Showing posts with label जीवन. Show all posts
Showing posts with label जीवन. Show all posts

Friday, 1 November 2019

चित्रलिपि

उस दिन 1... अक्टूबर था। जब दोनों साथ बैठे थे। इतना सुकून इसी शहर की जगह पर मिल सकता है। जगह बेहद ज़रूरी पृष्ठभूमि होती है। हालाँकि जगह की जानकारी न होने के चलते दोनों में एक मज़ाकिया गड़बड़ी हुई। पर यह उतना बुरा नहीं था। कुछ था जो दोनों के बीच था। वो हर कहीं और हर किसी के बीच नहीं होता। वह जो उन दोनों के बीच था वह हर जगह होना चाहिए ताकि लोग अच्छे और मासूम बने रहें। लोगों के मासूम बने रहने से ही यह जगह चल पा रही है वरना कैसे इतना बड़ा कारोबार चल सकता था! यह सोचना भी कितना मुश्किल है!

    मुख़्तसर मुलाक़ात थी। ज़िन्दगी में रिश्तों की बनावट का सारा कारोबार ही इन मुख़्तसर मुलाक़ातों को मारकर खड़ा किया गया है। ज़रूरी है किसी रिश्तों की जाँच और गिनती की जाए? उसके बगैर क्या इंसान नहीं रहते होंगे? ऐसा तो नहीं है कि पृथ्वी की शुरुआत से ही रिश्तों की पोटली बाँध दी गई होगी! नहीं, ऐसा नहीं हो सकता। ऐसा हुआ भी नहीं। कोशिश करनी होगी कि इन रिश्तों ने कब से जन्म लिया होगा, जानने की। आजकल के छोटे-छोटे परिवार भी बेहद खुश हैं। अब यह हैरानी भी है कि वे खुश हैं। अगर हैं भी तो, उन्हें होने दीजिये। लेकिन आप का क्या? क्या आप किसी को इसलिए पसंद करते हैं कि उससे आगे आने वाले दिनों में रिश्ता गांठना है? अगर इस हसरत के साथ किसी से मिलते हैं तो आप सरासर स्वार्थी हैं। आगे की योजना के बारे में सोचकर वर्तमान को जीना शायद ज़िन्दगी की बेहतरीन पलानिंग हो सकती है पर यह एक धोखा है उस पल के साथ जब आप उसे बिता रहे थे या गुज़ार रहे थे या फिर जी रहे थे। आप क्या कर रहे थे? आपने यह नहीं सोचा। आप मिले और घर लौट आये। शायद आपने उसे दिखाकर पीछे मुड़कर नहीं देखा पर आपने देखा था, यही तो वो बात थी उस मुलाक़ात और उस पल की।

    दिल्ली के प्रदूषण से बच गए तो दस साल बाद आप ख़ुद से यह सवाल पूछेंगे कि जब 'उससे' मुलाक़ात कर रहे थे तब आपके भीतर किस किस तरह की घटनाएं बुलबुलों की तरह बन कर जल्दी ख़त्म हो रही थीं? उससे मिलना किस तरह अलग था? उस वक़्त, वक़्त का मिजाज़ क्या था? उस वक़्त, बैकग्राउंड में क्या चल रहा था? हवा में किस तरह की मिठास थी? थी भी या नहीं? कौन-सी आवाजें उस फ्रेम में शामिल थीं जहाँ आप दोनों बैठे थे? आपके बीच से ऐसा क्या गुज़र रहा था जो आप दोनों ने उसे अपनी बातों में शामिल नहीं किया? क्या कुछ खामोश था? किस पर ज़्यादा बात हुई? क्या बाक़ी रहा? क्या दोनों के बीच ऐसा था जो भीतर समा गया? कुछ ऐसा क्या था जो पल को ख़ास बना रहा था? ...आप ये सब सवाल कभी तो सोचेंगे जब अकेले बैठे होंगे। तब आप पाएंगे कि आप उस समय जिए भी या बस वक़्त से गुज़र कर यहाँ तक आ गए हैं।



    मिलने के लिए नहीं मिलो। मिलो तो जीने के लिए मिलो। जब मिलो तो यह जानने की कोशिश करो कि कैसे रेमेदियोस हवा में उड़ते हुए आसमान में गुम हो गई? क्या मार्केज़ उसे 'एकांत के सौ वर्ष' से वापस लाए? क्या वे भूल गए उसे वापस लाना है या फिर उसे आसमान में ही किसी से मिलने के लिए एक मुलाक़ात मिल गई थी? आज भी यह बेहद रूमानी लगता है कि वह चादर बिछाती-बिछाती अचानक उड़ गई। क्या बिना 'ज़ोरबा द ग्रीक' के हमें समझ नहीं आएगा कि ज़िन्दगी में सब कुछ जीने के लिए ही होता है? एलेक्सिस ज़ोरबा ही बताएगा कि हम जीने के लिए आये हैं? गलतियों, पापों के साथ भी रहने के बावजूद हम जीने के लिए ही आए हैं। इसलिए किसी 'प्रेमम मुलाक़ात' को भरपूर जीना आना चाहिए। आपको नहीं आया तब अंत में इस दुनिया के सबसे दयनीय और कमजोर इंसान होंगे जो जिंदगी के बेहतरीन लम्हो से ख़ाली रह गया। 

मुलाक़ात में दो लोग
मुलाक़ात में संख्या महत्त्व नहीं रखती। इसमें ज़रूरी है कि मिलन हो और उसका एहसास भी। दो लोगों के बीच भी यह हो सकती है और कई लोगों के साथ भी। हाँ, ख़ुद के साथ भी यह होती है। अगर आप ये सारी मुलाकातें कैसे करनी होती है, जानते हैं तब आप बेहतर ज़िन्दगी की तरफ़ बढ़ रहे हैं। इतना तो आप मान लीजिये। इसमें शब्द रहते हैं पर ख़ामोशी भी एक संवाद का तरीका हो सकती है। इसके लिए अभी किसी फ़िल्म का दृश्य याद आ रहा है जहाँ दो पुराने प्रेमी झगड़े के बाद अलग हो जाते हैं। कुछ उम्र बीत जाती है। फिर अचानक एक रोज़ मुलाक़ात होती है। अपने अपने परिवारों के बारे में एक-दूसरे के में बताते हैं। प्रेमिका दो जाम बनाती है। पलंग पर न बैठकर वह अपना जाम लेते हुए ज़मीन पर बैठ जाती है। प्रेमी अपना जाम उठाकर उसके ठीक बगल में। दोनों खामोश होकर कहीं सामने देख रहे हैं और मन में कुछ हलचल हो रही है। थोड़ी देर बाद प्रेमिका का सिर आँखों में कुछ बूँदें लिए प्रेमी के कंधे पर होता है। प्रेमी भी अपना सिर उसके सिर से टिका देता है। फ़िल्म यहीं समाप्त हो जाती है.* इसलिए ज़रूरी नहीं कि शब्दों की ज़रूरत पड़े हर मुलाक़ात में। ख़ामोशी में भी एहसास बह जाते हैं। 

वक़्त/टाइम
हम सभी लोग जो इस जमीं पर हैं शायद अच्छे वाले श्राप से शापित हैं कि इस टाइम से बाहर नहीं हो सकते। चाहे जमीं के खोह में घुस जाएं या फिर वायुमंडल में चले जाएं, वक़्त आपके साथ या यूँ कहूँ आपकी त्वचा के साथ चिपका हुआ है। वो हमेशा बना रहता है। लेकिन कहीं कहीं यह अपना एहसास या कंट्रोल छोड़ देता है। वह तब होता है जब हम एहसासों की गहराई में होते हैं। जब वह पल बेहद गहरे पैशन के साथ हमारे साथ घटना शुरू होते हैं, आहिस्ता-आहिस्ता। यह जबरदस्त होता है। जीना समझ आ जाता है। आप दोनों बैठे हैं और आप दोनों के हाथों में घड़ी होते हुए भी आप लोगों को वक़्त कुछ कह नहीं पाता कि आप दोनों के दरम्यां वह भी है। उसका भी ख़याल रखो। अगर वक़्त के बगैर जीना है तो पैशन के साथ रहो। मिलो। जब आप ये लम्हात गुज़ारते हैं तब ही सच्ची और ताज़ी यादों को बनाना और सहेजना संभव होता है। वरना तो वक़्त आपको और हमको राख में तब्दील करने के लिए है। वही नहीं मरेगा और हम...जीने के लिए आया ही कौन है? इसलिए मिलो तो सब भूलकर उसके साथ मिलो। उसे पता भी नहीं चलने दो कि जब आप मिलने के लिए घर से निकल रहे थे तब आपने वक़्त को घर पर छोड़ना मुनासिब समझा था।

एहसास 
इस पर तो क्या ही लिखूं! इस पर नहीं लिखा जाता। यही हमको लिख देते हैं। जो मन में पिघलने के लिए ही बन जाते हैं। न इनसे हारा जा सकता है और न ही इन्हें हराया जा सकता है। न इसे जीत पाते हैं (बुद्ध ने किया है) न इनसे लड़ पाते हैं। ये जटिल हैं।बहुत सारे धागों की तरह एक-दूसरे में गुंथे हुए। इनसे उलझने की कभी कोशिश नहीं की जाती पर हैरत है पूरी ज़िन्दगी इसी में बसर कर देते हैं। यही कहा जा सकता है जब वह बगल में बैठती/बैठता है तब पूरी दुनिया थम जाती है... और कुछ नहीं लिखा जाना चाहिए...




*इस दृश्य के लिए फ़िल्म 'Breaking Up (1997)' देखिए.

Sunday, 3 December 2017

पंक्चर

कुछ दिनों से लिखना बिलकुल बंद रहा। जब लोगों ने मुझसे मैसेज और फोन कर के पूछा कि क्या हुआ है तब मैंने सवाल बहुत हल्के में लेते हुए तुरंत जवाब दिया-"मेरा लैपटाप खराब हो गया है इसलिए आप लोगों को झेलने का अवसर नहीं मिल रहा है।" हालांकि जवाब मुझे बहुत खराब लगा। ऐसा नहीं  है कि दिमाग में आइडिया नहीं आए। काफी विषय सूझे और मैंने लिखने की भी कोशिश की। पर एक बैठक में हाथ से लिख नहीं पा रही थी।  यह आधुनिक लेखन के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण परेशानी लगी और एक दोस्त ने मुझे इसे लिखने का सुझाव भी दिया। 
पेन और कॉपी लेकर लिखने में मैंने एक अपने स्तर का संघर्ष किया और पाया कि अक्षरों  की बनावट पर मैं अपना शासन खो चुकी हूँ। धीरे लिख रही हूँ। लिखने पर भी जूझ रही हूँ। लय नहीं बन पा रही आदि आदि। कॉलेज और उसके बाद तक के लिखने के सफर में लिखना एक खुशी के साथ आता था। लिखते वक़्त लगता था कि शब्दों का एक झरना बह रहा है और हाथ के माध्यम से पन्नों पर उतर रहा है। लेकिन पिछले तीन साल में मैंने लगातार इस मशीन पर ही लिखने को लिखना समझा और एक घाटे का सौदा किया। हालांकि बीच बीच में डायरी लिखी पर डायरी में 5 या 6 पन्ने लिखने में बहुत बड़ी मुश्किल नहीं लगी। एक वजह यह भी है कि डायरी लेखन एक ऐसी आज़ादी का भी अहसास लेकर चलता है जिसमें बाध्यता बहुत बड़ी बात नहीं होती। डायरी मनमर्ज़ी शब्द से भी कई बार जुड़ जाती है।

                                                     
  By Justyna Kopania 

    बटन दब जाने पर अक्षरों का तुरंत उभर आना एक निहायती बेदिली का काम और उत्पादन है। हाथ और की-बोर्ड के बीच का रिश्ता जैसे को तैसा वाला है। जो बटन दबेगा वही उभरेगा। और यहाँ लिखने की बात ही नहीं है। टाइप करना शब्द युग्म इस्तेमाल किया जाता है। हाथ और की-बोर्ड एक के बीच एक ही एक्शन निरंतर चलता है और परिणाम में लिखा हुआ उभर आता है। जबकि हाथ से लिखने में हाथ और पन्ने के बीच मशीनी रिश्ता नहीं महसूस होता। दूसरी महत्वपूर्ण बात लिखते समय लिपि की बनावट हाथ को एक घुमाव और स्वाभाविक एक्शन मुहैया करवाती है। जो कि हम इन्सानों के खून में है। इसका बढ़िया उदाहरण अगर खोजा जाए तो आपको ऐसे लोग मिलेंगे जो पेन पेंसिल को कान या फिर अपने जुड़े में अटका कर रखते हैं। छोटे बच्चों को जब नई नई पेंसिल दी जाये तब उस पेंसिल का इस्तेमाल लिखने के अलावा मुंह में, सिर में और बाकी तरह से वे करते हुए दिखते हैं। यह सब एक बेहद स्वाभाविक हिस्सा लगता है। 

    लेखन से जुड़े दो उदाहरण और देना चाहूंगी। चूंकि JNU में मेरे वक़्त का कुछ हिस्सा चाय पीने में जाता है तो वहाँ कुछ जगहों पर अपने आप ध्यान चला जाता है। वहाँ का माहौल निश्चित रूप से यह बतलाता है कि आप अभी तक इंसान ही हो। इसलिए दिमाग कि तनी हुई सिराएँ थोड़ा ध्यान इधर उधर करने की इजाजत भी दे देती हैं। वहाँ एक लाइब्रेरी के पीछे वाली कैंटीन और मामू का ढाबा है। जब मैं शुरू शुरू में पढ़ने गई थी तब लाइब्रेरी के पीछे वाली कैंटीन में हाथ से कैंटीन के खुलने और बंद होने का समय लिखा रहता था। अब ठीक इसकी जगह टाइप हुए पर्चे पर यही बात लिखी होती है। हालांकि एक आम समझ में यह साफ है कि जो सूचना देने का उद्देश्य था वह पूरा हो चुका है फिर भी थोड़ा गौर करें तो पाएंगे कि अब एक या दो पंक्ति को भी हाथ से नहीं लिखा जा रहा। वास्तव में हाथ का लिखा रिप्लेस होने का शिकार हो रहा है। ठीक वैसे ही जैसे 19+38 को कोई मुझे जोड़ने को कहे तो अमूमन मैं मोबाइल का गणक निकाल कर बैठ जाती हूँ।

    अब बात मामू के ढाबे की। यह जगह काफी लाजवाब है। खाना भी अच्छा है। लेकिन जो बात मुझे यहाँ बहुत अच्छी लगती है और मेरा ध्यान खींच लेती है वह अंग्रेज़ी में करसिव हैंड राइटिंग से लिखा हुआ मेन्यू। अगर आप कुछ ऑर्डर करने जाते हैं तब खाने के साथ साथ यह भी दिमाग में आता है कि क्या खूब लिखा है। कितनी सुंदर लिखाई के साथ। इसलिए बाहर कि दुनिया में जाते ही मुझे हर वह चीज जिस पर हाथ की लिखाई लिखी होती है, आकर्षित तो करती ही है और साथ ही दिलचस्प भी लगती है। आजकल डीटीसी की बसों में लहराते हुए शब्द दिखते हैं जो कहते हैं- जेबकतरों से सावधान!

    जो सभ्यता नहीं लिखती थीं उनके इतिहास में बहुत झोल मौजूद है। एक झूठा और बनावटी इतिहास। मुझे 'बोलों' की दुनिया में यकीन है पर पूरा का पूरा इतिहास अगर उन पर टिका रहे तो मुझे आपत्ति है। आजकल हर चीज को मशीनों और कार्डों से जोड़ने के पीछे सुविधा की बात को ऊपर रखा जाता है। टीवी पर एक विज्ञापन आता है जिसमें सभी काम कार्ड-पेमेंट से किए जा रहे हैं पर जैसे ही एक व्यक्ति कैश रुपया निकलता है उसे हिकारत की नज़र से देखा जाता है। वह फास्ट लेनदेन में बाधा के रूप में दिखता है। लेकिन इसी विज्ञापन पर यह बहस भी की जा सकती है कि इंसानी दिमाग को लगभग पंक्चर करने की तैयारियां सरकार और कंपनियाँ ज़ोरों पर कर रही हैं। यही नहीं वे अपने काम में सफल भी हो रही हैं। चूंकि सभी पेमेंट कार्ड से हो रही हैं तो यह तय है कि आपसे हिसाब किताब करने का अभ्यास छिना जा रहा है। जहां अभी तक मशीनों से पेमेंट नहीं होता वहाँ हम खुद -ब-खुद जोड़ना शुरू करते हैं और दिमाग पर ज़ोर डालते हैं। इसलिए कई मर्तबा दिक्कत भी आती है। हमारे आसपास अब ऐसे लोगों की संख्या कम होती जा रही है जो मुंह-जुबानी हिसाब जोड़ लिया करते थे।

    कितनी अजीब बात यह कि मैं यह सब फिर से उसी लैपटाप पर लिख रही हूँ जिससे अब थोड़ा सा डर लगता है। फिर भी मुझे अपने स्वाभाविक लिखने की रोज़मर्रा के छूटे हुए अभ्यास की तरफ दुबारा जाना चाहिए। इसलिए आजकल घरेलू खर्चों के हिसाब किताब की डायरी को मैंने अपने पिता से लेकर खुद लिखना शुरू किया है। शायद अधिक नहीं लिख पाऊँगी पर एक रोजनामचा (Journal) बनाना तो सीख ही जाऊँगी।  


Thursday, 8 December 2016

पैराशूट

आजकल टीवी पर आने वाला एक विज्ञापन मेरा ध्यान खींच लेता है। बहुत अच्छा है। आप लोगों ने भी देखा होगा और ध्यान भी दिया होगा। विज्ञापन का नाम 'अगर परवाह है, तो दुबारा पुछो' है। यह सच है। आज कल की ज़िंदगी की शैली उतनी सरल नहीं है और हर खोपड़ी के भेजे में एक तूफान-सा ही गुज़र रहा है। मैंने स्कूल के बच्चों तक में तनाव जैसी बीमारी देखी है। इसमें कोई हैरानी नहीं कि बच्चों में भी तनाव के लक्षण दिख रहे हैं। हम सब खुद इस तरह की ज़िंदगी के पाठ्यक्रम के जिम्मेदार हैं। अगर कोई कहता है कि उसके पास कोई टेंशन नहीं तो यह सौ प्रतिशत सच है कि वह झूठ बोल रही या बोल रहा है। ऐसा हो ही नहीं सकता कि कोई इस तनाव से बच सका हो।

    जब मैं छोटी थी तब पढ़ाई की बहुत चिंता हो जाती थी। पेपर गलत हो गया तो, अच्छे नंबर नहीं आए तो, फ़ेल हो गई तो... और भी बहुत कुछ। मुझे बहुत टेंशन।...उफ़्फ़! उस समय एक अजीब घटना घटा करती थी। हमारे इलाक़े में बहुत से पैराशूट उड़ते हुए गुजरते थे। न जाने कहाँ से आते और कहाँ चले जाते। उनमें कोई बैठा हुआ नज़र नहीं आता था। मैं खुद एक लाल पैराशूट की गवाह भी रही हूँ। तब आँखें खराब नहीं थीं सो बहुत गहराई से पैराशूट को देखा था। मेरे लिए उसे देखना अद्भुत अनुभव था। हमारे पड़ोस में एक खुशी की लहर उठ जाती थी। जो घर में होता उसको आवाज़ लगा-लगाकर बुलाया जाता कि आसमान में फिर एक गुबारा आया है, इससे पहले चला जाये देख लो!



    ऐसी ही एक शाम जब मैं अपने पेपर की तैयारी में मर रही थी तब लाल रंग का बड़ा पैराशूट आया। बस फिर क्या था! सभी की आवाजों में मेरा घरेलू नाम था। पर मैं हिली नहीं। वही डर था कि टाइम नहीं है। इतने में माँ आईं और विद्यारानी को झटकते हुए बोलीं, 'देख बाहर क्या हो रहा है! नहीं गई तो सब छूट जाएगा।'  मैंने वह मौका गंवा दिया। उसके बाद से शायद कोई पैराशूट नहीं आया। हाँ, पर सड़े और बेहूदा एग्ज़ाम्स हर बार आए। हर बार अच्छे नंबर ही आए, लेकिन कुछ फायदा कभी नहीं मिला। पास, फ़ेल या टॉप आना बहुत झूठा मज़ाक है जो सेहत के लिए अच्छा नहीं। 'इल्म ही सबकुछ है' से बेहतर 'खुशी ही सबकुछ है' कहना अच्छा है।  

    इस ऊपर की घटना के बाद मुझे एक सपना आया। पैराशूट का रोमांच इतना अधिक मुझमें बस गया कि दिमाग में खयाल आए। वही सपना भी बन गया। पैराशूट में एक बार बैठने की तमन्ना। आपको याद होगा एक हिन्दी की रूमानी फिल्म है-'रूल्स-प्यार का सुपरहिट फॉर्मूला' जिसमें एक पैराशूट का अंत में दृश्य है। ऐसे ही फिल्म 'द ममी' में भी अजीबो-गरीब पैराशूट का फिल्मांकन है। आप भी सोचिए और भी कहीं आपने देखे होंगे। जैसे ही दिमाग में मैं उड़ने के खयाल लाती हूँ वैसे ही एक हल्कापन महसूस होता है। बिल्कुल ताज़ा हो जाती हूँ। ऐसा लगता है कि आसमान में उड़ना एक बेहतरीन काम है। ऊपर से दुनिया का नज़ारा देखना हसीन होता होगा। ऐसे में कोई महान तनाव भी मेरे आस-पास नहीं आता। जो भी नकारात्मकता होती है काफूर हो जाती है। इस बड़े गुब्बारे की दिमाग में छवि आने मात्र से ही मुझे सबकुछ अच्छा दिखने लगता है। मेरे लिए पैराशूट एक हसीन प्रतीक में तब्दील हो चुका है।



(नोट-हवाई जहाज से नीचे देखना उतना बेहतरीन अनुभव नहीं लगता मुझे)
  
    आज जब बड़े हुए हैं तो दूसरी तरह की चिंताएँ रहती हैं। तनाव और चिंता में मुझे बहुत फ़र्क नहीं समझ आता। अपने लोगों में या बाहर के लोगों में तनाव की एक समान कृपा है। जब कई लोग कहते हैं कि वे चिंता नहीं लेते तब मुझे वे अजूबे से कम नहीं लगते। सही बात है इस बड़ी-सी दुनिया में हम सिकुड़े हुए लोगों में से यदि कोई चिंता नहीं करता तो हैरत हो ही जाती है। एक समय ऐसा भी आया था कि मुझे बेहद तनाव था। तब इत्तिफाक़ से मुझे एक सूफी मिले जिन्होंने बहुत हद तक तनाव से बाहर निकाला और दुनिया को देखने का नज़रिया दिया।

    मुझे इस बात पर शिद्दत से यकीन है कि अपने चारों तरफ कुछ बेहतरीन और सुलझे हुए लोगों के साथ को रखना चाहिए जो आपके बोलने के अंदाज़ से ही पकड़ लें कि आप ठीक नहीं हो। जानती हूँ यह कला तो सिर्फ माँ को आती है। लेकिन हो सकता है कुछ और लोगों को भी आती हो। कई बार कुछ तकलीफ़ें इतनी बड़ी होती हैं कि सारा का सारा 'आपा' हाय तौबा में बदल जाता है। ऐसा किसी के साथ भी हो सकता है। कोई बुजुर्ग या फिर नौजवान के साथ भी। इसलिए कम से कम अपने आसपास को संवाद कर के आप हल्का कर सकते हैं। यकीन मानिए आपके कुछ नरम शब्द दूसरों को दवाई से ज़्यादा फायदा पहुंचा सकते हैं।

                                                     बॉब ओर्सीलो का खींचा हुआ फोटो
                                      
    लेकिन एक दशा ऐसी भी आ सकती है जब आपके आस-पास कोई भी न हो। फिर अपने भयंकर तनाव से निपटने के लिए क्या किया जाये, यह सवाल उभर कर आता है। आजकल के चलते फिरते विज्ञान और तकनीक के जमाने में मनोचिकित्सक की मांग बहुत बढ़ गई है। इस तरह के डॉक्टर का सहारा लिया जा सकता है। लेकिन फिर भी अपने अंदर की गुफा में एक रोशनी तो हमेशा होती ही है। क्या आपको नहीं लगता? मैंने हमेशा इसे महसूस किया है। पढ़े लिखे और दिमागदार लोग इसे 'Intuition' कहकर पुकारते हैं। संत महात्मा इसे 'अंतर्बोध' कहते हैं। एक बात बोलूँ? यह आवाज़ हम सभी में है। बचपन में मुझे यही बार बार कहा जाता था -'खुद से पुछो!' उस समय मैं बहुत कन्फ्युज रहती थी कि यह सब क्या बकवास है। पर अब लगता है कि अपने अंदर ही कोई रहता है।

    वो दिन गुज़र गए जब यह सब संतों की तपस्या जैसी बात कही जाती थी। वास्तव में मुझे ऐसा लगता है कि हम सभी को वह सकती दी गई जो हमारे अंदर है। कल जयललिता जी का इंटरव्यू देख रही थी। मुझे लगता है सभी को देखना चाहिए। उनकी ज़िंदगी में भी भयानक उतार चढ़ाव आए पर वे आत्महत्या करने नहीं गईं। बल्कि खुद को उससे से भी मजबूत और बेहतर बनाया। सोचिए जिस औरत की बेइज्जती की गई, उसने रोने का विकल्प न अपनाकर अपने काम और दिमाग से एक मजबूती हासिल की। मुझे देखकर अच्छा लगा।

    सड़क पर गड्डे आने का कारण हमेशा नगरपालिका का निक्कमापन नहीं होता। कई बार होता यह कि बारिश या अधिक वाहनों की आवाजाही से कुछ गड्डे उभर आते हैं। यह स्वाभाविक है। ठीक इसी तरह हमारा रोज़मर्रा हमेशा सुचारु नहीं चल सकता। कुछ न कुछ ऐसा घटित होगा ही जो तंग कर जाएगा। यह हिस्सा है जीवन का। इसलिए चिंताएँ, अप्रिय घटनाएँ या नकारात्मकताएँ जरूर आएंगी। इन्हें पूरी तरह रोका तो नहीं जा सकता लेकिन अपने एक्शन को समझदारी से अंजाम देने के चलते कम किया जा सकता है। तनाव एक सच्चाई है जिसे मैं पूरी तरह स्वीकार करती हूँ और जूझती भी हूँ।  

    तनाव को तोड़ा जा सकता है। इसके कई जरिये हैं, जैसे किताबें। जी हाँ। किताबें वे जरिया हैं जिनसे आप दूसरों की जिंदगी के अनुभव से रूबरू हो सकते हैं। एक किताब के सहारे इतिहास से लेकर भूगोल तक की सैर कर सकते हैं। मुझे बहुत ज़्यादा किताब पढ़ना पसंद नहीं है। बहुत लोगों को नहीं होगा। लेकिन कभी-कभी तो इनसे दोस्ती की ही जा सकती है। इसके अलावा जगह में बदलाव भी तनाव के बम को मिनटों में फोड़ देता है। घूमने निकल जाइए। भारत में कई राज्य हैं। अपना देश क्या कम सुंदर है। एक बार कुछ जगहों का अनुभव लेंगे तब आपको लगेगा कि आप खामखां की बातों में उलझे थे। यकीन मानिए आप भी एक बढ़िया 'स्टोरी टेलर' बन सकते हैं। जो घूमेगा वही तो रचेगा।

    एक बात जो मेरे पास रहने वाली एक शख़्स हमेशा कहती हैं- 'आपकी ज़िंदगी से बड़ा कोई नहीं और कुछ भी नहीं!' सच में मुझे इस बात में बेहद दम लगता है। जब नज़रें मिली हैं तो अपने आस-पास का दीदार करो। बाकी अपने अंदर झांकना आपका काम है। मैं जो बाँट सकती हूँ वह बता रही हूँ। कभी कभी टीचर बनने में क्या बुराई है! थोड़ा बहुत तो 'टीचराना' बना ही जा सकता है।

मैं तो चली पैराशूट के ख्वाब देखने!  

खलील जिब्रान (Khalil Gibran) की प्रसिद्ध पुस्तक द प्रोफेट (The Prophet) का हिंदी अनुवाद (संपूर्ण पुस्तक)

  द प्रोफेट जहाज़ का आगमन   अलमुस्तफ़ा, चुना हुआ और प्रिय, जो अपने ही युग के लिए प्रभात के समान था , बारह वर्षों से   नगर में उस जहाज़...