Showing posts with label Translation. Show all posts
Showing posts with label Translation. Show all posts

Friday, 7 August 2026

(सेनेका के) अन्य पत्र का अंश

 प्रिय लूसीलियस 


एनियस के कुछ विचार इतने उत्कृष्ट हैं कि यद्यपि वे मैले-कुचैले लोगों के बीच लिखे गए थे, फिर भी वे इत्र लगाए हुए लोगों के बीच भी निश्चय ही सुखद लग सकते हैं। लेकिन उसकी कविताएँ कभी-कभी बहुत हास्यास्पद भी होती हैं। उदाहरण के लिए, कैथेगस के बारे में ये पंक्तियाँ— “उसके बारे में उन आम लोगों ने, जो उन दिनों जीवित थे और अपना जीवन बिताते थे, कहा कि वह जनता का सबसे श्रेष्ठ पुष्प और वाक्पटुता का सार था।” तुम निश्चिंत रहो कि जिस प्रकार की पंक्तियाँ पसंद करने वाले लोग हैं, वे सोटेरिकस के सोफों की भी प्रशंसा करेंगे।



    मुझे आश्चर्य होता है कि जो लोग स्वयं अत्यंत वाक्पटु हैं और एनियस के प्रति बहुत अनुरक्त हैं, उन्होंने उसकी श्रेष्ठ पंक्तियों के बजाय उसकी हास्यास्पद पंक्तियों की प्रशंसा की। उदाहरण के लिए, सिसरो ने एनियस की जिन उत्कृष्ट पंक्तियों को उद्धृत किया है, उनमें इन पंक्तियों को भी शामिल किया है। मुझे इस बात पर आश्चर्य नहीं होता कि कोई व्यक्ति इन पंक्तियों को लिख सकता था क्योंकि जब इनकी प्रशंसा करने वाला कोई व्यक्ति मौजूद था तो इन्हें लिखने वाला भी मिल ही सकता था। या फिर ऐसा तो नहीं कि महान वक्ता सिसरो वास्तव में अपना ही पक्ष प्रस्तुत कर रहे थे। अर्थात वे अपनी कविता को तुलना में अच्छा दिखाना चाहते थे! स्वयं सिसरो की रचनाओं में, यहाँ तक कि उनके गद्य में भी, ऐसे अंश मिलते हैं जिनसे तुम अनुमान लगा सकते हो कि एनियस को पढ़ने से उन्हें कुछ लाभ मिला था। उदाहरण के लिए, अपनी पुस्तक ‘राज्य के विषय में’ में वे लिखते हैं, “क्योंकि स्पार्टा के मेनेलाउस में एक प्रकार की मधुर-वाणी वाली विनम्रता थी,” और एक अन्य स्थान पर, “वह अपने वक्तृत्व में संक्षिप्त-वाणी का अभ्यास करता है।” 

    दोष सिसरो का नहीं बल्कि उस समय का था। जब पढ़ने के लिए ऐसी ही सामग्री उपलब्ध हो, तब उसी ढंग से बोलने से बच पाना संभव नहीं होता। लेकिन सिसरो के पास अपने लेखन में एनियस की कुछ पंक्तियों को सम्मिलित करने का एक कारण भी था। ऐसा करके वे अपनी शैली को अत्यधिक अलंकृत और परिष्कृत कहे जाने वाली आलोचना से बच जाते थे। हमारे कवि वर्जिल ने भी अपनी रचनाओं में कुछ अटपटी और भद्दी पंक्तियाँ तथा कुछ ऐसी पंक्तियाँ सम्मिलित कीं जो छंद की सामान्य सीमा से अधिक लंबी थीं ताकि एनियस के अनुयायी और उसके साहित्यिक परंपरा से जुड़े लोग नई कविता में भी प्राचीनता की एक झलक पहचान सकें।


विदा 

शुभ की प्राप्ति का मार्ग -- पत्र - 122

 प्रिय लूसीलियस 


मैं तुम्हें प्राचीन लोगों की बुद्धिमत्ता से अवगत करा सकता हूँ, यदि तुम इसका विरोध न करो। यदि तुम्हें उनकी सूक्ष्म विचारधारा को समझना कठिन न लगे।

    लेकिन तुम इसका विरोध नहीं करते। किसी भी पारिभाषिक जटिलता से तुम विचलित नहीं होते। तुम्हारा मन उच्च कोटि का है और केवल बड़े-बड़े विषयों से ही सरोकार नहीं रखता। फिर भी मैं इस बात की भी प्रशंसा करता हूँ कि तुम हर बात को आत्म-सुधार से जोड़कर देखते हो। तुम्हें केवल तभी अधीरता होती है, जब अत्यधिक पारिभाषिक सूक्ष्मता का कोई उपयोगी परिणाम नहीं निकलता। मैं अब यह सुनिश्चित करने का प्रयास करूँगा कि ऐसा न हो। यहाँ प्रश्न यह है कि ‘शुभ’ का बोध इंद्रिय-बोध के माध्यम से होता है या बुद्धि के माध्यम से। 



    यह प्रश्न उस मत से भी संबंधित है कि जिन प्राणियों में वाणी नहीं है और शिशुओं में ‘शुभ’ विद्यमान नहीं होता। जो लोग सुख को सर्वोच्च स्थान देते हैं, वे सभी शुभ को इंद्रियों द्वारा ग्रहण की जाने वाली वस्तु मानते हैं। इसके विपरीत, हम, जो शुभ को मन के अधीन मानते हैं, उसे बोध और बुद्धि द्वारा ग्रहण की जाने वाली वस्तु मानते हैं।

    यदि इंद्रियाँ ही शुभ का निर्धारण करतीं तो हम किसी भी सुख को अस्वीकार नहीं करते क्योंकि ऐसा कोई सुख नहीं है जो हमें आकर्षित और प्रसन्न न करता हो। इसके विपरीत, हम स्वेच्छा से कभी भी किसी पीड़ा को सहन नहीं करते, क्योंकि ऐसी कोई पीड़ा नहीं है जिसकी अनुभूति हमें अप्रिय न लगती हो। इसके अतिरिक्त, जो लोग सुख के अत्यधिक प्रेमी हैं और पीड़ा से बहुत अधिक भयभीत रहते हैं, वे आलोचना के पात्र भी नहीं होने चाहिए। फिर भी हम पेटू लोगों और कामवासना के आदी लोगों को बुरा मानते हैं और उन लोगों को तुच्छ समझते हैं जो पीड़ा के भय से हर पुरुषोचित कार्य से पीछे हट जाते हैं। यदि इंद्रियाँ ही शुभ और अशुभ का मापदंड होतीं तो ये लोग अपनी इंद्रियों की आज्ञा मानकर गलत कैसे कर सकते थे? क्योंकि तुमने तो इंद्रियों को ही यह अधिकार दे दिया है कि वे तय करें कि किस वस्तु की इच्छा करनी चाहिए और किससे बचना चाहिए। 

    लेकिन स्पष्ट रूप से यह अधिकार बुद्धि के पास है। बुद्धि ही सुखी जीवन, सद्गुण और सम्माननीयता के विषय में निर्णय करती है और इसी प्रकार शुभ और अशुभ के विषय में भी निर्णय करती है। जब हमारे विरोधी इंद्रियों को शुभ के विषय में निर्णय देने देते हैं, तो वे सबसे कम मूल्यवान अंग को श्रेष्ठ के विषय में निर्णय करने का अधिकार दे देते हैं क्योंकि इंद्रिय-बोध मंद और अस्पष्ट होता है और मनुष्यों में यह अन्य प्राणियों की तुलना में भी कम तीक्ष्ण होता है। मान लो कोई व्यक्ति बहुत छोटी-छोटी वस्तुओं में अंतर करने के लिए दृष्टि के बजाय स्पर्श का सहारा लेना चाहे! हमारे पास दृष्टि से अधिक सटीक और केंद्रित कोई दूसरी इंद्रिय नहीं है, जो हमें शुभ और अशुभ में अंतर करने में सक्षम बना सके। इसलिए तुम देख सकते हो कि जो व्यक्ति स्पर्श को परम शुभ और अशुभ का मापदंड मानता है, वह अज्ञान की गहराइयों में पड़ा हुआ है और उसने उदात्त तथा दिव्य वस्तु को नीचे धरातल पर गिरा दिया है।

    विरोधी कहता है, “ज्ञान की प्रत्येक शाखा और प्रत्येक कौशल का कोई न कोई आधार ऐसी वस्तुओं में होना चाहिए जो प्रत्यक्ष हों और इंद्रियों के लिए उपलब्ध हों। वहीं से उसका विकास और विस्तार होना चाहिए। इसी प्रकार, सुखी जीवन की भी नींव और आरंभ-बिंदु ऐसी वस्तुओं में होना चाहिए जो प्रत्यक्ष हों और इंद्रियों के लिए उपलब्ध हों। निश्चय ही तुम्हारा भी यही मत है कि सुखी जीवन का आरंभ प्रत्यक्ष वस्तुओं से ही होता है।”

    हमारा मत यह है कि सुखी होना प्रकृति के अनुरूप होना है और कोई वस्तु प्रकृति के अनुरूप है या नहीं, यह उतना ही स्पष्ट और प्रत्यक्ष है, जितना यह जानना कि कोई वस्तु साबुत और पूर्ण है या नहीं। नवजात शिशु में भी प्रकृति के अनुरूप होने का कुछ अंश होता है। लेकिन मैं इसे ‘शुभ’ नहीं बल्कि केवल ‘शुभ का आरंभ’ कहता हूँ।तुम परम शुभ, सुख... को शैशवावस्था में ही स्थापित कर देते हो। इसका परिणाम यह होता है कि जो व्यक्ति अभी-अभी जन्मा है, वह वहीं से शुरुआत करता है जहाँ पूर्णता को प्राप्त व्यक्ति अंततः पहुँचता है। तुम वृक्ष की चोटी को उसकी जड़ की जगह रख रहे हो! 

    यह कहना स्पष्ट रूप से गलत होगा कि गर्भस्थ शिशु, जो दुर्बल, अपूर्ण और अभी पूरी तरह विकसित भी नहीं हुआ है और जिसका लिंग तक निर्धारित नहीं हुआ है... पहले से ही शुभ की अवस्था में है। लेकिन वास्तव में एक नवजात शिशु और माँ के गर्भ में छिपे हुए, अभी भारी-भरकम भ्रूण में कितना अंतर है? शुभ और अशुभ को समझने की दृष्टि से दोनों समान रूप से अपरिपक्व हैं। एक शिशु अभी शुभ को समझने में सक्षम नहीं है, ठीक उसी तरह जैसे कोई वृक्ष या कोई अवाक् प्राणी उसे समझने में सक्षम नहीं है। फिर वृक्ष या किसी प्राणी में शुभ क्यों नहीं होता? क्योंकि वहाँ बुद्धि भी नहीं होती। इसी प्रकार शिशु में भी शुभ विद्यमान नहीं होता क्योंकि उसमें भी बुद्धि का अभाव होता है। जब उसमें बुद्धि विकसित होगी, तभी वह शुभ तक पहुँच सकेगा।

    कुछ प्राणी बुद्धि से रहित होते हैं, कुछ अभी बुद्धिसंपन्न नहीं हुए होते। कुछ बुद्धिसंपन्न तो होते हैं लेकिन उनकी बुद्धि अभी अपूर्ण होती है। इनमें से किसी में भी ‘शुभ’ विद्यमान नहीं होता। शुभ का आगमन तभी होता है जब बुद्धि का विकास होता है। तो फिर, जिन प्राणियों का मैंने अभी उल्लेख किया है, उनमें क्या अंतर है? जो प्राणी बुद्धि से रहित है, उसमें शुभ कभी भी विद्यमान नहीं होगा। जो अभी बुद्धिसंपन्न नहीं हुआ है, उसमें इस समय शुभ का होना संभव नहीं है। जो बुद्धिसंपन्न तो है। लेकिन उसकी बुद्धि अभी अपूर्ण है, उसमें शुभ का होना संभव तो है। लेकिन वास्तव में अभी शुभ उसमें विद्यमान नहीं है। लूसीलियस, मेरा आशय यह है कि ‘शुभ’ किसी भी शरीर में या जीवन की किसी भी अवस्था में नहीं पाया जाता। वह शैशवावस्था से उतना ही दूर है, जितना अंतिम अवस्था आरंभ से या पूर्ण वस्तु अपने आरंभिक रूप से दूर होती है। इसलिए किसी छोटे, कोमल और अभी विकसित होना शुरू ही हुए शरीर में शुभ नहीं होता। बिल्कुल नहीं। ठीक उसी तरह जैसे किसी बीज में शुभ नहीं होता।

    तुम इस बात को इस प्रकार भी समझ सकते हो। हम वृक्षों और पौधों के लिए भी एक प्रकार के ‘शुभ’ को स्वीकार करते हैं। यह उस समय उपस्थित नहीं होता जब उनकी पहली कोपलें धरती को चीरकर बाहर निकलती हैं। गेहूँ के लिए भी एक प्रकार का ‘शुभ’ होता है। वह न तो कोमल तने में होता है और न उस समय जब नरम बालियाँ भूसी से अलग होना शुरू करती हैं बल्कि तब होता है जब गेहूँ गर्मियों की धूप और उचित परिपक्वता से पूरी तरह पक जाता है। प्रकृति की कोई भी रचना अपने ‘शुभ’ को तब तक प्रकट नहीं करती, जब तक वह पूर्णता को प्राप्त न कर ले। इसलिए मनुष्य का ‘शुभ’ केवल उसी व्यक्ति में पाया जा सकता है, जिसमें बुद्धि पूर्ण रूप से विकसित हो चुकी हो। यह ‘शुभ’ क्या है? मैं तुम्हें बताता हूँ: यह ऐसा मन है जो स्वतंत्र और सत्यनिष्ठ है, जो अन्य सभी वस्तुओं को अपने से नीचे रखता है। लेकिन स्वयं को किसी के नीचे नहीं रखता। यह ‘शुभ’ शैशवावस्था की समझ से इतना परे है कि इसकी अपेक्षा किसी बच्चे से नहीं की जा सकती। न ही उचित रूप से किसी युवा वयस्क से। वृद्धावस्था तक पहुँचकर भी यदि कोई व्यक्ति लंबे और एकाग्र अध्ययन के बाद इसे प्राप्त कर ले तो यह उसके लिए बड़ी उपलब्धि होगी। यदि यही ‘शुभ’ है तो यह बुद्धि द्वारा ग्रहण की जाने वाली वस्तु भी है।

    “तुमने कहा है कि वृक्षों और पौधों के लिए भी एक प्रकार का शुभ होता है तो फिर शिशुओं में भी शुभ हो सकता है।” वास्तविक शुभ वृक्षों या अवाक् प्राणियों में विद्यमान नहीं होता। इन प्राणियों में जो कुछ अच्छा होता है, उसे उदार अर्थ में ‘शुभ’ कहा जाता है। “तो फिर वह क्या है?” तुम पूछते हो। वह वही है जो प्रत्येक वस्तु की प्रकृति के अनुरूप हो। निस्संदेह, शुभ किसी अवाक् प्राणी को प्राप्त हो ही नहीं सकता बल्कि वह अधिक सौभाग्यशाली और श्रेष्ठ प्रकृति का गुण है। जहाँ बुद्धि के लिए कोई स्थान ही नहीं है, वहाँ शुभ भी नहीं हो सकता। यहाँ चार प्रकार की प्रकृतियों पर विचार करना चाहिए— वृक्षों की, प्राणियों की, मनुष्यों की और देवताओं की। इनमें अंतिम दो की प्रकृति इस अर्थ में समान है कि दोनों बुद्धिसंपन्न हैं। लेकिन उनमें यह अंतर भी है कि एक नश्वर है और दूसरा अमर। 

    इनमें से एक का अर्थात देवता का शुभ केवल प्रकृति के कारण ही पूर्ण होता है। जबकि दूसरे का अर्थात मनुष्य का, शुभ प्रयास के द्वारा पूर्ण होता है। शेष प्राणी, जिनमें बुद्धि का अभाव है केवल अपनी-अपनी प्रकृति के अनुसार पूर्ण होते हैं, वास्तव में पूर्ण नहीं। ऐसा इसलिए है कि निरपेक्ष पूर्णता का अर्थ सार्वभौमिक प्रकृति के अनुरूप पूर्णता है और सार्वभौमिक प्रकृति बुद्धिसंपन्न है। अन्य वस्तुएँ अपनी-अपनी प्रकृति के अनुसार पूर्ण हो सकती हैं। जिस प्राणी में सुखी होने की क्षमता ही नहीं है, उसमें सुख उत्पन्न करने वाली वस्तु की क्षमता भी नहीं हो सकती; और जो वस्तुएँ सुख उत्पन्न करती हैं, वे ही शुभ हैं। किसी अवाक् प्राणी में न तो सुखी होने की क्षमता होती है और न ही उस वस्तु की क्षमता जो सुख उत्पन्न करती है। इसलिए किसी अवाक् प्राणी में शुभ भी नहीं होता।

    एक प्राणी इंद्रिय-बोध के माध्यम से वर्तमान को ग्रहण करता है। वह अतीत को तभी याद करता है, जब कोई घटना उसके इस इंद्रिय-बोध को जागृत करती है। उदाहरण के लिए, जब घोड़े को उस स्थान पर ले जाया जाता है जहाँ से कोई रास्ता शुरू होता है तो उसे वह रास्ता याद आ जाता है। लेकिन अस्तबल में रहते हुए उसे उस रास्ते की कोई स्मृति नहीं होती, चाहे वह उस रास्ते से कितनी ही बार गुज़र चुका हो। समय का तीसरा भाग भविष्य, प्राणियों के लिए कोई महत्व नहीं रखता। फिर हम यह कैसे मान सकते हैं कि उन प्राणियों में पूर्ण प्रकृति संभव है, जिनका समय का अनुभव ही अपूर्ण है? 

समय के तीन भाग हैं— अतीत, वर्तमान और भविष्य। प्राणियों को इनमें से केवल वही भाग प्राप्त है जो सबसे क्षणभंगुर और परिवर्तनशील है— वर्तमान। अतीत की उनकी स्मृति भी केवल कभी-कभार ही जागृत होती है और तब तक वापस नहीं आती, जब तक वर्तमान में किसी वस्तु के संपर्क से वह स्मृति जागृत न हो जाए। इसलिए पूर्ण प्रकृति का शुभ किसी अपूर्ण प्रकृति में विद्यमान नहीं हो सकता। यदि ऐसा होता, तो पौधों में भी शुभ होता। मैं यह नहीं कह रहा कि अवाक् प्राणियों में उन वस्तुओं को पाने की अत्यंत प्रबल प्रवृत्तियाँ नहीं होतीं, जो उन्हें अपनी प्रकृति के अनुरूप दिखाई देती हैं। लेकिन उनकी ये प्रवृत्तियाँ अव्यवस्थित और छिटपुट होती हैं। इसके विपरीत, शुभ कभी भी अव्यवस्थित और छिटपुट नहीं होता।

    “यह कैसे?” तुम पूछते हो। “क्या प्राणी अनियमित और अव्यवस्थित ढंग से चलते-फिरते हैं?” यदि उनकी प्रकृति में व्यवस्था के अनुसार चलने की क्षमता होती तो मैं उनकी गतिविधियों को इस प्रकार वर्णित करता। लेकिन वास्तविकता यह है कि वे अपनी प्रकृति के अनुसार ही चलते हैं। कोई वस्तु तभी अव्यवस्थित कही जा सकती है, जब उसमें व्यवस्थित होने की क्षमता हो। ठीक उसी प्रकार जैसे कोई व्यक्ति तभी चिंतित कहा जा सकता है, जब उसमें चिंता से मुक्त होने की संभावना हो। जिस व्यक्ति में सद्गुण की संभावना ही नहीं है, उसमें दुर्गुण भी नहीं हो सकता। प्राणियों की गतिविधियाँ उनकी प्रकृति से उत्पन्न होती हैं। इस बात को अधिक लंबा न खींचते हुए कहूँ तो किसी प्राणी में एक प्रकार का शुभ, एक प्रकार का सद्गुण और एक प्रकार की पूर्णता अवश्य होगी। लेकिन वह निरपेक्ष अर्थ में शुभ, सद्गुण या पूर्णता नहीं होगी। ये सभी केवल उन बुद्धिसंपन्न प्राणियों में पाए जाते हैं, जिन्हें कारण, सीमा और प्रक्रिया को समझने का विशेषाधिकार प्राप्त है। 

    क्या तुम सोच रहे हो कि यह चर्चा किस दिशा में जा रही है और इससे तुम्हारे मन को क्या लाभ होगा? मैं इसका उत्तर देता हूँ। इससे मन को प्रशिक्षित और तीक्ष्ण किया जाता है तथा उसकी भावी सभी गतिविधियों में उसे सही मार्ग पर बनाए रखा जाता है। इसका एक लाभ यह भी है कि यह हमें किसी दुर्गुणपूर्ण मार्ग की ओर भागने से रोकती है। मैं तुमसे यह भी कहना चाहता हूँ कि मैं तुम्हारे लिए इससे बड़ा कोई लाभ नहीं कर सकता कि तुम्हें तुम्हारा अपना शुभ दिखाऊँ। तुम्हें अवाक् प्राणियों से अलग करूँ और तुम्हें दैवी प्रकृति के निकट स्थापित करूँ।

    मैं यह क्यों न कहूँ कि तुम अपने शरीर की शक्ति को क्यों सँवारते और प्रशिक्षित करते हो? प्रकृति ने पालतू और जंगली पशुओं को तुमसे अधिक शक्ति प्रदान की है। तुम अपने रूप-सौंदर्य को क्यों सँवारते हो? तुम अपनी ओर से सब कुछ कर लेने के बाद भी पशुओं जितने सुंदर नहीं हो पाओगे। तुम अपने बालों पर इतना अधिक परिश्रम क्यों करते हो? चाहे तुम उन्हें पार्थियनों की तरह खुला छोड़ो, जर्मनों की तरह बाँध लो या स्किथियनों की तरह उन्हें बिखरा हुआ रहने दो। कोई भी घोड़ा अपनी अयाल को उछालते हुए तुमसे अधिक घनी अयाल रखेगा। किसी भी सिंह की गर्दन पर खड़ी हुई अयाल अधिक सुंदर होगी। गति के लिए कितना ही अभ्यास कर लो फिर भी तुम खरगोश की बराबरी नहीं कर पाओगे। तो फिर उन सभी बातों को छोड़ क्यों नहीं देते, जिनमें तुमसे बेहतर होना निश्चित है। उन चीज़ों के पीछे भागना क्यों बंद नहीं करते जो तुम्हारी प्रकृति से बाहर हैं। उस शुभ की ओर क्यों नहीं लौटते जो वास्तव में तुम्हारा अपना है? 

    वह शुभ क्या है? बस यही... एक दोषरहित मन। ऐसा मन जो दैवी मन की बराबरी करता है, जो स्वयं को मानवीय सीमा से ऊपर उठाता है और अपने से परे किसी वस्तु को श्रेष्ठ नहीं मानता। तुम एक बुद्धिसंपन्न प्राणी हो। तो फिर तुममें शुभ क्या है? पूर्ण बुद्धि। अपनी बुद्धि को जहाँ वह अभी है, वहाँ से उसकी सर्वोच्च उपलब्धि तक ले जाओ। उसे उसकी पूरी संभव सीमा तक विकसित होने दो। जब तक तुम्हारे सभी आनंद स्वयं तुम्हारे भीतर से उत्पन्न न हों, तब तक अपने आपको सुखी मत समझो। जब तुम मनुष्यों की प्रतिस्पर्धा, लालसा और अधिकार-भावना की वस्तुओं को देखकर यह समझ लो कि ऐसी कोई वस्तु नहीं है जिसे तुम दूसरों से अधिक पाने योग्य समझो। मैं यह नहीं कहूँगा कि ऐसी कोई वस्तु नहीं है जिसे तुम पसंद कर सको बल्कि ऐसी कोई वस्तु नहीं है जिसके लिए तुम्हारा मन लालायित हो। तभी तुम अपने वास्तविक शुभ को प्राप्त करोगे। मैं तुम्हें स्वयं को परखने का एक संक्षिप्त नियम बताता हूँ, जिससे तुम यह जान सको कि तुमने पूर्णता प्राप्त कर ली है या नहीं। तुम्हारा अपना शुभ तब तुम्हारे पास होगा, जब तुम समझ जाओगे कि भाग्यशाली समझे जाने वाले लोग वास्तव में सबसे कम भाग्यशाली होते हैं।

विदा लूसीलियस 

दिखावा करने के बारे में -- पत्र - 121

 प्रिय लूसीलियस 


रात बहुत बीत चुकी है और मैं अपनी अल्बान हवेली पहुँच गया हूँ। यात्रा लंबी नहीं थी। लेकिन असुविधाजनक होने के कारण मैं थक गया हूँ। यहाँ मुझे कोई चीज़ तैयार नहीं मिलती, सिवाय मेरे अपने आप के। इसलिए अब मैंने अपने थके हुए शरीर को अपने अध्ययन-कक्ष में बैठा लिया है और अपने रसोइए तथा बेकर के देर से आने से मुझे इतना लाभ अवश्य हुआ है कि अब मुझे इस बात पर स्वयं से विचार करने का अवसर मिल गया है कि यदि हम किसी बात को हल्के ढंग से लें तो कोई भी चीज़ गंभीर नहीं होती। यदि हम अपनी झुंझलाहट को उसमें स्वयं न जोड़ें तो कोई भी बात परेशान करने वाली नहीं होती। मेरे बेकर के पास रोटी नहीं है। लेकिन मेरे प्रबंधक के पास कुछ है। मेरे मुख्य दास तथा मेरे किरायेदारों के पास भी है। “रोटी खराब है,” तुम कहते हो। लेकिन ठहरो! वह अच्छी हो जाएगी। भूख जल्द ही उसे उत्तम आटे से बनी मुलायम रोटी में बदल देगी। इसी कारण तब तक भोजन नहीं करना चाहिए, जब तक भूख स्वयं ऐसा करने का संकेत न दे। इसलिए मैं अपना भोजन तब तक टाल दूँगा, जब तक मुझे फिर से अच्छी रोटी नहीं मिल जाती या फिर तब तक, जब तक मुझे खराब रोटी से भी कोई आपत्ति न रह जाए।



    सादा और रूखा भोजन करने का अभ्यास डालना आवश्यक है। समय और स्थान की कठिन परिस्थितियाँ उन लोगों के सामने भी आ खड़ी होती हैं जो धनवान हैं और सुख-सुविधाओं के लिए पूरी तरह तैयार रहते हैं। उनकी इच्छाओं में बाधा डाल देती हैं। कोई भी व्यक्ति अपनी हर इच्छा पूरी नहीं कर सकता। मनुष्य इतना अवश्य कर सकता है कि जो उसके पास नहीं है, उसे पाने की इच्छा छोड़ दे और जो उपलब्ध है, उसका प्रसन्नतापूर्वक उपयोग करे। आत्मनिर्भरता का एक बड़ा हिस्सा ऐसे संयमित पेट में निहित है, जो कठिन परिस्थितियों को सहन कर सके।यह बताना भी कठिन है कि मुझे इस बात से कितना आनंद मिलता है कि मेरी थकान स्वयं अपने आप में शांत हो गई है। मुझे न मालिश की आवश्यकता है, न स्नान की। मैं केवल समय के उपचारात्मक प्रभावों की प्रतीक्षा कर रहा हूँ। विश्राम श्रम से आई थकान को दूर कर देता है। आने वाला भोजन, चाहे वह जो भी हो, किसी भव्य उद्घाटन-भोज से भी अधिक आनंददायक होगा। संक्षेप में, मैंने तुरंत अपने मन को एक प्रकार की परीक्षा में डाल दिया है। वह भी अत्यंत सीधी तथा सटीक परीक्षा में क्योंकि जब मन स्वयं को तैयार कर लेता है और धैर्य रखने का संकल्प कर लेता है, तब हमें उसके वास्तविक संकल्प की स्पष्ट परीक्षा नहीं मिलती। सबसे विश्वसनीय परीक्षाएँ वे होती हैं जो अचानक सामने आ जाती हैं। जब मन कठिनाइयों को केवल उदासीनता से ही नहीं बल्कि शांत भाव से भी देखता है; जब उसमें न रोष होता है, न शिकायत; जब जो चीज़ उपलब्ध नहीं है, उसकी इच्छा न करके वह उसकी कमी की भरपाई कर लेता है। जब वह यह विचार करता है कि उसकी दिनचर्या में भले ही कोई चीज़ कम हो। लेकिन अपने आप में उसमें किसी चीज़ की कमी नहीं है।

    बहुत-सी चीज़ों के बारे में हमें उनकी अनावश्यकता का पता तभी चलता है, जब वे कम पड़ने लगती हैं। हम उनका उपयोग इसलिए नहीं कर रहे थे कि उनके बिना हमारा काम नहीं चल सकता था बल्कि इसलिए कर रहे थे क्योंकि वे हमारे पास उपलब्ध थीं। हम ऐसी कितनी ही चीज़ें केवल इसलिए खरीद लेते हैं क्योंकि दूसरे लोगों ने उन्हें खरीदा है या वे दूसरे लोगों के घरों में मौजूद हैं! हमारी बहुत-सी समस्याएँ इस तथ्य से उत्पन्न होती हैं कि हम दूसरे लोगों के मानदंडों के अनुसार जीवन जीते हैं और विवेक को अपना मार्गदर्शक बनाने के बजाय फैशन का अनुसरण करते हैं। यदि केवल कुछ ही लोग कोई काम करते तो हम उनकी नकल करने से इनकार कर देते। लेकिन जैसे ही अधिक लोग वही काम करने लगते हैं, हम भी उसे अपना लेते हैं, मानो केवल अधिक लोगों द्वारा किया जाना ही उसे अधिक सम्माननीय बना देता हो। जब कोई गलत धारणा व्यापक रूप से फैल जाती है, तो हम उसे ही सदाचार का स्थान दे देते हैं। 

    आजकल हर व्यक्ति नुमिडियाई घुड़सवारों के एक दल और आगे-आगे चलने वाले धावकों की एक टुकड़ी के साथ यात्रा करता है। ऐसा दिखाई देना अपमानजनक माना जाता है कि तुम्हारे पास रास्ते में आने वाले यात्रियों को हटाने के लिए कोई सेवक न हो और किसी बड़े अधिकारी के आने की सूचना देने के लिए धूल का कोई विशाल बादल न उठ रहा हो। आजकल हर व्यक्ति के पास खच्चरों का एक काफिला होता है, जो उसके क्रिस्टल और गोमेद के प्यालों तथा बारीकी से बनाए गए चाँदी के पात्रों का संग्रह ढोता है। यह भी अपमानजनक माना जाता है कि ऐसा लगे कि तुम्हारा पूरा सामान ऐसी वस्तुओं का है जिन्हें बिना टूटे आसानी से इधर-उधर ले जाया जा सकता है। हर व्यक्ति के साथ सेवकों का एक दल होता है, जो यात्रा के समय अपने चेहरे पर लोशन मलते रहते हैं ताकि सूर्य या ठंड उनकी कोमल त्वचा को नुकसान न पहुँचा सके। स्वस्थ त्वचा वाले युवा सेवक होना, जिन्हें किसी औषधीय प्रसाधन की आवश्यकता ही न हो। यह भी आजकल अपमानजनक माना जाता है!

    हमें इन सभी लोगों से बातचीत करने से बचना चाहिए। ये ऐसे लोग हैं जो अपने दुर्गुण एक-दूसरे तक पहुँचाते हैं और उन्हें आपस में बाँटते रहते हैं। पहले हम तब इसे भयानक मानते थे, जब लोग शब्दों के माध्यम से अपनी शेखी बघारते थे। लेकिन आज ऐसे लोग हैं जो अपने दुर्गुणों का भी प्रदर्शन करते हैं। इन लोगों से बातचीत करना बहुत हानिकारक होता है। भले ही उसका तत्काल कोई प्रभाव दिखाई न दे, फिर भी वह मन में बीज बो देती है। उनके साथ से अलग हो जाने के बाद भी उसका प्रभाव हमारे भीतर बना रहता है और बाद में फिर उभर आता है। संगीत का कोई कार्यक्रम सुनने के बाद भी लोगों के कानों में उसकी धुन और मधुर गायन गूँजता रहता है, जो उनकी सोचने की क्षमता को सीमित कर देता है और उन्हें गंभीर विषयों पर ध्यान केंद्रित करने में असमर्थ बना देता है। उसी प्रकार चापलूसों और दुर्गुणों को बढ़ावा देने वाले लोगों की बातें सुन लेने के बहुत देर बाद तक मन में बनी रहती हैं। मन को किसी मधुर ध्वनि से मुक्त कर पाना आसान नहीं होता। वह बनी रहती है। उसका प्रभाव चलता रहता है। कुछ अंतराल के बाद फिर लौट आती है। इसलिए आरंभ से ही हमें अपने कानों को हानिकारक आवाज़ों के लिए बंद रखना चाहिए। एक बार उन आवाज़ों को प्रवेश मिल जाए और वे अपना प्रभाव डालना शुरू कर दें तो वे और भी अधिक दुस्साहसी हो जाती हैं।

    इसके बाद हम ऐसे लोगों के बीच जा पहुँचते हैं, जो इस तरह की बातें करते हैं— “सद्गुण, दर्शन और न्याय, ये सब निरर्थक शब्दों का शोर मात्र हैं! जीवन में सुखपूर्वक रहना ही एकमात्र सुख है। खाना, पीना और अपनी संपत्ति खर्च करना, यही जीवन जीना है। यही इस बात को याद रखना है कि हम नश्वर हैं। दिन बीतते जा रहे हैं। जीवन वापस न लौटने वाले ढंग से आगे बढ़ रहा है। हम किसकी प्रतीक्षा कर रहे हैं? दर्शन का अभ्यास करने से क्या लाभ है? जब हम बूढ़े हो जाएँगे, तब हम सुख का आनंद नहीं ले सकेंगे तो अभी, जब हम सक्षम हैं और अभी भी इच्छाएँ रखते हैं, अपने जीवन पर संयम क्यों थोपें? इसलिए मृत्यु से पहले ही उससे आगे निकल जाओ और जो कुछ वह तुमसे छीनने वाली है, उसे अभी अपने ऊपर खर्च कर डालो। तुम्हारी कोई प्रेमिका नहीं है। न ही तुम्हारे पास ऐसा कोई पुरुष-प्रेमी है, जिसे देखकर तुम्हारी प्रेमिका ईर्ष्या करे। तुम कभी नशे में धुत्त नहीं होते। तुम्हारे भोजों को देखकर ऐसा लगता है मानो तुम अपने पिता से अपने रोज़मर्रा के खर्च की अनुमति मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हो। यह जीवन जीना नहीं है बल्कि किसी दूसरे के जीवन की देखभाल करना है! अपने आपको हर चीज़ से वंचित रखना और अपना ध्यान ऐसी संपत्ति पर लगाए रखना, जो अंततः तुम्हारे उत्तराधिकारी को ही मिलने वाली है। यह पूरी तरह पागलपन है। इस तरह तुम्हारी संपत्ति का आकार ही तुम्हारे मित्र को तुम्हारा शत्रु बना देगा। जितनी बड़ी उसकी विरासत होगी, तुम्हारी मृत्यु पर वह उतना ही अधिक प्रसन्न होगा। जहाँ तक उन ढोंगी लोगों का सवाल है।दूसरों के जीवन के कठोर आलोचक और अपने ही जीवन के शत्रु, जो जनता को उपदेश देना पसंद करते हैं। उन पर बिल्कुल ध्यान मत दो। अच्छे नाम की अपेक्षा अच्छा जीवन चुनने में तनिक भी संकोच मत करो।”

    ऐसी आवाज़ों से भी उतना ही बचना चाहिए, जितना उन आवाज़ों से जिनके पास से यूलिसीस तब तक आगे नहीं बढ़ना चाहता था, जब तक उसे मस्तूल से बाँध नहीं दिया गया था। इन दोनों में समान शक्ति है। ये तुम्हें तुम्हारे देश, माता-पिता, मित्रों और सद्गुणों से दूर कर देती हैं और तुम्हें लज्जाजनक जीवन की ओर इस प्रकार आकर्षित करती हैं कि ऐसे सुखों का वादा करती हैं, जो तुम्हें दुखी कर देंगे, भले ही उनमें अपने आप में कोई लज्जाजनक बात न हो।कितना बेहतर है कि सीधे मार्ग का अनुसरण किया जाए और अंततः वह तुम्हें उस बिंदु तक पहुँचा दे, जहाँ केवल वही चीज़ें तुम्हें आनंद देती हैं जो सम्माननीय हैं! 

    हम उस बिंदु तक पहुँच सकेंगे, यदि हम यह समझ लें कि ऐसी दो प्रकार की वस्तुएँ हैं जो हमें या तो आकर्षित करती हैं या हममें विरक्ति उत्पन्न करती हैं। आकर्षित करने वाली वस्तुओं में धन, सुख, सौंदर्य, महत्वाकांक्षा और ऐसी ही अन्य सभी मोहक तथा आनंददायक चीज़ें हैं। कठिन शारीरिक श्रम, मृत्यु, पीड़ा, लोगों की निंदा और सादा भोजन हमें अप्रिय लगते हैं। इसलिए हमें स्वयं को इस प्रकार प्रशिक्षित करना चाहिए कि न तो हम बाद वाली चीज़ों से भयभीत हों और न पहली वाली चीज़ों की इच्छा करें। हमें अपनी प्रवृत्तियों के विरुद्ध संघर्ष करना चाहिए, जो चीज़ें हमें आकर्षित करती हैं, उनका प्रतिरोध करते हुए और जो कठिनाइयाँ हम पर आक्रमण करती हैं, उनकी ओर आगे बढ़ते हुए। 

    क्या तुम ध्यान नहीं देते कि जब लोग पहाड़ी पर चढ़ रहे होते हैं और जब नीचे उतर रहे होते हैं, तब उनके शरीर की मुद्रा कितनी अलग होती है? नीचे उतरते समय वे अपने शरीर को पीछे की ओर झुका लेते हैं। जबकि चढ़ते समय आगे की ओर झुकाते हैं। नीचे उतरते समय अपने शरीर का भार आगे की ओर डालना उतना ही जानबूझकर की गई भूल है, जितना ऊपर चढ़ते समय उसे पीछे की ओर डालना। लूसीलियस, हम सुखों की ओर नीचे उतरते हैं। लेकिन कठिनाइयों और कष्टों का सामना करने के लिए हमें ऊपर चढ़ना पड़ता है। बाद वाली स्थिति में हमें अपने शरीर को आगे की ओर धकेलना चाहिए। जबकि पहली स्थिति में हमें उसे पीछे की ओर रोककर रखना चाहिए।

    क्या तुम यह समझते हो कि मैं इस समय केवल यह कहना चाहता हूँ कि हमारे कानों के लिए केवल वही लोग खतरनाक हैं, जो सुख की प्रशंसा करते हैं और पीड़ा के विचार से हमें भयभीत करते हैं। जबकि पीड़ा अपने आप में ही पर्याप्त रूप से भयावह है? नहीं, मेरा मानना है कि हमें उन लोगों से भी नुकसान पहुँचता है, जो स्टोइक मत का आवरण ओढ़कर हमें दुर्गुणों की ओर प्रेरित करते हैं। उदाहरण के लिए, वे इस बात पर ज़ोर देते हैं कि केवल वही व्यक्ति प्रेमी होता है जो बुद्धिमान और अत्यधिक शिक्षित हो। “इस विषय में केवल बुद्धिमान व्यक्ति ही विशेषज्ञ होता है। इसी प्रकार, वही व्यक्ति प्रेम-समारोहों और भोजों में भाग लेने की कला में भी सबसे अधिक निपुण होता है। आइए, इस प्रश्न पर विचार करें। युवकों को किस आयु तक प्रेम का विषय बनाया जाना चाहिए?”

    इन बातों को यूनानियों की परंपरा के हवाले कर देने के बाद, हमें इसके बजाय निम्नलिखित बातों पर ध्यान देना चाहिए—

“कोई भी व्यक्ति संयोगवश अच्छा नहीं बनता। सद्गुण को सीखना पड़ता है। सुख एक तुच्छ और दयनीय वस्तु है, जिसका कोई वास्तविक मूल्य नहीं है। यहाँ तक कि अवाक् प्राणियों को भी सुख का कुछ अंश प्राप्त होता है। सबसे छोटे और तुच्छ प्राणी भी उसके पीछे दौड़ते हैं। यश एक खोखली वस्तु है, जो हवा से भी अधिक क्षणभंगुर और चंचल है। गरीबी केवल उनके लिए समस्या है जो उसे स्वीकार नहीं करते। मृत्यु कोई बुराई नहीं है। फिर, तुम पूछते हो, वह क्या है? वह वह एक अधिकार है जो समस्त मानवजाति को समान रूप से प्राप्त है। अंधविश्वास एक मूर्खतापूर्ण भूल है। वह उनसे डरता है, जिनसे प्रेम किया जाना चाहिए। जिनकी पूजा करता है, उन्हीं के प्रति अपराध करता है। यदि तुम देवताओं की निंदा ही करने वाले हो तो यह मान लेना भी बेहतर है कि उनका अस्तित्व ही नहीं है।”

    तुम्हें इन्हीं शिक्षाओं को सीखना चाहिए या बल्कि, इन्हें अपने हृदय में उतार लेना चाहिए। दर्शन को दुर्गुणों के लिए बहाने उपलब्ध नहीं कराने चाहिए। जब चिकित्सक रोगी को असंयम बरतने की सलाह देता है, तब रोगी के स्वस्थ होने की कोई आशा नहीं रहती।


अभी के लिए विदा 

प्रकृति के विरुद्ध जीवन-शैली के बारे में -- पत्र - 120

 प्रिय लूसीलियस 


दिन पहले ही ढलने लगा है। उसकी अवधि कुछ कम हो गई है, फिर भी जो लोग मानो सूर्य के साथ ही उठते हैं, उनके लिए अभी भी पर्याप्त समय उपलब्ध है। यदि हम उषा से पहले ही जाग जाएँ और प्रातः का आरंभिक प्रकाश प्राप्त कर लें तो हम अपने सामाजिक कर्तव्यों को निभाने के लिए अधिक सक्षम और अधिक तत्पर होंगे। जब सूर्य आकाश में काफी ऊपर चढ़ चुका हो और हम तब भी आधी नींद में पड़े रहें तो यह लज्जाजनक है कि दिन का आरंभ दोपहर के समय करें। बहुत-से लोगों के लिए तो दोपहर भी उषा से पहले का समय ही है! कुछ लोग दिन और रात के कार्यों को ही उलट देते हैं। उनकी आँखों पर अभी तक पिछली रात की मदिरापान की खुमारी छाई रहती है और वे उन्हें तब तक नहीं खोलते, जब तक संध्या निकट नहीं आ जाती। वे उन लोगों के समान हैं, जिनका वर्णन वर्जिल ने किया है और जिन्हें प्रकृति ने हमारे पैरों के ठीक नीचे छिपा रखा है:

जब उषा, हिनहिनाते घोड़ों के साथ,
हमारे पास आती है,
तब उनके लिए संध्या का तारा,
लालिमा के साथ प्रज्वलित होता है।

इस मामले में, हालाँकि, यह पृथ्वी के गोले का वह भाग नहीं है जो हमारे भाग के विपरीत है बल्कि उनके जीवन जीने का ढंग है।



    इसी नगर में भी ऐसे ‘प्रतिपाद’ लोग हैं, ऐसे लोग, जो मार्कस कैटो के अनुसार, न तो कभी सूर्योदय देखते हैं और न सूर्यास्त। क्या तुम समझते हो कि वे जीवन जीना जानते हैं? वे तो यह भी नहीं जानते कि कब जीना चाहिए! अब जब उन्होंने स्वयं को जीवित ही कब्र में दफना लिया है तो क्या उन्हें मृत्यु से भी भय लगता है? वे रात में विचरण करने वाले पक्षियों की तरह अशुभ और भयावह हैं। यद्यपि वे अपनी अँधेरी रातें शराब और सुगंधित पदार्थों के बीच बिताते हैं, यद्यपि वे अपनी इस उलटी-पुलटी जागृति का पूरा समय अनेक प्रकार के व्यंजनों वाले भोजों की एक के बाद एक श्रृंखला में लगा देते हैं, फिर भी वे उत्सव नहीं मना रहे होते बल्कि अपने ही अंतिम संस्कार का उत्सव मना रहे होते हैं। बस इतना अंतर है कि वास्तविक मृतकों का अंतिम संस्कार दिन के समय होता है! लेकिन सच तो यह है कि सक्रिय व्यक्ति के लिए कोई भी दिन पर्याप्त लंबा नहीं होता। हमें अपने जीवन का विस्तार करना चाहिए। सक्रिय रहना ही जीवन का कार्य है और यही इस बात का प्रमाण भी है कि हम जीवित हैं। रात को छोटा करना चाहिए और उसके कुछ हिस्से को दिन में स्थानांतरित कर देना चाहिए। 

    भोजों के लिए खरीदे गए मुर्गों को अँधेरी जगह में रखा जाता है ताकि वे निष्क्रिय रहें और आसानी से मोटे हो जाएँ। बिना हिले-डुले पड़े रहने से उनके आलसी शरीर फूल जाते हैं। अँधेरे में बंद रहने के कारण उनके शरीर पर अनुपयोगी चर्बी चढ़ जाती है। लेकिन जिन लोगों ने स्वयं को अँधेरे के हवाले कर दिया है, उनके शरीर वास्तव में घृणित दिखाई देते हैं। उनका रंग रोगियों के पीलापन से भी अधिक चिंताजनक है। दुर्बलता और जर्जरता ने उनके चेहरे का रंग सफेद कर दिया है और उनके शरीर का मांस, जीवित रहते हुए भी, सड़ने लगा है। फिर भी मैं इसे उनकी सबसे छोटी समस्या कहूँगा। उनके मन में इससे कहीं अधिक अँधेरा है! भीतर से ऐसे लोग स्तब्ध और पूरी तरह धुंध से घिरे हुए हैं। अंधे लोगों से भी बदतर। आखिर किसे आँखें केवल अँधेरे में देखने के लिए मिली हैं?

    क्या तुम जानना चाहते हो कि दिन से बचने और अपने पूरे जीवन को रात में स्थानांतरित कर देने की इस विचित्र आदत की उत्पत्ति कहाँ से हुई? हमारे सभी दोष प्रकृति के विरुद्ध होते हैं। वे सभी उचित व्यवस्था को छोड़ देते हैं। आत्म-लिप्सा का लक्ष्य केवल विकृत आचरण में आनंद लेना ही नहीं होता बल्कि सीधे मार्ग से हटना और उससे जितना संभव हो उतना दूर चले जाना। अंततः ठीक उसके विपरीत स्थिति अपना लेना होता है। तुम निश्चित रूप से सहमत होगे कि भोजन से पहले शराब पीना प्रकृति के विरुद्ध है। बिना भोजन के शराब को सीधे रक्त में पहुँचाना और भोजन के लिए पहले से ही नशे में पहुँचना। फिर भी यह दोष हमारे युवकों में आम है। वे व्यायाम करने केवल इसलिए जाते हैं कि स्नानागार से बाहर निकलते ही शराब पी सकें। जबकि अभी भी उनके चारों ओर नग्न लोग होते हैं। इससे भी बुरी बात यह है कि वे स्नान करते समय ही शराब पीते हैं और एक के बाद एक प्याला गरम शराब पीकर अपने शरीर से निकले पसीने को बार-बार धोते रहते हैं। भोजन के बाद या रात के भोजन के बाद शराब पीना, उनके विचार से, असभ्य लोगों का काम है। ऐसे देहाती लोगों का, जो परिष्कृत सुख का कुछ भी ज्ञान नहीं रखते। उनके अनुसार शुद्ध शराब का आनंद तभी मिलता है, जब वह भोजन के साथ न मिले और सीधे मस्तिष्क तक पहुँच जाए। खाली पेट नशे में होना ही सबसे अच्छा है!

    तुम निश्चित रूप से सहमत होगे कि पुरुषों के लिए स्त्रियों के वस्त्र धारण करना प्रकृति के विरुद्ध है। जब लोग अधिक उम्र में भी जवान और सुंदर दिखने का प्रयास करते हैं तो क्या वे प्रकृति के विरुद्ध जीवन नहीं जी रहे होते? इससे अधिक क्रूर या दयनीय और क्या हो सकता है? केवल इसलिए कि वे किसी पुरुष से यौन संबंध प्राप्त करते रहें, स्वयं कभी पुरुष न बनना! यदि उनका पुरुषत्व उन्हें इस दुर्व्यवहार से नहीं बचा सकता तो क्या परिपक्वता भी उन्हें इससे नहीं बचाएगी? तुम निश्चित रूप से सहमत होगे कि सर्दियों में गुलाब पाने की लालसा करना प्रकृति के विरुद्ध है। ठंड के मौसम में गर्म पानी से सींचकर लिली को खिलने के लिए विवश करना और सही समय पर उनके गमलों को इधर-उधर करना भी प्रकृति के विरुद्ध है। फिर उन लोगों का क्या, जो घरों की छतों पर फलदार वृक्ष लगाते हैं? उनकी छतें और कंगूरे पत्तियों से ढँक जाते हैं और उनकी जड़ें उस स्थान से भी ऊँचाई पर होती हैं, जहाँ वास्तव में वृक्षों की चोटियाँ होनी चाहिए। क्या यह प्रकृति के विरुद्ध नहीं है? क्या समुद्र में गर्म स्नानागारों की नींव रखना और यह सोचना कि सुरुचिपूर्ण ढंग से तैरने का आनंद तभी लिया जा सकता है, जब गर्म पानी का कुंड लहरों और तूफानों से घिरा हो, क्या यह भी प्रकृति के विरुद्ध नहीं है? 

    जब लोगों ने हर चीज़ को प्रकृति के विरुद्ध करने को अपना नियम बना लिया तो अंततः वे प्रकृति को पूरी तरह छोड़ देते हैं। “दिन का समय है,” वे कहते हैं, “सोने का समय है। नगर शांत हो चुका है। अब हमें व्यायाम करना चाहिए, सवारी के लिए निकलना चाहिए और दोपहर का भोजन करना चाहिए। लगभग भोर हो गई है। अब रात का भोजन करने का समय है। हमें सामान्य लोगों की तरह व्यवहार नहीं करना चाहिए। सामान्य और उबाऊ ढंग से जीवन जीना हमारे लिए अपमानजनक है। सार्वजनिक दिन को दूर हटाओ। हमारे लिए एक विशेष सुबह हो, जो केवल हमारी अपनी हो!” जहाँ तक मेरा संबंध है, ऐसे लोग पहले ही मुर्दाघर में पहुँच चुके हैं। वे अंतिम संस्कार से कितनी दूर हैं और वह भी समय से पहले होने वाले अंतिम संस्कार से। जबकि वे पहले से ही मशालों और मोमबत्तियों के प्रकाश में जीवन जी रहे हैं?

    मुझे याद है कि एक समय में बहुत-से लोग इसी तरह जीवन जीते थे, जिनमें एक पूर्व प्रेटर, अकीलियस बुता (उच्च पदस्थ सरकारी अधिकारी और न्यायिक अधिकारी एवं अभिजात्य वर्ग से संबंधित), भी शामिल था। उसने अपनी बहुत बड़ी विरासत पूरी तरह उड़ा दी। जब उसने सम्राट टिबेरियस के सामने अपनी आर्थिक हानि स्वीकार की तो सम्राट ने कहा, “तुम्हें जागने में कुछ देर हो गई।” जूलियस मोंटानस एक ठीक-ठाक कवि था, जो टिबेरियस से अपनी मित्रता और फिर उनके बीच हुए मतभेद, दोनों के लिए जाना जाता था। एक दिन वह अपनी रचना का पाठ कर रहा था। मोंटानस को अपनी कविताओं में सूर्योदय और सूर्यास्त का वर्णन भरना बहुत पसंद था। किसी व्यक्ति को दिन-भर उसका पाठ सुनना खल रहा था। उसने टिप्पणी की कि किसी को भी उसके काव्य-पाठ में शामिल नहीं होना चाहिए। इस पर पिनारियस नाटा ने कहा, “क्या मैं इससे अधिक उदार नहीं हो सकता? मैं तो सूर्योदय से सूर्यास्त तक उसे सुनने के लिए तैयार हूँ।” इसके बाद जब मोंटानस ने ये पंक्तियाँ पढ़ीं—

“फीबस अपनी प्रज्वलित अग्नि फैलाना आरंभ करता है,
गुलाबी आभा से दिन चमक उठता है, शोकाकुल अबाबील
अपने बच्चों को धैर्यपूर्वक भोजन कराना शुरू करती है,
उसकी कोमल चोंच हर चीखती हुई चोंच की ओर ध्यान देती है... ”

तो वारुस चिल्लाकर बोला, “बुता के सोने का समय हो गया है।” (यह वारुस रोमन अश्वारोही वर्ग का व्यक्ति था, मार्कस विनिसियस का मित्र और उच्च वर्ग के भोजों में नियमित रूप से उपस्थित रहने वाला व्यक्ति था। वह ऐसे भोजों का खर्च अपने चुटीले और विनोदी कथनों से चुकाता था।) इसके बाद, जब मोंटानस ने ये पंक्तियाँ पढ़ीं—

“अब चरवाहे अपने झुंडों को बाड़ों के भीतर बंद कर देते हैं,
अब शांतिदायक रात धरती को शांति देने लगती है...”

तो वारुस ने कहा, “तुम्हारा क्या मतलब है? क्या रात पहले ही हो गई? मैं बुता के यहाँ जाकर सुबह का अभिवादन कर आता हूँ।” इस व्यक्ति की दिनचर्या का इस तरह उलट-पुलट होना जितना प्रसिद्ध था, उतना शायद ही किसी और का रहा हो। हालाँकि, जैसा कि मैंने कहा, उस समय ऐसी जीवन-शैली फैशन में थी।

    कुछ लोग इस तरह जीवन इसलिए नहीं जीते कि उन्हें रात में कोई विशेष आनंद मिलता है बल्कि इसलिए कि उन्हें कोई भी सामान्य चीज़ पसंद नहीं होती। अपराध-बोध से ग्रस्त मन के लिए प्रकाश एक बोझ होता है। जिन लोगों के लिए किसी वस्तु को चाहने या तुच्छ समझने का एकमात्र आधार यह है कि उसकी कीमत कितनी है, उनके लिए जो चीज़ निशुल्क मिलती है, उसका कोई मूल्य नहीं होता। इसके अतिरिक्त, ऐश्वर्य में डूबे लोग चाहते हैं कि जब तक वे जीवित रहें, उनके जीवन की चर्चा होती रहे क्योंकि जब उनके बारे में बातें होना बंद हो जाती हैं तो उन्हें लगता है कि उनकी सारी कोशिशें व्यर्थ जा रही हैं। इसलिए वे लगातार कुछ न कुछ ऐसा करते रहते हैं जिससे लोगों में उनके बारे में चर्चा शुरू हो जाए। बहुत-से लोग अत्यधिक धन खर्च करते हैं और बहुत-से लोग रखैलें रखते हैं। इस वर्ग के लोगों के बीच अपना नाम बनाने के लिए तुम्हें विलासिता के साथ-साथ कुख्याति को भी अपनाना पड़ता है। यह एक व्यस्त नगर है। सामान्य दुर्गुणों पर किसी का ध्यान ही नहीं जाता।

    मैंने एक बार एल्बिनोवानस पेडो को, जो बहुत ही मनोरंजक ढंग से किस्से सुनाने वाला व्यक्ति था, यह बताते हुए सुना था कि वह सेक्स्टस पापिनियस के घर के ऊपर रहता था। सेक्स्टस पापिनियस भी उन लोगों में से था जो दिन के प्रकाश से बचते थे। “रात के लगभग तीसरे पहर,” उसने कहा, “मुझे कोड़ों की आवाज़ सुनाई देती है। मैं पूछता हूँ कि स्वामी क्या कर रहे हैं? उत्तर मिलता है कि वे हिसाब-किताब कर रहे हैं। रात के लगभग छठे पहर मुझे जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज़ सुनाई देती है। मैं पूछता हूँ कि क्या हो रहा है? मुझे बताया जाता है कि वे अपनी आवाज़ का अभ्यास कर रहे हैं। रात के लगभग आठवें पहर मैं पूछता हूँ कि पहियों की यह आवाज़ किस बात की है? मुझे बताया जाता है कि वे सवारी के लिए बाहर गए हैं। भोर होते-होते लोग इधर-उधर भाग-दौड़ करने लगते हैं, दासों को बुलाया जा रहा है, प्रबंधक और रसोइए हंगामा मचा रहे हैं। मैं पूछता हूँ कि क्या बात है? उत्तर मिलता है कि स्नान करके निकलने के बाद उन्होंने मधु-मिश्रित मदिरा और दलिया माँगा है।” किसी ने कहा, “लगता है उनका रात का भोजन पूरे दिन चलता रहा होगा।” “बिल्कुल नहीं,” पेडो ने कहा। “वह बहुत मितव्ययी जीवन जीते थे। रात के अलावा कुछ भी ग्रहण नहीं करते थे।” इसलिए जब कुछ लोग सेक्स्टस को कंजूस कहते थे तो पेडो ने कहा, “तुम यह भी कह सकते हो कि वह दीपक की रोशनी पर जीवन बिताता है।” 

    तुम्हें दुर्गुणों के इतने अलग-अलग रूप देखकर आश्चर्य नहीं करना चाहिए। दुर्गुण अनेक प्रकार के होते हैं। उनके रूपों को गिनना या उनके सभी प्रकारों को समझ पाना बहुत कठिन है। उचित और सदाचारी जीवन की केवल एक ही दिशा होती है। लेकिन दुराचार अनेक रूप धारण करता है और हर बार किसी नई दिशा में मुड़ जाता है। चरित्र के साथ भी यही बात है। जब लोग प्रकृति का अनुसरण करते हैं तो वे सरल, सहज और अधिकांशतः एक-दूसरे के समान होते हैं। जो लोग विकृत मार्ग अपना लेते हैं, वे दूसरों से भी बहुत भिन्न हो जाते हैं और स्वयं अपने भीतर भी विरोधाभास से भर जाते हैं। 

    लेकिन मेरी राय में इस बीमारी का मुख्य कारण सामान्य जीवन के प्रति घृणा है। जिस प्रकार ऐसे लोग अपने पहनावे, अपने भोजों की भव्यता और अपनी सजी-धजी गाड़ियों के द्वारा स्वयं को दूसरों से अलग दिखाते हैं, उसी प्रकार वे अपने समय को व्यवस्थित करने के तरीके में भी स्वयं को एक अलग वर्ग का बनाना चाहते हैं। जिन लोगों को अपने गलत कामों का पुरस्कार कुख्याति के रूप में मिलता है, वे सामान्य अपराध करना नहीं चाहते। यही, यदि ऐसा कहा जाए तो उलटे ढंग से जीवन जीने वाले प्रत्येक व्यक्ति का उद्देश्य है। इसलिए, प्रिय लूसीलियस, हमें उस मार्ग पर दृढ़ रहना चाहिए जिसे प्रकृति ने हमारे लिए निर्धारित किया है और उससे विचलित नहीं होना चाहिए। प्रकृति का अनुसरण करो। सब कुछ सरल तथा सहज हो जाता है। उसके विरुद्ध संघर्ष करो। तुम उस नाविक की तरह जीवन बिताओगे जो धारा के विपरीत नाव खेने का प्रयास करता है।


अभी के लिए विदा 

Sunday, 2 August 2026

स्वजन की मृत्यु के बाद शोक के बारे में -- पत्र - 97 (एक स्टोइक के पत्र/सेनेका के पत्रों का हिन्दी अनुवाद)

प्रिय लूसीलियस 


मैंने मारुलस को उसके शिशु पुत्र की मृत्यु के बाद लिखा था, वह पत्र संलग्न है। जब मुझे यह समाचार मिला कि वह इस शोक से अत्यन्त व्यथित है। उस पत्र में मैंने सामान्य ढंग नहीं अपनाया। मुझे लगा कि उसके साथ कोमलता से व्यवहार नहीं करना चाहिए क्योंकि उसे सांत्वना से अधिक फटकार की आवश्यकता थी। क्योंकि जब कोई व्यक्ति किसी अत्यन्त बड़े दुख को सहन करने में कठिनाई अनुभव कर रहा हो, तब कुछ समय के लिए उसे छूट देनी चाहिए ताकि उसका शोक स्वयं ही धीरे-धीरे शांत हो जाए या कम-से-कम अपनी प्रारम्भिक तीव्रता खो दे। किन्तु जो लोग जान-बूझकर अपने शोक को बनाए रखते हैं और उसे स्वयं पालते-पोसते हैं, उन्हें आरम्भ से ही डाँटना चाहिए और उन्हें यह सीखना चाहिए कि कभी-कभी आँसू भी उपहास का विषय बन जाते हैं।



    क्या तुम सांत्वना की अपेक्षा करते हो? यहाँ तुम्हें सांत्वना नहीं बल्कि फटकार मिलेगी। क्या अपने पुत्र की मृत्यु को सहने में तुम इतने दुर्बल हो गए हो? यदि तुम्हारे किसी मित्र की मृत्यु हो जाती, तब तुम क्या करते? जो पुत्र चला गया, वह तो अभी केवल भविष्य की एक अनिश्चित आशा था, एक नन्हा-सा शिशु। उसके साथ तो जीवन का केवल एक छोटा-सा अंश ही समाप्त हुआ है। हम तो मानो दुख करने के बहाने खोजते फिरते हैं। जब शिकायत करने का कोई उचित कारण भी नहीं होता, तब भी हम अपने भाग्य को दोष देना चाहते हैं, मानो हमें कभी वास्तविक दुख का सामना ही न करना पड़े। फिर भी, सच तो यह है कि मैं तुम्हें सदैव इतना धैर्यवान समझता था कि तुम बड़े-से-बड़े दुर्भाग्य का भी साहसपूर्वक सामना कर सको, उन काल्पनिक दुखों की तो बात ही क्या, जिन पर लोग केवल सामाजिक परम्परा निभाने के लिए विलाप करते हैं। यदि तुम्हें सबसे बड़ी हानि भी उठानी पड़ती अर्थात किसी सच्चे मित्र को खोना पड़ता, तब भी तुम्हारा प्रयत्न इस बात पर होना चाहिए था कि तुम्हें ऐसा मित्र कभी मिला था, इस बात का आनंद मनाओ न कि इस बात का शोक करो कि अब वह तुम्हारे पास नहीं रहा। 

    लेकिन अधिकांश लोग यह विचार ही नहीं करते कि उन्हें कितने बड़े वरदान प्राप्त हुए हैं और उन्होंने जीवन में कितने गहन आनंद का अनुभव किया है। यही कारण है कि तुम्हारा शोक केवल व्यर्थ ही नहीं बल्कि कृतघ्नता का भी परिचायक है। क्या उस मित्र का साथ पाना व्यर्थ था? इतने वर्षों का साथ, इतने अनुभव जो तुमने मिलकर बाँटे, समान रुचियाँ, साझा प्रयत्न और गहरी मित्रता, क्या यह सब कुछ शून्य हो गया? क्या तुम अपने मित्र के साथ-साथ अपनी मित्रता को भी दफना देना चाहते हो? यदि उससे तुम्हें कुछ भी प्राप्त नहीं हुआ, तभी तो उसके वियोग पर शोक करने का कोई अर्थ बनता है। मुझ पर विश्वास करो, जिन्हें हमने सच्चे मन से प्रेम किया है, वे संयोगवश हमसे बिछड़ जाने पर भी बहुत बड़े अंश में हमारे साथ बने रहते हैं। जो समय बीत चुका है, वह हमारा अपना है। जो हमारे अतीत का हिस्सा बन चुका है, उससे अधिक सुरक्षित कोई संपत्ति नहीं होती। भविष्य की आशाओं में डूबकर हम उन वरदानों के प्रति कृतघ्न हो जाते हैं जो हमें पहले ही मिल चुके हैं। हम यह भी भूल जाते हैं कि यदि वह आशान्वित भविष्य कभी आया भी तो शीघ्र ही वह भी अतीत बन जाएगा। 

    जो व्यक्ति केवल वर्तमान क्षण में ही सुख खोजता है, वह अपने जीवन के आनंद को स्वयं ही अत्यन्त संकीर्ण बना देता है। सुख तो भविष्य और अतीत, दोनों में निहित है। भविष्य में आशा का सुख है और अतीत में स्मृतियों का। अंतर केवल इतना है कि भविष्य अनिश्चित है, वह आए भी या नहीं किन्तु अतीत का होना कभी असत्य नहीं हो सकता। फिर इससे बढ़कर मूर्खता और क्या होगी कि मनुष्य अपनी सबसे सुरक्षित संपत्ति को ही अपने हाथों से फिसल जाने दे? आओ, उस आनंद में संतोष पाना सीखें जिसे हम जीवन के कुएँ से पहले ही निकाल चुके हैं। बशर्ते हमारा मन ऐसी छलनी न हो, जिसमें से हर मूल्यवान अनुभव रिसकर बाहर निकल जाए।  

    ऐसे असंख्य लोगों के उदाहरण मिलते हैं जिनके पुत्र युवावस्था की दहलीज़ पर ही चल बसे, फिर भी वे लोग सीधे श्मशान से निकलकर सीनेट या किसी अन्य सार्वजनिक सभा में पहुँचे और बिना आँसू बहाए तुरंत अपने कर्तव्यों के पालन में लग गए। और उन्होंने ठीक ही किया। पहला कारण यह है कि जिस शोक से कुछ भी प्राप्त नहीं होना, उसे करने का कोई औचित्य नहीं है। दूसरा, जो घटना एक व्यक्ति के साथ घटी है और जो अंततः हम सबकी भी नियति है, उसके लिए शिकायत करना अनुचित है। तीसरा, जब हम स्वयं भी उसी मंज़िल से बहुत दूर नहीं हैं जहाँ वह पहुँच चुका है, तब उसके वियोग पर विलाप करना बुद्धिमानी नहीं बल्कि मूर्खता है। इसलिए हमें और भी अधिक धैर्य तथा संतुलन बनाए रखना चाहिए क्योंकि हम भी उसी व्यक्ति के पीछे-पीछे उसी मार्ग पर चले आ रहे हैं। 

    ज़रा विचार करो कि समय कितनी तीव्र गति से बीत रहा है। सोचो, वह दूरी कितनी छोटी है जिसे हम इतनी शीघ्रता से पार कर लेते हैं। देखो, समस्त मानव-समुदाय उसी एक दिशा में अग्रसर है। हमारे बीच केवल समय का थोड़ा-सा अंतर है। वह चाहे हमें कितना ही बड़ा क्यों न दिखाई दे, वास्तव में वह बहुत छोटा है। जिसे तुम खोया हुआ समझते हो, वह केवल तुमसे कुछ पहले आगे निकल गया है। इससे अधिक हास्यास्पद और क्या हो सकता है कि मनुष्य उस व्यक्ति के लिए रोए जो उसी मार्ग पर उससे कुछ पहले चल पड़ा है, जिस मार्ग पर स्वयं उसे भी अवश्य चलना है? क्या कोई उस घटना पर शोक करता है जिसके घटित होने का उसे पहले से ही ज्ञान था या क्या उसे यह मालूम नहीं था कि मनुष्य नश्वर है? यदि नहीं था तो वह स्वयं को धोखा दे रहा था। जो व्यक्ति इस बात की शिकायत करता है कि कोई मर गया, वह वास्तव में इस बात की शिकायत कर रहा है कि वह मनुष्य था। हम सब एक ही नियम के अधीन जीवन जीते हैं। जो जन्म लेता है, उसे एक दिन अवश्य मरना पड़ता है। हमारे बीच केवल समय का अंतर है किन्तु अंत सबको समान बना देता है। 

    हमारे जन्म के पहले दिन और अंतिम दिन के बीच का सारा समय अनिश्चित और परिवर्तनशील है। यदि उसे हमारे दुखों के आधार पर आँका जाए, तो वह एक छोटे बच्चे के लिए भी बहुत लंबा प्रतीत होता है। लेकिन यदि उसकी तीव्र गति को देखा जाए तो वह वृद्ध से वृद्ध व्यक्ति के लिए भी अत्यन्त छोटा है। इस संसार में सब कुछ असुरक्षित है, छलपूर्ण है और मौसम से भी अधिक परिवर्तनशील है। हर वस्तु डगमगाती रहती है और भाग्य की इच्छा के अनुसार पल-भर में अपने विपरीत रूप में बदल जाती है। मानव जीवन के इस सारे कोलाहल और अस्थिरता के बीच केवल एक ही बात ऐसी है जो पूरी तरह निश्चित है— मृत्यु। फिर भी विडम्बना यह है कि लोग उसी एक सत्य की शिकायत करते हैं जिसमें किसी प्रकार का छल या धोखा नहीं है।

    "लेकिन वह तो अभी बालक ही था जब उसकी मृत्यु हो गई।" इस समय मैं यह नहीं कह रहा कि जो व्यक्ति कम आयु में मर जाता है, वह अधिक भाग्यशाली होता है। बल्कि उस व्यक्ति के जीवन पर विचार करो जिसने वृद्धावस्था तक पहुँचने का अवसर पाया। उस वृद्ध को उस बालक की तुलना में वास्तव में कितना अधिक लाभ मिला? अपने मन में समय की असीम विशालता की कल्पना करो। समूचे ब्रह्मांड को अपने विचारों में समेटो, फिर उस अनन्त काल की तुलना उस अवधि से करो जिसे हम मानव-जीवन कहते हैं। तब तुम्हें स्पष्ट दिखाई देगा कि जिस जीवन को हम इतनी उत्कट इच्छा से लंबा करना चाहते हैं, वह वास्तव में कितना तुच्छ और क्षणभंगुर है। उस थोड़े-से जीवन का कितना बड़ा भाग आँसुओं और चिंताओं में बीत जाता है! कितना समय मृत्यु आने से पहले ही उसकी कामना करने में निकल जाता है! कितना समय रोगों में व्यतीत होता है, और कितना भय में! फिर जीवन का एक बड़ा हिस्सा असहाय बाल्यावस्था में बीत जाता है और दूसरा निष्फल वृद्धावस्था में। इतना ही नहीं, लगभग आधा जीवन तो नींद में ही निकल जाता है। इन सबके साथ यदि तुम दुःख, शोक और निरन्तर बने रहने वाले संकटों को भी जोड़ दो तो समझ जाओगे कि सबसे लंबा जीवन जीने वाला मनुष्य भी वास्तव में जीने के लिए बहुत थोड़ा ही समय पाता है। 

    क्या कोई व्यक्ति केवल इसलिए अधिक अभागा हो जाता है कि उसे अपेक्षाकृत जल्दी मरना पड़ा? ऐसा कौन मानेगा? उसकी यात्रा थकान आने से पहले ही समाप्त हो गई। जीवन अपने आप में न तो अच्छा है और न बुरा; वह तो केवल अच्छाई और बुराई के प्रकट होने का एक मंच है। इसलिए उसने वास्तव में कुछ नहीं खोया, सिवाय उस दाँव के जिसमें परिस्थितियाँ पहले से ही उसके विरुद्ध थीं। यह संभव था कि वह संयमी और बुद्धिमान बनता। तुम्हारे मार्गदर्शन और देखभाल से उसका चरित्र उत्तम बन सकता था। लेकिन अधिक संभावना तो यही थी कि उसका जीवन भी अधिकांश लोगों की तरह ही बीतता। ज़रा चारों ओर देखो, कितने ही प्रतिष्ठित और कुलीन परिवारों के युवक भोग-विलास के कारण पतन की धूल में मिल गए हैं। अपनी वासनाओं और दूसरों की वासनाओं के वशीभूत होकर वे अनैतिक जीवन में फँस गए। ऐसा शायद ही कोई दिन बीतता हो जब वे मद्यपान या किसी घोर दुष्कर्म में लिप्त न हों। इन सबको देखकर स्पष्ट है कि उस बालक के भविष्य में आशा की अपेक्षा भय की संभावना कहीं अधिक थी। 

    इसलिए तुम्हें जान-बूझकर शोक करने के कारण नहीं खोजने चाहिए। न ही छोटी-सी विपत्ति को अत्यधिक व्याकुल होकर बड़ा बना देना चाहिए। मैं तुमसे यह नहीं कह रहा कि असाधारण धैर्य या वीरता का प्रदर्शन करो। तुम्हारे बारे में मेरी धारणा इतनी छोटी नहीं है कि मैं समझूँ, इस घटना का सामना करने के लिए तुम्हें अपना सारा साहस जुटाना पड़ेगा। जो तुम अनुभव कर रहे हो, वह वास्तविक शोक नहीं बल्कि केवल एक तीखी चुभन है। उसी चुभन को तुम स्वयं शोक का रूप दे रहे हो। यदि तुम्हारे मनोबल का आधार यही है कि तुम एक ऐसे बालक के वियोग में टूट जाओ जो अपने पिता की अपेक्षा अपनी धाय (दूध पिलाने वाली) को अधिक जानता था तो फिर दर्शन ने तुम्हें अब तक कितना लाभ पहुँचाया है? 

    तो क्या मैं अब कठोरता का उपदेश दे रहा हूँ? क्या मैं चाहता हूँ कि अंतिम संस्कार के समय भी तुम्हारे चेहरे पर कोई भाव न आए? क्या मैं तुम्हें यह भी मना कर रहा हूँ कि तुम्हारे मन में दुख की पहली लहर तक न उठे? काभी नहीं। वह सद्गुण नहीं बल्कि अमानवीयता होगी कि मनुष्य अपने प्रियजन के निर्जीव शरीर को उसी निर्विकार भाव से देखे, जिस भाव से वह उसे जीवित अवस्था में देखा करता था या जब परिवार का एक सदस्य उससे सदा के लिए अलग हो जाए, तब उसके हृदय में पहली बार भी कोई वेदना न उठे। यदि मैं ऐसा निषेध भी करूँ, तब भी कुछ बातें ऐसी होती हैं जो हमारे वश में नहीं होतीं। आँसू तो उन्हें रोकने का प्रयत्न करने पर भी निकल पड़ते हैं। उनका बह जाना मन के लिए एक प्रकार का हल्कापन और राहत लेकर आता है। 

    तो फिर क्या करना चाहिए? आँसुओं को आने दो। लेकिन उन्हें बुलाओ मत। जो आँसू स्वाभाविक भावावेग से स्वयं बह निकलें, उन्हें बहने दो। पर ऐसे आँसू मत बहाओ जो केवल दूसरों की नकल करने के लिए बहाए जाएँ।अपने वास्तविक शोक में कृत्रिम प्रदर्शन मत जोड़ो। दूसरों का अनुसरण करने के लिए अपने दुख को उससे अधिक मत बढ़ाओ जितना वह वास्तव में है। क्योंकि शोक का प्रदर्शन हमसे उतनी माँग करता है, जितनी स्वयं शोक भी नहीं करता। आख़िर कितने लोग हैं जो सचमुच केवल अपने दुख के कारण रोते हैं? जब देखने वाला कोई होता है, तब उनकी सिसकियाँ और भी ऊँची हो जाती हैं। जब वे अकेले होते हैं, तब उनके मुँह से कोई आवाज़ तक नहीं निकलती। लेकिन जैसे ही कोई भीतर आता है, वे फिर से विलाप करने लगते हैं। तभी वे अपना सिर पीटते हैं। जबकि यह काम वे तब भी कर सकते थे, जब कोई उनका हाथ पकड़ने वाला न होता। तभी वे अपने लिए मृत्यु की कामना करने लगते हैं। तभी वे पलंग से लुढ़ककर ज़मीन पर गिर पड़ते हैं। पर जैसे ही दर्शक हट जाता है, उनका शोक भी समाप्त हो जाता है। इस विषय में भी और जीवन की अनेक अन्य बातों की तरह, हम एक दोष से ग्रस्त हैं।हम अपने आचरण का निर्धारण अपनी आवश्यकता या विवेक से नहीं बल्कि दूसरों की नकल और प्रचलित रीति के अनुसार करते हैं। हम प्रकृति का साथ छोड़कर भीड़ का अनुसरण करने लगते हैं। जबकि भीड़ न तो कभी अच्छा मार्गदर्शक होती है और न ही किसी बात में स्थिर। जब वे किसी व्यक्ति को धैर्यपूर्वक अपना शोक सहते हुए देखते हैं तो उसे निष्ठुर और हृदयहीन कह देते हैं। जब किसी को मृत शरीर पर गिरकर बिलखते देखते हैं तो उसे कमजोर और दुर्बल कहने लगते हैं। इसलिए ऐसे सभी व्यवहारों का निर्णय विवेक की कसौटी पर होना चाहिए, न कि भीड़ की राय पर। इससे अधिक मूर्खता क्या होगी कि मनुष्य शोक की ख्याति प्राप्त करने की चेष्टा करे या आँसुओं को ही अपनी स्वीकृति और सम्मान का आधार बना ले? 

    मेरा विश्वास है कि बुद्धिमान व्यक्ति भी कभी-कभी आँसू बहाता है। कभी इसलिए कि वह उन्हें बहने देता है और कभी इसलिए कि वे अपने आप उमड़ पड़ते हैं। दोनों में क्या अंतर है, यह मैं स्पष्ट करता हूँ। जब किसी प्रियजन की असमय मृत्यु का समाचार पहली बार हमें आघात पहुँचाता है, जब हम उस शरीर को अपनी बाँहों में थामे होते हैं जो कुछ ही क्षणों बाद हमारी गोद से उठकर अग्नि को समर्पित कर दिया जाएगा, तब प्रकृति की अनिवार्यता हमारे आँसू निकाल लाती है। जैसे शोक का आघात हमारी साँसों को झकझोर देता है और पूरा शरीर काँप उठता है, वैसे ही वह आँखों के पास संचित नमी को भी दबाकर बाहर ले आता है। ऐसे आँसू भीतर उठे स्वाभाविक आवेग के कारण निकलते हैं। वे हमारी इच्छा से नहीं बल्कि अनायास बहते हैं। किन्तु कुछ आँसू ऐसे भी होते हैं जिन्हें हम स्वयं बहने देते हैं। जब हम अपने बिछुड़े हुए प्रियजनों की स्मृतियों में लौटते हैं और अपने शोक में भी एक मधुरता का अनुभव करते हैं। जब उनकी प्रिय बातें, उनका प्रसन्न साथ और उनका स्नेहपूर्ण समर्पण स्मरण में आता है तब हमारी आँखों से आँसू वैसे ही बह निकलते हैं जैसे आनंद के क्षणों में। ऐसे आँसुओं को हम स्वयं स्थान देते हैं। पर पहले प्रकार के आँसू हम पर अपना अधिकार जमा लेते हैं। इसलिए यदि तुम्हारे पास कोई खड़ा हो या तुम्हारे निकट बैठा हो, तो केवल उसके कारण अपने आँसू मत रोकना और न ही उसकी उपस्थिति के कारण स्वयं को रुलाने का प्रयत्न करना। क्योंकि न आँसू बहाना और न आँसू रोक लेना, इनमें से कोई भी बात उतनी लज्जाजनक नहीं है, जितनी कि बनावटी आँसू बहाना। आँसुओं को तभी आने दो, जब वे स्वाभाविक रूप से स्वयं आएँ। 

    आँसू बहाते हुए भी मनुष्य के भीतर शांति और आत्मसंयम बना रह सकता है। बुद्धिमान लोगों ने भी अनेक बार आँसू बहाए हैं, किन्तु इससे उनके चरित्र की गरिमा कभी कम नहीं हुई। उनके आँसुओं में इतना संयम होता है कि वे एक साथ अपनी मर्यादा और अपनी मानवीय संवेदना, दोनों को सुरक्षित रखते हैं। मैं फिर कहता हूँ, मनुष्य प्रकृति के अनुरूप चल सकता है और साथ ही अपनी गरिमा भी बनाए रख सकता है। मैंने ऐसे लोगों को देखा है जो अपने किसी प्रिय परिजन के अंतिम संस्कार में भी सम्मान के पात्र बने रहे। उनके चेहरे पर अपने प्रिय के प्रति सच्चा स्नेह स्पष्ट दिखाई देता था। पर उसमें शोक का कोई कृत्रिम प्रदर्शन नहीं था। उनके मन में जो भी भाव थे, वे स्वाभाविक और निष्कपट थे। शोक में भी एक मर्यादा होती है और बुद्धिमान व्यक्ति उसी मर्यादा का पालन करता है। आँसुओं में भी सीमा होनी चाहिए जैसे, जीवन की हर दूसरी चीज़ में होती है। अत्यधिक शोक और अत्यधिक हर्ष, दोनों ही मूर्खता के लक्षण हैं।  

    जिसे स्वीकार करना ही पड़े, उसे शांत मन से स्वीकार करो। इसमें ऐसा क्या हुआ है जो न कभी पहले हुआ हो या जिस पर विश्वास न किया जा सके? इसी समय न जाने कितनी शवयात्राओं की तैयारी हो रही है, कितने कफ़न खरीदे जा रहे हैं और तुम्हारे शोक समाप्त कर लेने के बाद भी न जाने कितने लोग अपने प्रियजनों के लिए विलाप कर रहे होंगे। जब भी तुम्हें यह याद आए कि वह एक बालक था, तब यह भी याद रखना कि वह एक मनुष्य था।  इसलिए उसके लिए किसी निश्चित भविष्य की गारंटी कभी नहीं थी। भाग्य किसी को भी अनिवार्य रूप से वृद्धावस्था तक नहीं पहुँचाता। वह जब उचित समझता है, जीवन-यात्रा वहीं समाप्त कर देता है। 

    फिर भी, उसके विषय में बार-बार बात करो और जितना संभव हो उसकी स्मृति का सम्मान करते रहो। यदि उसकी याद कटुता से मुक्त होगी तो वह बार-बार तुम्हारे पास लौटेगी। क्योंकि कोई भी व्यक्ति सदैव दुःखी रहने वाले के साथ समय बिताना नहीं चाहता, फिर स्वयं दुःख के साथ कौन रहना चाहेगा? यदि उसकी कोई भोली-भाली बातें थीं, कोई बालसुलभ चुटकुले या मासूम शरारतें थीं जो तुम्हें प्रसन्न करती थीं तो उन्हें बार-बार याद करो और सुनाया करो। एक पिता के रूप में तुमने उसके भविष्य के बारे में जो सुंदर आशाएँ सँजोई थीं, उन्हें भी निस्संकोच स्मरण करो। अपने प्रियजनों को भूल जाना, उनकी स्मृतियों को उनके शरीर के साथ ही दफना देना, बहुत रोना लेकिन उन्हें शायद ही कभी याद करना, यह संवेदनशीलता नहीं बल्कि अमानवीयता का प्रमाण है। पक्षी और वन्य पशु भी अपने बच्चों से प्रेम करते हैं, किन्तु उनका स्नेह केवल एक उग्र और लगभग उन्मत्त आवेग होता है। जैसे ही उनका बच्चा मर जाता है, उनका वह लगाव भी समाप्त हो जाता है। किन्तु एक विवेकशील मनुष्य के लिए ऐसा व्यवहार उचित नहीं है। उसे शोक करना छोड़ देना चाहिए, पर स्मरण करना कभी नहीं छोड़ना चाहिए। 

    मैं किसी भी प्रकार से मेट्रोडोरस की इस बात से सहमत नहीं हूँ कि शोक से मिलता-जुलता एक सुख भी होता है और ऐसी परिस्थितियों में मनुष्य को उसी सुख की खोज करनी चाहिए। मेट्रोडोरस ने अपनी बहन को लिखे एक पत्र में कहा है, "शोक से मिलता-जुलता एक प्रकार का सुख भी होता है और ऐसी स्थिति में मनुष्य को उसकी तलाश करनी चाहिए।" इन शब्दों के विषय में तुम्हारा क्या मत होगा, इसमें मुझे तनिक भी संदेह नहीं है। क्योंकि इससे अधिक लज्जाजनक और क्या हो सकता है कि कोई व्यक्ति शोक के बीच ही सुख खोजने निकले? बल्कि शोक के माध्यम से ही आनंद प्राप्त करने का प्रयत्न करे और आँसुओं के बीच भी किसी मनोहर अनुभव की तलाश करे! और यही लोग हम पर अत्यधिक कठोर होने का आरोप लगाते हैं। वे कहते हैं कि हमारे उपदेश बहुत कठोर हैं, केवल इसलिए कि हम यह कहते हैं या तो शोक को मन में प्रवेश ही मत करने दो और यदि वह आ जाए तो उसे शीघ्र ही विदा कर दो। अब बताओ, इनमें से कौन-सी बात अधिक कठिन और कम मानवीय प्रतीत होती है। मित्र के वियोग पर शोक को अपने ऊपर हावी न होने देना या फिर उसी शोक के बीच सुख का शिकार करने निकल पड़ना? 

    हमारी शिक्षा तो कहीं अधिक गरिमापूर्ण है। हम कहते हैं कि जब स्वाभाविक भावावेग मनुष्य से कुछ आँसू निकलवा ले और उसका पहला उबाल शांत हो जाए, तब उसे अपने मन को शोक के हवाले नहीं कर देना चाहिए। क्या सचमुच तुम यह कहना चाहते हो कि शोक में भी सुख मिलाकर उसे हल्का किया जाए? यह तो वैसा ही है जैसे किसी रोते हुए बच्चे को मिठाई देकर चुप कराया जाए, या दूध पिलाकर उसकी रुलाई रोक दी जाए। यह बुद्धिमानों के लिए नहीं बल्कि छोटे बच्चों को बहलाने का उपाय है। 

    क्या तुम यह भी स्वीकार नहीं करोगे कि जब पुत्र की चिता जल रही हो या कोई प्रिय मित्र अपने अंतिम श्वास ले रहा हो, तब कम-से-कम उस समय तो सुख का अंत हो जाना चाहिए? क्या हमारे शोक में भी आनंद की गुदगुदी बनी रहनी चाहिए? बताओ, अधिक गरिमापूर्ण क्या है? मन से शोक को दूर कर देना या शोक के बीच ही सुख को प्रवेश दे देना? मैंने तो केवल यह कहा था कि सुख को शोक के बीच आने दिया जाता है। पर मेट्रोडोरस तो इससे भी आगे बढ़कर कहता है कि शोक के भीतर से ही सुख को निकाल लेना चाहिए। वह कहता है, "शोक से मिलता-जुलता एक सुख होता है।" ऐसी बात हम स्टोइक कह सकते हैं, लेकिन तुम नहीं। क्योंकि तुम्हारे मत में केवल एक ही वस्तु शुभ है, सुख। केवल एक ही वस्तु अशुभ है, पीड़ा। फिर भला शुभ और अशुभ के बीच कोई समानता या निकटता कैसे हो सकती है? लेकिन मान लो कि ऐसी कोई समानता है भी तो क्या यह उसका अन्वेषण करने का उचित अवसर है? क्या हम शोक के बीच बैठकर यह खोजने लगें कि उसमें कहीं कोई मधुर या सुखद तत्व छिपा हुआ है? चिकित्सा में भी कुछ ऐसे उपचार होते हैं जो शरीर के किसी अंग के लिए लाभदायक होते हैं। लेकिन दूसरे अंगों पर उनका प्रयोग अनुचित और लज्जाजनक माना जाता है। जो उपचार एक स्थान पर उचित होता है, वही घाव की स्थिति बदल जाने पर अनुचित प्रतीत होने लगता है। तो क्या तुम्हें लज्जा नहीं आती कि तुम शोक का उपचार सुख से करना चाहते हो? हृदय के इस गहरे घाव के लिए कहीं अधिक गंभीर, संयमपूर्ण और दृढ़ उपचार की आवश्यकता है।

    इसके बजाय हमें यह समझाना चाहिए कि जो मर चुका है, उसे किसी भी बुराई का कोई अनुभव नहीं हो सकता क्योंकि यदि उसे किसी बात का अनुभव हो रहा है तो वह मरा ही नहीं है। मैं फिर कहता हूँ, जो अब अस्तित्व में ही नहीं है, उसे कोई भी पीड़ा नहीं पहुँचा सकती। क्योंकि यदि उसे पीड़ा पहुँच रही है तो इसका अर्थ है कि वह अभी जीवित है। ज़रा सोचो, उसे किस बात से कष्ट हो सकता है, अपने अस्तित्व के समाप्त हो जाने से या किसी प्रकार के शेष बचे हुए अस्तित्व से? यदि उसका अस्तित्व ही नहीं रहा तो उसे किसी यातना का अनुभव कैसे होगा? जहाँ चेतना ही नहीं है, वहाँ पीड़ा का अनुभव भी नहीं हो सकता। यदि किसी रूप में उसका अस्तित्व बना हुआ है तो उसने मृत्यु की सबसे बड़ी हानि से मुक्ति पा ली है क्योंकि मृत्यु की सबसे बड़ी हानि तो यही मानी जाती है कि मनुष्य का अस्तित्व समाप्त हो जाता है। 

    जो व्यक्ति अपने उस प्रियजन के लिए रो रहा है, जिसे युवावस्था में ही मृत्यु ने छीन लिया, उससे हमें यह भी कहना चाहिए कि ब्रह्मांड के अनंत काल की तुलना में युवा हो या वृद्ध, हर मनुष्य का जीवन समान रूप से छोटा है।मनुष्य की सबसे लंबी आयु भी उस अनंत काल की तुलना में इतनी नगण्य है कि उसे एक क्षणांश भी नहीं कहा जा सकता। क्षणांश तो फिर भी कुछ होता है। पर हमारा जीवन तो उसके सामने मानो कुछ भी नहीं है। यही नगण्य-सा जीवन हम सबको समान रूप से मिला हुआ है। हम कितने मूर्ख हैं कि इसी को लेकर इतना मोह और विलाप करते हैं! 

    मैंने यह सब तुम्हें इसलिए नहीं लिखा कि मुझे लगा तुम अब भी किसी विलंबित उपचार की प्रतीक्षा कर रहे हो। मुझे पूरा विश्वास है कि ये सभी बातें तुम स्वयं भी अपने मन से कह चुके होगे। मेरा उद्देश्य तो केवल इतना था कि थोड़ी देर के लिए तुम अपने वास्तविक स्वरूप और अपने विवेक को भूल बैठे थे। इसलिए तुम्हें उसकी याद दिलाऊँ और साथ ही तुम्हें यह साहस दूँ कि भविष्य में भाग्य के प्रत्येक आघात का दृढ़ता से सामना कर सको। भाग्य के प्रहारों को केवल संभावनाएँ मत समझो; उन्हें ऐसी घटनाएँ मानो जिनका घटित होना एक दिन निश्चित है।


अभी के लिए विदा 


Friday, 31 July 2026

सच्चे व्यक्तित्व के बारे में -- पत्र - 96 (एक स्टोइक के पत्र/सेनेका के पत्रों का हिन्दी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


जो व्यक्ति अपने सुख के लिए भाग्य पर निर्भर करता है, उसे कभी भी वास्तव में भाग्यशाली मत समझो। जिसका आनंद संयोग और भाग्य के सहारे टिका हो, उसके सुख का आधार अत्यंत कमजोर होता है। जो प्रसन्नता बाहर से आती है, वह एक दिन बाहर चली भी जाती है। लेकिन जो आनंद मनुष्य के अपने भीतर से उत्पन्न होता है, वह विश्वसनीय और दृढ़ होता है। वह निरंतर बढ़ता है और जीवन के अंतिम क्षण तक हमारा साथ नहीं छोड़ता। जिन वस्तुओं की लोग सामान्यतः प्रशंसा करते हैं, वे तो केवल एक दिन के लिए मिलने वाले लाभ हैं। कोई पूछ सकता है, "क्या वे उपयोगी और आनंददायक दोनों नहीं हो सकतीं?" निस्संदेह हो सकती हैं। बशर्ते वे हमारे अधीन हों, न कि हम उनके अधीन।



    भाग्य जिन वस्तुओं पर कृपा करता है, वे तभी वास्तव में लाभदायक और सुखद बनती हैं, जब उनका स्वामी स्वयं का भी स्वामी हो और अपनी संपत्ति का दास न बन जाए। प्रिय लूसीलियस, यह भूल है कि हम अपने लिए जो कुछ अच्छा या बुरा होता है, उसके लिए भाग्य को उत्तरदायी ठहराएँ। भाग्य तो केवल हमें अच्छी और बुरी परिस्थितियों का कच्चा माल उपलब्ध कराता है। ऐसी प्रारंभिक स्थितियाँ, जिनसे हमारे भीतर आगे चलकर या तो अच्छाई उत्पन्न होगी या बुराई। क्योंकि मन हर प्रकार के भाग्य से अधिक शक्तिशाली है। वही अपने बल पर अपने जीवन की दिशा निर्धारित करता है और स्वयं ही अपने लिए सुखी या दुखी जीवन का कारण बनता है। दुष्ट मन हर वस्तु को बुरा बना देता है, यहाँ तक कि उन चीज़ों को भी जो देखने में अत्यंत उत्तम प्रतीत होती हैं। इसके विपरीत, सीधा और स्वस्थ मन भाग्य की कठोरताओं को भी सुधार लेता है। वह धैर्यपूर्वक सहन करने की कला से उसकी कठोरता और खुरदुरेपन को कोमल बना देता है। वह समृद्धि को कृतज्ञता और संयम के साथ स्वीकार करता है। विपत्ति के सामने दृढ़ता तथा साहस का परिचय देता है। तुम बुद्धिमान हो सकते हो, हर कार्य विवेकपूर्वक कर सकते हो और कभी अपनी सामर्थ्य से आगे न बढ़ो। फिर भी तुम उस सच्चे और अडिग कल्याण को प्राप्त नहीं कर सकते, जो किसी खतरे से परे है, जब तक कि अस्थिर और अनिश्चित परिस्थितियों का सामना करते समय तुम्हारा मन स्वयं सुरक्षित और स्थिर न हो।

    चाहे तुम दूसरे लोगों को देखो क्योंकि जिन बातों का संबंध हमसे व्यक्तिगत रूप से नहीं होता, उनका निर्णय हम अधिक निष्पक्ष होकर कर पाते हैं या फिर बिना किसी पक्षपात के स्वयं को ही देखो, तुम यह समझ जाओगे और स्वीकार करोगे कि तुम्हारी कोई भी प्रिय वस्तु वास्तव में तब तक उपयोगी नहीं है, जब तक तुम अपने आपको भाग्य की चंचलता और उसके परिणामों का सामना करने के लिए प्रशिक्षित नहीं कर लेते। जब तक तुम अपनी प्रत्येक विपत्ति के समय बिना किसी शिकायत के यह कहना नहीं सीख लेते, 'देवताओं ने अन्यथा निर्णय किया।'

    या इससे भी बेहतर, यदि तुम अपने मन को अधिक साहसी और अधिक उपयुक्त सूत्र से दृढ़ करना चाहो—तो जब भी कोई घटना तुम्हारी अपेक्षा के विपरीत घटित हो, यह कहो, 'देवताओं ने इससे बेहतर निर्णय किया।' जिस व्यक्ति का ऐसा दृष्टिकोण होगा, उसे किसी भी घटना में कोई दोष दिखाई नहीं देगा। ऐसा दृष्टिकोण उसी व्यक्ति में उत्पन्न होता है जो जीवन की बदलती हुई परिस्थितियों और उतार-चढ़ावों की संभावना पर उनके वास्तव में आने से पहले ही विचार कर लेता है। जो अपने बच्चों, जीवनसाथी और संपत्ति को स्थायी अधिकार या ऐसा धन नहीं मानता कि भविष्य में उनके खो जाने पर उसका जीवन अनिवार्य रूप से दुःखमय हो जाए। जो मन भविष्य की चिंता में डूबा रहता है और विपत्ति आने से पहले ही दुखी हो उठता है, वह स्वयं अपने लिए एक विपत्ति बन जाता है। वह इस चिंता में रहता है कि जिन वस्तुओं से उसे आनंद मिलता है, वे सदा बनी रहें। ऐसा मन कभी शांति नहीं पा सकता। भविष्य की आशंकाओं में उलझकर वह वर्तमान की उन वस्तुओं का आनंद भी खो देता है, जिनका वह अभी उपभोग कर सकता है। किसी वस्तु को खो देने का भय, उसे वास्तव में खो देने के दुःख के समान ही होता है।

    इसका यह अर्थ नहीं है कि मैं तुम्हें लापरवाह बनने की सलाह दे रहा हूँ। जहाँ तक संभव हो, भय उत्पन्न करने वाली बातों से बचो। दूरदर्शिता के साथ उन खतरों से अपनी रक्षा करो जिनसे बचा जा सकता है। जो भी तुम्हें हानि पहुँचा सकता हो, उस पर पहले से ही नज़र रखो और उसके घटित होने से बहुत पहले ही उससे बचने का प्रयास करो। लेकिन तुम्हारा सबसे बड़ा सहारा आत्मविश्वास और ऐसा मन होगा जो हर परिस्थिति को सहने के लिए दृढ़ बना हो। जो व्यक्ति विपत्ति को सहन कर सकता है, वही उससे बचने के लिए उचित सावधानी भी बरत सकता है। और जब समुद्र अभी शांत हो, तब वह घबराता नहीं। असमय भयभीत होने से अधिक दयनीय और अधिक मूर्खतापूर्ण कोई बात नहीं है। अपने ही कष्टों की पहले से कल्पना करके स्वयं को सताना कितना बड़ा पागलपन है! संक्षेप में, यदि मैं अपने विचार का सार बताऊँ और उन उन्मत्त लोगों का चित्र प्रस्तुत करूँ जो स्वयं अपने लिए ही बोझ बन जाते हैं, तो वे लोग अपने कष्ट आने से पहले भी उतने ही व्याकुल रहते हैं, जितने कष्ट आने पर होते हैं। जो व्यक्ति आवश्यकता से पहले ही दुखी होने लगता है, वह आवश्यकता से अधिक दुख उठाता है। 

    वास्तविक दुख का सही आकलन न कर पाना और उसके आने से पहले ही उसकी कल्पना करके भयभीत हो जाना, इन दोनों का कारण एक ही है: आत्मसंयम का अभाव। यही आत्मसंयम की कमी लोगों को यह भ्रम भी देती है कि उनका सौभाग्य सदा बना रहेगा, और यह आशा भी कि जो लाभ उन्हें प्राप्त हुए हैं, वे न केवल बने रहेंगे बल्कि लगातार बढ़ते भी जाएँगे। वे मानव जीवन की उस उछालभरी प्रकृति को भूल जाते हैं, जो परिस्थितियों को कभी ऊपर तो कभी नीचे ले जाती है। उन्हें ऐसा लगता है मानो केवल उनके ही जीवन में भाग्य कभी नहीं बदलेगा और परिस्थितियाँ सदा एक-सी बनी रहेंगी। 

    इसी कारण मुझे लगता है कि मेट्रोडोरस ने अपनी उस चिट्ठी में, जो उन्होंने अपने अत्यंत प्रतिभाशाली पुत्र को खो चुकी अपनी बहन को लिखी थी, बहुत उत्कृष्ट बात कही थी, "नश्वर मनुष्यों के लिए जो कुछ भी अच्छा है, वह भी स्वयं नश्वर है।" उनका आशय उन वस्तुओं से था जिनके पीछे लोग भागते हैं क्योंकि वास्तविक कल्याण, बुद्धिमत्ता और सद्गुण, नष्ट नहीं होते। वे सुरक्षित और शाश्वत हैं। यही एक ऐसी अमर संपत्ति है जो नश्वर मनुष्य प्राप्त कर सकता है। किन्तु लोग इतने त्रुटिपूर्ण और इतने असावधान होते हैं कि उन्हें इस बात का ध्यान ही नहीं रहता कि प्रत्येक बीतता हुआ दिन उन्हें उनके अंतिम गंतव्य की ओर ले जा रहा है। इसलिए जब वे कोई वस्तु खो देते हैं तो उन्हें आश्चर्य होता है, जबकि एक दिन ऐसा भी आएगा जब वे सब कुछ खो देंगे। जिन वस्तुओं को तुम अपना समझते हो, वे भले ही तुम्हारे घर में रखी हों, लेकिन वे वास्तव में तुम्हारी नहीं हैं। जो स्वयं असुरक्षित है, उसके लिए कोई भी वस्तु सुरक्षित नहीं हो सकती। जो मनुष्य स्वयं नश्वर और नाज़ुक है, उसके लिए कोई भी वस्तु स्थायी और अजेय नहीं हो सकती। केवल हमारी संपत्ति ही नहीं जानी है। हमें स्वयं भी एक दिन इस संसार से जाना है। यदि हम इस सत्य को वास्तव में समझ लें तो यही बात हमारे लिए सांत्वना का कारण बन जाती है।जब कोई वस्तु तुमसे चली जाए, तो शांत रहो क्योंकि एक दिन तुम्हें भी जाना है।

    तो फिर इन हानियों का सामना करने के लिए हमें कौन-सा सहारा मिलता है? बस यही कि जो कुछ हमने खो दिया है, उसे अपनी स्मृति में संजोकर रखें और उससे जो आनंद हमें कभी प्राप्त हुआ था, उसे उसके साथ नष्ट न होने दें। हमसे किसी वस्तु का 'स्वामित्व' छीना जा सकता है लेकिन यह तथ्य कभी नहीं छीना जा सकता कि "वह कभी हमारे पास थी।" किसी वस्तु को खो देने के बाद यदि हम उसके लिए कोई कृतज्ञता ही अनुभव न करें तो यह अत्यंत अकृतज्ञता है। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि कभी वह वस्तु हमें प्राप्त हुई थी और उसने हमें आनंद दिया था। भाग्य हमसे किसी वस्तु का स्वामित्व छीन सकता है, लेकिन उससे पहले वह हमें कुछ समय तक उसका उपयोग करने का अवसर भी देता है। यदि हम अनुचित लालसा और व्यर्थ की तड़प में डूब जाएँ तो हम उस बीते हुए सुख का आनंद भी खो बैठते हैं। 

    अपने आप से कहो, "जो बातें इतनी भयावह प्रतीत होती हैं, उन सभी पर विजय पाई जा सकती है।" अनेक लोगों ने विभिन्न प्रकार की कठिन परीक्षाओं पर विजय प्राप्त की है। मूकियस ने अग्नि पर विजय पाई। रेगुलस ने यातनाओं पर। सुकरात ने विषपान पर। रूटिलियस ने निर्वासन पर और कैटो ने तलवार द्वारा मृत्यु पर विजय प्राप्त की। हमें भी किसी-न-किसी कठिनाई पर विजय प्राप्त करनी चाहिए। इसके विपरीत, जिन वस्तुओं को लोग सामान्यतः सौभाग्य का प्रतीक समझकर ललचाते हैं, उन्हें भी अनेक महान व्यक्तियों ने ठुकरा दिया है।फैब्रिसियस ने सेनापति रहते हुए धन को अस्वीकार किया और सेंसर के रूप में उसे सार्वजनिक रूप से निंदनीय ठहराया। ट्यूबेरो ने निर्धनता को अपने लिए भी और कैपिटोल के लिए भी उपयुक्त माना। उन्होंने एक सार्वजनिक भोज में मिट्टी के बर्तनों का उपयोग करके यह दिखाया कि मनुष्य को उतने में ही संतुष्ट रहना चाहिए, जितने में उस समय देवता भी संतुष्ट थे। सेक्स्टियस ने सम्मान और उच्च पदों को ठुकरा दिया। जन्म और योग्यता के आधार पर वे सार्वजनिक पद धारण कर सकते थे। लेकिन जब जूलियस सीज़र ने उन्हें सीनेटर का पद देना चाहा तो उन्होंने उसे स्वीकार करने से इंकार कर दिया। वे जानते थे कि जो वस्तु दी जा सकती है, वह कभी भी वापस भी ली जा सकती है। आओ, हम भी अपने जीवन में साहसपूर्ण कार्य करें। हमारा नाम भी उन आदर्श व्यक्तियों में शामिल हो। हमने साहस क्यों छोड़ दिया है? हमने आशा क्यों खो दी है? जो कुछ अतीत में संभव था, वह आज भी संभव है, यदि हम अपने मन को शुद्ध करें और प्रकृति के अनुरूप जीवन जीएँ। जब मनुष्य प्रकृति से भटक जाता है, तभी वह इच्छाओं का दास बनता है, भय में जीता है और भाग्य का गुलाम बन जाता है। हम फिर से सही मार्ग पर लौट सकते हैं। हम अपनी स्वस्थ और संतुलित अवस्था को पुनः प्राप्त कर सकते हैं। आओ, स्वयं को फिर से ऐसा बनाएँ कि जब भी शरीर पर कोई पीड़ा आक्रमण करे, हम भाग्य से कह सकें, "तुम्हारा सामना एक मनुष्य से है। जाओ, किसी ऐसे को खोजो जिसे तुम वास्तव में पराजित कर सको!"

    ऐसी और इसी प्रकार की बातचीत उसके घाव की पीड़ा को कुछ कम कर रही है। मैं सच्चे मन से आशा करता हूँ कि वह घाव या तो धीरे-धीरे भर जाएगा या फिर कम-से-कम बढ़ना बंद कर देगा और उसी के साथ बूढ़ा हो जाएगा। फिर भी, वास्तव में मुझे उसके लिए चिंता नहीं है। मुझे तो इस बात की चिंता है कि यदि ऐसा उत्कृष्ट वृद्ध पुरुष हमसे छिन गया, तो हमारी कितनी बड़ी हानि होगी। उसने अपना जीवन पूर्ण रूप से जी लिया है। वह अपने लिए जीवन में कुछ और नहीं चाहता; यदि वह जीवित रहना चाहता है, तो केवल उन लोगों के लिए, जिनके लिए वह अभी भी उपयोगी है। उसका जीवित रहना उसके उदार हृदय का प्रमाण है। कोई दूसरा व्यक्ति होता तो शायद इन यातनाओं का अंत करने के लिए स्वयं ही अपने जीवन का अंत कर चुका होता। लेकिन वह मानता है कि मृत्यु की शरण लेना उतना ही लज्जाजनक है जितना उससे भागना। "अच्छा, लेकिन यदि परिस्थितियाँ वास्तव में इसकी माँग करें, तो क्या वह तब भी नहीं जाएगा?" निश्चय ही जाएगा। यदि वह किसी के लिए भी उपयोगी न रह जाए और उसके सामने केवल पीड़ा ही शेष रह जाए, तब वह जीवन छोड़ देगा। प्रिय लूसीलियस, यही है जीवन के बीच रहकर दर्शन का अध्ययन करना और उसे वास्तव में व्यवहार में उतारना, यह देखना कि जब मृत्यु सामने आ खड़ी हो और पीड़ा पूरे बल से दबाव डाल रही हो, तब एक बुद्धिमान मनुष्य कितने साहस के साथ उनका सामना करता है। 

    हमें यह सीखना चाहिए कि क्या करना चाहिए और यह शिक्षा उसी से लेनी चाहिए, जो स्वयं वैसा करके दिखा रहा है। अब तक हम केवल इस बात पर तर्क-वितर्क करते रहे हैं कि क्या कोई व्यक्ति पीड़ा सह सकता है या क्या मृत्यु का आगमन सबसे साहसी मनुष्य को भी विचलित कर सकता है। लेकिन अब और शब्दों की क्या आवश्यकता है? आओ, वर्तमान उदाहरण को ही देखें। यह व्यक्ति पीड़ा का सामना इसलिए साहसपूर्वक नहीं कर रहा कि मृत्यु निकट है; और न ही वह मृत्यु का सामना इसलिए अधिक साहस से कर रहा है कि वह पीड़ा से थक चुका है। दोनों ही परिस्थितियों में उसका सहारा केवल उसका अपना आत्मबल है। मृत्यु की आशा उसकी पीड़ा को अधिक सहनीय नहीं बनाती और वह केवल इसलिए प्रसन्नतापूर्वक मृत्यु का स्वागत नहीं करता कि वह कष्टों से ऊब गया है। वह पीड़ा को धैर्यपूर्वक सहता है और मृत्यु की शांतिपूर्वक प्रतीक्षा करता है।


अभी के लिए विदा 

Tuesday, 28 July 2026

तर्कहीन और तर्कयुक्त के संदर्भ में -- पत्र - 90 (एक स्टोइक के पत्र/सेनेका के पत्रों का हिन्दी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


मुझे लगता है कि तुम और मैं इस बात पर सहमत होंगे कि बाहरी वस्तुओं की इच्छा हम शरीर के लिए करते हैं। शरीर की देखभाल हम मन के सम्मान के लिए करते हैं। मन के भीतर भी कुछ अधीनस्थ शक्तियाँ होती हैं, जो हमारी गति और पोषण जैसी क्रियाओं का संचालन करती हैं तथा जिन्हें वास्तव में उस प्रधान संचालक शक्ति की सेवा के लिए ही हमें दिया गया है। यह प्रधान संचालक शक्ति स्वयं दो भागों से बनी है, एक तर्कहीन और दूसरा तर्कयुक्त। तर्कहीन भाग, तर्कयुक्त भाग की सेवा करता है। तर्कयुक्त भाग ही ऐसा है जो स्वयं किसी अन्य पर निर्भर नहीं रहता बल्कि वह अन्य सभी बातों को अपने अधीन रखता है और उनका मार्गदर्शन करता है। इसी प्रकार, जैसा कि तुम जानते हो, दिव्य बुद्धि भी समस्त सृष्टि के शीर्ष पर स्थित है। वह किसी अन्य के अधीन नहीं है। हमारी बुद्धि, जो उसी दिव्य बुद्धि से उत्पन्न हुई है, उसी प्रकार की है। 


By Kitagawa Utamaro

    यदि हम इस बात पर सहमत हैं तो यह भी स्वाभाविक है कि हम इस दूसरे निष्कर्ष पर भी सहमत हों कि सुखी जीवन केवल अपनी तर्कशक्ति को पूर्णता तक विकसित करने में ही निहित है। क्योंकि पूर्ण विकसित तर्कशक्ति ही ऐसी शक्ति है जो मन को सदैव ऊँचा बनाए रखती है और भाग्य के सामने दृढ़ता से खड़ी रहती है।परिस्थितियाँ कैसी भी हों, वही हमें चिंता और व्याकुलता से मुक्त रखती है। यही एकमात्र ऐसा शुभ है जो कभी हमारा साथ नहीं छोड़ता। मेरा आशय यह है कि वास्तव में सुखी वही व्यक्ति है जिसे कोई भी घटना छोटा या दुर्बल नहीं बना सकती। जिसने जीवन की वास्तव में महत्त्वपूर्ण बातों पर अधिकार प्राप्त कर लिया है और जो अपने अतिरिक्त किसी अन्य पर निर्भर नहीं रहता। जो व्यक्ति सहारे के लिए किसी और पर निर्भर करता है, उसके गिर जाने की संभावना बनी रहती है। अन्यथा वे वस्तुएँ, जो वास्तव में हमारी अपनी नहीं हैं, हमारे ऊपर अत्यधिक अधिकार जमाने लगेंगी। भला कौन ऐसा होगा जो भाग्य पर निर्भर रहना चाहे? कौन-सा बुद्धिमान व्यक्ति उन वस्तुओं पर गर्व करेगा जो वास्तव में उसकी अपनी नहीं हैं?

    सुखी जीवन क्या है? वह है सुरक्षा और स्थायी मानसिक शांति। इन दोनों का स्रोत है महान आत्मा और उस उत्तम निर्णय पर अटल बने रहने का दृढ़ संकल्प जिसे एक बार सही समझकर स्वीकार किया गया हो। इन गुणों तक कैसे पहुँचा जाए? प्रत्येक वस्तु के सत्य को उसकी संपूर्णता में देखकर, अपने प्रत्येक कर्म में व्यवस्था, संयम और मर्यादा बनाए रखकर, ऐसी इच्छा-शक्ति रखकर जो सदैव शुभ और उदार हो, जो केवल तर्क के मार्ग पर चलती हो और उससे कभी विचलित न होती हो, ऐसी इच्छा-शक्ति जो जितनी प्रशंसनीय है, उतनी ही प्रिय भी है।संक्षेप में मैं इसे इस प्रकार कहूँगा, बुद्धिमान व्यक्ति का मन ऐसा होना चाहिए जो किसी देवता के योग्य हो। जिस मनुष्य के पास वह सब कुछ है जो सम्माननीय और सद्गुणपूर्ण है, उसे और किस वस्तु की कमी हो सकती है? यदि अन्य प्रकार की वस्तुएँ जीवन की सर्वोत्तम अवस्था में कोई योगदान दे सकती हैं तो वे सुखी जीवन की केवल सहायक परिस्थितियाँ हो सकती हैं, उसका आधार नहीं। क्योंकि यह सर्वथा अनुचित और निरर्थक होगा कि एक तर्कशील आत्मा की उत्कृष्टता को उन वस्तुओं पर निर्भर माना जाए जो स्वयं तर्कहीन हैं। 

    फिर भी कुछ लोग यह दावा करते हैं कि परम शुभ ऐसी वस्तु है जिसमें वृद्धि हो सकती है क्योंकि प्रतिकूल परिस्थितियों में वह अपनी पूर्णता को प्राप्त नहीं कर पाता। यहाँ तक कि महान स्टोइक आचार्यों में से एक, एंटिपेटर भी कहते हैं कि वे बाहरी वस्तुओं को कुछ महत्त्व देते हैं, यद्यपि बहुत ही थोड़ा। इसका अर्थ कुछ ऐसा हुआ मानो कोई व्यक्ति दिन के उजाले से तब तक संतुष्ट न हो, जब तक उसके साथ किसी छोटे-से दीपक का प्रकाश भी न जुड़ जाए। पर जब सूर्य का तेज उपस्थित है, तब एक छोटी-सी चिंगारी उससे क्या अंतर ला सकती है? यदि तुम्हें केवल सदाचरण ही पर्याप्त नहीं लगता तो फिर तुम उसके साथ या तो मानसिक कष्टों की अनुपस्थिति (जिसे यूनानी भाषा में "आओख्लेसिया" कहते हैं) या फिर सुख का भी समावेश करना चाहोगे। इनमें से पहली बात तो किसी सीमा तक स्वीकार की जा सकती है क्योंकि चिंता और व्याकुलता से मुक्त मन न तो ब्रह्मांड के अध्ययन में बाधित होता है और न ही प्रकृति के चिंतन से विचलित होता है। लेकिन दूसरी बात, अर्थात इन्द्रिय-सुख तो चरने वाले पशु का शुभ है। यह तर्कशील के साथ अतार्किक को, सम्माननीय के साथ असम्माननीय को और महान के साथ तुच्छ को जोड़ने जैसा है, यदि यह कहा जाए कि सुखी जीवन केवल शरीर में होने वाली हल्की-सी सुखद अनुभूति से बन जाता है। यदि ऐसा है तो फिर यह कहने में संकोच कैसा कि कोई मनुष्य इसलिए अच्छा जीवन जी रहा है क्योंकि उसकी जीभ स्वाद का आनंद ले रही है? क्या तुम उस व्यक्ति को, जिसका परम शुभ स्वाद, रंग और ध्वनियों जैसी इन्द्रियानुभूतियों में निहित है, वास्तव में मनुष्य तो दूर, एक श्रेष्ठ मनुष्य भी मानोगे? नहीं, उसे तो उस प्राणी की श्रेणी से ही बाहर कर देना चाहिए जो सभी जीवों में श्रेष्ठ है और जो देवताओं के बाद दूसरा स्थान रखता है। उसे तो उन पशुओं की श्रेणी में भेज देना चाहिए जो अपनी तृप्ति केवल नांद में खोजते हैं। 

    मन का अतार्किक भाग स्वयं भी दो भागों में विभाजित है। एक भाग उत्साही, महत्वाकांक्षी और उच्छृंखल है, जो भावनाओं और आवेगों का क्षेत्र है। दूसरा भाग निकृष्ट, आलसी और इन्द्रिय-सुखों में लिप्त रहने वाला है। इन लोगों ने पहले भाग को, जो यद्यपि अनुशासनहीन है, फिर भी दूसरे की अपेक्षा श्रेष्ठ है और निश्चय ही अधिक साहसी तथा मनुष्य के अधिक योग्य है, एक ओर रख दिया और दूसरे भाग को, जो कायर और अत्यंत हीन है, सुखी जीवन के लिए अनिवार्य मान लिया। इस प्रकार उन्होंने तर्कशक्ति को उसी का दास बना दिया और सबसे श्रेष्ठ प्राणी के परम शुभ को गिराकर उसका अवमूल्यन कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने परस्पर बिल्कुल भिन्न और असंगत तत्वों को मिलाकर एक विकृत मिश्रण तैयार कर दिया। जैसा कि हमारे कवि वर्जिल ने स्किला का वर्णन करते हुए कहा है—

“ऊपर से उसका मुख मनुष्य का था,
और वक्ष तक वह एक सुंदर युवती दिखाई देती थी। 
पर कमर के नीचे वह एक घृणित समुद्री राक्षसी थी,
जिसके भेड़िए जैसे शरीर से डॉल्फ़िन की पूँछें जुड़ी हुई थीं।”

किन्तु स्किला के अंग तो उग्र, भयावह और तीव्र गति वाले जंगली पशुओं के थे। ज़रा उन विकृत रूपों पर विचार करो जिनसे इन लोगों ने बुद्धिमत्ता की रचना की है! मनुष्य का सर्वोच्च भाग तो स्वयं सद्गुण है। पर उसके साथ उन्होंने ऐसा शरीर जोड़ दिया है जो किसी वास्तविक उपयोग का नहीं, अस्थिर है और केवल भोजन को संचित रखने का पात्र मात्र है, जैसा कि पोसिडोनियस कहते हैं। इस प्रकार सद्गुण, जो दिव्यता का एक अंश है, जाकर एक चिपचिपे मांस-पिंड पर समाप्त होता है। उसके उन उच्च और वास्तव में दिव्य अंगों के साथ, जो श्रद्धा के योग्य हैं, उन्होंने एक ऐसे प्राणी को जोड़ दिया है जो सुस्त, निर्बल और रोगग्रस्त है। उनका दूसरा लक्ष्य, मानसिक क्लेश का अभाव। यद्यपि आत्मा को कोई सकारात्मक लाभ नहीं देता, फिर भी कम-से-कम उसके मार्ग की बाधाएँ तो दूर कर देता है। लेकिन इन्द्रिय-सुख तो इसके विपरीत आत्मा को ही दुर्बल बना देता है और उसकी सारी शक्ति को शिथिल कर देता है। इतने बेमेल तत्वों का ऐसा संयोग शायद ही कहीं और मिल सके। उन्होंने सबसे दृढ़ वस्तु को सबसे निर्बल वस्तु के साथ, सबसे गंभीर को सबसे तुच्छ के साथ और सबसे पवित्र को हर प्रकार की अनैतिकता के साथ जोड़ दिया है। 

    “इतनी जल्दी निष्कर्ष पर मत पहुँचो,” विरोधी कहता है। “यदि अच्छा स्वास्थ्य, विश्राम और पीड़ा का अभाव सद्गुण में कोई बाधा नहीं डालते तो क्या तुम उनका अनुसरण नहीं करोगे?” निश्चय ही करूँगा। लेकिन इसलिए नहीं कि वे अपने आप में शुभ हैं बल्कि इसलिए कि वे प्रकृति के अनुरूप हैं। उनका चुनाव करना मेरे लिए विवेकपूर्ण निर्णय का अभ्यास है। फिर उनमें शुभ क्या है? केवल यही कि उनका चयन उचित ढंग से किया गया है। देखो, जब मैं अच्छे वस्त्र पहनता हूँ, उचित ढंग से टहलता हूँ या जैसा करना चाहिए वैसा भोजन करता हूँ, तब शुभ वस्त्र, टहलना या भोजन नहीं होते। शुभ तो मेरी वह भावना और मंशा होती है जिसके द्वारा मैं प्रत्येक कार्य में तर्क के अनुरूप मर्यादा और संतुलन बनाए रखता हूँ। इसे मैं और स्पष्ट करता हूँ। स्वच्छ वस्त्र चुनना मनुष्य का कर्तव्य है क्योंकि मनुष्य स्वभाव से स्वच्छता और शालीनता को पसंद करने वाला प्राणी है। इसलिए स्वच्छ वस्त्र अपने आप में कोई शुभ नहीं हैं। शुभ तो उनका उचित चयन है। क्योंकि शुभता वस्तु में नहीं बल्कि उसके चयन की गुणवत्ता में निहित होती है। सम्माननीय वह कर्म है, न कि वे वस्तुएँ जिनके साथ वह कर्म किया जाता है। अब यही बात शरीर के संबंध में भी समझो। शरीर भी एक प्रकार का वस्त्र है, जिसमें प्रकृति ने आत्मा को मानो लपेट रखा है। पर भला किसने कभी वस्त्रों का मूल्य उस संदूक के आधार पर आँका है जिसमें उन्हें रखा जाता है? जैसे म्यान तलवार को न अच्छा बनाती है, न बुरा, उसी प्रकार शरीर भी आत्मा का मूल्य निर्धारित नहीं करता। इसलिए शरीर के विषय में भी मेरा उत्तर वही है। यदि मुझे चुनाव का अवसर दिया जाए, तो मैं अच्छा स्वास्थ्य और शारीरिक बल ही चुनूँगा। किंतु जो वास्तव में शुभ होगा, वह स्वास्थ्य और बल नहीं बल्कि उनके संबंध में मेरा विवेकपूर्ण निर्णय होगा। 

    “निस्संदेह बुद्धिमान व्यक्ति सुखी होता है। पर वह परम शुभ को तब तक प्राप्त नहीं करता, जब तक उसके पास प्रकृति द्वारा दिए गए कुछ साधन उपलब्ध न हों। इसलिए, यद्यपि सद्गुण से संपन्न व्यक्ति दुखी नहीं हो सकता, फिर भी यदि उसके पास अच्छा स्वास्थ्य और अक्षुण्ण शारीरिक अवस्था जैसे प्राकृतिक लाभ न हों तो वह पूर्णतः सुखी भी नहीं होता।” तुम ऐसी बात स्वीकार कर रहे हो जिस पर विश्वास करना और भी कठिन है। तुम यह मान लेते हो कि जो व्यक्ति अत्यंत तीव्र और निरंतर पीड़ा सह रहा है, वह केवल दुखी ही नहीं है बल्कि सुखी भी है। लेकिन तुम इस अपेक्षाकृत सरल बात को स्वीकार करने में हिचकते हो कि वही व्यक्ति पूर्णतः सुखी भी हो सकता है। यदि सद्गुण में इतनी शक्ति है कि वह किसी मनुष्य को दुखी होने से बचा सकता है तो उसके लिए उसे पूर्णतः सुखी बनाना तो और भी आसान होना चाहिए। आखिर सुखी और पूर्णतः सुखी होने के बीच का अंतर, दुखी और सुखी होने के बीच के अंतर से कहीं कम है। जो शक्ति किसी मनुष्य को विपत्तियों से निकालकर सुखी लोगों की श्रेणी में ला सकती है, क्या उसमें इतना सामर्थ्य भी नहीं होगा कि वह शेष छोटा-सा अंतर भी मिटाकर उसे पूर्णतः सुखी बना दे? क्या वह शिखर तक पहुँचते-पहुँचते ही अपनी शक्ति खो बैठती है? 

    जीवन में कुछ लाभ होते हैं और कुछ हानियाँ और दोनों ही हमारे नियंत्रण से बाहर हैं। यदि सद्गुणी मनुष्य सभी प्रकार की हानियों से घिरा होने पर भी दुखी नहीं होता तो केवल कुछ लाभों के अभाव में वह पूर्णतः सुखी क्यों नहीं रह सकता? जैसे हानियों का बोझ उसे दुखी नहीं बना सकता, वैसे ही लाभों का अभाव उसे पूर्ण सुख से वंचित नहीं कर सकता। वह लाभों के बिना भी उतना ही पूर्णतः सुखी रहता है, जितना सभी हानियों के बीच भी दुःख से मुक्त रहता है। अन्यथा, यदि उसके भीतर का शुभ कुछ कम किया जा सकता है तो उसे पूरी तरह छीन भी लिया जा सकता है। जैसा कि मैंने थोड़ी देर पहले कहा था, सूर्य के प्रकाश में एक छोटी-सी चिंगारी कोई वृद्धि नहीं करती क्योंकि सूर्य का तेज अपने सामने हर उस प्रकाश को फीका कर देता है, जो उसके अभाव में दिखाई देता।

    “लेकिन सूर्य का प्रकाश भी तो कभी-कभी कुछ वस्तुओं से ढक जाता है।” हाँ, परंतु सूर्य स्वयं कभी क्षीण नहीं होता, चाहे वह हमारी दृष्टि से ओझल ही क्यों न हो जाए। यदि कोई वस्तु हमारे और सूर्य के बीच आकर उसे देखने से रोक देती है, तब भी सूर्य अपना कार्य करता रहता है और अपने निर्धारित पथ पर निरंतर चलता रहता है। जब भी वह बादलों के बीच से निकलकर चमकता है, तब वह न तो पहले से छोटा होता है और न ही उसकी गति कम होती है। निर्मल आकाश और बादलों से ढके आकाश में केवल इतना अंतर है कि एक स्थिति में सूर्य दिखाई देता है और दूसरी में नहीं। किसी वस्तु का वास्तव में क्षीण होना और केवल दृष्टि से ओझल हो जाना, इन दोनों में बहुत बड़ा अंतर है। इसी प्रकार, जो परिस्थितियाँ सद्गुण के मार्ग में बाधा बनती हैं, वे उससे कुछ भी कम नहीं कर पातीं। सद्गुण घटता नहीं है। केवल उसका प्रकाश कभी-कभी कम दिखाई देता है। हो सकता है कि वह हमें पहले जैसी चमक के साथ दिखाई न दे। पर अपने भीतर वह वैसा ही रहता है और अपनी शक्ति को अदृश्य रूप से प्रकट करता रहता है, ठीक वैसे ही जैसे बादलों के पीछे छिपा हुआ सूर्य। इसलिए विपत्तियाँ, हानियाँ और अन्याय सद्गुण के विरुद्ध उतनी ही कम शक्ति रखते हैं, जितनी बादलों में सूर्य के विरुद्ध होती है।

    हम जानते हैं कि कुछ लोग यह कहते हैं कि यदि कोई बुद्धिमान व्यक्ति शारीरिक रूप से विकलांग या अशक्त हो जाए, तो वह न तो दुखी होता है और न ही सुखी। यह भी एक भूल है। यह मत संयोगवश घटने वाली बाहरी घटनाओं को सद्गुणों के बराबर शक्ति दे देता है और सम्माननीय वस्तुओं का वही मूल्य ठहराता है जो वह उन वस्तुओं को देता है जिनमें सम्मान का कोई गुण नहीं है। इससे अधिक घृणित और तुच्छ बात और क्या हो सकती है कि सबसे उत्कृष्ट और आदरणीय गुणों की तुलना उन वस्तुओं से की जाए जो सम्मान के योग्य ही नहीं हैं? न्याय, धर्मनिष्ठा, सत्यनिष्ठा, साहस और विवेक, ये सब प्रशंसनीय हैं। इसके विपरीत, मज़बूत टाँगें, शक्तिशाली मांसपेशियाँ और स्वस्थ दाँत, ये केवल सामान्य शारीरिक विशेषताएँ हैं और अक्सर बिल्कुल साधारण लोगों में भी पाई जाती हैं। फिर यदि यह माना जाए कि शारीरिक कष्ट झेलने वाला बुद्धिमान व्यक्ति न तो दुःखी है और न ही सुखी बल्कि किसी बीच की अवस्था में है, तो उसका जीवन भी न तो वांछनीय होगा और न ही अवांछनीय। लेकिन यह कहना कि एक बुद्धिमान व्यक्ति का जीवन वांछनीय नहीं है, सर्वथा हास्यास्पद है। यह मानना भी अत्यंत अविश्वसनीय है कि जीवन की कोई ऐसी अवस्था हो सकती है जो न वांछनीय हो और न अवांछनीय। इसके अतिरिक्त, यदि शारीरिक हानियाँ किसी मनुष्य को दुखी बनाने की शक्ति नहीं रखतीं तो वे उसे सुखी होने से भी नहीं रोक सकतीं। क्योंकि जिन बातों में किसी स्थिति को बदतर बनाने की शक्ति ही नहीं है, वे उसे सर्वोत्तम बनने से भी नहीं रोक सकतीं। 

    विरोधी कहता है, “हम गर्म और ठंडे को जानते हैं और उनके बीच गुनगुना होता है। उसी प्रकार एक व्यक्ति सुखी होता है, दूसरा दुःखी और तीसरा न सुखी होता है, न दुखी।” मैं इस उपमा की त्रुटि दिखाना चाहता हूँ। यदि मैं गुनगुने पानी में और अधिक ठंडक मिला दूँ तो वह ठंडा हो जाएगा और यदि उसमें अधिक गर्मी जोड़ दूँ तो वह अंततः गर्म हो जाएगा। लेकिन जिस व्यक्ति की तुम कल्पना करते हो कि वह न सुखी है और न दुखी, उसके ऊपर चाहे मैं कितने ही दुख बढ़ा दूँ, तुम्हारे अपने सिद्धांत के अनुसार वह तब भी दुखी नहीं बनेगा। इसलिए यह उपमा यहाँ लागू ही नहीं होती। अब मैं इस कल्पित व्यक्ति को तुम्हारे हवाले करता हूँ। मैं उसे अंधापन दे देता हूँ, फिर भी वह दुखी नहीं होता। मैं उसमें शारीरिक दुर्बलता जोड़ देता हूँ, फिर भी वह दुखी नहीं होता। मैं उसे निरंतर और असहनीय पीड़ाओं से घेर देता हूँ, तब भी वह दुखी नहीं होता। यदि इतनी सारी विपत्तियाँ भी उसे दुखी नहीं बना सकतीं, तो वे उसे सुखी जीवन से भी वंचित नहीं कर सकतीं। यदि, जैसा कि तुम स्वयं स्वीकार करते हो, बुद्धिमान व्यक्ति सुख की अवस्था से गिरकर दुख की अवस्था में नहीं पहुँच सकता तो वह ऐसी अवस्था में भी नहीं पहुँच सकता जो सुखी न हो। आख़िर जो व्यक्ति गिरना शुरू करता है, वह बीच में ही क्यों रुक जाएगा? जो शक्ति उसे नीचे की अंतिम सीमा तक गिरने नहीं देती, वही उसे सर्वोच्च स्थिति पर भी बनाए रखती है। इसलिए सुखी जीवन को नष्ट नहीं किया जा सकता। बल्कि उसे थोड़ा-सा भी कम नहीं किया जा सकता। यही कारण है कि सद्गुण अकेला ही सुखी जीवन के लिए पर्याप्त आधार है।

    “यदि ऐसा है तो वह बुद्धिमान व्यक्ति, जिसने अधिक समय तक जीवन जिया है और जिसे पीड़ा का सामना नहीं करना पड़ा, उस व्यक्ति से अधिक सुखी क्यों नहीं है जिसने जीवन भर विपत्तियों का सामना किया है?” मैं तुमसे पूछता हूँ, क्या वह इसलिए अधिक श्रेष्ठ और अधिक सद्गुणी भी है? यदि नहीं तो वह अधिक सुखी भी नहीं हो सकता। अधिक सुखी होने के लिए आवश्यक है कि वह अधिक सदाचारी जीवन जिए। यदि उसके लिए अधिक सदाचारी होना संभव नहीं है तो उसके लिए अधिक सुखी होना भी संभव नहीं है। सद्गुण में कम या अधिक का कोई स्थान नहीं होता और इसलिए सुख, जो सद्गुण पर आधारित है, उसमें भी कम या अधिक का कोई स्थान नहीं होता। देखो, सद्गुण इतना महान शुभ है कि अकाल मृत्यु, शारीरिक पीड़ा या शरीर की विभिन्न व्याधियों जैसी छोटी-छोटी बाहरी बातें उसमें तनिक भी कमी नहीं ला सकतीं। जहाँ तक इन्द्रिय-सुख का प्रश्न है, सद्गुण तो उसकी ओर ध्यान देना भी अपनी गरिमा के विरुद्ध समझता है। सद्गुण की एक विशेषता यह भी है कि उसे भविष्य की कोई आवश्यकता नहीं होती और वह अपने जीवन के दिनों की गणना नहीं करता। वह एक क्षण के भीतर ही शाश्वत कल्याण का पूर्ण आनंद प्राप्त कर लेता है। 

    हमें ये बातें अविश्वसनीय और मानवीय स्वभाव से परे लगती हैं। इसका कारण यह है कि हम सद्गुण की महानता का आकलन अपनी ही दुर्बलता के आधार पर करते हैं और अपने दोषों को ही सद्गुण का नाम दे देते हैं। लेकिन ठहरो। क्या हमें यह बात भी उतनी ही अविश्वसनीय नहीं लगती कि कोई व्यक्ति असहनीय यातना सहते हुए भी कहे, “मैं सुखी हूँ”? फिर भी ऐसे शब्द सुखवाद के विद्यालय के भीतर ही सुनने को मिले हैं। एपिक्यूरस ने, जब वह मूत्ररुद्धता और पेट के असाध्य घाव, इन दोनों भीषण पीड़ाओं से एक साथ ग्रस्त था, तब कहा था, “मेरे जीवन का यह अंतिम दिन सबसे अधिक सुखद है।” तो फिर जो लोग सद्गुण का अनुसरण करते हैं, उनके विषय में ऐसी बात अविश्वसनीय क्यों मानी जाए। जबकि यही बात सुख को जीवन का लक्ष्य मानने वालों में भी दिखाई देती है? ये लोग भी, अपनी हीन और पतित मानसिकता के बावजूद, कहते हैं कि यदि बुद्धिमान व्यक्ति अत्यंत भीषण पीड़ाओं और विपत्तियों का सामना करे, तो वह न दुःखी होगा और न सुखी।लेकिन यह बात भी अविश्वसनीय है बल्कि उससे भी अधिक अविश्वसनीय। क्योंकि मैं नहीं समझता कि सद्गुण, यदि अपने सर्वोच्च स्थान से नीचे गिरा दिया जाए, तो बीच में कहीं कैसे ठहर सकता है। या तो वह मनुष्य को सुखी बनाए रखेगा, या यदि वह उस स्थान से हट गया तो फिर वह मनुष्य को दुःखी होने से भी नहीं बचा सकेगा।जब तक सद्गुण अपने स्थान पर दृढ़ता से खड़ा है, तब तक उसे पराजित नहीं किया जा सकता। अंततः या तो वही विजय प्राप्त करेगा या स्वयं पराजित हो जाएगा। 

    “पूर्ण सद्गुण और पूर्ण सुखी जीवन तो केवल अमर देवताओं के ही भाग्य में है। मनुष्यों को तो उन श्रेष्ठ वस्तुओं की केवल छाया और आभास ही मिल सकता है। हम उनके निकट तो पहुँचते हैं, पर उन्हें वास्तव में प्राप्त नहीं कर पाते।” ऐसा नहीं है। देवताओं और मनुष्यों में एक बात समान है, दोनों के पास तर्कशक्ति है। अंतर केवल इतना है कि देवताओं में वह पूर्ण रूप से विकसित है। जबकि हमारे भीतर उसमें पूर्णता प्राप्त करने की क्षमता है। समस्या यह है कि हमारी अपनी कमजोरियाँ हमें निराश कर देती हैं। जो व्यक्ति अभी दूसरे स्तर पर है अर्थात जो हर परिस्थिति में सदैव सही आचरण पर अडिग नहीं रह पाता, जिसका निर्णय अभी भी भूल कर सकता है और जिसकी बुद्धि अभी पूरी तरह दृढ़ नहीं हुई है। वह भी लक्ष्य के बहुत निकट पहुँच चुका है।मान लो कि ऐसे व्यक्ति के पास दृष्टि न हो, श्रवण-शक्ति न हो, अच्छा स्वास्थ्य न हो, आकर्षक रूप न हो और न ही अपने सभी अंगों सहित लंबा जीवन मिला हो। फिर भी, इन सभी अभावों के बावजूद वह ऐसा जीवन जी सकता है, जिस पर उसे कोई पश्चाताप न हो। लेकिन जो व्यक्ति अभी पूर्ण नहीं हुआ है, उसके भीतर बुराई की ओर झुकने की कुछ प्रवृत्ति अभी भी बनी रहती है। उसका मन अब भी कभी-कभी गलत कर्म की ओर प्रेरित हो सकता है, यद्यपि गहराई तक जमी हुई और सक्रिय दुष्टता उससे समाप्त हो चुकी होती है। वह अभी वास्तव में सद्गुणी नहीं है। वह केवल उस दिशा में ढल रहा है। और जो व्यक्ति सद्गुण की दृष्टि से किसी भी बात में अपूर्ण है, वह अभी भी सद्गुणी नहीं बल्कि उसी अपूर्णता के कारण दोषयुक्त है।

    लेकिन जो व्यक्ति, जैसा कि कवि कहता है, “अपने शरीर में साहस और पुरुषार्थ की भावना रखता है,” वह देवताओं के समकक्ष खड़ा होता है और उनकी ओर अग्रसर होता है क्योंकि उसे अपने उद्गम का स्मरण रहता है। जिस स्थान से हम आए हैं, उसी तक पुनः पहुँचने का प्रयास करने में कोई अनुचित बात नहीं है। वास्तव में, यह मानने में भी कोई संकोच नहीं होना चाहिए कि जो स्वयं ईश्वर का एक अंश है, उसमें कुछ दिव्य अवश्य है।यह समस्त ब्रह्मांड, जिसमें हम निवास करते हैं, एक अखंड सत्ता है। वही ईश्वर है। हम ईश्वर के सहचर हैं, ईश्वर के ही अंग हैं। हमारे मन में भी वही सामर्थ्य है। यदि वह अपने दोषों के बोझ से दबा न हो तो वह भी उसी दिव्य ऊँचाई तक पहुँच सकता है। जिस प्रकार हमारा शरीर सीधा खड़ा होता है और उसकी दृष्टि आकाश की ओर रहती है, उसी प्रकार हमारा मन भी जहाँ तक चाहे वहाँ तक उन्नति कर सकता है। स्वयं प्रकृति ने उसे इस प्रकार बनाया है कि वह दिव्य स्तर की वस्तुओं की आकांक्षा करे। यदि वह अपनी अंतर्निहित शक्ति का पूरा उपयोग करे और अपनी पूर्ण क्षमता तक विकसित हो जाए तो उसे शिखर तक पहुँचने के लिए किसी बाहरी मार्गदर्शक की आवश्यकता नहीं होती। अपनी ही प्रकृति उसका मार्ग बन जाती है। 

    स्वर्ग तक पहुँचना निश्चय ही एक महान कार्य प्रतीत होता है। पर वास्तव में ऐसा नहीं है क्योंकि मन तो केवल वहीं लौट रहा होता है जहाँ से वह आया था। एक बार जब उसे मार्ग मिल जाता है, तब वह निर्भीक होकर आगे बढ़ता है। वह अन्य सभी वस्तुओं को तुच्छ समझता है और धन, सोने तथा चाँदी की बिल्कुल परवाह नहीं करता। उन धातुओं की, जो उसी अंधकार में पड़ी रहने के योग्य थीं जहाँ वे पहले छिपी हुई थीं। वह उनके मूल्य का आकलन उस चमक से नहीं करता जो अज्ञानी लोगों की आँखों को चकाचौंध कर देती है बल्कि उस निकृष्ट धातु और मिट्टी से करता है, जिसमें से मनुष्य के लोभ ने उन्हें खोदकर अलग किया है। अर्थात उदात्त आत्मा यह जानती है कि सच्ची संपत्ति किसी खज़ाने में नहीं बल्कि कहीं और है। जिसे वास्तव में परिपूर्ण होना चाहिए, वह धन का संदूक नहीं बल्कि स्वयं मनुष्य का अपना व्यक्तित्व है। मन को यह अधिकार है कि वह समस्त वस्तुओं का स्वामी बने, उसे समूचे विश्व का अधिकार प्राप्त हो, और उसकी संपत्ति पूर्व से पश्चिम तक फैली हुई हो। देवताओं की भाँति वह सब कुछ अपना मान सकता है। उस उच्च स्थान से वह धनी लोगों को उनकी अपार संपत्ति के बीच देखकर भी उन पर दृष्टि डालता है और समझता है कि वे अपनी संपत्ति से जितने प्रसन्न नहीं हैं। उससे कहीं अधिक दूसरों की संपत्ति को देखकर दुखी रहते हैं। 

    जब मन इस ऊँचाई तक पहुँच जाता है, तब वह शरीर को भी केवल एक आवश्यक बोझ समझता है। ऐसी वस्तु जिसकी देखभाल तो करनी चाहिए। पर उससे आसक्ति नहीं रखनी चाहिए। वह स्वयं को उस वस्तु का दास नहीं बनाता, जिस पर उसे शासन करना चाहिए। जो व्यक्ति शरीर का दास है, वह कभी स्वतंत्र नहीं हो सकता। केवल इसलिए नहीं कि शरीर की अत्यधिक चिंता करने वाला अनेक अन्य स्वामियों का भी दास बन जाता है बल्कि इसलिए भी कि स्वयं शरीर ही एक चिड़चिड़ा और मनमौजी स्वामी है। ऐसा मन कभी शांतिपूर्वक तो कभी एक महान छलाँग लगाकर शरीर से विदा हो जाता है। तब उसे इस बात की कोई चिंता नहीं रहती कि उसके छोड़ जाने के बाद शरीर का क्या होगा। जैसे हम अपनी दाढ़ी या सिर से कटे हुए बालों की कोई परवाह नहीं करते, उसी प्रकार जब यह दिव्य आत्मा मनुष्य को छोड़कर जाने वाली होती है, तब उसे इस बात से कोई सरोकार नहीं रहता कि उसके शरीर का आगे क्या होगा। वह जलाया जाएगा, दफ़नाया जाएगा या जंगली पशुओं द्वारा नोच लिया जाएगा। जिस प्रकार अभी-अभी जन्मे शिशु को उस झिल्ली की कोई चिंता नहीं होती जिससे वह जन्मा है, उसी प्रकार आत्मा को भी अपने छोड़े हुए शरीर की कोई चिंता नहीं होती। यदि पक्षी उस शव को टुकड़े-टुकड़े कर दें या वह समुद्री जीवों का आहार बन जाए तो उससे उस व्यक्ति का क्या बिगड़ता है, जो अब स्वयं कुछ भी नहीं रहा? लेकिन जब तक आत्मा जीवितों के बीच रहती है, तब भी क्या वह मृत्यु के बाद मिलने वाले ऐसे अपमानों से भयभीत होगी, जबकि उसे केवल मृत्यु की धमकियाँ ही पर्याप्त नहीं लगीं? वह कहती है, “मैं जल्लाद के लोहे के काँटे से नहीं डरता, न ही अपने शव का अपमान करने के लिए किए जाने वाले घृणित अंग-भंग से। मैं किसी से अपने अंतिम संस्कार की याचना नहीं करता और न ही अपने अवशेषों को किसी के भरोसे छोड़ता हूँ। प्रकृति ने ऐसी व्यवस्था की है कि कोई भी बिना कब्र के नहीं रहता। जिसे क्रूरता खुला छोड़ देगी, उसे समय स्वयं दफ़ना देगा।” मैकेनस ने इस विचार को बड़े सुंदर शब्दों में व्यक्त किया है—

“मुझे कब्र की कोई चिंता नहीं। जिन्हें लोग यूँ ही छोड़ देते हैं, उन्हें प्रकृति स्वयं दफ़ना देती है।”

ऐसा लगता है मानो यह किसी पूर्ण शस्त्र-सज्जित सैनिक का कथन हो। वास्तव में मैकेनस में महान और पुरुषोचित प्रतिभा थी। यदि निरंतर ऐश्वर्य ने उसे शिथिल और विलासी न बना दिया होता तो वह और भी महान सिद्ध होता।


अभी के लिए विदा 

खलील जिब्रान (Khalil Gibran) की प्रसिद्ध पुस्तक द प्रोफेट (The Prophet) का हिंदी अनुवाद (संपूर्ण पुस्तक)

  द प्रोफेट जहाज़ का आगमन   अलमुस्तफ़ा, चुना हुआ और प्रिय, जो अपने ही युग के लिए प्रभात के समान था , बारह वर्षों से   नगर में उस जहाज़...