Wednesday, 9 September 2026

The War Against Sleep: The Philosophy of Gurdjieff का हिंदी अनुवाद (अध्याय एक: जादूगर)

 

नींद के विरुद्ध युद्ध

गुर्जिएफ़ का दर्शन

द्वारा
कॉलिन विल्सन

 


 

1—जादूगर

1917 की एक उजली गर्मियों की सुबह लगभग तीस वर्ष की एक आकर्षक रूसी महिला सेंट पीटर्सबर्ग के नेव्स्की प्रॉस्पेक्ट स्थित फिलिपोव कैफ़े में अपने मित्र पीटर डेमियानोविच उस्पेन्स्की के आने की प्रतीक्षा कर रही थी। असामान्य रूप से उस दिन उस्पेन्स्की देर से आ रहे थे। जब वे अंततः जल्दी-जल्दी वहाँ पहुँचे तो वे असाधारण रूप से उत्तेजित दिखाई दे रहे थे। उनके मुँह से निकले पहले शब्द थे, “मुझे लगता है, इस बार हमें सचमुच वह चीज़ मिल गई है जिसकी हमें तलाश थी।” फिर उन्होंने उसे याद दिलाया कि 1915 में मॉस्को में उनकी मुलाकात एक असाधारण शिक्षक से हुई थी, जो मानव अस्तित्व की मूलभूत समस्याओं के बारे में ऐसे ढंग से बात करता था, मानो उसे उनके बारे में गहरा ज्ञान और अधिकार प्राप्त हो। उसका नाम था जॉर्ज इवानोविच गुर्जिएफ़। अब उस्पेन्स्की ने बताया, गुर्जिएफ़ सेंट पीटर्सबर्ग आ चुके थे और ठीक उसी समय सड़क के उस पार स्थित फिलिपोव कैफ़े की दूसरी शाखा में उनका इंतज़ार कर रहे थे। उस महिला, अन्ना बुत्कोव्स्की, का कहना है:

“जब मैं दूसरे फिलिपोव कैफ़े में दाखिल हुई तो मैंने देखा कि एक व्यक्ति दूर कोने में मेज़ पर बैठा हुआ था। उसने साधारण काला कोट पहन रखा था और सिर पर वह ऊँची अस्त्राखान टोपी[1] थी, जो रूसी पुरुष सर्दियों में पहनते हैं। उसके सुडौल और पुरुषोचित चेहरे के नैन-नक्श तथा उसकी ऐसी दृष्टि में, जो मानो सीधे आपके भीतर तक उतर जाती थी (हालाँकि वह किसी भी तरह अप्रिय नहीं थी), यूनानी वंश की झलक दिखाई देती थी। उसका सिर अंडाकार था, आँखें काली थीं और रंग जैतूनी था। उसने काली मूँछ रखी हुई थी। उसका व्यवहार बहुत शांत और सहज था और वह बिना किसी हाव-भाव के बोलता था। उसके साथ केवल बैठना भी बहुत सुखद लगता था। यद्यपि रूसी उसकी मातृभाषा नहीं थी, फिर भी वह रूसी बहुत धाराप्रवाह बोलता था। लेकिन उसका बोलने का ढंग हमारे ढंग से कुछ अलग था। अधिक सटीक और अधिक चित्रात्मक। कभी-कभी वह कुछ ‘आलसी’ आवाज़ में बोलता था और आपको लगता था कि वह प्रत्येक वाक्य को उसी विशेष अवसर के लिए बहुत सावधानी से गढ़ रहा है। वह उन बने-बनाए वाक्यों की तरह बिल्कुल नहीं बोलता था, जिनका हम सामान्य बातचीत में इस्तेमाल करते हैं और जिनमें सृजनात्मक शक्ति या वैयक्तिकता नहीं होती। बहुत जल्दी आपको समझ में आ जाता था कि उसमें शब्दों को प्रभावशाली ढंग से संयोजित करने की अद्भुत क्षमता थी। मैं वहाँ बैठी थी और मुझे महसूस हो रहा था कि आखिरकार मैं एक गुरु की उपस्थिति में हूँ।”

गुर्जिएफ़ से मिलने वाले लगभग हर व्यक्ति पर उन्होंने इसी प्रकार का प्रभाव डाला। हमारे पास उनके शिष्यों द्वारा अपनी पहली मुलाकात के बारे में लिखे हुए शायद एक दर्जन विवरण हैं। लगभग बिना किसी अपवाद के उनमें उस “दृष्टि, जो सीधे आपके भीतर तक उतर जाती थी” का उल्लेख मिलता है। लगभग उसी समय थॉमस डी हार्टमैन नाम का एक युवा सेना अधिकारी भी गुर्जिएफ़ से मिला। जब काले कोट और काली मूँछों वाले दो व्यक्ति कैफ़े में उसकी ओर आते दिखाई दिए तो वह सोचने लगा कि इनमें से गुर्जिएफ़ कौन है। “लेकिन उनमें से एक व्यक्ति की आँखों ने बहुत जल्दी मेरी यह अनिश्चितता दूर कर दी।” जे. जी. बेनेट, जिन्होंने 1920 में कॉन्स्टेंटिनोपल में गुर्जिएफ़ से मुलाकात की थी, ने लिखा, “मैंने ऐसी आँखों की जोड़ी पहले कभी नहीं देखी थी। दोनों आँखें इतनी अलग थीं कि मुझे लगा, शायद प्रकाश ने मेरी आँखों के साथ कोई चाल चली है।” इन सभी अलग-अलग अनुभवों को 1948 में पेरिस में गुर्जिएफ़ से मिलने के बाद चिकित्सक केनेथ वॉकर की पत्नी द्वारा कही गई बात संक्षेप में व्यक्त करती है, “उन्होंने मुझ पर जो सबसे प्रमुख प्रभाव डाला, वह था अपार जीवन-शक्ति और संकेंद्रित सामर्थ्य का। मुझे ऐसा लगा कि वह वास्तव में मनुष्य नहीं बल्कि कोई जादूगर है।”

वास्तव में गुर्जिएफ़ एक प्रकार के जादूगर ही थे। इसमें कोई संदेह नहीं कि उनमें कुछ जादुई अथवा मानसिक शक्तियाँ थीं। लेकिन ऐसा लगता है कि वे स्वयं इन शक्तियों को अप्रासंगिक या महत्वहीन मानते थे। गुर्जिएफ़ की केंद्रीय चिंता मनुष्य की संभावनाओं को लेकर थी या अधिक सटीक रूप से कहें तो मानव चेतना की संभावनाओं को लेकर। उस्पेन्स्की ने इसे अपनी एक छोटी-सी पुस्तक “द साइकोलॉजी ऑफ़ मैन्स पॉसिबल इवोल्यूशन” (The Psychology of Man’s Possible Evolution) में बहुत स्पष्ट रूप से व्यक्त किया है। वे कहते हैं कि सामान्य मनोविज्ञान मनुष्य का अध्ययन उस रूप में करता है, जैसा वह वास्तव में है। लेकिन मनोविज्ञान का एक दूसरा प्रकार भी है, जो मनुष्य का अध्ययन “इस दृष्टि से नहीं करता कि वह क्या है या जैसा दिखाई देता है बल्कि इस दृष्टि से करता है कि वह क्या बन सकता है अर्थात उसकी संभावित विकास-यात्रा के दृष्टिकोण से।”

इस तरह व्यक्त करने पर यह विचार कुछ अस्पष्ट और सामान्य-सा लगता है। लेकिन गुर्जिएफ़ का दृष्टिकोण अत्यंत सटीक और विशिष्ट था।  उनके शिष्यों के लेखन में उनकी अपनी असाधारण शक्तियों के कार्य करने के अनेक विवरण मिलते हैं। फ्रिट्ज़ पीटर्स, जो बचपन से गुर्जिएफ़ को जानते थे, बताते हैं कि द्वितीय विश्वयुद्ध के तुरंत बाद जब वे पेरिस में गुर्जिएफ़ से मिलने गए तो क्या हुआ। युद्ध के अनुभवों ने पीटर्स को लगभग मानसिक तंत्रिका-विघटन की स्थिति तक पहुँचा दिया था। जिस क्षण गुर्जिएफ़ ने उन्हें देखा, उन्हें समझ में आ गया कि पीटर्स बीमार हैं।

“जब हम उनके अपार्टमेंट पहुँचे तो वे मुझे एक लंबे गलियारे से होते हुए एक अँधेरे शयनकक्ष में ले गए। उन्होंने बिस्तर की ओर संकेत किया, मुझे लेटने को कहा और बोले, “जब तक तुम्हें आवश्यकता हो, यह तुम्हारा कमरा है।” मैं बिस्तर पर लेट गया और वे कमरे से बाहर चले गए। लेकिन दरवाज़ा बंद नहीं किया। उन्हें देखकर मुझे इतनी जबरदस्त राहत और इतनी उत्तेजना महसूस हुई कि मैं बेकाबू होकर रोने लगा। फिर मेरे सिर में भयंकर दर्द होने लगा। मैं आराम नहीं कर पा रहा था। उठकर रसोई में गया, जहाँ मैंने उन्हें मेज़ पर बैठे पाया। मुझे देखते ही वे चिंतित हो गए और पूछा कि क्या हुआ है। मैंने कहा कि मुझे अपने सिरदर्द के लिए एस्पिरिन या कोई और दवा चाहिए। लेकिन उन्होंने सिर हिला दिया, खड़े हुए और रसोई की मेज़ के पास रखी दूसरी कुर्सी की ओर इशारा किया। उन्होंने दृढ़ता से कहा, “दवा नहीं। मैं तुम्हें कॉफ़ी देता हूँ। जितनी गरम हो सके, उतनी गरम पीना।” मैं मेज़ पर बैठ गया। उन्होंने कॉफ़ी गरम की और फिर मुझे लाकर दी। इसके बाद वे कमरे के उस पार जाकर फ्रिज के सामने खड़े हो गए और मुझे देखने लगे। मैं अपनी आँखें उनसे हटा ही नहीं पा रहा था और मैंने महसूस किया कि वे बेहद थके हुए दिखाई दे रहे थे। इतने थके हुए व्यक्ति को मैंने पहले कभी नहीं देखा था। मुझे याद है, मैं मेज़ पर झुका हुआ कॉफ़ी की चुस्कियाँ ले रहा था कि तभी मुझे अपने भीतर ऊर्जा का एक अजीब-सा उभार महसूस हुआ। मैंने उन्हें देखा, अपने-आप सीधा होकर बैठ गया और ऐसा लगा मानो उनके शरीर से एक तीव्र विद्युत-नीली रोशनी निकलकर मेरे भीतर प्रवेश कर रही हो। जैसे ही ऐसा हुआ, मुझे महसूस हुआ कि मेरी सारी थकान बाहर निकल रही है। लेकिन उसी क्षण उनका शरीर झुक गया और उनका चेहरा धूसर पड़ गया, मानो उनके शरीर से जीवन-शक्ति ही खींच ली गई हो। मैंने उन्हें आश्चर्य से देखा। जब उन्होंने मुझे सीधा बैठा हुआ, मुस्कराता और ऊर्जा से भरा देखा, तो उन्होंने जल्दी से कहा, “अब तुम ठीक हो। चूल्हे पर रखे खाने का ध्यान रखना। मुझे जाना होगा।” उनकी आवाज़ में कुछ अत्यंत तत्क्षण और जरूरी-सा था। मैं उनकी मदद करने के लिए झट से खड़ा हो गया। लेकिन उन्होंने हाथ के इशारे से मुझे रोक दिया और धीरे-धीरे लँगड़ाते हुए कमरे से बाहर चले गए।

ऐसा प्रतीत होता था कि गुर्जिएफ़ ने किसी मानसिक अनुशासन के माध्यम से किसी तरह अपनी जीवन-ऊर्जा पीटर्स में प्रवाहित कर दी थी या फिर किसी प्रकार पीटर्स के भीतर स्थित जीवन-शक्ति के स्रोत को स्पर्श कर दिया था। जो भी हुआ हो, उसका परिणाम यह हुआ कि गुर्जिएफ़ स्वयं की ऊर्जा से खाली हो गए। पीटर्स कहते हैं, “मुझे पूरा विश्वास हो गया था कि वह अपने भीतर से दूसरों तक ऊर्जा पहुँचाना जानते थे और मुझे यह भी विश्वास हो गया था कि ऐसा करना उनके लिए बहुत बड़ी कीमत पर ही संभव था।” इसके बाद जो हुआ, वह भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

अगले कुछ ही मिनटों में यह भी स्पष्ट हो गया कि वे अपनी ऊर्जा को बहुत तेजी से फिर से प्राप्त करना जानते थे। जब वे दोबारा रसोई में आए तो उन्हें देखकर मैं हैरान रह गया। वे फिर से एक युवा व्यक्ति जैसे दिखाई दे रहे थे... सतर्क, मुस्कराते हुए, कुछ शरारती और प्रसन्नचित्त। उन्होंने कहा कि यह मुलाकात बहुत सौभाग्यपूर्ण रही और यह कि मैंने उन्हें लगभग असंभव प्रयास करने के लिए विवश कर दिया था। लेकिन जैसा कि मैंने स्वयं देखा था यह हम दोनों के लिए बहुत अच्छी बात साबित हुई थी।

गुर्जिएफ़ की टिप्पणी अत्यंत महत्वपूर्ण है। जब पीटर्स पहली बार उनके अपार्टमेंट में आया था, तब वह थके हुए दिखाई दे रहे थे, “मैंने कभी किसी को इतना थका हुआ नहीं देखा था।” उन्होंने पीटर्स को अपनी जीवन-शक्ति प्रदान करने का प्रयास किया, जिससे वे स्वयं और भी अधिक थक गए। और फिर, पंद्रह मिनट के भीतर ही वे पूरी तरह तरोताज़ा और ऊर्जावान हो गए। इसका संकेत बिल्कुल स्पष्ट है। ऐसा लगता है कि गुर्जिएफ़ स्वयं यह भूल चुके थे कि उनमें अपनी ऊर्जा को फिर से जागृत करने की शक्ति है और फ्रिट्ज़ पीटर्स की अत्यधिक थकान ने उन्हें एक बहुत बड़ा प्रयास करने के लिए विवश कर दिया। पीटर्स के आने से पहले गुर्जिएफ़ अपनी थकान को एक स्वाभाविक और अपरिहार्य चीज़ मानकर स्वीकार कर रहे थे। लेकिन पीटर्स में ऊर्जा प्रवाहित करने से उन्हें यह याद आया कि वे किसी तरह जीवन-शक्ति के स्रोत तक पहुँच सकते हैं और अपनी ऊर्जा को फिर से जगा सकते हैं। इसीलिए उन्होंने पीटर्स से कहा था कि यह मुलाकात उन दोनों के लिए सौभाग्यपूर्ण थी।

यह कहानी हमें ठीक-ठीक समझने में मदद करती है कि केनेथ वॉकर की पत्नी ने गुर्जिएफ़ को जादूगर क्यों समझा था। साथ ही, इससे यह भी स्पष्ट होता है कि उनकी “जादुई” शक्तियाँ उस प्रकार की नहीं थीं, जैसी हम कुख्यात तांत्रिकों या जादूगरों जैसे, मैडम ब्लावात्स्की या एलीस्टर क्रॉली से जोड़ते हैं। मैडम ब्लावात्स्की के बारे में ऐसी कहानियाँ मिलती हैं कि वे पूरे कमरे में अलग-अलग जगहों से खटखटाने जैसी आवाज़ें उत्पन्न कर देती थीं। क्रॉली के बारे में कहा गया है कि वे किसी तरह लोगों को चारों हाथ-पैरों पर चलने और कुत्तों की तरह हुआँ-हुआँ करने के लिए विवश कर देते थे। लेकिन उनके बारे में ऐसी कोई घटना नहीं मिलती जिसमें उन्होंने किसी व्यक्ति पर गुर्जिएफ़ जैसा पूर्णतः स्फूर्तिदायक प्रभाव डाला हो। यह मान लेना भी आवश्यक नहीं है कि गुर्जिएफ़ ने किसी प्रकार के टेलीपैथिक ऊर्जा-हस्तांतरण द्वारा पीटर्स को पुनर्जीवित किया था। कोई मनोवैज्ञानिक शायद यह तर्क देगा कि उन्होंने यह काम किसी प्रकार के सुझाव (suggestion) द्वारा किया था।

जहाँ तक गुर्जिएफ़ की अपनी ऊर्जा को पुनः प्राप्त करने की क्षमता का प्रश्न है, उसके मूल तत्व को उन्नीसवीं शताब्दी के मनोवैज्ञानिक समझ चुके थे। फ्रायड और युंग के युग से भी कई दशक पहले। विलियम जेम्स ने अपने एक महत्वपूर्ण निबंध ‘दि एनर्जीज ऑफ मैन’ (The Energies of Man) में इस विषय पर चर्चा की है।

हर व्यक्ति इस अनुभव से परिचित है कि अलग-अलग दिनों में हम स्वयं को कम या अधिक जीवंत महसूस करते हैं। हर व्यक्ति जानता है कि किसी भी दिन हमारे भीतर कुछ ऐसी ऊर्जाएँ सुप्त अवस्था में पड़ी रहती हैं, जिन्हें उस दिन की परिस्थितियाँ जागृत नहीं कर पातीं। लेकिन यदि परिस्थितियाँ अधिक प्रेरक हों तो हम उन ऊर्जाओं को प्रकट कर सकते हैं। हममें से अधिकांश को ऐसा लगता है, मानो हमारे ऊपर किसी प्रकार का बादल छाया हुआ है, जो हमें स्पष्ट समझ, तर्क में दृढ़ता और निर्णय लेने की क्षमता के अपने उच्चतम स्तर तक पहुँचने से रोक रहा है। हमें जितना होना चाहिए, उसकी तुलना में हम केवल आधे जागे हुए होते हैं। हमारी आंतरिक अग्नि धीमी पड़ गई है, हमारी ऊर्जा का प्रवाह रुक गया है। हम अपनी संभावित मानसिक और शारीरिक क्षमताओं के केवल एक छोटे-से हिस्से का उपयोग कर रहे हैं। कुछ लोगों में अपनी वास्तविक क्षमताओं से कटे होने की यह अनुभूति इतनी तीव्र होती है कि तब वे उन गंभीर न्यूरैस्थेनिक (neurasthenic) और साइकेस्थेनिक (psychasthenic) अवस्थाओं से ग्रस्त हो जाते हैं, जिनका वर्णन अनेक चिकित्सा-पुस्तकों में मिलता है। ऐसी अवस्थाएँ जिनमें पूरा जीवन ही असंभवताओं का एक जाल बन जाता है।  

व्यापक रूप से कहें तो मनुष्य अपनी वास्तविक सीमाओं से बहुत नीचे रहकर जीवन जीता है। उसके भीतर विभिन्न प्रकार की ऐसी शक्तियाँ होती हैं, जिनका वह आदतन उपयोग नहीं करता। वह अपनी अधिकतम क्षमता से कम ऊर्जा लगाता है और अपनी सर्वोत्तम क्षमता से कम स्तर पर व्यवहार करता है। बुनियादी क्षमताओं में, उनके समन्वय में, अपनी प्रतिक्रियाओं को रोकने और नियंत्रित करने की शक्ति में हर संभव अर्थ में उसका जीवन सिकुड़ जाता है, ठीक वैसे जैसे हिस्टीरिया से पीड़ित व्यक्ति का दृष्टिक्षेत्र सिकुड़ जाता है। लेकिन हमारे मामले में इसका बहाना भी कम है क्योंकि वह बेचारा हिस्टीरिया-ग्रस्त व्यक्ति तो रोग से पीड़ित है। जबकि हममें से बाकी लोगों में समस्या केवल एक जड़ जमाई हुई आदत है। अपने पूर्ण स्वरूप की तुलना में स्वयं को कमतर मानने और उसी स्तर पर जीने की आदत।

जेम्स इस शक्ति का उदाहरण ‘सेकंड विंड’ (‘second wind’) की प्रसिद्ध घटना से देते हैं। जब हम कोई काम पूरा कर रहे होते हैं तो जैसे ही हमें थकान महसूस होती है अर्थात जैसे ही हम थकान की पहली परत से टकराते हैं, हम सामान्यतः रुक जाने के आदी होते हैं। लेकिन यदि हम स्वयं को आगे बढ़ने के लिए मजबूर करें तो एक आश्चर्यजनक घटना घटती है। एक सीमा तक थकान बढ़ती जाती है, फिर अचानक गायब हो जाती है और हम पहले से बेहतर महसूस करने लगते हैं। वे यह भी बताते हैं कि उन्नीसवीं शताब्दी में न्यूरैस्थेनिया के रोगियों के उपचार की एक सामान्य विधि यह थी कि रोगियों को सामान्य से अधिक प्रयास करने के लिए लगभग डाँटकर या दबाव डालकर तैयार किया जाता था। “पहले अत्यधिक कष्ट आता है, फिर अप्रत्याशित राहत मिलती है।” और वे आगे कहते हैं, “हम थकान की उन अवस्थाओं के कारण रुक जाते हैं, जिनका पालन करना हमने केवल आदत के कारण सीख लिया है।”

इस वाक्य में जेम्स ने गुरजिएफ़ के जीवन-कार्य के सार को परिभाषित कर दिया है।  यह सच है कि गुर्जिएफ़ के विचार मनोविज्ञान, दर्शन, ब्रह्मांड-विज्ञान और यहाँ तक कि रसायनविद्या तक के एक विशाल क्षेत्र को समेटते हैं। लेकिन उनके पूरे कार्य के केंद्र में यह विचार है कि हमारे भीतर हमारी कल्पना से कहीं अधिक शक्तियाँ मौजूद हैं और हमारी दिखाई देने वाली सीमाएँ एक विशेष प्रकार की आलस्यपूर्ण प्रवृत्ति के कारण हैं। यह आलस्य इतना आदतन हो गया है कि अंततः वह एक यांत्रिक व्यवस्था (mechanism) में बदल गया है।

तो इस व्यवस्था को नियंत्रित या निष्क्रिय कैसे किया जाए? विलियम जेम्स अपने जीवन-शक्ति के भंडार पर लिखे निबंध में बताते हैं कि हम अपनी गहरी शक्तियों का उपयोग तब करते हैं जब हमें किसी संकट से या किसी गहरे तात्कालिक उद्देश्य-बोध से प्रेरणा मिलती है। वे कर्नल बेयर्ड-स्मिथ का उदाहरण देते हैं, जो 1857 में भारतीय विद्रोहियों द्वारा दिल्ली की छह सप्ताह की घेराबंदी के दौरान उसकी रक्षा के प्रभारी थे। उनका मुँह घावों से भरा हुआ था और उनका पूरा शरीर भी घावों से ढका था। उनका घायल टखना काला पड़ चुका था और उसमें सड़न पैदा हो गई थी। दस्त ने उन्हें लगभग हड्डियों का ढाँचा बना दिया था। वे भोजन नहीं कर सकते थे और लगभग पूरी तरह ब्रांडी के सहारे जीवित थे। फिर भी ऐसा लगता था कि इन सबका उन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा था। संकट अर्थात महिलाओं और बच्चों के जीवन की रक्षा करने की आवश्यकता ने उन्हें इतनी संकेंद्रित दृढ़ता की अवस्था में रखा कि वे पूरी घेराबंदी के दौरान सतर्क और ऊर्जावान बने रहे। स्पष्टतः उन्होंने वही किया जो गुर्जिएफ़ ने फ्रिट्ज़ पीटर्स को रसोई में छोड़ते समय किया था, अपने भीतर गहराई में जाकर अपनी जीवन-शक्ति के भंडार को जागृत कर लिया।

वास्तव में, जान-बूझकर प्रेरणा, उत्तेजना, यहाँ तक कि संकट की तलाश करना उस “हम पर कोई बादल छाया हुआ है” वाली अनुभूति से बाहर निकलने के हमारे पसंदीदा मानवीय उपायों में से एक है। एक उदास गृहिणी अपने लिए नई टोपी खरीदने चली जाती है। एक ऊबा हुआ आदमी शराब पीकर नशे में हो जाता है। एक असंतुष्ट किशोर कार चुरा लेता है या फुटबॉल मैच में पीतल के मुक्के (knuckledusters) लेकर पहुँच जाता है। सामान्यतः किसी व्यक्ति में उपलब्धियों की जितनी अधिक संभावनाएँ होती हैं, उतना ही अधिक वह उस अनुभूति का विरोध करता है कि वह अपनी वास्तविक क्षमताओं से “कट गया” है। शॉ के नाटक में कैप्टन शोटोवर ऐली डन को कहते हैं, “तुम्हारी उम्र में मैं कठिनाइयों, खतरे, भय और मृत्यु की तलाश करता था ताकि अपने भीतर के जीवन को अधिक तीव्रता से महसूस कर सकूँ।” यही प्रेरणा, उदाहरण के लिए, अर्नेस्ट हेमिंग्वे को बड़े शिकार करने, बुलफाइटिंग में जाने और युद्ध संवाददाता के रूप में काम करने के लिए इतना समय बिताने के लिए प्रेरित करती थी।

अपनी ही आलस्यपूर्ण जड़ता के बंधनों को तोड़ने की यह इच्छा कभी-कभी मनुष्यों को ऐसे व्यवहार की ओर भी ले जाती है, जो स्पष्टतः उनके अपने हितों के विरुद्ध होता है। वान गॉग ने कला-विक्रेता की आरामदायक नौकरी छोड़ दी और बेल्जियम के खदान-मज़दूरों के बीच एक सामान्य धर्म-प्रचारक बन गया। लॉरेंस ऑफ़ अरेबिया ने सरकार की आरामदायक नौकरियाँ ठुकराकर आर.ए.एफ. में एक साधारण विमानकर्मी बनना स्वीकार किया। दार्शनिक विट्गेंश्टाइन ने विरासत में मिली अपनी संपत्ति बाँट दी और कम वेतन वाले स्कूल-शिक्षक बन गए। इन “बाहरी लोगों” को अपने भीतर की जड़ता और ठहराव से बाहर निकलने की आवश्यकता प्रेरित कर रही थी। उनका उद्देश्य था उस “आदतन तंत्रिका-विकार” (habit neurosis) अर्थात “अपने पूर्ण स्वरूप की तुलना में स्वयं को कमतर मानने की आदत,” से छुटकारा पाना।

लेकिन जान-बूझकर खतरे या असुविधा की तलाश करने में स्पष्ट रूप से कुछ बेतुकापन भी है क्योंकि हम अपने जीवन का इतना बड़ा हिस्सा इनसे बचने में ही लगा देते हैं। निश्चित ही हमारी जीवन-शक्ति के भंडार तक पहुँचने के दूसरे रास्ते भी होने चाहिए। ऐसा नहीं कि हमें हर बार अपनी जान जोखिम में डालनी पड़े या कीलों से भरे बिस्तर पर सोना पड़े। मसलन, यह स्पष्ट है कि स्वयं संकट जीवन-शक्ति का प्रवाह पैदा नहीं करता। बल्कि संकट के प्रति हमारी प्रतिक्रिया ऐसा करती है। ऐसा लगता है मानो हमारे भीतर की कोई आवाज़ आदेश देती है और हमारे अंदर कोई चीज़ अचानक सावधान होकर सक्रिय हो जाती है। कर्नल बेयर्ड-स्मिथ की विद्रोह के प्रति प्रतिक्रिया यह थी कि उन्होंने स्वयं को आदेश दिया कि वे आगे बढ़ते रहें, दर्द और भूख को अनदेखा करें और तब तक टिके रहें जब तक संकट नियंत्रण में न आ जाए। विद्रोह ने केवल उनमें परिस्थिति की गंभीरता का बोध पैदा किया था और उसी गंभीरता के प्रति उनकी “जीवन-शक्ति के भंडार” ने प्रतिक्रिया की। यदि कोई व्यक्ति स्वयं अपने भीतर परिस्थिति की गंभीरता तथा प्रयास की आवश्यकता का ऐसा बोध पैदा कर सके तो उसे अपनी ऊर्जा जगाने के लिए किसी भारतीय विद्रोह की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए।

यह कैसे किया जाए? गुर्जिएफ़ के अनुसार इसका उत्तर दो भागों में है। पहला, मनुष्य को अपनी सामान्य सीमाओं से बाहर निकलने के कार्य के प्रति पूरी तरह और संपूर्ण रूप से स्वयं को समर्पित करना होगा। इसके लिए उसी प्रकार की प्रतिबद्धता चाहिए, जिसने संतों को खंभों के ऊपर बैठने तक के लिए प्रेरित किया था। दूसरा, उसे उस जटिल “कंप्यूटर” की कार्यप्रणाली को कुछ हद तक समझना होगा, जिसमें मानव आत्मा निवास करती है। गुर्जिएफ़ की मृत्यु कंप्यूटर के युग से पहले हो गई थी, इसलिए वे इसके लिए मशीन (machine) शब्द का इस्तेमाल करते थे। लेकिन निस्संदेह उन्हें “computer” शब्द अधिक सुविधाजनक और सटीक लगता। “मशीन को समझो।” यह शरीर एक कंप्यूटर है। यह मस्तिष्क भी एक कंप्यूटर है। सभी कंप्यूटरों की तरह इनमें भी हमारी माँग से कहीं अधिक व्यापक प्रकार की प्रतिक्रियाएँ देने की क्षमता है। लेकिन व्यापक प्रतिक्रियाएँ तभी प्राप्त की जा सकती हैं जब हम उनकी कार्यप्रणाली को अच्छी तरह समझें।

इन दो उद्देश्यों में से पहले को प्राप्त करने के लिए गुर्जिएफ़ की विधि सरल थी। वे अपने शिष्यों से असाधारण स्तर की प्रतिबद्धता की माँग करते थे। जब ग्यारह वर्षीय फ्रिट्ज़ पीटर्स ने उनसे कहा कि वह “मनुष्य के बारे में सब कुछ” जानना चाहता है तो गुर्जिएफ़ ने बड़ी तीव्रता से पूछा, “क्या तुम मेरे लिए एक काम करने का वादा कर सकते हो?” पीटर्स के हाँ कहने पर गुर्जिएफ़ ने शातो दु प्रीएरे के विशाल लॉन की ओर इशारा किया और उससे कहा कि उसे सप्ताह में एक बार उन सभी लॉनों की घास काटनी होगी।

उन्होंने दूसरी बार अपनी मुट्ठी मेज़ पर मारी। “तुम्हें अपने ईश्वर की शपथ लेकर वादा करना होगा।” उनकी आवाज़ बेहद गंभीर थी। “तुम्हें मुझसे वादा करना होगा कि चाहे कुछ भी हो जाए... तुम यह काम करोगे। चाहे कोई तुम्हें रोकने की कोशिश करे, फिर भी तुम्हें इसे करना होगा।” पीटर्स आगे कहते हैं, “यदि आवश्यक होता तो मैं लॉन काटते-काटते मर जाता।” वास्तव में, गुर्जिएफ़ ने इसके बाद उसे लगातार अधिक-से-अधिक कठिन काम कराया। यहाँ तक कि वह चार दिनों में सारे लॉन की घास काटने लगा।

यह सिद्धांत कुछ-कुछ कमांडो प्रशिक्षण जैसा है। प्रशिक्षु को लगातार अधिक कठिन बाधाओं का सामना करने के लिए तैयार किया जाता है, यहाँ तक कि वह पीठ के बल चट्टानों से नीचे उतर सके और नाश्ते में काँटेदार तार खा सके। यही गुर्जिएफ़ की विधि का आधार था। लेकिन इसका उद्देश्य केवल शक्ति और सतर्कता विकसित करना नहीं था। गुर्जिएफ़ अपने शिष्यों को यह भी सिखाना चाहते थे कि वे आदतों को विकसित न करें। आदत तब पैदा होती है जब हम किसी काम को यांत्रिक ढंग से करते हैं और हमारा मन कहीं और होता है। गुर्जिएफ़ के शिष्यों को कठिन परिश्रम कराया जाता था। लेकिन यह अत्यंत महत्वपूर्ण था कि वे माइंडफुलनेस (mindfulness) यानी सजगता और तीव्र जागरूकता बनाए रखें।

अपने जीवन के अपेक्षाकृत शुरुआती दौर में जिस पर हम अगले अध्याय में विस्तार से विचार करेंगे, गुर्जिएफ़ का परिचय पूर्वी प्रकार के कुछ ऐसे नृत्यों से हुआ, जिनमें असाधारण रूप से जटिल शारीरिक गतियाँ करनी पड़ती थीं। जो व्यक्ति एक हाथ से सिर थपथपाने और दूसरे हाथ से पेट रगड़ने की कोशिश करता है, वह जानता है कि यह कितना कठिन है। गुर्जिएफ़ ने ऐसे नृत्य तैयार किए जिनमें विद्यार्थी को दोनों हाथों के साथ-साथ दोनों पैरों और सिर से भी अलग-अलग क्रियाएँ करनी पड़ती थीं। बाद में ये नृत्य “कार्य” अर्थात द वर्क (the Work) के प्रशिक्षण का एक मूलभूत हिस्सा बन गए। इनका उद्देश्य शरीर की संभावनाओं की सीमा को विस्तृत करना था जिसे गुर्जिएफ़ मूविंग सेंटर (moving centre - गतिशील केंद्र) कहते थे। यह सच है कि ये नृत्य या “movements” स्वयं भी आदत में बदल सकते थे। लेकिन कुछ परिस्थितियों में वे चेतना की नई अवस्थाएँ उत्पन्न करने में आश्चर्यजनक रूप से प्रभावशाली हो सकते थे।  इसका एक अत्यंत प्रभावशाली उदाहरण जे. जी. बेनेट की आत्मकथा विटनेस (Witness) में मिलता है, जिसमें 1923 में फॉन्टेनब्लो (प्रीएरे) में गुर्जिएफ़ के साथ बेनेट के अनुभव का वर्णन है।

बेनेट पूर्व में रहते हुए हुई पेचिश से पीड़ित थे। वे लिखते हैं:

हर सुबह बिस्तर से उठना और अधिक कठिन होता जा रहा था और धूप की गर्मी में भारी काम करने से मेरा शरीर पीछे हटने लगा था। लगातार दस्त ने मुझे बहुत कमजोर कर दिया था, लेकिन किसी तरह मैं काम करता रहा।

अंततः एक दिन ऐसा आया जब मैं बिल्कुल खड़ा नहीं हो सकता था। बुखार से मैं काँप रहा था और स्वयं को बहुत दयनीय महसूस कर रहा था। मुझे लग रहा था कि मैं असफल हो गया हूँ। ठीक उसी समय जब मैं अपने आप से कह रहा था, “आज मैं बिस्तर पर ही रहूँगा,” मुझे लगा कि मेरा शरीर स्वयं उठ रहा है। मैंने कपड़े पहने और हमेशा की तरह काम पर चला गया, लेकिन इस बार मुझे एक विचित्र अनुभूति हो रही थी, मानो मुझे किसी ऐसी श्रेष्ठ इच्छा-शक्ति ने संभाल रखा हो, जो मेरी अपनी नहीं थी। हमने पूरी सुबह हमेशा की तरह काम किया। उस दिन मैं दोपहर का भोजन नहीं कर सका, लेकिन जमीन पर लेट गया और सोचने लगा कि कहीं मैं मर तो नहीं जाऊँगा। गुर्जिएफ़ ने अभी-अभी दोपहर के समय लिंडन वृक्षों के झुरमुट के नीचे खुले में व्यायाम करने की प्रथाएँ शुरू की थीं। जब विद्यार्थी उन पेड़ों के नीचे इकट्ठा होने लगे, तो मैं भी उनके साथ जा मिला।

हमने एक नए और अविश्वसनीय रूप से जटिल व्यायाम से शुरुआत की, जिसे सबसे अनुभवी रूसी विद्यार्थी भी ठीक से नहीं कर पा रहे थे। व्यायाम की संरचना को बोर्ड पर प्रतीकों के माध्यम से बनाया गया था और सिर, पैर, हाथ तथा धड़ को स्वतंत्र क्रमों का पालन करना था। यह हम सभी के लिए एक यातना थी।

शीघ्र ही मुझे संगीत और अपनी कमजोरी के अलावा किसी और चीज़ का बोध होना बंद हो गया। मैं बार-बार अपने आप से कह रहा था, “अगले बदलाव पर मैं रुक जाऊँगा।” एक-एक करके सभी अंग्रेज़ विद्यार्थी अभ्यास से बाहर होते गए और अधिकांश रूसी महिलाएँ भी।

गुर्जिएफ़ गंभीरता से खड़े होकर देख रहे थे। समय ने पहले और बाद का अपना अर्थ खो दिया था। न अतीत था, न भविष्य। केवल वर्तमान की वह पीड़ा थी जिसमें मुझे अपने शरीर को चलाना पड़ रहा था। धीरे-धीरे मुझे एहसास हुआ कि गुर्जिएफ़ अपना पूरा ध्यान मुझ पर केंद्रित किए हुए हैं। उनकी ओर से एक मौन माँग थी, जो उसी समय प्रोत्साहन भी थी और एक वचन भी, मुझे हार नहीं माननी है चाहे यह यह मुझे मार ही क्यों न डाले।

अचानक मैं एक अपार शक्ति के प्रवाह से भर गया। मेरा शरीर मानो प्रकाश में बदल गया था। सामान्य ढंग से मुझे अपने शरीर की उपस्थिति का एहसास ही नहीं हो रहा था। न कोई प्रयास था, न पीड़ा, न थकान, यहाँ तक कि भार का भी कोई एहसास नहीं था। मेरी अवस्था ऐसी आनंदमय थी, जैसी मैंने पहले कभी अनुभव नहीं की थी।

यह यौन मिलन की परमानंद-अवस्था से बिल्कुल अलग थी क्योंकि यह पूरी तरह शरीर से मुक्त और उससे निरपेक्ष थी। यह उस विश्वास की उल्लासपूर्ण अनुभूति थी, जो पर्वतों को भी हिला सकता है। सभी लोग चाय पीने के लिए घर के भीतर चले गए, लेकिन मैं विपरीत दिशा में रसोई के बगीचे की ओर चला गया। वहाँ मैंने एक फावड़ा उठाया और खुदाई शुरू कर दी। धरती खोदना हमारी शारीरिक प्रयास-क्षमता की एक कठोर परीक्षा है। एक मजबूत व्यक्ति थोड़े समय के लिए बहुत तेज़ी से खोद सकता है या लंबे समय तक धीरे-धीरे खोद सकता है, लेकिन कोई भी व्यक्ति चाहे उसने कितना भी असाधारण प्रशिक्षण क्यों न लिया हो लंबे समय तक तेज़ गति से खुदाई करने के लिए अपने शरीर को विवश नहीं कर सकता। मुझे अपने भीतर आई उस शक्ति की परीक्षा लेने की आवश्यकता महसूस हुई और मैंने दोपहर की भीषण गर्मी में एक घंटे से अधिक समय तक ऐसी गति से खुदाई की, जिसे मैं सामान्यतः दो मिनट तक भी बनाए नहीं रख सकता था। मेरा कमजोर, विद्रोह करता और पीड़ा से भरा शरीर अब मजबूत और आज्ञाकारी हो गया था। दस्त बंद हो गए थे और कई दिनों से मेरे पेट में जो लगातार कुतरता हुआ दर्द था, वह भी समाप्त हो गया था। इसके अलावा, मुझे विचारों की ऐसी स्पष्टता का अनुभव हुआ, जो मैंने इससे पहले केवल अनायास और कभी-कभार ही जानी थी। “मेरी मानसिक आँखों के सामने” इस वाक्यांश का मेरे लिए एक नया अर्थ हो गया था। मैं जिन चीज़ों को देख रहा था, पेड़, नहर में बहता पानी और यहाँ तक कि फावड़ा, उनमें से प्रत्येक की शाश्वत संरचना को मैं मानो “देख” पा रहा था। और अंत में अपने शरीर को भी। मुझे याद है कि मैंने ऊँची आवाज़ में कहा था, “अब मैं समझता हूँ कि ईश्वर स्वयं को हमसे क्यों छिपाता है।” लेकिन आज भी मुझे उस विस्मयकारी कथन के पीछे की अंतर्दृष्टि याद नहीं है।

बेनेट जंगल में टहलने चले गए और उनकी मुलाकात गुर्जिएफ़ से हुई। गुर्जिएफ़ ने मनुष्य के लिए स्वयं को बदलने हेतु आवश्यक “उच्चतर भावनात्मक ऊर्जा” (higher emotional energy) की आवश्यकता के बारे में बात करना शुरू किया। उन्होंने आगे कहा, “दुनिया में कुछ लोग ऐसे हैं, लेकिन वे बहुत दुर्लभ हैं, जो इस ऊर्जा के किसी महान भंडार या संचयक (Great Reservoir or Accumulator) से जुड़े हुए हैं... जो लोग इस ऊर्जा को प्राप्त कर सकते हैं, वे दूसरों की सहायता करने का माध्यम बन सकते हैं।” संकेत स्पष्ट था कि गुर्जिएफ़ स्वयं ऐसे व्यक्ति थे और उन्होंने बेनेट को उसके रहस्यमय अनुभव के लिए आवश्यक ऊर्जा “प्रदान” की थी। उन्होंने आगे कहा, “आज तुम्हें जो मिला है, वह तुम्हारे लिए संभव चीज़ों की केवल एक झलक है। अब तक तुम इन चीज़ों के बारे में केवल सैद्धांतिक रूप से जानते थे, लेकिन अब तुम्हारे पास इनका प्रत्यक्ष अनुभव है।”

     बेनेट जंगल में आगे बढ़ गए, लेकिन उनके अनुभव का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा अभी बाकी था।

उस्पेन्स्की का एक व्याख्यान मेरे मन में आया। उन्होंने उन बहुत संकीर्ण सीमाओं के बारे में बात की थी, जिनके भीतर हम अपने कार्यों को नियंत्रित कर सकते हैं। फिर उन्होंने कहा था, “यह आसानी से सत्यापित किया जा सकता है कि अपनी भावनाओं पर हमारा कोई नियंत्रण नहीं है। कुछ लोग सोचते हैं कि वे जब चाहें क्रोधित या प्रसन्न हो सकते हैं, लेकिन कोई भी व्यक्ति यह सत्यापित कर सकता है कि वह अपनी इच्छा से ‘आश्चर्यचकित’ नहीं हो सकता।” उन शब्दों को याद करते हुए मैंने अपने आप से कहा, “मैं आश्चर्यचकित होऊँगा।” और उसी क्षण मैं विस्मय से अभिभूत हो गया. न केवल अपनी अवस्था को लेकर, बल्कि जिस चीज़ को भी मैं देख रहा था या जिसके बारे में सोच रहा था, हर चीज़ को लेकर। हर पेड़ अपने आप में इतना विशिष्ट था कि मुझे लगा मैं हमेशा के लिए जंगल में घूमता रह सकता हूँ और फिर भी आश्चर्य करना कभी समाप्त नहीं होगा। फिर मेरे मन में “भय” का विचार आया। तुरंत मैं आतंक से काँपने लगा। अनाम भयावहताएँ मुझे चारों ओर से धमकाने लगीं। मैंने “आनंद” के बारे में सोचा और महसूस किया कि मेरा हृदय उल्लास से फट जाएगा। फिर “प्रेम” शब्द मेरे मन में आया और मैं कोमलता तथा करुणा की इतनी सूक्ष्म अनुभूतियों से भर गया कि मुझे समझ में आया कि प्रेम की गहराई और विस्तार का मुझे दूर-दूर तक कोई अंदाज़ा नहीं था। प्रेम हर जगह था और हर चीज़ में था। वह आवश्यकता की प्रत्येक सूक्ष्म छाया के अनुरूप स्वयं को अनंत रूप से ढाल सकता था। कुछ समय बाद यह मेरे लिए बहुत अधिक हो गया। मुझे लगा कि यदि मैं प्रेम के रहस्य में इससे अधिक गहराई तक उतर गया तो मेरा अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा। मैं इस शक्ति से मुक्त होना चाहता था। उस शक्ति से, जिसके द्वारा मैं अपनी इच्छा के अनुसार कोई भी भावना अनुभव कर सकता था। और उसी क्षण वह शक्ति मुझसे चली गई।

बेनेट ने स्पष्टतः “Great Reservoir or Accumulator” अर्थात् “महान ऊर्जा-भंडार या ऊर्जा-संचयक” के बारे में गुर्जिएफ़ की बात को बहुत महत्व दिया। लेकिन जो व्यक्ति गुर्जिएफ़ के विचारों के सार को समझने का प्रयास कर रहा हो, उसके लिए इससे भी अधिक महत्वपूर्ण बात यह है कि बेनेट ने अपनी भावनाओं पर इतना पूर्ण नियंत्रण प्राप्त कर लिया था। क्योंकि यही हमारी केंद्रीय मानवीय समस्या है, हम लगभग लगातार अपनी भावनाओं के शिकार बने रहते हैं। हम भीतर की एक ऐसी उतार-चढ़ाव भरी सवारी पर लगातार ऊपर-नीचे होते रहते हैं। भावनाओं पर हमारा कुछ नियंत्रण अवश्य है। हम अपने विचारों या भावनाओं को इस तरह निर्देशित कर सकते हैं कि उन्हें और अधिक तीव्र बना दें। यही निस्संदेह मनुष्य की सबसे उल्लेखनीय विशेषता है— कल्पना। जानवरों को अपनी अनुभूति उत्पन्न करने के लिए वास्तविक भौतिक उद्दीपन की आवश्यकता होती है। लेकिन मनुष्य किसी पुस्तक में या दिवास्वप्न में पीछे हट सकता है और भौतिक संसार से स्वतंत्र होकर कुछ अनुभवों को जी सकता है। उदाहरण के लिए, वह किसी यौन अनुभव की केवल कल्पना कर सकता है और न केवल उससे संबंधित सभी शारीरिक प्रतिक्रियाओं को महसूस कर सकता है बल्कि यहाँ तक कि यौन चरमोत्कर्ष का अनुभव भी कर सकता है। ऐसी विचित्र क्षमता किसी भी जानवर की क्षमता से बहुत आगे की बात है।

फिर भी कल्पना के हमारे अनुभव से हमें यह विश्वास होता है कि अपने स्वभाव के कारण वह “वास्तविक” अनुभव की केवल एक धुँधली-सी नकल भर हो सकती है। और इस अचेतन धारणा के परिणाम हमारी कल्पना से कहीं अधिक व्यापक हैं। इसका अर्थ यह है कि हम यह मान लेते हैं कि भौतिक वास्तविकता की दुनिया की तुलना में मन की दुनिया बहुत घटिया या द्वितीय श्रेणी की चीज़ है... एक तरह का छलावा, एक काल्पनिक दुनिया। इसलिए जब हमारा सामना किसी पीड़ादायक भावना या किसी शारीरिक समस्या से होता है तो हमारी स्वाभाविक प्रवृत्ति पीछे हट जाने और हार मान लेने की होती है। हम केवल थकान की उन अवस्थाओं के सामने ही नहीं रुक जाते, जिनका पालन करना हमने आदत के कारण सीख लिया है बल्कि आत्म-दया और ऊब की कुछ निश्चित अवस्थाएँ भी हमें रोक देती हैं। बेनेट का अनुभव संकेत देता है कि यदि हम केवल पर्याप्त प्रयास करें तो हम अपनी भावनाओं पर ऐसी मात्रा में नियंत्रण प्राप्त कर सकते हैं, जो वर्तमान समय में हमें चमत्कारी प्रतीत होगी। उपन्यासकार प्रूस्त ने कुछ सेकंड के लिए अपने अतीत की वास्तविकता के प्रति अत्यंत तीव्र चेतना का अनुभव किया था। उन्होंने इसका वर्णन स्वानस वे (Swann’s Way) में किया है और अपने शेष जीवन को उस विचित्र शक्ति को फिर से खोजने की कोशिश में लगा दिया। लेकिन ऐसी झलक तो उस प्रकार के नियंत्रण का केवल एक गौण परिणाम होती, जैसा नियंत्रण बेनेट ने अनुभव किया था। यदि हम इस बात को सचेत रूप से जान लें, यदि हमें यह एहसास हो जाए कि हमें इतनी जल्दी और इतनी आसानी से अपनी सीमा तक पहुँचकर टूट जाने के लिए बनाया ही नहीं गया है तो इससे मनुष्य का अपने जीवन और उसकी समस्याओं के प्रति पूरा दृष्टिकोण स्पष्ट रूप से बदल जाएगा।

मानव चेतना में ऐसा परिवर्तन उत्पन्न करना ही गुर्जिएफ़ का केंद्रीय उद्देश्य था।



[1] एक खास तरह की गोल, ऊँची और कुछ कड़ी टोपी से है, जो आम तौर पर घने घुँघराले ऊन/फर से बनी होती है। “Astrakhan” नाम रूस के Astrakhan क्षेत्र से जुड़ा है।  इसमें प्रायः कराकुल (Karakul) भेड़ के मेमने की घुँघराली खाल/फर का इस्तेमाल होता है। दक्षिण एशिया में इसी प्रकार की टोपी को कभी-कभी कराकुल टोपी या अस्त्रखान टोपी कहा जाता है।

Friday, 7 August 2026

यह अनुवाद - माँ को दार्शनिक श्रद्धांजलि

 


लूसियस अनेयस सेनेका, जिन्हें सामान्यतः सेनेका कहा जाता है, प्राचीन रोम के महान दार्शनिक, लेखक, नाटककार और स्टोइक विचारक थे। उनका जीवन पहली शताब्दी ईस्वी के उस रोमन संसार में बीता, जहाँ सत्ता, वैभव, महत्वाकांक्षा और नैतिक संकट एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए थे। वे केवल दर्शन के सिद्धांतकार नहीं थे। उन्होंने मनुष्य के दैनिक जीवन, उसकी इच्छाओं, भय, क्रोध, सुख, धन, मृत्यु और आत्मसंयम जैसे प्रश्नों पर अत्यंत व्यावहारिक ढंग से विचार किया। 



    उनकी प्रसिद्ध कृति लेटर्स टू लूसीलियस (Letters to Lucilius),  मॉरल लेटर्स टू लूसीलियस (Moral Letters to Lucilius) अथवा सेनेका द्वारा लूसीलियस को नीतिशास्त्र पर पत्र (Letters on Ethics) वास्तव में ऐसे दार्शनिक पत्र हैं जिनमें सेनेका अपने मित्र लूसिलियस से संवाद करते हुए जीवन को बेहतर ढंग से जीने की कला पर विचार करते हैं। इन पत्रों की विशेषता यह है कि दर्शन यहाँ किसी दूर की, अमूर्त वस्तु के रूप में नहीं आता. वह हमारे भोजन, धन, मित्रता, समय, इच्छाओं, आदतों और मृत्यु-बोध तक पहुँचता है। कोशिश की है कि अनुवाद में यह सब अच्छी तरह से स्पष्ट हो।

     ये पत्र लगभग दो हजार वर्ष पुराने होते हुए भी मनुष्य की उन समस्याओं को संबोधित करते हैं जो आज भी हमारे भीतर उपस्थित हैं। हम क्या चाहें? कितना धन पर्याप्त है? दूसरों की स्वीकृति की हमें कितनी आवश्यकता है? सुख और शुभ में क्या अंतर है? मृत्यु से क्यों डरें? अपने मन को परिस्थितियों का दास बनने से कैसे बचाएँ? सेनेका इन प्रश्नों के आसान उत्तर नहीं देते बल्कि हमें अपने जीवन की ओर नए ढंग से देखने के लिए बाध्य करते हैं।

    इन पत्रों को पढ़ते हुए हम केवल स्टोइक दर्शन नहीं सीखते। हम अपने भीतर की बेचैनी, लालसा, भय और असंतोष को पहचानना सीखते हैं। सेनेका का आग्रह है कि मनुष्य बाहरी परिस्थितियों पर अपना जीवन निर्भर न करे बल्कि अपने विवेक और चरित्र को इतना दृढ़ बनाए कि वह परिस्थितियों के बीच भी अपने भीतर स्वतंत्र रह सके। इसी कारण उनके पत्र आज भी दर्शन की पुस्तकों से अधिक एक आत्म-संवाद जैसे प्रतीत होते हैं।

    इस अनुवाद में प्राचीन चित्रों का भी प्रयोग किया है। चित्र और उनकी शैली पत्रों के समान ही है। इन चित्रों में एक विशेष प्रकार का संवाद देखने वालों के लिए प्रतीक्षारत है। अलग-अलग देशों के चित्रों का प्रयोग करते हुए संस्कृति को प्रस्तुत करने का प्रयास है। 

    अपने गहरे दुख भरे अंतराल में मेरी ओर से यह अनुवाद, मेरी दिवंगत माँ को दार्शनिक श्रद्धांजलि! 


(सेनेका के) अन्य पत्र का अंश

 प्रिय लूसीलियस 


एनियस के कुछ विचार इतने उत्कृष्ट हैं कि यद्यपि वे मैले-कुचैले लोगों के बीच लिखे गए थे, फिर भी वे इत्र लगाए हुए लोगों के बीच भी निश्चय ही सुखद लग सकते हैं। लेकिन उसकी कविताएँ कभी-कभी बहुत हास्यास्पद भी होती हैं। उदाहरण के लिए, कैथेगस के बारे में ये पंक्तियाँ— “उसके बारे में उन आम लोगों ने, जो उन दिनों जीवित थे और अपना जीवन बिताते थे, कहा कि वह जनता का सबसे श्रेष्ठ पुष्प और वाक्पटुता का सार था।” तुम निश्चिंत रहो कि जिस प्रकार की पंक्तियाँ पसंद करने वाले लोग हैं, वे सोटेरिकस के सोफों की भी प्रशंसा करेंगे।



    मुझे आश्चर्य होता है कि जो लोग स्वयं अत्यंत वाक्पटु हैं और एनियस के प्रति बहुत अनुरक्त हैं, उन्होंने उसकी श्रेष्ठ पंक्तियों के बजाय उसकी हास्यास्पद पंक्तियों की प्रशंसा की। उदाहरण के लिए, सिसरो ने एनियस की जिन उत्कृष्ट पंक्तियों को उद्धृत किया है, उनमें इन पंक्तियों को भी शामिल किया है। मुझे इस बात पर आश्चर्य नहीं होता कि कोई व्यक्ति इन पंक्तियों को लिख सकता था क्योंकि जब इनकी प्रशंसा करने वाला कोई व्यक्ति मौजूद था तो इन्हें लिखने वाला भी मिल ही सकता था। या फिर ऐसा तो नहीं कि महान वक्ता सिसरो वास्तव में अपना ही पक्ष प्रस्तुत कर रहे थे। अर्थात वे अपनी कविता को तुलना में अच्छा दिखाना चाहते थे! स्वयं सिसरो की रचनाओं में, यहाँ तक कि उनके गद्य में भी, ऐसे अंश मिलते हैं जिनसे तुम अनुमान लगा सकते हो कि एनियस को पढ़ने से उन्हें कुछ लाभ मिला था। उदाहरण के लिए, अपनी पुस्तक ‘राज्य के विषय में’ में वे लिखते हैं, “क्योंकि स्पार्टा के मेनेलाउस में एक प्रकार की मधुर-वाणी वाली विनम्रता थी,” और एक अन्य स्थान पर, “वह अपने वक्तृत्व में संक्षिप्त-वाणी का अभ्यास करता है।” 

    दोष सिसरो का नहीं बल्कि उस समय का था। जब पढ़ने के लिए ऐसी ही सामग्री उपलब्ध हो, तब उसी ढंग से बोलने से बच पाना संभव नहीं होता। लेकिन सिसरो के पास अपने लेखन में एनियस की कुछ पंक्तियों को सम्मिलित करने का एक कारण भी था। ऐसा करके वे अपनी शैली को अत्यधिक अलंकृत और परिष्कृत कहे जाने वाली आलोचना से बच जाते थे। हमारे कवि वर्जिल ने भी अपनी रचनाओं में कुछ अटपटी और भद्दी पंक्तियाँ तथा कुछ ऐसी पंक्तियाँ सम्मिलित कीं जो छंद की सामान्य सीमा से अधिक लंबी थीं ताकि एनियस के अनुयायी और उसके साहित्यिक परंपरा से जुड़े लोग नई कविता में भी प्राचीनता की एक झलक पहचान सकें।


विदा 

शुभ की प्राप्ति का मार्ग -- पत्र - 122

 प्रिय लूसीलियस 


मैं तुम्हें प्राचीन लोगों की बुद्धिमत्ता से अवगत करा सकता हूँ, यदि तुम इसका विरोध न करो। यदि तुम्हें उनकी सूक्ष्म विचारधारा को समझना कठिन न लगे।

    लेकिन तुम इसका विरोध नहीं करते। किसी भी पारिभाषिक जटिलता से तुम विचलित नहीं होते। तुम्हारा मन उच्च कोटि का है और केवल बड़े-बड़े विषयों से ही सरोकार नहीं रखता। फिर भी मैं इस बात की भी प्रशंसा करता हूँ कि तुम हर बात को आत्म-सुधार से जोड़कर देखते हो। तुम्हें केवल तभी अधीरता होती है, जब अत्यधिक पारिभाषिक सूक्ष्मता का कोई उपयोगी परिणाम नहीं निकलता। मैं अब यह सुनिश्चित करने का प्रयास करूँगा कि ऐसा न हो। यहाँ प्रश्न यह है कि ‘शुभ’ का बोध इंद्रिय-बोध के माध्यम से होता है या बुद्धि के माध्यम से। 



    यह प्रश्न उस मत से भी संबंधित है कि जिन प्राणियों में वाणी नहीं है और शिशुओं में ‘शुभ’ विद्यमान नहीं होता। जो लोग सुख को सर्वोच्च स्थान देते हैं, वे सभी शुभ को इंद्रियों द्वारा ग्रहण की जाने वाली वस्तु मानते हैं। इसके विपरीत, हम, जो शुभ को मन के अधीन मानते हैं, उसे बोध और बुद्धि द्वारा ग्रहण की जाने वाली वस्तु मानते हैं।

    यदि इंद्रियाँ ही शुभ का निर्धारण करतीं तो हम किसी भी सुख को अस्वीकार नहीं करते क्योंकि ऐसा कोई सुख नहीं है जो हमें आकर्षित और प्रसन्न न करता हो। इसके विपरीत, हम स्वेच्छा से कभी भी किसी पीड़ा को सहन नहीं करते, क्योंकि ऐसी कोई पीड़ा नहीं है जिसकी अनुभूति हमें अप्रिय न लगती हो। इसके अतिरिक्त, जो लोग सुख के अत्यधिक प्रेमी हैं और पीड़ा से बहुत अधिक भयभीत रहते हैं, वे आलोचना के पात्र भी नहीं होने चाहिए। फिर भी हम पेटू लोगों और कामवासना के आदी लोगों को बुरा मानते हैं और उन लोगों को तुच्छ समझते हैं जो पीड़ा के भय से हर पुरुषोचित कार्य से पीछे हट जाते हैं। यदि इंद्रियाँ ही शुभ और अशुभ का मापदंड होतीं तो ये लोग अपनी इंद्रियों की आज्ञा मानकर गलत कैसे कर सकते थे? क्योंकि तुमने तो इंद्रियों को ही यह अधिकार दे दिया है कि वे तय करें कि किस वस्तु की इच्छा करनी चाहिए और किससे बचना चाहिए। 

    लेकिन स्पष्ट रूप से यह अधिकार बुद्धि के पास है। बुद्धि ही सुखी जीवन, सद्गुण और सम्माननीयता के विषय में निर्णय करती है और इसी प्रकार शुभ और अशुभ के विषय में भी निर्णय करती है। जब हमारे विरोधी इंद्रियों को शुभ के विषय में निर्णय देने देते हैं, तो वे सबसे कम मूल्यवान अंग को श्रेष्ठ के विषय में निर्णय करने का अधिकार दे देते हैं क्योंकि इंद्रिय-बोध मंद और अस्पष्ट होता है और मनुष्यों में यह अन्य प्राणियों की तुलना में भी कम तीक्ष्ण होता है। मान लो कोई व्यक्ति बहुत छोटी-छोटी वस्तुओं में अंतर करने के लिए दृष्टि के बजाय स्पर्श का सहारा लेना चाहे! हमारे पास दृष्टि से अधिक सटीक और केंद्रित कोई दूसरी इंद्रिय नहीं है, जो हमें शुभ और अशुभ में अंतर करने में सक्षम बना सके। इसलिए तुम देख सकते हो कि जो व्यक्ति स्पर्श को परम शुभ और अशुभ का मापदंड मानता है, वह अज्ञान की गहराइयों में पड़ा हुआ है और उसने उदात्त तथा दिव्य वस्तु को नीचे धरातल पर गिरा दिया है।

    विरोधी कहता है, “ज्ञान की प्रत्येक शाखा और प्रत्येक कौशल का कोई न कोई आधार ऐसी वस्तुओं में होना चाहिए जो प्रत्यक्ष हों और इंद्रियों के लिए उपलब्ध हों। वहीं से उसका विकास और विस्तार होना चाहिए। इसी प्रकार, सुखी जीवन की भी नींव और आरंभ-बिंदु ऐसी वस्तुओं में होना चाहिए जो प्रत्यक्ष हों और इंद्रियों के लिए उपलब्ध हों। निश्चय ही तुम्हारा भी यही मत है कि सुखी जीवन का आरंभ प्रत्यक्ष वस्तुओं से ही होता है।”

    हमारा मत यह है कि सुखी होना प्रकृति के अनुरूप होना है और कोई वस्तु प्रकृति के अनुरूप है या नहीं, यह उतना ही स्पष्ट और प्रत्यक्ष है, जितना यह जानना कि कोई वस्तु साबुत और पूर्ण है या नहीं। नवजात शिशु में भी प्रकृति के अनुरूप होने का कुछ अंश होता है। लेकिन मैं इसे ‘शुभ’ नहीं बल्कि केवल ‘शुभ का आरंभ’ कहता हूँ।तुम परम शुभ, सुख... को शैशवावस्था में ही स्थापित कर देते हो। इसका परिणाम यह होता है कि जो व्यक्ति अभी-अभी जन्मा है, वह वहीं से शुरुआत करता है जहाँ पूर्णता को प्राप्त व्यक्ति अंततः पहुँचता है। तुम वृक्ष की चोटी को उसकी जड़ की जगह रख रहे हो! 

    यह कहना स्पष्ट रूप से गलत होगा कि गर्भस्थ शिशु, जो दुर्बल, अपूर्ण और अभी पूरी तरह विकसित भी नहीं हुआ है और जिसका लिंग तक निर्धारित नहीं हुआ है... पहले से ही शुभ की अवस्था में है। लेकिन वास्तव में एक नवजात शिशु और माँ के गर्भ में छिपे हुए, अभी भारी-भरकम भ्रूण में कितना अंतर है? शुभ और अशुभ को समझने की दृष्टि से दोनों समान रूप से अपरिपक्व हैं। एक शिशु अभी शुभ को समझने में सक्षम नहीं है, ठीक उसी तरह जैसे कोई वृक्ष या कोई अवाक् प्राणी उसे समझने में सक्षम नहीं है। फिर वृक्ष या किसी प्राणी में शुभ क्यों नहीं होता? क्योंकि वहाँ बुद्धि भी नहीं होती। इसी प्रकार शिशु में भी शुभ विद्यमान नहीं होता क्योंकि उसमें भी बुद्धि का अभाव होता है। जब उसमें बुद्धि विकसित होगी, तभी वह शुभ तक पहुँच सकेगा।

    कुछ प्राणी बुद्धि से रहित होते हैं, कुछ अभी बुद्धिसंपन्न नहीं हुए होते। कुछ बुद्धिसंपन्न तो होते हैं लेकिन उनकी बुद्धि अभी अपूर्ण होती है। इनमें से किसी में भी ‘शुभ’ विद्यमान नहीं होता। शुभ का आगमन तभी होता है जब बुद्धि का विकास होता है। तो फिर, जिन प्राणियों का मैंने अभी उल्लेख किया है, उनमें क्या अंतर है? जो प्राणी बुद्धि से रहित है, उसमें शुभ कभी भी विद्यमान नहीं होगा। जो अभी बुद्धिसंपन्न नहीं हुआ है, उसमें इस समय शुभ का होना संभव नहीं है। जो बुद्धिसंपन्न तो है। लेकिन उसकी बुद्धि अभी अपूर्ण है, उसमें शुभ का होना संभव तो है। लेकिन वास्तव में अभी शुभ उसमें विद्यमान नहीं है। लूसीलियस, मेरा आशय यह है कि ‘शुभ’ किसी भी शरीर में या जीवन की किसी भी अवस्था में नहीं पाया जाता। वह शैशवावस्था से उतना ही दूर है, जितना अंतिम अवस्था आरंभ से या पूर्ण वस्तु अपने आरंभिक रूप से दूर होती है। इसलिए किसी छोटे, कोमल और अभी विकसित होना शुरू ही हुए शरीर में शुभ नहीं होता। बिल्कुल नहीं। ठीक उसी तरह जैसे किसी बीज में शुभ नहीं होता।

    तुम इस बात को इस प्रकार भी समझ सकते हो। हम वृक्षों और पौधों के लिए भी एक प्रकार के ‘शुभ’ को स्वीकार करते हैं। यह उस समय उपस्थित नहीं होता जब उनकी पहली कोपलें धरती को चीरकर बाहर निकलती हैं। गेहूँ के लिए भी एक प्रकार का ‘शुभ’ होता है। वह न तो कोमल तने में होता है और न उस समय जब नरम बालियाँ भूसी से अलग होना शुरू करती हैं बल्कि तब होता है जब गेहूँ गर्मियों की धूप और उचित परिपक्वता से पूरी तरह पक जाता है। प्रकृति की कोई भी रचना अपने ‘शुभ’ को तब तक प्रकट नहीं करती, जब तक वह पूर्णता को प्राप्त न कर ले। इसलिए मनुष्य का ‘शुभ’ केवल उसी व्यक्ति में पाया जा सकता है, जिसमें बुद्धि पूर्ण रूप से विकसित हो चुकी हो। यह ‘शुभ’ क्या है? मैं तुम्हें बताता हूँ: यह ऐसा मन है जो स्वतंत्र और सत्यनिष्ठ है, जो अन्य सभी वस्तुओं को अपने से नीचे रखता है। लेकिन स्वयं को किसी के नीचे नहीं रखता। यह ‘शुभ’ शैशवावस्था की समझ से इतना परे है कि इसकी अपेक्षा किसी बच्चे से नहीं की जा सकती। न ही उचित रूप से किसी युवा वयस्क से। वृद्धावस्था तक पहुँचकर भी यदि कोई व्यक्ति लंबे और एकाग्र अध्ययन के बाद इसे प्राप्त कर ले तो यह उसके लिए बड़ी उपलब्धि होगी। यदि यही ‘शुभ’ है तो यह बुद्धि द्वारा ग्रहण की जाने वाली वस्तु भी है।

    “तुमने कहा है कि वृक्षों और पौधों के लिए भी एक प्रकार का शुभ होता है तो फिर शिशुओं में भी शुभ हो सकता है।” वास्तविक शुभ वृक्षों या अवाक् प्राणियों में विद्यमान नहीं होता। इन प्राणियों में जो कुछ अच्छा होता है, उसे उदार अर्थ में ‘शुभ’ कहा जाता है। “तो फिर वह क्या है?” तुम पूछते हो। वह वही है जो प्रत्येक वस्तु की प्रकृति के अनुरूप हो। निस्संदेह, शुभ किसी अवाक् प्राणी को प्राप्त हो ही नहीं सकता बल्कि वह अधिक सौभाग्यशाली और श्रेष्ठ प्रकृति का गुण है। जहाँ बुद्धि के लिए कोई स्थान ही नहीं है, वहाँ शुभ भी नहीं हो सकता। यहाँ चार प्रकार की प्रकृतियों पर विचार करना चाहिए— वृक्षों की, प्राणियों की, मनुष्यों की और देवताओं की। इनमें अंतिम दो की प्रकृति इस अर्थ में समान है कि दोनों बुद्धिसंपन्न हैं। लेकिन उनमें यह अंतर भी है कि एक नश्वर है और दूसरा अमर। 

    इनमें से एक का अर्थात देवता का शुभ केवल प्रकृति के कारण ही पूर्ण होता है। जबकि दूसरे का अर्थात मनुष्य का, शुभ प्रयास के द्वारा पूर्ण होता है। शेष प्राणी, जिनमें बुद्धि का अभाव है केवल अपनी-अपनी प्रकृति के अनुसार पूर्ण होते हैं, वास्तव में पूर्ण नहीं। ऐसा इसलिए है कि निरपेक्ष पूर्णता का अर्थ सार्वभौमिक प्रकृति के अनुरूप पूर्णता है और सार्वभौमिक प्रकृति बुद्धिसंपन्न है। अन्य वस्तुएँ अपनी-अपनी प्रकृति के अनुसार पूर्ण हो सकती हैं। जिस प्राणी में सुखी होने की क्षमता ही नहीं है, उसमें सुख उत्पन्न करने वाली वस्तु की क्षमता भी नहीं हो सकती; और जो वस्तुएँ सुख उत्पन्न करती हैं, वे ही शुभ हैं। किसी अवाक् प्राणी में न तो सुखी होने की क्षमता होती है और न ही उस वस्तु की क्षमता जो सुख उत्पन्न करती है। इसलिए किसी अवाक् प्राणी में शुभ भी नहीं होता।

    एक प्राणी इंद्रिय-बोध के माध्यम से वर्तमान को ग्रहण करता है। वह अतीत को तभी याद करता है, जब कोई घटना उसके इस इंद्रिय-बोध को जागृत करती है। उदाहरण के लिए, जब घोड़े को उस स्थान पर ले जाया जाता है जहाँ से कोई रास्ता शुरू होता है तो उसे वह रास्ता याद आ जाता है। लेकिन अस्तबल में रहते हुए उसे उस रास्ते की कोई स्मृति नहीं होती, चाहे वह उस रास्ते से कितनी ही बार गुज़र चुका हो। समय का तीसरा भाग भविष्य, प्राणियों के लिए कोई महत्व नहीं रखता। फिर हम यह कैसे मान सकते हैं कि उन प्राणियों में पूर्ण प्रकृति संभव है, जिनका समय का अनुभव ही अपूर्ण है? 

समय के तीन भाग हैं— अतीत, वर्तमान और भविष्य। प्राणियों को इनमें से केवल वही भाग प्राप्त है जो सबसे क्षणभंगुर और परिवर्तनशील है— वर्तमान। अतीत की उनकी स्मृति भी केवल कभी-कभार ही जागृत होती है और तब तक वापस नहीं आती, जब तक वर्तमान में किसी वस्तु के संपर्क से वह स्मृति जागृत न हो जाए। इसलिए पूर्ण प्रकृति का शुभ किसी अपूर्ण प्रकृति में विद्यमान नहीं हो सकता। यदि ऐसा होता, तो पौधों में भी शुभ होता। मैं यह नहीं कह रहा कि अवाक् प्राणियों में उन वस्तुओं को पाने की अत्यंत प्रबल प्रवृत्तियाँ नहीं होतीं, जो उन्हें अपनी प्रकृति के अनुरूप दिखाई देती हैं। लेकिन उनकी ये प्रवृत्तियाँ अव्यवस्थित और छिटपुट होती हैं। इसके विपरीत, शुभ कभी भी अव्यवस्थित और छिटपुट नहीं होता।

    “यह कैसे?” तुम पूछते हो। “क्या प्राणी अनियमित और अव्यवस्थित ढंग से चलते-फिरते हैं?” यदि उनकी प्रकृति में व्यवस्था के अनुसार चलने की क्षमता होती तो मैं उनकी गतिविधियों को इस प्रकार वर्णित करता। लेकिन वास्तविकता यह है कि वे अपनी प्रकृति के अनुसार ही चलते हैं। कोई वस्तु तभी अव्यवस्थित कही जा सकती है, जब उसमें व्यवस्थित होने की क्षमता हो। ठीक उसी प्रकार जैसे कोई व्यक्ति तभी चिंतित कहा जा सकता है, जब उसमें चिंता से मुक्त होने की संभावना हो। जिस व्यक्ति में सद्गुण की संभावना ही नहीं है, उसमें दुर्गुण भी नहीं हो सकता। प्राणियों की गतिविधियाँ उनकी प्रकृति से उत्पन्न होती हैं। इस बात को अधिक लंबा न खींचते हुए कहूँ तो किसी प्राणी में एक प्रकार का शुभ, एक प्रकार का सद्गुण और एक प्रकार की पूर्णता अवश्य होगी। लेकिन वह निरपेक्ष अर्थ में शुभ, सद्गुण या पूर्णता नहीं होगी। ये सभी केवल उन बुद्धिसंपन्न प्राणियों में पाए जाते हैं, जिन्हें कारण, सीमा और प्रक्रिया को समझने का विशेषाधिकार प्राप्त है। 

    क्या तुम सोच रहे हो कि यह चर्चा किस दिशा में जा रही है और इससे तुम्हारे मन को क्या लाभ होगा? मैं इसका उत्तर देता हूँ। इससे मन को प्रशिक्षित और तीक्ष्ण किया जाता है तथा उसकी भावी सभी गतिविधियों में उसे सही मार्ग पर बनाए रखा जाता है। इसका एक लाभ यह भी है कि यह हमें किसी दुर्गुणपूर्ण मार्ग की ओर भागने से रोकती है। मैं तुमसे यह भी कहना चाहता हूँ कि मैं तुम्हारे लिए इससे बड़ा कोई लाभ नहीं कर सकता कि तुम्हें तुम्हारा अपना शुभ दिखाऊँ। तुम्हें अवाक् प्राणियों से अलग करूँ और तुम्हें दैवी प्रकृति के निकट स्थापित करूँ।

    मैं यह क्यों न कहूँ कि तुम अपने शरीर की शक्ति को क्यों सँवारते और प्रशिक्षित करते हो? प्रकृति ने पालतू और जंगली पशुओं को तुमसे अधिक शक्ति प्रदान की है। तुम अपने रूप-सौंदर्य को क्यों सँवारते हो? तुम अपनी ओर से सब कुछ कर लेने के बाद भी पशुओं जितने सुंदर नहीं हो पाओगे। तुम अपने बालों पर इतना अधिक परिश्रम क्यों करते हो? चाहे तुम उन्हें पार्थियनों की तरह खुला छोड़ो, जर्मनों की तरह बाँध लो या स्किथियनों की तरह उन्हें बिखरा हुआ रहने दो। कोई भी घोड़ा अपनी अयाल को उछालते हुए तुमसे अधिक घनी अयाल रखेगा। किसी भी सिंह की गर्दन पर खड़ी हुई अयाल अधिक सुंदर होगी। गति के लिए कितना ही अभ्यास कर लो फिर भी तुम खरगोश की बराबरी नहीं कर पाओगे। तो फिर उन सभी बातों को छोड़ क्यों नहीं देते, जिनमें तुमसे बेहतर होना निश्चित है। उन चीज़ों के पीछे भागना क्यों बंद नहीं करते जो तुम्हारी प्रकृति से बाहर हैं। उस शुभ की ओर क्यों नहीं लौटते जो वास्तव में तुम्हारा अपना है? 

    वह शुभ क्या है? बस यही... एक दोषरहित मन। ऐसा मन जो दैवी मन की बराबरी करता है, जो स्वयं को मानवीय सीमा से ऊपर उठाता है और अपने से परे किसी वस्तु को श्रेष्ठ नहीं मानता। तुम एक बुद्धिसंपन्न प्राणी हो। तो फिर तुममें शुभ क्या है? पूर्ण बुद्धि। अपनी बुद्धि को जहाँ वह अभी है, वहाँ से उसकी सर्वोच्च उपलब्धि तक ले जाओ। उसे उसकी पूरी संभव सीमा तक विकसित होने दो। जब तक तुम्हारे सभी आनंद स्वयं तुम्हारे भीतर से उत्पन्न न हों, तब तक अपने आपको सुखी मत समझो। जब तुम मनुष्यों की प्रतिस्पर्धा, लालसा और अधिकार-भावना की वस्तुओं को देखकर यह समझ लो कि ऐसी कोई वस्तु नहीं है जिसे तुम दूसरों से अधिक पाने योग्य समझो। मैं यह नहीं कहूँगा कि ऐसी कोई वस्तु नहीं है जिसे तुम पसंद कर सको बल्कि ऐसी कोई वस्तु नहीं है जिसके लिए तुम्हारा मन लालायित हो। तभी तुम अपने वास्तविक शुभ को प्राप्त करोगे। मैं तुम्हें स्वयं को परखने का एक संक्षिप्त नियम बताता हूँ, जिससे तुम यह जान सको कि तुमने पूर्णता प्राप्त कर ली है या नहीं। तुम्हारा अपना शुभ तब तुम्हारे पास होगा, जब तुम समझ जाओगे कि भाग्यशाली समझे जाने वाले लोग वास्तव में सबसे कम भाग्यशाली होते हैं।

विदा लूसीलियस 

दिखावा करने के बारे में -- पत्र - 121

 प्रिय लूसीलियस 


रात बहुत बीत चुकी है और मैं अपनी अल्बान हवेली पहुँच गया हूँ। यात्रा लंबी नहीं थी। लेकिन असुविधाजनक होने के कारण मैं थक गया हूँ। यहाँ मुझे कोई चीज़ तैयार नहीं मिलती, सिवाय मेरे अपने आप के। इसलिए अब मैंने अपने थके हुए शरीर को अपने अध्ययन-कक्ष में बैठा लिया है और अपने रसोइए तथा बेकर के देर से आने से मुझे इतना लाभ अवश्य हुआ है कि अब मुझे इस बात पर स्वयं से विचार करने का अवसर मिल गया है कि यदि हम किसी बात को हल्के ढंग से लें तो कोई भी चीज़ गंभीर नहीं होती। यदि हम अपनी झुंझलाहट को उसमें स्वयं न जोड़ें तो कोई भी बात परेशान करने वाली नहीं होती। मेरे बेकर के पास रोटी नहीं है। लेकिन मेरे प्रबंधक के पास कुछ है। मेरे मुख्य दास तथा मेरे किरायेदारों के पास भी है। “रोटी खराब है,” तुम कहते हो। लेकिन ठहरो! वह अच्छी हो जाएगी। भूख जल्द ही उसे उत्तम आटे से बनी मुलायम रोटी में बदल देगी। इसी कारण तब तक भोजन नहीं करना चाहिए, जब तक भूख स्वयं ऐसा करने का संकेत न दे। इसलिए मैं अपना भोजन तब तक टाल दूँगा, जब तक मुझे फिर से अच्छी रोटी नहीं मिल जाती या फिर तब तक, जब तक मुझे खराब रोटी से भी कोई आपत्ति न रह जाए।



    सादा और रूखा भोजन करने का अभ्यास डालना आवश्यक है। समय और स्थान की कठिन परिस्थितियाँ उन लोगों के सामने भी आ खड़ी होती हैं जो धनवान हैं और सुख-सुविधाओं के लिए पूरी तरह तैयार रहते हैं। उनकी इच्छाओं में बाधा डाल देती हैं। कोई भी व्यक्ति अपनी हर इच्छा पूरी नहीं कर सकता। मनुष्य इतना अवश्य कर सकता है कि जो उसके पास नहीं है, उसे पाने की इच्छा छोड़ दे और जो उपलब्ध है, उसका प्रसन्नतापूर्वक उपयोग करे। आत्मनिर्भरता का एक बड़ा हिस्सा ऐसे संयमित पेट में निहित है, जो कठिन परिस्थितियों को सहन कर सके।यह बताना भी कठिन है कि मुझे इस बात से कितना आनंद मिलता है कि मेरी थकान स्वयं अपने आप में शांत हो गई है। मुझे न मालिश की आवश्यकता है, न स्नान की। मैं केवल समय के उपचारात्मक प्रभावों की प्रतीक्षा कर रहा हूँ। विश्राम श्रम से आई थकान को दूर कर देता है। आने वाला भोजन, चाहे वह जो भी हो, किसी भव्य उद्घाटन-भोज से भी अधिक आनंददायक होगा। संक्षेप में, मैंने तुरंत अपने मन को एक प्रकार की परीक्षा में डाल दिया है। वह भी अत्यंत सीधी तथा सटीक परीक्षा में क्योंकि जब मन स्वयं को तैयार कर लेता है और धैर्य रखने का संकल्प कर लेता है, तब हमें उसके वास्तविक संकल्प की स्पष्ट परीक्षा नहीं मिलती। सबसे विश्वसनीय परीक्षाएँ वे होती हैं जो अचानक सामने आ जाती हैं। जब मन कठिनाइयों को केवल उदासीनता से ही नहीं बल्कि शांत भाव से भी देखता है; जब उसमें न रोष होता है, न शिकायत; जब जो चीज़ उपलब्ध नहीं है, उसकी इच्छा न करके वह उसकी कमी की भरपाई कर लेता है। जब वह यह विचार करता है कि उसकी दिनचर्या में भले ही कोई चीज़ कम हो। लेकिन अपने आप में उसमें किसी चीज़ की कमी नहीं है।

    बहुत-सी चीज़ों के बारे में हमें उनकी अनावश्यकता का पता तभी चलता है, जब वे कम पड़ने लगती हैं। हम उनका उपयोग इसलिए नहीं कर रहे थे कि उनके बिना हमारा काम नहीं चल सकता था बल्कि इसलिए कर रहे थे क्योंकि वे हमारे पास उपलब्ध थीं। हम ऐसी कितनी ही चीज़ें केवल इसलिए खरीद लेते हैं क्योंकि दूसरे लोगों ने उन्हें खरीदा है या वे दूसरे लोगों के घरों में मौजूद हैं! हमारी बहुत-सी समस्याएँ इस तथ्य से उत्पन्न होती हैं कि हम दूसरे लोगों के मानदंडों के अनुसार जीवन जीते हैं और विवेक को अपना मार्गदर्शक बनाने के बजाय फैशन का अनुसरण करते हैं। यदि केवल कुछ ही लोग कोई काम करते तो हम उनकी नकल करने से इनकार कर देते। लेकिन जैसे ही अधिक लोग वही काम करने लगते हैं, हम भी उसे अपना लेते हैं, मानो केवल अधिक लोगों द्वारा किया जाना ही उसे अधिक सम्माननीय बना देता हो। जब कोई गलत धारणा व्यापक रूप से फैल जाती है, तो हम उसे ही सदाचार का स्थान दे देते हैं। 

    आजकल हर व्यक्ति नुमिडियाई घुड़सवारों के एक दल और आगे-आगे चलने वाले धावकों की एक टुकड़ी के साथ यात्रा करता है। ऐसा दिखाई देना अपमानजनक माना जाता है कि तुम्हारे पास रास्ते में आने वाले यात्रियों को हटाने के लिए कोई सेवक न हो और किसी बड़े अधिकारी के आने की सूचना देने के लिए धूल का कोई विशाल बादल न उठ रहा हो। आजकल हर व्यक्ति के पास खच्चरों का एक काफिला होता है, जो उसके क्रिस्टल और गोमेद के प्यालों तथा बारीकी से बनाए गए चाँदी के पात्रों का संग्रह ढोता है। यह भी अपमानजनक माना जाता है कि ऐसा लगे कि तुम्हारा पूरा सामान ऐसी वस्तुओं का है जिन्हें बिना टूटे आसानी से इधर-उधर ले जाया जा सकता है। हर व्यक्ति के साथ सेवकों का एक दल होता है, जो यात्रा के समय अपने चेहरे पर लोशन मलते रहते हैं ताकि सूर्य या ठंड उनकी कोमल त्वचा को नुकसान न पहुँचा सके। स्वस्थ त्वचा वाले युवा सेवक होना, जिन्हें किसी औषधीय प्रसाधन की आवश्यकता ही न हो। यह भी आजकल अपमानजनक माना जाता है!

    हमें इन सभी लोगों से बातचीत करने से बचना चाहिए। ये ऐसे लोग हैं जो अपने दुर्गुण एक-दूसरे तक पहुँचाते हैं और उन्हें आपस में बाँटते रहते हैं। पहले हम तब इसे भयानक मानते थे, जब लोग शब्दों के माध्यम से अपनी शेखी बघारते थे। लेकिन आज ऐसे लोग हैं जो अपने दुर्गुणों का भी प्रदर्शन करते हैं। इन लोगों से बातचीत करना बहुत हानिकारक होता है। भले ही उसका तत्काल कोई प्रभाव दिखाई न दे, फिर भी वह मन में बीज बो देती है। उनके साथ से अलग हो जाने के बाद भी उसका प्रभाव हमारे भीतर बना रहता है और बाद में फिर उभर आता है। संगीत का कोई कार्यक्रम सुनने के बाद भी लोगों के कानों में उसकी धुन और मधुर गायन गूँजता रहता है, जो उनकी सोचने की क्षमता को सीमित कर देता है और उन्हें गंभीर विषयों पर ध्यान केंद्रित करने में असमर्थ बना देता है। उसी प्रकार चापलूसों और दुर्गुणों को बढ़ावा देने वाले लोगों की बातें सुन लेने के बहुत देर बाद तक मन में बनी रहती हैं। मन को किसी मधुर ध्वनि से मुक्त कर पाना आसान नहीं होता। वह बनी रहती है। उसका प्रभाव चलता रहता है। कुछ अंतराल के बाद फिर लौट आती है। इसलिए आरंभ से ही हमें अपने कानों को हानिकारक आवाज़ों के लिए बंद रखना चाहिए। एक बार उन आवाज़ों को प्रवेश मिल जाए और वे अपना प्रभाव डालना शुरू कर दें तो वे और भी अधिक दुस्साहसी हो जाती हैं।

    इसके बाद हम ऐसे लोगों के बीच जा पहुँचते हैं, जो इस तरह की बातें करते हैं— “सद्गुण, दर्शन और न्याय, ये सब निरर्थक शब्दों का शोर मात्र हैं! जीवन में सुखपूर्वक रहना ही एकमात्र सुख है। खाना, पीना और अपनी संपत्ति खर्च करना, यही जीवन जीना है। यही इस बात को याद रखना है कि हम नश्वर हैं। दिन बीतते जा रहे हैं। जीवन वापस न लौटने वाले ढंग से आगे बढ़ रहा है। हम किसकी प्रतीक्षा कर रहे हैं? दर्शन का अभ्यास करने से क्या लाभ है? जब हम बूढ़े हो जाएँगे, तब हम सुख का आनंद नहीं ले सकेंगे तो अभी, जब हम सक्षम हैं और अभी भी इच्छाएँ रखते हैं, अपने जीवन पर संयम क्यों थोपें? इसलिए मृत्यु से पहले ही उससे आगे निकल जाओ और जो कुछ वह तुमसे छीनने वाली है, उसे अभी अपने ऊपर खर्च कर डालो। तुम्हारी कोई प्रेमिका नहीं है। न ही तुम्हारे पास ऐसा कोई पुरुष-प्रेमी है, जिसे देखकर तुम्हारी प्रेमिका ईर्ष्या करे। तुम कभी नशे में धुत्त नहीं होते। तुम्हारे भोजों को देखकर ऐसा लगता है मानो तुम अपने पिता से अपने रोज़मर्रा के खर्च की अनुमति मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हो। यह जीवन जीना नहीं है बल्कि किसी दूसरे के जीवन की देखभाल करना है! अपने आपको हर चीज़ से वंचित रखना और अपना ध्यान ऐसी संपत्ति पर लगाए रखना, जो अंततः तुम्हारे उत्तराधिकारी को ही मिलने वाली है। यह पूरी तरह पागलपन है। इस तरह तुम्हारी संपत्ति का आकार ही तुम्हारे मित्र को तुम्हारा शत्रु बना देगा। जितनी बड़ी उसकी विरासत होगी, तुम्हारी मृत्यु पर वह उतना ही अधिक प्रसन्न होगा। जहाँ तक उन ढोंगी लोगों का सवाल है।दूसरों के जीवन के कठोर आलोचक और अपने ही जीवन के शत्रु, जो जनता को उपदेश देना पसंद करते हैं। उन पर बिल्कुल ध्यान मत दो। अच्छे नाम की अपेक्षा अच्छा जीवन चुनने में तनिक भी संकोच मत करो।”

    ऐसी आवाज़ों से भी उतना ही बचना चाहिए, जितना उन आवाज़ों से जिनके पास से यूलिसीस तब तक आगे नहीं बढ़ना चाहता था, जब तक उसे मस्तूल से बाँध नहीं दिया गया था। इन दोनों में समान शक्ति है। ये तुम्हें तुम्हारे देश, माता-पिता, मित्रों और सद्गुणों से दूर कर देती हैं और तुम्हें लज्जाजनक जीवन की ओर इस प्रकार आकर्षित करती हैं कि ऐसे सुखों का वादा करती हैं, जो तुम्हें दुखी कर देंगे, भले ही उनमें अपने आप में कोई लज्जाजनक बात न हो।कितना बेहतर है कि सीधे मार्ग का अनुसरण किया जाए और अंततः वह तुम्हें उस बिंदु तक पहुँचा दे, जहाँ केवल वही चीज़ें तुम्हें आनंद देती हैं जो सम्माननीय हैं! 

    हम उस बिंदु तक पहुँच सकेंगे, यदि हम यह समझ लें कि ऐसी दो प्रकार की वस्तुएँ हैं जो हमें या तो आकर्षित करती हैं या हममें विरक्ति उत्पन्न करती हैं। आकर्षित करने वाली वस्तुओं में धन, सुख, सौंदर्य, महत्वाकांक्षा और ऐसी ही अन्य सभी मोहक तथा आनंददायक चीज़ें हैं। कठिन शारीरिक श्रम, मृत्यु, पीड़ा, लोगों की निंदा और सादा भोजन हमें अप्रिय लगते हैं। इसलिए हमें स्वयं को इस प्रकार प्रशिक्षित करना चाहिए कि न तो हम बाद वाली चीज़ों से भयभीत हों और न पहली वाली चीज़ों की इच्छा करें। हमें अपनी प्रवृत्तियों के विरुद्ध संघर्ष करना चाहिए, जो चीज़ें हमें आकर्षित करती हैं, उनका प्रतिरोध करते हुए और जो कठिनाइयाँ हम पर आक्रमण करती हैं, उनकी ओर आगे बढ़ते हुए। 

    क्या तुम ध्यान नहीं देते कि जब लोग पहाड़ी पर चढ़ रहे होते हैं और जब नीचे उतर रहे होते हैं, तब उनके शरीर की मुद्रा कितनी अलग होती है? नीचे उतरते समय वे अपने शरीर को पीछे की ओर झुका लेते हैं। जबकि चढ़ते समय आगे की ओर झुकाते हैं। नीचे उतरते समय अपने शरीर का भार आगे की ओर डालना उतना ही जानबूझकर की गई भूल है, जितना ऊपर चढ़ते समय उसे पीछे की ओर डालना। लूसीलियस, हम सुखों की ओर नीचे उतरते हैं। लेकिन कठिनाइयों और कष्टों का सामना करने के लिए हमें ऊपर चढ़ना पड़ता है। बाद वाली स्थिति में हमें अपने शरीर को आगे की ओर धकेलना चाहिए। जबकि पहली स्थिति में हमें उसे पीछे की ओर रोककर रखना चाहिए।

    क्या तुम यह समझते हो कि मैं इस समय केवल यह कहना चाहता हूँ कि हमारे कानों के लिए केवल वही लोग खतरनाक हैं, जो सुख की प्रशंसा करते हैं और पीड़ा के विचार से हमें भयभीत करते हैं। जबकि पीड़ा अपने आप में ही पर्याप्त रूप से भयावह है? नहीं, मेरा मानना है कि हमें उन लोगों से भी नुकसान पहुँचता है, जो स्टोइक मत का आवरण ओढ़कर हमें दुर्गुणों की ओर प्रेरित करते हैं। उदाहरण के लिए, वे इस बात पर ज़ोर देते हैं कि केवल वही व्यक्ति प्रेमी होता है जो बुद्धिमान और अत्यधिक शिक्षित हो। “इस विषय में केवल बुद्धिमान व्यक्ति ही विशेषज्ञ होता है। इसी प्रकार, वही व्यक्ति प्रेम-समारोहों और भोजों में भाग लेने की कला में भी सबसे अधिक निपुण होता है। आइए, इस प्रश्न पर विचार करें। युवकों को किस आयु तक प्रेम का विषय बनाया जाना चाहिए?”

    इन बातों को यूनानियों की परंपरा के हवाले कर देने के बाद, हमें इसके बजाय निम्नलिखित बातों पर ध्यान देना चाहिए—

“कोई भी व्यक्ति संयोगवश अच्छा नहीं बनता। सद्गुण को सीखना पड़ता है। सुख एक तुच्छ और दयनीय वस्तु है, जिसका कोई वास्तविक मूल्य नहीं है। यहाँ तक कि अवाक् प्राणियों को भी सुख का कुछ अंश प्राप्त होता है। सबसे छोटे और तुच्छ प्राणी भी उसके पीछे दौड़ते हैं। यश एक खोखली वस्तु है, जो हवा से भी अधिक क्षणभंगुर और चंचल है। गरीबी केवल उनके लिए समस्या है जो उसे स्वीकार नहीं करते। मृत्यु कोई बुराई नहीं है। फिर, तुम पूछते हो, वह क्या है? वह वह एक अधिकार है जो समस्त मानवजाति को समान रूप से प्राप्त है। अंधविश्वास एक मूर्खतापूर्ण भूल है। वह उनसे डरता है, जिनसे प्रेम किया जाना चाहिए। जिनकी पूजा करता है, उन्हीं के प्रति अपराध करता है। यदि तुम देवताओं की निंदा ही करने वाले हो तो यह मान लेना भी बेहतर है कि उनका अस्तित्व ही नहीं है।”

    तुम्हें इन्हीं शिक्षाओं को सीखना चाहिए या बल्कि, इन्हें अपने हृदय में उतार लेना चाहिए। दर्शन को दुर्गुणों के लिए बहाने उपलब्ध नहीं कराने चाहिए। जब चिकित्सक रोगी को असंयम बरतने की सलाह देता है, तब रोगी के स्वस्थ होने की कोई आशा नहीं रहती।


अभी के लिए विदा 

प्रकृति के विरुद्ध जीवन-शैली के बारे में -- पत्र - 120

 प्रिय लूसीलियस 


दिन पहले ही ढलने लगा है। उसकी अवधि कुछ कम हो गई है, फिर भी जो लोग मानो सूर्य के साथ ही उठते हैं, उनके लिए अभी भी पर्याप्त समय उपलब्ध है। यदि हम उषा से पहले ही जाग जाएँ और प्रातः का आरंभिक प्रकाश प्राप्त कर लें तो हम अपने सामाजिक कर्तव्यों को निभाने के लिए अधिक सक्षम और अधिक तत्पर होंगे। जब सूर्य आकाश में काफी ऊपर चढ़ चुका हो और हम तब भी आधी नींद में पड़े रहें तो यह लज्जाजनक है कि दिन का आरंभ दोपहर के समय करें। बहुत-से लोगों के लिए तो दोपहर भी उषा से पहले का समय ही है! कुछ लोग दिन और रात के कार्यों को ही उलट देते हैं। उनकी आँखों पर अभी तक पिछली रात की मदिरापान की खुमारी छाई रहती है और वे उन्हें तब तक नहीं खोलते, जब तक संध्या निकट नहीं आ जाती। वे उन लोगों के समान हैं, जिनका वर्णन वर्जिल ने किया है और जिन्हें प्रकृति ने हमारे पैरों के ठीक नीचे छिपा रखा है:

जब उषा, हिनहिनाते घोड़ों के साथ,
हमारे पास आती है,
तब उनके लिए संध्या का तारा,
लालिमा के साथ प्रज्वलित होता है।

इस मामले में, हालाँकि, यह पृथ्वी के गोले का वह भाग नहीं है जो हमारे भाग के विपरीत है बल्कि उनके जीवन जीने का ढंग है।



    इसी नगर में भी ऐसे ‘प्रतिपाद’ लोग हैं, ऐसे लोग, जो मार्कस कैटो के अनुसार, न तो कभी सूर्योदय देखते हैं और न सूर्यास्त। क्या तुम समझते हो कि वे जीवन जीना जानते हैं? वे तो यह भी नहीं जानते कि कब जीना चाहिए! अब जब उन्होंने स्वयं को जीवित ही कब्र में दफना लिया है तो क्या उन्हें मृत्यु से भी भय लगता है? वे रात में विचरण करने वाले पक्षियों की तरह अशुभ और भयावह हैं। यद्यपि वे अपनी अँधेरी रातें शराब और सुगंधित पदार्थों के बीच बिताते हैं, यद्यपि वे अपनी इस उलटी-पुलटी जागृति का पूरा समय अनेक प्रकार के व्यंजनों वाले भोजों की एक के बाद एक श्रृंखला में लगा देते हैं, फिर भी वे उत्सव नहीं मना रहे होते बल्कि अपने ही अंतिम संस्कार का उत्सव मना रहे होते हैं। बस इतना अंतर है कि वास्तविक मृतकों का अंतिम संस्कार दिन के समय होता है! लेकिन सच तो यह है कि सक्रिय व्यक्ति के लिए कोई भी दिन पर्याप्त लंबा नहीं होता। हमें अपने जीवन का विस्तार करना चाहिए। सक्रिय रहना ही जीवन का कार्य है और यही इस बात का प्रमाण भी है कि हम जीवित हैं। रात को छोटा करना चाहिए और उसके कुछ हिस्से को दिन में स्थानांतरित कर देना चाहिए। 

    भोजों के लिए खरीदे गए मुर्गों को अँधेरी जगह में रखा जाता है ताकि वे निष्क्रिय रहें और आसानी से मोटे हो जाएँ। बिना हिले-डुले पड़े रहने से उनके आलसी शरीर फूल जाते हैं। अँधेरे में बंद रहने के कारण उनके शरीर पर अनुपयोगी चर्बी चढ़ जाती है। लेकिन जिन लोगों ने स्वयं को अँधेरे के हवाले कर दिया है, उनके शरीर वास्तव में घृणित दिखाई देते हैं। उनका रंग रोगियों के पीलापन से भी अधिक चिंताजनक है। दुर्बलता और जर्जरता ने उनके चेहरे का रंग सफेद कर दिया है और उनके शरीर का मांस, जीवित रहते हुए भी, सड़ने लगा है। फिर भी मैं इसे उनकी सबसे छोटी समस्या कहूँगा। उनके मन में इससे कहीं अधिक अँधेरा है! भीतर से ऐसे लोग स्तब्ध और पूरी तरह धुंध से घिरे हुए हैं। अंधे लोगों से भी बदतर। आखिर किसे आँखें केवल अँधेरे में देखने के लिए मिली हैं?

    क्या तुम जानना चाहते हो कि दिन से बचने और अपने पूरे जीवन को रात में स्थानांतरित कर देने की इस विचित्र आदत की उत्पत्ति कहाँ से हुई? हमारे सभी दोष प्रकृति के विरुद्ध होते हैं। वे सभी उचित व्यवस्था को छोड़ देते हैं। आत्म-लिप्सा का लक्ष्य केवल विकृत आचरण में आनंद लेना ही नहीं होता बल्कि सीधे मार्ग से हटना और उससे जितना संभव हो उतना दूर चले जाना। अंततः ठीक उसके विपरीत स्थिति अपना लेना होता है। तुम निश्चित रूप से सहमत होगे कि भोजन से पहले शराब पीना प्रकृति के विरुद्ध है। बिना भोजन के शराब को सीधे रक्त में पहुँचाना और भोजन के लिए पहले से ही नशे में पहुँचना। फिर भी यह दोष हमारे युवकों में आम है। वे व्यायाम करने केवल इसलिए जाते हैं कि स्नानागार से बाहर निकलते ही शराब पी सकें। जबकि अभी भी उनके चारों ओर नग्न लोग होते हैं। इससे भी बुरी बात यह है कि वे स्नान करते समय ही शराब पीते हैं और एक के बाद एक प्याला गरम शराब पीकर अपने शरीर से निकले पसीने को बार-बार धोते रहते हैं। भोजन के बाद या रात के भोजन के बाद शराब पीना, उनके विचार से, असभ्य लोगों का काम है। ऐसे देहाती लोगों का, जो परिष्कृत सुख का कुछ भी ज्ञान नहीं रखते। उनके अनुसार शुद्ध शराब का आनंद तभी मिलता है, जब वह भोजन के साथ न मिले और सीधे मस्तिष्क तक पहुँच जाए। खाली पेट नशे में होना ही सबसे अच्छा है!

    तुम निश्चित रूप से सहमत होगे कि पुरुषों के लिए स्त्रियों के वस्त्र धारण करना प्रकृति के विरुद्ध है। जब लोग अधिक उम्र में भी जवान और सुंदर दिखने का प्रयास करते हैं तो क्या वे प्रकृति के विरुद्ध जीवन नहीं जी रहे होते? इससे अधिक क्रूर या दयनीय और क्या हो सकता है? केवल इसलिए कि वे किसी पुरुष से यौन संबंध प्राप्त करते रहें, स्वयं कभी पुरुष न बनना! यदि उनका पुरुषत्व उन्हें इस दुर्व्यवहार से नहीं बचा सकता तो क्या परिपक्वता भी उन्हें इससे नहीं बचाएगी? तुम निश्चित रूप से सहमत होगे कि सर्दियों में गुलाब पाने की लालसा करना प्रकृति के विरुद्ध है। ठंड के मौसम में गर्म पानी से सींचकर लिली को खिलने के लिए विवश करना और सही समय पर उनके गमलों को इधर-उधर करना भी प्रकृति के विरुद्ध है। फिर उन लोगों का क्या, जो घरों की छतों पर फलदार वृक्ष लगाते हैं? उनकी छतें और कंगूरे पत्तियों से ढँक जाते हैं और उनकी जड़ें उस स्थान से भी ऊँचाई पर होती हैं, जहाँ वास्तव में वृक्षों की चोटियाँ होनी चाहिए। क्या यह प्रकृति के विरुद्ध नहीं है? क्या समुद्र में गर्म स्नानागारों की नींव रखना और यह सोचना कि सुरुचिपूर्ण ढंग से तैरने का आनंद तभी लिया जा सकता है, जब गर्म पानी का कुंड लहरों और तूफानों से घिरा हो, क्या यह भी प्रकृति के विरुद्ध नहीं है? 

    जब लोगों ने हर चीज़ को प्रकृति के विरुद्ध करने को अपना नियम बना लिया तो अंततः वे प्रकृति को पूरी तरह छोड़ देते हैं। “दिन का समय है,” वे कहते हैं, “सोने का समय है। नगर शांत हो चुका है। अब हमें व्यायाम करना चाहिए, सवारी के लिए निकलना चाहिए और दोपहर का भोजन करना चाहिए। लगभग भोर हो गई है। अब रात का भोजन करने का समय है। हमें सामान्य लोगों की तरह व्यवहार नहीं करना चाहिए। सामान्य और उबाऊ ढंग से जीवन जीना हमारे लिए अपमानजनक है। सार्वजनिक दिन को दूर हटाओ। हमारे लिए एक विशेष सुबह हो, जो केवल हमारी अपनी हो!” जहाँ तक मेरा संबंध है, ऐसे लोग पहले ही मुर्दाघर में पहुँच चुके हैं। वे अंतिम संस्कार से कितनी दूर हैं और वह भी समय से पहले होने वाले अंतिम संस्कार से। जबकि वे पहले से ही मशालों और मोमबत्तियों के प्रकाश में जीवन जी रहे हैं?

    मुझे याद है कि एक समय में बहुत-से लोग इसी तरह जीवन जीते थे, जिनमें एक पूर्व प्रेटर, अकीलियस बुता (उच्च पदस्थ सरकारी अधिकारी और न्यायिक अधिकारी एवं अभिजात्य वर्ग से संबंधित), भी शामिल था। उसने अपनी बहुत बड़ी विरासत पूरी तरह उड़ा दी। जब उसने सम्राट टिबेरियस के सामने अपनी आर्थिक हानि स्वीकार की तो सम्राट ने कहा, “तुम्हें जागने में कुछ देर हो गई।” जूलियस मोंटानस एक ठीक-ठाक कवि था, जो टिबेरियस से अपनी मित्रता और फिर उनके बीच हुए मतभेद, दोनों के लिए जाना जाता था। एक दिन वह अपनी रचना का पाठ कर रहा था। मोंटानस को अपनी कविताओं में सूर्योदय और सूर्यास्त का वर्णन भरना बहुत पसंद था। किसी व्यक्ति को दिन-भर उसका पाठ सुनना खल रहा था। उसने टिप्पणी की कि किसी को भी उसके काव्य-पाठ में शामिल नहीं होना चाहिए। इस पर पिनारियस नाटा ने कहा, “क्या मैं इससे अधिक उदार नहीं हो सकता? मैं तो सूर्योदय से सूर्यास्त तक उसे सुनने के लिए तैयार हूँ।” इसके बाद जब मोंटानस ने ये पंक्तियाँ पढ़ीं—

“फीबस अपनी प्रज्वलित अग्नि फैलाना आरंभ करता है,
गुलाबी आभा से दिन चमक उठता है, शोकाकुल अबाबील
अपने बच्चों को धैर्यपूर्वक भोजन कराना शुरू करती है,
उसकी कोमल चोंच हर चीखती हुई चोंच की ओर ध्यान देती है... ”

तो वारुस चिल्लाकर बोला, “बुता के सोने का समय हो गया है।” (यह वारुस रोमन अश्वारोही वर्ग का व्यक्ति था, मार्कस विनिसियस का मित्र और उच्च वर्ग के भोजों में नियमित रूप से उपस्थित रहने वाला व्यक्ति था। वह ऐसे भोजों का खर्च अपने चुटीले और विनोदी कथनों से चुकाता था।) इसके बाद, जब मोंटानस ने ये पंक्तियाँ पढ़ीं—

“अब चरवाहे अपने झुंडों को बाड़ों के भीतर बंद कर देते हैं,
अब शांतिदायक रात धरती को शांति देने लगती है...”

तो वारुस ने कहा, “तुम्हारा क्या मतलब है? क्या रात पहले ही हो गई? मैं बुता के यहाँ जाकर सुबह का अभिवादन कर आता हूँ।” इस व्यक्ति की दिनचर्या का इस तरह उलट-पुलट होना जितना प्रसिद्ध था, उतना शायद ही किसी और का रहा हो। हालाँकि, जैसा कि मैंने कहा, उस समय ऐसी जीवन-शैली फैशन में थी।

    कुछ लोग इस तरह जीवन इसलिए नहीं जीते कि उन्हें रात में कोई विशेष आनंद मिलता है बल्कि इसलिए कि उन्हें कोई भी सामान्य चीज़ पसंद नहीं होती। अपराध-बोध से ग्रस्त मन के लिए प्रकाश एक बोझ होता है। जिन लोगों के लिए किसी वस्तु को चाहने या तुच्छ समझने का एकमात्र आधार यह है कि उसकी कीमत कितनी है, उनके लिए जो चीज़ निशुल्क मिलती है, उसका कोई मूल्य नहीं होता। इसके अतिरिक्त, ऐश्वर्य में डूबे लोग चाहते हैं कि जब तक वे जीवित रहें, उनके जीवन की चर्चा होती रहे क्योंकि जब उनके बारे में बातें होना बंद हो जाती हैं तो उन्हें लगता है कि उनकी सारी कोशिशें व्यर्थ जा रही हैं। इसलिए वे लगातार कुछ न कुछ ऐसा करते रहते हैं जिससे लोगों में उनके बारे में चर्चा शुरू हो जाए। बहुत-से लोग अत्यधिक धन खर्च करते हैं और बहुत-से लोग रखैलें रखते हैं। इस वर्ग के लोगों के बीच अपना नाम बनाने के लिए तुम्हें विलासिता के साथ-साथ कुख्याति को भी अपनाना पड़ता है। यह एक व्यस्त नगर है। सामान्य दुर्गुणों पर किसी का ध्यान ही नहीं जाता।

    मैंने एक बार एल्बिनोवानस पेडो को, जो बहुत ही मनोरंजक ढंग से किस्से सुनाने वाला व्यक्ति था, यह बताते हुए सुना था कि वह सेक्स्टस पापिनियस के घर के ऊपर रहता था। सेक्स्टस पापिनियस भी उन लोगों में से था जो दिन के प्रकाश से बचते थे। “रात के लगभग तीसरे पहर,” उसने कहा, “मुझे कोड़ों की आवाज़ सुनाई देती है। मैं पूछता हूँ कि स्वामी क्या कर रहे हैं? उत्तर मिलता है कि वे हिसाब-किताब कर रहे हैं। रात के लगभग छठे पहर मुझे जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज़ सुनाई देती है। मैं पूछता हूँ कि क्या हो रहा है? मुझे बताया जाता है कि वे अपनी आवाज़ का अभ्यास कर रहे हैं। रात के लगभग आठवें पहर मैं पूछता हूँ कि पहियों की यह आवाज़ किस बात की है? मुझे बताया जाता है कि वे सवारी के लिए बाहर गए हैं। भोर होते-होते लोग इधर-उधर भाग-दौड़ करने लगते हैं, दासों को बुलाया जा रहा है, प्रबंधक और रसोइए हंगामा मचा रहे हैं। मैं पूछता हूँ कि क्या बात है? उत्तर मिलता है कि स्नान करके निकलने के बाद उन्होंने मधु-मिश्रित मदिरा और दलिया माँगा है।” किसी ने कहा, “लगता है उनका रात का भोजन पूरे दिन चलता रहा होगा।” “बिल्कुल नहीं,” पेडो ने कहा। “वह बहुत मितव्ययी जीवन जीते थे। रात के अलावा कुछ भी ग्रहण नहीं करते थे।” इसलिए जब कुछ लोग सेक्स्टस को कंजूस कहते थे तो पेडो ने कहा, “तुम यह भी कह सकते हो कि वह दीपक की रोशनी पर जीवन बिताता है।” 

    तुम्हें दुर्गुणों के इतने अलग-अलग रूप देखकर आश्चर्य नहीं करना चाहिए। दुर्गुण अनेक प्रकार के होते हैं। उनके रूपों को गिनना या उनके सभी प्रकारों को समझ पाना बहुत कठिन है। उचित और सदाचारी जीवन की केवल एक ही दिशा होती है। लेकिन दुराचार अनेक रूप धारण करता है और हर बार किसी नई दिशा में मुड़ जाता है। चरित्र के साथ भी यही बात है। जब लोग प्रकृति का अनुसरण करते हैं तो वे सरल, सहज और अधिकांशतः एक-दूसरे के समान होते हैं। जो लोग विकृत मार्ग अपना लेते हैं, वे दूसरों से भी बहुत भिन्न हो जाते हैं और स्वयं अपने भीतर भी विरोधाभास से भर जाते हैं। 

    लेकिन मेरी राय में इस बीमारी का मुख्य कारण सामान्य जीवन के प्रति घृणा है। जिस प्रकार ऐसे लोग अपने पहनावे, अपने भोजों की भव्यता और अपनी सजी-धजी गाड़ियों के द्वारा स्वयं को दूसरों से अलग दिखाते हैं, उसी प्रकार वे अपने समय को व्यवस्थित करने के तरीके में भी स्वयं को एक अलग वर्ग का बनाना चाहते हैं। जिन लोगों को अपने गलत कामों का पुरस्कार कुख्याति के रूप में मिलता है, वे सामान्य अपराध करना नहीं चाहते। यही, यदि ऐसा कहा जाए तो उलटे ढंग से जीवन जीने वाले प्रत्येक व्यक्ति का उद्देश्य है। इसलिए, प्रिय लूसीलियस, हमें उस मार्ग पर दृढ़ रहना चाहिए जिसे प्रकृति ने हमारे लिए निर्धारित किया है और उससे विचलित नहीं होना चाहिए। प्रकृति का अनुसरण करो। सब कुछ सरल तथा सहज हो जाता है। उसके विरुद्ध संघर्ष करो। तुम उस नाविक की तरह जीवन बिताओगे जो धारा के विपरीत नाव खेने का प्रयास करता है।


अभी के लिए विदा 

खलील जिब्रान (Khalil Gibran) की प्रसिद्ध पुस्तक द प्रोफेट (The Prophet) का हिंदी अनुवाद (संपूर्ण पुस्तक)

  द प्रोफेट जहाज़ का आगमन   अलमुस्तफ़ा, चुना हुआ और प्रिय, जो अपने ही युग के लिए प्रभात के समान था , बारह वर्षों से   नगर में उस जहाज़...