Showing posts with label memory. Show all posts
Showing posts with label memory. Show all posts

Monday, 22 August 2016

कमरा नंबर 371 और 372

सुबह के 8 बजकर 30 मिनट हो रहे हैं। मैं 'लाइव ब्लॉग' लिख रही हूँ। जरा रूकिए। लिख नहीं रही बल्कि टाइप कर रही हूँ। कई महीनों से कलम ज़्यादा देर तक नहीं उठाई। बस यहीं आ जाती हूँ टाइप- वायप करने के लिए। 'लेकिन' ऐसे में मुझे अपनी एक दोस्त याद आ जाती है। मेरी ही तरह थी और मेरी ही हमनाम। जब वह स्कूल में देरी से आती तब देरी की वजह बड़ी दिलचस्प बताती। उसके देर से आने के कारणों को सुन सुन कर क्लास टीचर भी आदि हो गई थीं।



    उसके अनुसार उसका परिवार काफी भरा-पूरा था। उसकी बातों में बहुत से किरदार सुनाई पड़ते थे। उसके जिम्मे बहुत से काम आया करते थे और सबसे बड़ा काम जो रोज़ ही उसे करना पड़ता था वे घर और बाहर के लोगों के लिखा-पढ़ी के काम थे। उसकी बातों से कभी लगा नहीं कि वह इनसे परेशान हो जाती है। वह दिलचस्पी से अपने उन कामों के किस्से सुनाया भी करती थी। उसकी लेखनी भी सुंदर थी और कई बार टीचर ने बाकी लोगों को उससे कुछ सीख लेने की हिदायत भी थी। जैसे ही हमें पता चलता था कि गुरु ज्ञान शुरू होने वाला है तब हम सभी कान की छतरियों का टेलिकास्ट ही बंद कर लेते थे।... खैर, वापस मेरी दोस्त पर आते हैं। किस्से से भटकना ठीक नहीं।

    वह घर के लोगों के घरेलू कामों के बहाने कलम पकड़ा करती थी। कभी किराने के सामान की सूची बनाने के लिए तो कभी बैंक के किसी काम की चिट्ठी के बहाने और घर की औरतों के हाथ यदि आटे या बेसन में लिपटे हों तो समझिए बच्चों की स्कूल की छुट्टी का पत्र भी वही लिखा करती थी। रही सही कसर उसके पिता पूरी कर देते थे। किसी भी मजदूर या पड़ोसी का लिखा-पढ़ी का काम वह अपनी बेटी से करवाया करते थे।

    कुछ महीनों बाद हमने सुना कि वह अब दूसरे स्कूल में पढ़ेगी क्योंकि हमारे 'विद्यालय' में विज्ञान नहीं पढ़ाया जाता था। वह चली गई और उसके चिट्ठी-पत्री के किस्से भी उसके साथ ही चले गए। कई सालों बाद मुझे वह एक अस्पताल में दिखाई दी थी। उसने डॉक्टर वाला लिबास पहना था। वह अच्छी लग रही थी। उसके उल्टे हाथ में आला था और सीधा हाथ सफ़ेद कोट की जेब में था। उसने मुझे देखा। मैंने उसे देखा। लेकिन कोई बात नहीं हुई। मैंने अपने चेहरे के भाव बदलते हुए बात करने की कोशिश की पर वह देख कर भी अंजान सी बन गई। मैंने कोशिश को वहीं चमकने वाली स्टील कुर्सी पर रख दिया। वह कमरा नंबर 372 की ओर चली गई और मैं कमरा नंबर 371 में।

अब क्या समय हुआ है? ओह! 9 बजकर 27 मिनट। मैं शायद बहुत धीरे लिखती हूँ। नहीं फिर गलत। टाइप करती हूँ।

लिखने का सीधा प्रसारण समाप्त हुआ।

Thursday, 18 August 2016

मुर्गा छाप पटाखा और यादें


...यकायक एक अजीब खयाल आया
  

Photo: Google 

जब ‘पटाखा’ शब्द सोचती हूँ तब दिमाग में ‘मुर्गा छाप’ लाल रंग वाले, पतले से और बिना गारंटी के दीपावली पर बिकने वाले पटाखे की तस्वीर दिखलाई देती है। अनोखी बात यह कि यह शब्द मुझे शोर की तस्वीर नहीं ‘दिखाता’ बल्कि कुछ वे अटपटी कहानियां ‘सुनाता’ है जिनका खास महत्व है। मुझे नहीं मालूम कि इस पटाखे के बेहद मरियल होने के पीछे क्या कारण है। शायद आम आदमी की जेब के आकार से इसका कर्ताधर्ता बहुत प्रभावित हुआ होगा। जो भी है लेकिन पटाखा ‘ए वन’ है। यह पटाखा दिखावट में यकीन नहीं रखता। ‘अनार बम’ की तरह। उतना बड़ा नुक्सान भी नहीं पहुंचाता ‘लक्ष्मी’ या ‘आलू’ बम के समान कि फटने पर दिल और कान के परखच्चे ही उड़ा दे। यह आम बच्चों का खास बम है। बिजली बम या धमाकेदार बम थोड़ा पुरुष होने का अहसास दिला देते हैं लेकिन इस मुर्गा छाप बम का लाल रंग ‘जेंडर’ के भेद से परे है।            

    एक और पटाखा बाद में दिखाई देता है जो मुझे अद्भुत लगता है। गुंजाइश है कि आप लोग भी उसके साक्षी या प्रयोगकर्ता होंगे। मैं दोनों हूँ।

    छोटी-सी कागज की लुग्दी से बनी हुई गोल (लाल और गुलाबी ढक्कन) डिबिया में काले रंग की हाजमौला जैसी गोलियां होती थीं। आग लगाने पर साँप की तरह बढ़ जाया करती थीं। वाह! उन गोलियों का गोली रूप से साँप जैसे आकार में बदलना ही मेरे लिए अनोखा था। मजेदार। यह वह खामोशी पटाखा है जिसे मैं जानबूझकर पटाखा कह रही हूँ। किसी वैज्ञानिक की प्रयोगशाला की युक्ति और उसके तमाशे जैसा है। जब इसे ध्यान से देखेंगे तो ‘नगीना’ फिल्म की नायिका की ‘निगाहें’ याद आएंगी जिनमें कभी ‘आँख’ तो कभी ‘साँप’ दिखाई देता है।

...शब्द कहाँ से कहाँ ले जाते हैं..,

 

          

 

खलील जिब्रान (Khalil Gibran) की प्रसिद्ध पुस्तक द प्रोफेट (The Prophet) का हिंदी अनुवाद (संपूर्ण पुस्तक)

  द प्रोफेट जहाज़ का आगमन   अलमुस्तफ़ा, चुना हुआ और प्रिय, जो अपने ही युग के लिए प्रभात के समान था , बारह वर्षों से   नगर में उस जहाज़...