Showing posts with label Mind. Show all posts
Showing posts with label Mind. Show all posts

Tuesday, 28 July 2026

नियति को समझने वाले मन के बारे में -- पत्र - 89 (एक स्टोइक के पत्र/सेनेका के पत्रों का हिन्दी अनुवाद)

प्रिय लूसीलियस 


हमारे मित्र लिबेरालिस को यह समाचार सुनकर गहरा आघात पहुँचा है कि आग ने लियॉन नगर को पूरी तरह नष्ट कर दिया है। यह विपत्ति किसी भी व्यक्ति को विचलित कर सकती थी, फिर वह तो अपने जन्मस्थान से अत्यंत प्रेम करने वाला व्यक्ति है। इस घटना ने उसके मन की उस दृढ़ता को भी डगमगा दिया है, जिसे उसने उन सभी संभावित भयावह परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार किया था जिनकी वह कल्पना करता था। फिर भी मुझे आश्चर्य नहीं है कि उसे इस आपदा का पहले से कोई भय नहीं था। यह घटना इतनी अप्रत्याशित और लगभग अकल्पनीय थी कि पहले कभी इसका कोई उदाहरण ही नहीं था। आग ने अनेक नगरों को क्षति पहुँचाई है। पर उन्हें पूरी तरह मिटा नहीं दिया। शत्रुओं द्वारा लगाई गई आग में भी कुछ न कुछ भवन बच ही जाते हैं। ऐसा बहुत कम होता है कि आग, चाहे वह बार-बार भड़काई जाए, सब कुछ इस सीमा तक भस्म कर दे कि गिराने के औज़ारों के लिए भी कुछ शेष न रहे। यहाँ तक कि भूकंप भी बहुत कम ऐसे हुए हैं जो पूरे नगरों को समतल कर दें और पूर्ण विनाश का कारण बनें। संक्षेप में, ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। इतनी भयंकर और अडिग आग कि उसके बाद जलाने के लिए भी कुछ शेष न बचा। 



    ऐसी भव्य इमारतों की इतनी विशाल शृंखला जिनमें से प्रत्येक अकेले ही किसी नगर की शोभा बढ़ाने के लिए पर्याप्त थी। एक ही रात ने उन सबको धराशायी कर दिया! इतने लंबे शांति-काल में हमने ऐसी हानि झेली है, जो युद्ध से भी होने की हमने कभी कल्पना नहीं की थी। यह बात विश्वास करने योग्य कैसे लग सकती है? जब हर ओर युद्ध थम चुका था, जब समूचे सभ्य संसार में सुरक्षा और शांति का वातावरण था, तब गॉल (प्राचीन यूरोप का एक विशाल भौगोलिक और सांस्कृतिक क्षेत्र) का रत्न कहलाने वाला लियॉन देखते-ही-देखते विलुप्त हो गया।अतीत में, जब कोई व्यापक विपत्ति आती थी, तब भी लोगों को उसके आने की आशंका पहले से हो जाती थी। इतना बड़ा और महत्त्वपूर्ण नगर कभी एक ही क्षण में नष्ट नहीं हुआ था। पर यहाँ तो केवल एक ही रात ने एक महान और समृद्ध नगर को अस्तित्वहीन बना दिया। उसके विनाश में उससे भी कम समय लगा, जितना समय मुझे तुम्हें यह घटना सुनाने में लगा।

    यद्यपि हमारा मित्र लिबेरालिस अपनी व्यक्तिगत विपत्तियों का सामना करने में दुर्बल नहीं है, फिर भी इस घटना ने उसे गहरे अवसाद में डाल दिया है। इसमें कोई आश्चर्य नहीं। जब कोई आपदा बिना किसी पूर्व संकेत के आ घेरती है तो उसका आघात और भी अधिक तीव्र होता है क्योंकि अचानक लगा हुआ धक्का दुख को और बढ़ा देता है। ऐसा कोई भी मनुष्य नहीं है जिसका शोक इस कारण अधिक गहरा न हो जाए कि उसकी हानि के साथ विस्मय भी जुड़ गया हो। इसीलिए हमें किसी भी घटना के लिए अप्रस्तुत नहीं रहना चाहिए। हमें हर संभावित परिस्थिति का पहले से अनुमान लगाने का प्रयास करना चाहिए और इस पर विचार करना चाहिए कि क्या-क्या संभव है, न कि केवल इस पर कि सामान्यतः क्या होता है। 

    भाग्य की मनमानी से कोई भी वस्तु, चाहे वह अपनी समृद्धि और वैभव के चरम पर ही क्यों न हो, एक ही क्षण में धराशायी हो सकती है। जितना अधिक कोई चमकता है, उतना ही वह आक्रमण और आघात का लक्ष्य बनता है। भाग्य के लिए कुछ भी कठिन या दुष्कर नहीं है। वह हमेशा एक ही मार्ग से नहीं आता, न ही हमेशा उन्हीं रास्तों पर चलता है जिन पर वह पहले चल चुका है। कभी वह हमारे अपने ही हाथों को एक-दूसरे के विरुद्ध कर देता है तो कभी केवल अपनी शक्ति के बल पर ऐसी विपत्तियाँ उत्पन्न कर देता है जिनके लिए किसी बाहरी कारण या व्यक्ति की आवश्यकता ही नहीं होती। कोई भी क्षण सुरक्षित नहीं है। आनंद के बीच ही ऐसी घटनाएँ जन्म ले लेती हैं जो दुःख का कारण बनती हैं। शांति के समय में ही युद्ध छिड़ जाता है। जिन बातों पर हमने अपनी सुरक्षा का भरोसा किया होता है, वही भय का कारण बन जाती हैं। मित्र शत्रु बन जाते हैं और सहयोगी विरोधी। ग्रीष्म ऋतु के शांत दिन भी अचानक ऐसी भयंकर आँधियों में बदल जाते हैं जो शीत ऋतु के तूफ़ानों से भी अधिक प्रचंड होती हैं। शत्रु सामने न होने पर भी हमें युद्ध के समान कष्ट सहने पड़ते हैं। यदि विपत्ति का कोई दूसरा कारण न भी हो तो अत्यधिक समृद्धि स्वयं अपने विनाश के कारण खोज लेती है। सबसे सावधान व्यक्ति भी बीमारी का शिकार हो जाता है। सबसे शक्तिशाली व्यक्ति भी शारीरिक दुर्बलता से घिर जाता है। जो पूरी तरह निर्दोष हैं, वे भी दंड भोगते हैं और जो पूर्ण एकांत में रहते हैं, वे भी उपद्रवों की चपेट में आ जाते हैं। जो लोग संयोग की शक्ति को लगभग भूल चुके होते हैं, वही किसी नई और अनपेक्षित विपत्ति के लिए चुन लिए जाते हैं। जीवन भर के परिश्रम, अनगिनत प्रयासों और अनेक प्रार्थनाओं से प्राप्त उपलब्धियाँ एक ही दिन में नष्ट हो जाती हैं। बल्कि एक दिन कहना भी इन तीव्र गति से आने वाली विपत्तियों को वास्तविकता से अधिक धीमा बताना है। किसी साम्राज्य को उलट देने के लिए एक घंटा, बल्कि एक क्षण ही पर्याप्त है। यदि सब कुछ उसी धीमी गति से नष्ट होता जिस धीमी गति से वह अस्तित्व में आता है तो हमारी दुर्बलता और हमारी चिंताओं को कुछ राहत मिल सकती थी। पर वास्तविकता यह है कि किसी वस्तु के विकसित होने में समय लगता है। जबकि उसके नष्ट होने में बहुत कम समय लगता है या बिल्कुल भी नहीं।

    चाहे सार्वजनिक जीवन हो या निजी, इस संसार में कुछ भी स्थिर नहीं रहता। व्यक्ति और नगर, दोनों ही भाग्य की गति के साथ बहते चले जाते हैं। जब चारों ओर पूर्ण शांति दिखाई देती है, तभी भय अचानक सामने आ खड़ा होता है और जब क्षितिज पर किसी संकट का कोई संकेत भी नहीं होता, तब विपत्ति वहीं से फूट पड़ती है जहाँ उसकी सबसे कम अपेक्षा होती है। जो राज्य गृहयुद्धों और विदेशी युद्धों के बीच भी अडिग बने रहे, वे भी कभी-कभी बिना किसी बाहरी हस्तक्षेप के ही ढह जाते हैं। कोई नगर लंबे समय तक निरंतर समृद्ध बना रहे, ऐसा कितना दुर्लभ है! इसलिए हमें हर संभावना पर विचार करना चाहिए और अपने मन को इस प्रकार दृढ़ बनाना चाहिए कि वह हर प्रकार की संभावित परिस्थिति का सामना कर सके।

    निर्वासन, यातना, युद्ध, जलपोत के डूब जाने जैसी घटनाओं का अपने मन में बार-बार अभ्यास करते रहो। ऐसा हो सकता है कि तुम्हें अपने देश से दूर कर दिया जाए, या तुम्हारा देश ही तुमसे छिन जाए। ऐसा भी हो सकता है कि तुम्हें किसी निर्जन प्रदेश में निर्वासित कर दिया जाए या जहाँ आज लोगों की भीड़ उमड़ती है, वही स्थान स्वयं एक उजाड़ मरुभूमि बन जाए। मानव जीवन में घट सकने वाली हर प्रकार की परिस्थिति को अपनी आँखों के सामने रखो और भविष्य के बारे में अपने विचारों का अनुमान केवल उन घटनाओं से मत लगाओ जो सामान्यतः घटती हैं बल्कि उन सब बातों से लगाओ जो घट सकती हैं। यदि हम यह नहीं चाहते कि कोई दुर्लभ घटना हमें इस प्रकार स्तब्ध कर दे मानो वह पहले कभी हुई ही न हो तो हमें भाग्य के समूचे स्वरूप को समझने का प्रयास करना चाहिए। एशिया और यूनान के कितने ही नगर एक ही भूकंप में धराशायी हो चुके हैं! सीरिया और मकदूनिया के कितने ही नगर धरती में समा गए! कितनी ही बार इस प्रकार की विपत्ति ने साइप्रस को उजाड़ दिया है! कितनी ही बार पाफ़ोस स्वयं अपने ऊपर ढह गया है! हमें बार-बार यह समाचार मिलता रहा है कि पूरे-के-पूरे नगर नष्ट हो गए और हम तो उन असंख्य लोगों का केवल एक छोटा-सा भाग हैं जो ऐसे समाचार बार-बार सुनते रहते हैं। 

    इसलिए हमें भाग्य के प्रहारों का दृढ़ता से सामना करना चाहिए। यह जानते हुए कि अफ़वाहें हमेशा घटित घटनाओं के महत्त्व को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत करती हैं। एक समृद्ध नगर जलकर नष्ट हो गया। वह प्रांतों में स्थित होने पर भी केवल उनमें से एक नहीं था बल्कि उन सबकी शोभा था। फिर भी वह केवल एक पहाड़ी पर बसा था। वह पहाड़ी भी कोई बहुत बड़ी नहीं थी। लेकिन आज जिन नगरों की समृद्धि और वैभव की बड़ी ख्याति है, समय एक दिन उनके अस्तित्व के सभी चिह्न भी मिटा देगा। क्या तुम नहीं देखते कि यूनान के कितने ही प्रसिद्ध नगर आज पूरी तरह ध्वस्त हो चुके हैं? उनके तो आधार तक शेष नहीं बचे, जिनसे यह भी पता चल सके कि वे कभी अस्तित्व में थे। केवल मनुष्य के बनाए हुए कार्य ही नष्ट नहीं होते, केवल मानव-निर्मित संरचनाएँ ही समय के प्रवाह से नहीं ढहतीं। पर्वतों की चोटियाँ भी टूटकर बिखर जाती हैं। पूरे-के-पूरे प्रदेश धरती में धँस जाते हैं। जो भूमि कभी समुद्र से बहुत दूर थी, वह समुद्र की लहरों से ढक जाती है। प्रचंड ज्वालामुखीय अग्नि उन पहाड़ियों को भी काट-घिस देती है जिनसे कभी उसकी ज्वाला फूटती थी। जो ऊँचे-ऊँचे शिखर कभी नाविकों के लिए आश्वस्त करने वाले मार्गदर्शक थे, वे भी समय के साथ बहुत छोटे हो जाते हैं। जब स्वयं प्रकृति की रचनाएँ भी विनाश से सुरक्षित नहीं हैं, तब नगरों के नष्ट होने पर हमें शिकायत नहीं करनी चाहिए। 

    नगर केवल इसलिए खड़े हैं कि एक दिन गिर जाएँ। यही अंत उन सबकी प्रतीक्षा कर रहा है। कभी धरती के भीतर की वायु का दबाव अपनी सीमाएँ तोड़कर उन्हें ढहा देता है; कभी भूमिगत जल इकट्ठा होकर प्रचंड वेग से फूट पड़ता है और उन्हें चकनाचूर कर देता है। कभी ज्वालामुखी का विस्फोट पृथ्वी की सतह को फाड़ देता है। कभी समय, जिससे कुछ भी सुरक्षित नहीं है, धीरे-धीरे उन्हें निगल जाता है और कभी महामारी पूरी आबादी का सफाया कर देती है, जिसके बाद उजड़ी हुई इमारतें उपेक्षा के कारण स्वयं ढह जाती हैं। विपत्ति किन-किन मार्गों से आ सकती है, उन सबकी गणना करना बहुत लंबा काम होगा। पर मैं एक बात निश्चित रूप से जानता हूँ। हम नश्वर मनुष्यों द्वारा निर्मित हर वस्तु स्वयं नश्वर होने के लिए अभिशप्त है। हम ऐसी वस्तुओं के बीच जीवन बिताते हैं जिनका एक दिन नष्ट होना निश्चित है।

    इसी प्रकार की सांत्वना मैं हमारे मित्र लिबेरालिस को भेजता हूँ, जो अपनी जन्मभूमि के प्रति असाधारण प्रेम के कारण इस समय दुःख की अग्नि में जल रहा है। संभव है कि वह नगर इसलिए नष्ट हुआ हो ताकि पहले से भी अधिक सुंदर रूप में उसका पुनर्निर्माण किया जा सके। अनेक बार विनाश ने ही अधिक समृद्धि के लिए स्थान बनाया है। बहुत-सी वस्तुएँ केवल इसलिए गिरी हैं कि वे पहले से भी अधिक ऊँचाई तक उठ सकें। रोम की उन्नति से ईर्ष्या रखने वाला टिमाजेनीज़ कहा करता था कि रोम में लगी आग से उसे केवल इसलिए दुःख होता है क्योंकि वह जानता था कि जो इमारतें दोबारा बनेंगी, वे जली हुई इमारतों से भी अधिक भव्य होंगी। लियॉन के विषय में भी संभवतः यही होगा। लोग पूरी लगन से उन भवनों की अपेक्षा और भी अधिक सुंदर तथा ऊँची इमारतें बनाएँगे, जिन्हें उन्होंने खो दिया है। हमारी कामना है कि उनका यह निर्माण अधिक स्थायी सिद्ध हो और अधिक शुभ भविष्य की नींव पर लंबे समय तक टिके रहे। इस नगर की स्थापना को अभी केवल सौ वर्ष ही हुए हैं। इतना समय भी नहीं, जितना किसी दीर्घायु मनुष्य का जीवन हो सकता है। प्लैंकस ने इसकी स्थापना की थी। अपनी अनुकूल भौगोलिक स्थिति के कारण यह शीघ्र ही उस घनी आबादी वाले समृद्ध नगर में बदल गया जिसे हम आज जानते हैं। फिर भी सोचो, केवल एक वृद्ध व्यक्ति के जीवनकाल के भीतर ही इसे कितनी भीषण विपत्तियों का सामना करना पड़ा है! 

    इसलिए हमें अपने मन को ऐसा बनाना चाहिए कि वह अपनी नियति को समझ भी सके और उसे सह भी सके। यह जान लो कि भाग्य किसी पर भी दया नहीं करता। वह साम्राज्य और सम्राट, दोनों पर समान अधिकार रखता है। नगरों पर भी उतनी ही शक्ति चलाता है जितनी व्यक्तियों पर। इन बातों पर क्रोधित होने का हमारे पास कोई कारण नहीं है। हम ऐसे संसार में जन्मे हैं जहाँ जीवन इन्हीं शर्तों पर जीया जाता है। या तो इन्हें स्वीकार करके इनके अनुरूप जीवन बिताओ या इन्हें अस्वीकार करके जिस मार्ग से चाहो इस संसार से विदा हो जाओ।यदि तुम्हारे साथ व्यक्तिगत रूप से कोई अन्याय हो तो उस पर तुम्हें शिकायत करने का अधिकार है। लेकिन यदि वही अनिवार्यता समाज के प्रत्येक वर्ग को समान रूप से अपने अधीन रखती है तो उस नियति के साथ समझौता कर लो जो अंततः हर वस्तु का अंत कर देती है। हमारा मूल्यांकन हमारी कब्रों या मार्ग के किनारे बने विभिन्न ऊँचाई वाले स्मारकों से नहीं किया जाना चाहिए। राख बन जाने के बाद हम सब एक ही समान हो जाते हैं। जन्म के समय हम चाहे समान न हों, मृत्यु हमें समान बना देती है। जो बात मैं मनुष्यों के बारे में कह रहा हूँ, वही नगरों पर भी लागू होती है। रोम भी पराजित हुआ था, ठीक वैसे ही जैसे आर्देआ हुआ था। जिसने मानव जीवन के नियम निर्धारित किए, उसने जन्म, पद या प्रसिद्धि के आधार पर हमारे बीच कोई भेद नहीं किया। उसने केवल हमारे जीवन की अवधि में अंतर रखा। जब हमारा नश्वर जीवन समाप्त होता है, तब वह मानो कहता है, “अब महत्वाकांक्षा को छोड़ दो। पृथ्वी पर चलने वाले प्रत्येक प्राणी पर एक ही नियम लागू होगा।” हम सब समान हैं क्योंकि हममें से प्रत्येक हर प्रकार के दुःख और विपत्ति का पात्र है। कोई भी दूसरे से अधिक सुरक्षित नहीं है। किसी को भी यह निश्चित नहीं है कि वह कल तक जीवित रहेगा। 

    सिकंदर महान ज्यामिति का अध्ययन करने लगा था। एक ऐसा अध्ययन जिसने उसे दुखी कर दिया क्योंकि उससे उसे पता चला कि पृथ्वी कितनी छोटी है और उसने उसका कितना थोड़ा-सा भाग ही जीत पाया है। मैं फिर कहता हूँ, वह वास्तव में दुखी था क्योंकि तब उसे यह समझ जाना चाहिए था कि उसका 'महान' कहलाना उचित नहीं था। जो व्यक्ति इतनी छोटी-सी पृथ्वी के एक छोटे-से हिस्से का स्वामी हो, वह भला किस अर्थ में 'महान' कहलाने का अधिकारी है? वह जिन विषयों का अध्ययन कर रहा था, वे जटिल थे और उन्हें समझने के लिए गहरी एकाग्रता की आवश्यकता थी। वे ऐसी बातें नहीं थीं जिन्हें कोई उन्मत्त व्यक्ति, जिसका मन समुद्रों के पार विजय के स्वप्नों में भटक रहा हो, आसानी से समझ सके। उसने कहा, “मुझे आसान बातें सिखाओ।” उसके शिक्षक ने उत्तर दिया, “ये बातें सबके लिए समान हैं और सबके लिए समान रूप से कठिन हैं।” कल्पना करो कि स्वयं प्रकृति भी तुमसे यही कह रही है, “जिन बातों की तुम शिकायत कर रहे हो, वे सबके साथ समान रूप से घटित होती हैं। मैं किसी के लिए इन्हें अधिक आसान नहीं बना सकता। लेकिन जो चाहे, वह इन्हें अपने लिए आसान बना सकता है।” कैसे? अपने मन को शांत और स्थिर रखकर।

    तुम्हें पीड़ा सहनी होगी, प्यास और भूख का अनुभव करना होगा। यदि तुम्हें मनुष्यों के बीच अधिक समय तक जीवित रहने का अवसर मिलता है तो वृद्धावस्था भी आएगी। तुम्हें बीमारी का सामना करना होगा, अपने प्रियजनों या अपनी संपत्ति का वियोग सहना होगा। अंततः मृत्यु को भी स्वीकार करना होगा। फिर भी, तुम्हें उन लोगों की बातों पर विश्वास करने की कोई आवश्यकता नहीं है जो लगातार तुम्हारे कानों में इन्हीं बातों का भय भरते रहते हैं। वास्तव में इन सबमें ऐसा कुछ भी नहीं है जो अपने आप में हानिकारक, असहनीय या अत्यंत कठोर हो। लोगों का भय केवल इसलिए है क्योंकि इस विषय में सब एक-दूसरे की बातों से सहमत हैं। यह वैसा ही है जैसे कोई व्यक्ति केवल अफ़वाह के कारण मृत्यु से डरने लगे। जबकि शब्दों या अफ़वाहों से डरने से अधिक हास्यास्पद और क्या हो सकता है? हमारे मित्र दिमीत्रियस एक व्यंग्यपूर्ण बात कहा करते थे, जिससे वे यह जताते थे कि अज्ञानी लोगों की बातें उनके लिए पेट की गुड़गुड़ाहट से अधिक महत्त्व नहीं रखतीं। वे कहते थे, “मुझे इससे क्या फ़र्क पड़ता है कि आवाज़ ऊपर से निकल रही है या नीचे से?” 

    यह तो मूर्खता की पराकाष्ठा है कि मनुष्य तुच्छ लोगों द्वारा तुच्छ समझे जाने की चिंता करे। लोगों की बातों से डरने का तुम्हारे पास कभी कोई उचित कारण नहीं था। यही बात उन सभी चीज़ों पर भी लागू होती है जिनसे तुम केवल इसलिए डरते हो क्योंकि लोग उनसे डरते हैं। क्या किसी सज्जन व्यक्ति को उसके विरुद्ध फैलाई गई झूठी बदनामी वास्तव में कोई हानि पहुँचा सकती है? निश्चय ही नहीं। उसी प्रकार हमें मृत्यु के बारे में फैली हुई बुरी धारणाओं पर भी विश्वास नहीं करना चाहिए क्योंकि उसकी बदनामी भी केवल लोगों की बनाई हुई है। मृत्यु के विरुद्ध आरोप लगाने वालों में से किसी ने भी स्वयं मृत्यु का अनुभव नहीं किया है। जब तक उसका अनुभव न हो, तब तक जिस वस्तु को तुम जानते ही नहीं, उसकी निंदा करना उतावलेपन की बात है। लेकिन एक बात तुम निश्चित रूप से जानते हो, कितने ही लोगों के लिए मृत्यु वरदान सिद्ध हुई है। कितनों को उसने यातना, अभाव, बीमारी, कष्ट और जीवन की थकान से मुक्त किया है। जब मृत्यु हमारे अपने अधिकार में है, तब वास्तव में कोई भी व्यक्ति हम पर पूर्ण अधिकार नहीं रखता।


अभी के लिए विदा 

Monday, 27 July 2026

विज़डम और दर्शनशास्त्र के बीच अंतर के बारे में -- पत्र - 87 (एक स्टोइक के पत्र/सेनेका के पत्रों का हिन्दी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


दर्शनशास्त्र को विभाजित करके उसके विशाल स्वरूप को विभिन्न अंगों में समझने का जो अनुरोध तुम कर रहे हो, वह उपयोगी ही नहीं बल्कि उस व्यक्ति के लिए अत्यंत आवश्यक है जो शीघ्रता से प्रज्ञा प्राप्त करना चाहता है। किसी संपूर्ण वस्तु को उसके विभिन्न भागों के माध्यम से समझना हमारे लिए अधिक सरल होता है। यदि हम दर्शनशास्त्र को उसके पूर्ण रूप में वैसे ही देख पाते, जैसे एक ही दृष्टि में पूरे आकाश का अवलोकन करते हैं तो वह दृश्य भी आकाश के समान ही विस्मयकारी होता। तब प्रत्येक मनुष्य उसे देखकर आश्चर्य से भर जाता और उन वस्तुओं का मोह छोड़ देता जिन्हें आज हम केवल इसलिए महान समझते हैं क्योंकि हमें वास्तविक महानता का ज्ञान नहीं है। किन्तु चूँकि ऐसा संभव नहीं है। इसलिए हमें दर्शनशास्त्र का अध्ययन उसी प्रकार करना चाहिए जैसे कोई व्यक्ति आकाश के विभिन्न भागों का अलग-अलग निरीक्षण करके अंततः पूरे आकाश को समझने का प्रयास करता है।



    निस्संदेह, बुद्धिमान व्यक्ति की बुद्धि दर्शनशास्त्र के सम्पूर्ण विस्तार को अपने भीतर समेट लेती है और उस पर उतनी ही शीघ्रता से दृष्टि डालती है, जितनी शीघ्रता से हमारी आँख पूरे आकाश का अवलोकन कर लेती है। परन्तु हम, जिनकी दृष्टि उन धुंधों से सीमित है जिनके बीच से हमें देखना पड़ता है, उनके लिए अलग-अलग बातों को समझना अधिक सरल है क्योंकि अभी हम सम्पूर्णता को ग्रहण करने में समर्थ नहीं हैं। इसलिए मैं तुम्हारी इच्छा पूरी करूँगा और दर्शनशास्त्र को विभाजित करूँगा, किन्तु उसे अत्यन्त सूक्ष्म टुकड़ों में नहीं बल्कि उसके मुख्य भागों में। इस प्रकार का विभाजन उपयोगी है परन्तु उसे अत्यधिक छोटे-छोटे अंशों में बाँट देना उचित नहीं। जो वस्तु अत्यन्त सूक्ष्म हो जाती है, उसे समझना उतना ही कठिन होता है जितना किसी अत्यन्त विशाल वस्तु को समझना। जैसे किसी जनसमुदाय को विभिन्न जनजातियों में विभाजित किया जाता है और किसी सेना को सौ-सौ सैनिकों की टुकड़ियों में बाँटा जाता है, उसी प्रकार जो भी वस्तु पर्याप्त विशाल हो, उसे उसके उपयुक्त भागों में विभाजित करके समझना अधिक सरल होता है। किन्तु, जैसा मैंने कहा, ये भाग इतने अधिक और इतने छोटे नहीं होने चाहिए कि उनका कोई स्वतंत्र स्वरूप ही न रह जाए। अत्यधिक विभाजन उतना ही दोषपूर्ण है जितना बिल्कुल भी विभाजन न करना; क्योंकि जब किसी वस्तु को पीसकर चूर्ण बना दिया जाता है, तब उसकी संरचना ही समाप्त हो जाती है।

    यदि तुम्हें उचित लगे तो मैं सबसे पहले विज़डम और दर्शनशास्त्र के बीच का अंतर बताकर आरम्भ करूँगा।प्रज्ञा मानव-मन का सर्वोच्च कल्याण है जबकि दर्शनशास्त्र प्रज्ञा के प्रति प्रेम और उसकी प्राप्ति की आकांक्षा है। दर्शनशास्त्र उस लक्ष्य की ओर बढ़ना है, जहाँ प्रज्ञा पहले ही पहुँच चुकी होती है। 'फिलॉसफी' शब्द की व्युत्पत्ति क्या है? यह तो स्पष्ट है। इसका नाम ही घोषित करता है कि यह किससे प्रेम करता है। कुछ लोगों ने प्रज्ञा को मानव और दैवीय विषयों का विज्ञान कहा है। अन्य लोगों ने इसे मानव और दैवीय विषयों तथा उनके कारणों का ज्ञान बताया है। मेरे विचार से यह अंतिम जोड़ अनावश्यक है क्योंकि मानव और दैवीय विषयों के कारण स्वयं दैवीय क्षेत्र का ही एक भाग हैं। दर्शनशास्त्र की अन्य परिभाषाएँ भी दी गई हैं। कुछ ने इसे सद्गुण के प्रति समर्पण कहा है। कुछ ने मन को सुधारने का संकल्प और कुछ विचारकों के अनुसार यह सही ढंग से तर्क करने का प्रयास है। सामान्यतः सभी इस बात से सहमत हैं कि दर्शनशास्त्र और प्रज्ञा में अंतर है क्योंकि जिस वस्तु की आकांक्षा की जाती है, वह स्वयं आकांक्षा नहीं हो सकती। जिस प्रकार लोभ और धन में बहुत अंतर है। एक चाहने की प्रवृत्ति है और दूसरा चाही जाने वाली वस्तु। उसी प्रकार दर्शनशास्त्र और प्रज्ञा भी भिन्न हैं। दर्शनशास्त्र एक यात्रा है और प्रज्ञा उस यात्रा का फल तथा पुरस्कार। दर्शनशास्त्र आगे बढ़ने की प्रक्रिया है। जबकि प्रज्ञा उसका अंतिम गंतव्य है। 'सोफिया' (Sophia) वास्तव में यूनानी भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ 'प्रज्ञा' या 'बुद्धिमत्ता' है। रोमन लोग भी कभी 'सोफिया' शब्द का प्रयोग करते थे, ठीक वैसे ही जैसे आज भी हम यूनानी शब्द 'फिलॉसोफिया' (Philosophia) का प्रयोग करते हैं। इसका प्रमाण हमारी प्राचीन हास्य-रचनाओं में मिलता है और डोसेनस की समाधि पर अंकित इस लेख में भी, "हे पथिक, ठहरो और डोसेनस की प्रज्ञा (सोफिया) को पढ़ो।"

    यद्यपि दर्शनशास्त्र को सद्गुण के प्रति समर्पण कहा जाता है, जहाँ एक साधक है और दूसरा साध्य, फिर भी हमारे मत (स्टोइक परंपरा) के कुछ विचारकों का मानना है कि इन दोनों में कोई वास्तविक भेद नहीं किया जा सकता क्योंकि न तो सद्गुण के बिना दर्शनशास्त्र संभव है और न ही दर्शनशास्त्र के बिना सद्गुण। वास्तव में दर्शनशास्त्र सद्गुण के प्रति समर्पण है। परन्तु वह स्वयं सद्गुण के माध्यम से ही संभव होता है। न तो सद्गुण उसके प्रति समर्पण के बिना अस्तित्व में रह सकता है और न ही सद्गुण के बिना उसके प्रति समर्पण हो सकता है। यह उस धनुर्धर के समान नहीं है, जो दूर स्थित किसी लक्ष्य पर निशाना साधता है। यहाँ लक्ष्य साधक से अलग किसी अन्य स्थान पर नहीं है। उसी प्रकार सद्गुण तक पहुँचने के मार्ग भी सद्गुण से बाहर नहीं होते, जैसे किसी नगर तक पहुँचने के लिए सड़कें नगर से बाहर होती हैं। मनुष्य सद्गुण तक स्वयं सद्गुण के माध्यम से ही पहुँचता है। इसलिए दर्शनशास्त्र और सद्गुण एक-दूसरे से अविभाज्य हैं। 

    अधिकांश और सबसे प्रतिष्ठित दार्शनिकों के अनुसार दर्शनशास्त्र के तीन भाग हैं। नीतिशास्त्र (एथिक्स), प्रकृतिशास्त्र (फिज़िक्स) और तर्कशास्त्र (लॉजिक)। इनमें से पहला भाग मन को संयमित और निर्देशित करता है। दूसरा वस्तुओं के स्वभाव और प्रकृति का अध्ययन करता है और तीसरा शब्दों के अर्थ, वाक्यों की संरचना तथा तर्कों के रूपों की परीक्षा करता है ताकि असत्य सत्य का रूप धारण करके लोगों को धोखा न दे सके।किन्तु कुछ दार्शनिक परंपराओं ने दर्शनशास्त्र के इन विभागों को या तो कम कर दिया या बढ़ा दिया। कुछ पेरिपैटेटिक (अरस्तू के अनुयायी) दार्शनिकों ने राजनीति को दर्शनशास्त्र का चौथा भाग माना क्योंकि उनके विचार में उसके लिए एक विशिष्ट प्रकार के अध्ययन और अलग विषय-वस्तु की आवश्यकता होती है। कुछ ने इसके अतिरिक्त 'अर्थशास्त्र' (ओइकोनोमिक्स) को भी जोड़ा, जिसका अर्थ है गृह-प्रबंधन का विज्ञान। कुछ ने 'जीवन की विभिन्न शैलियों' को भी एक स्वतंत्र विषय माना। परन्तु इन सभी विषयों को वास्तव में नीतिशास्त्र के अंतर्गत ही समाहित किया जा सकता है। एपिक्यूरियन दार्शनिकों का मत था कि दर्शनशास्त्र के केवल दो ही भाग हैं। प्रकृतिशास्त्र और नीतिशास्त्र। उन्होंने तर्कशास्त्र को अलग विभाग के रूप में स्वीकार नहीं किया। लेकिन जब उन्हें शब्दों की अस्पष्टताओं को दूर करने और उन असत्यों का पर्दाफाश करने की आवश्यकता पड़ी जो सत्य का रूप धारण कर लेते हैं, तब उन्होंने भी 'निर्णय और मानदंड' नामक एक विषय को स्वीकार किया। वस्तुतः यही तर्कशास्त्र था, यद्यपि वे इसे प्रकृतिशास्त्र का केवल एक पूरक मानते थे। 

    साइरेनाइक दार्शनिकों ने तो प्रकृतिशास्त्र और तर्कशास्त्र, दोनों को ही हटाकर केवल नीतिशास्त्र को स्वीकार किया। फिर भी उन्होंने दूसरे ढंग से उन्हीं विषयों को पुनः शामिल कर लिया। उन्होंने नीतिशास्त्र को पाँच भागों में विभाजित किया—

  1. किन वस्तुओं का अनुसरण करना चाहिए और किनसे बचना चाहिए।

  2. भावनाएँ।

  3. कर्म।

  4. कारण।

  5. तर्क।

वास्तव में 'कारणों' का अध्ययन प्रकृतिशास्त्र के अंतर्गत आता है और 'तर्कों' का अध्ययन तर्कशास्त्र के अंतर्गत।किओस के अरिस्टो का मत था कि प्रकृतिशास्त्र और तर्कशास्त्र न केवल अनावश्यक हैं बल्कि हानिकारक भी हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने नीतिशास्त्र का भी संकुचन कर दिया जबकि वही एकमात्र भाग था जिसे उन्होंने स्वीकार किया था। उन्होंने उपदेश और नैतिक परामर्श से संबंधित विषय को भी हटाते हुए कहा कि यह कार्य किसी विद्यालय के शिक्षक का है। दार्शनिक का नहीं, मानो दार्शनिक मानवता का शिक्षक ही न हो! 

    चूँकि दर्शनशास्त्र के तीन भाग हैं। इसलिए हम उसके नीतिशास्त्र (एथिक्स) से आरम्भ करें। परंपरागत रूप से नीतिशास्त्र को तीन शाखाओं में विभाजित किया जाता है। पहली शाखा प्रत्येक वस्तु का उचित मूल्य निर्धारित करती है और यह निर्णय करती है कि उसका वास्तविक महत्व कितना है। यह अत्यंत उपयोगी अध्ययन है क्योंकि वस्तुओं का सही मूल्यांकन करने से अधिक आवश्यक और क्या हो सकता है? दूसरी शाखा मनुष्य की प्रवृत्तियों और इच्छाओं (आवेगों) का अध्ययन करती है। तीसरी शाखा कर्मों का अध्ययन करती है। अर्थात नीतिशास्त्र का उद्देश्य यह है कि—

  1. सबसे पहले, तुम यह सही ढंग से निर्णय कर सको कि प्रत्येक वस्तु का वास्तविक मूल्य क्या है।

  2. दूसरे, उन वस्तुओं के प्रति तुम्हारी इच्छाएँ और प्रवृत्तियाँ संतुलित, संयमित और विवेकपूर्ण हों।

  3. तीसरे, तुम्हारी इच्छाओं तथा तुम्हारे कर्मों में पूर्ण सामंजस्य हो ताकि तुम्हारे समस्त आचरण में एकरूपता, स्थिरता और संगति बनी रहे।

यही वह अवस्था है जिसमें मनुष्य जैसा उचित समझता है, वैसा ही चाहता है और जैसा चाहता है, वैसा ही करता भी है। यही नैतिक जीवन की पूर्णता है।

    इन तीनों क्षेत्रों में से किसी एक में भी दोष आ जाए तो उसका प्रभाव शेष दोनों पर भी पड़ता है। यदि तुमने सभी वस्तुओं का सही मूल्यांकन कर लिया हो, लेकिन तुम्हारी इच्छाएँ और आवेग असंयमित हों तो उस ज्ञान का क्या लाभ? यदि तुमने अपनी इच्छाओं को वश में कर लिया हो तथा अपनी कामनाओं पर नियंत्रण पा लिया हो, लेकिन कर्म करते समय परिस्थितियों की समझ न हो, और यह न जानते हो कि किस समय, किस स्थान पर और किस प्रकार कार्य करना उचित है तो उससे भी क्या लाभ? वस्तुओं का मूल्य और महत्व समझना एक बात है। समय की माँग को समझना दूसरी बात है और अपनी इच्छाओं को संयमित रखते हुए बिना उतावलेपन के उचित कर्म करना उससे भी भिन्न बात है। जीवन तभी अपने भीतर पूर्ण सामंजस्य प्राप्त करता है, जब कर्म, इच्छा से पीछे न रह जाए और इच्छा भी प्रत्येक वस्तु के वास्तविक मूल्य के आधार पर उत्पन्न हो तथा उसकी तीव्रता भी उसी वस्तु के महत्व के अनुरूप हो। 

    दर्शनशास्त्र का प्रकृतिशास्त्र (फिज़िक्स) दो उपभागों में विभाजित किया जाता है— साकार (शारीरिक) वस्तुएँ और निराकार (अशारीरिक) वस्तुएँ। इन दोनों के भी अपने-अपने स्तर या विभाग हैं। साकार वस्तुओं का अध्ययन मुख्यतः दो वर्गों में किया जाता है—

  1. वे वस्तुएँ जो कारण (कारक) हैं।

  2. वे वस्तुएँ जो कारणों से उत्पन्न होती हैं अर्थात तत्त्व (एलिमेंट्स)।

जहाँ तक तत्त्वों का प्रश्न है, कुछ दार्शनिकों के अनुसार उनका कोई और विभाजन नहीं है। किन्तु अन्य विचारक उन्हें तीन भागों में बाँटते हैं—

  • पदार्थ (मैटर),

  • वह सक्रिय कारण (क्रियाशील सिद्धांत) जो समस्त वस्तुओं को गति और कार्यशीलता प्रदान करता है,

तत्त्व (एलिमेंट्स) स्वयं। 

पहले प्रकार को तकनीकी भाषा में वाक्पटुता (रेटोरिक) कहा जाता है, और दूसरे को द्वंद्वात्मक तर्क (डायलेक्टिक)।

वाक्पटुता का संबंध भाषा की अभिव्यक्ति, विचारों और उनकी सुव्यवस्थित प्रस्तुति से है। द्वंद्वात्मक तर्क दो भागों में विभाजित होता है, शब्दों का अध्ययन और अर्थों का अध्ययन अर्थात एक ओर वे बातें जो कही जाती हैं। दूसरी ओर वे शब्द या कथन जिनके माध्यम से वे बातें व्यक्त की जाती हैं।

इसके बाद इन दोनों विषयों के भी अत्यंत विस्तृत उपविभाग हैं। किन्तु इस समय मैं अपनी सूची को यहीं संक्षेप में समाप्त करता हूँ और केवल 'मुख्य बिंदुओं का स्पर्श' भर करूँगा। अन्यथा यदि मैं इन विभाजनों को इसी प्रकार विस्तार से बताने लगूँ तो यह पत्र एक साधारण संवाद न रहकर एक तकनीकी ग्रंथ बन जाएगा। अब मेरे लिए दर्शनशास्त्र के तर्कशास्त्र (लॉजिक) का विभाजन करना शेष रह जाता है। समस्त वाक्-विनिमय (विमर्श) दो प्रकार का होता है या तो वह निरंतर प्रवाह के रूप में होता है अथवा प्रश्न और उत्तर के रूप में विभाजित होता है। इन विषयों का अध्ययन तुम स्वयं भी कर सकते हो, प्रिय ल्यूसीलियस। मेरा उद्देश्य तुम्हें उनसे विमुख करना नहीं है। मैं केवल इतना चाहता हूँ कि जो कुछ भी तुम पढ़ो, उसे तुरंत अपने आचरण से जोड़ो। 

    अपने चरित्र को अनुशासित करो। अपने भीतर जो गुण शिथिल पड़ गए हैं, उन्हें जागृत करो। जो प्रवृत्तियाँ आवश्यकता से अधिक उन्मुक्त हो गई हैं, उन्हें संयमित करो। जो विद्रोही हैं, उन्हें वश में लाओ। अपने भीतर की वासनाओं पर प्रहार करने में कोई कसर न छोड़ो, और जहाँ तक संभव हो, संसार में व्याप्त दोषों और विकारों का भी प्रतिरोध करो। जो लोग तुमसे कहते हैं, "क्या तुम कभी रुकने वाले नहीं हो?", उन्हें यह उत्तर दो— "तुम्हें तो मुझसे यह पूछना चाहिए। 'तुम अपनी भूलों को दोहराना कब बंद करोगे?' क्या तुम चाहते हो कि रोग से पहले ही उसका उपचार समाप्त हो जाए? मैं तो इस विषय पर और भी अधिक बोलूँगा और तुम्हारे विरोध के कारण ही इसे और दृढ़ता से करता रहूँगा। जिस प्रकार सुन्न पड़ चुके अंग पर लगाई गई औषधि तभी प्रभाव दिखाने लगती है, जब उसके स्पर्श से पीड़ा का अनुभव होने लगे, उसी प्रकार मेरी बातें भी तुम्हारे लिए लाभकारी होंगी। चाहे तुम्हें वे अच्छी लगें या नहीं। अब समय आ गया है कि एक निर्भीक और निष्कपट स्वर तुम्हारे कानों तक पहुँचे। जब मैं तुममें से प्रत्येक को अलग-अलग समझाने में सफल नहीं हो सकता, तब मैं तुम सबको एक साथ, सार्वजनिक रूप से संबोधित करूँगा।"
    "तुम अपनी संपत्ति की सीमाएँ बढ़ाना आखिर कब बंद करोगे? जो भूमि कभी एक पूरे राष्ट्र के लिए पर्याप्त थी, क्या वह अब एक अकेले स्वामी के लिए भी छोटी पड़ गई है? तुम अपने विशाल कृषि-भूखंडों का विस्तार कब तक करते रहोगे? तुम्हें तो इतना भी पर्याप्त नहीं लगता कि तुम्हारी निजी जागीरें पूरे-पूरे प्रांतों के बराबर फैली हों। प्रसिद्ध नदियाँ पूरी की पूरी तुम्हारी निजी संपत्ति के बीच से बहती हैं। वे महान नदियाँ, जो कभी शक्तिशाली राष्ट्रों की सीमाएँ निर्धारित करती थीं, अपने उद्गम से लेकर समुद्र में मिलने तक तुम्हारे अधिकार में हैं। फिर भी तुम्हें यह सब कम लगता है, यदि तुम्हारी ज़मीन समुद्रों तक न पहुँच जाए। यदि तुम्हारा प्रबंधक एड्रियाटिक, आयोनियन और एजियन समुद्रों के पार तक आदेश न दे। यदि वे द्वीप, जो कभी महान शासकों के निवास रहे थे, तुम्हें तुच्छ संपत्ति न प्रतीत हों। जितना चाहे अपनी संपत्ति का विस्तार कर लो। जिसे कभी एक साम्राज्य कहा जाता था, उसे अपनी निजी जागीर बना लो। जितना कुछ अपने अधिकार में ले सकते हो, ले लो। फिर भी दूसरों की संपत्ति तुम्हारी संपत्ति से अधिक ही रहेगी।"
    "अब मैं तुम लोगों से भी संबोधित होता हूँ, जिनका भोग-विलास उतना ही असीम है जितना उन दूसरे लोगों का लोभ। मैं तुमसे पूछता हूँ, यह सब आखिर कब तक चलता रहेगा? हर झील के किनारे तुम्हारी अट्टालिकाएँ खड़ी हैं। हर नदी के तट पर तुम्हारी इमारतें फैली हुई हैं। जहाँ कहीं भी गर्म जल के स्रोत फूटते हैं, वहीं तुम नए विलास-भवन बनाना शुरू कर देते हो। जहाँ भी समुद्र का किनारा किसी खाड़ी का रूप लेता है, तुम तुरंत उसकी भूमि पर नींव डाल देते हो। जिस भूमि को तुमने अपनी इच्छा के अनुसार बदल न दिया हो, उससे तुम्हें संतोष नहीं होता। यहाँ तक कि तुम समुद्र को भी अपनी भूमि के भीतर खींच लाते हो। तुम्हारे भवन हर ओर चमकते दिखाई देते हैं। कहीं वे पर्वतों की चोटियों पर इसलिए बनाए जाते हैं कि वहाँ से धरती और समुद्र का विशाल दृश्य दिखाई दे, तो कहीं समतल भूमि पर उन्हें पर्वतों जितना ऊँचा खड़ा कर दिया जाता है। किन्तु इतने विशाल और भव्य निर्माण कर लेने के बाद भी तुम्हारे पास रहने के लिए केवल एक ही शरीर है और वह भी अत्यंत छोटा और दुर्बल। इतने अधिक शयनकक्षों का क्या लाभ? तुम एक समय में केवल एक ही कमरे में सो सकते हो। जिस स्थान पर तुम स्वयं रहते ही नहीं, वह वास्तव में तुम्हारा नहीं है।"
    "और अंत में, मैं तुम लोगों से भी कहता हूँ जिनकी अतृप्त और असीम भोग-लालसा स्वादिष्ट भोजन की खोज में समुद्रों और धरती को छान मारती है। कभी काँटों से, कभी फंदों से और कभी तरह-तरह के जालों से। जब तक तुम उनसे ऊब नहीं जाते, तब तक किसी भी जीव को चैन नहीं मिलता। इतने लोगों की मेहनत से जुटाए गए तुम्हारे इन भव्य भोजों में से तुम अपने सुख-भोग से थके हुए मुँह से कितना ही थोड़ा-सा चखते हो! इतने जोखिम उठाकर पकड़े गए उस शिकार में से अपच और मतली से पीड़ित स्वामी कितना ही थोड़ा-सा खा पाता है! इतनी दूर-दूर से मँगाए गए उन असंख्य शंख-सीपों और समुद्री व्यंजनों में से तुम्हारे इस अतृप्त पेट में वास्तव में कितना ही थोड़ा-सा पहुँचता है! अभागे लोगो! क्या तुम्हें यह भी समझ में नहीं आता कि तुम्हारी भूख तुम्हारे पेट से कहीं अधिक बड़ी है?"
    यह सब दूसरों से कहो, पर इस भावना के साथ कि बोलते समय तुम स्वयं भी उसे सुन रहे हो। इसे लिखो पर इस उद्देश्य से कि लिखते समय तुम स्वयं उसे पढ़ भी रहे हो और जो कुछ लिखो उसे अपने आचरण तथा अपनी उन्मत्त वासनाओं के शमन से जोड़ो। अपने अध्ययन का लक्ष्य अधिक जानना नहीं बल्कि बेहतर ढंग से जानना बनाओ।

अभी के लिए विदा 

लिबरल आर्ट्स एवं दर्शन के बारे में -- पत्र - 86 (एक स्टोइक के पत्र/सेनेका के पत्रों का हिन्दी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


तुम पूछते हो कि लिबरल आर्ट्स के विषय में मेरा क्या विचार है। मुझे उनमें से किसी के प्रति कोई विशेष सम्मान नहीं है और न ही मैं उस अध्ययन को अच्छा मानता हूँ जिसका उद्देश्य केवल धन कमाना हो। ये तो केवल ऐसी कलाएँ हैं जिन्हें बाज़ार में उपयोग में लाया जा सकता है। उनका महत्त्व केवल इतना है कि वे मन को आगे की शिक्षा के लिए तैयार करती हैं, न कि इसलिए कि उन्हें जीवनभर का व्यवसाय बना लिया जाए। इनका अध्ययन केवल तब तक करना चाहिए, जब तक मन किसी अधिक महत्त्वपूर्ण विषय को ग्रहण करने योग्य न हो जाए। ये हमारी प्रारम्भिक शिक्षा हैं, हमारा वास्तविक कार्य नहीं। यह स्पष्ट है कि इन्हें 'लिबरल' स्टडीज़ क्यों कहा जाता है क्योंकि वे एक स्वतंत्र व्यक्ति के योग्य हैं। किन्तु वास्तव में केवल एक ही अध्ययन ऐसा है जो सच्चे अर्थों में उदार है और वह है वह अध्ययन जो मनुष्य को मुक्त करता है अर्थात् दर्शन का अध्ययन। केवल दर्शन ही उदात्त है, सामर्थ्यवान है और महान आत्मा वाला है। अन्य सभी विद्याएँ तुच्छ और बालसुलभ हैं। या क्या तुम यह सोचते हो कि किसी ऐसी विद्या में वास्तव में कोई मूल्य हो सकता है, जिसके शिक्षक या उसे अपना व्यवसाय बनाने वाले लोग स्वयं अत्यन्त भ्रष्ट और तिरस्करणीय हों? हमारा उद्देश्य इन विद्याओं को सीखते रहना नहीं होना चाहिए बल्कि इन्हें सीखकर आगे बढ़ जाना होना चाहिए।


By Caravaggio 


    कुछ लोगों ने यह प्रश्न उठाया है कि क्या लिबरल आर्ट्स मनुष्य को अच्छा बनाती हैं। परन्तु स्वयं वे विद्याएँ भी ऐसा दावा नहीं करतीं  क्योंकि उनका उद्देश्य ही यह नहीं है। साहित्य का अध्ययन भाषा की शुद्धता से संबंधित है। यदि उसे आगे बढ़ाया जाए तो वह कथाओं तथा आख्यानों के अध्ययन तक पहुँचता है। अधिक से अधिक वह कविता के अध्ययन तक विस्तृत होता है। किन्तु इनमें से कौन-सा विषय सद्गुण की ओर जाने वाला मार्ग प्रशस्त करता है? अक्षरों और वर्णों की पहचान, शब्दों और वाक्यांशों का सूक्ष्म विश्लेषण, कथाओं का कंठस्थ करना, छंद-रचना के नियम, या छंदों के परिवर्तन, इनमें से कौन-सी बात हमारे भय को शांत करती है, हमारे लोभ को दूर करती है या हमारी इच्छाओं पर संयम स्थापित करती है? अब ज्यामिति और संगीत की ओर चलो। वहाँ भी ऐसी कोई शिक्षा नहीं मिलती जो हमें भय और वासना से मुक्त होने का उपदेश दे। यदि हमें यह नहीं आता कि भय और इच्छा पर कैसे विजय प्राप्त की जाए तो अन्य किसी भी ज्ञान का होना व्यर्थ है। 

    प्रश्न यह है कि क्या ये लोग सद्गुण की शिक्षा देते हैं। यदि नहीं तो वे अपने विद्यार्थियों को सद्गुण नहीं सिखा रहे हैं। और यदि हाँ तो वे दार्शनिक हैं। क्या तुम जानना चाहते हो कि वे इस उद्देश्य से कितने दूर हैं? बस यह देखो कि उनकी सभी विद्याएँ एक-दूसरे से कितनी भिन्न हैं। यदि वे सभी एक ही सत्य की शिक्षा दे रही होतीं तो उनमें किसी न किसी प्रकार की समानता अवश्य दिखाई देती। 

    जब तक कि वे तुम्हें यह विश्वास न दिला दें कि होमर एक दार्शनिक था! किन्तु ऐसा करते हुए वे स्वयं अपने तर्कों का खंडन कर बैठते हैं। कभी वे उसे स्टोइक सिद्ध करते हैं, जो केवल सद्गुण को ही श्रेष्ठ मानता है और अमर जीवन प्राप्त करने के लिए भी सम्माननीय आचरण का त्याग नहीं करता, कभी वे उसे एपिक्यूरियन बताते हैं, जो गीत-संगीत और उत्सवों के बीच रहते हुए शांत नागरिक जीवन की प्रशंसा करता है, कभी वे उसे पेरिपैटेटिक कहते हैं, जो तीन प्रकार के शुभों का प्रतिपादन करता है और कभी उसे अकादमिक घोषित करते हैं, जो यह मानता है कि किसी भी विषय में पूर्ण निश्चितता संभव नहीं है। इससे तो केवल यही सिद्ध होता है कि इनमें से कोई भी दर्शन वास्तव में उसका नहीं है क्योंकि यदि वे सभी उसके होते तो वे एक-दूसरे के साथ असंगत न होते। किन्तु मान लो कि होमर वास्तव में एक दार्शनिक था। तब भी वह दार्शनिक तो अपनी कविताएँ सीखने या रचने से पहले ही बन चुका होगा। इसलिए हमें उन बातों का अध्ययन करना चाहिए जिन्होंने होमर को बुद्धिमान बनाया, न कि केवल उसकी कविताओं का। 

    मेरे लिए यह जाँच करना कि होमर पहले हुए या हेसिओड, उतना ही निरर्थक है जितना यह जानना कि हेकुबा समय से पहले वृद्ध कैसे हो गई, जबकि वास्तव में वह हेलेन से छोटी थी। मैं तुमसे पूछता हूँ, पैट्रोक्लस और अकिलीस की आयु में कौन बड़ा था और कौन छोटा, यह जानने का क्या महत्व है? क्या तुम यह जानना चाहते हो कि यूलिसीस (ओडीसियस) अपनी भटकनों के दौरान कहाँ-कहाँ गया था या यह सीखना चाहते हो कि हमें अपनी निरंतर भटकन से कैसे मुक्त होना चाहिए? हमारे पास यह सुनने का समय नहीं है कि वह इटली और सिसिली के बीच के समुद्र में तूफ़ान का शिकार हुआ था या ज्ञात संसार की सीमाओं से बाहर क्योंकि इतना लंबा समय वह इतने संकरे जलडमरूमध्य में भटक ही नहीं सकता था। सच्चाई यह है कि हम स्वयं अपने जीवन के प्रत्येक दिन मन के तूफ़ानों से घिरे रहते हैं, और हमारे अपने दुर्गुण हमें वही सब कष्ट देते हैं जिनका सामना यूलिसीस ने किया था। वे सब हमारे जीवन में उपस्थित हैं, ऐसा सौंदर्य जो आँखों को मोहित कर ले, शत्रु, मानव-रक्त के प्यासे भयंकर राक्षस, एक ओर सायरनों का मोहक गीत और दूसरी ओर जहाज़-डूबने तथा हर प्रकार के संकट। मुझे यह सिखाओ कि अपने देश से कैसे प्रेम करूँ, अपनी पत्नी से कैसे प्रेम करूँ, अपने पिता से कैसे प्रेम करूँ। मुझे यह सिखाओ कि यदि मार्ग में मेरा जहाज़ भी डूब जाए, तब भी मैं उस सम्मानपूर्ण लक्ष्य तक कैसे पहुँचूँ। तुम यह जानने का प्रयास क्यों करते हो कि पेनेलोपे पवित्र थी या नहीं? क्या उसने अपने आस-पास के सभी लोगों को धोखा दिया था? और क्या उसने यह पहचान लिया था कि उसके सामने खड़ा व्यक्ति यूलिसीस ही है, उससे पहले कि किसी ने उसे यह बताया? मुझे यह सिखाओ कि पवित्रता क्या है, उसका वास्तविक मूल्य क्या है और वह शरीर में निवास करती है या मन में।

    अब मैं संगीत की ओर आता हूँ। तुम मुझे सिखाते हो कि ऊँचे और नीचे स्वरों में किस प्रकार सामंजस्य स्थापित होता है। भिन्न-भिन्न सुरों वाले तार किस प्रकार मधुर संगति उत्पन्न करते हैं। इसके स्थान पर मुझे यह सिखाओ कि मेरे अपने मन में सामंजस्य कैसे स्थापित हो और मेरे संकल्प एक-दूसरे के विरोधी न हों। तुम मुझे बताते हो कि कौन-से राग या संगीत-रूप विषाद व्यक्त करते हैं। इसके बजाय मुझे यह सिखाओ कि विपत्तियों के बीच भी मैं शोक से कैसे बचा रहूँ। 

    ज्यामिति का ज्ञाता मुझे यह सिखाता है कि किसी खेत का क्षेत्रफल कैसे निकाला जाए, किन्तु वह यह नहीं सिखाता कि मनुष्य के लिए कितनी संपत्ति पर्याप्त है। वह मुझे गणना करना सिखाता है और मेरी उँगलियों को लोभ की सेवा में लगा देता है। परन्तु वह यह नहीं सिखाता कि ऐसी गणनाएँ वास्तव में निरर्थक हैं और यह कि अपनी आय-व्यय का हिसाब रखने वालों को थका देने से कोई अधिक सुखी नहीं हो जाता। बल्कि सच्चाई तो यह है कि जो व्यक्ति अपनी संपत्ति का हिसाब स्वयं करने को ही दुर्भाग्य समझता है, उसके पास आवश्यकता से अधिक और अनावश्यक वस्तुओं के अतिरिक्त कुछ नहीं है। यदि मैं अपने भाई के साथ खेत का उचित बँटवारा करना ही नहीं जानता तो किसी भूमि का सही-सही विभाजन करना सीखने से मुझे क्या लाभ? यदि पड़ोसी मेरी भूमि की सीमा से थोड़ा-सा भाग काट ले जाने पर मैं व्याकुल हो उठता हूँ तो एक बगीचे के टुकड़े का क्षेत्रफल एक फुट के दसवें भाग तक की शुद्धता से निकालना मेरे किस काम का? वह मुझे सिखाता है कि अपनी भूमि की सीमा पर स्थित उस छोटे-से हिस्से को खोने से कैसे बचूँ। किन्तु मैं तो यह जानना चाहता हूँ कि अपनी सारी संपत्ति खोकर भी प्रसन्नचित्त कैसे रहा जाए। “मुझसे वह भूमि छीनी जा रही है जो मेरे पिता और दादा की थी!” तो इससे क्या हुआ? तुम्हारे दादा से पहले उसका स्वामी कौन था? क्या तुम यह भी बता सकते हो कि वह किस जाति या राष्ट्र की थी, किसी व्यक्ति की तो बात ही छोड़ो? तुम उस भूमि पर स्वामी बनकर नहीं बल्कि एक अत्याचारी शासक की तरह अधिकार जमाकर बैठे हो। 

    तुम किसके किरायेदार हो? यदि तुम्हारा सौभाग्य है तो उसी व्यक्ति के किरायेदार हो जो तुम्हारे बाद उसका उत्तराधिकारी बनेगा। विधिवेत्ता कहते हैं कि सार्वजनिक भूमि पर कोई भी व्यक्ति स्थायी स्वामित्व स्थापित नहीं कर सकता। जिस भूमि पर तुम रहते हो और जिसे अपनी कहते हो, वह वास्तव में सार्वजनिक है बल्कि उससे भी बढ़कर, वह समस्त मानव-जाति की है। क्या अद्भुत कौशल है! तुम वक्र आकृतियों का माप जानते हो। तुम्हें जो भी आकृति दी जाए, उसे वर्ग में परिवर्तित कर सकते हो। तुम तारों के बीच की दूरी बता सकते हो। वास्तव में ऐसी कोई वस्तु नहीं जिसे तुम माप न सको। यदि तुम इतने ही कुशल मापक हो तो मनुष्य के मन को मापो। बताओ कि वह कितना महान है और कितना तुच्छ भी हो सकता है। तुम जानते हो कि कौन-सी रेखा समकोण बनाती है। किन्तु यदि तुम्हें यह नहीं मालूम कि जीवन में क्या सही है, तो उस ज्ञान का तुम्हारे लिए क्या उपयोग है?

    अब मैं उस विद्या की ओर आता हूँ जो स्वयं को आकाश और नक्षत्रों के ज्ञान पर गर्व करती है—

जहाँ शीतल ज्योति वाला शनि अपना मार्ग बनाता है,
और चंचल बुध का अग्निमय तारा किन-किन कक्षाओं में विचरण करता है।

    इन बातों को जानकर मुझे क्या लाभ होगा? क्या केवल इसलिए कि जब शनि और मंगल आमने-सामने हों या जब बुध संध्या समय शनि की दृष्टि में अस्त हो, तब मैं चिंता करता रहूँ? इसके बजाय मुझे यह सीखना चाहिए कि ग्रह जहाँ कहीं भी हों, वे मेरे लिए अनुकूल ही हैं और उन्हें बदला नहीं जा सकता। उनकी गतियाँ भाग्य के निरंतर और अटल विधान द्वारा निर्धारित हैं। वे निश्चित मार्गों पर चलते हैं और या तो संसार की सभी घटनाओं का निर्धारण करते हैं अथवा उनका संकेत देते हैं। किन्तु यदि वे सब कुछ घटित कराते हैं तो ऐसी बातों को जानने से क्या लाभ जिन्हें बदला ही नहीं जा सकता? और यदि वे केवल भविष्य की घटनाओं का संकेत देते हैं तो उन बातों को पहले से जान लेने का क्या लाभ जिनसे बचा ही नहीं जा सकता? वे घटनाएँ तो तुम्हें पता हों या न हों, घटित होकर ही रहेंगी।

यदि तुम सूर्य की तीव्र गति पर और उसके पीछे क्रम से चलने वाले तारों पर दृष्टि रखो,
तो आने वाला कल तुम्हें कभी अचानक नहीं चौंकाएगा,
और निर्मल रात्रि भी तुम्हें किसी छिपे हुए आक्रमण से भयभीत नहीं करेगी।

किन्तु जहाँ तक मेरा प्रश्न है, मैंने ऐसे किसी भी आकस्मिक आघात से बचने के लिए पहले ही पर्याप्त तैयारी कर रखी है। 

    “क्या सचमुच यह सत्य है कि आने वाला कल मुझे कभी आश्चर्यचकित नहीं करेगा? जो घटना किसी व्यक्ति के ज्ञान के बिना घटती है, क्या वह उसे आश्चर्यचकित नहीं करती?” मैं यह नहीं जानता कि कल क्या होगा। किन्तु मैं यह अवश्य जानता हूँ कि क्या-क्या हो सकता है। ऐसी किसी भी संभावना को मैं अपनी अपेक्षा से बाहर नहीं रखता। मैं हर संभावित घटना की अपेक्षा करता हूँ और यदि उनमें से किसी से मेरा बचाव हो जाए, तो मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानता हूँ। आने वाला कल मुझे तभी चकित करता है जब वह मुझे किसी विपत्ति से बचा लेता है। परन्तु तब भी वह मुझे वास्तव में आश्चर्यचकित नहीं करता क्योंकि जिस प्रकार मैं जानता हूँ कि ऐसी कोई भी घटना नहीं है जो मेरे साथ घटित न हो सके, उसी प्रकार मैं यह भी जानता हूँ कि उनमें से कोई भी घटना निश्चित रूप से घटित होगी, यह आवश्यक नहीं है। इसलिए मैं सर्वोत्तम की आशा करता हूँ, किन्तु सबसे बुरे के लिए भी स्वयं को तैयार रखता हूँ। 

    यदि मैं नियमित क्रम का पालन न करूँ तो इसे सहन करना। मैं चित्रकारों को उदार कलाओं के साधकों में नहीं गिन सकता। उसी प्रकार मूर्तिकारों, संगमरमर तराशने वालों और विलासिता की सेवा करने वाले अन्य सभी कारीगरों को भी नहीं। इसी प्रकार मैं पहलवानों तथा उन सभी विद्याओं को भी अस्वीकार करता हूँ जिनका संबंध केवल तेल और धूल-मिट्टी से है। अन्यथा मुझे मालिश करने वालों, रसोइयों और उन सभी लोगों को भी उदार कलाओं में गिनना पड़ेगा जो अपनी कला को केवल हमारे भोग-विलास की पूर्ति में लगाते हैं। ज़रा बताओ तो सही, उन भूखे-से दिखने वाले लोगों की कला को कैसे उदार कला कहा जा सकता है, जो शरीर को तो भोजन की नाँद के सामने पालते-पोसते हैं। जबकि उनका मन पोषण के अभाव में दुर्बल होता जाता है? क्या हमें आज के युवकों की इस बात पर विश्वास कर लेना चाहिए कि यही उदार शिक्षा है? हमारे पूर्वज अपने युवकों को सीधा और दृढ़ खड़ा होना सिखाते थे, भाला फेंकना, बरछी चलाना, घुड़सवारी करना तथा तलवार और ढाल का उपयोग करना सिखाते थे। वे अपने बच्चों को ऐसी कोई शिक्षा नहीं देते थे जिसे लेटकर सीखा जाए। किन्तु न तो ये प्राचीन कलाएँ और न ही आज की नई कलाएँ सद्गुण की शिक्षा देती हैं या उसका विकास करती हैं। क्योंकि घोड़े को नियंत्रित करना, लगाम से उसकी चाल को रोकना और दिशा देना सीख लेने से क्या लाभ, यदि स्वयं सवार ही अपनी अनियंत्रित और बेलगाम वासनाओं के वश में हो? कुश्ती या मुक्केबाज़ी में अनेक प्रतिद्वंद्वियों को परास्त कर लेने से क्या लाभ, यदि विजेता स्वयं अपने क्रोध का पराजित बंदी बना हुआ हो?

    “तो क्या उदार विद्याओं का हमें कोई लाभ ही नहीं है?” है, पर केवल कुछ सीमित उद्देश्यों की पूर्ति के लिए। सद्गुण की प्राप्ति के लिए नहीं। क्योंकि वे कलाएँ भी, जो अपने निम्न स्तर को खुले रूप में स्वीकार करती हैं और जिनका आधार हाथ का कौशल है, जीवन की अनेक आवश्यकताओं की पूर्ति करती हैं। फिर भी उनका सद्गुण से कोई संबंध नहीं है। “तो फिर हम अपने बच्चों को उदार विद्याओं की शिक्षा क्यों देते हैं?” इसलिए नहीं कि वे उन्हें सद्गुण सिखा सकती हैं बल्कि इसलिए कि वे उनके मन को सद्गुण ग्रहण करने योग्य बनाती हैं। जैसे प्रारंभिक शिक्षा, जिसे पहले ‘अक्षर-ज्ञान’ कहा जाता था, बच्चों को शिक्षा की मूल बातें सिखाती है। पर स्वयं उदार विद्याओं की शिक्षा नहीं देती। वह केवल उनके लिए आधार तैयार करती है। उसी प्रकार उदार विद्याएँ भी मन को सीधे सद्गुण तक नहीं पहुँचातीं बल्कि उस यात्रा के लिए उसे तैयार करती हैं। 

    पॉसिडोनियस के अनुसार कलाएँ चार प्रकार की होती हैं— साधारण और निम्न कलाएँ, मनोरंजन की कलाएँ, बाल्यावस्था की कलाएँ और उदार कलाएँ। साधारण कलाएँ वे हैं जिनका अभ्यास कारीगर करते हैं। उनका आधार हाथ का कौशल है और उनका उद्देश्य जीवन की आवश्यकताओं की पूर्ति करना है। इनमें न तो कोई विशेष आकर्षण है और न ही सम्माननीयता का कोई आभास। मनोरंजन की कलाएँ वे हैं जिनका संबंध आँखों और कानों के सुख से है। इनमें उन अभियंताओं की कला भी आती है जो रंगमंच पर ऐसे यंत्र बनाते हैं जिनसे मंच बिना किसी सहारे के ऊपर उठता हुआ दिखाई देता है या मंच के भाग बिना किसी आवाज़ के आकाश की ओर उठ जाते हैं। इसी प्रकार वे अनेक विचित्र युक्तियाँ बनाते हैं, जहाँ समतल भूमि थी वहाँ अचानक दरारें खुल जाती हैं, फिर अपने-आप बंद हो जाती हैं या ऊँचे उठे हुए मंच धीरे-धीरे नीचे आ जाते हैं। जो लोग इन युक्तियों से परिचित नहीं होते, उनकी आँखों को ये सब अत्यंत अद्भुत लगते हैं। वे प्रत्येक अप्रत्याशित दृश्य पर आश्चर्य करते हैं क्योंकि वे उसके कारण को नहीं जानते। बाल्यावस्था की कलाएँ उदार विद्याओं से कुछ समानता रखती हैं। यूनानी इन्हें ‘एन्साइक्लिकल’ (encyclical) कहते हैं। हमारी भाषा में इन्हें ‘उदार विद्याएँ’ कहा जाता है। किन्तु वास्तव में केवल वही विद्याएँ उदार हैं और सच कहूँ तो केवल वही वास्तव में स्वतंत्र मनुष्य के योग्य हैं जिनका संबंध सद्गुण से है। 

    कोई इस प्रकार आपत्ति कर सकता है। “दर्शन के कई विभाग हैं। एक प्राकृतिक जगत का अध्ययन है, दूसरा नीतिशास्त्र और तीसरा तर्कशास्त्र। उसी प्रकार उदार विद्याएँ भी दर्शन के भीतर अपना स्थान चाहती हैं। जब हम प्रकृति से संबंधित प्रश्नों की जाँच करते हैं, तब हम ज्यामिति के प्रमाणों का सहारा लेते हैं। इसलिए, यदि ज्यामिति दर्शन की सहायता करती है तो वह दर्शन का एक भाग भी होनी चाहिए।” किन्तु अनेक ऐसी वस्तुएँ हैं जो हमारी सहायता तो करती हैं पर हमारा अंग नहीं होतीं। बल्कि यदि वे स्वयं हमारा अंग होतीं तो वे हमारी सहायता करने वाली वस्तुएँ न कहलातीं। भोजन शरीर की सहायता करता है, फिर भी वह शरीर का अंग नहीं है। उसी प्रकार ज्यामिति दर्शन के लिए उपयोगी है जैसे, ज्यामिति के लिए उपकरण बनाने वाला कारीगर आवश्यक होता है। परंतु जैसे वह कारीगर स्वयं ज्यामिति का भाग नहीं है, वैसे ही ज्यामिति भी दर्शन का भाग नहीं है। इसके अतिरिक्त, दोनों का अपना-अपना निश्चित विषय है। दार्शनिक प्राकृतिक घटनाओं की जाँच करता है और उनका ज्ञान प्राप्त करता है। जबकि ज्यामितिज्ञ आकृतियों और मापों का अध्ययन करता है तथा उनके आधार पर गणनाएँ करता है। आकाशीय पिंडों की गति का कारण, उनका प्रभाव और उनका स्वभाव—ये सब दार्शनिक के अध्ययन के विषय हैं। किन्तु उनकी कक्षाएँ, उपवृत्त (एपिसाइकिल), और वे प्रत्यक्ष गतियाँ जिनमें वे कभी ऊपर उठते, कभी नीचे आते या कभी स्थिर प्रतीत होते हैं। जबकि वास्तव में कोई भी आकाशीय पिंड स्थिर नहीं रहता, ये सब गणितीय खगोलशास्त्री के विषय हैं। दार्शनिक यह जानता है कि दर्पण में प्रतिबिंब क्यों दिखाई देता है। जबकि ज्यामितिज्ञ तुम्हें बता सकता है कि वस्तु अपने प्रतिबिंब से कितनी दूरी पर होनी चाहिए और किस प्रकार का दर्पण किस प्रकार का प्रतिबिंब उत्पन्न करता है। दार्शनिक यह सिद्ध करेगा कि सूर्य विशाल है। जबकि खगोलशास्त्री अनुभव और निरीक्षण के आधार पर यह ज्ञात करेगा कि वह वास्तव में कितना बड़ा है। परंतु इस प्रकार निष्कर्ष तक पहुँचने के लिए उसे कुछ मूल सिद्धांतों की आवश्यकता होती है। कोई भी विद्या अपने बल पर पूर्ण नहीं हो सकती यदि उसके मूल सिद्धांत किसी दूसरी विद्या से प्राप्त होते हों। दर्शन किसी अन्य विद्या से कुछ नहीं माँगता। वह अपनी पूरी इमारत की नींव स्वयं रखता है। गणितीय खगोलशास्त्र मानो उस इमारत की ऊपरी मंज़िल है, जो किसी दूसरी नींव पर खड़ी की गई है। वह अपने मूल सिद्धांत कहीं और से ग्रहण करता है और उन्हीं के सहारे आगे बढ़ता है। यदि वह अपने बल पर सत्य तक पहुँच सकता, यदि वह स्वयं सम्पूर्ण विश्व-प्रकृति को समझ पाने में समर्थ होता, तो मैं स्वीकार कर लेता कि उसके पास हमें देने के लिए बहुत कुछ है। क्योंकि आकाशीय घटनाओं का अध्ययन करते हुए हमारा मन भी अधिक व्यापक और अधिक ऊँचा बनता है। 

    मनुष्य का मन अपनी पूर्ण ऊँचाई केवल एक ही मार्ग से प्राप्त करता है जब उसे इस बात का अटल ज्ञान हो जाता है कि वास्तव में क्या शुभ है और क्या अशुभ। और इस विषय में किसी अन्य विद्या के पास सिखाने के लिए कुछ भी नहीं है। अब आओ, हम एक-एक करके सद्गुणों का विचार करें। साहस वह सद्गुण है जो भय उत्पन्न करने वाली प्रत्येक वस्तु का तिरस्कार करता है। जो कुछ भी हमें भयभीत करता है और हमारी स्वतंत्रता को दासता के जुए के नीचे झुका देता है, उसका साहस तिरस्कार करता है, उसका सामना करता है और उस पर विजय प्राप्त करता है। क्या उदार विद्याएँ इस साहस को दृढ़ बनाने में कोई सहायता करती हैं? निष्ठा मनुष्य के हृदय का सबसे पवित्र गुण है। कोई भी कष्ट उसे छल करने के लिए विवश नहीं कर सकता और कोई भी पुरस्कार उसे विश्वासघात के लिए प्रेरित नहीं कर सकता। निष्ठा कहती है, “मुझे जला दो, मेरे अंग काट दो, मुझे मार डालो, फिर भी मैं अपने विश्वास के साथ विश्वासघात नहीं करूँगी। जितना अधिक पीड़ा मुझसे मेरे रहस्य उगलवाने का प्रयास करेगी, उतना ही अधिक मैं उन्हें अपने भीतर छिपाकर रखूँगी।” क्या उदार विद्याएँ ऐसा चरित्र गढ़ सकती हैं? आत्मसंयम हमारी इच्छाओं और भोगों पर शासन करता है। कुछ इच्छाओं का वह तिरस्कार करके उन्हें पूरी तरह त्याग देता है और कुछ को सीमित कर स्वस्थ मर्यादा के भीतर रखता है। वह कभी भी सुखों को केवल उनके अपने लिए नहीं चाहता क्योंकि वह जानता है कि इच्छाओं की सबसे उत्तम सीमा यही है कि जितनी आवश्यकता हो उतना ही ग्रहण किया जाए, न कि जितनी इच्छा हो उतना। सद्भाव या दयालुता मनुष्य को अपने साथियों के प्रति घमंडी या दोष-दृष्टि रखने वाला बनने से रोकती है। वह वाणी, व्यवहार और भावना, तीनों में सबके प्रति कोमल और सहज रहती है। वह दूसरों के प्रत्येक दुःख को अपना दुःख समझती है और प्रत्येक शुभ अवसर का स्वागत मुख्यतः इसलिए करती है कि उसका लाभ दूसरों के साथ बाँट सके। क्या उदार विद्याएँ ऐसा आचरण सिखाती हैं? नहीं। वे हमें ईमानदारी, आत्मसंयम, मर्यादा, सादगी और मितव्ययिता भी नहीं सिखातीं। उसी प्रकार वे हमें क्षमा और करुणा भी नहीं सिखातीं। वह करुणा जो दूसरे के रक्त के प्रति उतनी ही सावधान रहती है जितनी अपने रक्त के प्रति क्योंकि वह जानती है कि किसी भी मनुष्य को कभी भी दूसरे मनुष्य के जीवन का मूल्य नहीं भूलना चाहिए।

    “तुम लोग कहते हो कि उदार विद्याओं के बिना सद्गुण की प्राप्ति नहीं हो सकती। फिर तुम यह कैसे कहते हो कि उनका सद्गुण में कोई योगदान नहीं है?” इसका उत्तर यह है, जिस प्रकार भोजन के बिना भी सद्गुण की प्राप्ति नहीं हो सकती, फिर भी भोजन का सद्गुण से कोई संबंध नहीं है। उसी प्रकार लकड़ी जहाज़ के निर्माण में कोई योगदान नहीं देती, यद्यपि जहाज़ लकड़ी के बिना बनाया नहीं जा सकता। मेरा आशय यह है कि केवल इसलिए यह नहीं मान लेना चाहिए कि एक वस्तु दूसरी में योगदान देती है क्योंकि दूसरी वस्तु उसके बिना अस्तित्व में नहीं आ सकती। इसके अतिरिक्त, यह भी कहा जा सकता है कि वास्तव में उदार विद्याओं के बिना भी बुद्धिमत्ता प्राप्त की जा सकती है। क्योंकि यद्यपि सद्गुण को सीखना आवश्यक है, पर उसे इन विद्याओं के माध्यम से नहीं सीखा जाता। मेरे पास यह मानने का क्या कारण है कि जो व्यक्ति अक्षर-ज्ञान से वंचित है, वह बुद्धिमान नहीं बन सकता? बुद्धिमत्ता अक्षरों में नहीं रहती। अक्षर केवल तथ्य सिखाते हैं, शब्द नहीं और संभव है कि जब स्मृति को अपने अतिरिक्त किसी दूसरे सहारे पर निर्भर न रहना पड़े, तब वह और भी अधिक दृढ़ हो जाती है। 

    बुद्धिमत्ता विशाल और व्यापक होती है। उसे पर्याप्त स्थान चाहिए। मनुष्य को मानव-संबंधी और दैवी विषयों का अध्ययन करना चाहिए। भूतकाल और भविष्य का, नश्वर और शाश्वत का भी। समय के विषय में भी उसे विचार करना चाहिए और देखो, केवल इसी एक विषय पर कितने प्रश्न उठते हैं! पहला, क्या समय स्वयं में कोई स्वतंत्र सत्ता है? दूसरा, क्या समय से पहले भी कुछ था, क्या कोई ऐसी सत्ता है जो समय से परे है? क्या समय का आरंभ संसार के साथ ही हुआ या चूँकि संसार से पहले भी कुछ अस्तित्व में था, इसलिए समय भी तब से विद्यमान था? केवल आत्मा के विषय में ही असंख्य प्रश्न पूछे जा सकते हैं। वह कहाँ से आती है? उसका स्वरूप क्या है? उसका अस्तित्व कब प्रारंभ होता है। वह कितने समय तक रहती है? क्या वह एक शरीर से दूसरे शरीर में जाती रहती है, एक जीवित प्राणी से दूसरे में अपना निवास बदलती रहती है? या क्या वह केवल एक बार ही इस देह-बंधन को सहती है और मुक्त होकर समस्त ब्रह्मांड में विचरण करती है? क्या वह साकार है या निराकार? जब वह हमारे माध्यम से कार्य करना बंद कर देती है, तब वह क्या करती है? इस कारागार से मुक्त होने के बाद वह अपनी स्वतंत्रता का उपयोग किस प्रकार करती है? या क्या वह अपने पूर्व जीवन को भूल जाती है और शरीर से अलग होकर उच्च लोकों में पहुँचते ही पहली बार अपने वास्तविक स्वरूप को जानती है? मानव और दैवी विषयों में से तुम किसी भी एक को चुन लो, तुम्हें इतने अधिक प्रश्न मिलेंगे कि उनके अध्ययन और विचार में पूरा जीवन लग सकता है। जब हमारे मन को व्यस्त रखने के लिए इतने महान विषय उपस्थित हैं, तब हमें उनके लिए स्थान बनाना चाहिए और उन सब बातों को निकाल देना चाहिए जो अनावश्यक हैं। सद्गुण इतने संकुचित स्थान में निवास नहीं करता। इतना महान अतिथि विस्तृत स्थान चाहता है। इसलिए सब अनावश्यक बातों को हृदय से बाहर कर दो और अपने पूरे हृदय को सद्गुण के लिए खुला रहने दो। 

    “फिर भी अनेक प्रकार की विद्याओं का ज्ञान होना आनंददायक है।” यदि ऐसा है तो हमें उनमें से केवल उतना ही रखना चाहिए जितनी वास्तव में आवश्यकता हो। या क्या तुम्हें यह उचित लगता है कि जो व्यक्ति अपने घर के लिए अनुपयोगी सामान खरीदता है और महँगी वस्तुओं का प्रदर्शन करता है, उसकी तो आलोचना की जाए, पर जो व्यक्ति अनावश्यक साहित्यिक ज्ञान का विशाल भंडार इकट्ठा करने में लगा रहता है, उसकी नहीं? आवश्यकता से अधिक जानने की इच्छा भी असंयम का ही एक रूप है। वास्तव में उदार विद्याओं का ऐसा अध्ययन मनुष्यों को अप्रिय, वाचाल, आडंबरपूर्ण और आत्मसंतुष्ट बना देता है। क्योंकि वे उन बातों को सीखते रहते हैं जिन्हें जानने की उन्हें आवश्यकता नहीं होती, और परिणामस्वरूप वे उन बातों को सीख ही नहीं पाते जिन्हें वास्तव में जानना चाहिए। साहित्य के विद्वान डिडिमस ने चार हज़ार ग्रंथ लिखे थे। यदि उसने केवल उतनी ही निरर्थक पुस्तकों का अध्ययन किया होता तो भी मुझे उस पर दया आती। कुछ ग्रंथों में वह यह खोजता है कि होमर का जन्मस्थान कहाँ था। कुछ में यह कि ऐनियस की वास्तविक माता कौन थी। कुछ में यह कि अनाक्रेयोन अधिक कामुक था या अधिक मद्यपान का अभ्यासी। कुछ में यह कि क्या सैफो वास्तव में वेश्या थी और ऐसे ही अनेक अन्य विषयों पर भी उसने लिखा। यदि तुम्हें ऐसे प्रश्नों के उत्तर मालूम भी हों तो तुम्हें उन्हें भूलने का प्रयत्न करना चाहिए। फिर भी तुम कहते हो कि जीवन बहुत छोटा है! किन्तु हमारे अपने देशवासियों में भी ऐसी अनेक अतिशयताएँ हैं जिन्हें कुल्हाड़ी से काटकर हटाने की आवश्यकता है। कितना समय नष्ट करके और दूसरों के कानों को कितना कष्ट पहुँचाकर हम केवल यह प्रशंसा सुनने के लिए प्रयत्न करते हैं—“क्या विद्वान व्यक्ति है!” इससे कहीं अच्छा है कि हम एक कम आडंबरपूर्ण उपाधि से ही संतुष्ट रहें—“क्या अच्छा मनुष्य है!”

    तो क्या मुझे सभी राष्ट्रों के इतिहास खँगालने चाहिए ताकि यह पता लगा सकूँ कि कविता सबसे पहले किसने लिखी? क्या मुझे यह गणना करनी चाहिए कि ऑर्फ़ियस और होमर के बीच कितने वर्ष बीते। जबकि इस संबंध में कोई लिखित प्रमाण ही उपलब्ध नहीं हैं? क्या मुझे उन संपादकीय चिह्नों का अध्ययन करना चाहिए जिनसे अरिस्टार्कस ने दूसरे कवियों की रचनाओं पर अपनी टिप्पणियाँ अंकित की थीं और अपना जीवन मात्र अक्षरों और मात्राओं के विश्लेषण में बिता देना चाहिए? क्या मुझे ज्यामिति की धूल में ही उलझे रहना चाहिए? क्या मैं वह हितकारी उपदेश भूल गया हूँ, “अपने समय का सदुपयोग करो”? यदि मैं इन सब बातों को सीखने में लगा रहूँ तो फिर किन बातों को छोड़ दूँ? गायस सीज़र के शासनकाल में एपियोन नामक एक साहित्य-विद्वान यूनान की यात्रा पर गया। वहाँ के नगरों ने उसे होमर के नाम पर अपना नागरिक बना लिया। वह कहा करता था कि होमर ने ओडिसी और इलियड की रचना पूरी करने के बाद अपनी कृति के आरंभ में एक प्रस्तावना भी जोड़ दी थी, जिसमें पूरे ट्रॉय-युद्ध का सार समाहित था। इसके प्रमाण के रूप में वह यह तर्क देता था कि इलियड की पहली पंक्ति के पहले दो अक्षर जान-बूझकर इस उद्देश्य से रखे गए थे कि वे उस कृति के खंडों (पुस्तकों) की संख्या का संकेत दें। यही वे बातें हैं जिन्हें तथाकथित बहुश्रुत विद्वान के लिए जानना आवश्यक माना जाता है! ज़रा सोचो, तुम्हारे जीवन का कितना समय रोगों में बीत जाता है। कितना सार्वजनिक और निजी कार्यों में। कितना दैनिक आवश्यकताओं में और कितना नींद में। अपने जीवन का ठीक-ठीक हिसाब लगाओ। उसमें इतनी सारी निरर्थक बातों के लिए स्थान ही नहीं है। 

    मैं अब तक उदार विद्याओं की चर्चा कर रहा था। किन्तु दार्शनिकों के पास भी समय नष्ट करने के अपने तरीके हैं और उनके भी अपने निरर्थक विषय हैं। वे भी अक्षरों की मात्राएँ गिनने, तथा अव्ययों और संबंधबोधक शब्दों के सही अर्थ निर्धारित करने में लग जाते हैं। साहित्य-विदों और ज्यामितिज्ञों से ईर्ष्या करके उन्होंने उनकी सारी अनावश्यक सूक्ष्मताओं को अपना लिया है। परिणाम यह हुआ कि वे सही ढंग से बोलने की कला तो अधिक जानते हैं। पर सही ढंग से जीना नहीं। मैं तुम्हें बताता हूँ कि ऐसी अतिसूक्ष्म तर्कबाज़ी कितनी हानिकारक हो सकती है और वह सत्य से कितनी दूर ले जाती है। प्रोटागोरस का दावा था कि वह किसी भी प्रश्न के दोनों पक्षों का समान शक्ति से समर्थन कर सकता है, यहाँ तक कि इस प्रश्न का भी कि क्या वास्तव में हर प्रश्न के दोनों पक्षों का समर्थन किया जा सकता है। नाउसिफ़ानेस का कहना था कि जो वस्तुएँ हमें वास्तविक प्रतीत होती हैं, वे वास्तव में अवास्तविक वस्तुओं से अधिक वास्तविक नहीं हैं। पार्मेनिदेस का मत था कि जो कुछ हमें अनेक और भिन्न-भिन्न दिखाई देता है, वह वास्तव में उस एकमात्र सत्ता से अलग नहीं है। एलेआ के ज़ेनो ने तो पूरा विवाद ही समाप्त कर दिया। उसका कहना था कि वास्तव में कुछ भी अस्तित्व में नहीं है। पाइर्रोनवादी, मेगारावादी, एरेट्रियावादी और अकादमिक, ये सब भी कमोबेश इसी दिशा में चले गए। उन्होंने एक ऐसी नई प्रकार की विद्या प्रस्तुत की, जो यह दावा करती है कि वह कुछ भी नहीं जानती। इन सबको भी लिबरल आर्ट्स की उसी निरर्थक भीड़ में डाल दो। पहली श्रेणी के लोग मुझे कोई उपयोगी ज्ञान नहीं देते। दूसरी श्रेणी तो मुझसे ज्ञान प्राप्त करने की आशा भी छीन लेती है। निरर्थक बातें सीख लेना, कुछ भी न सीखने से फिर भी बेहतर है। एक वर्ग मेरे सामने सत्य का मार्ग दिखाने के लिए कोई दीपक नहीं जलाता। दूसरा तो मेरी आँखें ही निकाल देता है। 

    यदि मैं प्रोटागोरस पर विश्वास करूँ तो संसार में कोई भी बात निश्चित नहीं रह जाती। सब कुछ विवादास्पद हो जाता है। यदि मैं नाउसिफ़ानेस पर विश्वास करूँ, तो केवल एक बात निश्चित है कि कुछ भी निश्चित नहीं है। यदि मैं पार्मेनिदेस पर विश्वास करूँ तो उस एकमात्र सत्ता के अतिरिक्त कुछ भी अस्तित्व में नहीं है। और यदि मैं ज़ेनो पर विश्वास करूँ तो वह एकमात्र सत्ता भी नहीं है। तो फिर हम क्या हैं? और ये सब वस्तुएँ क्या हैं जो हमें चारों ओर से घेरे हुए हैं, हमारा पालन-पोषण करती हैं और हमें जीवित रखती हैं? क्या यह समूचा संसार केवल एक छाया है या तो पूर्णतः शून्य या फिर छल से भरी हुई? मैं तो यह भी नहीं कह सकता कि मुझे किस पर अधिक क्रोध आता है, उन पर, जिन्होंने चाहा कि हम कुछ भी न जानें या उन पर, जिन्होंने हमसे इतना भी छीन लिया कि हम यह भी न जान सकें कि हम कुछ नहीं जानते।


अभी के लिए विराम 

Friday, 10 July 2026

मन की सूक्ष्मता के संदर्भ में -- पत्र - 57 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


जब मुझे बाइए छोड़कर नेपल्स लौटना पड़ा तो मैंने फिर से नाव से जाने का साहस नहीं किया। लोगों ने कहा कि समुद्र में तूफ़ान है और मुझे इस बात पर सहज ही विश्वास हो गया। लेकिन पूरे मार्ग में इतना कीचड़ था कि कोई यह समझ सकता था कि मैं नाव से ही वहाँ पहुँचा हूँ। उस दिन मुझे मानो पूरे एथलीटों वाले कठोर अभ्यास का अनुभव करना पड़ा क्योंकि कीचड़ से निकलते ही हम सीधे नेपल्स की सुरंग की धूल में जा पहुँचे। उस कालकोठरी से अधिक लंबी और उससे अधिक अँधेरी कोई जगह नहीं हो सकती। वहाँ जलती हुई मशालें भी केवल इतना ही कर पाती थीं कि हमें अँधेरा दिखाई दे। वे उसके पार देखने में हमारी कोई सहायता नहीं करती थीं। यदि वहाँ कहीं कुछ प्रकाश होता भी तो धूल उसे ढँक देती। खुली जगह में भी धूल बहुत कष्टदायक होती है। फिर सोचो, उस स्थान में उसका क्या हाल रहा होगा, जहाँ वह बंद वातावरण में, बिना किसी वायु-आवागमन के, बार-बार ऊपर उठती, फिर उसी स्थान पर लौटकर उन लोगों पर गिर पड़ती थी, जो उसे उड़ा रहे थे। इस प्रकार हमें एक ही समय में दो परस्पर विपरीत कष्ट सहने पड़े। उसी एक मार्ग पर, उसी एक दिन, हम कीचड़ और धूल, दोनों से एक साथ जूझते रहे।


By Kimura Buzan 

    फिर भी, उस अँधेरे ने मुझे सोचने के लिए कुछ दिया। क्योंकि मैंने अनुभव किया कि उसका मेरे मन पर एक प्रकार का प्रभाव पड़ा। भय तो नहीं था पर उस अपरिचित परिस्थिति की नवीनता और अप्रियता के कारण मेरे भीतर एक परिवर्तन अवश्य उत्पन्न हुआ। अब मैं अपने विषय में नहीं कह रहा हूँ क्योंकि मैं तो एक सहनीय मनुष्य होने से भी बहुत दूर हूँ, पूर्ण मनुष्य होने की तो बात ही अलग है बल्कि उस व्यक्ति के विषय में कह रहा हूँ, जिस पर भाग्य का अब कोई वश नहीं रह गया है। उसका मन भी ऐसे अवसरों पर प्रभावित होगा। उसके चेहरे का रंग भी बदल जाएगा। प्रिय लूसीलियस, कुछ बातें ऐसी हैं जिनसे कोई भी सद्गुण मनुष्य को पूरी तरह नहीं बचा सकता। प्रकृति स्वयं सद्गुणी व्यक्ति को यह स्मरण कराती रहती है कि वह भी नश्वर है। इसलिए दुःखद घटनाओं पर उसके चेहरे के भाव बदल जाएँगे। आकस्मिक घटनाओं से वह चौंक उठेगा और बहुत अधिक ऊँचाई से नीचे देखने पर उसे चक्कर भी आ सकता है। यह भय नहीं है बल्कि प्रकृति की ऐसी सहज प्रतिक्रिया है जिस पर तर्क का कोई अधिकार नहीं चलता।

    इसी प्रकार कुछ ऐसे लोग भी होते हैं जो अत्यन्त साहसी होते हैं और अपना रक्त बहाने के लिए भी तत्पर रहते हैं पर दूसरों का रक्त नहीं देख सकते। कुछ लोग ताज़े घाव को छूते या देखते ही मूर्छित हो जाते हैं जबकि कुछ पुराने और सड़े हुए घाव को देखकर बेहोश हो जाते हैं। कुछ ऐसे भी होते हैं जो तलवार का वार सह लेना, तलवार को अपनी आँखों के सामने देखने की अपेक्षा अधिक सहज समझते हैं। इसलिए जैसा कि मैंने कहा, मैंने जो अनुभव किया वह कोई भावावेश नहीं था बल्कि केवल एक परिवर्तन था। जैसे ही मैं फिर दिन के प्रकाश में लौटा, मेरी प्रसन्नता बिना किसी प्रयास और बिना किसी सचेत इच्छा के स्वयं लौट आई।

    तब मैंने अपने आप से वही पुरानी बातचीत आरम्भ की कि हम कितने मूर्ख हैं जो कुछ बातों से अधिक और कुछ से कम डरते हैं। जबकि उन सबका अंत एक ही होता है। इससे क्या अंतर पड़ता है कि कोई व्यक्ति गिरती हुई बालकनी के नीचे दबकर मरे या चट्टानों के धँसकने से? वास्तव में कोई अंतर नहीं है। फिर भी कुछ लोग चट्टानों के धँसकने से अधिक भयभीत होते हैं। जबकि दोनों ही समान रूप से प्राणघातक हैं क्योंकि भय परिणाम की अपेक्षा उसके कारण को अधिक महत्त्व देता है।

    तुम यह मत समझो कि मैं उन स्टोइक दार्शनिकों की बात कर रहा हूँ जो यह मानते हैं कि यदि कोई व्यक्ति किसी अत्यन्त भारी वस्तु के नीचे दबकर मर जाए तो उसकी आत्मा उस घटना से बच नहीं सकती क्योंकि उसे तुरंत बाहर निकलने का मार्ग नहीं मिलता। वह उसी क्षण तितर-बितर हो जाती है। पर मैं ऐसा नहीं कह रहा हूँ। वास्तव में, मेरा विचार है कि ऐसा कहने वाले लोग भूल करते हैं। जिस प्रकार अग्नि को दबाकर नष्ट नहीं किया जा सकता क्योंकि जो भी वस्तु उसे दबाती है, उसके चारों ओर से वह निकल जाती है। जिस प्रकार वायु न तो मुट्ठी के प्रहार से क्षतिग्रस्त होती है, न चाबुक की चोट से बल्कि केवल उस वस्तु के चारों ओर घूम जाती है जो उसे विचलित करती है। उसी प्रकार मन भी, जो अत्यन्त सूक्ष्म तत्त्व से बना है, शरीर के भीतर न तो पकड़ा जा सकता है और न ही टुकड़ों में विभाजित किया जा सकता है। अपनी सूक्ष्म प्रकृति के कारण वह उन सभी वस्तुओं के आर-पार निकल जाता है जो उस पर दबाव डालती हैं। जैसे बिजली दूर-दूर तक चमकती और फैलती है, फिर भी एक बहुत छोटे-से छिद्र से अपना मार्ग बना लेती है, उसी प्रकार मन, जो अग्नि से भी अधिक सूक्ष्म है, प्रत्येक प्रकार के शरीर के आर-पार निकल जाने में समर्थ है।

    अतः हमें इस बात की जाँच करनी चाहिए कि क्या मन अमर हो सकता है। पर कम-से-कम इस बात के प्रति तुम निश्चिंत रह सकते हो कि यदि वह शरीर के नष्ट होने के बाद भी जीवित रहता है तो किसी भी प्रकार उससे कुचला या नष्ट नहीं किया जा सकता। क्योंकि अमरता ऐसी नहीं होती जिसमें कोई अपवाद संभव हो और जो वस्तु शाश्वत है, उसे कोई भी हानि नहीं पहुँचा सकता।


अभी के लिए विदा 

कोलाहल के बीच मन की स्थिरता के संदर्भ में -- पत्र - 56 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


मैं इसकी शपथ लेकर कहता हूँ, विद्वत्तापूर्ण एकांतवास के लिए उतनी निस्तब्धता आवश्यक नहीं है जितनी तुम शायद समझते हो। मेरे चारों ओर हर समय कोलाहल गूँजता रहता है क्योंकि मैं स्नानागार के ठीक ऊपर रहता हूँ।

    अपने मन में हर प्रकार के उस भयानक शोर की कल्पना करो जो कानों को चुभता है। जब बलवान पुरुष अपने व्यायाम करते हैं, हाथों में भारी वज़न झुलाते हैं और पूरी शक्ति लगाते हुए (या उसका दिखावा करते हुए) जोर लगाते हैं, तब हर बार साँस छोड़ते समय उनकी घुरघुराहट, हाँफने और भारी साँसों की आवाज़ मेरे कानों में पड़ती है। जब कोई आलसी व्यक्ति आ जाता है, जो साधारण-सी मालिश से ही संतुष्ट है, तब मैं उसके कंधों पर पड़ती हथेलियों की थपथपाहट सुनता हूँ और यह भी सुनता हूँ कि जब मालिश करने वाला हथेली को कप-जैसा बनाकर प्रहार करता है तो आवाज़ अलग होती है और जब सीधी हथेली से मारता है तो अलग। फिर यदि कोई गेंद खेलने वाला आ जाए और यह गिनना शुरू कर दे कि उसने कितनी गेंदें पकड़ीं तो समझो मेरा तो काम ही तमाम हो जाता है!


बाटिक चित्रकला 

    अब इसमें उस झगड़ालू आदमी को भी जोड़ लो। उस व्यक्ति को भी, जो चोरी करते हुए पकड़ा गया है। उस आदमी को भी, जिसे स्नानागार में अपनी ही गायकी सुनना अच्छा लगता है। उन लोगों को भी, जो बड़े धमाके के साथ पानी के कुंड में छलाँग लगा देते हैं। इन सबके अतिरिक्त, जो कम-से-कम अपनी स्वाभाविक आवाज़ में बोलते हैं, उस चिमटी से बाल उखाड़ने वाले व्यक्ति की भी कल्पना करो, जो केवल लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए अपनी तीखी, पतली आवाज़ में बार-बार चीखता रहता है। वह तब तक चुप नहीं होता, जब तक किसी की बगल के बाल उखाड़ते हुए उसे दर्द से चीखने पर मजबूर न कर दे। और फिर इसमें शराब बेचने वाले, सॉसेज बेचने वाले, रोटी बेचने वाले तथा तरह-तरह के पके हुए भोजन बेचने वाले फेरीवालों की पुकारें भी जोड़ लो, जो अपनी-अपनी विशिष्ट लय और स्वर में अपनी वस्तुओं का प्रचार करते रहते हैं।

    तुम कहोगे, “तुम्हारा मन तो अवश्य ही इस्पात का बना होगा या फिर तुम बहरे होगे, जो इतने तरह-तरह के और बेसुरे शोर-गुल के बीच भी अपना ध्यान बनाए रख पाते हो! हमारे अपने क्रिस्पस तो केवल निरंतर आने-जाने वाले आगंतुकों की भीड़ से ही लगभग मृत्यु के कगार पर पहुँच गए थे!” पर सच कहूँ तो मेरे लिए यह शोर-शराबा समुद्र की लहरों या गिरते हुए जल की ध्वनि से अधिक महत्त्व नहीं रखता। मैंने तो यहाँ तक सुना है कि एक जाति ने केवल इसलिए अपना पूरा नगर ही कहीं और बसाया क्योंकि वे नील नदी के एक जलप्रपात के निरंतर गर्जन को सहन नहीं कर पाते थे।

    मेरे विचार से, किसी भी प्रकार के कोलाहल की अपेक्षा मनुष्य की आवाज़ अधिक विचलित करने वाली होती है; क्योंकि आवाज़ हमारे मन को अपनी ओर खींच लेती है जबकि अन्य शोर केवल कानों में गूँजते भर हैं। मेरे चारों ओर जो ध्वनियाँ उठती रहती हैं पर मुझे विचलित नहीं करतीं, उनमें सड़क से गुजरती गाड़ियाँ, भवन में कहीं काम करता बढ़ई, पास ही आरी की धार तेज़ करने वाला कारीगर और वह व्यक्ति भी शामिल है जो मेटा सुदांस के पास बाँसुरी और तुरही का प्रदर्शन करता है। हालाँकि वह उन्हें बजाता कम है, गरजता अधिक है। फिर भी, आज भी मुझे वे आवाज़ें, जो बीच-बीच में रुक-रुककर सुनाई देती हैं, लगातार गूँजते रहने वाले एकरस शोर की अपेक्षा अधिक परेशान करती हैं। लेकिन मैंने अपने आपको इन सब ध्वनियों का इस सीमा तक अभ्यस्त बना लिया है कि अब मैं उस नाव के संचालक की अत्यन्त तीखी पुकार भी सह सकता हूँ जिससे वह चप्पू चलाने वालों को ताल देता है। देखो, मैं अपने मन को विवश करता हूँ कि वह अपना ध्यान स्वयं पर ही केंद्रित रखे और किसी भी बाहरी वस्तु से विचलित न हो। बाहर चाहे जितना भी शोर क्यों न हो, उससे कोई अंतर नहीं पड़ता, यदि भीतर कोई अशांति न हो, यदि इच्छा और भय के बीच संघर्ष न चल रहा हो, यदि लोभ और भोग-विलास परस्पर एक-दूसरे के विरोध में खड़े न हों और एक-दूसरे को दोष न दे रहे हों।

आख़िर पड़ोस में पूर्ण निस्तब्धता होने से क्या लाभ, यदि मनुष्य के अपने ही मन में भावनाओं का तूफ़ान मचा हुआ हो?

    “रात्रि की विश्रामदायिनी शांति में सब कुछ शांत हो गया था।”

    यह असत्य है। वास्तविक शांति केवल वही है, जो विवेक द्वारा स्थापित की जाती है। रात्रि हमारी चिंताओं को दूर नहीं करती बल्कि उन्हें और स्पष्ट कर देती है, केवल एक चिंता के स्थान पर दूसरी चिंता ला खड़ी करती है। क्योंकि जब हम सो रहे होते हैं, तब भी हमारे स्वप्न जागृत जीवन जितने ही अशांत हो सकते हैं। सच्ची शांति हमें तभी प्राप्त होती है, जब हमारा मन उत्कृष्टता और सद्गुण की अवस्था तक विकसित हो जाता है।

    उस व्यक्ति को देखो, जो एक ऐसे घर की पूर्ण निस्तब्धता में, जहाँ सब लोग सो चुके हैं, नींद की आकांक्षा करता है। उसके कानों तक एक भी आवाज़ नहीं पहुँचती। उसके दासों का पूरा समूह मौन है। वे उसके कक्ष के सामने से भी पंजों के बल दबे पाँव निकलते हैं। फिर भी वह बार-बार करवटें बदलता रहता है, अपने दुःखों के बीच अधसोया-सा पड़ा रहता है। उन आवाज़ों की शिकायत करता है जिन्हें उसने वास्तव में सुना ही नहीं। तुम्हें क्या लगता है, इसका कारण क्या है? उसका मन ही शोर से भरा हुआ है। उसी को शांत करना चाहिए। उसी के विद्रोह को दबाना चाहिए। केवल इसलिए यह मत समझो कि शरीर स्थिर पड़ा है तो मन भी शांत है। कभी-कभी बाहरी शांति भी अपने भीतर अशांति को समेटे रहती है। इसलिए, जब हम निष्क्रियता के बोझ से दब जाएँ तो हमें स्वयं को किसी कार्य में लगा देना चाहिए या साहित्य, विद्या और कला जैसे सांस्कृतिक उपक्रमों में व्यस्त हो जाना चाहिए। क्योंकि निष्क्रियता स्वयं अपने को भी सहन नहीं कर पाती। महान सेनापति, जब देखते हैं कि उनकी सेना बेचैन होने लगी है तो वे उसे कोई-न-कोई काम सौंप देते हैं और उसके समय को लगातार मार्च तथा अभ्यासों में लगा देते हैं। जब लोग कार्य में व्यस्त रहते हैं, तब उन्हें अनुशासनहीन होने का अवसर नहीं मिलता। इससे अधिक निश्चित बात कोई नहीं कि निष्क्रियता के दोष केवल सक्रियता से ही दूर किए जा सकते हैं।

    अनेक बार राजकीय कार्यों से उत्पन्न हुई थकान और ऐसे श्रम के प्रति पुनर्विचार जिसमें न तो कोई प्रतिफल मिलता है और न ही कृतज्ञता, हमें एकांत में चले जाने के लिए प्रेरित करते हैं। कम-से-कम हमें ऐसा ही प्रतीत होता है। परंतु उस आश्रय में, जहाँ थकावट और भय हमें ले आए हैं, वहीं भीतर-ही-भीतर महत्त्वाकांक्षा फिर से पनपने लगती है। उसका उन्मूलन नहीं हुआ होता। उसने हमें सताना भी बंद नहीं किया होता। वह केवल थक गई थी या यूँ कहो कि इस बात से क्षुब्ध थी कि परिस्थितियाँ उसके अनुकूल नहीं रहीं। भोग-विलास के विषय में भी मैं यही कहता हूँ। कभी-कभी ऐसा लगता है कि उसका प्रभाव समाप्त हो गया है। लेकिन जैसे ही हम सादगीपूर्ण जीवन जीने का संकल्प लेते हैं, वह फिर हमें सताने लगती है। हमारे मितव्ययी जीवन के बीच भी वह उन सुखों के पीछे दौड़ती है जिन्हें हमने वास्तव में त्यागा नहीं था बल्कि केवल उनसे दूर हो गए थे। जितना अधिक उन्हें छिपाकर रखा जाता है, उतनी ही अधिक तीव्रता से वह उनका पीछा करती है। वास्तव में, हमारे सभी दोष खुले रूप में अपेक्षाकृत कम हानिकारक होते हैं। रोग भी तभी स्वस्थ होने की दिशा में बढ़ते हैं, जब वे छिपे रहने के बजाय प्रकट हो जाते हैं और अपनी पूरी शक्ति दिखा देते हैं। इसी प्रकार जब लोभ, महत्त्वाकांक्षा और मनुष्य के मन के अन्य विकार ऊपर से शांत और स्वस्थ दिखाई देने लगें, तभी समझ लेना चाहिए कि वे अपनी सबसे अधिक घातक अवस्था में हैं।

    हम अपने आपको अवकाश में समझते हैं पर वास्तव में ऐसा नहीं होता। क्योंकि यदि सचमुच हमने अवकाश ग्रहण किया है, यदि वास्तव में हमने पीछे हटने का निर्णय कर लिया है, यदि हमने उन वस्तुओं से मुँह मोड़ लिया है जो केवल चमकती हैं, पर वास्तविक मूल्य नहीं रखतीं, तो फिर, जैसा कि मैं कह रहा था, कोई भी वस्तु हमें विचलित नहीं कर सकती। न मनुष्यों की बातचीत, न पक्षियों का कलरव, कुछ भी हमारे विचारों में बाधा नहीं डाल सकता। ऐसे विचारों में, जो अब उत्कृष्ट, दृढ़ और स्थिर हो चुके हैं। जो मन हल्का, चंचल और अभी तक आत्मनिरीक्षण का अभ्यस्त नहीं हुआ है, वही किसी आवाज़ या आकस्मिक घटना से विचलित हो उठता है। उसके भीतर कोई न कोई चिंता, कोई भय का अंश छिपा रहता है, जो उसे अस्थिर बनाए रखता है। हमारे कवि वर्जिल कहते हैं, 

“मैं, जो अब तक उड़ते हुए बाणों को बिना विचलित हुए सहता आया था,
और यूनानियों की धमकी देती हुई सुसज्जित सेनाओं के सामने भी अडिग रहा था,
अब हवा की सरसराहट से भी डरने लगा हूँ, अब हर आहट पर चौंक उठता हूँ,
अपने साथी और अपने बोझ—दोनों के लिए समान रूप से काँपता हुआ।”

    पहली अवस्था उस बुद्धिमान व्यक्ति की है, जो उड़ते हुए बाणों, सघन पंक्तियों में खड़ी सशस्त्र सेना या घेराबंदी के अधीन किसी नगर के कोलाहल से भी भयभीत नहीं होता। दूसरी अवस्था उस अनुभवहीन व्यक्ति की है, जो अपने ही काम-धंधों की चिंता में हर आहट पर काँप उठता है। उसे हर आवाज़ किसी आसन्न संकट की गर्जना प्रतीत होती है और ज़रा-सी हलचल भी उसे आतंकित कर देती है। उसका अपना बोझ ही उसके भय का कारण बन जाता है। उन समृद्ध लोगों में से किसी एक को चुन लो, जिनके पास ढोने के लिए बहुत-सा सामान है और जिनके पीछे बड़ी संख्या में अनुचर चलते हैं, तुम उसे भी “अपने साथी और अपने बोझ—दोनों के लिए समान रूप से काँपते हुए” देखोगे।

    इसलिए तुम निश्चिंत होकर समझ सकते हो कि तुम्हारा मन तभी वास्तव में स्थिर है, जब कोई भी शोर तुम्हारे भीतर तक नहीं पहुँचता। जब कोई भी आवाज़, चाहे वह मधुर प्रलोभन के रूप में हो, चाहे धमकी के रूप में या केवल निरर्थक कोलाहल के रूप में, तुम्हें स्वयं से विचलित नहीं कर पाती।

    “तो क्या तुम यह कहना चाहते हो कि कभी-कभी शोर-शराबे से दूर रहना अधिक आसान नहीं होता?”

    हाँ, मैं इसे स्वीकार करता हूँ। और इसी कारण मैं इस स्थान को छोड़ने वाला हूँ। मैं तो केवल अपनी परीक्षा लेना चाहता था, स्वयं को अभ्यास में डालना चाहता था। लेकिन जब उद्देश्य पूरा हो चुका है तो फिर मैं अनावश्यक रूप से अपने आपको क्यों कष्ट दूँ? आखिर जब यूलिसीस ने अपने साथियों के लिए इतना सरल उपाय खोज लिया था तो मैं क्यों न अपनाऊँ? वह उपाय तो सायरनों के मोहक गीतों के विरुद्ध भी सफल सिद्ध हुआ था!


अभी के लिए विराम 

Wednesday, 8 July 2026

मृत्यु के दर्शन के संदर्भ में -- पत्र - 54 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


अस्वस्थता ने मुझे लंबे समय तक कुछ राहत दी थी। परन्तु अचानक उसने फिर मुझ पर आक्रमण कर दिया। तुम पूछोगे, “इस बार क्या तकलीफ़ थी?” और तुम्हारा यह प्रश्न उचित भी है क्योंकि ऐसा कोई रोग नहीं है जिससे मेरा कभी परिचय न हुआ हो। किन्तु एक रोग ऐसा है जिसने मानो मुझे पूरी तरह अपने अधिकार में ले रखा है। भला मैं उसका यूनानी नाम क्यों लूँ? मैं उसे सरल शब्दों में 'साँस फूलना' या 'घरघराहट' ही कह सकता हूँ। यही नाम उसके लिए पर्याप्त और उपयुक्त है।


इथोपिया कलाचित्र 

    इसका दौरा बहुत थोड़े समय के लिए आता है बिल्कुल किसी अचानक उठने वाले तूफ़ानी झोंके की तरह। प्रायः वह एक घंटे के भीतर ही समाप्त हो जाता है। आखिर कोई व्यक्ति बहुत देर तक अंतिम साँस की अवस्था में तो नहीं रह सकता! शरीर की लगभग हर प्रकार की पीड़ा और हर संकट से मैं गुज़र चुका हूँ। फिर भी मुझे लगता है कि इससे अधिक कष्टदायक कुछ नहीं है। और ऐसा क्यों न हो? अन्य सभी रोगों में मनुष्य केवल बीमार होता है। पर इस रोग में ऐसा लगता है मानो उसके प्राण ही शरीर से बाहर निकल रहे हों। इसी कारण चिकित्सक इसे 'मृत्यु का पूर्वाभ्यास' कहते हैं क्योंकि यह साँस का अवरोध कई बार वही करने का प्रयास करता है, जिसे एक दिन मृत्यु वास्तव में पूरा कर देती है। क्या तुम्हें लगता है कि मैं यह सब तुम्हें बड़े आनंद से लिख रहा हूँ, केवल इसलिए कि मैं इस बार बच निकला? यदि मैं इस थोड़ी-सी राहत पर ऐसे प्रसन्न होऊँ मानो मैं पूर्णतः स्वस्थ हो गया हूँ तो मैं उतना ही हास्यास्पद होऊँगा, जितना वह व्यक्ति जो केवल इसलिए यह समझ बैठे कि उसने अपना मुक़दमा जीत लिया है क्योंकि उसकी सुनवाई कुछ समय के लिए टल गई है।

    फिर भी, जब मेरा दम घुट रहा था, तब भी मैं प्रसन्न और साहसपूर्ण विचारों के सहारे अपनी मानसिक शांति बनाए रखने में सफल रहा। मैंने अपने आप से कहा, “यह क्या है? क्या मृत्यु बार-बार मेरी परीक्षा ले रही है? तो लेने दो। मैं भी बहुत पहले उसकी परीक्षा ले चुका हूँ।” तुम पूछोगे, “कब?” जन्म लेने से पहले। मृत्यु तो केवल अस्तित्व का अभाव है। यह कैसी अवस्था होती है, मैं पहले से ही जानता हूँ। मेरे बाद जो स्थिति होगी, वही तो मेरे जन्म से पहले भी थी। यदि इस अवस्था में कोई यातना होती तो हमारे इस संसार का प्रकाश देखने से पहले भी अवश्य ही वह यातना रही होती। पर उस समय तो हमें किसी प्रकार का कोई कष्ट अनुभव नहीं हुआ था।

    मैं तुमसे पूछता हूँ। क्या तुम उस व्यक्ति को अत्यन्त मूर्ख नहीं कहोगे, जो यह समझे कि एक दीपक बुझ जाने के बाद, जलाए जाने से पहले की अपेक्षा अधिक बुरी अवस्था में होता है? हम भी उसी दीपक के समान हैं। हम प्रज्वलित होते हैं और फिर बुझ जाते हैं। इन दोनों अवस्थाओं के बीच ही कुछ समय ऐसा होता है, जब हमें अनुभव और चेतना होती है। परन्तु दोनों ओर केवल पूर्ण अनस्तित्व और किसी भी प्रकार की अनुभूति का अभाव है। प्रिय लूसीलियस, यदि मैं भूल नहीं कर रहा हूँ तो हमारी सबसे बड़ी भूल यह है कि हम समझते हैं कि मृत्यु केवल जीवन के बाद आती है। वास्तव में, मृत्यु जीवन से पहले भी होती है और उसके बाद भी। जो कुछ हमारे जन्म से पहले था, वही तो मृत्यु थी। फिर अंत हो जाने और कभी आरम्भ ही न होने में क्या अंतर है? दोनों का परिणाम एक ही है—अनस्तित्व।

    इन उत्साहवर्धक विचारों से और इसी प्रकार के अनेक अन्य विचारों से, मैं निरंतर अपने आपको धैर्य और साहस देता रहा। स्वाभाविक ही है कि मैं उन्हें बोलकर नहीं कह सकता था क्योंकि मेरे पास बोलने के लिए साँस ही नहीं बची थी। फिर धीरे-धीरे मेरी घरघराहट, जो पहले ही हाँफने में बदल चुकी थी, अधिक लंबे अंतराल पर आने लगी। उसके बाद उसकी तीव्रता कम होती गई और अंततः मेरी साँस कुछ स्थिर हो गई। फिर भी, अब जबकि वह दौरा समाप्त हो चुका है, मेरी साँस अभी तक पूरी तरह स्वाभाविक नहीं हुई है। अब भी उसमें एक प्रकार का रुकाव, अटकाव और झिझक-सी बनी रहती है।

    तो ऐसा ही सही, जब तक कि मैं जान-बूझकर आहें नहीं भर रहा हूँ! मैं तुम्हें यह वचन देता हूँ। अपने जीवन के अंत के समय मैं भय से नहीं काँपूँगा। मैं पहले से ही उसके लिए तैयार हूँ। मैं अपने जीवन की कुल अवधि के बारे में तनिक भी चिंता नहीं करता। प्रशंसा और अनुकरण उसी व्यक्ति का करना चाहिए जो जीवन का आनंद तो लेता है, परन्तु मृत्यु आने पर उससे विमुख या अनिच्छुक नहीं होता। आखिर उस व्यक्ति में क्या विशेष गुण है, जो केवल तब जीवन छोड़ता है जब उसे उससे बलपूर्वक अलग कर दिया जाता है? फिर भी, इसमें भी एक सद्गुण है। यद्यपि मुझे सचमुच जीवन से बाहर किया जा रहा है फिर भी मैं इस प्रकार विदा हो रहा हूँ मानो यह मेरा अपना स्वेच्छापूर्ण प्रस्थान हो।

    इसी कारण बुद्धिमान व्यक्ति को वास्तव में कभी भी जीवन से बलपूर्वक बाहर नहीं किया जाता। क्योंकि बलपूर्वक निकाला जाना उसी को कहा जाता है जिसे उस स्थान से हटाया जाए, जिसे वह छोड़ना नहीं चाहता। परन्तु ज्ञानी पुरुष ऐसा कोई कार्य नहीं करता जिसे वह अनिच्छा से करे। वह अनिवार्यता पर इस प्रकार विजय प्राप्त कर लेता है कि जो कार्य परिस्थितियों की अनिवार्यता उससे किसी भी स्थिति में करवाने वाली है, उसे वह अपनी इच्छा से ही करने लगता है।


अभी के लिए विदा 

चरित्र के लिए हितकारी स्थान एवं व्यवहार के संदर्भ में -- पत्र - 51 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


प्रिय लूसीलियस, जो कुछ हमारे पास है, उसी में हमें संतोष करना चाहिए। तुम्हारे वहाँ एटना है, जो सिसिली का सबसे ऊँचा और सबसे महान पर्वत है। यद्यपि मेस्साला उसे 'अद्वितीय' क्यों कहता है, यह मैं समझ नहीं पाता। या शायद यह बात वाल्गियस ने कही हो। मैंने यह दोनों के यहाँ पढ़ी है।

    बहुत-से स्थान अग्नि उगलते हैं। केवल ऊँचे पर्वत ही नहीं, यद्यपि वहाँ ऐसा अधिक होता है क्योंकि अग्नि स्वभावतः ऊपर की ओर उठती है बल्कि समतल भूमि भी ऐसा करती है। और जहाँ तक मेरा प्रश्न है, मैं अपनी सामर्थ्य भर बाइए से ही संतोष कर लेता हूँ। मैं वहाँ पहुँचने के केवल एक दिन बाद ही उसे छोड़ आया। यद्यपि वहाँ प्रकृति ने कुछ विशेष सुविधाएँ प्रदान की हैं। फिर भी वह ऐसा स्थान है जिससे बचना चाहिए। इसका कारण यह है कि विलासिता और भोग-विलास ने उसे अपने उत्सवों और मौज-मस्ती का नगर बना लिया है।

    “तुम क्या कह रहे हो? क्या ऐसा भी कोई स्थान है जिससे हमें विरक्ति घोषित कर देनी चाहिए?” नहीं। परन्तु जिस प्रकार कुछ वस्त्र बुद्धिमान और सदाचारी व्यक्ति के लिए अन्य वस्त्रों की अपेक्षा अधिक उपयुक्त होते हैं, जिस प्रकार वह किसी भी रंग से घृणा नहीं करता, फिर भी कुछ रंगों को उस व्यक्ति के लिए कम उपयुक्त मानता है, जिसने सादगी और मितव्ययिता का जीवन अपनाने का संकल्प लिया है, उसी प्रकार कुछ ऐसे स्थान भी होते हैं जिनसे बुद्धिमान व्यक्ति या वह जो बुद्धिमत्ता की ओर अग्रसर है, इसलिए बचता है क्योंकि वे उत्तम चरित्र के विकास के अनुकूल नहीं होते।


मलेशिया की पारंपरिक कला- होलिडिफाई 

    इस प्रकार, जो व्यक्ति एकांतवास के लिए किसी स्थान का चयन करेगा, वह कभी कैनोपस को नहीं चुनेगा। यद्यपि कैनोपस किसी को सादा जीवन जीने से नहीं रोकता। उसी प्रकार वह बाइए को भी नहीं चुनेगा क्योंकि वह दुर्गुणों का अड्डा बन चुका है। वहाँ भोग-विलास अपने को और अधिक छूट दे देता है, मानो उस स्थान के विशेष अधिकार के कारण वहाँ वह स्वयं को पूरी तरह उन्मुक्त छोड़ देता हो।

    हमें ऐसा वातावरण चुनना चाहिए जो केवल हमारे शरीर के लिए ही नहीं बल्कि हमारे चरित्र के लिए भी हितकारी हो। जिस प्रकार मैं जल्लादों के बीच रहना नहीं चाहूँगा, उसी प्रकार मैं मदिरालयों के बीच भी नहीं रहना चाहूँगा। मुझे यह सब देखने की क्या आवश्यकता है। समुद्रतट पर लड़खड़ाते हुए शराबी, नाविकों के उन्मत्त उत्सव, बाजों और वाद्ययंत्रों की ध्वनि से गूँजते हुए सरोवर और वे सब दृश्य जिन्हें निरंकुश भोग-विलास न केवल करता है बल्कि खुलेआम प्रदर्शित भी करता है?

    हमें यथासंभव अपने और दुर्गुणों के लिए उकसाने वाली हर चीज़ के बीच दूरी बनाए रखनी चाहिए। हमें अपने मन को दृढ़ बनाना चाहिए और उसे सुख-भोग के प्रलोभनों से दूर रखना चाहिए। वहाँ बिताई गई केवल एक ही शीत ऋतु ने हैनिबल को दुर्बल बना दिया। जिस व्यक्ति को आल्प्स के हिमाच्छादित पर्वत पराजित नहीं कर सके, वही कैंपानिया के भाप-स्नानागारों ने निर्बल कर दिया। वह युद्धभूमि में विजयी था परन्तु दुर्गुणों के हाथों पराजित हो गया।

    हमें भी अभियान पर निकले सैनिकों के समान जीवन जीना चाहिए। ऐसे अभियान पर जिसमें न विश्राम का अवसर है और न ही अवकाश का। विशेष रूप से, हमें इन्द्रिय-सुखों पर विजय प्राप्त करनी है क्योंकि जैसा कि तुम देखते हो, उन्होंने कभी-कभी सबसे अधिक युद्धप्रिय और वीर स्वभाव वाले लोगों को भी अपना बंदी बना लिया है। यदि हम अपने कार्य की विशालता पर विचार करें तो समझ जाएँगे कि विलासपूर्ण और फैशनेबल जीवन हमारा मार्ग नहीं हो सकता। गरम स्नानागारों से मेरा क्या प्रयोजन? उन भाप से भरे कक्षों से मुझे क्या लेना-देना जिनका उद्देश्य केवल शरीर की शक्ति को निचोड़ देना है? हमारा सारा पसीना तो परिश्रम से बहना चाहिए। यदि हम भी हैनिबल की तरह अपने कार्यों को बीच में छोड़ दें, अपने संघर्ष को भूल जाएँ और अपना समय केवल शरीर को आराम और लाड़-प्यार देने में लगाने लगें तो हर व्यक्ति हमें ऐसे अनुचित समय के आलस्य के लिए दोष देगा। उसका दोष देना उचित भी होगा। ऐसा आलस्य तो एक विजेता के लिए भी घातक है। फिर उस व्यक्ति के लिए कितना अधिक जो अभी विजय प्राप्त करने के मार्ग पर ही है।

    भाग्य मेरे विरुद्ध युद्ध कर रहा है फिर भी मैं उसकी आज्ञा का पालन नहीं करूँगा। मैं उसका जुआ अपने ऊपर नहीं उठाऊँगा। बल्कि मैं उससे भी अधिक साहस का कार्य करूँगा। मैं उस जुए को अपने ऊपर से उतार फेंकूँगा। मेरे मन को दुर्बल नहीं होने देना चाहिए। यदि मैं सुख-भोग के सामने झुक गया तो मुझे पीड़ा, कठिन परिश्रम और निर्धनता के सामने भी झुकना पड़ेगा। महत्त्वाकांक्षा भी मुझ पर अपना वही अधिकार जताएगी और क्रोध भी। इतने सारे आवेगों के अधीन होकर मैं कभी एक दिशा में तो कभी दूसरी दिशा में खिंचता रहूँगा बल्कि, अंततः मैं टुकड़े-टुकड़े हो जाऊँगा। हमारे लिए तो कार्थेज के सैनिकों की अपेक्षा भी कम छूट है। यदि हम पराजित होकर इन्द्रिय-सुखों के आगे झुक जाएँ तो हमारा संकट अधिक बड़ा है। यदि हम दृढ़ बने रहें, तब भी हमारा परिश्रम उनसे कहीं अधिक कठिन है।    

    हमारे सामने स्वतंत्रता का लक्ष्य रखा हुआ है। उसी पुरस्कार को प्राप्त करने के लिए हम प्रयत्न कर रहे हैं। क्या तुम पूछते हो कि स्वतंत्रता क्या है? स्वतंत्रता यह है— किसी भी वस्तु की दासता स्वीकार न करना, न किसी बाध्यता की, न ही संयोगवश घटने वाली घटनाओं की बल्कि भाग्य का सामना समान स्तर पर करना। जिस दिन मुझे यह लगेगा कि भाग्य की शक्ति मुझ पर अत्यधिक भारी पड़ रही है, उसी दिन उसकी वह शक्ति मेरे लिए समाप्त हो जाएगी। जब मृत्यु सदैव मेरे हाथ की पहुँच में है, तब मुझे भाग्य का अत्याचार क्यों सहना चाहिए?

    जो व्यक्ति ऐसे विचारों को गंभीरता से अपनाता है, उसे ऐसे स्थानों का चुनाव करना चाहिए जो संयम और शुद्ध जीवन के अनुकूल हों। अत्यधिक आराम मनुष्य के मन को निर्बल और स्त्रैण बना देता है। केवल स्थान का प्रभाव भी निस्संदेह किसी की शक्ति को नष्ट करने की क्षमता रखता है। जिन भारवाही पशुओं के खुर कठोर भूमि पर चलने से मजबूत हो गए हैं, वे किसी भी मार्ग पर चल सकते हैं। परन्तु जो कोमल घास के मैदानों में पलकर मोटे-ताज़े हुए हैं, वे शीघ्र ही लँगड़ा जाते हैं। जो सैनिक दुर्गम और ऊबड़-खाबड़ प्रदेशों में तैनात रहा है, वह और अधिक सशक्त बन जाता है जबकि नगर में रहने वाला व्यक्ति आलसी हो जाता है। जिन हाथों ने हल की मूठ पकड़ने के बाद सीधे तलवार की मूठ थामी है, वे हर प्रकार का कार्य करने में सक्षम होते हैं। परन्तु जिन हाथों की चमक केवल मैनीक्योर और मालिश से आई है, वे ज़रा-सी गंदगी लगते ही काम छोड़ देते हैं।

    कुछ स्थानों का कठोर अनुशासन मनुष्य के मन को दृढ़ बनाता है और उसे महान कार्यों के योग्य बना देता है। लिटर्नम में स्पिओ (Scipio) का निर्वासन, बाइए में होता तो जितना सम्मानजनक न होता, उससे कहीं अधिक सम्मानजनक था। इतनी बड़ी पतनावस्था को इतना कोमल आश्रय नहीं मिलना चाहिए था। यह सत्य है कि गैउस मरीअस (Gaius Marius), ग्नाउस पोमपेई (Gnaeus Pompey) और जूलियस सीजर (Julius Caesar), वे सभी महान सेनानायक, जिन पर भाग्य ने रोमन जनता के समस्त संसाधनों की वर्षा की थी। उन्होंने भी बाइए के निकट अपने निवास-स्थान बनवाए थे। किन्तु उन्होंने उन्हें पहाड़ियों की चोटियों पर बनवाया क्योंकि सेनापति होने के नाते उन्हें यह अधिक उपयुक्त प्रतीत होता था कि वे ऐसी ऊँचाई पर रहें जहाँ से नीचे के समस्त प्रदेशों पर दृष्टि रखी जा सके। उनके द्वारा चुने गए स्थानों और निर्मित भवनों को ध्यान से देखो, तब तुम्हें समझ में आ जाएगा कि वे केवल विलास-भवन नहीं थे बल्कि दुर्ग थे।

    क्या तुम्हें लगता है कि मार्कस कैटो (Marcus Cato) कभी वहाँ रहना पसंद करते? किसलिए? क्या इसलिए कि वे वहाँ से नौकाओं में घूमती हुई व्यभिचारिणी स्त्रियों को देखते रहें, भिन्न-भिन्न रंगों से सजी असंख्य मनोरंजन-नौकाओं को निहारें अथवा सरोवर की सतह पर तैरते हुए गुलाबों को देखते रहें? क्या इसलिए कि वे प्रत्येक रात संगीतकारों के कोलाहल को सुनते रहें? क्या वे इसके बजाय अपने ही हाथों से केवल एक रात के उपयोग के लिए खोदी गई किसी साधारण खाई या सैनिक शिविर की परिखा में ठहरना अधिक पसंद न करते? भला कौन-सा सच्चा पुरुष ऐसा होगा जो अपनी नींद भंग करने के लिए किसी मधुर संगीत-सभा की अपेक्षा रणभेरी बजाने वाले सैनिक को अधिक पसंद न करे?

खैर, बाइए के साथ मेरा यह विवाद यहीं समाप्त होता है। यद्यपि उसके दुर्गुणों की मैं जितनी भी निंदा करूँ, वह कभी पर्याप्त नहीं होगी। प्रिय लूसीलियस, मैं तुमसे प्रार्थना करता हूँ कि इन दुर्गुणों का बिना किसी सीमा और बिना किसी अंत के पीछा करो और उनका विरोध करते रहो क्योंकि वे स्वयं भी असीम और अनंत हैं। अपने भीतर से प्रत्येक उस दोष को निकाल फेंको जो तुम्हारे हृदय को घायल करता है। यदि किसी अन्य उपाय से उन्हें दूर न कर सको तो उन दोषों सहित अपने हृदय को ही उखाड़ फेंको। सबसे बढ़कर, इन्द्रिय-सुखों को अपने जीवन से दूर कर दो। उन्हें अपना सबसे बड़ा शत्रु समझो। वे उन डाकुओं के समान हैं जिन्हें मिस्रवासी 'स्वीटहार्ट्स' कहते हैं, वे पहले हमें प्रेमपूर्वक आलिंगन में बाँधते हैं और फिर उसी आलिंगन में हमारा गला घोंट देते हैं।


अभी के लिए विदा 

खलील जिब्रान (Khalil Gibran) की प्रसिद्ध पुस्तक द प्रोफेट (The Prophet) का हिंदी अनुवाद (संपूर्ण पुस्तक)

  द प्रोफेट जहाज़ का आगमन   अलमुस्तफ़ा, चुना हुआ और प्रिय, जो अपने ही युग के लिए प्रभात के समान था , बारह वर्षों से   नगर में उस जहाज़...