Showing posts with label Beginning. Show all posts
Showing posts with label Beginning. Show all posts

Monday, 6 July 2026

बेहतर इंसान बनने के संदर्भ में -- पत्र - 34 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 

जब-जब मैं तुम्हारे पत्रों और तुम्हारे कार्यों से यह जानता हूँ कि तुमने स्वयं को भी कितना पीछे छोड़ दिया है, तब-तब मेरा हृदय गर्व से भर उठता है। मैं आनंद से पुलकित हो जाता हूँ। अपने वर्षों का बोझ झाड़ देता हूँ और फिर से युवावस्था की ऊष्मा का अनुभव करने लगता हूँ। क्योंकि तुमने बहुत पहले ही भीड़ का साथ छोड़ दिया था। यदि कोई किसान अपने वृक्ष को फलते देखकर प्रसन्न होता है, यदि कोई पशुपालक अपने पशुओं को संतान उत्पन्न करते देखकर आनंदित होता है, यदि कोई व्यक्ति अपने संरक्षण में पले युवक को वयस्क होते देखकर ऐसा अनुभव करता है मानो वह स्वयं ही परिपक्व हुआ हो तो तुम क्या सोचते हो कि उस व्यक्ति को कितना आनंद होता होगा जिसने किसी के बौद्धिक विकास का मार्गदर्शन किया हो और उस अपरिपक्व मन को अचानक पूर्ण विकसित होते देखा हो? मैं तुम्हें अपना कहता हूँ। तुम मेरी कृति हो। तुम्हारी क्षमता को पहचानकर सबसे पहले मैंने ही तुम्हें अपने संरक्षण में लिया था। मैंने ही तुम्हें प्रोत्साहित किया, आगे बढ़ाया, तुम्हें रुकने नहीं दिया बल्कि निरंतर प्रेरित करता रहा। मैं अब भी यही कर रहा हूँ। अंतर केवल इतना है कि अब मैं दौड़ में तुम्हारा उत्साह बढ़ा रहा हूँ और बदले में तुम मेरा उत्साह बढ़ा रहे हो।



    “और क्या कहूँ?” तुम पूछते हो। “मैं तो हर समय तत्पर हूँ।” यही तो मुख्य बात है। केवल आधी नहीं, जैसा कि उस कहावत में कहा जाता है कि ‘अच्छी शुरुआत आधा काम पूरा कर देती है।’ यह ऐसा विषय है जो मन पर निर्भर करता है। इसलिए जब कोई व्यक्ति अच्छा बनने की इच्छा कर लेता है तो अच्छाई का एक बड़ा भाग पहले ही प्राप्त हो जाता है।

    क्या तुम जानते हो कि मैं अच्छे मनुष्य से क्या अभिप्राय रखता हूँ? वह जो पूर्ण है। वह जो सिद्ध और परिपक्व हो चुका है। वह जिसे कोई भी शक्ति, कोई भी बाध्यता, किसी भी प्रकार से गलत कार्य करने के लिए विवश नहीं कर सकती। मुझे विश्वास है कि यदि तुम दृढ़ता से लगे रहोगे, निरंतर आगे बढ़ते रहोगे और अपने सभी कर्मों तथा वचनों को एक-दूसरे के अनुरूप और सामंजस्यपूर्ण बनाओगे, मानो वे सब एक ही साँचे में ढले हों। तुम ऐसे ही अच्छे मनुष्य बनोगे। यदि किसी व्यक्ति के कर्म परस्पर असंगत हों तो इसका अर्थ है कि उसका मन अभी तक सही रूप से व्यवस्थित और संतुलित नहीं हुआ है।

Wednesday, 8 March 2017

हार्मोन-शार्मोन...हाय रब्बा


आप एक तो देर से आईं और तिस पर भी दुरुस्त नहीं हो पाईं। सबसे पहले मैम, आपका शुक्रिया कि आपने 'हार्मोन आउटबर्स्ट' की जानकारी दी। वरना तो हमें पता ही नहीं था कि शारीरिक विज्ञान आख़िर है कौन-सी चिड़िया का नाम! है न मैम! आप जानवरों को प्यार करती हैं इसलिए आप शाकाहार और मांसाहार में आसानी से बच गईं। लेकिन आप तीन बिदुओं में नप गईं, पहला ' दो जेंटलमैन बिहारी गार्ड और दूसरा 'हार्मोन समीकरण' और तीसरा 'लक्ष्मण रेखा।' 
 
    मैम आप कैसे किसी प्रदेश के व्यक्तियों को ऐसी निगाह से देख सकती हैं? हालांकि आपने जेंटलमैन शब्द जोड़ लिया फिर भी आप बच नहीं पाईं यह बताने से कि आप एक प्रदेश के लोगों के बारे में क्या सोचती हैं? मैम, क्या आपके पास डेटा-वेटा है कि उसी प्रदेश विशेष के लोग सुरक्षा देने का काम करते हैं? होगा तभी आप बोल रही हैं? मैम, आप भारत के लोगों को इस निगाह से देखती हैं जबकि भारत को देखने के तमाम तरह के फ़लक हैं! जब जस्टिस काटजू उस प्रदेश के लोगों पर जोक बनाते हैं तब मुझे लगता है आपको बहुत हंसी आती होगी। मैम मुझे अच्छा नहीं लग रहा कि महिला दिवस पर आपके बारे में मैं यह सोच रही हूँ। मैं भी कुछ सालों बाद आपकी उम्र में आऊँगी और क्या यही सोच रखूंगी यही सोच रही हूँ। 
 
    डियर मैम, पानी फेरने टाइप-वाइप का काम कर दिया आपने। कहाँ कि जुनून छिन कर लाये थे...अपने हकों की...और आप तो हमारी बीरादरिन बहन होकर अपने ही लोटे में छेद का के बैठ गईं। उफ़्फ़!!! मैं और आप भी 16 या 17 बरस की उम्र से गुज़रे थे। हमने और आपने किसी पर अपना आउटबर्स्ट नहीं मारा...उफ़्फ़ !...फिर आपको कैसे लगा कि ई हर्मोनवा गड़बड़ हो जाता है। मैम, आपके और मेरी तमाम पूर्वज औरतों के न बाहर निकलने से गुलज़ार अंकल बतूता पर गाना लिख बैठ गए। सोचो वो औरतें जो इतिहास में गुमनामी की सांसें ले रही हैं, वो बाहर निकली होतीं तो क्या ग़ज़ब का देश होता अपना!...अगर औरतें घर से बाहर निकलीं होतीं तो वो भी इब्न बतूता से कम नहीं होतीं। मैंने तो अपना एक नाम कुछ दिन पहले ही इबनी बतूती रखने या फिर चीनी यात्री या फिर वास्को डिगामी रखने का मन बनाया था। लेकिन आप तो कह रही हैं लक्ष्मण रेखा ही खींच दो। मन करता है अपना माथा ही धून लूँ। मैम, पीछे की तरफ़ क्यों धक्का दे रही हैं? हमको यह तरक-वरक समझ में नहीं आ रहा। हम आपसे डिस-गरी (disagree) होते हैं। 
 
    मन तो बहुत है लिखने का लेकिन अभी आप ज़रा ख़ुद ही सोचिए कि आप क्या बोल गईं ! चलिये, गले लगिए। महिला दिवस की बधाई आपको।


खलील जिब्रान (Khalil Gibran) की प्रसिद्ध पुस्तक द प्रोफेट (The Prophet) का हिंदी अनुवाद (संपूर्ण पुस्तक)

  द प्रोफेट जहाज़ का आगमन   अलमुस्तफ़ा, चुना हुआ और प्रिय, जो अपने ही युग के लिए प्रभात के समान था , बारह वर्षों से   नगर में उस जहाज़...