Showing posts with label Stoic. Show all posts
Showing posts with label Stoic. Show all posts

Friday, 7 August 2026

प्रकृति और शारीरिक संरचना के बोध के बारे में -- पत्र 119

 प्रिय लूसीलियस 


आज की वह छोटी-सी समस्या जब मैं तुम्हारे सामने रखूँगा, जिससे हम पहले से ही काफी समय से जूझते आ रहे हैं तो मुझे पूरा विश्वास है कि तुम मुझ पर मुकदमा कर दोगे। तुम फिर चिल्लाकर कहोगे, “इसका नैतिकता से क्या लेना-देना है?” तुम चिल्लाना शुरू कर दो। लेकिन इस बीच पहले मैं तुम्हारे सामने कुछ और प्रतिवादियों को मुकदमे के लिए प्रस्तुत कर दूँ अर्थात पॉसिडोनियस (एक प्रसिद्ध यूनानी स्टोइक दार्शनिक, विद्वान और वैज्ञानिक) और आर्केडेमस (स्टोइक नैतिक दर्शन और तर्कशास्त्र के विद्वान) को। इन्हीं लोगों को अदालत में खड़ा किया जाना चाहिए। अब मैं यह कहूँ कि नैतिकता से संबंधित प्रत्येक विषय अनिवार्य रूप से नैतिक आचरण को बढ़ावा नहीं देता। 


द विंची द्वारा 

    एक अध्ययन मनुष्य के पोषण से संबंधित है। दूसरे हमारे शारीरिक प्रशिक्षण, वस्त्र, शिक्षा या मनोरंजन से। ये सभी मनुष्य से संबंधित हैं। भले ही इनमें से सभी मनुष्य को बेहतर न बनाते हों। जहाँ तक नैतिकता का प्रश्न है, उसका एक अध्ययन आचरण से एक प्रकार से संबंधित होता है और दूसरा किसी अन्य प्रकार से। कुछ अध्ययन आचरण को सुधारते और नियंत्रित करते हैं। जबकि दूसरे उसके स्वरूप और उत्पत्ति की जाँच करते हैं। जब मैं पूछता हूँ कि प्रकृति ने मनुष्य को क्यों उत्पन्न किया और उसे अन्य प्राणियों से श्रेष्ठ क्यों बनाया तो क्या तुम यह निष्कर्ष निकालोगे कि मैंने नैतिकता के क्षेत्र को छोड़ दिया है? ऐसा निष्कर्ष गलत होगा। मेरा आशय यह है कि जब तक तुमने यह पता नहीं लगा लिया कि मनुष्य के लिए सर्वोत्तम क्या है और मनुष्य के स्वभाव का अध्ययन नहीं कर लिया, तब तक तुम यह कैसे जान पाएँगे कि मनुष्य को किस प्रकार का आचरण अपनाना चाहिए? जब तक तुमने यह नहीं जान लिया कि अपने स्वभाव के प्रति आपका क्या कर्तव्य है, तब तक तुम यह नहीं समझ पाओगे कि तुमको क्या करना चाहिए और किन बातों से बचना चाहिए।

    “मैं चाहता हूँ,” तुम कहते हो, “कि मैं यह सीखूँ कि अपनी इच्छाओं और भय को कैसे कम करूँ। मुझे अंधविश्वास से झकझोरकर बाहर निकालो। मुझे यह समझाओ कि जिसे तथाकथित सुख कहा जाता है, वह एक छोटी और खोखली चीज़ है, जो बहुत आसानी से एक अतिरिक्त अक्षर ग्रहण करके दुख में बदल जाती है।” मैं तुम्हारी इच्छा पूरी करूँगा। मैं तुम्हारे सद्गुणों को प्रोत्साहित करूँगा और दुर्गुणों को कोड़े लगाऊँगा। यदि कोई इस भूमिका में मुझे अत्यधिक कठोर और असंयमी समझे, तब भी मैं दुष्टता का पीछा करना, उग्रतम वासनाओं पर लगाम लगाना, उन सुखों की बढ़त को रोकना जो अंततः पीड़ा में बदल जाते हैं और हमारी प्रार्थनाओं का विरोध करना बंद नहीं करूँगा। मैं सच कह रहा हूँ क्योंकि हमारी प्रार्थनाएँ उन्हीं चीज़ों के लिए होती हैं जो हमारे लिए सबसे अधिक हानिकारक हैं। जब वे इच्छाएँ पूरी हो जाती हैं, तब हमारे पास उन सभी चीज़ों के लिए सांत्वना पाने की आवश्यकता पड़ती है, जिनकी हमने स्वयं कामना की थी।

    इस बीच, मुझे उन विषयों पर विस्तार से चर्चा करने की अनुमति दो जो हमारे वर्तमान विषय से कुछ अधिक दूर प्रतीत होते हैं। हम इस बात पर चर्चा कर रहे थे कि क्या सभी प्राणियों को अपनी स्वयं की प्रकृति और शारीरिक संरचना का बोध होता है। इसका सबसे प्रमुख प्रमाण यह है कि वे अपने अंगों को कितनी उपयुक्तता और कुशलता से संचालित करते हैं, मानो उन्हें ऐसा करने का प्रशिक्षण दिया गया हो। अपने अंगों का संचालन करने में कोई भी प्राणी असहाय नहीं होता। एक कुशल कारीगर अपने औज़ारों को सहजता से चलाता है। एक नाविक जानता है कि अपने जहाज़ को कैसे चलाना है। एक चित्रकार अपने पास मौजूद अनेक रंगों में से उचित रंग चुनने में अत्यंत तत्पर होता है और अपनी चित्र-पट्टिका तथा चित्र के बीच अपनी आँख और हाथ को बड़ी सहजता से चलाता है। उसी प्रकार कोई प्राणी अपने शरीर और उसके अंगों का जितने भी कार्यों में उपयोग करता है, उन सभी में समान रूप से कुशल होता है। 

    हम अक्सर कुशल मूक-अभिनय नर्तकों को देखकर आश्चर्यचकित होते हैं क्योंकि उनके हाथ विषय-वस्तु और उसकी भावनाओं के समस्त अर्थ को व्यक्त करने के लिए तत्पर रहते हैं और उनके हाव-भाव बोले गए शब्दों की तीव्र गति के साथ-साथ चलते हैं। जो कला कलाकारों को प्रदान करती है, वही प्रकृति प्राणियों को प्रदान करती है।उनमें से किसी को भी अपने अंगों का संचालन करने में कठिनाई नहीं होती। कोई भी अपने शरीर का उपयोग करने में लड़खड़ाता नहीं है। वे संसार में आते ही ऐसा करने लगते हैं। यह ज्ञान उनके भीतर आरंभ से ही विद्यमान होता है। वे प्रशिक्षित होकर जन्म लेते हैं।

    कोई कह सकता है, “प्राणियों द्वारा अपने अंगों को कुशलता से संचालित करने का कारण यह है कि यदि वे उन्हें किसी अन्य प्रकार से संचालित करें तो उन्हें पीड़ा होगी। अतः वे विवश होकर वही करते हैं, जैसा तुम्हारे मत के लोग कहते हैं। जो चीज़ उन्हें सही ढंग से चलने-फिरने के लिए प्रेरित करती है, वह उनकी इच्छा नहीं बल्कि पीड़ा का भय है।” यह गलत है। जिन चीज़ों को आवश्यकता के कारण विवश होकर किया जाता है, वे धीमी होती हैं। जबकि फुर्ती स्वस्फूर्त गति की पहचान है। वास्तव में, वे पीड़ा के भय से गति करने के लिए विवश नहीं होते बल्कि जब पीड़ा उनके स्वाभाविक ढंग से चलने में बाधा डालती है, तब भी वे उसी स्वाभाविक गति को प्राप्त करने का प्रयत्न करते हैं। 

    एक ऐसे शिशु पर विचार करो जो खड़ा होना चाहता है और अभी अपने शरीर को सहारा देकर खड़ा रहने का अभ्यास ही कर रहा है। जैसे ही वह अपनी शक्ति को आज़माना शुरू करता है, वह गिर पड़ता है। लेकिन वह रोते हुए बार-बार उठता रहता है, जब तक कि पीड़ापूर्वक अभ्यास करते-करते वह वह कार्य करना नहीं सीख लेता जिसकी माँग उसका स्वभाव करता है। कुछ कठोर कवच वाले प्राणियों को जब पीठ के बल उलट दिया जाता है तो वे अपने पैरों से लगातार ऐंठते, ज़मीन कुरेदते और इधर-उधर सरकते रहते हैं, जब तक कि वे अपनी उचित स्थिति में वापस नहीं आ जाते। उलटी हुई कछुए को कोई पीड़ा नहीं होती। लेकिन अपनी स्वाभाविक स्थिति से बाहर होने के कारण वह बेचैन हो जाता है और तब तक अपने शरीर को हिलाता-डुलाता रहता है, जब तक कि वह अपने पैरों पर सीधा खड़ा नहीं हो जाता। इस प्रकार सभी प्राणियों को अपनी स्वयं की प्रकृति और शारीरिक संरचना का बोध होता है, और यही बताता है कि वे अपने अंगों का संचालन करने में इतने कुशल क्यों होते हैं। वास्तव में, यह इस बात का हमारा सबसे अच्छा प्रमाण है कि वे इस बोध के साथ जन्म लेते हैं: कोई भी प्राणी अपने शरीर और उसके अंगों का उपयोग करने में अकुशल नहीं होता।



    “तुम्हारे मत के अनुयायियों के अनुसार,” प्रतिपक्षी कहता है, “स्वभावगत संरचना ‘मन के उस निर्देशन करने वाले अंग की एक विशेष अवस्था है, जो शरीर के साथ एक निश्चित प्रकार के संबंध में स्थित है।’ कोई शिशु इतनी जटिल और सूक्ष्म बात को कैसे समझ सकता है, जिसका वर्णन करने में तुम लोग स्वयं भी मुश्किल से सक्षम हैं? अपनी उस परिभाषा को समझने के लिए तो सभी प्राणियों को जन्म से ही तर्कशास्त्री होना पड़ेगा क्योंकि अधिकांश रोमन लोगों के लिए भी यह परिभाषा अस्पष्ट है।” यह आपत्ति उचित होती, यदि मैं यह कहता कि प्राणी ‘स्वभावगत संरचना’ की परिभाषा को समझते हैं, न कि अपनी स्वभावगत संरचना को स्वयं। प्रकृति को समझना, उसका वर्णन करने की अपेक्षा अधिक सरल है। इसलिए शिशु यह नहीं जानता कि स्वभावगत संरचना क्या है। लेकिन वह अपनी स्वयं की स्वभावगत संरचना को जानता है। वह यह नहीं जानता कि प्राणी क्या होता है। लेकिन वह यह अनुभव करता है कि वह स्वयं एक प्राणी है। 

    इसके अतिरिक्त, अपनी स्वभावगत संरचना के विषय में उसका बोध अस्पष्ट, प्रारंभिक और अनिश्चित होता है। इसी प्रकार हम भी जानते हैं कि हमारे भीतर एक मन है, फिर भी हम यह नहीं जानते कि मन क्या है, वह कहाँ स्थित है, उसका स्वरूप कैसा है या वह कहाँ से आया है। हम अपने मन के अस्तित्व से अवगत हैं, भले ही हम उसके स्वभाव और उसके स्थान को न जानते हों। सभी प्राणियों में अपनी स्वभावगत संरचना के बोध की स्थिति भी ऐसी ही है। प्राणियों को अनिवार्य रूप से उस चीज़ का बोध होता है, जिसके माध्यम से वे दूसरी चीज़ों का बोध करते हैं। उन्हें अनिवार्य रूप से उस चीज़ का भी बोध होता है, जिसकी वे आज्ञा मानते हैं और जिसके द्वारा वे संचालित होते हैं। हममें से प्रत्येक यह समझता है कि कोई ऐसी चीज़ है जो हमारी प्रवृत्तियों को सक्रिय करती है। लेकिन हम यह नहीं जानते कि वह क्या है। मनुष्य यह जानता है कि उसके भीतर कोई प्रेरक सिद्धांत या प्रेरक शक्ति है। लेकिन वह यह नहीं जानता कि वह क्या है या कहाँ से आती है। इसी प्रकार, शिशुओं और प्राणियों में भी अपने निर्देशन करने वाले अंग का बोध होता है। लेकिन वह बोध पूरी तरह स्पष्ट और सुस्पष्ट नहीं होता।

    “तुम कहते हो कि प्रत्येक प्राणी आरंभ से ही अपनी स्वभावगत संरचना से जुड़ा होता है, लेकिन तुम यह भी कहते हो कि मनुष्य की स्वभावगत संरचना तर्कशील है। इसलिए मनुष्य स्वयं से केवल एक सजीव प्राणी के रूप में नहीं बल्कि एक तर्कशील प्राणी के रूप में जुड़ा हुआ है क्योंकि मनुष्य को अपने उसी अंग के कारण अपने प्रति लगाव होता है जो उसे मनुष्य बनाता है। फिर, जब कोई शिशु अभी तर्कशील नहीं हुआ है तो वह तर्कशील स्वभावगत संरचना के प्रति कैसे जुड़ाव रख सकता है?”

    जीवन की प्रत्येक अवस्था की अपनी एक स्वभावगत संरचना होती है। शिशु की एक, बालक की दूसरी, युवक की दूसरी और प्रौढ़ व्यक्ति की दूसरी। प्रत्येक व्यक्ति जिस स्वभावगत संरचना में होता है, उसी से जुड़ा रहता है।शिशु के दाँत नहीं होते। वह अपनी इसी वर्तमान स्वभावगत संरचना से जुड़ा रहता है। फिर उसके दाँत निकल आते हैं। अब वह इस नई स्वभावगत संरचना से जुड़ा रहता है। यहाँ तक कि गेहूँ की एक बाल, जो आगे चलकर फसल देने वाली है, अपनी आरंभिक अवस्था में एक प्रकार की स्वभावगत संरचना रखती है, जब वह अभी छोटी होती है और मुश्किल से मेड़ की ऊँचाई तक पहुँचती है। फिर दूसरी, जब उसमें शक्ति आ जाती है और वह ऐसे तने पर खड़ी होती है जो भले ही नरम हो। लेकिन उसका भार सँभाल सकता है और फिर एक और, जब वह सुनहरी हो जाती है और उसकी बालियों में दाने कठोर होने लगते हैं, जो फसल के समय के आने का संकेत देते हैं। पौधा जिस भी स्वभावगत संरचना तक पहुँचता है, उसे बनाए रखता है और उसी के अनुसार स्वयं को ढाल लेता है। 

    जीवन की अवस्थाएँ अलग-अलग हैं। शैशवावस्था, बाल्यावस्था, युवावस्था और प्रौढ़ावस्था। फिर भी मैं, जो कभी शिशु था, फिर बालक और फिर युवक रहा, वही व्यक्ति बना हुआ हूँ। इसलिए, यद्यपि प्रत्येक वस्तु की स्वभावगत संरचना बदलती रहती है, फिर भी वह उसी प्रकार अपनी वर्तमान स्वभावगत संरचना से जुड़ी रहती है। मेरा स्वाभाविक लगाव उस बालक, युवक या प्रौढ़ व्यक्ति से नहीं है बल्कि स्वयं मुझसे है। इसलिए एक शिशु अपनी उसी स्वभावगत संरचना से जुड़ा होता है, जो उसके शिशु होने के समय होती है, न कि उस स्वभावगत संरचना से जो आगे चलकर युवक बनने पर उसकी होगी। भले ही बाद में वह अधिक विकसित अवस्था में पहुँच जाएगा। लेकिन इसका यह अर्थ नहीं है कि जिस अवस्था में वह जन्म लेता है, वह भी प्रकृति के अनुरूप नहीं है।

    प्राणी सबसे पहले स्वयं से जुड़ा होता है क्योंकि कोई न कोई ऐसी वस्तु होनी ही चाहिए, जिसके साथ अन्य सभी चीज़ों का संबंध स्थापित किया जा सके। मुझे सुख चाहिए। किसके लिए? अपने लिए। इसलिए मैं अपनी देखभाल करता हूँ। मैं पीड़ा से बचने का प्रयास करता हूँ। किसके लिए? अपने लिए। इसलिए मैं अपनी देखभाल करता हूँ। यदि मैं अपनी प्रत्येक गतिविधि अपनी देखभाल के लिए करता हूँ तो अपने प्रति मेरी चिंता हर दूसरी चीज़ से पहले आती है। यह चिंता सभी प्राणियों में होती है; इसे उनमें बाहर से आरोपित नहीं किया गया है बल्कि यह उनके भीतर जन्मजात होती है। प्रकृति अपनी संतानों का पालन-पोषण करती है और उन्हें त्यागती नहीं है क्योंकि सबसे विश्वसनीय रक्षक वही होता है जो सबसे निकट हो। इसलिए प्रत्येक प्राणी को स्वयं अपनी रक्षा का दायित्व सौंपा गया है। इसलिए, जैसा कि मैंने अपने पहले के पत्रों में कहा है, छोटे-से-छोटे नवजात या अंडे से अभी-अभी निकले प्राणी भी अपने आप यह जान लेते हैं कि उनके लिए क्या हानिकारक है और उन चीज़ों से बचते हैं जो उनकी मृत्यु का कारण बन सकती हैं। यहाँ तक कि आकाश में ऊपर से उड़ती हुई किसी वस्तु की छाया मात्र देखकर भी वे भय की प्रतिक्रिया प्रकट करते हैं, जबकि वे स्वयं शिकारी पक्षियों के लिए अत्यंत असुरक्षित होते हैं। कोई भी प्राणी मृत्यु के भय से रहित होकर जीवन में प्रवेश नहीं करता।

    “कोई प्राणी जन्म लेते ही यह कैसे समझ सकता है कि कौन-सी चीज़ उसके जीवन की रक्षा करती है और कौन-सी उसकी मृत्यु का कारण बन सकती है?” सबसे पहले, हमारा प्रश्न यह है कि क्या वह इन बातों को समझ सकता है, यह नहीं कि वह ऐसा कैसे करता है। प्राणियों में यह समझ होती है, यह इस तथ्य से स्पष्ट है कि यदि वे अभी इस समझ को प्राप्त करते तो वे पहले से जो कुछ करते आ रहे हैं, उससे अलग कुछ नहीं करते। ऐसा क्यों है कि मुर्गी मोर या हंस से नहीं बचती। लेकिन बाज़ को देखकर भाग जाती है।जबकि बाज़ उन पक्षियों की तुलना में बहुत छोटा होता है और ऐसा प्राणी भी नहीं है जिससे उसका कोई परिचय रहा हो? चूजे नेवले से क्यों डरते हैं। लेकिन कुत्ते से नहीं? यह स्पष्ट है कि उनके भीतर इस बात का ऐसा ज्ञान मौजूद होता है जो अनुभव से प्राप्त नहीं हुआ है कि कौन-सी चीज़ उन्हें नुकसान पहुँचा सकती है क्योंकि वे किसी ऐसी चीज़ से भी बचते हैं, जिसका उन्हें अभी अनुभव तक नहीं हुआ है। 

    दूसरे, ताकि तुम यह न समझो कि ऐसा संयोगवश होता है, वे उन चीज़ों के अतिरिक्त किसी और चीज़ से नहीं डरते, जिनसे डरना उनके लिए उचित है, और वे इस सावधानी तथा सतर्कता को कभी नहीं भूलते। खतरे से बचने में उनका व्यवहार निरंतर एक जैसा रहता है। इसके अतिरिक्त, अपने जीवन के दौरान वे अधिक भयभीत भी नहीं होते जाते। इससे सिद्ध होता है कि वे इस अवस्था तक अनुभव के कारण नहीं, बल्कि आत्म-संरक्षण की प्राकृतिक प्रवृत्ति के परिणामस्वरूप पहुँचते हैं। जो कुछ अनुभव सिखाता है, वह देर से आता है और सभी में समान रूप से विकसित नहीं होता। जबकि प्रकृति जो कुछ प्रदान करती है, वह तत्काल और सभी मामलों में एकसमान होता है।

    लेकिन यदि तुम मुझसे इस बात का आग्रह करो कि मैं बताऊँ कि प्रत्येक प्राणी यह समझने से कैसे नहीं बच सकता कि उसके लिए क्या खतरनाक है तो मैं तुम्हें इसका उत्तर दूँगा। उसे यह बोध होता है कि वह मांस से बना है; इसलिए उसे यह भी बोध होता है कि कौन-सी चीज़ मांस को काट सकती है, जला सकती है या कुचल सकती है, और कौन-से प्राणी उसे नुकसान पहुँचाने के साधनों से युक्त हैं। इन चीज़ों की उसके मन में खतरनाक और शत्रुतापूर्ण होने की धारणा बन जाती है। ये प्रवृत्तियाँ एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। जिस समय प्रत्येक प्राणी अपनी रक्षा से जुड़ा होता है, उसी समय वह उन चीज़ों की खोज करता है जो उसके लिए लाभकारी हैं और उन चीज़ों से बचता है जो उसके लिए हानिकारक हैं। उपयोगी वस्तुओं की ओर आकर्षित होने की प्रवृत्ति प्राकृतिक है और उनके विपरीत वस्तुओं के प्रति विरक्ति भी प्राकृतिक है।

    प्रकृति जो कुछ निर्धारित करती है, वह बिना किसी विचार के, उसे प्रेरित करने वाली किसी पूर्वचिंता या योजना के बिना ही घटित होता है। क्या तुम नहीं देखते कि मधुमक्खियाँ अपने छत्ते की कोठरियाँ बनाने में कितनी कुशल होती हैं और अपने-अपने कार्यों को कितनी सामंजस्यपूर्ण ढंग से करती हैं? क्या तुम नहीं देखते कि मकड़ी का जाला मनुष्य की नकल करने की क्षमता से परे होता है? उसके तंतुओं को व्यवस्थित करना कितना कठिन कार्य है। कुछ तंतु सहारे के लिए सीधी रेखाओं में होते हैं और दूसरे बढ़ते हुए अंतराल पर वृत्ताकार रूप में फैले होते हैं ताकि जिन छोटे जीवों को पकड़ने के लिए जाला बनाया गया है, वे उसमें फँस जाएँ और जाल में बँधे रहें। यह कला जन्मजात है, सीखी हुई नहीं। इसी कारण कोई भी प्राणी दूसरे प्राणी की अपेक्षा अधिक सीखने वाला नहीं होता। तुम देखोगे कि सभी मकड़ियों के जाले एक जैसे होते हैं और एक छत्ते में मधुकोष की सभी कोण-संरचनाएँ समान होती हैं। जो कुछ प्रशिक्षण से प्राप्त होता है, उसमें भिन्नता और असमानता होती है। लेकिन जो क्षमताएँ प्रकृति से प्राप्त होती हैं, वे समान रूप से वितरित होती हैं। 

    प्रकृति ने प्राणियों को स्वयं की रक्षा करने की प्रवृत्ति और ऐसा करने की सहज क्षमता के अतिरिक्त और कुछ नहीं दिया है। इसी कारण प्राणी उसी क्षण से सीखना आरंभ कर देते हैं, जिस क्षण से वे जीवन आरंभ करते हैं। इसमें कोई आश्चर्य नहीं कि वे जन्म से ही ठीक उन्हीं क्षमताओं से युक्त होते हैं, जिनके बिना उनका जन्म व्यर्थ हो जाता। यह उनकी निरंतर जीवित रहने के लिए प्रकृति द्वारा प्रदान किया गया पहला साधन है— स्वयं से लगाव और स्वयं के प्रति प्रेम। यदि वे जीवित रहने की इच्छा न रखते तो उनके पास जीवित रहने की शक्ति भी न होती। केवल यह इच्छा अपने आप में उनकी सहायता करने के लिए पर्याप्त नहीं थी। लेकिन इसके बिना कोई दूसरी चीज़ भी उनकी सहायता नहीं कर सकती थी। किसी भी प्राणी में तुम अपने प्रति कम सम्मान या यहाँ तक कि अपनी उपेक्षा भी नहीं पाओगे। मूक प्राणी, जो अन्य मामलों में भले ही मंदबुद्धि हों। लेकिन जीवन जीने के मामले में कुशल होते हैं। तुम देखोगे कि जो प्राणी दूसरों के लिए किसी उपयोग के नहीं हैं, वे भी अपनी स्वयं की आवश्यकताओं के मामले में किसी तरह से अपूर्ण नहीं होते।


अभी के लिए विदा 

Wednesday, 5 August 2026

भाषा के बारे में -- पत्र - 112

 प्रिय लूसीलियस 


“आप पूछते हैं कि ऐसा क्यों होता है कि कुछ युगों में भाषण कौशल की शैली पतित हो जाती है? क्यों किसी समय लेखकों में एक प्रकार का दोष प्रचलित हो जाता है। कभी सब कुछ अत्यधिक शब्दाडंबरपूर्ण और लंबा-चौड़ा हो जाता है तो कभी कोमल, बनावटी और गान जैसी कृत्रिम शैली का बोलबाला होता है? कभी ऐसी प्रबल अभिव्यक्तियाँ फैशन बन जाती हैं जो अपने विषय की अपेक्षा कहीं अधिक तीव्र होती हैं। कभी अधूरे वाक्यों तथा संकेतों की, जिनमें कही हुई बात से अधिक अनकहा निहित रहता है। कभी किसी युग में रूपकों का प्रयोग बिना किसी संकोच के अत्यधिक किया जाता है। इसका कारण वही है जिसे यूनानियों में एक प्रसिद्ध कहावत के रूप में कहा जाता है, ‘जैसा हमारा जीवन होता है, वैसी ही हमारी वाणी होती है।’ 

    जिस प्रकार प्रत्येक व्यक्ति के कर्म उसके बोलने के ढंग से मेल खाते हैं, उसी प्रकार किसी युग की वाणी की शैली भी उसके नागरिकों के आचरण के अनुरूप होती है। जब अनुशासन शिथिल पड़ जाता है और उसके स्थान पर विलासिता आ जाती है। यदि भाषा का पतन केवल एक-दो व्यक्तियों तक सीमित न रहकर सामान्य स्वीकृति प्राप्त कर ले तो वह व्यापक आत्म-विलास का निश्चित संकेत होता है। 

    प्रतिभा की अवस्था मन की अवस्था से भिन्न नहीं हो सकती। यदि मन स्वस्थ, संतुलित, गंभीर और संयमी है तो प्रतिभा भी पूर्णतः संयत रहती है। यदि मन दोषपूर्ण है तो प्रतिभा भी उसी प्रकार उग्र और असंयमित हो जाती है। क्या आप नहीं देखते कि जब मन अपनी शक्ति खो देता है तो अंग शिथिल पड़ जाते हैं और पैर घसीटकर चलते हैं? यदि मन कोमल और दुर्बल हो जाए तो उसकी मृदुता चाल में भी दिखाई देती है। यदि वह ऊर्जावान और प्रचंड हो तो कदम तेज़ पड़ते हैं। यदि वह विक्षिप्त हो या क्रोध से उन्मत्त (जो विक्षिप्तता के समान ही अवस्था है) तो शरीर की गति भी अस्त-व्यस्त हो जाती है और वह चलने के बजाय मानो दौड़ता हुआ आगे बढ़ता है। जब यह बात शरीर के संबंध में सत्य है तो प्रतिभा के संबंध में तो और भी अधिक सत्य होगी क्योंकि प्रतिभा पूरी तरह मन से मिली हुई है और उसी से अपना स्वरूप, अपनी दिशा और अपना मूल सिद्धांत प्राप्त करती है।

    मेसेनास (Maecenas, रोम के बड़े राजनेता एवं कूटनीतिज्ञ) के जीवन-व्यवहार के विषय में इतनी प्रसिद्ध बातें हैं कि मुझे यह बताने की आवश्यकता नहीं कि वह कैसे चलता था, कितना विलासी था, लोगों की दृष्टि अपनी ओर आकर्षित करना उसे कितना प्रिय था। वह अपने दोषों को छिपाने का कोई प्रयास नहीं करता था। फिर हम क्या कहें? क्या उसकी गद्य-शैली भी उसके ढीले-ढाले, बिना कसे हुए वस्त्र की तरह शिथिल नहीं है? क्या उसकी भाषा भी उसके वस्त्रों, उसके सेवकों, उसके भवन और उसकी पत्नी की भाँति उतनी ही आडंबरपूर्ण नहीं है? यदि वह सीधे मार्ग पर बना रहता, यदि समझे जाने से बचने का जान-बूझकर प्रयास न करता। यदि अपनी भाषा में भी उच्छृंखल न होता तो वह अत्यंत प्रतिभाशाली व्यक्ति सिद्ध हो सकता था। उसके लेखन में आपको यही दिखाई देगा, एक शराबी व्यक्ति की शैली, उलझी हुई, भटकती हुई और स्वच्छंदताओं से परिपूर्ण।



“छोटी जलधारा के किनारे, तट पर, पत्तों से आच्छादित वन।”

यह भी देखिए—

“वे अपनी छोटी नौकाओं से गहरे जल को चीरते हैं और पीछे लहरों की घुमावदार रेखा में मानो उद्यान छोड़ जाते हैं।”

और यह फिर क्या है? अथवा ये पंक्तियाँ—

“वह अपनी प्रेयसी के केशों को घुँघराला करता है और अपने होंठों से कबूतरों-सा स्पर्श करता हुआ आह भरते हुए बोलना आरंभ करता है, उन वन-स्वामियों की भाँति जो झुकी हुई गर्दनों के साथ स्वयं को मुकुट धारण कराते हैं।”

“वे सुधरने से रहित लोग हैं। वे दावतों में मनुष्यों की परीक्षा लेते हैं। मदिरा-पात्र के सहारे घरों को जोत डालते हैं और मृत्यु की ओर प्रलोभन बिछाते हैं।”

“ऐसी प्रतिभा, जो अपने ही उत्सव-दिवस की भी शायद ही साक्षी देती है।”

“पीली मोमबत्ती के रेशे और शोर मचाती चक्की।”

“माता या पत्नी द्वारा ढका हुआ अग्निकुंड।”

    जब आप इन उदाहरणों को पढ़ते हैं तो क्या आपके मन में तुरंत यह विचार नहीं आता कि यह उसी व्यक्ति की रचना है जो नगर में सदैव ढीला-ढाला अंगरखा पहनकर घूमता था? क्योंकि जब सीज़र की अनुपस्थिति में उसे शासन का दायित्व सौंपा गया था, तब भी वह सैनिकों को दैनिक संकेत-शब्द (पासवर्ड) देते समय कमरबंद नहीं बाँधता था। यही वह व्यक्ति था जो न्यायासन पर, वक्ताओं के मंच पर और प्रत्येक सार्वजनिक सभा में सिर पर शॉल डाले उपस्थित होता था, जिसके दोनों ओर उसके कान बाहर निकले रहते थे, ठीक वैसे ही जैसे किसी हास्य-नाटक में किसी धनी व्यक्ति के भागे हुए दास का रूप दिखाया जाता है। यही वह व्यक्ति था जो गृहयुद्धों के चरम समय में, जब पूरा नगर शस्त्रों से सुसज्जित और अशांत था, जनता के बीच केवल दो हिजड़ों को साथ लेकर निकलता था, जो उससे भी अधिक पुरुषोचित प्रतीत होते थे। यही वह व्यक्ति था जिसने अपनी एक ही पत्नी से मानो हज़ार बार विवाह किया।

    उसके ये वाक्य इतने स्वच्छंद ढंग से जोड़े गए, इतनी लापरवाही से बिखेरे गए और अपने शब्द-विन्यास में सामान्य प्रयोग से इतने भिन्न, यह स्पष्ट कर देते हैं कि उसका चरित्र भी उतना ही विचित्र, उतना ही भ्रष्ट और उतना ही विकृत था। उसकी दयालुता की बहुत प्रशंसा की जाती है क्योंकि उसने तलवार का कम प्रयोग किया, रक्तपात से परहेज़ किया और अपनी शक्ति का प्रदर्शन केवल अपने उच्छृंखल आचरण में किया। किन्तु वह अपनी इस प्रशंसा को भी अपनी कृत्रिम और टेढ़ी-मेढ़ी गद्य-शैली से स्वयं नष्ट कर देता है क्योंकि उससे स्पष्ट हो जाता है कि वह उदार या सौम्य नहीं बल्कि केवल कोमल और दुर्बल था। कोई भी व्यक्ति उसके घुमावदार वाक्य-विन्यास, असामान्य शब्द-प्रयोग और विचित्र विचारों से यह बात समझ सकता है। उसके विचार प्रायः महान होते हैं, पर उनकी अभिव्यक्ति में दृढ़ता का अभाव है। यह उस व्यक्ति का मन है जिसे अत्यधिक समृद्धि ने पथभ्रष्ट कर दिया था।

    कुछ मामलों में दोष व्यक्ति का होता है। कुछ में युग का। जब समृद्धि व्यापक आत्म-विलास को जन्म देती है तो सबसे पहले वस्त्रों और श्रृंगार पर अधिक ध्यान दिया जाने लगता है। उसके बाद गृह-सज्जा को लेकर अत्यधिक चिंता होने लगती है। फिर ध्यान स्वयं भवनों की ओर मुड़ता है। एक नया भाग जोड़कर साधारण घर को विशाल प्रासाद बना दिया जाता है। भीतर की दीवारें विदेशों से लाए गए संगमरमर से चमक उठती हैं। छत की टाइलें स्वर्ण से अलंकृत कर दी जाती हैं और खाँचेदार छतों की छवि चमकदार फर्श की टाइलों में प्रतिबिंबित होने लगती है। इसके बाद वैभव भोजन की मेज़ तक पहुँच जाता है। नवीनता और प्रचलित व्यवस्था में परिवर्तन ही फैशन बन जाते हैं, जो कभी भोजन के अंत में परोसा जाता था, वही अब आरंभ में परोसा जाने लगता है। जो व्यंजन पहले अतिथियों के आगमन पर प्रस्तुत किया जाता था, वही अब उनके विदा होते समय परोसा जाता है। 

    जब मन सामान्य और परंपरागत बातों को अस्वीकार करने तथा स्थापित रीति-रिवाजों को तुच्छ समझने का अभ्यस्त हो जाता है, तब वह भाषा में भी नवीनता खोजने लगता है। कभी वह प्राचीन और अप्रचलित शब्दों को फिर से प्रचलन में लाता है। कभी सामान्य प्रयोग को विकृत कर देता है, यहाँ तक कि ऐसे नए शब्द भी गढ़ लेता है जिन्हें पहले कभी किसी ने नहीं सुना। और कभी, जैसा कि इस समय विशेष रूप से प्रचलित है, चमत्कारपूर्ण रूपकों की भरमार को ही उत्कृष्ट शैली का सर्वोच्च आदर्श मान लिया जाता है। कुछ वक्ता अपने विचार को जान-बूझकर अधूरा छोड़ देते हैं। उनका विश्वास होता है कि यदि वाक्य केवल संकेत देकर समाप्त कर दिया जाए और उसका आशय श्रोता स्वयं समझ ले तो उनकी अधिक प्रशंसा होगी। कुछ अन्य किसी विचार को छोड़ ही नहीं पाते। वे उसे निरंतर खींचते और विस्तार देते चले जाते हैं। कुछ लोग किसी शैलीगत विशेषता को इतनी दूर तक ले जाते हैं कि वह दोष बन जाती है। यद्यपि किसी महान प्रयत्न में कभी-कभी ऐसा करना उचित हो सकता है, पर वे वहीं नहीं रुकते; बल्कि उस दोष से ही प्रेम करने लगते हैं। 

    अतः जहाँ कहीं भी आप पतित वक्तृत्व-शैली को प्रचलन में आते देखें, वहाँ यह निश्चय समझिए कि आचरण के अन्य रूप भी मार्ग से भटक चुके हैं। जैसे वस्त्रों और भोजों में विलासिता समाज के भीतर व्याप्त रोग का लक्षण होती है, उसी प्रकार जब असंयमित वक्तृत्व सामान्य व्यवहार बन जाता है तो वह इस बात का प्रमाण होता है कि जिन मनों से वे शब्द निकलते हैं, उनका भी पतन हो चुका है। 

    पतित भाषिक प्रयोगों को केवल सामान्य या निम्न स्तर के श्रोता ही नहीं अपनाते बल्कि अधिक शिक्षित लोग भी उन्हें स्वीकार कर लेते हैं। इस पर आपको आश्चर्य नहीं होना चाहिए। उनके टोगा (रोमी परिधान) भिन्न हो सकते हैं, पर उनकी रुचि एक जैसी होती है। इससे भी अधिक आश्चर्य की बात यह है कि प्रशंसा केवल दोषयुक्त रचना की ही नहीं होती बल्कि स्वयं उन दोषों की भी की जाती है। ऐसा सदा से होता आया है। कोई भी प्रतिभा कभी लोकप्रिय नहीं हुई जिसके कुछ दोषों को लोगों ने क्षमा न किया हो। आप किसी भी महान व्यक्ति का नाम ले लीजिए। मैं बता सकता हूँ कि उसके समकालीनों ने उसके कौन-से दोषों की उपेक्षा की और किन्हें जान-बूझकर अनदेखा किया। मैं ऐसे अनेक व्यक्तियों के उदाहरण दे सकता हूँ जिनके दोषों को दोष नहीं माना गया और कुछ ऐसे भी जिनके दोष ही उनके लिए गुण बन गए। इसी प्रकार मैं ऐसे अत्यंत प्रसिद्ध व्यक्तियों के उदाहरण भी दे सकता हूँ, जिन्हें आदर्श माना जाता है। किन्तु यदि उनके दोषों को सुधार दिया जाए तो उनकी समस्त विशिष्टता ही नष्ट हो जाए क्योंकि उनके दोष उनकी उत्कृष्टताओं के साथ इतने घनिष्ठ रूप से जुड़े हुए हैं कि एक को हटाने पर दूसरा भी समाप्त हो जाता है। 

    इसके अतिरिक्त, वक्तृत्व-शैली के लिए कोई स्थायी नियम नहीं होता। वह समाज की प्रचलित परंपरा के अनुसार बदलती रहती है और समाज की वह परंपरा भी अधिक समय तक एक-सी नहीं रहती। आज के हमारे अनेक वक्ता प्राचीन काल के शब्दों को खोज-खोजकर अपनाते हैं ताकि उनकी भाषा बारह पट्टिकाओं (प्राचीन रोम की सबसे पहली लिखित विधि-संहिता) के विधि-संग्रह जैसी प्रतीत हो। उनके लिए ग्रैकस, क्रासुस और कुरियो भी अत्यधिक नवीन और परिष्कृत हैं। इसलिए वे अपियस और कोरुंकानियस के युग तक लौट जाते हैं। दूसरी ओर, कुछ लोग इसके बिल्कुल विपरीत मार्ग अपनाते हैं। वे ऐसा कोई शब्द प्रयोग नहीं करना चाहते जो केवल वर्तमान प्रचलन से बाहर हो। परिणामस्वरूप उनकी भाषा साधारण, फीकी और नीरस हो जाती है। 

    ये दोनों ही प्रवृत्तियाँ समान रूप से दोषपूर्ण हैं। उसी प्रकार यह भी भूल है कि केवल ऐसे शब्दों का प्रयोग किया जाए जो असाधारण हों या जिनमें काव्यात्मक आभा हो और सामान्य तथा प्रचलित शब्दों से पूरी तरह बचा जाए। मेरी दृष्टि में दोनों समान रूप से त्रुटिपूर्ण हैं। एक व्यक्ति आवश्यकता से अधिक अपने श्रृंगार में लगा रहता है। जबकि दूसरा आवश्यकता से भी कम। एक अपने पैरों के बाल तक उखाड़ डालता है। दूसरा अपनी बगल के बालों तक की उपेक्षा करता है।

    अब शब्द-विन्यास के प्रश्न पर आइए। वहाँ मैं आपको कितने प्रकार के दोष गिना सकता हूँ! कुछ लोग कठोर और झटकेदार शैली को पसंद करते हैं। यदि कोई वाक्य स्वाभाविक रूप से बहुत सहज और प्रवाहपूर्ण बन जाए तो वे जान-बूझकर उसके शब्दों का क्रम बदल देते हैं क्योंकि उनकी इच्छा होती है कि प्रत्येक शब्द-संयोजन अचानक और असंगत प्रतीत हो। उन्हें लगता है कि जो कुछ कानों को असमतल और खुरदरा लगे, उसी में पुरुषोचित दृढ़ता निहित है। 

दूसरी ओर, कुछ लोग इतनी कोमलता और मधुरता के साथ लिखते हैं कि उनकी रचना वक्तृत्व-कला की अपेक्षा संगीत-रचना जैसी प्रतीत होने लगती है। क्या मुझे उन लोगों का भी उल्लेख करना चाहिए जो कुछ शब्दों को जान-बूझकर बहुत देर तक रोककर रखते हैं और श्रोता को उनकी प्रतीक्षा कराते हुए अंततः उन्हें वाक्य के अंत में लाकर रखते हैं? उस सुगढ़ सिसेरोनियन वाक्य-विन्यास का क्या कहें, जो अपने सुंदर गठन के कारण श्रोता को मधुर प्रतीक्षा में बाँधे रखता है, जब तक कि वह अंत में पूर्ण न हो जाए और जो अपनी निश्चित लय से कभी विचलित नहीं होता? दोष केवल वाक्यों के गठन में ही नहीं होता। दोष तब भी होता है जब विचार निर्बल और बालसुलभ हों या उनमें ऐसा असंयम हो कि वे शालीनता की सीमा से आगे बढ़ जाएँ अथवा वे अत्यधिक अलंकृत और आवश्यकता से अधिक मधुर हों या केवल सुनने में प्रभावशाली लगें, परंतु उनके भीतर कोई वास्तविक सार या अर्थ न हो।

    ऐसे दोषों को प्रायः एक ही ऐसा वक्ता लोकप्रिय बना देता है, जो अपने समय की वक्तृत्व-कला पर प्रभुत्व रखता है। फिर अन्य लोग उसका अनुकरण करते हैं और एक-दूसरे को भी उसी दिशा में प्रभावित करते हैं। उदाहरण के लिए, जब सालुस्त लिख रहे थे, तब अधूरे विचार, वाक्यांशों का अचानक समाप्त हो जाना और रहस्यपूर्ण संक्षिप्तता को उत्कृष्ट शैली का सर्वोच्च आदर्श माना जाता था। लूशियस अर्रुन्तियस, जो अत्यंत संयमी व्यक्ति था और प्यूनिक युद्ध का इतिहासकार भी, सालुस्त का अनुयायी था और उसी प्रकार की शैली में लिखने में विशेष दक्ष था। सालुस्त ने एक स्थान पर लिखा है, “उसने चाँदी के बल पर एक सेना प्राप्त कर ली”; अर्थात उसने धन देकर सेना खरीद ली। अर्रुन्तियस को यह प्रयोग इतना प्रिय लगा कि उसने लगभग प्रत्येक पृष्ठ पर उसका उपयोग किया। एक स्थान पर वह लिखता है, “उन्होंने हमारे सैनिकों की पराजय करवा दी।” दूसरे स्थान पर, “सिराक्यूज़ के राजा हीएरो ने युद्ध खड़ा कर दिया।” और एक अन्य स्थान पर, “इस समाचार ने पानहोर्मस को रोमनों के सामने आत्मसमर्पण करने पर विवश कर दिया।” 

    ये तो केवल कुछ उदाहरण हैं। उसका पूरा ग्रंथ ऐसे प्रयोगों से भरा हुआ है। जो अभिव्यक्तियाँ सालुस्त के यहाँ कभी-कभार मिलती हैं, वही अर्रुन्तियस के यहाँ बार-बार बल्कि लगभग हर जगह दिखाई देती हैं। इसका कारण भी स्पष्ट है। सालुस्त के यहाँ वे स्वाभाविक रूप से आ गई थीं। जबकि अर्रुन्तियस उन्हें जान-बूझकर खोजकर लाता था। तुम देख सकते हो कि जब कोई व्यक्ति किसी दोष को ही अनुकरण का आदर्श बना लेता है, तब क्या होता है। सालुस्त ने एक स्थान पर 'शीतकालीन जल' जैसा प्रयोग किया। अर्रुन्तियस ने प्यूनिक युद्ध के प्रथम ग्रंथ में लिखा, 'ऋतु अचानक शीतकाल बन गई।' दूसरे स्थान पर, यह बताने के लिए कि वर्ष अत्यंत ठंडा था। उसने लिखा, 'पूरा वर्ष शीतकाल बना रहा।' और एक अन्य स्थान पर, 'तब उसने साठ मालवाहक जहाज़ भेजे, जिनमें सैनिकों और आवश्यक नाविकों के अतिरिक्त कोई भार नहीं था क्योंकि उत्तर की हवा शीतकाल की तरह चल रही थी।' वह जहाँ भी अवसर मिलता, उस शब्द को ठूँस देता था। 

    सालुस्त ने एक स्थान पर कहा, 'गृहयुद्ध के बीच भी वह सदाचार और न्यायप्रियता की प्रतिष्ठा प्राप्त करने का प्रयत्न करता है।' अर्रुन्तियस स्वयं को रोक नहीं सका और अपने प्रथम ग्रंथ में तुरंत लिख बैठा कि रेगुलस की 'प्रतिष्ठा' अत्यंत महान थी। इस प्रकार के दोष और ऐसे अन्य दोष जो केवल अनुकरण से प्राप्त होते हैं। आत्म-विलास या पतित मन के लक्षण नहीं हैं। किसी व्यक्ति के स्वभाव का अनुमान केवल उसके अपने दोषों से लगाया जा सकता है। उन दोषों से जो उसके अपने व्यक्तित्व से उत्पन्न होते हैं। जब वह क्रोधित होता है तो उसकी भाषा भी क्रोधपूर्ण हो जाती है। जब वह व्याकुल होता है तो उसकी भाषा भी अत्यधिक उग्र हो जाती है; और जब वह आडंबरप्रिय तथा बनावटी होता है तो उसकी भाषा भी शिथिल, ढीली और निर्बल हो जाती है।

    उन लोगों पर ध्यान दीजिए जिन्हें आप देखते हैं। जो अपनी दाढ़ी के सारे या अधिकांश बाल उखाड़ डालते हैं या केवल होंठों के चारों ओर का थोड़ा-सा भाग साफ़ रखते हैं और शेष बाल बढ़ने देते हैं। जो अत्यंत भड़कीले रंगों के चोगे पहनते हैं या बहुत ढीले बुने हुए टोगा धारण करते हैं। वे ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहते जो लोगों की दृष्टि से ओझल रह जाए। उनकी इच्छा केवल लोगों का ध्यान आकर्षित करने और सबकी निगाहें अपनी ओर खींचने की होती है। लोग उनकी निंदा करें, इसकी उन्हें परवाह नहीं। उनके लिए इतना ही पर्याप्त है कि वे चर्चा का विषय बने रहें। मेसेनास और उन सभी लेखकों की गद्य-शैली भी ऐसी ही है, जो भूलवश नहीं बल्कि जान-बूझकर और सोच-समझकर त्रुटियाँ करते हैं। यह किसी गहरे मानसिक दोष का परिणाम है। जिस प्रकार शराब पीने पर वाणी तब तक लड़खड़ाने नहीं लगती जब तक कि उसका भार मन पर हावी होकर उसे डगमगा न दे या परास्त न कर दे, उसी प्रकार उसकी गद्य-शैली का यह उन्माद, इसे और क्या कहा जाए? किसी व्यक्ति को तब तक प्रभावित नहीं करता, जब तक उसका मन पहले ही विचलित न हो चुका हो। इसलिए हमें सबसे अधिक अपने मन की रक्षा करनी चाहिए क्योंकि अर्थ, वाणी, आचरण, मुखमुद्रा और चाल, सब उसी से उत्पन्न होते हैं। यदि मन स्वस्थ और संतुलित है तो उसकी भाषा भी दृढ़, सशक्त और पुरुषार्थपूर्ण होगी। पर यदि मन ही डगमगा जाए, तो उसके साथ शेष सब कुछ भी बिखर जाता है। जब तक उनके राजा की रक्षा होती है, तब तक सब एकचित्त रहते हैं। परंतु यदि वह नष्ट हो जाए तो वे अपनी निष्ठा भी त्याग देते हैं।

    मन हमारा राजा है। जब तक वह सुरक्षित और अक्षुण्ण रहता है, तब तक हमारे अन्य सभी अंग अपना-अपना कार्य भली-भाँति करते हैं तथा उसके प्रति आज्ञाकारी और अधीन बने रहते हैं। परंतु यदि वही डगमगाने लगे तो वे भी अस्थिर हो जाते हैं। यदि वह सुख-भोग के आगे समर्पण कर दे तो उसकी समस्त योग्यताएँ और क्रियाशीलता मुरझा जाती हैं। उसका प्रत्येक प्रयत्न शिथिलता और आलस्य का परिचायक बन जाता है।

    चूँकि मैंने यह उपमा दी है। इसलिए इसे आगे भी बढ़ाता हूँ। हमारा मन कभी राजा होता है और कभी अत्याचारी। जब वह सम्माननीय और सदाचारी आचरण की ओर उन्मुख रहता है, अपने संरक्षण में दिए गए शरीर के कल्याण की चिंता करता है और किसी भी निकृष्ट या लज्जाजनक कार्य का आदेश नहीं देता, तब वह राजा होता है। परंतु जब वह असंयमी, लोभी और कामुक हो जाता है, तब वह अपने श्रेष्ठ नाम को छोड़कर उस भयानक और घृणित नाम को धारण कर लेता है और अत्याचारी बन जाता है। 

    तब उच्छृंखल भावनाएँ उस पर अधिकार कर लेती हैं और उसे अपने भार से दबा देती हैं। आरंभ में वह निश्चय ही प्रसन्न होता है, ठीक उसी प्रकार जैसे जनता तब प्रसन्न होती है जब उसे ऐसा दान या अनुग्रह मिलता है जो अंततः उसी के लिए हानिकारक सिद्ध होता है और वह बिना किसी वास्तविक लाभ के पेट भरकर खाती है, लालच में ऐसी वस्तुओं पर भी टूट पड़ती है जिन्हें वह वास्तव में उपभोग नहीं कर सकती। किन्तु जब इस अत्याचारी की बीमारी धीरे-धीरे उसकी शक्ति को क्षीण कर देती है और भोग-विलास का विष उसकी हड्डियों और स्नायुओं तक पहुँच जाता है, तब वह उन लोगों को देखकर आनंद लेने लगता है जिन्हें उसने अपनी ही असीम लालसा के कारण अपने समान निष्प्रयोज्य बना दिया है। वह स्वयं भोग करने में असमर्थ होकर दूसरों के भोग-विलास को देखकर परोक्ष सुख प्राप्त करता है और उनकी वासनाओं का सहभागी तथा साक्षी बन जाता है, क्योंकि अतिभोग ने उससे स्वयं भोग करने की क्षमता ही छीन ली होती है। 

    यद्यपि उसके सामने सुख-सुविधाओं और भोग की वस्तुओं की कोई कमी नहीं होती, फिर भी उनसे उसे संतोष की अपेक्षा अधिक पीड़ा मिलती है क्योंकि वह उन सबका पूरा उपभोग नहीं कर सकता। वह उन सभी भोग-विलासों को अपने कंठ और उदर से नहीं गुज़ार सकता। न ही वह सुंदर युवकों और स्त्रियों की पूरी भीड़ के साथ अपनी वासनाओं की तृप्ति कर सकता है। वस्तुतः उसे इस बात का दुख होता है कि शरीर की सीमित क्षमता के कारण उसके सुख का बड़ा भाग उसकी पहुँच से बाहर रह जाता है।

    प्रिय लूसीलियस, क्या यह पागलपन नहीं है? हममें से कोई भी स्वयं को नश्वर नहीं समझता। कोई भी स्वयं को दुर्बल नहीं मानता बल्कि हममें से कोई यह भी नहीं सोचता कि वह केवल एक ही व्यक्ति है। हमारे रसोईघरों को देखिए, जहाँ कितने ही चूल्हे जल रहे हैं और रसोइए इधर-उधर दौड़ते हुए भोजन बनाने में लगे हैं। क्या यह विश्वास किया जा सकता है कि यह सारा कोलाहल केवल एक ही पेट के लिए भोजन तैयार कर रहा है? हमारे मदिरा-भंडारों को देखिए, जहाँ अनेक पीढ़ियों की पुरानी मदिराओं से भरे हुए भंडारगृह हैं। क्या यह विश्वास किया जा सकता है कि इतने वर्षों और इतने प्रदेशों की मदिराएँ केवल एक ही पेट के उपभोग के लिए संचित की गई हैं? देखिए, कितने विशाल क्षेत्रों में भूमि जोती जा रही है, कितने हजारों किसान हल चला रहे हैं और कुदाल चला रहे हैं। क्या यह विश्वास किया जा सकता है कि सिसिली और उत्तर अफ्रीका, दोनों स्थानों के खेत केवल एक ही पेट के लिए बोए जा रहे हैं? हम पूर्णतः स्वस्थ और संतुलित कब होंगे? हम अपनी इच्छाओं को संयमित कब करेंगे? तब, जब हममें से प्रत्येक स्वयं का सही आकलन करेगा, अपने शरीर की सीमाओं को समझेगा।  यह जान लेगा कि वह वास्तव में कितना कम धारण कर सकता है और कितने थोड़े समय के लिए।किन्तु प्रत्येक प्रकार के आत्मसंयम की दिशा में आपको जितनी सहायता इस विचार से मिलेगी कि जीवन अल्प है और उसका जो थोड़ा-सा भाग हमारे पास है, वह भी अनिश्चित है, उतनी किसी अन्य बात से नहीं मिलेगी।अपने प्रत्येक कर्म में मृत्यु को अपनी दृष्टि के सामने रखिए।


अभी के लिए विदा 

Tuesday, 4 August 2026

न्याय के बारे में -- पत्र - 111

प्रिय लूसीलियस 


तुम चाहते हो कि मैं उस प्रश्न पर अपना मत तुमको भेजूँ जिस पर हमारे विद्यालय में बहस चलती रही है कि क्या न्याय, साहस, विवेक और अन्य सद्गुण सजीव प्राणी हैं। प्रिय लूसीलियस, इस प्रकार की सूक्ष्म चर्चाओं ने लोगों को यह सोचने पर विवश कर दिया है कि हम अपने मन को तुच्छ विषयों में उलझाते हैं और अपना अवकाश ऐसे वाद-विवादों में नष्ट करते हैं जिनसे कोई लाभ नहीं होता। मैं तुम्हारे अनुरोध का पालन करूँगा और हमारे मत-पंथ का सिद्धांत प्रस्तुत करूँगा। लेकिन पहले ही बता दूँ कि इस विषय में मेरा मत भिन्न है। मेरा विचार है कि कुछ विषय केवल उन्हीं लोगों के लिए उपयुक्त हैं जो यूनानी जूते और चोगे पहनने का शौक रखते हैं। अतः मैं तुमको बताऊँगा कि हमारे पूर्ववर्तियों को किन तर्कों ने प्रेरित किया था या यों कहें कि वे स्वयं कौन-से तर्क प्रस्तुत करते थे। मन एक सजीव सत्ता है। इसमें कोई विवाद नहीं है क्योंकि मन ही हमें सजीव प्राणी बनाता है और 'सजीव प्राणी' (animalia) शब्द भी उसी से व्युत्पन्न है। परन्तु सद्गुण तो केवल एक निश्चित प्रकार से व्यवस्थित मन है। अतः सद्गुण एक सजीव प्राणी है।



    फिर एक और तर्क प्रस्तुत किया जाता है।  सद्गुण कोई कार्य करता है। परन्तु किसी भी कार्य का संपादन प्रेरणा के बिना नहीं हो सकता। अतः, क्योंकि सद्गुण में प्रेरणा है और प्रेरणा केवल किसी सजीव प्राणी में ही होती है। इसलिए सद्गुण एक सजीव प्राणी है। कोई यह आपत्ति कर सकता है, “यदि सद्गुण एक सजीव प्राणी है, तो क्या स्वयं सद्गुण में भी सद्गुण होगा?” क्यों नहीं होगा? जिस प्रकार बुद्धिमान व्यक्ति प्रत्येक कार्य सद्गुण के माध्यम से करता है, उसी प्रकार सद्गुण भी अपने कार्य स्वयं अपने ही माध्यम से करता है।

    “यदि ऐसा है, तो सभी कलाएँ भी सजीव प्राणी होंगी। इसी प्रकार वे सभी बातें भी जिन्हें हम अपने मन में विचारते और धारण करते हैं। तब तो यह निष्कर्ष निकलेगा कि हमारे वक्ष की संकीर्ण सीमा के भीतर हजारों सजीव प्राणी निवास कर रहे हैं और हममें से प्रत्येक व्यक्ति या तो असंख्य सजीव प्राणियों का समूह है अथवा अपने भीतर ऐसे असंख्य सजीव प्राणियों को धारण किए हुए है।” क्या आपको आश्चर्य है कि इस आपत्ति का उत्तर कैसे दिया जाए? यद्यपि इनमें से प्रत्येक एक सजीव प्राणी होगा, फिर भी वे सजीव प्राणियों की बहुलता नहीं होंगे। यह कैसे? यदि तुम पूरे ध्यान और एकाग्रता से सुनोगे तो मैं बताता हूँ। 

    प्रत्येक सजीव प्राणी का अपना पृथक् द्रव्य या अस्तित्व होना चाहिए। परन्तु जिन सजीव प्राणियों की तुम बात कर रहे हो, उनमें प्रत्येक का केवल एक ही मन है। इसलिए उनमें से प्रत्येक केवल एक ही सजीव प्राणी हो सकता है, अनेक सजीव प्राणी नहीं। मैं स्वयं भी एक सजीव प्राणी हूँ और एक मनुष्य भी हूँ। फिर भी तुम यह नहीं कहोगे कि हम दो हैं। ऐसा क्यों नहीं? क्योंकि दो होने के लिए दोनों का एक-दूसरे से पृथक् होना आवश्यक है। मेरा आशय यह है कि एक का दूसरे से अलग अस्तित्व होना चाहिए। तभी वे दो कहलाएँगे। जो कुछ एक ही सत्ता में अनेक रूपों में विद्यमान होता है, वह एक ही प्रकृति के अधीन होता है। इसलिए वह एक ही माना जाता है। मेरा मन एक सजीव प्राणी है और मैं भी एक सजीव प्राणी हूँ। फिर भी हम दो नहीं हैं। ऐसा क्यों? क्योंकि मेरा मन मेरा ही एक अंग है। कोई वस्तु तभी अपने आप में पृथक् गिनी जाती है जब उसका स्वतंत्र अस्तित्व हो। जब तक वह किसी अन्य वस्तु का एक घटक बनी रहती है, तब तक उसे एक भिन्न वस्तु नहीं माना जा सकता। ऐसा क्यों? क्योंकि जो वस्तु वास्तव में भिन्न है, उसका अपना स्वतंत्र अस्तित्व होना चाहिए। उसका अपना विशिष्ट गुण होना चाहिए। वह अपने आप में पूर्ण होनी चाहिए।

    मैंने पहले ही तुमको सावधान कर दिया था कि इस विषय में मेरा मत भिन्न है। यदि इस सिद्धांत को स्वीकार कर लिया जाए तो केवल सद्गुण ही नहीं बल्कि उनके विपरीत दोष भी सजीव प्राणी माने जाएँगे। साथ ही क्रोध, भय, शोक तथा अविश्वास जैसे मनोवेग भी। बात यहीं नहीं रुकेगी। प्रत्येक मत और प्रत्येक विचार भी सजीव प्राणी ठहराया जाएगा। यह बात किसी भी प्रकार स्वीकार करने योग्य नहीं है। मनुष्य द्वारा किया गया प्रत्येक कार्य स्वयं मनुष्य नहीं होता। कोई पूछ सकता है, “न्याय क्या है?” उत्तर है, एक विशेष प्रकार से व्यवस्थित मन। “तो यदि मन एक सजीव प्राणी है क्या न्याय भी सजीव प्राणी होगा?” बिल्कुल नहीं। 

    न्याय मन की एक अवस्था है। उसकी एक विशिष्ट क्षमता है। एक ही मन अनेक प्रकार की अवस्थाओं और रूपों को धारण करता है। किन्तु जब-जब वह कोई भिन्न कार्य करता है, तब-तब वह कोई नया सजीव प्राणी नहीं बन जाता। इसी प्रकार, मन द्वारा किया गया प्रत्येक कार्य भी सजीव प्राणी नहीं होता। यदि न्याय एक सजीव प्राणी है। इसी प्रकार साहस तथा अन्य सभी सद्गुण भी तो क्या वे कभी सजीव प्राणी होना छोड़ देते हैं और फिर से बन जाते हैं अथवा वे सदा ही ऐसे बने रहते हैं? सद्गुणों का तो अंत नहीं हो सकता। यदि ऐसा है तो इस एक ही मन के भीतर अनेक बल्कि असंख्य सजीव प्राणी निरंतर विचरण कर रहे होंगे।

    कोई यह कह सकता है, “वे अनेक नहीं हैं क्योंकि वे एक ही सत्ता से जुड़े हुए हैं। वे उसी एक सत्ता के अंग और उसके घटक हैं।” तो क्या हम अपने मन की कल्पना उसी प्रकार कर रहे हैं जैसी हाइड्रा (बहुत से सिरों वाला यूनानी पौराणिक राक्षस) की होती है जिसके प्रत्येक सिर अपने-आप लड़ता है और अपने-आप ही हानि पहुँचाता है? फिर भी उन सिरों में से कोई भी स्वयं एक सजीव प्राणी नहीं है। वे केवल एक सजीव प्राणी के सिर हैं। जबकि स्वयं हाइड्रा एक ही सजीव प्राणी है। इसी प्रकार, किसी ने भी यह नहीं कहा कि काइमेरा (यूनानी पौराणिक राक्षस जिसके सिर कई पशुओं से मिलकर बने हैं) के भीतर का सिंह या अजगर स्वयं एक-एक सजीव प्राणी हैं। वे तो उसके अंग हैं और अंग स्वयं सजीव प्राणी नहीं होते। 



    फिर आप किस आधार पर यह निष्कर्ष निकालते हैं कि न्याय एक सजीव प्राणी है? “क्योंकि वह कार्य करता है अर्थात वह उपकार करता है। जो कुछ कार्य करता है और उपकार करता है, उसमें प्रेरणा होती है जिसमें प्रेरणा होती है, वह सजीव प्राणी होता है।” यह तर्क तभी सही है जब वह प्रेरणा उसकी अपनी हो। किन्तु न्याय के मामले में प्रेरणा न्याय की अपनी नहीं बल्कि मन की होती है।


    प्रत्येक सजीव प्राणी अपनी मृत्यु तक अपनी मूल पहचान बनाए रखता है। मनुष्य, जब तक वह जीवित रहता है, मनुष्य ही रहता है। घोड़ा घोड़ा ही रहता है और कुत्ता कुत्ता ही रहता है। वे किसी दूसरी वस्तु में परिवर्तित नहीं हो सकते। मान लीजिए कि न्याय अर्थात एक विशेष प्रकार से व्यवस्थित मन एक सजीव प्राणी है। यदि हम इसे स्वीकार कर लें तो साहस भी एक सजीव प्राणी होगा क्योंकि वह भी एक विशेष प्रकार से व्यवस्थित मन है।परन्तु यह किसका मन है? क्या वही मन, जो अभी कुछ क्षण पहले न्याय था? यदि ऐसा है तो वह मन तो पहले से ही उस पूर्ववर्ती सजीव प्राणी में स्थित है। वह किसी दूसरे सजीव प्राणी में स्थानांतरित नहीं हो सकता। उसे उसी सजीव प्राणी में बने रहना होगा, जिसमें उसने अपना अस्तित्व प्रारम्भ किया था।

    इसके अतिरिक्त, एक ही मन दो सजीव प्राणियों का नहीं हो सकता, अनेक का तो और भी नहीं। यदि न्याय, साहस, आत्मसंयम और अन्य सभी सद्गुण सजीव प्राणी हैं तो वे एक ही मन के अधिकारी कैसे हो सकते हैं? उनमें से प्रत्येक का अपना-अपना मन होना चाहिए। अन्यथा वे सजीव प्राणी नहीं होंगे। अनेक सजीव प्राणियों का एक ही शरीर नहीं हो सकता। इस बात को हमारे प्रतिपक्षी भी स्वीकार करते हैं। न्याय का शरीर क्या है? “मन।” साहस का शरीर क्या है? “वही मन।” किन्तु दो सजीव प्राणियों का एक ही शरीर नहीं हो सकता। वे कहते हैं, “वही एक मन कभी न्याय का रूप धारण करता है, कभी साहस का और कभी आत्मसंयम का।” ऐसा तभी संभव होता, यदि मन न्याय होने के समय साहस न होता। साहस होने के समय आत्मसंयम न होता। किन्तु वास्तव में सभी सद्गुण एक ही समय में विद्यमान रहते हैं। फिर प्रत्येक सद्गुण अलग-अलग सजीव प्राणी कैसे हो सकता है। जबकि मन एक ही है और वह एक से अधिक सजीव प्राणियों की रचना नहीं कर सकता? 

    अंत में, कोई भी सजीव प्राणी किसी दूसरे सजीव प्राणी का अंग नहीं होता। किन्तु न्याय मन का एक अंग है। अतः न्याय सजीव प्राणी नहीं है।

    मुझे लगता है कि मैं ऐसी बात पर परिश्रम व्यर्थ कर रहा हूँ जो स्वयं स्पष्ट है। ऐसी बात जिस पर वाद-विवाद करने के बजाय खीझ प्रकट करनी चाहिए। कोई भी सजीव प्राणी किसी दूसरी वस्तु का अंग नहीं होता। अपने चारों ओर समस्त प्राणियों के शरीरों को देखिए। उनमें से कोई भी अपने विशिष्ट रंग, आकार और परिमाण के बिना नहीं है। दैवी सृष्टिकर्ता की बुद्धि पर आश्चर्य करने के अनेक कारण हैं। उनमें से एक, मेरे विचार से, यह भी है कि इस विशाल सृष्टि में कोई भी वस्तु दूसरी के बिल्कुल समान नहीं बनती। जो वस्तुएँ देखने में एक जैसी प्रतीत होती हैं, वे भी सावधानी से तुलना करने पर भिन्न निकलती हैं। सृष्टिकर्ता ने असंख्य प्रकार की पत्तियाँ बनाई हैं। प्रत्येक की अपनी अलग विशेषता है। उसने असंख्य सजीव प्राणी भी बनाए हैं। किन्तु उनमें से कोई भी दूसरे के ठीक समान आकार का नहीं है। न ही ऐसा है जिसमें कम-से-कम कुछ भिन्नता न हो। सृष्टिकर्ता ने मानो अपने लिए यह नियम निर्धारित किया कि जो वस्तुएँ भिन्न हों, वे रूप और परिमाण में भी एक-दूसरे से भिन्न और असमान हों। परन्तु, जैसा कि तुम स्टोइक कहते हो, सभी सद्गुण समान हैं। अतः वे सजीव प्राणी नहीं हैं। 

    कोई भी सजीव प्राणी ऐसा नहीं होता जो अपने कार्य स्वयं न करता हो। किन्तु सद्गुण अपने-आप कुछ नहीं करता बल्कि वह केवल मनुष्य के साथ मिलकर ही कार्य करता है। सभी सजीव प्राणी या तो विवेकयुक्त होते हैं जैसे, मनुष्य अथवा अविवेकी होते हैं जैसे, जंगली पशु और पालतू मवेशी। सद्गुण निश्चय ही विवेकयुक्त है। किन्तु वह न मनुष्य है और न देवता। अतः वह सजीव प्राणी नहीं है।

    विवेकयुक्त कोई भी सजीव प्राणी तब तक कोई कार्य नहीं करता, जब तक पहले किसी विशेष वस्तु की छाप उसके मन पर न पड़े; फिर उसके भीतर प्रेरणा उत्पन्न न हो; और अंत में उसकी स्वीकृति उस प्रेरणा की पुष्टि न कर दे।

    मैं आपको बताता हूँ कि स्वीकृति क्या है। “मेरे लिए चलना उचित है।” मैं तभी चलता हूँ जब पहले मैं अपने आप से यह कहता हूँ और इस निर्णय को स्वीकार कर लेता हूँ। “मेरे लिए बैठना उचित है।” तभी मैं बैठता हूँ।किन्तु इस प्रकार की स्वीकृति सद्गुण में नहीं पाई जाती। मान लीजिए कि वह सद्गुण विवेक है। तब विवेक इस निर्णय को कैसे स्वीकार करेगा कि “मेरे लिए चलना उचित है”? यह उसके स्वभाव के अनुकूल नहीं है। विवेक अपना ध्यान उस वस्तु के हित पर रखता है जिससे वह संबद्ध है, अपने स्वयं के हित पर नहीं क्योंकि वह स्वयं न चल सकता है और न बैठ सकता है। अतः विवेक में स्वीकृति नहीं होती और जिसमें स्वीकृति नहीं होती, वह विवेकयुक्त सजीव प्राणी नहीं हो सकता। यदि सद्गुण एक सजीव प्राणी है तो वह विवेकयुक्त सत्ता होगी। किन्तु वह ऐसी विवेकयुक्त सत्ता नहीं है। अतः वह सजीव प्राणी नहीं है। यदि सद्गुण एक सजीव प्राणी है और प्रत्येक शुभ सद्गुण है तो प्रत्येक शुभ भी एक सजीव प्राणी होगा। हमारा मत-पंथ इस बात को स्वीकार करता है। 

    अपने पिता की रक्षा करना एक शुभ कर्म है। सीनेट में विवेकपूर्वक अपना मत प्रकट करना भी एक शुभ कर्म है और न्यायपूर्वक निर्णय देना भी एक शुभ कर्म है। अतः अपने पिता की रक्षा करना भी एक सजीव प्राणी होगा और विवेकपूर्वक अपना मत प्रकट करना भी। यह तर्क इतनी दूर तक पहुँच जाएगा कि आप हँसे बिना नहीं रह सकेंगे। विवेकपूर्वक मौन रहना भी एक शुभ कर्म है और उत्तम प्रकार से भोजन करना भी। अतः मौन रहना और भोजन करना भी सजीव प्राणी ठहरेंगे। निस्संदेह, मैं इन पांडित्यपूर्ण असंगतियों के साथ परिहास करना और उनका उपहास उड़ाना बंद नहीं करूँगा। यदि न्याय और साहस सजीव प्राणी हैं, तो वे निश्चय ही पृथ्वी पर रहने वाले सजीव प्राणी होंगे। प्रत्येक पृथ्वीवासी सजीव प्राणी बीमार पड़ता है, भूखा होता है और प्यासा भी होता है। अतः न्याय भी बीमार पड़ेगा, साहस भी भूखा होगा और दया भी प्यासी होगी।

    मुझे आगे उनसे यह भी पूछना चाहिए कि इन सजीव प्राणियों का आकार कैसा है। क्या उनका रूप मनुष्य जैसा है या घोड़े जैसा अथवा किसी जंगली पशु जैसा? यदि वे उन्हें देवताओं के समान गोलाकार बताएँ तो मैं पूछूँगा कि क्या लोभ, विलासिता और उन्माद भी उसी प्रकार गोलाकार हैं? क्योंकि उनके अनुसार वे भी सजीव प्राणी हैं। यदि वे उन्हें भी गोलाकार मान लें तो मैं यह भी पूछूँगा कि क्या विवेकपूर्वक चलना भी एक सजीव प्राणी है। उन्हें इसे भी स्वीकार करना पड़ेगा। फिर यह भी कहना पड़ेगा कि चलना एक सजीव प्राणी है और वह भी गोलाकार। 

    तुमको यह नहीं समझना चाहिए कि मैं हमारे मत-पंथ का पहला व्यक्ति हूँ जो तत्काल अपने विचार प्रस्तुत कर रहा है और अपना स्वतंत्र मत रखता है। क्लीन्थीस और क्राइसिपस भी इस बात पर सहमत नहीं थे कि ‘चलना’ वास्तव में क्या है। क्लीन्थीस का कहना है कि यह वह प्राणवायु है जो प्रधान नियामक शक्ति (directive faculty) से पैरों तक फैलती है। जबकि क्राइसिपस का मत है कि चलना स्वयं वही प्रधान नियामक शक्ति है। तो फिर, क्राइसिपस के उदाहरण का अनुसरण करते हुए, प्रत्येक व्यक्ति अपनी विचार-स्वतंत्रता का प्रयोग क्यों न करे और इन सजीव प्राणियों का उपहास क्यों न उड़ाए, जिनकी संख्या इतनी अधिक है कि स्वयं यह संसार भी उन्हें समाहित नहीं कर सकता?

    प्रतिपक्षी कहता है, “सद्गुण अनेक सजीव प्राणी नहीं हैं हालाँकि वे सजीव प्राणी हैं। जिस प्रकार कोई व्यक्ति एक ही समय में कवि भी हो सकता है और वक्ता भी, फिर भी वह एक ही व्यक्ति रहता है, उसी प्रकार ये सद्गुण सजीव प्राणी तो हैं। परन्तु अनेक सजीव प्राणी नहीं हैं। एक ही मन, प्रत्येक सद्गुण के संबंध में एक विशेष प्रकार से व्यवस्थित होने के कारण, न्यायशील भी होता है, विवेकशील भी और साहसी भी।” विवाद यहीं समाप्त हो जाता है। अब हम सहमत हैं। क्योंकि मैं भी फिलहाल यह स्वीकार कर लेता हूँ कि मन एक सजीव प्राणी है। इस विषय में अपना अंतिम निर्णय मैं बाद के लिए स्थगित रखता हूँ। किन्तु मैं यह स्वीकार नहीं करता कि मन के कार्य स्वयं सजीव प्राणी हैं। यदि ऐसा मान लिया जाए तो प्रत्येक शब्द भी सजीव प्राणी होगा और कविता की प्रत्येक पंक्ति भी। यदि विवेकपूर्ण वाणी एक शुभ है और प्रत्येक शुभ एक सजीव प्राणी है तो वाणी भी एक सजीव प्राणी होगी। इसी प्रकार, यदि विवेकपूर्ण काव्य-पंक्ति एक शुभ है और प्रत्येक शुभ एक सजीव प्राणी है तो कविता की एक पंक्ति भी सजीव प्राणी होगी। तब तो 'मैं शस्त्रों और उस पुरुष का गान करता हूँ' भी एक सजीव प्राणी ठहरेगा। किन्तु वे उसे गोलाकार सजीव प्राणी नहीं कह सकते क्योंकि उसके छह चरण हैं।

    “भगवान के लिए!” तुम कहोगे, “इस समय मैं कैसी उलझी हुई जाल-बुनाई कर रहा हूँ!” मैं तो यह कल्पना करके ही हँस पड़ता हूँ कि भाषिक अशुद्धियाँ (solecisms), अपभ्रष्ट शब्द (barbarisms) और न्याय-तर्क (syllogisms) भी सजीव प्राणी हैं। किसी चित्रकार की भाँति मैं उन्हें उपयुक्त मुखाकृतियाँ भी दे देता हूँ। क्या वास्तव में हम भौंहें चढ़ाकर और माथे पर बल डालकर इसी प्रकार की बातों पर विचार कर रहे हैं? क्या मैं कैसिलियस के शब्दों में यह नहीं कह सकता, “क्या ही गंभीर मूर्खता है!” यह सब नितांत हास्यास्पद है। अतः आओ, इसके स्थान पर ऐसी बातों की ओर ध्यान दें जो हमारे लिए उपयोगी और कल्याणकारी हों। आओ यह विचार करें कि हम सद्गुणों तक कैसे पहुँच सकते हैं और कौन-सा मार्ग हमें वहाँ ले जाएगा। 

    मुझे यह मत सिखाओ कि साहस एक सजीव प्राणी है या नहीं बल्कि यह सिखाओ कि साहस के बिना कोई भी सजीव प्राणी सुखी नहीं हो सकता। अर्थात जब तक वह आकस्मिक घटनाओं का सामना करने की शक्ति प्राप्त नहीं कर लेता और प्रत्येक संभावित परिस्थिति पर पहले से विचार करके उनके घटित होने से पहले ही उन पर विजय प्राप्त नहीं कर लेता। साहस क्या है? यह मानव की दुर्बलता का अभेद्य दुर्ग है। जो व्यक्ति अपने को इससे सुरक्षित कर लेता है, वह जीवनरूपी घेराबंदी को शांतचित्त होकर सहन कर सकता है क्योंकि वह अपनी ही शक्ति और अपने ही शस्त्रों का उपयोग करता है। इस प्रसंग में मैं तुमको हमारे स्टोइक दार्शनिक पोसिडोनियस का मत बताना चाहता हूँ—

“यह कभी मत समझो कि भाग्य के दिए हुए शस्त्र तुम्हें सुरक्षित रखेंगे। भाग्य का सामना अपने ही शस्त्रों से करो। भाग्य मनुष्य को भाग्य के विरुद्ध लड़ने के लिए शस्त्र नहीं देता। इसलिए जो लोग शत्रु का सामना करने के लिए सुसज्जित होते हैं, वे प्रायः भाग्य का सामना करने के लिए निःशस्त्र रह जाते हैं।”

    यह सत्य है कि सिकन्दर ने फ़ारसियों, हाइरकेनियों, भारतीयों तथा पूर्व से पश्चिम तक फैली हुई अनेक जातियों को पराजित कर उनके राज्यों का विनाश कर दिया था। किन्तु स्वयं वह एक मित्र की हत्या करने के बाद और दूसरे मित्र को खो देने के बाद अंधकारमय निराशा में पड़ा रहा, कभी अपने अपराध पर शोक करता और कभी अपने वियोग पर। इतने अधिक राजाओं और राष्ट्रों का विजेता भी क्रोध और विषाद से पराजित हो गया। उसने अपनी वासनाओं को छोड़कर शेष सब पर अधिकार करने का प्रयास किया। 

    जो लोग समुद्रों के पार तक अपने साम्राज्य का विस्तार करने की लालसा रखते हैं और अपने को तभी अत्यन्त भाग्यशाली समझते हैं जब उनकी सेनाएँ अनेक प्रान्तों पर अधिकार कर लें तथा पुराने राज्यों में नए प्रदेश जोड़ दें, वे कितनी बड़ी भूल करते हैं! वे उस राज्य से अनभिज्ञ रहते हैं जो देवत्व के समान महान है। अपने ऊपर शासन करना और यही सभी प्रकार के शासन में सबसे महान शासन है। मुझे उस न्याय की पवित्रता का उपदेश दो जो दूसरों के हित का ध्यान रखता है और अपने लिए केवल इतना ही चाहता है कि उसे कार्य करने का अवसर मिलता रहे। उसका स्वार्थ और यश-लिप्सा से कोई संबंध न हो। वह अपने-आप में ही संतुष्ट रहे। 

    सबसे बढ़कर, प्रत्येक व्यक्ति को अपने मन में इस सिद्धांत को दृढ़तापूर्वक स्थापित कर लेना चाहिए। “मुझे किसी पुरस्कार की अपेक्षा किए बिना न्यायशील होना चाहिए।” नहीं, केवल इतना ही पर्याप्त नहीं है। उसे अपने-आप को इस बात के लिए भी तैयार करना चाहिए कि वह इस परम सुंदर सद्गुण के लिए उदारतापूर्वक अपना सर्वस्व अर्पित करने में आनंद अनुभव करे। उसके सभी विचार यथासंभव व्यक्तिगत लाभ से दूर रहने चाहिए। तुम्हें किसी न्यायपूर्ण कर्म के प्रतिफल की ओर नहीं देखना चाहिए। क्योंकि न्यायपूर्ण कर्म करने का सबसे बड़ा पुरस्कार स्वयं न्यायपूर्ण कर्म करना ही है।

    मैंने थोड़ी देर पहले जो बात तुम्हें बताई थी, उसी पर निरंतर ध्यान लगाए रखो। तुम्हारी निष्पक्षता और न्यायप्रियता से कितने लोग परिचित हैं, इसका कोई महत्व नहीं है। जो लोग चाहते हैं कि उनके सद्गुणों का प्रचार हो, वे वास्तव में सद्गुण के लिए नहीं बल्कि यश के लिए प्रयत्न करते हैं। क्या तुम बिना प्रसिद्धि पाए भी न्यायशील रहने को तैयार नहीं हो? वास्तव में, अनेक अवसर ऐसे आएँगे जब तुम्हें न्यायशील होने के साथ-साथ अपयश भी सहना पड़ेगा। यदि तुम बुद्धिमान हो तो अपने उत्तम आचरण के कारण प्राप्त हुई उस बदनामी में भी प्रसन्नता का अनुभव करोगे।


अभी के लिए विदा 

एक दुर्बल स्वभाव के व्यक्ति के बारे में -- पत्र - 110 ( (Hindi Translation of Seneca's Letters) )

 प्रिय लूसीलियस 


मैं सचमुच चाहता हूँ कि तुम्हारा मित्र वैसा ही बने जैसा तुम चाहते हो। मैंने उसके सुधार का कार्य आरम्भ भी कर दिया है। किन्तु वह अत्यन्त कठिन स्वभाव का सिद्ध हो रहा है बल्कि बात इससे भी अधिक गंभीर है। वह कठोर नहीं बल्कि अत्यन्त दुर्बल स्वभाव का व्यक्ति है, जिसे बहुत पुराने और गहरे जमे हुए दुर्व्यसनों ने भ्रष्ट कर दिया है।


By Asakusa-born Hayami

    मेरे एक प्रिय शौक से एक उदाहरण लेने दो। हर बेल पर कलम नहीं चढ़ाई जा सकती। यदि बेल बहुत पुरानी और गाँठदार हो गई हो अथवा दुर्बल और पतली हो तो वह या तो नई शाखा को स्वीकार ही नहीं करती या यदि स्वीकार भी कर ले तो उसका पोषण नहीं कर पाती। फलतः वह उससे ठीक प्रकार जुड़ नहीं पाती और न ही उसके गुण और स्वभाव को अपनाती है। इसी कारण हम प्रायः पहला चीरा भूमि के ऊपर लगाते हैं ताकि यदि बेल अनुकूल प्रतिक्रिया न दे तो हम दूसरी बार भूमि के नीचे कलम लगाकर पुनः प्रयास कर सकें। 

    जिस व्यक्ति के विषय में तुम मुझे इतने निर्देशों के साथ लिख रहे हो, उसमें आन्तरिक शक्ति का अभाव है। उसने अपने दोषों को खुली छूट दे रखी है। वह एक ही समय में निर्बल भी है और जड़ भी। इसलिए वह न तो तर्क को ग्रहण कर सकता है और न ही उसका पोषण कर सकता है। “किन्तु वह स्वयं भी तो यही चाहता है।” इस बात पर विश्वास मत करो। मेरा यह अर्थ नहीं कि वह तुमसे असत्य कह रहा है बल्कि वह स्वयं यह समझता है कि वह ऐसा चाहता है। अभी वह भोग-विलास से ऊब गया है। पर शीघ्र ही उससे फिर मेल-मिलाप कर लेगा। 

    “लेकिन वह कहता है कि वह अपने जीवन-ढंग से ऊब चुका है।” इसमें कोई संदेह नहीं। पर ऐसा कौन है जो कभी अपने जीवन-ढंग से ऊबा न हो? लोग अपने दोषों से प्रेम भी करते हैं और उनसे घृणा भी करते हैं। इसलिए उसके विषय में अभी कोई निर्णय सुरक्षित रखो, जब तक वह अपने आचरण से यह प्रमाणित न कर दे कि वह और भोग-विलास वास्तव में एक-दूसरे के शत्रु बन चुके हैं। इस समय तो केवल इतना ही है कि दोनों के बीच अस्थायी अनबन चल रही है।


अभी के लिए विराम 

दर्शन को अपनाने वाले व्यक्ति के बारे में -- पत्र - 109

 प्रिय लूसीलियस 


तुमने मुझसे पूछा था कि यूनानी शब्द सोफिस्मैटा (sophismata) के लिए लैटिन में क्या शब्द है। इसके लिए अनेक शब्द गढ़ने के प्रयास किए गए हैं किन्तु कोई एक शब्द सर्वमान्य नहीं हो पाया। न तो हमें वास्तव में ऐसे कुतर्क प्रिय हैं और न ही हम उनका उपयोग करते हैं। इसलिए उनके लिए प्रयुक्त शब्द भी हमें विशेष पसंद नहीं है। मेरे विचार से सिसेरो द्वारा प्रयुक्त शब्द 'कुतर्क' (cavillationes) सबसे उपयुक्त है। जो लोग इन कुतर्कों में उलझे रहते हैं, वे सचमुच ऐसे प्रश्न गढ़ लेते हैं जो लोगों को उलझन में डाल दें किन्तु इससे उनका जीवन तनिक भी बेहतर नहीं बनता। न वे अधिक साहसी बनते हैं, न अधिक संयमी और न ही उनका चरित्र अधिक उदात्त होता है।



    इसके विपरीत, जब कोई व्यक्ति स्वयं के उपचार के लिए दर्शन को अपनाता है, तब उसका मन विशाल हो जाता है और उसके व्यक्तित्व से आत्मविश्वास झलकने लगता है। उसके जितना निकट जाओ, उसकी श्रेष्ठता उतनी ही अधिक प्रभावशाली प्रतीत होती है। यह ठीक वैसे ही है जैसे ऊँचे पर्वतों के साथ होता है। दूर से उनकी ऊँचाई उतनी स्पष्ट नहीं दिखाई देती। परन्तु निकट पहुँचने पर उनका वास्तविक विराट स्वरूप पूर्णतः प्रकट हो जाता है। प्रिय लूसीलियस, वास्तविक दार्शनिक भी ऐसा ही होता है। वह जो सचमुच दर्शन का जीवन जीता है, न कि छल-कपट या शब्द-कौशल के सहारे। वह एक ऊँचे शिखर पर स्थित होता है, अद्भुत, उन्नत और वास्तव में महान। वह कृत्रिम उपायों से अपनी ऊँचाई नहीं बढ़ाता, न ही पंजों के बल खड़े होकर स्वयं को वास्तविकता से अधिक ऊँचा दिखाने का प्रयास करता है। वह अपने वास्तविक कद से ही संतुष्ट रहता है। वह संतुष्ट क्यों न हो? वह उस ऊँचाई तक पहुँच चुका है जहाँ तक भाग्य का हाथ भी नहीं पहुँच सकता। इसलिए वह सामान्य मानवीय परिस्थितियों से ऊपर उठ जाता है और हर स्थिति में स्वयं के प्रति समान बना रहता है, चाहे उसका जीवन सहज रूप से आगे बढ़े या बाधाओं और कठिनाइयों से जूझता हुआ आगे बढ़े। ऐसी अटल स्थिरता उन कुतर्कों से प्राप्त नहीं हो सकती जिनकी चर्चा मैं कुछ समय पहले कर रहा था। मन उनसे खेलता अवश्य है किन्तु उससे कोई लाभ नहीं होता बल्कि वे दर्शन को उसकी ऊँची प्रतिष्ठा से गिराकर साधारण धरातल पर ले आते हैं। 

    मैं तुम्हें कभी-कभी ऐसे अभ्यास में लगे रहने से नहीं रोकूँगा। पर केवल तब, जब तुम्हारे पास करने के लिए कोई अधिक महत्त्वपूर्ण कार्य न हो। किन्तु उनमें एक बड़ी बुराई यह है कि वे अपनी दिखावटी सूक्ष्मता से हमें आकर्षित कर लेते हैं, हमारा ध्यान बाँधे रखते हैं और हमें विलम्ब में डाल देते हैं। जबकि उसी समय हमें कहीं अधिक गंभीर और महत्त्वपूर्ण विषय बुला रहे होते हैं। वास्तव में, पूरे जीवन की अवधि भी केवल यह एक बात सीखने के लिए पर्याप्त नहीं पड़ती कि जीवन को स्वयं कोई अत्यधिक महत्त्व की वस्तु न समझा जाए। “तो क्या जीवन का संचालन अपने हाथ में ले लेना चाहिए?” तुम पूछते हो। हाँ, पर वह दूसरा कार्य है। अपने जीवन पर पूर्ण अधिकार किसी ने भी तब तक प्राप्त नहीं किया, जब तक उसने पहले स्वयं जीवन से अत्यधिक आसक्ति करना छोड़ नहीं दिया।


अभी के लिए विदा 

ज्ञान का पुनरावलोकन करने एवं सीमित आवश्यकता के बारे में -- पत्र - 108

 प्रिय लूसीलियस 


मैं तुम्हें नोमेन्टम स्थित अपने ग्रामीण निवास से शुभकामनाएँ भेजता हूँ। मेरी कामना है कि तुम्हारा मन उत्कृष्ट बने। यह कामना वास्तव में देवताओं की कृपा की कामना भी है क्योंकि जो व्यक्ति सचमुच स्वयं पर उपकार करता है, उसे सभी देवताओं की सद्भावना और सहायता भी प्राप्त होती है। फिलहाल उन लोगों की इस धारणा को एक ओर रख दो कि हममें से प्रत्येक को एक संरक्षक देवता प्रदान किया गया है। ऐसा देवता नहीं जो उच्च श्रेणी का हो बल्कि निम्न श्रेणी का, जिन्हें ओविड (एक रोमन कवि) ने 'साधारण देवता' कहा है। फिर भी, इस विचार को अभी के लिए अलग रखते हुए यह स्मरण रखना कि हमारे पूर्वज, जो इस विश्वास को मानते थे, निश्चय ही स्टोइक विचारधारा के निकट रहे होंगे क्योंकि वे प्रत्येक व्यक्ति के लिए एक व्यक्तिगत जीनियस (संरक्षक आत्मा) अथवा स्त्रियों के लिए, एक व्यक्तिगत जूनो (एक शक्तिशाली देवी) को नियुक्त मानते थे। किसी अन्य अवसर पर हम इस प्रश्न पर विचार करेंगे कि क्या देवताओं के पास इतना अवकाश है कि वे सामान्य मनुष्यों के दैनिक कार्यों की भी देखभाल कर सकें। अभी के लिए इतना निश्चित जान लो कि चाहे हमें ऐसे संरक्षक मिले हों या हमें भाग्य के भरोसे छोड़ दिया गया हो, किसी व्यक्ति के लिए सबसे भयंकर अभिशाप यही है कि तुम प्रार्थना करो। वह स्वयं अपना ही शत्रु बन जाए।



    परन्तु तुम्हें यह प्रार्थना करने की कोई आवश्यकता नहीं कि देवता किसी ऐसे व्यक्ति के प्रति शत्रुतापूर्ण हो जाएँ जो दण्ड का अधिकारी प्रतीत होता है। मैं तो कहता हूँ कि वे उसके प्रति पहले से ही प्रतिकूल हैं, चाहे देखने में ऐसा लगे कि वह उनकी कृपा का आनंद ले रहा है। यदि तुम मानव जीवन की परिस्थितियों का सूक्ष्म अध्ययन उन्हें जैसी वे वास्तव में हैं, वैसा करो न कि जैसा उनका वर्णन किया जाता है तो तुम्हें ज्ञात होगा कि अधिकांश अवसरों पर हमारी विपत्तियाँ हमें कोई वास्तविक हानि नहीं पहुँचातीं। कितनी ही बार तथाकथित विपत्ति ही सुख का कारण और आरम्भ सिद्ध हुई है! कितनी ही बार ऐसा हुआ है कि कोई व्यक्ति भारी प्रशंसा और सम्मान के बीच पदोन्नत होता गया, ऊँचे से ऊँचे पद पर पहुँचता गया। जबकि वास्तव में वह किसी खड़ी चट्टान के किनारे की ओर बढ़ रहा था। यहाँ तक कि उसका पहले का स्थान भी इतना ऊँचा था कि वहाँ से गिरने का जोखिम बना हुआ था। 

    किन्तु यदि तुम उस अंतिम सीमा को ध्यान में रखो जिसके आगे प्रकृति किसी को नहीं गिराती तो स्वयं पतन में भी स्वभावतः कुछ भी बुरा नहीं है। हमारे समस्त कार्यों का अंत निकट ही है। मैं फिर कहता हूँ, भाग्यशाली व्यक्ति का पतन भी निकट है और दुर्भाग्यग्रस्त व्यक्ति की मुक्ति भी निकट है। इन्हें लंबा तो हम स्वयं ही बनाते हैं। अपनी आशाओं और भय के कारण हम उन्हें खींचते चले जाते हैं। बुद्धिमानी इसी में है कि प्रत्येक बात का मूल्यांकन अपनी मरणशीलता को ध्यान में रखकर किया जाए। तुम्हें अपने आनंद को भी सीमित रखना चाहिए और अपने भय को भी। किसी भी वस्तु का बहुत लंबे समय तक आनंद न लेना ही उचित है ताकि किसी वस्तु से बहुत लंबे समय तक भयभीत भी न रहना पड़े।

    पर मैं इस दोष को केवल इसी सीमा तक क्यों सीमित करूँ? वास्तव में ऐसा कोई कारण नहीं है कि तुम किसी भी वस्तु को भयावह समझो। जो बातें हमें आतंकित और भयभीत करती हैं, वे केवल भ्रममात्र हैं। हममें से किसी ने भी सत्य का अन्वेषण नहीं किया। हम तो केवल अपने भय एक-दूसरे को सौंपते चले आते हैं। कोई भी इतना साहस नहीं करता कि उन बातों के निकट जाकर, जो लोगों को विचलित करती हैं, स्वयं भय के वास्तविक स्वरूप और उसके वास्तविक महत्व को समझे। भय की असत्यता और आधारहीनता आज भी इसलिए स्वीकार की जाती है क्योंकि किसी ने उसका खण्डन नहीं किया है। इसलिए हमें चाहिए कि तथ्यों की गहराई से जाँच करने के महत्व को समझें। तब हमें ज्ञात होगा कि जिन बातों से लोग डरते हैं, वे अल्पकालिक, अनिश्चित और वास्तव में हानिरहित होती हैं। हमारे मन का भ्रम ठीक वैसा ही है जैसा लुक्रेतियस ने कहा है—

“जैसे बच्चे अँधेरे में उन वस्तुओं से काँपते और डरते हैं जिन्हें वे देख नहीं पाते, वैसे ही हम भी दिन के उजाले में भयभीत रहते हैं।”

    तो फिर क्या? क्या हम, जो दिन के उजाले में भयभीत रहते हैं, किसी भी बच्चे से अधिक मूर्ख नहीं हैं? किन्तु, लुक्रेतियस, इस विषय में तुम भूल करते हो। ऐसा नहीं है कि हम दिन के उजाले में भयभीत होते हैं बल्कि हमने अपने जीवन से सम्बन्ध रखने वाली प्रत्येक वस्तु को अन्धकारमय बना लिया है। हमें कुछ भी स्पष्ट दिखाई नहीं देता न यह कि वास्तव में हमारे लिए क्या हानिकारक है और न यह कि क्या हितकर है। हम जीवन भर बिना सोचे-समझे हर ओर भागते रहते हैं। परन्तु इससे न तो हम रुकते हैं और न ही अधिक सावधानी से कदम बढ़ाना सीखते हैं। तुम स्वयं देख सकते हो कि अँधेरे में उतावलेपन से दौड़ना कितना पागलपन है। हमारे व्यवहार का परिणाम यह होता है कि जब लौटना पड़ता है तो हमें अधिक समय लगता है। किन्तु यह जाने बिना कि हम कहाँ जा रहे हैं, हम उसी दिशा में और अधिक वेग से बढ़ते चले जाते हैं, जिस ओर हमारा अंधा आग्रह हमें ले जा रहा होता है।

    यदि हम चाहें, तो प्रकाश प्राप्त हो सकता है। किन्तु यह केवल एक ही प्रकार से संभव है। मानवीय और दैवीय विषयों का ऐसा ज्ञान प्राप्त करके जो केवल सतही न हो बल्कि मन पर स्थायी रूप से अंकित हो। इसके लिए आवश्यक है कि मनुष्य बार-बार अपने ज्ञान का पुनरावलोकन करे, उसे अपने जीवन में लागू करे और निरन्तर यह जाँचता रहे कि वास्तव में कौन-सी वस्तुएँ अच्छी हैं, कौन-सी बुरी हैं, किन वस्तुओं को भूलवश अच्छा या बुरा कहा जाता है, क्या सम्माननीय है और क्या लज्जाजनक तथा दैवीय विधान (प्रोविडेन्स) का वास्तविक स्वरूप क्या है। मानव बुद्धि को भी इन्हीं सीमाओं तक बँधे रहने की आवश्यकता नहीं है। उसे तो यह स्वतंत्रता प्राप्त है कि वह स्वर्ग-मण्डल की सीमा से भी परे दृष्टि डाले और विचार करे कि यह जगत किस ओर अग्रसर है, इसकी उत्पत्ति कहाँ से हुई है और इतनी तीव्र गति से यह किस अंतिम अवस्था की ओर बढ़ रहा है। 

    किन्तु इस दिव्य चिंतन से अपने मन को हटाकर हमने उसे तुच्छ और निम्न विषयों में लगा दिया है तथा उसे लोभ का दास बना दिया है। हमने आकाश-मण्डल, उसकी सीमाओं और समस्त जगत का संचालन करने वाले उसके अधिपतियों की उपेक्षा कर दी, ताकि पृथ्वी को खोदकर यह खोज सकें कि उसमें से कौन-सी हानिकारक वस्तुएँ निकाली जा सकती हैं; मानो जो कुछ प्रकृति ने हमें सहज रूप से दिया था, उससे हम संतुष्ट ही न हों। हमारे दिव्य जनक ने जो कुछ हमारे लिए हितकारी था, उसे बिना हमारे खोजे ही सहज उपलब्ध करा दिया था। उन्होंने उसकी प्राप्ति के लिए हमें प्रतीक्षा नहीं कराई बल्कि उसे उदारतापूर्वक प्रदान किया। जो कुछ हमारे लिए हानिकारक था, उसे उन्होंने पृथ्वी की गहराइयों में छिपा दिया। इसलिए यदि किसी के विरुद्ध शिकायत की जा सकती है तो वह केवल हम स्वयं हैं। प्रकृति की इच्छा के विरुद्ध, जिसने उन विनाशकारी वस्तुओं को छिपाकर रखा था, हमने ही उन्हें खोजकर अपने विनाश के साधन बाहर निकाल लिए। हमने अपने मन को भोग-विलास के हवाले कर दिया। जबकि भोग-विलास ही सभी विपत्तियों का प्रारम्भ है और स्वयं को महत्त्वाकांक्षा, यश-लालसा तथा अन्य उतनी ही व्यर्थ और निरर्थक वस्तुओं के अधीन कर दिया।

    तो फिर मैं तुम्हें क्या करने की सलाह देता हूँ? यह नहीं कि तुम कोई नई बात करो क्योंकि जिन रोगों का हम उपचार करना चाहते हैं वे नए नहीं हैं। सबसे पहले स्वयं विचार करो कि वास्तव में क्या आवश्यक है और क्या अनावश्यक। जो आवश्यक है, वह हर स्थान पर मिल सकता है। लेकिन अनावश्यक वस्तुओं को प्राप्त करने के लिए ही मनुष्य को अपना सारा समय और परिश्रम लगाना पड़ता है। मैं यह नहीं कहता कि यदि तुम स्वर्णजटित शय्याओं और रत्नजड़ित पात्रों को तुच्छ समझो तो स्वयं पर गर्व करो। अनावश्यक वस्तुओं का तिरस्कार करने में कौन-सा विशेष सद्गुण है? अपने ऊपर तब गर्व करना, जब तुम आवश्यक वस्तुओं की भी अपेक्षा न रखो।राजसी वैभव का त्याग कर देना, विशालकाय जंगली सूअरों के मांस, राजहंसों की जिह्वाओं तथा विलासी भोजन की उन सब अति की इच्छा न करना कोई बहुत बड़ी बात नहीं है। विलासिता की प्रवृत्ति तो इतनी विकृत हो जाती है कि वह अब किसी पूरे प्राणी को खाने में भी संतुष्ट नहीं होती बल्कि विभिन्न प्राणियों के केवल चुने हुए अंगों का स्वाद लेना चाहती है। 

    मैं तुम्हारी प्रशंसा तब करूँगा जब तुम साधारण रोटी की भी परवाह न करोगे और अपने मन को यह विश्वास दिला दोगे कि घास केवल पशुओं के चरने के लिए ही नहीं उगती बल्कि आवश्यकता पड़ने पर मनुष्य के लिए भी भोजन बन सकती है। जब तुम यह समझ जाओगे कि हमारा पेट जिसे हम मानो किसी सुरक्षित भंडार की तरह महँगे व्यंजनों से भरते रहते हैं, वह वृक्षों की पत्तियों से भी भरा जा सकता है। हमें केवल अपनी भूख शांत करनी चाहिए। भोजन के प्रकार को लेकर आग्रह नहीं करना चाहिए। इससे क्या अंतर पड़ता है कि पेट में क्या गया? वह वहाँ अधिक समय तक रहने वाला तो नहीं है। तुम्हें ऐसी भोजन-मेज़ प्रिय लगती है जिस पर स्थल और समुद्र, दोनों से प्राप्त व्यंजन सजे हों। कुछ इसलिए अधिक प्रिय होते हैं कि वे बिल्कुल ताज़े लाए गए हैं। कुछ इसलिए कि उन्हें कृत्रिम रूप से खिलाकर-पिलाकर इतना मोटा कर दिया गया है कि वे अपने ही भार से फटने को हों और अपना आकार तक संभाल न पा रहे हों। तुम्हें ये सब व्यंजन उनके कलात्मक और आकर्षक विन्यास के कारण प्रिय लगते हैं। पर वास्तव में, चाहे उन्हें कितनी ही कठिनाई से प्राप्त किया गया हो और कितनी ही कुशलता से पकाया और मसालेदार बनाया गया हो, पेट में पहुँचने के बाद वे सब एक ही प्रकार की गंदगी में परिवर्तित हो जाते हैं। यदि तुम भोजन के सुखों का तिरस्कार करना चाहते हो तो यह सोचो कि अंततः तुम्हारा भोजन कहाँ पहुँचता है।

    मुझे स्मरण है कि जब अत्तालस ने ये बातें कही थीं, तब सब लोग उनकी कितनी प्रशंसा करते थे, “लंबे समय तक मैं धन-संपत्ति के मोह में पड़ा रहा। जहाँ-जहाँ भी मैं उसे चमकते हुए देखता, उसे देखकर चकित रह जाता और यह समझता था कि भीतर से भी वह वैसी ही होगी जैसी बाहर से दिखाई देती है। फिर एक अवसर पर मैंने किसी नगर की सम्पूर्ण समृद्धि का सार्वजनिक प्रदर्शन देखा। वहाँ चाँदी और सोने पर उकेरे गए पात्र थे। उनसे भी अधिक मूल्यवान पदार्थों से बनी वस्तुएँ थीं। ऐसे वस्त्र थे जो केवल हमारे राज्य की सीमाओं के बाहर से ही नहीं बल्कि हमारे शत्रुओं की सीमाओं के पार से मँगाए गए दुर्लभ रंगों से रँगे हुए थे। दोनों ओर असाधारण रूप और सौन्दर्य वाले दास और दासियाँ खड़े थे। संक्षेप में, साम्राज्य की अपार संपत्ति अपने वैभव के जो भी साधन प्रस्तुत कर सकती थी, वे सब वहाँ प्रदर्शित थे। मैंने मन ही मन कहा, ‘यह सब तो केवल उन इच्छाओं को और भड़काने का उपाय है, जो पहले ही पर्याप्त प्रबल हैं। धन का यह प्रदर्शन आखिर किसलिए है? क्या हम यहाँ केवल लोभ का पाठ सीखने के लिए एकत्र हुए हैं?’ वास्तव में, वहाँ से लौटते समय मेरे भीतर धन पाने की लालसा उतनी भी नहीं रही जितनी वहाँ जाते समय थी। मैंने धन की उपेक्षा इसलिए नहीं की कि वह अनावश्यक है बल्कि इसलिए कि वह तुच्छ है। क्या तुमने नहीं देखा कि इतनी सावधानी से व्यवस्थित और धीरे-धीरे आगे बढ़ने वाला वह सारा जुलूस कुछ ही घंटों में समाप्त हो गया? जो वस्तु पूरे एक दिन तक भी टिक नहीं सकती, क्या वही हमारे पूरे जीवन पर अधिकार कर ले? मेरे मन में यह विचार भी आया कि वह समस्त वैभव अपने स्वामियों के लिए भी उतना ही अनावश्यक था, जितना उसे देखने वाले दर्शकों के लिए।”

    “इसी कारण, जब भी मेरी आँखें इस प्रकार के वैभव पर ठहरती हैं या जब मैं किसी भव्य भवन, उत्तम प्रशिक्षण पाए हुए दासों की पूरी पंक्ति अथवा सुन्दर कहारों के कंधों पर उठाई जा रही पालकी को देखता हूँ तो मैं अपने आप से कहता हूँ, ‘तुम क्यों इतने प्रभावित और विस्मित हो रहे हो? यह तो केवल एक प्रदर्शन है।’ लोग इन वस्तुओं के वास्तविक स्वामी नहीं होते। वे केवल उनका प्रदर्शन करते हैं। जिस क्षण ये वस्तुएँ हमें आकर्षित करती हैं, उसी क्षण वे नष्ट होने की दिशा में भी बढ़ रही होती हैं। इसके बजाय अपना ध्यान वास्तविक धन-संपदा की ओर लगाओ। थोड़े में संतुष्ट रहना सीखो। पूरे उत्साह तथा निर्भीकता के साथ यह घोषणा करो—

‘हमारे पास जल है। हमारे पास साधारण दलिया है। आओ, हम सुख के लिए स्वयं ज्यूपिटर से भी स्पर्धा करें।’

मैं तुमसे प्रार्थना करता हूँ कि हम इन वस्तुओं के बिना भी यही चुनौती दें। अपने सुखी जीवन का आधार सोने और चाँदी को बनाना जितना लज्जाजनक है, उतना ही लज्जाजनक उसे केवल जल और साधारण दलिया पर आधारित करना भी है।

    “यदि ये वस्तुएँ भी उपलब्ध न हों तो मैं क्या करूँ?” क्या तुम यह पूछ रहे हो कि घोर निर्धनता की औषधि क्या है? भूख की अंतिम सीमा स्वयं उपवास और मृत्यु है। यदि ऐसा न मानो तो फिर इससे क्या अंतर पड़ता है कि तुम अपार धन-संपत्ति के दास हो या अत्यन्त अल्प साधनों के? यदि भाग्य किसी वस्तु को तुमसे छीन ही सकता है, तो यह क्या महत्त्व रखता है कि वह वस्तु बहुत बड़ी थी या बहुत छोटी? यह जल और यह साधारण दलिया भी किसी दूसरे के अधिकार में हो सकते हैं। वास्तव में स्वतंत्र वह नहीं है, जिस पर भाग्य का प्रभाव कम पड़ता हो। स्वतंत्र तो वह है, जिस पर भाग्य का कोई भी प्रभाव न पड़ सके। यही सत्य है। यदि तुम ज्यूपिटर को, जिसे किसी वस्तु की आवश्यकता नहीं है, चुनौती देना चाहते हो तो तुम्हें भी किसी वस्तु की आवश्यकता नहीं रखनी चाहिए।”

अत्तालस हमें यही शिक्षा दिया करते थे। यही शिक्षा प्रकृति ने प्रत्येक मनुष्य को दी है। यदि तुम बार-बार इन बातों पर मनन करने का प्रयास करोगे तो तुम्हारा लक्ष्य वास्तव में सुखी बनना होगा, केवल सुखी दिखाई देना नहीं अर्थात तुम अपने लिए सुखी बनना चाहोगे, दूसरों की दृष्टि में नहीं।

Monday, 3 August 2026

ग्रंथों के अध्ययन के विषय में -- पत्र - 106 (एक स्टोइक के पत्र/सेनेका के पत्रों का हिन्दी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


तुम्हारा प्रश्न ऐसी बात से संबंधित है जिसे जानने का कोई प्रयोजन नहीं है, सिवाय इसके कि उसे जान लिया जाए। फिर भी, केवल इसी कारण से तुम उसे शीघ्र जान लेना चाहते हो और उन ग्रंथों की प्रतीक्षा करने को तैयार नहीं हो जिन्हें मैं इस समय संपूर्ण नीतिशास्त्र के विषय पर तैयार कर रहा हूँ। मैं तुम्हारे प्रश्न का उत्तर अभी दे दूँगा। पर उससे पहले मैं यह लिखना चाहता हूँ कि तुम्हें ज्ञान प्राप्त करने की अपनी प्रबल इच्छा को किस प्रकार संयमित रखना चाहिए। मैं देख रहा हूँ कि तुम्हारी यह तीव्र जिज्ञासा कहीं तुम्हारे लिए ही हानिकारक न बन जाए। तुम्हें प्रत्येक उस विषय को नहीं अपनाना चाहिए जो तुम्हारे सामने आ जाए। न ही प्रत्येक विषय की संपूर्ण गहराई में लोभपूर्वक उतर जाना चाहिए। किसी विषय का एक अंश भी तुम्हें उसके समग्र स्वरूप का बोध करा सकता है। हमें अपने सामर्थ्य के अनुसार ही भार उठाना चाहिए। अपनी क्षमता से अधिक बोझ अपने ऊपर नहीं लेना चाहिए। जितना पीने की इच्छा हो, उतना नहीं बल्कि जितना धारण कर सको, उतना ही पीना चाहिए। हाँ, केवल अपना दृष्टिकोण उचित बनाए रखो। समय आने पर तुम उतना ही धारण करने में समर्थ हो जाओगे, जितना तुम्हारी इच्छा होगी। मन जितना अधिक ग्रहण करता है, उतना ही अधिक विस्तृत होता जाता है।



    मुझे स्मरण है कि अत्तालस (Attalus) हमें किस प्रकार शिक्षा दिया करते थे, जब हम निरंतर उनके व्याख्यानों में उपस्थित रहते थे। हम सबसे पहले पहुँचते और सबसे अंत में लौटते थे। यहाँ तक कि जब वे टहल रहे होते, तब भी हम उनसे विभिन्न विषयों का विवेचन करने का आग्रह करते थे क्योंकि वे केवल शिष्यों को स्वीकार ही नहीं करते थे बल्कि स्वयं भी उन्हें खोजते थे। वे कहा करते थे, “गुरु और शिष्य, दोनों का उद्देश्य एक ही होना चाहिए। गुरु का उद्देश्य प्रगति कराना और शिष्य का उद्देश्य प्रगति करना।” जो व्यक्ति किसी दार्शनिक के साथ अध्ययन करता है, उसे प्रतिदिन अपने साथ कुछ-न-कुछ लाभ लेकर लौटना चाहिए या तो अधिक स्वस्थ मन लेकर या ऐसा मन जो उपचार ग्रहण करने के लिए पहले से अधिक खुला हो। ऐसा वह अवश्य करेगा क्योंकि दर्शन की शक्ति इतनी महान है कि वह केवल अपने विद्यार्थियों की ही नहीं बल्कि संयोगवश उपस्थित रहने वालों की भी सहायता करती है। जो लोग धूप में निकलते हैं, उनका रंग साँवला हो जाता है, चाहे वे इस उद्देश्य से बाहर न निकले हों। जो लोग कुछ देर इत्र की दुकान में बैठे रहते हैं, वे वहाँ की सुगंध अपने साथ ले जाते हैं। उसी प्रकार जो लोग किसी दार्शनिक के सान्निध्य में रहते हैं, वे भी अनिवार्य रूप से अपने साथ कोई-न-कोई लाभ लेकर जाते हैं, चाहे उन्होंने उसके लिए कोई विशेष प्रयास न किया हो। ध्यान दो, मैं यह कहता हूँ, “चाहे वे कोई प्रयास न करें” न कि “चाहे वे उसका विरोध ही क्यों न करें।”

    “तुम्हारा क्या अभिप्राय है? क्या हम ऐसे लोगों को नहीं जानते जिन्होंने वर्षों तक किसी दार्शनिक के साथ अध्ययन किया, फिर भी जिन पर उसका तनिक भी रंग नहीं चढ़ा?” निश्चय ही जानता हूँ। ऐसे लोग भी जो अत्यंत नियमित रूप से उपस्थित रहते हैं। पर मैं उन्हें दर्शन के विद्यार्थी नहीं बल्कि केवल अनुयायी या साथ लगे रहने वाले लोग कहूँगा। कुछ लोग सीखने के लिए नहीं, केवल सुनने के लिए आते हैं। ठीक वैसे ही जैसे हम वाणी, संगीत या कथा का आनंद लेने के लिए रंगमंच की ओर आकर्षित हो जाते हैं। तुम देख सकते हो कि ऐसे श्रोताओं का अधिकांश भाग दार्शनिक प्रवचन को केवल मनोरंजन का साधन समझता है। वे न तो अपने किसी दोष का त्याग करना चाहते हैं, न ही ऐसा कोई जीवन-सिद्धांत अपनाना चाहते हैं जिसके अनुसार अपने आचरण को संयमित कर सकें। वे तो केवल कानों को सुख पहुँचाने वाला आनंद प्राप्त करने आते हैं। कुछ लोग तो अपनी लेखन-पट्टिकाएँ भी साथ लाते हैं। पर विषय-वस्तु को लिखने के लिए नहीं बल्कि केवल सुंदर वाक्यांशों को उतार लेने के लिए ताकि बाद में उन्हें दोहरा सकें। उनसे दूसरों को उतना ही कम लाभ होता है, जितना स्वयं उन्हें उनसे हुआ होता है। कुछ लोग प्रभावशाली भाषणों से भावविभोर हो जाते हैं और वक्ता की भावनाओं से स्वयं भी प्रभावित हो उठते हैं। उनके चेहरे पर उत्साह दिखाई देता है। उनका मन उद्दीप्त हो उठता है। वे उन फ़्राइजीय (प्राचीन भूभाग अथवा क्षेत्र) नपुंसकों के समान उन्मत्त हो जाते हैं, जो बाँसुरी की ध्वनि पर संकेत मिलते ही उन्माद में आ जाते हैं। उन्हें बहा ले जाने वाली चीज़ खोखले शब्दों की ध्वनि नहीं बल्कि विषय की गरिमा और सौंदर्य होता है। जब कोई मृत्यु के भय के विरुद्ध निर्भीकता से बोलता है या भाग्य की चंचलता का साहसपूर्वक सामना करने की शिक्षा देता है, तब वे तुरंत वैसा ही आचरण करने के लिए तैयार हो जाते हैं जैसा उन्होंने सुना है। वे अत्यंत ग्रहणशील होते हैं। उन्हें जैसा बनने के लिए कहा जाता है, वे वैसा ही बनने को तैयार हो जाते हैं। यदि वह प्रेरणा उनके भीतर बनी रहे और यदि उनका यह उत्तम संकल्प लोगों द्वारा, जो सदाचरण के सबसे बड़े निरुत्साहक होते हैं, नष्ट न कर दिया जाए। बहुत कम लोग ऐसे होते हैं जो अपने भीतर उत्पन्न उस संकल्प को अपने घर तक सुरक्षित ले जा पाते हैं।

    श्रोता को प्रेरित करना और उसके भीतर उचित आचरण की इच्छा जगाना सरल है क्योंकि प्रकृति ने प्रत्येक मनुष्य के भीतर सद्गुणों की नींव और उनके बीज पहले से ही रख दिए हैं। हम सब ऐसे ही गुणों के लिए जन्म लेते हैं। जब कोई हमें प्रेरणा देता है तो हमारे भीतर का सद्गुण मानो निद्रा से जाग उठता है। क्या तुमने ध्यान नहीं दिया कि जब रंगमंच पर ऐसी पंक्तियाँ कही जाती हैं जिन्हें हम सब सत्य मानते और स्वीकार करते हैं, तब पूरा दर्शक-वर्ग तालियों की गूँज से भर उठता है? निर्धनता बहुत-सी वस्तुओं से वंचित होती है, पर लोभ हर वस्तु से वंचित होता है। लोभी मनुष्य किसी का भी हितैषी नहीं होता। सबसे बढ़कर वह स्वयं अपने ही प्रति अहितकारी होता है।

    सबसे निकृष्ट अपराधी भी इन पंक्तियों पर ताली बजाता है और अपने ही दुर्गुणों पर किए गए प्रहार को सुनकर प्रसन्न होता है। तब ज़रा सोचो कि जब यही बातें कोई दार्शनिक कहता है। हितकारी उपदेशों को काव्य की लय में ढालकर इस प्रकार प्रस्तुत करता है कि वे अशिक्षित लोगों के मन में और भी गहराई तक उतर जाएँ तो उनका प्रभाव कितना अधिक होता होगाक्योंकि, जैसा कि क्लेआन्थेस कहा करते थे—

“जिस प्रकार हमारी श्वास की ध्वनि संकरे घुमावों वाली तुरही से होकर गुजरती है और उसके फैले हुए मुख से निकलकर अधिक प्रबल हो जाती है, उसी प्रकार छंद के कठोर अनुशासन में ढल जाने पर हमारे विचार भी अधिक प्रभावशाली हो उठते हैं।”

जब वही बातें साधारण गद्य में कही जाती हैं तो उन पर उतना ध्यान नहीं दिया जाता और न ही वे उतना प्रभाव उत्पन्न करती हैं। परंतु जब किसी उत्कृष्ट विचार के साथ छंद का निश्चित विन्यास, दीर्घ और ह्रस्व मात्राओं का क्रम जुड़ जाता है, तब वही विचार मानो अधिक शक्तिशाली भुजा द्वारा फेंका गया हो, इस प्रकार अधिक प्रभावशाली हो उठता है। धन के प्रति आसक्ति न रखने के विषय में बहुत कुछ कहा जाता है। लंबे-लंबे उपदेश दिए जाते हैं कि वास्तविक संपत्ति मन में होती है, धन-कोष में नहीं। यह कि वास्तव में धनी वही है जो अपनी निर्धनता के अनुरूप स्वयं को ढाल लेता है और थोड़े में ही अपने को समृद्ध बना लेता है। किन्तु हमारे मन पर कहीं अधिक प्रभाव तब पड़ता है, जब हम इस प्रकार के पद्य सुनते हैं, जिसकी आवश्यकताएँ सबसे कम हैं, उसी मनुष्य को सबसे कम आवश्यकता होती है। जो व्यक्ति जितना पर्याप्त है, उसी को चाह सकता है, उसके पास वही सब है जिसकी उसे आवश्यकता है।

    जब हम ऐसी बातें सुनते हैं तो हमें स्वीकार करना ही पड़ता है कि वे सत्य हैं। यहाँ तक कि जो लोग अपने पास जो कुछ है उससे कभी संतुष्ट नहीं होते, वे भी इन बातों की प्रशंसा करते हैं, तालियाँ बजाते हैं और ऊँचे स्वर में कहते हैं कि वे धन से घृणा करते हैं। जब तुम लोगों में ऐसी प्रतिक्रिया देखो तो अवसर का पूरा लाभ उठाओ। उन पर अपने सभी तर्कों का भार डाल दो। उन सूक्ष्म भेदों, न्याय-युक्तियों, कुतर्कों तथा अन्य चतुर किन्तु निष्फल युक्तियों को पीछे छोड़ दो। लोभ के विरुद्ध बोलो। भोग-विलास के विरुद्ध बोलो। जब तुम देखो कि तुम्हारी बातों का प्रभाव पड़ रहा है और श्रोता प्रभावित हो रहे हैं, तब और भी अधिक दृढ़ता से बोलो। तुम्हें आश्चर्य होगा कि ऐसा भाषण कितना लाभदायक सिद्ध होता है, जब उसका उद्देश्य केवल उपचार करना हो और वह पूर्णतः अपने श्रोताओं के कल्याण के लिए समर्पित हो। युवाओं के हृदयों को सम्माननीय और उचित आचरण के प्रति प्रेम की ओर मोड़ना सरल है। जब लोगों को अभी भी शिक्षा दी जा सकती है अर्थात जब वे केवल थोड़े-से ही भ्रष्ट हुए हों, तब सत्य उन पर अपना प्रभाव स्थापित कर देता है। यदि उसे कोई योग्य प्रवक्ता मिल जाए।

    जहाँ तक मेरा अपना संबंध है, जब मैं अत्तालस को दुर्गुणों, भ्रांतियों और जीवन की सभी बुराइयों के विरुद्ध अपने भाषण के उत्कर्ष पर बोलते हुए सुनता था, तब मुझे प्रायः समस्त मानव जाति पर दया आने लगती थी। मुझे लगता था कि अत्तालस एक महान व्यक्ति हैं, जो मानवीय परिस्थितियों की सर्वोच्च सीमा से भी ऊपर उठ चुके हैं। वे स्वयं कहा करते थे कि वे एक राजा हैं। पर मुझे लगता था कि वे राजा से भी बढ़कर हैं क्योंकि वे ऐसे व्यक्ति थे जो राजाओं की भी निंदा कर सकते थे। जब वे निर्धनता की प्रशंसा करने लगते, यह तर्क देते हुए कि हमारी मूलभूत आवश्यकताओं से अधिक की सारी संपत्ति केवल ऐसा बोझ है जो हमें दबाती है, तब मैं प्रायः व्याख्यान से निकलते समय निर्धन बन जाना चाहता था। जब वे हमारे भोग-विलास की कठोर आलोचना करते, पवित्र शरीर, संयमित आहार और निर्मल मन की प्रशंसा करते, ऐसा मन जो केवल अवैध भोगों से ही नहीं बल्कि अनावश्यक भोगों से भी मुक्त हो तब मैं भी अपने भोगी पेट पर संयम लगाने का निश्चय कर लेता था।

    ल्यूसीलियस, उस समय मैंने जो कुछ संकल्प किए थे, उनमें से कुछ आज भी मेरे साथ बने हुए हैं। उस समय मैं पूरे उत्साह के साथ आत्म-संयम के मार्ग पर चला था। जब बाद में मैंने फिर से अपेक्षाकृत सामान्य तथा सामाजिक जीवन-शैली अपना ली, तब भी उन अच्छे अभ्यासों में से कुछ को मैंने कभी नहीं छोड़ा। तब से लेकर आज तक मैंने सीप (oysters) और कुकुरमुत्ते (mushrooms) खाना छोड़ रखा है। ये वास्तव में पोषक भोजन नहीं हैं। ये तो केवल ऐसे स्वादिष्ट व्यंजन हैं जो पहले से तृप्त व्यक्ति को भी और अधिक खाने के लिए उकसाते हैं। पेटू मनुष्य की यही इच्छा होती है कि वह अपनी क्षमता से अधिक पेट भरता रहे। ये पदार्थ आसानी से निगल लिए जाते हैं और उतनी ही आसानी से उल्टी होकर बाहर भी आ जाते हैं। उसी समय से मैंने सुगंधित तेलों का प्रयोग भी त्याग दिया। मेरे विचार में शरीर की सबसे उत्तम सुगंध यही है कि उसमें किसी प्रकार की कृत्रिम सुगंध न हो। तब से मैंने अपने पेट को मदिरा से भी मुक्त रखा है। जीवन भर मैंने गर्म स्नानागारों (सार्वजनिक स्नान-गृहों) से भी दूरी बनाए रखी है। मुझे लगता है कि शरीर को अत्यधिक गर्म करके फिर पसीना बहाकर उसे निचोड़ देना न तो किसी उपयोग का कार्य है और न ही संयमपूर्ण बल्कि यह विलासिता और भोग-वृत्ति का प्रतीक है। अन्य कुछ अभ्यास, जिन्हें मैंने पहले छोड़ दिया था, समय के साथ फिर मेरे जीवन में लौट आए। किंतु अब भी, यद्यपि मैं उनका पूर्ण त्याग नहीं करता, उन पर अत्यंत कठोर संयम रखता हूँ। ऐसा संयम लगभग पूर्ण विरक्ति (abstinence) के समान ही है बल्कि कई बार उससे भी अधिक कठिन होता है क्योंकि कुछ आदतों को पूरी तरह छोड़ देना उन्हें केवल सीमित कर देने की अपेक्षा अधिक सरल होता है।

    जब से मैंने तुम्हें यह बताना शुरू किया है कि युवावस्था में मैं दर्शन के प्रति जितनी उत्कटता से समर्पित था, उतनी शीघ्रता से अब वृद्धावस्था में भी उसके पीछे नहीं दौड़ता, तब मुझे यह स्वीकार करने में कोई संकोच नहीं कि मैं पाइथागोरस के प्रति गहरे अनुराग से अभिभूत था। सोतियोन ने मुझे बताया कि पाइथागोरस ने पशु-आहार का त्याग क्यों किया था। बाद में सेक्स्टियस ने भी ऐसा ही क्यों किया। दोनों के कारण अलग-अलग थे। परंतु दोनों ही अत्यंत प्रभावशाली थे। सेक्स्टियस का मत था कि मनुष्य बिना पशुओं का वध किए भी पर्याप्त भोजन प्राप्त कर सकता है। जब रक्तपात को स्वाद और भोग के लिए अपनाया जाता है, तब मनुष्य में क्रूरता की आदत विकसित हो जाती है। वह यह भी कहा करता था कि विलासिता के साधनों को कम करना चाहिए। वह तर्क देकर सिद्ध करता था कि भोजन में अत्यधिक विविधता हमारे शरीर की प्रकृति के अनुकूल नहीं है तथा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। 

    दूसरी ओर, पाइथागोरस समस्त प्राणियों के परस्पर संबंध और आत्माओं के एक रूप से दूसरे रूप में गमन की बात करता था। यदि उसकी बात पर विश्वास किया जाए तो कोई भी आत्मा कभी नष्ट नहीं होती बल्कि केवल उस अत्यल्प क्षण के लिए अपनी क्रिया से विराम लेती है, जब वह एक शरीर से दूसरे शरीर में प्रवेश करती है। अंततः हम जानेंगे कि उसे फिर से मनुष्य का शरीर प्राप्त करने से पहले कितने युगों तक और कितनी बार एक निवास से दूसरे निवास में जाना पड़ता है। इस प्रकार पाइथागोरस ने मनुष्यों में दुष्कर्मों का भय उत्पन्न किया, विशेष रूप से पितृहत्या का। क्योंकि यदि किसी शरीर में उनके किसी संबंधी की आत्मा निवास कर रही हो तो वे अनजाने में ही अपने माता या पिता की आत्मा पर चाकू या अपने दाँतों से आघात कर सकते हैं। जब सोतियोन ने इन सब बातों का अपने तर्कों द्वारा विस्तार से वर्णन किया, तब उसने आगे कहा—

क्या तुम यह विश्वास नहीं करते कि आत्माएँ एक शरीर के बाद दूसरे शरीर में प्रवेश करती हैं। जिसे हम मृत्यु कहते हैं वह वास्तव में केवल आत्मा का एक शरीर से दूसरे शरीर में स्थानांतरण है? क्या तुम यह विश्वास नहीं करते कि इन पालतू पशुओं, इन वन्य जीवों और इन समुद्री प्राणियों में ऐसी आत्मा निवास कर रही है जो कभी किसी मनुष्य की थी? क्या तुम यह विश्वास नहीं करते कि इस संसार में कोई भी वस्तु वास्तव में नष्ट नहीं होती बल्कि केवल अपना स्थान बदलती है। जैसे आकाशीय पिंड निश्चित कक्षाओं में निरंतर घूमते रहते हैं, वैसे ही प्राणियों की आत्माएँ भी युग-युगांतर तक चक्र लगाती रहती हैं और अंततः वहीं लौट आती हैं जहाँ से उन्होंने यात्रा आरंभ की थी? महान पुरुषों ने इन बातों पर विश्वास किया है।  अतः यदि तुम चाहो तो निर्णय देने से विरत रहो। परंतु मन को खुला रखो। यदि ये बातें सत्य हैं तो पशु-आहार का त्याग करने का अर्थ है किसी भी प्राणी को हानि न पहुँचाना। यदि ये असत्य हैं, तब भी इससे केवल मितव्ययिता का ही पालन होता है। क्रूरता का त्याग करने से तुम्हारा क्या नुकसान होगा? मैं तो केवल तुम्हें सिंहों और गिद्धों के भोजन से ही वंचित कर रहा हूँ।

    इन बातों से प्रेरित होकर मैंने पशु-आहार का त्याग कर दिया। एक वर्ष बाद यह आदत मेरे लिए न केवल सहज हो गई बल्कि आनंददायक भी लगने लगी। मुझे ऐसा प्रतीत होता था कि मेरा मन पहले की अपेक्षा अधिक प्रखर और सजीव हो गया है। आज भी मुझे संदेह है कि शायद वास्तव में ऐसा ही था। क्या तुम जानना चाहोगे कि फिर मैंने इसका त्याग क्यों कर दिया? जब मैं युवा था, वह टाइबेरियस के शासन के आरंभिक वर्षों का समय था। उस समय विदेशी मूल के धर्मों का दमन किया जा रहा था। पशु-आहार से विरत रहना उन धर्मों के अनुयायी होने का प्रमाण माना जाता था। इसलिए मेरे पिता के आग्रह पर जो लोकनिंदा से नहीं डरते थे बल्कि दर्शन से ही घृणा करते थे, मैं अपनी पुरानी भोजन-प्रणाली पर लौट आया। वास्तव में, मुझे पहले की तरह अच्छा भोजन करने के लिए मनाना उनके लिए कोई कठिन काम नहीं था। अत्तालस प्रायः ऐसे बिस्तर की सिफारिश किया करते थे जो शरीर के भार से धँस न जाए। मैं आज भी, वृद्धावस्था में भी, उसी प्रकार का बिस्तर उपयोग करता हूँ। ऐसा बिस्तर जिस पर लेटने के बाद शरीर का कोई निशान नहीं रह जाता। 

    तुम्हें यह सब बताने का मेरा उद्देश्य केवल यह दिखाना था कि जब नए-नए विद्यार्थी को प्रेरित करने और उत्साहित करने वाला कोई व्यक्ति मिल जाता है, तब वह सदाचार के प्रत्येक रूप के प्रति कितनी तीव्र उत्सुकता से भर उठता है। परंतु कुछ दोष शिक्षकों की ओर से भी होता है क्योंकि वे हमें यह सिखाते हैं कि किसी विषय पर तर्क-वितर्क कैसे किया जाए, यह नहीं कि जीवन कैसे जिया जाए। कुछ दोष विद्यार्थियों की ओर से भी होता है, क्योंकि वे अपने मन को श्रेष्ठ बनाने के लिए नहीं बल्कि अपनी वाक्पटुता को निखारने के उद्देश्य से अध्ययन करने आते हैं। परिणाम यह हुआ है कि जो कभी दर्शन था, वह अब केवल भाषाशास्त्र बनकर रह गया है।

    किसी भी विद्याक्षेत्र का अध्ययन करते समय मनुष्य का उद्देश्य क्या है, इसका बहुत महत्त्व होता है। जब कोई भावी साहित्य-विद्वान वर्जिल की अपनी प्रति का अध्ययन करता है और उसकी यह उत्कृष्ट पंक्ति पढ़ता है, “समय उड़ता चला जाता है और फिर कभी लौटकर नहीं आता।” तो उसके मन में यह विचार नहीं आता कि “हमें सावधान हो जाना चाहिए। यदि हमने शीघ्रता नहीं की तो हम पीछे रह जाएँगे। यह क्षणभंगुर समय निरंतर भागा जा रहा है और हमें भी अपने साथ बहाए लिए जा रहा है। हम लापरवाही में बहते चले जा रहे हैं। हम सदा टालमटोल करते रहते हैं। अवसर तीव्र गति से निकलता जा रहा है और फिर भी हम विलंब किए जाते हैं।” नहीं, वह तो इसे केवल इस उद्देश्य से पढ़ता है कि यह देख सके कि जब-जब वर्जिल समय के तीव्र गति से बीतने की बात करता है, तब-तब वह 'उड़ता है' (fugit लैटिन शब्द जो उड़ कर जल्दी से चले जाना से संबंधित है) शब्द का ही प्रयोग करता है, जैसे कि निम्नलिखित पंक्तियों में—

“हम नश्वर प्राणियों के जीवन के सर्वोत्तम दिन सबसे पहले उड़ जाते हैं। 

उनके स्थान पर रोग, दुःखद वृद्धावस्था, कष्ट और पीड़ा आ जाती है। 

अंत में कठोर तथा निर्मम मृत्यु हमें अपने साथ ले जाती है।”

    जो व्यक्ति दर्शन की ओर दृष्टि रखता है, वह इन्हीं पंक्तियों को पढ़कर उनका उचित अर्थ ग्रहण करता है। वह कहता है, “वर्जिल कभी यह नहीं कहता कि समय ‘बीतता’ है। वह सदा यही कहता है कि समय ‘उड़ता’ है। इसका कारण यह है कि उड़ना गति का सबसे तीव्र रूप है। उसका आशय यह है कि जीवन के सर्वोत्तम दिन सबसे पहले हमसे दूर हो जाते हैं। फिर हम स्वयं भी उस सबसे तीव्र धावक के वेग के अनुरूप अपने कदम क्यों न बढ़ाएँ? हमारे श्रेष्ठ दिन शीघ्रता से बीतते जा रहे हैं। उनके बाद निकृष्ट दिन आने वाले हैं। हमारा जीवन एक भंडारण-पात्र के समान है। उसमें जो सबसे शुद्ध अंश होता है, वही सबसे पहले निकाल लिया जाता है। सारी तलछट तथा मटमैला अंश नीचे बैठ जाता है। क्या हम यह होने देंगे कि हमारे जीवन का सर्वोत्तम भाग दूसरों के लिए निकल जाए और अपने लिए केवल अवशेष ही बचाकर रखें? इन पंक्तियों को सदैव स्मरण रखो। इन्हें अपने लिए देववाणी के समान मानो—

“हम नश्वर प्राणियों के जीवन के सर्वोत्तम दिन सबसे पहले उड़ जाते हैं।”

    सबसे अच्छे दिन ही क्यों? क्योंकि जो शेष रह जाता है, वह अनिश्चित होता है। सबसे अच्छे दिन ही क्यों? क्योंकि युवावस्था में हम सीखने में समर्थ होते हैं। उस समय हमारा मन अभी भी लचीला होता है और उसे श्रेष्ठ मार्ग की ओर मोड़ा जा सकता है। यही वह अवस्था है जो कठोर परिश्रम के लिए, अध्ययन द्वारा बुद्धि को और श्रम द्वारा शरीर को विकसित करने के लिए सबसे अधिक उपयुक्त होती है। जो समय उसके बाद बचता है, वह अधिक धीमा, अधिक थका हुआ और जीवन के अंत के अधिक निकट होता है। इसलिए हमें अपने सभी व्यर्थ के मनोरंजनों को त्याग देना चाहिए और पूरे मन से केवल इसी एक लक्ष्य की ओर अग्रसर होना चाहिए। कहीं ऐसा न हो कि हम क्षणभंगुर समय की तीव्र गति को तब समझें, जब बहुत देर हो चुकी हो और उसे रोक पाना असंभव हो। हमें प्रत्येक नए दिन का इस प्रकार स्वागत करना चाहिए कि मानो वही जीवन का सबसे उत्तम दिन हो जो हमें प्राप्त होने वाला है। उसे अपने जीवन की पूँजी में जोड़ते जाना चाहिए। जीवन निरंतर उड़ता चला जा रहा है। हमें उसे पकड़ लेना चाहिए।

    जो व्यक्ति साहित्य-विद्वान की दृष्टि से पढ़ता है, वह इस बात पर विचार नहीं करता कि हमारे जीवन के सर्वोत्तम दिन सबसे पहले क्यों चले जाते हैं, कि उनके स्थान पर रोग आ जाता है, कि वृद्धावस्था। जबकि हम अब भी अपनी युवावस्था में ही मग्न रहते हैं, धीरे-धीरे हमारे सिर पर आ खड़ी होती है। इसके बजाय वह कहता है कि वर्जिल सदैव 'रोग' और 'वृद्धावस्था' शब्दों का साथ-साथ प्रयोग करता है। वास्तव में वह ऐसा करता भी है। उचित कारण से करता है क्योंकि वृद्धावस्था एक ऐसा रोग है जिसका कोई उपचार नहीं है। वह आगे कहता है, इसके अतिरिक्त, वर्जिल वृद्धावस्था के साथ एक स्थिर विशेषण का प्रयोग करता है। वह उसे ‘दुखद’ कहता है—

‘और उनके स्थान पर रोग
और दुखद वृद्धावस्था आ जाती है...’

एक अन्य स्थान पर वह कहता है—

‘जहाँ पीले पड़ चुके रोग और कठोर वृद्धावस्था निवास करते हैं।’

    एक ही सामग्री से प्रत्येक व्यक्ति अपने-अपने अनुरूप विचार ग्रहण करता है। इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं। एक ही घास के मैदान में बैल घास खोजता है, कुत्ता खरगोश खोजता है और सारस छिपकली खोजता है। जब तीन व्यक्ति, एक प्राचीन वस्तुओं का अध्येता, एक साहित्य-विद्वान और एक दार्शनिक, सिसेरो की कृति ऑन द रिपब्लिक (On the Republic) को पढ़ते हैं तो उनमें से प्रत्येक का ध्यान अलग-अलग बातों पर जाता है। दार्शनिक इस बात पर आश्चर्य करता है कि न्याय के विरुद्ध इतने अधिक तर्क कैसे प्रस्तुत किए जा सकते हैं। उसी अंश को पढ़ते हुए प्राचीन वस्तुओं का अध्येता इस तथ्य पर ध्यान देता है कि रोम के दो ऐसे राजा थे, जिनमें से एक का कोई पिता नहीं था और दूसरे की कोई माता नहीं थी। सर्वियस की माता के विषय में कोई निश्चित विवरण उपलब्ध नहीं है। एन्कस के विषय में यह नहीं कहा जाता कि उसका कोई पिता था। केवल इतना कहा जाता है कि वह नूमा का पौत्र था। 

    वह यह भी उल्लेख करता है कि जिस पदाधिकारी को हम आज 'तानाशाह' (dictator) कहते हैं, उसे प्राचीन काल में 'जनता का प्रधान' (master of the populace) कहा जाता था। इसका प्रमाण आज भी ऑगरों के अभिलेखों में मिलता है। इसका एक और प्रमाण यह है कि तानाशाह द्वारा नियुक्त अधिकारी को 'अश्वदल का प्रधान' (master of horse) कहा जाता है। वह यह भी इंगित करता है कि रोम्यूलस की मृत्यु सूर्यग्रहण के समय हुई थी। राजतंत्र के काल में भी जनता के समक्ष अपील करने की व्यवस्था विद्यमान थी। इसका उल्लेख पोंटिफ़ों के अभिलेखों में भी मिलता है। फेनेस्टेला तथा कुछ अन्य लेखक भी इसी मत का समर्थन करते हैं। 

    जब साहित्य-विद्वान इन्हीं ग्रंथों की व्याख्या करता है तो वह सबसे पहले यह बताता है कि सिसेरो ने 'वास्तव में' (re ipsa) के स्थान पर रिप्से (reapse) और 'स्वयं' (se ipse) के स्थान पर 'सेप्से' (sepse) शब्दों का प्रयोग किया है। इसके बाद वह भाषा-प्रयोग में समय के साथ आए परिवर्तनों की चर्चा करता है। उदाहरण के लिए, सिसेरो लिखता है, “उसके हस्तक्षेप ने हमें फिर से उसी लाइम लाइन (lime line) तक लौटा दिया,” अर्थात दौड़ की समाप्ति-रेखा तक। जिसे हम आज दौड़ की चॉक लाइन (chalk line) कहते हैं, उसे प्राचीन लेखक लाइम लाइन अथवा चुने की रेखा (lime line) कहा करते थे। इसके बाद वह एनियस की विभिन्न पंक्तियाँ एकत्र करता है, विशेषकर वे जो स्किपियो अफ़्रीकानस के विषय में हैं—

“जिसकी सहायता का मूल्य
न तो कोई नागरिक चुका सकता था,
और न ही कोई शत्रु।”

    इन पंक्तियों के आधार पर वह यह निष्कर्ष निकालता है कि प्राचीन लेखकों के यहाँ ऑप्स (ops - सहायता) शब्द का अर्थ केवल 'सहायता' ही नहीं बल्कि 'प्रयत्न' या 'परिश्रम' भी होता था। क्योंकि एनियस का आशय यह है कि न तो कोई नागरिक और न ही कोई शत्रु, स्किपियो के परिश्रम का मूल्य कभी चुका सकता था। इसके बाद वह यह जानकर स्वयं को बधाई देता है कि उसे वर्जिल की इस पंक्ति का स्रोत मिल गया है—

“जिसके ऊपर स्वर्ग का विशाल द्वार गर्जना करता है।”

वह कहता है कि एनियस ने यह पंक्ति होमर से ली थी। वर्जिल ने उसे एनियस से ग्रहण किया क्योंकि सिसेरो ने अपनी उसी कृति On the Republic में एनियस का यह द्विपद उद्धृत किया है—

“यदि किसी मनुष्य के लिए स्वर्ग पर चढ़ना उचित है,
तो केवल मेरे लिए ही स्वर्ग का महान द्वार खुला है।”

    परंतु मेरा अपना उद्देश्य न तो प्राचीन वस्तुओं का अध्येता बनना है और न ही साहित्य-विद्वान। मेरा कार्य कुछ और ही है। मैं केवल यह सलाह देता हूँ कि जब हम दार्शनिकों को पढ़ें या उन्हें सुनें, तब हमारा ध्यान अपने उस लक्ष्य पर केंद्रित होना चाहिए, जो सुखमय जीवन की प्राप्ति है। हमें प्राचीन शब्दों, नए गढ़े गए शब्दों, विचित्र रूपकों और अलंकारों की खोज में नहीं लगे रहना चाहिए बल्कि ऐसे हितकारी उपदेशों तथा साहस और प्रेरणा से परिपूर्ण वचनों की तलाश करनी चाहिए जिन्हें हम शीघ्र ही अपने जीवन में व्यवहार में ला सकें। हमें उन्हें इतनी अच्छी तरह आत्मसात कर लेना चाहिए कि हमारे शब्द कर्म में परिवर्तित हो जाएँ।

    परंतु जिन लोगों ने मानवजाति के साथ सबसे बड़ा अहित किया है, उनमें सबसे बुरे वे हैं जो दर्शन को किसी व्यवसाय या शिल्प की भाँति धन लेकर सिखाते हैं। स्वयं अपना जीवन अपनी ही शिक्षाओं के बिल्कुल विपरीत ढंग से जीते हैं क्योंकि जिन दोषों की वे दूसरों में निंदा करते हैं, उन्हीं दोषों के वे स्वयं प्रत्यक्ष उदाहरण होते हैं। इस प्रकार वे यह भली-भाँति सिद्ध कर देते हैं कि उनकी शिक्षा कितनी निष्फल है। 

    ऐसी शिक्षा से मुझे उतना ही लाभ हो सकता है जितना उस नाविक से, जिसे समुद्र में तूफ़ान आने पर स्वयं समुद्री बीमारी घेर ले। जब लहरें तीव्र वेग से उठ रही हों, पतवार को दृढ़ता से थामने वाला हाथ चाहिए हो, समुद्र की प्रचंड शक्ति से संघर्ष करना पड़े और प्रबल हवा में पाल समेटने हों, तब ऐसे नाविक का क्या उपयोग जो स्वयं घबराकर उल्टियाँ करने लगे? जीवन तो किसी भी समुद्री यात्रा की अपेक्षा कहीं अधिक भीषण तूफ़ानों से घिरा हुआ है। मुझे ऐसा व्यक्ति नहीं चाहिए जो केवल उपदेश देता रहे। मुझे ऐसा व्यक्ति चाहिए जो मेरा मार्गदर्शन कर सके। 

    वे जो कुछ कहते हैं, श्रोताओं की भीड़ के सामने जो भी सुंदर भाषण देते हैं, वह सब किसी और से लिया हुआ होता है। वे शब्द प्लेटो, ज़ेनो, क्रिसिपस, पोसिडोनियस अथवा दर्शन के अन्य महान आचार्यों के होते हैं। वे यह कैसे सिद्ध करेंगे कि वे विचार वास्तव में उनके अपने हैं? मैं बताता हूँ, वे तभी ऐसा सिद्ध कर सकते हैं, जब वे स्वयं अपने उपदेशों के अनुसार जीवन व्यतीत करें। 

    अब मैं वह सब कह चुका हूँ जो मैं तुम्हें बताना चाहता था। अब मैं तुम्हारे अनुरोध का पालन करूँगा। तुम्हारे प्रश्न का उत्तर मैं एक नए पत्र में दूँगा ताकि किसी ऐसे कठिन विषय को पढ़ते समय, जिसके लिए गंभीर और एकाग्र मन से सुनना आवश्यक है, तुम अनावश्यक रूप से थक न जाओ।


अभी के लिए विराम 


खलील जिब्रान (Khalil Gibran) की प्रसिद्ध पुस्तक द प्रोफेट (The Prophet) का हिंदी अनुवाद (संपूर्ण पुस्तक)

  द प्रोफेट जहाज़ का आगमन   अलमुस्तफ़ा, चुना हुआ और प्रिय, जो अपने ही युग के लिए प्रभात के समान था , बारह वर्षों से   नगर में उस जहाज़...