Showing posts with label कहानी. Show all posts
Showing posts with label कहानी. Show all posts

Saturday, 10 March 2018

मैं घर छोड़कर भाग रही हूँ (कहानी)

घड़ी में दो बज गए हैं। घर के काम अभी अभी ख़त्म हुए हैं, पर पूरे कभी नहीं होते। रोज़ रोज़ करती हूँ, पर पूरे कभी नहीं कर पाती। दो बज गए हैं पर मैं अभी नहाई भी नहीं हूँ। दोपहर का खाना भी नहीं खाया है। आज उकता गई हूँ। आज मैं घर छोड़ कर चली ही जाऊँगी। मैंने मन बना लिया है। अब नहीं रूक सकती। मैंने हल्की गुलाबी रंग वाली साड़ी पहनी है। इसके नीचे आसमानी बार्डर है। इसी बार्डर से यह साड़ी अच्छी लगती है। मैंने खुद से ही खरीदी थी इसे। हाथ में छ-छ चुड़ियाँ हैं काँच की। रंग लाल है। एक बिंदी है माथे पर। और बालों के बीच की लकीर पर सिंदूर। पैरों में दो दो बिछियां हैं। पतली सी पायल है जो भारी कतई नहीं है। पर हर रोज़ मुझे भारीपन का अहसास दिलाती है। घुँघरू न जाने कब के टूट के गिर गए हैं। घर में ही गिरे हैं। बाहर आना जाना होता ही नहीं अब। देखो न, घर में ही गिरे हैं पर मिले कभी नहीं। जाने दो रहते तो शोर ही मचाते। मुझे न शोर अच्छा नहीं लगता। हल्की सी आवाज़ से भी सिर में भयानक दर्द होता है। सहा नहीं जाता शोर। 

पिकासो 

    

    मुद्दे की बात पर आते हैं। मुझे पता है कि जब तुम काम से लौटकर आओगे और मेरे पीछे यह पत्र-पाती पाओगे तो बेहद नाराज़ हो जाओगे। तुम शादी के बाद से जल्दी नाराज़ होने लगे हो। हमेशा खराब के मूड में रहते हो। लोग समय को बदनाम करते हैं कि वह रुकता नहीं। पर समर, सच कहती हूँ। समय हमेशा रहता है। उसकी यही ख़ासियत होती है। बस तुम और मैं ही नहीं रहते। गुज़र जाते हैं, बिना एक दूसरे को चौंकाए हुए। तुम्हें पता है कि हम एक दूसरे को इतना जान गए हैं कि हम एक दूसरे में नया कुछ भी नहीं खोज पाते। कितनी ऊब बैठती है हम दोनों के बीच में। मुझे इस ऊब से ऊब हो गई है इसलिए मैंने रोज़ की तरह आज भी यही फैसला लिया है कि मैं जा रही हूँ। 

    आज सुनो, मेरे जाने को लोग जब जानेंगे तब मेरे भाग जाने से ही जोड़ेंगे। पर क्या किया जा सकता है! मेरा किसी से कोई चक्कर नहीं है। कोई रिश्तेदार भी नहीं है जिसके यहाँ जाकर में रहने लग जाऊँगी। अकेले जाने में जोखिम है, पर मैं यह जोखिम उठाना चाहती हूँ। मैंने कुछ सालों से हर दिन यह भागने की हिम्मत जुटाई है। पर मैं इतनी कमजोर हो जाती हूँ कि कभी मिसेज़ समर तो कभी बच्चों की माँ बन जाती हूँ। हमारे बड़े हो रहे बच्चों को लोग देखेंगे तो कहेंगे- ‘देखो वे जो जा रहे हैं, उन्हीं का माँ इस उम्र में भाग गई है। कैसी माँ है? माँ तो भगवान होती है। कैसा जिगर था जो छोड़ के भाग गई! हिम्मत न जाने कहाँ से आई।’ और भी बहुत कुछ कहेंगे। पर मुझे आशा है कि हमारे बच्चे नए जमाने के हैं और मुझे समझ सकेंगे। ऐसे ही तुम्हारे दफ़्तर में जब पता चलेगा तो तुम्हारे आगे सब हमदर्दी जताएँगे, पर पीठ पीछे ताली मार कर हसेंगे। पर मैं क्या कर सकती हूँ? 
    

मेरा मन अब कहीं टिक नहीं पा रहा। मुझे रह रहकर समुद्र देखने की तलब होती है। उसकी लहरों के साथ बह जाने का भी दिल कर ही जाता है। किनारे पर जब लहरें आती हैं और पैरों के नीचे से रेत बहा ले जाती हैं, वह अहसास मुझे बहुत अच्छा लगता है। मैं कैसे बताऊँ कि जब बारिश होती है तब अपने कमरे की शीशे वाली खिड़की पर पानी बहकर गिरता है, तब मुझे बहुत अच्छा लगता है। बारिश की बूंदों को हाथ में, आँखों में ...पूरे शरीर पर पड़ने देने से ऐसा लगता है, यही जीवन है। सर्दियों में जब बच्चे और तुम चले जाते हो तब, धूप में बैठना मुझे बहुत अच्छा लगता है। चटाई पर लेटकर धूप में सींचते जाने का मज़ा मुझसे पूछे कोई तो मैं बताऊँ।     

    तुम कहोगे मैं पागल हूँ। मेरा मनोविज्ञान बिगड़ गया है। अच्छी ख़ासी शादीशुदा ज़िंदगी बिता रही हो। कोई कमी नहीं फिर यह हरकत। उफ़्फ़! शायद सच में मेरा मनोविज्ञान सड़ गया है। लेकिन मुझमें यह घर छोड़ने की बात आज अचानक तो आई नहीं है। मैंने बरसों की तैयारी से इसे अपने अंदर पाया है। जब मैं शादीशुदा नहीं थी। जब कॉलेज की सीढ़ियों पर बैठे बैठे कई घंटें गुज़ार दिया करती थी। जींस में जकड़ी मेरी टांगें किसी संगीत के साथ हिला करती थीं, मानो गाना गा रही हों। पर देखो न आज साड़ी के अंदर वे दोनों आज़ाद हैं फिर भी ऐसा लगता है कि बंधी हुई हैं। हाँ, तुम सही कहते कि मैं ज़रा पागल हूँ। खैर अब इस पागल से छुटकारा मिल जाएगा। मैं जा रही हूँ। ...और आखिर में मैं जा रही हूँ।

    बीते दिनों से अपने अंदर के एक एक टुकड़े को हर रोज़ भगा रही थी। आज आखिरी टुकड़ा है जिसे लेकर मैं पूरी तरह से भाग रही हूँ। घबराहट हो रही है कदम बाहर रखने में। लेकिन अगर आज इस घबराहट से रूक गई तो कभी खुद को नहीं पा सकूँगी।


( उसने इस चिट्ठी को लिख लेने के बाद बार बार पढ़ा और तय कर के अपने गहने रखने की जगह के साथ लॉकर में रख दिया। वहाँ ऐसी ही बहुत सारी चिट्ठियाँ सांस ले रही थीं। हर चिट्ठी का विषय भागने पर ही था। उसने घड़ी पर नज़र टिकाई। तीन बजने को थे। बच्चे आ रहे होंगे। उसने लॉकर की चाभी लगा देने के बाद लंबी सांस ली और रसोई की ओर चल पड़ी। )       
 

-ज्योति आयरे 


Monday, 22 August 2016

कमरा नंबर 371 और 372

सुबह के 8 बजकर 30 मिनट हो रहे हैं। मैं 'लाइव ब्लॉग' लिख रही हूँ। जरा रूकिए। लिख नहीं रही बल्कि टाइप कर रही हूँ। कई महीनों से कलम ज़्यादा देर तक नहीं उठाई। बस यहीं आ जाती हूँ टाइप- वायप करने के लिए। 'लेकिन' ऐसे में मुझे अपनी एक दोस्त याद आ जाती है। मेरी ही तरह थी और मेरी ही हमनाम। जब वह स्कूल में देरी से आती तब देरी की वजह बड़ी दिलचस्प बताती। उसके देर से आने के कारणों को सुन सुन कर क्लास टीचर भी आदि हो गई थीं।



    उसके अनुसार उसका परिवार काफी भरा-पूरा था। उसकी बातों में बहुत से किरदार सुनाई पड़ते थे। उसके जिम्मे बहुत से काम आया करते थे और सबसे बड़ा काम जो रोज़ ही उसे करना पड़ता था वे घर और बाहर के लोगों के लिखा-पढ़ी के काम थे। उसकी बातों से कभी लगा नहीं कि वह इनसे परेशान हो जाती है। वह दिलचस्पी से अपने उन कामों के किस्से सुनाया भी करती थी। उसकी लेखनी भी सुंदर थी और कई बार टीचर ने बाकी लोगों को उससे कुछ सीख लेने की हिदायत भी थी। जैसे ही हमें पता चलता था कि गुरु ज्ञान शुरू होने वाला है तब हम सभी कान की छतरियों का टेलिकास्ट ही बंद कर लेते थे।... खैर, वापस मेरी दोस्त पर आते हैं। किस्से से भटकना ठीक नहीं।

    वह घर के लोगों के घरेलू कामों के बहाने कलम पकड़ा करती थी। कभी किराने के सामान की सूची बनाने के लिए तो कभी बैंक के किसी काम की चिट्ठी के बहाने और घर की औरतों के हाथ यदि आटे या बेसन में लिपटे हों तो समझिए बच्चों की स्कूल की छुट्टी का पत्र भी वही लिखा करती थी। रही सही कसर उसके पिता पूरी कर देते थे। किसी भी मजदूर या पड़ोसी का लिखा-पढ़ी का काम वह अपनी बेटी से करवाया करते थे।

    कुछ महीनों बाद हमने सुना कि वह अब दूसरे स्कूल में पढ़ेगी क्योंकि हमारे 'विद्यालय' में विज्ञान नहीं पढ़ाया जाता था। वह चली गई और उसके चिट्ठी-पत्री के किस्से भी उसके साथ ही चले गए। कई सालों बाद मुझे वह एक अस्पताल में दिखाई दी थी। उसने डॉक्टर वाला लिबास पहना था। वह अच्छी लग रही थी। उसके उल्टे हाथ में आला था और सीधा हाथ सफ़ेद कोट की जेब में था। उसने मुझे देखा। मैंने उसे देखा। लेकिन कोई बात नहीं हुई। मैंने अपने चेहरे के भाव बदलते हुए बात करने की कोशिश की पर वह देख कर भी अंजान सी बन गई। मैंने कोशिश को वहीं चमकने वाली स्टील कुर्सी पर रख दिया। वह कमरा नंबर 372 की ओर चली गई और मैं कमरा नंबर 371 में।

अब क्या समय हुआ है? ओह! 9 बजकर 27 मिनट। मैं शायद बहुत धीरे लिखती हूँ। नहीं फिर गलत। टाइप करती हूँ।

लिखने का सीधा प्रसारण समाप्त हुआ।

खलील जिब्रान (Khalil Gibran) की प्रसिद्ध पुस्तक द प्रोफेट (The Prophet) का हिंदी अनुवाद (संपूर्ण पुस्तक)

  द प्रोफेट जहाज़ का आगमन   अलमुस्तफ़ा, चुना हुआ और प्रिय, जो अपने ही युग के लिए प्रभात के समान था , बारह वर्षों से   नगर में उस जहाज़...