Sunday, 2 August 2026

मृत्यु के बाद मिलने वाली कीर्ति के बारे में -- पत्र - 100 (एक स्टोइक के पत्र/सेनेका के पत्रों का हिन्दी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


यह अत्यंत खीझ उत्पन्न करने वाली बात होती है कि किसी सुखद सपने से अचानक जगा दिया जाए क्योंकि जो सुख उससे छिन जाता है, वह चाहे काल्पनिक ही क्यों न हो, उसका प्रभाव वास्तविक होता है। तुम्हारे पत्र ने भी मेरे साथ कुछ ऐसा ही किया। उसने मुझे उस समय बाधित कर दिया, जब मैं ऐसे चिंतन में पूर्णतः तल्लीन था, जो मुझे अत्यंत प्रिय है और अवसर मिलता तो मैं उसे और भी देर तक जारी रखता। मैं आत्मा की अमरता के विषय में विचार करने का आनंद ले रहा था। इतना ही नहीं, मैं उस पर विश्वास करने के लिए भी तैयार हो गया था। मैं उन महान पुरुषों के मतों के प्रति सहानुभूति अनुभव कर रहा था, जो इस अत्यंत मनोहर संभावना का समर्थन करते हैं।  हालाँकि वे उसे पूरी तरह सिद्ध नहीं कर पाते। मैंने स्वयं को इस महान आशा के हवाले कर दिया था। मैं अपने वर्तमान जीवन से पहले ही विरक्त होने लगा था। अपने दुर्बल जीवन के शेष बचे हुए अंशों से भी मेरा मन ऊब चुका था। मेरे सामने उस असीम काल में प्रवेश करने और शाश्वतता का अधिकारी बनने की संभावना थी। पर तभी तुम्हारा पत्र आ पहुँचा और मैं जैसे नींद से जगा दिया गया। इस प्रकार मेरा वह मनोहर स्वप्न टूट गया। फिर भी, यदि मैं तुमसे कुछ समय के लिए छुटकारा पा सका तो मैं उसे फिर खोज निकालूँगा और पुनः प्राप्त कर लूँगा।


    तुम्हारे पत्र का आरंभ इस बात पर ज़ोर देता है कि मैं उस विवेचना को पूरा नहीं कर पाया, जिसमें मैं स्टोइक मत के इस सिद्धांत को सिद्ध करने का प्रयास कर रहा था कि मृत्यु के बाद मिलने वाली कीर्ति भी एक प्रकार का शुभ है। तुम्हारा कहना है कि मैं हमारे विरोधियों की इस आपत्ति का समाधान नहीं कर सका, “कोई भी शुभ ऐसी वस्तुओं से मिलकर नहीं बन सकता जो एक-दूसरे से पृथक हों। किंतु यह तो ऐसी ही पृथक वस्तुओं से मिलकर बना है।” प्रिय लूसीलियस, तुम्हारी यह कठिनाई उसी विवेचना के अंतर्गत आने वाले एक दूसरे विषय से संबंधित है। इसलिए मैंने न केवल उसका उत्तर देना स्थगित रखा बल्कि उससे संबंधित अन्य प्रश्नों की चर्चा भी नहीं की क्योंकि, जैसा कि तुम जानते हो, नीतिशास्त्र में कुछ ऐसे विषय भी सम्मिलित होते हैं जो तर्कशास्त्र के क्षेत्र में आते हैं। 

    इसी कारण अब तक मैंने केवल उन्हीं विषयों पर विचार किया है जो सीधे-सीधे नीतिशास्त्र से संबंधित हैं जैसे कि क्या अपने अंतिम दिन के बाद तक अपनी चिंता का विस्तार करना मूर्खता और निरर्थकता है अथवा क्या हमारे सभी शुभ हमारे साथ ही समाप्त हो जाते हैं और हमारे अस्तित्व समाप्त हो जाने के बाद कुछ भी हमारा नहीं रहता? क्या उस वस्तु से, जो हमारे अस्तित्व समाप्त हो जाने के बाद घटित होगी और जिसका अनुभव हम कभी नहीं कर सकेंगे, पहले से ही किसी लाभ की आशा की जा सकती है या उसका कोई लाभ अनुभव किया जा सकता है? ये सभी प्रश्न नीतिशास्त्र से संबंधित हैं। इसलिए मैंने उन्हें उनके उचित स्थान पर ही रखा है। लेकिन इस स्टोइक सिद्धांत के विरुद्ध तर्कशास्त्रियों द्वारा उठाई गई आपत्तियों को अलग रखना आवश्यक था। इसलिए मैंने उन्हें एक ओर रख दिया। अब, चूँकि तुम पूरे विषय का निरूपण चाहते हो। इसलिए मैं उन सभी आपत्तियों का क्रमशः उल्लेख करूँगा और फिर एक-एक करके उनका खंडन करूँगा।

    मेरे प्रतिवादों को समझने योग्य बनाने के लिए आवश्यक है कि मैं पहले कुछ प्रारंभिक बातें कहूँ। मेरा आशय क्या है? कुछ वस्तुएँ ऐसी होती हैं जो अखंड होती हैं जैसे, एक मनुष्य। कुछ अन्य संयुक्त होती हैं जैसे, एक जहाज़, एक घर, अथवा वे सभी वस्तुएँ जो विभिन्न भागों के परस्पर जुड़ने से एक इकाई बनती हैं। कुछ ऐसी होती हैं जो पृथक-पृथक भागों से मिलकर बनी होती हैं, जिनका प्रत्येक भाग अपनी अलग सत्ता बनाए रखता है जैसे, एक सेना, एक जनसमुदाय या एक सीनेट। इन अंतिम प्रकार की संस्थाओं के जिन घटकों से उनका निर्माण होता है। वे विधि या कार्य के आधार पर एक साथ जुड़े रहते हैं पर स्वभावतः वे अलग-अलग व्यक्ति ही होते हैं। अब मुझे और कौन-सी प्रारंभिक बातें कहनी चाहिए? हम स्टोइकों का सिद्धांत है कि कोई भी शुभ ऐसी वस्तुओं से मिलकर नहीं बन सकता जो एक-दूसरे से पृथक हों। इसका कारण यह है कि कोई भी एक शुभ वस्तु एक ही आत्मा के नियंत्रण और संचालन में होनी चाहिए अर्थात किसी एक शुभ वस्तु का संचालन करने वाली शक्ति भी एक ही होनी चाहिए। यदि कभी तुम इसका प्रमाण चाहो तो यह बात स्वयं अपने स्वरूप से सिद्ध की जा सकती है। फिलहाल मुझे इसे एक आधारभूत मान्यता के रूप में स्वीकार करना पड़ा है क्योंकि हमारे ही सिद्धांतों का उपयोग हमारे विरुद्ध किया जा रहा है।

    इस प्रकार हमारा प्रतिपक्षी कहता है, “तुम यह दावा करते हो कि कोई भी शुभ ऐसी वस्तुओं से मिलकर नहीं बन सकता जो एक-दूसरे से पृथक हों। किंतु जिस यश की तुम बात कर रहे हो, वह तो सज्जनों की अनुकूल धारणा है। प्रतिष्ठा किसी एक व्यक्ति के कथन का नाम नहीं है। न ही अपयश किसी एक व्यक्ति के प्रतिकूल निर्णय का परिणाम है। उसी प्रकार यश भी केवल किसी एक सद्गुणी व्यक्ति को प्रसन्न करने का विषय नहीं है। यश तभी अस्तित्व में आता है, जब अनेक प्रतिष्ठित और सम्मानित व्यक्ति एक ही मत पर सहमत होते हैं। अतः यश अनेक व्यक्तियों के निर्णयों का परिणाम है। ऐसे व्यक्तियों के निर्णयों का, जो एक-दूसरे से पृथक हैं। इसलिए यश कोई शुभ नहीं हो सकता।”

    इसके अतिरिक्त वह कहता है, “यश वह प्रशंसा है जो सज्जन लोग किसी सज्जन व्यक्ति को प्रदान करते हैं। लेकिन प्रशंसा तो वाणी है। एक अर्थपूर्ण कथन। परंतु वाणी, चाहे वह सज्जनों की ही क्यों न हो, स्वयं कोई शुभ वस्तु नहीं है। यद्यपि एक सज्जन व्यक्ति की प्रत्येक विशेषता प्रशंसनीय और सराहनीय होती है, फिर भी यह आवश्यक नहीं कि उसके द्वारा किया गया प्रत्येक कार्य शुभ ही हो। वह ताली भी बजाता है और हूट भी करता है। पर कोई भी न तो उसकी ताली को शुभ कहता है और न ही उसके हूट करने को जैसे, कोई उसकी छींक या उसकी खाँसी को शुभ नहीं कहता। इसलिए यश कोई शुभ वस्तु नहीं है। 

    अंत में हमें यह बताओ कि यह शुभ किसका है, प्रशंसा करने वाले का या प्रशंसा पाने वाले का? यदि तुम कहते हो कि यह प्रशंसा पाने वाले का शुभ है तो यह उतना ही हास्यास्पद होगा, जितना यह कहना कि किसी दूसरे व्यक्ति का उत्तम स्वास्थ्य मेरा स्वास्थ्य है। पर जो व्यक्ति प्रशंसा के योग्य है, उसकी प्रशंसा करना एक श्रेष्ठ कर्म है। इसलिए शुभ तो उसी का है जो प्रशंसा करता है क्योंकि वही उसका कर्म है। हमारा नहीं, जिनकी प्रशंसा की जा रही है। यही तो विवाद का विषय था।” 

    अब मैं इन प्रत्येक बिंदुओं पर क्रमशः विचार करूँगा। सबसे पहले, यह प्रश्न कि क्या कोई शुभ ऐसी वस्तुओं से मिलकर बन सकता है जो एक-दूसरे से पृथक हों। यह विषय अभी भी विचाराधीन है और दोनों पक्षों के समर्थक विद्यमान हैं। दूसरा प्रश्न यह है कि क्या यश के लिए अनेक व्यक्तियों की स्वीकृति आवश्यक है? नहीं। वह तो एक ही सज्जन व्यक्ति के निर्णय से भी पूर्ण हो सकता है क्योंकि यह वही सज्जन व्यक्ति है जो यह निर्णय करता है कि हम भी सज्जन हैं।

    “यह कैसे संभव है?” हमारा प्रतिपक्षी कहता है। “क्या प्रतिष्ठा केवल एक व्यक्ति के सम्मान का नाम होगी? क्या अपयश केवल एक व्यक्ति की निंदा से उत्पन्न हो जाएगा? मैं तो यह मानता हूँ कि यश का क्षेत्र कहीं अधिक व्यापक होता है और उसके लिए अनेक लोगों की सहमति आवश्यक है।” परंतु प्रतिष्ठा और अपयश का विषय यश से भिन्न है। क्यों? इसलिए कि यदि किसी सज्जन व्यक्ति की मेरे बारे में अच्छी राय है तो मेरी स्थिति वही है मानो सभी सज्जन व्यक्तियों की मेरे बारे में वही राय हो। वास्तव में, यदि वे सब मुझे जानते होते तो उनकी भी वही राय होती। उनका निर्णय एक ही होता है और वह समान रूप से सत्य पर आधारित होता है। वे एक-दूसरे से असहमत नहीं हो सकते। इसलिए यह मानना उचित है कि उन सबका निर्णय एक ही है क्योंकि उनके लिए कोई भिन्न निर्णय लेना संभव ही नहीं है। 

पर जहाँ यश अर्थात व्यापक प्रतिष्ठा का प्रश्न है, वहाँ एक व्यक्ति की राय पर्याप्त नहीं होती। पहले प्रसंग में एक व्यक्ति का निर्णय सभी का प्रतिनिधित्व कर सकता है क्योंकि यदि सभी सज्जन व्यक्तियों से पूछा जाए तो उनका निर्णय सर्वसम्मत होगा। दूसरे प्रसंग में, विभिन्न लोग भिन्न-भिन्न निर्णय करते हैं। ऐसी स्थिति में सहमति प्राप्त होना कठिन होता है, और पूरा विषय संदेह, अनिश्चितता तथा शंका से भरा रहता है। क्या तुम यह समझते हो कि सभी लोग एक ही मत के हो सकते हैं? ऐसा तो एक ही व्यक्ति के भीतर भी नहीं होता। सज्जन व्यक्ति के मामले में निर्णय का आधार सत्य होता है। सत्य की शक्ति भी एक ही होती है तथा उसका स्वरूप भी एक ही होता है। लेकिन अन्य लोगों के मामले में वे असत्य बातों को स्वीकार करते हैं। असत्य कभी स्थिर नहीं रहता। वह सदा परिवर्तनशील होता है तथा मतभेद और असहमति को जन्म देता है।

    “पर प्रशंसा तो केवल एक कथन है और कथन कोई शुभ वस्तु नहीं है।” जब स्टोइक यह कहते हैं कि यश वह प्रशंसा है जो सज्जन लोग किसी सज्जन व्यक्ति को प्रदान करते हैं, तब उनका आशय किसी कथन से नहीं बल्कि एक धारणा या निर्णय से होता है। वास्तव में, कोई सज्जन व्यक्ति कुछ कहे बिना भी यदि यह निर्णय कर ले कि कोई व्यक्ति प्रशंसा के योग्य है तो वह व्यक्ति प्रशंसित हो चुका है। इसके अतिरिक्त, प्रशंसा और स्तुतिगान एक ही बात नहीं हैं। स्तुतिगान के लिए वाणी आवश्यक है। इसी कारण कोई 'अंत्येष्टि-प्रशंसा' नहीं कहता बल्कि 'अंत्येष्टि-प्रशस्ति' कहता है क्योंकि प्रशस्ति का कार्य उसे सार्वजनिक रूप से बोलकर व्यक्त करना है। जब हम कहते हैं कि कोई व्यक्ति प्रशंसा के योग्य है, तब हमारा आशय यह नहीं होता कि लोग उसके विषय में मधुर शब्द बोलेंगे बल्कि यह होता है कि वे उसके बारे में अनुकूल निर्णय करेंगे। इसलिए प्रशंसा तब भी होती है, जब कोई व्यक्ति बिना कुछ कहे किसी सज्जन के विषय में अच्छा विचार रखता है और केवल अपने मन में ही उसकी प्रशंसा करता है। 

    इसके अतिरिक्त, जैसा कि मैं पहले कह चुका हूँ, प्रशंसा का संबंध मन की वृत्ति से है, न कि उन शब्दों से जो उस प्रशंसा को व्यक्त करके सार्वजनिक रूप से प्रकट करते हैं। किसी की प्रशंसा करना अर्थात यह निर्णय करना कि वह प्रशंसा का पात्र है। जब हमारा त्रासदी-कवि कहता है कि “उस व्यक्ति द्वारा प्रशंसित होना, जो स्वयं प्रशंसित है, अत्यंत गौरव की बात है,” तो उसका अभिप्राय यह है कि “उस व्यक्ति द्वारा, जो स्वयं प्रशंसा के योग्य है।” जब एक अन्य प्राचीन कवि कहता है कि “प्रशंसा कलाओं का पोषण करती है,” तो उसका आशय स्तुतिगान से नहीं है क्योंकि वास्तव में स्तुतिगान ही कलाओं को नष्ट कर देता है। वस्तुतः, जनसाधारण की प्रशंसा ने जितना वक्तृत्व-कला और उन सभी कलाओं को भ्रष्ट किया है जो केवल श्रोताओं को प्रभावित करने के लिए विकसित की जाती हैं, उतना किसी और चीज़ ने नहीं किया। निश्चय ही, प्रतिष्ठा के लिए उसका उच्चारित होना आवश्यक है। लेकिन यश बिना बोले भी विद्यमान हो सकता है। उसके लिए केवल एक अनुकूल निर्णय पर्याप्त है। यश केवल मौन रहने वालों के बीच ही पूर्ण नहीं होता बल्कि उन लोगों के बीच भी पूर्ण रहता है जो उसका विरोध करते हैं और उसे दबाने का प्रयास करते हैं। मैं तुम्हें यश और प्रसिद्धि के बीच का अंतर बताता हूँ। प्रसिद्धि का आधार जनसाधारण का निर्णय होता है। जबकि यश का आधार सज्जन व्यक्तियों का निर्णय होता है।

    “यश अर्थात किसी सज्जन व्यक्ति को सज्जनों द्वारा दी गई प्रशंसा, किसका शुभ है? क्या वह उस व्यक्ति का शुभ है जिसकी प्रशंसा की जाती है, या उसका जो प्रशंसा करता है?” वह दोनों का शुभ है। जब मेरी प्रशंसा की जाती है, तब वह मेरा शुभ है क्योंकि स्वभावतः मेरे मन में सभी मनुष्यों के प्रति स्नेह है। मुझे इस बात का आनंद होता है कि मैंने अच्छा आचरण किया है तथा ऐसे लोगों से मिला हूँ जो मेरे सद्गुणों के प्रति कृतज्ञ हैं। उनकी कृतज्ञता इस शुभ को अनेक लोगों से संबंधित बना देती है। फिर भी वह मेरा भी शुभ है क्योंकि मेरी मनोवृत्ति ऐसी है कि मैं दूसरों के शुभ को भी अपना शुभ मानता हूँ, विशेषकर उन लोगों का, जिनके लिए मैं स्वयं किसी शुभ का कारण बना हूँ। वही शुभ उन लोगों का भी है जो प्रशंसा करते हैं क्योंकि वे यह कार्य सद्गुणपूर्वक करते हैं। प्रत्येक सद्गुणपूर्ण कर्म स्वयं एक शुभ है। यदि मैं स्वयं सद्गुणी न होता तो उन्हें भी यह शुभ प्राप्त न होता। इस प्रकार, उचित और योग्य प्रशंसा दोनों पक्षों के लिए शुभ है। ठीक उसी प्रकार जैसे उचित निर्णय, निर्णय देने वाले के लिए भी शुभ होता है और उस व्यक्ति के लिए भी, जिसे उस निर्णय का लाभ प्राप्त होता है। निस्संदेह, तुम यह स्वीकार करोगे कि न्याय उस व्यक्ति के लिए भी शुभ है जिसके भीतर वह गुण है। उस व्यक्ति के लिए भी जिसे उसका उचित अधिकार प्राप्त होता है। उसी प्रकार, किसी योग्य व्यक्ति की प्रशंसा करना न्याय है। इसलिए यह शुभ दोनों पक्षों का होता है।

    इन कुतर्क करने वालों के उत्तर में इतना ही पर्याप्त है। हमें अपना उद्देश्य इन सूक्ष्म और तुच्छ विवादों में उलझना नहीं बनाना चाहिए और न ही दर्शन को उसकी गरिमा से गिराकर ऐसी क्षुद्र बातों तक ले आना चाहिए।सीधे और खुले मार्ग पर चलना कितना अधिक संतोषजनक है बजाय इसके कि मनुष्य स्वयं ही घुमावदार रास्ते बनाए और फिर बड़े कष्ट से उन्हीं पर लौटने को विवश हो। इस प्रकार के तर्क-वितर्क वास्तव में चतुर वाद-विवाद करने वालों के बौद्धिक विनोद मात्र हैं।

    मुझे तो इसके बजाय यह बताओ कि अपने मन को अनंत तक विस्तृत करना कितना स्वाभाविक है। मानव-मन एक महान और उदात्त वस्तु है। वह अपने लिए कोई सीमा स्वीकार नहीं करता, सिवाय उन सीमाओं के जिन्हें वह स्वयं देवत्व के साथ साझा करता है। सबसे पहले, वह किसी संकीर्ण मातृभूमि को स्वीकार नहीं करता। चाहे वह इफिसस हो, अलेक्ज़ान्द्रिया हो अथवा कोई और अधिक जनसंख्या वाला और अधिक भव्य नगर ही क्यों न हो। उसकी वास्तविक मातृभूमि वह है जो समस्त विश्व की ऊँचाइयों और सम्पूर्ण विस्तार को अपने भीतर समेटे हुए है, स्वयं आकाश का विशाल मंडल। उसी के भीतर समुद्र और पृथ्वी दोनों स्थित हैं। उसी के भीतर वायु का निम्न प्रदेश मनुष्यों और देवताओं के बीच भेद भी स्थापित करता है और उन्हें जोड़ता भी है। उसी में असंख्य दैवी शक्तियाँ अपने-अपने निश्चित स्थानों पर स्थित रहकर निरंतर अपने-अपने कार्यों की सावधानीपूर्वक देखरेख करती हैं। दूसरे, मन अपने लिए सीमित जीवनकाल को भी स्वीकार नहीं करता। वह कहता है, “समस्त वर्ष मेरे हैं। कोई भी युग महान बुद्धियों के लिए बंद नहीं है। कोई भी काल चिंतन के लिए अनुपलब्ध नहीं है। जब वह दिन आएगा जो इस दैवी और मानवीय तत्वों के मिश्रण को अलग कर देगा, तब मैं इस शरीर को वहीं छोड़ दूँगा जहाँ मैंने उसे पाया था। स्वयं को देवताओं को समर्पित कर दूँगा। अभी भी मैं उनसे पृथक नहीं हूँ। केवल इस पृथ्वी-निर्मित शरीर का भार ही मुझे उनसे अलग रखे हुए है।”

    हमारा समूचा नश्वर जीवन केवल प्रतीक्षा का एक काल है। उस श्रेष्ठ और अधिक दीर्घ जीवन की एक भूमिका मात्र। जिस प्रकार हमारी माताओं का गर्भ हमें दस महीनों तक अपने भीतर रखता है। हमें अपने लिए नहीं बल्कि उस संसार के लिए तैयार करता है जहाँ हम पहली बार श्वास लेने और खुले वातावरण में जीवित रहने योग्य होकर प्रकट होते हैं; उसी प्रकार शैशव से लेकर वृद्धावस्था तक का यह समस्त जीवन भी हमें एक दूसरे जन्म के लिए तैयार करता है। हमारी प्रतीक्षा में एक नया आरंभ है, एक भिन्न अवस्था हमारा इंतज़ार कर रही है। अभी हम स्वर्गलोक को केवल दूर से ही सहन कर सकते हैं। इसलिए उस निर्णायक क्षण की निडर होकर प्रतीक्षा करो। वह तुम्हारे मन का अंतिम क्षण नहीं है। केवल शरीर का अंतिम क्षण है। अपने चारों ओर की प्रत्येक वस्तु को किसी सराय में रखे हुए सामान के समान समझो। तुम्हें आगे बढ़ जाना है। जैसे तुम प्रकृति की आज्ञा से इस संसार में आए थे, वैसे ही उसी मार्ग से लौट भी जाओगे। तुम्हें अपने साथ उससे अधिक कुछ भी ले जाने की अनुमति नहीं है जितना तुम लेकर आए थे बल्कि सत्य तो यह है कि जो कुछ तुम अपने साथ जीवन में लाए थे, उसका भी अधिकांश यहीं छोड़ना पड़ेगा। तुम्हारे शरीर का यह त्वचा-रूपी आवरण, जो तुम्हारा सबसे निकट का वस्त्र है, तुमसे अलग कर दिया जाएगा। तुम अपने मांस से, अपने पूरे शरीर में प्रवाहित रक्त से तथा उन हड्डियों और स्नायुओं से भी अलग कर दिए जाओगे, जो तुम्हारे कोमल और तरल अंगों को सहारा देते हैं।

    जिस दिन से तुम अपने जीवन का अंतिम दिन समझकर भयभीत होते हो, वही तुम्हारी अनंतता का जन्मदिन है।अपना बोझ उतार दो। तुम विलंब क्यों कर रहे हो? क्या तुमने इससे पहले भी उस शरीर को नहीं छोड़ा था, जिसमें तुम छिपे हुए थे। बाहर नहीं आए थे? तुम ठहरना चाहते हो, तुम विरोध करते हो। किंतु उस समय भी तुम्हें तुम्हारी माता के प्रबल प्रयासों से बाहर निकाल दिया गया था। तुम रोते और विलाप करते हो। वास्तव में जन्म लेते समय भी मनुष्य यही करता है। पर तब तुम्हें क्षमा किया जा सकता था क्योंकि तुम बिल्कुल अनभिज्ञ और अनुभवहीन होकर संसार में आए थे। जब तुम्हें अपनी माता के गर्भ के उस गर्म और कोमल आश्रय से बाहर भेजा गया, तब पहली बार स्वतंत्र वायु ने तुम्हें स्पर्श किया। फिर तुमने किसी कठोर हाथ का स्पर्श अनुभव किया। उस समय तुम अत्यंत कोमल थे और संसार के विषय में कुछ भी नहीं जानते थे। इसलिए इस अपरिचित वातावरण से भयभीत और विस्मित हो गए थे। किन्तु अब तुम्हारे लिए यह कोई नई बात नहीं है कि तुम उस वस्तु से अलग हो जाओ, जिसका कभी तुम एक भाग थे। अतः अब शांति के साथ उन अंगों को छोड़ दो जिनकी तुम्हें अब आवश्यकता नहीं रही। उस शरीर का त्याग कर दो जिसमें तुम इतने लंबे समय तक निवास करते रहे हो। वह तो वैसे भी फट जाएगा, चूर-चूर हो जाएगा और नष्ट हो जाएगा। तुम शोक क्यों करते हो? यही तो प्रकृति का नियम है। जिस प्रकार प्रसव के बाद गर्भ की झिल्ली नष्ट हो जाती है, उसी प्रकार यह शरीर भी नष्ट होने के लिए ही है। तुम उससे ऐसा प्रेम क्यों करते हो मानो वह वास्तव में तुम्हारा अपना हो? वह तो केवल तुम्हारा आवरण था। वह दिन अवश्य आएगा जो तुम्हें इस मलिन और दुर्गंधयुक्त उदर के संबंध से अलग करके बाहर ले जाएगा।

    जहाँ तक संभव हो, अभी से अपने को इस शरीर से अलग करो। उन सुखों से भी दूर हो जाओ, सिवाय उनके जो शरीरधारी जीवन की आवश्यकताओं से जुड़े हुए हैं। अभी से अपने शरीर से विरक्ति उत्पन्न करो और किसी अधिक ऊँची तथा अधिक उदात्त वस्तु का चिंतन करो। समय आने पर प्रकृति के रहस्य तुम्हारे सामने प्रकट हो जाएँगे। वर्तमान का यह कुहासा हट जाएगा और चारों ओर से निर्मल प्रकाश तुम्हें आलोकित करेगा। अपने मन में उस प्रकाश की महानता की कल्पना करो, जहाँ असंख्य तारों का तेज एक साथ मिल जाता है। वहाँ इस शांति को भंग करने वाली कोई छाया नहीं होगी। आकाश का प्रत्येक भाग समान रूप से प्रकाशित होगा। दिन और रात का क्रम तो केवल इस निम्न वायुमंडल का नियम है। 

    जब तुम अपने संपूर्ण अस्तित्व के साथ उस पूर्ण प्रकाश का दर्शन करोगे, तब स्वीकार करोगे कि अब तक तुम अंधकार में ही जीते रहे थे। अभी तुम उसे केवल अपनी आँखों की इन संकीर्ण खिड़कियों के माध्यम से धुंधले रूप में देखते हो, फिर भी दूर से ही उस पर विस्मित हो उठते हो। तब वह दिव्य प्रकाश तुम्हें कैसा प्रतीत होगा, जब तुम उसे उसके अपने ही लोक में प्रत्यक्ष देखोगे? ऐसे विचार मन में किसी भी तुच्छ, क्षुद्र या पतित भावना को स्थान नहीं लेने देते। वे बताते हैं कि देवता प्रत्येक कर्म के साक्षी हैं। वे हमें प्रेरित करते हैं कि हम उनकी स्वीकृति प्राप्त करने का प्रयास करें, आने वाले समय के लिए स्वयं को तैयार रखें, और अपनी दृष्टि अमरत्व पर स्थिर करें। जिस व्यक्ति के मन में यह विचार दृढ़ हो जाता है, वह किसी भी सेना से नहीं डरता, रणभेरी की ध्वनि से विचलित नहीं होता और किसी भी प्रकार की धमकी से भयभीत नहीं होता। वह भयभीत हो भी क्यों? क्योंकि वह तो मृत्यु की प्रतीक्षा भी आशा और उत्सुकता के साथ करता है।

    किन्तु वह व्यक्ति भी, जो यह मानता है कि मन केवल उतनी ही देर तक बना रहता है, जितनी देर वह शरीर के बंधन में रहता है और उससे मुक्त होते ही तुरंत विलीन हो जाता है, फिर भी मृत्यु के बाद भी अपने को उपयोगी बनाने का प्रयत्न करता है। हालाँकि वह हमारी आँखों से ओझल हो जाता है, फिर भी—

“उसका पराक्रम और उसके कुल की महिमा
बार-बार हमारे मन में आती रहती है।”

यह विचार करो कि महान व्यक्तियों के उत्तम उदाहरणों से हमें कितना लाभ होता है। तब तुम समझोगे कि महान पुरुषों की स्मृति उनकी प्रत्यक्ष उपस्थिति से किसी प्रकार कम उपयोगी नहीं होती।


अभी के लिए विदा 

जीवन को भविष्य पर आश्रित न रहने देने के बारे में -- पत्र - 99 (एक स्टोइक के पत्र/सेनेका के पत्रों का हिन्दी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


हर दिन और हर क्षण हमें यह दिखा देता है कि हम कितने तुच्छ और क्षणभंगुर हैं। प्रत्येक नया अनुभव किसी न किसी नए प्रमाण के साथ हमें हमारी विस्मृत नश्वरता का स्मरण कराता है। समय का निरंतर प्रवाह हमें मृत्यु के विषय में सोचने के लिए विवश कर देता है, ठीक उसी समय जब हमारा मन अनंतता पर विचार कर रहा होता है। 


 

    आप सोच रहे होंगे कि यह भूमिका किस ओर संकेत कर रही है? यह बात कॉर्नेलियस सेनेसियो के विषय में है। एक प्रतिष्ठित, कर्तव्यनिष्ठ और सम्मानित रोमन अश्वारोही (इक्वेस्ट्रियन)। आप उन्हें जानते थे। साधारण परिस्थितियों से उठकर उन्होंने अपने परिश्रम और योग्यता के बल पर ऊँचा स्थान प्राप्त किया था। भविष्य में उनकी उन्नति और भी सरल होने वाली थी क्योंकि प्रतिष्ठा प्राप्त करना जितना कठिन होता है, उसे और बढ़ाना उतना कठिन नहीं होता। धन का भी यही स्वभाव है। निर्धनता से धन का संचय बहुत धीरे-धीरे आरंभ होता है। जब तक मनुष्य गरीबी की स्थिति से बाहर नहीं निकलता, तब तक संपत्ति बढ़ती नहीं। परंतु सेनेसियो उस अवस्था तक पहुँच चुके थे जहाँ उनके लिए धन-संपत्ति तीव्र गति से बढ़ने वाली थी। इसमें उनकी दो अत्यंत प्रभावशाली योग्यताओं ने सहायता की थी। वे धन कमाना भी जानते थे और उसे सुरक्षित रखना भी। इन दोनों में से कोई एक गुण भी किसी व्यक्ति को धनी बना सकता था। 

    वे अत्यंत सादगीपूर्ण जीवन जीते थे। वे अपनी संपत्ति की जितनी सावधानी से देखभाल करते थे, उतनी ही अपने स्वास्थ्य की भी। उस दिन भी, जैसा कि उनका नियम था, वे प्रातःकाल मुझसे मिलने आए। उसके बाद वे संध्या तक अपने एक गंभीर रूप से बीमार मित्र के शय्यापाश में बैठे उसकी सेवा करते रहे। रात्रि-भोज के समय वे पूरी तरह प्रसन्न और स्वस्थ दिखाई दे रहे थे। पर अचानक उन्हें गले में तीव्र पीड़ा (एंजाइना) का ऐसा दौरा पड़ा कि उनका गला सूज गया और वे ठीक से साँस भी नहीं ले पा रहे थे। भोर होने तक ही उनका जीवन समाप्त हो गया। इस प्रकार, एक पूर्णतः स्वस्थ और सक्रिय व्यक्ति के सभी दैनिक कर्तव्यों का पालन करने के केवल कुछ ही घंटों बाद उनकी मृत्यु हो गई। वे देश और विदेश, दोनों स्थानों पर निजी निवेश कर रहे थे और लाभ कमाने के उद्देश्य से हर प्रकार के सार्वजनिक कार्यों में भी लगे हुए थे। ठीक उसी समय, जब प्रत्येक कार्य उनके पक्ष में सफल हो रहा था और धन निरंतर उनके पास आ रहा था, मृत्यु ने उन्हें अपने साथ ले लिया।

"अब अपने नाशपाती के पेड़ लगाने का समय है, हे मेलिबोयस;
अब अपनी अंगूर की बेलों को व्यवस्थित करने का समय है।"

जब मनुष्य कल का भी स्वामी नहीं है, तब पूरे जीवन की योजनाएँ बनाना कितना मूर्खतापूर्ण है! कितना बड़ा भ्रम है कि कोई व्यक्ति लंबे-लंबे कार्यक्रम बनाते हुए कहे, “मैं संपत्ति खरीदूँगा और भवन बनवाऊँगा। मैं ऋण दूँगा और उन्हें वापस वसूल करूँगा। मैं सार्वजनिक पदों पर आसीन होऊँगा और उसके बाद लंबी तथा निश्चिंत वृद्धावस्था का आनंद लेने के लिए सेवानिवृत्त हो जाऊँगा।” विश्वास कीजिए, सब कुछ अनिश्चित है। यहाँ तक कि उन लोगों के लिए भी जो भाग्यशाली प्रतीत होते हैं। किसी को भी भविष्य के बारे में अपने लिए कोई निश्चित आश्वासन नहीं देना चाहिए। जिस वस्तु को हम इस समय अपने हाथों में थामे हुए हैं, वही हमारे हाथों से फिसल सकती है। जिस क्षण को हम पकड़ लेना चाहते हैं, उसे भी संयोग एक ही पल में समाप्त कर सकता है। समय का प्रवाह तो अपने निश्चित क्रम से चलता रहता है, परंतु हम स्वयं अपने भविष्य के विषय में अज्ञान के अंधकार में रहते हैं। यदि मेरा अपना जीवन ही अनिश्चित है तो प्रकृति की इस निश्चित व्यवस्था से मुझे क्या लाभ? 

    हम दूर-दूर की यात्राओं की योजनाएँ बनाते हैं। विदेशी तटों की यात्रा के बाद बहुत समय बाद घर लौटने की कल्पना करते हैं। हम सैनिक जीवन की योजना बनाते हैं और कठिन युद्ध-अभियानों के बाद मिलने वाले लंबे समय से प्रतीक्षित पुरस्कारों की आशा करते हैं। हम प्रांतों के राज्यपाल बनने और पदोन्नति प्राप्त करने के स्वप्न देखते हैं।इसी बीच मृत्यु हमारे बिल्कुल पास खड़ी रहती है। पर हम उसके बारे में तभी सोचते हैं जब वह किसी और के जीवन में आती है। हम प्रतिदिन मृत्यु के असंख्य उदाहरण देखते हैं, पर वे हमारे मन पर केवल उतनी ही देर प्रभाव डालते हैं, जितनी देर तक वे हमें चकित करते हैं। इससे अधिक मूर्खता और क्या हो सकती है कि जिस घटना के किसी भी दिन घटित होने की संभावना थी, उसके किसी विशेष दिन घट जाने पर हम आश्चर्य करें? मानव-जीवन का एक निश्चित अंत है, जिसे हमारे भाग्य की अटल और अपरिहार्य व्यवस्था ने निर्धारित कर रखा है। लेकिन हममें से कोई भी यह नहीं जानता कि वह उस अंतिम क्षण के कितना निकट पहुँच चुका है। इसलिए हमें अपने मन को इस प्रकार तैयार करना चाहिए मानो हम जीवन के अंतिम पड़ाव पर पहुँच चुके हों। किसी भी कार्य को कल पर न टालें। हमें प्रतिदिन अपने जीवन का हिसाब चुकता कर लेना चाहिए। 

    हमारे जीवन की सबसे बड़ी समस्या यह है कि वह कभी पूर्ण नहीं होता। उसका कोई-न-कोई भाग हमेशा भविष्य के लिए टलता रहता है। जो व्यक्ति प्रत्येक दिन अपने जीवन को अंतिम रूप दे देता है, उसे समय की कभी कमी नहीं होती। समय की इसी अनुभूत कमी से भय उत्पन्न होता है और भविष्य के प्रति निरंतर बनी रहने वाली तृष्णा हमें भीतर-ही-भीतर कचोटती रहती है। इस चिंता से अधिक दुखद और कुछ नहीं कि आगे क्या होगा और घटनाओं का परिणाम क्या निकलेगा। हम निरंतर इस भय में जीते रहते हैं कि हमारे पास कितना समय शेष है और भविष्य हमारे लिए क्या लेकर आएगा। तो फिर इस मानसिक अशांति से मुक्ति कैसे मिले? इसका केवल एक ही उपाय है। अपने जीवन को भविष्य पर आश्रित न रहने देना बल्कि उसे वर्तमान में ही समेट लेना। लोग भविष्य से इसलिए चिपके रहते हैं क्योंकि वे वर्तमान से असंतुष्ट रहते हैं। परंतु जब मैं अपने प्रति अपना समस्त दायित्व पूरा कर चुका होता हूँ। मेरा मन दृढ़तापूर्वक यह स्वीकार कर लेता है कि एक दिन और एक समूचे जीवनकाल में कोई वास्तविक अंतर नहीं है, तब वह आने वाले सभी दिनों और भविष्य की समस्त घटनाओं को व्यापक दृष्टि से देख सकता है और समय की संपूर्ण धारा का शांत एवं प्रसन्न भाव से अवलोकन कर सकता है। जब किसी का मन अनिश्चितताओं के प्रति स्थिर और संतुलित हो जाए, तब भाग्य के उतार-चढ़ाव और उसकी चंचलता उसे क्यों विचलित करें?

    इसलिए, प्रिय लूसीलियस, जीना शीघ्र आरंभ करो। प्रत्येक दिन को एक संपूर्ण जीवन के समान समझो। जो व्यक्ति इस प्रकार अपने को तैयार करता है और प्रत्येक दिन को ही अपना सम्पूर्ण जीवन मानकर जीता है, वही वास्तव में निश्चिंत और सुरक्षित रहता है। इसके विपरीत, जो लोग केवल भविष्य की आशाओं के सहारे जीते हैं, उनके हाथों से वर्तमान का प्रत्येक क्षण फिसलता चला जाता है। वे लोभ और मृत्यु-भय के वश में हो जाते हैं। यह अत्यंत दयनीय अवस्था है, जो जीवन की हर दूसरी वस्तु को भी दुखमय बना देती है। इसी भावना के कारण मैकेनास ने वह अत्यंत चौंका देने वाली प्रार्थना की थी, जिसमें वह बीमारी, शारीरिक विकृति और अंततः क्रूस पर कीलों से जड़ दिए जाने जैसी भीषण यातना तक सहने को तैयार हो जाता है। बस एक ही शर्त पर कि इन सब कष्टों के बीच उसका जीवन कुछ और लंबा हो जाए।

मेरे हाथ निर्बल कर दो,
मेरे पैरों को शक्तिहीन बना दो,
मेरी पीठ पर कूबड़ उगा दो,
मेरे सारे दाँत गिरा दो,
पर जब तक मेरे शरीर में प्राण हैं, मुझे सब स्वीकार है।
मुझे जीने दो, मुझे जीने दो,
चाहे मुझे क्रूस की नोक पर ही क्यों न बैठना पड़े,
बस मुझे जीने दो।

यदि यह प्रार्थना पूरी हो जाती तो वह अत्यंत भयानक होती क्योंकि उसमें जीवन के नाम पर केवल यातना को लंबा करने की याचना की गई है। यदि वह सचमुच क्रूस पर चढ़ाए जाने तक भी जीवित रहने की इच्छा रखता था तो मैं उसे पूर्णतः मामूली व्यक्ति मानता। सुनिए, वह क्या कहता है, “जब तक मेरे टूटे-फूटे और अशक्त शरीर में कुछ जान बची है, तब तक तुम मुझे निर्बल कर सकते हो। जब तक मुझे अपने विकृत और टेढ़े-मेढ़े शरीर में कुछ और समय जीने को मिल जाए, तब तक तुम मुझे विकृत कर सकते हो। तुम मुझे लटका सकते हो और क्रूस पर चढ़ा सकते हो।” क्या अपने ही घाव को ढोते चले जाना इतना मूल्यवान है? क्या उस क्रूस पर फैले हुए लटके रहना उचित है। जबकि इस प्रकार मनुष्य पीड़ा की सबसे बड़ी राहत अर्थात उसके अंत को ही टाल रहा होता है? क्या केवल अंतिम साँस लेने के लिए जीवन को बनाए रखना इतना अधिक मूल्यवान है? ऐसे मनुष्य के लिए तो बस ईश्वर की दया की ही कामना की जा सकती है। वह इस लज्जाजनक और कोमल कविता के द्वारा क्या कहना चाहता है? इस अत्यंत हीन भय के साथ यह सौदेबाज़ी क्यों? जीवन के लिए यह घृणित याचना क्यों? मुझे नहीं लगता कि उसने कभी वर्जिल को यह पंक्ति पढ़ते हुए सुना होगा—

“क्या मृत्यु इतनी दुःखद है?”

मैकेनास सबसे भीषण प्रकार की पीड़ा की कामना करता है। उसे और भी असहनीय बना देता है क्योंकि वह चाहता है कि वह पीड़ा लंबी चले और उसे लंबे समय तक सहना पड़े। इसके बदले उसे क्या प्राप्त होता है? निस्संदेह, कुछ अधिक लंबा जीवन। पर वह कैसा जीवन है, जो केवल लंबी होती हुई मृत्यु है? क्या हमें ऐसा कोई व्यक्ति मिल सकता है जो कष्टों के बीच धीरे-धीरे क्षीण होता रहे, जिसके अंग एक-एक करके शिथिल पड़ते जाएँ, जो बार-बार साँस के लिए तड़पता रहे और फिर भी एक ही बार में प्राण त्याग देने के बजाय इस दशा को स्वीकार करे? क्या हमें ऐसा कोई व्यक्ति मिल सकता है जो पहले से ही दुर्बल, विकृत और अपने कंधों तथा वक्ष पर भद्दी सूजन से फूला हुआ हो, जिसके पास क्रूस पर चढ़ाए जाने के अतिरिक्त भी मर जाने के अनेक कारण हों। फिर भी वह उस भयावह फाँसी के ढाँचे से बँधे रहने तथा ऐसी साँसें लेते रहने की इच्छा रखे जो अपने साथ इतनी सारी यातनाएँ लेकर आती हों? 

    अब तुम्हें स्वीकार करना चाहिए कि प्रकृति हम पर बहुत दयालु है क्योंकि उसने मृत्यु को अपरिहार्य बना दिया है। फिर भी, अनेक लोग मैकेनास से भी कहीं अधिक निकृष्ट समझौते करने को तैयार रहे हैं। केवल जीवन कुछ और लंबा करने के लिए किसी मित्र के साथ विश्वासघात कर देना अथवा अपने ही बच्चों को स्वेच्छा से वेश्यावृत्ति के लिए सौंप देना ताकि उन्हें उस दिन के प्रकाश को कुछ और समय तक देखने का अवसर मिल सके, जो उनके असंख्य अपराधों का साक्षी है। हमें जीवन के प्रति इस मोह को त्याग देना चाहिए। हमें यह सीखना चाहिए कि इससे कोई अंतर नहीं पड़ता कि तुम कष्ट कब सहते हो, क्योंकि देर-सवेर तुम्हें कष्ट सहना ही है। महत्त्वपूर्ण बात यह नहीं है कि तुम कितने लंबे समय तक जीते हो, बल्कि यह है कि तुम कितना अच्छा जीवन जीते हो। अनेक बार, अच्छा जीवन जीने का अर्थ यही होता है कि मनुष्य बहुत लंबे समय तक जीवित न रहे।


अभी के लिए विदा 

फ़ैबियानस की लेखन शैली के बारे में -- पत्र - 98 (एक स्टोइक के पत्र/सेनेका के पत्रों का हिन्दी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


आप अपने पत्र में मुझे लिखते हैं कि आपने पैपिरियस फ़ैबियानस की पुस्तक 'ऑन पॉलिटिक्स' बड़े मनोयोग से पढ़ी। लेकिन अंततः उससे निराश हुए। फिर, यह भूलकर कि वह दर्शनशास्त्र की एक कृति है, आप उसकी रचना-शैली की आलोचना करने लगते हैं।

    मान लीजिए कि आप सही हैं कि वे शब्दों को बिना किसी विशेष क्रम में व्यवस्थित किए ही प्रवाहित होने देते हैं। सबसे पहले, उसी में भी अपना एक आकर्षण है। यह ऐसी शैली है जो सहज और अविरल रूप से बहने वाले विचार-विमर्श के लिए उपयुक्त होती है। मेरे विचार से, लापरवाही से लिखने और स्वाभाविक प्रवाह के साथ लिखने में बहुत बड़ा अंतर है। इसके अतिरिक्त, एक और अत्यंत महत्त्वपूर्ण भेद भी है। मेरी दृष्टि में फ़ैबियानस अपने विचारों को स्वाभाविक रूप से प्रवाहित होने देते हैं। परंतु उन्हें अनियंत्रित बाढ़ की तरह नहीं बहने देते। उनकी भाषा समृद्ध और विस्तृत है। किंतु वह निरंतर आगे बढ़ती रहती है और कभी भी अपना संयम नहीं खोती। आरंभ से ही ऐसा प्रतीत होता है कि उनके लेखन को अत्यधिक घिसा-पिटा या बार-बार संशोधित नहीं किया गया है। फिर भी, यदि आपकी ही राय को स्वीकार कर लिया जाए तो भी उनका उद्देश्य हमारे शब्दों को नहीं बल्कि हमारे आचरण को व्यवस्थित करना था। उन्होंने यह कृति कानों को प्रसन्न करने के लिए नहीं बल्कि मन को शिक्षित करने के लिए लिखी थी। 



    इसके अतिरिक्त, यदि वे स्वयं सामने उपस्थित होकर बोल रहे होते तो आपको उनके वाक्यों की बारीकियों का विश्लेषण करने का अवसर ही नहीं मिलता क्योंकि आप उनके संपूर्ण वक्तव्य के प्रभाव से ही अभिभूत हो जाते। किसी वक्ता की ऊर्जा और प्रभावशाली प्रस्तुति के कारण जो बातें हमें सुनते समय अत्यंत प्रिय लगती हैं, वे प्रायः पढ़ने पर उतनी आकर्षक नहीं लगतीं। फिर भी, पहली ही दृष्टि में किसी का ध्यान आकर्षित कर लेना कोई साधारण बात नहीं है, भले ही सूक्ष्म परीक्षण करने पर उसमें कुछ दोष दिखाई दें। मेरे विचार में, वह वक्ता अधिक महान है जो आरंभ में ही श्रोताओं की स्वीकृति और प्रशंसा प्राप्त कर लेता है, उस वक्ता की अपेक्षा जिसे लोगों की स्वीकृति धीरे-धीरे अर्जित करनी पड़ती है। फिर भी, मैं यह स्वीकार करता हूँ कि दूसरा प्रकार का वक्ता अधिक विश्वसनीय होता है और भविष्य में उत्कृष्ट उपलब्धियों का अधिक दृढ़ आश्वासन देता है।

    दार्शनिक के लिए अत्यधिक परिष्कृत और शब्द-सज्जा पर अत्यधिक ध्यान देने वाला भाषण उपयुक्त नहीं होता। यदि कोई व्यक्ति अपने शब्दों में ही संकोची हो तो वह साहस और दृढ़ता कब दिखाएगा या अपने प्राणों को जोखिम में डालने का साहस कब करेगा? फ़ैबियानस अपनी वाणी में लापरवाह नहीं थे बल्कि वे उसके प्रति अनावश्यक चिंता नहीं करते थे। इसी कारण आपको उनकी शैली में कुछ भी भद्दा या असभ्य नहीं मिलेगा। उनके शब्दों का चयन अत्यंत उपयुक्त है। किंतु उनमें कहीं भी कृत्रिमता या बनावट नहीं है। वर्तमान प्रचलन के विपरीत, वे शब्दों के स्वाभाविक क्रम को उलट-पुलट नहीं करते। फिर भी उनकी अभिव्यक्ति, यद्यपि सामान्य बोलचाल की भाषा से ली गई है, अत्यंत उत्कृष्ट है। उनके लेखन में आपको उदात्त और भव्य विचार मिलते हैं। वे विचार सूक्तियों (संक्षिप्त और चमत्कारपूर्ण वाक्यों) में जबरन नहीं बाँधे गए हैं, बल्कि विस्तारपूर्वक व्यक्त किए गए हैं। निस्संदेह, हमें कुछ ऐसे स्थान मिल सकते हैं जहाँ भाषा पर्याप्त संक्षिप्त नहीं है, या वाक्य-रचना आज के मानकों के अनुसार कुछ कम सुसंगठित अथवा कम सुरुचिपूर्ण प्रतीत होती है। किंतु समग्र रूप से देखें तो उसमें कहीं भी निरर्थक परिष्कार या दिखावटी अलंकरण का कोई चिह्न नहीं है। निस्संदेह, किसी को उसमें विभिन्न रंगों वाले संगमरमर की चमक, शयनकक्षों तक पानी पहुँचाने वाली जल-व्यवस्था, गरीबों की छोटी कोठरी अथवा वे सभी विलासपूर्ण सुविधाएँ नहीं मिलेंगी जिन्हें हमारी भोग-विलासी रुचियाँ इसलिए चाहती हैं क्योंकि साधारण सौंदर्य से उनका संतोष नहीं होता। परंतु, जैसा कि कहा जाता है, वह एक अच्छी तरह निर्मित भवन है। 

    इसके अतिरिक्त, शैली के विषय में लोगों की रुचियाँ भी भिन्न-भिन्न होती हैं। कुछ लोग ऐसी शैली चाहते हैं जिसमें तनिक भी खुरदरापन न हो; जबकि कुछ लोग इतनी ऊबड़-खाबड़ शैली पसंद करते हैं कि यदि कोई वाक्य स्वाभाविक रूप से अधिक सहज और सुचारु बन गया हो तो वे जान-बूझकर उसे भी तोड़-मरोड़ देते हैं और उसके अंतिम भाग को इस प्रकार अधूरा छोड़ देते हैं कि वह पाठक की अपेक्षा के अनुरूप न हो। सिसरो को पढ़िए।उनकी शैली आरंभ से अंत तक एक समान और सुसंगत रहती है। जब वे किसी वाक्य को पूर्ण करते हैं तो उसका समापन कोमल और सहज होता है। किंतु उसमें कमी, कोमलता या दुर्बलता नहीं होती। इसके विपरीत, असिनियस पोलियो की शैली झटकेदार और आकस्मिक है। वह वहाँ रुक जाती है जहाँ पाठक इसकी बिल्कुल अपेक्षा नहीं करता। सिसरो के यहाँ प्रत्येक वाक्य सुव्यवस्थित और पूर्ण समापन तक पहुँचता है। जबकि पोलियो के यहाँ वाक्य प्रायः अचानक टूट जाते हैं। केवल कुछ ही स्थान ऐसे हैं जहाँ वे किसी निश्चित लय और एकरूप विन्यास का पालन करते हैं।

    आप यह भी कहते हैं कि आपको उनकी पूरी कृति सपाट और पर्याप्त ऊँचाई से रहित प्रतीत होती है। किंतु मुझे उनमें यह दोष दिखाई नहीं देता। उनकी शैली सपाट नहीं है बल्कि संयमित है। वह उनके शांत, संतुलित और सुव्यवस्थित मन के अनुरूप ढली हुई है। वह समतल है, किंतु निम्न नहीं। निस्संदेह, उसमें वह प्रखर वक्तृत्व-कला नहीं है, न वे उत्तेजक प्रभाव हैं जिनकी आप अपेक्षा करते हैं और न ही सूक्तियों के समान अचानक चमत्कृत कर देने वाला प्रभाव। लेकिन यदि पूरी कृति को समग्र रूप में देखा जाए तो उसकी कलात्मकता के विषय में आपका जो भी मत हो, वह अपने स्वरूप में उदात्त और गरिमामयी है। उसकी शैली स्वयं शायद असाधारण विशिष्टता न रखती हो। परंतु वह अपने पाठक को विशिष्टता अवश्य प्रदान करती है। 

    अब बताइए, आप किस लेखक को फ़ैबियानस से श्रेष्ठ मानते हैं? यदि आप सिसरो का नाम लें जिनकी दार्शनिक पुस्तकों की संख्या लगभग फ़ैबियानस के समान ही है तो मैं इसे स्वीकार कर लूँगा। किंतु कोई रचना केवल इसलिए तुच्छ नहीं हो जाती कि वह सर्वश्रेष्ठ से कुछ नीचे है। यदि आप असिनियस पोलियो का नाम लें तो उसे भी मैं स्वीकार करूँगा। पर मेरा उत्तर केवल इतना होगा कि इतने विशाल साहित्यिक क्षेत्र में तीसरे स्थान पर आना भी कोई छोटी उपलब्धि नहीं है। आप लिवी का नाम भी प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने ऐसे संवाद (संवादात्मक ग्रंथ) भी लिखे हैं जो इतिहास और दर्शन, दोनों का समन्वय हैं। ऐसी पुस्तकें भी लिखी हैं जो विशेष रूप से दर्शनशास्त्र पर केंद्रित हैं। उनके लिए भी मैं स्थान दूँगा। परंतु यह भी देखिए कि केवल इन तीन लेखकों और शैली के इन तीन महान आचार्यों, से पीछे रह जाने पर भी फ़ैबियानस कितने अन्य लेखकों से आगे निकल जाते हैं। यही अपने आप में उनकी महानता का प्रमाण है।

    फिर भी, यह नहीं कहा जा सकता कि उनमें प्रत्येक गुण विद्यमान है। यद्यपि उनकी शैली उदात्त है, पर वह साहसपूर्ण नहीं है। यद्यपि उसमें विस्तार है, फिर भी उसमें वेग और प्रहार-शक्ति का अभाव है। वह चमत्कृत करने वाली अपेक्षा अधिक स्पष्ट है। आप कहते हैं, “उसमें दुर्गुणों की कठोर निंदा नहीं मिलती, संकटों के प्रति उत्साहपूर्ण चुनौती नहीं है, भाग्य के सामने गर्वपूर्ण प्रत्युत्तर नहीं है और महत्त्वाकांक्षा पर तिरस्कारपूर्ण प्रहार भी नहीं है। मैं चाहता हूँ कि विलासिता को फटकारा जाए, व्यभिचार को सार्वजनिक रूप से लज्जित किया जाए और आक्रामकता को कुचल दिया जाए। उसमें वक्तृत्व-कला की तीक्ष्णता, त्रासदी की भव्यता और हास्य-नाटक की सरलता, इन सबका कुछ न कुछ अंश होना चाहिए।” 

    परंतु आप चाहते हैं कि उनका ध्यान शब्दों पर हो। जबकि शब्द अपने आप में बहुत छोटी और गौण वस्तु हैं। उन्होंने अपने विषय की महानता का साथ चुना है। वे अपनी वाग्मिता का प्रदर्शन नहीं करते बल्कि वाग्मिता उनके पीछे उसी प्रकार चलती है जैसे किसी व्यक्ति के पीछे उसकी छाया चलती है। निस्संदेह, उनके लेखन में कुछ कमियाँ भी मिलेंगी। कहीं-कहीं विषय अधूरा रह जाएगा, कुछ अंश ढीले ढंग से लिखे हुए प्रतीत होंगे और कुछ शब्द ऐसे होंगे जो पाठक को न तो झकझोरेंगे और न ही उत्तेजित करेंगे। मैं यह सब स्वीकार करता हूँ। अनेक वाक्य बिना कोई विशेष प्रभाव छोड़े ही निकल जाएँगे और कभी-कभी उनकी शैली कुछ शिथिल तथा अत्यधिक विस्तारपूर्ण भी लगेगी। किन्तु इसके साथ ही, उनके पूरे लेखन में आपको पर्याप्त प्रकाश मिलेगा और ऐसे लंबे-लंबे अंश भी मिलेंगे जिनमें तनिक भी नीरसता नहीं होगी। अंततः वे आपको यह विश्वास दिलाने में सफल होंगे कि उन्होंने जो कुछ लिखा है, उस पर वे स्वयं सच्चे मन से विश्वास करते हैं। आपको स्पष्ट हो जाएगा कि उनका उद्देश्य आपको अपने विचारों से परिचित कराना है, न कि केवल आपको प्रसन्न करना। उनकी संपूर्ण रचना का लक्ष्य मनुष्य की उन्नति और उसके चरित्र की उत्कृष्टता है। वह तालियों और प्रशंसा की आकांक्षा नहीं करती।

    मुझे इसमें तनिक भी संदेह नहीं है कि उनकी रचनाएँ ऐसी ही हैं, यद्यपि मुझे उनका प्रत्येक विवरण अब स्मरण नहीं है। मेरे मन में जो बात आज भी बनी हुई है, वह उनकी शैली और स्वर का एक समग्र प्रभाव है। ठीक वैसे ही जैसे किसी ऐसे व्यक्ति की स्मृति बनी रहती है जिसे हम बहुत लंबे समय से जानते हों, किंतु हाल के दिनों में उससे निकटता से बातचीत न हुई हो। निश्चय ही, जब मैंने उन्हें स्वयं बोलते हुए सुना था, तब भी उनकी रचनाएँ मुझे ऐसी ही प्रतीत हुई थीं, पूर्णतः दोषरहित नहीं, किंतु अत्यंत समृद्ध। उनका लेखन ऐसा था कि वह किसी प्रतिभाशाली और आशाजनक युवक को उनका अनुकरण करने के लिए प्रेरित कर सकता था, साथ ही उसके मन में यह आशा भी जगा सकता था कि वह एक दिन उनसे आगे निकल सकेगा। मेरे विचार में, यही प्रोत्साहन का सबसे प्रभावशाली रूप है। जब कोई लेखक हमें उसका अनुकरण करने के लिए प्रेरित तो करे। पर साथ ही यह निराशा भी उत्पन्न कर दे कि उसकी बराबरी कभी नहीं की जा सकती, तब वह प्रेरणा उत्साहवर्धक नहीं रहती बल्कि हतोत्साहित कर देती है। जो भी हो, फ़ैबियानस अत्यंत प्रचुर अभिव्यक्ति-शक्ति वाले लेखक थे। यद्यपि उनके लेखन के कुछ अंश आलोचना के योग्य हो सकते हैं, फिर भी समग्र रूप में उनका साहित्य अत्यंत भव्य, प्रभावशाली और प्रशंसनीय था।


अभी के लिए विराम 

स्वजन की मृत्यु के बाद शोक के बारे में -- पत्र - 97 (एक स्टोइक के पत्र/सेनेका के पत्रों का हिन्दी अनुवाद)

प्रिय लूसीलियस 


मैंने मारुलस को उसके शिशु पुत्र की मृत्यु के बाद लिखा था, वह पत्र संलग्न है। जब मुझे यह समाचार मिला कि वह इस शोक से अत्यन्त व्यथित है। उस पत्र में मैंने सामान्य ढंग नहीं अपनाया। मुझे लगा कि उसके साथ कोमलता से व्यवहार नहीं करना चाहिए क्योंकि उसे सांत्वना से अधिक फटकार की आवश्यकता थी। क्योंकि जब कोई व्यक्ति किसी अत्यन्त बड़े दुख को सहन करने में कठिनाई अनुभव कर रहा हो, तब कुछ समय के लिए उसे छूट देनी चाहिए ताकि उसका शोक स्वयं ही धीरे-धीरे शांत हो जाए या कम-से-कम अपनी प्रारम्भिक तीव्रता खो दे। किन्तु जो लोग जान-बूझकर अपने शोक को बनाए रखते हैं और उसे स्वयं पालते-पोसते हैं, उन्हें आरम्भ से ही डाँटना चाहिए और उन्हें यह सीखना चाहिए कि कभी-कभी आँसू भी उपहास का विषय बन जाते हैं।



    क्या तुम सांत्वना की अपेक्षा करते हो? यहाँ तुम्हें सांत्वना नहीं बल्कि फटकार मिलेगी। क्या अपने पुत्र की मृत्यु को सहने में तुम इतने दुर्बल हो गए हो? यदि तुम्हारे किसी मित्र की मृत्यु हो जाती, तब तुम क्या करते? जो पुत्र चला गया, वह तो अभी केवल भविष्य की एक अनिश्चित आशा था, एक नन्हा-सा शिशु। उसके साथ तो जीवन का केवल एक छोटा-सा अंश ही समाप्त हुआ है। हम तो मानो दुख करने के बहाने खोजते फिरते हैं। जब शिकायत करने का कोई उचित कारण भी नहीं होता, तब भी हम अपने भाग्य को दोष देना चाहते हैं, मानो हमें कभी वास्तविक दुख का सामना ही न करना पड़े। फिर भी, सच तो यह है कि मैं तुम्हें सदैव इतना धैर्यवान समझता था कि तुम बड़े-से-बड़े दुर्भाग्य का भी साहसपूर्वक सामना कर सको, उन काल्पनिक दुखों की तो बात ही क्या, जिन पर लोग केवल सामाजिक परम्परा निभाने के लिए विलाप करते हैं। यदि तुम्हें सबसे बड़ी हानि भी उठानी पड़ती अर्थात किसी सच्चे मित्र को खोना पड़ता, तब भी तुम्हारा प्रयत्न इस बात पर होना चाहिए था कि तुम्हें ऐसा मित्र कभी मिला था, इस बात का आनंद मनाओ न कि इस बात का शोक करो कि अब वह तुम्हारे पास नहीं रहा। 

    लेकिन अधिकांश लोग यह विचार ही नहीं करते कि उन्हें कितने बड़े वरदान प्राप्त हुए हैं और उन्होंने जीवन में कितने गहन आनंद का अनुभव किया है। यही कारण है कि तुम्हारा शोक केवल व्यर्थ ही नहीं बल्कि कृतघ्नता का भी परिचायक है। क्या उस मित्र का साथ पाना व्यर्थ था? इतने वर्षों का साथ, इतने अनुभव जो तुमने मिलकर बाँटे, समान रुचियाँ, साझा प्रयत्न और गहरी मित्रता, क्या यह सब कुछ शून्य हो गया? क्या तुम अपने मित्र के साथ-साथ अपनी मित्रता को भी दफना देना चाहते हो? यदि उससे तुम्हें कुछ भी प्राप्त नहीं हुआ, तभी तो उसके वियोग पर शोक करने का कोई अर्थ बनता है। मुझ पर विश्वास करो, जिन्हें हमने सच्चे मन से प्रेम किया है, वे संयोगवश हमसे बिछड़ जाने पर भी बहुत बड़े अंश में हमारे साथ बने रहते हैं। जो समय बीत चुका है, वह हमारा अपना है। जो हमारे अतीत का हिस्सा बन चुका है, उससे अधिक सुरक्षित कोई संपत्ति नहीं होती। भविष्य की आशाओं में डूबकर हम उन वरदानों के प्रति कृतघ्न हो जाते हैं जो हमें पहले ही मिल चुके हैं। हम यह भी भूल जाते हैं कि यदि वह आशान्वित भविष्य कभी आया भी तो शीघ्र ही वह भी अतीत बन जाएगा। 

    जो व्यक्ति केवल वर्तमान क्षण में ही सुख खोजता है, वह अपने जीवन के आनंद को स्वयं ही अत्यन्त संकीर्ण बना देता है। सुख तो भविष्य और अतीत, दोनों में निहित है। भविष्य में आशा का सुख है और अतीत में स्मृतियों का। अंतर केवल इतना है कि भविष्य अनिश्चित है, वह आए भी या नहीं किन्तु अतीत का होना कभी असत्य नहीं हो सकता। फिर इससे बढ़कर मूर्खता और क्या होगी कि मनुष्य अपनी सबसे सुरक्षित संपत्ति को ही अपने हाथों से फिसल जाने दे? आओ, उस आनंद में संतोष पाना सीखें जिसे हम जीवन के कुएँ से पहले ही निकाल चुके हैं। बशर्ते हमारा मन ऐसी छलनी न हो, जिसमें से हर मूल्यवान अनुभव रिसकर बाहर निकल जाए।  

    ऐसे असंख्य लोगों के उदाहरण मिलते हैं जिनके पुत्र युवावस्था की दहलीज़ पर ही चल बसे, फिर भी वे लोग सीधे श्मशान से निकलकर सीनेट या किसी अन्य सार्वजनिक सभा में पहुँचे और बिना आँसू बहाए तुरंत अपने कर्तव्यों के पालन में लग गए। और उन्होंने ठीक ही किया। पहला कारण यह है कि जिस शोक से कुछ भी प्राप्त नहीं होना, उसे करने का कोई औचित्य नहीं है। दूसरा, जो घटना एक व्यक्ति के साथ घटी है और जो अंततः हम सबकी भी नियति है, उसके लिए शिकायत करना अनुचित है। तीसरा, जब हम स्वयं भी उसी मंज़िल से बहुत दूर नहीं हैं जहाँ वह पहुँच चुका है, तब उसके वियोग पर विलाप करना बुद्धिमानी नहीं बल्कि मूर्खता है। इसलिए हमें और भी अधिक धैर्य तथा संतुलन बनाए रखना चाहिए क्योंकि हम भी उसी व्यक्ति के पीछे-पीछे उसी मार्ग पर चले आ रहे हैं। 

    ज़रा विचार करो कि समय कितनी तीव्र गति से बीत रहा है। सोचो, वह दूरी कितनी छोटी है जिसे हम इतनी शीघ्रता से पार कर लेते हैं। देखो, समस्त मानव-समुदाय उसी एक दिशा में अग्रसर है। हमारे बीच केवल समय का थोड़ा-सा अंतर है। वह चाहे हमें कितना ही बड़ा क्यों न दिखाई दे, वास्तव में वह बहुत छोटा है। जिसे तुम खोया हुआ समझते हो, वह केवल तुमसे कुछ पहले आगे निकल गया है। इससे अधिक हास्यास्पद और क्या हो सकता है कि मनुष्य उस व्यक्ति के लिए रोए जो उसी मार्ग पर उससे कुछ पहले चल पड़ा है, जिस मार्ग पर स्वयं उसे भी अवश्य चलना है? क्या कोई उस घटना पर शोक करता है जिसके घटित होने का उसे पहले से ही ज्ञान था या क्या उसे यह मालूम नहीं था कि मनुष्य नश्वर है? यदि नहीं था तो वह स्वयं को धोखा दे रहा था। जो व्यक्ति इस बात की शिकायत करता है कि कोई मर गया, वह वास्तव में इस बात की शिकायत कर रहा है कि वह मनुष्य था। हम सब एक ही नियम के अधीन जीवन जीते हैं। जो जन्म लेता है, उसे एक दिन अवश्य मरना पड़ता है। हमारे बीच केवल समय का अंतर है किन्तु अंत सबको समान बना देता है। 

    हमारे जन्म के पहले दिन और अंतिम दिन के बीच का सारा समय अनिश्चित और परिवर्तनशील है। यदि उसे हमारे दुखों के आधार पर आँका जाए, तो वह एक छोटे बच्चे के लिए भी बहुत लंबा प्रतीत होता है। लेकिन यदि उसकी तीव्र गति को देखा जाए तो वह वृद्ध से वृद्ध व्यक्ति के लिए भी अत्यन्त छोटा है। इस संसार में सब कुछ असुरक्षित है, छलपूर्ण है और मौसम से भी अधिक परिवर्तनशील है। हर वस्तु डगमगाती रहती है और भाग्य की इच्छा के अनुसार पल-भर में अपने विपरीत रूप में बदल जाती है। मानव जीवन के इस सारे कोलाहल और अस्थिरता के बीच केवल एक ही बात ऐसी है जो पूरी तरह निश्चित है— मृत्यु। फिर भी विडम्बना यह है कि लोग उसी एक सत्य की शिकायत करते हैं जिसमें किसी प्रकार का छल या धोखा नहीं है।

    "लेकिन वह तो अभी बालक ही था जब उसकी मृत्यु हो गई।" इस समय मैं यह नहीं कह रहा कि जो व्यक्ति कम आयु में मर जाता है, वह अधिक भाग्यशाली होता है। बल्कि उस व्यक्ति के जीवन पर विचार करो जिसने वृद्धावस्था तक पहुँचने का अवसर पाया। उस वृद्ध को उस बालक की तुलना में वास्तव में कितना अधिक लाभ मिला? अपने मन में समय की असीम विशालता की कल्पना करो। समूचे ब्रह्मांड को अपने विचारों में समेटो, फिर उस अनन्त काल की तुलना उस अवधि से करो जिसे हम मानव-जीवन कहते हैं। तब तुम्हें स्पष्ट दिखाई देगा कि जिस जीवन को हम इतनी उत्कट इच्छा से लंबा करना चाहते हैं, वह वास्तव में कितना तुच्छ और क्षणभंगुर है। उस थोड़े-से जीवन का कितना बड़ा भाग आँसुओं और चिंताओं में बीत जाता है! कितना समय मृत्यु आने से पहले ही उसकी कामना करने में निकल जाता है! कितना समय रोगों में व्यतीत होता है, और कितना भय में! फिर जीवन का एक बड़ा हिस्सा असहाय बाल्यावस्था में बीत जाता है और दूसरा निष्फल वृद्धावस्था में। इतना ही नहीं, लगभग आधा जीवन तो नींद में ही निकल जाता है। इन सबके साथ यदि तुम दुःख, शोक और निरन्तर बने रहने वाले संकटों को भी जोड़ दो तो समझ जाओगे कि सबसे लंबा जीवन जीने वाला मनुष्य भी वास्तव में जीने के लिए बहुत थोड़ा ही समय पाता है। 

    क्या कोई व्यक्ति केवल इसलिए अधिक अभागा हो जाता है कि उसे अपेक्षाकृत जल्दी मरना पड़ा? ऐसा कौन मानेगा? उसकी यात्रा थकान आने से पहले ही समाप्त हो गई। जीवन अपने आप में न तो अच्छा है और न बुरा; वह तो केवल अच्छाई और बुराई के प्रकट होने का एक मंच है। इसलिए उसने वास्तव में कुछ नहीं खोया, सिवाय उस दाँव के जिसमें परिस्थितियाँ पहले से ही उसके विरुद्ध थीं। यह संभव था कि वह संयमी और बुद्धिमान बनता। तुम्हारे मार्गदर्शन और देखभाल से उसका चरित्र उत्तम बन सकता था। लेकिन अधिक संभावना तो यही थी कि उसका जीवन भी अधिकांश लोगों की तरह ही बीतता। ज़रा चारों ओर देखो, कितने ही प्रतिष्ठित और कुलीन परिवारों के युवक भोग-विलास के कारण पतन की धूल में मिल गए हैं। अपनी वासनाओं और दूसरों की वासनाओं के वशीभूत होकर वे अनैतिक जीवन में फँस गए। ऐसा शायद ही कोई दिन बीतता हो जब वे मद्यपान या किसी घोर दुष्कर्म में लिप्त न हों। इन सबको देखकर स्पष्ट है कि उस बालक के भविष्य में आशा की अपेक्षा भय की संभावना कहीं अधिक थी। 

    इसलिए तुम्हें जान-बूझकर शोक करने के कारण नहीं खोजने चाहिए। न ही छोटी-सी विपत्ति को अत्यधिक व्याकुल होकर बड़ा बना देना चाहिए। मैं तुमसे यह नहीं कह रहा कि असाधारण धैर्य या वीरता का प्रदर्शन करो। तुम्हारे बारे में मेरी धारणा इतनी छोटी नहीं है कि मैं समझूँ, इस घटना का सामना करने के लिए तुम्हें अपना सारा साहस जुटाना पड़ेगा। जो तुम अनुभव कर रहे हो, वह वास्तविक शोक नहीं बल्कि केवल एक तीखी चुभन है। उसी चुभन को तुम स्वयं शोक का रूप दे रहे हो। यदि तुम्हारे मनोबल का आधार यही है कि तुम एक ऐसे बालक के वियोग में टूट जाओ जो अपने पिता की अपेक्षा अपनी धाय (दूध पिलाने वाली) को अधिक जानता था तो फिर दर्शन ने तुम्हें अब तक कितना लाभ पहुँचाया है? 

    तो क्या मैं अब कठोरता का उपदेश दे रहा हूँ? क्या मैं चाहता हूँ कि अंतिम संस्कार के समय भी तुम्हारे चेहरे पर कोई भाव न आए? क्या मैं तुम्हें यह भी मना कर रहा हूँ कि तुम्हारे मन में दुख की पहली लहर तक न उठे? काभी नहीं। वह सद्गुण नहीं बल्कि अमानवीयता होगी कि मनुष्य अपने प्रियजन के निर्जीव शरीर को उसी निर्विकार भाव से देखे, जिस भाव से वह उसे जीवित अवस्था में देखा करता था या जब परिवार का एक सदस्य उससे सदा के लिए अलग हो जाए, तब उसके हृदय में पहली बार भी कोई वेदना न उठे। यदि मैं ऐसा निषेध भी करूँ, तब भी कुछ बातें ऐसी होती हैं जो हमारे वश में नहीं होतीं। आँसू तो उन्हें रोकने का प्रयत्न करने पर भी निकल पड़ते हैं। उनका बह जाना मन के लिए एक प्रकार का हल्कापन और राहत लेकर आता है। 

    तो फिर क्या करना चाहिए? आँसुओं को आने दो। लेकिन उन्हें बुलाओ मत। जो आँसू स्वाभाविक भावावेग से स्वयं बह निकलें, उन्हें बहने दो। पर ऐसे आँसू मत बहाओ जो केवल दूसरों की नकल करने के लिए बहाए जाएँ।अपने वास्तविक शोक में कृत्रिम प्रदर्शन मत जोड़ो। दूसरों का अनुसरण करने के लिए अपने दुख को उससे अधिक मत बढ़ाओ जितना वह वास्तव में है। क्योंकि शोक का प्रदर्शन हमसे उतनी माँग करता है, जितनी स्वयं शोक भी नहीं करता। आख़िर कितने लोग हैं जो सचमुच केवल अपने दुख के कारण रोते हैं? जब देखने वाला कोई होता है, तब उनकी सिसकियाँ और भी ऊँची हो जाती हैं। जब वे अकेले होते हैं, तब उनके मुँह से कोई आवाज़ तक नहीं निकलती। लेकिन जैसे ही कोई भीतर आता है, वे फिर से विलाप करने लगते हैं। तभी वे अपना सिर पीटते हैं। जबकि यह काम वे तब भी कर सकते थे, जब कोई उनका हाथ पकड़ने वाला न होता। तभी वे अपने लिए मृत्यु की कामना करने लगते हैं। तभी वे पलंग से लुढ़ककर ज़मीन पर गिर पड़ते हैं। पर जैसे ही दर्शक हट जाता है, उनका शोक भी समाप्त हो जाता है। इस विषय में भी और जीवन की अनेक अन्य बातों की तरह, हम एक दोष से ग्रस्त हैं।हम अपने आचरण का निर्धारण अपनी आवश्यकता या विवेक से नहीं बल्कि दूसरों की नकल और प्रचलित रीति के अनुसार करते हैं। हम प्रकृति का साथ छोड़कर भीड़ का अनुसरण करने लगते हैं। जबकि भीड़ न तो कभी अच्छा मार्गदर्शक होती है और न ही किसी बात में स्थिर। जब वे किसी व्यक्ति को धैर्यपूर्वक अपना शोक सहते हुए देखते हैं तो उसे निष्ठुर और हृदयहीन कह देते हैं। जब किसी को मृत शरीर पर गिरकर बिलखते देखते हैं तो उसे कमजोर और दुर्बल कहने लगते हैं। इसलिए ऐसे सभी व्यवहारों का निर्णय विवेक की कसौटी पर होना चाहिए, न कि भीड़ की राय पर। इससे अधिक मूर्खता क्या होगी कि मनुष्य शोक की ख्याति प्राप्त करने की चेष्टा करे या आँसुओं को ही अपनी स्वीकृति और सम्मान का आधार बना ले? 

    मेरा विश्वास है कि बुद्धिमान व्यक्ति भी कभी-कभी आँसू बहाता है। कभी इसलिए कि वह उन्हें बहने देता है और कभी इसलिए कि वे अपने आप उमड़ पड़ते हैं। दोनों में क्या अंतर है, यह मैं स्पष्ट करता हूँ। जब किसी प्रियजन की असमय मृत्यु का समाचार पहली बार हमें आघात पहुँचाता है, जब हम उस शरीर को अपनी बाँहों में थामे होते हैं जो कुछ ही क्षणों बाद हमारी गोद से उठकर अग्नि को समर्पित कर दिया जाएगा, तब प्रकृति की अनिवार्यता हमारे आँसू निकाल लाती है। जैसे शोक का आघात हमारी साँसों को झकझोर देता है और पूरा शरीर काँप उठता है, वैसे ही वह आँखों के पास संचित नमी को भी दबाकर बाहर ले आता है। ऐसे आँसू भीतर उठे स्वाभाविक आवेग के कारण निकलते हैं। वे हमारी इच्छा से नहीं बल्कि अनायास बहते हैं। किन्तु कुछ आँसू ऐसे भी होते हैं जिन्हें हम स्वयं बहने देते हैं। जब हम अपने बिछुड़े हुए प्रियजनों की स्मृतियों में लौटते हैं और अपने शोक में भी एक मधुरता का अनुभव करते हैं। जब उनकी प्रिय बातें, उनका प्रसन्न साथ और उनका स्नेहपूर्ण समर्पण स्मरण में आता है तब हमारी आँखों से आँसू वैसे ही बह निकलते हैं जैसे आनंद के क्षणों में। ऐसे आँसुओं को हम स्वयं स्थान देते हैं। पर पहले प्रकार के आँसू हम पर अपना अधिकार जमा लेते हैं। इसलिए यदि तुम्हारे पास कोई खड़ा हो या तुम्हारे निकट बैठा हो, तो केवल उसके कारण अपने आँसू मत रोकना और न ही उसकी उपस्थिति के कारण स्वयं को रुलाने का प्रयत्न करना। क्योंकि न आँसू बहाना और न आँसू रोक लेना, इनमें से कोई भी बात उतनी लज्जाजनक नहीं है, जितनी कि बनावटी आँसू बहाना। आँसुओं को तभी आने दो, जब वे स्वाभाविक रूप से स्वयं आएँ। 

    आँसू बहाते हुए भी मनुष्य के भीतर शांति और आत्मसंयम बना रह सकता है। बुद्धिमान लोगों ने भी अनेक बार आँसू बहाए हैं, किन्तु इससे उनके चरित्र की गरिमा कभी कम नहीं हुई। उनके आँसुओं में इतना संयम होता है कि वे एक साथ अपनी मर्यादा और अपनी मानवीय संवेदना, दोनों को सुरक्षित रखते हैं। मैं फिर कहता हूँ, मनुष्य प्रकृति के अनुरूप चल सकता है और साथ ही अपनी गरिमा भी बनाए रख सकता है। मैंने ऐसे लोगों को देखा है जो अपने किसी प्रिय परिजन के अंतिम संस्कार में भी सम्मान के पात्र बने रहे। उनके चेहरे पर अपने प्रिय के प्रति सच्चा स्नेह स्पष्ट दिखाई देता था। पर उसमें शोक का कोई कृत्रिम प्रदर्शन नहीं था। उनके मन में जो भी भाव थे, वे स्वाभाविक और निष्कपट थे। शोक में भी एक मर्यादा होती है और बुद्धिमान व्यक्ति उसी मर्यादा का पालन करता है। आँसुओं में भी सीमा होनी चाहिए जैसे, जीवन की हर दूसरी चीज़ में होती है। अत्यधिक शोक और अत्यधिक हर्ष, दोनों ही मूर्खता के लक्षण हैं।  

    जिसे स्वीकार करना ही पड़े, उसे शांत मन से स्वीकार करो। इसमें ऐसा क्या हुआ है जो न कभी पहले हुआ हो या जिस पर विश्वास न किया जा सके? इसी समय न जाने कितनी शवयात्राओं की तैयारी हो रही है, कितने कफ़न खरीदे जा रहे हैं और तुम्हारे शोक समाप्त कर लेने के बाद भी न जाने कितने लोग अपने प्रियजनों के लिए विलाप कर रहे होंगे। जब भी तुम्हें यह याद आए कि वह एक बालक था, तब यह भी याद रखना कि वह एक मनुष्य था।  इसलिए उसके लिए किसी निश्चित भविष्य की गारंटी कभी नहीं थी। भाग्य किसी को भी अनिवार्य रूप से वृद्धावस्था तक नहीं पहुँचाता। वह जब उचित समझता है, जीवन-यात्रा वहीं समाप्त कर देता है। 

    फिर भी, उसके विषय में बार-बार बात करो और जितना संभव हो उसकी स्मृति का सम्मान करते रहो। यदि उसकी याद कटुता से मुक्त होगी तो वह बार-बार तुम्हारे पास लौटेगी। क्योंकि कोई भी व्यक्ति सदैव दुःखी रहने वाले के साथ समय बिताना नहीं चाहता, फिर स्वयं दुःख के साथ कौन रहना चाहेगा? यदि उसकी कोई भोली-भाली बातें थीं, कोई बालसुलभ चुटकुले या मासूम शरारतें थीं जो तुम्हें प्रसन्न करती थीं तो उन्हें बार-बार याद करो और सुनाया करो। एक पिता के रूप में तुमने उसके भविष्य के बारे में जो सुंदर आशाएँ सँजोई थीं, उन्हें भी निस्संकोच स्मरण करो। अपने प्रियजनों को भूल जाना, उनकी स्मृतियों को उनके शरीर के साथ ही दफना देना, बहुत रोना लेकिन उन्हें शायद ही कभी याद करना, यह संवेदनशीलता नहीं बल्कि अमानवीयता का प्रमाण है। पक्षी और वन्य पशु भी अपने बच्चों से प्रेम करते हैं, किन्तु उनका स्नेह केवल एक उग्र और लगभग उन्मत्त आवेग होता है। जैसे ही उनका बच्चा मर जाता है, उनका वह लगाव भी समाप्त हो जाता है। किन्तु एक विवेकशील मनुष्य के लिए ऐसा व्यवहार उचित नहीं है। उसे शोक करना छोड़ देना चाहिए, पर स्मरण करना कभी नहीं छोड़ना चाहिए। 

    मैं किसी भी प्रकार से मेट्रोडोरस की इस बात से सहमत नहीं हूँ कि शोक से मिलता-जुलता एक सुख भी होता है और ऐसी परिस्थितियों में मनुष्य को उसी सुख की खोज करनी चाहिए। मेट्रोडोरस ने अपनी बहन को लिखे एक पत्र में कहा है, "शोक से मिलता-जुलता एक प्रकार का सुख भी होता है और ऐसी स्थिति में मनुष्य को उसकी तलाश करनी चाहिए।" इन शब्दों के विषय में तुम्हारा क्या मत होगा, इसमें मुझे तनिक भी संदेह नहीं है। क्योंकि इससे अधिक लज्जाजनक और क्या हो सकता है कि कोई व्यक्ति शोक के बीच ही सुख खोजने निकले? बल्कि शोक के माध्यम से ही आनंद प्राप्त करने का प्रयत्न करे और आँसुओं के बीच भी किसी मनोहर अनुभव की तलाश करे! और यही लोग हम पर अत्यधिक कठोर होने का आरोप लगाते हैं। वे कहते हैं कि हमारे उपदेश बहुत कठोर हैं, केवल इसलिए कि हम यह कहते हैं या तो शोक को मन में प्रवेश ही मत करने दो और यदि वह आ जाए तो उसे शीघ्र ही विदा कर दो। अब बताओ, इनमें से कौन-सी बात अधिक कठिन और कम मानवीय प्रतीत होती है। मित्र के वियोग पर शोक को अपने ऊपर हावी न होने देना या फिर उसी शोक के बीच सुख का शिकार करने निकल पड़ना? 

    हमारी शिक्षा तो कहीं अधिक गरिमापूर्ण है। हम कहते हैं कि जब स्वाभाविक भावावेग मनुष्य से कुछ आँसू निकलवा ले और उसका पहला उबाल शांत हो जाए, तब उसे अपने मन को शोक के हवाले नहीं कर देना चाहिए। क्या सचमुच तुम यह कहना चाहते हो कि शोक में भी सुख मिलाकर उसे हल्का किया जाए? यह तो वैसा ही है जैसे किसी रोते हुए बच्चे को मिठाई देकर चुप कराया जाए, या दूध पिलाकर उसकी रुलाई रोक दी जाए। यह बुद्धिमानों के लिए नहीं बल्कि छोटे बच्चों को बहलाने का उपाय है। 

    क्या तुम यह भी स्वीकार नहीं करोगे कि जब पुत्र की चिता जल रही हो या कोई प्रिय मित्र अपने अंतिम श्वास ले रहा हो, तब कम-से-कम उस समय तो सुख का अंत हो जाना चाहिए? क्या हमारे शोक में भी आनंद की गुदगुदी बनी रहनी चाहिए? बताओ, अधिक गरिमापूर्ण क्या है? मन से शोक को दूर कर देना या शोक के बीच ही सुख को प्रवेश दे देना? मैंने तो केवल यह कहा था कि सुख को शोक के बीच आने दिया जाता है। पर मेट्रोडोरस तो इससे भी आगे बढ़कर कहता है कि शोक के भीतर से ही सुख को निकाल लेना चाहिए। वह कहता है, "शोक से मिलता-जुलता एक सुख होता है।" ऐसी बात हम स्टोइक कह सकते हैं, लेकिन तुम नहीं। क्योंकि तुम्हारे मत में केवल एक ही वस्तु शुभ है, सुख। केवल एक ही वस्तु अशुभ है, पीड़ा। फिर भला शुभ और अशुभ के बीच कोई समानता या निकटता कैसे हो सकती है? लेकिन मान लो कि ऐसी कोई समानता है भी तो क्या यह उसका अन्वेषण करने का उचित अवसर है? क्या हम शोक के बीच बैठकर यह खोजने लगें कि उसमें कहीं कोई मधुर या सुखद तत्व छिपा हुआ है? चिकित्सा में भी कुछ ऐसे उपचार होते हैं जो शरीर के किसी अंग के लिए लाभदायक होते हैं। लेकिन दूसरे अंगों पर उनका प्रयोग अनुचित और लज्जाजनक माना जाता है। जो उपचार एक स्थान पर उचित होता है, वही घाव की स्थिति बदल जाने पर अनुचित प्रतीत होने लगता है। तो क्या तुम्हें लज्जा नहीं आती कि तुम शोक का उपचार सुख से करना चाहते हो? हृदय के इस गहरे घाव के लिए कहीं अधिक गंभीर, संयमपूर्ण और दृढ़ उपचार की आवश्यकता है।

    इसके बजाय हमें यह समझाना चाहिए कि जो मर चुका है, उसे किसी भी बुराई का कोई अनुभव नहीं हो सकता क्योंकि यदि उसे किसी बात का अनुभव हो रहा है तो वह मरा ही नहीं है। मैं फिर कहता हूँ, जो अब अस्तित्व में ही नहीं है, उसे कोई भी पीड़ा नहीं पहुँचा सकती। क्योंकि यदि उसे पीड़ा पहुँच रही है तो इसका अर्थ है कि वह अभी जीवित है। ज़रा सोचो, उसे किस बात से कष्ट हो सकता है, अपने अस्तित्व के समाप्त हो जाने से या किसी प्रकार के शेष बचे हुए अस्तित्व से? यदि उसका अस्तित्व ही नहीं रहा तो उसे किसी यातना का अनुभव कैसे होगा? जहाँ चेतना ही नहीं है, वहाँ पीड़ा का अनुभव भी नहीं हो सकता। यदि किसी रूप में उसका अस्तित्व बना हुआ है तो उसने मृत्यु की सबसे बड़ी हानि से मुक्ति पा ली है क्योंकि मृत्यु की सबसे बड़ी हानि तो यही मानी जाती है कि मनुष्य का अस्तित्व समाप्त हो जाता है। 

    जो व्यक्ति अपने उस प्रियजन के लिए रो रहा है, जिसे युवावस्था में ही मृत्यु ने छीन लिया, उससे हमें यह भी कहना चाहिए कि ब्रह्मांड के अनंत काल की तुलना में युवा हो या वृद्ध, हर मनुष्य का जीवन समान रूप से छोटा है।मनुष्य की सबसे लंबी आयु भी उस अनंत काल की तुलना में इतनी नगण्य है कि उसे एक क्षणांश भी नहीं कहा जा सकता। क्षणांश तो फिर भी कुछ होता है। पर हमारा जीवन तो उसके सामने मानो कुछ भी नहीं है। यही नगण्य-सा जीवन हम सबको समान रूप से मिला हुआ है। हम कितने मूर्ख हैं कि इसी को लेकर इतना मोह और विलाप करते हैं! 

    मैंने यह सब तुम्हें इसलिए नहीं लिखा कि मुझे लगा तुम अब भी किसी विलंबित उपचार की प्रतीक्षा कर रहे हो। मुझे पूरा विश्वास है कि ये सभी बातें तुम स्वयं भी अपने मन से कह चुके होगे। मेरा उद्देश्य तो केवल इतना था कि थोड़ी देर के लिए तुम अपने वास्तविक स्वरूप और अपने विवेक को भूल बैठे थे। इसलिए तुम्हें उसकी याद दिलाऊँ और साथ ही तुम्हें यह साहस दूँ कि भविष्य में भाग्य के प्रत्येक आघात का दृढ़ता से सामना कर सको। भाग्य के प्रहारों को केवल संभावनाएँ मत समझो; उन्हें ऐसी घटनाएँ मानो जिनका घटित होना एक दिन निश्चित है।


अभी के लिए विदा 


Friday, 31 July 2026

सच्चे व्यक्तित्व के बारे में -- पत्र - 96 (एक स्टोइक के पत्र/सेनेका के पत्रों का हिन्दी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


जो व्यक्ति अपने सुख के लिए भाग्य पर निर्भर करता है, उसे कभी भी वास्तव में भाग्यशाली मत समझो। जिसका आनंद संयोग और भाग्य के सहारे टिका हो, उसके सुख का आधार अत्यंत कमजोर होता है। जो प्रसन्नता बाहर से आती है, वह एक दिन बाहर चली भी जाती है। लेकिन जो आनंद मनुष्य के अपने भीतर से उत्पन्न होता है, वह विश्वसनीय और दृढ़ होता है। वह निरंतर बढ़ता है और जीवन के अंतिम क्षण तक हमारा साथ नहीं छोड़ता। जिन वस्तुओं की लोग सामान्यतः प्रशंसा करते हैं, वे तो केवल एक दिन के लिए मिलने वाले लाभ हैं। कोई पूछ सकता है, "क्या वे उपयोगी और आनंददायक दोनों नहीं हो सकतीं?" निस्संदेह हो सकती हैं। बशर्ते वे हमारे अधीन हों, न कि हम उनके अधीन।



    भाग्य जिन वस्तुओं पर कृपा करता है, वे तभी वास्तव में लाभदायक और सुखद बनती हैं, जब उनका स्वामी स्वयं का भी स्वामी हो और अपनी संपत्ति का दास न बन जाए। प्रिय लूसीलियस, यह भूल है कि हम अपने लिए जो कुछ अच्छा या बुरा होता है, उसके लिए भाग्य को उत्तरदायी ठहराएँ। भाग्य तो केवल हमें अच्छी और बुरी परिस्थितियों का कच्चा माल उपलब्ध कराता है। ऐसी प्रारंभिक स्थितियाँ, जिनसे हमारे भीतर आगे चलकर या तो अच्छाई उत्पन्न होगी या बुराई। क्योंकि मन हर प्रकार के भाग्य से अधिक शक्तिशाली है। वही अपने बल पर अपने जीवन की दिशा निर्धारित करता है और स्वयं ही अपने लिए सुखी या दुखी जीवन का कारण बनता है। दुष्ट मन हर वस्तु को बुरा बना देता है, यहाँ तक कि उन चीज़ों को भी जो देखने में अत्यंत उत्तम प्रतीत होती हैं। इसके विपरीत, सीधा और स्वस्थ मन भाग्य की कठोरताओं को भी सुधार लेता है। वह धैर्यपूर्वक सहन करने की कला से उसकी कठोरता और खुरदुरेपन को कोमल बना देता है। वह समृद्धि को कृतज्ञता और संयम के साथ स्वीकार करता है। विपत्ति के सामने दृढ़ता तथा साहस का परिचय देता है। तुम बुद्धिमान हो सकते हो, हर कार्य विवेकपूर्वक कर सकते हो और कभी अपनी सामर्थ्य से आगे न बढ़ो। फिर भी तुम उस सच्चे और अडिग कल्याण को प्राप्त नहीं कर सकते, जो किसी खतरे से परे है, जब तक कि अस्थिर और अनिश्चित परिस्थितियों का सामना करते समय तुम्हारा मन स्वयं सुरक्षित और स्थिर न हो।

    चाहे तुम दूसरे लोगों को देखो क्योंकि जिन बातों का संबंध हमसे व्यक्तिगत रूप से नहीं होता, उनका निर्णय हम अधिक निष्पक्ष होकर कर पाते हैं या फिर बिना किसी पक्षपात के स्वयं को ही देखो, तुम यह समझ जाओगे और स्वीकार करोगे कि तुम्हारी कोई भी प्रिय वस्तु वास्तव में तब तक उपयोगी नहीं है, जब तक तुम अपने आपको भाग्य की चंचलता और उसके परिणामों का सामना करने के लिए प्रशिक्षित नहीं कर लेते। जब तक तुम अपनी प्रत्येक विपत्ति के समय बिना किसी शिकायत के यह कहना नहीं सीख लेते, 'देवताओं ने अन्यथा निर्णय किया।'

    या इससे भी बेहतर, यदि तुम अपने मन को अधिक साहसी और अधिक उपयुक्त सूत्र से दृढ़ करना चाहो—तो जब भी कोई घटना तुम्हारी अपेक्षा के विपरीत घटित हो, यह कहो, 'देवताओं ने इससे बेहतर निर्णय किया।' जिस व्यक्ति का ऐसा दृष्टिकोण होगा, उसे किसी भी घटना में कोई दोष दिखाई नहीं देगा। ऐसा दृष्टिकोण उसी व्यक्ति में उत्पन्न होता है जो जीवन की बदलती हुई परिस्थितियों और उतार-चढ़ावों की संभावना पर उनके वास्तव में आने से पहले ही विचार कर लेता है। जो अपने बच्चों, जीवनसाथी और संपत्ति को स्थायी अधिकार या ऐसा धन नहीं मानता कि भविष्य में उनके खो जाने पर उसका जीवन अनिवार्य रूप से दुःखमय हो जाए। जो मन भविष्य की चिंता में डूबा रहता है और विपत्ति आने से पहले ही दुखी हो उठता है, वह स्वयं अपने लिए एक विपत्ति बन जाता है। वह इस चिंता में रहता है कि जिन वस्तुओं से उसे आनंद मिलता है, वे सदा बनी रहें। ऐसा मन कभी शांति नहीं पा सकता। भविष्य की आशंकाओं में उलझकर वह वर्तमान की उन वस्तुओं का आनंद भी खो देता है, जिनका वह अभी उपभोग कर सकता है। किसी वस्तु को खो देने का भय, उसे वास्तव में खो देने के दुःख के समान ही होता है।

    इसका यह अर्थ नहीं है कि मैं तुम्हें लापरवाह बनने की सलाह दे रहा हूँ। जहाँ तक संभव हो, भय उत्पन्न करने वाली बातों से बचो। दूरदर्शिता के साथ उन खतरों से अपनी रक्षा करो जिनसे बचा जा सकता है। जो भी तुम्हें हानि पहुँचा सकता हो, उस पर पहले से ही नज़र रखो और उसके घटित होने से बहुत पहले ही उससे बचने का प्रयास करो। लेकिन तुम्हारा सबसे बड़ा सहारा आत्मविश्वास और ऐसा मन होगा जो हर परिस्थिति को सहने के लिए दृढ़ बना हो। जो व्यक्ति विपत्ति को सहन कर सकता है, वही उससे बचने के लिए उचित सावधानी भी बरत सकता है। और जब समुद्र अभी शांत हो, तब वह घबराता नहीं। असमय भयभीत होने से अधिक दयनीय और अधिक मूर्खतापूर्ण कोई बात नहीं है। अपने ही कष्टों की पहले से कल्पना करके स्वयं को सताना कितना बड़ा पागलपन है! संक्षेप में, यदि मैं अपने विचार का सार बताऊँ और उन उन्मत्त लोगों का चित्र प्रस्तुत करूँ जो स्वयं अपने लिए ही बोझ बन जाते हैं, तो वे लोग अपने कष्ट आने से पहले भी उतने ही व्याकुल रहते हैं, जितने कष्ट आने पर होते हैं। जो व्यक्ति आवश्यकता से पहले ही दुखी होने लगता है, वह आवश्यकता से अधिक दुख उठाता है। 

    वास्तविक दुख का सही आकलन न कर पाना और उसके आने से पहले ही उसकी कल्पना करके भयभीत हो जाना, इन दोनों का कारण एक ही है: आत्मसंयम का अभाव। यही आत्मसंयम की कमी लोगों को यह भ्रम भी देती है कि उनका सौभाग्य सदा बना रहेगा, और यह आशा भी कि जो लाभ उन्हें प्राप्त हुए हैं, वे न केवल बने रहेंगे बल्कि लगातार बढ़ते भी जाएँगे। वे मानव जीवन की उस उछालभरी प्रकृति को भूल जाते हैं, जो परिस्थितियों को कभी ऊपर तो कभी नीचे ले जाती है। उन्हें ऐसा लगता है मानो केवल उनके ही जीवन में भाग्य कभी नहीं बदलेगा और परिस्थितियाँ सदा एक-सी बनी रहेंगी। 

    इसी कारण मुझे लगता है कि मेट्रोडोरस ने अपनी उस चिट्ठी में, जो उन्होंने अपने अत्यंत प्रतिभाशाली पुत्र को खो चुकी अपनी बहन को लिखी थी, बहुत उत्कृष्ट बात कही थी, "नश्वर मनुष्यों के लिए जो कुछ भी अच्छा है, वह भी स्वयं नश्वर है।" उनका आशय उन वस्तुओं से था जिनके पीछे लोग भागते हैं क्योंकि वास्तविक कल्याण, बुद्धिमत्ता और सद्गुण, नष्ट नहीं होते। वे सुरक्षित और शाश्वत हैं। यही एक ऐसी अमर संपत्ति है जो नश्वर मनुष्य प्राप्त कर सकता है। किन्तु लोग इतने त्रुटिपूर्ण और इतने असावधान होते हैं कि उन्हें इस बात का ध्यान ही नहीं रहता कि प्रत्येक बीतता हुआ दिन उन्हें उनके अंतिम गंतव्य की ओर ले जा रहा है। इसलिए जब वे कोई वस्तु खो देते हैं तो उन्हें आश्चर्य होता है, जबकि एक दिन ऐसा भी आएगा जब वे सब कुछ खो देंगे। जिन वस्तुओं को तुम अपना समझते हो, वे भले ही तुम्हारे घर में रखी हों, लेकिन वे वास्तव में तुम्हारी नहीं हैं। जो स्वयं असुरक्षित है, उसके लिए कोई भी वस्तु सुरक्षित नहीं हो सकती। जो मनुष्य स्वयं नश्वर और नाज़ुक है, उसके लिए कोई भी वस्तु स्थायी और अजेय नहीं हो सकती। केवल हमारी संपत्ति ही नहीं जानी है। हमें स्वयं भी एक दिन इस संसार से जाना है। यदि हम इस सत्य को वास्तव में समझ लें तो यही बात हमारे लिए सांत्वना का कारण बन जाती है।जब कोई वस्तु तुमसे चली जाए, तो शांत रहो क्योंकि एक दिन तुम्हें भी जाना है।

    तो फिर इन हानियों का सामना करने के लिए हमें कौन-सा सहारा मिलता है? बस यही कि जो कुछ हमने खो दिया है, उसे अपनी स्मृति में संजोकर रखें और उससे जो आनंद हमें कभी प्राप्त हुआ था, उसे उसके साथ नष्ट न होने दें। हमसे किसी वस्तु का 'स्वामित्व' छीना जा सकता है लेकिन यह तथ्य कभी नहीं छीना जा सकता कि "वह कभी हमारे पास थी।" किसी वस्तु को खो देने के बाद यदि हम उसके लिए कोई कृतज्ञता ही अनुभव न करें तो यह अत्यंत अकृतज्ञता है। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि कभी वह वस्तु हमें प्राप्त हुई थी और उसने हमें आनंद दिया था। भाग्य हमसे किसी वस्तु का स्वामित्व छीन सकता है, लेकिन उससे पहले वह हमें कुछ समय तक उसका उपयोग करने का अवसर भी देता है। यदि हम अनुचित लालसा और व्यर्थ की तड़प में डूब जाएँ तो हम उस बीते हुए सुख का आनंद भी खो बैठते हैं। 

    अपने आप से कहो, "जो बातें इतनी भयावह प्रतीत होती हैं, उन सभी पर विजय पाई जा सकती है।" अनेक लोगों ने विभिन्न प्रकार की कठिन परीक्षाओं पर विजय प्राप्त की है। मूकियस ने अग्नि पर विजय पाई। रेगुलस ने यातनाओं पर। सुकरात ने विषपान पर। रूटिलियस ने निर्वासन पर और कैटो ने तलवार द्वारा मृत्यु पर विजय प्राप्त की। हमें भी किसी-न-किसी कठिनाई पर विजय प्राप्त करनी चाहिए। इसके विपरीत, जिन वस्तुओं को लोग सामान्यतः सौभाग्य का प्रतीक समझकर ललचाते हैं, उन्हें भी अनेक महान व्यक्तियों ने ठुकरा दिया है।फैब्रिसियस ने सेनापति रहते हुए धन को अस्वीकार किया और सेंसर के रूप में उसे सार्वजनिक रूप से निंदनीय ठहराया। ट्यूबेरो ने निर्धनता को अपने लिए भी और कैपिटोल के लिए भी उपयुक्त माना। उन्होंने एक सार्वजनिक भोज में मिट्टी के बर्तनों का उपयोग करके यह दिखाया कि मनुष्य को उतने में ही संतुष्ट रहना चाहिए, जितने में उस समय देवता भी संतुष्ट थे। सेक्स्टियस ने सम्मान और उच्च पदों को ठुकरा दिया। जन्म और योग्यता के आधार पर वे सार्वजनिक पद धारण कर सकते थे। लेकिन जब जूलियस सीज़र ने उन्हें सीनेटर का पद देना चाहा तो उन्होंने उसे स्वीकार करने से इंकार कर दिया। वे जानते थे कि जो वस्तु दी जा सकती है, वह कभी भी वापस भी ली जा सकती है। आओ, हम भी अपने जीवन में साहसपूर्ण कार्य करें। हमारा नाम भी उन आदर्श व्यक्तियों में शामिल हो। हमने साहस क्यों छोड़ दिया है? हमने आशा क्यों खो दी है? जो कुछ अतीत में संभव था, वह आज भी संभव है, यदि हम अपने मन को शुद्ध करें और प्रकृति के अनुरूप जीवन जीएँ। जब मनुष्य प्रकृति से भटक जाता है, तभी वह इच्छाओं का दास बनता है, भय में जीता है और भाग्य का गुलाम बन जाता है। हम फिर से सही मार्ग पर लौट सकते हैं। हम अपनी स्वस्थ और संतुलित अवस्था को पुनः प्राप्त कर सकते हैं। आओ, स्वयं को फिर से ऐसा बनाएँ कि जब भी शरीर पर कोई पीड़ा आक्रमण करे, हम भाग्य से कह सकें, "तुम्हारा सामना एक मनुष्य से है। जाओ, किसी ऐसे को खोजो जिसे तुम वास्तव में पराजित कर सको!"

    ऐसी और इसी प्रकार की बातचीत उसके घाव की पीड़ा को कुछ कम कर रही है। मैं सच्चे मन से आशा करता हूँ कि वह घाव या तो धीरे-धीरे भर जाएगा या फिर कम-से-कम बढ़ना बंद कर देगा और उसी के साथ बूढ़ा हो जाएगा। फिर भी, वास्तव में मुझे उसके लिए चिंता नहीं है। मुझे तो इस बात की चिंता है कि यदि ऐसा उत्कृष्ट वृद्ध पुरुष हमसे छिन गया, तो हमारी कितनी बड़ी हानि होगी। उसने अपना जीवन पूर्ण रूप से जी लिया है। वह अपने लिए जीवन में कुछ और नहीं चाहता; यदि वह जीवित रहना चाहता है, तो केवल उन लोगों के लिए, जिनके लिए वह अभी भी उपयोगी है। उसका जीवित रहना उसके उदार हृदय का प्रमाण है। कोई दूसरा व्यक्ति होता तो शायद इन यातनाओं का अंत करने के लिए स्वयं ही अपने जीवन का अंत कर चुका होता। लेकिन वह मानता है कि मृत्यु की शरण लेना उतना ही लज्जाजनक है जितना उससे भागना। "अच्छा, लेकिन यदि परिस्थितियाँ वास्तव में इसकी माँग करें, तो क्या वह तब भी नहीं जाएगा?" निश्चय ही जाएगा। यदि वह किसी के लिए भी उपयोगी न रह जाए और उसके सामने केवल पीड़ा ही शेष रह जाए, तब वह जीवन छोड़ देगा। प्रिय लूसीलियस, यही है जीवन के बीच रहकर दर्शन का अध्ययन करना और उसे वास्तव में व्यवहार में उतारना, यह देखना कि जब मृत्यु सामने आ खड़ी हो और पीड़ा पूरे बल से दबाव डाल रही हो, तब एक बुद्धिमान मनुष्य कितने साहस के साथ उनका सामना करता है। 

    हमें यह सीखना चाहिए कि क्या करना चाहिए और यह शिक्षा उसी से लेनी चाहिए, जो स्वयं वैसा करके दिखा रहा है। अब तक हम केवल इस बात पर तर्क-वितर्क करते रहे हैं कि क्या कोई व्यक्ति पीड़ा सह सकता है या क्या मृत्यु का आगमन सबसे साहसी मनुष्य को भी विचलित कर सकता है। लेकिन अब और शब्दों की क्या आवश्यकता है? आओ, वर्तमान उदाहरण को ही देखें। यह व्यक्ति पीड़ा का सामना इसलिए साहसपूर्वक नहीं कर रहा कि मृत्यु निकट है; और न ही वह मृत्यु का सामना इसलिए अधिक साहस से कर रहा है कि वह पीड़ा से थक चुका है। दोनों ही परिस्थितियों में उसका सहारा केवल उसका अपना आत्मबल है। मृत्यु की आशा उसकी पीड़ा को अधिक सहनीय नहीं बनाती और वह केवल इसलिए प्रसन्नतापूर्वक मृत्यु का स्वागत नहीं करता कि वह कष्टों से ऊब गया है। वह पीड़ा को धैर्यपूर्वक सहता है और मृत्यु की शांतिपूर्वक प्रतीक्षा करता है।


अभी के लिए विदा 

अपराध और दंड के बारे में -- पत्र - 95 (एक स्टोइक के पत्र/सेनेका के पत्रों का हिन्दी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


तुम भूल कर रहे हो, प्रिय लूसीलियस, यदि तुम्हें लगता है कि केवल हमारा ही युग भोग-विलास में डूबा हुआ है और उच्च नैतिक मानकों की उपेक्षा का दोषी है। लोग अपनी ही पीढ़ी को इन कमियों के लिए दोष देना पसंद करते हैं। पर वास्तव में दोष समय का नहीं, मनुष्यों का होता है। ऐसा कोई युग कभी नहीं रहा जो दोषों से मुक्त रहा हो। बल्कि यदि तुम हर युग की दुष्टताओं का आकलन करना शुरू करो तो मुझे यह कहते हुए लज्जा आती है कि जितना अनैतिक आचरण कैटो के समय और उसकी प्रत्यक्ष उपस्थिति में दिखाई देता है, उतना शायद कभी नहीं हुआ। यह विश्वास करना कठिन है, लेकिन जब पब्लियस क्लोडियस पुल्खर (Publius Clodius Pulcher) पर जूलियस सीज़र (Julius Caesar) की पत्नी के साथ गुप्त व्यभिचार का मुकदमा चल रहा था, तब न्यायाधीशों को रिश्वत दी गई। क्लोडियस ने उस पवित्र धार्मिक अनुष्ठान का अपमान किया था, जो कहा जाता है कि 'जनता के लिए' संपन्न किया जाता है और जिसमें पुरुषों का प्रवेश इतना कठोरता से निषिद्ध था कि वहाँ नर पशुओं के चित्र तक ढँक दिए जाते थे। 



    फिर भी न्यायाधीशों को रिश्वत दी गई और इससे भी अधिक चौंकाने वाली बात यह थी कि उन्हें अपने पक्ष में करने के लिए विवाहित स्त्रियों और कुलीन परिवारों के युवकों के साथ यौन संबंध बनाने का अवसर भी दिया गया। अपराध स्वयं उसके बरी किए जाने जितना घोर नहीं था। जिस व्यक्ति पर व्यभिचार का आरोप था, उसी ने अनेक व्यभिचार करवाए और उसने अपनी सुरक्षा केवल इस प्रकार सुनिश्चित की कि न्यायाधीशों को भी अपने समान अपराधी बना दिया। यह सब उसी मुकदमे में हुआ जिसमें कैटो द यंगर (Cato the Younger) ने गवाही दी थी। हालाँकि वे केवल गवाही ही दे सके। मैं इस विषय में सिसरो (Cicero) के शब्द उद्धृत करता हूँ क्योंकि अन्यथा इन घटनाओं पर विश्वास करना कठिन होगा—

"उसने न्यायाधीशों को अपने घर बुलाया, उनसे वादे किए, उनसे विनती की और उन्हें रिश्वत दी। लेकिन, देवताओं की शपथ, इससे भी अधिक बुरा होने वाला था। अंतिम पुरस्कार के रूप में कुछ न्यायाधीशों को विशेष स्त्रियों के साथ रात्रि बिताने का अवसर और कुलीन परिवारों के युवकों के साथ गुप्त मिलन का प्रलोभन दिया गया।"

रिश्वत देना ही पर्याप्त रूप से घृणित था। लेकिन उसके साथ जो अतिरिक्त प्रलोभन दिए गए, वे उससे भी अधिक चौंकाने वाले थे। "वह बड़ा सदाचारी बनने वाला व्यक्ति, क्या तुम उसकी पत्नी चाहते हो? मैं उसे तुम्हारे पास पहुँचा दूँगा। उस धनी व्यक्ति की पत्नी कैसी रहेगी? मैं व्यवस्था कर दूँगा कि वह तुम्हारे साथ रात बिताए। यदि तुम्हें किसी की पत्नी नहीं मिली तो मुझे दोषी ठहराने के पक्ष में मतदान कर देना! जिस सुंदर स्त्री की तुम इच्छा रखते हो, वह तुम्हारे पास आएगी। मैं वादा करता हूँ कि तुम्हें उसके साथ एक रात बिताने का अवसर मिलेगा और मैं यह काम शीघ्र कर दूँगा। अदालत की दो दिन की कार्यवाही-स्थगन अवधि के भीतर मेरा वादा पूरा हो जाएगा।" व्यभिचार की व्यवस्था करना स्वयं व्यभिचार करने से भी अधिक अनैतिक है क्योंकि इसमें सम्मानित विवाहित स्त्रियों पर दबाव डालकर उन्हें इस कृत्य में सम्मिलित किया जाता है। क्लोडियस के न्यायाधीशों ने सीनेट से सुरक्षा की माँग की थी। ऐसी सुरक्षा की आवश्यकता केवल तभी पड़ती यदि वे उसे दोषी ठहराने वाले होते और उनकी यह माँग स्वीकार भी कर ली गई। इसलिए जब अभियुक्त बरी हो गया तो कैटुलस ने व्यंग्य करते हुए न्यायाधीशों से कहा, "तुमने हमसे सुरक्षा क्यों माँगी थी? क्या इसलिए कि कहीं तुम्हारी रिश्वत जब्त न कर ली जाए?" ऐसे ही उपहास और कटाक्ष के बीच वह व्यक्ति बच निकला, जो मुकदमे से पहले व्यभिचारी था और मुकदमे के दौरान दलाल बन गया। दोषमुक्त होने के लिए उसने जो किया, वह उस अपराध से भी अधिक घृणित था जिसके कारण उस पर मुकदमा चलाया गया था।

    क्या तुम्हें लगता है कि कभी लोगों के नैतिक मानदंड इससे अधिक पतित रहे होंगे। ऐसे लोगों के, जिन्हें न तो धर्म का भय रोक सकता था और न ही न्यायालय का? उन्होंने सीनेट की विशेष न्यायिक कार्यवाही के दौरान उसी अपराध से भी बड़ा अपराध कर डाला जिसकी जाँच की जा रही थी। विवाद का प्रश्न यह था कि क्या व्यभिचार का दोषी व्यक्ति स्वतंत्र रह सकता है। लेकिन जो बात सामने आई, वह यह थी कि ऐसा व्यक्ति व्यभिचार का सहारा लिए बिना निर्दोष घोषित ही नहीं किया जा सकता था। यह सब कुछ पोम्पेई, सीज़र, सिसेरो और कैटो की उपस्थिति में तय किया गया। और ध्यान रहे, यही वही कैटो थे जिनकी उपस्थिति में कहा जाता है कि फ्लोरा के उत्सव के दौरान जनता ने नर्तकियों से नग्न प्रदर्शन की माँग करना भी बंद कर दिया था। यदि तुम इस बात पर विश्वास कर सको तो उस समय के दर्शकों के नैतिक मानदंड न्यायाधीशों की अपेक्षा अधिक ऊँचे थे। 

    ऐसी घटनाएँ पहले भी होती रही हैं और आगे भी होती रहेंगी। नागरिक जीवन का नैतिक पतन कभी-कभी भय और दबाव के कारण कुछ समय के लिए थम सकता है। लेकिन वह अपनी इच्छा से कभी समाप्त नहीं होता। इसलिए तुम्हें यह नहीं समझना चाहिए कि हमारा युग किसी भी अन्य युग की तुलना में अधिक वासना का दास हो गया है या कानूनों का कम सम्मान करता है। आज के युवा उस समय की अपेक्षा कहीं अधिक संयमित हैं। उस समय तो स्थिति यह थी कि व्यभिचार का आरोपी अपने न्यायाधीशों के सामने स्वयं को निर्दोष बताता था, जबकि न्यायाधीश उसके सामने अपने ही व्यभिचार के दोषी होने की स्वीकृति दे चुके होते थे। मुकदमे का निर्णय प्रभावित करने के लिए व्यभिचार और काम-वासना से भरे आयोजन किए जाते थे। क्लोडियस, जिस अपराध का वह स्वयं दोषी था, उसी प्रकार के अनैतिक आचरण से लाभ उठाते हुए मुकदमे की कार्यवाही के दौरान ही गुप्त प्रेम-संबंधों की व्यवस्था कर रहा था। क्या कोई इस बात पर विश्वास करेगा कि एक व्यक्ति, जिस पर केवल एक व्यभिचार का मुकदमा चल रहा था, अनेक व्यभिचारों का सहारा लेकर निर्दोष घोषित हो गया?

    क्लोडियस जैसे लोग हर युग में मिल जाते हैं। लेकिन कैटो जैसे लोग हर युग में नहीं मिलते। हमारा झुकाव सदैव बुराई की ओर रहता है क्योंकि हमेशा कोई न कोई आगे बढ़कर उसका मार्ग दिखाने वाला होता है और कोई न कोई उसका अनुसरण करने वाला। बल्कि उनके बिना भी बुराई का सिलसिला तेज़ी से चलता रहता है। हम केवल दुष्कर्म की ओर झुकते ही नहीं बल्कि उसमें पूरी तरह कूद पड़ते हैं। अन्य कलाओं और व्यवसायों में यदि कोई गलती हो जाए तो वह उस कारीगर के लिए लज्जा का कारण होती है। वह अपनी त्रुटि से दुखी होता है। लेकिन जीवन के मामले में लोग अपने दुष्कर्मों से ही आनंद प्राप्त करते हैं। यही कारण है कि अधिकांश लोगों को सुधारना लगभग असंभव हो जाता है। एक नाविक को जहाज़ के डूब जाने में कोई सुख नहीं मिलता। एक डॉक्टर अपने रोगी के अंतिम संस्कार से प्रसन्न नहीं होता और यदि कोई वकील अपने मुवक्किल का मुकदमा हार जाए तो उसे भी उससे आनंद नहीं मिलता। लेकिन मनुष्य अपने स्वयं के अनैतिक आचरण से आनंद लेता है। कोई व्यक्ति व्यभिचार में इसलिए सुख अनुभव करता है कि उसका निषिद्ध और कठिन होना ही उसे रोमांचित करता है। दूसरा जालसाज़ी और चोरी में रोमांच महसूस करता है। वह अपने कर्मों के लिए स्वयं को तभी दोष देता है जब उसका भाग्य उसका साथ छोड़ देता है। हमने बुरे आचरण को अपनी आदत बना लिया है और यही उसकी परिणति है। 

    दूसरी ओर, सभी लोग अपने दुष्कर्मों को छिपाते भी हैं। चाहे वे उन कार्यों से कितना ही लाभ क्यों न उठा लें, वे उनका आनंद तो लेते है। लेकिन उनके तथ्य छिपाए रखते हैं। इससे स्पष्ट होता है कि जो लोग पूरी तरह पतन की राह पर चले गए हैं, उनमें भी सही और गलत का कुछ न कुछ बोध शेष रहता है। वे यह नहीं जानते कि क्या गलत है। ऐसा नहीं है। वे तो बस जान-बूझकर उसकी उपेक्षा करते हैं। लेकिन निर्मल अंतःकरण चाहता है कि वह खुले रूप में सामने आए और सबके सामने दिखाई दे। जबकि दुष्टता अँधेरे से भी डरती है। इसी कारण मुझे लगता है कि एपिक्यूरस ने बहुत अच्छी बात कही थी, “दुष्कर्मी संयोगवश छिपा रह सकता है। लेकिन वह कभी इस बात के प्रति निश्चिंत नहीं हो सकता कि वह हमेशा छिपा ही रहेगा।” इस विचार को और भी बेहतर ढंग से इस प्रकार कहा जा सकता है, “दुष्कर्म करने वालों को अपने अपराध छिपाने से कोई वास्तविक लाभ नहीं मिलता। क्योंकि यदि सौभाग्य से वे छिप भी जाएँ, तब भी उन्हें कभी यह विश्वास नहीं होता कि वे सदा छिपे रहेंगे।” अर्थात अपराध कभी भी पूर्णतः सुरक्षित नहीं हो सकता। मेरे विचार से, यदि इस कथन का यही अर्थ समझा जाए, तो यह हमारे स्टोइक दर्शन के भी विरोध में नहीं है। कैसे? क्योंकि दुष्कर्मी के लिए पहला और सबसे बड़ा दंड यही है कि उसने अपराध किया है। कोई भी अपराध, चाहे भाग्य ने उसे वैभव से सजा दिया हो, चाहे उसी भाग्य ने उसे संरक्षण और सुरक्षा प्रदान कर दी हो, दंड से मुक्त नहीं होता। अपराध का दंड उसी अपराध के भीतर निहित होता है। फिर भी, उस पहले और मूल दंड के तुरंत बाद दूसरे दंड भी उसके पीछे-पीछे चलते हैं। लगातार भय, आतंक और अपनी सुरक्षा के प्रति अविश्वास। तो फिर मैं दुष्टता को इस दंड से क्यों मुक्त कर दूँ? मैं उसे निरंतर आशंका और अस्थिरता की स्थिति में क्यों न रहने दूँ? 

    जब एपिक्यूरस यह कहते हैं कि स्वभावतः कोई भी वस्तु न्यायपूर्ण नहीं होती और यह कि मनुष्य को दुष्कर्मों से केवल इसलिए बचना चाहिए क्योंकि उनसे उत्पन्न होने वाली चिंता से बचा नहीं जा सकता तो इस बात से हमें असहमति रखनी चाहिए। लेकिन हमें उनसे इस बात पर सहमत होना चाहिए कि अपराधी अपने ही अंतःकरण द्वारा सताया जाता है। उसका सबसे बड़ा दंड यह है कि उसे निरंतर चिंता की मार और भय की चाबुक सहनी पड़ती है क्योंकि वह उन लोगों पर भी विश्वास नहीं कर सकता जो उसे सुरक्षा का आश्वासन देते हैं। एपिक्यूरस, यही बात स्वयं इस बात का प्रमाण है कि दुष्कर्मों के प्रति हमारे भीतर स्वाभाविक घृणा होती है। हर अपराधी डरता है, चाहे वह पूरी तरह सुरक्षित स्थान पर ही क्यों न हो। भाग्य बहुत-से लोगों को बाहरी दंड से बचा सकता है। लेकिन चिंता से किसी को नहीं बचा सकता। यदि ऐसा न होता कि प्रकृति ने हमारे भीतर दुष्कर्मों के प्रति जन्मजात घृणा रखी है तो ऐसा क्यों होता? मनुष्य कभी भी इस बात के प्रति निश्चिंत नहीं हो सकता कि उसका अपराध हमेशा छिपा रहेगा क्योंकि उसका अंतःकरण स्वयं उसे दोषी ठहराता है और उसे उसके अपने सामने ही प्रकट कर देता है। अपराधियों की पहचान ही यह है कि वे निरंतर भय से भरे रहते हैं। यदि कानून की सज़ा और निर्धारित दंड से बहुत-से अपराध बच निकलते हैं तो हमारी स्थिति अत्यंत दयनीय होती। यदि प्रकृति ने स्वयं ऐसे अपराधों के लिए तत्काल और कठोर दंड की व्यवस्था न की होती। वह दंड है भय, जो बाहरी सज़ा का स्थान ले लेता है।


अभी के लिए विदा 

मनुष्य जीवन और शिकायतों के बारे में -- पत्र - 94 (एक स्टोइक के पत्र/सेनेका के पत्रों का हिन्दी अनुवाद)

 प्रिय लूसीलियस 


तुम अभी भी किसी बात से व्यथित हो; तुम अभी भी शिकायत किए जा रहे हो। क्या तुम्हें यह समझ नहीं आता कि इन सबमें वास्तव में बुराई केवल तुम्हारा व्यथित होना और शिकायत करना ही है? यदि तुम मेरी राय पूछो तो मैं कहूँगा कि किसी मनुष्य के लिए कोई भी वस्तु तब तक भयानक नहीं होती, जब तक वह स्वयं प्रकृति की व्यवस्था में किसी बात को भयानक न मान ले। जिस दिन मैं किसी परिस्थिति को सहन करने में असमर्थ हो जाऊँगा, उसी दिन मैं स्वयं को भी सहन करने योग्य नहीं रहूँगा। 'मैं बीमार हूँ, यह तो मेरे जीवन की स्वाभाविक संभावना थी। 'मेरे दास बीमार पड़ गए हैं। मेरी आय घट गई है। मेरा घर जर्जर होकर चरमराने लगा है। मुझे हानि, शारीरिक पीड़ा, कठिन परिश्रम और चिंताओं ने घेर लिया है' , ऐसा होता है बल्कि यह कहना अधिक उचित होगा कि ऐसा होना ही था। ये घटनाएँ पूर्वनियत हैं। ये कोई आकस्मिक या अप्रत्याशित घटनाएँ नहीं हैं। 



    इस पर विश्वास करो, मैं इस समय अपने हृदय की सबसे गहरी भावना तुम्हारे सामने प्रकट कर रहा हूँ। जो कुछ भी प्रतिकूल और कठिन प्रतीत होता है, उसके संबंध में मैंने अपने मन को इस प्रकार प्रशिक्षित किया है। मैं ईश्वर की केवल आज्ञा का पालन नहीं करता बल्कि उसकी इच्छा से सहमत होता हूँ। मैं उसका अनुसरण अपनी स्वेच्छा से करता हूँ। इसलिए नहीं कि मैं ऐसा करने के लिए विवश हूँ। मेरे साथ जो कुछ भी घटित होगा, मैं उसे बिना शोक किए और बिना उदासी का मुख बनाए स्वीकार करूँगा। जीवन जो भी कर (देय मूल्य) मुझसे माँगेगा, मैं उसे प्रसन्नतापूर्वक चुका दूँगा। जिन बातों के कारण हम कराहते हैं और भयभीत हो जाते हैं, वे वास्तव में जीवन के कर (देय मूल्य) मात्र हैं। इसलिए, प्रिय लूसीलियस, न तो उनसे छूट की आशा करो और न ही उसकी कामना करो।

    तुम मूत्राशय के दर्द से पीड़ित थे, तुम्हें चिंताजनक पत्र मिले और तुम्हारी हानियाँ लगातार बढ़ती रहीं। संक्षेप में कहूँ तो तुम्हें अपने प्राणों का भय सताने लगा। लेकिन क्या तुम्हें यह ज्ञात नहीं था कि जब तुम दीर्घायु होने की प्रार्थना कर रहे थे, तब वास्तव में तुम इन्हीं सब बातों की भी प्रार्थना कर रहे थे? लंबा जीवन इन सबको अपने भीतर समेटे रहता है, ठीक उसी प्रकार जैसे एक लंबी यात्रा में धूल, कीचड़ और वर्षा, सब कुछ आता है। “मैं तो जीना चाहता था, पर इन सब कष्टों के बिना।” इस प्रकार की कोमल और दुर्बल वाणी एक पुरुष को शोभा नहीं देती। तुम इसे जैसे चाहो वैसे समझो। पर मैं तुम्हारे लिए जो प्रार्थना करता हूँ, वह केवल सद्भावना से ही नहीं बल्कि पूरी गंभीरता से करता हूँ, “ईश्वर और देवियाँ तुम्हें कभी भी विलासिता की गोद में न बैठाए रखें।” अपने आप से पूछो, यदि कोई देवता तुम्हें यह विकल्प दे कि तुम अपना जीवन बाज़ार की सुख-सुविधाओं के बीच बिताना चाहते हो या सैनिक शिविर में तो तुम किसे चुनोगे? 

    प्रिय लूसीलियस, जीवन एक युद्ध-अभियान है। इसी कारण जो लोग कठिनाइयों को सहते हैं, ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर चढ़ते-उतरते हैं और सबसे जोखिम भरे अभियानों में स्वयं को प्रस्तुत करते हैं, वही सच्चे वीर होते हैं और वही शिविर के नेता बनने योग्य होते हैं। इसके विपरीत, जो लोग आराम और सुविधा में पड़े-पड़े धीरे-धीरे निष्क्रिय होते रहते हैं, जबकि सारा कठिन कार्य दूसरे लोग करते हैं, वे पिंजरे में पाले जाने वाले फाख्तों के समान हैं। वे केवल इसलिए सुरक्षित दिखाई देते हैं क्योंकि कोई उन्हें गंभीरता से नहीं लेता।


अभी के लिए विदा 


खलील जिब्रान (Khalil Gibran) की प्रसिद्ध पुस्तक द प्रोफेट (The Prophet) का हिंदी अनुवाद (संपूर्ण पुस्तक)

  द प्रोफेट जहाज़ का आगमन   अलमुस्तफ़ा, चुना हुआ और प्रिय, जो अपने ही युग के लिए प्रभात के समान था , बारह वर्षों से   नगर में उस जहाज़...