भाग तीन: खलिहान का फर्श[1]
तब मैंने कहा, “हाय, मुझ पर!
मैं तो नष्ट हो गया हूँ क्योंकि
मैं अशुद्ध होंठों वाला मनुष्य हूँ और अशुद्ध होंठों वाले लोगों के बीच रहता हूँ क्योंकि
मेरी आँखों ने राजा को देखा है... हाँ, सेनाओं के प्रभु राजा को देखा है।”
फिर मैंने अपने जूते कसकर बाँधे और चल पड़ा।
उसे
यह तो पता था कि वह फर्श पर पड़ा है। लेकिन यह पता नहीं था कि वह वहाँ कैसे आ
पहुँचा। वह वेदी के सामने उस धूल भरी जगह पर पड़ा था, जिसे उसने और एलीशा ने साफ किया था। उसे यह
भी मालूम था कि उसके ऊपर वही पीली रोशनी जल रही थी, जिसे
उसने स्वयं स्विच दबाकर जलाया था। धूल उसकी नासिकाओं में भर गई थी। तीखी और भयावह।
और संतों के पैर, जो उसके नीचे फर्श को हिला रहे थे, धूल के छोटे-छोटे बादल उठाते थे, जो उसके मुँह पर
परत-सी जमा देते थे। उसने उनकी चीखें सुनीं, बहुत दूर से,
बहुत ऊपर से। वह वहाँ तक कभी उठकर नहीं पहुँच सकता था। वह किसी
चट्टान की तरह था, किसी मृत मनुष्य के शरीर की तरह, किसी मरते हुए पक्षी की तरह, जो किसी भयानक ऊँचाई से
गिरा हो। एक ऐसी वस्तु, जिसमें अब अपने बल पर पलटने तक की
शक्ति नहीं रह गई थी।
जॉन के शरीर में कुछ ऐसा हिल रहा था, जो जॉन नहीं था। वह किसी शक्ति के वश में
हो गया था, उसकी सत्ता छीन ली गई थी, वह
किसी दूसरे के अधिकार में था। इस शक्ति ने जॉन के सिर या हृदय पर प्रहार किया था।
एक ही क्षण में पूरी तरह उसे भरते हुए, ऐसी पीड़ा से भर दिया
था, जिसकी वह अपने पूरे जीवन में कभी कल्पना भी नहीं कर सकता
था, जिसे वह निश्चित ही सह नहीं सकता था। इस शक्ति ने उसे
भीतर तक खोल दिया था। उसे उसी तरह बीचोंबीच चीर दिया था, जैसे
कुल्हाड़ी के नीचे लकड़ी बीच से फट जाती है, जैसे चट्टानें
टूटकर बिखर जाती हैं। उसने उसे एक ही पल में फाड़कर धराशायी कर दिया था, इस तरह कि जॉन को घाव का अहसास नहीं हुआ, केवल उसकी
यातना का, गिरने का अहसास नहीं हुआ, केवल भय का... और अब वह
अँधेरे की सबसे गहरी तह में असहाय पड़ा चीख रहा था।
वह उठना चाहता था। एक दुष्ट,
व्यंग्यपूर्ण आवाज़ उसे उठने के लिए मजबूर कर रही थी और तुरंत इस
मंदिर से निकलकर संसार में चले जाने के लिए कह रही थी।
वह उस आवाज़ की आज्ञा मानना चाहता था क्योंकि वही एकमात्र
आवाज़ थी जो उससे बोल रही थी। उसने उस आवाज़ को विश्वास दिलाने की कोशिश की कि वह
उठने की पूरी कोशिश करेगा। वह इस भयानक गिरने के बाद बस एक क्षण यहीं लेटकर अपनी
साँस सँभाल लेगा। ठीक उसी क्षण उसे पता चला कि वह उठ नहीं सकता। उसकी बाँहों, उसके पैरों, उसके
तलवों के साथ कुछ हो गया था। आह, जॉन के साथ ही कुछ हो गया
था! और वह फिर अपने भारी, उलझे हुए आतंक में चीखने लगा। उसने
सचमुच स्वयं को हिलना शुरू करते महसूस किया। ऊपर, प्रकाश की
ओर नहीं बल्कि फिर नीचे की ओर। उसके पेट में मितली उठ रही थी, कमर की नसें कस रही थीं। उसे लगा कि वह बार-बार उस धूल भरे फर्श पर लुढ़क
रहा है, मानो ईश्वर के पैर के अंगूठे ने उसे हल्के से छू
दिया हो। धूल के कारण उसे खाँसी आने लगी और उबकाई होने लगी। उसके लुढ़कने के साथ
पूरी पृथ्वी का केंद्र ही जैसे अपनी जगह बदल गया। चारों ओर का स्थान एक अथाह शून्य
बन गया और व्यवस्था, संतुलन तथा समय, सब एक उपहास मात्र लगने
लगे। कुछ भी शेष नहीं रहा था। सब कुछ अराजकता में निगल लिया गया था। और जॉन की
भयभीत आत्मा ने पूछा, क्या यही है? यह क्या है? लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला। केवल वही व्यंग्यपूर्ण आवाज़ एक बार फिर ज़ोर
देकर कह रही थी कि यदि वह बाकी सभी नीग्रो लोगों जैसा नहीं बनना चाहता तो उस गंदे
फर्श से उठ खड़ा हो।
फिर कुछ क्षण के लिए वह पीड़ा शांत हो गई जैसे, पानी थोड़ी
देर के लिए पीछे हटता है और फिर चट्टानों से टकराने के लिए लौट आता है। वह जानता
था कि यह पीड़ा केवल इसलिए शांत हुई है कि फिर लौट सके। वह वेदी के सामने उस धूल
भरी जगह पर औंधे मुँह पड़ा खाँसता और सिसकता रहा। फिर भी वह नीचे जा रहा था... और
भी नीचे, उस आनंद, उस गायन और
ऊपर के प्रकाश से और भी दूर।
उसने कोशिश की लेकिन कैसी निराशा के साथ! पूर्ण अँधकार में
न तो आरंभ का कोई बिंदु होता है, न
कोई शुरुआत, न कोई अंत। वह उस क्षण को फिर से खोजने की कोशिश
कर रहा था, मानो उसे पकड़कर अपनी हथेली में कसकर थाम लेना चाहता था, जो उसके गिरने और उसके रूपांतरण से ठीक पहले आया था। लेकिन वह क्षण भी
अँधेरे में बंद था, शब्दहीन था और बाहर आने को तैयार नहीं
था। उसे केवल क्रूस याद था। वह फिर वेदी के सामने घुटने टेकने के लिए मुड़ा था और
उसकी दृष्टि सुनहरे क्रूस पर पड़ी थी। पवित्र आत्मा बोल रही थी, मानो वह कह रही हो,
जब जॉन क्रूस पर अचानक प्रकट हुए विशाल अक्षरों को पढ़ रहा था: “Jesus
Saves”, “यीशु बचाता है।” वह उन्हें घूरता रहा
था, उसके हृदय में भयानक कड़वाहट थी, वह
उन्हें कोसना चाहता था और आत्मा बोल रही थी, उसके भीतर बोल
रही थी। हाँ, वहाँ एलीशा था, जो फर्श
से बोल रहा था। उसका पिता चुपचाप उसके पीछे खड़ा था। उसके हृदय में पवित्र एलीशा
के लिए अचानक एक कोमल प्रेम उमड़ आया था। एलीशा के शरीर को अपना बना लेने की इच्छा,
इतनी तीखी और भयानक, जैसे चमकती हुई छुरी। उस
जगह जाकर लेट जाने की इच्छा जहाँ एलीशा लेटा था। एलीशा की तरह अन्य भाषाओं में
बोलने की इच्छा और उस अधिकार के साथ अपने पिता को निरुत्तर कर देने की इच्छा। फिर
भी यही वह क्षण नहीं था। जितना पीछे वह अपनी स्मृति में जा सकता था, यह वहीं तक था। लेकिन वह रहस्य, वह निर्णायक मोड़,
वह अथाह गिरावट इससे भी पीछे थी... अँधेरे में। जब वह अपने पिता को
कोस रहा था, जब वह एलीशा से प्रेम कर रहा था, तब भी वह रो रहा था। उसका निर्णायक क्षण बीत चुका था, वह पहले ही उस शक्ति के अधीन हो चुका था, उस पर
प्रहार हो चुका था और वह नीचे जा रहा था।
आह, नीचे!... और
किस उद्देश्य से, कहाँ? समुद्र की
तलहटी तक? धरती के गर्भ तक? उस धधकती
भट्ठी के हृदय तक? नरक से भी गहरी किसी कालकोठरी में?
कब्र से भी अधिक ऊँची किसी उन्मत्तता में? कौन-सी
तुरही की आवाज़ उसे जगाएगी, कौन-सा हाथ उसे ऊपर उठाएगा? क्योंकि वह जानता था। जब उस पर फिर प्रहार हुआ, वह
फिर चीखा, उसका गला जलती हुई राख जैसा हो गया और वह फिर पलटा...
यदि उसे कोई उठाने वाला न हुआ तो वह कभी उठ नहीं पाएगा।
उसका पिता, उसकी
माँ, उसकी बुआ, एलीशा, सभी उससे बहुत
ऊपर थे और उस गड्ढे में उसकी यातना को देखते हुए उसकी प्रतीक्षा कर रहे थे। वे
सुनहरी सीमा पर झुके हुए थे। उनके पीछे गीत गूँज रहे थे, उनके
सिरों के चारों ओर प्रकाश था और शायद वे जॉन के लिए रो रहे थे, जो इतनी कम उम्र में ही धराशायी हो गया था। नहीं, अब
वे उसकी कोई सहायता नहीं कर सकते थे... अब कोई भी उसकी मदद नहीं कर सकता था। उसने
उठने और उनसे मिलने की कोशिश की। वह चाहता था कि उसके पंख हों ताकि वह ऊपर उड़कर
उस सुबह उनसे जा मिले, उस सुबह में जहाँ वे थे। लेकिन उसका
संघर्ष उसे ऊपर उठाने के बजाय और नीचे धकेलता था। उसकी चीखें ऊपर नहीं जाती थीं बल्कि
उसकी अपनी खोपड़ी में ही गूँजती थीं।
फिर भी, यद्यपि
उसे उनके चेहरे मुश्किल से दिखाई दे रहे थे। वह जानता था कि वे वहाँ हैं। उनकी हर
हलचल उसे महसूस होती थी। उनकी हर गति उस अँधेरे के हृदय में, जहाँ वह पड़ा था, एक कंपन, एक
विस्मय और एक भय पैदा करती थी। वह यह नहीं जान सकता था कि वे भी उतनी ही उत्कटता
से चाहते थे कि वह उनके पास आए, जितनी उत्कटता से वह स्वयं
ऊपर उठना चाहता था। शायद वे उसकी मदद इसलिए नहीं कर रहे थे क्योंकि उन्हें उसकी
परवाह नहीं थी... क्योंकि वे उससे प्रेम नहीं करते थे।
तभी उसके पिता जॉन की उस बदली हुई और दयनीय अवस्था में उसके
पास लौट आए। केवल एक क्षण के लिए जॉन ने सोचा कि उसके पिता उसे बचाने आए हैं। फिर
उस शून्य को भर देने वाली निस्तब्धता में जॉन ने अपने पिता की ओर देखा। उसके पिता
का चेहरा काला था। एक उदास, अनंत रात
की तरह। फिर भी उसके पिता के चेहरे पर एक आग जल रही थी। एक अनंत रात में जलने वाली
अनंत आग। जॉन जहाँ पड़ा था, वहीं काँपता रहा। उस आग से उसे
अपने पिता के लिए कोई गर्माहट महसूस नहीं हुई। वह काँपता रहा और अपनी आँखें वहाँ
से हटा नहीं सका। एक हवा उसके ऊपर से गुज़री और कहती गई, “जो कोई झूठ से प्रेम
करता है और झूठ बोलता है।” वह जान गया कि उसे उस पवित्र, आनंदमय,
रक्त से धुले समुदाय से बाहर निकाल दिया गया है, उसके पिता ने उसे बाहर कर दिया है। उसके पिता की इच्छा जॉन की अपनी इच्छा
से अधिक शक्तिशाली थी। उसकी शक्ति अधिक बड़ी थी क्योंकि वह परमेश्वर का था। अब जॉन
को कोई घृणा महसूस नहीं हुई, केवल एक कड़वी, अविश्वास से भरी निराशा थी। सारी भविष्यवाणियाँ सच थीं, उद्धार समाप्त हो चुका था, दण्ड और विनाश वास्तविक
थे!
तब मृत्यु भी वास्तविक है,
जॉन की आत्मा ने कहा और मृत्यु को भी अपना क्षण मिलेगा।
“अपने घर को व्यवस्थित कर ले,” उसके पिता ने कहा, “क्योंकि तू मरेगा और जीवित न
रहेगा।”
तभी वह व्यंग्यपूर्ण आवाज़ फिर बोली, “उठो, जॉन। उठो, लड़के। उसे
तुम्हें यहाँ रोके मत रहने दो। तुम्हें वह सब मिला है जो तुम्हारे पिता को मिला
है।”
जॉन ने हँसने की कोशिश की। जॉन को लगा कि वह हँस रहा है। लेकिन
इसके बजाय उसने पाया कि उसका मुँह नमक से भर गया था और उसके कान जलते हुए पानी से
भरे थे। उसके दूर पड़े शरीर के साथ इस समय जो कुछ भी हो रहा था, वह उसे न बदल सकता था, न रोक सकता था। उसकी छाती तेजी से ऊपर-नीचे हो रही थी। उसकी हँसी उसके
मुँह से ऐसे उठकर बुलबुला रही थी जैसे, खून।
उसका पिता उसे देख रहा था। उसके पिता की आँखें उसे घूर रही
थीं और जॉन चीखने लगा। उसके पिता की आँखों ने उसे मानो निर्वस्त्र कर दिया और जो
कुछ उन्होंने देखा, उससे घृणा
की। जब वह फिर चीखता हुआ धूल में करवट बदलने लगा, अपने पिता
की आँखों से बचने की कोशिश करने लगा तो वे आँखें, वह चेहरा और
वे सभी चेहरे, तथा दूर का वह पीला प्रकाश, सब उसकी दृष्टि से
ऐसे ओझल हो गए, मानो वह अंधा हो गया हो। वह फिर नीचे जा रहा
था। उसकी आत्मा फिर चीख उठी। इस अँधेरे का कोई तल नहीं है!
उसे नहीं मालूम था कि वह कहाँ है। हर ओर निस्तब्धता थी। केवल
बहुत नीचे, दूर, बहुत हल्का और निरंतर कंपन सुनाई देता था। शायद नरक की उन आग की गर्जना,
जिनके ऊपर वह लटका हुआ था या फिर संतों के चलते हुए पैरों की वह
गूँज, जो अब भी लगातार और अजेय रूप से सुनाई दे रही थी। उसे
पहाड़ की चोटी याद आई, जहाँ वह होना चाहता था। जहाँ सूर्य
उसे सुनहरे वस्त्र की तरह ढक लेता, उसके सिर को अग्नि के
मुकुट की तरह ढक देता और उसके हाथों में वह जीवित दण्ड होता। लेकिन जहाँ जॉन अब
पड़ा था, वह कोई पर्वत नहीं था न कोई वस्त्र था, न कोई मुकुट। वह जीवित दण्ड दूसरे हाथों में उठा हुआ था।
“मैं उसके भीतर से पाप को पीटकर निकाल दूँगा।
मैं उसे पीट-पीटकर निकाल दूँगा।”
हाँ, उसने पाप
किया था और उसका पिता उसे खोज रहा था। अब जॉन ने कोई आवाज़ नहीं की और बिल्कुल
नहीं हिला, इस आशा में कि उसका पिता उसे छोड़कर आगे निकल
जाएगा।
“उसे रहने दो। उसे अकेला छोड़ दो। उसे प्रभु
से प्रार्थना करने दो।”
“हाँ, माँ। मैं प्रभु
से प्रेम करने की कोशिश करूँगा।”
“वह कहीं भाग गया है। मैं उसे ढूँढ़
निकालूँगा। मैं उसके भीतर से पाप को पीटकर निकाल दूँगा।”
हाँ, उसने पाप
किया था। एक सुबह, अकेले, उस गंदे
स्नानघर में, उस चौकोर, धूल-भूरे छोटे
कमरे में, जो उसके पिता की दुर्गंध से भरा रहता था। कभी-कभी
वह उस फटी हुई, “चुगली करने वाले धूसर रंग” के टब पर झुककर
अपने पिता की पीठ रगड़ता था और तब वह अपने पिता के उस भयानक नग्न शरीर को देखता था,
ठीक वैसे ही जैसे नूह के उस अभिशप्त पुत्र ने अपने पिता की नग्नता
को देखा था।[2]
वह बात पाप की तरह गुप्त थी, साँप की तरह चिपचिपी थी और दण्ड
की तरह भारी थी। तब वह अपने पिता से घृणा करने लगा था और उसमें इतनी शक्ति पाने के
लिए तरसने लगा था कि अपने पिता को धराशायी कर सके।
क्या यही कारण था कि आज रात वह सारी मानवीय और स्वर्गीय
सहायता से बाहर निकालकर यहाँ पड़ा था? यही—न कि उसका वह दूसरा, घातक पाप कि उसने अपने पिता
की नग्नता देखी थी और मन ही मन उसका उपहास किया और उसे कोसा था? आह, नूह के उस पुत्र को वर्तमान तक कराहती चली आ
रही पीढ़ियों के लिए अभिशाप दिया गया था, “वह अपने भाइयों के लिए दासों का दास
होगा।”[3]
तब वह व्यंग्यपूर्ण आवाज़,
जो मानो अँधेरे की किसी गहराई से भयभीत थी, जॉन
से उपहासपूर्वक पूछने लगी कि क्या वह सचमुच मानता है कि वह अभिशप्त है। उस
व्यंग्यपूर्ण आवाज़ ने उसे याद दिलाया कि सभी नीग्रो अभिशप्त थे। सभी नीग्रो नूह
के इसी सबसे अवज्ञाकारी पुत्र से आए थे। जॉन को उस चीज़ के लिए कैसे अभिशप्त किया
जा सकता था, जो उसने स्नान के टब में देखी थी, जबकि एक दूसरा
आदमी, यदि वह दूसरा आदमी कभी सचमुच जीवित रहा भी था तो उसने
दस हजार वर्ष पहले खुले तंबू में वही चीज़ देखी थी? क्या कोई
अभिशाप इतनी सारी पीढ़ियों से उतरता चला आ सकता है? क्या वह
समय में जीवित रहता है या केवल उस क्षण में? लेकिन जॉन को इस
आवाज़ का कोई उत्तर नहीं मिला क्योंकि वह उस क्षण के भीतर था और समय से बाहर था।
और उसका पिता पास आ गया। “मैं उसके भीतर से पाप को पीटकर निकाल दूँगा। मैं उसे पीट-पीटकर निकाल
दूँगा।” उसके पिता के पैर जैसे-जैसे पास आते गए, सारा अँधेरा
हिलने और विलाप करने लगा। वे कदम ऐसे गूँज रहे थे जैसे ईडन के बाग में परमेश्वर के
कदम गूँजे थे, जब वह छिपे हुए आदम और हव्वा को खोज रहा था।
फिर उसका पिता ठीक उसके ऊपर खड़ा हो गया और नीचे देखने लगा। तब जॉन समझ गया कि
अभिशाप हर क्षण नए सिरे से, पिता से पुत्र तक चलता रहता है।
समय उदासीन था, बर्फ और बर्फीली चट्टान की तरह। लेकिन हृदय,
उस उजाड़ में पागल होकर भटकता हुआ यात्री, उस
अभिशाप को हमेशा के लिए अपने भीतर ढोता रहता था।
“जॉन,” उसके पिता ने
कहा, “मेरे साथ चलो।”
उन्होंने स्वयं को एक सीधी सड़क पर पाया। एक बहुत ही सँकरी
राह पर। वे कई दिनों से चलते आ रहे थे। सड़क उनके सामने बहुत लंबी और शांत थी, नीचे की ओर जाती हुई और बर्फ से भी अधिक
सफेद। उस सड़क पर कोई नहीं था और जॉन भयभीत था। सड़क के दोनों ओर इमारतें इतनी पास
थीं कि जॉन उन्हें छू सकता था। वे भी सँकरी थीं, आकाश में
भालों की तरह ऊपर उठी हुई और सोने-चाँदी से बनी थीं। जॉन जानता था कि ये इमारतें
उसके लिए नहीं थीं। आज तो बिल्कुल नहीं... न ही कल उसके लिए होंगी। तभी उस सीधी और
शांत सड़क पर उसने एक बहुत बूढ़ी अश्वेत स्त्री को अपनी ओर आते देखा। वह
टेढ़े-मेढ़े पत्थरों पर लड़खड़ाती हुई चल रही थी। वह नशे में थी, गंदी थी और बहुत बूढ़ी थी। उसका मुँह उसकी माँ के मुँह से भी बड़ा था बल्कि
उसके अपने मुँह से भी। उसका मुँह ढीला और गीला था और उसने आज तक किसी को इतना काला
नहीं देखा था। उसे देखकर उसके पिता स्तब्ध रह गए और क्रोध से पागल जैसे हो उठे। लेकिन
जॉन खुश हुआ। उसने तालियाँ बजाईं और चिल्लाया, “देखो! यह माँ
से भी बदसूरत है! यह मुझसे भी बदसूरत है!”
“तुम्हें बड़ा गर्व है न,” उसके पिता ने कहा, “शैतान का बेटा होने पर?”
लेकिन जॉन ने अपने पिता की बात नहीं सुनी। वह उस स्त्री को
गुजरते हुए देखने के लिए मुड़ गया। उसके पिता ने उसका हाथ पकड़ लिया।
“वह देख रहे हो? वह पाप
है। शैतान का बेटा उसी के पीछे भागता है।”
“आप किसके बेटे हैं?” जॉन
ने पूछा।
उसके पिता ने उसे थप्पड़ मारा। जॉन हँसा और थोड़ा दूर हट
गया।
“मैंने देख लिया। मैंने देख लिया। मैं बेकार
ही शैतान का बेटा नहीं हूँ।”
उसके पिता ने उसे पकड़ने के लिए हाथ बढ़ाया। लेकिन जॉन उससे
तेज था। वह चमकती हुई सड़क पर पीछे की ओर हटता गया और अपने पिता को देखता रहा। उस
पिता को, जो क्रोध से एक हाथ आगे बढ़ाए उसकी ओर बढ़
रहा था।
“और मैंने तुम्हें सुना है... पूरी रात। मैं
जानता हूँ, काले आदमी, जब तुम सोचते हो
कि शैतान का बेटा सो रहा है, तब अँधेरे में तुम क्या करते
हो। मैंने तुम्हें थूकते, कराहते और हाँफते हुए सुना है और
मैंने तुम्हें ऊपर-नीचे होते, अंदर-बाहर जाते देखा है। मैं
बेकार ही शैतान का बेटा नहीं हूँ।”
ऊपर उठती हुई वे सुनने वाली इमारतें झुकने लगीं और आकाश को
ढकने लगीं। जॉन के पैर फिसलने लगे। उसकी आँखों में आँसू और पसीना था। फिर भी वह
अपने पिता के सामने पीछे की ओर बढ़ता रहा और अपने चारों ओर मुक्ति पाने का कोई
रास्ता खोजता रहा। लेकिन उस सड़क पर उसके लिए कोई मुक्ति नहीं थी।
“और मैं तुमसे घृणा करता हूँ। मैं तुमसे घृणा
करता हूँ। मुझे तुम्हारे सुनहरे मुकुट की कोई परवाह नहीं। मुझे तुम्हारे लंबे सफेद
वस्त्र की कोई परवाह नहीं। मैंने उस वस्त्र के नीचे तुम्हें देखा है, मैंने तुम्हें देखा है!”
तभी उसका पिता उसके पास पहुँच गया। उसके स्पर्श के साथ ही
गायन और आग फूट पड़ी। जॉन उस सँकरी सड़क पर पीठ के बल पड़ा था और अपने पिता की ओर
देख रहा था। उस जलते हुए मीनारों के नीचे जलते हुए चेहरे की ओर।
“मैं तुम्हारे भीतर से पाप को पीटकर निकाल
दूँगा। मैं उसे पीटकर निकाल दूँगा।”
उसके पिता ने हाथ उठाया। चाकू नीचे आया। जॉन चीखता हुआ उस
सफेद, नीचे की ओर जाती सड़क पर लुढ़क गया, “पिता! पिता!”
ये उसके मुँह से निकले पहले शब्द थे। एक क्षण में वहाँ
निस्तब्धता छा गई और उसका पिता गायब हो गया। फिर उसे अपने ऊपर संतों की उपस्थिति
महसूस हुई। उसके मुँह में धूल भर गई। कहीं दूर, उसके ऊपर, धीमा और शोकपूर्ण गायन हो रहा था। वह
चुपचाप पड़ा रहा, असहनीय यातना से टूटता हुआ। उसके चेहरे पर नमक सूख गया था और उसके भीतर अब
कुछ भी नहीं बचा था। न वासना, न भय, न
लज्जा, न आशा। फिर भी वह जानता था कि यह सब फिर लौटेगा। अँधेरा
ऐसे दानवों से भरा था जो दुबके हुए प्रतीक्षा कर रहे थे कि फिर अपने दाँतों से उसे
नोचें।
तब मैंने कब्र में देखा और मैं सोचने लगा।
आह, नीचे! वह
यहाँ इस अँधेरे में अकेला क्या खोज रहा था? लेकिन अब वह
जानता था क्योंकि विडंबना की आवाज़ उसके भीतर से चली गई थी कि वह अँधेरे में छिपी
किसी ऐसी वस्तु को खोज रहा था जिसे अवश्य पाया जाना चाहिए। यदि वह वस्तु नहीं मिली
तो वह मर जाएगा या शायद वह पहले ही मर चुका था और यदि वह उसे नहीं खोज पाया तो फिर
कभी जीवितों की दुनिया से नहीं जुड़ सकेगा।
और कब्र कितनी उदास और सुनसान लग रही थी।
जिस कब्र में अब वह भटक रहा था, वह जानता था कि वह कब्र ही
थी क्योंकि वहाँ बहुत ठंड और निस्तब्धता थी और वह बर्फीली धुंध में आगे बढ़ रहा था।
वहाँ उसे अपनी माँ और अपने पिता मिले। उसकी माँ ने लाल वस्त्र पहन रखा था और पिता
ने सफेद। उन्होंने उसे नहीं देखा। वे अपने कंधों के ऊपर से पीछे गवाहों की भीड़ की
ओर देख रहे थे। वहाँ उसकी बुआ फ्लोरेंस भी थी, जिसकी उँगलियों पर सोने-चाँदी की चमक थी और कानों से बड़े-बड़े एयरिंगस
लटक रहे थे। वहाँ एक और स्त्री थी, जिसे उसने अपने पिता की
पत्नी डेबरा समझा। वही डेबरा, जिसके बारे में वह कभी मानता
था कि उसके पास उसे बताने के लिए बहुत कुछ है। लेकिन उस पूरी भीड़ में केवल उसी ने
उसकी ओर देखा और संकेत किया कि कब्र में कोई बोलना नहीं होता। वह वहाँ एक अजनबी था।
वे उसे गुजरते हुए नहीं देखते थे, उन्हें मालूम नहीं था कि
वह क्या खोज रहा है और वे उसकी खोज में उसकी सहायता नहीं कर सकते थे। वह एलीशा को
ढूँढ़ना चाहता था, जो शायद जानता था और उसकी सहायता कर सकता
था। लेकिन एलीशा वहाँ नहीं था। वहाँ रॉय था। रॉय भी शायद उसकी सहायता कर सकता था। लेकिन
उसे चाकू से मारा जा चुका था और अब वह अपने पिता के पैरों के पास ब्राउन (मिट्टी
के रंग जैसा) और निश्चल पड़ा था।
तब निराशा का जल जॉन की आत्मा में भरने लगा। प्रेम मृत्यु
जितना ही शक्तिशाली और कब्र जितना ही गहरा है। लेकिन प्रेम ने, शायद किसी उदार राजा की तरह, अपने पड़ोसी राज्य... मृत्यु की जनसंख्या भले ही बढ़ा दी थी, स्वयं वहाँ अवतरित नहीं हुआ था। इसलिए यहाँ मृत्यु के प्रति किसी की कोई
निष्ठा नहीं थी। यहाँ न कोई बोलने वाला था, न कोई भाषा और न
प्रेम था। कोई ऐसा नहीं था जो कहता, “तुम सुंदर हो, जॉन”;
कोई ऐसा नहीं था जो उसके पाप चाहे जितने भी हों, उसे क्षमा कर देता। कोई ऐसा नहीं था जो उसे ठीक करता और उठाता। कोई नहीं।
पिता और माँ पीछे की ओर देख रहे थे, रॉय लहूलुहान था,
एलीशा वहाँ नहीं था।
तब अँधेरे में एक भयानक आवाज़ गूँजने लगी और जॉन के कान
काँप उठे। कब्र को भर देने वाली उस आवाज़ में, जैसे हवा में एक हजार पंख फड़फड़ा रहे हों, उसने एक
ऐसी ध्वनि पहचान ली जिसे उसने हमेशा सुना था। भय के कारण वह रोने और कराहने लगा और
उसकी अपनी आवाज़ उस अँधेरे में गूँजती प्रतिध्वनियों में निगल ली गई और फिर भी और
अधिक विशाल हो उठी।
ऐसा लगा मानो यह ध्वनि जॉन के जन्म के क्षण से ही उसके पूरे
जीवन में भरी हुई थी। उसने इसे हर जगह सुना था—प्रार्थना में और रोजमर्रा की
बातचीत में, जहाँ-जहाँ संत एकत्र
होते थे और उन सड़कों पर भी जहाँ लोग विश्वास नहीं करते थे। यह उसके पिता के क्रोध
में थी, उसकी माँ के शांत आग्रह में थी और उसकी बुआ के तीखे
उपहास में थी। उस दोपहर रॉय की आवाज़ में भी यह अजीब ढंग से गूँजी थी और जब एलीशा
पियानो बजाता था तब भी यह वहाँ मौजूद रहती थी। यह सिस्टर मैककैंडलेस की डफली की
ताल और झंकार में थी, उसकी गवाही की लय में थी और उसकी गवाही
को ऐसी अद्वितीय, निर्विवाद सत्ता प्रदान करती थी। हाँ,
उसने इसे जीवन भर सुना था। लेकिन अब पहली बार उसके कान इस ध्वनि के
लिए खुले थे। उस ध्वनि के लिए जो अँधेरे से आती थी, जो केवल
अँधेरे से ही आ सकती थी और फिर भी प्रकाश की महिमा की इतनी निश्चित गवाही देती थी।
और अब अपनी कराह में, जब वह सहायता से इतना दूर था, उसने इसे अपने भीतर सुना। यह उसके रक्तरंजित, चीर
दिए गए हृदय से उठ रही थी। यह क्रोध और रुदन की ध्वनि थी, जो
पूरी कब्र को भर रही थी। समय से मुक्त हुआ क्रोध और रुदन। लेकिन अब अनंतता में
बँधा हुआ। ऐसा क्रोध जिसकी कोई भाषा नहीं थी, ऐसा रुदन जिसकी
कोई आवाज़ नहीं थी। फिर भी अब वह जॉन की चौंकी हुई आत्मा से असीम उदासी, सबसे कड़वी सहनशीलता और सबसे लंबी रात के बारे में बोल रहा था। सबसे गहरे
पानी, सबसे मजबूत जंजीरों और सबसे क्रूर कोड़े के बारे में। सबसे
दयनीय विनम्रता, सबसे पूर्ण कालकोठरी, अपवित्र
कर दिए गए प्रेम के बिस्तर, अपमानित जन्म और सबसे रक्तरंजित,
अवर्णनीय, आकस्मिक मृत्यु के बारे में। हाँ,
अँधेरा हत्या की गुनगुनाहट से भरा था। पानी में पड़ा शरीर, आग में पड़ा शरीर, पेड़ पर लटका शरीर। जॉन ने अँधेरे
की इन सेनाओं की कतारों को देखा। एक के बाद एक सेना और उसकी आत्मा फुसफुसाई: ये
कौन हैं? ये कौन लोग हैं? और उसने सोचा,
मैं कहाँ जाऊँ?
कोई उत्तर नहीं था। कब्र में न कोई सहायता थी, न उपचार। अँधेरे में कोई उत्तर नहीं था। उस
पूरी भीड़ में से कोई बोलने वाला नहीं था। वे पीछे की ओर देख रहे थे। और जॉन ने भी
पीछे देखा। लेकिन उसे मुक्ति कहीं दिखाई नहीं दी।
मैं, जॉन,
ने भविष्य को देखा। बहुत ऊपर, आकाश के
बीचोंबीच।
क्या कोड़े, कालकोठरी और रात उसके लिए थे? और समुद्र उसके लिए था?
और कब्र उसके लिए थी?
मैं, जॉन,
ने एक संख्या देखी। बहुत ऊपर, आकाश के
बीचोंबीच।
और उसने इस अँधेरे से, इस भीड़ से भागने की कोशिश की। जीवितों की उस भूमि में पहुँचने के लिए,
जो इतनी ऊँची और इतनी दूर थी। भय ने उसे घेर लिया, उससे भी घातक भय जैसा उसने कभी नहीं जाना था। वह अँधेरे में बार-बार
मुड़ता रहा, कराहता, ठोकर खाता और
अँधेरे में रेंगता रहा। लेकिन उसे न कोई हाथ मिला, न कोई
आवाज़, न कोई दरवाज़ा। ये कौन हैं? ये
कौन लोग हैं? वे तिरस्कृत और अस्वीकृत लोग थे, अभागे और थूके गए लोग, धरती का कूड़ा-करकट और वह
उन्हीं के बीच था। वे उसकी आत्मा को निगल जाने वाले थे। उन्होंने जो कोड़े सहे थे,
उनके निशान उसकी पीठ पर पड़ने थे। उनका दण्ड उसका दण्ड होने वाला था।
उनका हिस्सा उसका हिस्सा। उनका अपमान उसका अपमान। उनकी पीड़ा, उनकी जंजीरें, उनकी कालकोठरी उसकी कालकोठरी। उनकी
मृत्यु उसकी मृत्यु। “तीन बार मुझे बेंतों से पीटा गया,
एक बार मुझे पत्थर मारे गए, तीन बार मैं जहाज़
टूटने की विपत्ति में पड़ा, एक रात और एक दिन मैं गहरे
समुद्र में रहा।”
और उनकी भयानक गवाही भी उसकी गवाही होने वाली थी!
“मैं बार-बार यात्राओं में रहा। जल में
संकटों में, डाकुओं के संकटों में, अपने
ही देशवासियों के संकटों में, अन्यजातियों के संकटों में,
नगर में संकटों में, जंगल में संकटों में,
समुद्र में संकटों में, झूठे भाइयों के बीच
संकटों में।”
और उनका उजाड़पन उसका उजाड़पन।
“थकान और पीड़ा में, बार-बार
जागते हुए, भूख और प्यास में, बार-बार
उपवास करते हुए, ठंड और नग्नता में।”
और वह सहायता के लिए चिल्लाने लगा। उसके सामने कोड़े, आग और अथाह जल थे। वह देख रहा था कि उसका
सिर सदा के लिए झुका रहने वाला है। वह जॉन, इन सबसे दीन
लोगों में सबसे दीन। उसने अपनी माँ को खोजा। लेकिन उसकी आँखें उस अँधेरी सेना पर
टिकी थीं। वह उस सेना की हो चुकी थी। और उसका पिता उसकी सहायता नहीं करेगा। उसके
पिता ने उसे देखा ही नहीं। और रॉय मृत पड़ा था।
तब उसने फुसफुसाकर कहा, यह जाने बिना कि वह फुसफुसा रहा है, “हे प्रभु,
मुझ पर दया करो। मुझ पर दया करो।”
उसकी इस भयानक यात्रा में पहली बार एक आवाज़ ने जॉन से बात
की। क्रोध, रुदन, आग, अँधेरे और बाढ़ के बीच से, “हाँ,” आवाज़ ने कहा, “इसमें से
होकर जाओ। इसमें से होकर जाओ।”
“मुझे उठा लो,” जॉन ने
फुसफुसाकर कहा, “मुझे उठा लो। मैं इसमें से होकर नहीं जा
सकता।”
“इसमें से होकर जाओ,” आवाज़
ने कहा, “इसमें से होकर जाओ।”
फिर निस्तब्धता छा गई। वह गुनगुनाहट रुक गई। केवल उसके नीचे
वह कंपन रह गया। और वह जान गया कि कहीं न कहीं एक प्रकाश है।
“इसमें से होकर जाओ।”
“उससे प्रार्थना करो कि वह तुम्हें इसमें से
पार ले जाए।”
लेकिन वह इस अँधेरे, इस आग और इस क्रोध में से कभी पार नहीं जा सकता था। वह कभी इसमें से निकल
नहीं सकता था। उसकी शक्ति समाप्त हो चुकी थी और वह हिल भी नहीं सकता था। वह अँधेरे
का हो चुका था। जिस अँधेरे से वह भागना चाहता था, उसी ने अब
उसे अपना बना लिया था। और वह फिर रोते हुए कराह उठा और अपने हाथ ऊपर उठा दिए।
“उसे पुकारो। उसे पुकारो।”
“उससे प्रार्थना करो कि वह तुम्हें इस अँधेरे
से पार ले जाए।”
धूल फिर उसकी नासिकाओं में भर गई, नरक के धुएँ जितनी तीखी। और वह अँधेरे में
फिर करवट बदलने लगा, इस कोशिश में कि उसे कुछ ऐसा याद आ जाए
जो उसने सुना हो, कुछ ऐसा जो उसने पढ़ा हो।
“यीशु बचाता है।”
और उसने अपने सामने आग देखी... लाल और सुनहरी और वह उसके
लिए प्रतीक्षा कर रही थी। पीली, लाल
और सुनहरी आग, एक अनंत रात में जलती हुई और उसकी प्रतीक्षा
करती हुई। उसे इस आग में से होकर उस रात में प्रवेश करना था।
“यीशु बचाता है।”
उसे पुकारो।
उससे प्रार्थना करो कि वह तुम्हें इस पार ले जाए।
वह पुकार नहीं सकता था क्योंकि उसकी जीभ खुल नहीं रही थी, उसका हृदय मौन था और भय से भारी हो उठा था।
इस अँधेरे में वह कैसे आगे बढ़े। जब मृत्यु के दस हजार जबड़े खुले हुए अँधेरे में
उसकी प्रतीक्षा कर रहे थे? किसी भी दिशा में मुड़ो, वह दैत्य झपट सकता था। अँधेरे में आगे बढ़ना मानो मृत्यु के प्रतीक्षारत
जबड़ों में जा पहुँचना था। फिर भी उसके भीतर यह बात आई कि उसे आगे बढ़ना ही होगा क्योंकि
कहीं न कहीं एक प्रकाश था, जीवन था और आनंद था, गायन था... कहीं, कहीं उसके ऊपर।
और वह फिर कराहा, “हे प्रभु,
दया करो। हे प्रभु, दया करो।”
तभी उसे फिर उस प्रभु-भोज की सभा याद आई, जिसमें एलीशा अपने पिता के पैरों के पास
घुटने टेककर बैठा था। अब वह सभा एक बहुत बड़े, बहुत ऊँचे
कक्ष में थी, जिसे सूर्य के प्रकाश ने सुनहरा बना दिया था।
वह कक्ष असंख्य लोगों से भरा था। सभी ने लंबे सफेद वस्त्र पहन रखे थे और स्त्रियों
के सिर ढके हुए थे। वे एक लंबी, सादी लकड़ी की मेज पर बैठे
थे। उन्होंने उस मेज पर सपाट, बिना नमक की रोटी तोड़ी,
जो प्रभु का शरीर थी और एक भारी चाँदी के प्याले से उनका रक्त
दर्शाने वाली लाल मदिरा पी। तब उसने देखा कि वे नंगे पैर थे और उनके पैरों पर भी
यही रक्त लगा हुआ था। जब वे रोटी तोड़ रहे थे और मदिरा पी रहे थे तो पूरे कक्ष में
रोने की आवाज़ भर गई।
फिर वे उठे और पानी से भरे एक बड़े पात्र के चारों ओर
इकट्ठा हो गए। वे चार समूहों में बँट गए। दो स्त्रियों के और दो पुरुषों के। फिर
स्त्रियाँ एक-दूसरे के और पुरुष एक-दूसरे के पैर धोने लगे। लेकिन वह रक्त धुलता ही
नहीं था। बार-बार धोने पर भी स्वच्छ, पारदर्शी पानी लाल होता जाता था। और किसी ने पुकारा, “क्या तुम नदी तक गए
हो?”
तब जॉन ने नदी देखी और वहाँ वह पूरी भीड़ मौजूद थी। अब
उनमें परिवर्तन हो चुका था। उनके वस्त्र फटे हुए थे और जिस रास्ते से वे आए थे
उसकी धूल-मिट्टी और अपवित्र रक्त से सने हुए थे। कुछ के वस्त्र उनके नग्न शरीर को
मुश्किल से ढक रहे थे और कुछ सचमुच नग्न थे। कुछ नदी के किनारे के चिकने पत्थरों
पर ठोकर खा रहे थे क्योंकि वे अंधे थे। कुछ भयानक विलाप करते हुए रेंग रहे थे क्योंकि
वे लँगड़े थे। कुछ अपने शरीर को नोचते जा रहे थे,
जो बहते हुए घावों से सड़ चुका था। वे सभी भयानक कठोरता के साथ नदी
तक पहुँचने के लिए संघर्ष कर रहे थे। शक्तिशाली लोग कमजोरों को गिरा रहे थे,
फटेहाल लोग नग्न लोगों पर थूक रहे थे, नग्न
लोग अंधों को कोस रहे थे और अंधे लँगड़ों के ऊपर से रेंगते हुए जा रहे थे। और किसी
ने पुकारा, “पापी, क्या तुम मेरे प्रभु
से प्रेम करते हो?”
तब जॉन ने प्रभु को देखा। केवल एक क्षण के लिए और उस एक
क्षण के लिए अँधेरा ऐसे प्रकाश से भर गया जिसे वह सह नहीं सकता था। फिर एक ही क्षण
में वह मुक्त हो गया। उसकी आँखों से आँसू ऐसे फूट पड़े जैसे कोई झरना फूट पड़ा हो।
उसका हृदय भी जल के सोते की तरह उमड़ पड़ा। तब वह चिल्लाया, “हे धन्य यीशु! हे प्रभु यीशु! मुझे इस पार
ले चलो!”
हाँ, आँसुओं का
सचमुच एक झरना था। ऐसी गहराई से फूटता हुआ जिसे पहले कभी नापा नहीं गया था। उन
गहराइयों से जिनके बारे में जॉन को स्वयं नहीं मालूम था कि वे उसके भीतर मौजूद
हैं। और वह उठना चाहता था, गाते हुए उठना चाहता था। उस महान
सुबह में, अपने नए जीवन की उस सुबह में। आह, उसके आँसू कैसे बह रहे थे, उसकी आत्मा को कितना आशीष
दे रहे थे जब उसने स्वयं को अँधेरे, आग और मृत्यु के भयावह
आतंक से ऊपर उठते हुए संतों से मिलने जाते महसूस किया।
“ओह, हाँ!” एलीशा की
आवाज़ गूँजी। “हमारे परमेश्वर की सदा स्तुति करो!”
यह आवाज़ सुनते ही और गायन की ध्वनि सुनते ही जॉन का हृदय
मधुरता से भर गया। वह गायन उसके लिए था। उसकी भटकती हुई आत्मा अब परमेश्वर के
प्रेम में, उस चट्टान में,
जो सदा स्थिर रहती है, लंगर डाल चुकी थी।
प्रकाश और अँधेरे ने एक-दूसरे को चूम लिया था और अब वे हमेशा के लिए एक हो गए थे। जॉन
की आत्मा के जीवन और दर्शन में।
मैं, जॉन,
ने एक नगर देखा, आकाश के ठीक बीचोंबीच, वहाँ ऊपर प्रतीक्षा करता हुआ, प्रतीक्षा करता हुआ,
प्रतीक्षा करता हुआ।
उसने सुबह आँखें खोलीं और देखा कि सुबह के प्रकाश में वे
उसके लिए आनंद मना रहे थे। अँधेरे में उसने जो कंपन महसूस किया था, वह उनके आनंदित पैरों की गूँज थी। वे पैर,
जो सदा रक्त से सने हुए थे और अनेक नदियों में धोए गए थे। वे हमेशा
उस रक्तरंजित मार्ग पर चलते रहे थे, उनके लिए इस संसार में
कोई स्थायी नगर नहीं था बल्कि वे आने वाले नगर की खोज में थे। समय से परे एक नगर,
जो मनुष्यों के हाथों से नहीं बनाया गया था बल्कि स्वर्ग में अनंत
था। कोई शक्ति इस सेना को रोक नहीं सकती थी, कोई जल उन्हें
बिखेर नहीं सकता था, कोई आग उन्हें भस्म नहीं कर सकती थी। एक
दिन वे पृथ्वी को ऊपर उठने और प्रतीक्षा कर रहे मृतकों को सौंप देने के लिए विवश
कर देंगे। वे वहाँ गाते थे, जहाँ अँधेरा घिरता था, जहाँ सिंह प्रतीक्षा करता था, जहाँ आग दहाड़ती थी और
जहाँ रक्त बहता था, मेरी आत्मा, व्याकुल मत हो!
वे सदा उस घाटी में भटकते रहे और सदा उस चट्टान पर प्रहार
करते रहे। उस अनंत मरुभूमि में जल निरंतर फूटता रहा। वे सदा प्रभु की दुहाई देते
रहे और सदा अपनी आँखें ऊपर उठाते रहे। वे सदा गिराए जाते रहे और वह उन्हें सदा
उठाता रहा। नहीं, आग उन्हें
चोट नहीं पहुँचा सकती थी। और हाँ, सिंह के जबड़े रोक दिए गए
थे। साँप उनका स्वामी नहीं था, कब्र उनका विश्राम-स्थान नहीं
थी, पृथ्वी उनका घर नहीं थी। अय्यूब उनकी गवाही देता था और
अब्राहम उनका पिता था। मूसा ने थोड़े समय के लिए पाप में मिलने वाली महिमा के बजाय
उनके साथ कष्ट सहना चुना था। शद्रक, मेशक और अबेदनगो उनसे
पहले आग में जा चुके थे। दाऊद ने उनके दुख का गीत गाया था और यिर्मयाह उनके लिए
रोया था। यहेजकेल ने इन बिखरी हुई हड्डियों, इन मारे गए
लोगों के विषय में भविष्यवाणी की थी और समय की पूर्णता में भविष्यवक्ता यूहन्ना
जंगल से निकलकर आया था और पुकारा था कि यह प्रतिज्ञा उन्हीं के लिए है।[4] वे गवाहों के एक विशाल बादल से
घिरे हुए थे। यहूदा, जिसने प्रभु को धोखा दिया था, थोमा,
जिसने उन पर संदेह किया था, पतरस, जो मुर्गे
की बाँग सुनकर भयभीत हो गया था, स्तिफनुस, जिस पर पत्थर
बरसाए गए थे, पौलुस, जिसे बाँध दिया गया था, वह अंधा व्यक्ति
जो धूल भरी सड़क पर पुकार रहा था और वह मृत व्यक्ति जो कब्र से उठ खड़ा हुआ था। वे
यीशु की ओर देखते थे, जो उनके विश्वास का आरंभकर्ता और उसे पूर्ण करने वाला था। वे
धैर्य के साथ उस दौड़ को दौड़ रहे थे जो उनके सामने रखी गई थी। उन्होंने क्रूस को
सहा, अपमान को तुच्छ जाना और एक दिन महिमा में, पिता के दाहिने हाथ पर, उनसे जा मिलने की प्रतीक्षा
की।
मेरी आत्मा! व्याकुल मत हो!
यीशु मेरे लिए मेरी मृत्यु-शय्या तैयार करने जा रहा है!
“उठो, उठो, भाई जॉनी और प्रभु के उद्धार के बारे में बताओ।”
यह एलीशा था जिसने कहा था। वह जॉन के ठीक ऊपर खड़ा था और
मुस्करा रहा था। उसके पीछे संत खड़े थे, प्रेइंग मदर वॉशिंगटन, सिस्टर मैककैंडलेस और सिस्टर प्राइस। इनके
पीछे उसने अपनी माँ और अपनी बुआ को देखा। उसका पिता उस समय उसकी दृष्टि से छिपा
हुआ था।
“आमीन!” सिस्टर मैककैंडलेस ने पुकारा,
“उठो और प्रभु की स्तुति करो!”
उसने बोलने की कोशिश की। लेकिन बोल नहीं सका क्योंकि उस
सुबह उसके भीतर जो आनंद गूँज रहा था, वह बहुत अधिक था। उसने एलीशा की ओर ऊपर देखकर मुस्कराया और उसके आँसू बह
निकले। तब सिस्टर मैककैंडलेस गाने लगी, “प्रभु, अब मैं कोई अजनबी नहीं हूँ!”
“उठो, जॉनी,” एलीशा ने फिर कहा। “क्या तुम्हारा उद्धार हो गया है, लड़के?”
“हाँ,” जॉन ने कहा,
“ओह, हाँ!” शब्द मानो अपने आप ऊपर उठ आए,
उस नई आवाज़ में जो परमेश्वर ने उसे दी थी। एलीशा ने अपना हाथ आगे
बढ़ाया और जॉन ने उसका हाथ पकड़ लिया और खड़ा हो गया। इतनी अचानक, इतनी अजीब तरह से और इतने विस्मय के साथ कि मानो कोई चमत्कार हुआ हो। वह
एक बार फिर अपने पैरों पर खड़ा था। “प्रभु, अब मैं कोई अजनबी नहीं हूँ!”
हाँ, रात बीत
चुकी थी, अँधेरे की शक्तियाँ पीछे हटा दी गई थीं। वह संतों
के बीच चल रहा था। वह, जॉन, जो अब घर
लौट आया था, जो अब उनके समुदाय का एक सदस्य था। रोते हुए भी
वह अपनी महान प्रसन्नता को व्यक्त करने के लिए कोई शब्द नहीं खोज पा रहा था। उसे
ठीक-ठीक पता भी नहीं था कि वह कैसे चल रहा है क्योंकि उसके हाथ नए थे, उसके पैर नए थे और वह एक नई, स्वर्गीय प्रकाश से
चमकती हवा में चल रहा था। प्रेइंग मदर वॉशिंगटन ने उसे अपनी बाँहों में भर लिया और
चूम लिया और उसकी आँखों के आँसू तथा उस बूढ़ी अश्वेत स्त्री के आँसू आपस में मिल
गए।
“परमेश्वर तुम्हें आशीष दे, बेटे। आगे बढ़ते रहो, प्यारे, और
थकना मत!” “प्रभु, मेरा परिचय पिता और
पुत्र से हो चुका है और अब मैं कोई अजनबी नहीं हूँ!”
फिर भी, जब
वह उनके बीच चल रहा था, उनके हाथ एक-दूसरे को छू रहे थे,
आँसू बह रहे थे और संगीत उठ रहा था, मानो वह एक विशाल सभागार से
होकर गुजर रहा हो, जो एक भव्य जनसमुदाय से भरा हो। तभी उसके
उस जागरूक, विस्मित, नवजात और नाजुक
हृदय में कुछ खटकने लगा। ऐसा कुछ, जो रात के उन आतंक की याद
दिला रहा था जो अभी समाप्त नहीं हुए थे। उसका हृदय मानो कह रहा था कि वे आतंक अब
इसी समुदाय के बीच शुरू होने वाले थे। जब उसका हृदय यह कह रहा था, तब उसने स्वयं को अपनी माँ के सामने खड़ा पाया। उसका चेहरा आँसुओं से भरा
था और बहुत देर तक दोनों एक-दूसरे को देखते रहे, बिना कुछ
कहे। एक बार फिर उसने उस चेहरे के रहस्य को पढ़ने की कोशिश की। वह चेहरा जो पहले
कभी इतना उज्ज्वल और प्रेम से इतना पीड़ित नहीं दिखाई दिया था। लेकिन साथ ही पहले
कभी उससे इतना दूर भी नहीं लगा था। ऐसा लग रहा था, मानो वह पूरी तरह उसके जीवन से
परे किसी जीवन के साथ जुड़ा हुआ हो। वह उसे सांत्वना देना चाहता था। लेकिन रात ने
उसे न तो कोई भाषा दी थी, न किसी दूसरे के हृदय के भीतर
देखने की कोई दिव्य दृष्टि, न ही ऐसी शक्ति दी थी। वह केवल
इतना जानता था और अब अपनी माँ को देखते हुए जानता था कि वह उसे कभी बता नहीं सकेगा
कि हृदय एक भयावह स्थान है। उसने उसे चूमा और कहा, “मुझे तुम
पर बहुत गर्व है, जॉनी। विश्वास बनाए रखना। जब तक प्रभु मुझे
मेरी कब्र में नहीं सुला देते, तब तक मैं तुम्हारे लिए
प्रार्थना करती रहूँगी।”
फिर वह अपने पिता के सामने खड़ा हुआ। जिस क्षण उसने अपने को
मजबूर करके आँखें उठाईं और अपने पिता के चेहरे में देखा, उसी क्षण उसने अपने भीतर एक अकड़न, एक घबराहट, एक अंधा विद्रोह और शांति की एक आशा
महसूस की। उसके चेहरे पर अभी भी आँसू थे और वह अब भी मुस्करा रहा था। उसने कहा,
“प्रभु की जय हो।”
“प्रभु की स्तुति हो,” उसके
पिता ने कहा। उन्होंने उसे छूने के लिए हाथ नहीं बढ़ाया, उसे
चूमा नहीं, मुस्कराए भी नहीं। संतों के आनंद मनाने के बीच वे
दोनों मौन खड़े रहे। जॉन उस प्रभावशाली, जीवंत शब्द को बोलने
के लिए संघर्ष करता रहा जो उसके और उसके पिता के बीच की इस विशाल दूरी को मिटा
सके। लेकिन वह जीवंत शब्द नहीं आया। उस मौन में जॉन के भीतर कुछ मर गया और कुछ नया
जीवित हो उठा। उसे लगा कि उसे अपनी गवाही देनी ही होगी। उसने जो अद्भुत चीजें देखी
थीं, उनकी गवाही देने के लिए उसकी जीभ ही उसका एकमात्र साधन
थी। तभी उसे अचानक अपने पिता द्वारा कभी दिए गए एक उपदेश का मुख्य वचन याद आया।
उसने अपना मुँह खोला। अपने पिता को देखते हुए उसे अपने पीछे अँधेरे की गर्जना
सुनाई दे रही थी और ऐसा लग रहा था मानो उसके पैरों के नीचे धरती तक काँप रही हो।
फिर भी उसने अपने पिता के साथ उनकी साझा गवाही को दोहराया। “मेरा
उद्धार हो गया है,” उसने कहा, “और मैं
जानता हूँ कि मेरा उद्धार हो गया है।” जब उसके पिता कुछ नहीं बोले तो उसने अपने
पिता के उसी वचन को दोहराया, “मेरा साक्षी स्वर्ग में है और
मेरी गवाही ऊपर है।”
तब उसके पिता ने कहा, “यह तुम्हारे मुँह से निकलता है। मैं चाहता हूँ कि तुम्हें इसे अपने जीवन
में जीते हुए देखूँ। यह केवल एक विचार या धारणा भर नहीं है।”
“मैं परमेश्वर से प्रार्थना करूँगा,” जॉन ने कहा। उसकी आवाज़ काँप रही थी। वह नहीं बता सकता था कि वह आनंद से
काँप रही थी या दुख से, “कि वह मुझे संभाले रखे और मुझे मजबूत बनाए... ताकि मैं
खड़ा रह सकूँ... शत्रु के विरुद्ध खड़ा रह सकूँ... और हर उस चीज़ और हर उस व्यक्ति
के विरुद्ध खड़ा रह सकूँ... जो मेरी आत्मा को नष्ट करना चाहता है।”
तब उसके आँसू फिर बह निकले जैसे, उसके और उसके पिता के बीच
एक दीवार खड़ी हो गई हो। उसकी बुआ फ्लोरेंस आई और उसे अपनी बाँहों में भर लिया।
उसकी आँखें सूखी थीं और उस कठोर सुबह के प्रकाश में उसका चेहरा वृद्ध दिखाई दे रहा
था। लेकिन जब उसने बोलना शुरू किया तो उसकी आवाज़ पहले से कहीं अधिक कोमल थी।
“अच्छी लड़ाई लड़ते रहना,” उसने कहा, “सुन रहे हो? थकना
मत और डरना मत क्योंकि मैं जानती हूँ कि प्रभु ने तुम पर अपने हाथ रख दिए हैं।”
“हाँ,” उसने रोते हुए
कहा, “हाँ। मैं प्रभु की सेवा करूँगा।”
“आमीन!” एलीशा चिल्लाया। “हमारे परमेश्वर की जय
हो!” जब वे मंदिर से बाहर निकले तो गंदी सड़कें सुबह के प्रकाश से गूँज उठीं।
वे सभी वहाँ थे, केवल युवा एला मे नहीं थी, जो जॉन के अभी फर्श पर
पड़े रहने के दौरान ही जा चुकी थी। प्रेइंग मदर वॉशिंगटन ने बताया कि उसे बहुत
तेज़ जुकाम था और उसे आराम करने की ज़रूरत थी। अब वे तीन समूहों में लंबी, धूसर और शांत सड़क पर चल रहे थे। प्रेइंग मदर वॉशिंगटन के साथ एलिज़ाबेथ,
सिस्टर मैककैंडलेस और सिस्टर प्राइस थीं। उनसे आगे गैब्रियल और
फ्लोरेंस थे और सबसे आगे एलीशा और जॉन चल रहे थे।
“तुम जानते हो, प्रभु कितने अद्भुत हैं,” प्रेइंग मदर ने कहा। “क्या तुम्हें मालूम है, इस
पूरे सप्ताह उन्होंने मेरी आत्मा पर कितना बोझ रखा और मुझे उनके सामने प्रार्थना
और रोने में लगाए रखा? लगता था जैसे मुझे किसी तरह चैन ही
नहीं मिल रहा था—और मैं जानती हूँ कि उन्होंने उस लड़के की आत्मा के लिए मुझे
प्रतीक्षा और प्रार्थना में रखा था।”
“आमीन,” सिस्टर प्राइस
ने कहा। “लगता है प्रभु चाहते थे कि यह पूरा चर्च हिल उठे। तुम्हें याद है शुक्रवार
रात उन्होंने सिस्टर मैककैंडलेस के माध्यम से कैसे कहा था कि प्रार्थना करो और वह
हमारे बीच एक महान चमत्कार करेगा? उन्होंने सचमुच काम किया...
हल्लेलूयाह... उन्होंने सबके मन को झकझोर दिया।”
“मैं तुमसे बस इतना कहती हूँ,” सिस्टर मैककैंडलेस ने कहा, “तुम्हें केवल प्रभु की
बात सुननी है। वह हर बार तुम्हें सही मार्ग पर ले जाएगा। हर बार वह काम करेगा। कोई
मुझे यह नहीं बता सकता कि मेरा परमेश्वर वास्तविक नहीं है।”
“और तुमने देखा न कि प्रभु ने वहाँ युवा
एलीशा के साथ किस तरह काम किया?” प्रेइंग मदर वॉशिंगटन ने
शांत, मधुर मुस्कान के साथ कहा। “उस लड़के को जॉन के चीखते
और प्रभु के सामने रोते हुए गिर पड़ने से ठीक एक क्षण पहले फर्श पर गिराकर अन्य
भाषाओं में भविष्यवाणी करवाई। ऐसा लगता है जैसे प्रभु एलीशा के माध्यम से कह रहे
थे, ‘समय आ गया है, लड़के। अब घर लौट आओ।’”
“हाँ, वह सचमुच अद्भुत
है,” सिस्टर प्राइस ने कहा। “और अब जॉनी के दो भाई हो गए
हैं।”
एलिज़ाबेथ ने कुछ नहीं कहा। वह सिर झुकाए हाथों को हल्के से
सामने बाँधे हुए चल रही थी। सिस्टर प्राइस ने उसकी ओर मुड़कर देखा और मुस्कराई।
“मैं जानती हूँ,” उसने कहा, “आज
सुबह तुम बहुत खुश हो।”
एलिज़ाबेथ मुस्कराई और सिर उठाया। लेकिन उसने सीधे सिस्टर
प्राइस की ओर नहीं देखा। वह आगे, उस
लंबी सड़क की ओर देखती रही, जहाँ गैब्रियल फ्लोरेंस के साथ
चल रहा था और जॉन एलीशा के साथ।
“हाँ,” उसने आखिर कहा,
“मैं प्रार्थना करती रही हूँ। और अभी मेरी प्रार्थना बंद नहीं हुई
है।”
“हाँ, प्रभु,” सिस्टर प्राइस ने कहा, “जब तक हम उनके धन्य मुख के
दर्शन नहीं कर लेते, तब तक हममें से कोई भी प्रार्थना करना
बंद नहीं कर सकता।”
“लेकिन मैंने कभी नहीं सोचा था,” सिस्टर मैककैंडलेस ने हँसते हुए कहा, “कि छोटा जॉनी
इतनी जल्दी उठ खड़ा होगा और धर्म अपना लेगा। हमारे परमेश्वर की जय हो!”
“प्रभु उस लड़के को आशीष देंगे, मेरी बात याद रखना,” प्रेइंग मदर वॉशिंगटन ने कहा।
“उपदेशक से हाथ मिलाओ, जॉनी।”
“बेटे, बाइबल में एक
ऐसा आदमी भी था जिसे संगीत बहुत पसंद था। एक दिन वह प्रभु के सामने नाचने लगा था।
क्या तुम्हें लगता है कि तुम भी किसी दिन प्रभु के सामने नाचोगे?”
“हाँ, प्रभु,” सिस्टर प्राइस ने कहा, “प्रभु ने तुम्हें एक पवित्र
पुत्र के रूप में फिर से खड़ा किया है। वह तुम्हारे बुढ़ापे का सहारा बनेगा।”
एलिज़ाबेथ ने महसूस किया कि सुबह के प्रकाश में उसके आँसू
धीरे-धीरे, कड़वाहट के साथ बह रहे
थे। “मैं प्रभु से प्रार्थना करती हूँ,” उसने कहा, “कि वह उसे हर ओर से सँभाले।”
“हाँ,” सिस्टर
मैककैंडलेस ने गंभीरता से कहा, “यह केवल कहने भर की बात नहीं
है। शैतान हर ओर से उठ खड़ा होता है।”
फिर वे चुपचाप उस चौड़े चौराहे पर पहुँचे, जहाँ सड़क पर स्ट्रीटकार की पटरी गुजरती
थी। एक दुबली बिल्ली नाली के किनारे दबे पाँव चल रही थी और उनके पास आते ही भाग गई।
फिर उसने कूड़ेदान की ओट से अपनी पीली, दुष्ट आँखों से
मुड़कर उन्हें देखा। एक धूसर पक्षी उनके सिर के ऊपर, स्ट्रीटकार
की बिजली की तारों के ऊपर से उड़ता हुआ गया और एक मकान की छत की धातु की मुंडेर पर
जा बैठा। तभी सड़क के बहुत दूर वाले सिरे से उन्हें सायरन की आवाज़ और घंटी की
झनझनाहट सुनाई दी। उन्होंने ऊपर देखा तो एंबुलेंस उनके पास से तेज़ी से निकलती हुई
उस अस्पताल की ओर जा रही थी जो चर्च के पास था।
“एक और आत्मा धराशायी हो गई,” सिस्टर मैककैंडलेस ने धीमे से कहा। “हे प्रभु, दया
करो।”
“उसने कहा था कि अंतिम दिनों में बुराई बहुत
बढ़ जाएगी,” सिस्टर प्राइस ने कहा।
“हाँ, उसने सचमुच ऐसा
कहा था,” प्रेइंग मदर वॉशिंगटन ने कहा, “और मुझे कितनी खुशी है कि उसने हमें यह भी बताया कि वह हमें बेसहारा नहीं
छोड़ेगा।”
“जब तुम ये सब बातें देखो तो जान लेना कि
तुम्हारा उद्धार निकट है,” सिस्टर मैककैंडलेस ने कहा। “तेरे
एक ओर हजार गिरेंगे और तेरी दाहिनी ओर दस हजार पर वह तेरे पास नहीं आएगा। आज सुबह
मैं कितनी प्रसन्न हूँ... आमीन, मेरे उद्धारकर्ता की जय हो।”
“तुम्हें वह दिन याद है, जब तुम दुकान में आई थीं?”
“मुझे नहीं लगा था कि तुमने कभी मेरी ओर देखा
भी था।”
“अरे—तुम बहुत सुंदर थीं।”
“क्या छोटे जॉनी ने कभी ऐसी कोई बात नहीं कही,”
प्रेइंग मदर वॉशिंगटन ने पूछा, “जिससे तुम्हें
लगा हो कि प्रभु उसके हृदय में काम कर रहे हैं?”
“वह हमेशा थोड़ा शांत रहता था,” एलिज़ाबेथ ने कहा। “वह ज्यादा बोलता नहीं।”
“नहीं,” सिस्टर
मैककैंडलेस ने कहा, “आजकल के इन उग्र लड़कों जैसा वह नहीं है।
उसे अपने बड़ों का कुछ सम्मान है। सिस्टर ग्राइम्स, तुमने
उसे बहुत अच्छे से पाला है।”
“कल उसका जन्मदिन था,” एलिज़ाबेथ
ने कहा।
“नहीं!” सिस्टर प्राइस ने आश्चर्य से कहा।
“कल वह कितने साल का हुआ?”
“वह चौदह साल का हो गया,” उसने कहा।
“तुमने सुना?” सिस्टर
प्राइस ने आश्चर्य से कहा। “प्रभु ने उस लड़के की आत्मा को उसके जन्मदिन पर ही बचा
लिया!”
“तो अब उसके दो जन्मदिन हैं,” सिस्टर मैककैंडलेस मुस्कराई, “ठीक वैसे ही जैसे उसके
दो भाई हैं। एक शरीर में और दूसरा आत्मा में।”
“आमीन, प्रभु की जय
हो!” प्रेइंग मदर वॉशिंगटन ने पुकारा।
“रिचर्ड, वह कौन-सी
किताब थी?”
“ओह, मुझे याद नहीं। बस,
कोई किताब थी।”
“तुम मुस्कराए थे।”
“तुम बहुत सुंदर थीं।”
उसने अपने बैग से भीगा हुआ रूमाल निकाला और अपनी आँखें
पोंछीं। फिर दोबारा आँखें पोंछीं और सड़क के दूर तक देखती रही।
“हाँ,” सिस्टर प्राइस
ने कोमलता से कहा, “तुम बस प्रभु को धन्यवाद दो। आँसुओं को
बहने दो। मैं जानती हूँ कि आज सुबह तुम्हारा हृदय भरा हुआ है।”
“प्रभु ने तुम्हें,” प्रेइंग
मदर वॉशिंगटन ने कहा, “एक महान आशीष दी है और प्रभु जो देता
है, उसे कोई मनुष्य छीन नहीं सकता।”
“मैं खोलता हूँ,” सिस्टर
मैककैंडलेस ने कहा, “और कोई बंद नहीं कर सकता। मैं बंद करता
हूँ और कोई खोल नहीं सकता।”
“आमीन,” सिस्टर प्राइस
ने कहा। “आमीन।”
“खैर, मेरा खयाल है,”
फ्लोरेंस ने कहा, “आज सुबह तुम्हारी आत्मा
परमेश्वर की स्तुति कर रही होगी।”
वह सीधे आगे देखता रहा। कुछ नहीं बोला और अपने शरीर को तीर
से भी अधिक सीधा और तना हुआ रखे रहा।
“तुम हमेशा कहते रहे हो,” फ्लोरेंस ने कहा, “कि प्रभु प्रार्थना का उत्तर
देंगे।” उसने हल्की-सी मुस्कान के साथ बगल से उसकी ओर देखा।
“उसे सीखना होगा,” उसने
आखिर कहा, “कि यह सब केवल गाने और जोश में चिल्लाने तक सीमित
नहीं है। पवित्रता का मार्ग कठिन मार्ग है। उसे पहाड़ की खड़ी चढ़ाई चढ़नी है।”
“लेकिन जब वह लड़खड़ाएगा तो उसकी मदद करने और
उसके सामने एक अच्छा उदाहरण बनने के लिए तुम वहाँ हो न?” उसने
कहा।
“मैं यह सुनिश्चित करूँगा,” उसने कहा, “कि वह प्रभु के सामने सही मार्ग पर चले।
प्रभु ने उसकी आत्मा की जिम्मेदारी मुझे सौंप दी है और मैं उस लड़के का रक्त अपने
हाथों पर नहीं लेना चाहता।”
“नहीं,” उसने शांत स्वर
में कहा, “मेरा खयाल है कि तुम ऐसा नहीं चाहोगे।”
तभी उन्होंने सायरन और तेज़ी से बजती चेतावनी-घंटी की आवाज़
सुनी। वह उसके चेहरे को देखती रही। जब वह शांत सड़क की ओर और उस एंबुलेंस की ओर
देख रहा था जो किसी को उपचार के लिए या मृत्यु की ओर ले जाने के लिए तेजी से दौड़
रही थी।
“हाँ,” उसने कहा,
“वह गाड़ी एक दिन हम सबके लिए भी आने वाली है, है न?”
“मैं प्रार्थना करता हूँ,” उसने कहा, “कि जब वह आए तो तुम तैयार मिलो, सिस्टर।”
“क्या वह तुम्हें तैयार पाएगी?” उसने पूछा।
“मैं जानता हूँ कि मेरा नाम जीवन की पुस्तक
में लिखा है,” उसने कहा। “मैं जानता हूँ कि मैं महिमा में
अपने उद्धारकर्ता के मुख का दर्शन करूँगा।”
“हाँ,” उसने धीरे से
कहा, “हम सब वहाँ साथ होंगे। माँ, तुम,
मैं, डेबरा और उस छोटी लड़की का नाम क्या था,
जो मेरे घर छोड़ने के कुछ ही समय बाद मर गई थी?”
“कौन-सी छोटी लड़की?” उसने
पूछा। “मेरे घर से जाने के बाद बहुत से लोग मर गए। तुमने अपनी माँ को उसकी
मृत्यु-शय्या पर छोड़ दिया था।”
“वह लड़की भी एक माँ थी,” उसने कहा। “ऐसा लगता है कि वह अकेली ही उत्तर की ओर चली गई थी। वहाँ उसने
अपने बच्चे को जन्म दिया और मर गई। उसकी मदद करने वाला कोई नहीं था। डेबरा ने मुझे
उसके बारे में लिखा था। सचमुच, तुम उस लड़की का नाम नहीं
भूले होगे, गैब्रियल!”
तब उसके कदम लड़खड़ा गए। एक पल के लिए ऐसा लगा जैसे उसके
पैर घिसटने लगे हों। उसने उसकी ओर देखा। वह मुस्कराई और हल्के से उसकी बाँह छू दी।
“तुम उसका नाम नहीं भूले हो,” उसने कहा। “तुम मुझे यह नहीं बता सकते कि तुम उसका नाम भूल चुके हो। क्या
तुम वहाँ उसका चेहरा भी देखोगे? क्या उसका नाम भी जीवन की
पुस्तक में लिखा है?”
पूर्ण मौन में वे साथ-साथ चलते रहे, उसका हाथ अभी भी उसकी काँपती बाँह पर टिका
हुआ था।
“डेबरा ने कभी यह नहीं लिखा,” उसने कुछ देर बाद फिर कहा, “कि उस बच्चे के साथ क्या
हुआ। क्या तुमने उसे कभी देखा था? क्या तुम उससे भी स्वर्ग
में मिलोगे?”
“वचन हमें बताता है,” उसने
कहा, “कि मुर्दों को अपने मुर्दे गाड़ने दो। तुम पीछे की उन
बातों को कुरेदकर क्यों निकालना चाहती हो, उन चीज़ों को
क्यों खोदकर बाहर लाना चाहती हो जिन्हें अब पूरी तरह भुला दिया गया है? प्रभु मेरे जीवन को जानते हैं। उन्होंने मुझे बहुत पहले ही क्षमा कर दिया
था।”
“ऐसा लगता है,” उसने
कहा, “कि तुम सोचते हो प्रभु तुम्हारे जैसे मनुष्य हैं। तुम
सोचते हो कि जिस तरह तुम मनुष्यों को धोखा दे सकते हो, उसी
तरह उन्हें भी धोखा दे सकते हो और तुम सोचते हो कि वे भी मनुष्यों की तरह भूल जाते
हैं। लेकिन परमेश्वर कुछ नहीं भूलते, गैब्रियल। यदि तुम्हारा
नाम वहाँ उस पुस्तक में लिखा है, जैसा तुम कहते हो तो उसमें
तुम्हारे किए हुए सब काम भी उसी के साथ लिखे हैं। और तुम्हें उनका हिसाब भी देना
होगा।”
“मैं हिसाब दे चुका हूँ,” उसने कहा, “अपने परमेश्वर के सामने। मुझे अब
तुम्हारे सामने हिसाब देने की जरूरत नहीं है।”
उसने अपना हैंडबैग खोला और उसमें से वह पत्र निकाल लिया।
“मैं इस पत्र को अब तीस से भी अधिक वर्षों से
अपने साथ लिए घूम रही हूँ,” उसने कहा, “और इतने समय से सोचती रही हूँ कि क्या कभी तुमसे इसके बारे में बात
करूँगी।”
और उसने उसकी ओर देखा। वह अनिच्छा से उस पत्र को देख रहा था, जिसे वह एक हाथ में कसकर पकड़े हुए थी। वह
पुराना, गंदा, भूरा और फटा हुआ था।
उसने डेबरा की अस्थिर, काँपती हुई लिखावट पहचान ली। उसे फिर
वह दिखाई दी। झोंपड़ी में मेज पर झुकी हुई, बड़ी मेहनत से
कागज पर उस कड़वाहट को उतारती हुई जिसे वह बोल नहीं पाई थी। क्या इतने वर्षों तक
वह सब उसकी चुप्पी में जीवित रहा था? वह विश्वास नहीं कर पा
रहा था। मरते समय वह उसके लिए प्रार्थना करती रही थी। उसने शपथ ली थी कि वह उससे
स्वर्ग में मिलेगी। फिर भी यह पत्र, उसकी गवाही, उसकी उस लंबी चुप्पी को अब तोड़ रहा था जबकि वह हमेशा के लिए उसकी पहुँच
से बाहर जा चुकी थी।
“हाँ,” फ्लोरेंस ने
उसके चेहरे को देखते हुए कहा, “तुमने उसे सोने के लिए फूलों
से सजी कोई सेज तो दी नहीं थी, है न? उस
गरीब, सीधी-सादी, बदसूरत, अश्वेत लड़की को। और तुमने उस दूसरी के साथ भी इससे बेहतर व्यवहार नहीं
किया। अपने पूरे पवित्र जीवन में तुम जिस-जिस से मिले, गैब्रियल,
क्या किसी को भी तुमने दुख का प्याला पीने से नहीं बचाया? और तुम अब भी वही कर रहे हो जब तक प्रभु तुम्हें तुम्हारी कब्र में नहीं
सुला देंगे, तब तक यही करते रहोगे।”
“परमेश्वर का मार्ग,” उसने
कहा। उसकी बोली भारी हो गई थी और उसका चेहरा पसीने से चमक रहा था, “मनुष्य का मार्ग नहीं है। मैं प्रभु की इच्छा पूरी करता रहा हूँ और प्रभु
के अलावा कोई मेरा न्याय नहीं कर सकता। प्रभु ने मुझे संसार से अलग बुलाया,
उन्होंने मुझे चुना और जब से मैंने शुरुआत की, तब से मैं उन्हीं के साथ चलता रहा हूँ। तुम यहाँ नीचे की इन सारी
मूर्खताओं पर, यहाँ नीचे की इस सारी दुष्टता पर अपनी आँखें
टिकाए नहीं रह सकते। तुम्हें अपनी आँखें पहाड़ियों की ओर उठानी होंगी और पृथ्वी पर
आने वाले विनाश से भागना होगा। तुम्हें अपना हाथ यीशु के हाथ में देना होगा और
जहाँ वह कहे, वहाँ जाना होगा।”
“और अगर तुम स्वयं यहाँ नीचे एक ठोकर का
पत्थर रहे हो?” उसने कहा। “अगर तुमने दाएँ-बाएँ लोगों की
आत्माओं को ठोकर खिलाकर गिराया हो, उनकी खुशी छीन ली हो और
उनकी आत्माएँ नष्ट कर दी हों तो क्या होगा? फिर क्या करोगे,
भविष्यवक्ता? फिर क्या करोगे, प्रभु के अभिषिक्त? क्या तुम्हें इसका कोई हिसाब
नहीं देना होगा? जब वह गाड़ी आएगी, तब
तुम क्या कहोगे?”
उसने अपना सिर उठाया और उसने देखा कि उसके आँसुओं में पसीना
भी मिल गया था। “प्रभु,”
उसने कहा, “वह हृदय को देखते हैं... वह हृदय
को देखते हैं।”
“हाँ,” उसने कहा,
“लेकिन मैंने भी बाइबल पढ़ी है और उसमें लिखा है कि पेड़ को उसके फल
से पहचाना जाएगा। मैंने तुमसे कौन-सा फल देखा है, सिवाय पाप,
दुख और लज्जा के?”
“सावधान रहो,” उसने कहा,
“प्रभु के अभिषिक्त के बारे में बोलते हुए। क्योंकि मेरा जीवन उस
पत्र में नहीं है। तुम मेरे जीवन को नहीं जानती।”
कुछ देर निराशा-भरे मौन के बाद उसने पूछा, “तुम्हारा जीवन कहाँ है, गैब्रियल? कहाँ है? क्या वह सब
व्यर्थ नहीं चला गया? तुम्हारी शाखाएँ कहाँ हैं? तुम्हारे फल कहाँ हैं?”
उसने कुछ नहीं कहा। वह लगातार अपने अंगूठे के नाखून से उस
पत्र को थपथपाती रही। वे उस मोड़ के पास पहुँच रहे थे जहाँ उसे उससे अलग होना था। वहाँ
से पश्चिम की ओर मुड़कर उसे अपने घर जाने के लिए भूमिगत रेल पकड़नी थी। सड़कों पर
फैले प्रकाश में। उस प्रकाश में जिसे अब उगता हुआ सूरज आग की तपिश से बदलने लगा था।
वह उनसे कुछ आगे चलते जॉन और एलीशा को देख रही थी। जॉन का सिर ध्यान से सुनने के
लिए झुका हुआ था और एलीशा की बाँह उसके कंधे पर थी।
“मेरा एक बेटा है,” उसने
आखिर कहा, “और प्रभु उसे ऊँचा उठाएँगे। मैं जानता हूँ। प्रभु
ने वचन दिया है। उनका वचन सत्य है।”
तब वह हँसी। “वह बेटा,” उसने कहा, “वह रॉय।
उसे वेदना में अनंत काल तक रोना पड़ेगा, तब जाकर कहीं वह उसे
जॉनी की तरह आज रात वेदी के सामने रोते हुए देख पाएगा।”
“परमेश्वर हृदय को देखते हैं,” उसने दोहराया, “वह हृदय को देखते हैं।”
“तो उन्हें उसे देखना ही चाहिए,” वह चिल्लाई, “उन्होंने उसे बनाया है! लेकिन कोई
दूसरा उसे नहीं देखता। यहाँ तक कि तुम स्वयं भी नहीं! परमेश्वर उसे देखने दो। वह
उसे अच्छी तरह देखते हैं और फिर भी कुछ नहीं कहते।”
“वह बोलते हैं,” उसने
कहा, “वह बोलते हैं। तुम्हें बस सुनना होता है।”
“मैंने बहुत-सी रातें उनकी आवाज़ सुनने में
बिताई हैं,” फ्लोरेंस ने कहा, “और
उन्होंने मुझसे कभी बात नहीं की।”
“उन्होंने कभी बात नहीं की,” गैब्रियल ने कहा, “क्योंकि तुमने कभी सुनना चाहा ही
नहीं। तुम बस यही चाहती थीं कि वह तुम्हें बता दें कि तुम्हारा रास्ता सही था। और
परमेश्वर की प्रतीक्षा करने का यह कोई तरीका नहीं है।”
“तो मुझे बताओ,” फ्लोरेंस
ने कहा, “उन्होंने तुमसे ऐसा क्या कहा जिसे तुम सुनना नहीं
चाहते थे?”
और फिर मौन छा गया। अब दोनों जॉन और एलीशा को देख रहे थे।
“मैं तुम्हें एक बात बताती हूँ, गैब्रियल,” उसने कहा। “मैं जानती हूँ कि अपने हृदय
की गहराई में तुम सोचते हो कि अगर तुम उस औरत और उसके नाजायज़ बेटे को उसके पाप की
पर्याप्त सज़ा दे दो तो तुम्हारे बेटे को तुम्हारे पाप की सज़ा नहीं भुगतनी
पड़ेगी। लेकिन मैं तुम्हें ऐसा नहीं करने दूँगी। तुमने बहुत से लोगों को उनके
पापों की कीमत चुकाने पर मजबूर किया है। अब समय आ गया है कि तुम स्वयं कीमत
चुकाओ।”
“तुम्हें क्या लगता है,” उसने पूछा, “कि तुम मेरे खिलाफ क्या कर पाओगी?”
“शायद,” उसने कहा,
“मैं इस दुनिया में बहुत दिनों की मेहमान नहीं हूँ। लेकिन यह पत्र
मेरे पास है। और मैं जाने से पहले इसे एलिज़ाबेथ को ज़रूर दूँगी। और अगर वह इसे
नहीं लेना चाहेगी तो मैं कोई-न-कोई रास्ता निकालूँगी। कोई रास्ता, मुझे नहीं मालूम कैसे जिससे उठकर मैं यह बात कह सकूँ, सबको बता सकूँ कि प्रभु के अभिषिक्त के हाथों पर कितना रक्त लगा है।”
“मैंने तुमसे कह दिया,” उसने कहा, “वह सब खत्म हो चुका है। प्रभु ने मुझे एक
संकेत दिया है, जिससे मुझे मालूम हो गया कि मुझे क्षमा कर
दिया गया है। तुम्हें क्या लगता है, अब इसके बारे में बात
शुरू करने से क्या लाभ होगा?”
“इससे एलिज़ाबेथ को पता चलेगा,” उसने कहा, “कि तुम्हारे पवित्र घर में वह अकेली पापी
नहीं है... और वहाँ छोटा जॉनी, उसे पता चलेगा कि वह अकेला नाजायज़ बेटा नहीं है।”
तब वह फिर उसकी ओर मुड़ा और आँखों में घृणा लिए उसे देखने
लगा।
“तुम कभी नहीं बदलीं,” उसने
कहा। “तुम अब भी मेरे पतन को देखने की प्रतीक्षा कर रही हो। तुम आज भी उतनी ही
दुष्ट हो जितनी जवान होने पर थीं।”
उसने पत्र फिर अपने बैग में रख लिया।
“नहीं,” उसने कहा,
“मैं नहीं बदली। तुम भी नहीं बदले। तुम अब भी प्रभु से वादा करते हो
कि आगे से बेहतर करोगे और सोचते हो कि तुमने पहले जो कुछ किया या उसी क्षण जो कुछ
कर रहे हो, उसका कोई हिसाब नहीं होगा। जितने पुरुषों को
मैंने जाना है, उनमें तुम्हें सबसे अधिक यही आशा करनी चाहिए
कि बाइबल झूठी हो क्योंकि अगर कभी वह तुरही बज उठी तो तुम्हें अनंत काल तक अपने
किए का हिसाब देते रहना पड़ेगा।”
वे उसके मोड़ तक पहुँच चुके थे। वह रुक गई और वह भी उसके
साथ रुक गया। उसने उसके थके हुए, तपते
चेहरे में देखा।
“मुझे अपनी भूमिगत रेल पकड़नी है,” उसने कहा। “क्या तुम मुझसे कुछ कहना चाहते हो?”
“मैं बहुत लंबे समय से जी रहा हूँ,” उसने कहा, “और मैंने हमेशा यही देखा है कि प्रभु के
शत्रुओं पर बुराई आकर टूट पड़ती है। तुम सोचती हो कि उस पत्र का इस्तेमाल करके
मुझे चोट पहुँचाओगी। लेकिन प्रभु ऐसा नहीं होने देंगे। तुम स्वयं नष्ट कर दी
जाओगी।”
प्रार्थना करने वाली स्त्रियाँ उनकी ओर बढ़ रही थीं, एलिज़ाबेथ उनके बीच में थी।
“डेबरा,” फ्लोरेंस ने
कहा, “नष्ट हो गई थी। लेकिन वह अपने पीछे अपनी बात छोड़ गई।
वह किसी की शत्रु नहीं थी और उसने केवल बुराई ही देखी। जब मैं जाऊँ, भाई तो तुम्हें काँपना होगा क्योंकि मैं चुपचाप नहीं जाऊँगी।”
और जब वे एक-दूसरे को देखते हुए खड़े रहे और आगे कुछ नहीं
कहा, तब प्रार्थना करने वाली स्त्रियाँ उनके पास
आ पहुँचीं।
..... ......
अब
वह लंबी, शांत सड़क उनके सामने मृतकों के किसी धूसर
देश की तरह फैली हुई थी। ऐसा बिल्कुल नहीं लगता था कि वह केवल कुछ घंटे पहले ही मनुष्यों
द्वारा समय की गणना के अनुसार इसी सड़क पर चला था… कि जब से
उसकी आँखें इस खतरनाक संसार पर खुली थीं, तब से वह इस सड़क
को जानता था... कि उसने यहाँ खेला था, यहाँ रोया था, यहाँ से भागा था, यहाँ गिरा था और यहाँ चोटें खाई
थीं। उस समय में जो अब उसकी मासूमियत और क्रोध के बहुत पीछे छूट चुका था।
हाँ, सातवें
दिन की शाम को जब वह क्रोध में अपने पिता के घर से निकलकर चला था, यह सड़क चिल्लाते हुए लोगों से भरी हुई थी। दिन का प्रकाश मद्धम पड़ने लगा
था। हवा तेज़ थी और ऊँचे लैम्प, एक-एक करके और फिर सभी एक
साथ, अँधेरे के सामने अपने सिर उठा रहे थे। जब वह
जल्दी-जल्दी मंदिर की ओर जा रहा था। क्या किसी ने उसका मज़ाक उड़ाया था? क्या किसी ने कुछ कहा था, हँसा था या उसे पुकारा था?
उसे याद नहीं था। वह एक तूफ़ान के भीतर चल रहा था।
अब तूफ़ान समाप्त हो चुका था। और यह सड़क, किसी भी ऐसे दृश्य की तरह जिसने तूफ़ान
झेला हो, परमेश्वर के नीचे बदली हुई पड़ी थी—थकी हुई,
स्वच्छ और नई। वह फिर कभी उस सड़क में वापस नहीं बदल सकती थी जो
पहले थी। इन आकाशों से उतरने वाली आग, बिजली या पिछली वर्षा
ने, जो अब उसके ऊपर इतनी फीकी रहस्यमयता के साथ चल रहे थे,
कल की सड़क को एक क्षण में उजाड़ दिया था, पलक
झपकते ही उसे बदल दिया था। ठीक वैसे ही जैसे अंतिम दिन सब कुछ बदल दिया जाएगा,
जब आकाश फिर खुलेंगे और संतों को अपने साथ ले जाएँगे।
फिर भी घर वहीं थे, जैसे पहले थे। खिड़कियाँ, हजारों अंधी आँखों की तरह,
सुबह की ओर बाहर देख रही थीं। उस सुबह की ओर जो उनके लिए वही थी
जैसी जॉन की मासूमियत के दिनों की सुबहें थीं और उसके जन्म से पहले की सुबहें थीं।
नालियों में पानी धीमी, असंतुष्ट आवाज़ के साथ बह रहा था। उस
पानी पर कागज, जली हुई माचिस की तीलियाँ, भीगे हुए सिगरेट के टुकड़े, हरे-पीले, भूरे और मोती जैसे थूक के गुच्छे, कुत्ते की गंदगी,
किसी शराबी की उल्टी और वासना के हवाले किए गए किसी व्यक्ति का रबर
में फँसा हुआ मृत वीर्य बह रहा था। यह सब धीरे-धीरे उस काली जाली तक जा रहा था,
जिसमें से नीचे गिरकर नदी तक पहुँचता था और नदी उसे समुद्र में बहा
देती थी।
जहाँ घर थे, जहाँ खिड़कियाँ बाहर देख रही थीं, जहाँ नालियाँ बह
रही थीं, वहाँ मनुष्य थे। अब सोए हुए, अदृश्य,
अपने-अपने घरों के भारी अँधेरों में छिपे हुए जबकि बाहर प्रभु का
दिन उदित हो रहा था। जब जॉन फिर इन सड़कों पर चलेगा तो यहाँ फिर लोग चिल्ला रहे
होंगे। बच्चों के रोलर-स्केट्स की गरज पीछे से उसकी ओर आएगी। चोटियाँ बाँधे छोटी
लड़कियाँ रस्सी कूदते हुए फुटपाथ पर ऐसी रुकावट खड़ी कर देंगी, जिसके बीच से उसे जैसे-तैसे रास्ता बनाते हुए गुजरना होगा। लड़के फिर इन
गलियों में गेंद खेल रहे होंगे। वे उसे देखेंगे और पुकारेंगे, “अरे, मेंढक-आँख!”
पुरुष फिर नुक्कड़ों पर खड़े होकर उसे गुजरते देखेंगे। लड़कियाँ
फिर बरामदों की सीढ़ियों पर बैठकर उसकी चाल का मज़ाक उड़ाएँगी। दादियाँ फिर
खिड़कियों से बाहर झाँककर कहेंगी, “यह तो सचमुच बेचारा-सा लड़का है।”
उसका हृदय कह रहा था कि वह फिर रोएगा क्योंकि अब उसका रोना
शुरू हो चुका था। बदलती हुई हवा कह रही थी कि वह फिर क्रोध करेगा क्योंकि क्रोध के
सिंहों को खोल दिया गया था। वह फिर अँधेरे में होगा,
फिर आग में होगा क्योंकि अब वह आग और अँधेरा देख चुका था। वह
स्वतंत्र था, “जिसे पुत्र स्वतंत्र करता है, वह सचमुच
स्वतंत्र है,” उसे बस अपनी इस स्वतंत्रता में दृढ़ खड़े रहना था। अब इस खुलते हुए
प्रभु-दिवस में उसका युद्ध इस सड़क, इन घरों और सोते,
देखते, चिल्लाते लोगों के साथ नहीं था। वह
याकूब के स्वर्गदूत के साथ, आकाश की शक्तियों और प्रधानों के
साथ युद्ध में प्रवेश कर चुका था।[5] और वह एक ऐसी आनंद से भर गया
था जिसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। एक ऐसा आनंद जिसकी जड़ें, यद्यपि वह अपने जीवन की इस नई सुबह में उन्हें खोजने नहीं वाला था,
फिर भी ऐसी निराशा के स्रोत से पोषित हो रही थीं जिसका उसे अभी पता
नहीं चला था। प्रभु का आनंद ही उनकी प्रजा की शक्ति है। जहाँ आनंद था, वहाँ शक्ति आती थी। जहाँ शक्ति थी, वहाँ दुख आता था।
क्या हमेशा? हमेशा और हमेशा, एलीशा की
बाँह उसके कंधे पर भारी पड़ी हुई मानो यही कह रही थी। जॉन ने कोशिश की कि सुबह की
दीवार के पार देख सके, उन कड़वे घरों के पार दृष्टि डाल सके,
आकाश के हजारों धूसर पर्दों को चीरकर उस हृदय के भीतर देख सके। उस
विराट हृदय के भीतर, जो अनंत काल तक धड़कता रहता है, विस्मित ब्रह्मांड को गति देता है, तारों को सूर्य
की लाल चप्पल के आगे भाग जाने की आज्ञा देता है, चंद्रमा को
बढ़ने और घटने तथा फिर ओझल होकर वापस आने का आदेश देता है, जो एक चाँदी के जाल से
समुद्र को थामे रखता है और अथाह रहस्यों से हर दिन पृथ्वी को फिर से रचता है। वह
हृदय, वह श्वास, जिसके बिना जो कुछ
बनाया गया है, उसमें से कुछ भी नहीं बनाया गया। उसकी आँखों
में फिर आँसू आ गए, जिससे सड़क काँपती हुई-सी लगी, जिससे घर हिलते हुए प्रतीत हुए। उसका हृदय भर आया, ऊपर
उठा, फिर लड़खड़ा गया और मौन हो गया। आनंद से शक्ति आई,
ऐसी शक्ति जो दुख को सहने के लिए बनी थी। दुख ने आनंद को जन्म दिया।
हमेशा? यह अनंत काल तक जलती हुई हवा के बीच यहेजकेल का पहिया
था और छोटा पहिया[6]
विश्वास से चलता था और बड़ा पहिया परमेश्वर के अनुग्रह से।
“एलीशा?” उसने कहा।
“अगर तुम उनसे कहो कि वे तुम्हें सँभाले रखें,”
एलीशा ने कहा, मानो उसने उसके विचार पढ़ लिए
हों, “तो वह तुम्हें कभी गिरने नहीं देंगे।”
“तुम ही थे,” उसने कहा,
“है न, जिसने प्रार्थना करके मुझे इस पार
पहुँचाया?”
“हम सब प्रार्थना कर रहे थे, छोटे भाई,” एलीशा ने मुस्कराते हुए कहा, “लेकिन हाँ, मैं पूरे समय तुम्हारे ठीक ऊपर था। ऐसा
लगता है जैसे प्रभु ने तुम्हें मेरी आत्मा पर एक बोझ की तरह रख दिया था।”
“क्या मैं बहुत देर तक प्रार्थना करता रहा?”
उसने पूछा।
एलीशा हँसा। “अच्छा, तुमने रात होने पर प्रार्थना करना शुरू किया था और सुबह होने तक प्रार्थना
करते रहे। मेरी समझ से यह अच्छा-खासा लंबा समय है।”
जॉन भी मुस्कराया। उसे यह देखकर कुछ आश्चर्य हुआ कि
परमेश्वर का कोई संत भी हँस सकता है।
“जब तुमने मुझे वेदी के सामने देखा था,”
उसने पूछा, “तो क्या तुम्हें खुशी हुई थी?”
फिर उसे आश्चर्य हुआ कि उसने यह सवाल क्यों पूछा और वह
मन-ही-मन उम्मीद करने लगा कि एलीशा उसे मूर्ख नहीं समझेगा।
“मुझे बहुत खुशी हुई थी,” एलीशा ने गंभीरता से कहा, “छोटे जॉनी को अपने पाप
वेदी पर रखते, अपना जीवन वेदी पर अर्पित करते और फिर
परमेश्वर की स्तुति करते हुए उठते देखकर।”
‘पाप’ शब्द सुनते ही उसके भीतर कुछ काँप उठा।
उसकी आँखों में फिर आँसू आ गए।
“ओह,” उसने कहा,
“मैं परमेश्वर से प्रार्थना करता हूँ, मैं
प्रभु से प्रार्थना करता हूँ... कि वे मुझे मजबूत बनाएँ... मुझे पूरी तरह पवित्र
करें... और मुझे उद्धार की अवस्था में बनाए रखें!”
“हाँ,” एलीशा ने कहा,
“तुम इसी भावना को बनाए रखना और मुझे मालूम है कि प्रभु स्वयं यह
सुनिश्चित करेंगे कि तुम सही-सलामत घर पहुँचो।”
“यह बहुत लंबा रास्ता है,” जॉन ने धीरे से कहा, “है न? यह
कठिन रास्ता है। पूरी राह चढ़ाई ही चढ़ाई है।”
“यीशु को याद रखना,” एलीशा
ने कहा। “अपना मन यीशु पर लगाए रखना। उन्होंने भी वही रास्ता तय किया था। पहाड़ की
खड़ी चढ़ाई चढ़ते हुए और वे क्रूस उठा रहे थे और उनकी मदद करने वाला कोई नहीं था।
उन्होंने वह रास्ता हमारे लिए तय किया। उन्होंने वह क्रूस हमारे लिए उठाया।”
“लेकिन वे परमेश्वर के पुत्र थे,” जॉन ने कहा, “और वे यह जानते थे।”
“वे जानते थे,” एलीशा
ने कहा, “क्योंकि वे कीमत चुकाने को तैयार थे। क्या तुम नहीं
जानते, जॉनी? क्या तुम कीमत चुकाने को
तैयार नहीं हो?”
“वे जो गीत गाते हैं,” जॉन
ने आखिरकार कहा, “अगर इसकी कीमत मेरी जान हो तो क्या वही
कीमत है?”
“हाँ,” एलीशा ने कहा,
“वही कीमत है।”
तब जॉन चुप हो गया। वह यही सवाल किसी दूसरे ढंग से पूछना
चाहता था। अचानक एक एम्बुलेंस के सायरन और चीखती हुई घंटी ने उस मौन को चीर दिया।
दोनों ने ऊपर देखा, जब
एम्बुलेंस उस सड़क से तेज़ी से गुज़र गई, जहाँ परमेश्वर के
संतों के अलावा कोई जीवित प्राणी चलता हुआ दिखाई नहीं दे रहा था।
“लेकिन वह शैतान की कीमत भी है,” फिर मौन लौट आने पर एलीशा ने कहा। “शैतान भी तुमसे तुम्हारी जान से कम कुछ
नहीं माँगता। वह उसे ले भी लेता है और वह हमेशा के लिए खो जाती है। हमेशा के लिए,
जॉनी। जब तुम जीवित हो, तब भी अँधेरे में और
जब मर जाओगे, तब भी अँधेरे में। परमेश्वर के प्रेम के सिवा
और कोई चीज़ उस अँधेरे को प्रकाश में नहीं बदल सकती।”
“हाँ,” जॉन ने कहा,
“मुझे याद है। मुझे याद है।”
“हाँ,” एलीशा ने कहा,
“लेकिन जब बुरे दिन आएँ, जब बाढ़ उठे, लड़के और ऐसा लगे कि तुम्हारी आत्मा डूबने वाली है, तब
तुम्हें यह याद रखना होगा। जब शैतान तुम्हें भुलाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा रहा
हो, तब तुम्हें याद रखना होगा।”
“शैतान,” उसने भौंहें
सिकोड़ते और घूरते हुए कहा, “शैतान। शैतान के कितने चेहरे
हैं?”
“जितने चेहरे,” एलीशा
ने कहा, “तुम अब से लेकर उस समय तक देखोगे जब तुम अपना बोझ
उतार दोगे। और उसके इससे भी बहुत अधिक चेहरे हैं। लेकिन किसी ने उन सबको नहीं
देखा।”
“सिवाय यीशु के,” जॉन
ने तब कहा। “केवल यीशु ने।”
“हाँ,” एलीशा ने गंभीर,
मधुर मुस्कान के साथ कहा, “उन्हीं को तुम्हें
पुकारना है। वही हैं जो जानते हैं।”
वे उसके घर के पास पहुँच रहे थे। उसके पिता के घर के। कुछ
ही क्षणों में उसे एलीशा से अलग होना था। उसकी सुरक्षा देती हुई बाँह के नीचे से
निकलकर अकेले घर में जाना था। अपनी माँ और पिता के साथ अकेले। वह डरा हुआ था। वह
रुकना चाहता था और एलीशा की ओर मुड़कर उसे... कुछ कहना चाहता था। लेकिन उसके लिए
उसे कोई शब्द नहीं मिल रहे थे।
“एलीशा...” उसने शुरू किया और एलीशा के चेहरे
की ओर देखा। फिर बोला, “तुम मेरे लिए प्रार्थना करोगे?
कृपया, मेरे लिए प्रार्थना करना?”
“मैं प्रार्थना कर रहा हूँ, छोटे भाई,” एलीशा ने कहा, “और
अब मैं प्रार्थना करना बिल्कुल बंद नहीं करने वाला।”
“मेरे लिए,” जॉन ने
आँसू बहाते हुए आग्रह किया, “मेरे लिए।”
“तुम अच्छी तरह जानते हो,” एलीशा ने उसकी ओर देखते हुए कहा, “कि जिस भाई को
प्रभु ने मुझे दिया है, उसके लिए मैं प्रार्थना करना बंद
नहीं करने वाला।”
फिर वे घर पहुँच गए और एक-दूसरे को देखते हुए, प्रतीक्षा करते हुए ठहर गए। जॉन ने देखा कि
आकाश में कहीं सूरज हलचल करने लगा था। भोर का मौन जल्द ही सुबह की तुरहियों जैसी
आवाज़ों के आगे समाप्त होने वाला था। एलीशा ने जॉन के कंधे से अपनी बाँह हटा ली और
उसके पास खड़ा होकर पीछे की ओर देखने लगा। जॉन ने भी पीछे देखा और संतों को उनकी
ओर आते देखा।
“आज सुबह की प्रार्थना-सभा बहुत देर से शुरू
होगी,” एलीशा ने कहा और अचानक मुस्कराकर जम्हाई ली।
जॉन हँस पड़ा। “लेकिन तुम वहाँ रहोगे,” उसने पूछा, “है न?
आज सुबह?”
“हाँ, छोटे भाई,”
एलीशा हँसा, “मैं वहाँ रहूँगा। लगता है,
अब मुझे तुम्हारे साथ कदम मिलाकर चलने के लिए कुछ दौड़ना पड़ेगा।”
वे संतों को देखते रहे। अब वे सभी उस मोड़ पर खड़े थे, जहाँ उसकी बुआ फ्लोरेंस विदा कहने के लिए
रुकी थी। सभी स्त्रियाँ आपस में बातें कर रही थीं जबकि उसका पिता थोड़ा अलग खड़ा
था। उसकी बुआ और उसकी माँ ने एक-दूसरे को चूमा जैसा कि जॉन ने उन्हें सैकड़ों बार
करते देखा था। फिर उसकी बुआ ने उनकी ओर देखने के लिए मुड़कर हाथ हिलाया।
उन्होंने भी हाथ हिलाया और वह धीरे-धीरे सड़क पार करने लगी।
जॉन को आश्चर्य हुआ कि वह किसी बूढ़ी औरत की तरह चल रही थी।
“वह आज सुबह की सभा में नहीं आ पाएगी,
यह तो तय है,” एलीशा ने कहा और फिर जम्हाई ली।
“और लगता है तुम भी आधे सोए हुए हो,” जॉन ने कहा।
“आज सुबह मुझसे ज्यादा मज़ाक मत करना,”
एलीशा ने कहा, “क्योंकि तुम इतने पवित्र भी
नहीं हो गए हो कि मैं तुम्हें अपने घुटने पर लिटाकर पिटाई न कर सकूँ। मैं प्रभु
में तुम्हारा बड़ा भाई हूँ... यह याद रखना।”
अब वे पास वाले मोड़ पर पहुँच गए थे। उसके पिता और माँ
प्रार्थना-माता वॉशिंगटन, सिस्टर
मैककैंडलेस और सिस्टर प्राइस से विदा कह रहे थे। प्रार्थना करने वाली स्त्रियों ने
उनकी ओर हाथ हिलाया और उन्होंने भी हाथ हिलाकर उत्तर दिया। फिर उसकी माँ और पिता
अकेले उनकी ओर आने लगे।
“एलीशा,” जॉन ने कहा,
“एलीशा।”
“हाँ,” एलीशा ने कहा,
“अब क्या चाहते हो?”
जॉन एलीशा की ओर देखते हुए उससे कुछ और कहने के लिए संघर्ष
कर रहा था। वह सब कहने के लिए, जिसे
कभी कहा नहीं जा सकता था। फिर भी उसने साहस करके कहा, “मैं
घाटी में था... वहाँ अकेला था। मैं इसे कभी नहीं भूलूँगा। अगर मैं भूल जाऊँ तो
परमेश्वर मुझे भी भूल जाएँ।”
तभी उसकी माँ और पिता उनके सामने आ गए। उसकी माँ मुस्कराई
और एलीशा का बढ़ा हुआ हाथ थाम लिया।
“आज सुबह प्रभु की जय करो,” एलीशा ने कहा। “उन्होंने हमें उनकी स्तुति करने के लिए कुछ दिया है।”
“आमीन,” उसकी माँ ने
कहा, “प्रभु की जय हो!”
जॉन छोटे-से पत्थर के पायदान पर आगे बढ़ा, थोड़ा मुस्कराते हुए उनकी ओर नीचे देखने
लगा। उसकी माँ उसके पास से निकलकर घर के भीतर जाने लगी।
“तुम ऊपर आ जाओ,” उसने
अब भी मुस्कराते हुए कहा, “और ये गीले कपड़े उतार दो। मैं
नहीं चाहती कि तुम्हें सर्दी लग जाए।”
उसकी मुस्कान अब भी पढ़ी नहीं जा सकती थी। जॉन समझ नहीं पा
रहा था कि वह मुस्कान क्या छिपा रही है।
और उसकी आँखों से बचने के लिए उसने उसे चूमते हुए कहा, “हाँ, माँ। मैं आ रहा
हूँ।”
वह दरवाज़े पर उसके पीछे खड़ी प्रतीक्षा करती रही।
“प्रभु की जय हो, डीकन,”
एलीशा ने कहा। “प्रभु ने चाहा तो सुबह की सभा में मिलेंगे।”
“आमीन,” उसके पिता ने
कहा, “प्रभु की जय हो।”
वह पत्थर की सीढ़ियाँ चढ़ने लगा और जॉन की ओर देखता रहा, जो रास्ता रोके खड़ा था।
“ऊपर जाओ, लड़के,”
उसने कहा, “जैसा तुम्हारी माँ ने कहा है।”
जॉन ने अपने पिता की ओर देखा और उसके रास्ते से हटकर फिर
सड़क पर उतर गया। उसने एलीशा की बाँह पकड़ ली। वह अपने शरीर को काँपता हुआ महसूस
कर रहा था और उसके पीछे अपने पिता की उपस्थिति भी।
“एलीशा,” उसने कहा,
“मेरे साथ चाहे जो हो, मैं कहीं भी जाऊँ,
लोग मेरे बारे में कुछ भी कहें, चाहे कोई कुछ
भी कहे, तुम याद रखना। कृपया याद रखना, मेरा उद्धार हुआ था।
मैं वहाँ था।”
एलीशा मुस्कराया और उसके पिता की ओर देखा।
“वह उस पार पहुँच गया,” एलीशा ने पुकारकर कहा, “है न, डीकन
ग्राइम्स? प्रभु ने उसे गिरा दिया, फिर
उसे पलट दिया और उसका नया नाम स्वर्ग में लिख दिया। हमारे परमेश्वर की जय हो!”
और उसने जॉन के माथे पर एक पवित्र चुम्बन दिया।
“आगे बढ़ो, छोटे भाई,”
एलीशा ने कहा। “थकना मत। परमेश्वर तुम्हें नहीं भूलेंगे। तुम भी मत
भूलना।”
फिर वह लंबी सड़क से अपने घर की ओर मुड़कर चला गया। जॉन
वहीं खड़ा रहा और उसे जाते हुए देखता रहा। सूरज पूरी तरह जाग चुका था। वह सड़कों, घरों और खिड़कियों पर रोशनी बिखेरते हुए
उन्हें जगा रहा था। उसकी सुनहरी रोशनी एलीशा पर ऐसे पड़ रही थी जैसे कोई सुनहरा
वस्त्र हो और फिर जॉन के माथे पर पड़ रही थी। ठीक उसी जगह जहाँ एलीशा ने उसे चूमा
था, मानो वह चुम्बन हमेशा के लिए न मिटने वाली मुहर बन गया हो।
उसने अपने पीछे अपने पिता की उपस्थिति महसूस की। उसने मार्च
की हवा को उठते महसूस किया, जो उसके
गीले कपड़ों को चीरती हुई उसके नमकीन शरीर से टकरा रही थी। वह अपने पिता का सामना
करने के लिए मुड़ा। उसे लगा कि वह मुस्करा रहा है। लेकिन उसके पिता नहीं मुस्कराए।
दोनों ने एक क्षण तक एक-दूसरे को देखा। उसकी माँ गलियारे की
लंबी परछाइयों में दरवाज़े पर खड़ी थी।
“मैं तैयार हूँ,” जॉन
ने कहा, “मैं आ रहा हूँ। मैं अपने रास्ते पर हूँ।”
समाप्त
[1] बाइबल में
इन शब्दों का कई जगह प्रयोग है। अतः धार्मिक संदर्भ में यह ऐसी जगह का प्रतीक बन
जाता है जहाँ मनुष्य का
पाप, अपराधबोध
और आत्मा की परीक्षा
होती है, मानो व्यक्ति को भीतर से परखा जा रहा हो। एक आत्मिक शुद्धि स्थल के
रूप में, जीवन के संघर्ष।
[2]
जॉन अपने पिता की पीठ
रगड़ते हुए पिता के नग्न शरीर को देखता है और उसे देखकर असहज होता है। बाल्डविन
इसकी तुलना हाम द्वारा नूह की नग्नता देखने से करते हैं। Genesis 9 की कथा में नूह नशे में नग्न पड़ा था। हाम ने अपने पिता नूह की नग्नता
देखी और जाकर अपने भाइयों को बताया। इसी घटना के कारण बाल्डविन का अभिशप्त
पुत्र मुख्यतः हाम की ओर संकेत कररहे हैं।
[3] नूह ने श्राप हाम के पुत्र कनान को दिया था। बाल्डविन अमेरिकी अश्वेत लोगों की ऐतिहासिक पीड़ा और गुलामी की स्मृति को उस पुराने बाइबिलीय शाप की धारणा से जोड़ रहे हैं।
[4] अय्यूब का दुःख, मूसा का अपने लोगों के साथ दुःख सहना, तीन युवकों का आग में जाना, दाऊद का विलाप, यिर्मयाह का रोना, यहेजकेल की सूखी हड्डियाँ, यूहन्ना का जंगल से प्रतिज्ञा सुनाना अर्थात, जिन अफ्रीकी-अमेरिकी लोगों के दुःख और उत्पीड़न का वर्णन किया जा रहा है, बाल्डविन उसे बाइबिल की पूरी पीड़ा, निर्वासन, दासता, मृत्यु और अंततः उद्धार की आशा की परंपरा से जोड़ रहे हैं। और खास तौर पर “these scattered bones, these slain” में यहेजकेल की सूखी हड्डियों का संदर्भ बहुत महत्वपूर्ण है। मृत और बिखरे हुए लोगों के फिर से उठ खड़े होने की आशा।
[5] बाइबल की एक प्रसिद्ध घटना की ओर संकेत
है। उत्पत्ति (Genesis) 32 में याकूब
रात में एक रहस्यमय व्यक्ति से पूरी रात मल्लयुद्ध करता है। अंत में वह व्यक्ति
याकूब को आशीर्वाद देता है। बाद की बाइबिलीय परंपरा में इस व्यक्ति को परमेश्वर का
स्वर्गदूत माना गया है। याकूब संघर्ष करता है, घायल होता है, लेकिन अंततः आशीर्वाद प्राप्त करता है।
[6] बाइबल में
यहेजकेल ने एक अद्भुत दिव्य दृश्य देखा था आकाश में घूमते हुए विशाल पहिए, जो स्वर्गीय
प्राणियों के साथ दिखाई देते हैं। यह वर्णन Ezekiel
1 में मिलता है।
No comments:
Post a Comment