Friday, 7 August 2026

प्रकृति और शारीरिक संरचना के बोध के बारे में -- पत्र 119

 प्रिय लूसीलियस 


आज की वह छोटी-सी समस्या जब मैं तुम्हारे सामने रखूँगा, जिससे हम पहले से ही काफी समय से जूझते आ रहे हैं तो मुझे पूरा विश्वास है कि तुम मुझ पर मुकदमा कर दोगे। तुम फिर चिल्लाकर कहोगे, “इसका नैतिकता से क्या लेना-देना है?” तुम चिल्लाना शुरू कर दो। लेकिन इस बीच पहले मैं तुम्हारे सामने कुछ और प्रतिवादियों को मुकदमे के लिए प्रस्तुत कर दूँ अर्थात पॉसिडोनियस (एक प्रसिद्ध यूनानी स्टोइक दार्शनिक, विद्वान और वैज्ञानिक) और आर्केडेमस (स्टोइक नैतिक दर्शन और तर्कशास्त्र के विद्वान) को। इन्हीं लोगों को अदालत में खड़ा किया जाना चाहिए। अब मैं यह कहूँ कि नैतिकता से संबंधित प्रत्येक विषय अनिवार्य रूप से नैतिक आचरण को बढ़ावा नहीं देता। 


द विंची द्वारा 

    एक अध्ययन मनुष्य के पोषण से संबंधित है। दूसरे हमारे शारीरिक प्रशिक्षण, वस्त्र, शिक्षा या मनोरंजन से। ये सभी मनुष्य से संबंधित हैं। भले ही इनमें से सभी मनुष्य को बेहतर न बनाते हों। जहाँ तक नैतिकता का प्रश्न है, उसका एक अध्ययन आचरण से एक प्रकार से संबंधित होता है और दूसरा किसी अन्य प्रकार से। कुछ अध्ययन आचरण को सुधारते और नियंत्रित करते हैं। जबकि दूसरे उसके स्वरूप और उत्पत्ति की जाँच करते हैं। जब मैं पूछता हूँ कि प्रकृति ने मनुष्य को क्यों उत्पन्न किया और उसे अन्य प्राणियों से श्रेष्ठ क्यों बनाया तो क्या तुम यह निष्कर्ष निकालोगे कि मैंने नैतिकता के क्षेत्र को छोड़ दिया है? ऐसा निष्कर्ष गलत होगा। मेरा आशय यह है कि जब तक तुमने यह पता नहीं लगा लिया कि मनुष्य के लिए सर्वोत्तम क्या है और मनुष्य के स्वभाव का अध्ययन नहीं कर लिया, तब तक तुम यह कैसे जान पाएँगे कि मनुष्य को किस प्रकार का आचरण अपनाना चाहिए? जब तक तुमने यह नहीं जान लिया कि अपने स्वभाव के प्रति आपका क्या कर्तव्य है, तब तक तुम यह नहीं समझ पाओगे कि तुमको क्या करना चाहिए और किन बातों से बचना चाहिए।

    “मैं चाहता हूँ,” तुम कहते हो, “कि मैं यह सीखूँ कि अपनी इच्छाओं और भय को कैसे कम करूँ। मुझे अंधविश्वास से झकझोरकर बाहर निकालो। मुझे यह समझाओ कि जिसे तथाकथित सुख कहा जाता है, वह एक छोटी और खोखली चीज़ है, जो बहुत आसानी से एक अतिरिक्त अक्षर ग्रहण करके दुख में बदल जाती है।” मैं तुम्हारी इच्छा पूरी करूँगा। मैं तुम्हारे सद्गुणों को प्रोत्साहित करूँगा और दुर्गुणों को कोड़े लगाऊँगा। यदि कोई इस भूमिका में मुझे अत्यधिक कठोर और असंयमी समझे, तब भी मैं दुष्टता का पीछा करना, उग्रतम वासनाओं पर लगाम लगाना, उन सुखों की बढ़त को रोकना जो अंततः पीड़ा में बदल जाते हैं और हमारी प्रार्थनाओं का विरोध करना बंद नहीं करूँगा। मैं सच कह रहा हूँ क्योंकि हमारी प्रार्थनाएँ उन्हीं चीज़ों के लिए होती हैं जो हमारे लिए सबसे अधिक हानिकारक हैं। जब वे इच्छाएँ पूरी हो जाती हैं, तब हमारे पास उन सभी चीज़ों के लिए सांत्वना पाने की आवश्यकता पड़ती है, जिनकी हमने स्वयं कामना की थी।

    इस बीच, मुझे उन विषयों पर विस्तार से चर्चा करने की अनुमति दो जो हमारे वर्तमान विषय से कुछ अधिक दूर प्रतीत होते हैं। हम इस बात पर चर्चा कर रहे थे कि क्या सभी प्राणियों को अपनी स्वयं की प्रकृति और शारीरिक संरचना का बोध होता है। इसका सबसे प्रमुख प्रमाण यह है कि वे अपने अंगों को कितनी उपयुक्तता और कुशलता से संचालित करते हैं, मानो उन्हें ऐसा करने का प्रशिक्षण दिया गया हो। अपने अंगों का संचालन करने में कोई भी प्राणी असहाय नहीं होता। एक कुशल कारीगर अपने औज़ारों को सहजता से चलाता है। एक नाविक जानता है कि अपने जहाज़ को कैसे चलाना है। एक चित्रकार अपने पास मौजूद अनेक रंगों में से उचित रंग चुनने में अत्यंत तत्पर होता है और अपनी चित्र-पट्टिका तथा चित्र के बीच अपनी आँख और हाथ को बड़ी सहजता से चलाता है। उसी प्रकार कोई प्राणी अपने शरीर और उसके अंगों का जितने भी कार्यों में उपयोग करता है, उन सभी में समान रूप से कुशल होता है। 

    हम अक्सर कुशल मूक-अभिनय नर्तकों को देखकर आश्चर्यचकित होते हैं क्योंकि उनके हाथ विषय-वस्तु और उसकी भावनाओं के समस्त अर्थ को व्यक्त करने के लिए तत्पर रहते हैं और उनके हाव-भाव बोले गए शब्दों की तीव्र गति के साथ-साथ चलते हैं। जो कला कलाकारों को प्रदान करती है, वही प्रकृति प्राणियों को प्रदान करती है।उनमें से किसी को भी अपने अंगों का संचालन करने में कठिनाई नहीं होती। कोई भी अपने शरीर का उपयोग करने में लड़खड़ाता नहीं है। वे संसार में आते ही ऐसा करने लगते हैं। यह ज्ञान उनके भीतर आरंभ से ही विद्यमान होता है। वे प्रशिक्षित होकर जन्म लेते हैं।

    कोई कह सकता है, “प्राणियों द्वारा अपने अंगों को कुशलता से संचालित करने का कारण यह है कि यदि वे उन्हें किसी अन्य प्रकार से संचालित करें तो उन्हें पीड़ा होगी। अतः वे विवश होकर वही करते हैं, जैसा तुम्हारे मत के लोग कहते हैं। जो चीज़ उन्हें सही ढंग से चलने-फिरने के लिए प्रेरित करती है, वह उनकी इच्छा नहीं बल्कि पीड़ा का भय है।” यह गलत है। जिन चीज़ों को आवश्यकता के कारण विवश होकर किया जाता है, वे धीमी होती हैं। जबकि फुर्ती स्वस्फूर्त गति की पहचान है। वास्तव में, वे पीड़ा के भय से गति करने के लिए विवश नहीं होते बल्कि जब पीड़ा उनके स्वाभाविक ढंग से चलने में बाधा डालती है, तब भी वे उसी स्वाभाविक गति को प्राप्त करने का प्रयत्न करते हैं। 

    एक ऐसे शिशु पर विचार करो जो खड़ा होना चाहता है और अभी अपने शरीर को सहारा देकर खड़ा रहने का अभ्यास ही कर रहा है। जैसे ही वह अपनी शक्ति को आज़माना शुरू करता है, वह गिर पड़ता है। लेकिन वह रोते हुए बार-बार उठता रहता है, जब तक कि पीड़ापूर्वक अभ्यास करते-करते वह वह कार्य करना नहीं सीख लेता जिसकी माँग उसका स्वभाव करता है। कुछ कठोर कवच वाले प्राणियों को जब पीठ के बल उलट दिया जाता है तो वे अपने पैरों से लगातार ऐंठते, ज़मीन कुरेदते और इधर-उधर सरकते रहते हैं, जब तक कि वे अपनी उचित स्थिति में वापस नहीं आ जाते। उलटी हुई कछुए को कोई पीड़ा नहीं होती। लेकिन अपनी स्वाभाविक स्थिति से बाहर होने के कारण वह बेचैन हो जाता है और तब तक अपने शरीर को हिलाता-डुलाता रहता है, जब तक कि वह अपने पैरों पर सीधा खड़ा नहीं हो जाता। इस प्रकार सभी प्राणियों को अपनी स्वयं की प्रकृति और शारीरिक संरचना का बोध होता है, और यही बताता है कि वे अपने अंगों का संचालन करने में इतने कुशल क्यों होते हैं। वास्तव में, यह इस बात का हमारा सबसे अच्छा प्रमाण है कि वे इस बोध के साथ जन्म लेते हैं: कोई भी प्राणी अपने शरीर और उसके अंगों का उपयोग करने में अकुशल नहीं होता।



    “तुम्हारे मत के अनुयायियों के अनुसार,” प्रतिपक्षी कहता है, “स्वभावगत संरचना ‘मन के उस निर्देशन करने वाले अंग की एक विशेष अवस्था है, जो शरीर के साथ एक निश्चित प्रकार के संबंध में स्थित है।’ कोई शिशु इतनी जटिल और सूक्ष्म बात को कैसे समझ सकता है, जिसका वर्णन करने में तुम लोग स्वयं भी मुश्किल से सक्षम हैं? अपनी उस परिभाषा को समझने के लिए तो सभी प्राणियों को जन्म से ही तर्कशास्त्री होना पड़ेगा क्योंकि अधिकांश रोमन लोगों के लिए भी यह परिभाषा अस्पष्ट है।” यह आपत्ति उचित होती, यदि मैं यह कहता कि प्राणी ‘स्वभावगत संरचना’ की परिभाषा को समझते हैं, न कि अपनी स्वभावगत संरचना को स्वयं। प्रकृति को समझना, उसका वर्णन करने की अपेक्षा अधिक सरल है। इसलिए शिशु यह नहीं जानता कि स्वभावगत संरचना क्या है। लेकिन वह अपनी स्वयं की स्वभावगत संरचना को जानता है। वह यह नहीं जानता कि प्राणी क्या होता है। लेकिन वह यह अनुभव करता है कि वह स्वयं एक प्राणी है। 

    इसके अतिरिक्त, अपनी स्वभावगत संरचना के विषय में उसका बोध अस्पष्ट, प्रारंभिक और अनिश्चित होता है। इसी प्रकार हम भी जानते हैं कि हमारे भीतर एक मन है, फिर भी हम यह नहीं जानते कि मन क्या है, वह कहाँ स्थित है, उसका स्वरूप कैसा है या वह कहाँ से आया है। हम अपने मन के अस्तित्व से अवगत हैं, भले ही हम उसके स्वभाव और उसके स्थान को न जानते हों। सभी प्राणियों में अपनी स्वभावगत संरचना के बोध की स्थिति भी ऐसी ही है। प्राणियों को अनिवार्य रूप से उस चीज़ का बोध होता है, जिसके माध्यम से वे दूसरी चीज़ों का बोध करते हैं। उन्हें अनिवार्य रूप से उस चीज़ का भी बोध होता है, जिसकी वे आज्ञा मानते हैं और जिसके द्वारा वे संचालित होते हैं। हममें से प्रत्येक यह समझता है कि कोई ऐसी चीज़ है जो हमारी प्रवृत्तियों को सक्रिय करती है। लेकिन हम यह नहीं जानते कि वह क्या है। मनुष्य यह जानता है कि उसके भीतर कोई प्रेरक सिद्धांत या प्रेरक शक्ति है। लेकिन वह यह नहीं जानता कि वह क्या है या कहाँ से आती है। इसी प्रकार, शिशुओं और प्राणियों में भी अपने निर्देशन करने वाले अंग का बोध होता है। लेकिन वह बोध पूरी तरह स्पष्ट और सुस्पष्ट नहीं होता।

    “तुम कहते हो कि प्रत्येक प्राणी आरंभ से ही अपनी स्वभावगत संरचना से जुड़ा होता है, लेकिन तुम यह भी कहते हो कि मनुष्य की स्वभावगत संरचना तर्कशील है। इसलिए मनुष्य स्वयं से केवल एक सजीव प्राणी के रूप में नहीं बल्कि एक तर्कशील प्राणी के रूप में जुड़ा हुआ है क्योंकि मनुष्य को अपने उसी अंग के कारण अपने प्रति लगाव होता है जो उसे मनुष्य बनाता है। फिर, जब कोई शिशु अभी तर्कशील नहीं हुआ है तो वह तर्कशील स्वभावगत संरचना के प्रति कैसे जुड़ाव रख सकता है?”

    जीवन की प्रत्येक अवस्था की अपनी एक स्वभावगत संरचना होती है। शिशु की एक, बालक की दूसरी, युवक की दूसरी और प्रौढ़ व्यक्ति की दूसरी। प्रत्येक व्यक्ति जिस स्वभावगत संरचना में होता है, उसी से जुड़ा रहता है।शिशु के दाँत नहीं होते। वह अपनी इसी वर्तमान स्वभावगत संरचना से जुड़ा रहता है। फिर उसके दाँत निकल आते हैं। अब वह इस नई स्वभावगत संरचना से जुड़ा रहता है। यहाँ तक कि गेहूँ की एक बाल, जो आगे चलकर फसल देने वाली है, अपनी आरंभिक अवस्था में एक प्रकार की स्वभावगत संरचना रखती है, जब वह अभी छोटी होती है और मुश्किल से मेड़ की ऊँचाई तक पहुँचती है। फिर दूसरी, जब उसमें शक्ति आ जाती है और वह ऐसे तने पर खड़ी होती है जो भले ही नरम हो। लेकिन उसका भार सँभाल सकता है और फिर एक और, जब वह सुनहरी हो जाती है और उसकी बालियों में दाने कठोर होने लगते हैं, जो फसल के समय के आने का संकेत देते हैं। पौधा जिस भी स्वभावगत संरचना तक पहुँचता है, उसे बनाए रखता है और उसी के अनुसार स्वयं को ढाल लेता है। 

    जीवन की अवस्थाएँ अलग-अलग हैं। शैशवावस्था, बाल्यावस्था, युवावस्था और प्रौढ़ावस्था। फिर भी मैं, जो कभी शिशु था, फिर बालक और फिर युवक रहा, वही व्यक्ति बना हुआ हूँ। इसलिए, यद्यपि प्रत्येक वस्तु की स्वभावगत संरचना बदलती रहती है, फिर भी वह उसी प्रकार अपनी वर्तमान स्वभावगत संरचना से जुड़ी रहती है। मेरा स्वाभाविक लगाव उस बालक, युवक या प्रौढ़ व्यक्ति से नहीं है बल्कि स्वयं मुझसे है। इसलिए एक शिशु अपनी उसी स्वभावगत संरचना से जुड़ा होता है, जो उसके शिशु होने के समय होती है, न कि उस स्वभावगत संरचना से जो आगे चलकर युवक बनने पर उसकी होगी। भले ही बाद में वह अधिक विकसित अवस्था में पहुँच जाएगा। लेकिन इसका यह अर्थ नहीं है कि जिस अवस्था में वह जन्म लेता है, वह भी प्रकृति के अनुरूप नहीं है।

    प्राणी सबसे पहले स्वयं से जुड़ा होता है क्योंकि कोई न कोई ऐसी वस्तु होनी ही चाहिए, जिसके साथ अन्य सभी चीज़ों का संबंध स्थापित किया जा सके। मुझे सुख चाहिए। किसके लिए? अपने लिए। इसलिए मैं अपनी देखभाल करता हूँ। मैं पीड़ा से बचने का प्रयास करता हूँ। किसके लिए? अपने लिए। इसलिए मैं अपनी देखभाल करता हूँ। यदि मैं अपनी प्रत्येक गतिविधि अपनी देखभाल के लिए करता हूँ तो अपने प्रति मेरी चिंता हर दूसरी चीज़ से पहले आती है। यह चिंता सभी प्राणियों में होती है; इसे उनमें बाहर से आरोपित नहीं किया गया है बल्कि यह उनके भीतर जन्मजात होती है। प्रकृति अपनी संतानों का पालन-पोषण करती है और उन्हें त्यागती नहीं है क्योंकि सबसे विश्वसनीय रक्षक वही होता है जो सबसे निकट हो। इसलिए प्रत्येक प्राणी को स्वयं अपनी रक्षा का दायित्व सौंपा गया है। इसलिए, जैसा कि मैंने अपने पहले के पत्रों में कहा है, छोटे-से-छोटे नवजात या अंडे से अभी-अभी निकले प्राणी भी अपने आप यह जान लेते हैं कि उनके लिए क्या हानिकारक है और उन चीज़ों से बचते हैं जो उनकी मृत्यु का कारण बन सकती हैं। यहाँ तक कि आकाश में ऊपर से उड़ती हुई किसी वस्तु की छाया मात्र देखकर भी वे भय की प्रतिक्रिया प्रकट करते हैं, जबकि वे स्वयं शिकारी पक्षियों के लिए अत्यंत असुरक्षित होते हैं। कोई भी प्राणी मृत्यु के भय से रहित होकर जीवन में प्रवेश नहीं करता।

    “कोई प्राणी जन्म लेते ही यह कैसे समझ सकता है कि कौन-सी चीज़ उसके जीवन की रक्षा करती है और कौन-सी उसकी मृत्यु का कारण बन सकती है?” सबसे पहले, हमारा प्रश्न यह है कि क्या वह इन बातों को समझ सकता है, यह नहीं कि वह ऐसा कैसे करता है। प्राणियों में यह समझ होती है, यह इस तथ्य से स्पष्ट है कि यदि वे अभी इस समझ को प्राप्त करते तो वे पहले से जो कुछ करते आ रहे हैं, उससे अलग कुछ नहीं करते। ऐसा क्यों है कि मुर्गी मोर या हंस से नहीं बचती। लेकिन बाज़ को देखकर भाग जाती है।जबकि बाज़ उन पक्षियों की तुलना में बहुत छोटा होता है और ऐसा प्राणी भी नहीं है जिससे उसका कोई परिचय रहा हो? चूजे नेवले से क्यों डरते हैं। लेकिन कुत्ते से नहीं? यह स्पष्ट है कि उनके भीतर इस बात का ऐसा ज्ञान मौजूद होता है जो अनुभव से प्राप्त नहीं हुआ है कि कौन-सी चीज़ उन्हें नुकसान पहुँचा सकती है क्योंकि वे किसी ऐसी चीज़ से भी बचते हैं, जिसका उन्हें अभी अनुभव तक नहीं हुआ है। 

    दूसरे, ताकि तुम यह न समझो कि ऐसा संयोगवश होता है, वे उन चीज़ों के अतिरिक्त किसी और चीज़ से नहीं डरते, जिनसे डरना उनके लिए उचित है, और वे इस सावधानी तथा सतर्कता को कभी नहीं भूलते। खतरे से बचने में उनका व्यवहार निरंतर एक जैसा रहता है। इसके अतिरिक्त, अपने जीवन के दौरान वे अधिक भयभीत भी नहीं होते जाते। इससे सिद्ध होता है कि वे इस अवस्था तक अनुभव के कारण नहीं, बल्कि आत्म-संरक्षण की प्राकृतिक प्रवृत्ति के परिणामस्वरूप पहुँचते हैं। जो कुछ अनुभव सिखाता है, वह देर से आता है और सभी में समान रूप से विकसित नहीं होता। जबकि प्रकृति जो कुछ प्रदान करती है, वह तत्काल और सभी मामलों में एकसमान होता है।

    लेकिन यदि तुम मुझसे इस बात का आग्रह करो कि मैं बताऊँ कि प्रत्येक प्राणी यह समझने से कैसे नहीं बच सकता कि उसके लिए क्या खतरनाक है तो मैं तुम्हें इसका उत्तर दूँगा। उसे यह बोध होता है कि वह मांस से बना है; इसलिए उसे यह भी बोध होता है कि कौन-सी चीज़ मांस को काट सकती है, जला सकती है या कुचल सकती है, और कौन-से प्राणी उसे नुकसान पहुँचाने के साधनों से युक्त हैं। इन चीज़ों की उसके मन में खतरनाक और शत्रुतापूर्ण होने की धारणा बन जाती है। ये प्रवृत्तियाँ एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। जिस समय प्रत्येक प्राणी अपनी रक्षा से जुड़ा होता है, उसी समय वह उन चीज़ों की खोज करता है जो उसके लिए लाभकारी हैं और उन चीज़ों से बचता है जो उसके लिए हानिकारक हैं। उपयोगी वस्तुओं की ओर आकर्षित होने की प्रवृत्ति प्राकृतिक है और उनके विपरीत वस्तुओं के प्रति विरक्ति भी प्राकृतिक है।

    प्रकृति जो कुछ निर्धारित करती है, वह बिना किसी विचार के, उसे प्रेरित करने वाली किसी पूर्वचिंता या योजना के बिना ही घटित होता है। क्या तुम नहीं देखते कि मधुमक्खियाँ अपने छत्ते की कोठरियाँ बनाने में कितनी कुशल होती हैं और अपने-अपने कार्यों को कितनी सामंजस्यपूर्ण ढंग से करती हैं? क्या तुम नहीं देखते कि मकड़ी का जाला मनुष्य की नकल करने की क्षमता से परे होता है? उसके तंतुओं को व्यवस्थित करना कितना कठिन कार्य है। कुछ तंतु सहारे के लिए सीधी रेखाओं में होते हैं और दूसरे बढ़ते हुए अंतराल पर वृत्ताकार रूप में फैले होते हैं ताकि जिन छोटे जीवों को पकड़ने के लिए जाला बनाया गया है, वे उसमें फँस जाएँ और जाल में बँधे रहें। यह कला जन्मजात है, सीखी हुई नहीं। इसी कारण कोई भी प्राणी दूसरे प्राणी की अपेक्षा अधिक सीखने वाला नहीं होता। तुम देखोगे कि सभी मकड़ियों के जाले एक जैसे होते हैं और एक छत्ते में मधुकोष की सभी कोण-संरचनाएँ समान होती हैं। जो कुछ प्रशिक्षण से प्राप्त होता है, उसमें भिन्नता और असमानता होती है। लेकिन जो क्षमताएँ प्रकृति से प्राप्त होती हैं, वे समान रूप से वितरित होती हैं। 

    प्रकृति ने प्राणियों को स्वयं की रक्षा करने की प्रवृत्ति और ऐसा करने की सहज क्षमता के अतिरिक्त और कुछ नहीं दिया है। इसी कारण प्राणी उसी क्षण से सीखना आरंभ कर देते हैं, जिस क्षण से वे जीवन आरंभ करते हैं। इसमें कोई आश्चर्य नहीं कि वे जन्म से ही ठीक उन्हीं क्षमताओं से युक्त होते हैं, जिनके बिना उनका जन्म व्यर्थ हो जाता। यह उनकी निरंतर जीवित रहने के लिए प्रकृति द्वारा प्रदान किया गया पहला साधन है— स्वयं से लगाव और स्वयं के प्रति प्रेम। यदि वे जीवित रहने की इच्छा न रखते तो उनके पास जीवित रहने की शक्ति भी न होती। केवल यह इच्छा अपने आप में उनकी सहायता करने के लिए पर्याप्त नहीं थी। लेकिन इसके बिना कोई दूसरी चीज़ भी उनकी सहायता नहीं कर सकती थी। किसी भी प्राणी में तुम अपने प्रति कम सम्मान या यहाँ तक कि अपनी उपेक्षा भी नहीं पाओगे। मूक प्राणी, जो अन्य मामलों में भले ही मंदबुद्धि हों। लेकिन जीवन जीने के मामले में कुशल होते हैं। तुम देखोगे कि जो प्राणी दूसरों के लिए किसी उपयोग के नहीं हैं, वे भी अपनी स्वयं की आवश्यकताओं के मामले में किसी तरह से अपूर्ण नहीं होते।


अभी के लिए विदा 

Thursday, 6 August 2026

कर्म जो सद्गुण हैं, के बारे में - पत्र - 118 (Hindi Translation of Seneca's Letters)

 प्रिय लूसीलियस 


तुम्हारे पत्र में अनेक छोटे-छोटे प्रश्न उठाए गए थे पर अंततः वह एक ही प्रश्न पर आकर ठहर गया। तुमने मुझसे पूछा है कि हमारे मन में ‘शुभ’ और ‘सम्माननीय’ (honorable) की अवधारणा कैसे उत्पन्न हुई। कुछ दार्शनिकों के अनुसार ‘शुभ’ और ‘सम्माननीय’ दो भिन्न वस्तुएँ हैं किन्तु हम स्टोइक इन्हें केवल भेदयुक्त मानते हैं, अलग नहीं। 



    मेरा आशय यह है कि कुछ लोग ‘शुभ’ को केवल वही मानते हैं जो उपयोगी हो। इसलिए वे धन, घोड़े, शराब और जूतों तक को ‘शुभ’ कह देते हैं। उनके लिए ‘शुभ’ का मूल्य इतना गिर जाता है कि वह साधारण उपयोग की वस्तुओं तक सीमित रह जाता है। दूसरी ओर, उनके मत में ‘सम्माननीय’ वह है जो किसी पूर्णतः उचित कर्म के तर्कसंगत स्वरूप के अनुरूप हो जैसे, वृद्ध पिता की श्रद्धापूर्वक सेवा करना, निर्धन मित्र की सहायता करना, साहसपूर्वक युद्ध करना, अथवा विवेकपूर्ण और संतुलित नीति-भाषण देना। हम भी ‘शुभ’ और ‘सम्माननीय’ में एक प्रकार का भेद स्वीकार करते हैं, किन्तु उन्हें मूलतः एक ही मानते हैं। कोई भी वस्तु तब तक शुभ नहीं हो सकती, जब तक वह सम्माननीय न हो और जो वास्तव में सम्माननीय है, वह अनिवार्य रूप से शुभ भी है। इन दोनों धारणाओं के बीच का अंतर मैं फिर से विस्तार से नहीं बताऊँगा क्योंकि इसका उल्लेख मैं पहले अनेक बार कर चुका हूँ। केवल एक बात कहूँगा, हमारे मत में कोई भी वस्तु शुभ नहीं हो सकती, जिसका दुरुपयोग किया जा सके। तुम स्वयं देख सकते हो कि कितने लोग धन, सामाजिक प्रतिष्ठा और शारीरिक बल का दुरुपयोग करते हैं।

    अब मैं उस प्रश्न पर लौटता हूँ, जिस पर तुम मुझसे चर्चा करना चाहते हो। हमने सबसे पहले ‘शुभ’ और ‘सम्माननीय’ की अवधारणा कैसे प्राप्त की? प्रकृति हमें यह नहीं सिखा सकती थी क्योंकि प्रकृति ने हमें ज्ञान नहीं दिया है बल्कि केवल ज्ञान के बीज दिए हैं। कुछ दार्शनिकों का कहना है कि यह अवधारणा हमें संयोगवश प्राप्त हो गई किन्तु यह विश्वास करना कठिन है कि कोई व्यक्ति केवल संयोग से सद्गुण की धारणा तक पहुँच गया हो। हमारा मत यह है कि ‘सम्माननीय’ और ‘शुभ’ की अवधारणा बार-बार होने वाले कर्मों के निरीक्षण और उनकी तुलना के द्वारा निष्कर्ष रूप में प्राप्त होती है। हमारे मतानुसार इन्हें ‘एनालॉजी’ (analogy- समानता के आधार पर) के आधार पर समझा जाता है।

    चूँकि इस शब्द ‘एनालॉजी’ (analogy) को लैटिन विद्वानों ने अपनी भाषा में अपना लिया है। इसलिए मेरा विचार है कि इसे अस्वीकार करने के बजाय रोमन भाषा-समुदाय में पूर्ण रूप से स्वीकार कर लेना चाहिए। अतः मैं इसका प्रयोग केवल वैध शब्द के रूप में ही नहीं बल्कि एक पूर्णतः स्थापित शब्द के रूप में भी करूँगा। अब मैं स्पष्ट करता हूँ कि यह ‘एनालॉजी’ क्या है। हम शरीर के स्वास्थ्य से परिचित थे। उसी के आधार पर हमने यह समझा कि मन का भी एक स्वास्थ्य होता है। हम शरीर की शक्ति को जानते थे। उसी से हमने निष्कर्ष निकाला कि मन की भी एक शक्ति होती है। उदारता, मानवता और साहस के कुछ कार्यों ने हमें विस्मित कर दिया। हमने उनकी प्रशंसा ऐसे करनी शुरू की मानो वे पूर्णतः निर्दोष हों। यद्यपि उनमें अनेक दोष भी थे किन्तु किसी एक उत्कृष्ट कर्म की दीप्ति ने उन दोषों को ढँक दिया था और हमने उन्हें अनदेखा कर दिया। प्रकृति हमें यह प्रेरणा देती है कि प्रशंसनीय कर्मों को महान मानें और प्रत्येक व्यक्ति उनकी प्रशंसा करते समय प्रायः वास्तविकता से आगे बढ़ जाता है। इन्हीं कर्मों के आधार पर हमने एक महान शुभ की अवधारणा निर्मित की। 

    फ़ैब्रिसियस (रोमन सेनापति और राजनेता) ने पायरूस (प्राचीन यूनान के एपिरस राज्य के राजा) द्वारा दिया गया स्वर्ण अस्वीकार कर दिया। उसके विचार में किसी राजा के धन का तिरस्कार कर सकना, स्वयं किसी राज्य का स्वामी होने से भी अधिक महान था। बाद में, जब पायरूस के चिकित्सक ने उसे विष देकर मार डालने का प्रस्ताव किया, तब उसी फ़ैब्रिसियस ने राजा को इस षड्यंत्र से सावधान कर दिया। इन दोनों कार्यों में उसके चरित्र की एक ही दृढ़ता प्रकट होती है न तो स्वर्ण से खरीदा जाना और न ही विष देकर विजय प्राप्त करना। हमने ऐसे महान पुरुष की प्रशंसा की, जो न तो राजा के उपहारों से प्रभावित हुआ और न ही राजा के विरुद्ध दिए गए प्रस्तावों से। वह अपने आदर्शों पर अटल रहा और उसने वह कार्य किया, जो सबसे कठिन होता है, युद्ध की स्थिति में भी अपनी नैतिक निष्कलुषता बनाए रखना। उसका विश्वास था कि शत्रु के साथ भी अन्याय नहीं किया जाना चाहिए। अत्यन्त निर्धनता में जीवन बिताते हुए भी, जिसे वह अपने गौरव का विषय मानता था, उसने धन को उसी प्रकार ठुकरा दिया, जैसे उसने विष के प्रयोग को अस्वीकार किया था। उसने कहा, “पायरूस, मेरे कारण जीवित रहो और अब उस बात पर प्रसन्न हो जाओ जो पहले तुम्हें दुःख देती थी कि फ़ैब्रिसियस को भ्रष्ट नहीं किया जा सकता।” 

    होरातियस कोक्लेस (प्राचीन रोम का एक महान वीर और लोकनायक) अकेला ही उस संकरे पुल पर डट गया। उसने अपने साथियों को आदेश दिया कि वे उसके पीछे का पुल काट दें ताकि शत्रु के लिए आगे बढ़ने का मार्ग बंद हो जाए। वह तब तक आक्रमणकारियों को रोके रहा, जब तक कि गिरते हुए पुल की विशाल लकड़ियों के टूटने की प्रचंड ध्वनि उसके कानों में नहीं गूँज उठी। जब उसने पीछे मुड़कर देखा और पाया कि उसके अपने संकट ने उसके देश को संकट से मुक्त कर दिया है, तब उसने पुकारकर कहा, “आओ, यदि कोई उसी मार्ग से मेरा पीछा करना चाहता है, जिस मार्ग से मैं जा रहा हूँ!” इसके बाद वह सीधे नदी में कूद पड़ा। प्रबल वेग से बहती धारा को पार करते समय उसने अपने शस्त्रों की रक्षा उतनी ही सावधानी से की, जितनी अपने प्राणों की। अंततः वह अपने विजयी शस्त्रों का सम्मान अक्षुण्ण रखते हुए उतनी ही सुरक्षित लौट आया, मानो उसने पुल पार करके ही वापसी की हो।  

    ऐसे और इसी प्रकार के कर्मों ने हमें सद्गुण का स्वरूप समझाया। अब मैं एक ऐसी बात जोड़ूँगा जो तुम्हें आश्चर्यजनक लग सकती है। कभी-कभी हमें सम्माननीय के स्वरूप का ज्ञान बुरी बातों से भी प्राप्त हुआ अर्थात उत्कृष्टता अपने विपरीत के माध्यम से भी स्पष्ट हुई। जैसा कि तुम जानते हो, कुछ सद्गुण और दुर्गुण एक-दूसरे के बहुत निकट प्रतीत होते हैं। यहाँ तक कि दुष्ट और अनैतिक व्यक्तियों में भी कभी-कभी सदाचार का आभास दिखाई देता है। उदाहरण के लिए, अपव्ययी व्यक्ति उदार होने का भ्रम उत्पन्न करता है। जबकि देना जानने और बचाकर रखना न जानने के बीच बहुत बड़ा अंतर है। लूसीलियस, मैं तुम्हें बताता हूँ कि ऐसे बहुत-से लोग हैं जो अपना धन दान नहीं करते बल्कि उसे केवल उड़ा देते हैं। मैं उस व्यक्ति को उदार नहीं कह सकता जिसे धन का कोई मूल्य ही न हो। इसी प्रकार लापरवाही कभी-कभी सरल स्वभाव जैसी लगती है और उतावलापन साहस का आभास देता है। 

    इसी प्रकार की समानता ने हमें विवश किया कि हम विचार करें और उन बातों में भेद स्थापित करें जो देखने में तो एक जैसी लगती हैं किन्तु वास्तव में अत्यन्त भिन्न होती हैं। जब हमने उन लोगों को देखा जो किसी एक महान कार्य के कारण प्रसिद्ध हो गए थे, तब हमने यह भी ध्यान देना आरम्भ किया कि ऐसा व्यक्ति किसी एक अवसर पर तो बड़े उत्साह और गौरव के साथ श्रेष्ठ कार्य कर सकता है, किन्तु केवल उसी एक अवसर पर। हमने किसी व्यक्ति को युद्ध में साहसी देखा किन्तु जनसभा में भयभीत। हमने उसे निर्धनता को धैर्यपूर्वक सहते हुए देखा, किन्तु अपमान का सामना करते समय अत्यन्त हीन और दुर्बल पाया। उसके कार्य की हमने प्रशंसा की, परन्तु उसके व्यक्तित्व का सम्मान नहीं किया। इसके विपरीत, हमने एक दूसरे व्यक्ति को देखा जो अपने मित्रों के प्रति दयालु था, अपने शत्रुओं के प्रति सहनशील था तथा सार्वजनिक और निजी, दोनों प्रकार के जीवन में कर्तव्यनिष्ठ और सम्मानशील था। 

    हमने देखा कि वह अपने कष्टों को कितने धैर्य से सहता है और अपने दायित्वों का निर्वाह कितनी दूरदर्शिता से करता है। जब धन देने की आवश्यकता होती तो वह उदारतापूर्वक देता और जब परिश्रम अपेक्षित होता तो वह बिना थके परिश्रम करता तथा अपने चरित्र की दृढ़ता से थकान पर विजय पा लेता। इसके अतिरिक्त, वह प्रत्येक कार्य में सदैव एक-सा रहता था। उसका आचरण परिस्थितियों के अनुसार बदलने वाली नीति पर आधारित नहीं था बल्कि ऐसे दृढ़ संस्कार के मार्गदर्शन में था जिसने उसे केवल उचित कर्म करने में समर्थ ही नहीं बनाया था, बल्कि अनुचित कर्म करना उसके लिए असंभव-सा कर दिया था। ऐसे व्यक्ति में हमने समझा कि सद्गुण अपनी पूर्णता को प्राप्त कर चुका है। 

    इसके बाद हमने इस सद्गुण के विभिन्न अंगों का विभाजन किया। यह उचित था कि इच्छाओं को संयमित किया जाए, भय को नियंत्रण में रखा जाए, प्रत्येक कार्य बुद्धिमत्तापूर्वक किया जाए और प्रत्येक व्यक्ति को उसका उचित अधिकार दिया जाए। इस प्रकार हमने संयम, साहस, विवेक और न्याय को समझा तथा प्रत्येक के लिए उसका विशिष्ट कार्य निर्धारित किया। तो फिर हमें सद्गुण की समझ कहाँ से प्राप्त हुई? उस मनुष्य के सुव्यवस्थित जीवन ने हमें उसका परिचय कराया, उसके गरिमापूर्ण आचरण, उसके चरित्र की निरंतर एकरूपता, उसके सभी कर्मों के बीच विद्यमान सामंजस्य और प्रत्येक कठिनाई पर विजय प्राप्त करने वाली उसकी महानता ने हमें सद्गुण का स्वरूप दिखाया। इसी प्रकार हम सुख की उस अवस्था को समझ पाए, ऐसे जीवन को, जो सहज प्रवाह के साथ चलता है और जो पूर्णतः अपने ही नियंत्रण में रहता है।  

    फिर यह बात हमें कैसे स्पष्ट हुई? मैं तुम्हें बताता हूँ। पूर्ण मनुष्य अर्थात वह जो सद्गुण से संपन्न था, कभी अपने भाग्य को कोसता नहीं था और न ही परिस्थितियों का सामना उदास या कटु मुखमुद्रा के साथ करता था।वह स्वयं को समस्त विश्व का नागरिक और सैनिक मानता था। इसलिए वह प्रत्येक श्रम को ऐसे स्वीकार करता था, मानो वह उसे सौंपा गया कोई आदेश हो। उसने किसी भी घटना को कष्टदायक बाधा या दुर्भाग्य नहीं माना बल्कि अपने लिए नियत एक कर्तव्य समझा। वह कहता था, “यह जो कुछ भी है, यही मेरा कार्य है। यदि यह कठिन और दुर्गम है, तो आओ, इसे पूरा करने में लग जाएँ।” इसी कारण उस व्यक्ति की महानता स्पष्ट रूप से दिखाई देती थी, जो कभी विपत्तियों पर कराहता नहीं था और न ही अपने भाग्य की शिकायत करता था। उसने बहुत-से लोगों को अपने वास्तविक स्वरूप का परिचय कराया। वह अंधकार में दीपक की भाँति प्रकाशित होता था और सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित करता था, क्योंकि वह शांत और सौम्य था तथा मानवीय परिस्थितियों और ईश्वर की व्यवस्था, दोनों को समान भाव से स्वीकार करता था। उसका मन पूर्ण था और अपनी सर्वोच्च अवस्था को प्राप्त कर चुका था।  

    उससे श्रेष्ठ केवल दैवी बुद्धि हो सकती है, जिसका एक अंश हमारे इस नश्वर हृदय में अवतरित हुआ है। यह हृदय तब सबसे अधिक दिव्य होता है, जब वह अपनी नश्वरता पर विचार करता है। तब वह समझता है कि मनुष्य का जन्म इस शरीर में केवल जीवन की निर्धारित अवधि पूरी करने के लिए हुआ है। यह शरीर उसका स्थायी घर नहीं, बल्कि एक प्रकार का अस्थायी अतिथिगृह है, जिसे उसे तब छोड़ देना चाहिए, जब उसे अनुभव हो कि अब वह अपने मेज़बान पर बोझ बनने लगा है। 

    लुसिलियस, मैं तुम्हें विश्वासपूर्वक कहता हूँ कि जब मन यह पहचान लेता है कि उसका वर्तमान निवास कितना तुच्छ और सीमित है तथा उसे छोड़ने से भयभीत नहीं होता, तब वह इस बात का अत्यन्त प्रबल संकेत देता है कि उसका उद्गम किसी उच्चतर स्रोत से हुआ है। जब हम यह स्मरण रखते हैं कि हम कहाँ से आए हैं, तभी हम यह भी जान लेते हैं कि हमें कहाँ जाना है। क्या हम नहीं देखते कि हमारा शरीर कितनी असुविधाओं से घिरा रहता है और हम उससे कितने असंतुष्ट रहते हैं? कभी हम अपने सिर की शिकायत करते हैं, कभी पेट की, कभी छाती और गले की। कभी मांसपेशियों में पीड़ा होती है तो कभी पैरों में दर्द। कभी अतिसार होता है तो कभी नाक बहने लगती है। कभी शरीर में रक्त अधिक हो जाता है तो कभी उसकी कमी हो जाती है। हम चारों ओर से रोगों और कष्टों से घिरे रहते हैं और मानो अपने ही घर से निकाल दिए जाते हैं। यही दशा उन लोगों की होती है, जो दूसरे के घर में रहते हैं। फिर भी, जबकि हमें ऐसा क्षयशील शरीर मिला है, हम अनन्त काल तक जीवित रहने की योजनाएँ बनाते रहते हैं। अपनी आशाओं में हम मनुष्य-जीवन की अधिकतम सीमा तक अधिकार करना चाहते हैं। न धन की कोई सीमित मात्रा हमें संतुष्ट करती है और न ही प्रभाव और प्रतिष्ठा की कोई सीमा। 

    इससे अधिक निर्लज्ज और इससे अधिक मूर्खतापूर्ण बात और क्या हो सकती है? जबकि हमारी मृत्यु निकट है, तब भी हमारे लिए कुछ भी पर्याप्त नहीं होता। वास्तव में, हम अभी से मर रहे हैं। प्रत्येक दिन हमें हमारे अंतिम क्षण के और निकट ले आता है, और प्रत्येक घड़ी हमें उस स्थान की ओर धकेल रही है, जहाँ से अंततः हमें गिरना ही है। देखो, हमारे मन पर कैसी अंधता छाई हुई है! जिसे मैं भविष्य कहता हूँ, वह अभी इसी क्षण घटित हो रहा है और उसका एक बड़ा भाग तो पहले ही बीत चुका है। जितना जीवन हम जी चुके हैं, वह अब उसी स्थान पर पहुँच चुका है जहाँ हमारे जन्म से पहले था। हम अपने अंतिम दिन से व्यर्थ ही भयभीत होते हैं; प्रत्येक दिन हमें मृत्यु की ओर समान रूप से अग्रसर करता है। डगमगाते हुए कदम हमें थकाते नहीं, वे केवल यह बता देते हैं कि हम पहले से ही थक चुके हैं। हमारा अंतिम दिन मृत्यु तक पहुँचा देता है, किन्तु हमारा प्रत्येक दिन उसी की ओर बढ़ता रहता है। मृत्यु हमें एक ही क्षण में नहीं पकड़ लेती। वह तो धीरे-धीरे, प्रतिदिन हमारा कुछ-न-कुछ अंश छीनती चली जाती है। 

    अतः वह महान मस्तिष्क, जो अपने उच्चतर स्वरूप से परिचित है, जिस स्थान पर उसे रखा गया है वहाँ सम्मानपूर्वक और परिश्रमपूर्वक अपना कर्तव्य निभाने का पूरा प्रयास करता है। किन्तु वह अपने चारों ओर की किसी भी वस्तु को अपना नहीं मानता। वह उनका उपयोग केवल उधार में मिली वस्तुओं के समान करता है, जैसे कोई यात्री यात्रा के दौरान अस्थायी रूप से किसी सराय की वस्तुओं का उपयोग करता है और फिर आगे बढ़ जाता है। जब हमने ऐसे दृढ़ चरित्र वाले व्यक्ति को देखा, तब उसके उत्कृष्ट स्वभाव की कल्पना किए बिना कैसे रह सकते थे? विशेषतः तब, जब उसके चरित्र की निरंतर एकरूपता, जैसा कि मैंने कहा, यह प्रमाणित करती थी कि उसकी महानता वास्तविक है। सत्य स्थिर और सुसंगत होता है। असत्य टिक नहीं सकता। 

    कुछ लोग कभी वातिनियस (पहली शताब्दी ईसा पूर्व के एक रोमन राजनेता) बन जाते हैं तो कभी कैटो। कभी उन्हें लगता है कि क्यूरियस (तीसरी शताब्दी ईसा पूर्व के प्रसिद्ध रोमन सेनापति और राजनेता) पर्याप्त कठोर नहीं है, फ़ैब्रिसियस पर्याप्त निर्धन नहीं है और ट्यूबेरो पर्याप्त मितव्ययी तथा सादा जीवन जीने वाला नहीं है। फिर कभी वही लोग धन-संपत्ति में लिसिनस (वे सम्राट औगस्टस के काल के एक मुक्तदास) की बराबरी करना चाहते हैं, स्वादिष्ट भोजन के शौक में अपीसियस (रोम के अत्यंत धनी और विलासप्रिय व्यक्ति) का अनुकरण करते हैं और विलासिता तथा परिष्कृत जीवन में मैकेनास जैसा बनना चाहते हैं। दुष्ट चरित्र का सबसे बड़ा प्रमाण यही है कि उसमें स्थिरता नहीं होती। वह निरंतर बदलता रहता है और कभी सद्गुणों का दिखावा करता है तो कभी दुर्गुणों से प्रेम करने लगता है। कभी उसके पास दो सौ दास होते थे और कभी केवल दस। कभी वह बड़े-बड़े विषयों, राजाओं और राजकुमारों की बातें करता था। कभी कहता था, “मेरे लिए तो बस तीन पैरों वाली एक छोटी-सी मेज़, नमक रखने का एक पात्र और घर में बुना हुआ एक ऊनी चोगा ही पर्याप्त है, जो मुझे ठंड से बचा सके।” किन्तु यदि ऐसे इस अल्प में संतुष्ट रहने का दावा करने वाले व्यक्ति को दस लाख सेस्टर्स (रोमन मुद्रा) दे दिए जाएँ तो वे पाँच ही दिनों में समाप्त हो जाएँगे। 

    ऐसे लोगों की संख्या बहुत है, जिनका वर्णन होरातियस फ्लैकस (होरेस) ने किया है। ऐसे व्यक्ति, जो कभी एक जैसे नहीं रहते बल्कि इतनी भिन्न-भिन्न दिशाओं में भटकते रहते हैं कि अंततः स्वयं अपने ही समान नहीं रह जाते। क्या मैंने कहा, “बहुत-से”? मेरा आशय तो लगभग सभी लोगों से था। लगभग प्रत्येक मनुष्य प्रतिदिन अपनी योजनाएँ और अपनी आकांक्षाएँ बदलता रहता है। आज वह विवाह करना चाहता है, तो अगले ही दिन केवल एक प्रेमिका से संतुष्ट रहना चाहता है। कभी वह लोगों पर प्रभुत्व जमाने की इच्छा रखता है, तो कभी उसका व्यवहार दास से भी अधिक चापलूसीपूर्ण हो जाता है। कभी वह अपने महत्व का इतना प्रदर्शन करता है कि लोगों की घृणा का पात्र बन जाता है तो कभी स्वयं को इतना तुच्छ दिखाता है कि निम्नतम श्रेणी के लोगों से भी अधिक आत्महीन प्रतीत होता है। कभी वह जनता पर उदारतापूर्वक धन लुटाता है तो कभी वही स्वयं उस धन के लिए झपटने लगता है। 

    यही उस मन का सबसे स्पष्ट लक्षण है, जिसमें सद्बुद्धि का अभाव है। उसका कोई स्थिर स्वरूप नहीं होता और जो मुझे सबसे अधिक अनादरणीय प्रतीत होता है, वह स्वयं अपने ही प्रति एकनिष्ठ नहीं रहता। यह समझो कि जीवनभर एक ही व्यक्ति बने रहना अत्यन्त महान बात है। किन्तु ऐसा केवल बुद्धिमान व्यक्ति ही कर सकता है। हममें से शेष लोग तो अनेक प्रकार के रूप धारण करते रहते हैं। कभी तुम हमें मितव्ययी और गंभीर पाओगे, तो कभी अपव्ययी और मूर्ख। हम निरंतर अपने मुखौटे बदलते रहते हैं, एक उतारकर उसका ठीक विपरीत दूसरा पहन लेते हैं। इसलिए तुम्हें स्वयं से यही अपेक्षा करनी चाहिए कि जिस भूमिका का निर्वाह तुमने आरम्भ किया है, उसे रंगमंच से विदा होने तक निभाते रहो। यह सुनिश्चित करो कि तुम्हारा जीवन ऐसा हो कि लोग तुम्हारी प्रशंसा कर सकें। यदि इतना भी संभव न हो तो कम-से-कम इतना अवश्य हो कि लोग तुम्हें पहचान सकें। जिस व्यक्ति को लोगों ने कल देखा था, उसके बारे में आज यह कहना न पड़े, “यह कौन है?” वह इतना बदल चुका है।


अभी के लिए विदा 

प्राकृतिक संपदा के बारे में -- पत्र - 117

 प्रिय लूसीलियस 


हर बार जब मुझे कोई नई बात समझ में आती है तो मैं यह प्रतीक्षा नहीं करता कि तुम कहो, “उसे साझा करो!” मैं स्वयं ही उसे तुम्हारे साथ साझा कर देता हूँ। क्या तुम जानना चाहते हो कि मैंने क्या खोज निकाली है? अपना बटुआ निकालो। यह अत्यंत लाभदायक सौदा है। मैं तुम्हें सिखाने जा रहा हूँ कि सबसे शीघ्र और सरल तरीके से धनवान कैसे बना जा सकता है। निश्चय ही अब तुम इसे सुनने के लिए उत्सुक हो। तुम्हारी उत्सुकता उचित भी है। मैं तुम्हें अपार संपत्ति प्राप्त करने का एक सीधा और छोटा मार्ग बताऊँगा। लेकिन इसके लिए तुम्हें एक वित्तीय सहायक की आवश्यकता होगी। कोई भी व्यापार आरंभ करने के लिए तुम्हें ऋण लेना पड़ता है। परंतु कृपया किसी बिचौलिए के माध्यम से नहीं। मैं नहीं चाहता कि दलाल तुम्हारे विषय में इधर-उधर बातें बनाते फिरें। मेरे पास तुम्हारे लिए एक ऐसा ऋणदाता पहले से तैयार है जिसकी अनुशंसा कैटो द एल्डर (Cato the Elder) ने अपने प्रसिद्ध वचन में की है, “तुम्हें उधार स्वयं अपने ही पास से लेना चाहिए।” 



    चाहे वह राशि कितनी ही थोड़ी क्यों न हो, यदि हमें अपनी आवश्यकता की वस्तु अपने ही भीतर से मिल जाए तो वही पर्याप्त है। प्रिय लूसीलियस, किसी वस्तु की इच्छा न करना, उसे प्राप्त कर लेने के समान ही है। दोनों का परिणाम एक ही होता है। दोनों ही स्थितियों में मनुष्य चिंता से मुक्त रहता है। मैं तुम्हें यह नहीं कह रहा कि तुम अपनी प्रकृति का दमन करो क्योंकि प्रकृति अडिग है, उसे जीता नहीं जा सकता। वह अपना उचित अधिकार अवश्य माँगती है। बल्कि तुम्हें यह समझना चाहिए कि जो कुछ प्रकृति की आवश्यकताओं से अधिक है, वह केवल एक अतिरिक्त अनुग्रह है, आवश्यकता नहीं। मुझे भूख लगी है। इसलिए मुझे भोजन करना चाहिए। प्रकृति को इससे कोई सरोकार नहीं कि रोटी मोटे आटे की है या अत्यंत महीन आटे से बनी हुई है। उसका उद्देश्य पेट को स्वाद देना नहीं बल्कि उसे भरना है। मुझे प्यास लगी है, पर प्रकृति को इससे कोई अंतर नहीं पड़ता कि मैं निकटतम जलाशय का पानी पीता हूँ या बर्फ के ढेर में शीतल किया हुआ जल। प्रकृति की केवल एक ही माँग है, प्यास बुझनी चाहिए। इससे भी कोई अंतर नहीं पड़ता कि मेरा पात्र सोने, क्रिस्टल या अकीक (सिलिका क्वार्ट्ज का एक प्रकार है, जिसकी पहचान इसकी रंग-बिरंगी परतों से बनी होती है) का बना है या वह केवल टाइबर (इटली के शहर का नाम) का साधारण मिट्टी का प्याला है अथवा मैं अपनी हथेली को ही पात्र बना लूँ। हर वस्तु के अंतिम उद्देश्य पर दृष्टि रखो, तब तुम उसकी अनावश्यक सजावट और अतिरिक्त बातों का मोह छोड़ दोगे। जब भूख मुझे पुकारती है तो मेरा हाथ निकट उपलब्ध भोजन की ओर बढ़ना चाहिए। भूख ऐसी अवस्था है कि जो भी भोजन मिल जाए, वही स्वीकार्य हो जाता है। भूखा व्यक्ति किसी भी खाद्य पदार्थ को अस्वीकार नहीं करता। क्या अब भी तुम यह जानने को उत्सुक हो कि मुझे किस बात पर इतना आनंद हो रहा है? मुझे यह उत्कृष्ट वचन प्राप्त हुआ है, “बुद्धिमान व्यक्ति प्राकृतिक संपदा का सबसे सूक्ष्म अन्वेषक होता है।”

    तुम इसका उत्तर यह कहकर देते हो, “यह तो बहुत निराशाजनक निकला। क्या तुम सचमुच गंभीर हो? मेरे पास तो धन तैयार रखा था। मैं सोच रहा था कि व्यापार करने के लिए किस स्थान की यात्रा करूँ, कौन-सा सार्वजनिक ठेका प्राप्त करूँ या किस प्रकार का माल खरीदकर व्यापार करूँ। यह तो छल हुआ कि अपार धन का वचन देकर तुम मुझे निर्धनता का पाठ पढ़ाने लगे।” तो क्या तुम्हारे विचार में वह व्यक्ति निर्धन है, जिसे किसी वस्तु का अभाव नहीं है? “नहीं,” तुम उत्तर देते हो, “लेकिन यह उसकी अपनी वृत्ति और अपनी स्थिति को स्वीकार कर लेने के कारण है, भाग्य के कारण नहीं।” तो क्या तुम किसी व्यक्ति को इसलिए धनवान नहीं मानोगे कि उसकी संपत्ति उससे छीनी नहीं जा सकती? बताओ, तुम क्या चाहोगे, बहुत अधिक धन, या जितना पर्याप्त हो उतना? जिसके पास बहुत अधिक धन होता है, वह और अधिक चाहता है। यही इस बात का प्रमाण है कि उसके पास अभी भी पर्याप्त नहीं है। लेकिन जिसके पास पर्याप्त है, उसने वह वस्तु प्राप्त कर ली है जिसे धनी लोग कभी प्राप्त नहीं कर सकते, एक सीमा, जहाँ पहुँचकर और अधिक पाने की इच्छा समाप्त हो जाती है। या क्या तुम इसे इसलिए धन नहीं मानते कि इसके कारण किसी व्यक्ति का कभी सर्वस्व नहीं छीना गया? केवल इसलिए कि इसके लिए किसी पुत्र ने अपने पिता को या किसी पत्नी ने अपने पति को विष नहीं दिया? केवल इसलिए कि यह युद्ध के समय भी सुरक्षित रहता है और शांति के समय भी निश्चिंत? केवल इसलिए कि इसका स्वामी होना न तो जोखिमपूर्ण है और न ही इसका प्रबंधन कष्टदायक?

    “लेकिन केवल इतना होना कि न ठंड लगे, न भूख लगे और न प्यास लगे, यह तो बहुत ही तुच्छ संपत्ति हुई।” किन्तु स्वयं जुपिटर के पास भी इससे अधिक कुछ नहीं है। जो पर्याप्त है, वह कभी बहुत थोड़ा नहीं होता। जो अपर्याप्त है, वह कभी बहुत अधिक नहीं हो सकता। डेरियस (प्राचीन फारसी सम्राट का मूल नाम) और भारत को जीत लेने के बाद भी सिकंदर निर्धन ही बना रहता है। क्या यह सत्य नहीं है? वह अभी भी अपने अधिकार में लेने के लिए नए-नए राज्यों की खोज करता फिरता है। वह अज्ञात समुद्रों का अन्वेषण करता है, महासागर में नए बेड़े भेजता है और मानो स्वयं संसार की सीमाओं को भी भेद डालना चाहता है। जिससे प्रकृति संतुष्ट हो जाती है, उससे मनुष्य संतुष्ट नहीं होता। देखो, एक ऐसा व्यक्ति जिसने सब कुछ प्राप्त कर लिया है, फिर भी उसे और अधिक की लालसा है। हमारा मन कितना अंधा है! जैसे ही मनुष्य आगे बढ़ने लगता है, वह भूल जाता है कि उसने आरंभ कहाँ से किया था। उसने एक छोटे-से, नगण्य प्रदेश के अधिकार के लिए संघर्ष आरंभ किया था और पृथ्वी के अंतिम छोर तक पहुँच गया। फिर भी अब वह इसलिए असंतुष्ट है कि उसे उसी संसार के भीतर लौटना पड़ रहा है, जो पूरी तरह उसी का हो चुका है। 

    धन ने आज तक किसी को वास्तव में धनी नहीं बनाया। वह तो केवल जिसे भी स्पर्श करता है, उसके भीतर और अधिक धन पाने की लालसा उत्पन्न कर देता है। तुम पूछते हो कि इसका कारण क्या है? कारण यह है कि जितना अधिक किसी के पास होता है, उतना ही अधिक वह और प्राप्त करने में समर्थ हो जाता है। संक्षेप में, तुम उन लोगों में से किसी एक को चुन लो, जिनके नाम क्रैसस (प्राचीन रोम के अत्यंत धनी और प्रभावशाली राजनेता) और लिसिनस (रोमन परंपरा में अत्यधिक धनवान व्यक्तियों में गिना जाता था।) के साथ गिने जाते हैं। उसे हमारे सामने खड़ा करो और उससे कहो कि वह अपनी सारी संपत्ति का हिसाब बताए, जो कुछ इस समय उसके पास है और जिसकी वह अभी भी आशा लगाए बैठा है, सब कुछ जोड़कर। यदि तुम मेरा मत स्वीकार करो तो मैं कहूँगा कि वह व्यक्ति निर्धन है। और यदि तुम्हारे अपने मत से भी देखा जाए तो वह किसी भी समय निर्धन हो सकता है। किन्तु जिसने अपनी आवश्यकताओं को प्रकृति की माँगों के अनुरूप बना लिया है, वह न केवल निर्धनता की अनुभूति से मुक्त हो जाता है, बल्कि निर्धन हो जाने के भय से भी परे पहुँच जाता है। फिर भी, वास्तव में अपनी संपत्ति को प्रकृति की सीमा तक सीमित रखना अत्यन्त कठिन है। यहाँ तक कि जिस व्यक्ति को हम आवश्यकताओं की सीमा तक ले आए हैं, जिसे तुम निर्धन कहते हो, उसके पास भी उसकी आवश्यकता से कुछ अधिक अवश्य होता है।

    किन्तु लोगों की आँखें धन के आकर्षण से अंधी और मोहित हो जाती हैं। जैसे जब किसी धनी व्यक्ति के घर से सिक्कों के ढेर प्रदर्शन के लिए जुलूस में ले जाए जाते हैं। जब उसके भवन की छत तक सोने से जड़ी होती है। जब उसके घरेलू सेवक या तो उनके स्वाभाविक सौंदर्य के कारण चुने जाते हैं या इस प्रकार सजाए जाते हैं कि वे देखने वालों का ध्यान आकर्षित करें। ऐसी सारी समृद्धि का उद्देश्य केवल लोगों की दृष्टि अपनी ओर खींचना होता है। इसके विपरीत, जिस व्यक्ति को हमने जनसमूह की दृष्टि और भाग्य के उतार-चढ़ाव से अलग कर दिया है, उसका सुख उसके भीतर निवास करता है। जहाँ तक उन लोगों का प्रश्न है, जिनके मन में दयनीय निर्धनता ही धन का रूप धारण कर लेती है, तो उनके पास धन उसी प्रकार होता है, जैसे हम कहते हैं कि हमें बुखार है। जबकि वास्तव में बुखार ने ही हमें अपने वश में कर रखा होता है। हम प्रायः इसे उलटकर कहते हैं, “बुखार ने उसे जकड़ रखा है।” उसी प्रकार हमें यह भी कहना चाहिए, “धन ने उसे अपने वश में कर रखा है।”

    मैं तुम्हें इससे बढ़कर कोई और उपदेश देना नहीं चाहता और न ही ऐसा कोई उपदेश है जिसे बार-बार सुनने की आवश्यकता इससे अधिक हो। हर वस्तु का मूल्यांकन अपनी प्राकृतिक आवश्यकताओं के आधार पर करो। ये आवश्यकताएँ या तो बिना किसी खर्च के पूरी हो जाती हैं, या बहुत थोड़े खर्च में। केवल इतना ध्यान रखो कि इन प्राकृतिक आवश्यकताओं को अपने दुर्गुणों के साथ मत मिला देना। क्या तुम यह पूछते हो कि जिस मेज़ पर तुम्हारा भोजन परोसा जा रहा है, वह कैसी होनी चाहिए या चाँदी के बर्तनों की गुणवत्ता कैसी हो या क्या तुम्हारे सेवक रूपवान और जोड़े के रूप में चुने गए हों, जिनकी कोमल त्वचा लोगों का ध्यान आकर्षित करे? प्रकृति को भोजन के अतिरिक्त और किसी वस्तु की इच्छा नहीं होती। यदि तुम्हारा कंठ प्यास से सूख रहा हो तो क्या तुम स्वर्ण-पात्र की माँग करोगे? यदि तुम भूख से व्याकुल हो तो क्या तुम मोर और टर्बट (एक उत्कृष्ट समुद्री मछली) के अतिरिक्त हर प्रकार के भोजन को तुच्छ समझोगे? 

    भूख महत्त्वाकांक्षी नहीं होती। उसका उद्देश्य केवल इतना होता है कि वह शांत हो जाए। उसे इससे कोई विशेष सरोकार नहीं कि वह किस वस्तु से शांत होती है। इसके बाद जो कुछ आता है, वह केवल उस दयनीय विलासप्रियता की यातना है, जो तृप्त हो जाने के बाद भी भूख को फिर से उकसाने के उपाय खोजती है। जो पेट को भरने के बजाय उसे ठूँसने का प्रयत्न करती है; जो पहली बार पीने से शांत हो चुकी प्यास को फिर से जगाना चाहती है। 

    इसीलिए होरेस (प्राचीन रोम के महानतम गीतिकवियों में से एक थे) ने बिल्कुल ठीक कहा है कि प्यास को न तो पात्र की चिंता होती है और न ही उसे परोसने वाले की सुघड़ता की। यदि तुम्हें यह महत्वपूर्ण लगता है कि तुम्हें पानी परोसने वाले दास-बालक के बाल घुँघराले हों और जिस पात्र से तुम पी रहे हो वह किसी पारदर्शी बहुमूल्य पदार्थ का बना हो तो समझ लो कि तुम्हें वास्तव में प्यास नहीं लगी है। प्रकृति ने हमें जो अनेक वरदान दिए हैं, उनमें यह सबसे श्रेष्ठ है कि वास्तविक आवश्यकता कभी नखरे नहीं करती। केवल अनावश्यक वस्तुएँ ही चुनाव की माँग करती हैं, “यह पर्याप्त अच्छा नहीं है, वह बहुत साधारण है, यह मेरी आँखों को अच्छा नहीं लगता।” इस संसार के सृष्टिकर्ता और हमारे जीवन के नियमों के विधानकर्ता ने हमारी व्यवस्था इस प्रकार की है कि हमारा भली-भाँति पालन-पोषण हो, किन्तु हमें विलासिता का अभ्यस्त न बनाया जाए। हमारे कल्याण के लिए जो कुछ आवश्यक है, वह सब सहज ही उपलब्ध है किन्तु विलासिता की वस्तुएँ केवल कष्ट, परिश्रम और दुःख के मूल्य पर ही प्राप्त होती हैं। 

    अतः आओ, हम प्रकृति के इस वरदान का लाभ उठाएँ और इसे उसके श्रेष्ठतम उपहारों में से एक मानें। हम यह स्वीकार करें कि प्रकृति विशेष रूप से इस कारण हमारी कृतज्ञता की अधिकारी है कि जब हम आवश्यकता के कारण किसी वस्तु की इच्छा करते हैं, तब उसके चयन को लेकर हम नखरे नहीं करते।


अभी के लिए विदा 

   

Wednesday, 5 August 2026

वस्तुओं के बारे में -- पत्र - 116

 प्रिय लूसीलियस 


तुम मुझ पर यह आग्रह कर रहे हो कि मैं तुम्हें अधिक बार पत्र लिखूँ। अच्छा तो आओ हिसाब-किताब कर लें। तब तुम्हें यह नहीं लगेगा कि तुम्हारा घाटा हुआ है। हमारे बीच यह तय हुआ था कि पहले तुम पत्र लिखोगे और उसके उत्तर में मैं लिखूँगा। फिर भी, मैं तुम्हारे प्रति अधिक कठोर नहीं बनूँगा। मैं जानता हूँ कि तुम विश्वसनीय हो। इसलिए मैं तुम्हें उधार पर भी कुछ दे सकता हूँ। किन्तु मैं वैसा नहीं करूँगा जैसा भाषा के महान आचार्य सिसरो ने अपने मित्र एटिकस को करने की सलाह दी थी कि यदि कहने के लिए कुछ न भी हो, तब भी मन में जो आए, वही लिख भेजो। मेरे पास लिखने के लिए विषयों की कभी कमी नहीं हो सकती, चाहे मैं सिसरो के पत्रों में भरी उन बातों को पूरी तरह छोड़ भी दूँ, जैसे कि कौन-सा उम्मीदवार कठिनाई में है। कौन उधार के धन के सहारे चुनाव लड़ रहा है और कौन अपनी ही संपत्ति के बल पर; किसे कौंसल-पद के लिए सीज़र का समर्थन प्राप्त है, किसे पोम्पेय का और किसे केवल अपनी धन-थैली का या यह कि कैसिलियस कितना कठोर साहूकार है, जो अपने संबंधियों को भी प्रति माह एक प्रतिशत से कम ब्याज पर ऋण नहीं देता। दूसरों के झंझटों में उलझने से कहीं अधिक अच्छा है कि मनुष्य अपनी ही समस्याओं पर ध्यान दे। स्वयं का परीक्षण करे, यह देखे कि वह किन-किन वस्तुओं का अभिलाषी (उम्मीदवार) बना हुआ है और फिर उन सबके लिए प्रयास करना ही छोड़ दे।


By Nurudeen Popoola

    प्रिय लूसीलियस, सबसे उत्तम मार्ग और साथ ही सुरक्षा तथा स्वतंत्रता का मार्ग यह है कि किसी भी पद की आकांक्षा ही न रखी जाए बल्कि भाग्य द्वारा आयोजित सभी चुनावों को ही छोड़ दिया जाए। जब मतदाता एकत्र होते हैं और उम्मीदवार अपने-अपने मंचों पर व्याकुल होकर परिणाम की प्रतीक्षा करते हैं। कोई रिश्वत देकर समर्थन खरीद रहा होता है, कोई अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से सौदेबाज़ी कर रहा होता है तो कोई उन लोगों के हाथ चूम रहा होता है जिन्हें चुने जाने के बाद वह छूना भी पसंद नहीं करेगा। इस बीच सबकी दृष्टि उद्घोषक की उस घोषणा पर लगी रहती है जो विजेता का नाम बताएगी, तब सोचो, उस पूरे बाज़ार को केवल एक दर्शक की तरह खड़े होकर देखना कितना सुखद होगा। जबकि तुम्हारे पास न बेचने के लिए कुछ हो और न खरीदने के लिए। किन्तु इससे भी कहीं अधिक महान आनंद तब प्राप्त होता है, जब मनुष्य न केवल प्रेटर या कौंसल के चुनावों को बल्कि उन सब प्रयत्नों को भी निस्पृह होकर देखता है जो लोग प्रतिवर्ष नवीनीकृत होने वाले पदों के लिए, स्थायी सत्ता प्राप्त करने के लिए, युद्ध में विजय और विजय-उत्सव के लिए, धन-संपत्ति के लिए, विवाह और संतान के लिए अथवा अपने और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए करते रहते हैं। मन की कितनी महान उपलब्धि है यह कि मनुष्य ऐसा बन जाए जो किसी वस्तु की कामना ही न करे, किसी से कोई अनुग्रह न माँगे और भाग्य से कह सके, “हे भाग्य! मेरा और तुम्हारा अब कोई संबंध नहीं है। मैं तुम्हें अपने ऊपर कोई अधिकार नहीं देता। मैं जानता हूँ कि तुम कैटो जैसे पुरुषों को अस्वीकार कर देती हो। जबकि वेटिनियस जैसे लोगों को ऊँचे पदों पर पहुँचा देती हो। इसलिए मैं तुमसे कुछ भी नहीं माँगता।” यही वह मार्ग है जिससे भाग्य को उसके पद से हटाया जा सकता है। 

    इसलिए हमें एक-दूसरे को इन्हीं विषयों पर पत्र लिखने चाहिए और ऐसे विचारों का आदान-प्रदान करना चाहिए जिनकी कभी कमी न हो। क्योंकि हमारे सामने ऐसे असंख्य व्याकुल मनुष्य हैं, जो किसी विनाशकारी वस्तु की प्राप्ति के लिए निरंतर एक बुराई से दूसरी और उससे भी बड़ी बुराई की ओर बढ़ते जाते हैं। वे जिन वस्तुओं के पीछे भाग रहे हैं, शीघ्र ही उन्हीं से उन्हें या तो बचना पड़ेगा या उन्हें तुच्छ समझना पड़ेगा। आख़िर ऐसा कौन है जो उस वस्तु को प्राप्त कर लेने के बाद भी संतुष्ट हो गया हो, जिसे पहले वह अपनी पहुँच से बाहर समझता था? लोग समझते हैं कि समृद्धि कोई महान पुरस्कार है, जिसके लिए लालच करना उचित है। परन्तु वास्तव में वह अत्यन्त तुच्छ वस्तु है। इसी कारण वह किसी को भी संतुष्ट नहीं कर पाती। तुम्हें अपनी इच्छाएँ बहुत ऊँची प्रतीत होती हैं क्योंकि तुम अभी उनसे दूर हो। किन्तु जो व्यक्ति उन्हें प्राप्त कर लेता है, उसे वे नगण्य लगने लगती हैं। यदि मैं भूल नहीं कर रहा तो वह उसी क्षण किसी और ऊँचाई पर चढ़ने की इच्छा करने लगता है। जिसे तुम अपनी यात्रा का शिखर समझते हो, वही उसके लिए केवल अगली सीढ़ी बन जाता है। इस प्रकार सभी लोग सत्य के अज्ञान के कारण दुख उठाते हैं। दूसरों की बातों से भ्रमित होकर वे उन वस्तुओं की ओर आकर्षित होते हैं जिन्हें वे शुभ समझते हैं। पर जब अत्यधिक परिश्रम और कष्ट सहकर उन्हें प्राप्त कर लेते हैं, तब उन्हें ज्ञात होता है कि वे या तो बुरी हैं या तुच्छ हैं अथवा उनकी अपेक्षा से कहीं कम मूल्यवान हैं। अधिकांश लोग उन वस्तुओं से प्रभावित हो जाते हैं जो दूर से आकर्षक दिखाई देती हैं। सामान्यतः लोग ‘बड़ा’ और ‘अच्छा’, इन दोनों को एक ही समझ बैठते हैं। 

    ऐसा हमारे साथ भी न हो इसलिए हमें यह जाँच करनी चाहिए कि वास्तव में ‘शुभ’ (Good) क्या है। इस विषय में अनेक प्रकार की व्याख्याएँ और परिभाषाएँ दी गई हैं। एक परिभाषा यह है, “शुभ वह है जो मन को अपनी ओर आकर्षित करे और उसे अपनी ओर खींच ले।” किन्तु इसका तुरंत उत्तर दिया जा सकता है। यदि कोई वस्तु हमें अपनी ओर आकर्षित तो करे। पर हमारे लिए हानिकारक सिद्ध हो, तब क्या होगा? तुम जानते ही हो कि कितनी बुरी वस्तुएँ भी अत्यन्त आकर्षक होती हैं। जो वास्तव में सत्य है और जो केवल सत्य प्रतीत होता है, इन दोनों में बहुत बड़ा अंतर है। इसी कारण ‘शुभ’ का संबंध ‘सत्य’ से होना चाहिए क्योंकि जो वास्तव में शुभ नहीं है, उसे शुभ नहीं कहा जा सकता। किन्तु जो वस्तु हमें अपनी ओर खींचती और लुभाती है, वह केवल शुभ प्रतीत होती है। वह धीरे-धीरे हमारे मन में प्रवेश करती है, हमें आकर्षित करती है और अंततः हमें मोहित कर लेती है। दूसरी परिभाषा इस प्रकार है, “शुभ वह है जो अपने प्रति इच्छा उत्पन्न करे अथवा जो मन में अपनी ओर बढ़ने की प्रेरणा जगाए।” किन्तु इस पर भी वही आपत्ति लागू होती है। बहुत-सी ऐसी वस्तुएँ हैं जो मनुष्य को अपनी ओर प्रेरित करती हैं। जबकि उनका पीछा करने वालों के लिए वे अंततः हानिकारक सिद्ध होती हैं। एक और अधिक उपयुक्त परिभाषा इस प्रकार है, “शुभ वह है जो प्रकृति के अनुरूप मन में अपनी ओर बढ़ने की प्रेरणा उत्पन्न करे और जिसकी खोज तभी की जानी चाहिए जब वह वास्तव में वरणीय (चुनने योग्य) सिद्ध हो जाए।” ऐसी वस्तु उसी समय ‘सम्माननीय’ (Honorable) भी होती है अर्थात वह ऐसी होती है जो हर प्रकार से अपनाए जाने और प्राप्त किए जाने के योग्य हो। 

    यह विषय मुझे ‘शुभ’ और ‘सम्माननीय’ के बीच का अंतर स्पष्ट करने के लिए प्रेरित करता है। इन दोनों में एक ऐसा संबंध है जो अभिन्न और अविभाज्य है। कोई भी वस्तु तब तक शुभ नहीं हो सकती जब तक उसमें कुछ सम्माननीय न हो और जो वास्तव में सम्माननीय है, वह निश्चय ही शुभ भी है। तो फिर इन दोनों में अंतर क्या है? सम्माननीय वह है जो पूर्णतः शुभ हो अर्थात वही जिसके द्वारा सुखमय जीवन अपनी पूर्णता को प्राप्त करता है और जिसके साथ संबंध स्थापित होने पर अन्य वस्तुएँ भी शुभ बन जाती हैं। मेरा अभिप्राय यह है, कुछ वस्तुएँ अपने-आप में न तो शुभ होती हैं और न अशुभ जैसे, सैनिक सेवा, राजनयिक सेवा या न्यायिक पद। जब इन कार्यों का निर्वाह सम्मानपूर्वक और सदाचार के साथ किया जाता है, तभी वे शुभ बन जाते हैं और अपनी पहले की उदासीन (न शुभ, न अशुभ) स्थिति से निकलकर शुभ की श्रेणी में आ जाते हैं। ऐसी वस्तुएँ सम्माननीयता के संसर्ग से शुभ बनती हैं; परन्तु सम्माननीयता स्वयं अपने-आप में शुभ है। शुभता का मूल्य सम्माननीयता से प्राप्त होता है। जबकि सम्माननीयता किसी अन्य वस्तु पर निर्भर नहीं करती। उसका आधार वह स्वयं है। जो वस्तु शुभ है, वह किसी परिस्थिति में अशुभ भी हो सकती थी। किन्तु जो वास्तव में सम्माननीय है, वह शुभ के अतिरिक्त और कुछ हो ही नहीं सकती। 

    एक परिभाषा इस प्रकार भी दी जाती है, “शुभ वह है जो प्रकृति के अनुरूप हो।” अब मेरी बात ध्यान से सुनो। जो वास्तव में शुभ है, वह निश्चय ही प्रकृति के अनुरूप होता है; किन्तु जो कुछ भी प्रकृति के अनुरूप है, वह तत्काल शुभ नहीं हो जाता। वास्तव में अनेक ऐसी वस्तुएँ हैं जो प्रकृति के अनुरूप तो हैं। पर इतनी तुच्छ हैं कि उन्हें ‘शुभ’ कहना उचित नहीं होगा। वे नगण्य और महत्वहीन हैं। कोई भी शुभ वस्तु तुच्छ या महत्वहीन नहीं हो सकती। जब तक कोई वस्तु नगण्य है, तब तक वह शुभ नहीं है। जब वह वास्तव में शुभ बन जाती है, तब वह नगण्य नहीं रहती। तो किसी वस्तु को शुभ कैसे पहचाना जाए? जब वह पूर्णतः प्रकृति के अनुरूप हो, तभी उसे वास्तव में शुभ कहा जा सकता है।

    तुम कहते हो, “तुम स्वयं स्वीकार करते हो कि जो शुभ है, वह प्रकृति के अनुरूप होता है। यही उसका विशिष्ट लक्षण है। तुम यह भी स्वीकार करते हो कि कुछ ऐसी वस्तुएँ भी हैं जो शुभ तो नहीं हैं, फिर भी प्रकृति के अनुरूप हैं। तब ऐसा कैसे हो सकता है कि पहली वस्तुएँ शुभ कहलाएँ और दूसरी नहीं? जब दोनों में प्रकृति के अनुरूप होने का एक ही विशेष गुण है तो फिर उनके विशिष्ट स्वरूप में यह अंतर कैसे उत्पन्न होता है?” मेरा उत्तर है, उनकी परिपूर्णता और विकास के कारण। इसमें कोई नई या आश्चर्यजनक बात नहीं है कि कुछ वस्तुएँ अपने विकास के साथ अपना स्वरूप भी बदल लेती हैं। उदाहरण के लिए, एक बालक बड़ा होकर युवक बन जाता है। उसके साथ उसका विशिष्ट गुण भी बदल जाता है। बालक में तर्क-बुद्धि का पूर्ण विकास नहीं होता, जबकि युवक तर्क करने की क्षमता प्राप्त कर लेता है। कुछ वस्तुएँ जब विकसित होती हैं तो वे केवल आकार में ही बड़ी नहीं होतीं बल्कि अपने स्वरूप और गुण में भी भिन्न हो जाती हैं। 

    कोई यह कह सकता है, “केवल आकार में बड़ा हो जाना किसी वस्तु का भिन्न स्वरूप धारण कर लेना नहीं है। चाहे तुम एक छोटी सुराही में शराब भरो या एक बड़े पात्र में, शराब का गुण दोनों में समान रहता है। उसी प्रकार, थोड़ी-सी मधु और बहुत-सी मधु, दोनों के स्वाद में कोई अंतर नहीं होता।” किन्तु तुम्हारे ये उदाहरण भिन्न प्रकार के हैं। इनमें वस्तु चाहे जितनी बढ़ जाए, उसका मूल गुण अपरिवर्तित रहता है। निस्संदेह, कुछ वस्तुएँ ऐसी होती हैं जो आकार में बड़ी होने पर भी अपनी जाति और अपने विशिष्ट गुण को बनाए रखती हैं।परन्तु कुछ दूसरी वस्तुएँ ऐसी भी होती हैं जिनमें आकार की अनेक क्रमिक वृद्धियों के बाद अन्तिम वृद्धि एक निर्णायक परिवर्तन ला देती है। वह उन्हें एक ऐसी नई अवस्था प्रदान करती है जो पहले की अवस्था से भिन्न होती है। एक-एक पत्थर जोड़ने से मेहराब नहीं बनती। उसे पूर्ण करने वाला वह अंतिम शिलाखंड होता है, शीर्ष-पत्थर (की-स्टोन), जो दोनों ओर झुके हुए पत्थरों के बीच जड़ दिया जाता है और अपने स्थान पर आकर पूरी मेहराब को एक साथ बाँध देता है। वह अंतिम पत्थर स्वयं आकार में छोटा होते हुए भी इतना महत्त्वपूर्ण कार्य क्यों कर देता है? 

    क्योंकि वह केवल एक और पत्थर जोड़ता ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण संरचना को पूर्णता भी प्रदान करता है। इसी प्रकार कुछ वस्तुएँ अपने विकास के क्रम में अपना पूर्व स्वरूप छोड़ देती हैं और एक नए स्वरूप को धारण कर लेती हैं। जब मन किसी वस्तु के विस्तार का बहुत देर तक विचार करता रहता है और उसकी विशालता का अनुमान लगाते-लगाते थक जाता है, तब वह उसे ‘अनन्त’ कहने लगता है। उस समय वह वस्तु पहले जैसी नहीं रह जाती। वह उस अवस्था से भिन्न हो जाती है जब वह केवल बड़ी किन्तु सीमित प्रतीत होती थी। उसी प्रकार, हम पहले किसी वस्तु को केवल कठिनाई से विभाजित होने योग्य समझते थे; परन्तु जब वह कठिनाई अपनी चरम सीमा पर पहुँच गई, तब हमने उसे ‘अविभाज्य’ मान लिया। इसी प्रकार, जो वस्तु पहले केवल बड़ी कठिनाई से या लगभग न चलने योग्य थी, वही अंततः ‘अचल’ कही जाने लगी। ठीक इसी तर्क के अनुसार, कोई वस्तु पहले केवल प्रकृति के अनुरूप होती है; किन्तु जब उसका विकास अपनी पूर्णता को प्राप्त कर लेता है, तब वह एक नए विशिष्ट स्वरूप में प्रवेश करती है और वास्तव में ‘शुभ’ बन जाती है।


अभी के लिए विदा 

स्टोइक दर्शन के बारे में -- पत्र - 115

 प्रिय लूसीलियस 


इस प्रकार के तुच्छ प्रश्न पूछकर तुम मुझे बहुत व्यस्त बनाए रखोगे और बिना जाने ही मुझे अनेक तर्क-वितर्कों और कठिनाइयों में उलझा दोगे। इन विषयों पर मैं पूरी निष्ठा के साथ अपने स्टोइक सम्प्रदाय का खंडन भी नहीं कर सकता और न ही पूर्णतः संतुष्ट होकर उससे सहमत हो सकता हूँ। तुम स्टोइक सिद्धांत के उस कथन के बारे में पूछ रहे हो कि 'बुद्धि (Wisdom) एक शुभ (Good) है, परन्तु बुद्धिमान होना (Being wise) शुभ नहीं है।' पहले मैं स्टोइकों का अभिप्राय स्पष्ट करूँगा, उसके बाद अपना मत प्रस्तुत करूँगा। 

By Blanca Dsouza 

    हमारे सम्प्रदाय का मत है कि जो कुछ शुभ है, वह शरीर (भौतिक सत्ता) है क्योंकि शुभ वस्तु क्रिया करती है और जो भी क्रिया करता है, वह शरीर होता है। शुभ वस्तु लाभ पहुँचाती है। परन्तु किसी वस्तु के लिए लाभ पहुँचाना तभी संभव है जब वह क्रिया करे। और यदि वह क्रिया करती है, तो वह शरीर है। स्टोइक यह भी कहते हैं कि बुद्धि एक शुभ है। इसलिए उन्हें यह भी स्वीकार करना पड़ता है कि बुद्धि भौतिक सत्ता (शरीर) है। किन्तु वे यह नहीं मानते कि 'बुद्धिमान होना' (Being wise) भी उसी प्रकार का अस्तित्व रखता है। उनके अनुसार बुद्धिमान होना एक अभौतिक (अशरीरी) अवस्था है, जो किसी अन्य वस्तु अर्थात बुद्धि पर आश्रित होकर उत्पन्न होती है। इसी कारण वह स्वयं न तो कोई क्रिया करती है और न ही किसी को प्रत्यक्ष लाभ पहुँचाती है। “तो क्या बात है? क्या हम यह नहीं कहते कि बुद्धिमान होना भी एक शुभ है?” हाँ, हम ऐसा कहते हैं। परन्तु यह कथन स्वतंत्र रूप से नहीं बल्कि उस वस्तु के संदर्भ में है जिस पर वह निर्भर करता है अर्थात स्वयं बुद्धि के संदर्भ में।

    इन बातों के विपरीत, अब पहले यह सुनो कि दूसरे दार्शनिक क्या उत्तर देते हैं। उसके बाद मैं अपना स्वतंत्र मत प्रस्तुत करूँगा और एक भिन्न दृष्टिकोण का समर्थन करूँगा। वे कहते हैं, “यदि तुम्हारी यह दलील मान ली जाए तो ‘सुखी जीवन’ भी शुभ नहीं होगा। तब चाहे तुम्हें अच्छा लगे या न लगे, तुम्हारे सम्प्रदाय को यह स्वीकार करना पड़ेगा कि ‘सुखी जीवन’ तो शुभ है, पर ‘सुखपूर्वक जीना’ शुभ नहीं है।” वे एक और आपत्ति भी उठाते हैं, “तुम बुद्धिमान बनना चाहते हो। इसलिए ‘बुद्धिमान होना’ एक वरणीय (जिसे चुनना उचित हो) वस्तु है। यदि वह वरणीय है तो वह अवश्य ही शुभ भी होगी।” इस आपत्ति का उत्तर देने के लिए हमारे स्टोइक सम्प्रदाय को शब्दों का ऐसा अर्थ-भेद करना पड़ता है, जो हमारी भाषा की स्वाभाविक अभिव्यक्ति के अनुकूल नहीं है। यदि तुम मुझे इसकी अनुमति दो तो मैं उस भेद को स्पष्ट करूँ। स्टोइकों का कहना है, “जो वस्तु वास्तव में शुभ है, वह ‘वरणीय’ (choice worthy) है। परन्तु जो अवस्था उस शुभ वस्तु को प्राप्त हो जाने के बाद हमारे भीतर उत्पन्न होती है, वह केवल ‘चयनयोग्य’ (choose able) है।” अर्थात उस दूसरी अवस्था की कामना स्वयं उसके लिए नहीं की जाती, मानो वह स्वतंत्र रूप से कोई शुभ वस्तु हो बल्कि वह उस शुभ वस्तु की प्राप्ति के परिणामस्वरूप मिलने वाली एक अतिरिक्त उपलब्धि मात्र है, जिसकी पहले से ही कामना की गई थी।

    मैं स्वयं इस मत से सहमत नहीं हूँ। मेरे विचार में हमारे स्टोइक सम्प्रदाय के दार्शनिक इस कठिनाई में इसलिए फँस जाते हैं कि वे पहले से स्वीकार किए हुए एक सिद्धांत की पहली कड़ी से बँधे हुए हैं और उसे बदलने की स्वतंत्रता अपने लिए नहीं रखते। हम लोगों की एक सामान्य प्रवृत्ति यह है कि हम समस्त मनुष्यों की स्वाभाविक धारणाओं (पूर्वधारणाओं) को बहुत महत्त्व देते हैं और यदि किसी बात पर सबकी सहमति हो, तो उसे उसके सत्य होने का प्रमाण मान लेते हैं। उदाहरण के लिए, हम देवताओं के अस्तित्व का एक प्रमाण यह भी मानते हैं कि लगभग सभी मनुष्यों के मन में देवताओं के अस्तित्व का विश्वास स्वाभाविक रूप से विद्यमान है। संसार में कोई भी ऐसा राष्ट्र, चाहे वह कानूनों और सभ्यता से कितना ही दूर क्यों न हो, ऐसा नहीं मिलता जो किसी-न-किसी देवता के अस्तित्व में विश्वास न रखता हो। इसी प्रकार, जब हम आत्मा की अमरता पर विचार करते हैं, तब भी इस बात का हमारे लिए विशेष महत्त्व होता है कि अधिकांश लोग आत्मा के मृत्यु के बाद भी अस्तित्व में रहने को स्वीकार करते हैं और अधोलोक की आत्माओं से या तो भय करते हैं या उनका सम्मान करते हैं। मैं भी इसी सार्वभौमिक मान्यता का सहारा लेता हूँ। तुम ऐसा कोई व्यक्ति नहीं पाओगे जो यह न मानता हो कि बुद्धि भी शुभ है और बुद्धिमान होना (Being wise) भी शुभ है।

    मैं उन पराजित ग्लैडिएटरों की तरह नहीं करूँगा जो जनता से दया की अपील करते हैं। आओ, हम अपने ही तर्कों और अपने ही शस्त्रों से इस विषय पर विचार करें। जो वस्तु किसी अन्य वस्तु पर अध्यारोपित (अधिष्ठित) होती है, वह या तो उसके भीतर होती है या उसके बाहर। यदि वह उसके भीतर है तो वह भी उसी वस्तु की भाँति भौतिक सत्ता (शरीर) होगी। क्योंकि कोई भी वस्तु किसी दूसरी वस्तु पर उसके स्पर्श के बिना अध्यारोपित नहीं हो सकती और जो स्पर्श करती है, वह शरीर होती है। इसी प्रकार, कोई भी वस्तु क्रिया किए बिना किसी दूसरी वस्तु पर अध्यारोपित नहीं हो सकती और जो क्रिया करती है, वह भी शरीर होती है। यदि वह उस वस्तु के बाहर है तो अध्यारोपित होने के बाद उसे उससे अलग हो जाना चाहिए। यदि वह अलग हो सकती है तो उसमें गति करने की क्षमता होगी और जिसमें गति करने की क्षमता है, वह शरीर है। 

    अब तुम यह अपेक्षा कर रहे हो कि मैं यह स्वीकार करूँ कि ‘दौड़’ और ‘दौड़ना’, ‘ऊष्मा’ और ‘गरम करना’, ‘प्रकाश’ और ‘प्रकाश देना’...  ये एक-दूसरे से भिन्न हैं। मैं यह स्वीकार करता हूँ कि इनमें भेद है। परन्तु मैं यह नहीं मानता कि उनका अस्तित्वगत स्वरूप (status) भिन्न है। यदि स्वास्थ्य एक उदासीन (न अच्छा, न बुरा) वस्तु है तो स्वस्थ होना भी उदासीन ही होगा। यदि सौन्दर्य उदासीन है तो सुन्दर होना भी उदासीन होगा। यदि न्याय एक शुभ है तो न्यायी होना भी शुभ है। यदि लज्जाजनक आचरण बुरा है तो लज्जाजनक व्यवहार करना भी बुरा है। ठीक उसी प्रकार जैसे यदि नेत्र-रोग बुरा है तो नेत्र-पीड़ा से ग्रस्त होना भी बुरा है। इसका प्रमाण भी स्पष्ट है। इनमें से कोई भी अपने समकक्ष के बिना अस्तित्व में नहीं रह सकता। जिसके पास बुद्धि है, वही बुद्धिमान है। जो बुद्धिमान है, उसी के पास बुद्धि है। इसमें कोई संदेह नहीं कि दोनों एक-दूसरे के इतने निकट हैं कि अनेक लोग उन्हें वस्तुतः एक ही मानते हैं।

    लेकिन मैं उनसे यह पूछना चाहता हूँ। चूँकि सभी वस्तुएँ या तो शुभ होती हैं या अशुभ अथवा उदासीन तो ‘बुद्धिमान होना’ इनमें से किस श्रेणी में रखा जाएगा? उनके मत के अनुसार वह शुभ नहीं है। निश्चय ही अशुभ भी नहीं है। तब यह निष्कर्ष निकलता है कि वह मध्यवर्ती श्रेणी में आता है। परन्तु इसी मध्यवर्ती श्रेणी को हम ‘उदासीन’ कहते हैं, जैसे धन, सौन्दर्य और उच्च पद, जो अच्छे और बुरे दोनों प्रकार के लोगों को समान रूप से प्राप्त हो सकते हैं। किन्तु ‘बुद्धिमान होना’ ऐसी वस्तु नहीं है जो किसी दुष्ट व्यक्ति को प्राप्त हो सके। इसलिए वह उदासीन नहीं हो सकता। वह अशुभ भी नहीं है क्योंकि वह किसी बुरे व्यक्ति में पाया ही नहीं जा सकता। अतः वह शुभ ही होना चाहिए। जो वस्तु केवल अच्छे व्यक्ति को ही प्राप्त हो सकती है, वह शुभ होती है। बुद्धिमान होना केवल अच्छे व्यक्ति को ही प्राप्त हो सकता है। इसलिए बुद्धिमान होना भी शुभ है। 

    कोई यह कह सकता है, “बुद्धिमान होना तो केवल बुद्धि पर अधिष्ठित होने वाली एक अवस्था है।” तब मैं उससे पूछूँगा, जिसे तुम ‘बुद्धिमान होना’ कहते हो, क्या वह बुद्धि को सक्रिय करता है अथवा स्वयं बुद्धि द्वारा सक्रिय होता है? दोनों ही स्थितियों में, चाहे वह क्रिया करे या उस पर क्रिया की जाए, उसे भौतिक सत्ता (शरीर) मानना पड़ेगा। क्योंकि जो भी वस्तु क्रिया करती है या जिस पर क्रिया की जाती है, वह शरीर होती है।यदि वह शरीर है, तो वह शुभ भी है क्योंकि उसे शुभ न मानने का एकमात्र कारण यह बताया गया था कि वह अभौतिक है।

    पेरिपैटेटिक दार्शनिकों का मत है कि ‘बुद्धि’ और ‘बुद्धिमान होना’ में कोई भेद नहीं है क्योंकि दोनों एक-दूसरे को अनिवार्य रूप से सूचित करते हैं। क्या तुम वास्तव में यह मान सकते हो कि कोई व्यक्ति बुद्धि के बिना बुद्धिमान हो सकता है या जो बुद्धिमान है उसके पास बुद्धि न हो? किन्तु प्राचीन तर्कशास्त्रियों ने इन दोनों में भेद किया था और उन्हीं से यह भेद स्टोइक दार्शनिकों तक पहुँचा है। मैं इसे स्पष्ट करता हूँ। क्या ‘एक खेत’ और ‘खेत का स्वामित्व होना’ एक ही बात है? नहीं। क्योंकि ‘खेत का स्वामित्व होना’ उस व्यक्ति से संबंधित है जो खेत का स्वामी है, न कि स्वयं खेत से। उसी प्रकार ‘बुद्धि’ और ‘बुद्धिमान होना’ में भी भेद है। मेरा विश्वास है कि तुम यह स्वीकार करोगे कि यहाँ दो भिन्न वस्तुएँ हैं। एक वह जो धारण की जाती है और दूसरी वह जो उसे धारण करती है। बुद्धि वह है जिसे धारण किया जाता है। बुद्धिमान व्यक्ति उसका धारक होता है। बुद्धि एक परिपूर्ण मन है अथवा ऐसा मन जो अपनी सर्वोच्च और सर्वश्रेष्ठ अवस्था को प्राप्त कर चुका हो। दूसरे शब्दों में, बुद्धि जीवन जीने की कला है। तो फिर ‘बुद्धिमान होना’ क्या है? मैं उसे परिपूर्ण मन नहीं कहूँगा बल्कि उस अवस्था का नाम दूँगा जो उस व्यक्ति में विद्यमान होती है जिसके पास परिपूर्ण मन है। इस प्रकार, एक ओर ‘उत्तम मन’ है। दूसरी ओर उस उत्तम मन का धारक होना, ये दोनों एक-दूसरे से संबंधित होने पर भी भिन्न हैं। 

    मेरा प्रतिपक्षी कहता है, “शरीरों के भी अनेक प्रकार होते हैं। उदाहरण के लिए, यह एक मनुष्य है और वह एक घोड़ा। इनके साथ विचार की ऐसी प्रक्रियाएँ भी जुड़ी होती हैं जो इन शरीरों के बारे में कथन करती हैं। इन विचार-प्रक्रियाओं का अपना एक विशिष्ट स्वरूप होता है, जो स्वयं शरीरों से भिन्न है। उदाहरण के लिए, मैं देखता हूँ कि ‘केटो चल रहा है।’ यह बात मुझे इन्द्रियों के द्वारा ज्ञात हुई और मेरे मन ने उसे सत्य मान लिया। जो वस्तु मैं देख रहा हूँ, वह एक शरीर है। उसी शरीर पर मेरी दृष्टि तथा मेरा मन केन्द्रित हैं। फिर मैं कहता हूँ, ‘केटो चल रहा है।’ अब जो मैं कह रहा हूँ, वह स्वयं कोई शरीर नहीं है बल्कि शरीर के विषय में किया गया एक कथन है। इसे कुछ लोग ‘प्रस्ताव’ (proposition) कहते हैं। कुछ ‘विधेय’ (predication) और कुछ ‘कथ्य’ (what is said) कहते हैं। इसी प्रकार, जब हम ‘बुद्धि’ कहते हैं, तब हमारा अभिप्राय एक भौतिक सत्ता (शरीर) से होता है। जब हम कहते हैं ‘बुद्धिमान है’ (is wise), तब हम किसी शरीर के विषय में एक कथन कर रहे होते हैं। किसी वस्तु का केवल उल्लेख करना और उसके विषय में कुछ कहना, इन दोनों में बहुत बड़ा अंतर है।” 

    अभी के लिए मान लेते हैं कि यहाँ वास्तव में दो भिन्न बातें हैं। (मैं अभी अपना मत प्रस्तुत नहीं कर रहा हूँ।) किन्तु यदि वे भिन्न हैं तो ऐसा क्या है जो उनमें से किसी एक को शुभ होने से रोकता हो? अभी थोड़ी देर पहले मैंने ‘एक खेत’ और ‘खेत का स्वामित्व’ होने के बीच भेद किया था। स्पष्ट है कि स्वामी का स्वरूप उस वस्तु से भिन्न होता है जिसका वह स्वामी है। एक ओर भूमि है और दूसरी ओर मनुष्य। परन्तु जिस विषय पर यहाँ चर्चा हो रही है, उसमें स्थिति भिन्न है। यहाँ बुद्धि का धारक और स्वयं बुद्धि, दोनों का स्वरूप एक ही प्रकृति का है। इसके अतिरिक्त, खेत और उसके स्वामी के उदाहरण में स्वामी और स्वामित्व की वस्तु वास्तव में अलग-अलग हैं। पर यहाँ बुद्धि और उसका धारक एक ही व्यक्ति में अंतर्निहित हैं। भूमि का स्वामित्व विधि (कानून) के आधार पर होता है। जबकि बुद्धि का स्वामित्व स्वभावतः होता है। भूमि को बेचा जा सकता है और किसी दूसरे को सौंपा जा सकता है। पर बुद्धि अपने स्वामी को छोड़कर किसी और के पास नहीं जा सकती। इसलिए तुम्हें उन वस्तुओं की तुलना नहीं करनी चाहिए जिनका स्वभाव मूलतः एक-दूसरे से भिन्न है। 

    मैं यह कहने लगा था कि जिन बातों पर हम विचार कर रहे हैं, वे संख्या की दृष्टि से दो हो सकती हैं। फिर भी दोनों ही शुभ हो सकती हैं। उदाहरण के लिए, ‘बुद्धि’ और ‘बुद्धिमान व्यक्ति’ दो अलग बातें हैं। फिर भी तुम स्वयं स्वीकार करते हो कि दोनों ही शुभ हैं। जिस प्रकार यह मानने में कोई बाधा नहीं है कि बुद्धि और उसका धारक, दोनों शुभ हैं, उसी प्रकार यह मानने में भी कोई बाधा नहीं है कि बुद्धि और बुद्धि का धारण करना अर्थात बुद्धिमान होना, दोनों ही शुभ हैं। मैं बुद्धिमान व्यक्ति इसलिए बनना चाहता हूँ कि मैं बुद्धिमान हो सकूँ। यदि ऐसा है तो क्या ‘बुद्धिमान होना’ भी शुभ नहीं होना चाहिए? क्योंकि उसके बिना ‘बुद्धिमान व्यक्ति’ होना भी कोई शुभ नहीं रह जाता। आखिर तुम्हारा अपना सिद्धांत भी तो यही है कि यदि बुद्धि का उपयोग न किया जाए तो उसे स्वीकार ही नहीं करना चाहिए। तो बुद्धि का उपयोग क्या है? बुद्धिमान होना। यही वह बात है जो बुद्धि को सर्वोच्च मूल्य प्रदान करती है। यदि उसके उपयोग को हटा दिया जाए, तो बुद्धि निरर्थक हो जाएगी। यदि यातनाएँ बुरी हैं तो यातना सहना भी बुरा है। वास्तव में, यदि परिणामस्वरूप उत्पन्न होने वाली अवस्था को ही हटा दिया जाए, तो यातनाएँ भी बुरी नहीं कहलाएँगी। बुद्धि परिपूर्ण मन की अवस्था (स्थिति) है। बुद्धिमान होना उस परिपूर्ण मन का प्रयोग है। यदि किसी वस्तु का उपयोग ही शुभ न हो तो वह वस्तु स्वयं अपने उपयोग के बिना शुभ कैसे हो सकती है?

    मैं तुमसे पूछता हूँ, क्या बुद्धि वरणीय है? तुम उत्तर देते हो, हाँ। फिर मैं पूछता हूँ, क्या बुद्धि का उपयोग भी वरणीय है? तुम फिर उत्तर देते हो, हाँ। इतना ही नहीं, तुम यह भी कहते हो कि यदि तुम्हें उसका उपयोग करने से रोक दिया जाए तो तुम उसे स्वीकार ही नहीं करोगे। जो वस्तु वरणीय है, वह शुभ है। बुद्धिमान होना बुद्धि का उपयोग है, ठीक उसी प्रकार जैसे प्रभावशाली ढंग से बोलना वाक्पटुता का उपयोग है और देखना नेत्रों का उपयोग है। अतः बुद्धिमान होना बुद्धि का उपयोग है। यदि बुद्धि का उपयोग वरणीय है तो बुद्धिमान होना भी वरणीय है। यदि वह वरणीय है तो वह शुभ भी है। 

    इतनी देर से मैं स्वयं को ही धिक्कार रहा हूँ कि जिन लोगों की मैं आलोचना करता हूँ, उन्हीं की भाँति मैं भी एक स्पष्ट और सरल विषय पर शब्दों का अनावश्यक व्यय कर रहा हूँ। क्या इसमें कोई संदेह हो सकता है कि यदि ऊष्मा बुरी है, तो गर्म होना भी बुरा होगा? यदि शीत बुरा है, तो ठंड से ग्रस्त होना भी बुरा होगा? और यदि जीवन शुभ है, तो जीना भी शुभ होगा? यद्यपि ये सभी बातें बुद्धि के विषय से संबंधित हैं। फिर भी वे बुद्धि के अंतरतम स्वरूप का स्पर्श नहीं करतीं। हमें अपना समय बुद्धि के वास्तविक स्वरूप के भीतर प्रवेश करके उसका विचार करने में लगाना चाहिए। 

    यदि हम चर्चा को किसी दूसरी दिशा में ले जाना चाहें तो दर्शन हमें विचार के लिए असीम विषय प्रदान करता है। आओ, हम देवताओं के स्वरूप का अन्वेषण करें अथवा तारों के पोषण, उनकी विविध गतियों और परिक्रमाओं का अध्ययन करें या यह विचार करें कि क्या मानवीय जीवन की घटनाएँ तारों की गतियों के अनुरूप विकसित होती हैं अथवा क्या वही पृथ्वी पर स्थित वस्तुओं और मनुष्यों के मन में गति के मूल कारण हैं या फिर यह कि जिन्हें हम संयोगवश घटित होने वाली घटनाएँ कहते हैं, क्या वे भी किसी निश्चित नियम से बँधी हुई हैं और क्या इस विश्व-व्यवस्था के बाहर या उसके क्रम से अलग वास्तव में कुछ भी नहीं घटित होता। ये विषय प्रत्यक्ष रूप से नैतिक शिक्षा से संबंधित नहीं हैं।। किन्तु वे मन को ऊँचा उठाते हैं और उसे अपने महान विषयों के अनुरूप विशाल बना देते हैं। इसके विपरीत, जिन बातों की मैं अभी कुछ देर पहले चर्चा कर रहा था, वे हमारे मन को ऊँचा उठाने के स्थान पर उसे छोटा और संकीर्ण बना देती हैं। वे मन को तीक्ष्ण नहीं करतीं, जैसा कि तुम लोग समझते हो। वे केवल उसे सीमित कर देती हैं। मैं तुमसे पूछता हूँ, क्या हम अपनी शक्ति ऐसे विषय पर व्यर्थ करेंगे जो संभवतः असत्य हो सकता है और निश्चित रूप से किसी व्यावहारिक उपयोग का भी नहीं है? हमें अपनी बुद्धि और परिश्रम को ऐसे कार्यों के लिए सुरक्षित रखना चाहिए। हम उसे अधिक महान और अधिक श्रेष्ठ विषयों के ऋणी हैं। आख़िर मुझे इससे क्या लाभ होगा कि मैं यह जान लूँ कि ‘बुद्धि’ और ‘बुद्धिमान होना’ अलग-अलग हैं अथवा यह कि पहली शुभ है और दूसरी नहीं? मैं इस विवाद में जोखिम उठाने को तैयार हूँ। आओ, पासा फेंकते हैं, तुम्हें ‘बुद्धि’ मिल जाए और मुझे ‘बुद्धिमान होना’। परिणाम दोनों के लिए समान ही रहेगा।

    मैं तो यह अधिक चाहता हूँ कि तुम मुझे इन बातों को प्राप्त करने का मार्ग दिखाओ। मुझे बताओ कि मुझे किन बातों से बचना चाहिए और किन बातों को अपना लक्ष्य बनाना चाहिए। कौन-से अभ्यास मेरे दुर्बल पड़ते हुए मन को दृढ़ बना सकते हैं? मैं उन परिस्थितियों से अपनी रक्षा कैसे करूँ जो अचानक आकर मुझे विचलित कर देती हैं? मैं असंख्य विपत्तियों का सामना करने में समर्थ कैसे बनूँ? जो दुःख भाग्य ने मुझ पर डाले हैं और जो मैंने स्वयं अपने ऊपर लाद लिए हैं, उनसे मैं कैसे मुक्त हो सकता हूँ? मुझे यह सिखाओ कि मैं शोक को बिना विलाप किए कैसे सहन करूँ। सफलता को इस प्रकार कैसे धारण करूँ कि उसके कारण दूसरों को पीड़ा न पहुँचे। यह भी सिखाओ कि मैं मृत्यु के उस अंतिम और अनिवार्य क्षण की निष्क्रिय प्रतीक्षा न करूँ बल्कि जब उचित समझूँ, तब स्वयं अपने प्रस्थान का निर्णय कर सकूँ। मेरे विचार में मृत्यु के लिए प्रार्थना करने से अधिक लज्जाजनक और कुछ नहीं है। यदि तुम जीना चाहते हो, तो फिर मरने की प्रार्थना क्यों करते हो? और यदि जीना ही नहीं चाहते तो जन्म के समय देवताओं ने तुम्हें जो जीवन दिया था, उसी को वापस माँगने के लिए उनसे प्रार्थना क्यों करते हो? जिस प्रकार यह निश्चित है कि तुम्हें किसी-न-किसी समय मृत्यु अवश्य प्राप्त होगी, चाहे तुम चाहो या न चाहो, उसी प्रकार यह भी तुम्हारे अधिकार में है कि जब तुम उचित समझो, तब स्वयं मृत्यु का वरण कर लो। पहली बात तुम्हारे लिए अनिवार्य है। दूसरी तुम्हारी अपनी इच्छा और निर्णय पर निर्भर करती है। 

    मैंने अभी-अभी एक ऐसे वक्ता के भाषण की शुरुआत पढ़ी, जिसे लोग बड़ा प्रतिष्ठित वाक्पटु मानते हैं। उसने कहा था, “काश, मैं यथाशीघ्र मर जाऊँ!” कैसा पागलपन है! तुम उस वस्तु की प्रार्थना कर रहे हो जो पहले से ही तुम्हारे अधिकार में है। “काश, मैं यथाशीघ्र मर जाऊँ!” क्या यह कहते-कहते तुम इतने वृद्ध हो गए कि अब प्रतीक्षा करना आवश्यक हो? यदि नहीं तो फिर विलंब किस बात का है? तुम्हें कौन रोक रहा है? जिस प्रकार चाहो, जीवन का त्याग कर सकते हो। प्रकृति के किसी भी तत्त्व की ओर देखो और उसी से अपने प्रस्थान का मार्ग चुन लो। जल, पृथ्वी और वायु, इन तत्त्वों पर विचार करो जिनके द्वारा यह संसार संचालित होता है। ये केवल जीवन के कारण ही नहीं हैं। ये मृत्यु के भी उतने ही साधन हैं। “काश, मैं शीघ्र मर जाऊँ!” 'शीघ्र' से तुम्हारा क्या अभिप्राय है? तुम समय क्यों निश्चित करना चाहते हो? मृत्यु तो तुम्हारी इस प्रार्थना से भी अधिक शीघ्र आ सकती है। ऐसे शब्द एक दुर्बल मन के होते हैं, जो इस प्रकार के शाप का प्रयोग केवल दूसरों की सहानुभूति प्राप्त करने के लिए करता है। जो व्यक्ति सचमुच मृत्यु की प्रार्थना करता है, वह वास्तव में मरना नहीं चाहता। देवताओं से जीवन और स्वास्थ्य की प्रार्थना करो। किन्तु यदि तुम्हारी वास्तविक इच्छा मरने की ही है, तो मृत्यु का एक लाभ यह है कि उसके लिए तुम्हें किसी से प्रार्थना करने की आवश्यकता नहीं रहती। 

    प्रिय लूसीलियस, हमें इन्हीं बातों पर मनन करना चाहिए। इन्हीं के द्वारा अपने मन का निर्माण करना चाहिए। यही बुद्धि है और यही बुद्धिमानी, न कि व्यर्थ की बहसों में उलझना और अत्यन्त तुच्छ तकनीकी सूक्ष्मताओं पर विवाद करते रहना। जब भाग्य ने तुम्हारे सामने इतनी समस्याएँ खड़ी कर दी हैं, जिनका समाधान तुम अभी तक नहीं कर पाए हो, तब भी क्या तुम शब्दों के सूक्ष्म अर्थों पर विवाद करने में लगे रहोगे? युद्ध का संकेत मिल जाने के बाद भी अभ्यास के हथियार लहराते रहना कितनी मूर्खता है! इन अभ्यास वाले हथियारों को एक ओर रख दो। अब तुम्हें वास्तविक शस्त्रों की आवश्यकता है। मुझे वह उपाय बताओ जिससे मेरा मन किसी भी प्रकार के विषाद या भय से विचलित न हो। मुझे वह उपाय बताओ जिससे मैं अपनी उन इच्छाओं के बोझ को उतार फेंकूँ जिन्हें मैंने स्वयं भी कभी स्वीकार नहीं किया। कुछ सार्थक करो! 

    “बुद्धि तो शुभ है, परन्तु बुद्धिमान होना शुभ नहीं है।” यदि हमें यही सिखाया जाएगा तो इसका परिणाम यही होगा कि लोग हमें अबुद्धिमान कहेंगे और हमारे पूरे दर्शन का उपहास करेंगे कि वह समय की निरर्थक बर्बादी है। मान लो कि मैं तुमसे कहूँ कि इस बात पर भी विवाद है कि भविष्य में प्राप्त होने वाली बुद्धि शुभ है या नहीं। बताओ, क्या यह सुनकर तुम्हें आश्चर्य होगा? क्या अन्न-भंडार भविष्य की फसल का अनुभव पहले से ही कर लेते हैं? क्या बच्चों में भविष्य की युवावस्था का बल और दृढ़ता पहले से विद्यमान होती है? जिस प्रकार रोगी को भविष्य में मिलने वाला स्वास्थ्य वर्तमान में कोई लाभ नहीं पहुँचाता, उसी प्रकार धावक या पहलवान भी कई महीनों बाद मिलने वाले विश्राम से अभी ताज़गी का अनुभव नहीं करता। यह बात तो सभी जानते हैं कि जो वस्तु अभी भविष्य में है, वह इस समय शुभ नहीं हो सकती क्योंकि वह अभी भविष्य में ही है। जो वास्तव में शुभ है, वह अनिवार्य रूप से लाभ पहुँचाता है। लाभ केवल वर्तमान में विद्यमान वस्तुएँ ही पहुँचा सकती हैं। जो वस्तु अभी लाभ नहीं पहुँचा सकती, वह शुभ नहीं है। यदि वह लाभ पहुँचा रही है तो इसका अर्थ है कि वह भविष्य की नहीं, वर्तमान की वस्तु है। मैं भविष्य में बुद्धिमान बनूँगा। जब मैं वास्तव में बुद्धिमान हो जाऊँगा, तभी वह मेरे लिए शुभ होगा; अभी वह शुभ नहीं है। किसी वस्तु में कोई गुण तभी आ सकता है, जब वह वस्तु पहले अस्तित्व में हो। 

    मैं तुमसे पूछता हूँ, जो वस्तु अभी अस्तित्व में ही नहीं है, वह पहले से शुभ कैसे हो सकती है? यदि मैं किसी वस्तु के विषय में कहूँ, 'वह भविष्य में होगी,' तो क्या यही सबसे बड़ा प्रमाण नहीं है कि वह अभी अस्तित्व में नहीं है? जो अभी आने वाली है, वह स्पष्टतः अभी आई नहीं है। मैं कहता हूँ, 'वसंत आएगा।' इसका अर्थ है कि इस समय शीत ऋतु है। मैं कहता हूँ, 'ग्रीष्म आएगा।' इसका अर्थ है कि अभी ग्रीष्म नहीं है। किसी वस्तु के वर्तमान में न होने का सबसे प्रबल प्रमाण यही है कि वह अभी भविष्य की वस्तु है। मुझे आशा है कि मैं भविष्य में बुद्धिमान बनूँगा। किन्तु इस समय मैं बुद्धिमान नहीं हूँ। यदि वह शुभ मेरे पास अभी होता, तो मैं अपनी वर्तमान बुरी अवस्था से पहले ही मुक्त हो चुका होता। मेरा बुद्धिमान होना अभी भविष्य की बात है। इससे तुम समझ सकते हो कि मैं अभी बुद्धिमान नहीं हूँ। मैं एक ही समय में उस शुभ अवस्था में भी नहीं हो सकता और इस अशुभ अवस्था में भी। शुभ और अशुभ एक ही व्यक्ति में एक साथ विद्यमान नहीं रह सकते।  

    आओ, इन जटिल और तुच्छ विवादों को शीघ्रता से पीछे छोड़ दें और उन बातों की ओर बढ़ें जो वास्तव में हमारी सहायता करने वाली हैं। जब कोई व्यक्ति अपनी प्रसव-वेदना से पीड़ित पुत्री के लिए व्याकुल होकर दाई को बुलाता है, तब वह खेलों की घोषणा और कार्यक्रम पढ़ने नहीं बैठ जाता। उसी प्रकार, जिसके घर में आग लगी हो और जो उसे बुझाने के लिए दौड़ रहा हो, वह शतरंज की बिसात पर यह विचार नहीं करता कि फँसा हुआ मोहरा किस प्रकार निकल सकता है। किन्तु, देवताओं की शपथ, चारों ओर से ऐसी ही विपत्तियों के समाचार तुम्हारी ओर आ रहे हैं, तुम्हारा घर जल रहा है, तुम्हारे बच्चे संकट में हैं, तुम्हारा देश शत्रुओं से घिरा हुआ है, तुम्हारी संपत्ति लूटी जा रही है।

   प्रकृति ने हमें इतना समय न तो इतनी कृपा से दिया है और न इतनी उदारता से कि हम उसका कोई अंश भी व्यर्थ गँवा सकें। ज़रा देखो कि सबसे अधिक सावधान रहने वाले लोग भी कितना समय खो देते हैं। किसी का कुछ समय अपनी बीमारी में व्यतीत हो जाता है, तो किसी का अपने परिवार के किसी सदस्य की बीमारी में। कुछ समय जीवन की आवश्यकताओं की पूर्ति में चला जाता है, कुछ सार्वजनिक कर्तव्यों में और हमारी आयु का एक बड़ा भाग तो निद्रा ही ले लेती है। जब हमारा समय इतना सीमित, इतना शीघ्र बीतने वाला और इतना व्यस्त है, तब उसका अधिकांश भाग तुच्छ बातों में नष्ट करने से क्या लाभ? यह भी विचार करो कि मन अपने स्वास्थ्य को पुनः प्राप्त करने की अपेक्षा अपना मनोरंजन करना अधिक पसंद करता है। इस प्रकार वह दर्शन को, जो वास्तव में एक उपचार है, केवल मनोरंजन का साधन बना देता है। मुझे यह नहीं मालूम कि ‘बुद्धि’ और ‘बुद्धिमान होना’ में क्या अंतर है। पर मैं इतना अवश्य जानता हूँ कि इस अंतर को जानने या न जानने से कोई विशेष अंतर नहीं पड़ता। मुझे बताओ, यदि मैं यह भेद जान भी लूँ, तो क्या उसी क्षण मैं बुद्धिमान बन जाऊँगा?फिर तुम मुझे बुद्धि से संबंधित शब्दावली में क्यों उलझाए रखते हो, बुद्धिमत्ता के वास्तविक आचरण का अभ्यास क्यों नहीं कराते? मुझे अधिक साहसी बनाओ। मुझे अधिक आत्मविश्वासी बनाओ। मुझे ऐसा बना दो कि मैं भाग्य के समकक्ष खड़ा हो सकूँ, बल्कि उससे भी श्रेष्ठ बन सकूँ। मैं उससे श्रेष्ठ बन सकता हूँ, यदि मैं जो कुछ भी सीखूँ, उसे इसी एक उद्देश्य की प्राप्ति में लगा दूँ।


अभी के लिए विदा 

खलील जिब्रान (Khalil Gibran) की प्रसिद्ध पुस्तक द प्रोफेट (The Prophet) का हिंदी अनुवाद (संपूर्ण पुस्तक)

  द प्रोफेट जहाज़ का आगमन   अलमुस्तफ़ा, चुना हुआ और प्रिय, जो अपने ही युग के लिए प्रभात के समान था , बारह वर्षों से   नगर में उस जहाज़...