्रवाह में बह नहीं जाते और न ही उसे अपनी इच्छित सीमा से अधिक बढ़ने देते हो। बहुत-से लोग किसी आकर्षक वाक्यांश के मोह में पड़कर उस विषय से भटक जाते हैं, जिस पर वे लिखना शुरू करते हैं। तुम्हारे साथ ऐसा नहीं होता। तुम्हारा प्रत्येक वाक्य संक्षिप्त है और विषय के बिल्कुल अनुकूल है। तुम उतना ही कहते हो जितना कहना चाहते हो, किंतु तुम्हारे शब्दों का अर्थ उनसे कहीं अधिक व्यक्त कर देता है। यह एक और भी महत्त्वपूर्ण बात का संकेत है। यह दर्शाता है कि तुम्हारा मन भी किसी अनावश्यक या अतिशयोक्तिपूर्ण विचार से भरा हुआ नहीं है।

    हाँ, मुझे कुछ रूपक अवश्य मिले, पर वे ऐसे नहीं थे जो अत्यधिक साहसिक या जोखिमपूर्ण हों बल्कि वे पहले से प्रचलित और स्वीकृत रूपक थे। मुझे बिंबों का भी प्रयोग मिला। यदि कोई यह कहे कि बिंबों का प्रयोग नहीं करना चाहिए और उन्हें केवल कवियों के लिए ही उचित माने तो मैं समझूँगा कि उसने हमारे प्राचीन लेखकों को एक बार भी नहीं पढ़ा है। वे ऐसे समय के लेखक थे, जब शैलीगत आडंबर को निरंतर लक्ष्य नहीं बनाया जाता था। वे सरलता से लिखते थे और इस प्रकार अपनी बात कहते थे कि उसका आशय स्पष्ट रूप से समझ में आ जाए। उनकी रचनाएँ उपमाओं से परिपूर्ण हैं। मेरे विचार में उपमाएँ आवश्यक हैं। इसलिए नहीं कि कवि उनका प्रयोग करते हैं बल्कि इसलिए कि वे हमारी बौद्धिक दुर्बलता का सहारा बनती हैं तथा विषय को वक्ता और श्रोता, दोनों के लिए अधिक स्पष्ट और सजीव बना देती हैं।

    संयोग से, मैं अभी-अभी सेक्स्टियस को पढ़ रहा था। एक कठोर और दृढ़ स्वभाव का व्यक्ति। उसके दर्शन के शब्द भले ही यूनानी हों पर उसके आदर्श और मूल्य पूरी तरह रोमन हैं। उसके द्वारा दी गई एक उपमा ने मुझे विशेष रूप से प्रभावित किया। वह उस सेना का उदाहरण देता है जो वर्गाकार (चौकोर) व्यूह में आगे बढ़ती है और युद्ध के लिए हर समय तैयार रहती है क्योंकि यह आशंका रहती है कि शत्रु किसी भी दिशा से आक्रमण कर सकता है। वह कहता है, “बुद्धिमान व्यक्ति को भी यही करना चाहिए। उसे अपने सद्गुणों को चारों ओर इस प्रकार तैनात रखना चाहिए कि जब भी कोई विपत्ति आए, उसका पूरा सुरक्षा-दल तत्पर रहे और अपने सेनापति के केवल एक संकेत पर बिना किसी अव्यवस्था के तुरंत कार्य करने लगे।” हम किसी महान सेनापति की सेना में देखते हैं कि उसके आदेश का पालन सभी सैनिक एक साथ करते हैं। सेना की व्यवस्था ऐसी होती है कि एक व्यक्ति द्वारा दिया गया संकेत एक ही समय में घुड़सवारों और पैदल सैनिकों, दोनों तक पहुँच जाता है। सेक्स्टियस कहता है कि हमें भी अपने भीतर ऐसी ही तत्परता चाहिए बल्कि हमें इसकी उससे भी अधिक आवश्यकता है। सेनाएँ अनेक बार बिना किसी वास्तविक कारण के ही शत्रु से भयभीत हो जाती हैं। जिस मार्ग को वे सबसे अधिक संकटपूर्ण समझती हैं, वही प्रायः सबसे सुरक्षित निकलता है। परंतु मूर्खता के लिए कहीं भी सुरक्षा का क्षेत्र नहीं होता। उसे ऊपर से भी भय रहता है, नीचे से भी। दाएँ-बाएँ दोनों ओर से, आगे से भी और पीछे से भी। वह हर वस्तु से काँपती रहती है। इसलिए किसी भी परिस्थिति के लिए तैयार नहीं होती। जो उसकी सहायता करने आते हैं, उनसे भी डर जाती है। इसके विपरीत, बुद्धिमान व्यक्ति हर प्रकार के आक्रमण के विरुद्ध सुदृढ़ और सुरक्षित रहता है। उसका संकल्प अटल होता है। वह न निर्धनता, न शोक, न अपयश और न ही पीड़ा के आक्रमण के सामने पीछे हटता है। वह बिना विचलित हुए उनका सामना करता है और आवश्यकता पड़ने पर उनके बीच भी निर्भीक होकर आगे बढ़ जाता है।

    जहाँ तक हमारी बात है, हमें बाँधने वाली बहुत-सी चीज़ें हैं और हमारी शक्ति को क्षीण करने वाले भी अनेक कारण हैं। हम बहुत लंबे समय से अपने दोषों में पड़े हुए हैं। इसलिए उनसे आसानी से मुक्त नहीं हो सकते। बात केवल इतनी नहीं है कि हम उनसे दूषित हो गए हैं बल्कि हम तो उनमें पूरी तरह डूब चुके हैं। पर अब एक रूपक से दूसरे रूपक की ओर बढ़ने के बजाय, मैं एक प्रश्न उठाना चाहता हूँ, जिस पर मैं अक्सर विचार करता हूँ। मूर्खता का हम पर इतना गहरा अधिकार क्यों है? पहला कारण यह है कि हम उसका साहसपूर्वक प्रतिरोध नहीं करते। हम अपनी समस्त शक्ति लगाकर अपने उपचार का प्रयास नहीं करते। दूसरा कारण यह है कि बुद्धिमानों द्वारा खोजे गए सत्यों पर हमारा पर्याप्त विश्वास नहीं होता। हम उन्हें अपने हृदय में स्थान नहीं देते। इतने महान उद्देश्य के लिए भी हम बहुत कम परिश्रम करते हैं। जो व्यक्ति अपने अधिकांश समय अपने ही दोषों को बढ़ाने में लगाता है और केवल बचा-खुचा समय उन्हें दूर करने की शिक्षा पाने में देता है, वह अपने अवगुणों से लड़ने के लिए आवश्यक ज्ञान कैसे प्राप्त कर सकता है? हममें से कोई भी किसी विषय में गहराई तक नहीं उतरता। हम केवल ऊपरी बातें जानकर ही संतुष्ट हो जाते हैं और समझते हैं कि दर्शन के लिए कुछ क्षण दे देना ही व्यस्त लोगों के लिए पर्याप्त ही नहीं बल्कि उससे भी अधिक है।

    सबसे बड़ी बाधा यह है कि हम बहुत जल्दी अपने आप से संतुष्ट हो जाते हैं। यदि कोई हमें अच्छा, विवेकशील और चरित्रवान कहने को तैयार मिल जाए तो हम तुरंत उस वर्णन को स्वीकार कर लेते हैं। थोड़ी-सी प्रशंसा से भी हमारा मन नहीं भरता। निर्लज्ज चापलूसी हमारे ऊपर जितनी भी प्रशंसा का ढेर लगा दे, हम उसे अपना उचित अधिकार समझकर स्वीकार कर लेते हैं। जब लोग हमें श्रेष्ठ, यहाँ तक कि अत्यंत बुद्धिमान बताते हैं तो हम उनकी बात मान लेते हैं जबकि हम अच्छी तरह जानते हैं कि वे अक्सर और खुलकर झूठ बोलते हैं। हम अपने प्रति इतने पक्षपाती हो जाते हैं कि जिन गुणों का हमारे आचरण से दूर-दूर तक संबंध नहीं होता, उनके लिए भी प्रशंसा सुनकर प्रसन्न हो उठते हैं। कोई व्यक्ति कठोर दंड देते समय भी स्वयं को 'सबसे दयालु' कहलाते हुए सुनता है। चोरी करते हुए भी 'सबसे उदार' और मद्यपान तथा व्यभिचार में लिप्त रहते हुए भी 'सबसे संयमी' कहलाता है। परिणामस्वरूप, हमारे भीतर बदलने की कोई इच्छा ही नहीं बचती क्योंकि हम पहले से ही यह मान बैठे होते हैं कि हम उत्कृष्टता की पराकाष्ठा पर पहुँच चुके हैं।

    एक बार, जब सिकंदर भारत में इधर-उधर घूमते हुए उन जातियों को लूट रहा था, जो अपने पड़ोसी लोगों तक के लिए भी लगभग अपरिचित थीं, तभी उसे एक तीर आ लगा। यह उस समय की बात है जब वह एक नगर की घेराबंदी किए हुए उसकी प्राचीरों के चारों ओर घूम-घूमकर उनकी कमजोर जगहों का पता लगा रहा था। वह लंबे समय तक अपने आरंभ किए हुए कार्य को पूरा करने के दृढ़ निश्चय के साथ डटा रहा। किंतु जब रक्तस्राव रुक गया और घाव पर पपड़ी जम गई, तब पीड़ा और बढ़ गई। घोड़े पर सवार होने पर उसके पैर की संवेदना भी जाती रही। अंततः उसे युद्ध छोड़ना पड़ा। तब उसने कहा, “सब लोग शपथ लेकर कहते हैं कि मैं बृहस्पति का पुत्र हूँ लेकिन यह घाव पुकार-पुकारकर बता रहा है कि मैं एक मनुष्य हूँ।” हमें भी यही करना चाहिए। चापलूसी हमारे पद और प्रतिष्ठा के अनुसार हम सबको मूर्ख बना देती है। इसलिए हमें चापलूसों से कहना चाहिए, “तुम मुझे बुद्धिमान कहते हो लेकिन मैं स्वयं देखता हूँ कि मैं कितनी ऐसी वस्तुओं की इच्छा करता हूँ जो बिल्कुल निरर्थक हैं। कितनी ऐसी चीज़ों की लालसा रखता हूँ जो मेरे लिए हानिकारक हैं। मुझे तो आज तक यह भी नहीं मालूम कि भोजन और पेय में कहाँ रुकना चाहिए जबकि पशु भी तृप्ति का अनुभव होते ही अपनी सीमा पहचान लेते हैं। आज तक मैं अपने ही पेट की क्षमता नहीं जान पाया हूँ।”

    अब मैं तुम्हें बताता हूँ कि तुम कैसे पहचान सकते हो कि तुम अभी बुद्धिमान नहीं बने हो। बुद्धिमान व्यक्ति आनंद से परिपूर्ण होता है। वह प्रसन्न, शांत और निर्भय रहता है। वह देवताओं के समान आत्मविश्वास और संतुलन के साथ जीवन जीता है। अब स्वयं को देखो। यदि तुम कभी निराश नहीं होते, यदि भविष्य की किसी आशा या चिंता से तुम्हारा मन विचलित नहीं होता, यदि तुम्हारी मानसिक अवस्था दिन-रात समान, स्थिर, सीधी और अपने आप में संतुष्ट रहती है, तब निश्चय ही तुमने मनुष्य जीवन के सर्वोच्च कल्याण को प्राप्त कर लिया है। लेकिन यदि तुम हर दिशा में और हर प्रकार के सुख की खोज करते फिरते हो तो समझ लो कि तुम बुद्धिमत्ता से उतने ही दूर हो, जितने आनंद से। तुम्हारा लक्ष्य तो आनंद है, पर तुम गलत मार्ग पर चल रहे हो। तुम सोचते हो कि धन, वैभव और सम्मान के बीच तुम्हें आनंद मिल जाएगा। अर्थात् तुम चिंता के बीच आनंद खोज रहे हो। जिन वस्तुओं के पीछे तुम इसलिए भागते हो कि वे तुम्हें सुख और प्रसन्नता देंगी, वास्तव में वही दुःख और क्लेश का कारण बन जाती हैं।

    हर व्यक्ति जिसे तुम देखते हो, आनंद की खोज में लगा हुआ है। लेकिन कोई यह नहीं जानता कि महान और स्थायी आनंद कहाँ प्राप्त होता है। कोई उसे दावतों और भोग-विलास में खोजता है। कोई चुनावों और समर्थकों की भीड़ में। कोई अपनी प्रेमिका में और कोई ऐसे निरर्थक विद्या-प्रदर्शन तथा साहित्य-अध्ययन में, जो मन की वास्तविक व्याधि का उपचार नहीं कर सकते। ये सभी लोग आकर्षक प्रतीत होने वाले, परंतु क्षणिक प्रलोभनों से धोखा खा जाते हैं। यह ठीक मद्यपान के समान है, जो एक घंटे के उन्मत्त उल्लास का मूल्य लंबे समय तक रहने वाले सिरदर्द और पीड़ा से वसूल करता है। या फिर बड़ी भीड़ की तालियों और जय-जयकार के समान है, जिसे प्राप्त करने और बनाए रखने के लिए भारी चिंता और व्याकुलता का मूल्य चुकाना पड़ता है।

    अतः इस बात पर गंभीरता से विचार करो कि बुद्धिमत्ता का फल स्थिर और अडिग आनंद है। बुद्धिमान का मन चंद्रलोक के ऊपर स्थित आकाश के समान होता है— सदैव निर्मल, शांत और अविचल। इसलिए यदि बुद्धिमत्ता के साथ सदा आनंद जुड़ा रहता है तो तुम्हारे पास उसे पाने की प्रबल इच्छा रखने का पर्याप्त कारण है। किंतु यह आनंद केवल एक ही स्रोत से उत्पन्न होता है— अपने सद्गुणों के प्रति सजग और आश्वस्त चेतना से। जो व्यक्ति साहसी नहीं है, जो न्यायप्रिय नहीं है और जो संयमी नहीं है, वह सच्चे आनंद का अनुभव करने में सक्षम नहीं हो सकता।

    तुम पूछते हो, “क्या कहना चाहते हो? क्या मूर्ख लोग भी आनंदित नहीं होते?” होते तो हैं, पर उनका आनंद उतना ही वास्तविक होता है जितना शिकार पकड़ लेने पर सिंह का। जब लोग मदिरा और वासना में स्वयं को पूरी तरह थका डालते हैं, जब उनके दुर्गुण रात समाप्त होने पर भी उनका साथ नहीं छोड़ते और जब शरीर की स्वाभाविक सीमा से अधिक भोगे गए सुख सड़ने लगते हैं और पीड़ा का कारण बन जाते हैं, तब वे दुःख में डूबकर वर्जिल की वह प्रसिद्ध पंक्ति दोहराते हैं —

“तुम जानते हो कि हमने वह अंतिम रात छलपूर्ण सुखों के बीच कैसे बिताई थी।”

    वास्तव में, भोग-विलास में डूबे लोग तो मानो हर रात ऐसे ही छलपूर्ण सुखों के बीच बिताते हैं, जैसे वह सचमुच उनकी अंतिम रात हो।

     परंतु जो आनंद देवताओं को प्राप्त है और उन लोगों को भी, जो देवताओं के समान जीवन जीने का प्रयास करते हैं, उसमें न कोई विराम होता है और न ही उसका कोई अंत। यदि उसका स्रोत बाहर की किसी वस्तु में होता तो उसका अंत भी संभव होता। किंतु उसका स्रोत किसी दूसरे के हाथ में नहीं है। इसलिए न कोई दूसरा उसे दे सकता है और न ही उससे छीन सकता है। जिसे भाग्य ने दिया ही नहीं, उसे भाग्य छीन भी नहीं सकता।


विदा 

Friday, 10 July 2026

मन की सूक्ष्मता के संदर्भ में -- पत्र - 57 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


जब मुझे बाइए छोड़कर नेपल्स लौटना पड़ा तो मैंने फिर से नाव से जाने का साहस नहीं किया। लोगों ने कहा कि समुद्र में तूफ़ान है और मुझे इस बात पर सहज ही विश्वास हो गया। लेकिन पूरे मार्ग में इतना कीचड़ था कि कोई यह समझ सकता था कि मैं नाव से ही वहाँ पहुँचा हूँ। उस दिन मुझे मानो पूरे एथलीटों वाले कठोर अभ्यास का अनुभव करना पड़ा क्योंकि कीचड़ से निकलते ही हम सीधे नेपल्स की सुरंग की धूल में जा पहुँचे। उस कालकोठरी से अधिक लंबी और उससे अधिक अँधेरी कोई जगह नहीं हो सकती। वहाँ जलती हुई मशालें भी केवल इतना ही कर पाती थीं कि हमें अँधेरा दिखाई दे। वे उसके पार देखने में हमारी कोई सहायता नहीं करती थीं। यदि वहाँ कहीं कुछ प्रकाश होता भी तो धूल उसे ढँक देती। खुली जगह में भी धूल बहुत कष्टदायक होती है। फिर सोचो, उस स्थान में उसका क्या हाल रहा होगा, जहाँ वह बंद वातावरण में, बिना किसी वायु-आवागमन के, बार-बार ऊपर उठती, फिर उसी स्थान पर लौटकर उन लोगों पर गिर पड़ती थी, जो उसे उड़ा रहे थे। इस प्रकार हमें एक ही समय में दो परस्पर विपरीत कष्ट सहने पड़े। उसी एक मार्ग पर, उसी एक दिन, हम कीचड़ और धूल, दोनों से एक साथ जूझते रहे।


By Kimura Buzan 

    फिर भी, उस अँधेरे ने मुझे सोचने के लिए कुछ दिया। क्योंकि मैंने अनुभव किया कि उसका मेरे मन पर एक प्रकार का प्रभाव पड़ा। भय तो नहीं था पर उस अपरिचित परिस्थिति की नवीनता और अप्रियता के कारण मेरे भीतर एक परिवर्तन अवश्य उत्पन्न हुआ। अब मैं अपने विषय में नहीं कह रहा हूँ क्योंकि मैं तो एक सहनीय मनुष्य होने से भी बहुत दूर हूँ, पूर्ण मनुष्य होने की तो बात ही अलग है बल्कि उस व्यक्ति के विषय में कह रहा हूँ, जिस पर भाग्य का अब कोई वश नहीं रह गया है। उसका मन भी ऐसे अवसरों पर प्रभावित होगा। उसके चेहरे का रंग भी बदल जाएगा। प्रिय लूसीलियस, कुछ बातें ऐसी हैं जिनसे कोई भी सद्गुण मनुष्य को पूरी तरह नहीं बचा सकता। प्रकृति स्वयं सद्गुणी व्यक्ति को यह स्मरण कराती रहती है कि वह भी नश्वर है। इसलिए दुःखद घटनाओं पर उसके चेहरे के भाव बदल जाएँगे। आकस्मिक घटनाओं से वह चौंक उठेगा और बहुत अधिक ऊँचाई से नीचे देखने पर उसे चक्कर भी आ सकता है। यह भय नहीं है बल्कि प्रकृति की ऐसी सहज प्रतिक्रिया है जिस पर तर्क का कोई अधिकार नहीं चलता।

    इसी प्रकार कुछ ऐसे लोग भी होते हैं जो अत्यन्त साहसी होते हैं और अपना रक्त बहाने के लिए भी तत्पर रहते हैं पर दूसरों का रक्त नहीं देख सकते। कुछ लोग ताज़े घाव को छूते या देखते ही मूर्छित हो जाते हैं जबकि कुछ पुराने और सड़े हुए घाव को देखकर बेहोश हो जाते हैं। कुछ ऐसे भी होते हैं जो तलवार का वार सह लेना, तलवार को अपनी आँखों के सामने देखने की अपेक्षा अधिक सहज समझते हैं। इसलिए जैसा कि मैंने कहा, मैंने जो अनुभव किया वह कोई भावावेश नहीं था बल्कि केवल एक परिवर्तन था। जैसे ही मैं फिर दिन के प्रकाश में लौटा, मेरी प्रसन्नता बिना किसी प्रयास और बिना किसी सचेत इच्छा के स्वयं लौट आई।

    तब मैंने अपने आप से वही पुरानी बातचीत आरम्भ की कि हम कितने मूर्ख हैं जो कुछ बातों से अधिक और कुछ से कम डरते हैं। जबकि उन सबका अंत एक ही होता है। इससे क्या अंतर पड़ता है कि कोई व्यक्ति गिरती हुई बालकनी के नीचे दबकर मरे या चट्टानों के धँसकने से? वास्तव में कोई अंतर नहीं है। फिर भी कुछ लोग चट्टानों के धँसकने से अधिक भयभीत होते हैं। जबकि दोनों ही समान रूप से प्राणघातक हैं क्योंकि भय परिणाम की अपेक्षा उसके कारण को अधिक महत्त्व देता है।

    तुम यह मत समझो कि मैं उन स्टोइक दार्शनिकों की बात कर रहा हूँ जो यह मानते हैं कि यदि कोई व्यक्ति किसी अत्यन्त भारी वस्तु के नीचे दबकर मर जाए तो उसकी आत्मा उस घटना से बच नहीं सकती क्योंकि उसे तुरंत बाहर निकलने का मार्ग नहीं मिलता। वह उसी क्षण तितर-बितर हो जाती है। पर मैं ऐसा नहीं कह रहा हूँ। वास्तव में, मेरा विचार है कि ऐसा कहने वाले लोग भूल करते हैं। जिस प्रकार अग्नि को दबाकर नष्ट नहीं किया जा सकता क्योंकि जो भी वस्तु उसे दबाती है, उसके चारों ओर से वह निकल जाती है। जिस प्रकार वायु न तो मुट्ठी के प्रहार से क्षतिग्रस्त होती है, न चाबुक की चोट से बल्कि केवल उस वस्तु के चारों ओर घूम जाती है जो उसे विचलित करती है। उसी प्रकार मन भी, जो अत्यन्त सूक्ष्म तत्त्व से बना है, शरीर के भीतर न तो पकड़ा जा सकता है और न ही टुकड़ों में विभाजित किया जा सकता है। अपनी सूक्ष्म प्रकृति के कारण वह उन सभी वस्तुओं के आर-पार निकल जाता है जो उस पर दबाव डालती हैं। जैसे बिजली दूर-दूर तक चमकती और फैलती है, फिर भी एक बहुत छोटे-से छिद्र से अपना मार्ग बना लेती है, उसी प्रकार मन, जो अग्नि से भी अधिक सूक्ष्म है, प्रत्येक प्रकार के शरीर के आर-पार निकल जाने में समर्थ है।

    अतः हमें इस बात की जाँच करनी चाहिए कि क्या मन अमर हो सकता है। पर कम-से-कम इस बात के प्रति तुम निश्चिंत रह सकते हो कि यदि वह शरीर के नष्ट होने के बाद भी जीवित रहता है तो किसी भी प्रकार उससे कुचला या नष्ट नहीं किया जा सकता। क्योंकि अमरता ऐसी नहीं होती जिसमें कोई अपवाद संभव हो और जो वस्तु शाश्वत है, उसे कोई भी हानि नहीं पहुँचा सकता।


अभी के लिए विदा 

Tuesday, 7 July 2026

दर्शन के उद्देश्य एवं भाषा के संदर्भ में -- पत्र - 48 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


तुमने विदेश यात्रा से जो पत्र मुझे भेजा था (एक ऐसा पत्र जो मानो यात्रा जितना ही लंबा था!), उसका उत्तर मैं बाद में दूँगा। अभी मुझे कुछ समय अकेले में जाकर यह विचार करना है कि तुम्हें क्या सलाह दूँ। क्योंकि मुझसे परामर्श करने से पहले तुमने भी इस विषय पर सोचने के लिए समय लिया था। वह भी केवल यह निर्णय करने के लिए कि मुझसे सलाह ली जाए या नहीं। इसलिए मेरे पास और भी अधिक कारण है कि मैं इस पर गंभीरतापूर्वक विचार करूँ क्योंकि किसी पहेली को सुलझाने में उसे बनाने की अपेक्षा अधिक समय लगता है। यह बात विशेष रूप से इसलिए भी सत्य है कि इस मामले में मेरे हित और तुम्हारे हित एक-दूसरे से भिन्न हैं।

   
 

    क्या मैं फिर से किसी एपिक्यूरियन की तरह बोल रहा हूँ? वास्तव में, मेरे हित तुम्हारे हितों से भिन्न नहीं हैं। यदि तुम्हारे संबंध में आने वाली प्रत्येक बात मेरी चिंता न हो तो मैं तुम्हारा मित्र ही नहीं कहलाऊँगा। मित्रता हमारे बीच ऐसा साझा हित उत्पन्न करती है जिसमें सब कुछ सम्मिलित हो जाता है। न सुख केवल एक व्यक्ति को प्रभावित करता है और न ही दुख; हम एक साझा जीवन जीते हैं। कोई भी व्यक्ति सुखी जीवन नहीं जी सकता यदि वह केवल अपने ही बारे में सोचता रहे और हर बात को अपने लाभ के लिए मोड़ ले। यदि तुम अपने लिए जीना चाहते हो तो तुम्हें किसी दूसरे के लिए भी जीना होगा। सहचर्य की यही भावना सभी मनुष्यों को एक-दूसरे से जोड़ती है। यह मानती है कि समस्त मानवजाति के लिए एक समान नियम है। यदि इसे सावधानी तथा श्रद्धा के साथ बनाए रखा जाए तो यह उस दूसरे सहचर्य जिसका मैंने उल्लेख किया था अर्थात् मित्रता के बंधन को भी दृढ़ बनाए रखने में बहुत सहायक होती है। क्योंकि जो व्यक्ति एक सह-मानव के साथ बहुत कुछ साझा करता है, वह अपने मित्र के साथ सब कुछ साझा करता है।

    हे श्रेष्ठ लूसीलियस, मैं चाहता हूँ कि वे शब्दों की बारीकियों में उलझने वाले विद्वान मुझे यह सिखाएँ कि मुझे एक मित्र के लिए क्या करना चाहिए या एक मनुष्य के लिए क्या करना चाहिए न कि यह कि 'मित्र' शब्द के कितने भिन्न-भिन्न अर्थ हो सकते हैं या 'मनुष्य' शब्द कितनी अलग-अलग वस्तुओं का संकेत कर सकता है। मैं देखता हूँ कि बुद्धिमत्ता और मूर्खता एक-दूसरे के विपरीत दिशाओं में जा रही हैं। मुझे कौन-सा मार्ग अपनाना चाहिए? तुम मुझे किस दिशा में भेज रहे हो? कोई व्यक्ति प्रत्येक मनुष्य को अपना मित्र मानता है। दूसरा अपने मित्र के साथ भी मनुष्य जैसा व्यवहार नहीं करता। कोई मित्रता को अपने स्वार्थ की पूर्ति का साधन बनाता है। दूसरा स्वयं को अपने मित्र के हित में समर्पित करने के लिए तत्पर रहता है। और उधर तुम शब्दों को मानो यातना-चक्र पर चढ़ाकर मरोड़ रहे हो, अक्षरों और शब्दांशों को अलग-अलग खींच रहे हो। क्या मैं अपने आप यह नहीं समझ सकता कि मुझे किन उद्देश्यों का अनुसरण करना चाहिए और किनका नहीं, जब तक कि मैं कुतर्कपूर्ण तर्क न गढ़ूँ और किसी सत्य आधार पर एक मिथ्या निष्कर्ष न जोड़ दूँ? लज्जा की बात है कि हम, जो परिपक्व और समझदार व्यक्ति हैं, इतने गंभीर विषयों को भी खेल-तमाशे की वस्तु बना दें!

    “चूहा” एक शब्द है। लेकिन चूहा पनीर खाता है। अतः एक शब्द पनीर खाता है।

    मान लो कि मैं इस तर्क का समाधान नहीं कर पाता तो इससे मुझे क्या हानि होने वाली है? इसे न जानने से मुझे कैसी असुविधा होगी? क्या सचमुच मुझे यह डर होना चाहिए कि किसी दिन मैं चूहेदानियों में चूहों के बजाय शब्दों को पकड़ने लगूँगा? या फिर सावधान रहना पड़ेगा कि कहीं मेरी किताब ही पनीर न खा जाए! लेकिन ठहरो, शायद यह तर्क उससे भी अधिक चतुर है —

“चूहा” एक शब्द है।

लेकिन कोई शब्द पनीर नहीं खाता।

अतः चूहा पनीर नहीं खाता।

    यह कैसी बचकानी शरारतें हैं! क्या इन्हीं बातों के लिए हम अपनी भौंहें तानते हैं? क्या इसी कारण हम लंबी दाढ़ियाँ बढ़ाते हैं? क्या हम इन्हीं बातों को सिखाने के लिए इतने गंभीर, चिंतनशील और संयमी बने रहते हैं?

    क्या तुम जानना चाहते हो कि दर्शन मानवजाति को क्या प्रदान करता है— परामर्श और मार्गदर्शन। कोई मृत्यु के बुलावे से घिरा हुआ है, कोई निर्धनता की अग्नि में जल रहा है, कोई धन के कारण पीड़ित है। चाहे वह दूसरों का धन हो या उसका अपना। कोई दुर्भाग्य से भयभीत होकर सिमट जाता है तो कोई अपनी समृद्धि से ही बच निकलना चाहता है। कोई मनुष्यों के अत्याचार का शिकार है तो कोई देवताओं की कठोरताओं से पीड़ित है। तुम यह शब्दों के खेल क्यों रच रहे हो? तुम्हारे पास व्यर्थ की हँसी-मज़ाक के लिए समय नहीं है। तुम्हें तो संकटग्रस्त लोगों की सहायता के लिए बुलाया गया है। तुमने वचन दिया है कि तुम जलपोत-भंग के शिकार लोगों, बंदियों, रोगियों, निर्धनों और उन लोगों की सहायता करोगे जिन्हें अपना सिर जल्लाद की कुल्हाड़ी के सामने झुकाना पड़ता है। फिर तुम कहाँ भटके जा रहे हो? और यह क्या कर रहे हो?

    जिस व्यक्ति के साथ तुम यह खेल खेल रहे हो, वह भयभीत है। उसकी सहायता करो। वह चिंता और अनिश्चितता में पड़ा है। उसे जकड़े हुए बंधनों को काट दो। तुम्हारे चारों ओर के लोग अपने हाथ तुम्हारी ओर बढ़ा रहे हैं। वे सहायता की याचना कर रहे हैं। उनके जीवन या तो नष्ट हो चुके हैं या विनाश के कगार पर हैं। तुम ही उनकी आशा हो, तुम ही उनका सहारा हो। वे तुमसे प्रार्थना कर रहे हैं कि उन्हें इस उथल-पुथल से बाहर निकालो। वे बिखरे हुए हैं, भटके हुए हैं। उन्हें सत्य के उज्ज्वल प्रकाश का मार्ग दिखाने के लिए तुम्हारी आवश्यकता है। उन्हें बताओ कि प्रकृति ने किन वस्तुओं को आवश्यक बनाया है और कौन-सी वस्तुएँ अनावश्यक हैं। उन्हें समझाओ कि प्रकृति के नियम कितने सरल हैं और जो लोग उनका अनुसरण करते हैं उनका जीवन कितना सुखद और निर्बाध होता है जबकि जो लोग प्रकृति के स्थान पर लोकमत और भ्रांत धारणाओं पर विश्वास करते हैं, उनका जीवन कितना कटु और बोझिल बन जाता है। लेकिन सबसे पहले उन्हें ऐसी शिक्षा दो जो उनके दुःखों को कुछ राहत पहुँचा सके। तुम्हारी इन पहेलियों में से कौन-सी इच्छाओं का अंत करती है? कौन-सी उन्हें थोड़ा भी कम करती है? वे किसी प्रकार की सहायता नहीं करतीं और यही सबसे बड़ी समस्या भी नहीं है। काश, बात यहीं तक सीमित होती! वास्तव में, वे हानि पहुँचाती हैं। यदि तुम चाहो तो मैं तुम्हें स्पष्ट रूप से सिद्ध कर सकता हूँ कि ऐसी उलझनों और कुतर्कों में फँसकर एक उदात्त और श्रेष्ठ चरित्र दुर्बल तथा क्षीण हो जाता है। देखो, ये लोग ऐसे सैनिक हैं जिन्हें भाग्य के विरुद्ध युद्ध लड़ना है। पर उन्हें किस प्रकार सुसज्जित किया जा रहा है? उन्हें कौन-से अस्त्र-शस्त्र दिए जा रहे हैं? यह कहते हुए मुझे लज्जा आती है।

    क्या यही परम कल्याण तक पहुँचने का मार्ग है? “यदि यह”, “यदि वह” जैसी शर्तों और उन कुतर्कों के माध्यम से, जो वकीलों के लिए भी संदिग्ध और शोभाहीन माने जाएँ! जब तुम किसी व्यक्ति से प्रश्न पूछकर जान-बूझकर उसे किसी असत्य कथन के जाल में फँसा देते हो तो यह उससे कितना भिन्न है कि किसी को केवल कानूनी तकनीकी त्रुटि के आधार पर मुक़दमे में हरा दिया जाए? किंतु जैसे प्रेटर (न्यायाधीश) प्रतिवादी को सही मार्ग दिखाता है, वैसे ही दर्शन अपने शिष्यों को सीधा और सत्य मार्ग दिखाता है। तुम लोग अपनी महान प्रतिज्ञाओं से क्यों भटक गए हो? तुमने कितनी बड़ी-बड़ी बातें कही थीं! तुमने कहा था कि तुम मुझे इस स्थिति तक पहुँचा दोगे कि स्वर्ण की चमक मेरे लिए तलवार की चमक से अधिक आकर्षक न रहे कि मैं इतना दृढ़ और अडिग बन जाऊँगा कि उन वस्तुओं को भी अपने पैरों तले रौंद दूँगा जिन्हें संसार एक ओर तो अत्यंत चाहता है और दूसरी ओर अत्यंत भय करता है। अब तुम स्वयं को साहित्य की सबसे प्राथमिक और तुच्छ कक्षाओं तक गिरा रहे हो! तुम ही तो कहा करते थे, “इसी प्रकार हम तारों तक पहुँचते हैं।” दर्शन का वचन तो यह है कि वह मुझे देवताओं के समकक्ष बना देगा। इसी आशा से मुझे बुलाया गया था। इसी उद्देश्य से मैं तुम्हारे पास आया था। अब अपना वचन निभाओ!

    इसलिए, प्रिय लूसीलियस, जहाँ तक संभव हो, दार्शनिकों की ऐसी चुनौतियों और शब्द-जालों से स्वयं को दूर रखो। सच्ची सद्गुणिता के लिए ईमानदार, स्पष्ट और सीधी बात कहीं अधिक उपयुक्त है। यदि तुम्हारे सामने अभी जीवन का बहुत लंबा समय भी पड़ा होता तब भी तुम्हें अपने समय का अत्यंत सावधानी से उपयोग करना पड़ता है ताकि आवश्यक कार्यों के लिए पर्याप्त समय बचा रहे। परंतु वास्तविकता यह है कि समय पहले ही बहुत सीमित है। ऐसे में उन बातों को सीखने में अपना समय नष्ट करना कितना बड़ा पागलपन है जो पूर्णतः अनावश्यक और निरर्थक हैं!


अभी के लिए विराम 

विदा 

खलील जिब्रान (Khalil Gibran) की प्रसिद्ध पुस्तक द प्रोफेट (The Prophet) का हिंदी अनुवाद (संपूर्ण पुस्तक)

  द प्रोफेट जहाज़ का आगमन   अलमुस्तफ़ा, चुना हुआ और प्रिय, जो अपने ही युग के लिए प्रभात के समान था , बारह वर्षों से   नगर में उस जहाज़...