Showing posts with label Progress. Show all posts
Showing posts with label Progress. Show all posts

Tuesday, 4 August 2026

बुद्धिमान व्यक्तियों के व्यवहार के बारे में -- पत्र - 107 (एक स्टोइक के पत्र/सेनेका के पत्रों का हिन्दी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


तुम यह जानना चाहते हो कि क्या एक बुद्धिमान व्यक्ति दूसरे बुद्धिमान व्यक्ति की सहायता कर सकता है। हम कहते हैं कि बुद्धिमान वह है जो समस्त सद्गुणों से परिपूर्ण है और जिसने परम श्रेष्ठता के शिखर को प्राप्त कर लिया है। तब प्रश्न उठता है जो व्यक्ति पहले ही परम कल्याण को प्राप्त कर चुका है, उसकी सहायता करना कैसे संभव है?



    सज्जन व्यक्ति एक-दूसरे के लिए सहायक होते हैं क्योंकि उनमें से प्रत्येक दूसरे के सद्गुणों का अभ्यास कराता है और उसकी प्रज्ञा को उसके अनुरूप स्थिति में बनाए रखता है। प्रत्येक बुद्धिमान व्यक्ति को किसी ऐसे साथी की आवश्यकता होती है जिसके साथ वह विचारों की तुलना कर सके और उनकी गहराई से जाँच-पड़ताल कर सके। जैसे कुशल पहलवानों का प्रशिक्षण अभ्यास से होता है। संगीतज्ञ अपने समान दक्ष संगीतज्ञों की संगति से प्रेरित होते हैं, उसी प्रकार बुद्धिमान व्यक्ति को भी अपने सद्गुणों को सक्रिय बनाए रखने की आवश्यकता होती है। जिस प्रकार वह स्वयं अपने सद्गुणों को सक्रिय रखता है, उसी प्रकार दूसरा बुद्धिमान व्यक्ति भी उन्हें सक्रिय बनाए रखने में उसकी सहायता करता है। अब प्रश्न यह है कि एक बुद्धिमान दूसरे की सहायता कैसे करेगा? वह उसे प्रेरित करेगा और सम्माननीय (सदाचारपूर्ण) कर्मों के अवसरों की ओर उसका ध्यान आकर्षित करेगा। इसके अतिरिक्त, बुद्धिमान व्यक्ति अपने कुछ विचारों को व्यक्त करेगा और दूसरे को अपनी खोजों से सीखने का अवसर देगा क्योंकि स्वयं उसके लिए भी सदैव कुछ-न-कुछ नया खोजने और अपने चिंतन का विस्तार करने की संभावना बनी रहती है। 

    दुष्ट व्यक्ति दूसरे दुष्ट व्यक्ति को हानि पहुँचाता है और उसके क्रोध को भड़काकर, उसके विषाद का समर्थन करके तथा उसकी इन्द्रिय-भोग की प्रवृत्तियों की प्रशंसा करके उसे और भी अधिक दुष्ट बना देता है। जब दुष्ट लोग अपनी-अपनी बुराइयों को एक साथ जोड़ देते हैं, तब वे अपनी सबसे निकृष्ट अवस्था में पहुँच जाते हैं और अनेक अपराध मिलकर एक बड़े दुष्कर्म का रूप ले लेते हैं। इसके विपरीत, एक सज्जन व्यक्ति दूसरे सज्जन व्यक्ति की सहायता करता है। 

   "पर कैसे?" तुम पूछते हो। वह उसे प्रसन्नता प्रदान करेगा और उसके आत्मविश्वास को दृढ़ करेगा। उनकी पारस्परिक शान्ति को देखकर दोनों का आनन्द और भी बढ़ेगा। इसके अतिरिक्त, वे एक-दूसरे को कुछ विषयों का ज्ञान भी देंगे क्योंकि बुद्धिमान व्यक्ति भी सब कुछ नहीं जानता। यदि वह सब कुछ जानता भी हो, तब भी कोई दूसरा व्यक्ति किसी तथ्य तक पहुँचने का अधिक संक्षिप्त मार्ग खोज सकता है और उसे बता सकता है, जिससे सम्पूर्ण विषय को समझना अधिक सरल हो जाए। एक बुद्धिमान व्यक्ति दूसरे बुद्धिमान की सहायता केवल अपनी शक्ति से ही नहीं करेगा। यह तो स्वाभाविक है, बल्कि उस व्यक्ति की अपनी शक्ति का भी उपयोग करेगा जिसकी वह सहायता कर रहा है। निस्सन्देह, दूसरा व्यक्ति अकेला छोड़ दिए जाने पर भी अपनी क्षमताओं का पूर्ण विकास कर सकता है जैसे, धावक की गति उसकी अपनी होती है। फिर भी, उत्साहवर्धन मिलने पर उसे सहायता अवश्य मिलती है। 

    "वास्तव में एक बुद्धिमान दूसरे की सहायता नहीं करता। प्रत्येक अपनी ही सहायता करता है। यदि तुम इसे समझना चाहते हो तो उनमें से किसी एक की विशिष्ट क्षमता को हटा दो। तब दूसरे के पास सक्रिय करने के लिए कुछ भी नहीं बचेगा।" यदि तुम इस प्रकार तर्क करते हो तो तुम्हें यह भी कहना पड़ेगा कि मधु में कोई मिठास नहीं होती। सोचो, कोई व्यक्ति मधु खाने की इच्छा करता है। वह उसके स्वाद से इसलिए आकर्षित होता है क्योंकि उसकी जिह्वा और तालु उस स्वाद के अनुरूप हैं। पर यदि वे उस अवस्था में न हों तो वही मधु उसे अप्रिय लगेगा। वास्तव में, कुछ लोग रोग के कारण मधु को भी कड़वा अनुभव करते हैं। इसी प्रकार, दोनों बुद्धिमानों का समुचित अवस्था में होना आवश्यक है, एक इस योग्य हो कि सहायता कर सके और दूसरा इस योग्य कि सहायता ग्रहण कर सके। 

    "परन्तु जिस वस्तु में पहले से ही अत्यधिक ऊष्मा हो, उसे और गरम करना व्यर्थ है, उसी प्रकार जो व्यक्ति परम कल्याण को प्राप्त कर चुका है, उसकी सहायता करना भी निरर्थक है। क्या एक ऐसा किसान, जिसके पास खेती के सभी उपकरण पहले से उपलब्ध हैं, किसी दूसरे से उपकरण माँगता है? क्या अग्रिम पंक्ति के लिए पर्याप्त रूप से शस्त्र-सज्जित सैनिक को और हथियारों की आवश्यकता होती है? उसी प्रकार बुद्धिमान व्यक्ति को किसी वस्तु की आवश्यकता नहीं होती। वह जीवन के लिए पर्याप्त रूप से सुसज्जित और सशस्त्र है।" इन आपत्तियों का मेरा उत्तर यह है: जिस वस्तु में अत्यधिक ऊष्मा हो, उसे भी उस तापमान को बनाए रखने के लिए ऊष्मा की निरन्तर आपूर्ति की आवश्यकता होती है। 

     "किन्तु ऊष्मा तो अपने स्वभाव से ही उष्ण होती है।" सबसे पहले, तुम ऐसी वस्तुओं की तुलना कर रहे हो जो एक-दूसरे से अत्यन्त भिन्न हैं। ऊष्मा एक ही प्रकार की वस्तु है जबकि सहायता अनेक प्रकार की हो सकती है। दूसरे, ऊष्मा को उष्ण बने रहने के लिए किसी अतिरिक्त ऊष्मा की आवश्यकता नहीं होती। परन्तु बुद्धिमान व्यक्ति अपने मन की उचित अवस्था को बनाए नहीं रख सकता, जब तक कि वह अपने समान बुद्धिमान व्यक्तियों को अपना मित्र न बनाए ताकि वह उनके साथ अपने सद्गुणों को साझा कर सके। इसके अतिरिक्त, यह भी ध्यान रखना चाहिए कि सभी सद्गुणों के बीच परस्पर मैत्री होती है। इसलिए एक बुद्धिमान व्यक्ति दूसरे बुद्धिमान की सहायता इस प्रकार करता है कि वह अपने समान व्यक्ति के सद्गुणों से प्रेम करता है और बदले में अपने सद्गुणों को भी उसके प्रेम के योग्य बनाता है। समान गुण वाली वस्तुएँ परस्पर आनन्द प्रदान करती हैं, विशेषकर जब वे सम्माननीय (सदाचारपूर्ण) हों और उन्हें ग्रहण करने वाले लोग एक-दूसरे की श्रेष्ठता का पारस्परिक सम्मान और अनुमोदन करना जानते हों। 

    फिर, बुद्धिमान व्यक्ति की बुद्धि को पूर्ण दक्षता के साथ केवल दूसरा बुद्धिमान व्यक्ति ही सक्रिय कर सकता है, ठीक वैसे ही जैसे केवल एक मनुष्य ही दूसरे मनुष्य की बुद्धि को विवेकपूर्ण ढंग से सक्रिय कर सकता है। अतः जैसे बुद्धि को प्रेरित करने के लिए बुद्धि की आवश्यकता होती है, वैसे ही पूर्ण बुद्धि को सक्रिय करने के लिए पूर्ण बुद्धि की ही आवश्यकता होती है।

     'सहायता' शब्द का प्रयोग उस स्थिति में भी किया जाता है जब लोग हमें मध्यम श्रेणी की वस्तुएँ उपलब्ध कराते हैं जैसे, धन-संपत्ति, प्रभाव, सुरक्षा तथा जीवन में उपयोगी या वांछनीय अन्य साधन। इन बातों के सम्बन्ध में बुद्धिमान व्यक्ति को मूर्ख से भी सहायता मिल सकती है। किन्तु वास्तविक सहायता वह है जो किसी व्यक्ति के मन को प्रकृति के अनुरूप सक्रिय करे। ऐसी सहायता जो सहायता करने वाले के अपने सद्गुण तथा उस व्यक्ति के सद्गुण, जिसकी सहायता की जा रही है, दोनों के माध्यम से सम्पन्न हो। ऐसा कभी नहीं हो सकता कि इससे सहायता करने वाले को भी लाभ न पहुँचे क्योंकि जब कोई दूसरे के सद्गुण को सक्रिय करता है, तब वह अनिवार्य रूप से अपने ही सद्गुण को भी सक्रिय करता है। 

    परन्तु यदि तुम परम कल्याण और उसे उत्पन्न करने वाली वस्तुओं को भी एक ओर रख दो, तब भी बुद्धिमान व्यक्ति एक-दूसरे की सहायता कर सकते हैं। क्योंकि एक बुद्धिमान के लिए दूसरे बुद्धिमान को प्राप्त करना स्वयं में ही चयन के योग्य है। प्रत्येक सद्गुणी व्यक्ति स्वभावतः प्रत्येक अन्य सद्गुणी व्यक्ति को प्रिय होता है। इसलिए उनमें से प्रत्येक एक सद्गुणी व्यक्ति से उतना ही स्नेह रखता है जितना स्वयं अपने प्रति। अपने इस कथन को सिद्ध करने के लिए मुझे इस विषय को छोड़कर एक दूसरे प्रश्न पर आना होगा। क्या बुद्धिमान व्यक्ति केवल अपने ही विचार से निर्णय करेगा या वह किसी दूसरे से भी परामर्श लेगा? सामान्य सार्वजनिक और निजी कार्यों में अर्थात जिसे हम मानवीय जीवन की सामान्य परिस्थितियाँ कह सकते हैं, उसे दूसरे का परामर्श लेना ही पड़ता है। इन विषयों में उसे अन्य लोगों की सलाह की आवश्यकता होती है, ठीक वैसे ही जैसे डॉक्टर, नाविक, विधिवेत्ता और न्यायाधीश को भी कभी-कभी दूसरों की सलाह लेनी पड़ती है। इसलिए एक बुद्धिमान व्यक्ति दूसरे बुद्धिमान की सहायता उसे उचित कार्य-पद्धति का सुझाव देकर करता है। जैसा कि मैंने कहा है, उच्च तथा गंभीर विषयों में भी वह सम्माननीय (सदाचारपूर्ण) बातों पर अपने विचार साझा करके तथा अपने चिंतन और मनन का योगदान देकर उपयोगी सिद्ध होता है। इतना ही नहीं, प्रकृति के अनुरूप तो यह भी है कि मनुष्य अपने मित्रों को अपनाए और उनकी उन्नति में उतना ही आनन्द अनुभव करे जितना अपनी स्वयं की उन्नति में करता है। वास्तव में, यदि हम ऐसा नहीं करेंगे तो सद्गुण हमारे भीतर अधिक समय तक टिक नहीं सकेगा क्योंकि सद्गुण हमारे भावों और सद्भावनाओं के सक्रिय अभ्यास से ही पुष्ट और विकसित होता है।

    प्रत्येक सद्गुण हमें यह आदेश देता है कि हम अपनी वर्तमान परिस्थितियों का सर्वोत्तम उपयोग करें। भविष्य के बारे में विचार करें। सोच-विचार करके निर्णय लें और अपने मन को एकाग्र रखें। एकाग्रता और कार्यकुशलता किसी सहायक साथी के होने से और अधिक सुदृढ़ हो जाती है। इसी कारण सद्गुणी व्यक्ति ऐसे मनुष्य की खोज करेगा जो या तो पहले से ही पूर्ण बुद्धिमान हो अथवा पूर्णता के अत्यन्त निकट पहुँच चुका हो। ऐसे पूर्ण व्यक्ति से उसे जो सहायता प्राप्त होगी, वह यह है कि उसकी योजनाएँ उस साझा प्रज्ञा के द्वारा अधिक समर्थ बन जाएँगी जो दोनों में समान रूप से विद्यमान है। कहा जाता है कि लोग दूसरों के मामलों में अपनी अपेक्षा अधिक सूझ-बूझ रखते हैं। यह बात उन लोगों पर लागू होती है जो आत्म-प्रेम के कारण अंधे हो जाते हैं या संकट के समय भय से इतने व्याकुल हो उठते हैं कि अपना ही हित नहीं देख पाते। जब मनुष्य चिंता से मुक्त और भय से परे हो जाता है, तभी वह वास्तव में बुद्धिमान बनता है। फिर भी कुछ बातें ऐसी होती हैं जिन्हें बुद्धिमान व्यक्ति भी अपने मामलों की अपेक्षा दूसरों के मामलों में अधिक स्पष्टता से देख पाता है। इसके अतिरिक्त, वे एक-दूसरे को वह अत्यन्त मधुर और सम्माननीय उपहार भी देते हैं—“एक जैसी इच्छाएँ और एक जैसे द्वेष।” साथ मिलकर कार्य करने पर वे उत्कृष्ट परिणाम उत्पन्न करते हैं। 

    मैंने तुम्हारी इस जिज्ञासा का समाधान कर दिया है। हालाँकि इसका उचित स्थान उन विषयों में था जिनकी चर्चा मैं अपने नीतिशास्त्र संबंधी ग्रंथों में कर रहा हूँ। जैसा कि मैं तुम्हें बार-बार बताता हूँ। यह समझो कि ऐसे प्रश्नों के माध्यम से हम केवल अपनी बुद्धि का अभ्यास कर रहे हैं। किन्तु मेरा मन बार-बार यही सोचता है। इस विषय से मुझे क्या लाभ होगा? यह मुझे अधिक साहसी, अधिक न्यायप्रिय और अधिक संयमी कैसे बनाएगा? मैं अभी कर्म के लिए तैयार नहीं हूँ। मुझे अभी भी वैद्य की आवश्यकता है। तुम मुझसे ऐसे ज्ञान की माँग क्यों करते हो जिसका कोई वास्तविक उपयोग नहीं है? तुमने मुझसे बड़े-बड़े वचन दिए थे। लेकिन जो परिणाम मुझे दिखाई देते हैं, वे अत्यन्त अल्प हैं। तुमने कहा था कि यदि चारों ओर तलवारें चमक रही हों, यदि तलवार की धार मेरे गले पर रख दी जाए, तब भी मैं निर्भय रहूँगा। तुमने कहा था कि यदि चारों ओर अग्नि धधक रही हो या यदि अचानक उठी हुई प्रचण्ड आँधी मेरी नाव को समुद्र में इधर-उधर उछाल रही हो, तब भी मैं सुरक्षित रहूँगा। इसलिए मुझे ऐसी साधना सिखाओ जिससे मैं सुख-भोग और यश, दोनों का तिरस्कार कर सकूँ। उसके बाद तुम मुझे जटिल प्रश्नों का समाधान करना, दुरूह बातों को स्पष्ट करना और गूढ़ विषयों का भेदन करना सिखाना। अभी तो मुझे वही सिखाओ जो अनिवार्य है।


अभी के लिए विदा 

Sunday, 19 July 2026

दर्शन में प्रगति करने वाले व्यक्तियों के बारे में -- पत्र - 74

 प्रिय लूसीलियस 


तुम शिकायत करते हो कि मैं तुम्हें जो पत्र भेजता हूँ, उन्हें लिखने में पहले जैसी सावधानी नहीं बरतता। यह बात सच है। आखिर बातचीत करते समय कौन हर शब्द को अत्यधिक सँवारने में लग जाता है? ऐसा तो वही व्यक्ति करता है जो जान-बूझकर बनावटी ढंग से बोलना चाहता है। मैं चाहता हूँ कि मेरे पत्र बिल्कुल वैसे ही हों जैसे हमारी बातचीत होती, यदि हम दोनों साथ बैठे होते या साथ-साथ टहल रहे होते— सरल, सहज और बिना किसी कृत्रिम तैयारी के। उनमें न तो कोई बनावट हो न कोई दिखावा। यदि यह संभव होता तो मैं तुम्हें अपने विचार कहने के बजाय सीधे दिखाना अधिक पसंद करता। यहाँ तक कि यदि मैं कोई भाषण भी दे रहा होता, तब भी न मैं अपने पैरों से ज़ोर देकर ठोकर मारता न हाथों से नाटकीय इशारे करता और न ही अपनी आवाज़ ऊँची करता। ये सब बातें मैं वक्ताओं (ओरेटरों) के लिए छोड़ देता। केवल इस बात से संतुष्ट रहता कि अपने विचार तुम्हारे सामने ऐसे ढंग से रखूँ जो न तो अलंकृत हो और न ही असावधान या अव्यवस्थित।


By Paul Klee 

    मैं तुम पर केवल यही प्रभाव छोड़ना चाहता हूँ कि जिन बातों को मैं कहता हूँ, उन्हें मैं केवल समझता ही नहीं बल्कि पूरे मन से अनुभव भी करता हूँ। इतना ही नहीं, मैं उनसे प्रेम भी करता हूँ। लोग अपने प्रिय को जिस प्रकार चूमते हैं, उसी प्रकार अपने बच्चों को नहीं चूमते। फिर भी बच्चों के प्रति उस पवित्र और संयमित चुम्बन में भी स्नेह की पर्याप्त अभिव्यक्ति होती है। ईश्वर की शपथ, मेरा यह अभिप्राय नहीं है कि इतने महान विषयों पर कही जाने वाली बातें नीरस और रूखी हों क्योंकि दर्शन में भी साहित्यिक कौशल का अपना स्थान है। फिर भी, शब्दों को सँवारने-सजाने में अत्यधिक परिश्रम करना उचित नहीं है। हमारा समूचा उद्देश्य केवल इतना होना चाहिए कि जो हम अनुभव करते हैं, वही कहें। जो हम कहते हैं, उसे सचमुच अनुभव भी करें। हमारी वाणी और हमारा जीवन परस्पर पूर्ण सामंजस्य में हों। अपने वचन को निभाने का अर्थ क्या है? इसका अर्थ यह है कि जिस व्यक्ति को हम देखते हैं और जिसकी वाणी हम सुनते हैं, दोनों एक ही हों। तभी हमें यह ज्ञात होता है कि वचन देने वाला व्यक्ति वास्तव में कैसा है और उसका चरित्र कितना महान है क्योंकि तब उसके भीतर कोई द्वैत नहीं रहता। वह पूर्णतः एक ही व्यक्ति होता है।

    हमारे शब्दों का उद्देश्य आनंद पहुँचाना नहीं बल्कि लाभ पहुँचाना होना चाहिए। फिर भी, यदि वाग्मिता बिना किसी विशेष प्रयास के प्राप्त हो जाए, यदि वह सहज रूप से आ जाए या बहुत थोड़े परिश्रम से मिल जाए तो उसे आने दीजिए और सर्वोत्तम विषयों की सेवा में उपस्थित रहने दीजिए। किंतु उसकी प्रकृति ऐसी हो कि वह स्वयं का नहीं बल्कि विषय का सौंदर्य और महत्त्व उजागर करे। अन्य कलाएँ पूरी तरह व्यक्ति की प्रतिभा से संबंधित होती हैं। पर यहाँ जिस बात का प्रश्न है, वह मन का कार्य है। रोगी किसी ऐसे चिकित्सक की खोज में नहीं निकलता जो प्रभावशाली वक्ता भी हो। हाँ, यदि उसे रोगमुक्त करने की क्षमता रखने वाला चिकित्सक उपचार के उपायों को परिष्कृत और सुंदर भाषा में भी समझा सके तो वह इसे एक अतिरिक्त गुण अवश्य मानेगा। फिर भी, उसे इस बात पर स्वयं को भाग्यशाली समझने का कोई विशेष कारण नहीं कि उसे ऐसा चिकित्सक मिला जो एक उत्कृष्ट वक्ता भी है। इसका महत्त्व उतना ही है जितना इस बात का कि एक कुशल नाविक देखने में भी सुंदर हो।

    तुम मेरे कानों को क्यों गुदगुदा रहे हो? इतना मनोरंजक बनने की क्या आवश्यकता है? इस समय इससे कहीं अधिक महत्त्वपूर्ण कार्य सामने है। मुझे तो दागकर उपचार करने की, शल्य-चिकित्सा करने की और कठोर आहार-विधान पर रखने की आवश्यकता है। तुम्हें इसी कार्य के लिए बुलाया गया है। तुम्हारा दायित्व एक ऐसे दीर्घकालिक रोग का उपचार करना है, जो गंभीर भी है और व्यापक भी। यह उतना ही बड़ा दायित्व है जितना किसी महामारी के समय एक चिकित्सक का होता है। क्या तुम शब्दों में ही उलझे हुए हो? यदि अपने वास्तविक कर्तव्य में असफल न हो तो इसी में प्रसन्न रहो।

  जानने के लिए इतनी सारी बातें हैं। तुम उन्हें कब सीखोगे? कब उन्हें अपने मन में इस प्रकार दृढ़ करोगे कि वे कभी विस्मृत न हों? कब उन्हें अपने जीवन में परखोगे? क्योंकि ये अन्य विषयों की तरह नहीं हैं। इनके लिए केवल कंठस्थ कर लेना पर्याप्त नहीं। इन्हें जीवन में उतारना आवश्यक है। वास्तव में सुखी वह नहीं है जो इन्हें केवल जानता है बल्कि वह है जो इनके अनुसार आचरण करता है।

    “पर देखो, क्या उस व्यक्ति से नीचे कोई और स्तर नहीं हैं? क्या केवल प्रज्ञा है और उसके बाद एकदम गहरी गिरावट?” नहीं, मेरा ऐसा विचार नहीं है। जो व्यक्ति प्रगति के मार्ग पर है, उसे अभी भी अज्ञानी लोगों में ही गिना जाता है। फिर भी वह उनसे एक बहुत बड़े अंतर से अलग होता है। स्वयं प्रगति करने वालों के बीच भी महत्त्वपूर्ण भेद किए जाने चाहिए। 

    कुछ दार्शनिकों के अनुसार, प्रगति करने वालों के तीन प्रकार होते हैं। पहला प्रकार उन लोगों का है जिन्होंने अभी तक प्रज्ञा प्राप्त नहीं की है, किंतु उसके अत्यंत निकट पहुँच चुके हैं। क्योंकि निकट होना भी अभी बाहर ही होना है। यदि तुम पूछो कि ये कौन हैं तो ये वे लोग हैं जिन्होंने अपनी वासनाओं और दोषों पर काफ़ी हद तक विजय पा ली है, परंतु जिनकी स्थिरता और निष्ठा की अभी परीक्षा नहीं हुई है। उन्होंने अभी अपने सद्गुण को इस प्रकार अपना नहीं बनाया है कि उसका पूर्ण उपयोग कर सकें। फिर भी अब उनके लिए उन बुराइयों में लौट जाना संभव नहीं है जिन्हें वे पीछे छोड़ चुके हैं। वे अब ऐसी अवस्था में पहुँच चुके हैं जहाँ से पीछे फिसलने का कोई खतरा नहीं है, किंतु उन्हें स्वयं अभी इसका बोध नहीं है। जैसा कि मैंने अपने एक पत्र में लिखा था, “वे यह नहीं जानते कि वे जानते हैं।” अब उनका सौभाग्य यह है कि वे अपने सद्गुण का फल भोगने लगे हैं, परंतु अभी उन्हें उस पर पूर्ण विश्वास और आत्मनिश्चय प्राप्त नहीं हुआ है।

    कुछ दार्शनिक ऊपर वर्णित प्रगति करने वालों के इस वर्ग की सीमा इस प्रकार निर्धारित करते हैं कि उनके अनुसार वे अब मन की दुर्बलताओं से तो मुक्त हो चुके हैं, किंतु अभी भावावेगों से मुक्त नहीं हुए हैं। इसलिए वे अभी भी पतन के जोखिम में हैं क्योंकि कोई भी व्यक्ति दुर्गुण के खतरे से तब तक पूरी तरह मुक्त नहीं होता जब तक वह उसे जड़ से समाप्त न कर दे। वह उसे तब तक पूरी तरह समाप्त नहीं कर सकता जब तक उसके स्थान पर प्रज्ञा को स्थापित न कर दे। मन की दुर्बलताओं और भावावेगों के बीच का अंतर मैं पहले भी अनेक बार स्पष्ट कर चुका हूँ। फिर भी अब उसका संक्षिप्त स्मरण करा देता हूँ। मन की दुर्बलताएँ वे दोष हैं जो गहराई से जड़ जमा चुके होते हैं और कठोर बन चुके होते हैं, जैसे लोभ और महत्त्वाकांक्षा। ये ऐसी अवस्थाएँ हैं जो मन को कहीं अधिक दृढ़ता से बाँध लेती हैं और स्थायी व्याधि का रूप धारण कर चुकी होती हैं। संक्षेप में कहें तो, मन की दुर्बलता उस भ्रष्ट निर्णय का स्थायी रूप है जिसके कारण मनुष्य उन वस्तुओं को अत्यंत मूल्यवान और प्राप्त करने योग्य समझता है, जो वास्तव में बहुत कम महत्त्व रखती हैं। अथवा यदि इस प्रकार कहना अधिक उपयुक्त लगे तो यह ऐसी मानसिक अवस्था है जिसमें मनुष्य उन वस्तुओं के प्रति अत्यधिक आसक्त हो जाता है जिनका अनुसरण या तो केवल साधारण रूप से करना चाहिए या बिल्कुल नहीं करना चाहिए अथवा वह किसी ऐसी वस्तु को अत्यधिक मूल्यवान मान बैठता है जो वास्तव में या तो कम मूल्य की है या सर्वथा मूल्यहीन है। इसके विपरीत, भावावेग मन की वे अनुचित, आकस्मिक और उग्र हलचलें हैं जो अचानक उत्पन्न होती हैं। यदि इनका बार-बार उदय हो और उनका कोई उपचार न किया जाए तो यही आगे चलकर मन की दुर्बलताओं का रूप ले लेती हैं। जैसे सिर में होने वाला साधारण जुकाम यदि अधिक समय तक न रहे तो उससे केवल खाँसी होती है। किंतु यदि वही बार-बार और लंबे समय तक बना रहे तो वह क्षय जैसे गंभीर रोग का कारण बन जाता है। इसी कारण जिन्होंने सबसे अधिक प्रगति कर ली है। वे मन की दुर्बलताओं से तो ऊपर उठ चुके होते हैं। फिर भी उनमें भावावेगों का अनुभव शेष रहता है, यद्यपि वे पूर्णता के अत्यंत निकट पहुँच चुके होते हैं।

    दूसरे प्रकार में वे लोग आते हैं जिन्होंने मन के सबसे गंभीर दोषों और भावावेगों, दोनों का त्याग तो कर दिया है, किंतु इस प्रकार नहीं कि उनकी आंतरिक शांति अब पूर्णतः सुरक्षित हो गई हो। उनमें अभी भी फिर से पतित हो जाने की संभावना बनी रहती है। तीसरे प्रकार में वे लोग हैं जो अनेक गंभीर दोषों से तो मुक्त हो चुके हैं, किंतु सभी दोषों से नहीं। वे लोभ से छुटकारा पा चुके हैं, परंतु अभी भी क्रोध का अनुभव करते हैं। वे कामवासना से विचलित नहीं होते, किंतु अभी भी महत्त्वाकांक्षा के वश में रहते हैं। उनमें अब तृष्णा नहीं रह गई है, परंतु भय अभी भी बना हुआ है। भय के मामले में भी वे कुछ बातों के सामने अडिग रहते हैं जबकि कुछ के सामने डगमगा जाते हैं। वे मृत्यु से नहीं डरते, किंतु पीड़ा से अभी भी भयभीत होते हैं।

    आओ, इस विषय पर कुछ विचार करें। यदि हम कम-से-कम इस अंतिम वर्ग में भी स्थान पा सकें तो यह हमारे लिए बड़ी उपलब्धि होगी। असाधारण प्राकृतिक प्रतिभा और निरंतर अध्ययन तथा साधना के बल पर कोई व्यक्ति दूसरे वर्ग तक भी पहुँच सकता है, किंतु तीसरे वर्ग को भी तुच्छ नहीं समझना चाहिए। अपने चारों ओर फैली बुराइयों पर दृष्टि डालो। देखो कि ऐसा कौन-सा अपराध है जिसका कोई उदाहरण न मिलता हो, देखो कि दुष्टता दिन-प्रतिदिन किस प्रकार बढ़ती जा रही है और यह भी देखो कि सार्वजनिक तथा निजी, दोनों ही जीवनों में कितने प्रकार के दुष्कर्म किए जा रहे हैं। तब तुम्हें अनुभव होगा कि यदि हम सबसे निकृष्ट लोगों में सम्मिलित नहीं हैं तो यही अपने-आप में एक पर्याप्त उपलब्धि है।

    “तुम कहते हो, ‘मुझे आशा है कि मैं इससे भी ऊँचा स्थान प्राप्त कर सकूँ।’” यही मेरी भी कामना है। पर यह केवल कामना है, कोई वचन या आश्वासन नहीं। हम पहले ही दोषों के वश में आ चुके हैं। सद्गुण की ओर प्रयत्न करते हुए भी हम अभी दोषों की पकड़ में हैं। यह कहते हुए मुझे लज्जा होती है कि हम सदाचार का अनुसरण केवल अपने अवकाश के समय में करते हैं। फिर भी, यदि हम उन बातों से पूर्णतः नाता तोड़ दें जो हमें उलझाए रखती हैं। उन दोषों से भी जो हमसे इतने गहरे चिपके हुए हैं तो हमारे लिए कितना महान प्रतिफल प्रतीक्षारत है! तब न हमें इच्छाएँ प्रेरित करेंगी और न भय। किसी भी प्रकार की चिंता से विचलित हुए बिना और सुख-विलास से कलुषित हुए बिना, हम न मृत्यु से डरेंगे और न देवताओं से। क्योंकि हम जान लेंगे कि मृत्यु कोई बुराई नहीं है और देवता हमारा कोई अहित नहीं करते। जो स्वयं हानि पहुँचाता है, वह उतना ही दुर्बल होता है जितना वह जो हानि सहता है। जो वस्तुएँ वास्तव में सर्वोत्तम हैं, उनमें किसी का अहित करने की कोई क्षमता ही नहीं होती।

    यदि कभी हम इस अंधकारमय गहराई से निकलकर उस ऊँचे और उज्ज्वल प्रदेश तक पहुँच सकें तो वहाँ हमारी प्रतीक्षा कर रही होगी— मन की शांति और वह स्वतंत्रता तथा स्वाधीनता जो समस्त भ्रम और मिथ्या धारणाओं के समाप्त हो जाने पर प्राप्त होती है। तुम पूछते हो, “स्वतंत्रता क्या है?” स्वतंत्रता है—किसी मनुष्य से भय न रखना, किसी देवता से भय न रखना, न किसी निकृष्ट वस्तु की इच्छा करना और न किसी अतिरेक की तथा स्वयं पर पूर्ण अधिकार प्राप्त कर लेना। अपने ही स्वामी बन जाना ऐसी संपत्ति है जिसका कोई मोल नहीं लगाया जा सकता।


अभी के लिए विदा 

Saturday, 18 July 2026

वास्तविक स्वास्थ्य के बारे में -- पत्र - 71 (Seneca's letters to Lucilius in Hindi)

 प्रिय लूसीलियस 


जिस विषय के बारे में तुम पूछ रहे हो, वह कभी मेरे लिए दिन के उजाले की तरह बिल्कुल स्पष्ट था। मैं उसे इतनी अच्छी तरह जानता था। किन्तु उसे परखे हुए बहुत समय बीत गया है। इसलिए अब उसे सहजता से स्मरण नहीं कर पा रहा हूँ। तुम जानते हो कि जब पेपिरस के पत्रों की बनी हुई पांडुलिपियाँ लंबे समय तक उपयोग में नहीं आतीं तो उनके पन्ने आपस में चिपक जाते हैं। मुझे ऐसा लगता है कि मेरे मन की भी वही अवस्था हो गई है। समय-समय पर उसे खोलना आवश्यक है ताकि उसमें सुरक्षित बातें फिर से प्रकाश में आ जाएँ और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत उपलब्ध हो सकें। इसलिए अभी के लिए तुम्हारे प्रश्न को स्थगित रहने दें। वह ऐसा विषय है, जिस पर गंभीर परिश्रम और एकाग्र ध्यान की आवश्यकता है। जैसे ही मुझे किसी एक स्थान पर कुछ अधिक समय तक ठहरने का अवसर मिलेगा, मैं उस पर पूरी सावधानी से काम करूँगा। कुछ विषय ऐसे होते हैं जिन पर यात्रा के दौरान रथ में बैठे-बैठे भी लिखा जा सकता है। किन्तु कुछ विषय ऐसे भी होते हैं जिनके लिए आरामदायक आसन, पर्याप्त अवकाश और हर प्रकार के व्यवधान से मुक्त वातावरण आवश्यक होता है।


By Paul Klee 

    फिर भी, इन अत्यन्त व्यस्त दिनों में भी मेरे पास कोई न कोई ऐसा कार्य अवश्य होना चाहिए, जिस पर मैं मन लगाकर काम कर सकूँ। क्योंकि एक काम समाप्त होते ही उसकी जगह दूसरा काम आ जाता है। हम स्वयं ही कार्यों को बीजों की तरह बोते जाते हैं और प्रत्येक कार्य से अनेक नए कार्य उत्पन्न हो जाते हैं। इसके अतिरिक्त, हम अपने आपको निरन्तर टालते भी रहते हैं। हम कहते हैं, "यह काम पूरा हो जाए, फिर मैं पूरे मन से इस विषय में लगूँगा," या "जैसे ही इस कठिन कार्य से छुटकारा मिल जाएगा, मैं स्वयं को अध्ययन के लिए समर्पित कर दूँगा।" किन्तु दर्शन का अभ्यास करने के लिए हमें खाली समय की प्रतीक्षा नहीं करनी चाहिए। इसके विपरीत, हमें अन्य कार्यों की उपेक्षा करके स्वयं को इसी एक कार्य में लगाना चाहिए क्योंकि इसके लिए तो इतना समय भी पर्याप्त नहीं होगा, जितना मनुष्य के जीवन की सबसे लम्बी सम्भावित आयु में उपलब्ध हो सकता है। यदि तुम दर्शन का अभ्यास बीच-बीच में, कभी-कभार ही करने वाले हो तो उसके अभ्यास का कोई विशेष लाभ नहीं होगा। क्योंकि दर्शन किसी व्यवधान के बीच अपनी स्थिति बनाए नहीं रखता। वह उस वस्तु के समान है जिसे दबाने पर वह सिकुड़ जाती है और दबाव हटते ही फिर अपने पुराने रूप में लौट आती है। यदि अभ्यास में ढील दी जाए तो मन भी अपनी पुरानी अवस्था में लौट जाता है। इसलिए आवश्यक है कि हम अपने विविध कार्यों का दृढ़ता से सामना करें। केवल अपने बोझ को थोड़ा कम कर देना पर्याप्त नहीं है। जहाँ तक सम्भव हो, उसे पूरी तरह छोड़ देना चाहिए। ऐसा कोई समय नहीं होता जो इस आत्मिक उपचाररूपी अध्ययन के लिए अनुपयुक्त हो। फिर भी विडम्बना यह है कि अनेक लोग उन्हीं समस्याओं में इतने उलझे रहते हैं, जिनके कारण उन्हें दर्शन का अध्ययन करना सबसे अधिक आवश्यक होता है।

    "कोई आकस्मिक घटना मुझे बाधित कर देगी।" किन्तु उस व्यक्ति को कोई भी बाधा रोक नहीं सकती, जिसका मन प्रत्येक कार्य में प्रसन्न और उत्साहपूर्ण रहता है। जो अभी पूर्ण नहीं हुआ है, उसकी प्रसन्नता बीच-बीच में भंग हो जाती है। परन्तु बुद्धिमान व्यक्ति का आनंद अखण्ड होता है। किसी भी कारण या आकस्मिक घटना से उसमें व्यवधान नहीं आता। बुद्धिमान व्यक्ति हर समय और हर स्थान पर शांत रहता है क्योंकि वह किसी दूसरी वस्तु या व्यक्ति पर निर्भर नहीं होता। वह न तो भाग्य की कृपा की प्रतीक्षा करता है और न किसी अन्य मनुष्य की। उसका सुख उसके अपने भीतर निवास करता है। यदि वह बाहर से उसके मन में आया होता तो बाहर ही चला भी जाता। किन्तु वह तो उसके अपने अंतःकरण में जन्म लेता है। हाँ, कभी-कभी बाहरी परिस्थितियाँ उसे उसकी नश्वरता का स्मरण अवश्य करा देती हैं, पर वह स्मरण इतना हल्का होता है कि केवल सतह को ही स्पर्श कर पाता है। निश्चय ही वह विपत्ति की प्रतिकूल हवाओं को अनुभव करता है। किन्तु उसका सर्वोच्च कल्याण दृढ़तापूर्वक अपनी जगह पर स्थिर रहता है। अर्थात कुछ बाहरी असुविधाएँ उसे अवश्य प्रभावित कर सकती हैं, ठीक वैसे ही जैसे एक स्वस्थ और सबल शरीर पर कभी खरोंच या छोटी-सी फुंसी हो सकती है, जबकि भीतर कोई गम्भीर रोग न हो।

    मेरा आशय यह है कि पूर्ण बुद्धिमान व्यक्ति और उस व्यक्ति के बीच, जो अभी प्रज्ञा की ओर अग्रसर है, वही अंतर है जो एक पूर्णतः स्वस्थ व्यक्ति और उस व्यक्ति के बीच होता है, जो किसी लम्बी और गंभीर बीमारी से धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहा हो। ऐसे रोगमुक्त हो रहे व्यक्ति के लिए तो रोग का केवल हल्का पड़ जाना ही स्वास्थ्य का लक्षण माना जाता है। किन्तु यदि वह सावधान न रहे तो उसकी प्रगति बार-बार रुक जाती है और वह फिर पीछे लौटने लगता है। इसके विपरीत, बुद्धिमान व्यक्ति को न तो पुनः उसी रोग का आक्रमण सहना पड़ता है और न ही किसी प्रकार की गिरावट का सामना करना पड़ता है। शरीर का स्वास्थ्य तो एक अस्थायी अवस्था है। कोई भी वैद्य उसे स्थायी रूप से प्रदान नहीं कर सकता। वह केवल उसे पुनः स्थापित कर सकता है। इसलिए वही रोगी बार-बार चिकित्सक को बुलाता है और चिकित्सक को अनेक बार उसी की सेवा के लिए जाना पड़ता है। किन्तु जब मन वास्तव में स्वस्थ हो जाता है, तब उसका उपचार एक बार के लिए और सदा के लिए पूर्ण हो जाता है।

    मैं तुम्हें बताता हूँ कि मन के वास्तव में स्वस्थ हो जाने का क्या अर्थ है। ऐसा मन अपने आप में ही संतुष्ट रहता है और स्वयं पर पूर्ण विश्वास रखता है। वह यह समझ चुका होता है कि जिन वस्तुओं की हम नश्वर मनुष्य कामना करते हैं और जिन उपकारों का हम आदान-प्रदान करते हैं, उनका वास्तविक सुख से कोई संबंध नहीं है। जिस वस्तु में कुछ और जोड़ा जा सकता हो, वह अभी पूर्ण नहीं है। जिसे घटाया जा सकता हो, वह शाश्वत नहीं है। यदि प्रसन्नता को स्थायी बनाए रखना है तो मनुष्य को अपने ही आंतरिक साधनों और अपने ही सद्गुणों में आनंद प्राप्त करना चाहिए। जिन वस्तुओं की सामान्य लोग इच्छा करते हैं, वे सब निरन्तर परिवर्तनशील हैं; वे कभी इधर जाती हैं, कभी उधर। भाग्य के उपहार हमारे स्थायी अधिकार में नहीं होते।

    किन्तु भाग्य से जो कुछ हमें प्राप्त होता है, वह भी तभी वास्तविक संतोष देता है, जब विवेक उसे उचित मर्यादा और संतुलन के साथ ग्रहण करता है। बाहरी वस्तुओं का मूल्य भी हमारे लिए विवेक ही निर्धारित करता है। यदि हम उनके प्रति लोभ से भर जाएँ तो उनसे हमें कभी वास्तविक संतोष प्राप्त नहीं हो सकता। अटालस प्रायः यह उपमा दिया करते थे—

"क्या तुमने कभी किसी कुत्ते को देखा है, जो अपने स्वामी द्वारा फेंके गए रोटी या मांस के टुकड़ों को लपकता है? जैसे ही वह एक टुकड़ा पकड़ता है, उसे बिना चबाए तुरंत निगल जाता है। उसका मुँह फिर अगले टुकड़े की प्रतीक्षा में खुला रहता है। हमारी दशा भी कुछ ऐसी ही है। भाग्य हमारी ओर जो कुछ भी फेंकता है, हम उसे तुरंत हड़प लेते हैं। किन्तु हमारा मन उसी क्षण फिर किसी और अधिक आकर्षक वस्तु की आशा में आगे देखने लगता है, जो अभी हमारी पहुँच से बाहर है।"

बुद्धिमान व्यक्ति के साथ ऐसा नहीं होता। वह अपने भीतर से ही पूर्ण होता है। यदि भाग्य से उसे कुछ प्राप्त हो भी जाए तो वह उसे बिना किसी विशेष आसक्ति के ग्रहण करता है और उसी सहजता से छोड़ भी देता है। उसका आनंद प्रचुर, स्थिर और उसका अपना होता है।

    जिस व्यक्ति के इरादे अच्छे हैं और जो प्रगति के मार्ग पर चल रहा है। किन्तु अभी पूर्णता के शिखर से बहुत दूर है, उसकी अवस्था बदलती रहती है। कभी वह ऊपर उठता है, मानो आकाश तक पहुँच गया हो और कभी फिर नीचे धरती पर लौट आता है। जो नवशिक्षु हैं और जिनके पास अभी अभ्यास तथा आत्मसंयम का प्रशिक्षण नहीं है, वे निरन्तर नीचे गिरते रहते हैं। वे एपिक्यूरस द्वारा वर्णित उस असीम शून्य के समान भ्रम और अस्थिरता में जा गिरते हैं, जहाँ कोई स्थिर आधार नहीं होता। इसके अतिरिक्त एक तीसरा वर्ग भी है। वे लोग जो प्रज्ञा के अत्यन्त निकट पहुँच चुके हैं। यद्यपि उन्होंने अभी उसे पूरी तरह प्राप्त नहीं किया है, फिर भी वह उनकी दृष्टि में है, मानो वे उससे केवल एक कदम की दूरी पर हों। अब वे जीवन की लहरों से इधर-उधर नहीं उछाले जाते और न ही उन्हें भीतर की कोई धारा पीछे खींचती है। यद्यपि वे अभी किनारे पर नहीं पहुँचे हैं, फिर भी वे पहले ही सुरक्षित बंदरगाह की सीमा में प्रवेश कर चुके हैं।

    अतः जब प्रगति के सर्वोच्च और निम्नतम स्तरों के बीच इतना अधिक अंतर है और मध्यवर्ती अवस्था भी अनेक उतार-चढ़ावों के अधीन है। जबकि सबसे निम्न अवस्था में पुनः पतन का बड़ा जोखिम बना रहता है, तब हमें अपने आपको विविध सांसारिक व्यस्तताओं का दास नहीं बनने देना चाहिए। इन व्यस्तताओं को आरम्भ में ही अपने जीवन से दूर रखना चाहिए। क्योंकि यदि वे एक बार भीतर प्रवेश कर गईं तो अपने साथ और भी अनेक व्यस्तताओं को ले आएँगी। इसलिए हमें प्रारम्भ से ही उनका दृढ़तापूर्वक प्रतिरोध करना चाहिए क्योंकि यदि आरम्भ पर हमारा अधिकार नहीं रहा तो अंत कभी भी आरम्भ से बेहतर नहीं होगा।

   

अभी के लिए विदा 

वास्तविक विजय के बारे में -- पत्र - 70 (Hindi Translation of Seneca's Letters)

 प्रिय लूसीलियस 


बार-बार तुम मुझसे विशेष विषयों पर परामर्श माँगते हो, यह भूलकर कि तुम्हारे और मेरे बीच एक विशाल और निर्जन समुद्र फैला हुआ है। चूँकि अधिकांश सलाह परिस्थितियों पर निर्भर करती है। इसलिए कुछ विषयों पर मेरा उत्तर तुम्हारे पास ऐसे समय पहुँच सकता है, जब उसके ठीक विपरीत सलाह तुम्हारे लिए अधिक लाभकारी होती। क्योंकि सलाह का स्वरूप घटनाओं के अनुसार निर्धारित होता है और घटनाएँ निरन्तर बदलती रहती हैं बल्कि तीव्र गति से आगे बढ़ती हैं। इसलिए सलाह उसी दिन दी जानी चाहिए, जिस दिन उसकी आवश्यकता हो। वह भी पर्याप्त शीघ्र नहीं है। जैसा कि कहा जाता है, 'सलाह तो 'उसी क्षण, उसी स्थान पर' दी जानी चाहिए।


By Paul Klee 

    तो फिर सलाह कैसे प्राप्त की जाए? मैं तुम्हें बताता हूँ। जब भी तुम्हें यह जानना हो कि किसका अनुसरण करना चाहिए और किससे बचना चाहिए, तब अपने सर्वोच्च कल्याण (परम हित) की ओर देखो। उस लक्ष्य की ओर, जो तुम्हारे सम्पूर्ण जीवन का उद्देश्य है। हमारे प्रत्येक कर्म का उसी लक्ष्य के अनुरूप होना चाहिए। केवल वही व्यक्ति जीवन के छोटे-छोटे कार्यों को सही ढंग से व्यवस्थित कर सकता है, जिसकी दृष्टि अपने पूरे जीवन पर होती है।चित्रकार के पास यदि सभी रंग तैयार भी हों तो भी वह तब तक किसी का चित्र नहीं बना सकता, जब तक यह न तय कर ले कि उसे क्या चित्रित करना है। हमारी भूल भी यही है। हर व्यक्ति जीवन के अलग-अलग पक्षों पर विचार करता है पर सम्पूर्ण जीवन के बारे में नहीं। यदि तुम तीर चलाना चाहते हो तो पहले यह जानना आवश्यक है कि तुम्हारा लक्ष्य क्या है। तभी तुम तीर की नोक को सही दिशा दे सकते हो और उसे स्थिरता से छोड़ सकते हो। हमारी सारी सलाहें इसलिए भटक जाती हैं क्योंकि उनके सामने कोई निश्चित लक्ष्य नहीं होता। जो व्यक्ति यह नहीं जानता कि उसे किस बन्दरगाह तक पहुँचना है, उसके लिए कोई भी हवा अनुकूल सिद्ध नहीं हो सकती।

    संयोग (भाग्य) का हमारे जीवन पर बहुत बड़ा प्रभाव है। यह स्वाभाविक भी है क्योंकि हमारा जीवित होना भी संयोग का ही परिणाम है। किन्तु कभी-कभी मनुष्य किसी बात को जाने बिना भी जानता है। जैसे हम अनेक बार अपने पास ही खड़े व्यक्ति को ढूँढ़ते फिरते हैं, वैसे ही जीवन के लक्ष्य और परम कल्याण (सर्वोच्च हित) को भी प्रायः नहीं पहचान पाते, जबकि वह हमारे सामने ही उपस्थित होता है।

लम्बी-चौड़ी व्याख्याएँ तुम्हें यह नहीं बता सकतीं कि परम कल्याण क्या है; उसे तो मानो उँगली रखकर स्पष्ट दिखा देना चाहिए, ताकि वह इधर-उधर बिखर न जाए। मुझे उसके सभी विवरणों में जाने की क्या आवश्यकता है, जबकि सरलता से यह कहा जा सकता है— "परम कल्याण वही है जो सम्माननीय (नैतिक रूप से श्रेष्ठ) है।" या इससे भी अधिक स्पष्ट रूप में— "एकमात्र वास्तविक कल्याण वही है जो सम्माननीय है। अन्य सभी तथाकथित कल्याण तो केवल जाली सिक्कों के समान हैं।"

    यदि तुम इस सत्य को अपने मन में दृढ़ता से स्थापित कर लो और सद्गुण (Virtue) से गहरा प्रेम करने लगो क्योंकि केवल उसे पसंद करना पर्याप्त नहीं है तो फिर सद्गुण जिस किसी वस्तु या परिस्थिति को स्पर्श करेगा। वह तुम्हारी दृष्टि में अत्यन्त शुभ और प्रशंसनीय होगी, चाहे दूसरों को वह कैसी भी क्यों न दिखाई दे। यदि तुम यातना सहो तो उसे उसी शान्ति और निर्लिप्तता से सहोगे, जितनी स्वयं यातना देने वाले में होती है। यदि रोग आए तो तुम भाग्य को दोष नहीं दोगे और न ही रोग को अपने मन पर विजय पाने दोगे। वास्तव में, जिन बातों को दूसरे लोग बुरा मानते हैं, वे भी तुम्हारे लिए अच्छी सिद्ध होंगी, यदि तुम उनसे ऊपर उठ सको। जब यह बात तुम्हारे लिए पूर्णतः स्पष्ट हो जाएगी कि केवल सम्माननीय (नैतिक रूप से श्रेष्ठ) ही वास्तविक कल्याण है, तब जो भी वस्तु या परिस्थिति अपने-आप में कष्टदायक प्रतीत होती है, वह भी सद्गुण के कारण सम्माननीय बनकर तुम्हारी दृष्टि में कल्याण ही मानी जाएगी। बहुत-से लोग सोचते हैं कि हम स्टोइक (Stoics) मनुष्य की सामर्थ्य से कहीं अधिक ऊँची बातें करते हैं। ऐसा सोचने का उनके पास कारण भी है क्योंकि वे केवल मनुष्य के शरीर को देखते हैं। यदि वे एक बार फिर अपने मन की ओर दृष्टि करें तो उन्हें ज्ञात होगा कि मनुष्य की वास्तविक सीमा और मापदण्ड ईश्वर में निहित है।

    प्रिय लूसीलियस, उठो और स्वयं को जागृत करो। उस व्याकरण-विद्यालय और उन पांडित्य-प्रिय दार्शनिकों को पीछे छोड़ दो, जो इस अद्भुत विषय को केवल शब्दों और अक्षरों तक सीमित कर देते हैं। वे सूक्ष्म और तुच्छ बातों की शिक्षा देकर मन की गरिमा को घटा देते हैं और उसकी शक्ति को व्यर्थ नष्ट कर देते हैं। उन लोगों के समान बनो जिन्होंने इन सत्यों की खोज की थी न कि उन लोगों के समान जो दर्शन को महान बनाने के बजाय उसे कठिन प्रतीत कराने के उद्देश्य से पढ़ाते हैं। सुकरात, जिन्होंने दर्शन को पुनः नैतिक जीवन की ओर लौटाया, कहा करते थे कि बुद्धिमत्ता का सर्वोच्च शिखर यह जानने में है कि क्या अच्छा है और क्या बुरा। वे कहते थे—

"यदि मेरी बात का तुम्हारे लिए कोई महत्व है तो उन सिद्धान्तों का अनुसरण करो जिनसे तुम सुखी बन सको। यदि कोई तुम्हें मूर्ख समझे तो उसे ऐसा समझने दो। जो चाहे तुम्हारा अपमान करे या तुम्हारे साथ अन्याय करे। जब तक सद्गुण तुम्हारे साथ है, तब तक इन बातों से तुम अप्रभावित रहोगे। यदि तुम सचमुच सुखी होना चाहते हो, यदि वास्तव में एक अच्छा मनुष्य बनना चाहते हो तो लोगों की अवमानना सहने के लिए तैयार रहो।"

इस अवस्था को प्राप्त करने के लिए मनुष्य को स्वयं सभी बाहरी वस्तुओं के प्रति उदासीन होना सीखना चाहिए। जिन वस्तुओं को हम अच्छा मानते हैं, उनके बीच किसी प्रकार का भेद नहीं रखना चाहिए क्योंकि सम्माननीय (नैतिक रूप से श्रेष्ठ) के अतिरिक्त कोई भी वस्तु वास्तव में अच्छी नहीं है और जो सम्माननीय है, वह प्रत्येक परिस्थिति में समान रहता है।

    "तुम्हारा क्या आशय है? क्या इससे कोई अंतर नहीं पड़ता कि कैटो प्रेटर निर्वाचित हुआ या पराजित हो गया? क्या इससे भी कोई अंतर नहीं पड़ता कि वह फ़ार्सालस के युद्ध में हार गया या अपने शत्रु पर विजय प्राप्त कर ली? क्या उस सद्गुण का मूल्य, जिसके कारण वह अपनी ओर की हार के बाद भी अजेय बना रहा, वास्तव में उसी सद्गुण के बराबर है जो उसे युद्ध जीतकर, अपने देश लौटकर और शांति स्थापित करके प्राप्त होता?" हाँ, क्यों नहीं? विपत्ति पर विजय प्राप्त करते समय सद्गुण जैसा होता है, वैसा ही वह समृद्धि और सफलता के बीच भी बना रहता है। सद्गुण न तो बढ़ाया जा सकता है और न घटाया जा सकता है। उसका केवल एक ही स्वरूप और एक ही परिमाण होता है।

    "लेकिन ग्नेयस पोम्पेई अपनी सेना खो देगा। गणराज्य का सबसे उज्ज्वल आभूषण, कुलीन वर्ग और पोम्पेई के पक्ष की प्रथम पंक्ति अर्थात शस्त्रधारी सीनेटर, एक ही युद्ध में नष्ट हो जाएँगे। इतनी महान शक्ति के पतन के बाद उसके अवशेष पूरे संसार में बिखर जाएँगे। एक भाग मिस्र में, दूसरा अफ्रीका में और तीसरा स्पेन में। हमारा अभागा गणराज्य इतना भी सौभाग्यशाली नहीं होगा कि उसका केवल एक ही बार पतन हो।" यह सब हो सकता है। जूबा को अपने देश की भौगोलिक जानकारी का कोई लाभ न मिले। अपने राजा की रक्षा में लड़ने वाले उसके साधारण सैनिकों का अडिग साहस भी निष्फल हो जाए। विपत्तियों से टूटकर यूटिका के लोगों की निष्ठा भी डगमगा जाए और अफ्रीका में सिपियो भी अपने नाम से जुड़ी अब तक की शुभ-प्रतिष्ठा के अनुरूप सफलता प्राप्त न कर सके। किन्तु बहुत पहले ही यह सुनिश्चित हो चुका था कि कैटो को किसी प्रकार की वास्तविक हानि नहीं पहुँच सकती। "लेकिन वह तो पराजित हुआ।" हाँ, यह भी कैटो के लिए केवल एक और असफलता थी। उसने अपनी विजय में आने वाली बाधा को उतनी ही गरिमा से स्वीकार किया, जितनी गरिमा से उसने प्रेटर के चुनाव में मिली असफलता को स्वीकार किया था। जिस दिन वह चुनाव हार गया, उस दिन उसने खेल खेला और जिस रात उसे मृत्यु का वरण करना था, उस रात उसने एक पुस्तक पढ़ी। उसके लिए प्रेटर का पद खोना और अपना जीवन खोना, दोनों समान थे क्योंकि उसने अपने मन को इस सत्य के लिए तैयार कर लिया था कि जो कुछ भी घटे, उसे धैर्यपूर्वक स्वीकार करना चाहिए।

    और वास्तव में, वह गणराज्य में आए परिवर्तन को साहस और शान्ति के साथ क्यों न सहन करे? परिवर्तन के जोखिम से कौन मुक्त है? न पृथ्वी, न आकाश और न ही स्वयं यह सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड। यद्यपि इसकी रचना स्वयं ईश्वर ने की है, फिर भी यह सदा अपने वर्तमान स्वरूप में नहीं रहेगा। एक दिन ऐसा अवश्य आएगा, जो इसकी वर्तमान व्यवस्था को बदल देगा। सभी वस्तुएँ एक निश्चित क्रम के अनुसार चलती हैं। उनका जन्म होना है, उनका विकास होना है और अंततः उनका नाश होना है। जो कुछ तुम अपने ऊपर आकाश में देख रहे हो और जो कुछ तुम्हें अपने पैरों के नीचे इतना स्थिर प्रतीत होता है, वह सब एक दिन विघटित हो जाएगा। प्रत्येक वस्तु की अपनी एक आयु होती है। प्रकृति सबको अलग-अलग समय तक टिकाए रखती है, पर अंततः सबको उसी एक स्थान की ओर लौटा देती है। जो आज विद्यमान है, वह एक दिन नहीं रहेगा।

    यह नहीं कि वह पूर्णतः नष्ट हो जाता है बल्कि उसका विघटन हो जाता है। किन्तु हमें यह विघटन ही विनाश प्रतीत होता है क्योंकि हमारी दृष्टि केवल अपने निकट की वस्तुओं तक सीमित रहती है। हमारी मन्द बुद्धि शरीर के अधीन रहती है और उससे आगे देखने की क्षमता नहीं रखती। यदि हम यह समझ पाते कि जीवन और मृत्यु भी अन्य सभी वस्तुओं की भाँति क्रमशः आते और जाते रहते हैं तो हम अपने स्वयं के अंत और अपने प्रियजनों के वियोग को कहीं अधिक धैर्य और साहस के साथ सह सकते। संयुक्त वस्तुएँ विघटित हो जाती हैं और उनके पृथक् तत्त्व फिर नए रूप में संयोजित हो जाते हैं। इसी प्रकार समस्त सृष्टि का संचालन करने वाले ईश्वर की शाश्वत सृजन-प्रक्रिया निरन्तर कार्य करती रहती है। इसलिए मार्कस कैटो की भाँति हमारे विचार भी समय के पार दृष्टि डालते हुए कहेंगे—

    "समस्त मानवजाति, वर्तमान और भविष्य की मृत्यु के अधीन है। वे सभी नगर, जिन्होंने कभी संसार पर शासन किया और वे सभी नगर, जो किसी अन्य शक्ति की विजय के प्रतीक बने, एक दिन दृष्टि से ओझल हो जाएँगे और विभिन्न प्रकार के विनाश से मिट जाएँगे। कुछ युद्धों द्वारा नष्ट होंगे। कुछ उपेक्षा, शान्ति से उत्पन्न आलस्य और उस वस्तु के कारण, जो महान समृद्धि के लिए सबसे अधिक विनाशकारी है। विलासिता के कारण नष्ट हो जाएँगे। ये सभी उपजाऊ मैदान भी एक दिन समुद्र के किसी आकस्मिक विस्तार से ढँक जाएँगे अथवा पृथ्वी के धँसकर किसी अप्रत्याशित गर्त में समा जाने से विलीन हो जाएँगे। फिर मैं शिकायत क्यों करूँ? मैं इस बात से दुःखी क्यों होऊँ कि मुझे राष्ट्रों और जनसमुदायों के लिए निर्धारित अंतिम समय से केवल कुछ क्षण पहले ही जाना पड़ रहा है? एक महान आत्मा को ईश्वर की आज्ञा का पालन करना चाहिए और विश्व-व्यवस्था के नियमों का अनुसरण करने में कभी संकोच नहीं करना चाहिए। या तो वह एक श्रेष्ठ जीवन की ओर भेजी जा रही है, जहाँ वह ईश्वर के लोक में अधिक महान और अधिक शांतिमय प्रकाश के बीच निवास करेगी अथवा कम-से-कम वह सभी कष्टों से मुक्त होकर पुनः प्रकृति में विलीन हो जाएगी और सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड में लौट जाएगी।"

    इस प्रकार कैटो का सम्माननीय जीवन उसके सम्माननीय मृत्यु से अधिक श्रेष्ठ नहीं है क्योंकि सद्गुण में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं हो सकती। सुकरात कहा करते थे कि सत्य और सद्गुण एक ही हैं। जिस प्रकार सत्य न तो बढ़ता है और न घटता है, उसी प्रकार सद्गुण भी न बढ़ता है और न घटता है। वह अपने पूर्ण स्वरूप में रहता है; उसमें किसी प्रकार की वृद्धि या कमी संभव नहीं है।

    इसलिए तुम्हें यह जानकर आश्चर्य नहीं होना चाहिए कि सभी वास्तविक कल्याण समान हैं, चाहे वे वे हों जिन्हें हमें सक्रिय रूप से प्राप्त करना चाहिए या वे जिन्हें परिस्थितियों के अनुसार स्वीकार करना पड़ता है। क्योंकि यदि तुम यह मान लो कि उनमें कोई असमानता है और यह समझो कि यातना को साहसपूर्वक सहना अपेक्षाकृत कम महत्त्व का कल्याण है तो तुम अंततः उसे बुराई भी मानने लगोगे। तब तुम्हें कहना पड़ेगा कि कारागार में सुकरात दुर्भाग्यशाली थे कि कैटो दुर्भाग्यशाली थे, जब उन्होंने अपने घावों को पहले से भी अधिक साहस के साथ पुनः खोल दिया कि रेगुलस उन सब से भी अधिक दुःखी था क्योंकि उसने अपने शत्रुओं से किया हुआ वचन निभाया और उसी के कारण कठोर दण्ड सहा। किन्तु सबसे अधिक भयभीत व्यक्ति ने भी ऐसा कहने का साहस नहीं किया। लोग यह तो कहते हैं कि रेगुलस सुखी नहीं था, परन्तु यह भी स्वीकार करते हैं कि वह दुःखी भी नहीं था। प्राचीन अकादमिक दार्शनिक यह मानते थे कि रेगुलस इतनी भीषण यातनाओं के बीच भी सुखी था, किन्तु पूर्ण और परिपूर्ण अर्थ में नहीं। यह मत सर्वथा अस्वीकार्य है। यदि कोई वास्तव में सुखी नहीं है,तो उसने सर्वोच्च कल्याण प्राप्त ही नहीं किया। और यदि सर्वोच्च कल्याण प्राप्त हो गया है तो उसमें किसी और प्रकार की श्रेष्ठता जोड़ी नहीं जा सकती, क्योंकि जहाँ सद्गुण विद्यमान है, वहाँ उससे बढ़कर कुछ नहीं हो सकता। जब तक विपत्तियाँ सद्गुण को कमज़ोर नहीं करतीं और जब तक शरीर के क्षत-विक्षत हो जाने पर भी सद्गुण अक्षुण्ण बना रहता है, तब तक सर्वोच्च कल्याण भी पूर्ण बना रहता है। और वास्तव में सद्गुण अक्षुण्ण ही रहता है क्योंकि मैं सद्गुण से उस साहसी और उदात्त शक्ति का आशय लेता हूँ, जो अपने विरोध में खड़ी प्रत्येक कठिनाई से ही अपनी शक्ति प्राप्त करती है।

    उदात्त स्वभाव वाले युवा, जब किसी सम्माननीय कर्म की महानता और सौन्दर्य से प्रभावित होते हैं तो प्रायः ऐसी मनःस्थिति अपना लेते हैं कि वे बाहरी परिस्थितियों की कोई परवाह नहीं करते। किन्तु प्रज्ञा (विवेकपूर्ण ज्ञान) बिना किसी कठिनाई के मनुष्य में वही दृष्टिकोण उत्पन्न कर देती है। वह हमें इस दृढ़ विश्वास से भर देती है कि सम्माननीय (नैतिक रूप से श्रेष्ठ) ही एकमात्र वास्तविक कल्याण है। उसे न तो घटाया जा सकता है और न बढ़ाया जा सकता है। ठीक वैसे ही जैसे सीधापन मापने वाली पूर्णतः सीधी रेखा को तुम मोड़ नहीं सकते। यदि तुम उसमें कोई परिवर्तन करोगे तो वह सीधी रेखा नहीं रह जाएगी। इसी प्रकार हम सद्गुण के विषय में भी कहते हैं कि वह भी पूर्णतः सीधा और निष्कलंक है; उसमें किसी प्रकार का टेढ़ापन नहीं आ सकता। जो वस्तु पहले से ही पूर्णतः सीधी है, उसमें और क्या वृद्धि की जा सकती है? सद्गुण ही सभी वस्तुओं का मापदण्ड है। सद्गुण का मापदण्ड कोई अन्य वस्तु नहीं हो सकती। यदि स्वयं सद्गुण को अधिक सीधा या अधिक श्रेष्ठ नहीं बनाया जा सकता तो उसके द्वारा किए गए कार्यों में भी कोई एक दूसरे से अधिक श्रेष्ठ नहीं हो सकता क्योंकि वे सभी सद्गुण के एक ही मापदण्ड के अनुरूप होते हैं। इसलिए वे सभी समान हैं।

    "क्या सचमुच?" तुम कहोगे। "क्या भोजन-सभा में आराम से बैठकर भोजन करना और यातना सहना समान हो सकते हैं?" यदि यह बात तुम्हें आश्चर्यचकित करती है तो इससे भी अधिक आश्चर्यजनक बात सुनो। यदि भोजन-सभा में बैठना अनैतिक ढंग से किया जाए, तो वह बुरा है और यदि यातना सम्मानपूर्वक और सद्गुण के साथ सहन की जाए, तो वह अच्छा है। किसी कार्य का अच्छा या बुरा होना उसके बाहरी रूप या परिस्थिति पर निर्भर नहीं करता बल्कि सद्गुण पर निर्भर करता है। जहाँ सद्गुण उपस्थित होता है, वहाँ सब कुछ समान माप और समान मूल्य का हो जाता है।

    इस पर वह व्यक्ति, जो प्रत्येक मनुष्य के चरित्र का आकलन अपने ही मन के अनुसार करता है, मेरे सामने हाथ हिलाकर विरोध करने लगता है क्योंकि मैं यह कहता हूँ कि एक सम्माननीय न्यायाधीश और एक सम्माननीय अभियुक्त का कल्याण समान है। उसी प्रकार विजयी होकर विजय-यात्रा निकालने वाले सेनापति का कल्याण और उस बंदी का कल्याण भी समान है, जो उसके रथ के आगे बाँधकर ले जाया जा रहा है। पर जिसका मन किसी भी प्रकार से पराजित नहीं हुआ है। ऐसे लोग यह मान लेते हैं कि जो कार्य वे स्वयं नहीं कर सकते, वह किसी और के लिए भी असंभव है। वे सद्गुण का मूल्यांकन अपनी ही दुर्बलता के आधार पर करते हैं।

    तुम्हें इसमें आश्चर्य क्यों होता है कि जलाया जाना, घायल होना, प्रहार सहना या बेड़ियों में जकड़ा जाना भी कभी-कभी संतोष का बल्कि आनंद का कारण बन सकता है? जो व्यक्ति विलासिता का आदी होता है, उसके लिए सादगी दंड के समान होती है। जो आलसी होता है, उसके लिए श्रम किसी सज़ा जैसा लगता है। जो व्यक्ति कोमल और आरामप्रिय है, वह परिश्रमी मनुष्य पर दया करता है और निकम्मे व्यक्ति को अध्ययन भी यातना जैसा प्रतीत होता है। ठीक इसी प्रकार, जिन कार्यों को करने के लिए हम स्वयं बहुत दुर्बल होते हैं, उन्हें हम कठोर और असहनीय मान लेते हैं। हम यह भूल जाते हैं कि बहुत से लोग ऐसे भी हैं जिन्हें मदिरा के बिना रहना या प्रातःकाल जल्दी उठना अत्यंत कठिन लगता है। वास्तव में ये बातें स्वभावतः कठिन नहीं हैं। कठिनाई हमारे अपने आलस्य और दुर्बलता में है। महान चुनौतियों का सही मूल्यांकन करने के लिए महान मन की आवश्यकता होती है। अन्यथा हम दोष अपनी परिस्थितियों में ढूँढ़ते हैं, स्वयं में नहीं। यह उसी प्रकार है जैसे कुछ वस्तुएँ पूरी तरह सीधी होने पर भी पानी में डुबो देने पर टेढ़ी या टूटी हुई दिखाई देती हैं। महत्त्व केवल इस बात का नहीं है कि तुम क्या देखते हो बल्कि इस बात का भी है कि तुम उसे किस प्रकार देखते हो। हमारे मन इतने धुँधले और भ्रमग्रस्त हैं कि वे वस्तुओं को उनके वास्तविक स्वरूप में नहीं देख पाते।

    मुझे ऐसा तीक्ष्ण बुद्धि वाला युवक दो, जिसका चरित्र अभी तक भ्रष्ट न हुआ हो। वह अवश्य कहेगा कि उसके विचार में वास्तव में अधिक सौभाग्यशाली वही व्यक्ति है, जिसके कंधे विपत्तियों का समस्त भार उठाने पर भी नहीं झुकते, जो भाग्य की प्रतिकूलताओं से ऊपर उठकर खड़ा रहता है। शांत और अनुकूल परिस्थितियों में विचलित न होना कोई विशेष बात नहीं है। आश्चर्य तो तब होता है जब सबके निराश हो जाने पर भी कोई दृढ़ता से उठ खड़ा हो। जब सब गिर पड़े हों, तब भी कोई अटल खड़ा रहे।

    यातना या उन अन्य घटनाओं में, जिन्हें हम प्रतिकूल मानते हैं, वास्तव में बुराई क्या है? मेरे विचार में केवल यही कि मनुष्य अपने मन को हीन बना ले, उसे झुका दे और परिस्थितियों के सामने आत्मसमर्पण कर दे। इनमें से कोई भी बात बुद्धिमान व्यक्ति के साथ नहीं हो सकती। वह किसी भी भार के नीचे सीधा और अडिग खड़ा रहता है। कोई भी विपत्ति उसे छोटा नहीं बना सकती और जो कुछ उसे सहना पड़ता है, उससे वह अप्रसन्न नहीं होता। मनुष्य के जीवन में जो कुछ भी घट सकता है, उनमें से किसी भी बात की वह केवल इसलिए शिकायत नहीं करता कि वह उसके साथ घटी है। वह अपनी शक्ति को जानता है। वह जानता है कि उसका जन्म ही भारों को धैर्यपूर्वक वहन करने के लिए हुआ है।

    मैं बुद्धिमान व्यक्ति को शेष मानवजाति से अलग कोई विशेष वर्ग नहीं मानता और न ही उसे ऐसा निर्जीव पत्थर समझता हूँ, जिसे पीड़ा या दुःख का कोई अनुभव ही न हो। मैं यह ध्यान में रखता हूँ कि वह दो भागों से बना है। एक भाग अतार्किक है। वही पीड़ा, जलन और शारीरिक कष्ट का अनुभव करता है। दूसरा भाग तर्कसंगत है। वही दृढ़ और अडिग धारणाओं को धारण करता है तथा निर्भय और अजेय रहता है। मनुष्य का सर्वोच्च कल्याण इसी तर्कसंगत भाग में स्थित है। जब तक यह सर्वोच्च कल्याण पूर्ण रूप से विकसित नहीं हो जाता, तब तक मन अस्थिर और व्याकुल बना रहता है। परन्तु जब वह पूर्णता प्राप्त कर लेता है, तब मन स्थिर, शांत और अविचल हो जाता है।इसी कारण जो व्यक्ति सद्गुण के मार्ग पर चलना प्रारम्भ कर चुका है, जो उसके प्रति समर्पित है, किन्तु अभी भी शिखर की ओर बढ़ रहा है, जो पूर्णता के निकट तो पहुँच गया है। पर अभी अंतिम सिद्धि प्राप्त नहीं कर सका, वह कभी-कभी शिथिल पड़ जाता है और उसका ध्यान डगमगा जाता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि वह अभी अनिश्चितताओं से पूरी तरह मुक्त नहीं हुआ है। वह अभी भी अस्थिर भूमि पर खड़ा है। किन्तु जो व्यक्ति वास्तव में सुखी है और जिसने सद्गुण की पूर्णता प्राप्त कर ली है, वह स्वयं से सबसे अधिक संतुष्ट तब होता है जब उसने किसी चुनौती का असाधारण साहस के साथ सामना किया हो। जिन परीक्षाओं से अन्य लोग भयभीत होते हैं, उन्हें वह केवल सहन ही नहीं करता बल्कि यदि वे किसी सम्माननीय कर्तव्य का मूल्य हों, तो उनका स्वागत भी करता है। वह 'क्या सौभाग्य है!' सुनने की अपेक्षा 'क्या महान कर्म है!' सुनना कहीं अधिक पसंद करेगा।

    अब मैं उस विषय पर आता हूँ, जिसके बारे में उत्तर देने की तुम्हें प्रतीक्षा थी। ऐसा न लगे कि हमारा यह सद्गुण प्रकृति के नियमों से बाहर चला जाता है। इसलिए मैं स्पष्ट कहता हूँ कि बुद्धिमान व्यक्ति भी काँपेगा, पीड़ा का अनुभव करेगा और उसका चेहरा भी पीला पड़ जाएगा। क्योंकि ये सभी शरीर की स्वाभाविक प्रतिक्रियाएँ हैं। फिर रोग कहाँ है? वास्तविक हानि किस बात में है? मैं बताता हूँ। वास्तविक हानि तब होती है जब ये प्रतिक्रियाएँ मन को नीचे गिरा दें, जब वे उसे यह स्वीकार करने पर विवश कर दें कि वह परिस्थितियों का दास है और जब वे उसे अपने ही मानवीय स्वभाव पर पश्चात्ताप करने के लिए बाध्य कर दें। बुद्धिमान व्यक्ति साहस के द्वारा दुर्भाग्य पर विजय प्राप्त करता है। किन्तु ऐसे बहुत-से लोग, जो स्वयं को बुद्धिमान कहते हैं, कभी-कभी अत्यन्त तुच्छ भय से भी आतंकित हो जाते हैं। यहाँ दोष हमारा है क्योंकि हम उस व्यक्ति से, जो अभी प्रगति के मार्ग पर है, वही अपेक्षा करते हैं जो एक पूर्णतः सिद्ध बुद्धिमान व्यक्ति से की जानी चाहिए। मैं स्वयं अभी उन सिद्धान्तों को अपने भीतर दृढ़ करने का प्रयत्न कर रहा हूँ, जिनकी मैं प्रशंसा करता हूँ। मुझे अभी उन पर पूर्ण विश्वास भी प्राप्त नहीं हुआ है। यदि हो भी गया हो, तब भी मैंने उनका इतना अभ्यास नहीं किया है कि वे प्रत्येक विपत्ति के समय तत्काल मेरी सहायता के लिए उपस्थित हो जाएँ। जिस प्रकार कुछ रंग ऊन पर तुरंत चढ़ जाते हैं, जबकि कुछ रंगों को अच्छी तरह चढ़ाने के लिए बार-बार भिगोना और उबालना पड़ता है, उसी प्रकार कुछ विद्याएँ ऐसी होती हैं जो उन्हें सीखते ही हमारे मन पर अपना प्रभाव छोड़ देती हैं। परन्तु यह शिक्षा ऐसी नहीं है। इसे हमारे भीतर पूरी तरह समा जाना चाहिए। यह केवल ऊपर-ऊपर रंग न चढ़ाए बल्कि हमारे व्यक्तित्व में गहराई तक उतरकर स्थायी रंग बन जाए। अन्यथा यह अपने किसी भी वचन को पूरा नहीं कर सकेगी।

    इसे कहने के लिए केवल कुछ ही शब्द पर्याप्त हैं। सद्गुण ही एकमात्र वास्तविक कल्याण है और यह भी निश्चित है कि सद्गुण के बिना कोई भी वस्तु कल्याण नहीं है। साथ ही, सद्गुण हमारे श्रेष्ठतम भाग में स्थित है अर्थात हमारे तर्कसंगत मन में। यह सद्गुण क्या है? यह सत्य तथा अडिग निर्णय-शक्ति है। इसी से मन की सभी प्रेरणाएँ उत्पन्न होती हैं और इसी के द्वारा प्रत्येक वह अनुभूति, जो किसी प्रेरणा को जन्म देती है, पूर्णतः स्पष्ट और सही रूप में समझी जाती है।

    इस निर्णय-शक्ति के अनुरूप यही उचित है कि सद्गुण से सम्बद्ध सभी वस्तुओं को कल्याण माना जाए और उन्हें एक-दूसरे के समान समझा जाए। शरीर से सम्बन्धित वस्तुएँ शरीर के लिए उपयोगी अवश्य हैं किन्तु वे वास्तविक अर्थ में कल्याण नहीं हैं। उनका कुछ मूल्य तो हो सकता है परन्तु उनका कोई सच्चा नैतिक महत्व नहीं होता। इसलिए वे एक-दूसरे से भिन्न होती हैं; कुछ का मूल्य कम होता है और कुछ का अधिक। जो लोग प्रज्ञा की खोज में लगे हैं, उनके बीच भी भिन्नता स्वीकार करनी होगी। किसी व्यक्ति ने इतनी प्रगति कर ली होती है कि वह भाग्य की चुनौतियों का सामना करने का साहस रखता है, किन्तु वह अभी स्थिर नहीं हुआ होता। परिस्थितियों की तीव्रता से चकाचौंध होकर उसका साहस डगमगा जाता है। दूसरा व्यक्ति इतना आगे बढ़ चुका होता है कि वह भाग्य का सीधे सामना कर सकता है। सम्भव है कि वह पूर्णता के शिखर तक भी पहुँच चुका हो और उसका आत्मविश्वास पूर्णतः दृढ़ हो। जो अभी अपूर्ण है, उसका कभी-कभी लड़खड़ा जाना स्वाभाविक है। वह आगे बढ़ता है, फिर कभी पीछे फिसल जाता है या गिर पड़ता है। किन्तु यदि वह अपने संघर्ष और प्रगति में निरन्तर बना नहीं रहता, यदि वह अपने प्रयासों और दृढ़ संकल्प को शिथिल कर देता है तो उसका पीछे हटना निश्चित है। जो व्यक्ति किसी साधना को बीच में छोड़ देता है, वह दोबारा आरम्भ करने पर वहीं से शुरू नहीं कर पाता जहाँ उसने उसे छोड़ा था।

    आओ, हम आगे बढ़ें और निरन्तर प्रयास करते रहें। हमारे सामने जो चुनौतियाँ हैं, वे उन चुनौतियों से भी बड़ी हैं जिन्हें हम पहले ही पार कर चुके हैं। किन्तु प्रगति का सबसे बड़ा भाग तो प्रगति करने की सच्ची इच्छा में ही निहित है। मैं अपने भीतर इस इच्छा को स्पष्ट रूप से अनुभव करता हूँ। मैं पूरे मन से आगे बढ़ना चाहता हूँ। मैं देखता हूँ कि तुम भी उसी प्रेरणा से ओत-प्रोत हो। तुम उत्साहपूर्वक जीवन के सबसे सुंदर लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हो। आओ, हम दोनों शीघ्रता करें। तभी जीवन वास्तव में जीने योग्य है। अन्यथा हम केवल समय व्यतीत कर रहे हैं और वह भी लज्जाजनक ढंग से, चारों ओर की कुरूपताओं से घिरे हुए। हमें ऐसा प्रयास करना चाहिए कि जीवन का प्रत्येक क्षण हमारा अपना हो। किन्तु कोई भी क्षण वास्तव में हमारा नहीं हो सकता, जब तक हम स्वयं अपने स्वामी न बन जाएँ।

    कब वह समय आएगा जब मैं अच्छे और बुरे भाग्य, दोनों को समान भाव से तुच्छ समझ सकूँगा? कब मैं अपनी सभी वासनाओं और भावनाओं को अपने विवेक के अधीन कर सकूँगा और यह कह सकूँगा—'विजय मेरी है!' क्या तुम पूछते हो कि मैंने किस पर विजय प्राप्त की है? न तो फ़ारसियों पर, न दूरवर्ती मेड लोगों पर और न ही पार्थियों की सीमाओं से परे रहने वाली किसी युद्धप्रिय जाति पर। मैंने विजय प्राप्त की है लोभ पर, महत्वाकांक्षा पर और उस शक्ति पर जो राष्ट्रों के विजेताओं को भी पराजित कर देती है, मृत्यु के भय पर।


अभी के लिए विदा 

Thursday, 16 July 2026

सद्गुणों की वांछनीयता एवं साहस के संदर्भ में -- पत्र - 67 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


सामान्य बातों से आरंभ करूँ। वसंत ने अपने रूप को फैलाना शुरू कर दिया है किंतु यद्यपि वह अब ग्रीष्म की ओर बढ़ रहा है और गर्मी पड़ जानी चाहिए थी। फिर भी मौसम कुछ ठंडा बना हुआ है और अभी भी उस पर भरोसा नहीं किया जा सकता। अक्सर ऐसा होता है कि वह फिर से शीत ऋतु की ओर लौट जाता है। क्या तुम जानना चाहते हो कि मौसम अभी भी कितना अनिश्चित है? मैं अभी तक पूरी तरह ठंडे पानी से स्नान करने का साहस नहीं करता। उसकी ठंडक को थोड़ा कम कर ही स्नान करता हूँ। तुम कहोगे, “इसका अर्थ तो यह हुआ कि तुम न गर्मी सह सकते हो, न ठंड।” बिल्कुल ठीक कहते हो, प्रिय लूसीलियस। मेरी आयु अब अपनी ही स्वाभाविक ठंडक से संतुष्ट है। ग्रीष्म ऋतु के मध्य में भी मुझे शायद ही कभी पूरी तरह गर्मी महसूस होती है और बहुत कम ऐसा होता है कि मैं अपने शरीर से कोई वस्त्र उतारूँ।


Virtue of Justice

    मैं वृद्धावस्था का इस बात के लिए आभारी हूँ कि उसने मुझे बिस्तर तक सीमित कर दिया है। इसके लिए आभारी क्यों न रहूँ? जिन कामों को करने की इच्छा मुझे नहीं करनी चाहिए थी, अब उन्हें करना मेरे लिए संभव ही नहीं रहा। अब मेरा सबसे अधिक संवाद पुस्तकों से होता है। जब भी तुम्हारा कोई पत्र आता है, मुझे ऐसा लगता है मानो मैं तुम्हारे साथ ही बैठा हूँ। ऐसा अनुभव होता है जैसे मैं तुम्हें केवल उत्तर लिख नहीं रहा बल्कि सचमुच तुम्हारे प्रश्नों का प्रत्यक्ष उत्तर दे रहा हूँ। इसलिए आओ, जिस विषय के बारे में तुमने पूछा है, उसी पर विचार करें और उसकी प्रकृति की उसी प्रकार सावधानी से जाँच करें, जैसे हम आमने-सामने बैठकर बातचीत कर रहे हों।

    तुम पूछते हो कि क्या प्रत्येक शुभ वस्तु वांछनीय होती है। तुम कहते हो, “यदि यातनाएँ सहते हुए साहसपूर्वक व्यवहार करना, आग में जलते हुए भी वीरतापूर्वक अडिग रहना और रोगग्रस्त होने पर धैर्य बनाए रखना, ये सब शुभ हैं तो फिर यह मानना पड़ेगा कि ये सब वांछनीय भी हैं। लेकिन मुझे समझ में नहीं आता कि इनमें से कौन-सी ऐसी चीज़ है जिसकी कोई कामना करे। निश्चय ही मैं ऐसे किसी व्यक्ति को नहीं जानता जिसकी इच्छा इस रूप में पूरी हुई हो कि उसे कोड़ों से पीटा गया हो, गठिया की पीड़ा ने उसके शरीर को मरोड़ दिया हो या उसे यातना-यंत्र पर खींचकर कष्ट दिया गया हो।”

    प्रिय लूसीलियस, इन बातों में भेद करके देखो, तब तुम्हें समझ में आएगा कि इनमें भी कुछ ऐसा है जिसे चुनना उचित है। मैं यह पसंद करूँगा कि मुझे कभी यातनाएँ न सहनी पड़ें। लेकिन यदि कभी उन्हें सहना ही पड़े तो मेरी इच्छा होगी कि उस परिस्थिति में मैं साहस, सम्मान और निर्भीकता के साथ अपना आचरण करूँ। मैं यही चाहूँगा और इसमें आश्चर्य ही क्या है कि मेरे जीवन में कभी युद्ध न आए। लेकिन यदि युद्ध आ ही जाए तो मेरी इच्छा होगी कि उसके साथ आने वाले घावों, भूख और अन्य सभी अनिवार्य कष्टों को मैं गरिमा और धैर्य के साथ सहन करूँ। मैं बीमार पड़ना नहीं चाहता। मैं इतना भी मूर्ख नहीं हूँ! किंतु यदि कभी रोगग्रस्त होना पड़े तो मेरी इच्छा होगी कि मेरा आचरण न तो असंयमपूर्ण हो और न ही कायरतापूर्ण। इसलिए वांछनीय स्वयं वे कष्ट नहीं हैं बल्कि वह सद्गुण है जिसके सहारे मनुष्य उन कष्टों को धैर्य, साहस और गरिमा के साथ सहन करता है।

    हमारे मत के कुछ अनुयायियों का कहना है कि ऐसे सभी कष्टों को साहसपूर्वक सहन करना, यद्यपि उनसे पूरी तरह बचना आवश्यक नहीं है। फिर भी वे स्वयं वांछनीय नहीं हैं। उनका तर्क है कि इच्छा और आकांक्षा का लक्ष्य केवल वही होना चाहिए जो पूर्णतः शुभ, शांत और हर प्रकार की व्याकुलता से परे हो। मैं इस मत से सहमत नहीं हूँ। क्यों? पहला कारण यह है कि कोई भी वस्तु शुभ हो और साथ ही वांछनीय न हो, यह संभव नहीं है। दूसरा, यदि सद्गुण वांछनीय है और सद्गुण के बिना कोई भी वस्तु शुभ नहीं है तो यह स्वीकार करना पड़ेगा कि प्रत्येक शुभ वस्तु वांछनीय है। तीसरा, भले ही यातना स्वयं वांछनीय न हो परंतु यातना को साहसपूर्वक सहन करना निश्चय ही वांछनीय है।

    मैं तुमसे पूछता हूँ, क्या साहस स्वयं वांछनीय नहीं है? किंतु साहस तो संकटों की परवाह नहीं करता बल्कि वह उनका सामना करने की चुनौती स्वीकार करता है। साहस का सबसे सुंदर और प्रशंसनीय रूप यही है कि वह अग्नि के सामने झुकने से इंकार करता है, घावों का सामना करने के लिए स्वयं आगे बढ़ता है और कभी-कभी तो तीरों से बचने का प्रयत्न भी नहीं करता बल्कि उन्हें अपनी छाती पर सह लेता है। यदि साहस वांछनीय है तो यातना को धैर्यपूर्वक सहन करना भी वांछनीय है क्योंकि वह साहस का ही एक अविभाज्य अंग है।

    जैसा कि मैंने कहा, यदि तुम इस भेद को समझ लोगे तो कोई भी बात तुम्हें भ्रमित नहीं करेगी। क्योंकि वांछनीय यातना भोगना नहीं है बल्कि उसे साहसपूर्वक सहन करना वांछनीय है। मेरी इच्छा तो यही है कि मैं हर परिस्थिति में साहस के साथ आचरण करूँ और यही सद्गुण है। 

    “लेकिन ऐसा कौन है जिसने अपने लिए कभी ऐसी इच्छा की हो?” कुछ इच्छाएँ स्पष्ट रूप से व्यक्त की जाती हैं क्योंकि वे किसी विशेष वस्तु या घटना से संबंधित होती हैं जबकि कुछ इच्छाएँ अप्रकट रहती हैं क्योंकि एक ही इच्छा के भीतर अनेक बातें समाहित होती हैं। उदाहरण के लिए, मैं अपने लिए एक सम्मानपूर्ण जीवन की कामना करता हूँ। किंतु सम्मानपूर्ण जीवन अनेक सम्मानजनक कर्मों से मिलकर बनता है। इस एक इच्छा के भीतर ही रेगुलस (Regulas) का यातना-पीड़ित बंदी जीवन, कैटो का अपने ही हाथों से अपने घाव को फिर से खोल देना, रुटिलियस का निर्वासन और वह विष का प्याला भी शामिल है जिसने सुकरात को कारागार से उठाकर अमर गौरव की ओर पहुँचा दिया। इस प्रकार, जब मैंने अपने लिए एक सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की तो उसके साथ उन सभी परिस्थितियों को भी स्वीकार किया जिनके बिना कभी-कभी जीवन सम्मानपूर्ण नहीं बन सकता।

“वे तीन बार, चार बार धन्य हैं,
जिनके भाग्य में ट्रॉय की ऊँची प्राचीरों के नीचे,
अपने पिताओं की आँखों के सामने, वीरगति प्राप्त करना लिखा था।”

    क्या किसी व्यक्ति के लिए ऐसी मृत्यु की कामना करना और यह स्वीकार करना कि ऐसी मृत्यु वांछनीय है, इन दोनों में वास्तव में कोई अंतर है?

    डेसियस ने अपने देश के लिए स्वयं को बलिदान कर दिया। वह मृत्यु की खोज में अपने घोड़े को पूरी गति से शत्रु-सेना के बीच ले गया। उसके बाद एक अन्य डेसियस ने भी अपने पिता के सद्गुण का अनुसरण करते हुए वही पवित्र और अब प्रसिद्ध हो चुकी प्रतिज्ञा ली और युद्ध के सबसे भीषण संघर्ष में कूद पड़ा। उसकी एकमात्र चिंता यह थी कि उसका आत्मबलिदान शुभ और राष्ट्र के लिए कल्याणकारी सिद्ध हो क्योंकि वह मानता था कि ऐसी श्रेष्ठ मृत्यु, जो सद्गुण के कार्य के साथ प्राप्त हो, मनुष्य की कामना के योग्य होती है। तो क्या अब भी तुम्हें संदेह है कि सद्गुण का कोई महान कार्य करते हुए ऐसी मृत्यु प्राप्त करना जो सदा स्मरणीय बनी रहे, मनुष्य के लिए सर्वोत्तम और वांछनीय है? 

    जब कोई व्यक्ति यातना को साहसपूर्वक सहन करता है, तब वह अपने भीतर के सभी सद्गुणों का प्रयोग करता है। संभव है कि उनमें से कोई एक सद्गुण सबसे अधिक स्पष्ट दिखाई दे जैसे, धैर्य। फिर भी वहाँ साहस भी उपस्थित होता है क्योंकि धैर्य, दृढ़ता और सहनशीलता का आधार वही है। वहाँ बुद्धि भी होती है क्योंकि उसके बिना कोई भी कार्य सोच-समझकर नहीं किया जा सकता। वही बुद्धि मनुष्य को प्रेरित करती है कि जब किसी परिस्थिति से बच निकलना संभव न हो, तब उसे यथासंभव साहस और गरिमा के साथ सहन करे। वहाँ अडिगता भी होती है जो अपने स्थान से कभी नहीं हटती और जिस पर चाहे जितना भी दबाव डाला जाए, वह अपने संकल्प को नहीं छोड़ती। वास्तव में, उस समय सभी सद्गुणों का अविभाज्य समूह उपस्थित होता है। प्रत्येक सम्मानजनक कर्म भले ही किसी एक विशेष सद्गुण द्वारा किया हुआ प्रतीत हो किंतु वह वास्तव में सभी सद्गुणों के सामूहिक विवेक और परामर्श के अनुरूप संपन्न होता है। इसलिए जिस कर्म को सभी सद्गुण मिलकर स्वीकार और अनुमोदित करते हैं, वह चाहे देखने में किसी एक सद्गुण का कार्य ही क्यों न लगे, वह निस्संदेह वांछनीय है।

    तो फिर क्या? क्या तुम यह समझते हो कि केवल वही वस्तुएँ वांछनीय हैं जो सुख, आराम और ऐश्वर्य के साथ प्राप्त होती हैं जो भव्य भवनों के भीतर विलासपूर्ण जीवन के बीच मिलती हैं? नहीं, कुछ शुभ वस्तुओं का स्वरूप कठोर होता है। कुछ ऐसी भी कामनाएँ होती हैं जिनकी पूर्ति पर लोग बधाइयाँ नहीं देते बल्कि विस्मय, श्रद्धा और आदर के साथ उन्हें नमन करते हैं। क्या तुम्हें सचमुच लगता है कि रेगुलस ने कार्थेज लौटने का मार्ग अपनी इच्छा से नहीं चुना था? कुछ क्षणों के लिए अपने मन को एक महान व्यक्ति के मन के समान बना लो। सामान्य लोगों की धारणाओं से स्वयं को अलग कर लो। सद्गुण की ऐसी कल्पना करो जो उसके वास्तविक गौरव के अनुरूप हो, उस सद्गुण की जो अपने सर्वोच्च और सबसे भव्य रूप में प्रकट होता है। ऐसे सद्गुण की जिसकी पूजा धूप और पुष्पमालाओं से नहीं बल्कि पसीने और रक्त से की जानी चाहिए। मार्कस कैटो को देखो। वह अपने निष्कलंक हाथों को अपने ही पवित्र वक्ष पर उठाता है और उस घाव को जो पर्याप्त गहरा नहीं था, स्वयं और अधिक गहरा कर देता है। मुझे बताओ, क्या तुम उससे कहोगे, “हाय, कितना दुखद!” या “मुझे तुम्हारे लिए बहुत खेद है”? या फिर तुम यह कहोगे, “मैं तुम्हारे इस महान कर्म की प्रशंसा करता हूँ।”

    इस प्रसंग पर मुझे हमारे दार्शनिक दिमीत्रियस की बात याद आती है। वे उस जीवन को जो हर प्रकार की चिंता से मुक्त हो और जिस पर भाग्य का कोई आघात न हो, 'मृत सागर' कहा करते थे। पूर्ण निश्चिंतता में पड़े रहना, जहाँ न कोई चुनौती हो, न कोई लक्ष्य जिसकी ओर बढ़ना हो, न कोई बुराई जिसका विरोध करना हो, न कोई संघर्ष जिसमें अपने मन की दृढ़ता की परीक्षा हो, यह वास्तविक शांति नहीं है। यह तो मनुष्य की शक्ति का क्षीण हो जाना है। स्टोइक दार्शनिक अतालस कहा करते थे, “मैं यह अधिक पसंद करूँगा कि भाग्य मुझे अपने युद्ध-शिविर में रखे, न कि विलासिता के बीच। यदि मुझ पर यातनाएँ आएँ तो मैं उन्हें साहसपूर्वक सहूँ, यही उचित है। यदि मुझे मृत्यु मिले तो भी मैं उसका सामना साहस के साथ करूँ, यही उचित है।” एपिक्यूरस भी कहेगा, “यह सुखद है।” किंतु मैं ऐसे कठोर और गौरवपूर्ण कर्म को इतने कोमल शब्द ‘सुखद’ से कभी संबोधित नहीं करूँगा। यदि मैं अग्नि में जल रहा हूँ किंतु पराजित नहीं हुआ हूँ तो यह वांछनीय क्यों न हो? इसलिए नहीं कि अग्नि मुझे जलाती है बल्कि इसलिए कि वह मुझे परास्त नहीं कर पाती।

    सद्गुण से बढ़कर कोई वस्तु उत्कृष्ट नहीं है और उससे अधिक सुंदर भी कुछ नहीं। इसलिए जो कुछ भी सद्गुण की आज्ञा के अनुसार किया जाता है, वह केवल शुभ ही नहीं बल्कि वांछनीय भी होता है।

Wednesday, 15 July 2026

ईश्वर, तत्व एवं रचना के संदर्भ में -- पत्र - 65 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

प्रिय लूसीलियस 


कल मैंने अपना दिन बीमारी के साथ बिताया। उसने सुबह का समय पूरी तरह अपने अधिकार में रखा। लेकिन दोपहर मुझे लौटा दी। सबसे पहले मैंने थोड़ा-सा पढ़कर अपनी श्वास-शक्ति की परीक्षा ली। जब वह उसके योग्य सिद्ध हुई, तब मैंने उससे कुछ अधिक काम लिया या यूँ कहूँ कि उसे थोड़ी अधिक छूट दी। फिर मैंने लिखना शुरू किया। वास्तव में, मैं सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक एकाग्रता और तीव्रता से लिखता रहा क्योंकि विषय कठिन था और मैं उसके सामने पराजित नहीं होना चाहता था। अंत में कुछ मित्र आ गए। वे मुझे बलपूर्वक रोकने के लिए आए थे, जैसे किसी हठी रोगी को रोका जाता है। लेखन का स्थान बातचीत ने ले लिया। उस बातचीत का जो भाग अभी भी विवाद का विषय बना हुआ है, वही मैं तुम्हें सुनाऊँगा। इस विवाद के निर्णय के लिए हमने तुम्हें ही न्यायाधीश नियुक्त किया है।


शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार 

    यह मामला जितना तुम समझते हो, उससे कहीं अधिक जटिल है क्योंकि इसमें तीन पक्ष हैं। जैसा कि तुम जानते हो, हमारे स्टोइक मत के अनुसार प्रकृति में दो तत्त्व ऐसे हैं जिनसे समस्त वस्तुओं की उत्पत्ति होती है— कारण और पदार्थ। पदार्थ स्वयं जड़ और निष्क्रिय होता है। उसमें हर प्रकार की संभावना निहित रहती है परंतु जब तक कोई दूसरा उसे गति नहीं देता, वह निष्क्रिय ही बना रहता है। दूसरी ओर, कारण अर्थात बुद्धि या विवेक, पदार्थ को आकार देता है, उसे अपनी इच्छा के अनुसार विभिन्न दिशाओं में रूपांतरित करता है और उससे अनेक प्रकार की वस्तुओं की रचना करता है। इसलिए प्रत्येक वस्तु के लिए दो बातों का होना आवश्यक है। एक वह जिससे वह बनाई जाती है और दूसरी वह जिसके द्वारा बनाई जाती है। इनमें दूसरा कारण है और पहला पदार्थ।

    प्रत्येक कला प्रकृति का अनुकरण करती है। इसलिए जो बात मैं समस्त वस्तुओं के संबंध में कह रहा था, उसे उन वस्तुओं पर भी लागू करो जिन्हें मनुष्य बनाता है। उदाहरण के लिए, एक मूर्ति के निर्माण में दो बातें आवश्यक होती हैं— एक वह पदार्थ जिस पर शिल्पकार काम करता है और दूसरा स्वयं शिल्पकार, जो उस पदार्थ को एक निश्चित रूप और स्वरूप प्रदान करता है। अतः मूर्ति के संदर्भ में कांसा उसका पदार्थ है और शिल्पकार उसका कारण। यही सिद्धांत सभी निर्मित वस्तुओं पर लागू होता है। वे उस वस्तु से मिलकर बनती हैं जिससे उन्हें बनाया जाता है और उस कर्ता से जो उन्हें बनाता है।

    स्टोइक दार्शनिकों का मत है कि कारण केवल एक ही होता है। वही जो क्रिया करता है। परंतु अरस्तू का विचार है कि 'कारण' शब्द का प्रयोग तीन प्रकार से किया जाता है। वह कहता है, "पहला कारण स्वयं पदार्थ है, जिसके बिना किसी वस्तु की रचना नहीं हो सकती। दूसरा कारण शिल्पकार है। तीसरा वह रूप है जो प्रत्येक कृति पर आरोपित किया जाता है, जैसे किसी मूर्ति पर।" इसी रूप को अरस्तू एइदोस (eidos) कहता है। इसके अतिरिक्त, वह एक चौथे कारण का भी उल्लेख करता है, अर्थात संपूर्ण कृति का उद्देश्य।

    मैं इसका अर्थ स्पष्ट करता हूँ। मूर्ति का पहला कारण कांसा है क्योंकि यदि वह पदार्थ ही न होता जिससे उसे ढाला या गढ़ा गया तो मूर्ति का निर्माण कभी नहीं हो सकता था। दूसरा कारण शिल्पकार है क्योंकि यदि उसके कुशल हाथ उस कांसे को आकार न देते तो वह मूर्ति का रूप नहीं ले सकती थी। तीसरा कारण उसका रूप है क्योंकि यदि उस पर कोई विशेष आकृति आरोपित न की जाती तो उसे 'भाला धारण करने वाला' या 'सिर पर बंधी पट्टी बाँधता हुआ युवक' नहीं कहा जा सकता था। चौथा कारण उसका उद्देश्य है क्योंकि यदि उसे बनाने का कोई प्रयोजन ही न होता तो उसका निर्माण भी न किया जाता।

    उद्देश्य क्या है? वही प्रेरणा जिसने शिल्पकार को उसे बनाने के लिए प्रेरित किया। वही जिसे प्राप्त करने की इच्छा से उसने उसे बनाया। यदि उसने उसे बेचने के लिए बनाया तो उसका उद्देश्य धन कमाना था। यदि उसने अपनी ख्याति स्थापित करने के लिए बनाया तो उद्देश्य यश प्राप्त करना था। यदि उसने किसी मंदिर में भेंट चढ़ाने के लिए उसे गढ़ा तो उसका उद्देश्य श्रद्धा अर्पित करना था। इसलिए यह उद्देश्य भी उसके निर्माण का एक कारण है। या क्या तुम यह नहीं मानते कि जिसके बिना कोई वस्तु बन ही नहीं सकती थी, उसे उसके कारणों में गिना जाना चाहिए?

    इन कारणों में प्लेटो पाँचवाँ कारण भी जोड़ता है, जिसे वह आदर्श प्रतिरूप (Idea) कहता है। यही वह प्रतिरूप है जिसे सामने रखकर शिल्पकार उस वस्तु का निर्माण करता है जिसे वह बनाना चाहता है। इससे कोई अंतर नहीं पड़ता कि वह प्रतिरूप बाहर उपस्थित हो, जिस पर वह अपनी दृष्टि डाल सके या वह उसके अपने मन में कल्पित और स्थापित हो। ईश्वर समस्त वस्तुओं के ऐसे आदर्श प्रतिरूप अपने भीतर धारण किए हुए है। वह अपने मन में उन सभी वस्तुओं की संख्याओं, अनुपातों और मापों को समेटे रहता है जिन्हें सृजित किया जाना है। उसका मन उन रूपों से परिपूर्ण है जिन्हें प्लेटो आइडिया (Ideas) कहता है, जो अमर हैं, अपरिवर्तनीय हैं और कभी क्षीण नहीं होते। इसी कारण मनुष्य तो नश्वर है और नष्ट हो जाता है किंतु मनुष्यता, जिसके आदर्श के अनुसार प्रत्येक मनुष्य का निर्माण होता है, सदैव बनी रहती है। इसलिए, यद्यपि व्यक्तिगत मनुष्य कष्ट सहते हैं और मृत्यु को प्राप्त होते हैं, फिर भी मनुष्यता स्वयं इन सबसे अप्रभावित रहती है।

    इस प्रकार प्लेटो के अनुसार पाँच कारण होते हैं। वह जिससे, वह जिसके द्वारा, वह जिसमें, वह जिसके अनुसार, और वह जिसके लिए कोई वस्तु बनाई जाती है। इन सबके बाद छठी चीज़ आती है। वह वस्तु जो इन सभी कारणों के परिणामस्वरूप अस्तित्व में आती है। उदाहरण के लिए, पहले की तरह यदि मूर्ति को लें तो वह जिससे वह बनती है, कांसा है।  वह जिसके द्वारा बनती है, शिल्पकार है। वह जिसमें उसका रूप विद्यमान है, वही आरोपित आकृति है। वह जिसके अनुसार वह बनाई जाती है, वह आदर्श प्रतिरूप है जिसका शिल्पकार अनुकरण करता है। वह जिसके लिए वह बनाई जाती है, शिल्पकार का उद्देश्य है और इन सबका परिणाम स्वयं मूर्ति है। प्लेटो के अनुसार विश्व में भी ये सभी कारण विद्यमान हैं। उसका निर्माता ईश्वर है। वह जिससे विश्व बना है। वह पदार्थ है। उसका रूप वह व्यवस्था और संरचना है जिसे हम इस जगत में देखते हैं। उसका आदर्श प्रतिरूप वह है जिसके अनुसार ईश्वर ने इस विशाल और परम सुंदर सृष्टि का निर्माण किया और उसका उद्देश्य वह है जिसे सामने रखकर उसने इसकी रचना की।  तुम पूछोगे, ईश्वर का उद्देश्य क्या था? भलाई। प्लेटो निश्चित रूप से यही कहता है—“ईश्वर ने संसार की रचना किस कारण की? क्योंकि वह स्वयं भला है। जो वास्तव में भला होता है, वह अपनी भलाई बाँटने में कृपण नहीं होता। इसलिए उसने संसार को जितना श्रेष्ठ बना सकता था, उतना श्रेष्ठ बनाया।”

    अब तुम ही इस विवाद के न्यायाधीश बनो और अपना निर्णय सुनाओ। तुम्हें किसका मत सत्य के अधिक निकट प्रतीत होता है? मैं यह नहीं पूछ रहा कि किसने पूर्ण सत्य कहा है क्योंकि वह तो हमारी पहुँच से उतना ही परे है जितना स्वयं सत्य।

    अरस्तू और प्लेटो द्वारा प्रतिपादित कारणों की यह पूरी सूची या तो आवश्यकता से अधिक बातें समेट लेती है या फिर आवश्यकता से कम। यदि उनका यह मत है कि जिस किसी वस्तु के अभाव में कोई कार्य संपन्न नहीं हो सकता, उसे उस कार्य का कारण माना जाना चाहिए तो उन्होंने कारणों की संख्या बहुत कम बताई है। उन्हें समय को भी कारणों में गिनना चाहिए क्योंकि समय के बिना कोई भी वस्तु निर्मित नहीं हो सकती। उन्हें स्थान को भी कारण मानना चाहिए क्योंकि यदि किसी वस्तु के बनने का कोई स्थान ही न हो तो उसका निर्माण भी नहीं हो सकता। उन्हें गति को भी कारणों में सम्मिलित करना चाहिए क्योंकि गति के बिना न कोई वस्तु उत्पन्न होती है, न नष्ट होती है। गति के बिना न कोई शिल्पकला संभव है और न ही किसी प्रकार का परिवर्तन।

    लेकिन हम यहाँ उस प्राथमिक और सार्वभौमिक कारण की खोज कर रहे हैं। वह कारण सरल होना चाहिए क्योंकि पदार्थ भी सरल है। क्या हम यह पूछ रहे हैं कि वह कारण क्या है? निस्संदेह, वह सृजनशील बुद्धि है अर्थात ईश्वर। तुमने जिन सभी बातों का उल्लेख किया है, वे अलग-अलग स्वतंत्र कारण नहीं हैं बल्कि वे सब उसी एक कारण पर निर्भर हैं जो सृजन करता है। तुम कहते हो कि रूप कारण है। परंतु रूप तो वह है जिसे शिल्पकार अपनी कृति पर आरोपित करता है। वह कारण का एक अंग है, स्वयं कारण नहीं। इसी प्रकार आदर्श विचार भी कारण नहीं है बल्कि कारण का एक आवश्यक साधन है। शिल्पकार के लिए आदर्श विचार उतना ही आवश्यक है जितनी छेनी और घिसाई का पत्थर। इनके बिना उसका शिल्प आगे नहीं बढ़ सकता किंतु वे न तो शिल्पकला के अंग हैं और न ही उसके कारण। कोई कह सकता है, “शिल्पकार का उद्देश्य जिस प्रयोजन से उसने किसी वस्तु का निर्माण किया, वही उसका कारण है।” मान लो कि उसे कारण स्वीकार भी कर लिया जाए तब भी वह कार्य-कारक कारण नहीं बल्कि केवल सहायक या अनुषंगी कारण है। और ऐसे कारणों की संख्या असंख्य हो सकती है। जबकि हम तो उस सार्वभौमिक कारण की खोज कर रहे हैं। जहाँ तक इस मत का प्रश्न है कि समस्त विश्व अपनी संपूर्णता में स्वयं एक कारण है, वहाँ वे अपनी सामान्य सूक्ष्मता से कम परिष्कृत प्रतीत होते हैं। क्योंकि किसी कृति और उस कृति के कारण के बीच बहुत बड़ा अंतर होता है।

    या तो अपना निर्णय सुना दो अथवा इस प्रकार के मामलों में जो अधिक सरल होता है, वही करो। यह कह दो कि तुम्हें कोई स्पष्ट समाधान नहीं दिखाई देता और हमें अपने-अपने घर लौट जाने के लिए कह दो।

    “तुम्हें इन बातों में अपना समय नष्ट करने से क्या लाभ मिलता है? ये न तो तुम्हारे किसी विकार को दूर करती हैं और न ही किसी इच्छा का उन्मूलन करती हैं।”

वास्तव में, मैं उन अधिक महत्त्वपूर्ण विषयों का भी अनुसरण करता हूँ। मैं उन अध्ययनों में लगा रहता हूँ जिनसे मन को शांति प्राप्त होती है। सबसे पहले मैं अपना परीक्षण करता हूँ, और उसके बाद इस समस्त विश्व का।

    तुम जैसा समझते हो, वैसा नहीं है कि मैं अभी अपना समय व्यर्थ कर रहा हूँ। क्योंकि जब तक ऐसे अध्ययन अत्यधिक तर्क-वितर्क और निरर्थक विद्वत्ता के चक्रव्यूह में फँसकर अपना वास्तविक उद्देश्य नहीं खो देते, तब तक वे मन को ऊँचा उठाते हैं। वे उस बोझ को हल्का करते हैं जिसके नीचे मन दबा हुआ है और जिससे मुक्त होकर अपने मूल स्रोत की ओर लौटने की उसकी आकांक्षा रहती है। यह शरीर मन के लिए एक भार और दंड के समान है। जब तक दर्शन उसकी सहायता के लिए नहीं आता और उसे प्रकृति के स्वरूप का दर्शन करने के लिए प्रेरित नहीं करता, तब तक वह इस शरीर में बँधा रहता है। दर्शन उसे संसार की प्रकृति का अवलोकन करने को कहता है, जिससे वह सांसारिक बंधनों से ऊपर उठकर दिव्य लोक की ओर उन्मुख हो सके। यही उसकी स्वतंत्रता है, यही उसका विश्राम। वह कुछ समय के लिए उस कारागार से बाहर निकल आता है जिसमें वह कैद है और आकाश की विशालता में नवीन शक्ति प्राप्त करता है।

    जिस प्रकार कोई शिल्पकार, जब किसी अत्यंत सूक्ष्म कार्य में लंबे समय तक आँखों पर ज़ोर डालता है और मंद तथा अपर्याप्त प्रकाश में काम करता है तो बाहर निकलकर खुले स्थान में जाता है और दिन के मुक्त प्रकाश में अपनी आँखों को विश्राम देता है उसी प्रकार यह मन भी, जो इस अंधकारमय और संकुचित शरीर में सीमित है, जब भी अवसर पाता है, बाहर निकलकर समस्त ब्रह्मांड के चिंतन में विश्राम और आनंद प्राप्त करता है। ज्ञानी मनुष्य, और वह भी जो ज्ञान की खोज में लगा है, शरीर में रहते हुए भी अपने श्रेष्ठ अंश से उससे परे रहता है। उसके विचार सदा ऊर्ध्वलोक की ओर लगे रहते हैं। जैसे कोई सैनिक शपथ लेकर सेवा में नियुक्त होता है, वैसे ही वह केवल जीवित रहने को ही पर्याप्त प्रतिफल मानता है। अपने अभ्यास के कारण वह न तो जीवन से विशेष मोह रखता है और न उससे घृणा करता है। वह इस नश्वर जीवन को धैर्यपूर्वक बिताता है क्योंकि उसे ज्ञात है कि इसके आगे कहीं अधिक महान और समृद्ध जीवन उसकी प्रतीक्षा कर रहा है।

    क्या तुम मुझे इस ब्रह्मांड का दर्शन करने से रोकते हो? क्या तुम मुझे समग्र से हटाकर केवल उसके एक छोटे-से अंश तक सीमित कर देना चाहते हो? क्या मुझे यह पूछने का अधिकार नहीं कि समस्त वस्तुओं का आदि क्या है? वह कौन है जिसके हाथों ने इस विश्व की रचना की? जब सब कुछ एक ही रूप में निष्क्रिय पदार्थ में मिला हुआ था, तब किसने उन्हें अलग-अलग किया? क्या मुझे यह जानने का अधिकार नहीं कि स्वयं इस विश्व का शिल्पकार कौन है? किस योजना के अनुसार इस असीम विस्तार को व्यवस्थित और नियंत्रित किया गया? किसने बिखरी हुई वस्तुओं को एकत्र किया, मिली-जुली चीज़ों को अलग किया और उस विशाल, निराकार पिंड में निहित प्रत्येक वस्तु को उसका दृश्य रूप प्रदान किया? उस महान प्रकाश का स्रोत क्या है जो हम पर फैलता है? क्या वह केवल अग्नि है या अग्नि से भी अधिक उज्ज्वल कोई सत्ता? क्या मुझे ये प्रश्न नहीं पूछने चाहिए? क्या मुझे यह जानने का अधिकार नहीं कि मैं कहाँ से आया हूँ? क्या मैं इस संसार को केवल एक ही बार देखूँगा या बार-बार जन्म लूँगा? इस जीवन से विदा होने पर मैं कहाँ जाऊँगा? जब मेरी आत्मा मानव जीवन की दासता से मुक्त होगी, तब उसके लिए कौन-से लोक प्रतीक्षा कर रहे होंगे? क्या तुम मुझे स्वर्ग में अपने हिस्से से भी वंचित करना चाहते हो? दूसरे शब्दों में, क्या तुम चाहते हो कि मैं सदा अपनी दृष्टि नीचे झुकाए हुए ही जीवन बिताऊँ?

    मैं अपने शरीर का दास बनने के लिए अत्यंत महान हूँ। जिस उद्देश्य के लिए मेरा जन्म हुआ है, वह इससे कहीं अधिक महान है। मैं इस शरीर को अपनी स्वतंत्रता पर डाली गई एक बेड़ी से अधिक कुछ नहीं मानता। इसलिए मैं इसे भाग्य के आघातों के सामने एक अवरोध के रूप में रख देता हूँ और किसी भी पीड़ा को इसके माध्यम से अपने वास्तविक अस्तित्व तक पहुँचने नहीं देता। मुझमें केवल यही एक वस्तु है जो आहत हो सकती है। मेरा स्वतंत्र मन इसी नश्वर और आघात-सहने वाले आवरण में निवास करता है। यह शरीर मुझे कभी कायर बनने के लिए विवश नहीं कर सकेगा। न ही किसी सज्जन मनुष्य के लिए अनुचित दिखावे करने के लिए। केवल इस तुच्छ शरीर की रक्षा या सम्मान के लिए मैं कभी असत्य नहीं बोलूँगा। जब मुझे उचित लगेगा, तब मैं इससे अपना संबंध तोड़ दूँगा। अभी भी, जबकि हम दोनों साथ हैं, यह संबंध समान स्तर का नहीं है। मन अपने सभी विशेषाधिकार अपने पास ही रखेगा। अपने शरीर के प्रति अनासक्ति ही वास्तविक मुक्ति का निश्चित मार्ग है।

    पर अब मैं अपने मूल उद्देश्य पर लौटता हूँ। जिस स्वतंत्रता की मैं बात कर रहा हूँ, उसे उस चिंतन से बहुत सहायता मिलती है जिसके बारे में अभी हम चर्चा कर रहे थे। बात यह है कि इस ब्रह्मांड की सभी वस्तुएँ दो तत्त्वों से बनी हैं— पदार्थ और ईश्वर। ईश्वर उन सब पर नियंत्रण रखता है। वे उसकी अनुयायी हैं, उसके चारों ओर अपने शासक और मार्गदर्शक के रूप में व्यवस्थित हैं। परंतु जो सृजन करता है अर्थात ईश्वर— वह उस पदार्थ से कहीं अधिक शक्तिशाली और मूल्यवान है, जिस पर वह क्रिया करता है।

    जिस प्रकार विश्व में ईश्वर की भूमिका है, उसी प्रकार मनुष्य में मन की भूमिका है। जिस प्रकार विश्व में पदार्थ है, उसी प्रकार हमारे भीतर शरीर है। इसलिए निम्नतर को श्रेष्ठतर की सेवा करनी चाहिए। हमें भाग्य के आघातों के सामने साहसी बने रहना चाहिए। अपमान, घाव, बंधन या अभाव से भयभीत नहीं होना चाहिए।

    मृत्यु क्या है? या तो वह अंत है या फिर एक स्थान से दूसरे स्थान की यात्रा। मुझे अंत से भय नहीं है क्योंकि वह उसी के समान है जैसे कभी आरंभ ही न हुआ हो। न ही मुझे उस पार जाने से भय है क्योंकि जहाँ भी मैं जाऊँगा, वहाँ मैं उतना संकुचित और बँधा हुआ नहीं रहूँगा जितना यहाँ हूँ।


अभी के लिए विदा 

Tuesday, 14 July 2026

महान दार्शनिकों के सदर्भ में -- पत्र - 64 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


कल तुम हमारे साथ थे। अब यदि वास्तव में शिकायत करने का कोई कारण होता तो वह तभी होता जब तुम हमारे साथ केवल कल ही रहे होते। इसलिए मैंने कहा, 'हमारे साथ थे', क्योंकि तुम तो आज भी मेरे साथ हो। कल कुछ मित्र मेरे घर आए थे, इसलिए मेरे घर की रसोई से थोड़ा-सा धुआँ उठ रहा था। वैसा नहीं जैसा अमीरों और फैशनपरस्त लोगों की विशाल रसोइयों से उठता है, जिसे देखकर अग्निशमन दल तक सचेत हो जाए बल्कि केवल इतना-सा धुआँ, जो यह संकेत दे रहा था कि घर में अतिथि आए हुए हैं। भोजन के समय हमारी बातचीत अनेक विषयों पर घूमती रही। जैसा प्रायः भोज-सभा में होता है, हम किसी एक विषय को अंत तक नहीं ले गए बल्कि एक बात से दूसरी बात पर सहज ही चले जाते रहे। फिर एक पुस्तक का पाठ किया गया। वह क्विंटस सेक्स्टियस वरिष्ठ की रचना थी। निश्चय ही वे एक महान व्यक्ति थे और यद्यपि वे स्वयं इससे इनकार करते थे, फिर भी वे वास्तव में एक स्टोइक दार्शनिक थे। ईश्वर की शपथ! उस व्यक्ति में कितना अद्भुत ओज है, कितना प्राणबल है! ऐसा गुण हर दार्शनिक में नहीं मिलता। कुछ दार्शनिक अत्यंत प्रसिद्ध हैं किन्तु उनका लेखन नीरस और निर्जीव है। वे तर्क प्रस्तुत करते हैं, वाद-विवाद करते हैं, आपत्तियाँ उठाते हैं, पर पाठक के भीतर कोई उत्साह नहीं जगा पाते क्योंकि उनके अपने शब्दों में ही जीवन का अभाव होता है। किन्तु जब तुम सेक्स्टियस को पढ़ोगे तो तुम्हारे मुँह से अनायास निकलेगा, “यह व्यक्ति सचमुच जीवित है। यह ऊर्जावान है, स्वतंत्र है। यह सामान्य मनुष्यों से कहीं ऊपर उड़ता है। इसे पढ़कर मैं अपार आत्मविश्वास और महान उत्साह से भर उठता हूँ।”



    मैं तुम्हें बताता हूँ कि उन्हें पढ़ते समय मेरी अपनी मनःस्थिति कैसी हो जाती है। मेरा मन हर प्रकार के दुर्भाग्य को ललकारने के लिए व्याकुल हो उठता है। मैं मानो ऊँचे स्वर में पुकारना चाहता हूँ, “हे भाग्य! क्यों रुक गया है? अपना पूरा प्रहार कर। देख, मैं तैयार हूँ!” उस समय मैं अपने भीतर उसी मनुष्य का साहस अनुभव करता हूँ, जो स्वयं अपने लिए परीक्षा-भूमि खोजता है। ऐसा अवसर, जहाँ वह अपने धैर्य और वीरता का प्रमाण दे सके —

वह विनती करता है कि शांत झुंडों के बीच, उसे किसी झाग उड़ाते हुए जंगली वराह का सामना हो या फिर पर्वत-शिखर से उतरते हुए किसी सुनहरे सिंह का।

मेरा मन ऐसी किसी चुनौती की खोज करता है, जिस पर मैं विजय प्राप्त कर सकूँ। ऐसी किसी कठिनाई की, जिसे मैं अपने आत्म-प्रशिक्षण का भाग बनाकर धैर्यपूर्वक सह सकूँ। सेक्स्टियस की यही एक और विलक्षण विशेषता है। वे तुम्हें सच्चे सुख की महानता का दर्शन तो कराते हैं पर उसे प्राप्त करने की आशा तुमसे कभी नहीं छीनते। तुम्हें यह अवश्य अनुभव होता है कि वह आदर्श अभी तुमसे बहुत ऊँचा है फिर भी यह विश्वास बना रहता है कि जो व्यक्ति सच्चे मन से चाहे, वह उस ऊँचाई तक पहुँच सकता है।

    यही भावना स्वयं सद्गुण भी उत्पन्न करती है। तुम उसका आदर और प्रशंसा करते हो और साथ ही यह आशा भी रखते हो कि एक दिन तुम स्वयं भी उसे प्राप्त कर सकोगे। जहाँ तक मेरा प्रश्न है, प्रज्ञा का चिंतन ही मेरे समय का बहुत बड़ा भाग अपने में समेट लेता है। उसे निहारते हुए मैं उतना ही विस्मित होता हूँ, जितना कभी-कभी आकाश को देखकर होता हूँ। उस आकाश को भी, जिसे मैं अनेक बार ऐसे देखता हूँ मानो पहली बार देख रहा हूँ।

    इसी कारण मैं दर्शन के उन महान आविष्कारों का भी आदर करता हूँ और उन महापुरुषों का भी, जिन्होंने उन्हें खोजा। यह सोचकर मेरा हृदय आनंद से भर उठता है कि मानो मुझे अनेक पूर्वजों की छोड़ी हुई एक महान विरासत प्राप्त हुई है। उन्होंने जो कुछ एकत्र किया, जिस ज्ञान के लिए उन्होंने अथक परिश्रम किया, वह सब मेरे लिए है। पर हमें भी एक योग्य गृहस्वामी की भाँति आचरण करना चाहिए। जैसे वह अपनी पैतृक संपत्ति में वृद्धि करता है, वैसे ही हमें भी इस बौद्धिक और आध्यात्मिक विरासत को समृद्ध करना चाहिए। जब यह धरोहर मुझसे आगे आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचे तो वह पहले से अधिक समृद्ध हो। अभी भी बहुत-सा कार्य किया जाना शेष है। सदा शेष रहेगा। कोई भी बात उन लोगों को, जो आज से हजारों पीढ़ियों बाद जन्म लेंगे, इस महान कार्य में अपना योगदान देने से नहीं रोक सकती। 

    किन्तु यदि यह मान भी लिया जाए कि प्राचीनों ने सब कुछ खोज लिया था, तब भी एक कार्य ऐसा है जो सदैव नया बना रहेगा। दूसरों द्वारा की गई खोजों को व्यवहार में लाना, उन्हें ठीक प्रकार से समझना और व्यवस्थित रूप देना। मान लो, आँखों के उपचार के लिए आवश्यक सभी औषधियाँ हमें पहले से ही विरासत में मिल गई हों। तब मुझे नई दवाएँ खोजने की आवश्यकता नहीं होगी, परंतु मुझे उनका उपयोग रोग और परिस्थिति के अनुसार करना तो सीखना ही होगा। एक औषधि आँख की सूजन दूर करती है, दूसरी पलक की सूजन कम करती है, तीसरी अचानक होने वाले दर्द और आँसू बहने को रोकती है और चौथी दृष्टि को बेहतर बनाती है। किंतु इन सबका लाभ तभी मिलता है, जब तुम स्वयं भी अपना कर्तव्य निभाओ। औषधि को उचित मात्रा में तैयार करो और रोगी की अवस्था के अनुसार सही समय तथा सही विधि से उसका प्रयोग करो। मन के रोगों की औषधियाँ भी प्राचीन मनीषियों ने खोज ली थीं। पर उन्हें कब, कैसे और किस परिस्थिति में प्रयोग करना है। यह पता लगाना हमारा कार्य है। हमारे पूर्वजों ने निस्संदेह बहुत महान कार्य किए हैं, पर उनका कार्य अभी भी पूर्ण नहीं हुआ है।

    फिर भी हमें उन सबका आदर करना चाहिए बल्कि उनका सम्मान उसी श्रद्धा से करना चाहिए, जैसी हम देवताओं के प्रति रखते हैं। आखिर मैं उन महान पुरुषों की प्रतिमाएँ अपने पास क्यों न रखूँ ताकि वे मेरे मन को सत्कर्म के लिए प्रेरित करती रहें? मैं उनके जन्मदिवस क्यों न मनाऊँ? प्रत्येक अवसर पर सम्मानपूर्वक उनका नाम लेकर उन्हें श्रद्धांजलि क्यों न अर्पित करूँ? जितना सम्मान मैं अपने गुरुओं का करता हूँ, उतना ही सम्मान मुझे समस्त मानवजाति के उन महान आचार्यों का भी करना चाहिए, जिनसे हमें इतना महान कल्याण प्राप्त हुआ है।

    यदि मेरे सामने कोई कौंसुल या प्रेटर आ जाए तो मैं उसके पद का सम्मान करते हुए वही सब करूँगा जो प्रथा के अनुसार उचित है। घोड़े से उतरूँगा, अपना सिर अनावृत करूँगा और उसे मार्ग दूँगा। तो फिर बताओ, क्या मुझे मार्कस कैटो (ज्येष्ठ और कनिष्ठ), बुद्धिमान लेलियस, सुकरात, प्लेटो, ज़ेनो और क्लीन्थीस जैसे महापुरुषों का इससे भी अधिक सम्मानपूर्वक स्वागत नहीं करना चाहिए? निस्संदेह, मैं इन महान व्यक्तियों के प्रति गहरी श्रद्धा रखता हूँ। जब भी उनके महान नामों का उच्चारण होता है, मैं आदरवश खड़ा हो जाता हूँ।


अभी के लिए विदा 

खलील जिब्रान (Khalil Gibran) की प्रसिद्ध पुस्तक द प्रोफेट (The Prophet) का हिंदी अनुवाद (संपूर्ण पुस्तक)

  द प्रोफेट जहाज़ का आगमन   अलमुस्तफ़ा, चुना हुआ और प्रिय, जो अपने ही युग के लिए प्रभात के समान था , बारह वर्षों से   नगर में उस जहाज़...