Showing posts with label Good. Show all posts
Showing posts with label Good. Show all posts

Friday, 7 August 2026

शुभ की प्राप्ति का मार्ग -- पत्र - 122

 प्रिय लूसीलियस 


मैं तुम्हें प्राचीन लोगों की बुद्धिमत्ता से अवगत करा सकता हूँ, यदि तुम इसका विरोध न करो। यदि तुम्हें उनकी सूक्ष्म विचारधारा को समझना कठिन न लगे।

    लेकिन तुम इसका विरोध नहीं करते। किसी भी पारिभाषिक जटिलता से तुम विचलित नहीं होते। तुम्हारा मन उच्च कोटि का है और केवल बड़े-बड़े विषयों से ही सरोकार नहीं रखता। फिर भी मैं इस बात की भी प्रशंसा करता हूँ कि तुम हर बात को आत्म-सुधार से जोड़कर देखते हो। तुम्हें केवल तभी अधीरता होती है, जब अत्यधिक पारिभाषिक सूक्ष्मता का कोई उपयोगी परिणाम नहीं निकलता। मैं अब यह सुनिश्चित करने का प्रयास करूँगा कि ऐसा न हो। यहाँ प्रश्न यह है कि ‘शुभ’ का बोध इंद्रिय-बोध के माध्यम से होता है या बुद्धि के माध्यम से। 



    यह प्रश्न उस मत से भी संबंधित है कि जिन प्राणियों में वाणी नहीं है और शिशुओं में ‘शुभ’ विद्यमान नहीं होता। जो लोग सुख को सर्वोच्च स्थान देते हैं, वे सभी शुभ को इंद्रियों द्वारा ग्रहण की जाने वाली वस्तु मानते हैं। इसके विपरीत, हम, जो शुभ को मन के अधीन मानते हैं, उसे बोध और बुद्धि द्वारा ग्रहण की जाने वाली वस्तु मानते हैं।

    यदि इंद्रियाँ ही शुभ का निर्धारण करतीं तो हम किसी भी सुख को अस्वीकार नहीं करते क्योंकि ऐसा कोई सुख नहीं है जो हमें आकर्षित और प्रसन्न न करता हो। इसके विपरीत, हम स्वेच्छा से कभी भी किसी पीड़ा को सहन नहीं करते, क्योंकि ऐसी कोई पीड़ा नहीं है जिसकी अनुभूति हमें अप्रिय न लगती हो। इसके अतिरिक्त, जो लोग सुख के अत्यधिक प्रेमी हैं और पीड़ा से बहुत अधिक भयभीत रहते हैं, वे आलोचना के पात्र भी नहीं होने चाहिए। फिर भी हम पेटू लोगों और कामवासना के आदी लोगों को बुरा मानते हैं और उन लोगों को तुच्छ समझते हैं जो पीड़ा के भय से हर पुरुषोचित कार्य से पीछे हट जाते हैं। यदि इंद्रियाँ ही शुभ और अशुभ का मापदंड होतीं तो ये लोग अपनी इंद्रियों की आज्ञा मानकर गलत कैसे कर सकते थे? क्योंकि तुमने तो इंद्रियों को ही यह अधिकार दे दिया है कि वे तय करें कि किस वस्तु की इच्छा करनी चाहिए और किससे बचना चाहिए। 

    लेकिन स्पष्ट रूप से यह अधिकार बुद्धि के पास है। बुद्धि ही सुखी जीवन, सद्गुण और सम्माननीयता के विषय में निर्णय करती है और इसी प्रकार शुभ और अशुभ के विषय में भी निर्णय करती है। जब हमारे विरोधी इंद्रियों को शुभ के विषय में निर्णय देने देते हैं, तो वे सबसे कम मूल्यवान अंग को श्रेष्ठ के विषय में निर्णय करने का अधिकार दे देते हैं क्योंकि इंद्रिय-बोध मंद और अस्पष्ट होता है और मनुष्यों में यह अन्य प्राणियों की तुलना में भी कम तीक्ष्ण होता है। मान लो कोई व्यक्ति बहुत छोटी-छोटी वस्तुओं में अंतर करने के लिए दृष्टि के बजाय स्पर्श का सहारा लेना चाहे! हमारे पास दृष्टि से अधिक सटीक और केंद्रित कोई दूसरी इंद्रिय नहीं है, जो हमें शुभ और अशुभ में अंतर करने में सक्षम बना सके। इसलिए तुम देख सकते हो कि जो व्यक्ति स्पर्श को परम शुभ और अशुभ का मापदंड मानता है, वह अज्ञान की गहराइयों में पड़ा हुआ है और उसने उदात्त तथा दिव्य वस्तु को नीचे धरातल पर गिरा दिया है।

    विरोधी कहता है, “ज्ञान की प्रत्येक शाखा और प्रत्येक कौशल का कोई न कोई आधार ऐसी वस्तुओं में होना चाहिए जो प्रत्यक्ष हों और इंद्रियों के लिए उपलब्ध हों। वहीं से उसका विकास और विस्तार होना चाहिए। इसी प्रकार, सुखी जीवन की भी नींव और आरंभ-बिंदु ऐसी वस्तुओं में होना चाहिए जो प्रत्यक्ष हों और इंद्रियों के लिए उपलब्ध हों। निश्चय ही तुम्हारा भी यही मत है कि सुखी जीवन का आरंभ प्रत्यक्ष वस्तुओं से ही होता है।”

    हमारा मत यह है कि सुखी होना प्रकृति के अनुरूप होना है और कोई वस्तु प्रकृति के अनुरूप है या नहीं, यह उतना ही स्पष्ट और प्रत्यक्ष है, जितना यह जानना कि कोई वस्तु साबुत और पूर्ण है या नहीं। नवजात शिशु में भी प्रकृति के अनुरूप होने का कुछ अंश होता है। लेकिन मैं इसे ‘शुभ’ नहीं बल्कि केवल ‘शुभ का आरंभ’ कहता हूँ।तुम परम शुभ, सुख... को शैशवावस्था में ही स्थापित कर देते हो। इसका परिणाम यह होता है कि जो व्यक्ति अभी-अभी जन्मा है, वह वहीं से शुरुआत करता है जहाँ पूर्णता को प्राप्त व्यक्ति अंततः पहुँचता है। तुम वृक्ष की चोटी को उसकी जड़ की जगह रख रहे हो! 

    यह कहना स्पष्ट रूप से गलत होगा कि गर्भस्थ शिशु, जो दुर्बल, अपूर्ण और अभी पूरी तरह विकसित भी नहीं हुआ है और जिसका लिंग तक निर्धारित नहीं हुआ है... पहले से ही शुभ की अवस्था में है। लेकिन वास्तव में एक नवजात शिशु और माँ के गर्भ में छिपे हुए, अभी भारी-भरकम भ्रूण में कितना अंतर है? शुभ और अशुभ को समझने की दृष्टि से दोनों समान रूप से अपरिपक्व हैं। एक शिशु अभी शुभ को समझने में सक्षम नहीं है, ठीक उसी तरह जैसे कोई वृक्ष या कोई अवाक् प्राणी उसे समझने में सक्षम नहीं है। फिर वृक्ष या किसी प्राणी में शुभ क्यों नहीं होता? क्योंकि वहाँ बुद्धि भी नहीं होती। इसी प्रकार शिशु में भी शुभ विद्यमान नहीं होता क्योंकि उसमें भी बुद्धि का अभाव होता है। जब उसमें बुद्धि विकसित होगी, तभी वह शुभ तक पहुँच सकेगा।

    कुछ प्राणी बुद्धि से रहित होते हैं, कुछ अभी बुद्धिसंपन्न नहीं हुए होते। कुछ बुद्धिसंपन्न तो होते हैं लेकिन उनकी बुद्धि अभी अपूर्ण होती है। इनमें से किसी में भी ‘शुभ’ विद्यमान नहीं होता। शुभ का आगमन तभी होता है जब बुद्धि का विकास होता है। तो फिर, जिन प्राणियों का मैंने अभी उल्लेख किया है, उनमें क्या अंतर है? जो प्राणी बुद्धि से रहित है, उसमें शुभ कभी भी विद्यमान नहीं होगा। जो अभी बुद्धिसंपन्न नहीं हुआ है, उसमें इस समय शुभ का होना संभव नहीं है। जो बुद्धिसंपन्न तो है। लेकिन उसकी बुद्धि अभी अपूर्ण है, उसमें शुभ का होना संभव तो है। लेकिन वास्तव में अभी शुभ उसमें विद्यमान नहीं है। लूसीलियस, मेरा आशय यह है कि ‘शुभ’ किसी भी शरीर में या जीवन की किसी भी अवस्था में नहीं पाया जाता। वह शैशवावस्था से उतना ही दूर है, जितना अंतिम अवस्था आरंभ से या पूर्ण वस्तु अपने आरंभिक रूप से दूर होती है। इसलिए किसी छोटे, कोमल और अभी विकसित होना शुरू ही हुए शरीर में शुभ नहीं होता। बिल्कुल नहीं। ठीक उसी तरह जैसे किसी बीज में शुभ नहीं होता।

    तुम इस बात को इस प्रकार भी समझ सकते हो। हम वृक्षों और पौधों के लिए भी एक प्रकार के ‘शुभ’ को स्वीकार करते हैं। यह उस समय उपस्थित नहीं होता जब उनकी पहली कोपलें धरती को चीरकर बाहर निकलती हैं। गेहूँ के लिए भी एक प्रकार का ‘शुभ’ होता है। वह न तो कोमल तने में होता है और न उस समय जब नरम बालियाँ भूसी से अलग होना शुरू करती हैं बल्कि तब होता है जब गेहूँ गर्मियों की धूप और उचित परिपक्वता से पूरी तरह पक जाता है। प्रकृति की कोई भी रचना अपने ‘शुभ’ को तब तक प्रकट नहीं करती, जब तक वह पूर्णता को प्राप्त न कर ले। इसलिए मनुष्य का ‘शुभ’ केवल उसी व्यक्ति में पाया जा सकता है, जिसमें बुद्धि पूर्ण रूप से विकसित हो चुकी हो। यह ‘शुभ’ क्या है? मैं तुम्हें बताता हूँ: यह ऐसा मन है जो स्वतंत्र और सत्यनिष्ठ है, जो अन्य सभी वस्तुओं को अपने से नीचे रखता है। लेकिन स्वयं को किसी के नीचे नहीं रखता। यह ‘शुभ’ शैशवावस्था की समझ से इतना परे है कि इसकी अपेक्षा किसी बच्चे से नहीं की जा सकती। न ही उचित रूप से किसी युवा वयस्क से। वृद्धावस्था तक पहुँचकर भी यदि कोई व्यक्ति लंबे और एकाग्र अध्ययन के बाद इसे प्राप्त कर ले तो यह उसके लिए बड़ी उपलब्धि होगी। यदि यही ‘शुभ’ है तो यह बुद्धि द्वारा ग्रहण की जाने वाली वस्तु भी है।

    “तुमने कहा है कि वृक्षों और पौधों के लिए भी एक प्रकार का शुभ होता है तो फिर शिशुओं में भी शुभ हो सकता है।” वास्तविक शुभ वृक्षों या अवाक् प्राणियों में विद्यमान नहीं होता। इन प्राणियों में जो कुछ अच्छा होता है, उसे उदार अर्थ में ‘शुभ’ कहा जाता है। “तो फिर वह क्या है?” तुम पूछते हो। वह वही है जो प्रत्येक वस्तु की प्रकृति के अनुरूप हो। निस्संदेह, शुभ किसी अवाक् प्राणी को प्राप्त हो ही नहीं सकता बल्कि वह अधिक सौभाग्यशाली और श्रेष्ठ प्रकृति का गुण है। जहाँ बुद्धि के लिए कोई स्थान ही नहीं है, वहाँ शुभ भी नहीं हो सकता। यहाँ चार प्रकार की प्रकृतियों पर विचार करना चाहिए— वृक्षों की, प्राणियों की, मनुष्यों की और देवताओं की। इनमें अंतिम दो की प्रकृति इस अर्थ में समान है कि दोनों बुद्धिसंपन्न हैं। लेकिन उनमें यह अंतर भी है कि एक नश्वर है और दूसरा अमर। 

    इनमें से एक का अर्थात देवता का शुभ केवल प्रकृति के कारण ही पूर्ण होता है। जबकि दूसरे का अर्थात मनुष्य का, शुभ प्रयास के द्वारा पूर्ण होता है। शेष प्राणी, जिनमें बुद्धि का अभाव है केवल अपनी-अपनी प्रकृति के अनुसार पूर्ण होते हैं, वास्तव में पूर्ण नहीं। ऐसा इसलिए है कि निरपेक्ष पूर्णता का अर्थ सार्वभौमिक प्रकृति के अनुरूप पूर्णता है और सार्वभौमिक प्रकृति बुद्धिसंपन्न है। अन्य वस्तुएँ अपनी-अपनी प्रकृति के अनुसार पूर्ण हो सकती हैं। जिस प्राणी में सुखी होने की क्षमता ही नहीं है, उसमें सुख उत्पन्न करने वाली वस्तु की क्षमता भी नहीं हो सकती; और जो वस्तुएँ सुख उत्पन्न करती हैं, वे ही शुभ हैं। किसी अवाक् प्राणी में न तो सुखी होने की क्षमता होती है और न ही उस वस्तु की क्षमता जो सुख उत्पन्न करती है। इसलिए किसी अवाक् प्राणी में शुभ भी नहीं होता।

    एक प्राणी इंद्रिय-बोध के माध्यम से वर्तमान को ग्रहण करता है। वह अतीत को तभी याद करता है, जब कोई घटना उसके इस इंद्रिय-बोध को जागृत करती है। उदाहरण के लिए, जब घोड़े को उस स्थान पर ले जाया जाता है जहाँ से कोई रास्ता शुरू होता है तो उसे वह रास्ता याद आ जाता है। लेकिन अस्तबल में रहते हुए उसे उस रास्ते की कोई स्मृति नहीं होती, चाहे वह उस रास्ते से कितनी ही बार गुज़र चुका हो। समय का तीसरा भाग भविष्य, प्राणियों के लिए कोई महत्व नहीं रखता। फिर हम यह कैसे मान सकते हैं कि उन प्राणियों में पूर्ण प्रकृति संभव है, जिनका समय का अनुभव ही अपूर्ण है? 

समय के तीन भाग हैं— अतीत, वर्तमान और भविष्य। प्राणियों को इनमें से केवल वही भाग प्राप्त है जो सबसे क्षणभंगुर और परिवर्तनशील है— वर्तमान। अतीत की उनकी स्मृति भी केवल कभी-कभार ही जागृत होती है और तब तक वापस नहीं आती, जब तक वर्तमान में किसी वस्तु के संपर्क से वह स्मृति जागृत न हो जाए। इसलिए पूर्ण प्रकृति का शुभ किसी अपूर्ण प्रकृति में विद्यमान नहीं हो सकता। यदि ऐसा होता, तो पौधों में भी शुभ होता। मैं यह नहीं कह रहा कि अवाक् प्राणियों में उन वस्तुओं को पाने की अत्यंत प्रबल प्रवृत्तियाँ नहीं होतीं, जो उन्हें अपनी प्रकृति के अनुरूप दिखाई देती हैं। लेकिन उनकी ये प्रवृत्तियाँ अव्यवस्थित और छिटपुट होती हैं। इसके विपरीत, शुभ कभी भी अव्यवस्थित और छिटपुट नहीं होता।

    “यह कैसे?” तुम पूछते हो। “क्या प्राणी अनियमित और अव्यवस्थित ढंग से चलते-फिरते हैं?” यदि उनकी प्रकृति में व्यवस्था के अनुसार चलने की क्षमता होती तो मैं उनकी गतिविधियों को इस प्रकार वर्णित करता। लेकिन वास्तविकता यह है कि वे अपनी प्रकृति के अनुसार ही चलते हैं। कोई वस्तु तभी अव्यवस्थित कही जा सकती है, जब उसमें व्यवस्थित होने की क्षमता हो। ठीक उसी प्रकार जैसे कोई व्यक्ति तभी चिंतित कहा जा सकता है, जब उसमें चिंता से मुक्त होने की संभावना हो। जिस व्यक्ति में सद्गुण की संभावना ही नहीं है, उसमें दुर्गुण भी नहीं हो सकता। प्राणियों की गतिविधियाँ उनकी प्रकृति से उत्पन्न होती हैं। इस बात को अधिक लंबा न खींचते हुए कहूँ तो किसी प्राणी में एक प्रकार का शुभ, एक प्रकार का सद्गुण और एक प्रकार की पूर्णता अवश्य होगी। लेकिन वह निरपेक्ष अर्थ में शुभ, सद्गुण या पूर्णता नहीं होगी। ये सभी केवल उन बुद्धिसंपन्न प्राणियों में पाए जाते हैं, जिन्हें कारण, सीमा और प्रक्रिया को समझने का विशेषाधिकार प्राप्त है। 

    क्या तुम सोच रहे हो कि यह चर्चा किस दिशा में जा रही है और इससे तुम्हारे मन को क्या लाभ होगा? मैं इसका उत्तर देता हूँ। इससे मन को प्रशिक्षित और तीक्ष्ण किया जाता है तथा उसकी भावी सभी गतिविधियों में उसे सही मार्ग पर बनाए रखा जाता है। इसका एक लाभ यह भी है कि यह हमें किसी दुर्गुणपूर्ण मार्ग की ओर भागने से रोकती है। मैं तुमसे यह भी कहना चाहता हूँ कि मैं तुम्हारे लिए इससे बड़ा कोई लाभ नहीं कर सकता कि तुम्हें तुम्हारा अपना शुभ दिखाऊँ। तुम्हें अवाक् प्राणियों से अलग करूँ और तुम्हें दैवी प्रकृति के निकट स्थापित करूँ।

    मैं यह क्यों न कहूँ कि तुम अपने शरीर की शक्ति को क्यों सँवारते और प्रशिक्षित करते हो? प्रकृति ने पालतू और जंगली पशुओं को तुमसे अधिक शक्ति प्रदान की है। तुम अपने रूप-सौंदर्य को क्यों सँवारते हो? तुम अपनी ओर से सब कुछ कर लेने के बाद भी पशुओं जितने सुंदर नहीं हो पाओगे। तुम अपने बालों पर इतना अधिक परिश्रम क्यों करते हो? चाहे तुम उन्हें पार्थियनों की तरह खुला छोड़ो, जर्मनों की तरह बाँध लो या स्किथियनों की तरह उन्हें बिखरा हुआ रहने दो। कोई भी घोड़ा अपनी अयाल को उछालते हुए तुमसे अधिक घनी अयाल रखेगा। किसी भी सिंह की गर्दन पर खड़ी हुई अयाल अधिक सुंदर होगी। गति के लिए कितना ही अभ्यास कर लो फिर भी तुम खरगोश की बराबरी नहीं कर पाओगे। तो फिर उन सभी बातों को छोड़ क्यों नहीं देते, जिनमें तुमसे बेहतर होना निश्चित है। उन चीज़ों के पीछे भागना क्यों बंद नहीं करते जो तुम्हारी प्रकृति से बाहर हैं। उस शुभ की ओर क्यों नहीं लौटते जो वास्तव में तुम्हारा अपना है? 

    वह शुभ क्या है? बस यही... एक दोषरहित मन। ऐसा मन जो दैवी मन की बराबरी करता है, जो स्वयं को मानवीय सीमा से ऊपर उठाता है और अपने से परे किसी वस्तु को श्रेष्ठ नहीं मानता। तुम एक बुद्धिसंपन्न प्राणी हो। तो फिर तुममें शुभ क्या है? पूर्ण बुद्धि। अपनी बुद्धि को जहाँ वह अभी है, वहाँ से उसकी सर्वोच्च उपलब्धि तक ले जाओ। उसे उसकी पूरी संभव सीमा तक विकसित होने दो। जब तक तुम्हारे सभी आनंद स्वयं तुम्हारे भीतर से उत्पन्न न हों, तब तक अपने आपको सुखी मत समझो। जब तुम मनुष्यों की प्रतिस्पर्धा, लालसा और अधिकार-भावना की वस्तुओं को देखकर यह समझ लो कि ऐसी कोई वस्तु नहीं है जिसे तुम दूसरों से अधिक पाने योग्य समझो। मैं यह नहीं कहूँगा कि ऐसी कोई वस्तु नहीं है जिसे तुम पसंद कर सको बल्कि ऐसी कोई वस्तु नहीं है जिसके लिए तुम्हारा मन लालायित हो। तभी तुम अपने वास्तविक शुभ को प्राप्त करोगे। मैं तुम्हें स्वयं को परखने का एक संक्षिप्त नियम बताता हूँ, जिससे तुम यह जान सको कि तुमने पूर्णता प्राप्त कर ली है या नहीं। तुम्हारा अपना शुभ तब तुम्हारे पास होगा, जब तुम समझ जाओगे कि भाग्यशाली समझे जाने वाले लोग वास्तव में सबसे कम भाग्यशाली होते हैं।

विदा लूसीलियस 

प्रकृति के विरुद्ध जीवन-शैली के बारे में -- पत्र - 120

 प्रिय लूसीलियस 


दिन पहले ही ढलने लगा है। उसकी अवधि कुछ कम हो गई है, फिर भी जो लोग मानो सूर्य के साथ ही उठते हैं, उनके लिए अभी भी पर्याप्त समय उपलब्ध है। यदि हम उषा से पहले ही जाग जाएँ और प्रातः का आरंभिक प्रकाश प्राप्त कर लें तो हम अपने सामाजिक कर्तव्यों को निभाने के लिए अधिक सक्षम और अधिक तत्पर होंगे। जब सूर्य आकाश में काफी ऊपर चढ़ चुका हो और हम तब भी आधी नींद में पड़े रहें तो यह लज्जाजनक है कि दिन का आरंभ दोपहर के समय करें। बहुत-से लोगों के लिए तो दोपहर भी उषा से पहले का समय ही है! कुछ लोग दिन और रात के कार्यों को ही उलट देते हैं। उनकी आँखों पर अभी तक पिछली रात की मदिरापान की खुमारी छाई रहती है और वे उन्हें तब तक नहीं खोलते, जब तक संध्या निकट नहीं आ जाती। वे उन लोगों के समान हैं, जिनका वर्णन वर्जिल ने किया है और जिन्हें प्रकृति ने हमारे पैरों के ठीक नीचे छिपा रखा है:

जब उषा, हिनहिनाते घोड़ों के साथ,
हमारे पास आती है,
तब उनके लिए संध्या का तारा,
लालिमा के साथ प्रज्वलित होता है।

इस मामले में, हालाँकि, यह पृथ्वी के गोले का वह भाग नहीं है जो हमारे भाग के विपरीत है बल्कि उनके जीवन जीने का ढंग है।



    इसी नगर में भी ऐसे ‘प्रतिपाद’ लोग हैं, ऐसे लोग, जो मार्कस कैटो के अनुसार, न तो कभी सूर्योदय देखते हैं और न सूर्यास्त। क्या तुम समझते हो कि वे जीवन जीना जानते हैं? वे तो यह भी नहीं जानते कि कब जीना चाहिए! अब जब उन्होंने स्वयं को जीवित ही कब्र में दफना लिया है तो क्या उन्हें मृत्यु से भी भय लगता है? वे रात में विचरण करने वाले पक्षियों की तरह अशुभ और भयावह हैं। यद्यपि वे अपनी अँधेरी रातें शराब और सुगंधित पदार्थों के बीच बिताते हैं, यद्यपि वे अपनी इस उलटी-पुलटी जागृति का पूरा समय अनेक प्रकार के व्यंजनों वाले भोजों की एक के बाद एक श्रृंखला में लगा देते हैं, फिर भी वे उत्सव नहीं मना रहे होते बल्कि अपने ही अंतिम संस्कार का उत्सव मना रहे होते हैं। बस इतना अंतर है कि वास्तविक मृतकों का अंतिम संस्कार दिन के समय होता है! लेकिन सच तो यह है कि सक्रिय व्यक्ति के लिए कोई भी दिन पर्याप्त लंबा नहीं होता। हमें अपने जीवन का विस्तार करना चाहिए। सक्रिय रहना ही जीवन का कार्य है और यही इस बात का प्रमाण भी है कि हम जीवित हैं। रात को छोटा करना चाहिए और उसके कुछ हिस्से को दिन में स्थानांतरित कर देना चाहिए। 

    भोजों के लिए खरीदे गए मुर्गों को अँधेरी जगह में रखा जाता है ताकि वे निष्क्रिय रहें और आसानी से मोटे हो जाएँ। बिना हिले-डुले पड़े रहने से उनके आलसी शरीर फूल जाते हैं। अँधेरे में बंद रहने के कारण उनके शरीर पर अनुपयोगी चर्बी चढ़ जाती है। लेकिन जिन लोगों ने स्वयं को अँधेरे के हवाले कर दिया है, उनके शरीर वास्तव में घृणित दिखाई देते हैं। उनका रंग रोगियों के पीलापन से भी अधिक चिंताजनक है। दुर्बलता और जर्जरता ने उनके चेहरे का रंग सफेद कर दिया है और उनके शरीर का मांस, जीवित रहते हुए भी, सड़ने लगा है। फिर भी मैं इसे उनकी सबसे छोटी समस्या कहूँगा। उनके मन में इससे कहीं अधिक अँधेरा है! भीतर से ऐसे लोग स्तब्ध और पूरी तरह धुंध से घिरे हुए हैं। अंधे लोगों से भी बदतर। आखिर किसे आँखें केवल अँधेरे में देखने के लिए मिली हैं?

    क्या तुम जानना चाहते हो कि दिन से बचने और अपने पूरे जीवन को रात में स्थानांतरित कर देने की इस विचित्र आदत की उत्पत्ति कहाँ से हुई? हमारे सभी दोष प्रकृति के विरुद्ध होते हैं। वे सभी उचित व्यवस्था को छोड़ देते हैं। आत्म-लिप्सा का लक्ष्य केवल विकृत आचरण में आनंद लेना ही नहीं होता बल्कि सीधे मार्ग से हटना और उससे जितना संभव हो उतना दूर चले जाना। अंततः ठीक उसके विपरीत स्थिति अपना लेना होता है। तुम निश्चित रूप से सहमत होगे कि भोजन से पहले शराब पीना प्रकृति के विरुद्ध है। बिना भोजन के शराब को सीधे रक्त में पहुँचाना और भोजन के लिए पहले से ही नशे में पहुँचना। फिर भी यह दोष हमारे युवकों में आम है। वे व्यायाम करने केवल इसलिए जाते हैं कि स्नानागार से बाहर निकलते ही शराब पी सकें। जबकि अभी भी उनके चारों ओर नग्न लोग होते हैं। इससे भी बुरी बात यह है कि वे स्नान करते समय ही शराब पीते हैं और एक के बाद एक प्याला गरम शराब पीकर अपने शरीर से निकले पसीने को बार-बार धोते रहते हैं। भोजन के बाद या रात के भोजन के बाद शराब पीना, उनके विचार से, असभ्य लोगों का काम है। ऐसे देहाती लोगों का, जो परिष्कृत सुख का कुछ भी ज्ञान नहीं रखते। उनके अनुसार शुद्ध शराब का आनंद तभी मिलता है, जब वह भोजन के साथ न मिले और सीधे मस्तिष्क तक पहुँच जाए। खाली पेट नशे में होना ही सबसे अच्छा है!

    तुम निश्चित रूप से सहमत होगे कि पुरुषों के लिए स्त्रियों के वस्त्र धारण करना प्रकृति के विरुद्ध है। जब लोग अधिक उम्र में भी जवान और सुंदर दिखने का प्रयास करते हैं तो क्या वे प्रकृति के विरुद्ध जीवन नहीं जी रहे होते? इससे अधिक क्रूर या दयनीय और क्या हो सकता है? केवल इसलिए कि वे किसी पुरुष से यौन संबंध प्राप्त करते रहें, स्वयं कभी पुरुष न बनना! यदि उनका पुरुषत्व उन्हें इस दुर्व्यवहार से नहीं बचा सकता तो क्या परिपक्वता भी उन्हें इससे नहीं बचाएगी? तुम निश्चित रूप से सहमत होगे कि सर्दियों में गुलाब पाने की लालसा करना प्रकृति के विरुद्ध है। ठंड के मौसम में गर्म पानी से सींचकर लिली को खिलने के लिए विवश करना और सही समय पर उनके गमलों को इधर-उधर करना भी प्रकृति के विरुद्ध है। फिर उन लोगों का क्या, जो घरों की छतों पर फलदार वृक्ष लगाते हैं? उनकी छतें और कंगूरे पत्तियों से ढँक जाते हैं और उनकी जड़ें उस स्थान से भी ऊँचाई पर होती हैं, जहाँ वास्तव में वृक्षों की चोटियाँ होनी चाहिए। क्या यह प्रकृति के विरुद्ध नहीं है? क्या समुद्र में गर्म स्नानागारों की नींव रखना और यह सोचना कि सुरुचिपूर्ण ढंग से तैरने का आनंद तभी लिया जा सकता है, जब गर्म पानी का कुंड लहरों और तूफानों से घिरा हो, क्या यह भी प्रकृति के विरुद्ध नहीं है? 

    जब लोगों ने हर चीज़ को प्रकृति के विरुद्ध करने को अपना नियम बना लिया तो अंततः वे प्रकृति को पूरी तरह छोड़ देते हैं। “दिन का समय है,” वे कहते हैं, “सोने का समय है। नगर शांत हो चुका है। अब हमें व्यायाम करना चाहिए, सवारी के लिए निकलना चाहिए और दोपहर का भोजन करना चाहिए। लगभग भोर हो गई है। अब रात का भोजन करने का समय है। हमें सामान्य लोगों की तरह व्यवहार नहीं करना चाहिए। सामान्य और उबाऊ ढंग से जीवन जीना हमारे लिए अपमानजनक है। सार्वजनिक दिन को दूर हटाओ। हमारे लिए एक विशेष सुबह हो, जो केवल हमारी अपनी हो!” जहाँ तक मेरा संबंध है, ऐसे लोग पहले ही मुर्दाघर में पहुँच चुके हैं। वे अंतिम संस्कार से कितनी दूर हैं और वह भी समय से पहले होने वाले अंतिम संस्कार से। जबकि वे पहले से ही मशालों और मोमबत्तियों के प्रकाश में जीवन जी रहे हैं?

    मुझे याद है कि एक समय में बहुत-से लोग इसी तरह जीवन जीते थे, जिनमें एक पूर्व प्रेटर, अकीलियस बुता (उच्च पदस्थ सरकारी अधिकारी और न्यायिक अधिकारी एवं अभिजात्य वर्ग से संबंधित), भी शामिल था। उसने अपनी बहुत बड़ी विरासत पूरी तरह उड़ा दी। जब उसने सम्राट टिबेरियस के सामने अपनी आर्थिक हानि स्वीकार की तो सम्राट ने कहा, “तुम्हें जागने में कुछ देर हो गई।” जूलियस मोंटानस एक ठीक-ठाक कवि था, जो टिबेरियस से अपनी मित्रता और फिर उनके बीच हुए मतभेद, दोनों के लिए जाना जाता था। एक दिन वह अपनी रचना का पाठ कर रहा था। मोंटानस को अपनी कविताओं में सूर्योदय और सूर्यास्त का वर्णन भरना बहुत पसंद था। किसी व्यक्ति को दिन-भर उसका पाठ सुनना खल रहा था। उसने टिप्पणी की कि किसी को भी उसके काव्य-पाठ में शामिल नहीं होना चाहिए। इस पर पिनारियस नाटा ने कहा, “क्या मैं इससे अधिक उदार नहीं हो सकता? मैं तो सूर्योदय से सूर्यास्त तक उसे सुनने के लिए तैयार हूँ।” इसके बाद जब मोंटानस ने ये पंक्तियाँ पढ़ीं—

“फीबस अपनी प्रज्वलित अग्नि फैलाना आरंभ करता है,
गुलाबी आभा से दिन चमक उठता है, शोकाकुल अबाबील
अपने बच्चों को धैर्यपूर्वक भोजन कराना शुरू करती है,
उसकी कोमल चोंच हर चीखती हुई चोंच की ओर ध्यान देती है... ”

तो वारुस चिल्लाकर बोला, “बुता के सोने का समय हो गया है।” (यह वारुस रोमन अश्वारोही वर्ग का व्यक्ति था, मार्कस विनिसियस का मित्र और उच्च वर्ग के भोजों में नियमित रूप से उपस्थित रहने वाला व्यक्ति था। वह ऐसे भोजों का खर्च अपने चुटीले और विनोदी कथनों से चुकाता था।) इसके बाद, जब मोंटानस ने ये पंक्तियाँ पढ़ीं—

“अब चरवाहे अपने झुंडों को बाड़ों के भीतर बंद कर देते हैं,
अब शांतिदायक रात धरती को शांति देने लगती है...”

तो वारुस ने कहा, “तुम्हारा क्या मतलब है? क्या रात पहले ही हो गई? मैं बुता के यहाँ जाकर सुबह का अभिवादन कर आता हूँ।” इस व्यक्ति की दिनचर्या का इस तरह उलट-पुलट होना जितना प्रसिद्ध था, उतना शायद ही किसी और का रहा हो। हालाँकि, जैसा कि मैंने कहा, उस समय ऐसी जीवन-शैली फैशन में थी।

    कुछ लोग इस तरह जीवन इसलिए नहीं जीते कि उन्हें रात में कोई विशेष आनंद मिलता है बल्कि इसलिए कि उन्हें कोई भी सामान्य चीज़ पसंद नहीं होती। अपराध-बोध से ग्रस्त मन के लिए प्रकाश एक बोझ होता है। जिन लोगों के लिए किसी वस्तु को चाहने या तुच्छ समझने का एकमात्र आधार यह है कि उसकी कीमत कितनी है, उनके लिए जो चीज़ निशुल्क मिलती है, उसका कोई मूल्य नहीं होता। इसके अतिरिक्त, ऐश्वर्य में डूबे लोग चाहते हैं कि जब तक वे जीवित रहें, उनके जीवन की चर्चा होती रहे क्योंकि जब उनके बारे में बातें होना बंद हो जाती हैं तो उन्हें लगता है कि उनकी सारी कोशिशें व्यर्थ जा रही हैं। इसलिए वे लगातार कुछ न कुछ ऐसा करते रहते हैं जिससे लोगों में उनके बारे में चर्चा शुरू हो जाए। बहुत-से लोग अत्यधिक धन खर्च करते हैं और बहुत-से लोग रखैलें रखते हैं। इस वर्ग के लोगों के बीच अपना नाम बनाने के लिए तुम्हें विलासिता के साथ-साथ कुख्याति को भी अपनाना पड़ता है। यह एक व्यस्त नगर है। सामान्य दुर्गुणों पर किसी का ध्यान ही नहीं जाता।

    मैंने एक बार एल्बिनोवानस पेडो को, जो बहुत ही मनोरंजक ढंग से किस्से सुनाने वाला व्यक्ति था, यह बताते हुए सुना था कि वह सेक्स्टस पापिनियस के घर के ऊपर रहता था। सेक्स्टस पापिनियस भी उन लोगों में से था जो दिन के प्रकाश से बचते थे। “रात के लगभग तीसरे पहर,” उसने कहा, “मुझे कोड़ों की आवाज़ सुनाई देती है। मैं पूछता हूँ कि स्वामी क्या कर रहे हैं? उत्तर मिलता है कि वे हिसाब-किताब कर रहे हैं। रात के लगभग छठे पहर मुझे जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज़ सुनाई देती है। मैं पूछता हूँ कि क्या हो रहा है? मुझे बताया जाता है कि वे अपनी आवाज़ का अभ्यास कर रहे हैं। रात के लगभग आठवें पहर मैं पूछता हूँ कि पहियों की यह आवाज़ किस बात की है? मुझे बताया जाता है कि वे सवारी के लिए बाहर गए हैं। भोर होते-होते लोग इधर-उधर भाग-दौड़ करने लगते हैं, दासों को बुलाया जा रहा है, प्रबंधक और रसोइए हंगामा मचा रहे हैं। मैं पूछता हूँ कि क्या बात है? उत्तर मिलता है कि स्नान करके निकलने के बाद उन्होंने मधु-मिश्रित मदिरा और दलिया माँगा है।” किसी ने कहा, “लगता है उनका रात का भोजन पूरे दिन चलता रहा होगा।” “बिल्कुल नहीं,” पेडो ने कहा। “वह बहुत मितव्ययी जीवन जीते थे। रात के अलावा कुछ भी ग्रहण नहीं करते थे।” इसलिए जब कुछ लोग सेक्स्टस को कंजूस कहते थे तो पेडो ने कहा, “तुम यह भी कह सकते हो कि वह दीपक की रोशनी पर जीवन बिताता है।” 

    तुम्हें दुर्गुणों के इतने अलग-अलग रूप देखकर आश्चर्य नहीं करना चाहिए। दुर्गुण अनेक प्रकार के होते हैं। उनके रूपों को गिनना या उनके सभी प्रकारों को समझ पाना बहुत कठिन है। उचित और सदाचारी जीवन की केवल एक ही दिशा होती है। लेकिन दुराचार अनेक रूप धारण करता है और हर बार किसी नई दिशा में मुड़ जाता है। चरित्र के साथ भी यही बात है। जब लोग प्रकृति का अनुसरण करते हैं तो वे सरल, सहज और अधिकांशतः एक-दूसरे के समान होते हैं। जो लोग विकृत मार्ग अपना लेते हैं, वे दूसरों से भी बहुत भिन्न हो जाते हैं और स्वयं अपने भीतर भी विरोधाभास से भर जाते हैं। 

    लेकिन मेरी राय में इस बीमारी का मुख्य कारण सामान्य जीवन के प्रति घृणा है। जिस प्रकार ऐसे लोग अपने पहनावे, अपने भोजों की भव्यता और अपनी सजी-धजी गाड़ियों के द्वारा स्वयं को दूसरों से अलग दिखाते हैं, उसी प्रकार वे अपने समय को व्यवस्थित करने के तरीके में भी स्वयं को एक अलग वर्ग का बनाना चाहते हैं। जिन लोगों को अपने गलत कामों का पुरस्कार कुख्याति के रूप में मिलता है, वे सामान्य अपराध करना नहीं चाहते। यही, यदि ऐसा कहा जाए तो उलटे ढंग से जीवन जीने वाले प्रत्येक व्यक्ति का उद्देश्य है। इसलिए, प्रिय लूसीलियस, हमें उस मार्ग पर दृढ़ रहना चाहिए जिसे प्रकृति ने हमारे लिए निर्धारित किया है और उससे विचलित नहीं होना चाहिए। प्रकृति का अनुसरण करो। सब कुछ सरल तथा सहज हो जाता है। उसके विरुद्ध संघर्ष करो। तुम उस नाविक की तरह जीवन बिताओगे जो धारा के विपरीत नाव खेने का प्रयास करता है।


अभी के लिए विदा 

Monday, 3 August 2026

ग्रंथों के अध्ययन के विषय में -- पत्र - 106 (एक स्टोइक के पत्र/सेनेका के पत्रों का हिन्दी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


तुम्हारा प्रश्न ऐसी बात से संबंधित है जिसे जानने का कोई प्रयोजन नहीं है, सिवाय इसके कि उसे जान लिया जाए। फिर भी, केवल इसी कारण से तुम उसे शीघ्र जान लेना चाहते हो और उन ग्रंथों की प्रतीक्षा करने को तैयार नहीं हो जिन्हें मैं इस समय संपूर्ण नीतिशास्त्र के विषय पर तैयार कर रहा हूँ। मैं तुम्हारे प्रश्न का उत्तर अभी दे दूँगा। पर उससे पहले मैं यह लिखना चाहता हूँ कि तुम्हें ज्ञान प्राप्त करने की अपनी प्रबल इच्छा को किस प्रकार संयमित रखना चाहिए। मैं देख रहा हूँ कि तुम्हारी यह तीव्र जिज्ञासा कहीं तुम्हारे लिए ही हानिकारक न बन जाए। तुम्हें प्रत्येक उस विषय को नहीं अपनाना चाहिए जो तुम्हारे सामने आ जाए। न ही प्रत्येक विषय की संपूर्ण गहराई में लोभपूर्वक उतर जाना चाहिए। किसी विषय का एक अंश भी तुम्हें उसके समग्र स्वरूप का बोध करा सकता है। हमें अपने सामर्थ्य के अनुसार ही भार उठाना चाहिए। अपनी क्षमता से अधिक बोझ अपने ऊपर नहीं लेना चाहिए। जितना पीने की इच्छा हो, उतना नहीं बल्कि जितना धारण कर सको, उतना ही पीना चाहिए। हाँ, केवल अपना दृष्टिकोण उचित बनाए रखो। समय आने पर तुम उतना ही धारण करने में समर्थ हो जाओगे, जितना तुम्हारी इच्छा होगी। मन जितना अधिक ग्रहण करता है, उतना ही अधिक विस्तृत होता जाता है।



    मुझे स्मरण है कि अत्तालस (Attalus) हमें किस प्रकार शिक्षा दिया करते थे, जब हम निरंतर उनके व्याख्यानों में उपस्थित रहते थे। हम सबसे पहले पहुँचते और सबसे अंत में लौटते थे। यहाँ तक कि जब वे टहल रहे होते, तब भी हम उनसे विभिन्न विषयों का विवेचन करने का आग्रह करते थे क्योंकि वे केवल शिष्यों को स्वीकार ही नहीं करते थे बल्कि स्वयं भी उन्हें खोजते थे। वे कहा करते थे, “गुरु और शिष्य, दोनों का उद्देश्य एक ही होना चाहिए। गुरु का उद्देश्य प्रगति कराना और शिष्य का उद्देश्य प्रगति करना।” जो व्यक्ति किसी दार्शनिक के साथ अध्ययन करता है, उसे प्रतिदिन अपने साथ कुछ-न-कुछ लाभ लेकर लौटना चाहिए या तो अधिक स्वस्थ मन लेकर या ऐसा मन जो उपचार ग्रहण करने के लिए पहले से अधिक खुला हो। ऐसा वह अवश्य करेगा क्योंकि दर्शन की शक्ति इतनी महान है कि वह केवल अपने विद्यार्थियों की ही नहीं बल्कि संयोगवश उपस्थित रहने वालों की भी सहायता करती है। जो लोग धूप में निकलते हैं, उनका रंग साँवला हो जाता है, चाहे वे इस उद्देश्य से बाहर न निकले हों। जो लोग कुछ देर इत्र की दुकान में बैठे रहते हैं, वे वहाँ की सुगंध अपने साथ ले जाते हैं। उसी प्रकार जो लोग किसी दार्शनिक के सान्निध्य में रहते हैं, वे भी अनिवार्य रूप से अपने साथ कोई-न-कोई लाभ लेकर जाते हैं, चाहे उन्होंने उसके लिए कोई विशेष प्रयास न किया हो। ध्यान दो, मैं यह कहता हूँ, “चाहे वे कोई प्रयास न करें” न कि “चाहे वे उसका विरोध ही क्यों न करें।”

    “तुम्हारा क्या अभिप्राय है? क्या हम ऐसे लोगों को नहीं जानते जिन्होंने वर्षों तक किसी दार्शनिक के साथ अध्ययन किया, फिर भी जिन पर उसका तनिक भी रंग नहीं चढ़ा?” निश्चय ही जानता हूँ। ऐसे लोग भी जो अत्यंत नियमित रूप से उपस्थित रहते हैं। पर मैं उन्हें दर्शन के विद्यार्थी नहीं बल्कि केवल अनुयायी या साथ लगे रहने वाले लोग कहूँगा। कुछ लोग सीखने के लिए नहीं, केवल सुनने के लिए आते हैं। ठीक वैसे ही जैसे हम वाणी, संगीत या कथा का आनंद लेने के लिए रंगमंच की ओर आकर्षित हो जाते हैं। तुम देख सकते हो कि ऐसे श्रोताओं का अधिकांश भाग दार्शनिक प्रवचन को केवल मनोरंजन का साधन समझता है। वे न तो अपने किसी दोष का त्याग करना चाहते हैं, न ही ऐसा कोई जीवन-सिद्धांत अपनाना चाहते हैं जिसके अनुसार अपने आचरण को संयमित कर सकें। वे तो केवल कानों को सुख पहुँचाने वाला आनंद प्राप्त करने आते हैं। कुछ लोग तो अपनी लेखन-पट्टिकाएँ भी साथ लाते हैं। पर विषय-वस्तु को लिखने के लिए नहीं बल्कि केवल सुंदर वाक्यांशों को उतार लेने के लिए ताकि बाद में उन्हें दोहरा सकें। उनसे दूसरों को उतना ही कम लाभ होता है, जितना स्वयं उन्हें उनसे हुआ होता है। कुछ लोग प्रभावशाली भाषणों से भावविभोर हो जाते हैं और वक्ता की भावनाओं से स्वयं भी प्रभावित हो उठते हैं। उनके चेहरे पर उत्साह दिखाई देता है। उनका मन उद्दीप्त हो उठता है। वे उन फ़्राइजीय (प्राचीन भूभाग अथवा क्षेत्र) नपुंसकों के समान उन्मत्त हो जाते हैं, जो बाँसुरी की ध्वनि पर संकेत मिलते ही उन्माद में आ जाते हैं। उन्हें बहा ले जाने वाली चीज़ खोखले शब्दों की ध्वनि नहीं बल्कि विषय की गरिमा और सौंदर्य होता है। जब कोई मृत्यु के भय के विरुद्ध निर्भीकता से बोलता है या भाग्य की चंचलता का साहसपूर्वक सामना करने की शिक्षा देता है, तब वे तुरंत वैसा ही आचरण करने के लिए तैयार हो जाते हैं जैसा उन्होंने सुना है। वे अत्यंत ग्रहणशील होते हैं। उन्हें जैसा बनने के लिए कहा जाता है, वे वैसा ही बनने को तैयार हो जाते हैं। यदि वह प्रेरणा उनके भीतर बनी रहे और यदि उनका यह उत्तम संकल्प लोगों द्वारा, जो सदाचरण के सबसे बड़े निरुत्साहक होते हैं, नष्ट न कर दिया जाए। बहुत कम लोग ऐसे होते हैं जो अपने भीतर उत्पन्न उस संकल्प को अपने घर तक सुरक्षित ले जा पाते हैं।

    श्रोता को प्रेरित करना और उसके भीतर उचित आचरण की इच्छा जगाना सरल है क्योंकि प्रकृति ने प्रत्येक मनुष्य के भीतर सद्गुणों की नींव और उनके बीज पहले से ही रख दिए हैं। हम सब ऐसे ही गुणों के लिए जन्म लेते हैं। जब कोई हमें प्रेरणा देता है तो हमारे भीतर का सद्गुण मानो निद्रा से जाग उठता है। क्या तुमने ध्यान नहीं दिया कि जब रंगमंच पर ऐसी पंक्तियाँ कही जाती हैं जिन्हें हम सब सत्य मानते और स्वीकार करते हैं, तब पूरा दर्शक-वर्ग तालियों की गूँज से भर उठता है? निर्धनता बहुत-सी वस्तुओं से वंचित होती है, पर लोभ हर वस्तु से वंचित होता है। लोभी मनुष्य किसी का भी हितैषी नहीं होता। सबसे बढ़कर वह स्वयं अपने ही प्रति अहितकारी होता है।

    सबसे निकृष्ट अपराधी भी इन पंक्तियों पर ताली बजाता है और अपने ही दुर्गुणों पर किए गए प्रहार को सुनकर प्रसन्न होता है। तब ज़रा सोचो कि जब यही बातें कोई दार्शनिक कहता है। हितकारी उपदेशों को काव्य की लय में ढालकर इस प्रकार प्रस्तुत करता है कि वे अशिक्षित लोगों के मन में और भी गहराई तक उतर जाएँ तो उनका प्रभाव कितना अधिक होता होगाक्योंकि, जैसा कि क्लेआन्थेस कहा करते थे—

“जिस प्रकार हमारी श्वास की ध्वनि संकरे घुमावों वाली तुरही से होकर गुजरती है और उसके फैले हुए मुख से निकलकर अधिक प्रबल हो जाती है, उसी प्रकार छंद के कठोर अनुशासन में ढल जाने पर हमारे विचार भी अधिक प्रभावशाली हो उठते हैं।”

जब वही बातें साधारण गद्य में कही जाती हैं तो उन पर उतना ध्यान नहीं दिया जाता और न ही वे उतना प्रभाव उत्पन्न करती हैं। परंतु जब किसी उत्कृष्ट विचार के साथ छंद का निश्चित विन्यास, दीर्घ और ह्रस्व मात्राओं का क्रम जुड़ जाता है, तब वही विचार मानो अधिक शक्तिशाली भुजा द्वारा फेंका गया हो, इस प्रकार अधिक प्रभावशाली हो उठता है। धन के प्रति आसक्ति न रखने के विषय में बहुत कुछ कहा जाता है। लंबे-लंबे उपदेश दिए जाते हैं कि वास्तविक संपत्ति मन में होती है, धन-कोष में नहीं। यह कि वास्तव में धनी वही है जो अपनी निर्धनता के अनुरूप स्वयं को ढाल लेता है और थोड़े में ही अपने को समृद्ध बना लेता है। किन्तु हमारे मन पर कहीं अधिक प्रभाव तब पड़ता है, जब हम इस प्रकार के पद्य सुनते हैं, जिसकी आवश्यकताएँ सबसे कम हैं, उसी मनुष्य को सबसे कम आवश्यकता होती है। जो व्यक्ति जितना पर्याप्त है, उसी को चाह सकता है, उसके पास वही सब है जिसकी उसे आवश्यकता है।

    जब हम ऐसी बातें सुनते हैं तो हमें स्वीकार करना ही पड़ता है कि वे सत्य हैं। यहाँ तक कि जो लोग अपने पास जो कुछ है उससे कभी संतुष्ट नहीं होते, वे भी इन बातों की प्रशंसा करते हैं, तालियाँ बजाते हैं और ऊँचे स्वर में कहते हैं कि वे धन से घृणा करते हैं। जब तुम लोगों में ऐसी प्रतिक्रिया देखो तो अवसर का पूरा लाभ उठाओ। उन पर अपने सभी तर्कों का भार डाल दो। उन सूक्ष्म भेदों, न्याय-युक्तियों, कुतर्कों तथा अन्य चतुर किन्तु निष्फल युक्तियों को पीछे छोड़ दो। लोभ के विरुद्ध बोलो। भोग-विलास के विरुद्ध बोलो। जब तुम देखो कि तुम्हारी बातों का प्रभाव पड़ रहा है और श्रोता प्रभावित हो रहे हैं, तब और भी अधिक दृढ़ता से बोलो। तुम्हें आश्चर्य होगा कि ऐसा भाषण कितना लाभदायक सिद्ध होता है, जब उसका उद्देश्य केवल उपचार करना हो और वह पूर्णतः अपने श्रोताओं के कल्याण के लिए समर्पित हो। युवाओं के हृदयों को सम्माननीय और उचित आचरण के प्रति प्रेम की ओर मोड़ना सरल है। जब लोगों को अभी भी शिक्षा दी जा सकती है अर्थात जब वे केवल थोड़े-से ही भ्रष्ट हुए हों, तब सत्य उन पर अपना प्रभाव स्थापित कर देता है। यदि उसे कोई योग्य प्रवक्ता मिल जाए।

    जहाँ तक मेरा अपना संबंध है, जब मैं अत्तालस को दुर्गुणों, भ्रांतियों और जीवन की सभी बुराइयों के विरुद्ध अपने भाषण के उत्कर्ष पर बोलते हुए सुनता था, तब मुझे प्रायः समस्त मानव जाति पर दया आने लगती थी। मुझे लगता था कि अत्तालस एक महान व्यक्ति हैं, जो मानवीय परिस्थितियों की सर्वोच्च सीमा से भी ऊपर उठ चुके हैं। वे स्वयं कहा करते थे कि वे एक राजा हैं। पर मुझे लगता था कि वे राजा से भी बढ़कर हैं क्योंकि वे ऐसे व्यक्ति थे जो राजाओं की भी निंदा कर सकते थे। जब वे निर्धनता की प्रशंसा करने लगते, यह तर्क देते हुए कि हमारी मूलभूत आवश्यकताओं से अधिक की सारी संपत्ति केवल ऐसा बोझ है जो हमें दबाती है, तब मैं प्रायः व्याख्यान से निकलते समय निर्धन बन जाना चाहता था। जब वे हमारे भोग-विलास की कठोर आलोचना करते, पवित्र शरीर, संयमित आहार और निर्मल मन की प्रशंसा करते, ऐसा मन जो केवल अवैध भोगों से ही नहीं बल्कि अनावश्यक भोगों से भी मुक्त हो तब मैं भी अपने भोगी पेट पर संयम लगाने का निश्चय कर लेता था।

    ल्यूसीलियस, उस समय मैंने जो कुछ संकल्प किए थे, उनमें से कुछ आज भी मेरे साथ बने हुए हैं। उस समय मैं पूरे उत्साह के साथ आत्म-संयम के मार्ग पर चला था। जब बाद में मैंने फिर से अपेक्षाकृत सामान्य तथा सामाजिक जीवन-शैली अपना ली, तब भी उन अच्छे अभ्यासों में से कुछ को मैंने कभी नहीं छोड़ा। तब से लेकर आज तक मैंने सीप (oysters) और कुकुरमुत्ते (mushrooms) खाना छोड़ रखा है। ये वास्तव में पोषक भोजन नहीं हैं। ये तो केवल ऐसे स्वादिष्ट व्यंजन हैं जो पहले से तृप्त व्यक्ति को भी और अधिक खाने के लिए उकसाते हैं। पेटू मनुष्य की यही इच्छा होती है कि वह अपनी क्षमता से अधिक पेट भरता रहे। ये पदार्थ आसानी से निगल लिए जाते हैं और उतनी ही आसानी से उल्टी होकर बाहर भी आ जाते हैं। उसी समय से मैंने सुगंधित तेलों का प्रयोग भी त्याग दिया। मेरे विचार में शरीर की सबसे उत्तम सुगंध यही है कि उसमें किसी प्रकार की कृत्रिम सुगंध न हो। तब से मैंने अपने पेट को मदिरा से भी मुक्त रखा है। जीवन भर मैंने गर्म स्नानागारों (सार्वजनिक स्नान-गृहों) से भी दूरी बनाए रखी है। मुझे लगता है कि शरीर को अत्यधिक गर्म करके फिर पसीना बहाकर उसे निचोड़ देना न तो किसी उपयोग का कार्य है और न ही संयमपूर्ण बल्कि यह विलासिता और भोग-वृत्ति का प्रतीक है। अन्य कुछ अभ्यास, जिन्हें मैंने पहले छोड़ दिया था, समय के साथ फिर मेरे जीवन में लौट आए। किंतु अब भी, यद्यपि मैं उनका पूर्ण त्याग नहीं करता, उन पर अत्यंत कठोर संयम रखता हूँ। ऐसा संयम लगभग पूर्ण विरक्ति (abstinence) के समान ही है बल्कि कई बार उससे भी अधिक कठिन होता है क्योंकि कुछ आदतों को पूरी तरह छोड़ देना उन्हें केवल सीमित कर देने की अपेक्षा अधिक सरल होता है।

    जब से मैंने तुम्हें यह बताना शुरू किया है कि युवावस्था में मैं दर्शन के प्रति जितनी उत्कटता से समर्पित था, उतनी शीघ्रता से अब वृद्धावस्था में भी उसके पीछे नहीं दौड़ता, तब मुझे यह स्वीकार करने में कोई संकोच नहीं कि मैं पाइथागोरस के प्रति गहरे अनुराग से अभिभूत था। सोतियोन ने मुझे बताया कि पाइथागोरस ने पशु-आहार का त्याग क्यों किया था। बाद में सेक्स्टियस ने भी ऐसा ही क्यों किया। दोनों के कारण अलग-अलग थे। परंतु दोनों ही अत्यंत प्रभावशाली थे। सेक्स्टियस का मत था कि मनुष्य बिना पशुओं का वध किए भी पर्याप्त भोजन प्राप्त कर सकता है। जब रक्तपात को स्वाद और भोग के लिए अपनाया जाता है, तब मनुष्य में क्रूरता की आदत विकसित हो जाती है। वह यह भी कहा करता था कि विलासिता के साधनों को कम करना चाहिए। वह तर्क देकर सिद्ध करता था कि भोजन में अत्यधिक विविधता हमारे शरीर की प्रकृति के अनुकूल नहीं है तथा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। 

    दूसरी ओर, पाइथागोरस समस्त प्राणियों के परस्पर संबंध और आत्माओं के एक रूप से दूसरे रूप में गमन की बात करता था। यदि उसकी बात पर विश्वास किया जाए तो कोई भी आत्मा कभी नष्ट नहीं होती बल्कि केवल उस अत्यल्प क्षण के लिए अपनी क्रिया से विराम लेती है, जब वह एक शरीर से दूसरे शरीर में प्रवेश करती है। अंततः हम जानेंगे कि उसे फिर से मनुष्य का शरीर प्राप्त करने से पहले कितने युगों तक और कितनी बार एक निवास से दूसरे निवास में जाना पड़ता है। इस प्रकार पाइथागोरस ने मनुष्यों में दुष्कर्मों का भय उत्पन्न किया, विशेष रूप से पितृहत्या का। क्योंकि यदि किसी शरीर में उनके किसी संबंधी की आत्मा निवास कर रही हो तो वे अनजाने में ही अपने माता या पिता की आत्मा पर चाकू या अपने दाँतों से आघात कर सकते हैं। जब सोतियोन ने इन सब बातों का अपने तर्कों द्वारा विस्तार से वर्णन किया, तब उसने आगे कहा—

क्या तुम यह विश्वास नहीं करते कि आत्माएँ एक शरीर के बाद दूसरे शरीर में प्रवेश करती हैं। जिसे हम मृत्यु कहते हैं वह वास्तव में केवल आत्मा का एक शरीर से दूसरे शरीर में स्थानांतरण है? क्या तुम यह विश्वास नहीं करते कि इन पालतू पशुओं, इन वन्य जीवों और इन समुद्री प्राणियों में ऐसी आत्मा निवास कर रही है जो कभी किसी मनुष्य की थी? क्या तुम यह विश्वास नहीं करते कि इस संसार में कोई भी वस्तु वास्तव में नष्ट नहीं होती बल्कि केवल अपना स्थान बदलती है। जैसे आकाशीय पिंड निश्चित कक्षाओं में निरंतर घूमते रहते हैं, वैसे ही प्राणियों की आत्माएँ भी युग-युगांतर तक चक्र लगाती रहती हैं और अंततः वहीं लौट आती हैं जहाँ से उन्होंने यात्रा आरंभ की थी? महान पुरुषों ने इन बातों पर विश्वास किया है।  अतः यदि तुम चाहो तो निर्णय देने से विरत रहो। परंतु मन को खुला रखो। यदि ये बातें सत्य हैं तो पशु-आहार का त्याग करने का अर्थ है किसी भी प्राणी को हानि न पहुँचाना। यदि ये असत्य हैं, तब भी इससे केवल मितव्ययिता का ही पालन होता है। क्रूरता का त्याग करने से तुम्हारा क्या नुकसान होगा? मैं तो केवल तुम्हें सिंहों और गिद्धों के भोजन से ही वंचित कर रहा हूँ।

    इन बातों से प्रेरित होकर मैंने पशु-आहार का त्याग कर दिया। एक वर्ष बाद यह आदत मेरे लिए न केवल सहज हो गई बल्कि आनंददायक भी लगने लगी। मुझे ऐसा प्रतीत होता था कि मेरा मन पहले की अपेक्षा अधिक प्रखर और सजीव हो गया है। आज भी मुझे संदेह है कि शायद वास्तव में ऐसा ही था। क्या तुम जानना चाहोगे कि फिर मैंने इसका त्याग क्यों कर दिया? जब मैं युवा था, वह टाइबेरियस के शासन के आरंभिक वर्षों का समय था। उस समय विदेशी मूल के धर्मों का दमन किया जा रहा था। पशु-आहार से विरत रहना उन धर्मों के अनुयायी होने का प्रमाण माना जाता था। इसलिए मेरे पिता के आग्रह पर जो लोकनिंदा से नहीं डरते थे बल्कि दर्शन से ही घृणा करते थे, मैं अपनी पुरानी भोजन-प्रणाली पर लौट आया। वास्तव में, मुझे पहले की तरह अच्छा भोजन करने के लिए मनाना उनके लिए कोई कठिन काम नहीं था। अत्तालस प्रायः ऐसे बिस्तर की सिफारिश किया करते थे जो शरीर के भार से धँस न जाए। मैं आज भी, वृद्धावस्था में भी, उसी प्रकार का बिस्तर उपयोग करता हूँ। ऐसा बिस्तर जिस पर लेटने के बाद शरीर का कोई निशान नहीं रह जाता। 

    तुम्हें यह सब बताने का मेरा उद्देश्य केवल यह दिखाना था कि जब नए-नए विद्यार्थी को प्रेरित करने और उत्साहित करने वाला कोई व्यक्ति मिल जाता है, तब वह सदाचार के प्रत्येक रूप के प्रति कितनी तीव्र उत्सुकता से भर उठता है। परंतु कुछ दोष शिक्षकों की ओर से भी होता है क्योंकि वे हमें यह सिखाते हैं कि किसी विषय पर तर्क-वितर्क कैसे किया जाए, यह नहीं कि जीवन कैसे जिया जाए। कुछ दोष विद्यार्थियों की ओर से भी होता है, क्योंकि वे अपने मन को श्रेष्ठ बनाने के लिए नहीं बल्कि अपनी वाक्पटुता को निखारने के उद्देश्य से अध्ययन करने आते हैं। परिणाम यह हुआ है कि जो कभी दर्शन था, वह अब केवल भाषाशास्त्र बनकर रह गया है।

    किसी भी विद्याक्षेत्र का अध्ययन करते समय मनुष्य का उद्देश्य क्या है, इसका बहुत महत्त्व होता है। जब कोई भावी साहित्य-विद्वान वर्जिल की अपनी प्रति का अध्ययन करता है और उसकी यह उत्कृष्ट पंक्ति पढ़ता है, “समय उड़ता चला जाता है और फिर कभी लौटकर नहीं आता।” तो उसके मन में यह विचार नहीं आता कि “हमें सावधान हो जाना चाहिए। यदि हमने शीघ्रता नहीं की तो हम पीछे रह जाएँगे। यह क्षणभंगुर समय निरंतर भागा जा रहा है और हमें भी अपने साथ बहाए लिए जा रहा है। हम लापरवाही में बहते चले जा रहे हैं। हम सदा टालमटोल करते रहते हैं। अवसर तीव्र गति से निकलता जा रहा है और फिर भी हम विलंब किए जाते हैं।” नहीं, वह तो इसे केवल इस उद्देश्य से पढ़ता है कि यह देख सके कि जब-जब वर्जिल समय के तीव्र गति से बीतने की बात करता है, तब-तब वह 'उड़ता है' (fugit लैटिन शब्द जो उड़ कर जल्दी से चले जाना से संबंधित है) शब्द का ही प्रयोग करता है, जैसे कि निम्नलिखित पंक्तियों में—

“हम नश्वर प्राणियों के जीवन के सर्वोत्तम दिन सबसे पहले उड़ जाते हैं। 

उनके स्थान पर रोग, दुःखद वृद्धावस्था, कष्ट और पीड़ा आ जाती है। 

अंत में कठोर तथा निर्मम मृत्यु हमें अपने साथ ले जाती है।”

    जो व्यक्ति दर्शन की ओर दृष्टि रखता है, वह इन्हीं पंक्तियों को पढ़कर उनका उचित अर्थ ग्रहण करता है। वह कहता है, “वर्जिल कभी यह नहीं कहता कि समय ‘बीतता’ है। वह सदा यही कहता है कि समय ‘उड़ता’ है। इसका कारण यह है कि उड़ना गति का सबसे तीव्र रूप है। उसका आशय यह है कि जीवन के सर्वोत्तम दिन सबसे पहले हमसे दूर हो जाते हैं। फिर हम स्वयं भी उस सबसे तीव्र धावक के वेग के अनुरूप अपने कदम क्यों न बढ़ाएँ? हमारे श्रेष्ठ दिन शीघ्रता से बीतते जा रहे हैं। उनके बाद निकृष्ट दिन आने वाले हैं। हमारा जीवन एक भंडारण-पात्र के समान है। उसमें जो सबसे शुद्ध अंश होता है, वही सबसे पहले निकाल लिया जाता है। सारी तलछट तथा मटमैला अंश नीचे बैठ जाता है। क्या हम यह होने देंगे कि हमारे जीवन का सर्वोत्तम भाग दूसरों के लिए निकल जाए और अपने लिए केवल अवशेष ही बचाकर रखें? इन पंक्तियों को सदैव स्मरण रखो। इन्हें अपने लिए देववाणी के समान मानो—

“हम नश्वर प्राणियों के जीवन के सर्वोत्तम दिन सबसे पहले उड़ जाते हैं।”

    सबसे अच्छे दिन ही क्यों? क्योंकि जो शेष रह जाता है, वह अनिश्चित होता है। सबसे अच्छे दिन ही क्यों? क्योंकि युवावस्था में हम सीखने में समर्थ होते हैं। उस समय हमारा मन अभी भी लचीला होता है और उसे श्रेष्ठ मार्ग की ओर मोड़ा जा सकता है। यही वह अवस्था है जो कठोर परिश्रम के लिए, अध्ययन द्वारा बुद्धि को और श्रम द्वारा शरीर को विकसित करने के लिए सबसे अधिक उपयुक्त होती है। जो समय उसके बाद बचता है, वह अधिक धीमा, अधिक थका हुआ और जीवन के अंत के अधिक निकट होता है। इसलिए हमें अपने सभी व्यर्थ के मनोरंजनों को त्याग देना चाहिए और पूरे मन से केवल इसी एक लक्ष्य की ओर अग्रसर होना चाहिए। कहीं ऐसा न हो कि हम क्षणभंगुर समय की तीव्र गति को तब समझें, जब बहुत देर हो चुकी हो और उसे रोक पाना असंभव हो। हमें प्रत्येक नए दिन का इस प्रकार स्वागत करना चाहिए कि मानो वही जीवन का सबसे उत्तम दिन हो जो हमें प्राप्त होने वाला है। उसे अपने जीवन की पूँजी में जोड़ते जाना चाहिए। जीवन निरंतर उड़ता चला जा रहा है। हमें उसे पकड़ लेना चाहिए।

    जो व्यक्ति साहित्य-विद्वान की दृष्टि से पढ़ता है, वह इस बात पर विचार नहीं करता कि हमारे जीवन के सर्वोत्तम दिन सबसे पहले क्यों चले जाते हैं, कि उनके स्थान पर रोग आ जाता है, कि वृद्धावस्था। जबकि हम अब भी अपनी युवावस्था में ही मग्न रहते हैं, धीरे-धीरे हमारे सिर पर आ खड़ी होती है। इसके बजाय वह कहता है कि वर्जिल सदैव 'रोग' और 'वृद्धावस्था' शब्दों का साथ-साथ प्रयोग करता है। वास्तव में वह ऐसा करता भी है। उचित कारण से करता है क्योंकि वृद्धावस्था एक ऐसा रोग है जिसका कोई उपचार नहीं है। वह आगे कहता है, इसके अतिरिक्त, वर्जिल वृद्धावस्था के साथ एक स्थिर विशेषण का प्रयोग करता है। वह उसे ‘दुखद’ कहता है—

‘और उनके स्थान पर रोग
और दुखद वृद्धावस्था आ जाती है...’

एक अन्य स्थान पर वह कहता है—

‘जहाँ पीले पड़ चुके रोग और कठोर वृद्धावस्था निवास करते हैं।’

    एक ही सामग्री से प्रत्येक व्यक्ति अपने-अपने अनुरूप विचार ग्रहण करता है। इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं। एक ही घास के मैदान में बैल घास खोजता है, कुत्ता खरगोश खोजता है और सारस छिपकली खोजता है। जब तीन व्यक्ति, एक प्राचीन वस्तुओं का अध्येता, एक साहित्य-विद्वान और एक दार्शनिक, सिसेरो की कृति ऑन द रिपब्लिक (On the Republic) को पढ़ते हैं तो उनमें से प्रत्येक का ध्यान अलग-अलग बातों पर जाता है। दार्शनिक इस बात पर आश्चर्य करता है कि न्याय के विरुद्ध इतने अधिक तर्क कैसे प्रस्तुत किए जा सकते हैं। उसी अंश को पढ़ते हुए प्राचीन वस्तुओं का अध्येता इस तथ्य पर ध्यान देता है कि रोम के दो ऐसे राजा थे, जिनमें से एक का कोई पिता नहीं था और दूसरे की कोई माता नहीं थी। सर्वियस की माता के विषय में कोई निश्चित विवरण उपलब्ध नहीं है। एन्कस के विषय में यह नहीं कहा जाता कि उसका कोई पिता था। केवल इतना कहा जाता है कि वह नूमा का पौत्र था। 

    वह यह भी उल्लेख करता है कि जिस पदाधिकारी को हम आज 'तानाशाह' (dictator) कहते हैं, उसे प्राचीन काल में 'जनता का प्रधान' (master of the populace) कहा जाता था। इसका प्रमाण आज भी ऑगरों के अभिलेखों में मिलता है। इसका एक और प्रमाण यह है कि तानाशाह द्वारा नियुक्त अधिकारी को 'अश्वदल का प्रधान' (master of horse) कहा जाता है। वह यह भी इंगित करता है कि रोम्यूलस की मृत्यु सूर्यग्रहण के समय हुई थी। राजतंत्र के काल में भी जनता के समक्ष अपील करने की व्यवस्था विद्यमान थी। इसका उल्लेख पोंटिफ़ों के अभिलेखों में भी मिलता है। फेनेस्टेला तथा कुछ अन्य लेखक भी इसी मत का समर्थन करते हैं। 

    जब साहित्य-विद्वान इन्हीं ग्रंथों की व्याख्या करता है तो वह सबसे पहले यह बताता है कि सिसेरो ने 'वास्तव में' (re ipsa) के स्थान पर रिप्से (reapse) और 'स्वयं' (se ipse) के स्थान पर 'सेप्से' (sepse) शब्दों का प्रयोग किया है। इसके बाद वह भाषा-प्रयोग में समय के साथ आए परिवर्तनों की चर्चा करता है। उदाहरण के लिए, सिसेरो लिखता है, “उसके हस्तक्षेप ने हमें फिर से उसी लाइम लाइन (lime line) तक लौटा दिया,” अर्थात दौड़ की समाप्ति-रेखा तक। जिसे हम आज दौड़ की चॉक लाइन (chalk line) कहते हैं, उसे प्राचीन लेखक लाइम लाइन अथवा चुने की रेखा (lime line) कहा करते थे। इसके बाद वह एनियस की विभिन्न पंक्तियाँ एकत्र करता है, विशेषकर वे जो स्किपियो अफ़्रीकानस के विषय में हैं—

“जिसकी सहायता का मूल्य
न तो कोई नागरिक चुका सकता था,
और न ही कोई शत्रु।”

    इन पंक्तियों के आधार पर वह यह निष्कर्ष निकालता है कि प्राचीन लेखकों के यहाँ ऑप्स (ops - सहायता) शब्द का अर्थ केवल 'सहायता' ही नहीं बल्कि 'प्रयत्न' या 'परिश्रम' भी होता था। क्योंकि एनियस का आशय यह है कि न तो कोई नागरिक और न ही कोई शत्रु, स्किपियो के परिश्रम का मूल्य कभी चुका सकता था। इसके बाद वह यह जानकर स्वयं को बधाई देता है कि उसे वर्जिल की इस पंक्ति का स्रोत मिल गया है—

“जिसके ऊपर स्वर्ग का विशाल द्वार गर्जना करता है।”

वह कहता है कि एनियस ने यह पंक्ति होमर से ली थी। वर्जिल ने उसे एनियस से ग्रहण किया क्योंकि सिसेरो ने अपनी उसी कृति On the Republic में एनियस का यह द्विपद उद्धृत किया है—

“यदि किसी मनुष्य के लिए स्वर्ग पर चढ़ना उचित है,
तो केवल मेरे लिए ही स्वर्ग का महान द्वार खुला है।”

    परंतु मेरा अपना उद्देश्य न तो प्राचीन वस्तुओं का अध्येता बनना है और न ही साहित्य-विद्वान। मेरा कार्य कुछ और ही है। मैं केवल यह सलाह देता हूँ कि जब हम दार्शनिकों को पढ़ें या उन्हें सुनें, तब हमारा ध्यान अपने उस लक्ष्य पर केंद्रित होना चाहिए, जो सुखमय जीवन की प्राप्ति है। हमें प्राचीन शब्दों, नए गढ़े गए शब्दों, विचित्र रूपकों और अलंकारों की खोज में नहीं लगे रहना चाहिए बल्कि ऐसे हितकारी उपदेशों तथा साहस और प्रेरणा से परिपूर्ण वचनों की तलाश करनी चाहिए जिन्हें हम शीघ्र ही अपने जीवन में व्यवहार में ला सकें। हमें उन्हें इतनी अच्छी तरह आत्मसात कर लेना चाहिए कि हमारे शब्द कर्म में परिवर्तित हो जाएँ।

    परंतु जिन लोगों ने मानवजाति के साथ सबसे बड़ा अहित किया है, उनमें सबसे बुरे वे हैं जो दर्शन को किसी व्यवसाय या शिल्प की भाँति धन लेकर सिखाते हैं। स्वयं अपना जीवन अपनी ही शिक्षाओं के बिल्कुल विपरीत ढंग से जीते हैं क्योंकि जिन दोषों की वे दूसरों में निंदा करते हैं, उन्हीं दोषों के वे स्वयं प्रत्यक्ष उदाहरण होते हैं। इस प्रकार वे यह भली-भाँति सिद्ध कर देते हैं कि उनकी शिक्षा कितनी निष्फल है। 

    ऐसी शिक्षा से मुझे उतना ही लाभ हो सकता है जितना उस नाविक से, जिसे समुद्र में तूफ़ान आने पर स्वयं समुद्री बीमारी घेर ले। जब लहरें तीव्र वेग से उठ रही हों, पतवार को दृढ़ता से थामने वाला हाथ चाहिए हो, समुद्र की प्रचंड शक्ति से संघर्ष करना पड़े और प्रबल हवा में पाल समेटने हों, तब ऐसे नाविक का क्या उपयोग जो स्वयं घबराकर उल्टियाँ करने लगे? जीवन तो किसी भी समुद्री यात्रा की अपेक्षा कहीं अधिक भीषण तूफ़ानों से घिरा हुआ है। मुझे ऐसा व्यक्ति नहीं चाहिए जो केवल उपदेश देता रहे। मुझे ऐसा व्यक्ति चाहिए जो मेरा मार्गदर्शन कर सके। 

    वे जो कुछ कहते हैं, श्रोताओं की भीड़ के सामने जो भी सुंदर भाषण देते हैं, वह सब किसी और से लिया हुआ होता है। वे शब्द प्लेटो, ज़ेनो, क्रिसिपस, पोसिडोनियस अथवा दर्शन के अन्य महान आचार्यों के होते हैं। वे यह कैसे सिद्ध करेंगे कि वे विचार वास्तव में उनके अपने हैं? मैं बताता हूँ, वे तभी ऐसा सिद्ध कर सकते हैं, जब वे स्वयं अपने उपदेशों के अनुसार जीवन व्यतीत करें। 

    अब मैं वह सब कह चुका हूँ जो मैं तुम्हें बताना चाहता था। अब मैं तुम्हारे अनुरोध का पालन करूँगा। तुम्हारे प्रश्न का उत्तर मैं एक नए पत्र में दूँगा ताकि किसी ऐसे कठिन विषय को पढ़ते समय, जिसके लिए गंभीर और एकाग्र मन से सुनना आवश्यक है, तुम अनावश्यक रूप से थक न जाओ।


अभी के लिए विराम 


Sunday, 2 August 2026

फ़ैबियानस की लेखन शैली के बारे में -- पत्र - 98 (एक स्टोइक के पत्र/सेनेका के पत्रों का हिन्दी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


आप अपने पत्र में मुझे लिखते हैं कि आपने पैपिरियस फ़ैबियानस की पुस्तक 'ऑन पॉलिटिक्स' बड़े मनोयोग से पढ़ी। लेकिन अंततः उससे निराश हुए। फिर, यह भूलकर कि वह दर्शनशास्त्र की एक कृति है, आप उसकी रचना-शैली की आलोचना करने लगते हैं।

    मान लीजिए कि आप सही हैं कि वे शब्दों को बिना किसी विशेष क्रम में व्यवस्थित किए ही प्रवाहित होने देते हैं। सबसे पहले, उसी में भी अपना एक आकर्षण है। यह ऐसी शैली है जो सहज और अविरल रूप से बहने वाले विचार-विमर्श के लिए उपयुक्त होती है। मेरे विचार से, लापरवाही से लिखने और स्वाभाविक प्रवाह के साथ लिखने में बहुत बड़ा अंतर है। इसके अतिरिक्त, एक और अत्यंत महत्त्वपूर्ण भेद भी है। मेरी दृष्टि में फ़ैबियानस अपने विचारों को स्वाभाविक रूप से प्रवाहित होने देते हैं। परंतु उन्हें अनियंत्रित बाढ़ की तरह नहीं बहने देते। उनकी भाषा समृद्ध और विस्तृत है। किंतु वह निरंतर आगे बढ़ती रहती है और कभी भी अपना संयम नहीं खोती। आरंभ से ही ऐसा प्रतीत होता है कि उनके लेखन को अत्यधिक घिसा-पिटा या बार-बार संशोधित नहीं किया गया है। फिर भी, यदि आपकी ही राय को स्वीकार कर लिया जाए तो भी उनका उद्देश्य हमारे शब्दों को नहीं बल्कि हमारे आचरण को व्यवस्थित करना था। उन्होंने यह कृति कानों को प्रसन्न करने के लिए नहीं बल्कि मन को शिक्षित करने के लिए लिखी थी। 



    इसके अतिरिक्त, यदि वे स्वयं सामने उपस्थित होकर बोल रहे होते तो आपको उनके वाक्यों की बारीकियों का विश्लेषण करने का अवसर ही नहीं मिलता क्योंकि आप उनके संपूर्ण वक्तव्य के प्रभाव से ही अभिभूत हो जाते। किसी वक्ता की ऊर्जा और प्रभावशाली प्रस्तुति के कारण जो बातें हमें सुनते समय अत्यंत प्रिय लगती हैं, वे प्रायः पढ़ने पर उतनी आकर्षक नहीं लगतीं। फिर भी, पहली ही दृष्टि में किसी का ध्यान आकर्षित कर लेना कोई साधारण बात नहीं है, भले ही सूक्ष्म परीक्षण करने पर उसमें कुछ दोष दिखाई दें। मेरे विचार में, वह वक्ता अधिक महान है जो आरंभ में ही श्रोताओं की स्वीकृति और प्रशंसा प्राप्त कर लेता है, उस वक्ता की अपेक्षा जिसे लोगों की स्वीकृति धीरे-धीरे अर्जित करनी पड़ती है। फिर भी, मैं यह स्वीकार करता हूँ कि दूसरा प्रकार का वक्ता अधिक विश्वसनीय होता है और भविष्य में उत्कृष्ट उपलब्धियों का अधिक दृढ़ आश्वासन देता है।

    दार्शनिक के लिए अत्यधिक परिष्कृत और शब्द-सज्जा पर अत्यधिक ध्यान देने वाला भाषण उपयुक्त नहीं होता। यदि कोई व्यक्ति अपने शब्दों में ही संकोची हो तो वह साहस और दृढ़ता कब दिखाएगा या अपने प्राणों को जोखिम में डालने का साहस कब करेगा? फ़ैबियानस अपनी वाणी में लापरवाह नहीं थे बल्कि वे उसके प्रति अनावश्यक चिंता नहीं करते थे। इसी कारण आपको उनकी शैली में कुछ भी भद्दा या असभ्य नहीं मिलेगा। उनके शब्दों का चयन अत्यंत उपयुक्त है। किंतु उनमें कहीं भी कृत्रिमता या बनावट नहीं है। वर्तमान प्रचलन के विपरीत, वे शब्दों के स्वाभाविक क्रम को उलट-पुलट नहीं करते। फिर भी उनकी अभिव्यक्ति, यद्यपि सामान्य बोलचाल की भाषा से ली गई है, अत्यंत उत्कृष्ट है। उनके लेखन में आपको उदात्त और भव्य विचार मिलते हैं। वे विचार सूक्तियों (संक्षिप्त और चमत्कारपूर्ण वाक्यों) में जबरन नहीं बाँधे गए हैं, बल्कि विस्तारपूर्वक व्यक्त किए गए हैं। निस्संदेह, हमें कुछ ऐसे स्थान मिल सकते हैं जहाँ भाषा पर्याप्त संक्षिप्त नहीं है, या वाक्य-रचना आज के मानकों के अनुसार कुछ कम सुसंगठित अथवा कम सुरुचिपूर्ण प्रतीत होती है। किंतु समग्र रूप से देखें तो उसमें कहीं भी निरर्थक परिष्कार या दिखावटी अलंकरण का कोई चिह्न नहीं है। निस्संदेह, किसी को उसमें विभिन्न रंगों वाले संगमरमर की चमक, शयनकक्षों तक पानी पहुँचाने वाली जल-व्यवस्था, गरीबों की छोटी कोठरी अथवा वे सभी विलासपूर्ण सुविधाएँ नहीं मिलेंगी जिन्हें हमारी भोग-विलासी रुचियाँ इसलिए चाहती हैं क्योंकि साधारण सौंदर्य से उनका संतोष नहीं होता। परंतु, जैसा कि कहा जाता है, वह एक अच्छी तरह निर्मित भवन है। 

    इसके अतिरिक्त, शैली के विषय में लोगों की रुचियाँ भी भिन्न-भिन्न होती हैं। कुछ लोग ऐसी शैली चाहते हैं जिसमें तनिक भी खुरदरापन न हो; जबकि कुछ लोग इतनी ऊबड़-खाबड़ शैली पसंद करते हैं कि यदि कोई वाक्य स्वाभाविक रूप से अधिक सहज और सुचारु बन गया हो तो वे जान-बूझकर उसे भी तोड़-मरोड़ देते हैं और उसके अंतिम भाग को इस प्रकार अधूरा छोड़ देते हैं कि वह पाठक की अपेक्षा के अनुरूप न हो। सिसरो को पढ़िए।उनकी शैली आरंभ से अंत तक एक समान और सुसंगत रहती है। जब वे किसी वाक्य को पूर्ण करते हैं तो उसका समापन कोमल और सहज होता है। किंतु उसमें कमी, कोमलता या दुर्बलता नहीं होती। इसके विपरीत, असिनियस पोलियो की शैली झटकेदार और आकस्मिक है। वह वहाँ रुक जाती है जहाँ पाठक इसकी बिल्कुल अपेक्षा नहीं करता। सिसरो के यहाँ प्रत्येक वाक्य सुव्यवस्थित और पूर्ण समापन तक पहुँचता है। जबकि पोलियो के यहाँ वाक्य प्रायः अचानक टूट जाते हैं। केवल कुछ ही स्थान ऐसे हैं जहाँ वे किसी निश्चित लय और एकरूप विन्यास का पालन करते हैं।

    आप यह भी कहते हैं कि आपको उनकी पूरी कृति सपाट और पर्याप्त ऊँचाई से रहित प्रतीत होती है। किंतु मुझे उनमें यह दोष दिखाई नहीं देता। उनकी शैली सपाट नहीं है बल्कि संयमित है। वह उनके शांत, संतुलित और सुव्यवस्थित मन के अनुरूप ढली हुई है। वह समतल है, किंतु निम्न नहीं। निस्संदेह, उसमें वह प्रखर वक्तृत्व-कला नहीं है, न वे उत्तेजक प्रभाव हैं जिनकी आप अपेक्षा करते हैं और न ही सूक्तियों के समान अचानक चमत्कृत कर देने वाला प्रभाव। लेकिन यदि पूरी कृति को समग्र रूप में देखा जाए तो उसकी कलात्मकता के विषय में आपका जो भी मत हो, वह अपने स्वरूप में उदात्त और गरिमामयी है। उसकी शैली स्वयं शायद असाधारण विशिष्टता न रखती हो। परंतु वह अपने पाठक को विशिष्टता अवश्य प्रदान करती है। 

    अब बताइए, आप किस लेखक को फ़ैबियानस से श्रेष्ठ मानते हैं? यदि आप सिसरो का नाम लें जिनकी दार्शनिक पुस्तकों की संख्या लगभग फ़ैबियानस के समान ही है तो मैं इसे स्वीकार कर लूँगा। किंतु कोई रचना केवल इसलिए तुच्छ नहीं हो जाती कि वह सर्वश्रेष्ठ से कुछ नीचे है। यदि आप असिनियस पोलियो का नाम लें तो उसे भी मैं स्वीकार करूँगा। पर मेरा उत्तर केवल इतना होगा कि इतने विशाल साहित्यिक क्षेत्र में तीसरे स्थान पर आना भी कोई छोटी उपलब्धि नहीं है। आप लिवी का नाम भी प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने ऐसे संवाद (संवादात्मक ग्रंथ) भी लिखे हैं जो इतिहास और दर्शन, दोनों का समन्वय हैं। ऐसी पुस्तकें भी लिखी हैं जो विशेष रूप से दर्शनशास्त्र पर केंद्रित हैं। उनके लिए भी मैं स्थान दूँगा। परंतु यह भी देखिए कि केवल इन तीन लेखकों और शैली के इन तीन महान आचार्यों, से पीछे रह जाने पर भी फ़ैबियानस कितने अन्य लेखकों से आगे निकल जाते हैं। यही अपने आप में उनकी महानता का प्रमाण है।

    फिर भी, यह नहीं कहा जा सकता कि उनमें प्रत्येक गुण विद्यमान है। यद्यपि उनकी शैली उदात्त है, पर वह साहसपूर्ण नहीं है। यद्यपि उसमें विस्तार है, फिर भी उसमें वेग और प्रहार-शक्ति का अभाव है। वह चमत्कृत करने वाली अपेक्षा अधिक स्पष्ट है। आप कहते हैं, “उसमें दुर्गुणों की कठोर निंदा नहीं मिलती, संकटों के प्रति उत्साहपूर्ण चुनौती नहीं है, भाग्य के सामने गर्वपूर्ण प्रत्युत्तर नहीं है और महत्त्वाकांक्षा पर तिरस्कारपूर्ण प्रहार भी नहीं है। मैं चाहता हूँ कि विलासिता को फटकारा जाए, व्यभिचार को सार्वजनिक रूप से लज्जित किया जाए और आक्रामकता को कुचल दिया जाए। उसमें वक्तृत्व-कला की तीक्ष्णता, त्रासदी की भव्यता और हास्य-नाटक की सरलता, इन सबका कुछ न कुछ अंश होना चाहिए।” 

    परंतु आप चाहते हैं कि उनका ध्यान शब्दों पर हो। जबकि शब्द अपने आप में बहुत छोटी और गौण वस्तु हैं। उन्होंने अपने विषय की महानता का साथ चुना है। वे अपनी वाग्मिता का प्रदर्शन नहीं करते बल्कि वाग्मिता उनके पीछे उसी प्रकार चलती है जैसे किसी व्यक्ति के पीछे उसकी छाया चलती है। निस्संदेह, उनके लेखन में कुछ कमियाँ भी मिलेंगी। कहीं-कहीं विषय अधूरा रह जाएगा, कुछ अंश ढीले ढंग से लिखे हुए प्रतीत होंगे और कुछ शब्द ऐसे होंगे जो पाठक को न तो झकझोरेंगे और न ही उत्तेजित करेंगे। मैं यह सब स्वीकार करता हूँ। अनेक वाक्य बिना कोई विशेष प्रभाव छोड़े ही निकल जाएँगे और कभी-कभी उनकी शैली कुछ शिथिल तथा अत्यधिक विस्तारपूर्ण भी लगेगी। किन्तु इसके साथ ही, उनके पूरे लेखन में आपको पर्याप्त प्रकाश मिलेगा और ऐसे लंबे-लंबे अंश भी मिलेंगे जिनमें तनिक भी नीरसता नहीं होगी। अंततः वे आपको यह विश्वास दिलाने में सफल होंगे कि उन्होंने जो कुछ लिखा है, उस पर वे स्वयं सच्चे मन से विश्वास करते हैं। आपको स्पष्ट हो जाएगा कि उनका उद्देश्य आपको अपने विचारों से परिचित कराना है, न कि केवल आपको प्रसन्न करना। उनकी संपूर्ण रचना का लक्ष्य मनुष्य की उन्नति और उसके चरित्र की उत्कृष्टता है। वह तालियों और प्रशंसा की आकांक्षा नहीं करती।

    मुझे इसमें तनिक भी संदेह नहीं है कि उनकी रचनाएँ ऐसी ही हैं, यद्यपि मुझे उनका प्रत्येक विवरण अब स्मरण नहीं है। मेरे मन में जो बात आज भी बनी हुई है, वह उनकी शैली और स्वर का एक समग्र प्रभाव है। ठीक वैसे ही जैसे किसी ऐसे व्यक्ति की स्मृति बनी रहती है जिसे हम बहुत लंबे समय से जानते हों, किंतु हाल के दिनों में उससे निकटता से बातचीत न हुई हो। निश्चय ही, जब मैंने उन्हें स्वयं बोलते हुए सुना था, तब भी उनकी रचनाएँ मुझे ऐसी ही प्रतीत हुई थीं, पूर्णतः दोषरहित नहीं, किंतु अत्यंत समृद्ध। उनका लेखन ऐसा था कि वह किसी प्रतिभाशाली और आशाजनक युवक को उनका अनुकरण करने के लिए प्रेरित कर सकता था, साथ ही उसके मन में यह आशा भी जगा सकता था कि वह एक दिन उनसे आगे निकल सकेगा। मेरे विचार में, यही प्रोत्साहन का सबसे प्रभावशाली रूप है। जब कोई लेखक हमें उसका अनुकरण करने के लिए प्रेरित तो करे। पर साथ ही यह निराशा भी उत्पन्न कर दे कि उसकी बराबरी कभी नहीं की जा सकती, तब वह प्रेरणा उत्साहवर्धक नहीं रहती बल्कि हतोत्साहित कर देती है। जो भी हो, फ़ैबियानस अत्यंत प्रचुर अभिव्यक्ति-शक्ति वाले लेखक थे। यद्यपि उनके लेखन के कुछ अंश आलोचना के योग्य हो सकते हैं, फिर भी समग्र रूप में उनका साहित्य अत्यंत भव्य, प्रभावशाली और प्रशंसनीय था।


अभी के लिए विराम 

Friday, 31 July 2026

सच्चे व्यक्तित्व के बारे में -- पत्र - 96 (एक स्टोइक के पत्र/सेनेका के पत्रों का हिन्दी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


जो व्यक्ति अपने सुख के लिए भाग्य पर निर्भर करता है, उसे कभी भी वास्तव में भाग्यशाली मत समझो। जिसका आनंद संयोग और भाग्य के सहारे टिका हो, उसके सुख का आधार अत्यंत कमजोर होता है। जो प्रसन्नता बाहर से आती है, वह एक दिन बाहर चली भी जाती है। लेकिन जो आनंद मनुष्य के अपने भीतर से उत्पन्न होता है, वह विश्वसनीय और दृढ़ होता है। वह निरंतर बढ़ता है और जीवन के अंतिम क्षण तक हमारा साथ नहीं छोड़ता। जिन वस्तुओं की लोग सामान्यतः प्रशंसा करते हैं, वे तो केवल एक दिन के लिए मिलने वाले लाभ हैं। कोई पूछ सकता है, "क्या वे उपयोगी और आनंददायक दोनों नहीं हो सकतीं?" निस्संदेह हो सकती हैं। बशर्ते वे हमारे अधीन हों, न कि हम उनके अधीन।



    भाग्य जिन वस्तुओं पर कृपा करता है, वे तभी वास्तव में लाभदायक और सुखद बनती हैं, जब उनका स्वामी स्वयं का भी स्वामी हो और अपनी संपत्ति का दास न बन जाए। प्रिय लूसीलियस, यह भूल है कि हम अपने लिए जो कुछ अच्छा या बुरा होता है, उसके लिए भाग्य को उत्तरदायी ठहराएँ। भाग्य तो केवल हमें अच्छी और बुरी परिस्थितियों का कच्चा माल उपलब्ध कराता है। ऐसी प्रारंभिक स्थितियाँ, जिनसे हमारे भीतर आगे चलकर या तो अच्छाई उत्पन्न होगी या बुराई। क्योंकि मन हर प्रकार के भाग्य से अधिक शक्तिशाली है। वही अपने बल पर अपने जीवन की दिशा निर्धारित करता है और स्वयं ही अपने लिए सुखी या दुखी जीवन का कारण बनता है। दुष्ट मन हर वस्तु को बुरा बना देता है, यहाँ तक कि उन चीज़ों को भी जो देखने में अत्यंत उत्तम प्रतीत होती हैं। इसके विपरीत, सीधा और स्वस्थ मन भाग्य की कठोरताओं को भी सुधार लेता है। वह धैर्यपूर्वक सहन करने की कला से उसकी कठोरता और खुरदुरेपन को कोमल बना देता है। वह समृद्धि को कृतज्ञता और संयम के साथ स्वीकार करता है। विपत्ति के सामने दृढ़ता तथा साहस का परिचय देता है। तुम बुद्धिमान हो सकते हो, हर कार्य विवेकपूर्वक कर सकते हो और कभी अपनी सामर्थ्य से आगे न बढ़ो। फिर भी तुम उस सच्चे और अडिग कल्याण को प्राप्त नहीं कर सकते, जो किसी खतरे से परे है, जब तक कि अस्थिर और अनिश्चित परिस्थितियों का सामना करते समय तुम्हारा मन स्वयं सुरक्षित और स्थिर न हो।

    चाहे तुम दूसरे लोगों को देखो क्योंकि जिन बातों का संबंध हमसे व्यक्तिगत रूप से नहीं होता, उनका निर्णय हम अधिक निष्पक्ष होकर कर पाते हैं या फिर बिना किसी पक्षपात के स्वयं को ही देखो, तुम यह समझ जाओगे और स्वीकार करोगे कि तुम्हारी कोई भी प्रिय वस्तु वास्तव में तब तक उपयोगी नहीं है, जब तक तुम अपने आपको भाग्य की चंचलता और उसके परिणामों का सामना करने के लिए प्रशिक्षित नहीं कर लेते। जब तक तुम अपनी प्रत्येक विपत्ति के समय बिना किसी शिकायत के यह कहना नहीं सीख लेते, 'देवताओं ने अन्यथा निर्णय किया।'

    या इससे भी बेहतर, यदि तुम अपने मन को अधिक साहसी और अधिक उपयुक्त सूत्र से दृढ़ करना चाहो—तो जब भी कोई घटना तुम्हारी अपेक्षा के विपरीत घटित हो, यह कहो, 'देवताओं ने इससे बेहतर निर्णय किया।' जिस व्यक्ति का ऐसा दृष्टिकोण होगा, उसे किसी भी घटना में कोई दोष दिखाई नहीं देगा। ऐसा दृष्टिकोण उसी व्यक्ति में उत्पन्न होता है जो जीवन की बदलती हुई परिस्थितियों और उतार-चढ़ावों की संभावना पर उनके वास्तव में आने से पहले ही विचार कर लेता है। जो अपने बच्चों, जीवनसाथी और संपत्ति को स्थायी अधिकार या ऐसा धन नहीं मानता कि भविष्य में उनके खो जाने पर उसका जीवन अनिवार्य रूप से दुःखमय हो जाए। जो मन भविष्य की चिंता में डूबा रहता है और विपत्ति आने से पहले ही दुखी हो उठता है, वह स्वयं अपने लिए एक विपत्ति बन जाता है। वह इस चिंता में रहता है कि जिन वस्तुओं से उसे आनंद मिलता है, वे सदा बनी रहें। ऐसा मन कभी शांति नहीं पा सकता। भविष्य की आशंकाओं में उलझकर वह वर्तमान की उन वस्तुओं का आनंद भी खो देता है, जिनका वह अभी उपभोग कर सकता है। किसी वस्तु को खो देने का भय, उसे वास्तव में खो देने के दुःख के समान ही होता है।

    इसका यह अर्थ नहीं है कि मैं तुम्हें लापरवाह बनने की सलाह दे रहा हूँ। जहाँ तक संभव हो, भय उत्पन्न करने वाली बातों से बचो। दूरदर्शिता के साथ उन खतरों से अपनी रक्षा करो जिनसे बचा जा सकता है। जो भी तुम्हें हानि पहुँचा सकता हो, उस पर पहले से ही नज़र रखो और उसके घटित होने से बहुत पहले ही उससे बचने का प्रयास करो। लेकिन तुम्हारा सबसे बड़ा सहारा आत्मविश्वास और ऐसा मन होगा जो हर परिस्थिति को सहने के लिए दृढ़ बना हो। जो व्यक्ति विपत्ति को सहन कर सकता है, वही उससे बचने के लिए उचित सावधानी भी बरत सकता है। और जब समुद्र अभी शांत हो, तब वह घबराता नहीं। असमय भयभीत होने से अधिक दयनीय और अधिक मूर्खतापूर्ण कोई बात नहीं है। अपने ही कष्टों की पहले से कल्पना करके स्वयं को सताना कितना बड़ा पागलपन है! संक्षेप में, यदि मैं अपने विचार का सार बताऊँ और उन उन्मत्त लोगों का चित्र प्रस्तुत करूँ जो स्वयं अपने लिए ही बोझ बन जाते हैं, तो वे लोग अपने कष्ट आने से पहले भी उतने ही व्याकुल रहते हैं, जितने कष्ट आने पर होते हैं। जो व्यक्ति आवश्यकता से पहले ही दुखी होने लगता है, वह आवश्यकता से अधिक दुख उठाता है। 

    वास्तविक दुख का सही आकलन न कर पाना और उसके आने से पहले ही उसकी कल्पना करके भयभीत हो जाना, इन दोनों का कारण एक ही है: आत्मसंयम का अभाव। यही आत्मसंयम की कमी लोगों को यह भ्रम भी देती है कि उनका सौभाग्य सदा बना रहेगा, और यह आशा भी कि जो लाभ उन्हें प्राप्त हुए हैं, वे न केवल बने रहेंगे बल्कि लगातार बढ़ते भी जाएँगे। वे मानव जीवन की उस उछालभरी प्रकृति को भूल जाते हैं, जो परिस्थितियों को कभी ऊपर तो कभी नीचे ले जाती है। उन्हें ऐसा लगता है मानो केवल उनके ही जीवन में भाग्य कभी नहीं बदलेगा और परिस्थितियाँ सदा एक-सी बनी रहेंगी। 

    इसी कारण मुझे लगता है कि मेट्रोडोरस ने अपनी उस चिट्ठी में, जो उन्होंने अपने अत्यंत प्रतिभाशाली पुत्र को खो चुकी अपनी बहन को लिखी थी, बहुत उत्कृष्ट बात कही थी, "नश्वर मनुष्यों के लिए जो कुछ भी अच्छा है, वह भी स्वयं नश्वर है।" उनका आशय उन वस्तुओं से था जिनके पीछे लोग भागते हैं क्योंकि वास्तविक कल्याण, बुद्धिमत्ता और सद्गुण, नष्ट नहीं होते। वे सुरक्षित और शाश्वत हैं। यही एक ऐसी अमर संपत्ति है जो नश्वर मनुष्य प्राप्त कर सकता है। किन्तु लोग इतने त्रुटिपूर्ण और इतने असावधान होते हैं कि उन्हें इस बात का ध्यान ही नहीं रहता कि प्रत्येक बीतता हुआ दिन उन्हें उनके अंतिम गंतव्य की ओर ले जा रहा है। इसलिए जब वे कोई वस्तु खो देते हैं तो उन्हें आश्चर्य होता है, जबकि एक दिन ऐसा भी आएगा जब वे सब कुछ खो देंगे। जिन वस्तुओं को तुम अपना समझते हो, वे भले ही तुम्हारे घर में रखी हों, लेकिन वे वास्तव में तुम्हारी नहीं हैं। जो स्वयं असुरक्षित है, उसके लिए कोई भी वस्तु सुरक्षित नहीं हो सकती। जो मनुष्य स्वयं नश्वर और नाज़ुक है, उसके लिए कोई भी वस्तु स्थायी और अजेय नहीं हो सकती। केवल हमारी संपत्ति ही नहीं जानी है। हमें स्वयं भी एक दिन इस संसार से जाना है। यदि हम इस सत्य को वास्तव में समझ लें तो यही बात हमारे लिए सांत्वना का कारण बन जाती है।जब कोई वस्तु तुमसे चली जाए, तो शांत रहो क्योंकि एक दिन तुम्हें भी जाना है।

    तो फिर इन हानियों का सामना करने के लिए हमें कौन-सा सहारा मिलता है? बस यही कि जो कुछ हमने खो दिया है, उसे अपनी स्मृति में संजोकर रखें और उससे जो आनंद हमें कभी प्राप्त हुआ था, उसे उसके साथ नष्ट न होने दें। हमसे किसी वस्तु का 'स्वामित्व' छीना जा सकता है लेकिन यह तथ्य कभी नहीं छीना जा सकता कि "वह कभी हमारे पास थी।" किसी वस्तु को खो देने के बाद यदि हम उसके लिए कोई कृतज्ञता ही अनुभव न करें तो यह अत्यंत अकृतज्ञता है। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि कभी वह वस्तु हमें प्राप्त हुई थी और उसने हमें आनंद दिया था। भाग्य हमसे किसी वस्तु का स्वामित्व छीन सकता है, लेकिन उससे पहले वह हमें कुछ समय तक उसका उपयोग करने का अवसर भी देता है। यदि हम अनुचित लालसा और व्यर्थ की तड़प में डूब जाएँ तो हम उस बीते हुए सुख का आनंद भी खो बैठते हैं। 

    अपने आप से कहो, "जो बातें इतनी भयावह प्रतीत होती हैं, उन सभी पर विजय पाई जा सकती है।" अनेक लोगों ने विभिन्न प्रकार की कठिन परीक्षाओं पर विजय प्राप्त की है। मूकियस ने अग्नि पर विजय पाई। रेगुलस ने यातनाओं पर। सुकरात ने विषपान पर। रूटिलियस ने निर्वासन पर और कैटो ने तलवार द्वारा मृत्यु पर विजय प्राप्त की। हमें भी किसी-न-किसी कठिनाई पर विजय प्राप्त करनी चाहिए। इसके विपरीत, जिन वस्तुओं को लोग सामान्यतः सौभाग्य का प्रतीक समझकर ललचाते हैं, उन्हें भी अनेक महान व्यक्तियों ने ठुकरा दिया है।फैब्रिसियस ने सेनापति रहते हुए धन को अस्वीकार किया और सेंसर के रूप में उसे सार्वजनिक रूप से निंदनीय ठहराया। ट्यूबेरो ने निर्धनता को अपने लिए भी और कैपिटोल के लिए भी उपयुक्त माना। उन्होंने एक सार्वजनिक भोज में मिट्टी के बर्तनों का उपयोग करके यह दिखाया कि मनुष्य को उतने में ही संतुष्ट रहना चाहिए, जितने में उस समय देवता भी संतुष्ट थे। सेक्स्टियस ने सम्मान और उच्च पदों को ठुकरा दिया। जन्म और योग्यता के आधार पर वे सार्वजनिक पद धारण कर सकते थे। लेकिन जब जूलियस सीज़र ने उन्हें सीनेटर का पद देना चाहा तो उन्होंने उसे स्वीकार करने से इंकार कर दिया। वे जानते थे कि जो वस्तु दी जा सकती है, वह कभी भी वापस भी ली जा सकती है। आओ, हम भी अपने जीवन में साहसपूर्ण कार्य करें। हमारा नाम भी उन आदर्श व्यक्तियों में शामिल हो। हमने साहस क्यों छोड़ दिया है? हमने आशा क्यों खो दी है? जो कुछ अतीत में संभव था, वह आज भी संभव है, यदि हम अपने मन को शुद्ध करें और प्रकृति के अनुरूप जीवन जीएँ। जब मनुष्य प्रकृति से भटक जाता है, तभी वह इच्छाओं का दास बनता है, भय में जीता है और भाग्य का गुलाम बन जाता है। हम फिर से सही मार्ग पर लौट सकते हैं। हम अपनी स्वस्थ और संतुलित अवस्था को पुनः प्राप्त कर सकते हैं। आओ, स्वयं को फिर से ऐसा बनाएँ कि जब भी शरीर पर कोई पीड़ा आक्रमण करे, हम भाग्य से कह सकें, "तुम्हारा सामना एक मनुष्य से है। जाओ, किसी ऐसे को खोजो जिसे तुम वास्तव में पराजित कर सको!"

    ऐसी और इसी प्रकार की बातचीत उसके घाव की पीड़ा को कुछ कम कर रही है। मैं सच्चे मन से आशा करता हूँ कि वह घाव या तो धीरे-धीरे भर जाएगा या फिर कम-से-कम बढ़ना बंद कर देगा और उसी के साथ बूढ़ा हो जाएगा। फिर भी, वास्तव में मुझे उसके लिए चिंता नहीं है। मुझे तो इस बात की चिंता है कि यदि ऐसा उत्कृष्ट वृद्ध पुरुष हमसे छिन गया, तो हमारी कितनी बड़ी हानि होगी। उसने अपना जीवन पूर्ण रूप से जी लिया है। वह अपने लिए जीवन में कुछ और नहीं चाहता; यदि वह जीवित रहना चाहता है, तो केवल उन लोगों के लिए, जिनके लिए वह अभी भी उपयोगी है। उसका जीवित रहना उसके उदार हृदय का प्रमाण है। कोई दूसरा व्यक्ति होता तो शायद इन यातनाओं का अंत करने के लिए स्वयं ही अपने जीवन का अंत कर चुका होता। लेकिन वह मानता है कि मृत्यु की शरण लेना उतना ही लज्जाजनक है जितना उससे भागना। "अच्छा, लेकिन यदि परिस्थितियाँ वास्तव में इसकी माँग करें, तो क्या वह तब भी नहीं जाएगा?" निश्चय ही जाएगा। यदि वह किसी के लिए भी उपयोगी न रह जाए और उसके सामने केवल पीड़ा ही शेष रह जाए, तब वह जीवन छोड़ देगा। प्रिय लूसीलियस, यही है जीवन के बीच रहकर दर्शन का अध्ययन करना और उसे वास्तव में व्यवहार में उतारना, यह देखना कि जब मृत्यु सामने आ खड़ी हो और पीड़ा पूरे बल से दबाव डाल रही हो, तब एक बुद्धिमान मनुष्य कितने साहस के साथ उनका सामना करता है। 

    हमें यह सीखना चाहिए कि क्या करना चाहिए और यह शिक्षा उसी से लेनी चाहिए, जो स्वयं वैसा करके दिखा रहा है। अब तक हम केवल इस बात पर तर्क-वितर्क करते रहे हैं कि क्या कोई व्यक्ति पीड़ा सह सकता है या क्या मृत्यु का आगमन सबसे साहसी मनुष्य को भी विचलित कर सकता है। लेकिन अब और शब्दों की क्या आवश्यकता है? आओ, वर्तमान उदाहरण को ही देखें। यह व्यक्ति पीड़ा का सामना इसलिए साहसपूर्वक नहीं कर रहा कि मृत्यु निकट है; और न ही वह मृत्यु का सामना इसलिए अधिक साहस से कर रहा है कि वह पीड़ा से थक चुका है। दोनों ही परिस्थितियों में उसका सहारा केवल उसका अपना आत्मबल है। मृत्यु की आशा उसकी पीड़ा को अधिक सहनीय नहीं बनाती और वह केवल इसलिए प्रसन्नतापूर्वक मृत्यु का स्वागत नहीं करता कि वह कष्टों से ऊब गया है। वह पीड़ा को धैर्यपूर्वक सहता है और मृत्यु की शांतिपूर्वक प्रतीक्षा करता है।


अभी के लिए विदा 

Saturday, 18 July 2026

मितव्ययिता, आत्मसंयम और साहस के मार्ग के बारे में -- पत्र - 72 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


मेरे विचार में लोग यह मानने में भूल करते हैं कि जो लोग दर्शन के प्रति पूर्णतः समर्पित होते हैं, वे हठी, असहयोगी और शासकों, राजाओं अथवा राज्य का संचालन करने वाले किसी भी व्यक्ति का बहुत कम सम्मान करते हैं। वस्तुतः स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। उनसे अधिक कृतज्ञ कोई नहीं होता और इसका उचित कारण भी है क्योंकि शांतिपूर्ण अवकाश में जीवन बिताने का जो अवसर उन्हें राज्य-व्यवस्था से प्राप्त होता है, उसका लाभ उनसे अधिक किसी को नहीं मिलता।


By Paul Klee 

    इसलिए जिन लोगों के उत्तम जीवन जीने का उद्देश्य राज्य की सुरक्षा और स्थिरता से अत्यधिक सुदृढ़ हुआ है, वे इस महान उपकार के लिए उत्तरदायी शासक का सम्मान माता-पिता के समान करते हैं। वे उन चंचल स्वभाव के लोगों से कहीं अधिक कृतज्ञ होते हैं, जो व्यापार, राजनीति और सार्वजनिक कार्यों में निरन्तर लगे रहते हैं। यद्यपि ऐसे लोग भी अपने शासकों के बहुत ऋणी होते हैं, फिर भी उनकी अपेक्षाएँ कभी समाप्त नहीं होतीं। उन पर कितनी ही उदारता क्यों न की जाए, उनकी इच्छाएँ तृप्त नहीं होतीं। उन्हें जितना अधिक मिलता है, वे उतना ही अधिक चाहते हैं। जिसका मन केवल और अधिक पाने में लगा रहता है, वह यह भूल जाता है कि उसे पहले से कितना कुछ मिल चुका है। लोभ के सभी दोषों में सबसे बड़ा दोष कृतघ्नता है। इसके अतिरिक्त, जो लोग सार्वजनिक जीवन और राजनीति में सक्रिय रहते हैं, वे कभी यह नहीं सोचते कि उन्होंने कितने लोगों को पीछे छोड़ दिया है। उनका ध्यान केवल उन लोगों पर रहता है जो अभी भी उनसे आगे हैं। अपने पीछे छूटे हुए अनेक लोगों को देखकर उन्हें जितना आनंद नहीं मिलता, उससे कहीं अधिक पीड़ा उन्हें इस बात से होती है कि कोई एक व्यक्ति भी उनसे आगे है। यही सभी प्रकार की महत्त्वाकांक्षा का दोष है। वह कभी पीछे मुड़कर नहीं देखती। केवल महत्त्वाकांक्षा ही नहीं, प्रत्येक प्रकार की इच्छा का यही स्वभाव है कि वह कभी विश्राम नहीं करती क्योंकि इच्छा की पूर्ति होते ही वह किसी नई इच्छा का आरम्भ कर देती है।

    किन्तु जो मनुष्य निष्कलंक और निर्मल चरित्र वाला है, जिसने सीनेट और न्यायालय के कार्यों को छोड़कर जीवन के व्यापक और उच्चतर उद्देश्यों को अपनाया है, वह उन लोगों के प्रति प्रेम और कृतज्ञता रखता है जिनके प्रयासों के कारण वह सुरक्षित वातावरण में ऐसा जीवन जी सकता है। वही एक ऐसा व्यक्ति है जो बिना किसी स्वार्थ के उनका समर्थन करता है क्योंकि वह उनके प्रति एक महान ऋण अनुभव करता है, यद्यपि वे स्वयं इस बात से अनभिज्ञ रहते हैं। जिस प्रकार वह अपने उन आचार्यों का सम्मान और आदर करता है, जिनके मार्गदर्शन ने उसे भटकाव और अज्ञान के निर्जन मार्ग से बाहर निकाला, उसी प्रकार वह उन शासकों और संरक्षकों का भी आदर करता है, जिनकी सुरक्षा और संरक्षण में रहकर वह ज्ञान, संस्कृति और दर्शन के अध्ययन तथा साधना में अपना जीवन समर्पित कर पाता है।

    "किन्तु राजा तो अपनी शक्ति से अन्य लोगों की भी रक्षा करता है।" इस बात से कौन इनकार करता है? किन्तु जैसे अनुकूल मौसम का लाभ समुद्र में यात्रा करने वाले सभी लोगों को मिलता है, फिर भी जिसका जहाज़ अधिक मूल्यवान और अधिक बहुमूल्य माल से भरा होता है, वह समुद्र-देवता नेप्च्यून के प्रति अधिक कृतज्ञता अनुभव करता है। व्यापारी अपनी मनौती साधारण माल ढोने वाले जहाज़ के स्वामी की अपेक्षा अधिक श्रद्धा से पूरी करता है। व्यापारियों में भी जो व्यक्ति सोना देकर खरीदे जाने वाले मसाले और विलासिता की बहुमूल्य वस्तुएँ लेकर जा रहा होता है, वह उस व्यापारी की अपेक्षा कहीं अधिक कृतज्ञ होता है, जिसका जहाज़ केवल सस्ते सामान से भरा होता है, जिसे मुख्यतः जहाज़ का संतुलन बनाए रखने के लिए रखा गया हो। ठीक इसी प्रकार, जिस शान्ति का लाभ हम सबको समान रूप से मिलता है, उसका वास्तविक मूल्य वे लोग अधिक गहराई से अनुभव करते हैं, जो उसका सदुपयोग करते हैं। आज के समय में भी अनेक ऐसे लोग हैं जो शान्तिकाल में युद्धकाल की अपेक्षा अधिक अनुचित कार्यों में लगे रहते हैं। क्या तुम्हें लगता है कि जो लोग शान्ति को मद्यपान, वासना और अन्य दुर्व्यसनों में नष्ट कर देते हैं? ऐसे दुर्व्यसन जिन्हें रोकने के लिए यदि युद्ध भी करना पड़े तो वह उचित हो, वे भी शान्ति के प्रति उतनी ही कृतज्ञता अनुभव करते हैं, जितनी वे लोग जो उसका श्रेष्ठ उपयोग करते हैं?

    निश्चय ही तुम यह नहीं सोचते कि बुद्धिमान व्यक्ति इतना अन्यायी होगा कि उन उपकारों के लिए स्वयं को कृतज्ञ न माने, जिनका लाभ सबको समान रूप से प्राप्त होता है। मैं सूर्य और चन्द्रमा का बहुत ऋणी हूँ, यद्यपि वे केवल मेरे लिए उदित नहीं होते। मैं ऋतुओं का भी अपने व्यक्तिगत स्तर पर ऋणी हूँ और उस ईश्वर का भी, जो उनका संचालन करता है, यद्यपि इन सबकी व्यवस्था केवल मेरे सम्मान के लिए नहीं की गई है। मनुष्यों का मूर्खतापूर्ण लोभ ही स्वामित्व और अधिकार के बीच भेद करता है। वह यह मानता है कि जो वस्तु सबकी है, वह किसी एक व्यक्ति की अपनी नहीं हो सकती। किन्तु बुद्धिमान व्यक्ति यह समझता है कि उससे अधिक उसकी अपनी कोई वस्तु नहीं है, जो केवल उसी को नहीं बल्कि सम्पूर्ण मानवजाति को समान रूप से प्राप्त हुई है। क्योंकि यदि कोई वस्तु सबकी साझी है, तो उसका एक अंश प्रत्येक व्यक्ति का भी है। इस प्रकार वह उन सभी वस्तुओं में अपना अधिकार अनुभव करता है, जो सामान्य रूप से सबकी साझा संपत्ति हैं, चाहे उसका हिस्सा कितना ही छोटा क्यों न हो।

    इसके अतिरिक्त, जो वस्तुएँ वास्तव में महान कल्याण हैं, वे इस अर्थ में साझा नहीं होतीं कि उनका थोड़ा-थोड़ा भाग प्रत्येक व्यक्ति को बाँट दिया जाए बल्कि वे प्रत्येक व्यक्ति को पूर्ण रूप से प्राप्त होती हैं। धन के वितरण में प्रत्येक व्यक्ति केवल उतनी ही राशि प्राप्त करता है, जितनी उसके लिए निर्धारित होती है। अन्न, मांस और अन्य भौतिक दान भी बाँटकर प्रत्येक व्यक्ति अपने हिस्से के रूप में घर ले जाता है। किन्तु शान्ति और स्वतंत्रता जैसे अविभाज्य कल्याण ऐसे नहीं हैं। वे सभी को भी पूर्ण रूप से प्राप्त होते हैं और प्रत्येक व्यक्ति को भी पूर्ण रूप से प्राप्त होते हैं।

    इसलिए बुद्धिमान व्यक्ति यह विचार करता है कि वह कौन है, जिसके कारण उसे इन सब वस्तुओं का उपयोग और उनका आनंद लेने का अवसर प्राप्त होता है? कौन है जो उसे सार्वजनिक आवश्यकताओं के कारण युद्ध में बुलाए जाने, पहरेदारी करने, नगर की प्राचीरों की रक्षा करने और युद्ध से जुड़ी अनेक अन्य जिम्मेदारियों से मुक्त रखता है? इस उपकार के लिए वह अपने शासक के प्रति कृतज्ञता प्रकट करता है। दर्शन का सबसे महत्त्वपूर्ण उपदेश यही है कि उपकार का ऋण किस प्रकार स्वीकार किया जाए और उसे किस प्रकार चुकाया जाए। किन्तु कई बार केवल कृतज्ञतापूर्वक उस ऋण को स्वीकार कर लेना ही उसका पर्याप्त प्रतिदान होता है। इस प्रकार वह स्वीकार करेगा कि वह उस शासक का बहुत बड़ा ऋणी है, जिसकी बुद्धिमत्तापूर्ण शासन-व्यवस्था ने उसे अवकाश के फलदायी क्षण, अपने समय पर अधिकार और सार्वजनिक दायित्वों से मुक्त शांत जीवन का वरदान दिया है।

"हे मेलिबोयस, हमारे लिए इस शान्ति की व्यवस्था किसी देवता ने की है। 
मेरे लिए तो वह पुरुष सदैव देवता के समान रहेगा।"

शासक का उपकार केवल शान्तिकाल के लिए ही नहीं बल्कि उस शान्ति के उन अमूल्य उपहारों के लिए भी है, जिनका वर्णन इन पंक्तियों में किया गया है—

"उसी ने मेरी गायों को आज की भाँति निश्चिन्त होकर चरने दिया
और उसी ने मुझे यह स्वतंत्रता दी कि मैं अपनी ग्रामीण बाँसुरी पर अपनी इच्छानुसार धुनें बजा सकूँ।"

तो फिर उस शान्ति का मूल्य हम कितना आँक सकते हैं, जो हमें देवताओं के समान शांत जीवन जीने का अवसर देती है और जो एक अर्थ में हमें स्वयं भी देवतुल्य बना देती है?

    हाँ, लूसीलियस, देवताओं तक! मैं तुम्हें स्वर्ग की ओर और वह भी सबसे सीधे मार्ग से बुला रहा हूँ। सेक्स्टियस कहा करते थे कि एक सद्गुणी मनुष्य की शक्ति जुपिटर के समान होती है। निस्संदेह, जुपिटर मनुष्यों को देने के लिए अधिक सामर्थ्य रखता है। किन्तु जब दो व्यक्ति समान रूप से बुद्धिमान हों, तब उनमें से एक के अधिक धनी होने से वह दूसरे से श्रेष्ठ नहीं हो जाता। ठीक वैसे ही जैसे तुम किसी कुशल नाविक को केवल इसलिए दूसरे से अधिक योग्य नहीं मानोगे कि उसका जहाज़ अधिक बड़ा और अधिक भव्य है। तो फिर जुपिटर किस अर्थ में सद्गुणी मनुष्य से श्रेष्ठ है? केवल इस अर्थ में कि उसका अस्तित्व अधिक समय तक बना रहता है। किन्तु बुद्धिमान व्यक्ति स्वयं को इसलिए कम मूल्यवान नहीं मानता कि उसके सद्गुणों का अभ्यास सीमित समय तक ही रहता है।जिस प्रकार दो बुद्धिमान व्यक्तियों में से वह अधिक धन्य नहीं कहा जा सकता जो अधिक आयु तक जीवित रहा और न ही वह कम धन्य है जिसकी सद्गुणपूर्ण जीवन-यात्रा अपेक्षाकृत कम वर्षों तक चली। उसी प्रकार ईश्वर भी केवल अपने अधिक काल तक बने रहने के कारण बुद्धिमान मनुष्य से अधिक धन्य नहीं हो जाता। सद्गुण की महानता उसकी अवधि से नहीं मापी जाती। वह अधिक समय तक टिकने मात्र से अधिक महान नहीं हो जाता।

    जुपिटर के पास सब कुछ है, फिर भी वह उन सब वस्तुओं को दूसरों के उपयोग के लिए प्रदान करता है। उन वस्तुओं पर उसका अधिकार केवल इस अर्थ में है कि वही दूसरों को उनका उपयोग करने का अवसर देता है।बुद्धिमान व्यक्ति भी दूसरों की संपत्तियों को उसी शान्त भाव से देखता है और उनसे अनासक्त रहता है, जैसे जुपिटर रहता है। बल्कि वह स्वयं को जुपिटर से भी अधिक सम्मान के योग्य समझता है क्योंकि जुपिटर उन वस्तुओं का उपयोग नहीं कर सकता, जबकि बुद्धिमान मनुष्य उनका उपयोग करना ही नहीं चाहता। 

    इसलिए आओ, हम सेक्स्टियस की बात पर विश्वास करें, जब वह हमें यह अत्यन्त सुंदर मार्ग दिखाते हुए पुकारते हैं, "यही वह मार्ग है जिससे मनुष्य तारों तक पहुँचता है। मितव्ययिता का मार्ग, आत्मसंयम का मार्ग और साहस का मार्ग।" देवता घमंडी नहीं होते और न ही वे अपने समान किसी अन्य के होने से ईर्ष्या करते हैं। वे स्वागत करते हैं और उन लोगों की सहायता करते हैं जो ऊपर चढ़ने का प्रयास करते हैं। क्या तुम्हें यह आश्चर्य होता है कि कोई मनुष्य देवताओं तक पहुँच सकता है? वास्तव में ईश्वर स्वयं मनुष्यों के पास आता है। बल्कि इससे भी अधिक निकटता की बात यह है कि ईश्वर मनुष्य के भीतर निवास करता है। क्योंकि मन की उत्कृष्टता कभी भी ईश्वर से रहित नहीं होती। मनुष्य के भीतर दिव्यता के बीज बिखरे हुए हैं। यदि किसी कुशल माली की तरह उनका उचित पालन-पोषण किया जाए, तो वे उसी स्रोत के समान विकसित होते हैं जिससे वे उत्पन्न हुए हैं और अंततः अपने मूल के तुल्य बन जाते हैं। किन्तु यदि उनका पालन-पोषण ठीक प्रकार से न हो, जैसे बंजर या दलदली भूमि में बोया गया बीज नष्ट हो जाता है तो वहाँ उत्तम पौधों के स्थान पर केवल खरपतवार ही उगती है।


अभी के लिए विदा 

खलील जिब्रान (Khalil Gibran) की प्रसिद्ध पुस्तक द प्रोफेट (The Prophet) का हिंदी अनुवाद (संपूर्ण पुस्तक)

  द प्रोफेट जहाज़ का आगमन   अलमुस्तफ़ा, चुना हुआ और प्रिय, जो अपने ही युग के लिए प्रभात के समान था , बारह वर्षों से   नगर में उस जहाज़...