Showing posts with label Real Win. Show all posts
Showing posts with label Real Win. Show all posts

Saturday, 18 July 2026

वास्तविक विजय के बारे में -- पत्र - 70 (Hindi Translation of Seneca's Letters)

 प्रिय लूसीलियस 


बार-बार तुम मुझसे विशेष विषयों पर परामर्श माँगते हो, यह भूलकर कि तुम्हारे और मेरे बीच एक विशाल और निर्जन समुद्र फैला हुआ है। चूँकि अधिकांश सलाह परिस्थितियों पर निर्भर करती है। इसलिए कुछ विषयों पर मेरा उत्तर तुम्हारे पास ऐसे समय पहुँच सकता है, जब उसके ठीक विपरीत सलाह तुम्हारे लिए अधिक लाभकारी होती। क्योंकि सलाह का स्वरूप घटनाओं के अनुसार निर्धारित होता है और घटनाएँ निरन्तर बदलती रहती हैं बल्कि तीव्र गति से आगे बढ़ती हैं। इसलिए सलाह उसी दिन दी जानी चाहिए, जिस दिन उसकी आवश्यकता हो। वह भी पर्याप्त शीघ्र नहीं है। जैसा कि कहा जाता है, 'सलाह तो 'उसी क्षण, उसी स्थान पर' दी जानी चाहिए।


By Paul Klee 

    तो फिर सलाह कैसे प्राप्त की जाए? मैं तुम्हें बताता हूँ। जब भी तुम्हें यह जानना हो कि किसका अनुसरण करना चाहिए और किससे बचना चाहिए, तब अपने सर्वोच्च कल्याण (परम हित) की ओर देखो। उस लक्ष्य की ओर, जो तुम्हारे सम्पूर्ण जीवन का उद्देश्य है। हमारे प्रत्येक कर्म का उसी लक्ष्य के अनुरूप होना चाहिए। केवल वही व्यक्ति जीवन के छोटे-छोटे कार्यों को सही ढंग से व्यवस्थित कर सकता है, जिसकी दृष्टि अपने पूरे जीवन पर होती है।चित्रकार के पास यदि सभी रंग तैयार भी हों तो भी वह तब तक किसी का चित्र नहीं बना सकता, जब तक यह न तय कर ले कि उसे क्या चित्रित करना है। हमारी भूल भी यही है। हर व्यक्ति जीवन के अलग-अलग पक्षों पर विचार करता है पर सम्पूर्ण जीवन के बारे में नहीं। यदि तुम तीर चलाना चाहते हो तो पहले यह जानना आवश्यक है कि तुम्हारा लक्ष्य क्या है। तभी तुम तीर की नोक को सही दिशा दे सकते हो और उसे स्थिरता से छोड़ सकते हो। हमारी सारी सलाहें इसलिए भटक जाती हैं क्योंकि उनके सामने कोई निश्चित लक्ष्य नहीं होता। जो व्यक्ति यह नहीं जानता कि उसे किस बन्दरगाह तक पहुँचना है, उसके लिए कोई भी हवा अनुकूल सिद्ध नहीं हो सकती।

    संयोग (भाग्य) का हमारे जीवन पर बहुत बड़ा प्रभाव है। यह स्वाभाविक भी है क्योंकि हमारा जीवित होना भी संयोग का ही परिणाम है। किन्तु कभी-कभी मनुष्य किसी बात को जाने बिना भी जानता है। जैसे हम अनेक बार अपने पास ही खड़े व्यक्ति को ढूँढ़ते फिरते हैं, वैसे ही जीवन के लक्ष्य और परम कल्याण (सर्वोच्च हित) को भी प्रायः नहीं पहचान पाते, जबकि वह हमारे सामने ही उपस्थित होता है।

लम्बी-चौड़ी व्याख्याएँ तुम्हें यह नहीं बता सकतीं कि परम कल्याण क्या है; उसे तो मानो उँगली रखकर स्पष्ट दिखा देना चाहिए, ताकि वह इधर-उधर बिखर न जाए। मुझे उसके सभी विवरणों में जाने की क्या आवश्यकता है, जबकि सरलता से यह कहा जा सकता है— "परम कल्याण वही है जो सम्माननीय (नैतिक रूप से श्रेष्ठ) है।" या इससे भी अधिक स्पष्ट रूप में— "एकमात्र वास्तविक कल्याण वही है जो सम्माननीय है। अन्य सभी तथाकथित कल्याण तो केवल जाली सिक्कों के समान हैं।"

    यदि तुम इस सत्य को अपने मन में दृढ़ता से स्थापित कर लो और सद्गुण (Virtue) से गहरा प्रेम करने लगो क्योंकि केवल उसे पसंद करना पर्याप्त नहीं है तो फिर सद्गुण जिस किसी वस्तु या परिस्थिति को स्पर्श करेगा। वह तुम्हारी दृष्टि में अत्यन्त शुभ और प्रशंसनीय होगी, चाहे दूसरों को वह कैसी भी क्यों न दिखाई दे। यदि तुम यातना सहो तो उसे उसी शान्ति और निर्लिप्तता से सहोगे, जितनी स्वयं यातना देने वाले में होती है। यदि रोग आए तो तुम भाग्य को दोष नहीं दोगे और न ही रोग को अपने मन पर विजय पाने दोगे। वास्तव में, जिन बातों को दूसरे लोग बुरा मानते हैं, वे भी तुम्हारे लिए अच्छी सिद्ध होंगी, यदि तुम उनसे ऊपर उठ सको। जब यह बात तुम्हारे लिए पूर्णतः स्पष्ट हो जाएगी कि केवल सम्माननीय (नैतिक रूप से श्रेष्ठ) ही वास्तविक कल्याण है, तब जो भी वस्तु या परिस्थिति अपने-आप में कष्टदायक प्रतीत होती है, वह भी सद्गुण के कारण सम्माननीय बनकर तुम्हारी दृष्टि में कल्याण ही मानी जाएगी। बहुत-से लोग सोचते हैं कि हम स्टोइक (Stoics) मनुष्य की सामर्थ्य से कहीं अधिक ऊँची बातें करते हैं। ऐसा सोचने का उनके पास कारण भी है क्योंकि वे केवल मनुष्य के शरीर को देखते हैं। यदि वे एक बार फिर अपने मन की ओर दृष्टि करें तो उन्हें ज्ञात होगा कि मनुष्य की वास्तविक सीमा और मापदण्ड ईश्वर में निहित है।

    प्रिय लूसीलियस, उठो और स्वयं को जागृत करो। उस व्याकरण-विद्यालय और उन पांडित्य-प्रिय दार्शनिकों को पीछे छोड़ दो, जो इस अद्भुत विषय को केवल शब्दों और अक्षरों तक सीमित कर देते हैं। वे सूक्ष्म और तुच्छ बातों की शिक्षा देकर मन की गरिमा को घटा देते हैं और उसकी शक्ति को व्यर्थ नष्ट कर देते हैं। उन लोगों के समान बनो जिन्होंने इन सत्यों की खोज की थी न कि उन लोगों के समान जो दर्शन को महान बनाने के बजाय उसे कठिन प्रतीत कराने के उद्देश्य से पढ़ाते हैं। सुकरात, जिन्होंने दर्शन को पुनः नैतिक जीवन की ओर लौटाया, कहा करते थे कि बुद्धिमत्ता का सर्वोच्च शिखर यह जानने में है कि क्या अच्छा है और क्या बुरा। वे कहते थे—

"यदि मेरी बात का तुम्हारे लिए कोई महत्व है तो उन सिद्धान्तों का अनुसरण करो जिनसे तुम सुखी बन सको। यदि कोई तुम्हें मूर्ख समझे तो उसे ऐसा समझने दो। जो चाहे तुम्हारा अपमान करे या तुम्हारे साथ अन्याय करे। जब तक सद्गुण तुम्हारे साथ है, तब तक इन बातों से तुम अप्रभावित रहोगे। यदि तुम सचमुच सुखी होना चाहते हो, यदि वास्तव में एक अच्छा मनुष्य बनना चाहते हो तो लोगों की अवमानना सहने के लिए तैयार रहो।"

इस अवस्था को प्राप्त करने के लिए मनुष्य को स्वयं सभी बाहरी वस्तुओं के प्रति उदासीन होना सीखना चाहिए। जिन वस्तुओं को हम अच्छा मानते हैं, उनके बीच किसी प्रकार का भेद नहीं रखना चाहिए क्योंकि सम्माननीय (नैतिक रूप से श्रेष्ठ) के अतिरिक्त कोई भी वस्तु वास्तव में अच्छी नहीं है और जो सम्माननीय है, वह प्रत्येक परिस्थिति में समान रहता है।

    "तुम्हारा क्या आशय है? क्या इससे कोई अंतर नहीं पड़ता कि कैटो प्रेटर निर्वाचित हुआ या पराजित हो गया? क्या इससे भी कोई अंतर नहीं पड़ता कि वह फ़ार्सालस के युद्ध में हार गया या अपने शत्रु पर विजय प्राप्त कर ली? क्या उस सद्गुण का मूल्य, जिसके कारण वह अपनी ओर की हार के बाद भी अजेय बना रहा, वास्तव में उसी सद्गुण के बराबर है जो उसे युद्ध जीतकर, अपने देश लौटकर और शांति स्थापित करके प्राप्त होता?" हाँ, क्यों नहीं? विपत्ति पर विजय प्राप्त करते समय सद्गुण जैसा होता है, वैसा ही वह समृद्धि और सफलता के बीच भी बना रहता है। सद्गुण न तो बढ़ाया जा सकता है और न घटाया जा सकता है। उसका केवल एक ही स्वरूप और एक ही परिमाण होता है।

    "लेकिन ग्नेयस पोम्पेई अपनी सेना खो देगा। गणराज्य का सबसे उज्ज्वल आभूषण, कुलीन वर्ग और पोम्पेई के पक्ष की प्रथम पंक्ति अर्थात शस्त्रधारी सीनेटर, एक ही युद्ध में नष्ट हो जाएँगे। इतनी महान शक्ति के पतन के बाद उसके अवशेष पूरे संसार में बिखर जाएँगे। एक भाग मिस्र में, दूसरा अफ्रीका में और तीसरा स्पेन में। हमारा अभागा गणराज्य इतना भी सौभाग्यशाली नहीं होगा कि उसका केवल एक ही बार पतन हो।" यह सब हो सकता है। जूबा को अपने देश की भौगोलिक जानकारी का कोई लाभ न मिले। अपने राजा की रक्षा में लड़ने वाले उसके साधारण सैनिकों का अडिग साहस भी निष्फल हो जाए। विपत्तियों से टूटकर यूटिका के लोगों की निष्ठा भी डगमगा जाए और अफ्रीका में सिपियो भी अपने नाम से जुड़ी अब तक की शुभ-प्रतिष्ठा के अनुरूप सफलता प्राप्त न कर सके। किन्तु बहुत पहले ही यह सुनिश्चित हो चुका था कि कैटो को किसी प्रकार की वास्तविक हानि नहीं पहुँच सकती। "लेकिन वह तो पराजित हुआ।" हाँ, यह भी कैटो के लिए केवल एक और असफलता थी। उसने अपनी विजय में आने वाली बाधा को उतनी ही गरिमा से स्वीकार किया, जितनी गरिमा से उसने प्रेटर के चुनाव में मिली असफलता को स्वीकार किया था। जिस दिन वह चुनाव हार गया, उस दिन उसने खेल खेला और जिस रात उसे मृत्यु का वरण करना था, उस रात उसने एक पुस्तक पढ़ी। उसके लिए प्रेटर का पद खोना और अपना जीवन खोना, दोनों समान थे क्योंकि उसने अपने मन को इस सत्य के लिए तैयार कर लिया था कि जो कुछ भी घटे, उसे धैर्यपूर्वक स्वीकार करना चाहिए।

    और वास्तव में, वह गणराज्य में आए परिवर्तन को साहस और शान्ति के साथ क्यों न सहन करे? परिवर्तन के जोखिम से कौन मुक्त है? न पृथ्वी, न आकाश और न ही स्वयं यह सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड। यद्यपि इसकी रचना स्वयं ईश्वर ने की है, फिर भी यह सदा अपने वर्तमान स्वरूप में नहीं रहेगा। एक दिन ऐसा अवश्य आएगा, जो इसकी वर्तमान व्यवस्था को बदल देगा। सभी वस्तुएँ एक निश्चित क्रम के अनुसार चलती हैं। उनका जन्म होना है, उनका विकास होना है और अंततः उनका नाश होना है। जो कुछ तुम अपने ऊपर आकाश में देख रहे हो और जो कुछ तुम्हें अपने पैरों के नीचे इतना स्थिर प्रतीत होता है, वह सब एक दिन विघटित हो जाएगा। प्रत्येक वस्तु की अपनी एक आयु होती है। प्रकृति सबको अलग-अलग समय तक टिकाए रखती है, पर अंततः सबको उसी एक स्थान की ओर लौटा देती है। जो आज विद्यमान है, वह एक दिन नहीं रहेगा।

    यह नहीं कि वह पूर्णतः नष्ट हो जाता है बल्कि उसका विघटन हो जाता है। किन्तु हमें यह विघटन ही विनाश प्रतीत होता है क्योंकि हमारी दृष्टि केवल अपने निकट की वस्तुओं तक सीमित रहती है। हमारी मन्द बुद्धि शरीर के अधीन रहती है और उससे आगे देखने की क्षमता नहीं रखती। यदि हम यह समझ पाते कि जीवन और मृत्यु भी अन्य सभी वस्तुओं की भाँति क्रमशः आते और जाते रहते हैं तो हम अपने स्वयं के अंत और अपने प्रियजनों के वियोग को कहीं अधिक धैर्य और साहस के साथ सह सकते। संयुक्त वस्तुएँ विघटित हो जाती हैं और उनके पृथक् तत्त्व फिर नए रूप में संयोजित हो जाते हैं। इसी प्रकार समस्त सृष्टि का संचालन करने वाले ईश्वर की शाश्वत सृजन-प्रक्रिया निरन्तर कार्य करती रहती है। इसलिए मार्कस कैटो की भाँति हमारे विचार भी समय के पार दृष्टि डालते हुए कहेंगे—

    "समस्त मानवजाति, वर्तमान और भविष्य की मृत्यु के अधीन है। वे सभी नगर, जिन्होंने कभी संसार पर शासन किया और वे सभी नगर, जो किसी अन्य शक्ति की विजय के प्रतीक बने, एक दिन दृष्टि से ओझल हो जाएँगे और विभिन्न प्रकार के विनाश से मिट जाएँगे। कुछ युद्धों द्वारा नष्ट होंगे। कुछ उपेक्षा, शान्ति से उत्पन्न आलस्य और उस वस्तु के कारण, जो महान समृद्धि के लिए सबसे अधिक विनाशकारी है। विलासिता के कारण नष्ट हो जाएँगे। ये सभी उपजाऊ मैदान भी एक दिन समुद्र के किसी आकस्मिक विस्तार से ढँक जाएँगे अथवा पृथ्वी के धँसकर किसी अप्रत्याशित गर्त में समा जाने से विलीन हो जाएँगे। फिर मैं शिकायत क्यों करूँ? मैं इस बात से दुःखी क्यों होऊँ कि मुझे राष्ट्रों और जनसमुदायों के लिए निर्धारित अंतिम समय से केवल कुछ क्षण पहले ही जाना पड़ रहा है? एक महान आत्मा को ईश्वर की आज्ञा का पालन करना चाहिए और विश्व-व्यवस्था के नियमों का अनुसरण करने में कभी संकोच नहीं करना चाहिए। या तो वह एक श्रेष्ठ जीवन की ओर भेजी जा रही है, जहाँ वह ईश्वर के लोक में अधिक महान और अधिक शांतिमय प्रकाश के बीच निवास करेगी अथवा कम-से-कम वह सभी कष्टों से मुक्त होकर पुनः प्रकृति में विलीन हो जाएगी और सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड में लौट जाएगी।"

    इस प्रकार कैटो का सम्माननीय जीवन उसके सम्माननीय मृत्यु से अधिक श्रेष्ठ नहीं है क्योंकि सद्गुण में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं हो सकती। सुकरात कहा करते थे कि सत्य और सद्गुण एक ही हैं। जिस प्रकार सत्य न तो बढ़ता है और न घटता है, उसी प्रकार सद्गुण भी न बढ़ता है और न घटता है। वह अपने पूर्ण स्वरूप में रहता है; उसमें किसी प्रकार की वृद्धि या कमी संभव नहीं है।

    इसलिए तुम्हें यह जानकर आश्चर्य नहीं होना चाहिए कि सभी वास्तविक कल्याण समान हैं, चाहे वे वे हों जिन्हें हमें सक्रिय रूप से प्राप्त करना चाहिए या वे जिन्हें परिस्थितियों के अनुसार स्वीकार करना पड़ता है। क्योंकि यदि तुम यह मान लो कि उनमें कोई असमानता है और यह समझो कि यातना को साहसपूर्वक सहना अपेक्षाकृत कम महत्त्व का कल्याण है तो तुम अंततः उसे बुराई भी मानने लगोगे। तब तुम्हें कहना पड़ेगा कि कारागार में सुकरात दुर्भाग्यशाली थे कि कैटो दुर्भाग्यशाली थे, जब उन्होंने अपने घावों को पहले से भी अधिक साहस के साथ पुनः खोल दिया कि रेगुलस उन सब से भी अधिक दुःखी था क्योंकि उसने अपने शत्रुओं से किया हुआ वचन निभाया और उसी के कारण कठोर दण्ड सहा। किन्तु सबसे अधिक भयभीत व्यक्ति ने भी ऐसा कहने का साहस नहीं किया। लोग यह तो कहते हैं कि रेगुलस सुखी नहीं था, परन्तु यह भी स्वीकार करते हैं कि वह दुःखी भी नहीं था। प्राचीन अकादमिक दार्शनिक यह मानते थे कि रेगुलस इतनी भीषण यातनाओं के बीच भी सुखी था, किन्तु पूर्ण और परिपूर्ण अर्थ में नहीं। यह मत सर्वथा अस्वीकार्य है। यदि कोई वास्तव में सुखी नहीं है,तो उसने सर्वोच्च कल्याण प्राप्त ही नहीं किया। और यदि सर्वोच्च कल्याण प्राप्त हो गया है तो उसमें किसी और प्रकार की श्रेष्ठता जोड़ी नहीं जा सकती, क्योंकि जहाँ सद्गुण विद्यमान है, वहाँ उससे बढ़कर कुछ नहीं हो सकता। जब तक विपत्तियाँ सद्गुण को कमज़ोर नहीं करतीं और जब तक शरीर के क्षत-विक्षत हो जाने पर भी सद्गुण अक्षुण्ण बना रहता है, तब तक सर्वोच्च कल्याण भी पूर्ण बना रहता है। और वास्तव में सद्गुण अक्षुण्ण ही रहता है क्योंकि मैं सद्गुण से उस साहसी और उदात्त शक्ति का आशय लेता हूँ, जो अपने विरोध में खड़ी प्रत्येक कठिनाई से ही अपनी शक्ति प्राप्त करती है।

    उदात्त स्वभाव वाले युवा, जब किसी सम्माननीय कर्म की महानता और सौन्दर्य से प्रभावित होते हैं तो प्रायः ऐसी मनःस्थिति अपना लेते हैं कि वे बाहरी परिस्थितियों की कोई परवाह नहीं करते। किन्तु प्रज्ञा (विवेकपूर्ण ज्ञान) बिना किसी कठिनाई के मनुष्य में वही दृष्टिकोण उत्पन्न कर देती है। वह हमें इस दृढ़ विश्वास से भर देती है कि सम्माननीय (नैतिक रूप से श्रेष्ठ) ही एकमात्र वास्तविक कल्याण है। उसे न तो घटाया जा सकता है और न बढ़ाया जा सकता है। ठीक वैसे ही जैसे सीधापन मापने वाली पूर्णतः सीधी रेखा को तुम मोड़ नहीं सकते। यदि तुम उसमें कोई परिवर्तन करोगे तो वह सीधी रेखा नहीं रह जाएगी। इसी प्रकार हम सद्गुण के विषय में भी कहते हैं कि वह भी पूर्णतः सीधा और निष्कलंक है; उसमें किसी प्रकार का टेढ़ापन नहीं आ सकता। जो वस्तु पहले से ही पूर्णतः सीधी है, उसमें और क्या वृद्धि की जा सकती है? सद्गुण ही सभी वस्तुओं का मापदण्ड है। सद्गुण का मापदण्ड कोई अन्य वस्तु नहीं हो सकती। यदि स्वयं सद्गुण को अधिक सीधा या अधिक श्रेष्ठ नहीं बनाया जा सकता तो उसके द्वारा किए गए कार्यों में भी कोई एक दूसरे से अधिक श्रेष्ठ नहीं हो सकता क्योंकि वे सभी सद्गुण के एक ही मापदण्ड के अनुरूप होते हैं। इसलिए वे सभी समान हैं।

    "क्या सचमुच?" तुम कहोगे। "क्या भोजन-सभा में आराम से बैठकर भोजन करना और यातना सहना समान हो सकते हैं?" यदि यह बात तुम्हें आश्चर्यचकित करती है तो इससे भी अधिक आश्चर्यजनक बात सुनो। यदि भोजन-सभा में बैठना अनैतिक ढंग से किया जाए, तो वह बुरा है और यदि यातना सम्मानपूर्वक और सद्गुण के साथ सहन की जाए, तो वह अच्छा है। किसी कार्य का अच्छा या बुरा होना उसके बाहरी रूप या परिस्थिति पर निर्भर नहीं करता बल्कि सद्गुण पर निर्भर करता है। जहाँ सद्गुण उपस्थित होता है, वहाँ सब कुछ समान माप और समान मूल्य का हो जाता है।

    इस पर वह व्यक्ति, जो प्रत्येक मनुष्य के चरित्र का आकलन अपने ही मन के अनुसार करता है, मेरे सामने हाथ हिलाकर विरोध करने लगता है क्योंकि मैं यह कहता हूँ कि एक सम्माननीय न्यायाधीश और एक सम्माननीय अभियुक्त का कल्याण समान है। उसी प्रकार विजयी होकर विजय-यात्रा निकालने वाले सेनापति का कल्याण और उस बंदी का कल्याण भी समान है, जो उसके रथ के आगे बाँधकर ले जाया जा रहा है। पर जिसका मन किसी भी प्रकार से पराजित नहीं हुआ है। ऐसे लोग यह मान लेते हैं कि जो कार्य वे स्वयं नहीं कर सकते, वह किसी और के लिए भी असंभव है। वे सद्गुण का मूल्यांकन अपनी ही दुर्बलता के आधार पर करते हैं।

    तुम्हें इसमें आश्चर्य क्यों होता है कि जलाया जाना, घायल होना, प्रहार सहना या बेड़ियों में जकड़ा जाना भी कभी-कभी संतोष का बल्कि आनंद का कारण बन सकता है? जो व्यक्ति विलासिता का आदी होता है, उसके लिए सादगी दंड के समान होती है। जो आलसी होता है, उसके लिए श्रम किसी सज़ा जैसा लगता है। जो व्यक्ति कोमल और आरामप्रिय है, वह परिश्रमी मनुष्य पर दया करता है और निकम्मे व्यक्ति को अध्ययन भी यातना जैसा प्रतीत होता है। ठीक इसी प्रकार, जिन कार्यों को करने के लिए हम स्वयं बहुत दुर्बल होते हैं, उन्हें हम कठोर और असहनीय मान लेते हैं। हम यह भूल जाते हैं कि बहुत से लोग ऐसे भी हैं जिन्हें मदिरा के बिना रहना या प्रातःकाल जल्दी उठना अत्यंत कठिन लगता है। वास्तव में ये बातें स्वभावतः कठिन नहीं हैं। कठिनाई हमारे अपने आलस्य और दुर्बलता में है। महान चुनौतियों का सही मूल्यांकन करने के लिए महान मन की आवश्यकता होती है। अन्यथा हम दोष अपनी परिस्थितियों में ढूँढ़ते हैं, स्वयं में नहीं। यह उसी प्रकार है जैसे कुछ वस्तुएँ पूरी तरह सीधी होने पर भी पानी में डुबो देने पर टेढ़ी या टूटी हुई दिखाई देती हैं। महत्त्व केवल इस बात का नहीं है कि तुम क्या देखते हो बल्कि इस बात का भी है कि तुम उसे किस प्रकार देखते हो। हमारे मन इतने धुँधले और भ्रमग्रस्त हैं कि वे वस्तुओं को उनके वास्तविक स्वरूप में नहीं देख पाते।

    मुझे ऐसा तीक्ष्ण बुद्धि वाला युवक दो, जिसका चरित्र अभी तक भ्रष्ट न हुआ हो। वह अवश्य कहेगा कि उसके विचार में वास्तव में अधिक सौभाग्यशाली वही व्यक्ति है, जिसके कंधे विपत्तियों का समस्त भार उठाने पर भी नहीं झुकते, जो भाग्य की प्रतिकूलताओं से ऊपर उठकर खड़ा रहता है। शांत और अनुकूल परिस्थितियों में विचलित न होना कोई विशेष बात नहीं है। आश्चर्य तो तब होता है जब सबके निराश हो जाने पर भी कोई दृढ़ता से उठ खड़ा हो। जब सब गिर पड़े हों, तब भी कोई अटल खड़ा रहे।

    यातना या उन अन्य घटनाओं में, जिन्हें हम प्रतिकूल मानते हैं, वास्तव में बुराई क्या है? मेरे विचार में केवल यही कि मनुष्य अपने मन को हीन बना ले, उसे झुका दे और परिस्थितियों के सामने आत्मसमर्पण कर दे। इनमें से कोई भी बात बुद्धिमान व्यक्ति के साथ नहीं हो सकती। वह किसी भी भार के नीचे सीधा और अडिग खड़ा रहता है। कोई भी विपत्ति उसे छोटा नहीं बना सकती और जो कुछ उसे सहना पड़ता है, उससे वह अप्रसन्न नहीं होता। मनुष्य के जीवन में जो कुछ भी घट सकता है, उनमें से किसी भी बात की वह केवल इसलिए शिकायत नहीं करता कि वह उसके साथ घटी है। वह अपनी शक्ति को जानता है। वह जानता है कि उसका जन्म ही भारों को धैर्यपूर्वक वहन करने के लिए हुआ है।

    मैं बुद्धिमान व्यक्ति को शेष मानवजाति से अलग कोई विशेष वर्ग नहीं मानता और न ही उसे ऐसा निर्जीव पत्थर समझता हूँ, जिसे पीड़ा या दुःख का कोई अनुभव ही न हो। मैं यह ध्यान में रखता हूँ कि वह दो भागों से बना है। एक भाग अतार्किक है। वही पीड़ा, जलन और शारीरिक कष्ट का अनुभव करता है। दूसरा भाग तर्कसंगत है। वही दृढ़ और अडिग धारणाओं को धारण करता है तथा निर्भय और अजेय रहता है। मनुष्य का सर्वोच्च कल्याण इसी तर्कसंगत भाग में स्थित है। जब तक यह सर्वोच्च कल्याण पूर्ण रूप से विकसित नहीं हो जाता, तब तक मन अस्थिर और व्याकुल बना रहता है। परन्तु जब वह पूर्णता प्राप्त कर लेता है, तब मन स्थिर, शांत और अविचल हो जाता है।इसी कारण जो व्यक्ति सद्गुण के मार्ग पर चलना प्रारम्भ कर चुका है, जो उसके प्रति समर्पित है, किन्तु अभी भी शिखर की ओर बढ़ रहा है, जो पूर्णता के निकट तो पहुँच गया है। पर अभी अंतिम सिद्धि प्राप्त नहीं कर सका, वह कभी-कभी शिथिल पड़ जाता है और उसका ध्यान डगमगा जाता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि वह अभी अनिश्चितताओं से पूरी तरह मुक्त नहीं हुआ है। वह अभी भी अस्थिर भूमि पर खड़ा है। किन्तु जो व्यक्ति वास्तव में सुखी है और जिसने सद्गुण की पूर्णता प्राप्त कर ली है, वह स्वयं से सबसे अधिक संतुष्ट तब होता है जब उसने किसी चुनौती का असाधारण साहस के साथ सामना किया हो। जिन परीक्षाओं से अन्य लोग भयभीत होते हैं, उन्हें वह केवल सहन ही नहीं करता बल्कि यदि वे किसी सम्माननीय कर्तव्य का मूल्य हों, तो उनका स्वागत भी करता है। वह 'क्या सौभाग्य है!' सुनने की अपेक्षा 'क्या महान कर्म है!' सुनना कहीं अधिक पसंद करेगा।

    अब मैं उस विषय पर आता हूँ, जिसके बारे में उत्तर देने की तुम्हें प्रतीक्षा थी। ऐसा न लगे कि हमारा यह सद्गुण प्रकृति के नियमों से बाहर चला जाता है। इसलिए मैं स्पष्ट कहता हूँ कि बुद्धिमान व्यक्ति भी काँपेगा, पीड़ा का अनुभव करेगा और उसका चेहरा भी पीला पड़ जाएगा। क्योंकि ये सभी शरीर की स्वाभाविक प्रतिक्रियाएँ हैं। फिर रोग कहाँ है? वास्तविक हानि किस बात में है? मैं बताता हूँ। वास्तविक हानि तब होती है जब ये प्रतिक्रियाएँ मन को नीचे गिरा दें, जब वे उसे यह स्वीकार करने पर विवश कर दें कि वह परिस्थितियों का दास है और जब वे उसे अपने ही मानवीय स्वभाव पर पश्चात्ताप करने के लिए बाध्य कर दें। बुद्धिमान व्यक्ति साहस के द्वारा दुर्भाग्य पर विजय प्राप्त करता है। किन्तु ऐसे बहुत-से लोग, जो स्वयं को बुद्धिमान कहते हैं, कभी-कभी अत्यन्त तुच्छ भय से भी आतंकित हो जाते हैं। यहाँ दोष हमारा है क्योंकि हम उस व्यक्ति से, जो अभी प्रगति के मार्ग पर है, वही अपेक्षा करते हैं जो एक पूर्णतः सिद्ध बुद्धिमान व्यक्ति से की जानी चाहिए। मैं स्वयं अभी उन सिद्धान्तों को अपने भीतर दृढ़ करने का प्रयत्न कर रहा हूँ, जिनकी मैं प्रशंसा करता हूँ। मुझे अभी उन पर पूर्ण विश्वास भी प्राप्त नहीं हुआ है। यदि हो भी गया हो, तब भी मैंने उनका इतना अभ्यास नहीं किया है कि वे प्रत्येक विपत्ति के समय तत्काल मेरी सहायता के लिए उपस्थित हो जाएँ। जिस प्रकार कुछ रंग ऊन पर तुरंत चढ़ जाते हैं, जबकि कुछ रंगों को अच्छी तरह चढ़ाने के लिए बार-बार भिगोना और उबालना पड़ता है, उसी प्रकार कुछ विद्याएँ ऐसी होती हैं जो उन्हें सीखते ही हमारे मन पर अपना प्रभाव छोड़ देती हैं। परन्तु यह शिक्षा ऐसी नहीं है। इसे हमारे भीतर पूरी तरह समा जाना चाहिए। यह केवल ऊपर-ऊपर रंग न चढ़ाए बल्कि हमारे व्यक्तित्व में गहराई तक उतरकर स्थायी रंग बन जाए। अन्यथा यह अपने किसी भी वचन को पूरा नहीं कर सकेगी।

    इसे कहने के लिए केवल कुछ ही शब्द पर्याप्त हैं। सद्गुण ही एकमात्र वास्तविक कल्याण है और यह भी निश्चित है कि सद्गुण के बिना कोई भी वस्तु कल्याण नहीं है। साथ ही, सद्गुण हमारे श्रेष्ठतम भाग में स्थित है अर्थात हमारे तर्कसंगत मन में। यह सद्गुण क्या है? यह सत्य तथा अडिग निर्णय-शक्ति है। इसी से मन की सभी प्रेरणाएँ उत्पन्न होती हैं और इसी के द्वारा प्रत्येक वह अनुभूति, जो किसी प्रेरणा को जन्म देती है, पूर्णतः स्पष्ट और सही रूप में समझी जाती है।

    इस निर्णय-शक्ति के अनुरूप यही उचित है कि सद्गुण से सम्बद्ध सभी वस्तुओं को कल्याण माना जाए और उन्हें एक-दूसरे के समान समझा जाए। शरीर से सम्बन्धित वस्तुएँ शरीर के लिए उपयोगी अवश्य हैं किन्तु वे वास्तविक अर्थ में कल्याण नहीं हैं। उनका कुछ मूल्य तो हो सकता है परन्तु उनका कोई सच्चा नैतिक महत्व नहीं होता। इसलिए वे एक-दूसरे से भिन्न होती हैं; कुछ का मूल्य कम होता है और कुछ का अधिक। जो लोग प्रज्ञा की खोज में लगे हैं, उनके बीच भी भिन्नता स्वीकार करनी होगी। किसी व्यक्ति ने इतनी प्रगति कर ली होती है कि वह भाग्य की चुनौतियों का सामना करने का साहस रखता है, किन्तु वह अभी स्थिर नहीं हुआ होता। परिस्थितियों की तीव्रता से चकाचौंध होकर उसका साहस डगमगा जाता है। दूसरा व्यक्ति इतना आगे बढ़ चुका होता है कि वह भाग्य का सीधे सामना कर सकता है। सम्भव है कि वह पूर्णता के शिखर तक भी पहुँच चुका हो और उसका आत्मविश्वास पूर्णतः दृढ़ हो। जो अभी अपूर्ण है, उसका कभी-कभी लड़खड़ा जाना स्वाभाविक है। वह आगे बढ़ता है, फिर कभी पीछे फिसल जाता है या गिर पड़ता है। किन्तु यदि वह अपने संघर्ष और प्रगति में निरन्तर बना नहीं रहता, यदि वह अपने प्रयासों और दृढ़ संकल्प को शिथिल कर देता है तो उसका पीछे हटना निश्चित है। जो व्यक्ति किसी साधना को बीच में छोड़ देता है, वह दोबारा आरम्भ करने पर वहीं से शुरू नहीं कर पाता जहाँ उसने उसे छोड़ा था।

    आओ, हम आगे बढ़ें और निरन्तर प्रयास करते रहें। हमारे सामने जो चुनौतियाँ हैं, वे उन चुनौतियों से भी बड़ी हैं जिन्हें हम पहले ही पार कर चुके हैं। किन्तु प्रगति का सबसे बड़ा भाग तो प्रगति करने की सच्ची इच्छा में ही निहित है। मैं अपने भीतर इस इच्छा को स्पष्ट रूप से अनुभव करता हूँ। मैं पूरे मन से आगे बढ़ना चाहता हूँ। मैं देखता हूँ कि तुम भी उसी प्रेरणा से ओत-प्रोत हो। तुम उत्साहपूर्वक जीवन के सबसे सुंदर लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हो। आओ, हम दोनों शीघ्रता करें। तभी जीवन वास्तव में जीने योग्य है। अन्यथा हम केवल समय व्यतीत कर रहे हैं और वह भी लज्जाजनक ढंग से, चारों ओर की कुरूपताओं से घिरे हुए। हमें ऐसा प्रयास करना चाहिए कि जीवन का प्रत्येक क्षण हमारा अपना हो। किन्तु कोई भी क्षण वास्तव में हमारा नहीं हो सकता, जब तक हम स्वयं अपने स्वामी न बन जाएँ।

    कब वह समय आएगा जब मैं अच्छे और बुरे भाग्य, दोनों को समान भाव से तुच्छ समझ सकूँगा? कब मैं अपनी सभी वासनाओं और भावनाओं को अपने विवेक के अधीन कर सकूँगा और यह कह सकूँगा—'विजय मेरी है!' क्या तुम पूछते हो कि मैंने किस पर विजय प्राप्त की है? न तो फ़ारसियों पर, न दूरवर्ती मेड लोगों पर और न ही पार्थियों की सीमाओं से परे रहने वाली किसी युद्धप्रिय जाति पर। मैंने विजय प्राप्त की है लोभ पर, महत्वाकांक्षा पर और उस शक्ति पर जो राष्ट्रों के विजेताओं को भी पराजित कर देती है, मृत्यु के भय पर।


अभी के लिए विदा 

Tuesday, 14 July 2026

उचित चुनाव के संदर्भ में - पत्र 62 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


जो लोग यह दिखाना चाहते हैं कि उनके कार्यों का बोझ उन्हें उदार विद्याओं के अध्ययन से वंचित कर देता है, वे असत्य बोलते हैं। यह सब केवल दिखावा है क्योंकि वे स्वयं ही अपने ऊपर नए-नए काम लादते रहते हैं। यदि वे अत्यधिक व्यस्त हैं तो उसका कारण वे स्वयं हैं। लूसीलियस, मेरे पास समय है। हाँ, मेरे पास वास्तव में समय है। मैं जहाँ भी रहता हूँ, अपने ही अधिकार में रहता हूँ। मैं अपने आपको कार्यों के हवाले नहीं कर देता। मैं केवल उन्हें अपने समय का उधार देता हूँ। मैं अपना समय नष्ट करने के बहाने नहीं खोजता। जहाँ कहीं भी मुझे ठहरने का अवसर मिलता है, वहीं मैं अपने विचारों को परखता हूँ और उनमें से कोई-न-कोई कल्याणकारी चिंतन प्राप्त कर लेता हूँ। जब मैं अपने मित्रों के साथ समय बिताता हूँ, तब भी मैं स्वयं से दूर नहीं होता। जिन लोगों के साथ केवल संयोगवश या किसी सार्वजनिक दायित्व के कारण मेरा संपर्क हो जाता है, उनके साथ मैं आवश्यकता से अधिक समय नहीं बिताता। इसके विपरीत, मैं स्वयं अपने लिए सर्वोत्तम संगति का चुनाव करता हूँ। अपना मन उन्हीं को समर्पित करता हूँ, चाहे वे किसी भी स्थान के हों और किसी भी युग में जीवित रहे हों। मैं अपने साथ दिमीत्रियस जैसे श्रेष्ठ पुरुष को लेकर चलता हूँ। मैं टायरियन बैंगनी वस्त्र पहनने वालों को छोड़कर उसी से संवाद करता हूँ और उसी का आदर करता हूँ, जो लगभग वस्त्रहीन है। मैं उसका आदर क्यों न करूँ? मैंने देखा है कि उसे किसी भी वस्तु का अभाव नहीं है।


By Gogh 

    किसी भी मनुष्य के पास सब कुछ नहीं हो सकता पर ऐसा मनुष्य अवश्य हो सकता है जो सब कुछ तुच्छ समझ सके। धनवान बनने का सबसे शीघ्र मार्ग धन का तिरस्कार करना है। पर हमारा मित्र दिमीत्रियस इस प्रकार जीवन नहीं जीता कि मानो वह केवल सब वस्तुओं का तिरस्कार करता हो बल्कि वह इस प्रकार जीता है मानो उसने उन सब वस्तुओं को दूसरों के उपभोग के लिए छोड़ दिया हो।

Tuesday, 7 July 2026

असाधारणता एवं व्यवहारबोध के संदर्भ में - पत्र - 43 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


तुम पूछते हो, मुझे यह कैसे पता चला? तुम्हारी योजनाओं के बारे में मुझे किसने बताया जबकि तुमने स्वयं किसी को कुछ नहीं बताया था? उसने, जो अधिकांश बातों को जानता है गॉसिप द्वारा।



    तुम कहते हो, “मैं कब से इतना महत्वपूर्ण हो गया कि मेरे बारे में गॉसिप फैलने लगीं?” अपने महत्व का आकलन इस स्थान के आधार पर मत करो बल्कि उस स्थान के संदर्भ में करो जहाँ तुम रहते हो। जो भी वस्तु अपने परिवेश में सबसे अलग और प्रमुख दिखाई देती है, उसी स्थान पर वह महत्वपूर्ण मानी जाती है। महानता का कोई एक निश्चित आकार नहीं होता। तुलना ही किसी वस्तु को बड़ा या छोटा बनाती है। नदी में बड़ा दिखाई देने वाला जहाज़ समुद्र में बहुत छोटा लग सकता है। वही पतवार एक नाव के लिए बड़ी होती है तो दूसरी के लिए छोटी। इसलिए, अब जब तुम अपने प्रांत में हो तो तुम एक महत्वपूर्ण व्यक्ति हो, चाहे तुम स्वयं को कितना ही साधारण क्यों न समझो। तुम्हारे कार्यकलाप, तुम्हारी भोजन-व्यवस्था, यहाँ तक कि तुम्हारे सोने-जागने की आदतें भी लोगों की रुचि और चर्चा का विषय हैं। वास्तव में सबको उनकी जानकारी है।

    इसलिए तुम्हें अपने जीवन-व्यवहार के प्रति और भी अधिक सावधान रहना चाहिए। अपने आपको भाग्यशाली समझो यदि तुम ऐसा जीवन जी सकते हो जो सबके सामने खुला हो। जहाँ दीवारें तुम्हारी रक्षा के लिए हों, छिपाने के लिए नहीं। क्योंकि सामान्यतः हम यह मानते हैं कि हमारे चारों ओर दीवारें हमें सुरक्षित रखने के लिए नहीं बल्कि हमारे दुष्कर्मों को अधिक गोपनीयता देने के लिए हैं। मैं तुम्हें हमारे नैतिक पतन का एक मापदंड बताता हूँ। तुम्हें शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति मिलेगा जो अपना दरवाज़ा खुला रखकर जी सके। द्वार पर चौकीदार दिखावे के लिए नहीं बैठाया जाता। उसका कारण अपराधबोध होता है। हम जिस प्रकार जीवन जीते हैं, उसमें किसी का बिना सूचना के आ जाना मानो रंगे हाथों पकड़े जाने के समान है।

    लेकिन अपने आपको लोगों की नज़रों और कानों से छिपाने का क्या लाभ? एक अच्छा अंतःकरण भीड़ का स्वागत करता है जबकि बुरा अंतःकरण एकांत में भी चिंता और व्याकुलता से ग्रस्त रहता है। यदि तुम्हारे कर्म सम्मानजनक हैं तो उन्हें सबके सामने आने दो। यदि वे लज्जाजनक हैं तो इससे क्या फ़र्क पड़ता है कि कोई और उन्हें जानता है या नहीं? तुम स्वयं तो जानते ही हो। हाय तुम्हारी दशा पर, यदि तुम्हें इस साक्षी की कोई परवाह ही नहीं है!

वस्तुओं के वास्तविक मूल्य के संदर्भ में --पत्र - 42 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 

क्या उसने तुम्हें पहले ही यह विश्वास दिला दिया है कि वह एक अच्छा मनुष्य है? वास्तव में किसी मनुष्य का अच्छा होना या उसे अच्छे मनुष्य के रूप में पहचाना जाना इतनी कम अवधि में संभव नहीं है।

    तुम समझते हो कि वर्तमान संदर्भ में मैं किस प्रकार के अच्छे मनुष्य की बात कर रहा हूँ। उस दूसरे दर्जे के अच्छे मनुष्य की। क्योंकि वह सर्वोच्च प्रकार का मनुष्य तो शायद पाँच सौ वर्षों में एक बार ही जन्म लेता है, ठीक वैसे ही जैसे फीनिक्स पक्षी। इसमें कोई आश्चर्य नहीं कि जो वास्तव में महान है, वह बहुत लंबे अंतराल पर ही उत्पन्न होता है। साधारण लोगों को तो संयोग और प्रकृति बड़ी संख्या में पैदा कर देते हैं। वे भीड़ का हिस्सा होते हैं। परन्तु जो असाधारण होता है, वह दुर्लभ होता है। उसका दुर्लभ होना ही उसकी श्रेष्ठता का प्रमाण है।



    लेकिन जिस व्यक्ति का तुम उल्लेख कर रहे हो, वह अभी उस आदर्श से बहुत दूर है जिसका वह दावा करता है। यदि वह सचमुच जानता कि एक अच्छा मनुष्य क्या होता है तो वह स्वयं को अभी अच्छा मनुष्य नहीं मानता। बल्कि सम्भव है कि वह कभी ऐसा बन पाने की आशा ही छोड़ बैठता।

    “लेकिन वह दुष्ट लोगों से घृणा करता है!” हाँ, और दुष्ट लोग भी स्वयं दुष्टता से घृणा करते हैं। दुष्कर्म का इससे कठोर दंड और कोई नहीं कि मनुष्य स्वयं अपने प्रति अपराध करता है। साथ ही अपने परिवार तथा मित्रों के प्रति भी।

    “लेकिन वह उन सभी लोगों से घृणा करता है जो स्वयं पर नियंत्रण न होने के कारण अपनी महान शक्ति का मनमाना उपयोग करते हैं।” हाँ, पर जब उसके पास स्वयं वह शक्ति होगी तो वह भी वही करेगा। बहुत-से लोगों के दोष केवल इसलिए दिखाई नहीं देते क्योंकि वे उन्हें कार्यरूप देने में असमर्थ होते हैं। जैसे ही उन्हें अपनी शक्ति पर भरोसा हो जाता है। वे उतनी ही निर्भीकता से व्यवहार करते हैं जितना वे लोग, जिन्हें भाग्य पहले ही अवसर और सामर्थ्य दे चुका है। उनकी दुष्टता की पूरी सीमा प्रकट होने से केवल साधनों की कमी रोकती है। यह उसी प्रकार है जैसे विषैला साँप ठंडे मौसम में सुरक्षित प्रतीत होता है। क्योंकि वह सुस्त पड़ा रहता है। उसका विष तो तब भी मौजूद रहता है, बस निष्क्रिय होता है। इसी प्रकार अनेक लोगों की क्रूरता, महत्वाकांक्षा या भोग-विलास की प्रवृत्ति केवल भाग्य के कारण उन सबसे बुरे उदाहरणों जैसी नहीं दिखती। उन्हें बस वह शक्ति नहीं मिली होती जिसकी उन्हें इच्छा है। उन्हें केवल इतना सामर्थ्य दे दो कि वे अपनी इच्छा के अनुसार कार्य कर सकें, तब तुम देखोगे कि उनकी इच्छाएँ भी वही हैं जो दूसरों की हैं।

    क्या तुम्हें याद है, जब तुमने मुझे बताया था कि एक व्यक्ति तुम्हारे वश में है और मैंने कहा था कि वह चंचल स्वभाव का है। भाग जाने की प्रवृत्ति रखता है। तुमने उसे उसके पैर से नहीं बल्कि उसके पंख से पकड़ रखा है? मैं गलत था। तुमने उसे पंख से भी नहीं, केवल एक पर (पंख के रेशे) से पकड़ रखा था। अब वह उसे पीछे छोड़कर उड़ चुका है। तुम जानते हो कि बाद में उसने तुम्हारे साथ कैसी चालें चलीं, कितने घुमावदार और छलपूर्ण उपाय अपनाए। अंततः उसने किसी और को नहीं, केवल स्वयं को धोखा दिया। वह यह नहीं समझ सका कि वह दूसरों के संकटों से गुजरता हुआ बड़ी तेजी से अपने ही विनाश की ओर बढ़ रहा था। उसे यह भी समझ में नहीं आया कि जिन वस्तुओं के पीछे वह भाग रहा था, वे अनावश्यक थीं। यदि वे अनावश्यक न भी होतीं, तब भी वे उसके लिए बोझ ही बनतीं।

    यही वह बात है जिसे हमें सदैव ध्यान में रखना चाहिए। जिन वस्तुओं के लिए हम प्रतिस्पर्धा करते हैं, जिन पर हम इतना परिश्रम और ऊर्जा लगाते हैं, वे या तो हमें कोई लाभ नहीं देतीं या फिर लाभ से अधिक हानि पहुँचाती हैं। कुछ वस्तुएँ पूरी तरह अनावश्यक हैं। कुछ ऐसी हैं जो उन्हें प्राप्त करने में होने वाले कष्ट के योग्य ही नहीं हैं। लेकिन हम यह बात समझ नहीं पाते। हम सोचते हैं कि ये चीज़ें हमें बिना किसी कीमत के मिल रही हैं जबकि वास्तव में उनकी कीमत बहुत भारी होती है। यहीं हमारी मूर्खता सबसे स्पष्ट दिखाई देती है। हम यह मानते हैं कि केवल वही वस्तुएँ मूल्य चुकाकर प्राप्त की जाती हैं जिनके लिए हम धन खर्च करते हैं। जिन चीज़ों को हम 'मुफ़्त' समझते हैं, उनके लिए हम वास्तव में अपना सम्पूर्ण अस्तित्व खर्च कर रहे होते हैं। जिन वस्तुओं के लिए हम अपना घर, कोई सुखद संपत्ति या उपजाऊ ज़मीन छोड़ने को तैयार नहीं होते, उन्हें पाने के लिए हम चिंता, संकट, स्वतंत्रता की हानि, चरित्र की क्षति और अपने बहुमूल्य समय का बलिदान देने को तैयार हो जाते हैं। इस प्रकार, सच तो यह है कि हम स्वयं को संसार की किसी भी वस्तु से कम मूल्यवान समझते हैं।

    इसलिए हमें हर परिस्थिति में और अपने प्रत्येक निर्णय में वैसा ही व्यवहार करना चाहिए जैसा हम बाज़ार में करते हैं। जब किसी विक्रेता के पास कोई ऐसी वस्तु हो जिसे हम बहुत चाहें, हमें पूछना चाहिए कि इसकी कीमत क्या है? अक्सर किसी वस्तु की कीमत बहुत अधिक होती है, भले ही वह हमें बिना धन दिए मिल जाए। मैं तुम्हें ऐसी अनेक चीज़ें दिखा सकता हूँ जिनकी प्राप्ति के क्षण ही हमने अपनी स्वतंत्रता खो दी। यदि वे वस्तुएँ हमारी न होतीं, तो हम स्वयं अपने स्वामी होते। दूसरे शब्दों में, जिन चीज़ों को हम अपना समझकर पकड़ लेते हैं, कई बार वही हमें अपना बंधक बना लेती हैं। यदि हम उनके स्वामी न बनते तो अपने आप पर हमारा अधिकार बना रहता।

    इसलिए इस बात पर विचार करो। केवल तब नहीं जब तुम कोई वस्तु प्राप्त करो बल्कि तब भी जब तुम कोई वस्तु खो दो।

    “तुम उसे फिर कभी नहीं देखोगे।” नहीं, लेकिन वह तुम्हें संयोगवश ही मिली थी। तुम उसके बिना उतनी ही आसानी से जीवन बिताओगे जितनी आसानी से उसके मिलने से पहले बिताते थे। यदि वह लंबे समय तक तुम्हारे पास रही है तो तुम उसे पर्याप्त रूप से भोग लेने के बाद खो रहे हो। यदि वह अधिक समय तक तुम्हारे पास नहीं रही तो तुम उसे उसके अभ्यस्त होने से पहले ही खो रहे हो।

    “तुम्हारे पास अब उतना धन नहीं रहेगा।” नहीं, लेकिन तुम्हारे पास उतनी परेशानियाँ भी नहीं रहेंगी। “तुम्हारा प्रभाव और प्रतिष्ठा अब उतनी नहीं रहेगी।” और न ही तुम्हें उतनी शत्रुता और द्वेष का सामना करना पड़ेगा।

    उन सभी चीज़ों पर विचार करो जिनके कारण हम व्याकुल हो उठते हैं। जिनके खो जाने पर हम सबसे अधिक विलाप करते हैं। तुम देखोगे कि हमें वास्तव में वंचित होना नहीं सताता बल्कि वंचित होने का विचार सताता है। मनुष्य सोचता है कि उसे कोई हानि हुई है पर वास्तव में वह उस हानि को अनुभव नहीं करता।

    जब कोई व्यक्ति स्वयं का स्वामी बन जाता है, तब उससे कभी कुछ नहीं खोता। लेकिन ऐसे लोग जिन्होंने स्वयं पर यह अधिकार प्राप्त कर लिया हो, बहुत ही दुर्लभ हैं।


अभी के लिए विदा 

ईश्वर एवं मनुष्य के गुणों के संदर्भ में -- पर - 41 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

  प्रिय लूसीलियस 

यदि, जैसा कि तुम्हारे पत्र से पता चलता है, तुम मानसिक उत्कृष्टता (उत्तम चरित्र और बुद्धि) की ओर बढ़ने में निरंतर लगे हुए हो तो तुम वही कर रहे हो जो तुम्हारे लिए सबसे अच्छा और सबसे लाभदायक है। इसके लिए प्रार्थना करना कितना मूर्खतापूर्ण है! यह ऐसी कामना है जिसे तुम स्वयं ही पूरा कर सकते हो।



    तुम्हें स्वर्ग की ओर हाथ उठाने की आवश्यकता नहीं है। तुम्हें मंदिर के पुजारी से विशेष प्रवेश की याचना करने की भी आवश्यकता नहीं है, मानो देवप्रतिमा के अधिक निकट पहुँच जाने से हमारी प्रार्थना अधिक अच्छी तरह सुनी जाएगी। ईश्वर तुम्हारे निकट है... तुम्हारे साथ है... तुम्हारे भीतर है। मैं यह बात गंभीरता से कहता हूँ, लूसीलियस। एक पवित्र आत्मा हमारे भीतर निवास करती है जो हमारे सभी शुभ और अशुभ कर्मों की साक्षी और संरक्षिका है। हम उस आत्मा के साथ जैसा व्यवहार करते हैं, वह आत्मा भी हमारे साथ वैसा ही व्यवहार करती है। वास्तव में, ईश्वर के बिना कोई मनुष्य अच्छा नहीं बन सकता। क्या कोई ऐसा है जो ईश्वर की सहायता के बिना भाग्य के उतार-चढ़ावों से ऊपर उठ सके? महान और उदात्त विचार तथा सही और धर्मपूर्ण सलाह, ईश्वर ही हमें प्रदान करता है। प्रत्येक अच्छे मनुष्य में एक देवता निवास करता है। वह कौन-सा देवता है, यह अज्ञात रहता है।

    यदि संयोगवश तुम ऐसे वन में पहुँचो जो अत्यन्त प्राचीन और असाधारण ऊँचे वृक्षों से घना भरा हो, जहाँ एक-दूसरे में उलझी शाखाएँ दिन के प्रकाश को भीतर आने से रोक देती हों तो उस वनस्थल की ऊँचाई, एकान्तता और धरती के ऊपर इतनी गहरी तथा अखंड छाया का आश्चर्य तुम्हें यह विश्वास दिलाएगा कि वहाँ कोई दिव्य सत्ता विद्यमान है। यदि तुम किसी गुफा को देखो जो समय के प्रभाव से गहराई तक क्षरित हो चुकी हो, किसी ऐसे विशाल कक्ष को जो मनुष्य के हाथों से नहीं बनाया गया हो बल्कि प्रकृति ने स्वयं पर्वत की जड़ों में खोखला कर दिया हो तो वह तुम्हारे मन में धार्मिक विस्मय और श्रद्धा का भाव उत्पन्न करेगा। हम महान नदियों के उद्गम-स्थलों का सम्मान करते हैं। जहाँ कोई तीव्र जलधारा अचानक किसी छिपे हुए स्रोत से फूट पड़ती है, वहाँ हम वेदी स्थापित करते हैं। गर्म जल के स्रोत धार्मिक अनुष्ठानों के स्थान बन जाते हैं और अनेक झीलों को उनकी गहन अंधकारमयता या अथाह गहराई के कारण पवित्र माना गया है। इसी प्रकार, यदि तुम किसी ऐसे मनुष्य को देखो जो संकटों से निर्भय हो, इच्छाओं से अप्रभावित हो, विपत्ति में प्रसन्नचित्त रहे और तूफ़ानों के बीच भी शांत बना रहे, जो समस्त मानवजाति से ऊपर उठ चुका हो और देवताओं के समकक्ष खड़ा दिखाई दे तो क्या उसके प्रति तुम्हारे मन में गहरी श्रद्धा और आदर का भाव नहीं जाग उठेगा?

    क्या तुम यह नहीं कहोगे, “यहाँ कुछ ऐसा उपस्थित है जो इतना महान और इतना उदात्त है कि हम यह विश्वास ही नहीं कर सकते कि यह उसी तुच्छ शरीर के समान है जिसमें यह निवास करता है। एक दिव्य शक्ति इस मनुष्य पर अवतरित हुई है। वह उत्कृष्ट और अनुशासित मन, जो हर वस्तु को अपने से छोटा समझते हुए उसके पार चला जाता है, जो हमारे सभी भय और सभी लालसाओं पर हँसता है, किसी स्वर्गीय शक्ति से प्रेरित है। इतनी महान सत्ता दिव्यता के सहारे के बिना सीधी खड़ी नहीं रह सकती। इसलिए उसका अस्तित्व बहुत अंश तक उसी स्थान में है जहाँ से वह यहाँ उतरी है। जैसे सूर्य की किरणें पृथ्वी को स्पर्श करती हैं फिर भी उनका वास्तविक अस्तित्व अपने उद्गम-स्थल में ही रहता है, उसी प्रकार वह महान और पवित्र मन, वह मन जिसे हमें दिव्यता का अधिक निकट ज्ञान कराने के लिए भेजा गया है। यद्यपि हमारे बीच रहता है फिर भी अपनी मूल सत्ता में ही स्थित रहता है। उसका आधार वहीं है। उसी की ओर उसका लक्ष्य और प्रयोजन है। वह हमारे कार्य-व्यवहारों में सम्मिलित अवश्य होता है। परन्तु ऐसा हमारे से श्रेष्ठ मार्गदर्शक के रूप में करता है।”

    तो वह मन कैसा है? वह ऐसा मन है जो अपने ही गुणों के प्रकाश से चमकता है। क्या हम किसी व्यक्ति की प्रशंसा उन गुणों के लिए करते हैं जो वास्तव में किसी और के हैं? इससे अधिक मूर्खतापूर्ण बात और क्या हो सकती है? क्या हम उन वस्तुओं पर आश्चर्य करते हैं जो एक क्षण में किसी दूसरे के पास चली जा सकती हैं? इससे अधिक नासमझी और क्या होगी? सोने की लगाम घोड़े को बेहतर नहीं बना देती। उसी प्रकार, वह सिंह जिसका अयाल सोने के आभूषणों से सजा दिया गया हो, जिसे वश में कर लिया गया हो और तरह-तरह की सजावटी वस्तुओं से लाद दिया गया हो, तथा जिसे उसके प्रशिक्षक आगे बढ़ाते हों, वह उस जंगली सिंह से कितना भिन्न है जिसकी आत्मा अब भी अजेय है! निस्संदेह वही सिंह श्रेष्ठ है जो आक्रमण करते समय अपनी स्वाभाविक उग्रता में दिखाई देता है, जैसा प्रकृति ने उसे बनाया है; जिसकी कठोर और स्वाभाविक शोभा किसी बाहरी आभूषण की मोहताज नहीं है बल्कि जिसका वैभव केवल उसे देखने वालों के मन में उत्पन्न भय और विस्मय में निहित है। वह उस दूसरे सुस्त, स्वर्णाभूषणों से सजे हुए प्राणी से कहीं अधिक महान है।

    किसी मनुष्य को केवल उसी बात पर गर्व करना चाहिए जो वास्तव में उसकी अपनी हो। हम बेल (अंगूर की लता) की प्रशंसा तभी करते हैं जब उसकी शाखाएँ अंगूरों के गुच्छों से लदी हों। जब वह इतनी फलवती हो कि उसे संभालने वाले सहारे भी उसका भार न उठा सकें। क्या कोई सचमुच उस बेल को अधिक पसंद करेगा जिस पर सोने के फल और सोने की पत्तियाँ लटका दी गई हों? फल के साथ होना ही बेल का विशिष्ट गुण है। उसी प्रकार मनुष्य में भी हमें उसी चीज़ की प्रशंसा करनी चाहिए जो वास्तव में उसकी अपनी हो। तो क्या हुआ यदि उसके पास सुंदर दास हों, भव्य घर हो, विशाल ज़मीन-जायदाद हो या बड़ी पूँजी और निवेश हों? ये सभी वस्तुएँ उसके चारों ओर हैं। वे उसके भीतर नहीं हैं। उसमें उसी गुण की प्रशंसा करो जिसे न कोई उससे छीन सकता है और न कोई उसे प्रदान कर सकता है। उस गुण की जो मनुष्य होने की वास्तविक और विशिष्ट पहचान है।

    क्या तुम पूछते हो कि वह क्या है? वह है मन। मन के भीतर पूर्ण रूप से विकसित हुई तर्कबुद्धि। क्योंकि मनुष्य एक विवेकशील (तर्कशील) प्राणी है। इसलिए उसका कल्याण तभी पूर्ण होता है जब वह उस उद्देश्य को पूरा करे जिसके लिए उसका जन्म हुआ है। लेकिन यह तर्कबुद्धि उससे क्या अपेक्षा करती है? सबसे सरल बात कि वह अपनी प्रकृति के अनुरूप जीवन जिए। पर हमारी सामूहिक मूर्खता ही इसे कठिन बना देती है। हम एक-दूसरे को निरंतर दोषों और बुराइयों की ओर धकेलते रहते हैं। जब सभी लोग हमें आगे उसी दिशा में बढ़ा रहे हों तथा कोई भी हमें रोकने या सही मार्ग पर लौटाने वाला न हो, तब हमें स्वस्थ और सद्गुणपूर्ण जीवन की ओर वापस कैसे लाया जा सकता है?


अभी के लिए विराम 

विदा 

Monday, 6 July 2026

वाणी के संदर्भ में -- पत्र - 40 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 

मैं तुम्हारा आभारी हूँ कि तुम मुझे इतनी बार पत्र लिखते हो क्योंकि इस प्रकार तुम मुझे अपना स्वरूप दिखाते हो जितना किसी अनुपस्थित व्यक्ति के लिए संभव है। ऐसा कभी नहीं होता कि तुम्हारा पत्र मुझे मिले और मुझे तुरंत यह न लगे कि हम साथ हैं। यदि अनुपस्थित मित्रों के चित्र हमें आनंद देते हैं, हमारी स्मृति को ताज़ा कर देते हैं और वियोग की पीड़ा को कुछ सांत्वना देकर हल्का कर देते हैं। यद्यपि वह सांत्वना आभासी और रिक्त ही क्यों न हो तो पत्र कितने अधिक आनंददायक होते हैं क्योंकि वे अनुपस्थित मित्र के वास्तविक चिह्न और वास्तविक समाचार लेकर आते हैं। क्योंकि किसी व्यक्ति को प्रत्यक्ष देखने में जो सबसे मधुर बात होती है, वही एक ऐसे पत्र में भी मिल जाती है जिस पर मित्र के हाथों की छाप अंकित हो... पहचान का वह सुखद क्षण।


By Sandor Nayilasi 

    तुम लिखते हो कि तुम्हें दार्शनिक सेरापियो (Serapio) को सुनने का अवसर मिला, जब वे तुम्हारे क्षेत्र के पास कुछ समय के लिए ठहरे थे। “उनकी शैली यह है कि वे शब्दों की एक प्रबल धारा बहा देते हैं। वे उन्हें एक-एक करके नहीं छोड़ते बल्कि मानो झुंड के झुंड आगे हाँक देते हैं। इतने शब्द एक साथ निकलते हैं कि उन्हें सँभालने के लिए एक आवाज़ भी पर्याप्त नहीं पड़ती!” मुझे किसी दार्शनिक में यह शैली पसंद नहीं है। दार्शनिक की वाणी उतनी ही संयमित और सुव्यवस्थित होनी चाहिए जितना उसका जीवन। जो कुछ भी अत्यधिक उतावलेपन में होता है, वह व्यवस्थित नहीं हो सकता। इसी कारण होमर (Homer) ने अपने काव्य में हिम-तूफ़ान के समान तीव्र और अविराम वाणी युवा वक्ता को दी है जबकि मधु से भी अधिक मधुर और शांत प्रवाह वाली वाणी वृद्ध वक्ता के हिस्से में रखी है।

    मेरा विश्वास करो, जिस शब्द-प्रवाह का तुमने वर्णन किया है, वह किसी गंभीर और महत्त्वपूर्ण कार्य करने तथा उसे सिखाने वाले व्यक्ति की अपेक्षा व्याख्यान-मंच के लिए अधिक उपयुक्त है। यह नहीं कि मैं शब्दों की धीमी टपकन या रुक-रुककर बहने वाली धारा चाहता हूँ। लेकिन मैं बाढ़ जैसी उफनती वाणी भी नहीं चाहता। वक्ता को न तो श्रोताओं के कानों को प्रतीक्षा करते-करते थका देना चाहिए और न ही उन पर शब्दों का ऐसा प्रहार करना चाहिए कि वे अभिभूत हो जाएँ। क्योंकि अत्यन्त क्षीण और निर्धन-सी वाणी श्रोताओं को कम सजग बनाती है। वे उसकी धीमी और अटकती हुई गति से ऊब जाते हैं। फिर भी, जो बात हमें थोड़ी प्रतीक्षा कराती है, उससे हम उस बात की अपेक्षा अधिक आसानी से सीखते हैं जो हमारे सामने से उड़ती हुई निकल जाती है। फिर, हम कहते हैं कि उपदेश या शिक्षाएँ शिष्य को 'प्रदान' की जाती हैं। जो बात भागती चली जाए, उसे भला प्रदान करना कैसे कहा जा सकता है?

    इसके अतिरिक्त, जो वाणी सत्य की खोज करती है, वह बनावटी नहीं बल्कि सरल और स्वाभाविक होनी चाहिए। यह लोकप्रिय वक्तृत्व-शैली सत्य से कोई संबंध नहीं रखती। उसका उद्देश्य भीड़ को उत्तेजित करना, असावधान कानों पर चुपके से अधिकार कर लेना और उन्हें आवेग के बल पर बहा ले जाना होता है। वह स्वयं को जाँच-परख के लिए प्रस्तुत नहीं करती बल्कि तुरंत आगे निकल जाती है। लेकिन यदि वाणी स्वयं ही असंयमित हो तो वह हमें अनुशासन कैसे सिखा सकती है? यह भी याद रखो कि जिस वाणी का उद्देश्य मन को स्वस्थ करना है, उसे हमारे भीतर गहराई तक उतरना चाहिए। जो औषधियाँ शरीर में ठहरती ही नहीं, वे प्रभावी नहीं हो सकतीं। और वैसे भी, यह लोकप्रिय शैली प्रायः खोखली और निरर्थक होती है। उसमें सार से अधिक शोर होता है। मुझे ऐसी वाणी चाहिए जो मेरे भय को शांत करे, मेरे क्रोध को संयमित करे, मेरे भ्रमों को दूर करे, मेरे भोग-विलास को सीमित करे और मेरे लोभ को धिक्कारे। इनमें से कौन-सा कार्य जल्दबाज़ी में किया जा सकता है? कौन-सा वैद्य यात्रा करते-करते ही रोगियों का उपचार कर देता है?

    ज़रा इस पर भी विचार करो। शब्दों के ऐसे कोलाहल से जो बिना किसी विवेक के निरंतर दौड़ता चला जाता है, कोई विशेष आनंद भी प्राप्त नहीं होता। सामान्यतः जब कोई ऐसी बात घटती है जिसे तुम असंभव समझते थे तो उसके बारे में एक बार सुन लेना ही तुम्हारे लिए पर्याप्त होता है। इसी प्रकार उन लोगों की वाणी भी है जो शब्दों को बस दौड़ाते रहते हैं। उन्हें एक बार सुन लेना ही काफ़ी है। आख़िर ऐसी वाणी में ऐसा क्या होता है जिसे कोई सीखना चाहे या जिसका अनुकरण करना चाहे? जब किसी वक्ता की वाणी अव्यवस्थित, अनियंत्रित और रुकने में असमर्थ हो तो उसके मन के बारे में क्या निर्णय किया जा सकता है? जैसे कोई व्यक्ति ढलान पर दौड़ते हुए ठीक वहाँ नहीं रुक पाता जहाँ उसका इरादा था बल्कि अपने शरीर के वेग के कारण उससे कहीं आगे निकल जाता है, वैसे ही वाणी की यह अत्यधिक तीव्रता स्वयं अपने ऊपर नियंत्रण नहीं रखती। ऐसी वाणी दर्शन के लिए उपयुक्त नहीं है। दर्शन को अपने शब्दों को सावधानी से रखना चाहिए, उन्हें उगलना नहीं चाहिए। उसे एक-एक कदम बढ़ाते हुए आगे बढ़ना चाहिए।

    “तुम्हारा क्या मतलब है? क्या वाणी को कभी-कभी उड़ान नहीं भरनी चाहिए?” निश्चय ही भरनी चाहिए। लेकिन इस प्रकार कि उसकी गरिमा बनी रहे। अत्यधिक उग्रता उस गरिमा को छीन लेती है। दर्शन में महान शक्ति होनी चाहिए पर वह शक्ति नियंत्रण में होनी चाहिए। उसकी वाणी एक निरंतर बहने वाली धारा के समान होनी चाहिए बाढ़ के समान उफनती हुई नहीं।

    मैं तो किसी वकील को भी इतनी तीव्र गति से बोलने की अनुमति शायद ही दूँ। क्योंकि ऐसी वाणी बिना नियंत्रण के आगे बढ़ती चली जाती है और फिर उसे वापस नहीं बुलाया जा सकता। ऐसे में न्यायनिर्णायक (जूरी) उसका अनुसरण कैसे कर पाएँगे? विशेषकर इसलिए कि जूरी के सदस्य कभी-कभी अनुभवहीन और अप्रशिक्षित भी होते हैं। यहाँ तक कि जब कोई वकील अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के उत्साह में हो या अपनी भावनाओं के आवेग में बह रहा हो, तब भी उसे अपनी वाणी की गति और विचारों के संचय को उतनी ही सीमा में रखना चाहिए जितना श्रोता का कान ग्रहण कर सके।

    इसलिए तुम ठीक ही करोगे यदि उन लोगों की परवाह न करो जो यह देखते हैं कि कोई कितना बोलता है, यह नहीं कि कितना अच्छा बोलता है। और यदि चुनाव करना ही पड़े तो मैं चाहूँगा कि तुम रुक-रुककर बोलो, जैसे पबलियस विनिशियस (Publius Vinicius) बोलते थे। जब किसी ने एसेलियस (Asellius) से पूछा कि विनीशियस की वाणी कैसी थी तो उसने उत्तर दिया, “टुकड़ों-टुकड़ों में।” जैसा कि जरमिनियस वेरीयस (Geminius Varius) ने कहा था, “मैं नहीं समझता कि तुम उस व्यक्ति को वक्ता कैसे कह सकते हो। वह तीन शब्द भी एक साथ नहीं जोड़ पाता।” फिर भी, तुम विनीशियस की तरह बोलना क्यों न पसंद करोगे? तो क्या हुआ यदि कोई मसखरा तुम्हें वैसा ही कुछ कह दे जैसा एक व्यक्ति ने विनीशियस से कहा था, जब वह शब्द खोजते हुए बोल रहे थे, मानो भाषण नहीं दे रहे हों बल्कि किसी को लिखवा रहे हों। उसने कहा, “कहो, क्या तुम कुछ कहने भी वाले हो?” फिर भी, यद्यपि क्विंटस हेटेरियस (Quintus Haterius) अपने समय के अत्यंत प्रसिद्ध वक्ता थे, उनकी तीव्र और अविराम बोलने की शैली वही चीज़ है जिससे मैं किसी समझदार व्यक्ति को बचने की सलाह दूँगा। वे कभी नहीं रुकते थे, कभी साँस लेने के लिए भी ठहरते नहीं थे। एक बार बोलना शुरू करते तो केवल अंत आने पर ही रुकते थे।

    मेरा विचार है कि कुछ बातें कुछ जातियों और लोगों के स्वभाव के अधिक अनुकूल होती हैं और कुछ कम। यूनानियों में ऐसी भाषिक उच्छृंखलता को सहन किया जा सकता है। पर हम रोमन तो लिखते समय भी विराम-चिह्न लगाने का ध्यान रखते हैं। सिसरो (Cicero) जो रोमन वाक्पटुता के महान स्रोत थे, वे भी एक-एक कदम बढ़ते हुए आगे बढ़ते थे। रोमन वाणी अधिक सावधान होती है। वह स्वयं का मूल्य समझती है और दूसरों को भी उसका मूल्यांकन करने का अवसर देती है। फैबिआनस (Fabianus) जीवन-चर्या में भी उत्कृष्ट व्यक्ति थे, ज्ञान की गहराई में भी और साथ ही वाक्पटु भी थे। यद्यपि यह अंतिम गुण अपेक्षाकृत कम महत्त्व का है। वे अपने व्याख्यान उत्साहपूर्ण आवेग के साथ नहीं बल्कि प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से देते थे। उनके बारे में यह कहा जा सकता था कि उनमें भाषा की सहजता थी परन्तु अत्यधिक तीव्र गति नहीं थी। मैं मानता हूँ कि यह गुण एक बुद्धिमान व्यक्ति में हो सकता है, यद्यपि मैं इसे अनिवार्य नहीं मानता।  निश्चय ही उसकी वाणी बिना किसी बाधा के प्रवाहित हो। परन्तु प्रवाह और उफान में अंतर है। मैं उफनती हुई धारा की अपेक्षा संयमित और नियंत्रित प्रवाह को अधिक पसंद करता हूँ।

    तुम्हें उस संक्रामक प्रवृत्ति से दूर रहने की सलाह देने का मेरे पास एक और कारण है। तुम ऐसी बोलने की शैली को अपनी लज्जा-भावना खोए बिना अपना ही नहीं सकते। तुम्हें अपनी संवेदनशीलता को कुंठित करना होगा और कभी स्वयं को सुनना नहीं होगा। वह लापरवाह और बेलगाम वेग अपने साथ अनेक ऐसे शब्द और अभिव्यक्तियाँ ले आएगा जिन्हें तुम स्वयं आलोचना के योग्य समझोगे। मैं फिर कहता हूँ, अपनी शालीनता और मर्यादा-बोध को खोए बिना तुम इसे प्राप्त नहीं कर सकते।

    इसके अतिरिक्त, इसके लिए तुम्हें प्रतिदिन अभ्यास करना पड़ता है। इसका अर्थ है कि अपनी शक्ति विषय-वस्तु के बजाय शब्दों पर लगाना। यदि शब्दों का तीव्र प्रवाह तुम्हें सहज रूप से प्राप्त हो बिना किसी विशेष प्रयास के भी, तब भी तुम्हें उसे नियंत्रण में रखना चाहिए। क्योंकि जिस प्रकार एक बुद्धिमान व्यक्ति की चाल-ढाल विनम्र और संयमित होनी चाहिए उसी प्रकार उसकी वाणी भी नियंत्रित होनी चाहिए, उतावली नहीं। मेरे समस्त निष्कर्ष का सार और मेरा निर्देश, यह है, धीरे बोलो।


अभी के लिए विदा 

शब्दों के संदर्भ में -- पत्र - 38 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 

तुम्हारा यह आग्रह उचित है कि हम एक-दूसरे को अधिक बार पत्र लिखें। संवाद के इतना लाभकारी होने का कारण यह है कि वह धीरे-धीरे मन के भीतर प्रवेश करता है। पहले से तैयार किए गए और भीड़ के सामने दिए गए भाषण अधिक शोर तो पैदा करते हैं। उनमें आत्मीयता कम होती है। दर्शन तो सदुपदेश है। कोई भी व्यक्ति उपदेश ऊँचे और गूँजते स्वर में नहीं देता। निश्चय ही ऐसे अवसर आते हैं जब किसी प्रकार का प्रेरणात्मक भाषण देना आवश्यक होता है। यदि मैं उसे ऐसा कहूँ, जब कोई व्यक्ति संकोच कर रहा हो और उसे आगे बढ़ाने के लिए एक धक्का चाहिए। लेकिन जब उद्देश्य केवल सीखने की प्रेरणा देना नहीं बल्कि वास्तव में किसी को सीखाना हो, तब इन अपेक्षाकृत शांत और संयत वचनों का सहारा लेना पड़ता है। वे अधिक आसानी से मन में प्रवेश करते हैं और टिके भी रहते हैं क्योंकि आवश्यकता बहुत अधिक शब्दों की नहीं होती बल्कि ऐसे शब्दों की होती है जो प्रभावशाली हों।


By Stevie Unknown 

    उन्हें बीजों की तरह बिखेरा जाना चाहिए। बीज स्वयं तो बहुत छोटी-सी वस्तु होता है फिर भी जब वह उचित स्थान पर गिरता है तो अपनी अंतर्निहित शक्ति को विकसित करता है और एक विशाल तथा निरंतर बढ़ने वाले पौधे में बदल जाता है। तर्क और विचार भी इसी प्रकार काम करते हैं। जब तुम उन्हें देखते हो तो वे आकार में छोटे प्रतीत होते हैं। लेकिन जब उन्हें व्यवहार में लाया जाता है तो वे विकसित होकर फैलते हैं। कुछ ही शब्द कहे जाते हैं। यदि मन उन्हें भली-भाँति ग्रहण कर ले तो वे ऊँचे और सशक्त बन जाते हैं। 

    मैं फिर कहता हूँ, शब्द बीजों के समान कार्य करते हैं। यद्यपि वे छोटे होते हैं फिर भी बहुत कुछ कर दिखाते हैं। किन्तु, जैसा मैंने कहा, उन्हें ग्रहण करने वाला मन उनके योग्य होना चाहिए और उन्हें अपने भीतर आत्मसात करना चाहिए। तब वही मन उन विचारों को पुनः उत्पन्न करेगा। जितना उसने प्राप्त किया था उससे कहीं अधिक फल उत्पन्न करेगा।


अभी के लिए विदा 

दर्शन के प्रति समर्पण के संदर्भ में -- पत्र - 37 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

प्रिय लूसीलियस 

मन की उत्कृष्टता से स्वयं को बाँधने का इससे बेहतर कोई उपाय नहीं है कि तुम अपने दिए हुए वचन और अपने द्वारा खाई गई प्रतिज्ञा को निभाओ। एक उत्कृष्ट मनुष्य बनने की प्रतिज्ञा। कोई व्यक्ति केवल मज़ाक में ही तुम्हें यह कह सकता है कि यह सेवा सरल और आरामदायक है। मैं नहीं चाहता कि तुम धोखा खाओ। इस अत्यंत सम्माननीय प्रतिज्ञा के शब्द उसी दूसरी, अत्यंत अपमानजनक प्रतिज्ञा के समान हैं, “जलाया जाना, बाँधा जाना, और तलवार से मारा जाना।” जो लोग ग्लैडिएटर बनकर अपना जीवन बेच देते हैं और भोजन तथा पेय के बदले अपना रक्त चुकाते हैं, वे इन सब कष्टों को अपनी इच्छा के विरुद्ध सहने के लिए अनुबंधित होते हैं।  लेकिन तुम इन्हें अपनी इच्छा से और स्वेच्छा से सहने के लिए प्रतिबद्ध हो। उन्हें अपने हथियार नीचे रख देने और भीड़ की दया की परीक्षा लेने का अवसर मिलता है।  लेकिन तुम न अपने हथियार नीचे रखोगे और न ही अपने जीवन की भीख माँगोगे। तुम्हें अपने पैरों पर खड़े हुए, अपराजित अवस्था में मरना होगा। कुछ अतिरिक्त दिनों या वर्षों को प्राप्त कर लेने से क्या लाभ? एक बार जन्म लेने के बाद हमें किसी प्रकार की मोहलत नहीं मिलती।


By Inayat Malik 

    “तो फिर,” तुम पूछते हो, “मुझे इससे मुक्ति कैसे मिलेगी?” तुम इसकी शर्तों से बच नहीं सकते। लेकिन उन पर विजय अवश्य पा सकते हो। “शक्ति अपना मार्ग खोज लेती है।” दर्शन तुम्हें वही शक्ति प्रदान करेगा। यदि तुम सुरक्षित रहना चाहते हो, शांत रहना चाहते हो, सुखी रहना चाहते हो और सबसे बढ़कर यदि तुम स्वतंत्र होना चाहते हो तो स्वयं को दर्शन के प्रति समर्पित कर दो। अपनी स्वतंत्रता प्राप्त करने का कोई दूसरा मार्ग नहीं है।

    मूर्खता नीच, तुच्छ, घृणित और दासवत होती है। अनेक प्रबल भावनाओं की अधीन रहती है। ये भावनाएँ अत्यंत कठोर स्वामी हैं। कभी वे बारी-बारी से तुम पर शासन करती हैं और कभी सब मिलकर। बुद्धि तुम्हें उनसे मुक्त करती है। केवल बुद्धि ही स्वतंत्रता है। उस तक पहुँचने का केवल एक ही मार्ग है। वह सीधा मार्ग है। तुम भटकोगे नहीं, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ो। यदि तुम चाहते हो कि सब वस्तुएँ तुम्हारे अधीन हों तो स्वयं को तर्कबुद्धि के अधीन कर दो। जब तर्क तुम्हारा शासक बन जाएगा, तब तुम बहुत-सी चीज़ों के शासक बन जाओगे। तर्क से तुम सीखोगे कि क्या कार्य करना है और किस प्रकार करना है। तुम केवल संयोगवश किसी चीज़ से नहीं टकराओगे।

    तुम किसी ऐसे व्यक्ति का नाम नहीं बता सकते जो यह जानता हो कि उसने उस वस्तु की इच्छा करना कैसे शुरू किया जिसकी वह अब इच्छा करता है। लोग अपने विचारपूर्वक बनाए गए उद्देश्यों से नहीं चलते बल्कि मन की चंचल इच्छाओं द्वारा इधर-उधर धकेले जाते हैं। कभी-कभी हम भाग्य का अच्छा उपयोग कर लेते हैं। लेकिन उतनी ही बार भाग्य हम पर हावी हो जाता है। आगे बढ़ने के बजाय बहते चले जाना लज्जाजनक है। घटनाओं के बवंडर के बीच स्वयं को पाकर आश्चर्य से यह पूछना भी लज्जाजनक है, “मैं यहाँ कैसे पहुँच गया?”


अभी के लिए विदा 

लोगों के संदर्भ में -- पत्र - 36 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 

अपने मित्र से कहो कि वह इतना साहसी बने कि उन लोगों की आलोचना को तुच्छ समझ सके जो कहते हैं कि वह छाया और आराम का जीवन खोज रहा है। अपने प्रतिष्ठित पद को छोड़ रहा है और जबकि वह इससे भी बड़ी उपलब्धियाँ प्राप्त कर सकता था। उसने सब कुछ छोड़कर शांति को चुन लिया है। उसे प्रतिदिन, एक-एक करके, उन्हें यह दिखाना चाहिए कि अपने ही कार्यों और मामलों पर ध्यान देना उसके लिए कितना लाभकारी है।


Painter Unknown, Spain, 17th Century 

    जो लोग दूसरों की ईर्ष्या का कारण बनते हैं, वे हमेशा आगे बढ़ते रहते हैं। कुछ को एक ओर धकेल दिया जाता है और कुछ गिर पड़ते हैं। समृद्धि एक अशांत वस्तु है। वह स्वयं को ही व्याकुल कर देती है। वह बुद्धि को भ्रमित कर देती है और हमेशा एक ही प्रकार से नहीं क्योंकि वह लोगों को भिन्न-भिन्न दिशाओं में उकसाती है। कुछ को सत्ता की ओर तो कुछ को भोग-विलास की ओर। कुछ उससे फूलकर घमंडी हो जाते हैं जबकि कुछ उससे निर्बल और पूरी तरह शक्तिहीन हो जाते हैं। लेकिन कुछ लोग इसे अच्छी तरह संभाल लेते हैं। हाँ, ऐसे लोग हैं, जैसे कुछ लोग मदिरा को भी अच्छी तरह संभाल लेते हैं। लेकिन इससे तुम्हें यह विश्वास नहीं कर लेना चाहिए कि भाग्यशाली वह व्यक्ति है जिसके चारों ओर बहुत-से अनुयायी जमा रहते हैं। वे उसके चारों ओर वैसे ही इकट्ठा होते हैं जैसे पशु किसी जलाशय के चारों ओर। वे पानी पीते हैं और उसे गंदला कर देते हैं।

    “लोग उसे शौकिया आदमी और निकम्मा कह रहे हैं।” तुम जानते हो कि कुछ लोगों के बोलने का ढंग ही विकृत होता है। वे बातों को उलट अर्थ में कहते हैं। वे उसे पहले भाग्यशाली और सफल व्यक्ति कहा करते थे तो उससे क्या सिद्ध होता है? क्या वह वास्तव में ऐसा था? उसी प्रकार मुझे इस बात की भी कोई परवाह नहीं कि कुछ लोग उसे अत्यधिक कठोर और गंभीर समझते हैं। अरिस्टो कहा करते थे, "मैं एक प्रसन्नचित्त और भीड़ में लोकप्रिय युवक की अपेक्षा एक गंभीर और कठोर युवक को देखना अधिक पसंद करूँगा। क्योंकि जो मदिरा आगे चलकर उत्तम बनती है, वह नई होने पर तीखी और कड़वी होती है जबकि जो मदिरा पात्र में ही स्वादिष्ट लगती है, वह समय की कसौटी पर टिक नहीं पाती।

    तो उन्हें उसे 'कठोर' और 'अपने हितों का शत्रु' कहने दो। यदि वह सद्गुण की साधना में और उदार विद्याओं के अध्ययन में निरंतर लगा रहे तो यह कठोरता समय के साथ उत्तम फल देगी। और उदार विद्याओं से मेरा अभिप्राय उन विषयों से नहीं है जिनका थोड़ा-बहुत ज्ञान ही पर्याप्त हो। मेरा आशय उन विद्याओं से है जिनमें मन को पूरी तरह डुबो देना पड़ता है।

    अब सीखने का समय है। “तुम्हारा क्या मतलब है? क्या ऐसा कोई समय भी होता है जो सीखने का समय न हो?” बिल्कुल नहीं। जीवन के हर समय सीखना सम्मानजनक है। लेकिन इसी के साथ ऐसा भी समय आता है जब प्रारम्भिक शिक्षा लेना सम्मानजनक नहीं रह जाता। यह लज्जाजनक बल्कि हास्यास्पद है कि कोई वृद्ध व्यक्ति अभी भी अक्षरज्ञान ही प्राप्त कर रहा हो। शिक्षा युवावस्था में प्राप्त कर लेनी चाहिए और फिर वृद्धावस्था में उसका उपयोग करना चाहिए।

    अतः यदि तुम अपने मित्र को उसकी सर्वोत्तम क्षमता तक पहुँचने में सहायता करोगे तो तुम अपने ऊपर बहुत बड़ा उपकार करोगे। कहा जाता है कि यही वे अनुग्रह हैं जिन्हें माँगना चाहिए और यही वे अनुग्रह हैं जिन्हें प्रदान करना चाहिए। इसमें कोई संदेह नहीं कि ये सर्वोच्च प्रकार के उपकार हैं जिन्हें देना भी उतना ही लाभदायक है जितना उन्हें प्राप्त करना।

    वैसे भी, अब वह स्वतंत्र नहीं रहा। वह अपना वचन दे चुका है। जितना लज्जाजनक किसी ऋण का भुगतान न करना है उससे भी अधिक लज्जाजनक अपनी ही अपेक्षाओं को पूरा न करना है। पहले प्रकार के ऋण को चुकाने के लिए व्यापारी को लाभदायक समुद्री यात्रा की आवश्यकता होती है। किसान को खेती के लिए उपजाऊ भूमि और अनुकूल मौसम की आवश्यकता होती है। लेकिन तुम्हारे मित्र पर जो ऋण है, उसे वह केवल अपनी इच्छा और तत्परता से चुका सकता है और किसी अन्य प्रकार से नहीं।

    भाग्य का उसके आचरण पर कोई अधिकार नहीं है। उसे स्वयं ही उसका नियंत्रण अपने हाथ में लेना चाहिए ताकि उसका मन पूर्ण शांति में अपनी परिपूर्णता प्राप्त कर सके। ऐसा कि वह न किसी हानि को हानि समझे न किसी लाभ को लाभ बल्कि जो कुछ भी घटित हो, उसके प्रति उसका दृष्टिकोण समान बना रहे। यदि साधारण सांसारिक वस्तुओं का ढेर उसके चारों ओर लगा हो तो भी वह अपनी संपत्तियों से ऊँचा बना रहता है। यदि संयोगवश उन ढेरों में से एक या वे सभी ढेर गिर जाएँ तो भी वह स्वयं किसी प्रकार छोटा नहीं हो जाता।

    यदि उसका जन्म फ़ारस में हुआ होता तो वह बचपन से ही धनुष चलाना सीख रहा होता। यदि जर्मनी (पाठकों की सुविधा के लिए देश का नाम दिया गया है। उस समय संभवतः किसी और शब्द का प्रोयोग किया गया होगा।) में हुआ होता तो वह बाल्यावस्था से ही हल्का भाला फेंकने का अभ्यास कर रहा होता। यदि वह हमारे पूर्वजों के समय में जीवित होता तो उसने घुड़सवारी और आमने-सामने के युद्ध की शिक्षा प्राप्त की होती। प्रत्येक व्यक्ति को अपने समाज की प्रशिक्षण-पद्धति के अनुसार ऐसे कौशल सीखने के लिए प्रेरित किया जाता है बल्कि उनसे यह अपेक्षा भी की जाती है। तो फिर तुम्हारे मित्र को किस कला का अभ्यास करना चाहिए? ऐसी कला का, जो उसे हर प्रकार के हथियार और हर प्रकार के शत्रु के विरुद्ध समर्थ बनाए मृत्यु की बिल्कुल परवाह न करने की कला।

    कोई भी इस बात पर संदेह नहीं करता कि मृत्यु में कुछ भयावह है। कुछ ऐसा जो केवल शरीर ही नहीं बल्कि हमारी तर्कशील प्रकृति को भी झकझोर देता है क्योंकि उसे आत्म-प्रेम के लिए ही बनाया गया है। यदि हम स्वाभाविक रूप से और अपनी सहज प्रवृत्ति के अनुसार मृत्यु की ओर उसी प्रकार अग्रसर होते जैसे सभी प्राणी आत्म-सुरक्षा की प्रवृत्ति से प्रेरित होते हैं तो उसके लिए स्वयं को तैयार करने और अभ्यास करने की कोई आवश्यकता न होती। कोई व्यक्ति इसलिए प्रशिक्षण नहीं लेता कि आवश्यकता पड़ने पर वह गुलाबों की शय्या पर शांति से लेट सके बल्कि वह स्वयं को इसलिए कठोर बनाता है कि यातना के बीच भी अपने कर्तव्य से विमुख न हो। यदि आवश्यकता पड़े तो घायल होने पर भी पूरी रात पहरा दे सके बिना अपने भाले का सहारा लिए। क्योंकि जो लोग किसी सहारे के सहारे टिक जाते हैं, वे अंततः सो जाते हैं।

    मृत्यु में कोई हानि नहीं है क्योंकि हानि तो किसी ऐसे व्यक्ति की हो सकती है जो अस्तित्व में हो। लेकिन यदि तुम्हारी इच्छा लंबे जीवन की है तो यह स्मरण रखो कि जो वस्तुएँ हमारी दृष्टि से ओझल हो जाती हैं। वे वास्तव में नष्ट नहीं होतीं। वे उस प्रकृति में सुरक्षित रहती हैं जहाँ से वे आई थीं और शीघ्र ही फिर लौटने वाली हैं। वे अस्तित्व में रहना बंद कर देती हैं पर नष्ट नहीं होतीं। मृत्यु, जिससे हम इतना भय खाते हैं और जिसका सामना करने से बचते हैं जीवन को केवल बीच में रोकती है, उसे चुरा नहीं लेती। एक दिन फिर आएगा जो हमें पुनः प्रकाश में ले आएगा। यद्यपि बहुत-से लोग ऐसे दिन को स्वीकार करने से इंकार कर दें, यदि लौटने से पहले उन्हें सब कुछ भूलना न पड़ता।

    किसी और दिन मैं तुम्हें अधिक विस्तार से समझाऊँगा कि जो वस्तुएँ नष्ट होती हुई प्रतीत होती हैं, वे वास्तव में केवल रूपांतरित होती हैं। जो व्यक्ति लौटने की आशा के साथ विदा होता है, उसे शांत मन से विदा होना चाहिए। प्रकृति के चक्रों पर विचार करो। तुम देखोगे कि वहाँ कुछ भी वास्तव में समाप्त नहीं होता बल्कि वस्तुएँ बारी-बारी से नीचे जाती हैं और फिर ऊपर उठती हैं। ग्रीष्म ऋतु समाप्त हो गई है पर अगला वर्ष उसे फिर लौटा लाएगा। शीत ऋतु चली गई है पर अपने नियत महीनों में वह फिर लौटेगी। रात्रि ने सूर्य को ढक लिया है लेकिन दिन शीघ्र ही रात्रि को हटाकर स्वयं आ जाएगा। तारे भी अपने पूर्व मार्गों को दोहराते हैं। आकाश का एक भाग निरंतर उदित होता है जबकि दूसरा अस्त होता रहता है।

    अच्छा, अब मैं इसे यहीं समाप्त करता हूँ लेकिन एक बात और जोड़ दूँ। न तो छोटे बच्चे मृत्यु से डरते हैं और न ही चंचल तथा भटकते मन वाले लोग। उनकी अवस्था ही उन्हें निश्चिंतता प्रदान करती है। यह अत्यंत लज्जाजनक बात होगी यदि बुद्धि हमारे लिए वह न कर सके जो मूर्खता उनके लिए कर देती है।


अभी के लिए विदा 

अध्ययनरत रहने के संदर्भ में -- पत्र - 35 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 

जब मैं तुम्हें अध्ययन करने के लिए इतनी दृढ़ता से प्रेरित करता हूँ तो मैं अपने ही हित की सेवा कर रहा होता हूँ। मैं एक मित्र पाना चाहता हूँ। यह मेरे लिए तब तक संभव नहीं है जब तक तुम आत्म-सुधार के अपने प्रयास में दृढ़तापूर्वक लगे नहीं रहते। क्योंकि अभी तुम मुझसे प्रेम तो करते हो, परंतु मेरे मित्र नहीं हो।



    “तुम्हारा क्या मतलब है? क्या इन दोनों में कोई अंतर है?” वास्तव में, दोनों में बहुत बड़ा अंतर है। मित्र प्रेम करता है लेकिन जो प्रेम करता है वह अनिवार्य रूप से मित्र नहीं होता। इसी कारण मित्रता सदैव लाभकारी होती है। जबकि प्रेम कभी-कभी हानिकारक भी सिद्ध हो सकता है। यदि और किसी कारण से नहीं तो कम से कम इसी कारण प्रगति करो कि तुम प्रेम करना सीख सको।

    इसलिए मेरी खातिर अपनी उन्नति में शीघ्रता करो, अन्यथा तुम्हारा अध्ययन किसी और के ही काम आएगा। यह सच है कि मैं अभी भी उसका लाभ पा रहा हूँ क्योंकि मैं कल्पना करता हूँ कि हम दोनों एक ही विचार के हो जाएँगे। तुम्हारी आयु का जो उत्साह और शक्ति अभी तुम्हारे पास है, वह मुझे वह सब लौटा देगी जो मैंने खो दिया है। हमारी आयु का अंतर बहुत बड़ा नहीं है। फिर भी, मैं वास्तविक रूप से प्रसन्न होना चाहता हूँ। जिनसे हम प्रेम करते हैं, उनसे उनकी अनुपस्थिति में भी हमें आनंद मिलता है पर वह हल्का और क्षणिक होता है। उनका दर्शन, उनकी उपस्थिति और उनसे वार्तालाप अपने भीतर एक प्रकार का सजीव सुख रखते हैं, विशेषकर तब जब तुम न केवल उस व्यक्ति को देखते हो जिसे देखना चाहते हो बल्कि उसे वैसा भी देखते हो जैसा तुम उसे देखना चाहते थे। अतः स्वयं को मुझे समर्पित कर दो। यह एक महान उपहार होगा। ताकि तुम और भी अधिक परिश्रम करो, यह स्मरण रखो कि तुम नश्वर हो और मैं वृद्ध हूँ।

    तो शीघ्र मेरे पास आओ। लेकिन उससे भी पहले, स्वयं अपने पास पहुँचने की शीघ्रता करो। जैसे-जैसे तुम प्रगति करो, सबसे बढ़कर यह प्रयास करो कि तुम अपने प्रति सुसंगत बने रहो। यदि कभी तुम जानना चाहो कि कोई उपलब्धि हुई है या नहीं तो यह देखो कि आज तुम्हारे संकल्प और उद्देश्य वही हैं या नहीं जो कल थे। संकल्पों का बदलना यह दिखाता है कि मन समुद्र में भटकते जहाज़ की तरह है, जो हवा के झोंकों से इधर-उधर बहता रहता है। जो वस्तु दृढ़ता से स्थापित होती है, वह इधर-उधर नहीं डोलती। पूर्णतः बुद्धिमान व्यक्ति का स्वभाव ऐसा ही होता है। कुछ सीमा तक उस व्यक्ति का भी जो बुद्धिमत्ता की ओर अग्रसर है। तो फिर दोनों में अंतर क्या है? जो प्रगति कर रहा है, वह गति तो करता है पर अपनी स्थिति नहीं बदलता। वह केवल उसी स्थान पर हल्का-सा डोलता रहता है। किन्तु बुद्धिमान व्यक्ति बिल्कुल नहीं डोलता।

अभी के लिए विदा 

Sunday, 5 July 2026

बासुस के विचार के संदर्भ में -- पत्र - 30 (सेनेका के पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 

मैंने औफिडियस बैसस को देखा है, जो एक बेहतर व्यक्ति हैं। उन्हें पक्षाघात (स्ट्रोक) हो चुका है और वे वृद्धावस्था के बढ़ते हुए प्रभाव से संघर्ष कर रहे हैं। वे अब भी लड़ रहे हैं किंतु यह ऐसी पकड़ है जिससे वे कभी मुक्त नहीं हो पाएँगे क्योंकि बुढ़ापे ने अपने भारी बोझ से उन्हें हर ओर से दबा दिया है। तुम जानते हो कि उनका शरीर हमेशा से ही दुबला-पतला और दुर्बल रहा है। उन्होंने लंबे समय तक उसे संभाले रखा था या अधिक सही कहूँ तो किसी तरह चलाए रखा था। लेकिन अचानक उनकी शक्ति ने उनका साथ छोड़ दिया है।

By Suza 

    यह वैसा ही है जैसे किसी नाव में पानी भरने लगे। तुम एक छेद बंद करते हो फिर दूसरा छेद बन जाता है। लेकिन जब वह कई जगहों से खुलने और टूटने लगती है तब उसे ठीक करने का कोई उपाय नहीं रह जाता। वह बस एक टपकती हुई नाव बन जाती है। वृद्ध शरीर की स्थिति भी ऐसी ही होती है। कुछ समय तक अस्थायी उपाय उसे संभाले रख सकते हैं। लेकिन जब उसके हर जोड़ ढीले पड़ने लगें, किसी जर्जर मकान की दरारों की तरह; जब तुम एक समस्या को संभालो और इस बीच कोई दूसरी समस्या उभर आए तब बाहर निकलने का मार्ग खोजने का समय आ जाता है।

    फिर भी हमारे मित्र बासुस का मन पहले की तरह ही प्रसन्न और जीवंत है। दर्शन यही करता है। वह मनुष्य को मृत्यु के सामने भी प्रसन्न रहने की शक्ति देता है। शरीर की कैसी भी अवस्था हो, उसे साहसी और आनंदित बनाए रखता है। शरीर के क्षीण होने पर भी वह हिम्मत नहीं हारता। एक महान कप्तान फटे हुए पालों के साथ भी जहाज़ चलाता रहता है। यहाँ तक कि यदि उसे जहाज़ का बहुत-सा सामान समुद्र में फेंकना पड़ जाए तब भी वह अपने पोत के बचे-खुचे हिस्सों को सही दिशा में आगे बढ़ाता रहता है। हमारा बासुस भी यही कर रहा है। वह अपने अंत को इतनी शांत मुद्रा से देखता है कि यदि वह किसी दूसरे के अंत को भी इसी प्रकार देखता तो तुम उसे निस्संग समझ बैठते। लूसीलियस, यह बहुत बड़ी बात है। यह अनेक वर्षों की साधना से प्राप्त होने वाला पाठ है कि जब ऐसा समय आ जाए जिससे बच निकलने का कोई उपाय न हो तब मनुष्य शांति के साथ विदा हो सके।

    मृत्यु के अन्य प्रकारों में आशा का कुछ न कुछ अंश बना रहता है। कोई बीमारी कम हो सकती है। आग बुझ सकती है। गिरती हुई इमारत उन लोगों को कुचले बिना ही धराशायी हो सकती है जिन्हें वह दबाने वाली थी। जिन्हें समुद्र ने निगल लिया था, वे कभी-कभी उतनी ही प्रबलता से सुरक्षित बाहर फेंक दिए जाते हैं जितनी प्रबलता से वे उसमें बह गए थे। सैनिक भी कभी-कभी दंडित व्यक्ति के गले पर रखी अपनी तलवार वापस खींच लेता है। किन्तु जिसे वृद्धावस्था मृत्यु की ओर खींच रही हो, उसके लिए आशा करने को कुछ भी नहीं बचता। केवल वही ऐसा व्यक्ति है जिसे बचाया नहीं जा सकता। यह मृत्यु का सबसे कोमल रूप है पर साथ ही सबसे धीमा भी।

    मुझे ऐसा प्रतीत हुआ मानो हमारा बासुस अपने ही अंतिम संस्कार में उपस्थित हो। अपने शरीर को दफ़नाने के लिए तैयार कर रहा हो। स्वयं के बाद भी जीवित रह रहा हो। अपनी हानि (अर्थात् स्वयं को खोने की हानि) को वैसे ही सहन कर रहा हो जैसा किसी दार्शनिक को करना चाहिए। वह मृत्यु के विषय में बहुत बातें करता है और हमें यह समझाने का पूरा प्रयास करता है कि यदि इस घटना में कुछ अप्रिय या भयावह है तो उसका दोष मृत्यु का नहीं बल्कि मरने वाले व्यक्ति का है। मृत्यु के उस क्षण में उससे अधिक कोई पीड़ा नहीं होती जितनी उसके बाद होती है। वह कहता है, “जो व्यक्ति किसी ऐसी चीज़ से डरता है जो उसके साथ घटित ही नहीं होने वाली, वह मूर्ख है। उतना ही मूर्ख वह भी है जो ऐसी चीज़ से डरता है जिसका उसे कोई अनुभव ही नहीं होगा। क्या कोई सचमुच यह मानता है कि वह मृत्यु का अनुभव करेगा जबकि वास्तव में मृत्यु ही वह अवस्था है जिसके कारण वह किसी भी चीज़ का अनुभव करना बंद कर देता है?” इसी कारण वह कहता है, “मृत्यु हर प्रकार की बुराई से इतनी दूर है कि वह बुराई के भय से भी परे है।”

    मैं जानता हूँ कि ये सब बातें पहले भी अनेक बार कही जा चुकी हैं। वास्तव में कही जानी भी चाहिए। किन्तु जब मैंने इन्हें पुस्तकों में पढ़ा या उन लोगों से सुना जो स्वयं किसी तत्काल खतरे में नहीं थे तब इनका मुझ पर उतना प्रभाव नहीं पड़ा। इस बार... हालांकि, इन बातों का मुझ पर बहुत गहरा असर हुआ क्योंकि यह व्यक्ति ऐसी मृत्यु के बारे में बोल रहा था जो उसके बिल्कुल निकट थी। मैं तुम्हें अपनी राय बताता हूँ। मेरे विचार में वह व्यक्ति अधिक साहसी होता है जो मृत्यु के ठीक द्वार पर खड़ा है, बनिस्बत उसके जो केवल उसकी निकटता में है। क्योंकि जब मृत्यु सामने आ खड़ी होती है तब वह ऐसे लोगों को भी उस चीज़ का सामना करने की प्रेरणा दे देती है जिसे किसी भी स्थिति में टाला नहीं जा सकता। इसी प्रकार वह ग्लैडिएटर, जो पूरे युद्ध के दौरान भयभीत रहा हो, अंततः अपने प्रतिद्वंद्वी के सामने अपना गला प्रस्तुत कर देता है और स्वयं उसकी डगमगाती तलवार की नोक को अपने भीतर प्रवेश करा देता है। किन्तु जब मृत्यु केवल निकट हो, यद्यपि उसका आना निश्चित हो, तब उसका सामना करने के लिए अडिग मानसिक शक्ति की आवश्यकता होती है। ऐसी शक्ति बहुत कम लोगों में पाई जाती है। उसका वास्तविक प्रदर्शन केवल एक बुद्धिमान व्यक्ति ही कर सकता है।

    इसलिए मुझे उसे सुनकर बहुत प्रसन्नता हुई। मानो वह स्वयं मृत्यु पर निर्णय सुना रहा हो और मुझे बता रहा हो कि जब कोई उसे बिल्कुल निकट से देख लेता है तब वह कैसी प्रतीत होती है। मैं कल्पना करता हूँ कि यदि कोई व्यक्ति जिसने मृत्यु का अनुभव किया हो, फिर से जीवित होकर लौट आए और तुम्हें बताए कि मृत्यु कोई बुराई नहीं है तो तुम उसकी बात पर बहुत अधिक विश्वास करोगे और उसे अत्यंत प्रामाणिक मानोगे। उसी प्रकार, मृत्यु के निकट आने पर जो व्याकुलता उत्पन्न होती है उसके बारे में सबसे विश्वसनीय जानकारी तुम्हें उन्हीं लोगों से मिल सकती है जो उसके बिल्कुल समीप खड़े रहे हों जिन्होंने न केवल उसे आते हुए देखा हो बल्कि उसका स्वागत भी किया हो। ऐसे लोगों में तुम बासुस को भी गिन सकते हो।

    वह नहीं चाहता था कि हम किसी भ्रम में पड़ें। उसने कहा कि मृत्यु से डरना उतना ही मूर्खतापूर्ण है जितना वृद्धावस्था से डरना। क्योंकि जैसे युवावस्था के बाद बुढ़ापा आता है, वैसे ही बुढ़ापे के बाद मृत्यु आती है। “जो मरना नहीं चाहता, उसने वास्तव में कभी जीना भी नहीं चाहा क्योंकि जीवन हमें इस शर्त पर दिया गया है कि उसका अंत मृत्यु में होगा। मृत्यु ही हमारी यात्रा का अंतिम गंतव्य है। इसलिए उससे डरना पागलपन है। हमें भय अनिश्चितता से लगता है। जो बातें निश्चित होती हैं उनकी हम केवल प्रतीक्षा करते हैं। मृत्यु एक ऐसी अनिवार्य शर्त है जो सब पर समान रूप से और बिना किसी अपवाद के लागू होती है। जब सब लोग उसी बंधन के अधीन हैं तो कौन शिकायत कर सकता है कि उस पर अन्याय हुआ है? न्याय का पहला तत्व समानता है।”

    “किन्तु इस समय मुझे प्रकृति की ओर से कोई पक्ष-समर्थन करने की आवश्यकता नहीं है। प्रकृति की इच्छा यह नहीं है कि हम उसके अपने नियमों के अतिरिक्त किसी और नियम के अधीन हों। जो कुछ वह एकत्र करती है उसे वह फिर विघटित भी करती है। जिसे वह विघटित करती है उसे वह फिर से एकत्र भी कर लेती है। यदि ऐसा हो कि वृद्धावस्था किसी व्यक्ति को धीरे-धीरे मुक्त करे, उसे जीवन से अचानक और हिंसक रूप से न छीन ले बल्कि उसे क्रमशः और शांतिपूर्वक विदा होने दे तो उस व्यक्ति को सभी देवताओं का धन्यवाद करना चाहिए। वास्तव में उसे ऐसा करना भी चाहिए क्योंकि उसे जीवन का पूरा आनंद और पर्याप्त हिस्सा मिल चुका है। इससे पहले कि उसे विश्राम के लिए बुलाया जाए। वह विश्राम जो नश्वर प्राणियों के लिए अनिवार्य है और थके हुए लोगों के लिए स्वागतयोग्य भी।”

    “तुम ऐसे लोगों को देखते हो जो मरने की इच्छा करते हैं बल्कि मृत्यु की माँग उतनी ही दृढ़ता से करते हैं जितनी दृढ़ता से लोग सामान्यतः जीवन की माँग करते हैं। मुझे नहीं पता कि इनमें से कौन मुझे अधिक प्रेरणादायक लगता है, वे जो मृत्यु की कामना करते हैं या वे जो मृत्यु का सामना शांत प्रसन्नता के साथ करते हैं। क्योंकि मृत्यु की इच्छा कभी-कभी पागलपन या क्रोध के किसी अचानक उभार से भी उत्पन्न हो सकती है। पर ऐसी शांत स्थिरता एक परिपक्व और दृढ़ निर्णय का परिणाम होती है। बहुत-से लोग क्रोध या आवेश में मृत्यु की ओर बढ़ जाते हैं। पर ऐसा कोई नहीं होता जो मृत्यु को अपनी ओर आते हुए देखकर उसका प्रसन्न मन से स्वागत करे। जब तक कि उसने लंबे समय से उसे स्वीकार न कर लिया हो और उसके प्रति स्वयं को समर्पित न कर दिया हो।”

    इसलिए मुझे स्वीकार करना होगा कि यद्यपि बासुस से बार-बार मिलने के मेरे कई कारण थे। आख़िर वह मेरा प्रिय मित्र था। फिर भी विशेष रूप से मैं यह देखना चाहता था कि क्या हर बार मुझे वह वैसा ही मिलेगा। क्या उसके शरीर के दुर्बल होने के साथ-साथ उसकी मानसिक शक्ति भी क्षीण हो जाएगी? किन्तु हुआ इसका उलटा। उसकी मानसिक ऊर्जा तो लगातार बढ़ती ही गई। जैसे रथ-दौड़ में सातवें और अंतिम चक्कर के दौरान, जब विजय की माला सामने दिखाई देने लगती है तब घोड़ों का उत्साह और अधिक बढ़ जाता है। वास्तव में वह अक्सर एपिक्यूरियस (Epicurus) की शिक्षाओं के अनुरूप कहा करता था, “सबसे पहले, मुझे आशा है कि उस अंतिम श्वास में कोई पीड़ा नहीं होगी। यदि होगी भी तो वह बहुत थोड़े समय की होग। यही बात अपने-आप में एक सांत्वना है। क्योंकि तीव्र पीड़ा कभी लंबे समय तक नहीं टिकती।लेकिन यदि उस क्षण, जब आत्मा शरीर से अलग हो रही हो, कोई यातना हो भी तो मैं स्वयं को इस विचार से सांत्वना दूँगा कि उस पीड़ा के बाद मैं फिर किसी भी पीड़ा का अनुभव नहीं कर सकूँगा। मुझे पूरा विश्वास है कि मेरी वृद्ध साँस अब केवल किसी तरह मेरे होंठों से लगी हुई है और उसे शरीर से बाहर निकालने के लिए किसी बड़े बल की आवश्यकता नहीं है। जिस आग को भरपूर ईंधन मिल रहा हो, उसे बुझाने के लिए पानी डालना पड़ता है और कभी-कभी पूरे भवन का ढह जाना भी आवश्यक हो जाता है। लेकिन वह आग जिसका ईंधन समाप्त हो चुका हो, अपने-आप ही बुझ जाती है।”

    मेरे प्रिय लूसीलियस, मुझे इन शब्दों को सुनकर बहुत प्रसन्नता होती है। ऐसा नहीं है कि ये मेरे लिए नई बातें हैं बल्कि ऐसा है मानो वे अब मेरे सामने प्रत्यक्ष वास्तविकता बन गई हों। क्यों? क्या मैंने बहुत-से लोगों को अपने जीवन के अंत तक पहुँचते हुए नहीं देखा है? निश्चय ही देखा है। लेकिन वे लोग मुझ पर अधिक गहरा प्रभाव डालते हैं जो जीवन के प्रति किसी घृणा के बिना मृत्यु का सामना करते हैं। जो मृत्यु की ओर स्वयं नहीं बढ़ते बल्कि उसे अपने पास आने देते हैं।

    वास्तव में वह कहा करता था कि जो यातना हम अनुभव करते हैं, वह हमारी अपनी ही बनाई हुई होती है। जब हमें विश्वास हो जाता है कि मृत्यु निकट आ गई है तब हम भयभीत हो उठते हैं। किन्तु क्या मृत्यु हर व्यक्ति के निकट नहीं है। हर स्थान पर और हर क्षण तैयार खड़ी हुई? वह कहता था, “हमें यह याद रखना चाहिए कि जब कोई विशेष कारण हमें मृत्यु के निकट आता हुआ प्रतीत होता है तब भी मृत्यु के अनेक अन्य कारण उससे भी अधिक निकट होते हैं जिनसे हम डरते तक नहीं। किसी व्यक्ति को उसके शत्रु ने मार डालने की धमकी दी थी।लेकिन उससे पहले ही एक पाचन-रोग ने उसे मृत्यु तक पहुँचा दिया। यदि हम अपने भय के कारणों का थोड़ा विश्लेषण करें तो पाएँगे कि उनमें से कुछ वास्तविक हैं जबकि कुछ केवल कल्पित हैं। हम वास्तव में मृत्यु से नहीं डरते बल्कि मृत्यु के विचार से डरते हैं। मृत्यु स्वयं तो सदैव हमसे समान दूरी पर रहती है। इसलिए यदि मृत्यु से कभी डरना उचित है तो हर समय उससे डरना चाहिए। आखिर ऐसा कौन-सा समय है जो मृत्यु के अधीन नहीं है?”

    लेकिन मुझे डर है कि तुम इन लंबे पत्रों से मृत्यु से भी अधिक घृणा करने लगोगे! इसलिए मैं यहीं रुकता हूँ। जहाँ तक तुम्हारा प्रश्न है यदि तुम चाहते हो कि मृत्यु से कभी भय न लगे तो उसके बारे में सदैव विचार करते रहो।


अभी के लिए 

Thursday, 2 July 2026

जीवन और कर्म के संदर्भ में -- पत्र - 22 (सेनेका द्वारा लिखे पत्रों का हिंदी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 

अब तुम समझते हो कि तुम्हें उन दिखने में महत्वपूर्ण पर वास्तव में तुम्हारे लिए हानिकारक कार्यों से दूर हो जाना चाहिए। लेकिन तुम पूछते हो कि यह कैसे किया जाए। कुछ बातें ऐसी होती हैं जिन्हें केवल आमने-सामने ही समझाया जा सकता है। कोई चिकित्सक केवल पत्र लिखकर यह निर्धारित नहीं कर सकता कि भोजन करने या स्नान करने का उचित समय क्या है। उसे स्वयं रोगी की नाड़ी देखनी पड़ती है। जैसा कि पुरानी कहावत है, “ग्लैडिएटर अखाड़े में ही सलाह लेता है।” वह अपने प्रतिद्वन्द्वी के चेहरे के भाव, हाथों की गति, यहाँ तक कि उसके शरीर के संतुलन में होने वाले सूक्ष्म परिवर्तन को देखकर अपनी रणनीति तय करता है। जो कार्य सामान्यतः किए जाते हैं और जिन्हें कर्तव्य की माँग कहा जा सकता है, उनके बारे में सामान्य सलाह दी जा सकती है और उन्हें लिखकर भी बताया जा सकता है। ऐसी सलाह केवल दूर रहने वालों के लिए ही नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी छोड़ी जा सकती है। किन्तु जब प्रश्न यह हो कि किसी कार्य को कब और किस प्रकार करना चाहिए तब कोई भी व्यक्ति दूर बैठकर सलाह नहीं दे सकता। उसका निर्णय परिस्थितियों को देखकर ही करना पड़ता है। तेजी से बीतते अवसर को पहचानने के लिए केवल वहाँ उपस्थित होना पर्याप्त नहीं है। तुम्हें सतर्क भी रहना होगा। इसलिए अवसर पर लगातार नज़र रखो। जब वह दिखाई दे तो उसे तुरंत पकड़ लो और पूरे दृढ़ निश्चय तथा अपनी सम्पूर्ण शक्ति के साथ उन जिम्मेदारियों से स्वयं को मुक्त कर लो जो तुम्हें बाँधे हुए हैं।

By Suza 

    वास्तव में, यही वह सलाह है जो मैं तुम्हें देना चाहता हूँ। मेरी बात ध्यान से सुनो। तुम्हें बाहर निकलना ही होगा या तो उस जीवन-स्थिति से बाहर निकलो या फिर स्वयं जीवन से। फिर भी मेरा विचार है कि तुम्हें यह काम धीरे-धीरे और सावधानी से करना चाहिए। जिस भयानक गाँठ को तुमने बाँध रखा है उसे रस्सी तोड़कर नहीं बल्कि ढीला करके खोलने का प्रयास करो। लेकिन यदि कोई दूसरा उपाय सफल न हो तो रस्सी तोड़ने में भी संकोच मत करो।तुम चाहे जितने भी भयभीत क्यों न हो निश्चित ही तुम यह नहीं चाहोगे कि जीवन भर किसी खाई के किनारे लटके रहो। उससे तो यह कहीं बेहतर है कि एक ही बार में गिर पड़ो।

    इस बीच, सबसे पहली प्राथमिकता यह होनी चाहिए कि अपने ऊपर और अधिक बोझ न लादो। जिन कार्यों का दायित्व तुम पहले ही ले चुके हो, उन्हीं तक स्वयं को सीमित रखो या यदि तुम ऐसा कहना चाहो तो उन्हीं कार्यों तक जो तुम्हारे हिस्से में आ गए हैं। नए दायित्वों को खोज-खोजकर अपने ऊपर मत लो क्योंकि तब तुम्हारा बहाना भी नहीं चलेगा। यह स्पष्ट हो जाएगा कि वे कार्य अपने-आप तुम्हारे पास नहीं आए थे बल्कि तुमने स्वयं उन्हें अपनाया था। लोग जो बातें अक्सर कहा करते हैं, वे वास्तव में सत्य नहीं हैं। “मैं इससे बच नहीं सकता था। मैं यह नहीं करना चाहता था लेकिन क्या कर सकता था?”

    “मुझे यह करना ही पड़ा।” समृद्धि और सफलता के पीछे भागने के लिए किसी को विवश नहीं किया जाता। रुक जाने में भी एक प्रकार की बुद्धिमत्ता है। यदि तुम भाग्य और परिस्थितियों का सक्रिय रूप से विरोध नहीं भी कर रहे हो तब भी तुम्हें उस दिशा में लगातार आगे बढ़ते रहने की आवश्यकता नहीं है जिस ओर भाग्य तुम्हें बहाए लिए जा रहा है।

    क्या तुम्हें बुरा लगेगा यदि मैं अपनी सलाह के साथ कुछ महान आचार्यों की राय भी जोड़ दूँ? वे मुझसे कहीं बेहतर मार्गदर्शक हैं। वास्तव में जब मुझे किसी कार्य के बारे में निर्णय लेना होता है तो मैं स्वयं भी उनसे परामर्श करता हूँ। इस विषय पर एपिक्यूरस का वह पत्र पढ़ो जो उसने इडोमिनिअस को लिखा था। उसमें वह उसे सलाह देता है कि जहाँ तक संभव हो, वह अपने को उन बंधनों से मुक्त करे और शीघ्रता करे इससे पहले कि कोई अधिक शक्तिशाली परिस्थिति हस्तक्षेप कर दे और उसके पास निवृत्त होने की स्वतंत्रता ही न बचे। वह यह भी जोड़ता है कि उचित समय आने से पहले किसी कार्य का प्रयास नहीं करना चाहिए। लेकिन जब वह लंबे समय से प्रतीक्षित अवसर वास्तव में आ जाए तब तुरंत उठ खड़ा होना चाहिए और बिना विलंब के कार्य करना चाहिए। वह कहता है, “यदि तुम मुक्त होने की योजना बना रहे हो तो कभी सुस्त मत पड़ो।” और यह भी, “परिस्थितियाँ चाहे कितनी ही कठिन क्यों न हों, मुझे विश्वास है कि निवृत्ति लाभदायक सिद्ध होगी बशर्ते हम न तो समय से पहले उसकी ओर दौड़ें और न ही समय आने पर उससे पीछे हटें।”

    मुझे लगता है कि अब तुम स्टोइक्स की ओर से भी कोई कथन सुनना चाहते हो। अपने आस-पास किसी को यह मत कहने दो कि वे उतावले या अविवेकी हैं। वास्तव में वे जितने साहसी हैं उससे कहीं अधिक सावधान भी हैं। शायद तुम यह अपेक्षा कर रहे हो कि वे तुमसे कहेंगे, “बोझ के नीचे झुक जाना लज्जाजनक है। जिस जिम्मेदारी को तुमने स्वीकार किया है उसका दृढ़तापूर्वक सामना करो। जो व्यक्ति परिश्रम से भागता है और जिसकी हिम्मत परिस्थिति की कठिनाइयों के साथ बढ़ने के बजाय घट जाती है, वह न तो साहसी है और न ही ऊर्जावान।” वे निश्चय ही ऐसी बातें कहेंगे लेकिन केवल तब तक जब तक उस दृढ़ता और धैर्य से कोई सार्थक लाभ प्राप्त हो रहा हो। जब तक किसी अच्छे एवं चरित्रवान व्यक्ति को कोई ऐसा कार्य न करना पड़े या ऐसी कोई परिस्थिति न सहनी पड़े जो उसकी गरिमा के विरुद्ध हो। अन्यथा, एक श्रेष्ठ चरित्र वाला व्यक्ति स्वयं को तुच्छ और अपमानजनक कार्यों में खपा नहीं देगा। वह केवल व्यस्त रहने के लिए व्यापार या कामकाज में नहीं उलझेगा। और न ही वह वैसा करेगा जैसा तुम शायद सोचते हो अर्थात् महत्त्वाकांक्षी जीवन-यात्रा में फँसा रहेगा और उसकी कठिनाइयों को लगातार सहता रहेगा। जब उसे लगेगा कि उसका यह जुड़ाव अत्यधिक बोझिल, अनिश्चित या खतरनाक हो गया है तब वह उससे पीछे हट जाएगा। यह नहीं कि वह अचानक मुँह मोड़कर भाग जाएगा बल्कि वह धीरे-धीरे विवेकपूर्वक और सुरक्षित मार्ग की ओर कदम बढ़ाते हुए उससे स्वयं को अलग कर लेगा।

    प्रिय लूसीलियस, यदि तुम्हें अपने पद और उससे मिलने वाले पुरस्कारों की परवाह न हो तो उससे मुक्त होना बहुत आसान है। वास्तव में वही पुरस्कार हमें बाँधकर रखते हैं और आगे बढ़ने नहीं देते। लोग सोचते हैं, “क्या? क्या मैं इतनी बड़ी आशाओं को छोड़ दूँ? क्या मैं तब पीछे हट जाऊँ जब फसल कटने के लिए तैयार है? क्या मैं अपने सम्मान और वैभव से वंचित हो जाऊँ? क्या मेरी पालकी बिना सेवकों के रह जाएगी और मेरा स्वागत-कक्ष सूना पड़ जाएगा?” यही वे बातें हैं जिन्हें लोग छोड़ना नहीं चाहते। वे अपनी दुर्दशा से मिलने वाले लाभों से प्रेम करते हैं जबकि उसी दुर्दशा की शिकायत भी करते रहते हैं। वे अपने व्यवसाय या करियर की शिकायत ठीक उसी प्रकार करते हैं जैसे कोई व्यक्ति अपनी प्रेमिका की शिकायत करता है। अर्थात् यदि तुम उनके वास्तविक भावों को ध्यान से देखो तो पाओगे कि वे उससे घृणा नहीं करते, उनका उससे केवल अस्थायी झगड़ा है। जो लोग लगातार रोते-शिकायत करते हैं और छोड़कर चले जाने की धमकी देते हैं, उन्हें ध्यान से परखो। तुम देखोगे कि उनका वहाँ रुके रहना स्वेच्छा से है। जिन चीज़ों को वे अपनी पीड़ा का कारण बताते हैं, वास्तव में वही चीज़ें वे चाहते थे और उन्हीं के बिना वे रह भी नहीं सकते।

    ऐसा ही है, लूसीलियस! दासता केवल कुछ लोगों को पकड़कर नहीं रखती बल्कि बहुत से लोग स्वयं दासता को पकड़े रहते हैं। लेकिन यदि तुम सचमुच अपनी दासता को त्यागना चाहते हो। यदि तुम्हारी स्वतंत्रता की इच्छा वास्तविक है। यदि प्रोत्साहन माँगने का तुम्हारा एकमात्र उद्देश्य यह है कि जो करना आवश्यक है, उसे निरंतर चिंता में पड़े बिना कर सको तो स्टोइक्स का पूरा समुदाय तुम्हारा उत्साहवर्धन करेगा। और वे ऐसा क्यों न करें? सभी ज़ेनो और क्रिसिप्पुस तुम्हें उसी मार्ग को चुनने के लिए प्रेरित करेंगे जो संयमित हो, जो सम्मानजनक हो और जो वास्तव में तुम्हारा अपना हो।

    लेकिन यदि तुम बार-बार पीछे मुड़कर यह देखने की कोशिश कर रहे हो कि अपने साथ कितना कुछ ले जा सकोगे अर्थात् निवृत्ति के बाद तुम्हारी आय कितनी होगी तो तुम्हें कभी मुक्ति नहीं मिलेगी। जब तक तुम अपना सूटकेस पकड़े रहोगे तब तक सुरक्षित तैरकर किनारे तक नहीं पहुँच सकते। पहले अपना सिर पानी के ऊपर रखो और एक बेहतर जीवन जीना शुरू करो। ईश्वर तुम्हें आशीर्वाद दें पर उस प्रकार नहीं जिस प्रकार वे कुछ लोगों को देते प्रतीत होते हैं— मधुर मुस्कान के साथ उन्हें महान दुख प्रदान करके। क्योंकि ऐसे उपहार, जो अपने प्राप्तकर्ता को जलाते हैं और यातना देते हैं, देने के लिए देवताओं के पास केवल एक ही सफाई होती है। उन्होंने वही दिया था जिसकी उनसे प्रार्थना की गई थी।

    मैं अभी-अभी इस पत्र को सील कर रहा था लेकिन अब मुझे इसे फिर से खोलना पड़ रहा है ताकि यह अपनी छोटी-सी पारंपरिक भेंट के बिना यहाँ से न जाए बल्कि अपने साथ कोई सुंदर और सार्थक सूक्ति भी ले जाए। एक ऐसी सूक्ति अभी मेरे मन में आ रही है। मैं यह भी नहीं कह सकता कि वह अधिक सत्य है या अधिक सुंदर ढंग से कही गई है। “यह किसकी है?” तुम पूछते हो। यह एपिक्यूरस की है क्योंकि मैं अभी भी दूसरों के ख़ज़ानों से उधार ले रहा हूँ।

"हममें से प्रत्येक इस जीवन से वैसे ही जाता है, जैसे वह इसमें आया था।"

    जिसे चाहो देख लो— युवा, वृद्ध, या इनके बीच की किसी भी आयु का व्यक्ति, तुम पाओगे कि सभी मृत्यु से समान रूप से भयभीत हैं और जीवन के विषय में समान रूप से अज्ञानी हैं। किसी ने भी वास्तव में कुछ प्राप्त नहीं किया है। जो कुछ हमारा अपना है, उसे हम सब भविष्य के लिए टालते रहते हैं।

    इस कथन में मुझे सबसे अधिक यह बात पसंद है कि यह वृद्ध लोगों को उनकी बालसुलभ अपरिपक्वता के लिए धिक्कारता है। वह कहता है, “हममें से प्रत्येक इस जीवन से वैसे ही जाता है, जैसे वह इसमें आया था।” यह सही नहीं है। जब हम मरते हैं तब हम जन्म के समय की अपेक्षा और भी बुरे हो चुके होते हैं। इसका दोष हमारी प्रकृति का नहीं हमारा अपना है। प्रकृति को तो हमारे विरुद्ध शिकायत करनी चाहिए और कहना चाहिए, “यह क्या है? मैंने तुम्हें संसार में बिना इच्छाओं, बिना भय, बिना अंधविश्वासी विश्वास, बिना विश्वासघात और उन सभी अन्य दोषों के भेजा था जो आज तुम्हें सताते हैं। कम-से-कम वैसे ही लौटो जैसे आए थे!” जो व्यक्ति उसी शांति के साथ मरता है जिस शांति के साथ वह जन्मा था, उसने बुद्धिमत्ता प्राप्त कर ली है। लेकिन वास्तविकता यह है कि जैसे ही कोई संकट निकट आता है, हम काँपने लगते हैं। हमारी साँसें भारी हो जाती हैं, चेहरे का रंग उड़ जाता है, आँसू बहने लगते हैं और वह भी व्यर्थ। जब हम शांति के बिल्कुल द्वार पर खड़े होते हैं तब भी चिंतित रहते हैं। इससे अधिक लज्जाजनक और क्या हो सकता है?

   लेकिन इसका कारण यह है कि हम हर प्रकार के वास्तविक कल्याण से रिक्त हैं। इसलिए जीवन का खो जाना हमें कष्टदायक प्रतीत होता है। हममें से किसी के लिए भी जीवन का कोई भाग वास्तव में लाभदायक नहीं बन पाता। हम उसे पूरा का पूरा खर्च कर देते हैं। वह हमारी उँगलियों के बीच से फिसल जाता है। कोई यह नहीं सोचता कि वह कितना अच्छा जीवन जी रहा है। सब केवल यह सोचते हैं कि वह कितने लंबे समय तक जीवित रहेगा। जबकि सच्चाई यह है कि हममें से प्रत्येक के पास अच्छा जीवन जीने का अवसर है लेकिन कोई भी लंबे समय तक जीवित रहने की गारंटी नहीं पा सकता।

अभी के लिए विदा 


खलील जिब्रान (Khalil Gibran) की प्रसिद्ध पुस्तक द प्रोफेट (The Prophet) का हिंदी अनुवाद (संपूर्ण पुस्तक)

  द प्रोफेट जहाज़ का आगमन   अलमुस्तफ़ा, चुना हुआ और प्रिय, जो अपने ही युग के लिए प्रभात के समान था , बारह वर्षों से   नगर में उस जहाज़...