Showing posts with label challenge. Show all posts
Showing posts with label challenge. Show all posts

Wednesday, 8 March 2017

हार्मोन-शार्मोन...हाय रब्बा


आप एक तो देर से आईं और तिस पर भी दुरुस्त नहीं हो पाईं। सबसे पहले मैम, आपका शुक्रिया कि आपने 'हार्मोन आउटबर्स्ट' की जानकारी दी। वरना तो हमें पता ही नहीं था कि शारीरिक विज्ञान आख़िर है कौन-सी चिड़िया का नाम! है न मैम! आप जानवरों को प्यार करती हैं इसलिए आप शाकाहार और मांसाहार में आसानी से बच गईं। लेकिन आप तीन बिदुओं में नप गईं, पहला ' दो जेंटलमैन बिहारी गार्ड और दूसरा 'हार्मोन समीकरण' और तीसरा 'लक्ष्मण रेखा।' 
 
    मैम आप कैसे किसी प्रदेश के व्यक्तियों को ऐसी निगाह से देख सकती हैं? हालांकि आपने जेंटलमैन शब्द जोड़ लिया फिर भी आप बच नहीं पाईं यह बताने से कि आप एक प्रदेश के लोगों के बारे में क्या सोचती हैं? मैम, क्या आपके पास डेटा-वेटा है कि उसी प्रदेश विशेष के लोग सुरक्षा देने का काम करते हैं? होगा तभी आप बोल रही हैं? मैम, आप भारत के लोगों को इस निगाह से देखती हैं जबकि भारत को देखने के तमाम तरह के फ़लक हैं! जब जस्टिस काटजू उस प्रदेश के लोगों पर जोक बनाते हैं तब मुझे लगता है आपको बहुत हंसी आती होगी। मैम मुझे अच्छा नहीं लग रहा कि महिला दिवस पर आपके बारे में मैं यह सोच रही हूँ। मैं भी कुछ सालों बाद आपकी उम्र में आऊँगी और क्या यही सोच रखूंगी यही सोच रही हूँ। 
 
    डियर मैम, पानी फेरने टाइप-वाइप का काम कर दिया आपने। कहाँ कि जुनून छिन कर लाये थे...अपने हकों की...और आप तो हमारी बीरादरिन बहन होकर अपने ही लोटे में छेद का के बैठ गईं। उफ़्फ़!!! मैं और आप भी 16 या 17 बरस की उम्र से गुज़रे थे। हमने और आपने किसी पर अपना आउटबर्स्ट नहीं मारा...उफ़्फ़ !...फिर आपको कैसे लगा कि ई हर्मोनवा गड़बड़ हो जाता है। मैम, आपके और मेरी तमाम पूर्वज औरतों के न बाहर निकलने से गुलज़ार अंकल बतूता पर गाना लिख बैठ गए। सोचो वो औरतें जो इतिहास में गुमनामी की सांसें ले रही हैं, वो बाहर निकली होतीं तो क्या ग़ज़ब का देश होता अपना!...अगर औरतें घर से बाहर निकलीं होतीं तो वो भी इब्न बतूता से कम नहीं होतीं। मैंने तो अपना एक नाम कुछ दिन पहले ही इबनी बतूती रखने या फिर चीनी यात्री या फिर वास्को डिगामी रखने का मन बनाया था। लेकिन आप तो कह रही हैं लक्ष्मण रेखा ही खींच दो। मन करता है अपना माथा ही धून लूँ। मैम, पीछे की तरफ़ क्यों धक्का दे रही हैं? हमको यह तरक-वरक समझ में नहीं आ रहा। हम आपसे डिस-गरी (disagree) होते हैं। 
 
    मन तो बहुत है लिखने का लेकिन अभी आप ज़रा ख़ुद ही सोचिए कि आप क्या बोल गईं ! चलिये, गले लगिए। महिला दिवस की बधाई आपको।


Monday, 22 August 2016

कमरा नंबर 371 और 372

सुबह के 8 बजकर 30 मिनट हो रहे हैं। मैं 'लाइव ब्लॉग' लिख रही हूँ। जरा रूकिए। लिख नहीं रही बल्कि टाइप कर रही हूँ। कई महीनों से कलम ज़्यादा देर तक नहीं उठाई। बस यहीं आ जाती हूँ टाइप- वायप करने के लिए। 'लेकिन' ऐसे में मुझे अपनी एक दोस्त याद आ जाती है। मेरी ही तरह थी और मेरी ही हमनाम। जब वह स्कूल में देरी से आती तब देरी की वजह बड़ी दिलचस्प बताती। उसके देर से आने के कारणों को सुन सुन कर क्लास टीचर भी आदि हो गई थीं।



    उसके अनुसार उसका परिवार काफी भरा-पूरा था। उसकी बातों में बहुत से किरदार सुनाई पड़ते थे। उसके जिम्मे बहुत से काम आया करते थे और सबसे बड़ा काम जो रोज़ ही उसे करना पड़ता था वे घर और बाहर के लोगों के लिखा-पढ़ी के काम थे। उसकी बातों से कभी लगा नहीं कि वह इनसे परेशान हो जाती है। वह दिलचस्पी से अपने उन कामों के किस्से सुनाया भी करती थी। उसकी लेखनी भी सुंदर थी और कई बार टीचर ने बाकी लोगों को उससे कुछ सीख लेने की हिदायत भी थी। जैसे ही हमें पता चलता था कि गुरु ज्ञान शुरू होने वाला है तब हम सभी कान की छतरियों का टेलिकास्ट ही बंद कर लेते थे।... खैर, वापस मेरी दोस्त पर आते हैं। किस्से से भटकना ठीक नहीं।

    वह घर के लोगों के घरेलू कामों के बहाने कलम पकड़ा करती थी। कभी किराने के सामान की सूची बनाने के लिए तो कभी बैंक के किसी काम की चिट्ठी के बहाने और घर की औरतों के हाथ यदि आटे या बेसन में लिपटे हों तो समझिए बच्चों की स्कूल की छुट्टी का पत्र भी वही लिखा करती थी। रही सही कसर उसके पिता पूरी कर देते थे। किसी भी मजदूर या पड़ोसी का लिखा-पढ़ी का काम वह अपनी बेटी से करवाया करते थे।

    कुछ महीनों बाद हमने सुना कि वह अब दूसरे स्कूल में पढ़ेगी क्योंकि हमारे 'विद्यालय' में विज्ञान नहीं पढ़ाया जाता था। वह चली गई और उसके चिट्ठी-पत्री के किस्से भी उसके साथ ही चले गए। कई सालों बाद मुझे वह एक अस्पताल में दिखाई दी थी। उसने डॉक्टर वाला लिबास पहना था। वह अच्छी लग रही थी। उसके उल्टे हाथ में आला था और सीधा हाथ सफ़ेद कोट की जेब में था। उसने मुझे देखा। मैंने उसे देखा। लेकिन कोई बात नहीं हुई। मैंने अपने चेहरे के भाव बदलते हुए बात करने की कोशिश की पर वह देख कर भी अंजान सी बन गई। मैंने कोशिश को वहीं चमकने वाली स्टील कुर्सी पर रख दिया। वह कमरा नंबर 372 की ओर चली गई और मैं कमरा नंबर 371 में।

अब क्या समय हुआ है? ओह! 9 बजकर 27 मिनट। मैं शायद बहुत धीरे लिखती हूँ। नहीं फिर गलत। टाइप करती हूँ।

लिखने का सीधा प्रसारण समाप्त हुआ।

Saturday, 20 August 2016

बिना पंख ही उड़ते हैं शब्द

उनकी 'शोभा' न देने वाली बात में सभी खेलने वालों को एक शब्द ने उकसाया होगा। जरूर। 'चुनौती' शब्द खामोशी से उनके मन में घुस गया होगा। ऐसा हो सकता है। चुनौती शब्द सोचने पर शब्द की तस्वीर हर किसी के दिमाग में अलग-अलग बनती हैं या बनती होगी। मैंने कुछ लोगों से पूछा तो बड़े दिलचस्प प्रतिक्रियाएँ जानने को मिलीं। एक चौदह साल के युवा होते लड़के ने बताया कि जब वह यह शब्द सोचता है तब उसके दिमाग में सचिन तेंदुलकर बल्ला लिए मैदान में डटे हुए दिखते हैं। किसी मजदूर ने कहा कि उन्हें तसला और चुनाई करने वाला मसाला दिखता है जिसमें सीमेंट अधिक मात्रा में मिला होता है। एक पंद्रह साल की लड़की ने बताया कि उसे एक ऐसा कमरा दिखता है जिसमें किताबें ही किताबें रखी हुई हैं। कभी यह किताबों वाला कमरा बनता है तो कभी रद्दी अखबार वाला कमरा बन जाता है। मुझे उसकी बात पर हैरानी हुई। मैंने उससे फिर पूछा कि यह कमरे की तस्वीर क्यों दिखी, वो भी रद्दी के साथ। तब उसने बताया कि दीपावली पर घर की सफेदी करवाने पर बहुत सारा ऐसा सामान निकलता है जो कभी नया हुआ करता था पर अब कबाड़ है। घर में वे साल भर का कबाड़ किसी कोने में रखते जाते हैं। सबसे अच्छा कबाड़ रद्दी अखबार लगता है। 'कागज पीले पड़ जाते हैं फिर भी खबर ताज़ा लगती है।' यह पंक्ति उसके पिता कहते हैं। 



    उसने आगे बताया कि एक बार वह अपने पिता के साथ एक कबाड़ी की दुकान पर गई थी। उसकी दुकान में रद्दी सबसे अधिक थी और उस छोटी-सी दुकान में चारों तरफ कहीं भी नज़र उठाने में रद्दी ही दिख रही थी। दुकान का चित्र उसके दिमाग में उस दिन से रहने लगा। छुट्टियों के बाद स्कूल में टीचर ने कुछ पढ़ाते वक़्त यह कहा कि किताबों से भरा कमरा किसी पाठक के लिए चुनौती है... चेलंज है। उसे टीचर की यह बात बहुत अच्छी लगी। बस तभी से उसने चुनौती शब्द को इन चित्रों के रूप में समझा। मेरे लिए यह गतिविधि बहुत मजेदार रही। कोई एक शब्द बिना पंख हुए भी उड़ जाता है। 
 
'लेकिन' मुझे इस शब्द का एक रोचक चित्र नज़र आता है- 'मुट्ठी वाला मुक्का'... इसके पीछे भी लंबी कहानी है। फिर कभी फुर्सत से कहूंगी।
 

Wednesday, 17 August 2016

अपने को ठगना

...लेकिन रचना अपने को ठगने का अच्छा तरीका भी है

वास्तव में रचनात्मकता (कोई रचना) अपने आप को ठगने का एक बेहतरीन अदब है। 'लेकिन' आजकल इस अदब-आदाब को सीखने-सिखाने के कोर्स चल पड़े हैं। रचना जितनी समझ से दूर होगी उतनी ही बेमिसाल मानी जाएगी। रचनाकर को खुद भी समझ न आए तो भई, क्या बात है! ऐसे में यह समझ जाना चाहिए कि 33% वालों में से एक आप नहीं रहे। आप उड़नबाज़ कॉलेजों की कट-ऑफ के समान बन गए हैं। अब यह ठगी (मुझे लगता है) व्यक्तिगत दिमाग के रास्ते से होते हुए भीड़ तक बहने लगी है।




नहीं! मुझे सार्वजनिक शब्द का इस्तेमाल नहीं करना। इससे बहुत 'ओल्ड-फैशन' सी बास आती है। शब्दों का भी तो ज़माना हुआ करता था।...और देखिये न, शब्द तो धोती या लंगोट भी नहीं बांधते। अगर बांधते होते तो मैं उन्हें खींच पाती और कुछ रच लेती। लिख लेती। अपने को भी ठग लेती।    

हम्म...मेरी बातों से सिंधु घाटी की सभ्यता के अनजाने और पहेली वाले इतिहास की बू आ रही होगी। 

खलील जिब्रान (Khalil Gibran) की प्रसिद्ध पुस्तक द प्रोफेट (The Prophet) का हिंदी अनुवाद (संपूर्ण पुस्तक)

  द प्रोफेट जहाज़ का आगमन   अलमुस्तफ़ा, चुना हुआ और प्रिय, जो अपने ही युग के लिए प्रभात के समान था , बारह वर्षों से   नगर में उस जहाज़...