Showing posts with label Path. Show all posts
Showing posts with label Path. Show all posts

Thursday, 6 August 2026

प्राकृतिक संपदा के बारे में -- पत्र - 117

 प्रिय लूसीलियस 


हर बार जब मुझे कोई नई बात समझ में आती है तो मैं यह प्रतीक्षा नहीं करता कि तुम कहो, “उसे साझा करो!” मैं स्वयं ही उसे तुम्हारे साथ साझा कर देता हूँ। क्या तुम जानना चाहते हो कि मैंने क्या खोज निकाली है? अपना बटुआ निकालो। यह अत्यंत लाभदायक सौदा है। मैं तुम्हें सिखाने जा रहा हूँ कि सबसे शीघ्र और सरल तरीके से धनवान कैसे बना जा सकता है। निश्चय ही अब तुम इसे सुनने के लिए उत्सुक हो। तुम्हारी उत्सुकता उचित भी है। मैं तुम्हें अपार संपत्ति प्राप्त करने का एक सीधा और छोटा मार्ग बताऊँगा। लेकिन इसके लिए तुम्हें एक वित्तीय सहायक की आवश्यकता होगी। कोई भी व्यापार आरंभ करने के लिए तुम्हें ऋण लेना पड़ता है। परंतु कृपया किसी बिचौलिए के माध्यम से नहीं। मैं नहीं चाहता कि दलाल तुम्हारे विषय में इधर-उधर बातें बनाते फिरें। मेरे पास तुम्हारे लिए एक ऐसा ऋणदाता पहले से तैयार है जिसकी अनुशंसा कैटो द एल्डर (Cato the Elder) ने अपने प्रसिद्ध वचन में की है, “तुम्हें उधार स्वयं अपने ही पास से लेना चाहिए।” 



    चाहे वह राशि कितनी ही थोड़ी क्यों न हो, यदि हमें अपनी आवश्यकता की वस्तु अपने ही भीतर से मिल जाए तो वही पर्याप्त है। प्रिय लूसीलियस, किसी वस्तु की इच्छा न करना, उसे प्राप्त कर लेने के समान ही है। दोनों का परिणाम एक ही होता है। दोनों ही स्थितियों में मनुष्य चिंता से मुक्त रहता है। मैं तुम्हें यह नहीं कह रहा कि तुम अपनी प्रकृति का दमन करो क्योंकि प्रकृति अडिग है, उसे जीता नहीं जा सकता। वह अपना उचित अधिकार अवश्य माँगती है। बल्कि तुम्हें यह समझना चाहिए कि जो कुछ प्रकृति की आवश्यकताओं से अधिक है, वह केवल एक अतिरिक्त अनुग्रह है, आवश्यकता नहीं। मुझे भूख लगी है। इसलिए मुझे भोजन करना चाहिए। प्रकृति को इससे कोई सरोकार नहीं कि रोटी मोटे आटे की है या अत्यंत महीन आटे से बनी हुई है। उसका उद्देश्य पेट को स्वाद देना नहीं बल्कि उसे भरना है। मुझे प्यास लगी है, पर प्रकृति को इससे कोई अंतर नहीं पड़ता कि मैं निकटतम जलाशय का पानी पीता हूँ या बर्फ के ढेर में शीतल किया हुआ जल। प्रकृति की केवल एक ही माँग है, प्यास बुझनी चाहिए। इससे भी कोई अंतर नहीं पड़ता कि मेरा पात्र सोने, क्रिस्टल या अकीक (सिलिका क्वार्ट्ज का एक प्रकार है, जिसकी पहचान इसकी रंग-बिरंगी परतों से बनी होती है) का बना है या वह केवल टाइबर (इटली के शहर का नाम) का साधारण मिट्टी का प्याला है अथवा मैं अपनी हथेली को ही पात्र बना लूँ। हर वस्तु के अंतिम उद्देश्य पर दृष्टि रखो, तब तुम उसकी अनावश्यक सजावट और अतिरिक्त बातों का मोह छोड़ दोगे। जब भूख मुझे पुकारती है तो मेरा हाथ निकट उपलब्ध भोजन की ओर बढ़ना चाहिए। भूख ऐसी अवस्था है कि जो भी भोजन मिल जाए, वही स्वीकार्य हो जाता है। भूखा व्यक्ति किसी भी खाद्य पदार्थ को अस्वीकार नहीं करता। क्या अब भी तुम यह जानने को उत्सुक हो कि मुझे किस बात पर इतना आनंद हो रहा है? मुझे यह उत्कृष्ट वचन प्राप्त हुआ है, “बुद्धिमान व्यक्ति प्राकृतिक संपदा का सबसे सूक्ष्म अन्वेषक होता है।”

    तुम इसका उत्तर यह कहकर देते हो, “यह तो बहुत निराशाजनक निकला। क्या तुम सचमुच गंभीर हो? मेरे पास तो धन तैयार रखा था। मैं सोच रहा था कि व्यापार करने के लिए किस स्थान की यात्रा करूँ, कौन-सा सार्वजनिक ठेका प्राप्त करूँ या किस प्रकार का माल खरीदकर व्यापार करूँ। यह तो छल हुआ कि अपार धन का वचन देकर तुम मुझे निर्धनता का पाठ पढ़ाने लगे।” तो क्या तुम्हारे विचार में वह व्यक्ति निर्धन है, जिसे किसी वस्तु का अभाव नहीं है? “नहीं,” तुम उत्तर देते हो, “लेकिन यह उसकी अपनी वृत्ति और अपनी स्थिति को स्वीकार कर लेने के कारण है, भाग्य के कारण नहीं।” तो क्या तुम किसी व्यक्ति को इसलिए धनवान नहीं मानोगे कि उसकी संपत्ति उससे छीनी नहीं जा सकती? बताओ, तुम क्या चाहोगे, बहुत अधिक धन, या जितना पर्याप्त हो उतना? जिसके पास बहुत अधिक धन होता है, वह और अधिक चाहता है। यही इस बात का प्रमाण है कि उसके पास अभी भी पर्याप्त नहीं है। लेकिन जिसके पास पर्याप्त है, उसने वह वस्तु प्राप्त कर ली है जिसे धनी लोग कभी प्राप्त नहीं कर सकते, एक सीमा, जहाँ पहुँचकर और अधिक पाने की इच्छा समाप्त हो जाती है। या क्या तुम इसे इसलिए धन नहीं मानते कि इसके कारण किसी व्यक्ति का कभी सर्वस्व नहीं छीना गया? केवल इसलिए कि इसके लिए किसी पुत्र ने अपने पिता को या किसी पत्नी ने अपने पति को विष नहीं दिया? केवल इसलिए कि यह युद्ध के समय भी सुरक्षित रहता है और शांति के समय भी निश्चिंत? केवल इसलिए कि इसका स्वामी होना न तो जोखिमपूर्ण है और न ही इसका प्रबंधन कष्टदायक?

    “लेकिन केवल इतना होना कि न ठंड लगे, न भूख लगे और न प्यास लगे, यह तो बहुत ही तुच्छ संपत्ति हुई।” किन्तु स्वयं जुपिटर के पास भी इससे अधिक कुछ नहीं है। जो पर्याप्त है, वह कभी बहुत थोड़ा नहीं होता। जो अपर्याप्त है, वह कभी बहुत अधिक नहीं हो सकता। डेरियस (प्राचीन फारसी सम्राट का मूल नाम) और भारत को जीत लेने के बाद भी सिकंदर निर्धन ही बना रहता है। क्या यह सत्य नहीं है? वह अभी भी अपने अधिकार में लेने के लिए नए-नए राज्यों की खोज करता फिरता है। वह अज्ञात समुद्रों का अन्वेषण करता है, महासागर में नए बेड़े भेजता है और मानो स्वयं संसार की सीमाओं को भी भेद डालना चाहता है। जिससे प्रकृति संतुष्ट हो जाती है, उससे मनुष्य संतुष्ट नहीं होता। देखो, एक ऐसा व्यक्ति जिसने सब कुछ प्राप्त कर लिया है, फिर भी उसे और अधिक की लालसा है। हमारा मन कितना अंधा है! जैसे ही मनुष्य आगे बढ़ने लगता है, वह भूल जाता है कि उसने आरंभ कहाँ से किया था। उसने एक छोटे-से, नगण्य प्रदेश के अधिकार के लिए संघर्ष आरंभ किया था और पृथ्वी के अंतिम छोर तक पहुँच गया। फिर भी अब वह इसलिए असंतुष्ट है कि उसे उसी संसार के भीतर लौटना पड़ रहा है, जो पूरी तरह उसी का हो चुका है। 

    धन ने आज तक किसी को वास्तव में धनी नहीं बनाया। वह तो केवल जिसे भी स्पर्श करता है, उसके भीतर और अधिक धन पाने की लालसा उत्पन्न कर देता है। तुम पूछते हो कि इसका कारण क्या है? कारण यह है कि जितना अधिक किसी के पास होता है, उतना ही अधिक वह और प्राप्त करने में समर्थ हो जाता है। संक्षेप में, तुम उन लोगों में से किसी एक को चुन लो, जिनके नाम क्रैसस (प्राचीन रोम के अत्यंत धनी और प्रभावशाली राजनेता) और लिसिनस (रोमन परंपरा में अत्यधिक धनवान व्यक्तियों में गिना जाता था।) के साथ गिने जाते हैं। उसे हमारे सामने खड़ा करो और उससे कहो कि वह अपनी सारी संपत्ति का हिसाब बताए, जो कुछ इस समय उसके पास है और जिसकी वह अभी भी आशा लगाए बैठा है, सब कुछ जोड़कर। यदि तुम मेरा मत स्वीकार करो तो मैं कहूँगा कि वह व्यक्ति निर्धन है। और यदि तुम्हारे अपने मत से भी देखा जाए तो वह किसी भी समय निर्धन हो सकता है। किन्तु जिसने अपनी आवश्यकताओं को प्रकृति की माँगों के अनुरूप बना लिया है, वह न केवल निर्धनता की अनुभूति से मुक्त हो जाता है, बल्कि निर्धन हो जाने के भय से भी परे पहुँच जाता है। फिर भी, वास्तव में अपनी संपत्ति को प्रकृति की सीमा तक सीमित रखना अत्यन्त कठिन है। यहाँ तक कि जिस व्यक्ति को हम आवश्यकताओं की सीमा तक ले आए हैं, जिसे तुम निर्धन कहते हो, उसके पास भी उसकी आवश्यकता से कुछ अधिक अवश्य होता है।

    किन्तु लोगों की आँखें धन के आकर्षण से अंधी और मोहित हो जाती हैं। जैसे जब किसी धनी व्यक्ति के घर से सिक्कों के ढेर प्रदर्शन के लिए जुलूस में ले जाए जाते हैं। जब उसके भवन की छत तक सोने से जड़ी होती है। जब उसके घरेलू सेवक या तो उनके स्वाभाविक सौंदर्य के कारण चुने जाते हैं या इस प्रकार सजाए जाते हैं कि वे देखने वालों का ध्यान आकर्षित करें। ऐसी सारी समृद्धि का उद्देश्य केवल लोगों की दृष्टि अपनी ओर खींचना होता है। इसके विपरीत, जिस व्यक्ति को हमने जनसमूह की दृष्टि और भाग्य के उतार-चढ़ाव से अलग कर दिया है, उसका सुख उसके भीतर निवास करता है। जहाँ तक उन लोगों का प्रश्न है, जिनके मन में दयनीय निर्धनता ही धन का रूप धारण कर लेती है, तो उनके पास धन उसी प्रकार होता है, जैसे हम कहते हैं कि हमें बुखार है। जबकि वास्तव में बुखार ने ही हमें अपने वश में कर रखा होता है। हम प्रायः इसे उलटकर कहते हैं, “बुखार ने उसे जकड़ रखा है।” उसी प्रकार हमें यह भी कहना चाहिए, “धन ने उसे अपने वश में कर रखा है।”

    मैं तुम्हें इससे बढ़कर कोई और उपदेश देना नहीं चाहता और न ही ऐसा कोई उपदेश है जिसे बार-बार सुनने की आवश्यकता इससे अधिक हो। हर वस्तु का मूल्यांकन अपनी प्राकृतिक आवश्यकताओं के आधार पर करो। ये आवश्यकताएँ या तो बिना किसी खर्च के पूरी हो जाती हैं, या बहुत थोड़े खर्च में। केवल इतना ध्यान रखो कि इन प्राकृतिक आवश्यकताओं को अपने दुर्गुणों के साथ मत मिला देना। क्या तुम यह पूछते हो कि जिस मेज़ पर तुम्हारा भोजन परोसा जा रहा है, वह कैसी होनी चाहिए या चाँदी के बर्तनों की गुणवत्ता कैसी हो या क्या तुम्हारे सेवक रूपवान और जोड़े के रूप में चुने गए हों, जिनकी कोमल त्वचा लोगों का ध्यान आकर्षित करे? प्रकृति को भोजन के अतिरिक्त और किसी वस्तु की इच्छा नहीं होती। यदि तुम्हारा कंठ प्यास से सूख रहा हो तो क्या तुम स्वर्ण-पात्र की माँग करोगे? यदि तुम भूख से व्याकुल हो तो क्या तुम मोर और टर्बट (एक उत्कृष्ट समुद्री मछली) के अतिरिक्त हर प्रकार के भोजन को तुच्छ समझोगे? 

    भूख महत्त्वाकांक्षी नहीं होती। उसका उद्देश्य केवल इतना होता है कि वह शांत हो जाए। उसे इससे कोई विशेष सरोकार नहीं कि वह किस वस्तु से शांत होती है। इसके बाद जो कुछ आता है, वह केवल उस दयनीय विलासप्रियता की यातना है, जो तृप्त हो जाने के बाद भी भूख को फिर से उकसाने के उपाय खोजती है। जो पेट को भरने के बजाय उसे ठूँसने का प्रयत्न करती है; जो पहली बार पीने से शांत हो चुकी प्यास को फिर से जगाना चाहती है। 

    इसीलिए होरेस (प्राचीन रोम के महानतम गीतिकवियों में से एक थे) ने बिल्कुल ठीक कहा है कि प्यास को न तो पात्र की चिंता होती है और न ही उसे परोसने वाले की सुघड़ता की। यदि तुम्हें यह महत्वपूर्ण लगता है कि तुम्हें पानी परोसने वाले दास-बालक के बाल घुँघराले हों और जिस पात्र से तुम पी रहे हो वह किसी पारदर्शी बहुमूल्य पदार्थ का बना हो तो समझ लो कि तुम्हें वास्तव में प्यास नहीं लगी है। प्रकृति ने हमें जो अनेक वरदान दिए हैं, उनमें यह सबसे श्रेष्ठ है कि वास्तविक आवश्यकता कभी नखरे नहीं करती। केवल अनावश्यक वस्तुएँ ही चुनाव की माँग करती हैं, “यह पर्याप्त अच्छा नहीं है, वह बहुत साधारण है, यह मेरी आँखों को अच्छा नहीं लगता।” इस संसार के सृष्टिकर्ता और हमारे जीवन के नियमों के विधानकर्ता ने हमारी व्यवस्था इस प्रकार की है कि हमारा भली-भाँति पालन-पोषण हो, किन्तु हमें विलासिता का अभ्यस्त न बनाया जाए। हमारे कल्याण के लिए जो कुछ आवश्यक है, वह सब सहज ही उपलब्ध है किन्तु विलासिता की वस्तुएँ केवल कष्ट, परिश्रम और दुःख के मूल्य पर ही प्राप्त होती हैं। 

    अतः आओ, हम प्रकृति के इस वरदान का लाभ उठाएँ और इसे उसके श्रेष्ठतम उपहारों में से एक मानें। हम यह स्वीकार करें कि प्रकृति विशेष रूप से इस कारण हमारी कृतज्ञता की अधिकारी है कि जब हम आवश्यकता के कारण किसी वस्तु की इच्छा करते हैं, तब उसके चयन को लेकर हम नखरे नहीं करते।


अभी के लिए विदा 

   

Wednesday, 5 August 2026

वस्तुओं के बारे में -- पत्र - 116

 प्रिय लूसीलियस 


तुम मुझ पर यह आग्रह कर रहे हो कि मैं तुम्हें अधिक बार पत्र लिखूँ। अच्छा तो आओ हिसाब-किताब कर लें। तब तुम्हें यह नहीं लगेगा कि तुम्हारा घाटा हुआ है। हमारे बीच यह तय हुआ था कि पहले तुम पत्र लिखोगे और उसके उत्तर में मैं लिखूँगा। फिर भी, मैं तुम्हारे प्रति अधिक कठोर नहीं बनूँगा। मैं जानता हूँ कि तुम विश्वसनीय हो। इसलिए मैं तुम्हें उधार पर भी कुछ दे सकता हूँ। किन्तु मैं वैसा नहीं करूँगा जैसा भाषा के महान आचार्य सिसरो ने अपने मित्र एटिकस को करने की सलाह दी थी कि यदि कहने के लिए कुछ न भी हो, तब भी मन में जो आए, वही लिख भेजो। मेरे पास लिखने के लिए विषयों की कभी कमी नहीं हो सकती, चाहे मैं सिसरो के पत्रों में भरी उन बातों को पूरी तरह छोड़ भी दूँ, जैसे कि कौन-सा उम्मीदवार कठिनाई में है। कौन उधार के धन के सहारे चुनाव लड़ रहा है और कौन अपनी ही संपत्ति के बल पर; किसे कौंसल-पद के लिए सीज़र का समर्थन प्राप्त है, किसे पोम्पेय का और किसे केवल अपनी धन-थैली का या यह कि कैसिलियस कितना कठोर साहूकार है, जो अपने संबंधियों को भी प्रति माह एक प्रतिशत से कम ब्याज पर ऋण नहीं देता। दूसरों के झंझटों में उलझने से कहीं अधिक अच्छा है कि मनुष्य अपनी ही समस्याओं पर ध्यान दे। स्वयं का परीक्षण करे, यह देखे कि वह किन-किन वस्तुओं का अभिलाषी (उम्मीदवार) बना हुआ है और फिर उन सबके लिए प्रयास करना ही छोड़ दे।


By Nurudeen Popoola

    प्रिय लूसीलियस, सबसे उत्तम मार्ग और साथ ही सुरक्षा तथा स्वतंत्रता का मार्ग यह है कि किसी भी पद की आकांक्षा ही न रखी जाए बल्कि भाग्य द्वारा आयोजित सभी चुनावों को ही छोड़ दिया जाए। जब मतदाता एकत्र होते हैं और उम्मीदवार अपने-अपने मंचों पर व्याकुल होकर परिणाम की प्रतीक्षा करते हैं। कोई रिश्वत देकर समर्थन खरीद रहा होता है, कोई अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से सौदेबाज़ी कर रहा होता है तो कोई उन लोगों के हाथ चूम रहा होता है जिन्हें चुने जाने के बाद वह छूना भी पसंद नहीं करेगा। इस बीच सबकी दृष्टि उद्घोषक की उस घोषणा पर लगी रहती है जो विजेता का नाम बताएगी, तब सोचो, उस पूरे बाज़ार को केवल एक दर्शक की तरह खड़े होकर देखना कितना सुखद होगा। जबकि तुम्हारे पास न बेचने के लिए कुछ हो और न खरीदने के लिए। किन्तु इससे भी कहीं अधिक महान आनंद तब प्राप्त होता है, जब मनुष्य न केवल प्रेटर या कौंसल के चुनावों को बल्कि उन सब प्रयत्नों को भी निस्पृह होकर देखता है जो लोग प्रतिवर्ष नवीनीकृत होने वाले पदों के लिए, स्थायी सत्ता प्राप्त करने के लिए, युद्ध में विजय और विजय-उत्सव के लिए, धन-संपत्ति के लिए, विवाह और संतान के लिए अथवा अपने और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए करते रहते हैं। मन की कितनी महान उपलब्धि है यह कि मनुष्य ऐसा बन जाए जो किसी वस्तु की कामना ही न करे, किसी से कोई अनुग्रह न माँगे और भाग्य से कह सके, “हे भाग्य! मेरा और तुम्हारा अब कोई संबंध नहीं है। मैं तुम्हें अपने ऊपर कोई अधिकार नहीं देता। मैं जानता हूँ कि तुम कैटो जैसे पुरुषों को अस्वीकार कर देती हो। जबकि वेटिनियस जैसे लोगों को ऊँचे पदों पर पहुँचा देती हो। इसलिए मैं तुमसे कुछ भी नहीं माँगता।” यही वह मार्ग है जिससे भाग्य को उसके पद से हटाया जा सकता है। 

    इसलिए हमें एक-दूसरे को इन्हीं विषयों पर पत्र लिखने चाहिए और ऐसे विचारों का आदान-प्रदान करना चाहिए जिनकी कभी कमी न हो। क्योंकि हमारे सामने ऐसे असंख्य व्याकुल मनुष्य हैं, जो किसी विनाशकारी वस्तु की प्राप्ति के लिए निरंतर एक बुराई से दूसरी और उससे भी बड़ी बुराई की ओर बढ़ते जाते हैं। वे जिन वस्तुओं के पीछे भाग रहे हैं, शीघ्र ही उन्हीं से उन्हें या तो बचना पड़ेगा या उन्हें तुच्छ समझना पड़ेगा। आख़िर ऐसा कौन है जो उस वस्तु को प्राप्त कर लेने के बाद भी संतुष्ट हो गया हो, जिसे पहले वह अपनी पहुँच से बाहर समझता था? लोग समझते हैं कि समृद्धि कोई महान पुरस्कार है, जिसके लिए लालच करना उचित है। परन्तु वास्तव में वह अत्यन्त तुच्छ वस्तु है। इसी कारण वह किसी को भी संतुष्ट नहीं कर पाती। तुम्हें अपनी इच्छाएँ बहुत ऊँची प्रतीत होती हैं क्योंकि तुम अभी उनसे दूर हो। किन्तु जो व्यक्ति उन्हें प्राप्त कर लेता है, उसे वे नगण्य लगने लगती हैं। यदि मैं भूल नहीं कर रहा तो वह उसी क्षण किसी और ऊँचाई पर चढ़ने की इच्छा करने लगता है। जिसे तुम अपनी यात्रा का शिखर समझते हो, वही उसके लिए केवल अगली सीढ़ी बन जाता है। इस प्रकार सभी लोग सत्य के अज्ञान के कारण दुख उठाते हैं। दूसरों की बातों से भ्रमित होकर वे उन वस्तुओं की ओर आकर्षित होते हैं जिन्हें वे शुभ समझते हैं। पर जब अत्यधिक परिश्रम और कष्ट सहकर उन्हें प्राप्त कर लेते हैं, तब उन्हें ज्ञात होता है कि वे या तो बुरी हैं या तुच्छ हैं अथवा उनकी अपेक्षा से कहीं कम मूल्यवान हैं। अधिकांश लोग उन वस्तुओं से प्रभावित हो जाते हैं जो दूर से आकर्षक दिखाई देती हैं। सामान्यतः लोग ‘बड़ा’ और ‘अच्छा’, इन दोनों को एक ही समझ बैठते हैं। 

    ऐसा हमारे साथ भी न हो इसलिए हमें यह जाँच करनी चाहिए कि वास्तव में ‘शुभ’ (Good) क्या है। इस विषय में अनेक प्रकार की व्याख्याएँ और परिभाषाएँ दी गई हैं। एक परिभाषा यह है, “शुभ वह है जो मन को अपनी ओर आकर्षित करे और उसे अपनी ओर खींच ले।” किन्तु इसका तुरंत उत्तर दिया जा सकता है। यदि कोई वस्तु हमें अपनी ओर आकर्षित तो करे। पर हमारे लिए हानिकारक सिद्ध हो, तब क्या होगा? तुम जानते ही हो कि कितनी बुरी वस्तुएँ भी अत्यन्त आकर्षक होती हैं। जो वास्तव में सत्य है और जो केवल सत्य प्रतीत होता है, इन दोनों में बहुत बड़ा अंतर है। इसी कारण ‘शुभ’ का संबंध ‘सत्य’ से होना चाहिए क्योंकि जो वास्तव में शुभ नहीं है, उसे शुभ नहीं कहा जा सकता। किन्तु जो वस्तु हमें अपनी ओर खींचती और लुभाती है, वह केवल शुभ प्रतीत होती है। वह धीरे-धीरे हमारे मन में प्रवेश करती है, हमें आकर्षित करती है और अंततः हमें मोहित कर लेती है। दूसरी परिभाषा इस प्रकार है, “शुभ वह है जो अपने प्रति इच्छा उत्पन्न करे अथवा जो मन में अपनी ओर बढ़ने की प्रेरणा जगाए।” किन्तु इस पर भी वही आपत्ति लागू होती है। बहुत-सी ऐसी वस्तुएँ हैं जो मनुष्य को अपनी ओर प्रेरित करती हैं। जबकि उनका पीछा करने वालों के लिए वे अंततः हानिकारक सिद्ध होती हैं। एक और अधिक उपयुक्त परिभाषा इस प्रकार है, “शुभ वह है जो प्रकृति के अनुरूप मन में अपनी ओर बढ़ने की प्रेरणा उत्पन्न करे और जिसकी खोज तभी की जानी चाहिए जब वह वास्तव में वरणीय (चुनने योग्य) सिद्ध हो जाए।” ऐसी वस्तु उसी समय ‘सम्माननीय’ (Honorable) भी होती है अर्थात वह ऐसी होती है जो हर प्रकार से अपनाए जाने और प्राप्त किए जाने के योग्य हो। 

    यह विषय मुझे ‘शुभ’ और ‘सम्माननीय’ के बीच का अंतर स्पष्ट करने के लिए प्रेरित करता है। इन दोनों में एक ऐसा संबंध है जो अभिन्न और अविभाज्य है। कोई भी वस्तु तब तक शुभ नहीं हो सकती जब तक उसमें कुछ सम्माननीय न हो और जो वास्तव में सम्माननीय है, वह निश्चय ही शुभ भी है। तो फिर इन दोनों में अंतर क्या है? सम्माननीय वह है जो पूर्णतः शुभ हो अर्थात वही जिसके द्वारा सुखमय जीवन अपनी पूर्णता को प्राप्त करता है और जिसके साथ संबंध स्थापित होने पर अन्य वस्तुएँ भी शुभ बन जाती हैं। मेरा अभिप्राय यह है, कुछ वस्तुएँ अपने-आप में न तो शुभ होती हैं और न अशुभ जैसे, सैनिक सेवा, राजनयिक सेवा या न्यायिक पद। जब इन कार्यों का निर्वाह सम्मानपूर्वक और सदाचार के साथ किया जाता है, तभी वे शुभ बन जाते हैं और अपनी पहले की उदासीन (न शुभ, न अशुभ) स्थिति से निकलकर शुभ की श्रेणी में आ जाते हैं। ऐसी वस्तुएँ सम्माननीयता के संसर्ग से शुभ बनती हैं; परन्तु सम्माननीयता स्वयं अपने-आप में शुभ है। शुभता का मूल्य सम्माननीयता से प्राप्त होता है। जबकि सम्माननीयता किसी अन्य वस्तु पर निर्भर नहीं करती। उसका आधार वह स्वयं है। जो वस्तु शुभ है, वह किसी परिस्थिति में अशुभ भी हो सकती थी। किन्तु जो वास्तव में सम्माननीय है, वह शुभ के अतिरिक्त और कुछ हो ही नहीं सकती। 

    एक परिभाषा इस प्रकार भी दी जाती है, “शुभ वह है जो प्रकृति के अनुरूप हो।” अब मेरी बात ध्यान से सुनो। जो वास्तव में शुभ है, वह निश्चय ही प्रकृति के अनुरूप होता है; किन्तु जो कुछ भी प्रकृति के अनुरूप है, वह तत्काल शुभ नहीं हो जाता। वास्तव में अनेक ऐसी वस्तुएँ हैं जो प्रकृति के अनुरूप तो हैं। पर इतनी तुच्छ हैं कि उन्हें ‘शुभ’ कहना उचित नहीं होगा। वे नगण्य और महत्वहीन हैं। कोई भी शुभ वस्तु तुच्छ या महत्वहीन नहीं हो सकती। जब तक कोई वस्तु नगण्य है, तब तक वह शुभ नहीं है। जब वह वास्तव में शुभ बन जाती है, तब वह नगण्य नहीं रहती। तो किसी वस्तु को शुभ कैसे पहचाना जाए? जब वह पूर्णतः प्रकृति के अनुरूप हो, तभी उसे वास्तव में शुभ कहा जा सकता है।

    तुम कहते हो, “तुम स्वयं स्वीकार करते हो कि जो शुभ है, वह प्रकृति के अनुरूप होता है। यही उसका विशिष्ट लक्षण है। तुम यह भी स्वीकार करते हो कि कुछ ऐसी वस्तुएँ भी हैं जो शुभ तो नहीं हैं, फिर भी प्रकृति के अनुरूप हैं। तब ऐसा कैसे हो सकता है कि पहली वस्तुएँ शुभ कहलाएँ और दूसरी नहीं? जब दोनों में प्रकृति के अनुरूप होने का एक ही विशेष गुण है तो फिर उनके विशिष्ट स्वरूप में यह अंतर कैसे उत्पन्न होता है?” मेरा उत्तर है, उनकी परिपूर्णता और विकास के कारण। इसमें कोई नई या आश्चर्यजनक बात नहीं है कि कुछ वस्तुएँ अपने विकास के साथ अपना स्वरूप भी बदल लेती हैं। उदाहरण के लिए, एक बालक बड़ा होकर युवक बन जाता है। उसके साथ उसका विशिष्ट गुण भी बदल जाता है। बालक में तर्क-बुद्धि का पूर्ण विकास नहीं होता, जबकि युवक तर्क करने की क्षमता प्राप्त कर लेता है। कुछ वस्तुएँ जब विकसित होती हैं तो वे केवल आकार में ही बड़ी नहीं होतीं बल्कि अपने स्वरूप और गुण में भी भिन्न हो जाती हैं। 

    कोई यह कह सकता है, “केवल आकार में बड़ा हो जाना किसी वस्तु का भिन्न स्वरूप धारण कर लेना नहीं है। चाहे तुम एक छोटी सुराही में शराब भरो या एक बड़े पात्र में, शराब का गुण दोनों में समान रहता है। उसी प्रकार, थोड़ी-सी मधु और बहुत-सी मधु, दोनों के स्वाद में कोई अंतर नहीं होता।” किन्तु तुम्हारे ये उदाहरण भिन्न प्रकार के हैं। इनमें वस्तु चाहे जितनी बढ़ जाए, उसका मूल गुण अपरिवर्तित रहता है। निस्संदेह, कुछ वस्तुएँ ऐसी होती हैं जो आकार में बड़ी होने पर भी अपनी जाति और अपने विशिष्ट गुण को बनाए रखती हैं।परन्तु कुछ दूसरी वस्तुएँ ऐसी भी होती हैं जिनमें आकार की अनेक क्रमिक वृद्धियों के बाद अन्तिम वृद्धि एक निर्णायक परिवर्तन ला देती है। वह उन्हें एक ऐसी नई अवस्था प्रदान करती है जो पहले की अवस्था से भिन्न होती है। एक-एक पत्थर जोड़ने से मेहराब नहीं बनती। उसे पूर्ण करने वाला वह अंतिम शिलाखंड होता है, शीर्ष-पत्थर (की-स्टोन), जो दोनों ओर झुके हुए पत्थरों के बीच जड़ दिया जाता है और अपने स्थान पर आकर पूरी मेहराब को एक साथ बाँध देता है। वह अंतिम पत्थर स्वयं आकार में छोटा होते हुए भी इतना महत्त्वपूर्ण कार्य क्यों कर देता है? 

    क्योंकि वह केवल एक और पत्थर जोड़ता ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण संरचना को पूर्णता भी प्रदान करता है। इसी प्रकार कुछ वस्तुएँ अपने विकास के क्रम में अपना पूर्व स्वरूप छोड़ देती हैं और एक नए स्वरूप को धारण कर लेती हैं। जब मन किसी वस्तु के विस्तार का बहुत देर तक विचार करता रहता है और उसकी विशालता का अनुमान लगाते-लगाते थक जाता है, तब वह उसे ‘अनन्त’ कहने लगता है। उस समय वह वस्तु पहले जैसी नहीं रह जाती। वह उस अवस्था से भिन्न हो जाती है जब वह केवल बड़ी किन्तु सीमित प्रतीत होती थी। उसी प्रकार, हम पहले किसी वस्तु को केवल कठिनाई से विभाजित होने योग्य समझते थे; परन्तु जब वह कठिनाई अपनी चरम सीमा पर पहुँच गई, तब हमने उसे ‘अविभाज्य’ मान लिया। इसी प्रकार, जो वस्तु पहले केवल बड़ी कठिनाई से या लगभग न चलने योग्य थी, वही अंततः ‘अचल’ कही जाने लगी। ठीक इसी तर्क के अनुसार, कोई वस्तु पहले केवल प्रकृति के अनुरूप होती है; किन्तु जब उसका विकास अपनी पूर्णता को प्राप्त कर लेता है, तब वह एक नए विशिष्ट स्वरूप में प्रवेश करती है और वास्तव में ‘शुभ’ बन जाती है।


अभी के लिए विदा 

स्टोइक दर्शन के बारे में -- पत्र - 115

 प्रिय लूसीलियस 


इस प्रकार के तुच्छ प्रश्न पूछकर तुम मुझे बहुत व्यस्त बनाए रखोगे और बिना जाने ही मुझे अनेक तर्क-वितर्कों और कठिनाइयों में उलझा दोगे। इन विषयों पर मैं पूरी निष्ठा के साथ अपने स्टोइक सम्प्रदाय का खंडन भी नहीं कर सकता और न ही पूर्णतः संतुष्ट होकर उससे सहमत हो सकता हूँ। तुम स्टोइक सिद्धांत के उस कथन के बारे में पूछ रहे हो कि 'बुद्धि (Wisdom) एक शुभ (Good) है, परन्तु बुद्धिमान होना (Being wise) शुभ नहीं है।' पहले मैं स्टोइकों का अभिप्राय स्पष्ट करूँगा, उसके बाद अपना मत प्रस्तुत करूँगा। 

By Blanca Dsouza 

    हमारे सम्प्रदाय का मत है कि जो कुछ शुभ है, वह शरीर (भौतिक सत्ता) है क्योंकि शुभ वस्तु क्रिया करती है और जो भी क्रिया करता है, वह शरीर होता है। शुभ वस्तु लाभ पहुँचाती है। परन्तु किसी वस्तु के लिए लाभ पहुँचाना तभी संभव है जब वह क्रिया करे। और यदि वह क्रिया करती है, तो वह शरीर है। स्टोइक यह भी कहते हैं कि बुद्धि एक शुभ है। इसलिए उन्हें यह भी स्वीकार करना पड़ता है कि बुद्धि भौतिक सत्ता (शरीर) है। किन्तु वे यह नहीं मानते कि 'बुद्धिमान होना' (Being wise) भी उसी प्रकार का अस्तित्व रखता है। उनके अनुसार बुद्धिमान होना एक अभौतिक (अशरीरी) अवस्था है, जो किसी अन्य वस्तु अर्थात बुद्धि पर आश्रित होकर उत्पन्न होती है। इसी कारण वह स्वयं न तो कोई क्रिया करती है और न ही किसी को प्रत्यक्ष लाभ पहुँचाती है। “तो क्या बात है? क्या हम यह नहीं कहते कि बुद्धिमान होना भी एक शुभ है?” हाँ, हम ऐसा कहते हैं। परन्तु यह कथन स्वतंत्र रूप से नहीं बल्कि उस वस्तु के संदर्भ में है जिस पर वह निर्भर करता है अर्थात स्वयं बुद्धि के संदर्भ में।

    इन बातों के विपरीत, अब पहले यह सुनो कि दूसरे दार्शनिक क्या उत्तर देते हैं। उसके बाद मैं अपना स्वतंत्र मत प्रस्तुत करूँगा और एक भिन्न दृष्टिकोण का समर्थन करूँगा। वे कहते हैं, “यदि तुम्हारी यह दलील मान ली जाए तो ‘सुखी जीवन’ भी शुभ नहीं होगा। तब चाहे तुम्हें अच्छा लगे या न लगे, तुम्हारे सम्प्रदाय को यह स्वीकार करना पड़ेगा कि ‘सुखी जीवन’ तो शुभ है, पर ‘सुखपूर्वक जीना’ शुभ नहीं है।” वे एक और आपत्ति भी उठाते हैं, “तुम बुद्धिमान बनना चाहते हो। इसलिए ‘बुद्धिमान होना’ एक वरणीय (जिसे चुनना उचित हो) वस्तु है। यदि वह वरणीय है तो वह अवश्य ही शुभ भी होगी।” इस आपत्ति का उत्तर देने के लिए हमारे स्टोइक सम्प्रदाय को शब्दों का ऐसा अर्थ-भेद करना पड़ता है, जो हमारी भाषा की स्वाभाविक अभिव्यक्ति के अनुकूल नहीं है। यदि तुम मुझे इसकी अनुमति दो तो मैं उस भेद को स्पष्ट करूँ। स्टोइकों का कहना है, “जो वस्तु वास्तव में शुभ है, वह ‘वरणीय’ (choice worthy) है। परन्तु जो अवस्था उस शुभ वस्तु को प्राप्त हो जाने के बाद हमारे भीतर उत्पन्न होती है, वह केवल ‘चयनयोग्य’ (choose able) है।” अर्थात उस दूसरी अवस्था की कामना स्वयं उसके लिए नहीं की जाती, मानो वह स्वतंत्र रूप से कोई शुभ वस्तु हो बल्कि वह उस शुभ वस्तु की प्राप्ति के परिणामस्वरूप मिलने वाली एक अतिरिक्त उपलब्धि मात्र है, जिसकी पहले से ही कामना की गई थी।

    मैं स्वयं इस मत से सहमत नहीं हूँ। मेरे विचार में हमारे स्टोइक सम्प्रदाय के दार्शनिक इस कठिनाई में इसलिए फँस जाते हैं कि वे पहले से स्वीकार किए हुए एक सिद्धांत की पहली कड़ी से बँधे हुए हैं और उसे बदलने की स्वतंत्रता अपने लिए नहीं रखते। हम लोगों की एक सामान्य प्रवृत्ति यह है कि हम समस्त मनुष्यों की स्वाभाविक धारणाओं (पूर्वधारणाओं) को बहुत महत्त्व देते हैं और यदि किसी बात पर सबकी सहमति हो, तो उसे उसके सत्य होने का प्रमाण मान लेते हैं। उदाहरण के लिए, हम देवताओं के अस्तित्व का एक प्रमाण यह भी मानते हैं कि लगभग सभी मनुष्यों के मन में देवताओं के अस्तित्व का विश्वास स्वाभाविक रूप से विद्यमान है। संसार में कोई भी ऐसा राष्ट्र, चाहे वह कानूनों और सभ्यता से कितना ही दूर क्यों न हो, ऐसा नहीं मिलता जो किसी-न-किसी देवता के अस्तित्व में विश्वास न रखता हो। इसी प्रकार, जब हम आत्मा की अमरता पर विचार करते हैं, तब भी इस बात का हमारे लिए विशेष महत्त्व होता है कि अधिकांश लोग आत्मा के मृत्यु के बाद भी अस्तित्व में रहने को स्वीकार करते हैं और अधोलोक की आत्माओं से या तो भय करते हैं या उनका सम्मान करते हैं। मैं भी इसी सार्वभौमिक मान्यता का सहारा लेता हूँ। तुम ऐसा कोई व्यक्ति नहीं पाओगे जो यह न मानता हो कि बुद्धि भी शुभ है और बुद्धिमान होना (Being wise) भी शुभ है।

    मैं उन पराजित ग्लैडिएटरों की तरह नहीं करूँगा जो जनता से दया की अपील करते हैं। आओ, हम अपने ही तर्कों और अपने ही शस्त्रों से इस विषय पर विचार करें। जो वस्तु किसी अन्य वस्तु पर अध्यारोपित (अधिष्ठित) होती है, वह या तो उसके भीतर होती है या उसके बाहर। यदि वह उसके भीतर है तो वह भी उसी वस्तु की भाँति भौतिक सत्ता (शरीर) होगी। क्योंकि कोई भी वस्तु किसी दूसरी वस्तु पर उसके स्पर्श के बिना अध्यारोपित नहीं हो सकती और जो स्पर्श करती है, वह शरीर होती है। इसी प्रकार, कोई भी वस्तु क्रिया किए बिना किसी दूसरी वस्तु पर अध्यारोपित नहीं हो सकती और जो क्रिया करती है, वह भी शरीर होती है। यदि वह उस वस्तु के बाहर है तो अध्यारोपित होने के बाद उसे उससे अलग हो जाना चाहिए। यदि वह अलग हो सकती है तो उसमें गति करने की क्षमता होगी और जिसमें गति करने की क्षमता है, वह शरीर है। 

    अब तुम यह अपेक्षा कर रहे हो कि मैं यह स्वीकार करूँ कि ‘दौड़’ और ‘दौड़ना’, ‘ऊष्मा’ और ‘गरम करना’, ‘प्रकाश’ और ‘प्रकाश देना’...  ये एक-दूसरे से भिन्न हैं। मैं यह स्वीकार करता हूँ कि इनमें भेद है। परन्तु मैं यह नहीं मानता कि उनका अस्तित्वगत स्वरूप (status) भिन्न है। यदि स्वास्थ्य एक उदासीन (न अच्छा, न बुरा) वस्तु है तो स्वस्थ होना भी उदासीन ही होगा। यदि सौन्दर्य उदासीन है तो सुन्दर होना भी उदासीन होगा। यदि न्याय एक शुभ है तो न्यायी होना भी शुभ है। यदि लज्जाजनक आचरण बुरा है तो लज्जाजनक व्यवहार करना भी बुरा है। ठीक उसी प्रकार जैसे यदि नेत्र-रोग बुरा है तो नेत्र-पीड़ा से ग्रस्त होना भी बुरा है। इसका प्रमाण भी स्पष्ट है। इनमें से कोई भी अपने समकक्ष के बिना अस्तित्व में नहीं रह सकता। जिसके पास बुद्धि है, वही बुद्धिमान है। जो बुद्धिमान है, उसी के पास बुद्धि है। इसमें कोई संदेह नहीं कि दोनों एक-दूसरे के इतने निकट हैं कि अनेक लोग उन्हें वस्तुतः एक ही मानते हैं।

    लेकिन मैं उनसे यह पूछना चाहता हूँ। चूँकि सभी वस्तुएँ या तो शुभ होती हैं या अशुभ अथवा उदासीन तो ‘बुद्धिमान होना’ इनमें से किस श्रेणी में रखा जाएगा? उनके मत के अनुसार वह शुभ नहीं है। निश्चय ही अशुभ भी नहीं है। तब यह निष्कर्ष निकलता है कि वह मध्यवर्ती श्रेणी में आता है। परन्तु इसी मध्यवर्ती श्रेणी को हम ‘उदासीन’ कहते हैं, जैसे धन, सौन्दर्य और उच्च पद, जो अच्छे और बुरे दोनों प्रकार के लोगों को समान रूप से प्राप्त हो सकते हैं। किन्तु ‘बुद्धिमान होना’ ऐसी वस्तु नहीं है जो किसी दुष्ट व्यक्ति को प्राप्त हो सके। इसलिए वह उदासीन नहीं हो सकता। वह अशुभ भी नहीं है क्योंकि वह किसी बुरे व्यक्ति में पाया ही नहीं जा सकता। अतः वह शुभ ही होना चाहिए। जो वस्तु केवल अच्छे व्यक्ति को ही प्राप्त हो सकती है, वह शुभ होती है। बुद्धिमान होना केवल अच्छे व्यक्ति को ही प्राप्त हो सकता है। इसलिए बुद्धिमान होना भी शुभ है। 

    कोई यह कह सकता है, “बुद्धिमान होना तो केवल बुद्धि पर अधिष्ठित होने वाली एक अवस्था है।” तब मैं उससे पूछूँगा, जिसे तुम ‘बुद्धिमान होना’ कहते हो, क्या वह बुद्धि को सक्रिय करता है अथवा स्वयं बुद्धि द्वारा सक्रिय होता है? दोनों ही स्थितियों में, चाहे वह क्रिया करे या उस पर क्रिया की जाए, उसे भौतिक सत्ता (शरीर) मानना पड़ेगा। क्योंकि जो भी वस्तु क्रिया करती है या जिस पर क्रिया की जाती है, वह शरीर होती है।यदि वह शरीर है, तो वह शुभ भी है क्योंकि उसे शुभ न मानने का एकमात्र कारण यह बताया गया था कि वह अभौतिक है।

    पेरिपैटेटिक दार्शनिकों का मत है कि ‘बुद्धि’ और ‘बुद्धिमान होना’ में कोई भेद नहीं है क्योंकि दोनों एक-दूसरे को अनिवार्य रूप से सूचित करते हैं। क्या तुम वास्तव में यह मान सकते हो कि कोई व्यक्ति बुद्धि के बिना बुद्धिमान हो सकता है या जो बुद्धिमान है उसके पास बुद्धि न हो? किन्तु प्राचीन तर्कशास्त्रियों ने इन दोनों में भेद किया था और उन्हीं से यह भेद स्टोइक दार्शनिकों तक पहुँचा है। मैं इसे स्पष्ट करता हूँ। क्या ‘एक खेत’ और ‘खेत का स्वामित्व होना’ एक ही बात है? नहीं। क्योंकि ‘खेत का स्वामित्व होना’ उस व्यक्ति से संबंधित है जो खेत का स्वामी है, न कि स्वयं खेत से। उसी प्रकार ‘बुद्धि’ और ‘बुद्धिमान होना’ में भी भेद है। मेरा विश्वास है कि तुम यह स्वीकार करोगे कि यहाँ दो भिन्न वस्तुएँ हैं। एक वह जो धारण की जाती है और दूसरी वह जो उसे धारण करती है। बुद्धि वह है जिसे धारण किया जाता है। बुद्धिमान व्यक्ति उसका धारक होता है। बुद्धि एक परिपूर्ण मन है अथवा ऐसा मन जो अपनी सर्वोच्च और सर्वश्रेष्ठ अवस्था को प्राप्त कर चुका हो। दूसरे शब्दों में, बुद्धि जीवन जीने की कला है। तो फिर ‘बुद्धिमान होना’ क्या है? मैं उसे परिपूर्ण मन नहीं कहूँगा बल्कि उस अवस्था का नाम दूँगा जो उस व्यक्ति में विद्यमान होती है जिसके पास परिपूर्ण मन है। इस प्रकार, एक ओर ‘उत्तम मन’ है। दूसरी ओर उस उत्तम मन का धारक होना, ये दोनों एक-दूसरे से संबंधित होने पर भी भिन्न हैं। 

    मेरा प्रतिपक्षी कहता है, “शरीरों के भी अनेक प्रकार होते हैं। उदाहरण के लिए, यह एक मनुष्य है और वह एक घोड़ा। इनके साथ विचार की ऐसी प्रक्रियाएँ भी जुड़ी होती हैं जो इन शरीरों के बारे में कथन करती हैं। इन विचार-प्रक्रियाओं का अपना एक विशिष्ट स्वरूप होता है, जो स्वयं शरीरों से भिन्न है। उदाहरण के लिए, मैं देखता हूँ कि ‘केटो चल रहा है।’ यह बात मुझे इन्द्रियों के द्वारा ज्ञात हुई और मेरे मन ने उसे सत्य मान लिया। जो वस्तु मैं देख रहा हूँ, वह एक शरीर है। उसी शरीर पर मेरी दृष्टि तथा मेरा मन केन्द्रित हैं। फिर मैं कहता हूँ, ‘केटो चल रहा है।’ अब जो मैं कह रहा हूँ, वह स्वयं कोई शरीर नहीं है बल्कि शरीर के विषय में किया गया एक कथन है। इसे कुछ लोग ‘प्रस्ताव’ (proposition) कहते हैं। कुछ ‘विधेय’ (predication) और कुछ ‘कथ्य’ (what is said) कहते हैं। इसी प्रकार, जब हम ‘बुद्धि’ कहते हैं, तब हमारा अभिप्राय एक भौतिक सत्ता (शरीर) से होता है। जब हम कहते हैं ‘बुद्धिमान है’ (is wise), तब हम किसी शरीर के विषय में एक कथन कर रहे होते हैं। किसी वस्तु का केवल उल्लेख करना और उसके विषय में कुछ कहना, इन दोनों में बहुत बड़ा अंतर है।” 

    अभी के लिए मान लेते हैं कि यहाँ वास्तव में दो भिन्न बातें हैं। (मैं अभी अपना मत प्रस्तुत नहीं कर रहा हूँ।) किन्तु यदि वे भिन्न हैं तो ऐसा क्या है जो उनमें से किसी एक को शुभ होने से रोकता हो? अभी थोड़ी देर पहले मैंने ‘एक खेत’ और ‘खेत का स्वामित्व’ होने के बीच भेद किया था। स्पष्ट है कि स्वामी का स्वरूप उस वस्तु से भिन्न होता है जिसका वह स्वामी है। एक ओर भूमि है और दूसरी ओर मनुष्य। परन्तु जिस विषय पर यहाँ चर्चा हो रही है, उसमें स्थिति भिन्न है। यहाँ बुद्धि का धारक और स्वयं बुद्धि, दोनों का स्वरूप एक ही प्रकृति का है। इसके अतिरिक्त, खेत और उसके स्वामी के उदाहरण में स्वामी और स्वामित्व की वस्तु वास्तव में अलग-अलग हैं। पर यहाँ बुद्धि और उसका धारक एक ही व्यक्ति में अंतर्निहित हैं। भूमि का स्वामित्व विधि (कानून) के आधार पर होता है। जबकि बुद्धि का स्वामित्व स्वभावतः होता है। भूमि को बेचा जा सकता है और किसी दूसरे को सौंपा जा सकता है। पर बुद्धि अपने स्वामी को छोड़कर किसी और के पास नहीं जा सकती। इसलिए तुम्हें उन वस्तुओं की तुलना नहीं करनी चाहिए जिनका स्वभाव मूलतः एक-दूसरे से भिन्न है। 

    मैं यह कहने लगा था कि जिन बातों पर हम विचार कर रहे हैं, वे संख्या की दृष्टि से दो हो सकती हैं। फिर भी दोनों ही शुभ हो सकती हैं। उदाहरण के लिए, ‘बुद्धि’ और ‘बुद्धिमान व्यक्ति’ दो अलग बातें हैं। फिर भी तुम स्वयं स्वीकार करते हो कि दोनों ही शुभ हैं। जिस प्रकार यह मानने में कोई बाधा नहीं है कि बुद्धि और उसका धारक, दोनों शुभ हैं, उसी प्रकार यह मानने में भी कोई बाधा नहीं है कि बुद्धि और बुद्धि का धारण करना अर्थात बुद्धिमान होना, दोनों ही शुभ हैं। मैं बुद्धिमान व्यक्ति इसलिए बनना चाहता हूँ कि मैं बुद्धिमान हो सकूँ। यदि ऐसा है तो क्या ‘बुद्धिमान होना’ भी शुभ नहीं होना चाहिए? क्योंकि उसके बिना ‘बुद्धिमान व्यक्ति’ होना भी कोई शुभ नहीं रह जाता। आखिर तुम्हारा अपना सिद्धांत भी तो यही है कि यदि बुद्धि का उपयोग न किया जाए तो उसे स्वीकार ही नहीं करना चाहिए। तो बुद्धि का उपयोग क्या है? बुद्धिमान होना। यही वह बात है जो बुद्धि को सर्वोच्च मूल्य प्रदान करती है। यदि उसके उपयोग को हटा दिया जाए, तो बुद्धि निरर्थक हो जाएगी। यदि यातनाएँ बुरी हैं तो यातना सहना भी बुरा है। वास्तव में, यदि परिणामस्वरूप उत्पन्न होने वाली अवस्था को ही हटा दिया जाए, तो यातनाएँ भी बुरी नहीं कहलाएँगी। बुद्धि परिपूर्ण मन की अवस्था (स्थिति) है। बुद्धिमान होना उस परिपूर्ण मन का प्रयोग है। यदि किसी वस्तु का उपयोग ही शुभ न हो तो वह वस्तु स्वयं अपने उपयोग के बिना शुभ कैसे हो सकती है?

    मैं तुमसे पूछता हूँ, क्या बुद्धि वरणीय है? तुम उत्तर देते हो, हाँ। फिर मैं पूछता हूँ, क्या बुद्धि का उपयोग भी वरणीय है? तुम फिर उत्तर देते हो, हाँ। इतना ही नहीं, तुम यह भी कहते हो कि यदि तुम्हें उसका उपयोग करने से रोक दिया जाए तो तुम उसे स्वीकार ही नहीं करोगे। जो वस्तु वरणीय है, वह शुभ है। बुद्धिमान होना बुद्धि का उपयोग है, ठीक उसी प्रकार जैसे प्रभावशाली ढंग से बोलना वाक्पटुता का उपयोग है और देखना नेत्रों का उपयोग है। अतः बुद्धिमान होना बुद्धि का उपयोग है। यदि बुद्धि का उपयोग वरणीय है तो बुद्धिमान होना भी वरणीय है। यदि वह वरणीय है तो वह शुभ भी है। 

    इतनी देर से मैं स्वयं को ही धिक्कार रहा हूँ कि जिन लोगों की मैं आलोचना करता हूँ, उन्हीं की भाँति मैं भी एक स्पष्ट और सरल विषय पर शब्दों का अनावश्यक व्यय कर रहा हूँ। क्या इसमें कोई संदेह हो सकता है कि यदि ऊष्मा बुरी है, तो गर्म होना भी बुरा होगा? यदि शीत बुरा है, तो ठंड से ग्रस्त होना भी बुरा होगा? और यदि जीवन शुभ है, तो जीना भी शुभ होगा? यद्यपि ये सभी बातें बुद्धि के विषय से संबंधित हैं। फिर भी वे बुद्धि के अंतरतम स्वरूप का स्पर्श नहीं करतीं। हमें अपना समय बुद्धि के वास्तविक स्वरूप के भीतर प्रवेश करके उसका विचार करने में लगाना चाहिए। 

    यदि हम चर्चा को किसी दूसरी दिशा में ले जाना चाहें तो दर्शन हमें विचार के लिए असीम विषय प्रदान करता है। आओ, हम देवताओं के स्वरूप का अन्वेषण करें अथवा तारों के पोषण, उनकी विविध गतियों और परिक्रमाओं का अध्ययन करें या यह विचार करें कि क्या मानवीय जीवन की घटनाएँ तारों की गतियों के अनुरूप विकसित होती हैं अथवा क्या वही पृथ्वी पर स्थित वस्तुओं और मनुष्यों के मन में गति के मूल कारण हैं या फिर यह कि जिन्हें हम संयोगवश घटित होने वाली घटनाएँ कहते हैं, क्या वे भी किसी निश्चित नियम से बँधी हुई हैं और क्या इस विश्व-व्यवस्था के बाहर या उसके क्रम से अलग वास्तव में कुछ भी नहीं घटित होता। ये विषय प्रत्यक्ष रूप से नैतिक शिक्षा से संबंधित नहीं हैं।। किन्तु वे मन को ऊँचा उठाते हैं और उसे अपने महान विषयों के अनुरूप विशाल बना देते हैं। इसके विपरीत, जिन बातों की मैं अभी कुछ देर पहले चर्चा कर रहा था, वे हमारे मन को ऊँचा उठाने के स्थान पर उसे छोटा और संकीर्ण बना देती हैं। वे मन को तीक्ष्ण नहीं करतीं, जैसा कि तुम लोग समझते हो। वे केवल उसे सीमित कर देती हैं। मैं तुमसे पूछता हूँ, क्या हम अपनी शक्ति ऐसे विषय पर व्यर्थ करेंगे जो संभवतः असत्य हो सकता है और निश्चित रूप से किसी व्यावहारिक उपयोग का भी नहीं है? हमें अपनी बुद्धि और परिश्रम को ऐसे कार्यों के लिए सुरक्षित रखना चाहिए। हम उसे अधिक महान और अधिक श्रेष्ठ विषयों के ऋणी हैं। आख़िर मुझे इससे क्या लाभ होगा कि मैं यह जान लूँ कि ‘बुद्धि’ और ‘बुद्धिमान होना’ अलग-अलग हैं अथवा यह कि पहली शुभ है और दूसरी नहीं? मैं इस विवाद में जोखिम उठाने को तैयार हूँ। आओ, पासा फेंकते हैं, तुम्हें ‘बुद्धि’ मिल जाए और मुझे ‘बुद्धिमान होना’। परिणाम दोनों के लिए समान ही रहेगा।

    मैं तो यह अधिक चाहता हूँ कि तुम मुझे इन बातों को प्राप्त करने का मार्ग दिखाओ। मुझे बताओ कि मुझे किन बातों से बचना चाहिए और किन बातों को अपना लक्ष्य बनाना चाहिए। कौन-से अभ्यास मेरे दुर्बल पड़ते हुए मन को दृढ़ बना सकते हैं? मैं उन परिस्थितियों से अपनी रक्षा कैसे करूँ जो अचानक आकर मुझे विचलित कर देती हैं? मैं असंख्य विपत्तियों का सामना करने में समर्थ कैसे बनूँ? जो दुःख भाग्य ने मुझ पर डाले हैं और जो मैंने स्वयं अपने ऊपर लाद लिए हैं, उनसे मैं कैसे मुक्त हो सकता हूँ? मुझे यह सिखाओ कि मैं शोक को बिना विलाप किए कैसे सहन करूँ। सफलता को इस प्रकार कैसे धारण करूँ कि उसके कारण दूसरों को पीड़ा न पहुँचे। यह भी सिखाओ कि मैं मृत्यु के उस अंतिम और अनिवार्य क्षण की निष्क्रिय प्रतीक्षा न करूँ बल्कि जब उचित समझूँ, तब स्वयं अपने प्रस्थान का निर्णय कर सकूँ। मेरे विचार में मृत्यु के लिए प्रार्थना करने से अधिक लज्जाजनक और कुछ नहीं है। यदि तुम जीना चाहते हो, तो फिर मरने की प्रार्थना क्यों करते हो? और यदि जीना ही नहीं चाहते तो जन्म के समय देवताओं ने तुम्हें जो जीवन दिया था, उसी को वापस माँगने के लिए उनसे प्रार्थना क्यों करते हो? जिस प्रकार यह निश्चित है कि तुम्हें किसी-न-किसी समय मृत्यु अवश्य प्राप्त होगी, चाहे तुम चाहो या न चाहो, उसी प्रकार यह भी तुम्हारे अधिकार में है कि जब तुम उचित समझो, तब स्वयं मृत्यु का वरण कर लो। पहली बात तुम्हारे लिए अनिवार्य है। दूसरी तुम्हारी अपनी इच्छा और निर्णय पर निर्भर करती है। 

    मैंने अभी-अभी एक ऐसे वक्ता के भाषण की शुरुआत पढ़ी, जिसे लोग बड़ा प्रतिष्ठित वाक्पटु मानते हैं। उसने कहा था, “काश, मैं यथाशीघ्र मर जाऊँ!” कैसा पागलपन है! तुम उस वस्तु की प्रार्थना कर रहे हो जो पहले से ही तुम्हारे अधिकार में है। “काश, मैं यथाशीघ्र मर जाऊँ!” क्या यह कहते-कहते तुम इतने वृद्ध हो गए कि अब प्रतीक्षा करना आवश्यक हो? यदि नहीं तो फिर विलंब किस बात का है? तुम्हें कौन रोक रहा है? जिस प्रकार चाहो, जीवन का त्याग कर सकते हो। प्रकृति के किसी भी तत्त्व की ओर देखो और उसी से अपने प्रस्थान का मार्ग चुन लो। जल, पृथ्वी और वायु, इन तत्त्वों पर विचार करो जिनके द्वारा यह संसार संचालित होता है। ये केवल जीवन के कारण ही नहीं हैं। ये मृत्यु के भी उतने ही साधन हैं। “काश, मैं शीघ्र मर जाऊँ!” 'शीघ्र' से तुम्हारा क्या अभिप्राय है? तुम समय क्यों निश्चित करना चाहते हो? मृत्यु तो तुम्हारी इस प्रार्थना से भी अधिक शीघ्र आ सकती है। ऐसे शब्द एक दुर्बल मन के होते हैं, जो इस प्रकार के शाप का प्रयोग केवल दूसरों की सहानुभूति प्राप्त करने के लिए करता है। जो व्यक्ति सचमुच मृत्यु की प्रार्थना करता है, वह वास्तव में मरना नहीं चाहता। देवताओं से जीवन और स्वास्थ्य की प्रार्थना करो। किन्तु यदि तुम्हारी वास्तविक इच्छा मरने की ही है, तो मृत्यु का एक लाभ यह है कि उसके लिए तुम्हें किसी से प्रार्थना करने की आवश्यकता नहीं रहती। 

    प्रिय लूसीलियस, हमें इन्हीं बातों पर मनन करना चाहिए। इन्हीं के द्वारा अपने मन का निर्माण करना चाहिए। यही बुद्धि है और यही बुद्धिमानी, न कि व्यर्थ की बहसों में उलझना और अत्यन्त तुच्छ तकनीकी सूक्ष्मताओं पर विवाद करते रहना। जब भाग्य ने तुम्हारे सामने इतनी समस्याएँ खड़ी कर दी हैं, जिनका समाधान तुम अभी तक नहीं कर पाए हो, तब भी क्या तुम शब्दों के सूक्ष्म अर्थों पर विवाद करने में लगे रहोगे? युद्ध का संकेत मिल जाने के बाद भी अभ्यास के हथियार लहराते रहना कितनी मूर्खता है! इन अभ्यास वाले हथियारों को एक ओर रख दो। अब तुम्हें वास्तविक शस्त्रों की आवश्यकता है। मुझे वह उपाय बताओ जिससे मेरा मन किसी भी प्रकार के विषाद या भय से विचलित न हो। मुझे वह उपाय बताओ जिससे मैं अपनी उन इच्छाओं के बोझ को उतार फेंकूँ जिन्हें मैंने स्वयं भी कभी स्वीकार नहीं किया। कुछ सार्थक करो! 

    “बुद्धि तो शुभ है, परन्तु बुद्धिमान होना शुभ नहीं है।” यदि हमें यही सिखाया जाएगा तो इसका परिणाम यही होगा कि लोग हमें अबुद्धिमान कहेंगे और हमारे पूरे दर्शन का उपहास करेंगे कि वह समय की निरर्थक बर्बादी है। मान लो कि मैं तुमसे कहूँ कि इस बात पर भी विवाद है कि भविष्य में प्राप्त होने वाली बुद्धि शुभ है या नहीं। बताओ, क्या यह सुनकर तुम्हें आश्चर्य होगा? क्या अन्न-भंडार भविष्य की फसल का अनुभव पहले से ही कर लेते हैं? क्या बच्चों में भविष्य की युवावस्था का बल और दृढ़ता पहले से विद्यमान होती है? जिस प्रकार रोगी को भविष्य में मिलने वाला स्वास्थ्य वर्तमान में कोई लाभ नहीं पहुँचाता, उसी प्रकार धावक या पहलवान भी कई महीनों बाद मिलने वाले विश्राम से अभी ताज़गी का अनुभव नहीं करता। यह बात तो सभी जानते हैं कि जो वस्तु अभी भविष्य में है, वह इस समय शुभ नहीं हो सकती क्योंकि वह अभी भविष्य में ही है। जो वास्तव में शुभ है, वह अनिवार्य रूप से लाभ पहुँचाता है। लाभ केवल वर्तमान में विद्यमान वस्तुएँ ही पहुँचा सकती हैं। जो वस्तु अभी लाभ नहीं पहुँचा सकती, वह शुभ नहीं है। यदि वह लाभ पहुँचा रही है तो इसका अर्थ है कि वह भविष्य की नहीं, वर्तमान की वस्तु है। मैं भविष्य में बुद्धिमान बनूँगा। जब मैं वास्तव में बुद्धिमान हो जाऊँगा, तभी वह मेरे लिए शुभ होगा; अभी वह शुभ नहीं है। किसी वस्तु में कोई गुण तभी आ सकता है, जब वह वस्तु पहले अस्तित्व में हो। 

    मैं तुमसे पूछता हूँ, जो वस्तु अभी अस्तित्व में ही नहीं है, वह पहले से शुभ कैसे हो सकती है? यदि मैं किसी वस्तु के विषय में कहूँ, 'वह भविष्य में होगी,' तो क्या यही सबसे बड़ा प्रमाण नहीं है कि वह अभी अस्तित्व में नहीं है? जो अभी आने वाली है, वह स्पष्टतः अभी आई नहीं है। मैं कहता हूँ, 'वसंत आएगा।' इसका अर्थ है कि इस समय शीत ऋतु है। मैं कहता हूँ, 'ग्रीष्म आएगा।' इसका अर्थ है कि अभी ग्रीष्म नहीं है। किसी वस्तु के वर्तमान में न होने का सबसे प्रबल प्रमाण यही है कि वह अभी भविष्य की वस्तु है। मुझे आशा है कि मैं भविष्य में बुद्धिमान बनूँगा। किन्तु इस समय मैं बुद्धिमान नहीं हूँ। यदि वह शुभ मेरे पास अभी होता, तो मैं अपनी वर्तमान बुरी अवस्था से पहले ही मुक्त हो चुका होता। मेरा बुद्धिमान होना अभी भविष्य की बात है। इससे तुम समझ सकते हो कि मैं अभी बुद्धिमान नहीं हूँ। मैं एक ही समय में उस शुभ अवस्था में भी नहीं हो सकता और इस अशुभ अवस्था में भी। शुभ और अशुभ एक ही व्यक्ति में एक साथ विद्यमान नहीं रह सकते।  

    आओ, इन जटिल और तुच्छ विवादों को शीघ्रता से पीछे छोड़ दें और उन बातों की ओर बढ़ें जो वास्तव में हमारी सहायता करने वाली हैं। जब कोई व्यक्ति अपनी प्रसव-वेदना से पीड़ित पुत्री के लिए व्याकुल होकर दाई को बुलाता है, तब वह खेलों की घोषणा और कार्यक्रम पढ़ने नहीं बैठ जाता। उसी प्रकार, जिसके घर में आग लगी हो और जो उसे बुझाने के लिए दौड़ रहा हो, वह शतरंज की बिसात पर यह विचार नहीं करता कि फँसा हुआ मोहरा किस प्रकार निकल सकता है। किन्तु, देवताओं की शपथ, चारों ओर से ऐसी ही विपत्तियों के समाचार तुम्हारी ओर आ रहे हैं, तुम्हारा घर जल रहा है, तुम्हारे बच्चे संकट में हैं, तुम्हारा देश शत्रुओं से घिरा हुआ है, तुम्हारी संपत्ति लूटी जा रही है।

   प्रकृति ने हमें इतना समय न तो इतनी कृपा से दिया है और न इतनी उदारता से कि हम उसका कोई अंश भी व्यर्थ गँवा सकें। ज़रा देखो कि सबसे अधिक सावधान रहने वाले लोग भी कितना समय खो देते हैं। किसी का कुछ समय अपनी बीमारी में व्यतीत हो जाता है, तो किसी का अपने परिवार के किसी सदस्य की बीमारी में। कुछ समय जीवन की आवश्यकताओं की पूर्ति में चला जाता है, कुछ सार्वजनिक कर्तव्यों में और हमारी आयु का एक बड़ा भाग तो निद्रा ही ले लेती है। जब हमारा समय इतना सीमित, इतना शीघ्र बीतने वाला और इतना व्यस्त है, तब उसका अधिकांश भाग तुच्छ बातों में नष्ट करने से क्या लाभ? यह भी विचार करो कि मन अपने स्वास्थ्य को पुनः प्राप्त करने की अपेक्षा अपना मनोरंजन करना अधिक पसंद करता है। इस प्रकार वह दर्शन को, जो वास्तव में एक उपचार है, केवल मनोरंजन का साधन बना देता है। मुझे यह नहीं मालूम कि ‘बुद्धि’ और ‘बुद्धिमान होना’ में क्या अंतर है। पर मैं इतना अवश्य जानता हूँ कि इस अंतर को जानने या न जानने से कोई विशेष अंतर नहीं पड़ता। मुझे बताओ, यदि मैं यह भेद जान भी लूँ, तो क्या उसी क्षण मैं बुद्धिमान बन जाऊँगा?फिर तुम मुझे बुद्धि से संबंधित शब्दावली में क्यों उलझाए रखते हो, बुद्धिमत्ता के वास्तविक आचरण का अभ्यास क्यों नहीं कराते? मुझे अधिक साहसी बनाओ। मुझे अधिक आत्मविश्वासी बनाओ। मुझे ऐसा बना दो कि मैं भाग्य के समकक्ष खड़ा हो सकूँ, बल्कि उससे भी श्रेष्ठ बन सकूँ। मैं उससे श्रेष्ठ बन सकता हूँ, यदि मैं जो कुछ भी सीखूँ, उसे इसी एक उद्देश्य की प्राप्ति में लगा दूँ।


अभी के लिए विदा 

नियंत्रित स्वभाव के बारे में -- पत्र - 114

 प्रिय लूसीलियस 


यह प्रश्न बार-बार उठाया गया है कि मनुष्य के लिए संयमित (moderate) भावनाएँ रखना अधिक अच्छा है या फिर किसी भी प्रकार की भावनाएँ न रखना। हमारे दर्शन-सम्प्रदाय (स्टोइक) के दार्शनिक भावनात्मक विकारों का पूर्णतः निषेध करते हैं। जबकि पेरिपैटेटिक (अरस्तू के अनुयायी) उन्हें केवल संयमित रखने की बात करते हैं। परंतु मुझे यह समझ में नहीं आता कि किसी रोग की थोड़ी-सी मात्रा भी कैसे स्वास्थ्यकर या उपयोगी हो सकती है। 



    डरो मत। मैं तुमसे ऐसी कोई वस्तु छीनने नहीं जा रहा जिसे तुम छोड़ना न चाहते हो। मैं तुम्हारी स्वाभाविक प्रवृत्तियों के प्रति उदार और सहमत रहूँगा। जीवन की जिन वस्तुओं को तुम आवश्यक, उपयोगी और सुखद मानते हो, उन्हें भी मैं नहीं छीनूँगा। मैं केवल उनमें जो दोषपूर्ण है, उसी को दूर करूँगा।जब मैं कामना (तृष्णा) का निषेध करूँगा, तब भी मैं तुम्हें उचित इच्छा रखने की अनुमति दूँगा ताकि तुम वही कार्य चिंता से मुक्त होकर, अधिक दृढ़ निश्चय के साथ कर सको और अपने सुखों का भी अधिक गहराई से अनुभव कर सको। यदि तुम सुखों के स्वामी रहोगे, उनके दास नहीं तो वे तुम्हें और भी सहजता से क्यों नहीं प्राप्त होंगे? 

    तुम कहोगे, “किसी मित्र के निधन पर शोक करना तो स्वाभाविक है। मेरे उचित आँसुओं को बहने का अधिकार तो रहने दो। लोगों की राय से प्रभावित होना और उनके नकारात्मक विचारों से दुखी होना भी स्वाभाविक है। यदि लोग मेरे बारे में बुरा सोचें, तो उससे भय होना भी तो सम्मानजनक है। तुम मुझे ऐसा उचित भय रखने की अनुमति क्यों नहीं देते?” किन्तु ऐसा कोई भी दोष नहीं है जिसके पक्ष में कोई न कोई तर्क देने वाला न मिल जाए। प्रारम्भ में सभी दोष संकोची और वश में प्रतीत होते हैं, परन्तु धीरे-धीरे वे बढ़ते जाते हैं और अंततः मनुष्य पर अधिकार जमा लेते हैं। यदि तुम उन्हें प्रवेश करने दोगे तो बाद में उन्हें रोक नहीं सकोगे। प्रत्येक भावनात्मक विकार आरम्भ में दुर्बल होता है। फिर वह स्वयं को उकसाता है, आगे बढ़ते-बढ़ते शक्ति प्राप्त कर लेता है। इसलिए उन्हें बाहर निकालने की अपेक्षा प्रारम्भ में ही भीतर प्रवेश न करने देना कहीं अधिक सरल है। 

    कोई भी यह नहीं कहता कि सभी भावनात्मक विकारों का उद्गम किसी न किसी अर्थ में प्रकृति से नहीं होता। प्रकृति ने हमें अपने प्रति चिंता और आत्म-सुरक्षा की भावना प्रदान की है। परंतु जब हम उसी भावना को आवश्यकता से अधिक बढ़ा देते हैं, तब वही दोष बन जाती है। प्रकृति ने जीवन की आवश्यक वस्तुओं के साथ सुख का अनुभव इसलिए जोड़ा है कि हम केवल सुख के पीछे न भागें बल्कि वह अतिरिक्त सुख जीवन की अनिवार्य आवश्यकताओं को हमारे लिए अधिक प्रिय और सहज बना दे। किन्तु यदि सुख को उसके अपने लिए ही लक्ष्य बनाकर उसका पीछा किया जाए तो वही आत्म-भोग (विलासिता) बन जाता है। इसलिए हमें चाहिए कि जैसे ही भावनात्मक विकार प्रवेश करना प्रारम्भ करें, हम उसी समय उनका प्रतिरोध करें। क्योंकि जैसा कि मैंने कहा है, उन्हें भीतर प्रवेश करने से रोकना, उन्हें भीतर से निकालने की अपेक्षा कहीं अधिक सरल है।

    मैं सुन रहा हूँ कि तुम कह रहे हो, “मुझे कुछ सीमा तक शोक करने दो और कुछ सीमा तक भय या चिंता का अनुभव करने दो।” लेकिन तुम्हारी यह 'कुछ सीमा' निरंतर बढ़ती ही चली जाती है और जब तुम उसे रोकना चाहते हो, तब वह रुकने से इनकार कर देती है। बुद्धिमान व्यक्ति बिना विचलित हुए स्वयं पर नियंत्रण रख सकता है। वह जब चाहे अपने आँसुओं को रोक सकता है और अपने सुखों पर भी विराम लगा सकता है। परंतु हम जैसे लोगों के लिए पीछे हटना ही कठिन होता है। इसलिए हमारे लिए यही अधिक अच्छा है कि हम आरम्भ ही न करें। 

    मुझे लगता है कि पनैटियस (प्राचीन यूनान के एक प्रसिद्ध स्टोइक दार्शनिक थे) ने उस युवक को बहुत उपयुक्त उत्तर दिया था जिसने उनसे पूछा था कि क्या बुद्धिमान व्यक्ति प्रेम में पड़ता है।उन्होंने कहा, “जहाँ तक बुद्धिमान व्यक्ति का प्रश्न है, उस पर हम बाद में विचार करेंगे। परन्तु तुम और मैं, जो अभी बुद्धिमत्ता से बहुत दूर हैं, हमारे लिए तो प्रेम में पड़ने से बचना ही उचित है। क्योंकि प्रेम ऐसी अवस्था है जिसमें मनुष्य उन्मत्त हो जाता है, अपने ऊपर से नियंत्रण खो बैठता है, दूसरे का दास बन जाता है और अपने आत्मसम्मान तक को भूल जाता है। यदि हमारा प्रेम स्वीकार कर लिया जाता है तो हम दूसरे के अनुग्रह से उन्मत्त हो उठते हैं। और यदि अस्वीकार कर दिया जाता है, तो उसके तिरस्कार की अग्नि में जलने लगते हैं। सहज और सफल प्रेम भी उतना ही हानिकारक है जितना कठिन और असफल प्रेम। सफलता हमें अपने आकर्षण में बाँध लेती है और असफलता हमें संघर्ष और व्याकुलता में डाल देती है। अतः अपनी दुर्बलता को पहचानते हुए हमारे लिए यही श्रेयस्कर है कि हम मन की शांति बनाए रखें। हमें अपने दुर्बल स्वभाव को न शराब के हवाले करना चाहिए, न रूप-सौंदर्य के, न चापलूसी के और न ही किसी अन्य प्रकार के प्रलोभन के।”

    मेरा कहना यह है कि प्रेम के विषय में पनैटियस ने जो उत्तर दिया था, वही सभी भावनात्मक विकारों पर समान रूप से लागू होता है। जहाँ तक संभव हो, हमें फिसलन भरी भूमि से दूर ही रहना चाहिए क्योंकि हमारे लिए तो सूखी भूमि पर भी दृढ़ता से खड़े रहना कठिन है। तुम इस विषय में स्टोइकों पर प्रायः लगाया जाने वाला वही पुराना आक्षेप करोगे, “तुम लोगों के वचन बहुत बड़े हैं और तुम्हारी अपेक्षाएँ अत्यधिक कठोर हैं। हम तो साधारण मनुष्य हैं। हम अपने आप को हर बात से पूरी तरह वंचित नहीं कर सकते। हम शोक करेंगे, पर थोड़ा-सा। हम इच्छाएँ रखेंगे, पर संयम के साथ। हम क्रोधित भी होंगे, पर इतना नहीं कि क्षमा करना ही भूल जाएँ।” क्या तुम जानते हो कि हम ऐसा क्यों नहीं कर पाते? क्योंकि हमें स्वयं इस बात पर विश्वास ही नहीं है कि हम ऐसा कर सकते हैं। 

    वास्तव में, इसके पीछे एक और कारण भी है। हमें अपने दोषों से प्रेम होता है। हम उनका त्याग करने के बजाय उनका बचाव करते हैं और उन्हें छोड़ने के स्थान पर उनके पक्ष में बहाने ढूँढ़ते हैं। मानव-स्वभाव को प्रकृति ने पर्याप्त शक्ति प्रदान की है, यदि हम उसका उपयोग करना चाहें। आवश्यकता केवल इस बात की है कि हम अपनी समस्त शक्तियों को एकत्रित करें और उन्हें अपने पक्ष में कार्य करने दें, अपने विरुद्ध नहीं।असमर्थता तो केवल एक बहाना है; वास्तविक कारण हमारी अनिच्छा है।

लोभ के बारे में -- पत्र - 113

 अभिवादन 


प्रिय लूसीलियस, मैं चाहता हूँ कि तुम शब्दों और वाक्य-रचना को लेकर अत्यधिक चिंतित न रहो। तुम्हारे लिए चिंता करने योग्य इससे कहीं अधिक महत्त्वपूर्ण बातें हैं। अपने आप से यह पूछो कि तुम क्या लिख रहे हो, यह नहीं कि कैसे लिख रहे हो। जहाँ तक विषय-वस्तु का संबंध है, तुम्हारा उद्देश्य केवल उसे लिख देना नहीं होना चाहिए बल्कि उसे अपने अंतर्मन में अनुभव करना चाहिए, उन विचारों को आत्मसात करना चाहिए। उन्हें अपनी आत्मा पर इस प्रकार अंकित कर लेना चाहिए जैसे कोई मुहर मोम पर अपनी छाप छोड़ देती है।



    जब किसी व्यक्ति की वाक्-शैली में अत्यधिक सावधानी, परिष्कार और बनावट दिखाई दे तो समझ लेना चाहिए कि उसका मन भी छोटी बातों में ही उलझा हुआ है। महान व्यक्ति की वाणी इतनी बनावटी नहीं होती। उसके शब्द दिल से निकलते हैं, न कि कृत्रिम रूप से सजाए-सँवारे जाते हैं। तुम उन सजे-धजे युवकों को जानते हो जिनके केश-विन्यास और दाढ़ी की शैली अभी-अभी प्रसाधन-गृह से सँवारकर निकली हुई प्रतीत होती है। उनसे तुम किसी साहसपूर्ण या दृढ़ चरित्र वाले आचरण की अपेक्षा नहीं करते। उसी प्रकार वाणी भी मन का वस्त्र और उसका श्रृंगार है। यदि हमारी भाषा अत्यधिक कतर-ब्योंत की हुई, सजी-सँवरी और बनावटी हो तो वह इस बात का संकेत है कि मन भी निष्कपट नहीं है। उसके भीतर कहीं न कहीं कुछ विकृति या असंतुलन अवश्य है। अत्यधिक मधुर और ललित वाणी पुरुषार्थ का आभूषण नहीं है।

    यदि हमें किसी सज्जन पुरुष के मन का दर्शन करने का अवसर मिले तो हम कितना सुंदर और कितना पवित्र दृश्य देखेंगे! उसमें कैसी महानता और कैसी शांति प्रकाशित होगी! वहाँ सद्गुणों के नक्षत्र किस प्रकार आलोक बिखेरते हुए दिखाई देंगे। एक ओर न्याय, दूसरी ओर साहस। कहीं संयम और विवेक। इनके साथ-साथ मितव्ययिता, आत्मसंयम, धैर्य, उदारता और प्रसन्नचित्तता भी अपना प्रकाश फैलाएँगे। मानव-प्रेम भी, जो विश्वास करना कठिन है, पर वास्तव में मनुष्यों के बीच अत्यंत दुर्लभ है। दूरदर्शिता, सुसंस्कृतता और इन सबमें सबसे बढ़कर महान आत्मा का वैभव, ये सब मिलकर उस मन को कैसी शोभा और देवताओं की शपथ, कैसी गरिमा प्रदान करेंगे! उसका प्रभाव कितना महान होगा और वह कितना आदरणीय होगा! लोग उससे प्रेम भी करेंगे और साथ ही उसका सम्मान और श्रद्धा भी करेंगे। 

    यदि कोई उस मुखमंडल का दर्शन कर सके, जो सामान्य मानवीय जीवन में दिखाई देने वाली हर वस्तु से अधिक उदात्त और अधिक तेजस्वी हो तो क्या वह किसी देवता के प्रकट होने के समान विस्मय से ठिठक न जाएगा? क्या वह उस दिव्य दर्शन के लिए मौन प्रार्थना करते हुए, उस मुखमंडल की कृपा से प्रेरित होकर श्रद्धापूर्वक उसके समीप न बढ़ेगा और उसकी आराधना न करेगा? फिर जब वह उस स्वरूप को लंबे समय तक निहार चुका होगा, जो हमारे समस्त अनुभवों से कहीं अधिक ऊँचा और उत्कृष्ट है। उन नेत्रों को देखेगा जो कोमल प्रकाश के साथ-साथ सजीव अग्नि की ज्योति से भी दमक रहे हैं, तब अंततः भय और विस्मय से भरकर वह हमारे कवि वर्जिल के शब्दों में कह उठेगा—

हे देवी, मैं तुम्हें किस नाम से पुकारूँ?
क्योंकि तुम्हारा मुख किसी नश्वर का नहीं है,
और तुम्हारी वाणी भी मानवीय नहीं लगती।
अतः मुझ पर कृपा करो
और मेरे समस्त श्रमों का भार हल्का कर दो।

    यह दिव्य सत्ता हमारे सामने प्रकट होगी। यदि हम उसकी उपासना करना चुनें तो वही हमारे श्रमों को हल्का कर देगी। परंतु उसकी उपासना का अर्थ मोटे-ताज़े बैलों की बलि चढ़ाना, स्वर्ण और रजत की भेंट अर्पित करना अथवा किसी कोषागार में धन का अंबार लगाना नहीं है। उसकी सच्ची आराधना केवल निर्मल और धर्मनिष्ठ संकल्प से होती है। मैं फिर कहता हूँ, यदि हम उस दिव्य स्वरूप का प्रत्यक्ष दर्शन कर पाते तो हममें ऐसा कोई भी न होता जो उसके प्रति प्रेम से अभिभूत न हो जाता। किंतु अभी अनेक बाधाएँ हैं जो या तो अपनी अत्यधिक चकाचौंध से हमारी दृष्टि को भ्रमित कर देती हैं अथवा हमें अज्ञान के अंधकार में डुबो देती हैं। जैसे औषधियाँ हमारी आँखों को स्वच्छ कर उनकी दृष्टि को तीक्ष्ण बना देती हैं, वैसे ही यदि हम सचमुच इच्छुक हों तो अपने मन को भी उन सभी अवरोधों से मुक्त कर सकते हैं जो सत्य को देखने से उसे रोकते हैं। तब सद्गुण हमें स्पष्ट दिखाई देगा, चाहे वह शरीर के भीतर ही क्यों न हो, चाहे उसके मार्ग में निर्धनता खड़ी हो, चाहे निम्न सामाजिक स्थिति और अपकीर्ति उसे चारों ओर से घेरे हुए हों। मैं फिर कहता हूँ, हम उस सुंदर स्वरूप का दर्शन कर सकेंगे, भले ही वह धूल और मलिनता से ढका हुआ प्रतीत हो। उसी प्रकार हम उस मन की कुरूपता और मलिनता को भी पहचान लेंगे जो क्लेशों और विकारों से भरा हुआ है, चाहे उसके चारों ओर धन-वैभव की चमक बिखरी हो, चाहे ऊँची प्रतिष्ठा और महान सत्ता का मिथ्या तेज हर ओर से हमारी आँखों को चकाचौंध कर रहा हो। 

    तभी हम यह समझने की स्थिति में होंगे कि जिन वस्तुओं की हम प्रशंसा करते हैं, वे वास्तव में कितनी तुच्छ हैं। हमारी दशा उन बच्चों के समान है, जो अपने खिलौनों को अत्यधिक महत्त्व देते हैं और किसी सस्ते-से चमकीले खिलौने को अपने भाई-बहन या यहाँ तक कि माता-पिता से भी अधिक प्रिय समझते हैं। जैसा कि अरिस्टो कहते हैं, उनमें और हममें अंतर ही क्या है? केवल इतना कि हमारी मूर्खता अधिक महँगे रूप में प्रकट होती है। वे समुद्र-तट पर मिले रंग-बिरंगे चिकने कंकड़ों से प्रसन्न होते हैं। हम मिस्र के मरुस्थलों या अफ्रीका के निर्जन प्रदेशों से मँगाए गए रंगीन संगमरमर तथा उन विशाल स्तंभों से मोहित होते हैं जो ऐसे सभागारों या भोज-कक्षों को सहारा देते हैं जिनमें मानो पूरा का पूरा नगर समा जाए। 

    हम संगमरमर से मढ़ी हुई दीवारों वाले कक्षों पर आश्चर्य करते हैं। जबकि हम जानते हैं कि वह केवल ऊपर चढ़ाई गई एक पतली परत है। जब हम किसी छत पर सोने का पानी चढ़ाते हैं तो क्या हम स्वयं को धोखा नहीं दे रहे होते? क्योंकि हम जानते हैं कि उस स्वर्णिम परत के नीचे साधारण और आकर्षणहीन लकड़ी छिपी हुई है। और यह दिखावटी सजावट केवल दीवारों और छतों तक ही सीमित नहीं है। उन लोगों को देखो जो ऊँचे पदों पर इतराते हुए चलते हैं। उनका वैभव भी केवल सोने की परत के समान है। यदि तुम उसे ध्यान से परखो तो उस प्रतिष्ठा की पतली परत के नीचे कितनी सड़न और भ्रष्टता छिपी हुई है, यह स्पष्ट दिखाई देगा। एक ही वस्तु है जो प्रत्येक उच्च पद, प्रत्येक न्यायाधीश का आसन और प्रत्येक अधिकार का निर्धारण करती है— धन। जिस क्षण से धन को सम्मान मिलने लगा, उसी क्षण से सच्चा सम्मान तिरस्कृत होने लगा। हम सब व्यापारी बन गए हैं और हर वस्तु भी व्यापार की वस्तु बन गई है। हम यह नहीं पूछते कि कोई वस्तु वास्तव में क्या है। हम केवल यह पूछते हैं कि उसकी कीमत कितनी है। हम मूल्य लेकर निष्ठावान बनते हैं और मूल्य लेकर विश्वासघात भी करते हैं। जब तक हमें सदाचार से कोई लाभ मिलने की आशा रहती है, तब तक हम ईमानदारी का आचरण करते हैं। पर यदि अपराध हमें उससे अधिक लाभ देने लगे तो हम उसी का मार्ग अपना लेते हैं।

    हमने अपने माता-पिता से ही स्वर्ण और रजत को विस्मय और श्रद्धा की दृष्टि से देखना सीखा। बचपन में ही लोभ का बीज हमारे भीतर बो दिया गया। वह हमारे मन में गहराई तक जड़ें जमाकर हमारे साथ-साथ बढ़ता गया। फिर समाज का प्रभाव आता है। अन्य सभी बातों में लोग चाहे एक-दूसरे से असहमत हों। पर इस विषय में सबकी एक ही राय होती है। वे इसी की प्रशंसा करते हैं, इसी की कामना अपने लिए और अपने परिवार के लिए करते हैं। जब वे देवताओं के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करना चाहते हैं, तब भी इसी धन को अर्पित करते हैं, मानो यही मनुष्य का सबसे महान और सर्वोच्च धन हो। फलस्वरूप हमारा चरित्र इतना पतित हो जाता है कि निर्धनता को अभिशाप समझा जाने लगता है। धनी लोग उसका तिरस्कार करते हैं और निर्धन स्वयं भी उससे घृणा करने लगते हैं। फिर कवियों की रचनाएँ भी हमारे मोह को और भड़काती हैं। वे धन की ऐसी प्रशंसा करते हैं, मानो वही जीवन की एकमात्र शोभा और गौरव हो। उनके वर्णनों में तो ऐसा प्रतीत होता है कि अमर देवताओं के पास भी धन-संपदा से बढ़कर न तो कोई वरदान है और न ही कोई ऐसी वस्तु जिसे वे स्वयं अपने लिए रखना चाहें।

सूर्य का महल ऊँचे-ऊँचे स्तंभों पर खड़ा था,
दमकते हुए स्वर्ण की आभा से आलोकित और भव्य।

और उसके रथ का वर्णन देखिए—

उसका धुरा स्वर्ण का था, उसका दंड भी स्वर्ण का,
उसके घूमते हुए पहियों के घेरे स्वर्ण से मढ़े थे,
और उनसे निकलने वाली तीलियाँ रजत की बनी थीं।

इसी प्रकार वे 'स्वर्णयुग' का भी वर्णन करते हैं और उसे मानव इतिहास का सर्वोत्तम युग सिद्ध करने का प्रयास करते हैं। इस प्रकार काव्य भी हमारे मन में यह धारणा दृढ़ करता है कि स्वर्ण और वैभव ही जीवन की सर्वोच्च उपलब्धि हैं। यूनानी त्रासदियों में भी ऐसे अनेक प्रसंग मिलते हैं, जहाँ लोग धन के लिए अपनी निष्कपटता, अपना स्वास्थ्य और यहाँ तक कि अपनी कीर्ति तक का त्याग करने को तैयार हो जाते हैं।

लोग मुझे दुष्ट कहें, पर धनी दुष्ट कहें।
हर कोई यह पूछता है कि वह धनी है या नहीं,
यह नहीं कि वह सज्जन है या नहीं।
यह कोई नहीं पूछता कि धन तुम्हें कैसे मिला
या किस मार्ग से प्राप्त हुआ,
वे केवल इतना जानना चाहते हैं कि तुम्हारे पास कितना धन है।
आज संसार में मनुष्य का मूल्य उसकी संपत्ति से आँका जाता है।
लज्जा की बात क्या है? — निर्धन होना।
या तो मैं धनवान होकर जीऊँ,
या निर्धन होकर मर जाऊँ।
धन कमाते-कमाते मर जाना भी सौभाग्य माना जाता है।
धन ही मानव जाति का सर्वोच्च कल्याण है।
वह माँ के प्रेम से भी अधिक प्रिय है,
शिशु के स्नेहिल स्पर्श से भी अधिक मधुर है,
और पिता के प्रति जो श्रद्धा होनी चाहिए, उससे भी अधिक मूल्यवान समझा जाता है।
यदि स्वयं वीनस (प्रेम, सौंदर्य, आकर्षण और उर्वरता की देवी) का मुख भी इस स्वर्ण की आभा की बराबरी कर सके,
तो वह सचमुच देवताओं और मनुष्यों, दोनों के प्रेम की अधिकारी है।

जब यूरिपिदेस (Euripides- यूनानी सर्वश्रेष्ठ नाटककारों में से एक) की एक त्रासदी में यह अंतिम संवाद बोला गया तो समस्त दर्शक-समूह एक साथ खड़ा हो गया। उनका उद्देश्य अभिनेता और नाटक, दोनों को रंगमंच से बाहर निकाल देना था। तब स्वयं यूरिपिदेस मंच पर आए और दर्शकों से विनती की कि वे अंत तक प्रतीक्षा करें और देखें कि स्वर्ण-लोभ का वह उपासक अंततः किस परिणाम को प्राप्त होता है। उस कथा में बेलेरोफोन (Bellerophon-प्राचीन यूनानी पौराणिक कथाओं का एक प्रसिद्ध वीर नायक)  को उसके कर्मों का उचित दंड मिलता है। वास्तविक जीवन में भी प्रत्येक लोभी व्यक्ति का अंततः यही भाग्य होता है। लोभ कभी दंड से बच नहीं पाता बल्कि सत्य तो यह है कि लोभ स्वयं ही अपना सबसे बड़ा दंड है। वह मनुष्य से कितने आँसू बहवाता है, कितना दुःख सहने पर विवश करता है! जो वस्तु उसके पास नहीं है, उसके लिए वह व्याकुल रहता है। जो कुछ उसने प्राप्त कर लिया है, उसके कारण भी उसे चैन नहीं मिलता। फिर प्रतिदिन की चिंताएँ अलग हैं। मनुष्य के पास जितना अधिक धन होता है, उतनी ही अधिक उसकी चिंता बढ़ती जाती है। वास्तव में, धन उन लोगों को उससे कहीं अधिक कष्ट देता है जिनके पास वह है, बनिस्बत उनके जो उसे प्राप्त करने का प्रयास कर रहे हैं।



जब उन्हें थोड़ी-सी भी हानि होती है तो वे विलाप करने लगते हैं। वे बड़ी-बड़ी धनराशियाँ खोते हैं और उन्हें उनकी वास्तविक मात्रा से भी अधिक बड़ी हानि प्रतीत होती है। यहाँ तक कि यदि भाग्य उनसे कुछ भी न छीने तो जो धन वे प्राप्त नहीं कर सके, उसी को वे अपनी हानि मानकर दुखी होते रहते हैं। 

    “लेकिन लोग तो उसे भाग्यशाली और धनी कहते हैं तथा स्वयं भी उसकी जितनी संपत्ति है, उतनी पाने की कामना करते हैं।” मैं यह मान लेता हूँ। पर उससे क्या सिद्ध होता है? इसके साथ वे दुख भी पाते हैं और ईर्ष्या का लक्ष्य भी बनते हैं। क्या तुम इससे अधिक दयनीय अवस्था की कल्पना कर सकते हो? काश, जो लोग दूसरों की संपत्ति पाने की इच्छा करते हैं, वे पहले उन्हीं धनी लोगों से पूछ लेते! जो लोग उच्च पद प्राप्त करने की दौड़ में लगे रहते हैं, वे पहले उन लोगों से परामर्श कर लेते जो राज्य के सबसे प्रतिष्ठित पदों पर पहुँच चुके हैं! तब वे शीघ्र ही अपनी इच्छाएँ बदल देते। किन्तु स्थिति यह है कि जो लोग अपनी ही सफलता की शिकायत करते हैं, वे भी और अधिक सफलता पाने के लिए उतने ही उत्सुक रहते हैं। मनुष्य अपनी समृद्धि से कभी संतुष्ट नहीं होता, चाहे वह उसे एक साथ ही क्यों न प्राप्त हो जाए। वह अपनी ही योजनाओं और अपनी ही उन्नति पर असंतोष व्यक्त करता है और सदैव यही कहता रहता है कि जो कुछ वह पीछे छोड़ आया, वही अधिक अच्छा था।

    यही वह कार्य है जो दर्शन तुम्हारे लिए करेगा और मेरे विचार में यही उसका सबसे महान उपहार है तुम अपने किसी भी कर्म पर कभी पछतावा नहीं करोगे। यही सुख का वह दृढ़ आधार है जिसे कोई भी तूफ़ान डिगा नहीं सकता। किन्तु तुम इस अवस्था तक वाक्पटुता के सहारे या शब्दों के सहज प्रवाह के बल पर नहीं पहुँच सकते। उन्हें अपने मार्ग पर चलने दो। पर तुम्हारा मन स्वयं में स्थिर, संतुलित और सुसंगत होना चाहिए। तुम्हारा मन महान हो, अपने सिद्धांतों में अडिग और आत्मविश्वासी हो तथा जहाँ दूसरे लोग असंतोष से भरे रहते हैं, वहाँ वह संतोष का अनुभव करे। वह अपनी प्रगति का आकलन अपने जीवन-आचरण से करे और यह समझे कि उसके पास उतना ही सच्चा ज्ञान है, जितना वह इच्छाओं और भय से मुक्त हो चुका है।


अभी के लिए विदा 

Tuesday, 4 August 2026

बुद्धिमान व्यक्तियों के व्यवहार के बारे में -- पत्र - 107 (एक स्टोइक के पत्र/सेनेका के पत्रों का हिन्दी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


तुम यह जानना चाहते हो कि क्या एक बुद्धिमान व्यक्ति दूसरे बुद्धिमान व्यक्ति की सहायता कर सकता है। हम कहते हैं कि बुद्धिमान वह है जो समस्त सद्गुणों से परिपूर्ण है और जिसने परम श्रेष्ठता के शिखर को प्राप्त कर लिया है। तब प्रश्न उठता है जो व्यक्ति पहले ही परम कल्याण को प्राप्त कर चुका है, उसकी सहायता करना कैसे संभव है?



    सज्जन व्यक्ति एक-दूसरे के लिए सहायक होते हैं क्योंकि उनमें से प्रत्येक दूसरे के सद्गुणों का अभ्यास कराता है और उसकी प्रज्ञा को उसके अनुरूप स्थिति में बनाए रखता है। प्रत्येक बुद्धिमान व्यक्ति को किसी ऐसे साथी की आवश्यकता होती है जिसके साथ वह विचारों की तुलना कर सके और उनकी गहराई से जाँच-पड़ताल कर सके। जैसे कुशल पहलवानों का प्रशिक्षण अभ्यास से होता है। संगीतज्ञ अपने समान दक्ष संगीतज्ञों की संगति से प्रेरित होते हैं, उसी प्रकार बुद्धिमान व्यक्ति को भी अपने सद्गुणों को सक्रिय बनाए रखने की आवश्यकता होती है। जिस प्रकार वह स्वयं अपने सद्गुणों को सक्रिय रखता है, उसी प्रकार दूसरा बुद्धिमान व्यक्ति भी उन्हें सक्रिय बनाए रखने में उसकी सहायता करता है। अब प्रश्न यह है कि एक बुद्धिमान दूसरे की सहायता कैसे करेगा? वह उसे प्रेरित करेगा और सम्माननीय (सदाचारपूर्ण) कर्मों के अवसरों की ओर उसका ध्यान आकर्षित करेगा। इसके अतिरिक्त, बुद्धिमान व्यक्ति अपने कुछ विचारों को व्यक्त करेगा और दूसरे को अपनी खोजों से सीखने का अवसर देगा क्योंकि स्वयं उसके लिए भी सदैव कुछ-न-कुछ नया खोजने और अपने चिंतन का विस्तार करने की संभावना बनी रहती है। 

    दुष्ट व्यक्ति दूसरे दुष्ट व्यक्ति को हानि पहुँचाता है और उसके क्रोध को भड़काकर, उसके विषाद का समर्थन करके तथा उसकी इन्द्रिय-भोग की प्रवृत्तियों की प्रशंसा करके उसे और भी अधिक दुष्ट बना देता है। जब दुष्ट लोग अपनी-अपनी बुराइयों को एक साथ जोड़ देते हैं, तब वे अपनी सबसे निकृष्ट अवस्था में पहुँच जाते हैं और अनेक अपराध मिलकर एक बड़े दुष्कर्म का रूप ले लेते हैं। इसके विपरीत, एक सज्जन व्यक्ति दूसरे सज्जन व्यक्ति की सहायता करता है। 

   "पर कैसे?" तुम पूछते हो। वह उसे प्रसन्नता प्रदान करेगा और उसके आत्मविश्वास को दृढ़ करेगा। उनकी पारस्परिक शान्ति को देखकर दोनों का आनन्द और भी बढ़ेगा। इसके अतिरिक्त, वे एक-दूसरे को कुछ विषयों का ज्ञान भी देंगे क्योंकि बुद्धिमान व्यक्ति भी सब कुछ नहीं जानता। यदि वह सब कुछ जानता भी हो, तब भी कोई दूसरा व्यक्ति किसी तथ्य तक पहुँचने का अधिक संक्षिप्त मार्ग खोज सकता है और उसे बता सकता है, जिससे सम्पूर्ण विषय को समझना अधिक सरल हो जाए। एक बुद्धिमान व्यक्ति दूसरे बुद्धिमान की सहायता केवल अपनी शक्ति से ही नहीं करेगा। यह तो स्वाभाविक है, बल्कि उस व्यक्ति की अपनी शक्ति का भी उपयोग करेगा जिसकी वह सहायता कर रहा है। निस्सन्देह, दूसरा व्यक्ति अकेला छोड़ दिए जाने पर भी अपनी क्षमताओं का पूर्ण विकास कर सकता है जैसे, धावक की गति उसकी अपनी होती है। फिर भी, उत्साहवर्धन मिलने पर उसे सहायता अवश्य मिलती है। 

    "वास्तव में एक बुद्धिमान दूसरे की सहायता नहीं करता। प्रत्येक अपनी ही सहायता करता है। यदि तुम इसे समझना चाहते हो तो उनमें से किसी एक की विशिष्ट क्षमता को हटा दो। तब दूसरे के पास सक्रिय करने के लिए कुछ भी नहीं बचेगा।" यदि तुम इस प्रकार तर्क करते हो तो तुम्हें यह भी कहना पड़ेगा कि मधु में कोई मिठास नहीं होती। सोचो, कोई व्यक्ति मधु खाने की इच्छा करता है। वह उसके स्वाद से इसलिए आकर्षित होता है क्योंकि उसकी जिह्वा और तालु उस स्वाद के अनुरूप हैं। पर यदि वे उस अवस्था में न हों तो वही मधु उसे अप्रिय लगेगा। वास्तव में, कुछ लोग रोग के कारण मधु को भी कड़वा अनुभव करते हैं। इसी प्रकार, दोनों बुद्धिमानों का समुचित अवस्था में होना आवश्यक है, एक इस योग्य हो कि सहायता कर सके और दूसरा इस योग्य कि सहायता ग्रहण कर सके। 

    "परन्तु जिस वस्तु में पहले से ही अत्यधिक ऊष्मा हो, उसे और गरम करना व्यर्थ है, उसी प्रकार जो व्यक्ति परम कल्याण को प्राप्त कर चुका है, उसकी सहायता करना भी निरर्थक है। क्या एक ऐसा किसान, जिसके पास खेती के सभी उपकरण पहले से उपलब्ध हैं, किसी दूसरे से उपकरण माँगता है? क्या अग्रिम पंक्ति के लिए पर्याप्त रूप से शस्त्र-सज्जित सैनिक को और हथियारों की आवश्यकता होती है? उसी प्रकार बुद्धिमान व्यक्ति को किसी वस्तु की आवश्यकता नहीं होती। वह जीवन के लिए पर्याप्त रूप से सुसज्जित और सशस्त्र है।" इन आपत्तियों का मेरा उत्तर यह है: जिस वस्तु में अत्यधिक ऊष्मा हो, उसे भी उस तापमान को बनाए रखने के लिए ऊष्मा की निरन्तर आपूर्ति की आवश्यकता होती है। 

     "किन्तु ऊष्मा तो अपने स्वभाव से ही उष्ण होती है।" सबसे पहले, तुम ऐसी वस्तुओं की तुलना कर रहे हो जो एक-दूसरे से अत्यन्त भिन्न हैं। ऊष्मा एक ही प्रकार की वस्तु है जबकि सहायता अनेक प्रकार की हो सकती है। दूसरे, ऊष्मा को उष्ण बने रहने के लिए किसी अतिरिक्त ऊष्मा की आवश्यकता नहीं होती। परन्तु बुद्धिमान व्यक्ति अपने मन की उचित अवस्था को बनाए नहीं रख सकता, जब तक कि वह अपने समान बुद्धिमान व्यक्तियों को अपना मित्र न बनाए ताकि वह उनके साथ अपने सद्गुणों को साझा कर सके। इसके अतिरिक्त, यह भी ध्यान रखना चाहिए कि सभी सद्गुणों के बीच परस्पर मैत्री होती है। इसलिए एक बुद्धिमान व्यक्ति दूसरे बुद्धिमान की सहायता इस प्रकार करता है कि वह अपने समान व्यक्ति के सद्गुणों से प्रेम करता है और बदले में अपने सद्गुणों को भी उसके प्रेम के योग्य बनाता है। समान गुण वाली वस्तुएँ परस्पर आनन्द प्रदान करती हैं, विशेषकर जब वे सम्माननीय (सदाचारपूर्ण) हों और उन्हें ग्रहण करने वाले लोग एक-दूसरे की श्रेष्ठता का पारस्परिक सम्मान और अनुमोदन करना जानते हों। 

    फिर, बुद्धिमान व्यक्ति की बुद्धि को पूर्ण दक्षता के साथ केवल दूसरा बुद्धिमान व्यक्ति ही सक्रिय कर सकता है, ठीक वैसे ही जैसे केवल एक मनुष्य ही दूसरे मनुष्य की बुद्धि को विवेकपूर्ण ढंग से सक्रिय कर सकता है। अतः जैसे बुद्धि को प्रेरित करने के लिए बुद्धि की आवश्यकता होती है, वैसे ही पूर्ण बुद्धि को सक्रिय करने के लिए पूर्ण बुद्धि की ही आवश्यकता होती है।

     'सहायता' शब्द का प्रयोग उस स्थिति में भी किया जाता है जब लोग हमें मध्यम श्रेणी की वस्तुएँ उपलब्ध कराते हैं जैसे, धन-संपत्ति, प्रभाव, सुरक्षा तथा जीवन में उपयोगी या वांछनीय अन्य साधन। इन बातों के सम्बन्ध में बुद्धिमान व्यक्ति को मूर्ख से भी सहायता मिल सकती है। किन्तु वास्तविक सहायता वह है जो किसी व्यक्ति के मन को प्रकृति के अनुरूप सक्रिय करे। ऐसी सहायता जो सहायता करने वाले के अपने सद्गुण तथा उस व्यक्ति के सद्गुण, जिसकी सहायता की जा रही है, दोनों के माध्यम से सम्पन्न हो। ऐसा कभी नहीं हो सकता कि इससे सहायता करने वाले को भी लाभ न पहुँचे क्योंकि जब कोई दूसरे के सद्गुण को सक्रिय करता है, तब वह अनिवार्य रूप से अपने ही सद्गुण को भी सक्रिय करता है। 

    परन्तु यदि तुम परम कल्याण और उसे उत्पन्न करने वाली वस्तुओं को भी एक ओर रख दो, तब भी बुद्धिमान व्यक्ति एक-दूसरे की सहायता कर सकते हैं। क्योंकि एक बुद्धिमान के लिए दूसरे बुद्धिमान को प्राप्त करना स्वयं में ही चयन के योग्य है। प्रत्येक सद्गुणी व्यक्ति स्वभावतः प्रत्येक अन्य सद्गुणी व्यक्ति को प्रिय होता है। इसलिए उनमें से प्रत्येक एक सद्गुणी व्यक्ति से उतना ही स्नेह रखता है जितना स्वयं अपने प्रति। अपने इस कथन को सिद्ध करने के लिए मुझे इस विषय को छोड़कर एक दूसरे प्रश्न पर आना होगा। क्या बुद्धिमान व्यक्ति केवल अपने ही विचार से निर्णय करेगा या वह किसी दूसरे से भी परामर्श लेगा? सामान्य सार्वजनिक और निजी कार्यों में अर्थात जिसे हम मानवीय जीवन की सामान्य परिस्थितियाँ कह सकते हैं, उसे दूसरे का परामर्श लेना ही पड़ता है। इन विषयों में उसे अन्य लोगों की सलाह की आवश्यकता होती है, ठीक वैसे ही जैसे डॉक्टर, नाविक, विधिवेत्ता और न्यायाधीश को भी कभी-कभी दूसरों की सलाह लेनी पड़ती है। इसलिए एक बुद्धिमान व्यक्ति दूसरे बुद्धिमान की सहायता उसे उचित कार्य-पद्धति का सुझाव देकर करता है। जैसा कि मैंने कहा है, उच्च तथा गंभीर विषयों में भी वह सम्माननीय (सदाचारपूर्ण) बातों पर अपने विचार साझा करके तथा अपने चिंतन और मनन का योगदान देकर उपयोगी सिद्ध होता है। इतना ही नहीं, प्रकृति के अनुरूप तो यह भी है कि मनुष्य अपने मित्रों को अपनाए और उनकी उन्नति में उतना ही आनन्द अनुभव करे जितना अपनी स्वयं की उन्नति में करता है। वास्तव में, यदि हम ऐसा नहीं करेंगे तो सद्गुण हमारे भीतर अधिक समय तक टिक नहीं सकेगा क्योंकि सद्गुण हमारे भावों और सद्भावनाओं के सक्रिय अभ्यास से ही पुष्ट और विकसित होता है।

    प्रत्येक सद्गुण हमें यह आदेश देता है कि हम अपनी वर्तमान परिस्थितियों का सर्वोत्तम उपयोग करें। भविष्य के बारे में विचार करें। सोच-विचार करके निर्णय लें और अपने मन को एकाग्र रखें। एकाग्रता और कार्यकुशलता किसी सहायक साथी के होने से और अधिक सुदृढ़ हो जाती है। इसी कारण सद्गुणी व्यक्ति ऐसे मनुष्य की खोज करेगा जो या तो पहले से ही पूर्ण बुद्धिमान हो अथवा पूर्णता के अत्यन्त निकट पहुँच चुका हो। ऐसे पूर्ण व्यक्ति से उसे जो सहायता प्राप्त होगी, वह यह है कि उसकी योजनाएँ उस साझा प्रज्ञा के द्वारा अधिक समर्थ बन जाएँगी जो दोनों में समान रूप से विद्यमान है। कहा जाता है कि लोग दूसरों के मामलों में अपनी अपेक्षा अधिक सूझ-बूझ रखते हैं। यह बात उन लोगों पर लागू होती है जो आत्म-प्रेम के कारण अंधे हो जाते हैं या संकट के समय भय से इतने व्याकुल हो उठते हैं कि अपना ही हित नहीं देख पाते। जब मनुष्य चिंता से मुक्त और भय से परे हो जाता है, तभी वह वास्तव में बुद्धिमान बनता है। फिर भी कुछ बातें ऐसी होती हैं जिन्हें बुद्धिमान व्यक्ति भी अपने मामलों की अपेक्षा दूसरों के मामलों में अधिक स्पष्टता से देख पाता है। इसके अतिरिक्त, वे एक-दूसरे को वह अत्यन्त मधुर और सम्माननीय उपहार भी देते हैं—“एक जैसी इच्छाएँ और एक जैसे द्वेष।” साथ मिलकर कार्य करने पर वे उत्कृष्ट परिणाम उत्पन्न करते हैं। 

    मैंने तुम्हारी इस जिज्ञासा का समाधान कर दिया है। हालाँकि इसका उचित स्थान उन विषयों में था जिनकी चर्चा मैं अपने नीतिशास्त्र संबंधी ग्रंथों में कर रहा हूँ। जैसा कि मैं तुम्हें बार-बार बताता हूँ। यह समझो कि ऐसे प्रश्नों के माध्यम से हम केवल अपनी बुद्धि का अभ्यास कर रहे हैं। किन्तु मेरा मन बार-बार यही सोचता है। इस विषय से मुझे क्या लाभ होगा? यह मुझे अधिक साहसी, अधिक न्यायप्रिय और अधिक संयमी कैसे बनाएगा? मैं अभी कर्म के लिए तैयार नहीं हूँ। मुझे अभी भी वैद्य की आवश्यकता है। तुम मुझसे ऐसे ज्ञान की माँग क्यों करते हो जिसका कोई वास्तविक उपयोग नहीं है? तुमने मुझसे बड़े-बड़े वचन दिए थे। लेकिन जो परिणाम मुझे दिखाई देते हैं, वे अत्यन्त अल्प हैं। तुमने कहा था कि यदि चारों ओर तलवारें चमक रही हों, यदि तलवार की धार मेरे गले पर रख दी जाए, तब भी मैं निर्भय रहूँगा। तुमने कहा था कि यदि चारों ओर अग्नि धधक रही हो या यदि अचानक उठी हुई प्रचण्ड आँधी मेरी नाव को समुद्र में इधर-उधर उछाल रही हो, तब भी मैं सुरक्षित रहूँगा। इसलिए मुझे ऐसी साधना सिखाओ जिससे मैं सुख-भोग और यश, दोनों का तिरस्कार कर सकूँ। उसके बाद तुम मुझे जटिल प्रश्नों का समाधान करना, दुरूह बातों को स्पष्ट करना और गूढ़ विषयों का भेदन करना सिखाना। अभी तो मुझे वही सिखाओ जो अनिवार्य है।


अभी के लिए विदा 

Sunday, 19 July 2026

दर्शन में प्रगति करने वाले व्यक्तियों के बारे में -- पत्र - 74

 प्रिय लूसीलियस 


तुम शिकायत करते हो कि मैं तुम्हें जो पत्र भेजता हूँ, उन्हें लिखने में पहले जैसी सावधानी नहीं बरतता। यह बात सच है। आखिर बातचीत करते समय कौन हर शब्द को अत्यधिक सँवारने में लग जाता है? ऐसा तो वही व्यक्ति करता है जो जान-बूझकर बनावटी ढंग से बोलना चाहता है। मैं चाहता हूँ कि मेरे पत्र बिल्कुल वैसे ही हों जैसे हमारी बातचीत होती, यदि हम दोनों साथ बैठे होते या साथ-साथ टहल रहे होते— सरल, सहज और बिना किसी कृत्रिम तैयारी के। उनमें न तो कोई बनावट हो न कोई दिखावा। यदि यह संभव होता तो मैं तुम्हें अपने विचार कहने के बजाय सीधे दिखाना अधिक पसंद करता। यहाँ तक कि यदि मैं कोई भाषण भी दे रहा होता, तब भी न मैं अपने पैरों से ज़ोर देकर ठोकर मारता न हाथों से नाटकीय इशारे करता और न ही अपनी आवाज़ ऊँची करता। ये सब बातें मैं वक्ताओं (ओरेटरों) के लिए छोड़ देता। केवल इस बात से संतुष्ट रहता कि अपने विचार तुम्हारे सामने ऐसे ढंग से रखूँ जो न तो अलंकृत हो और न ही असावधान या अव्यवस्थित।


By Paul Klee 

    मैं तुम पर केवल यही प्रभाव छोड़ना चाहता हूँ कि जिन बातों को मैं कहता हूँ, उन्हें मैं केवल समझता ही नहीं बल्कि पूरे मन से अनुभव भी करता हूँ। इतना ही नहीं, मैं उनसे प्रेम भी करता हूँ। लोग अपने प्रिय को जिस प्रकार चूमते हैं, उसी प्रकार अपने बच्चों को नहीं चूमते। फिर भी बच्चों के प्रति उस पवित्र और संयमित चुम्बन में भी स्नेह की पर्याप्त अभिव्यक्ति होती है। ईश्वर की शपथ, मेरा यह अभिप्राय नहीं है कि इतने महान विषयों पर कही जाने वाली बातें नीरस और रूखी हों क्योंकि दर्शन में भी साहित्यिक कौशल का अपना स्थान है। फिर भी, शब्दों को सँवारने-सजाने में अत्यधिक परिश्रम करना उचित नहीं है। हमारा समूचा उद्देश्य केवल इतना होना चाहिए कि जो हम अनुभव करते हैं, वही कहें। जो हम कहते हैं, उसे सचमुच अनुभव भी करें। हमारी वाणी और हमारा जीवन परस्पर पूर्ण सामंजस्य में हों। अपने वचन को निभाने का अर्थ क्या है? इसका अर्थ यह है कि जिस व्यक्ति को हम देखते हैं और जिसकी वाणी हम सुनते हैं, दोनों एक ही हों। तभी हमें यह ज्ञात होता है कि वचन देने वाला व्यक्ति वास्तव में कैसा है और उसका चरित्र कितना महान है क्योंकि तब उसके भीतर कोई द्वैत नहीं रहता। वह पूर्णतः एक ही व्यक्ति होता है।

    हमारे शब्दों का उद्देश्य आनंद पहुँचाना नहीं बल्कि लाभ पहुँचाना होना चाहिए। फिर भी, यदि वाग्मिता बिना किसी विशेष प्रयास के प्राप्त हो जाए, यदि वह सहज रूप से आ जाए या बहुत थोड़े परिश्रम से मिल जाए तो उसे आने दीजिए और सर्वोत्तम विषयों की सेवा में उपस्थित रहने दीजिए। किंतु उसकी प्रकृति ऐसी हो कि वह स्वयं का नहीं बल्कि विषय का सौंदर्य और महत्त्व उजागर करे। अन्य कलाएँ पूरी तरह व्यक्ति की प्रतिभा से संबंधित होती हैं। पर यहाँ जिस बात का प्रश्न है, वह मन का कार्य है। रोगी किसी ऐसे चिकित्सक की खोज में नहीं निकलता जो प्रभावशाली वक्ता भी हो। हाँ, यदि उसे रोगमुक्त करने की क्षमता रखने वाला चिकित्सक उपचार के उपायों को परिष्कृत और सुंदर भाषा में भी समझा सके तो वह इसे एक अतिरिक्त गुण अवश्य मानेगा। फिर भी, उसे इस बात पर स्वयं को भाग्यशाली समझने का कोई विशेष कारण नहीं कि उसे ऐसा चिकित्सक मिला जो एक उत्कृष्ट वक्ता भी है। इसका महत्त्व उतना ही है जितना इस बात का कि एक कुशल नाविक देखने में भी सुंदर हो।

    तुम मेरे कानों को क्यों गुदगुदा रहे हो? इतना मनोरंजक बनने की क्या आवश्यकता है? इस समय इससे कहीं अधिक महत्त्वपूर्ण कार्य सामने है। मुझे तो दागकर उपचार करने की, शल्य-चिकित्सा करने की और कठोर आहार-विधान पर रखने की आवश्यकता है। तुम्हें इसी कार्य के लिए बुलाया गया है। तुम्हारा दायित्व एक ऐसे दीर्घकालिक रोग का उपचार करना है, जो गंभीर भी है और व्यापक भी। यह उतना ही बड़ा दायित्व है जितना किसी महामारी के समय एक चिकित्सक का होता है। क्या तुम शब्दों में ही उलझे हुए हो? यदि अपने वास्तविक कर्तव्य में असफल न हो तो इसी में प्रसन्न रहो।

  जानने के लिए इतनी सारी बातें हैं। तुम उन्हें कब सीखोगे? कब उन्हें अपने मन में इस प्रकार दृढ़ करोगे कि वे कभी विस्मृत न हों? कब उन्हें अपने जीवन में परखोगे? क्योंकि ये अन्य विषयों की तरह नहीं हैं। इनके लिए केवल कंठस्थ कर लेना पर्याप्त नहीं। इन्हें जीवन में उतारना आवश्यक है। वास्तव में सुखी वह नहीं है जो इन्हें केवल जानता है बल्कि वह है जो इनके अनुसार आचरण करता है।

    “पर देखो, क्या उस व्यक्ति से नीचे कोई और स्तर नहीं हैं? क्या केवल प्रज्ञा है और उसके बाद एकदम गहरी गिरावट?” नहीं, मेरा ऐसा विचार नहीं है। जो व्यक्ति प्रगति के मार्ग पर है, उसे अभी भी अज्ञानी लोगों में ही गिना जाता है। फिर भी वह उनसे एक बहुत बड़े अंतर से अलग होता है। स्वयं प्रगति करने वालों के बीच भी महत्त्वपूर्ण भेद किए जाने चाहिए। 

    कुछ दार्शनिकों के अनुसार, प्रगति करने वालों के तीन प्रकार होते हैं। पहला प्रकार उन लोगों का है जिन्होंने अभी तक प्रज्ञा प्राप्त नहीं की है, किंतु उसके अत्यंत निकट पहुँच चुके हैं। क्योंकि निकट होना भी अभी बाहर ही होना है। यदि तुम पूछो कि ये कौन हैं तो ये वे लोग हैं जिन्होंने अपनी वासनाओं और दोषों पर काफ़ी हद तक विजय पा ली है, परंतु जिनकी स्थिरता और निष्ठा की अभी परीक्षा नहीं हुई है। उन्होंने अभी अपने सद्गुण को इस प्रकार अपना नहीं बनाया है कि उसका पूर्ण उपयोग कर सकें। फिर भी अब उनके लिए उन बुराइयों में लौट जाना संभव नहीं है जिन्हें वे पीछे छोड़ चुके हैं। वे अब ऐसी अवस्था में पहुँच चुके हैं जहाँ से पीछे फिसलने का कोई खतरा नहीं है, किंतु उन्हें स्वयं अभी इसका बोध नहीं है। जैसा कि मैंने अपने एक पत्र में लिखा था, “वे यह नहीं जानते कि वे जानते हैं।” अब उनका सौभाग्य यह है कि वे अपने सद्गुण का फल भोगने लगे हैं, परंतु अभी उन्हें उस पर पूर्ण विश्वास और आत्मनिश्चय प्राप्त नहीं हुआ है।

    कुछ दार्शनिक ऊपर वर्णित प्रगति करने वालों के इस वर्ग की सीमा इस प्रकार निर्धारित करते हैं कि उनके अनुसार वे अब मन की दुर्बलताओं से तो मुक्त हो चुके हैं, किंतु अभी भावावेगों से मुक्त नहीं हुए हैं। इसलिए वे अभी भी पतन के जोखिम में हैं क्योंकि कोई भी व्यक्ति दुर्गुण के खतरे से तब तक पूरी तरह मुक्त नहीं होता जब तक वह उसे जड़ से समाप्त न कर दे। वह उसे तब तक पूरी तरह समाप्त नहीं कर सकता जब तक उसके स्थान पर प्रज्ञा को स्थापित न कर दे। मन की दुर्बलताओं और भावावेगों के बीच का अंतर मैं पहले भी अनेक बार स्पष्ट कर चुका हूँ। फिर भी अब उसका संक्षिप्त स्मरण करा देता हूँ। मन की दुर्बलताएँ वे दोष हैं जो गहराई से जड़ जमा चुके होते हैं और कठोर बन चुके होते हैं, जैसे लोभ और महत्त्वाकांक्षा। ये ऐसी अवस्थाएँ हैं जो मन को कहीं अधिक दृढ़ता से बाँध लेती हैं और स्थायी व्याधि का रूप धारण कर चुकी होती हैं। संक्षेप में कहें तो, मन की दुर्बलता उस भ्रष्ट निर्णय का स्थायी रूप है जिसके कारण मनुष्य उन वस्तुओं को अत्यंत मूल्यवान और प्राप्त करने योग्य समझता है, जो वास्तव में बहुत कम महत्त्व रखती हैं। अथवा यदि इस प्रकार कहना अधिक उपयुक्त लगे तो यह ऐसी मानसिक अवस्था है जिसमें मनुष्य उन वस्तुओं के प्रति अत्यधिक आसक्त हो जाता है जिनका अनुसरण या तो केवल साधारण रूप से करना चाहिए या बिल्कुल नहीं करना चाहिए अथवा वह किसी ऐसी वस्तु को अत्यधिक मूल्यवान मान बैठता है जो वास्तव में या तो कम मूल्य की है या सर्वथा मूल्यहीन है। इसके विपरीत, भावावेग मन की वे अनुचित, आकस्मिक और उग्र हलचलें हैं जो अचानक उत्पन्न होती हैं। यदि इनका बार-बार उदय हो और उनका कोई उपचार न किया जाए तो यही आगे चलकर मन की दुर्बलताओं का रूप ले लेती हैं। जैसे सिर में होने वाला साधारण जुकाम यदि अधिक समय तक न रहे तो उससे केवल खाँसी होती है। किंतु यदि वही बार-बार और लंबे समय तक बना रहे तो वह क्षय जैसे गंभीर रोग का कारण बन जाता है। इसी कारण जिन्होंने सबसे अधिक प्रगति कर ली है। वे मन की दुर्बलताओं से तो ऊपर उठ चुके होते हैं। फिर भी उनमें भावावेगों का अनुभव शेष रहता है, यद्यपि वे पूर्णता के अत्यंत निकट पहुँच चुके होते हैं।

    दूसरे प्रकार में वे लोग आते हैं जिन्होंने मन के सबसे गंभीर दोषों और भावावेगों, दोनों का त्याग तो कर दिया है, किंतु इस प्रकार नहीं कि उनकी आंतरिक शांति अब पूर्णतः सुरक्षित हो गई हो। उनमें अभी भी फिर से पतित हो जाने की संभावना बनी रहती है। तीसरे प्रकार में वे लोग हैं जो अनेक गंभीर दोषों से तो मुक्त हो चुके हैं, किंतु सभी दोषों से नहीं। वे लोभ से छुटकारा पा चुके हैं, परंतु अभी भी क्रोध का अनुभव करते हैं। वे कामवासना से विचलित नहीं होते, किंतु अभी भी महत्त्वाकांक्षा के वश में रहते हैं। उनमें अब तृष्णा नहीं रह गई है, परंतु भय अभी भी बना हुआ है। भय के मामले में भी वे कुछ बातों के सामने अडिग रहते हैं जबकि कुछ के सामने डगमगा जाते हैं। वे मृत्यु से नहीं डरते, किंतु पीड़ा से अभी भी भयभीत होते हैं।

    आओ, इस विषय पर कुछ विचार करें। यदि हम कम-से-कम इस अंतिम वर्ग में भी स्थान पा सकें तो यह हमारे लिए बड़ी उपलब्धि होगी। असाधारण प्राकृतिक प्रतिभा और निरंतर अध्ययन तथा साधना के बल पर कोई व्यक्ति दूसरे वर्ग तक भी पहुँच सकता है, किंतु तीसरे वर्ग को भी तुच्छ नहीं समझना चाहिए। अपने चारों ओर फैली बुराइयों पर दृष्टि डालो। देखो कि ऐसा कौन-सा अपराध है जिसका कोई उदाहरण न मिलता हो, देखो कि दुष्टता दिन-प्रतिदिन किस प्रकार बढ़ती जा रही है और यह भी देखो कि सार्वजनिक तथा निजी, दोनों ही जीवनों में कितने प्रकार के दुष्कर्म किए जा रहे हैं। तब तुम्हें अनुभव होगा कि यदि हम सबसे निकृष्ट लोगों में सम्मिलित नहीं हैं तो यही अपने-आप में एक पर्याप्त उपलब्धि है।

    “तुम कहते हो, ‘मुझे आशा है कि मैं इससे भी ऊँचा स्थान प्राप्त कर सकूँ।’” यही मेरी भी कामना है। पर यह केवल कामना है, कोई वचन या आश्वासन नहीं। हम पहले ही दोषों के वश में आ चुके हैं। सद्गुण की ओर प्रयत्न करते हुए भी हम अभी दोषों की पकड़ में हैं। यह कहते हुए मुझे लज्जा होती है कि हम सदाचार का अनुसरण केवल अपने अवकाश के समय में करते हैं। फिर भी, यदि हम उन बातों से पूर्णतः नाता तोड़ दें जो हमें उलझाए रखती हैं। उन दोषों से भी जो हमसे इतने गहरे चिपके हुए हैं तो हमारे लिए कितना महान प्रतिफल प्रतीक्षारत है! तब न हमें इच्छाएँ प्रेरित करेंगी और न भय। किसी भी प्रकार की चिंता से विचलित हुए बिना और सुख-विलास से कलुषित हुए बिना, हम न मृत्यु से डरेंगे और न देवताओं से। क्योंकि हम जान लेंगे कि मृत्यु कोई बुराई नहीं है और देवता हमारा कोई अहित नहीं करते। जो स्वयं हानि पहुँचाता है, वह उतना ही दुर्बल होता है जितना वह जो हानि सहता है। जो वस्तुएँ वास्तव में सर्वोत्तम हैं, उनमें किसी का अहित करने की कोई क्षमता ही नहीं होती।

    यदि कभी हम इस अंधकारमय गहराई से निकलकर उस ऊँचे और उज्ज्वल प्रदेश तक पहुँच सकें तो वहाँ हमारी प्रतीक्षा कर रही होगी— मन की शांति और वह स्वतंत्रता तथा स्वाधीनता जो समस्त भ्रम और मिथ्या धारणाओं के समाप्त हो जाने पर प्राप्त होती है। तुम पूछते हो, “स्वतंत्रता क्या है?” स्वतंत्रता है—किसी मनुष्य से भय न रखना, किसी देवता से भय न रखना, न किसी निकृष्ट वस्तु की इच्छा करना और न किसी अतिरेक की तथा स्वयं पर पूर्ण अधिकार प्राप्त कर लेना। अपने ही स्वामी बन जाना ऐसी संपत्ति है जिसका कोई मोल नहीं लगाया जा सकता।


अभी के लिए विदा 

खलील जिब्रान (Khalil Gibran) की प्रसिद्ध पुस्तक द प्रोफेट (The Prophet) का हिंदी अनुवाद (संपूर्ण पुस्तक)

  द प्रोफेट जहाज़ का आगमन   अलमुस्तफ़ा, चुना हुआ और प्रिय, जो अपने ही युग के लिए प्रभात के समान था , बारह वर्षों से   नगर में उस जहाज़...