प्रिय लूसीलियस
आज की वह छोटी-सी समस्या जब मैं तुम्हारे सामने रखूँगा, जिससे हम पहले से ही काफी समय से जूझते आ रहे हैं तो मुझे पूरा विश्वास है कि तुम मुझ पर मुकदमा कर दोगे। तुम फिर चिल्लाकर कहोगे, “इसका नैतिकता से क्या लेना-देना है?” तुम चिल्लाना शुरू कर दो। लेकिन इस बीच पहले मैं तुम्हारे सामने कुछ और प्रतिवादियों को मुकदमे के लिए प्रस्तुत कर दूँ अर्थात पॉसिडोनियस (एक प्रसिद्ध यूनानी स्टोइक दार्शनिक, विद्वान और वैज्ञानिक) और आर्केडेमस (स्टोइक नैतिक दर्शन और तर्कशास्त्र के विद्वान) को। इन्हीं लोगों को अदालत में खड़ा किया जाना चाहिए। अब मैं यह कहूँ कि नैतिकता से संबंधित प्रत्येक विषय अनिवार्य रूप से नैतिक आचरण को बढ़ावा नहीं देता।
एक अध्ययन मनुष्य के पोषण से संबंधित है। दूसरे हमारे शारीरिक प्रशिक्षण, वस्त्र, शिक्षा या मनोरंजन से। ये सभी मनुष्य से संबंधित हैं। भले ही इनमें से सभी मनुष्य को बेहतर न बनाते हों। जहाँ तक नैतिकता का प्रश्न है, उसका एक अध्ययन आचरण से एक प्रकार से संबंधित होता है और दूसरा किसी अन्य प्रकार से। कुछ अध्ययन आचरण को सुधारते और नियंत्रित करते हैं। जबकि दूसरे उसके स्वरूप और उत्पत्ति की जाँच करते हैं। जब मैं पूछता हूँ कि प्रकृति ने मनुष्य को क्यों उत्पन्न किया और उसे अन्य प्राणियों से श्रेष्ठ क्यों बनाया तो क्या तुम यह निष्कर्ष निकालोगे कि मैंने नैतिकता के क्षेत्र को छोड़ दिया है? ऐसा निष्कर्ष गलत होगा। मेरा आशय यह है कि जब तक तुमने यह पता नहीं लगा लिया कि मनुष्य के लिए सर्वोत्तम क्या है और मनुष्य के स्वभाव का अध्ययन नहीं कर लिया, तब तक तुम यह कैसे जान पाएँगे कि मनुष्य को किस प्रकार का आचरण अपनाना चाहिए? जब तक तुमने यह नहीं जान लिया कि अपने स्वभाव के प्रति आपका क्या कर्तव्य है, तब तक तुम यह नहीं समझ पाओगे कि तुमको क्या करना चाहिए और किन बातों से बचना चाहिए।
“मैं चाहता हूँ,” तुम कहते हो, “कि मैं यह सीखूँ कि अपनी इच्छाओं और भय को कैसे कम करूँ। मुझे अंधविश्वास से झकझोरकर बाहर निकालो। मुझे यह समझाओ कि जिसे तथाकथित सुख कहा जाता है, वह एक छोटी और खोखली चीज़ है, जो बहुत आसानी से एक अतिरिक्त अक्षर ग्रहण करके दुख में बदल जाती है।” मैं तुम्हारी इच्छा पूरी करूँगा। मैं तुम्हारे सद्गुणों को प्रोत्साहित करूँगा और दुर्गुणों को कोड़े लगाऊँगा। यदि कोई इस भूमिका में मुझे अत्यधिक कठोर और असंयमी समझे, तब भी मैं दुष्टता का पीछा करना, उग्रतम वासनाओं पर लगाम लगाना, उन सुखों की बढ़त को रोकना जो अंततः पीड़ा में बदल जाते हैं और हमारी प्रार्थनाओं का विरोध करना बंद नहीं करूँगा। मैं सच कह रहा हूँ क्योंकि हमारी प्रार्थनाएँ उन्हीं चीज़ों के लिए होती हैं जो हमारे लिए सबसे अधिक हानिकारक हैं। जब वे इच्छाएँ पूरी हो जाती हैं, तब हमारे पास उन सभी चीज़ों के लिए सांत्वना पाने की आवश्यकता पड़ती है, जिनकी हमने स्वयं कामना की थी।
इस बीच, मुझे उन विषयों पर विस्तार से चर्चा करने की अनुमति दो जो हमारे वर्तमान विषय से कुछ अधिक दूर प्रतीत होते हैं। हम इस बात पर चर्चा कर रहे थे कि क्या सभी प्राणियों को अपनी स्वयं की प्रकृति और शारीरिक संरचना का बोध होता है। इसका सबसे प्रमुख प्रमाण यह है कि वे अपने अंगों को कितनी उपयुक्तता और कुशलता से संचालित करते हैं, मानो उन्हें ऐसा करने का प्रशिक्षण दिया गया हो। अपने अंगों का संचालन करने में कोई भी प्राणी असहाय नहीं होता। एक कुशल कारीगर अपने औज़ारों को सहजता से चलाता है। एक नाविक जानता है कि अपने जहाज़ को कैसे चलाना है। एक चित्रकार अपने पास मौजूद अनेक रंगों में से उचित रंग चुनने में अत्यंत तत्पर होता है और अपनी चित्र-पट्टिका तथा चित्र के बीच अपनी आँख और हाथ को बड़ी सहजता से चलाता है। उसी प्रकार कोई प्राणी अपने शरीर और उसके अंगों का जितने भी कार्यों में उपयोग करता है, उन सभी में समान रूप से कुशल होता है।
हम अक्सर कुशल मूक-अभिनय नर्तकों को देखकर आश्चर्यचकित होते हैं क्योंकि उनके हाथ विषय-वस्तु और उसकी भावनाओं के समस्त अर्थ को व्यक्त करने के लिए तत्पर रहते हैं और उनके हाव-भाव बोले गए शब्दों की तीव्र गति के साथ-साथ चलते हैं। जो कला कलाकारों को प्रदान करती है, वही प्रकृति प्राणियों को प्रदान करती है।उनमें से किसी को भी अपने अंगों का संचालन करने में कठिनाई नहीं होती। कोई भी अपने शरीर का उपयोग करने में लड़खड़ाता नहीं है। वे संसार में आते ही ऐसा करने लगते हैं। यह ज्ञान उनके भीतर आरंभ से ही विद्यमान होता है। वे प्रशिक्षित होकर जन्म लेते हैं।
कोई कह सकता है, “प्राणियों द्वारा अपने अंगों को कुशलता से संचालित करने का कारण यह है कि यदि वे उन्हें किसी अन्य प्रकार से संचालित करें तो उन्हें पीड़ा होगी। अतः वे विवश होकर वही करते हैं, जैसा तुम्हारे मत के लोग कहते हैं। जो चीज़ उन्हें सही ढंग से चलने-फिरने के लिए प्रेरित करती है, वह उनकी इच्छा नहीं बल्कि पीड़ा का भय है।” यह गलत है। जिन चीज़ों को आवश्यकता के कारण विवश होकर किया जाता है, वे धीमी होती हैं। जबकि फुर्ती स्वस्फूर्त गति की पहचान है। वास्तव में, वे पीड़ा के भय से गति करने के लिए विवश नहीं होते बल्कि जब पीड़ा उनके स्वाभाविक ढंग से चलने में बाधा डालती है, तब भी वे उसी स्वाभाविक गति को प्राप्त करने का प्रयत्न करते हैं।
एक ऐसे शिशु पर विचार करो जो खड़ा होना चाहता है और अभी अपने शरीर को सहारा देकर खड़ा रहने का अभ्यास ही कर रहा है। जैसे ही वह अपनी शक्ति को आज़माना शुरू करता है, वह गिर पड़ता है। लेकिन वह रोते हुए बार-बार उठता रहता है, जब तक कि पीड़ापूर्वक अभ्यास करते-करते वह वह कार्य करना नहीं सीख लेता जिसकी माँग उसका स्वभाव करता है। कुछ कठोर कवच वाले प्राणियों को जब पीठ के बल उलट दिया जाता है तो वे अपने पैरों से लगातार ऐंठते, ज़मीन कुरेदते और इधर-उधर सरकते रहते हैं, जब तक कि वे अपनी उचित स्थिति में वापस नहीं आ जाते। उलटी हुई कछुए को कोई पीड़ा नहीं होती। लेकिन अपनी स्वाभाविक स्थिति से बाहर होने के कारण वह बेचैन हो जाता है और तब तक अपने शरीर को हिलाता-डुलाता रहता है, जब तक कि वह अपने पैरों पर सीधा खड़ा नहीं हो जाता। इस प्रकार सभी प्राणियों को अपनी स्वयं की प्रकृति और शारीरिक संरचना का बोध होता है, और यही बताता है कि वे अपने अंगों का संचालन करने में इतने कुशल क्यों होते हैं। वास्तव में, यह इस बात का हमारा सबसे अच्छा प्रमाण है कि वे इस बोध के साथ जन्म लेते हैं: कोई भी प्राणी अपने शरीर और उसके अंगों का उपयोग करने में अकुशल नहीं होता।
“तुम्हारे मत के अनुयायियों के अनुसार,” प्रतिपक्षी कहता है, “स्वभावगत संरचना ‘मन के उस निर्देशन करने वाले अंग की एक विशेष अवस्था है, जो शरीर के साथ एक निश्चित प्रकार के संबंध में स्थित है।’ कोई शिशु इतनी जटिल और सूक्ष्म बात को कैसे समझ सकता है, जिसका वर्णन करने में तुम लोग स्वयं भी मुश्किल से सक्षम हैं? अपनी उस परिभाषा को समझने के लिए तो सभी प्राणियों को जन्म से ही तर्कशास्त्री होना पड़ेगा क्योंकि अधिकांश रोमन लोगों के लिए भी यह परिभाषा अस्पष्ट है।” यह आपत्ति उचित होती, यदि मैं यह कहता कि प्राणी ‘स्वभावगत संरचना’ की परिभाषा को समझते हैं, न कि अपनी स्वभावगत संरचना को स्वयं। प्रकृति को समझना, उसका वर्णन करने की अपेक्षा अधिक सरल है। इसलिए शिशु यह नहीं जानता कि स्वभावगत संरचना क्या है। लेकिन वह अपनी स्वयं की स्वभावगत संरचना को जानता है। वह यह नहीं जानता कि प्राणी क्या होता है। लेकिन वह यह अनुभव करता है कि वह स्वयं एक प्राणी है।
इसके अतिरिक्त, अपनी स्वभावगत संरचना के विषय में उसका बोध अस्पष्ट, प्रारंभिक और अनिश्चित होता है। इसी प्रकार हम भी जानते हैं कि हमारे भीतर एक मन है, फिर भी हम यह नहीं जानते कि मन क्या है, वह कहाँ स्थित है, उसका स्वरूप कैसा है या वह कहाँ से आया है। हम अपने मन के अस्तित्व से अवगत हैं, भले ही हम उसके स्वभाव और उसके स्थान को न जानते हों। सभी प्राणियों में अपनी स्वभावगत संरचना के बोध की स्थिति भी ऐसी ही है। प्राणियों को अनिवार्य रूप से उस चीज़ का बोध होता है, जिसके माध्यम से वे दूसरी चीज़ों का बोध करते हैं। उन्हें अनिवार्य रूप से उस चीज़ का भी बोध होता है, जिसकी वे आज्ञा मानते हैं और जिसके द्वारा वे संचालित होते हैं। हममें से प्रत्येक यह समझता है कि कोई ऐसी चीज़ है जो हमारी प्रवृत्तियों को सक्रिय करती है। लेकिन हम यह नहीं जानते कि वह क्या है। मनुष्य यह जानता है कि उसके भीतर कोई प्रेरक सिद्धांत या प्रेरक शक्ति है। लेकिन वह यह नहीं जानता कि वह क्या है या कहाँ से आती है। इसी प्रकार, शिशुओं और प्राणियों में भी अपने निर्देशन करने वाले अंग का बोध होता है। लेकिन वह बोध पूरी तरह स्पष्ट और सुस्पष्ट नहीं होता।
“तुम कहते हो कि प्रत्येक प्राणी आरंभ से ही अपनी स्वभावगत संरचना से जुड़ा होता है, लेकिन तुम यह भी कहते हो कि मनुष्य की स्वभावगत संरचना तर्कशील है। इसलिए मनुष्य स्वयं से केवल एक सजीव प्राणी के रूप में नहीं बल्कि एक तर्कशील प्राणी के रूप में जुड़ा हुआ है क्योंकि मनुष्य को अपने उसी अंग के कारण अपने प्रति लगाव होता है जो उसे मनुष्य बनाता है। फिर, जब कोई शिशु अभी तर्कशील नहीं हुआ है तो वह तर्कशील स्वभावगत संरचना के प्रति कैसे जुड़ाव रख सकता है?”
जीवन की प्रत्येक अवस्था की अपनी एक स्वभावगत संरचना होती है। शिशु की एक, बालक की दूसरी, युवक की दूसरी और प्रौढ़ व्यक्ति की दूसरी। प्रत्येक व्यक्ति जिस स्वभावगत संरचना में होता है, उसी से जुड़ा रहता है।शिशु के दाँत नहीं होते। वह अपनी इसी वर्तमान स्वभावगत संरचना से जुड़ा रहता है। फिर उसके दाँत निकल आते हैं। अब वह इस नई स्वभावगत संरचना से जुड़ा रहता है। यहाँ तक कि गेहूँ की एक बाल, जो आगे चलकर फसल देने वाली है, अपनी आरंभिक अवस्था में एक प्रकार की स्वभावगत संरचना रखती है, जब वह अभी छोटी होती है और मुश्किल से मेड़ की ऊँचाई तक पहुँचती है। फिर दूसरी, जब उसमें शक्ति आ जाती है और वह ऐसे तने पर खड़ी होती है जो भले ही नरम हो। लेकिन उसका भार सँभाल सकता है और फिर एक और, जब वह सुनहरी हो जाती है और उसकी बालियों में दाने कठोर होने लगते हैं, जो फसल के समय के आने का संकेत देते हैं। पौधा जिस भी स्वभावगत संरचना तक पहुँचता है, उसे बनाए रखता है और उसी के अनुसार स्वयं को ढाल लेता है।
जीवन की अवस्थाएँ अलग-अलग हैं। शैशवावस्था, बाल्यावस्था, युवावस्था और प्रौढ़ावस्था। फिर भी मैं, जो कभी शिशु था, फिर बालक और फिर युवक रहा, वही व्यक्ति बना हुआ हूँ। इसलिए, यद्यपि प्रत्येक वस्तु की स्वभावगत संरचना बदलती रहती है, फिर भी वह उसी प्रकार अपनी वर्तमान स्वभावगत संरचना से जुड़ी रहती है। मेरा स्वाभाविक लगाव उस बालक, युवक या प्रौढ़ व्यक्ति से नहीं है बल्कि स्वयं मुझसे है। इसलिए एक शिशु अपनी उसी स्वभावगत संरचना से जुड़ा होता है, जो उसके शिशु होने के समय होती है, न कि उस स्वभावगत संरचना से जो आगे चलकर युवक बनने पर उसकी होगी। भले ही बाद में वह अधिक विकसित अवस्था में पहुँच जाएगा। लेकिन इसका यह अर्थ नहीं है कि जिस अवस्था में वह जन्म लेता है, वह भी प्रकृति के अनुरूप नहीं है।
प्राणी सबसे पहले स्वयं से जुड़ा होता है क्योंकि कोई न कोई ऐसी वस्तु होनी ही चाहिए, जिसके साथ अन्य सभी चीज़ों का संबंध स्थापित किया जा सके। मुझे सुख चाहिए। किसके लिए? अपने लिए। इसलिए मैं अपनी देखभाल करता हूँ। मैं पीड़ा से बचने का प्रयास करता हूँ। किसके लिए? अपने लिए। इसलिए मैं अपनी देखभाल करता हूँ। यदि मैं अपनी प्रत्येक गतिविधि अपनी देखभाल के लिए करता हूँ तो अपने प्रति मेरी चिंता हर दूसरी चीज़ से पहले आती है। यह चिंता सभी प्राणियों में होती है; इसे उनमें बाहर से आरोपित नहीं किया गया है बल्कि यह उनके भीतर जन्मजात होती है। प्रकृति अपनी संतानों का पालन-पोषण करती है और उन्हें त्यागती नहीं है क्योंकि सबसे विश्वसनीय रक्षक वही होता है जो सबसे निकट हो। इसलिए प्रत्येक प्राणी को स्वयं अपनी रक्षा का दायित्व सौंपा गया है। इसलिए, जैसा कि मैंने अपने पहले के पत्रों में कहा है, छोटे-से-छोटे नवजात या अंडे से अभी-अभी निकले प्राणी भी अपने आप यह जान लेते हैं कि उनके लिए क्या हानिकारक है और उन चीज़ों से बचते हैं जो उनकी मृत्यु का कारण बन सकती हैं। यहाँ तक कि आकाश में ऊपर से उड़ती हुई किसी वस्तु की छाया मात्र देखकर भी वे भय की प्रतिक्रिया प्रकट करते हैं, जबकि वे स्वयं शिकारी पक्षियों के लिए अत्यंत असुरक्षित होते हैं। कोई भी प्राणी मृत्यु के भय से रहित होकर जीवन में प्रवेश नहीं करता।
“कोई प्राणी जन्म लेते ही यह कैसे समझ सकता है कि कौन-सी चीज़ उसके जीवन की रक्षा करती है और कौन-सी उसकी मृत्यु का कारण बन सकती है?” सबसे पहले, हमारा प्रश्न यह है कि क्या वह इन बातों को समझ सकता है, यह नहीं कि वह ऐसा कैसे करता है। प्राणियों में यह समझ होती है, यह इस तथ्य से स्पष्ट है कि यदि वे अभी इस समझ को प्राप्त करते तो वे पहले से जो कुछ करते आ रहे हैं, उससे अलग कुछ नहीं करते। ऐसा क्यों है कि मुर्गी मोर या हंस से नहीं बचती। लेकिन बाज़ को देखकर भाग जाती है।जबकि बाज़ उन पक्षियों की तुलना में बहुत छोटा होता है और ऐसा प्राणी भी नहीं है जिससे उसका कोई परिचय रहा हो? चूजे नेवले से क्यों डरते हैं। लेकिन कुत्ते से नहीं? यह स्पष्ट है कि उनके भीतर इस बात का ऐसा ज्ञान मौजूद होता है जो अनुभव से प्राप्त नहीं हुआ है कि कौन-सी चीज़ उन्हें नुकसान पहुँचा सकती है क्योंकि वे किसी ऐसी चीज़ से भी बचते हैं, जिसका उन्हें अभी अनुभव तक नहीं हुआ है।
दूसरे, ताकि तुम यह न समझो कि ऐसा संयोगवश होता है, वे उन चीज़ों के अतिरिक्त किसी और चीज़ से नहीं डरते, जिनसे डरना उनके लिए उचित है, और वे इस सावधानी तथा सतर्कता को कभी नहीं भूलते। खतरे से बचने में उनका व्यवहार निरंतर एक जैसा रहता है। इसके अतिरिक्त, अपने जीवन के दौरान वे अधिक भयभीत भी नहीं होते जाते। इससे सिद्ध होता है कि वे इस अवस्था तक अनुभव के कारण नहीं, बल्कि आत्म-संरक्षण की प्राकृतिक प्रवृत्ति के परिणामस्वरूप पहुँचते हैं। जो कुछ अनुभव सिखाता है, वह देर से आता है और सभी में समान रूप से विकसित नहीं होता। जबकि प्रकृति जो कुछ प्रदान करती है, वह तत्काल और सभी मामलों में एकसमान होता है।
लेकिन यदि तुम मुझसे इस बात का आग्रह करो कि मैं बताऊँ कि प्रत्येक प्राणी यह समझने से कैसे नहीं बच सकता कि उसके लिए क्या खतरनाक है तो मैं तुम्हें इसका उत्तर दूँगा। उसे यह बोध होता है कि वह मांस से बना है; इसलिए उसे यह भी बोध होता है कि कौन-सी चीज़ मांस को काट सकती है, जला सकती है या कुचल सकती है, और कौन-से प्राणी उसे नुकसान पहुँचाने के साधनों से युक्त हैं। इन चीज़ों की उसके मन में खतरनाक और शत्रुतापूर्ण होने की धारणा बन जाती है। ये प्रवृत्तियाँ एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। जिस समय प्रत्येक प्राणी अपनी रक्षा से जुड़ा होता है, उसी समय वह उन चीज़ों की खोज करता है जो उसके लिए लाभकारी हैं और उन चीज़ों से बचता है जो उसके लिए हानिकारक हैं। उपयोगी वस्तुओं की ओर आकर्षित होने की प्रवृत्ति प्राकृतिक है और उनके विपरीत वस्तुओं के प्रति विरक्ति भी प्राकृतिक है।
प्रकृति जो कुछ निर्धारित करती है, वह बिना किसी विचार के, उसे प्रेरित करने वाली किसी पूर्वचिंता या योजना के बिना ही घटित होता है। क्या तुम नहीं देखते कि मधुमक्खियाँ अपने छत्ते की कोठरियाँ बनाने में कितनी कुशल होती हैं और अपने-अपने कार्यों को कितनी सामंजस्यपूर्ण ढंग से करती हैं? क्या तुम नहीं देखते कि मकड़ी का जाला मनुष्य की नकल करने की क्षमता से परे होता है? उसके तंतुओं को व्यवस्थित करना कितना कठिन कार्य है। कुछ तंतु सहारे के लिए सीधी रेखाओं में होते हैं और दूसरे बढ़ते हुए अंतराल पर वृत्ताकार रूप में फैले होते हैं ताकि जिन छोटे जीवों को पकड़ने के लिए जाला बनाया गया है, वे उसमें फँस जाएँ और जाल में बँधे रहें। यह कला जन्मजात है, सीखी हुई नहीं। इसी कारण कोई भी प्राणी दूसरे प्राणी की अपेक्षा अधिक सीखने वाला नहीं होता। तुम देखोगे कि सभी मकड़ियों के जाले एक जैसे होते हैं और एक छत्ते में मधुकोष की सभी कोण-संरचनाएँ समान होती हैं। जो कुछ प्रशिक्षण से प्राप्त होता है, उसमें भिन्नता और असमानता होती है। लेकिन जो क्षमताएँ प्रकृति से प्राप्त होती हैं, वे समान रूप से वितरित होती हैं।
प्रकृति ने प्राणियों को स्वयं की रक्षा करने की प्रवृत्ति और ऐसा करने की सहज क्षमता के अतिरिक्त और कुछ नहीं दिया है। इसी कारण प्राणी उसी क्षण से सीखना आरंभ कर देते हैं, जिस क्षण से वे जीवन आरंभ करते हैं। इसमें कोई आश्चर्य नहीं कि वे जन्म से ही ठीक उन्हीं क्षमताओं से युक्त होते हैं, जिनके बिना उनका जन्म व्यर्थ हो जाता। यह उनकी निरंतर जीवित रहने के लिए प्रकृति द्वारा प्रदान किया गया पहला साधन है— स्वयं से लगाव और स्वयं के प्रति प्रेम। यदि वे जीवित रहने की इच्छा न रखते तो उनके पास जीवित रहने की शक्ति भी न होती। केवल यह इच्छा अपने आप में उनकी सहायता करने के लिए पर्याप्त नहीं थी। लेकिन इसके बिना कोई दूसरी चीज़ भी उनकी सहायता नहीं कर सकती थी। किसी भी प्राणी में तुम अपने प्रति कम सम्मान या यहाँ तक कि अपनी उपेक्षा भी नहीं पाओगे। मूक प्राणी, जो अन्य मामलों में भले ही मंदबुद्धि हों। लेकिन जीवन जीने के मामले में कुशल होते हैं। तुम देखोगे कि जो प्राणी दूसरों के लिए किसी उपयोग के नहीं हैं, वे भी अपनी स्वयं की आवश्यकताओं के मामले में किसी तरह से अपूर्ण नहीं होते।
अभी के लिए विदा
No comments:
Post a Comment